- Home
- छत्तीसगढ़
- राजनांदगांव । कलेक्टर श्री जितेन्द्र यादव ने मंगलवार को कलेक्टोरेट सभाकक्ष में एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम अंतर्गत शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल कर उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कलेक्टर ने सेक्टर असरा के श्री अनिल बोरकर, सेक्टर टप्पा के श्री हर्ष मेश्राम, सेक्टर तुमड़ीबोड़ के श्री हरि कुमार बंजारे, अर्बन डोंगरगांव के श्री योगलाल रामटेके, अर्बन डोंगरगांव के श्री एलके पाल एवं बी. चारभांठा के श्री कांशीराम सिन्हा को सम्मानित किया। कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले द्वारा एचपीवी वैक्सीनेशन कार्यक्रम के तहत किए गए उत्कृष्ट कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि एचपीवी वैक्सीनेशन सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अभियान में शत-प्रतिशत उपलब्धि हासिल करने में स्वास्थ्यकर्मियों की सक्रिय भूमिका सराहनीय है। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत श्री दुर्गा प्रसाद अधिकारी, अपर कलेक्टर श्री सीएल मारकण्डेय, अपर कलेक्टर श्री प्रेमप्रकाश शर्मा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संदीप ताम्रकार सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
- ग्राम हालेकोसा में जागरूकता एवं सशक्तीकरण का दिया गया संदेशराजनांदगांव । महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ अभियान अंतर्गत परियोजना छुरिया-01 के ग्राम हालेकोसा में किशोरी बालिकाओं के सशक्तीकरण, व्यक्तित्व विकास एवं स्वास्थ्य जागरूकता के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला मिशन समन्वयक श्री किशोर माहेश्वरी ने किशोरी बालिकाओं को एंगर मैनेजमेंट एवं व्यक्तित्व विकास पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने आत्मविश्वास, सकारात्मक सोच एवं लक्ष्य निर्धारण का महत्व बताया। वही स्वास्थ्य विभाग के आरएचओ श्री टिकेश्वर साहू ने सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण की आवश्यकता एवं उपयोगिता की जानकारी दी। परियोजना अधिकारी श्रीमती कमलवती मरकाम ने मासिकधर्म स्वच्छता पर बालिकाओं को महत्वपूर्ण एवं आवश्यक जानकारी दी गई। इस अवसर पर मेरे सपनों का भविष्य विषय पर निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता तथा बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ थीम पर मेहंदी प्रतियोगिता आयोजित की गई। निबंध एवं भाषण प्रतियोगिता में मुस्कान प्रथम, लतिका द्वितीय एवं टेमिन तृतीय रही। मेहंदी प्रतियोगिता में प्रिया प्रथम, कृतिका द्वितीय एवं टेमिन तृतीय स्थान पर रही। विजेताओं को पुरस्कृत कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम में लगभग 100 किशोरी बालिकाओं को कॉपी-पेन वितरित किए गए तथा पात्र बालिकाओं का एचपीवी टीकाकरण किया गया। इस अवसर पर परियोजना अधिकारी श्रीमती कमलवती मरकाम, श्री चंद्रहास घृतलहरे, पर्यवेक्षक श्रीमती भारती पोर्ते, सौम्या चौबे एवं नम्रता गुप्ता, कार्यकर्ता व सहायिकाओं सहित विद्यालय के शिक्षक उपस्थित रहे।
- - लक्ष्य पूरा नहीं करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर होगी कार्रवाईराजनांदगांव । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नेतराम नवरतन ने विकासखंड डोंगरगांव में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित समस्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों एवं विभागीय योजनाओं की प्रगति समीक्षा की। बैठक में प्रत्येक कार्यक्रम के निर्धारित लक्ष्य, अब तक प्राप्त उपलब्धि, कार्यों की प्रगति एवं मैदानी स्तर पर आ रही समस्याओं की जानकारी ली गई। बैठक में गर्भवती महिलाओं के पंजीयन एवं स्वास्थ्य परीक्षण की समीक्षा करते हुए समय पर पंजीयन, नियमित प्रसव पूर्व जांच, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं उचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही टीकाकरण से छूटे हुए बच्चों एवं गर्भवती महिलाओं की पहचान कर उनका शत-प्रतिशत टीकाकरण पूर्ण कराने कहा गया। टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत संभावित टीबी मरीजों की सक्रिय पहचान, समय पर खखार जांच, उपचार प्रारंभ कराने एवं उपचाररत मरीजों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कुष्ठ रोग खोज अभियान के तहत घर-घर सर्वेक्षण कर संभावित कुष्ठ रोगियों की पहचान, समय पर जांच एवं उपचार उपलब्ध कराने तथा समुदाय में कुष्ठ रोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के निर्देश दिए गए। एमडीए कार्यक्रम अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को निर्धारित दवाओं का सेवन सुनिश्चित कराने, मलेरिया नियंत्रण कार्यक्रम के तहत बुखार के मरीजों की जांच एवं समय पर उपचार, मच्छरजनित बीमारियों की रोकथाम तथा आरबीएसके टीम को स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक उपचार एवं रेफरल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध कम खखार जांच कराने वाले संबंधित कर्मचारियों के प्रति नाराजगी व्यक्त की। संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही तय करने कहा गया। एनसीडी कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान कम उपलब्धि वाले सीएचओ एवं संबंधित पीएचसी प्रभारियों को लक्ष्य के प्रति गंभीरता बरतने के निर्देश दिए। एनसीडी कार्यक्रम अंतर्गत पात्र हितग्राहियों की स्क्रीनिंग, जांच एवं उपचार संबंधी गतिविधियों में तेजी लाने तथा निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा में पूर्ण करने कहा गया। बैठक में विभागीय कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग एवं जवाबदेही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाली सुपरवाइजर बैठक में ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर की उपस्थिति सुनिश्चित करने कहा गया। राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों में निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप उपलब्धि नहीं पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने के निर्देश दिए। निर्धारित लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति के लिए एक माह का समय दिया गया। बैठक में सीएमएचओ कार्यालय से नोडल अधिकारी डॉ. अशोक बसोड़, डॉ. अल्पना लूनिया, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्री संदीप ताम्रकार, जिला सलाहकार डॉ. विकास राठौर एवं डॉ. स्नेहा जैन, एमईआईओ श्रीमती राईशा बेगम तथा बीएमई श्री अभिषेक सोनी सहित समस्त कार्यक्रम सलाहकार, विकासखंड से खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रागिनी चंद्रे, ब्लॉक प्रोग्राम मैनेजर श्री राकेश कुर्रे, श्रीमती अमित सलामे सहित समस्त सेक्टर प्रभारी, सुपरवाइजर, सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी, महिला एवं पुरूष स्वास्थ्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
- -दिव्यांगता प्रमाण पत्र के नवीनीकरण के लिए कलेक्टर ने स्वास्थ्य विभाग को दिए निर्देशमहासमुंद / कलेक्टर जनदर्शन में मंगलवार को ग्राम खरोरा निवासी दिव्यांग श्री राजेंद्र कुमार खूंटे अपनी समस्या लेकर पहुंचे। उन्होंने अपने दिव्यांगता प्रमाण पत्र के नवीनीकरण के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। कलेक्टर श्री लंगेह ने उनकी समस्या को गंभीरता से लेते हुए स्वास्थ्य विभाग को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए।कलेक्टर के निर्देश पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रामकेश्वर सिंह ने आवेदन पर त्वरित कार्रवाई करते हुए आवेदक को आश्वस्त किया कि आगामी मेडिकल बोर्ड की बैठक में उनके दिव्यांगता प्रमाण पत्र के नवीनीकरण की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। समस्या के त्वरित निराकरण की प्रक्रिया से प्रसन्न आवेदक श्री राजेंद्र खूंटे एवं उनके दामाद श्री मनोज कुमार ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के सुशासन की सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
- राजनांदगांव । राज्यपाल श्री रमेन डेका ने लोकभवन स्थित छत्तीसगढ़ मंडपम में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ द्वारा आयोजित राज्य पुरस्कार अलंकरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने समारोह में प्रदेशभर से चयनित 1122 स्काउट्स, गाइड्स, रोवर्स और रेंजर्स को राज्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। समारोह की अध्यक्षता स्कूल शिक्षा मंत्री तथा अध्यक्ष भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के श्री गजेंद्र यादव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंदरजीत सिंग खालसा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सीआर प्रसन्ना, स्कूल शिक्षा विभाग के सचिव डॉ. कमलप्रीत सिंह उपस्थित थे।राज्यपाल श्री रमेन डेका ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि स्काउट्स एवं गाइड्स का आदर्श वाक्य तैयार रहो हमें विषम परिस्थितियों का सामना करने और अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पुरस्कार प्राप्त करना गर्व की बात है, लेकिन इसके साथ जिम्मेदारी भी बढ़ जाती है। सभी प्रतिभागी समाजसेवा के कार्यों में सक्रिय योगदान दें और अपने आचरण से दूसरों के लिए प्रेरणा बनें।स्कूल शिक्षा मंत्री श्री गजेंद्र यादव ने कहा कि भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के नियम और प्रतिज्ञाएं इसके सदस्यों को विशिष्ट पहचान प्रदान करती हैं। स्काउटिंग की वर्दी अनुशासन, सेवा और समर्पण के मूल्यों का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि स्काउटिंग से जुड़ा व्यक्ति जीवनभर सेवा के भाव के साथ कार्य करता है। उन्होंने कहा कि राज्यपाल के हाथों प्राप्त सम्मान प्रतिभागियों के लिए अविस्मरणीय उपलब्धि है और उन्हें आगे भी समाजसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने प्रदेश के अधिक से अधिक स्काउट्स एवं गाइड्स को राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त करने के लिए शुभकामनाएं दी।समारोह का स्वागत भाषण भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंदरजीत सिंग खालसा द्वारा दिया गया। उन्होंने कहा कि विगत एक वर्ष में स्काउटिंग के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने नई ऊंचाइयों को प्राप्त किया है। समारोह में प्रदेशभर से चयनित 405 स्काउट्स, 528 गाइड्स, 64 रोवर्स और 125 रेंजर्स को राज्य पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर राजनांदगांव जिले से वर्ष 2025 में सफल 30 स्काउट गाइड रोवर का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। प्रतिनिधि दल से शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला डोंगरगांव के राहुल साहू, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला स्टेशन मुढ़ीपार के स्काउट दुर्गेश्वरी साहू, शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला बागनदी डोंगरगढ़ के केशव कुमार,शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला हरदुवा के जिला दल प्रभारी श्री रमेश दास साहू ने प्रमाण पत्र प्राप्त किया। स्काउटिंग के क्षेत्र में दीर्घकालीन सेवाओं के लिए एएलटी स्काउट श्री विनोद कुमार हथेल को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान पीपिंग सेरेमनी भी आयोजित की गई। इसमें लोकभवन में पदस्थ एडीसी श्री उदित पुष्कर (आईपीएस) को रैंक बैज लगाकर सम्मानित किया गया। समारोह में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़ के राज्य उपाध्यक्ष श्री राजेन्द्र गोलछा, राज्य सचिव श्री अमित कुमार क्षत्रिय, जिला मुख्य आयुक्त श्री महेश खंडेलवाल, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त डॉ. पूनम सिंह साहू, राज्य संगठन आयुक्त (गाइड) जलवती साहू, राज्य प्रशिक्षण आयुक्त (गाइड) सरिता पांडे, जिला संगठन आयुक्त स्काउट मयूख श्रीवास्तव, जिला सचिव श्री देवेंद्र अम्बादे, विकासखण्ड सचिव राजनांदगांव श्री तिलेश्वर बघेल सहित पदाधिकारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
