- Home
- देश
- नई दिल्ली। कोरोना वायरस से उत्पन्न संकट को देखते हुए तीस राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों ने पूर्ण बंदी की घोषणा की है।आंध्र प्रदेश, बिहार, चंडीगढ़ दिल्ली, गुजरात, जम्मू-कश्मीर, कर्नाटक, केरल, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल सहित अन्य राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के पांच सौ 48 जिलों में लॉकडाउन प्रभावी हो गया है। उत्तर प्रदेश के 17, मध्य प्रदेश के 37 और ओडिशा के 5 जिलों में पूर्ण बंदी लागू है। लक्षद्वीप में कुछेक गतिविधियों पर पाबंदी लगाई गईं है।स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने कल नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि मंत्रिमंडल सचिव ने सभी राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों से कहा है कि प्रतिबंधों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए और उल्लंघनकर्ताओं के विरुद्ध कार्रवाई की जानी चाहिए। श्री अग्रवाल ने बताया कि प्रतिबंधों का मुख्य उद्देश्य संक्रमण की संभावित श्रृंखला को तोडऩा है। उन्होंने कहा कि सरकार स्वास्थ्य सुविधाएं बढ़ा रही है। राज्यों से कहा गया है कि वे कोरोना रोगियों के इलाज के लिए अलग से अस्पताल तैयार करें।---
- नई दिल्ली। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के महानिदेशक डॉक्टर बलराम भार्गव ने बताया कि पंद्रह हज़ार संग्रह केंद्रों वाली बारह निजी प्रयोगशालाओं में भी कोरोना जांच शुरू कर दी गयी है।उन्होंने बताया कि अब तक दो किट विनिर्माताओं को भी मंज़ूरी दी जा चुकी है। कोविड संक्रमण के लिए रोग निरोधक के रूप में हाइड्रॉक्सी क्लोरोक्विन के इस्तेमाल पर उन्होंने कहा कि कोविड-19 के संक्रमण की पुष्टि वाले और संदिग्ध मरीज़ों का इलाज करने वाले चिकित्साकर्मियों को यह औषधि दी जा सकती है। हाइड्रो क्लोरोक्विन की कमी की खबरों को ख़ारिज करते हुए डॉक्टर भार्गव ने कहा कि देश में इसका भरपूर भंडार है।--
- नई दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय में संयुक्त सचिव लव अग्रवाल ने बताया कि 19 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों ने पूर्ण लॉकडाउन का आदेश जारी किया है।ये राज्य हैं--चंडीगढ़, दिल्ली गोवा, जम्मू-कश्मीर, नगालैंड, राजस्थान, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, लद्दाख, झारखंड, अरुणाचल प्रदेश, बिहार, त्रिपुरा, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, महाराष्ट्र और आंध्र प्रदेश। श्री अग्रवाल ने बताया कि कैबिनेट सचिव ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों से कहा है कि वे प्रतिबंधों को लॉकडाउन के दौरान कड़ाई से लागू करें और इनका पालन न करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करें। गृह सचिव ने राज्यों के पुलिस महानिदेशकों के साथ बैठक में उन्हें कड़ाई से प्रतिबंधों का पालन करने को कहा।श्री अग्रवाल ने यह भी बताया कि देश में अब तक नोवल कोरोना के चार सौ पंद्रह मामलों की पुष्टि हुई है और सात लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि मुख्य उद्देश्य संक्रमण के फैलाव की श्रृंखला को तोडऩा है। उन्होंने बताया कि सरकार स्वास्थ्य देखभाल क्षमता में वृद्धि कर रही है और राज्यों से अनुरोध किया गया है कि वे कोरोना रोगियों के इलाज के लिए विशेष अस्पताल तैयार करे।---
- नई दिल्ली। देश में घरेलू व्यावसायिक विमान कंपनियों का परिचालन बंद किया जा रहा है। यह आदेश 24 मार्च, 2020 को मध्यरात्रि (23:59 बजे) से प्रभावी होगा।विमान कंपनियों को अपने परिचालन की योजना तैयार करनी होगी ताकि विमान 24 मार्च 2020 को मध्यरात्रि (23:59 बजे) से पहले अपने गंतव्य पर पहुंच जाएं। केवल कार्गो ले जाने वाले जहाजों पर यह प्रतिबंध लागू नहीं होगा।केन्द्रीय नागर विमानन मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस दौरान किसी भी घरेलू यात्री विमान को परिचालन की अनुमति नहीं होगा। देश में कोरोना वायरस संक्रमण को नियंत्रित करने के लिहाज से यह कदम उठाया जा रहा है। यह पाबंदी माल वाहक जहाजों पर लागू नहीं होगी।----