- -प्रदेश के 25 जिलों में ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रमों के माध्यम से भी किया गया स्थापना दिवस का प्रचार-प्रसार-अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिजनों ने उत्साहपूर्वक लिया हिस्सा; क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त ने प्रतिभागियों को किया सम्मानितरायपुर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ), क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर द्वारा संगठन का स्थापना दिवस उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर कार्यालय परिसर में विशेष साज-सज्जा, जन-जागरूकता गतिविधियों और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। समारोह का उद्देश्य संगठन की गौरवशाली यात्रा को याद करने के साथ अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों के बीच आपसी सौहार्द एवं टीम भावना को मजबूत करना रहा।स्थापना दिवस के अवसर पर क्षेत्रीय कार्यालय परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा रात्रि में विशेष प्रकाश व्यवस्था की गई। कार्यालय के विभिन्न प्रमुख स्थानों पर सूचनात्मक बैनर लगाए गए, जिनके माध्यम से कार्यालय पहुंचने वाले अंशधारकों और आगंतुकों को संगठन के स्थापना दिवस तथा उसकी उपलब्धियों एवं कार्ययात्रा से संबंधित जानकारी दी गई।समारोह के अंतर्गत 30 अक्टूबर 2026 को भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इसमें कार्यालय के अधिकारियों, कर्मचारियों और उनके परिवार के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों और उनके परिजनों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें उपस्थित लोगों ने सराहा। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय भविष्य निधि आयुक्त-1 जयवदन इंगले ने की। समारोह के समापन पर उन्होंने प्रतिभागियों की प्रतिभा, उत्साह और रचनात्मक प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।स्थापना दिवस के संदेश को प्रदेशभर में पहुंचाने के उद्देश्य से अक्टूबर 2026 के दौरान छत्तीसगढ़ के 25 जिलों में आयोजित जिला स्तरीय ‘निधि आपके निकट’ कार्यक्रमों में भी विशेष बैनर प्रदर्शित किए गए। इनके माध्यम से अंशधारकों और आम नागरिकों को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन की स्थापना दिवस संबंधी जानकारी दी गई। क्षेत्रीय कार्यालय रायपुर का यह आयोजन संगठन की संस्थागत प्रतिबद्धता और सामूहिक कार्यसंस्कृति को रेखांकित करने के साथ अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवारों के बीच एकजुटता, आपसी सहयोग और संगठनात्मक भावना को मजबूत करने का माध्यम बना।
-
- युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्र निर्माण पर रखे विचार
रायपुर। भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की पहल MY Bharat (मेरा युवा भारत) के तत्वावधान में मंगलवार को दुर्गा कॉलेज, रायपुर में विकसित भारत युवा संसद 2026-27 का आयोजन उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक व्यवस्था, संसदीय परंपराओं, संवैधानिक मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण की प्रक्रिया से जोड़ते हुए उनमें नेतृत्व क्षमता, तार्किक चिंतन एवं अभिव्यक्ति कौशल का विकास करना रहा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. ममता साहू उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का स्वागत उद्बोधन डॉ. प्रतिभा मुखर्जी साहूकार द्वारा दिया गया। आयोजन को सफल बनाने में सुनीता चौन्सरिया का विशेष सहयोग रहा। साथ ही दुर्गा कॉलेज की MY Bharat नोडल अधिकारी डॉ. सुचित्रा राठी का भी महत्वपूर्ण योगदान प्राप्त हुआ।कार्यक्रम में निर्णायक मंडल के रूप में डॉ. सुभाष चंद्राकर, डॉ. अमन झा, डॉ. ज्ञानेश शंकर पांडे, डॉ. गणेश शंकर पांडे, दिव्या वर्मा एवं डॉ. मधु अग्रवाल उपस्थित रहे। निर्णायकों द्वारा प्रतिभागियों के विषय ज्ञान, तार्किक क्षमता, विचारों की स्पष्टता, प्रस्तुतीकरण एवं संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप अभिव्यक्ति का मूल्यांकन किया गया।युवा संसद में प्रतिभागियों ने अपने विचारों और वक्तव्यों के माध्यम से लोकतंत्र की मजबूती, युवाओं की राजनीतिक एवं सामाजिक भागीदारी, संवैधानिक संस्थाओं की भूमिका तथा विकसित भारत के संकल्प में युवाओं के योगदान जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर प्रभावशाली प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं को संसद की कार्यप्रणाली, स्वस्थ बहस, असहमति के सम्मान तथा लोकतांत्रिक संवाद की संस्कृति को समझने का अवसर मिला।प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर सोमेश्वर ने प्रथम स्थान, अन्वेषा गुप्ता ने द्वितीय स्थान तथा अंजलि नियाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।मुख्य अतिथि डॉ. ममता साहू ने युवाओं को लोकतंत्र की मजबूती में सक्रिय भूमिका निभाने तथा देश के विकास में अपनी रचनात्मक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं को अपने विचारों, नवाचार एवं नेतृत्व क्षमता के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का संदेश दिया।MY Bharat के माध्यम से आयोजित विकसित भारत युवा संसद युवाओं को लोकतांत्रिक संस्थाओं से जोड़ने, उनमें नेतृत्व क्षमता विकसित करने तथा उन्हें जागरूक, जिम्मेदार एवं सक्रिय नागरिक बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। ऐसे आयोजन युवाओं को केवल अपने विचार व्यक्त करने का मंच ही नहीं देते, बल्कि उन्हें देश की नीतियों, चुनौतियों एवं विकास की दिशा पर गंभीरता से सोचने के लिए भी प्रेरित करते हैं।कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। आयोजन में सहयोग प्रदान करने वाले सभी अतिथियों, निर्णायकों, महाविद्यालय प्रबंधन एवं प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। - -तीन वरिष्ठ पेंशनभोगियों का सम्मान, स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित-जीवन प्रमाण ऐप से घर बैठे डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा के प्रति पेंशनभोगियों को किया गया जागरूकरायपुर। कार्यालय संयुक्त नियंत्रक संचार लेखा, छत्तीसगढ़ परिमंडल, रायपुर में राष्ट्रव्यापी डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र (डीएलसी) अभियान 5.0 का शुभारंभ किया गया। अभियान के तहत पेंशनभोगियों को डिजिटल सेवाओं के प्रति जागरूक करने और जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया को अधिक सरल एवं सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया गया।इस अवसर पर तीन वरिष्ठ पेंशनभोगियों को सम्मानित किया गया। वहीं, शासकीय आयुष चिकित्सालय के सहयोग से पेंशनभोगियों के लिए स्वास्थ्य जांच शिविर भी आयोजित किया गया, जिसमें उन्हें स्वास्थ्य संबंधी जांच एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई गई।कार्यक्रम में पेंशनभोगियों को निर्धारित समय पर जीवन प्रमाण पत्र जमा करने के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही, जीवन प्रमाण (Jeevan Pramaan) ऐप के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया और इसके लाभों से अवगत कराया गया। इस डिजिटल सुविधा के जरिए पेंशनभोगी बिना संबंधित कार्यालय पहुंचे घर बैठे अपना जीवन प्रमाण पत्र ऑनलाइन जमा कर सकते हैं।अभियान का मुख्य उद्देश्य पेंशनभोगियों को सुगम एवं बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना, डिजिटल माध्यमों के उपयोग को प्रोत्साहित करना तथा पेंशन का समयबद्ध और निर्बाध भुगतान सुनिश्चित करना है।
- -अंतिम दिन बॉलीवुड पार्श्व गायक अभिजीत के सदाबहार नगमों के साथ सुनील सोनी के छत्तीसगढ़ी गीतों ने बांधा समां-उषा बारले की पंडवानी में जीवंत हुई लोकगाथाओं की परंपरा, छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति के विविध रंगों से सजा राज्योत्सव-शिल्प ग्राम मंच पर पंथी, कथक, आदिवासी लोकनृत्य, जसगीत, सूफी संगीत और नाट्य प्रस्तुतियों ने बिखेरी सांस्कृतिक छटारायपुर । छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 के अंतिम दिन नवा रायपुर का राज्योत्सव मेला मैदान लोकसंस्कृति, संगीत और कला के अनुपम संगम का साक्षी बना। एक ओर छत्तीसगढ़ी माटी की सोंधी महक से सराबोर लोकगीतों की मधुर धुनें थीं, तो दूसरी ओर बॉलीवुड के सदाबहार गीतों की गूंज। पंडवानी की लोकगाथाओं से लेकर पंथी नृत्य की ऊर्जा, कथक की कलात्मकता और सूफी संगीत की रूहानियत तक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने राज्योत्सव की अंतिम संध्या को यादगार बना दिया।राज्योत्सव के अंतिम दिन प्रसिद्ध बॉलीवुड पार्श्व गायक अभिजीत भट्टाचार्य, छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी और लोक कलाकार उषा बारले की प्रस्तुतियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। वहीं शिल्प ग्राम मंच पर प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की लोककला और भारतीय शास्त्रीय संगीत एवं नृत्य की विविध विधाओं का प्रदर्शन किया।राज्योत्सव की अंतिम सांस्कृतिक संध्या में बॉलीवुड के प्रसिद्ध पार्श्व गायक अभिजीत ने अपनी सुरीली आवाज से हिंदी फिल्म संगीत का जादू बिखेरा। उनके लोकप्रिय गीतों ने संध्या को बॉलीवुड के सदाबहार नगमों के रंग में रंग दिया। अभिजीत ने 'चांद तारे', 'हाँ, यहाँ कदम-कदम पर हसीन आये हैं.....' और 'आशिक हूँ मैं, कातिल भी हूँ..... जैसे लोकप्रिय गीत प्रस्तुत किए।इसके साथ ही 'बादशाह ओ बादशाह' गीत ने कार्यक्रम में उत्साह का रंग घोला। उन्होंने 'बहुत खूबसूरत हो....' और 'वादा रहा सनम....' जैसे रोमांटिक गीतों से संगीतप्रेमियों की शाम यादगार बनाई।सुनील सोनी के गीतों में गूंजी छत्तीसगढ़ की माटी, मया और महतारी की महिमाछत्तीसगढ़ी लोकसंगीत के लोकप्रिय गायक सुनील सोनी ने अपनी सुमधुर आवाज और मनमोहक गीतों से राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या को छत्तीसगढ़ी रंगों में रंग दिया। उनके गीतों में प्रदेश की माटी से लगाव, मां के प्रति सम्मान, प्रेम और आत्मीयता की भावनाएं झलकती रहीं। सुनील सोनी ने 'छैंया भुइंया ला छोड़ तैं.....' गीत से छत्तीसगढ़ की धरती से जुड़े भावों को स्वर दिया। वहीं 'झन भूलौ मां-बाप ला....' जैसे भावपूर्ण गीतों के माध्यम से माता-पिता के त्याग, ममता और उनके प्रति सम्मान का संदेश दिया। इसके बाद 'मीठ-मीठ लागे मया के बानी.....' और छत्तीसगढ़ी फिल्म हांडा के लोकप्रिय गीत 'ए गोरी ओ गोरी....' की प्रस्तुति से सांस्कृतिक संध्या में प्रेम और उल्लास के रंग घुल गए।उषा बारले की पंडवानी प्रस्तुति में जीवंत हुई छत्तीसगढ़ की लोकगाथा परंपराराज्योत्सव के अंतिम दिन सुप्रसिद्ध लोक कलाकार उषा बारले ने पंडवानी की प्रस्तुति दी। इस प्रस्तुति ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककथात्मक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को मंच पर जीवंत किया।शिल्प ग्राम मंच पर दिखे भारतीय संस्कृति और छत्तीसगढ़ी लोककलाओं के विविध रंगराज्योत्सव के अंतिम दिन शिल्प ग्राम मंच भी सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बना रहा। यहां भजन गायन से लेकर पंथी नृत्य, लोकमंच, जसगीत-जगराता, आदिवासी लोक संगीत, कथक, सूफी संगीत और नाटक सहित कुल 10 सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन किया गया। रायपुर की सुश्री आस्था भट्ट ने भजन गायन से कार्यक्रम में भक्तिमय वातावरण का संचार किया। दुर्ग की श्रीमती आरती बारले और रायपुर के श्री दिनेश कुमार जांगड़े के दलों ने पंथी नृत्य प्रस्तुत कर छत्तीसगढ़ की प्रसिद्ध लोकनृत्य परंपरा की झलक दिखाई।कबीरधाम के श्री राकेश सेन के नेतृत्व में लोकमंच की प्रस्तुति हुई। रायपुर की सुश्री पूर्णिमा साहू ने जसगीत-जगराता भजन के माध्यम से छत्तीसगढ़ की देवी आराधना और भक्ति परंपरा को स्वर दिया। श्री अभिषेक सोनकर के दल ने आदिवासी लोक संगीत एवं नृत्य की प्रस्तुति देकर जनजातीय संस्कृति की समृद्ध परंपराओं को मंच पर उतारा। भारतीय शास्त्रीय नृत्य की मनोहारी छटा भी शिल्प ग्राम मंच पर देखने को मिली। श्रीमती दीपाली पाण्डेय के दल ने कथक समूह नृत्य तथा सुश्री अनुष्णा रॉय चौधरी ने कथक नृत्य प्रस्तुत किया। इन प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय शास्त्रीय नृत्य की लय, ताल और भाव-भंगिमाओं की सुंदर अभिव्यक्ति हुई।श्री वृधुमन वचस्पति भारती ने सूफी संगीत की प्रस्तुति दी, जबकि श्री आनंदकुमार पाण्डेय के दल ने नाटक के माध्यम से रंगमंचीय कला का प्रदर्शन किया।
- -प्रदर्शनी में पारंपरिक चिकित्सा पद्धति से असाध्य रोगों के उपचार की मिली जानकारीरायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य की स्थापना के 26वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में प्रदेश सरकार द्वारा राज्योत्सव-2026 के तीन दिवसीय मेले का आयोजन किया गया , जहां चित्ताकर्षक स्टॉल और विभिन्न जोन में प्रदर्शनी लगाई गई जिनमें छत्तीसगढ़ के क्रमिक विकास और गतिविधियों को दर्शाया गया । छत्तीसगढ़ की पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियां आज भी लोगों के लिए उम्मीद और विश्वास का सशक्त माध्यम बनी हुई हैं। राज्योत्सव 2026 में तकनीकी एवं शिक्षा डोम में लगी प्रदर्शनी में नारायणपुर जिले के विख्यात नाड़ी वैद्य पद्मश्री सम्मानित हेमचंद मांझी की चिकित्सा पद्धति बरबस ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित किया। अपने जीवन के 77वें पड़ाव में पहुंच चुके श्री मांझी बचपन से ही इस चिकित्सा पद्धति से जुड़े हैं। उन्होंने 12 वर्ष की छोटी उम्र में ही आयुर्वेद और जंगली जड़ी बूटियों के महत्व और उनसे उपचार की शुरुआत की थी। पारंपरिक आयुर्वेद चिकित्सा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए वर्ष 2024 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया।पद्मश्री से सम्मानित श्री मांझी के पास देश के लगभग सभी राज्यों के साथ विदेशों से भी लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं। स्टॉल में मौजूद श्री खेमराज और कुंदन ने बताया कि हाल ही में अमेरिका से भी कुछ लोग कैंसर के उपचार के लिए उनके पास आए थे। उनकी चिकित्सा पद्धति में विभिन्न प्रकार के कैंसर सहित कई बीमारियों के उपचार की जानकारी शामिल है। मरीजों को दवाइयों के साथ खानपान में परहेज करने की सलाह भी दी जाती है, जिससे उपचार का प्रभाव बेहतर होने की बात बताई जाती है।*नारायणपुर में श्री मांझी प्रतिदिन मरीजों से करते हैं मुलाकात*वर्तमान में श्री मांझी नारायणपुर के घड़ी चौक स्थित आरईएस कॉलोनी में निवासरत हैं, जहां वे प्रतिदिन सुबह 8:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक मरीजों से मिलते हैं। इसके बाद शाम 5 बजे तक भी उपलब्ध रहते हैं। उनसे मिलने नारायणपुर पहुंचने वाले लोगों को विभिन्न बीमारियों की जानकारी और उपचार के लिए जंगली जड़ी बूटियों से बनी दवाइयां मिलती हैं। उनकी चिकित्सा पद्धति में उपयोग होने वाली दवाइयां लगभग 43 किलोमीटर दूर छोटेडोंगर में उपलब्ध होती हैं।*पारंपरिक चिकित्सा पर आज भी भरोसा कायम*श्री मांझी की चिकित्सा पद्धति से जुड़ी जानकारी राज्योत्सव की प्रदर्शनी में साझा की गई । उनके अनुभव और पारंपरिक उपचार पद्धति के बारे में जानने के लिए लोग प्रदर्शनी में पहुंचें। कैंसर जैसी गंभीर और जटिल बीमारी के उपचार के लिए भी उनके पास देश-विदेश से मरीजों के आने की जानकारी प्रदर्शनी में दी गई।
- -कैबिनेट मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में भव्य रूप से मनाया गया जिला स्तरीय राज्योत्सव-गरीब, किसान, महिला और युवाओं के कल्याण से प्रदेश में विकास के नए आयाम स्थापित - मंत्री श्री देवांगनरायपुर। छत्तीसगढ़ स्थापना के 26 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर डॉ. भीमराव अम्बेडकर ओपन ऑडिटोरियम कोरबा मे राज्योत्सव समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उद्योग, वाणिज्य, श्रम, आबकारी व सार्वजनिक उपक्रम मंत्री छत्तीसगढ़ शासन श्री लखनलाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने राज्योत्सव 2026 के अवसर पर उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हुआ है। प्रदेश बुलंदियों की नित नई ऊंचाइयों को छू रहा है।उन्होंने अपने उद्बोधन में राज्य निर्माण में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न श्री अटल बिहारी बाजपेयी के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने राज्य का निर्माण किया। कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के कुशल नेतृत्व में राज्य का तीव्र गति से विकास हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री साय द्वारा कृषि, स्वास्थ्य, शिक्षा के क्षेत्र में गरीब, किसानों, मजदूरों, महिलाओं, छात्र-छात्राओं समेत सभी वर्ग के हित के लिए कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही है। सभी वर्गों के लोग इसका लाभ उठा रहे हैं और राज्य के विकास में अपना अहम योगदान भी दे रहे हैं।विधायक कटघोरा श्री प्रेमचन्द पटेल ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में धान की बेहतर उत्पादन के कारण इसे धान का कटोरे के रूप में देश विदेश में पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ का तेजी से विकास हुआ है।मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में शासकीय योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन किया जा रहा है जिनसे आमजन लाभान्वित हो रहे हैं।कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने राज्योत्सव के अवसर पर जिले की विकास यात्रा और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियों का प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि ऊर्जा नगरी के रूप में कोरबा की खदानें, बालको सहित एल्यूमिनियम उद्योग और एनटीपीसी एवं सीएसपीजीसीएल के विद्युत संयंत्र देश की ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने में अहम योगदान दे रहे हैं। हसदेव बांगो बांध, समृद्ध वन संपदा और जनजातीय संस्कृति जिले की विशिष्ट पहचान हैं। इस अवसर पर राज्य हाथकरघा बोर्ड के अध्यक्ष श्री भोजराम देवांगन, श्री गोपाल मोदी, डॉ राजीव सिंह, श्री नरेंद्र देवांगन, श्री अशोक चावलानी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नगरवासी उपस्थित थे।कैबिनेट मंत्री श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों ने विभागीय स्टॉल का किया अवलोकन ’राज्योत्सव स्थल में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की योजनाओं से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियों पर आधारित स्टॉल लगाए गए थे। मुख्य अतिथि श्री देवांगन सहित अन्य अतिथियों द्वारा सभी स्टॉल का अवलोकन किया गया और विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही शासकीय योजनाओं से आमजनों को लाभांवित किया गया।महिला बाल विकास विभाग के स्टॉल में अतिथियों द्वारा नन्हें शिशुओं को अन्नप्राशन कराया गया। वन विभाग के स्टॉल में स्थानीय उत्पादों का अवलोकन कर उनके निर्माण एवं उपयोग से अवगत हुए। इसी प्रकार जिला पंचायत, नगर निगम, पुलिस विभाग, समाज कल्याण, आदिमजाति विकास विभाग, शिक्षा, क्रेडा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्यानिकी, मत्स्य, पशुपालन, जनसम्पर्क, उद्योग, एसईसीएल, एनटीपीसी, बाल्को सहित अन्य विभाग द्वारा लगाए स्टाल का अवलोकन कर संचालित योजनाओं की जानकारी ली अधिकारियों को योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन के लिए शुभकामना दी।लोकप्रिय छत्तीसगढ़ी गायक सुनील सोनी सहित अन्य स्थानीय कलाकारों ने दी रंगारंग प्रस्तुतिराज्योत्सव में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति हुई। स्थानीय कलाकारों के साथ ही छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय प्रसिद्ध गायक श्री सुनील सोनी, स्थानीय कलाकारों, स्कूली छात्र-छात्राओं सहित अन्य कलाकारों द्वारा मनमोहक प्रस्तुति दी गईं। देर रात्रि तक गायक श्री सोनी के जसगीत एवं छत्तीसगढ़ी गीतों पर दर्शक झूमते रहे।
- -एनआईटी रायपुर में सात अत्याधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का केंद्रीय मंत्री श्री रेड्डी ने किया उद्घाटन-आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस से लेकर अंतरिक्ष अनुसंधान, महत्वपूर्ण खनिज और जनजातीय स्वास्थ्य तक अनुसंधान को मिलेगी नई दिशा-छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभाओं को मिलेगा विश्वस्तरीय अनुसंधान और नवाचार का मंच-उच्च शिक्षा, उद्योग और अनुसंधान संस्थानों के बीच मजबूत होगी साझेदारी, स्टार्टअप और उद्यमिता को मिलेगा प्रोत्साहनरायपुर। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी ने मंगलवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर में सात अत्याधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन किया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, महत्वपूर्ण खनिज, अंतरिक्ष अनुसंधान, एयरोस्पेस तकनीक, ग्रामीण एवं जनजातीय स्वास्थ्य, कंप्यूटेशनल मैकेनिक्स तथा नैनोसाइंस और सतत ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में स्थापित ये केंद्र छत्तीसगढ़ को वैज्ञानिक अनुसंधान, तकनीकी नवाचार और उद्यमिता के नए केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत आज आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, आधुनिक तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में वैश्विक स्तर पर अपनी सशक्त पहचान स्थापित कर रहा है। देश में अनुसंधान, तकनीकी विकास और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में विज्ञान और प्रौद्योगिकी की निर्णायक भूमिका होगी तथा देश की युवा प्रतिभाएं इस परिवर्तन की सबसे बड़ी शक्ति बनेंगी।केंद्रीय मंत्री श्री रेड्डी ने कहा कि आज दुनिया तेजी से तकनीकी परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस केवल भविष्य की तकनीक नहीं, बल्कि वर्तमान में शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, कृषि, प्रशासन और अर्थव्यवस्था में व्यापक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम बन चुकी है। ऐसे समय में युवाओं को नई तकनीकों से जोड़ना, उन्हें विश्वस्तरीय अनुसंधान सुविधाएं उपलब्ध कराना और नवाचार के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना अत्यंत आवश्यक है।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में अनुसंधान और नवाचार की नई संस्कृति विकसित हो रही है। भारत अब केवल आधुनिक तकनीकों का उपयोग करने वाला देश नहीं, बल्कि नई तकनीकों और अनुसंधान आधारित समाधानों के विकास में अग्रणी भूमिका निभाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। एनआईटी रायपुर में सात सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना इसी व्यापक राष्ट्रीय संकल्प का महत्वपूर्ण हिस्सा है।श्री रेड्डी ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्राकृतिक संसाधनों, समृद्ध खनिज संपदा और प्रतिभाशाली युवाओं का प्रदेश है। यहां वैज्ञानिक अनुसंधान और अत्याधुनिक तकनीकों के विस्तार की अपार संभावनाएं हैं। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वित प्रयासों से छत्तीसगढ़ को आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।उन्होंने विशेष रूप से महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में अनुसंधान की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि आधुनिक उद्योगों, स्वच्छ ऊर्जा, इलेक्ट्रिक मोबिलिटी और उन्नत प्रौद्योगिकियों के विकास में महत्वपूर्ण खनिजों की भूमिका लगातार बढ़ रही है। इस क्षेत्र में अनुसंधान, नई तकनीकों के विकास और संसाधनों के वैज्ञानिक उपयोग से देश की तकनीकी एवं आर्थिक आत्मनिर्भरता को मजबूती मिलेगी।