-
नई दिल्ली। राज्यसभा ने सेवानिवृत्त होने जा रहे अपने 50 से अधिक सदस्यों को सोमवार को विदाई दी जिनमें कांग्रेस के मोतीलाल वोरा, बी के हरिप्रसाद, कुमारी शैलजा, एम वी राजीव गौड़ा, भाजपा के सी पी ठाकुर, विजय गोयल, सत्यनारायण जटिया, प्रभात झा, जदयू की कहकशां परवीन आदि शामिल हैं। बजट सत्र को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने से पहले उच्च सदन में इन सदस्यों को विदाई दी गयी। इन 55 सदस्यों में से चार का इस्तीफा हुआ था और वे चुनकर आ चुके हैं। इसके अलावा सेवानिवृत्त होने जा रहे कुछ अन्य सदस्य भी चुनाव में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। सभापति एम वेंकैया नायडू ने सेवानिवृत्त होने जा रहे इन सदस्यों के सदन में दिये गये योगदान की सराहना करते हुए उनके बेहतर भविष्य की कामना की। नेता प्रतिपक्ष गुलाम नबी आजाद ने कहा कि वह भारी मन से सदस्यों को विदाई दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि कोई भी विदा हो तो अफसोस होता है। उन्होंने कहा कि कई लोगों के साथ तो अपनी पार्टी से भी ज्यादा संपर्क रहता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के 15 सदस्य अवकाशग्रहण कर रहे हैं लेकिन इनमें से सिर्फ दिग्विजय सिंह ही फिर से लौट रहे हैं। उन्होंने सेवानिवृत्त होने जा रहे मोतीलाल वोरा को भीष्म पितामह करार देते हुए कहा कि वह इस उम्र में भी इतने सक्रिय रहे हैं। सदन के नेता थावरचंद गहलोत ने फिर से चुनकर आने वाले सदस्यों को शुभकामनाएं दी और जो लोग सदन में वापस नहीं आ पा रहे हैं, उनके सुखद भविष्य की कामना करते हुए उम्मीद जतायी कि वे समाज में सक्रिय रहेंगे। अपने विदाई भाषण में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मोतीलाल वोरा ने अपने पुराने अनुभवों और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व वित्त मंत्री अरूण जेटली को विशेष तौर पर याद किया। अन्नाद्रमुक की विजिला सत्यनाथन ने अपनी पार्टी की पूर्व प्रमुख जयललिता को याद करते हुए सदन में अपने अनुभवों की चर्चा की। कांग्रेस के मोहम्मद अली खान, बी के हरिप्रसाद, के वी पी रामचंद्र राव, भाजपा के शंभुप्रसाद टुंडिया, रामनारायण डूंडी, नारायणलाल पंचारिया, प्रभात झा, सत्यनारायण जटिया ने भी सदन में अपने अनुभवों को साझा किया। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के लोगों से कोरोना वायरस की वजह से उपजे हालात के मद्देनजर 25 मार्च को शाम 5 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिये संवाद करेंगे। प्रधानमंत्री ने अपने ट्वीट में कहा, कोरोना वायरस को लेकर उपजे हालात पर मैं अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी के लोगों से संवाद करूंगा। उन्होंने कहा कि 25 मार्च को शाम 5 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से होने वाली इस बातचीत से आप जुड़ सकते हैं। मोदी ने कहा, अगर आपके पास कोई सुझाव या सवाल हो तो ‘नरेन्द्र मोदी ऐप' के कमेंट सेक्शन में जाकर साझा कर सकते हैं। इससे पहले एक अन्य ट्वीट में उन्होंने लोगों से लॉकडाउन को गंभीरता से लेने की अपील की। उन्होंने कहा, कृपया करके अपने आप को बचाएं, अपने परिवार को बचाएं, निर्देशों का गंभीरता से पालन करें।
-