केंद्रीय मंत्री श्री रेड्डी ने कहा कि एनआईटी रायपुर में स्थापित ये केंद्र केवल अनुसंधान प्रयोगशालाएं नहीं, बल्कि भविष्य की संभावनाओं को साकार करने वाले नवाचार केंद्र बनेंगे। इनके माध्यम से विद्यार्थियों, शोधार्थियों, वैज्ञानिकों और उद्योग जगत को एक साझा मंच मिलेगा। उच्च शिक्षण संस्थानों और उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ने से अनुसंधान आधारित तकनीकों के विकास, व्यावहारिक समस्याओं के समाधान और नए स्टार्टअप की स्थापना को प्रोत्साहन मिलेगा।उन्होंने कहा कि ग्रामीण एवं जनजातीय स्वास्थ्य के क्षेत्र में नवाचार छत्तीसगढ़ जैसे प्रदेश के लिए विशेष महत्व रखता है। आधुनिक तकनीक और अनुसंधान आधारित समाधान दूरस्थ अंचलों तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाने में सहायक हो सकते हैं। इसी प्रकार अंतरिक्ष विज्ञान, एयरोस्पेस, नैनोसाइंस और सतत ऊर्जा के क्षेत्रों में अनुसंधान से प्रदेश के युवाओं को भविष्य की तकनीकों में अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के नए अवसर प्राप्त होंगे।श्री रेड्डी ने विश्वास व्यक्त किया कि एनआईटी रायपुर के ये सात सेंटर ऑफ एक्सीलेंस आने वाले वर्षों में छत्तीसगढ़ के तकनीकी और औद्योगिक विकास को नई गति देंगे। यहां विकसित होने वाली तकनीकें और अनुसंधान आधारित समाधान न केवल प्रदेश, बल्कि देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान देंगे। उन्होंने विद्यार्थियों और युवा शोधार्थियों से नवाचार, वैज्ञानिक सोच और उद्यमिता को अपनाते हुए विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।इन सात सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का हुआ उद्घाटनकेंद्रीय मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी द्वारा एनआईटी रायपुर में जिन सात अत्याधुनिक अनुसंधान केंद्रों का उद्घाटन किया गया, उनमें एमईआईटीवाई इंडिया एआई छत्तीसगढ़ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ऑन क्रिटिकल मिनरल्स, सेंटर ऑफ स्पेस एंड इंटरप्लेनेटरी एक्सप्लोरेशन, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर एयरोस्पेस एंड ऑटोनॉमस टेक्नोलॉजीज, मैराल सेंटर फॉर इनोवेशन इन रूरल एंड ट्राइबल हेल्थ, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन कंप्यूटेशनल मैकेनिक्स तथा सेंटर फॉर नैनोसाइंस एंड सस्टेनेबल एनर्जी टेक्नोलॉजीज शामिल हैं।छत्तीसगढ़ में अनुसंधान और नवाचार के नए युग की शुरुआतएनआईटी रायपुर में इन सात सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना से प्रदेश में तकनीकी शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान और उद्योग आधारित नवाचार को नया विस्तार मिलेगा। इन केंद्रों के माध्यम से अत्याधुनिक तकनीकों पर शोध, कौशल विकास, उद्योगों की आवश्यकताओं के अनुरूप समाधान तथा स्टार्टअप और उद्यमिता की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही प्रदेश के युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर की अनुसंधान गतिविधियों से जुड़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे।इस अवसर पर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल, सीएसआईआर की महानिदेशक डॉ. नल्लाथंबी कलाइसेल्वी, चेयरपर्सन डॉ. सुरेश हावरे, एनआईटी रायपुर के निदेशक डॉ. एन. वी. रमन्ना राव सहित विभिन्न संस्थानों के अधिकारी-कर्मचारी, स्टार्टअप संस्थाओं के प्रतिनिधि, शोधार्थी तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
- -स्टॉल में उन्नत किस्मों की फसलों और फलदार पौधों की खेती के लिए किसानों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों को किया गया प्रदर्शित-उत्सुकता और जिज्ञासा से आगंतुकों ने जानकारी प्राप्त की-रंगीन शिमला मिर्च, कद्दू , आम, अमरूद, विभिन्न फल एवं सब्जियों की किस्मों को देख कर नागरिक हुए चकितरायपुर । नवा रायपुर में आयोजित राज्योत्सव परिसर में उद्यानिकी विभाग के स्टॉल में ऑर्किड, जरबेरा, गुलाब एवं अन्य खूबसूरत फूलों की खेती के बारे में किसानों को जानकारी दी गई और उन्हें आर्थिक दृष्टिकोण से मजबूत बनाने के लिए फूलों की खेती के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उद्यान विभाग के स्टॉल में फलों एवं सब्जियों की वेरायटी उपलब्ध हैं। उत्सुकता और जिज्ञासा से आगंतुक जानकारी प्राप्त कर रहे हैं।उद्यानिकी विभाग के स्टॉल में उद्यानिकी एवं कृषि क्षेत्र में किसानों को उन्नत किस्मों की फसलों और फलदार पौधों की खेती करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न प्रजातियों का प्रदर्शन किया गया। जिसमें अमरूद की लखनऊ-49 एवं इलाहाबाद सफेदा, आंवला की एनए-4 एवं एनए-7, केले की जी-9, आम की तोतापारी, मोसंबी की फूले मोसंबी, नींबू की सीडलेस एवं कागजी लाइम, बेल की लंबी एवं गोमायाशी, संतरे की नागपुरी, पपीते की रेड लेडी तथा चीकू की कालीपत्ती एवं क्रिकेट बॉल किस्में शामिल हैं। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ी तिखुर-1 और इंदिरा अरवी-1 जैसी स्थानीय एवं उन्नत किस्मों को भी प्रदर्शित किया जा रहा है। इन उन्नत किस्मों के माध्यम से किसानों को फल उत्पादन एवं विविध फसलों की खेती के नए अवसरों से परिचित कराया जा रहा है।यहाँ मल्चिंग पद्धति से रंगीन शिमला मिर्च की खेती जिसमें पीले एवं लाल शिमला मिर्च, शिमला मिर्च-इंद्राणी, बॉम्बे रेड ओरोवेल, करेला- वीएनआर 28, फूलगोभी- गिरिजा, पत्तागोभी- पूसा अगेती, परवल- राजेन्द्र, ड्रेगन फ्रूट, लंबा बेल, गोल बेल, चालता, चकोतरा, नारियल, केला, आम, सेब बेर तथा कच्ची हल्दी व अदरक सहित सब्जियों एवं फलों की वेरायटी देखकर जनमानस विस्मित रहे। किसानों को इनकी वैज्ञानिक खेती और वेल्यू एडिशन की विधियां भी सिखाई जा रही हैं। राज्योत्सव में उद्यानिकी विभाग का यह स्टॉल किसानों को आधुनिक खेती और पारंपरिक विविधता से जोड़ने के साथ छत्तीसगढ़ सरकार की किसान हितैषी नीतियों के जरिए प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई मजबूती प्रदान कर रहा है।
- -‘छत्तीसकला’ में दिखा बिहान की दीदियों का हुनर, स्व-सहायता समूहों के उत्पादों का प्रदर्शन और विक्रय बना आकर्षण-धमतरी की पीएम जनमन आवास कॉलोनी का मॉडल बना आकर्षण का केंद्र-7,900 किलोग्राम अपशिष्ट प्लास्टिक का उपयोग कर बनाई गई 12 किमी सड़क निर्माण की दी गई जानकारी-वीबी-जीरामजी से जल संरक्षण, बालिका शौचालय, बकरी पालन के साथ सोलर दीदी के नवाचारों से दिखी बदलते गांवों की तस्वीररायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रदर्शनी ग्रामीण विकास, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और नवाचारों का आकर्षक संगम बनकर उभरी। विभाग की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से गांवों में आ रहे बदलाव और ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने वाली इस प्रदर्शनी को राज्योत्सव में द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ। प्रदर्शनी में जहां बिहान की दीदियों के हुनर से तैयार ‘छत्तीसकला’ ब्रांड के उत्पादों ने आगंतुकों का ध्यान आकर्षित किया, वहीं धमतरी जिले की पीएम जनमन आवास कॉलोनी के जीवंत मॉडल और अपशिष्ट प्लास्टिक से सड़क निर्माण जैसे नवाचारों ने ग्रामीण विकास की नई संभावनाओं से परिचित कराया।प्रदर्शनी में छत्तीसगढ़ राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन ‘बिहान’ की अभिनव पहल ‘छत्तीसकला’ विशेष आकर्षण का केंद्र रही। स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित स्थानीय एवं पारंपरिक उत्पादों को आधुनिक ब्रांडिंग और आकर्षक पैकेजिंग के साथ प्रस्तुत किया गया। जेराफूल चावल, मिलेट आधारित खाद्य पदार्थ, तिखुर पाउडर, सत्तू लड्डू सहित विभिन्न खाद्य उत्पादों, हस्तशिल्प और सजावटी सामग्रियों का प्रदर्शन एवं विक्रय किया गया।इसकी विशेषता यह रही कि बिहान की दीदियों ने स्वयं स्टॉल का संचालन करते हुए आगंतुकों को अपने उत्पादों और उद्यमिता से जुड़ी जानकारी दी। छत्तीसकला के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के कौशल, परिश्रम और उद्यमशीलता को बाजार से जोड़ने की पहल ने महिला सशक्तिकरण की प्रभावशाली तस्वीर प्रस्तुत की।प्रदर्शनी में धमतरी जिले के मसान डबरा में विकसित पीएम जनमन आवास कॉलोनी का मॉडल भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। कॉलोनी के सुव्यवस्थित आवासों, स्वच्छ एवं हरित परिसर, बेहतर बुनियादी सुविधाओं तथा सामुदायिक विकास की अवधारणा को आकर्षक मॉडल और वास्तविक तस्वीरों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया। इस मॉडल ने दिखाया कि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों को पक्के आवास के साथ बेहतर जीवन की बुनियादी सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के द्वारा ग्रामीण सड़क निर्माण में अपशिष्ट प्लास्टिक के उपयोग का नवाचार प्रदर्शनी की महत्वपूर्ण उपलब्धियों में शामिल रहा। विभाग द्वारा प्रस्तुत जानकारी के अनुसार राज्य के चार जिलों में कुल 7,900 किलोग्राम अर्थात 7.9 टन अपशिष्ट प्लास्टिक का उपयोग कर 12 किमी सड़कों का निर्माण किया गया है। बस्तर जिले में 400 किलोग्राम अपशिष्ट प्लास्टिक से 1.5 किलोमीटर, महासमुंद में 3,700 किलोग्राम से 5 किलोमीटर, सरगुजा में 550 किलोग्राम से 1.5 किलोमीटर तथा मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले में 3,250 किलोग्राम अपशिष्ट प्लास्टिक का उपयोग कर 4 किलोमीटर सड़क का निर्माण किया गया। इस अभिनव प्रयोग के माध्यम से प्लास्टिक कचरे का उपयोगी संसाधन के रूप में इस्तेमाल कर पर्यावरण संरक्षण और ग्रामीण अधोसंरचना विकास का प्रभावशाली उदाहरण प्रस्तुत किया गया।बिहान के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘दीदी के गोठ’ के अब तक प्रसारित सभी 15 एपिसोड का भी प्रदर्शनी में प्रदर्शन किया गया। इसकी खास बात यह रही कि जिन ग्रामीण महिलाओं की सफलता की कहानियां इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों तक पहुंच रही हैं, उन दीदियों ने स्वयं भी प्रदर्शनी में पहुंचने वाले आगंतुकों से संवाद किया। दीदियों ने अपने संघर्ष, स्वरोजगार, आजीविका गतिविधियों और आर्थिक आत्मनिर्भरता की यात्रा साझा की। इस प्रकार ‘दीदियों की कहानी, उन्हीं की जुबानी’ की अवधारणा राज्योत्सव में साकार होती दिखाई दी।प्रदर्शनी में विकसित भारत रोजगार और आजीविका के लिए गारंटी मिशन (ग्रामीण) अर्थात वीबी-जी राम जी के अंतर्गत ग्रामीण विकास से जुड़ी गतिविधियों को आकर्षक मॉडलों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। इसमें जल सुरक्षा एवं संरक्षण, मूल ग्रामीण अवसंरचना, आजीविका संवर्धन अवसंरचना तथा आपदा प्रबंधन सहित कुल 375 अनुमेय कार्यों की जानकारी प्रदर्शित की गई। जल संरक्षण के लिए डिफंक्ट बोरवेल रिचार्ज पिट, ‘मेरी बेटी मेरा अभिमान’ के अंतर्गत बालिका शौचालय, आजीविका संवर्धन के लिए बकरी पालन तथा वन सुरक्षा एवं संरक्षण के मॉडल प्रदर्शनी में शामिल रहे। इन मॉडलों के जरिए भूजल पुनर्भरण, ग्रामीण बालिकाओं की स्वच्छता एवं गरिमा, आजीविका के अवसरों और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया।प्रदर्शनी में द्वीप्ती योजना और प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना से जुड़ी ‘सोलर दीदी’ पहल के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को सौर ऊर्जा आधारित उद्यमिता से जोड़ने के प्रयासों को भी प्रस्तुत किया गया। सौर ऊर्जा के क्षेत्र में बिहान की दीदियों की भागीदारी और उनकी आर्थिक आत्मनिर्भरता की संभावनाओं को तस्वीरों एवं जानकारियों के माध्यम से प्रदर्शित किया गया।राज्योत्सव में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की प्रदर्शनी ने यह संदेश दिया कि छत्तीसगढ़ के गांव अब केवल विकास योजनाओं के लाभार्थी नहीं, बल्कि नवाचार, उद्यमिता और आत्मनिर्भरता के नए केंद्र बन रहे हैं। इसी प्रयास के लिए उसे विभागीय प्रदर्शनी में विभाग को द्वितीय पुरस्कार प्राप्त हुआ।एक ओर पीएम जनमन आवास कॉलोनी जनजातीय परिवारों के बेहतर जीवन की तस्वीर प्रस्तुत कर रही थी, तो दूसरी ओर छत्तीसकला के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं के उत्पाद बाजार तक पहुंच रहे थे। अपशिष्ट प्लास्टिक से सड़क निर्माण, जल संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा जैसे नवाचारों ने पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार विकास की दिशा को रेखांकित किया।