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के मकसद से महानगर सरकार की तरफ से किए गए लॉकडाउन के चलते सड़कों पर वाहनों की संख्या में काफी कमी आई है और इस कारण सोमवार को शहर में प्रदूषण के स्तर में गिरावट दर्ज की गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के डेटा के मुताबिक शहर का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक सुबह नौ बजे 112 दर्ज किया गया जो मध्यम श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के एक अधिकारी ने कहा, हवा की गति भले ही अनुकूल नहीं है फिर भी प्रदूषण का स्तर तुलनात्मक रूप से कम है क्योंकि बड़ी संख्या में वाहन सड़क पर नहीं हैं। कोरोना वायरस के प्रकोप के चलते निजी कंपनियों और गैर जरूरी सरकारी सेवाओं के कर्मचारियों को घर से ही काम करने के लिए कहा गया है। दिल्ली की सीमाओं को सील कर दिया गया है और आस-पास के इलाकों में यातायात प्रतिबंधित है । किराने की दुकानें, केमिस्ट और दूध के बूथ छोड़कर सभी बाजार, मॉल और दुकानें 31 मार्च तक बंद हैं। शहर में न्यूनतम तापमान 16.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आस-पास रहने का अनुमान है। भारतीय मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी विक्षोभ के चलते बुधवार को हल्की बारिश होने का अनुमान है। शहर में इस महीने में अब तक पहले ही 101.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की जा चुकी है जो मार्च में सबसे ज्यादा है।
-
नई दिल्ली। सोमवार को संसद ने अमर शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू तथा छत्तीसगढ़ के सुकमा में शनिवार को नक्सली हमले में शहीद हुए 17 सुरक्षाकर्मियों को श्रद्धांजलि दी। लोकसभा की कार्यवाही अपराह्न दो बजे शुरू होने पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शहीद दिवस की चर्चा की। भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू को 23 मार्च 1931 को ब्रिटिश साम्राज्य के दौरान फांसी पर लटकाया गया था। इस दिन को शहीद दिवस के तौर पर मनाया जाता है। अध्यक्ष ने सदन को गत 21 मार्च को छत्तीसगढ के सुकमा में पुलिस दल पर माओवादियों के हमले में 17 जवानों के शहीद होने और 15 जवानों के घायल होने की भी जानकारी दी। सदस्यों ने कुछ पल का मौन रखकर शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू तथा सुकमा हमले में शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। उधर राज्यसभा में सभापति एम वेंकैया नायडू ने आज शहीद दिवस होने का जिक्र किया। नायडू ने मातृभूमि के लिए तीनों शहीदों की देशभक्ति और उनके सर्वोच्च बलिदान का उल्लेख किया। नायडू ने भी सुकमा में नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में 17 सुरक्षाकर्मियों की मौत होने तथा 15 जवानों के घायल होने का जिक्र किया। उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए मृतक जवानों के परिवारों के प्रति संवेदना जतायी और घायल सुरक्षाकर्मियों के जल्द स्वाथ्य होने की कामना की। उन्होंने कहा कि प्रतिबद्धता के साथ ही ऐसी घटनाओं का मुकाबला किया जा सकता है।
- जम्मू। उत्तरी कश्मीर में कुपवाड़ा जिले के केरन सेक्टर में आतंकवादियों के सहयोगियों से बड़ी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद किया गया है।इससे पहले, सोपोर पुलिस ने आतंकवादियों को सहयोग देने वाले पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। इन लोगों की निशानदेही पर आठ ऐ.के. असाल्ट बंदूकें, नौ एमएम की नौ पिस्तौलें, सत्तर हथगोले और एक हजार गोलियां बरामद की हैं। पुलिस ने इस सिलसिले में कुछ और लोगों को गिरफ्तार करने की संभावना व्यक्त की है।---