- -अटल जी के दूरदर्शी निर्णय से बना छत्तीसगढ़, आज विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा-सांसद श्री संतोष पाण्डेय-सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर राज्योत्सव का किया विधिवत शुभारंभ-राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर कवर्धा में उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया राज्योत्सव-लोकगीत, लोकनृत्य और रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां-विकास प्रदर्शनी में दिखी शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की झलकरायपुर। छत्तीसगढ़ की माटी की महक, लोकसंस्कृति की मिठास और गौरवशाली परंपराओं का अनूठा संगम सोमवार को जिला मुख्यालय कबीरधाम के पीजी कॉलेज मैदान में देखने को मिला। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 में शाम से उत्सव और उल्लास का माहौल छाया रहा। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सांसद श्री संतोष पाण्डेय ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति में राज्योत्सव का आगाज हुआ। कलाकारों ने लोकधुनों, पारंपरिक नृत्यों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत की मनमोहक झलक प्रस्तुत की।समारोह के शुभारंभ से पहले मुख्य अतिथि सांसद श्री पाण्डेय सहित उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों ने राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों पर आधारित विकास सह-प्रदर्शनी का अवलोकन किया। मुख्य अतिथि की आसंदी से सांसद श्री पाण्डेय ने राज्योत्सव की बधाई देते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी जी की दूरदर्शी सोच और संवेदनशील निर्णय का परिणाम है। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ को अलग राज्य बनाने की मांग लंबे समय से की जा रही थी। अटलजी ने जनभावनाओं को समझते हुए राज्य निर्माण का ऐतिहासिक निर्णय लिया। आज 26 वर्षों में छत्तीसगढ़ ने विकास और समृद्धि के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि अलग राज्य बनने के बाद छत्तीसगढ़ को अपनी पहचान और विकास को नई दिशा मिली है तथा कवर्धा जिला भी विका स के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।सांसद श्री पाण्डेय ने कहा कि कवर्धा में रेल सुविधा की लंबे समय से मांग की जा रही थी। निरंतर प्रयासों के परिणामस्वरूप कटघोरा से डोंगरगढ़ तक रेल परियोजना को गति मिली है । सांसद श्री पाण्डेय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह और मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में नक्सलवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई से प्रदेश में शांति और सुरक्षा का वातावरण मजबूत हुआ है।*सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोहा*राज्योत्सव की सांस्कृतिक संध्या में छत्तीसगढ़ी लोककला और परंपराओं पर आधारित रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। छत्तीसगढ़ी लोककला मंच, सिंगार, गजल, क्लासिकल म्यूजिकल, आर्केस्ट्रा एवं जन जागराता, भक्ति संगीत, नृत्य अभिनय, सैनिक शो तथा छत्तीसगढ़ी करमा एवं ददरिया लोकगीतों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और लोकजीवन को जीवंत रूप में प्रदर्शित किया।*छत्तीसगढ़ की कला और परंपरा का दिखा संगम*राज्योत्सव के आयोजन में जिले की सांस्कृतिक पहचान और गौरवशाली विरासत को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। कार्यक्रम के माध्यम से छत्तीसगढ़ की लोकपरंपराओं, लोकनृत्यों, संगीत और कला को प्रोत्साहन देने के साथ नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का संदेश दिया गया। पूरे आयोजन में उत्सव का माहौल रहा और उपस्थित लोगों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।
- रायपुर / भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद-राष्ट्रीय जैविक स्ट्रेस प्रबंधन संस्थान, रायपुर द्वारा संचालित खेत बचाओ अभियान-रबी 2026 के अंतर्गत सोमवार को जिला बेमेतरा के नवागढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत मुरता में कृषक जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में कुल 37 किसानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।कार्यक्रम में संस्थान वैज्ञानिक डॉ. विनोद कुमार वाशनिक एवं डॉ. आशीष मराठे ने किसानों को मृदा स्वास्थ्य संरक्षण, संतुलित उर्वरक उपयोग, प्राकृतिक एवं जैविक खेती तथा टिकाऊ कृषि पद्धतियों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने किसानों को रासायनिक उर्वरकों का संतुलित एवं आवश्यकता आधारित उपयोग करने, मृदा की उर्वरता बनाए रखने तथा फसल उत्पादन में प्राकृतिक एवं जैविक कृषि पद्धतियों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान वैज्ञानिकों एवं किसानों के बीच संवादात्मक परिचर्चा भी आयोजित की गई, जिसमें किसानों ने खेती से जुड़ी विभिन्न समस्याओं एवं चुनौतियों पर चर्चा की। वैज्ञानिकों ने किसानों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए स्थानीय कृषि परिस्थितियों के अनुरूप टिकाऊ एवं लाभकारी कृषि तकनीकों को अपनाने की सलाह दी। साथ ही फसल अवशेष प्रबंधन तथा मृदा एवं जल संसाधनों के संरक्षण के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया। ग्राम पंचायत मुरता के सरपंच श्री बुधारू गेण्डले की उपस्थिति एवं सहभागिता से कार्यक्रम को स्थानीय स्तर पर प्रोत्साहन मिला।इस अभियान का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक कृषि तकनीकों से जोड़ते हुए मृदा स्वास्थ्य में सुधार, उर्वरकों के विवेकपूर्ण उपयोग, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा जलवायु अनुकूल एवं टिकाऊ कृषि को बढ़ावा देना है। संस्थान द्वारा खेत बचाओ अभियान, रबी 2026 के अंतर्गत किसानों तक वैज्ञानिक जानकारी एवं उपयोगी कृषि तकनीकों का प्रसार निरंतर किया जा रहा है।
- रायपुर /छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली को अधिक सुचारु, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए उचित मूल्य दुकानों के भवनों की स्थिति में सुधार की पहल की जा रही है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहतत संचालित दुकानों की भौतिक स्थिति और आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए जर्जर भवनों की मरम्मत, नवीन उचित मूल्य दुकान सह गोदाम निर्माण तथा भवनविहीन दुकानों के लिए आधारभूत सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया गया है। प्रस्तावित कार्यों की स्वीकृति के लिए प्रकरण मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत उत्तर बस्तर कांकेर को प्रेषित किया गया है।कांकेर जिले में संचालित कुल 496 उचित मूल्य दुकानों में से 111 दुकानें सह गोदाम के भवन अत्यंत जर्जर स्थिति में हैं, वहीं 26 उचित मूल्य दुकानें स्वयं के भवन के अभाव में अन्य शासकीय भवनों में संचालित हो रही हैं। इसके साथ ही 07 नवीन उचित मूल्य दुकानों के लिए भी आवश्यकतानुसार भवन निर्माण एवं सुविधाओं के विकास की आवश्यकता चिन्हांकित की गई है।इस पहल का उद्देश्य उचित मूल्य दुकानों के संचालन के लिए सुरक्षित एवं बेहतर अधोसंरचना उपलब्ध कराना, खाद्यान्न के सुरक्षित भंडारण की व्यवस्था मजबूत करना तथा राशन वितरण प्रणाली को अधिक व्यवस्थित और सुगम बनाना है। भवनों के सुधार एवं नवीन निर्माण से उचित मूल्य दुकानों के संचालन में सुविधा बढ़ेगी और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के हितग्राहियों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। file photo
- -कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर जवानों का बढ़ाया उत्साह, जिला स्तरीय राज्योत्सव में मुख्य अतिथि के रूप में हुए शामिल-अब बस्तर में गोलियों की गूंज नहीं, विकास और खुशहाली की गूंज सुनाई दे रही है -मंत्री गुरु खुशवंत साहेब-प्रतिभावान विद्यार्थियों और श्रमिकों का किया सम्मान, कौशल विकास एवं रोजगार के अवसर बढ़ाने पर दिया जोररायपुर / छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 02 नवंबर को छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव-2026 में कैबिनेट मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि नक्सलवाद की चुनौतियों से प्रभावित रहा बस्तर अब शांति, विश्वास और विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। जिन क्षेत्रों में कभी भय और हिंसा का वातावरण था, वहां अब सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार के नए अवसर पैदा हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि अब बस्तर की पहचान गोलियों की गूंज से नहीं, बल्कि विकास, खुशहाली और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से होनी चाहिए।मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने बीजापुर प्रवास के दौरान कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर स्थित एफओबी ताड़पाला पहुंचकर सुरक्षा बलों के जवानों से मुलाकात की और उनके साहस, शौर्य एवं समर्पण की सराहना की। उन्होंने कहा कि दुर्गम क्षेत्रों में तैनात जवानों के अथक प्रयासों और स्थानीय नागरिकों के सहयोग से शांति एवं विकास की संभावनाएं मजबूत हुई हैं। कर्रेगुट्टा की पहाड़ियों पर तिरंगे का फहराना सुरक्षा बलों के साहस और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के संकल्प, मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व तथा उप मुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा के प्रयासों से नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को गति मिली है। सरकार का उद्देश्य सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के साथ ही दूरस्थ गांवों तक शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, पेयजल, संचार और रोजगार जैसी आवश्यक सुविधाएं पहुंचाना है।कर्रेगुट्टा क्षेत्र में निर्माण एवं विकास कार्यों में योगदान देने वाले श्रमिकों को मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि विकसित बस्तर के निर्माण में श्रमिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके परिश्रम और समर्पण से ही अधोसंरचना विकास को गति मिल रही है। इस दौरान उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।बीजापुर के जिला मुख्यालय मिनी स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव के अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि वर्ष 2000 में राज्य गठन के बाद छत्तीसगढ़ ने कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, उद्योग, तकनीकी शिक्षा और अधोसंरचना के क्षेत्रों में महत्वपूर्ण प्रगति की है।उन्होंने कहा कि बस्तर के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है। उन्हें बेहतर शिक्षा, तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा और रोजगारपरक प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने युवाओं से आधुनिक तकनीक, डिजिटल शिक्षा और उद्योग आधारित प्रशिक्षण से जुड़कर अपने हुनर को विकसित करने का आह्वान किया।राज्योत्सव के दौरान मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि शिक्षा और कौशल ही युवाओं के उज्ज्वल भविष्य का आधार हैं। दूरस्थ अंचलों के बच्चों को भी आगे बढ़ने के समान अवसर उपलब्ध कराना आवश्यक है।इस अवसर पर स्थानीय कलाकारों ने छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोककला, लोकगीत और पारंपरिक नृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। मंत्री ने कलाकारों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि बस्तर की जनजातीय संस्कृति और लोकपरंपराएं प्रदेश की अमूल्य धरोहर हैं। इनका संरक्षण और संवर्धन हम सभी की जिम्मेदारी है। मंत्री श्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि विकसित बस्तर का संकल्प तभी साकार होगा, जब प्रत्येक गांव विकास की मुख्यधारा से जुड़ेगा, प्रत्येक बच्चे को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध होंगे। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के प्रयासों से मजबूत हो रहे शांति के वातावरण को विकास, विश्वास और जनभागीदारी के माध्यम से स्थायी बनाना सरकार की प्राथमिकता है। इस अवसर स्थानीय जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री विश्वदीप, पुलिस अधीक्षक साहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे ।