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया से अनुरोध किया है कि वह लोगों को घर पर ही बने रहने के लिए संदेश देने का अभियान चलाए। उन्होंने आज विभिन्न संचार माध्यमों के प्रमुखों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बातचीत में कहा कि इससे लोग मामले की गंभीरता को समझेंगे और लॉकडाउन को भी गंभीरता से लेंगे।प्रधानमंत्री ने मीडिय़ा कर्मियों से भी सभी तरह की सावधानी बरतने का अनुरोध किया।प्रधानमंत्री के साथ सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी संचार माध्यमों के प्रमुखों से चर्चा की। उन्होंने कोरोना संक्रमण के बारे में लोगों को जागरूक बनाने में मीडिया की भूमिका पर चर्चा की।--
- भोपाल। मध्यप्रदेश में सियासी उठापटक के बीच आज भाजपा के वरिष्ठ नेता शिवराज सिंह चौहान चौथी बार मुख्यमंत्री पद की कमान संभाल सकते हंै।बताया जा रहा है कि भाजपा हाईकमान ने मध्यप्रदेश के अगले मुख्यमंत्री के लिए शिवराज सिंह चौहान का नाम लगभग तय कर दिया है। अगर कोई रद्दोबदल न हो तो देर रात 9 बजे शिवराज सिंह चौहान राजभवन में मुख्यमंत्री पद की शपथ ले सकते हैं।बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री के साथ 6-8 मंत्रियों को भी शपथ दिलाई जा सकती है। अब से कुछ देर बाद भोपाल में विधायकों की होने जा रही बैठक में विधायक दल के नेता के रूप में शिवराज सिंह चौहान के नाम पर मुहर लगने की संभावना है।20 मार्च को कमलनाथ के इस्तीफे के बाद सीएम पद की दौड़ में शिवराज ही सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं।शिवराज सिंह चौहान 2005 से 2018 तक लगातार 13 साल सीएम रह चुके हैं। इस दौरान उन्होंने तीन बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके फिर सीएम बनने पर मध्यप्रदेश के इतिहास में पहला मौका होगा, जब कोई चौथी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेगा। शिवराज के अलावा अब तक अर्जुन सिंह और श्यामाचरण शुक्ल तीन-तीन बार मध्यप्रदेश के मुख्यंत्री रह चुके हैं।
- नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस के संकट से बचाव के लिए देश के उद्योगपति भी सामने आए हैं।जाने माने उद्योगपति और वेदांता समूह के कार्यकारी अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने ट्वीट कर कहा कि, मैं इस महामारी से निपटने के लिए 100 करोड़ देने का वादा करता हूं। उन्होंने कहा कि इस वक्त हमारे देश को हमारी सबसे ज्यादा जरूरत है। हम हर तरह से देश की मदद करेंगे।दरअसल माइनिंग सेक्टर की प्रमुख कंपनी वेदांता लिमिटेड ने रविवार को कोरोना वायरस महामारी से निपटने के लिए 100 करोड़ रुपये के कोष की घोषणा की है। वेदांता ने एक बयान में कहा कि दिहाड़ी मजदूरों, कंपनी के कर्मचारियों और ठेका श्रमिकों के साथ ही कंपनी के संयंत्रों के आसपास के इलाकों में लोगों की स्वास्थ्य देखभाल के लिए इस कोष का इस्तेमाल किया जाएगा।अध्यक्ष अनिल अग्रवाल ने कहा, महामारी से लडऩे के लिए मैं 100 करोड़ रुपये देने की प्रतिबद्धता जता रहा हूं। जरूरत पडऩे पर हम कोष में वृद्धि भी कर सकते हैं। वेदांता ने कहा कि कंपनी इस संकट की अवधि में अस्थायी कर्मचारियों सहित अपने कर्मचारियों के वेतन में कटौती नहीं करेगी या किसी भी कर्मचारी को निकालेगी नहीं। इसके अलावा कंपनी ने कोविड-19 के लिए वेदांता के कर्मचारियों और उनके परिवारों को विशेष बीमा कवर देने का फैसला भी किया है।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से भुगतान के लिए डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करने का आग्रह किया है और कहा है कि कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए ऐसा करना सुरक्षित है। एक ट्वीट में श्री मोदी ने कहा कि यह समय भीड़ से बचने का है और डिजिटल भुगतान इसमें मददगार है।वित्त मंत्रालय और बैंकों ने भी लोगों से ई-पेमेंट उपकरणों का इस्तेमाल करने की अपील की है। वित्तीय सेवाओं के सचिव देबाशीष पांडा ने कहा है कि डिजिटल भुगतान सुरक्षित हैं। कई बैंकों ने डिजिटल लेन-देन पर शुल्क माफ किए हैं।विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग ने कोविड-19 महामारी से निपटने के लिए भारतीय कंपनियों से प्रौद्योगिकी आधारित समाधान के प्रस्ताव आमंत्रित किए हैं। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के सचिव आशुतोष शर्मा ने कल नई दिल्ली में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग ऐसे किफायती मॉस्क की खोज कर रहा है, जो हवा से वायरस को पकडऩे, सांस लेने से निकलने वाली छोटी बूंदों को सोखने और किफायती तरीके से तापमान की जांच करने में कारगर हो। श्री शर्मा ने बताया कि उनका विभाग जैव सूचना प्रणाली और निगरानी, त्वरित और सटीक निदान किट तथा कम कीमत और वजन वाले ऑक्सीजन उपकरणों और वेंटिलेटरों की तलाश भी कर रहा है। ये प्रस्ताव 27 मार्च से पहले प्रस्तुत किए जाने हैं।विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग के अंतर्गत प्रौद्योगिकी विकास बोर्ड, स्वदेश में विकसित प्रौद्योगिकी के व्यावसायिक उपयोग और आयातित प्रौद्योगिकी को घरेलू स्तर पर अपनाने को प्रोत्साहन देने के लिए उदार ऋण या कुछ मामलों में अनुदान के तौर पर वित्तीय सहायता देता है।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने छत्तीसगढ़ के सुकमा में हुए नक्सली हमले में जवानों की मौत पर दुख जताया है। प्रधानमंत्री ने देर शाम ट्वीट कर कर नक्सली हमले की निंदा की और जवानों की शहादत पर शोक जताया। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी जवानों की शहादत पर शोक व्यक्त किया है।पीएम नरेंद्र मोदी मोदी ने ट्वीट कर कहा,-छत्तीसगढ़ के सुकमा में हुए नक्सली हमले की कड़ी निंदा करता हूं। शहीद हुए सुरक्षाबलों को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। उनकी वीरता को भूला नहीं जाएगा। मृतकों के परिवार के लिए सांत्वना और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करता हूं।केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जवानों की मौत पर दुख जताया। शाह ने कहा, छत्तीसगढ़ के सुकमा में सुरक्षाकर्मियों के शहादत की घटना बहुत ही दुखद है और हृदय को व्यथित करने वाली है। सभी वीर बलिदानियों को नमन करता हूं और उनके परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं। दु:ख की इस घड़ी में पूरा भारत आपके साथ है। नक्सलवाद के विरुद्ध भारत की लड़ाई जारी रहेगी।वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने हमले पर दुख जताते हुए ट्वीट किया, सुकमा (छत्तीसगढ़) में एक ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने की दुखद घटना से मैं बहुत व्यथित हूं। देश की सुरक्षा में अपना बलिदान देने वाले इन बहादुर जवानों को मैं अपनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं एवं उनके शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं।----
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज जनता कफ्र्यू को सफल बनाने के लिए देशवासियों का आभार व्यक्त किया।उन्होंने एक ट्वीट में कहा कि यह एक अच्छा संकेत है लेकिन यह शुरूआत है और जीत के लिए एक लंबी लड़ाई लडऩी होगी। उन्होंने कहा कि इसी संकल्प और संयम के साथ एक लंबी लड़ाई के लिए सोशल डिस्टेन्सिंग में रहने के लिए तैयार रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि जनता कफ्र्यू रात नौ बजे खत्म हो गया है, लेकिन इसका तात्पर्य यह नहीं है कि हम इसका उत्सव मनाना शुरू कर दें। इसे सफलता के तौर पर भी नहीं लेना चाहिए। यह एक लंबी लड़ाई की शुरूआत है। आज देशवासियों ने यह बता दिया है कि वे क्षमतावान हैं और यदि वे फैसला कर लें तो हम बड़ी से बड़ी चुनौती को एकजुटता से जीत सकते हैं।
- गांधीनगर। गुजरात में भी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील का व्यापक असर पड़ा और लोगों ने ठीक शाम 5 बजे तालियां, घंटियां बजाकर कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही लड़ाई में अपना योगदान दिया।इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां हीरा बा मोदी भी पीछे नहीं रही। उन्होंने गांधीनगर में अपने निवास स्थान के बाहर आकर थाली बजाई और इस अभियान का हिस्सा बनी।
- नई दिल्ली। आज भारत देश में शाम 5 बजने का जैसे सबको इंतजार था। सभी ने अपने- अपने घरों की बालकनी, छत पर आकर एकजुटता का जो परिचय दिया, उसकी गूंज सारी दुनिया को सुनाई दी। करीब 20 मिनट तक महानगर हो या गांव, जैसे एक आंदोलन सा चल पड़ा। तालियों से शंख-घंटियों की आवाज से पूरा आसमान गुंजायमान हो गया।सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों ने अपने - अपने मनोभावों को व्यक्त किया।आम हो या खास सभी ने इस अभियान का हिस्सा बनकर अपना समर्थन दिया। इनमें राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम. वैंकैया नायडू, लोकसभा स्वीकर ओम बिरला के अलावा केन्द्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, नरेन्द्र सिंह तोमर, धर्मेन्द्र प्रधान सहित अनेक केन्द्रीय मंत्री भी परिवार सहित तालियां, घंटियां बजाकर इस अभियान का हिस्सा बने।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पत्नी के साथ अपने आवास पर ताली बजाकर कोरोना वायरस से लड़ रहे वीरो के प्रति अपना समर्थन जताया। उन्होंने ट्वीट किया, कोरोना वायरस संकट के बावजूद देश की सुरक्षा और स्वास्थ्य समेत सभी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति और सेवाएं सुनिश्चित करने वाले सुरक्षाकर्मियों, स्वास्थ्यकर्मियों और अन्य सभी राष्ट्र रक्षकों का अभिनंदन है।ओडि़शा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने भी थालियां बजाते हुए अपना एक वीडियो ट्वीटर पर शेयर किया। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने अपनी 88 वर्षीय मां का वीडियो शेयर करते हुए लिखा-प्रधानमंत्री जी के आग्रह पर मेरी 88 वर्षीय माता जी ने भी आज घंटी बजाकर व्यवस्थाओं में लगे सभी लोगों के प्रति आभार प्रकट किया। मोदी जी के आह्वान से वह इतना प्रभावित थी कि स्वयं को इस महायज्ञ में शामिल होने से रोक न सकीं।---
- मुंबई। कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई में जुटे हुए वीरों को सलाम करते हुए महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने भी अपनी बालकनी से तालियां बजाई और कोरोना से बचाव के लिए लड़ रहे वीरों के प्रति अपना समर्थन जताया ।उन्होंने ट्वीट कर कहा -आज भारत हमारे घरों में रहते हुए भी एक साथ आया। जब हम घर पर होते हैं तो कई ऐसे होते हैं जो नि:स्वार्थ भाव से अपना कर्तव्य निभाते हैं। हमें अपने सामने रखने के लिए आप में से हर एक को धन्यवाद। आज हमने जो अनुशासन और प्रतिबद्धता दिखाई है, उसे जारी रखने की जरूरत है।---
- मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक अपील पर रविवार शाम 5 बजे मानो पूरा देश एकजुट हो गया। लोगों ने ठीक शाम पांच बजे बर्तन, तालियां, घंटी , घडिय़ाल बजाकर कोरोना वायरस के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे सुरक्षाबलों के जवानों, डॉक्टरों, सफाईकर्मियों , मीडिया के प्रति अपना सम्मान जताया।सदी के महानायक अमिताभ बच्चन अपने परिवार सहित मुंबई स्थित अपने घर जलसा की छत पर पहुंचे और तालियां बजाई।वहीं बेटा अभिषेक, बहू ऐश्वर्या राय , पोती आराध्या, बेटी श्वेता ने भी घंटियां बजाकर इस आंदोलन को समर्थन दिया। अमिताभ बच्चन ने ट्वीट कर लिखा, ऐतिहासिक पल। हम एक हैं और यही हमारी जीत है।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोगों से अपील की है कि वे कोरोना वायरस से बचाव के लिए जहां हैं, वहीं रहें और यात्रा करने से बचें।