- -आपूर्ति बंद होने की खबर पूरी तरह भ्रामकरायपुर /रायपुर जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकानों में शक्कर की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पूरी तरह सुचारू रूप से संचालित हो रही है। जिला प्रशासन और खाद्य विभाग द्वारा जिले में शक्कर की आपूर्ति व वितरण प्रक्रिया पर निरंतर निगरानी रखी जा रही है, ताकि पात्र हितग्राहियों को तय व्यवस्था के अनुरूप समय पर राशन सामग्री प्राप्त हो सके और किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।खाद्य विभाग के जिला कार्यालय स्थित खाद्य शाखा द्वारा जिले की सभी उचित मूल्य दुकानों में शक्कर के स्टॉक, उपलब्धता और वितरण की स्थिति की सतत समीक्षा की जा रही है। इस बीच, कुछ माध्यमों में जिले में शक्कर की आपूर्ति पूरी तरह बंद होने संबंधी भ्रामक खबरें प्रसारित की जा रही हैं, जो कि तथ्यहीन हैं। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत जिले में शक्कर की उपलब्धता और वितरण का कार्य पूरी तरह सामान्य रूप से जारी है। हितग्राहियों से अपील है कि वे ऐसी अप्रमाणित और भ्रामक खबरों पर ध्यान न दें और सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत संचालित शासकीय उचित मूल्य की दुकान से हितग्राही शक्कर के साथ ही महिने का राशन भी प्राप्त कर सकते हैं।
- -गांधी स्टेडियम में तीन दिवसीय जिला स्तरीय प्रतियोगिता शुरू-सात विकासखंडों के 1800 खिलाड़ी दिखाएंगे खेल कौशल; पहली बार फ्लड लाइट में होगा फुटबॉल मैचरायपुर। छत्तीसगढ़ के गांवों और शहरों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अब बड़ा मंच मिल रहा है। सरगुजा जिले में खेलों को जनभागीदारी से जोड़ने और स्थानीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय सरगुजा ओलंपिक 2026-27 का मंगलवार को अम्बिकापुर के गांधी स्टेडियम में भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिन तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में जिले के सात विकासखंडों के करीब 1800 खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा और दमखम दिखाएंगे। खास बात यह है कि सरगुजा के खेल इतिहास में पहली बार फ्लड लाइट की रोशनी में फुटबॉल मैच खेला जाएगा।लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज ने फुटबॉल को किक मारकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल में आगे बढ़ने के लिए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मेहनत जरूरी है। खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने के साथ खेल भावना और नियमों का पालन करना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि सरगुजा के खिलाड़ी संभाग, राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले और प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।सरगुजा ओलंपिक के प्रति जिले में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला है। प्रतियोगिता के लिए 1 अगस्त से 15 सितंबर तक हुए ऑनलाइन और ऑफलाइन पंजीयन में कुल 88,509 खिलाड़ियों ने नाम दर्ज कराया। इनमें 36,319 पुरुष और 52,190 महिला खिलाड़ी शामिल हैं। सबसे ज्यादा 48,626 खिलाड़ियों ने एथलेटिक्स के लिए पंजीयन कराया। यह आंकड़ा जिले में खेलों के प्रति बढ़ती रुचि और ग्रामीण प्रतिभाओं की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है। प्रतियोगिता के पहले दिन करीब 1000 जूनियर बालक-बालिका खिलाड़ी विभिन्न खेल विधाओं में हिस्सा ले रहे हैं। फुटबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बास्केटबॉल, वॉलीबॉल, कुश्ती, कराटे, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन और महिला रस्साकसी सहित 11 खेल विधाओं में मुकाबले होंगे। प्रतियोगिता का आयोजन 3 से 5 नवंबर तक किया जा रहा है। इसका शुभंकर श्गजरूश् बनाया गया है।विकासखंड स्तर पर प्रदर्शन के बाद जिला स्तर तक पहुंचे खिलाड़ीसरगुजा ओलंपिक के पहले चरण में 1 से 10 अक्टूबर तक जिले के सभी सात विकासखंडों में प्रतियोगिताएं आयोजित की गई थीं। इनमें अम्बिकापुर, उदयपुर, बतौली, मैनपाट, लखनपुर, लुण्ड्रा और सीतापुर के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों के खिलाड़ियों ने उत्साह से भाग लिया। विकासखंड स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र, मेडल और ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले खिलाड़ियों के लिए आवागमन और भोजन की व्यवस्था भी की गई थी।व्यक्तिगत खेल में 2 हजार, टीम को 4 हजार रुपए का पुरस्कारजिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को नकद पुरस्कार, प्रमाण पत्र और ट्रॉफी प्रदान की जाएगी। व्यक्तिगत खेलों में प्रथम स्थान पर 2 हजार, द्वितीय पर 1500 और तृतीय स्थान पर 1000 रुपए मिलेंगे। वहीं दलगत खेलों में प्रथम पुरस्कार 4 हजार, द्वितीय 3 हजार और तृतीय पुरस्कार 2 हजार रुपए निर्धारित किया गया है। जिला स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ी 15 से 20 नवंबर तक अम्बिकापुर में प्रस्तावित संभाग स्तरीय सरगुजा ओलंपिक में जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।प्रतियोगिता का संदेश श्खेले बार आघू आबो, सरगुजा के मान बढ़ाबोश् रखा गया है। शुभारंभ अवसर पर नगर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष विश्वविजय सिंह तोमर, भरत सिंह सिसोदिया, जिला पंचायत सीईओ रोमा श्रीवास्तव, सहायक संचालक खेल रामकुमार सिंह सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में खेलप्रेमी उपस्थित रहे।
- -सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ विकास को गति देना सरकार की प्राथमिकता- सांसद महेश कश्यप-दंतेवाड़ा राज्योत्सव में पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती और स्वच्छता दीदियों का सम्मान, प्रतिभागियों को मिले पुरस्काररायपुर /छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर दंतेवाड़ा के मेंडका डोबरा मैदान में ‘सशक्त नारी, युवा उड़ान’ थीम पर जिला स्तरीय राज्योत्सव का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती सहित उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों और स्वच्छता दीदियों को सम्मानित किया गया। विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों के माध्यम से नागरिकों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में हितग्राहियों को सामग्री भी वितरित की गई।राज्योत्सव का शुभारंभ बस्तर सांसद श्री महेश कश्यप ने किया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और परंपराओं को संरक्षित रखते हुए विकास को गति देना सरकार की प्राथमिकता है। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी के निर्णय से एक नवंबर 2000 को छत्तीसगढ़ अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया। अलग राज्य बनने के बाद प्रदेश में विकास की नई संभावनाएं खुलीं।सांसद श्री कश्यप ने कहा कि बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं का लगातार विस्तार हो रहा है। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में सार्वजनिक वितरण प्रणाली, धान खरीदी और ग्रामीण अधोसंरचना के क्षेत्र में हुए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में गरीब परिवारों, किसानों और वनांचल के लोगों के कल्याण के लिए कार्य किए जा रहे हैं। प्रदेश में गरीब परिवारों के लिए 18 लाख प्रधानमंत्री आवासों की स्वीकृति और तेंदूपत्ता संग्राहकों को 5,500 रुपये प्रति मानक बोरा की दर से भुगतान जैसी पहलें इसका उदाहरण हैं। उन्होंने योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने और विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में सभी से सहभागी बनने का आह्वान किया।विधायक श्री चौतराम अटामी ने कहा कि छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति, लोककला, तीज-त्योहार और परंपराएं प्रदेश की विशिष्ट पहचान हैं। बस्तर और दंतेवाड़ा की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित रखते हुए विकास को आगे बढ़ाना आवश्यक है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नंदलाल मुड़ामी ने कहा कि दंतेवाड़ा में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के विस्तार से बदलाव आ रहा है। जिले के युवा शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं।राज्योत्सव में पद्मश्री डॉ. बुधरी ताती को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। स्वच्छता के क्षेत्र में योगदान देने वाली स्वच्छता दीदियों को भी शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया।राज्योत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों पर आधारित प्रदर्शनियां लगाई गईं। कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती ओजस्वी मंडावी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री अरविंद कुंजाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती पायल गुप्ता, जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुनीता भास्कर सहित अन्य जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।
- -23 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर मोनिका के खाते में अंतरित हुई राशिरायपुर / केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के बालोद जिले की युवा सुश्री मोनिका बघेल को 23 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 10 लाख रुपये की एकमुश्त वित्तीय सहायता प्रदान की गई है। भारत सरकार की ओर से यह सहायता राशि सीधे उनके बैंक खाते में अंतरित की गई है। इस अवसर पर जिला कलेक्टर द्वारा मोनिका को प्रतीकात्मक डेमो चेक भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।गौरतलब है कि पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रन योजना की शुरुआत 29 मई 2021 को की गई थी। इस योजना का मुख्य उद्देश्य उन बच्चों को संबल प्रदान करना है, जिन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान अपने माता-पिता या कानूनी अभिभावक को खो दिया था। योजना के प्रावधानों के तहत पात्र बच्चों के नाम पर 10 लाख रुपये का कॉर्पस फंड तैयार किया जाता है। इसके तहत 18 वर्ष की आयु पूरी होने के बाद बच्चों को 23 वर्ष की आयु तक प्रतिमाह वित्तीय सहायता दी जाती है और 23 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर 10 लाख रुपये की यह राशि एकमुश्त प्रदान की जाती है, ताकि युवा आत्मनिर्भर बन सकें।इस योजना में बच्चों के समग्र विकास के लिए शिक्षा और स्वास्थ्य की पुख्ता व्यवस्था की गई है। पात्र बच्चों को आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत 5 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जाता है। साथ ही, उनकी स्कूली शिक्षा और उच्च शिक्षा के लिए भी वित्तीय व शैक्षणिक सहयोग प्रदान किया जाता है, जिससे उन्हें एक सुरक्षित और आत्मनिर्भर भविष्य मिल सके।इस गरिमामय कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, अपर कलेक्टर, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बाल संरक्षण अधिकारी सहित मिशन शक्ति और मिशन वात्सल्य के अधिकारी-कर्मचारी तथा मोनिका के संरक्षक विशेष रूप से उपस्थित रहे।