प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा- मेरी सबसे प्रार्थना है कि आप जिस शहर में हैं, कृपया कुछ दिन वहीं रहिए। इससे हम सब इस बीमारी को फैलने से रोक सकते हैं। रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों पर भीड़ लगाकर हम अपनी सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं। कृपया अपनी और अपने परिवार की चिंता करिए, आवश्यक न हो तो अपने घर से बाहर न निकलिए।उन्होंने एक अन्य ट्वीट में कहा कि -कोरोना के भय से मेरे बहुत से भाई-बहन जहां रोजी-रोटी कमाते हैं, उन शहरों को छोड़कर अपने गांवों की ओर लौट रहे हैं। भीड़भाड़ में यात्रा करने से इसके फैलने का खतरा बढ़ता है। आप जहां जा रहे हैं, वहां भी यह लोगों के लिए खतरा बनेगा। आपके गांव और परिवार की मुश्किलें भी बढ़ाएगा।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि कोरोना वायरस से निपटने के लिए आज रविवार को घर पर ही रहने की उनकी अपील का आमिर खान, अक्षय कुमार, कार्तिक आर्यन, अनुपम खेर, कमल हासन, भूषण कुमार, मोहम्मद कैफ , झूलन गोस्वामी , गीता फोगट, महेश भूपति , सायना नेहवाल, रवि शास्त्री जैसी कई जानी-मानी हस्तियों ने पुरजोर समर्थन किया है।एक ट्वीट संदेश में प्रधानमंत्री ने कहा कि कोविड-19 के खिलाफ संघर्ष में हर व्यक्ति एक महत्वपूर्ण योद्धा है और लोगों की सतर्कता और सजगता लाखों लोगों के जीवन के लिए उपयोगी साबित हो सकती है।श्री मोदी ने ट्विटर पर लिखा कि यह समय परस्पर सुरक्षित दूरी बनाये रखने का है और डिजिटल भुगतान से यह बिल्कुल संभव है। उन्होंने कहा कि देश की जनता ने एकजुट रहने का निश्चित किया है और हम इसकी बदौलत कोविड-19 से निपटने में कामयाब होंगे।
- जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने पूरे राज्य में आज से पूर्ण लॉकडाउन के आदेश दिये हैं। लॉक डाउन के तहत ज़रूरी सेवाओं को छोड़ सभी राजकीय तथा निजी कार्यालय, मॉल्स, दुकानें तथा फैक्ट्रियां के अलावा सार्वजनिक परिवहन भी बंद रहेगा। श्री गहलोत ने इस बारे में अपने ट्वीटर अकाउंट पर एक अपील भी पोस्ट की है।राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम से जुड़े परिवारों को मई माह तक नि:शुल्क गेहूं दिया जाएगा जबकि शहरी क्षेत्रों में स्ट्रीट वेण्डर्स, दिहाड़ी मजदूर तथा ऐसे जरूरतमंद परिवारों को एक अप्रैल से दो माह तक आवश्यक खाद्य सामग्री के पैकेट नि:शुल्क बांटे जायेंगे। लाभार्थियों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन का वितरण अप्रैल माह के पहले सप्ताह तक कर दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने निजी संस्थाओं से अपील की है कि लॉक डाउन के दौरान रहने वाली फैक्ट्रियों में किसी भी मजदूर को नौकरी से न निकाला जाए।---
- नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने इलेक्ट्रॉनिक विनिर्मिाण क्लस्टर्स के जरिये साझा सुविधाओं के साथ विश्व स्तरीय बुनियादी ढांचे के विकास के लिए संशोधित इलेक्ट्रॉानिक्स विनिर्माण क्लस्टर्स योजना को वित्तीय सहायता की मंजूरी दे दी है।नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने कहा कि सरकार ने व्यापक स्तर पर इलेक्ट्रॉनिक्स विनिर्माण के लिए उत्पादन प्रोत्साहन योजना को भी स्वीकृति दी है। इस योजना का उद्देश्य घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देना और मोबाइल फोन विनिर्माण तथा विशिष्ट इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में बड़े निवेश को आकर्षित करने के लिए प्रोत्साहन देना है। यह प्रोत्साहन राशि उत्पादन से जुड़ी होगी। श्री प्रसाद ने कहा कि सरकार भारत में मोबाइल और संबंधित उपकरणों के विनिर्माण पर बल देगी। उन्होंने कहा कि केंद्र इस क्षेत्र में 20 लाख करोड़ रूपये निवेश करेगा जिससे अगले पांच वर्ष में 25 लाख लोगों को रोजग़ार मिलेगा।