- -केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा— विकसित भारत के निर्माण में युवा इंजीनियरों, वैज्ञानिकों और नवाचारकर्ताओं की भूमिका महत्वपूर्ण-आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष अनुसंधान, महत्वपूर्ण खनिज, जनजातीय स्वास्थ्य और आधुनिक तकनीक के क्षेत्र में अनुसंधान को मिलेगी नई गति-दीक्षांत समारोह में 51 पदकों से मेधावी विद्यार्थी सम्मानित, कंप्यूटर साइंस की छात्रा आत्मिका गांगेली बनीं ओवरऑल टॉपररायपुर। राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर का 17वां दीक्षांत समारोह मंगलवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम में गरिमामय वातावरण में आयोजित हुआ। समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर संस्थान के 1,364 विद्यार्थियों को विभिन्न पाठ्यक्रमों की उपाधियां प्रदान की गईं। विभिन्न संकायों में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुल 51 पदकों से सम्मानित किया गया।दीक्षांत समारोह के साथ ही एनआईटी रायपुर में विज्ञान, प्रौद्योगिकी और नवाचार के क्षेत्र में एक नए अध्याय की शुरुआत हुई। केंद्रीय मंत्री श्री रेड्डी ने संस्थान में सात अत्याधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का उद्घाटन किया। ये केंद्र आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, महत्वपूर्ण खनिज, अंतरिक्ष अनुसंधान, एयरोस्पेस टेक्नोलॉजी, ग्रामीण एवं जनजातीय स्वास्थ्य तथा सतत ऊर्जा जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में उच्चस्तरीय अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देंगे।समारोह में रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल तथा वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान परिषद (सीएसआईआर) की महानिदेशक और वैज्ञानिक एवं औद्योगिक अनुसंधान विभाग (डीएसआईआर) की सचिव डॉ. एन. कलैसेल्वी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। समारोह की अध्यक्षता एनआईटी रायपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे ने की। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. एन. वी. रमण राव, सीनेट एवं बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के सदस्य, प्राध्यापक, प्रशासनिक अधिकारी, विद्यार्थी और उनके अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।दीक्षांत समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी ने विद्यार्थियों से विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विद्यार्थी को यह संकल्प लेना चाहिए कि विकसित भारत के निर्माण में उसका भी महत्वपूर्ण योगदान होगा।उन्होंने कहा कि आज देश ऊर्जा, आपूर्ति श्रृंखला, स्वास्थ्य, रोजगार सृजन और कृषि विकास सहित अनेक क्षेत्रों में नई चुनौतियों का सामना कर रहा है। युवा इन चुनौतियों को बाधा के रूप में देखने के बजाय अवसर के रूप में स्वीकार करें। देश को खाद्यान्न आपूर्ति श्रृंखला सहित विभिन्न क्षेत्रों में आत्मनिर्भर बनाने के लिए नए समाधान और तकनीक विकसित करना समय की आवश्यकता है।श्री रेड्डी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पुस्तकीय ज्ञान और रटने की प्रवृत्ति तक सीमित रखने के बजाय कौशल आधारित, व्यावहारिक और रोजगारोन्मुखी शिक्षा उपलब्ध कराना है। केंद्र सरकार राज्य सरकारों और विश्वविद्यालयों के साथ मिलकर इस दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और उन्नत विनिर्माण तकनीक भविष्य की अर्थव्यवस्था तथा रोजगार के प्रमुख आधार बनेंगे। भारत के युवाओं में प्रतिभा और क्षमता की कोई कमी नहीं है। आवश्यकता इस बात की है कि वे आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से देश की प्रगति में योगदान दें।केंद्रीय मंत्री ने सिलिकॉन वैली में भारतीय तकनीकी विशेषज्ञों की उल्लेखनीय भागीदारी का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां लगभग एक-तिहाई तकनीकी पेशेवर भारतीय हैं। यह भारतीय प्रतिभा और शिक्षा व्यवस्था की क्षमता को प्रदर्शित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा का उपयोग राष्ट्र निर्माण और समाज की बेहतरी के लिए करने हेतु प्रेरित किया।सात सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से अनुसंधान और नवाचार को मिलेगी नई पहचानकेंद्रीय मंत्री श्री रेड्डी ने एनआईटी रायपुर में सात अत्याधुनिक सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ किया। इनमें इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत इंडिया एआई छत्तीसगढ़ सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ऑन क्रिटिकल मिनरल्स, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस इन कम्प्यूटेशनल मैकेनिक्स, सेंटर ऑफ स्पेस एंड इंटरप्लेनेटरी एक्सप्लोरेशन (COSINE), मैराल सेंटर फॉर इनोवेशन इन रूरल एंड ट्राइबल हेल्थ, सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर एयरोस्पेस एंड ऑटोनॉमस टेक्नोलॉजीज तथा सेंटर फॉर नैनोसाइंस एंड सस्टेनेबल एनर्जी टेक्नोलॉजीज शामिल हैं।इन केंद्रों की स्थापना से विभिन्न वैज्ञानिक एवं तकनीकी क्षेत्रों में अंतर्विषयक अनुसंधान को प्रोत्साहन मिलेगा। साथ ही शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों और उद्योग जगत के बीच सहयोग के नए अवसर विकसित होंगे।विशेष रूप से आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी, महत्वपूर्ण खनिजों, नैनोसाइंस, स्वच्छ ऊर्जा और ग्रामीण एवं जनजातीय स्वास्थ्य के क्षेत्रों में नवाचार को नई गति मिलेगी। ये केंद्र देश की वैज्ञानिक और तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप अनुसंधान क्षमताओं के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।1,364 विद्यार्थियों को उपाधियां, 51 पदकों से मेधावियों का सम्मानदीक्षांत समारोह में कुल 1,364 विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं। इनमें स्नातक पाठ्यक्रमों के 976, स्नातकोत्तर पाठ्यक्रमों के 283 और पीएचडी के 105 विद्यार्थी शामिल हैं।विभिन्न शाखाओं में उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को कुल 51 पदक प्रदान किए गए। इनमें 25 स्वर्ण पदक, 25 रजत पदक और एक संस्थान स्वर्ण पदक शामिल है।बीटेक कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग की छात्रा सुश्री आत्मिका गांगेली को उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धि के लिए ओवरऑल टॉपर के सम्मान से नवाजा गया।आधुनिक तकनीक के साथ बुनियादी ज्ञान भी आवश्यक : डॉ. सुरेश हावरेसमारोह की अध्यक्षता करते हुए एनआईटी रायपुर के बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष डॉ. सुरेश हावरे ने कहा कि दीक्षांत समारोह केवल उपाधि प्राप्त करने का अवसर नहीं, बल्कि जीवन की एक नई यात्रा की शुरुआत है।उन्होंने कहा कि आज उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थी केवल डिग्रीधारक नहीं, बल्कि देश के भावी इंजीनियर, उद्यमी, वैज्ञानिक और नेतृत्वकर्ता हैं। देश के विकास और भविष्य को नई दिशा देने की जिम्मेदारी युवा पीढ़ी के कंधों पर है।डॉ. हावरे ने केंद्रीय मंत्री श्री जी. किशन रेड्डी की जीवन यात्रा का उल्लेख करते हुए कहा कि किसान परिवार से निकलकर सार्वजनिक जीवन में निरंतर सफलता प्राप्त करना युवाओं के लिए प्रेरणादायक है।उन्होंने कहा कि वर्तमान समय आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, डिजिटल तकनीक और ऑटोमेशन का युग है, लेकिन आधुनिक तकनीक के साथ मूलभूत वैज्ञानिक एवं तकनीकी सिद्धांतों की समझ भी अत्यंत आवश्यक है। विद्यार्थियों को नई तकनीक अपनाने के साथ अपने मूल विषयों के ज्ञान को निरंतर मजबूत करना चाहिए।उन्होंने विद्यार्थियों से आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा अपने कार्यों से संस्थान और देश का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया।महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बने भारत : सांसद श्री बृजमोहन अग्रवालविशिष्ट अतिथि रायपुर सांसद श्री बृजमोहन अग्रवाल ने उपाधि प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि अनुसंधान और नवाचार मानव समाज तथा राष्ट्र के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने एनआईटी रायपुर में स्थापित सात सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की सराहना करते हुए कहा कि देश आज भी कई महत्वपूर्ण खनिजों के लिए आयात पर निर्भर है। ऐसे में अनुसंधान संस्थानों की जिम्मेदारी है कि वे देश के भीतर इन खनिजों की खोज, पहचान और उनके उपयोग के लिए नवीन तकनीक विकसित करने की दिशा में कार्य करें। श्री अग्रवाल ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज तेजी से बदलती दुनिया की महत्वपूर्ण तकनीक बन चुकी है। विद्यार्थियों को इसका ज्ञान प्राप्त कर राष्ट्रहित में उपयोग करना चाहिए, जिससे भारत वैश्विक प्रतिस्पर्धा में अपनी स्थिति और मजबूत कर सके।कोयले की मूल्य श्रृंखला को नई तकनीक से अधिक उपयोगी बनाने की जरूरत : डॉ. एन. कलैसेल्वीविशिष्ट अतिथि डॉ. एन. कलैसेल्वी ने एनआईटी रायपुर में इंजीनियरिंग और तकनीक के विविध विषयों में प्रदान की जा रही उच्च शिक्षा की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से धातुकर्म और कोयला क्षेत्र में अनुसंधान की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।उन्होंने कोयले को एक मूल्यवान प्राकृतिक संसाधन बताते हुए कहा कि भारत में इसका विशाल भंडार उपलब्ध है, लेकिन इसके वास्तविक आर्थिक और तकनीकी मूल्य का पूरा उपयोग अभी किया जाना शेष है। आधुनिक अनुसंधान और नवाचार के माध्यम से कोयले की मूल्य श्रृंखला को और अधिक उपयोगी तथा मूल्यवान बनाया जा सकता है।डॉ. कलैसेल्वी ने धातुकर्म के क्षेत्र में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना की सराहना करते हुए आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य के अनुरूप कार्बन डाइऑक्साइड उत्सर्जन मुक्त तकनीकों के विकास पर जोर दिया।उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि जीवन में आगे बढ़ने के साथ उन्हें यह अनुभव होगा कि उनके शिक्षकों और शिक्षण संस्थान ने उनके भविष्य को सही दिशा देने में कितनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।एनआईटी रायपुर को मिले 821 प्लेसमेंट ऑफर, सर्वोच्च पैकेज 60 लाख रुपयेएनआईटी रायपुर के निदेशक प्रो. एन. वी. रमण राव ने स्वागत उद्बोधन के साथ संस्थान की वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। उन्होंने शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार, अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग और प्लेसमेंट के क्षेत्र में संस्थान की उपलब्धियों की जानकारी दी।=उन्होंने बताया कि एनआईटी रायपुर के सेंटर ऑफ स्पेस एंड इंटरप्लेनेटरी एक्सप्लोरेशन (COSINE) को औपचारिक स्वीकृति प्राप्त हुई है। संस्थान ने टाइम्स हायर एजुकेशन वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग 2027 में 1201 से 1400 के रैंकिंग समूह में स्थान प्राप्त किया है।उन्होंने बताया कि एनआईटी रायपुर के एनआईटीआरआरएफआईई को भारत इनक्यूबेटर अवॉर्ड 2025 से सम्मानित किया गया है। वर्ष 2026 के बैच को कुल 821 प्लेसमेंट ऑफर प्राप्त हुए हैं, जबकि सर्वोच्च वार्षिक पैकेज 60 लाख रुपये रहा है।संस्थान के 18 संकाय सदस्यों और चार विद्यार्थियों को स्टैनफोर्ड विश्वविद्यालय की विश्व के शीर्ष दो प्रतिशत वैज्ञानिकों की सूची में स्थान मिला है।प्रो. रमण राव ने विद्यार्थियों से जीवनभर सीखते रहने, नई तकनीकों के साथ स्वयं को अद्यतन रखने और अपने शिक्षण संस्थान से निरंतर जुड़े रहने का आह्वान किया।राष्ट्रगान के साथ हुआ समारोह का समापनदीक्षांत समारोह के दौरान विभिन्न संकायों के मेधावी विद्यार्थियों को पदक प्रदान किए गए तथा स्नातक, स्नातकोत्तर एवं पीएचडी विद्यार्थियों को उपाधियां प्रदान की गईं।समारोह के अंत में अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।एनआईटी रायपुर का यह 17वां दीक्षांत समारोह विद्यार्थियों के लिए जहां उपलब्धियों और नए संकल्पों का अवसर बना, वहीं सात सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की शुरुआत ने संस्थान के विज्ञान, अनुसंधान और तकनीकी नवाचार के क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोले।
- -निर्धारित गुणवत्ता और मानकों के अनुरूप समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देशरायपुर । लोक निर्माण विभाग के सचिव श्री मुकेश कुमार बंसल ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले में प्रगतिरत कार्यों का निरीक्षण कर विभागीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने खैरागढ़ में लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्माणाधीण संयुक्त जिला कार्यालय भवन, सर्किट हाउस, खैरागढ़ बायपास मार्ग, आमनेर नदी पर उच्च स्तरीय पुल तथा सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का जायजा लेकर उनकी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने इस दौरान विभागीय अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसियों को निर्धारित गुणवत्ता और तकनीकी मानकों के अनुरूप सभी कार्य समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।लोक निर्माण विभाग के सचिव ने खैरागढ़ में 18 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निरीक्षण कर इसके विभिन्न हिस्सों में चल रहे कार्यों की जानकारी ली। कार्यपालन अभियंता श्री एल.एन.एस. राठौर ने बताया कि भवन के भूतल में स्तंभ निर्माण का कार्य पूर्ण हो चुका है। प्रथम तल के ब्लॉक ‘ए’ में स्लैब एवं शटरिंग का कार्य प्रगति पर है, जबकि ब्लॉक ‘बी’ एवं ‘सी’ में कॉलम स्तर तक कार्य पूर्ण कर लिया गया है। संयुक्त जिला कार्यालय भवन का निर्माण जून-2027 तक पूर्ण किया जाना है।श्री बंसल ने खैरागढ़ में 3 करोड़ 4 लाख रुपए की लागत से निर्माणाधीन सर्किट हाउस का भी निरीक्षण किया। यहां भवन के ऊपरी ढांचे का निर्माण कार्य प्रगति पर है। मार्च-2027 तक इसे पूर्ण करने का लक्ष्य है।सचिव श्री बंसल ने खैरागढ़ बायपास मार्ग पर आमनेर नदी में निर्माणाधीन उच्च स्तरीय पुल का भी निरीक्षण किया। पुल के दोनों एबटमेंट का कार्य पूर्ण हो चुका है। वहीं सभी पांच पियर और छह में से तीन स्पैन की ढलाई का कार्य प्रगति पर है। पुल निर्माण का कार्य फरवरी-2027 तक पूर्ण किया जाना है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी को निर्धारित समयावधि में काम पूरा करने के निर्देश दिए।लोक निर्माण विभाग के सचिव ने राज्य मार्ग क्रमांक-5 पर 10.40 किलोमीटर में चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं मजबूतीकरण कार्य का भी जायजा लिया। उन्होंने मार्ग में 10 किलोमीटर डीबीएम कार्य, 400 मीटर क्षेत्र में वृक्ष कटाई तथा पाइपलाइन एवं विद्युत पोल स्थानांतरण से संबंधित बाधाओं को शीघ्र दूर करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्यों को आगे बढ़ाया जा सके।लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता श्री वी.के. भतपहरी, दुर्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता श्री एन.के. जयंत, अधीक्षण अभियंता श्रीमती अर्पणा चौरपगार, सेतु संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता श्री चंद्रकिशोर पाण्डेय और विद्युत एवं यांत्रिकी संभाग दुर्ग के कार्यपालन अभियंता श्री अब्दुल कादिर सहित सभी अनुविभागीय अधिकारी, उप अभियंता तथा ठेकेदार भी श्री बंसल के निरीक्षण के दौरान मौजूद थे।
- -शासन की जनहितैषी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों से रूबरू हुए नागरिक, विभागीय प्रदर्शनियां बनीं आकर्षण का केंद्र-मुख्य अतिथि विधायक श्री धर्मजीत सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों ने किया स्टॉलों का अवलोकन, जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी और ‘जनमन’ पत्रिका को सराहा-कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, पर्यटन और ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों ने प्रदर्शित की उपलब्धियांरायपुर । छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ के अवसर पर गुरुकुल खेल मैदान, पेंड्रारोड में आयोजित जिला स्तरीय राज्योत्सव में शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों की आकर्षक झलक देखने को मिली। राज्योत्सव परिसर में विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों के माध्यम से छत्तीसगढ़ की विकास यात्रा, जनहितैषी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा आम नागरिकों के जीवन में आ रहे सकारात्मक बदलावों को प्रदर्शित किया गया। विभागीय प्रदर्शनियां राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों और विकास के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनीं।समारोह के मुख्य अतिथि तखतपुर विधायक श्री धर्मजीत सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों ने विभिन्न विभागीय स्टॉलों का अवलोकन किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों से योजनाओं के क्रियान्वयन, उपलब्धियों तथा आम जनता को मिल रहे लाभों की जानकारी प्राप्त की। राज्योत्सव में प्रदर्शित योजनाओं और विकास कार्यों के माध्यम से नागरिकों को शासन की विभिन्न पहलों से परिचित होने का अवसर मिला।जनसंपर्क विभाग की फोटो प्रदर्शनी में दिखी सुशासन और विकास की झलकराज्योत्सव में जनसंपर्क विभाग द्वारा लगाई गई आकर्षक फोटो प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। मुख्य अतिथि श्री धर्मजीत सिंह एवं विशिष्ट अतिथियों ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर राज्य शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी ली। इस अवसर पर उन्होंने जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रकाशित मासिक पत्रिका ‘जनमन’ का अवलोकन किया तथा इसकी सराहना की।फोटो प्रदर्शनी में महतारी वंदन योजना के माध्यम से महिला सशक्तिकरण, कृषक उन्नति योजना से किसानों की आर्थिक समृद्धि, प्रधानमंत्री आवास योजना से जरूरतमंद परिवारों के पक्के आवास के सपने को साकार करने तथा तेंदूपत्ता संग्रहण दर और बोनस से वनांचल के परिवारों को मिल रहे आर्थिक लाभों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया गया।इसके साथ ही श्री रामलला दर्शन योजना के माध्यम से श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा की सुविधा, घर-घर निर्मल जल अभियान से स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता, इन्वेस्ट छत्तीसगढ़ के माध्यम से औद्योगिक निवेश और रोजगार की संभावनाओं, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना तथा युवा कल्याण से संबंधित उपलब्धियों को भी चित्रों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। प्रदर्शनी ने प्रदेश में विकास और जनकल्याण की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की व्यापक तस्वीर प्रस्तुत की।कृषि और उद्यानिकी विभाग ने दिखाई किसानों की समृद्धि की राहकृषि विकास एवं किसान कल्याण विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में विभिन्न फसलों का प्रदर्शन करने के साथ ही जैविक खेती के महत्व और इसके लाभों की जानकारी दी गई। प्रदर्शनी के माध्यम से किसानों को उन्नत कृषि पद्धतियों, फसल विविधीकरण और टिकाऊ खेती के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया।उद्यानिकी विभाग ने विभिन्न उद्यानिकी फसलों के साथ ऑयल पाम की खेती के फायदे प्रदर्शित किए। विभागीय स्टॉल में किसानों की आय बढ़ाने के लिए उद्यानिकी आधारित खेती की संभावनाओं को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया।महिला सशक्तिकरण और ग्रामीण आजीविका की उपलब्धियां रहीं आकर्षण का केंद्रमहिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल में आदर्श आंगनबाड़ी केंद्रों की गतिविधियों तथा महतारी वंदन योजना की जानकारी प्रदर्शित की गई। इसके माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण, मातृ एवं शिशु कल्याण तथा पोषण संबंधी गतिविधियों को सामने लाया गया।पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के स्टॉल में स्वसहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित हस्तशिल्प उत्पादों एवं खाद्य सामग्रियों का प्रदर्शन किया गया। स्थानीय महिलाओं के कौशल, परिश्रम और आत्मनिर्भरता की झलक इन उत्पादों में दिखाई दी। स्वसहायता समूहों की गतिविधियों ने ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने और महिलाओं के लिए आजीविका के अवसर विकसित करने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को रेखांकित किया।पीएम जनमन और शैक्षणिक नवाचारों की भी मिली जानकारीआदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के अंतर्गत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों के कल्याण के लिए संचालित योजनाओं और गतिविधियों को प्रदर्शित किया गया। इस प्रदर्शनी के माध्यम से जनजातीय समुदायों के सामाजिक एवं आर्थिक विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई।स्कूल शिक्षा विभाग ने शैक्षणिक नवाचारों और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए किए जा रहे प्रयासों को प्रदर्शित किया। विभागीय स्टॉल के माध्यम से शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास की दिशा में संचालित गतिविधियों की झलक प्रस्तुत की गई।पर्यटन, स्वास्थ्य, अधोसंरचना और रोजगार से जुड़ी योजनाओं का प्रदर्शनराज्योत्सव में पर्यटन विभाग द्वारा भी अपनी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया गया। इसके माध्यम से प्रदेश की पर्यटन संभावनाओं तथा पर्यटन विकास से संबंधित गतिविधियों की जानकारी प्रस्तुत की गई। पर्यटन के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की समृद्ध प्राकृतिक, सांस्कृतिक और धार्मिक विरासत को विकास की महत्वपूर्ण संभावनाओं के रूप में सामने लाया गया।इसी प्रकार स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, समाज कल्याण विभाग तथा श्रम विभाग ने जनहित से जुड़ी योजनाओं और उपलब्धियों को प्रदर्शित किया। उद्योग विभाग और जिला अग्रणी बैंक द्वारा औद्योगिक गतिविधियों, स्वरोजगार तथा वित्तीय सेवाओं से संबंधित जानकारी प्रस्तुत की गई।राजस्व एवं आपदा प्रबंधन, वन एवं जलवायु परिवर्तन, पशुधन विकास, मछली पालन, सहकारिता तथा हाउसिंग बोर्ड द्वारा भी विभागीय गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी गई। इन स्टॉलों के माध्यम से कृषि आधारित आजीविका, पशुपालन, मत्स्य पालन, आवास तथा अन्य जनकल्याणकारी क्षेत्रों में संचालित योजनाओं की झलक देखने को मिली।जल संसाधन, लोक निर्माण, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने अधोसंरचना विकास और नागरिक सुविधाओं से संबंधित योजनाओं तथा उपलब्धियों का प्रदर्शन किया। वहीं पुलिस, परिवहन, विद्युत एवं क्रेडा विभाग ने अपनी सेवाओं, गतिविधियों और विकास कार्यों को प्रदर्शित किया।शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बना राज्योत्सवजिला स्तरीय राज्योत्सव में विभागीय स्टॉलों का आयोजन केवल योजनाओं और उपलब्धियों के प्रदर्शन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि शासन की जनकल्याणकारी पहलों की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी बना। विभिन्न विभागों की प्रदर्शनियों ने यह संदेश दिया कि छत्तीसगढ़ में कृषि, शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला सशक्तिकरण, जनजातीय कल्याण, पर्यटन, रोजगार और अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना की 26वीं वर्षगांठ पर आयोजित इस समारोह में विभागीय प्रदर्शनियों ने प्रदेश की गौरवशाली विकास यात्रा और जनकल्याण के संकल्प को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। राज्योत्सव में एक ही परिसर में विभिन्न विभागों की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी उपलब्ध होने से नागरिकों को शासन की गतिविधियों को व्यापक रूप से समझने का अवसर मिला। इस प्रकार जिला स्तरीय राज्योत्सव छत्तीसगढ़ की समृद्ध विरासत, विकास की उपलब्धियों और उज्ज्वल भविष्य की संभावनाओं को प्रदर्शित करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन बना।



















.jpg)