मंत्रिमंडल ने तीन थोक औषध पार्कों में साझा विनिर्माण सुविधाओं को वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए थोक औषध पार्क प्रोत्साहन योजना को भी मंजूरी दी है। इसके लिए अगले पांच वर्ष में तीन हजार करोड़ रूपये का आवंटन किया गया है। थोक औषध पार्क योजना से देश में थोक में औषधियों के निर्माण की लागत कम होने और अन्य देशों पर निर्भरता घटने की संभावना है। देश में महत्वपूर्ण आरंभिक सामग्री औषधीय तत्वों और एक्टिव फार्मास्युटिकल इनग्रीडिएंट के घरेलू विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिए उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना को भी मंजूरी दी गई। इस योजना के लिए अगले आठ वर्ष में छह हजार नौ सो चालीस करोड़ रूपये का आवंटन किया जाएगा।मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय आयुष मिशन में आयुष स्वास्थ्य और वैलनेस केंद्रों को आयुष्मान भारत के दायरे में लाने की भी मंजूरी दी। इसका उद्देश्य दूसरे और तीसरे स्तर के स्वास्थ्य देखभाल केंद्रो पर बोझ कम करना है।--
- नई दिल्ली। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद ने कोरोना वायरस के प्रसार को नियंत्रित करने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनमें कहा गया है कि सांस संबंधी गंभीर रोगों, दम फूलने, बुखार और कफ की शिकायत के साथ अस्पताल आने वाले प्रत्येक रोगी की कोरोना वायरस संक्रमण के लिहाज से भी जांच की जाएगी।परिषद के नए दिशा-निर्देशों में कहा गया है कि पॉजिटिव पाए गए रोगियों के संपर्क में आए लोगों की भी पांचवें और 14वें दिन के बीच एक बार जांच की जानी चाहिए।परिषद ने ये दिशा-निर्देश कोरोना के संदिग्ध मामलों में सभी लोगों को विश्वसनीय जांच सुविधा उपलब्ध कराने के लिए जारी किए गए हैं।देश में कोविड-19 के अधिकतर मामले उन लोगों में सामने आए हैं, जो विदेश या अन्य जगहों से संक्रमित होकर लौटे हैं। कई लोग ऐसे लोगों के संपर्क में आने से भी संक्रमित हुए हैं।
-
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए कई ऐलान किए हैं। सीएम ने ऐलान किया कि राज्य में 15 लाख दिहाड़ी मजदूरों और 20.37 लाख निर्माण श्रमिकों को उनकी दैनिक जरूरतों को पूरा करने में मदद करने के लिए 1000 रुपये प्रत्येक को दिया जाएगा। साथ ही रेहड़ी वालों को 1000 रुपये की राशि दी जाएगी। ये मदद राशि मजदूरों के खाते में ट्रांसफर की जाएगी। लेबर सेस से मदद मुहैया कराने का प्रयास किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता कफ्र्यू का आह्वान है, कृपया घरों में रहें. रविवार को मेट्रो, बसें, सिटी बसें बंद रहेंगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने भी कोरोना से बचाव और लडऩे के लिए पूरी सतर्कता बरती है. 2 दिन पहले पीएम मोदी ने भी जनता से भीड़ न लगाने की अपील की है. मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पूरे देश में कोरोना वायरस सेकंड स्टेज पर है और अगर हम इसे यहीं रोकने में कामयाब होते है तो ये पूरी दुनिया के लिए एक मैसेज होगा. इसके संक्रमण को रोकने के लिए हमारी तैयारी युद्धस्तर पर चल रही है. सभी जिलों के अस्पतालों में आइसोलेशन वार्ड बनाए गए है और पर्याप्त चिकित्साकर्मी तैनात किए गए हैं। कोरोना से घबराने की जरूरत नहीं है, लडऩे की जरूरत है, बचाव ही सबसे बेहतर उपाय है. यूपी सरकार ने दिहाड़ी मजदूरों के भरण पोषण के लिए वित्त मंत्री सुरेश खन्ना की अध्यक्षता में गठित समिति की सिफारिशें मान ली है. उन्होंने बताया कि श्रम विभाग में 20 लाख 37 हजार पंजीकृत श्रमिकों, दैनिक सफाईकर्मी, ठेले वाले 15 लाख लोगों को भी भरण-पोषण के तौर पर एक हजार रुपये इनके बैंक खाते में ट्रांसफर किए जाएंगे।


























.jpg)
