- Home
- देश
-
भीलवाड़ा। राजस्थान में भीलवाड़ा जिले के बीगोद और त्रिवेणी के बीच सोमवार रात कोटा से भीलवाड़ा आ रही रोडवेज बस ने क्रूजर गाड़ी को टक्कर मार दी। इस हादसे में क्रूजर में बैठे 15 में से 9 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। इनमें से 7 एक ही परिवार के थे। बाकी दो में एक उनका पारिवारिक मित्र और दूसरा जीप का ड्राइवर था। पुलिस को क्रूजर जीप से शव निकालने में ही दो घंटे लग गए।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार क्रूजर जीप में सवार लोग मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले के संधारा गांव के रहने वाले हैं। ये भीलवाड़ा में शादी समारोह में मायरा लेकर आए थे। मायरा भरने के बाद वापस अपने गांव जा रहे थे। तभी बीगोद और त्रिवेणी के बीच बस ने टक्कर मार दी। इस हादसे में क्रूजर जीप में सवार 9 लोगों की मौत हो गई। क्रूजर जीप में सवार 6 लोग भी गंभीर घायल हैं। पुलिस ने लोगों की सहायता से गाड़ी में फंसे शवों को निकालने का प्रयास शुरू कर दिया। हादसे में बस चालक सहित कुछ सवारियों को भी चोटें आई हैं। पूर्व विधायक विवेक धाकड़ भी घटनास्थल पर पहुंचे। कलेक्टर राजेंद्र भट्ट व एसपी हरेंद्र महावर देर रात तक हॉस्पिटल में डटे रहे और इलाज की व्यवस्था करवाई।
-
नई दिल्ली। दिल्ली में नई सरकार को लेकर अगले 24 घंटे में लोगों का इंतजार खत्म हो जाएगा। भारतीय निर्वाचन आयोग के चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक दिल्ली की सभी सीटों पर 11 फरवरी सुबह 8 बजे से एकसाथ मतगणना शुरू होगी। मतगणना की कड़ी में सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जाएगी। दिल्ली सीईओ कार्यालय के अनुसार इस बार चुनाव में कहीं से कोई गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली है। 69 विधानसभा क्षेत्रों के स्क्रूटनी का काम 8 फरवरी की शाम सात बजे तक पूरा हो गया था। वहां कोई गड़बड़ी की शिकायत नहीं मिली।
चुनाव आयोग के अनुसार 11 फरवरी को सुबह आठ बजे मतगणना का काम शुरू हो जाएगा। दिल्ली के कुल 27 केंद्रों पर मतगणना का काम किया जाएगा। चुनाव आयोग के मुताबिक, अक्षरधाम मंदिर के नजदीक कॉमन वेल्थ गेम्स स्टोट्र्स कॉम्पलेक्स में त्रिलोकपुरी, कोंडली, पटपडग़ंज, लक्ष्मी नगर, कृष्णा नगर और गांधी नगर विधानसभा में पड़े मतों की गिनती की जाएगी। विकासपुरी, मटियाला, नजफगढ़, पालम, उत्तम नगर और द्वारका के साथ बिजवासन विधानसभा क्षेत्रों में पड़े मतों की गिनती द्वारका सेक्टर-9 में एससीआइआरटी स्कूल में होगी। मालवीय नगर, महरौली, छतरपुर, देवली और अंबेडकर नगर विधानसभा क्षेत्रों की मतों की गिनती सिरीफोर्ट स्थित वीर चंद्र सिंह गढ़वाल सरकारी स्कूल में होगी। नांगलोई जाट, मोतीनगर, मादीपुर, राजौरी गार्डन, हरिनगर, तिलकनगर और जनकपुरी विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना द्वारका सेक्टर-3 स्थित नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी ऑफ टेक्नोलॉजी में की जाएगी। -
नई दिल्ली। महाकुंभ-2021 का पहला शाही स्नान 11 मार्च को महाशिवरात्रि पर होगा। अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष श्रीमहंत नरेंद्र गिरि, महामंत्री हरिगिरि, मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक ने एक साथ बैठकर शाही स्नान की तिथियां घोषित कीं। तय हुआ कि महाकुंभ का पहला शाही स्नान 11 मार्च 2021 को महाशिवरात्रि पर होगा। दूसरा शाही स्नान 12 अप्रैल को सोमवती अमावस्या, तीसरा 14 अप्रैल को बैसाखी मेष पूर्णिमा और चौथा और आखिरी शाही स्नान 27 अप्रैल को चैत्र पूर्णिमा पर होगा। वहीं, गंगा सभा की ओर से होने वाले मुख्य स्नानों की तिथियां भी इस दौरान घोषित की गईं। इसका सभी संतों और अधिकारियों ने तालियां बजाकर स्वागत किया। मेला अधिकारी दीपक रावत ने कहा कि मेले को सकुशल और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए हरसंभव प्रयास रहेगा।
ये स्नान भी होंगे
14 जनवरी-2021 - मकर संक्रांति
11 फरवरी-2021-मौनी अमावस्या
13 फरवरी -2021- वसंत पंचमी
27 फरवरी -2021-माघ पूर्णिमा
13 अप्रैल -2021- नव संवत्सर -
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में इस बार गर्मी छह दिन की देरी से आएगी। आमतौर पर सात फरवरी तक तापमान सामान्य हो जाता रहा है। लेकिन, इस बार 12 तारीख के बाद तापमान सामान्य स्तर पर आने की संभावना जताई जा रही है। रविवार के दिन भी न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में बीता दिसंबर कई वर्षों में ऐतिहासिक तौर पर सबसे ज्यादा ठंडा रहा था। जनवरी में भी तापमान औसत से एक डिग्री तक कम दर्ज किया गया था। फरवरी की शुरुआत में भी ठंड का यह मिजाज बना हुआ है। बीते नौ दिनों में एक दिन भी ऐसा नहीं रहा, जब न्यूनतम तापमान सामान्य दर्ज किया गया हो, जबकि अधिकतम तापमान भी केवल दो दिन ही सामान्य दर्ज किए गया है। न्यूनतम और अधिकतम तापमान आमतौर पर सामान्य से दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक नीचे दर्ज किए गए हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक आमतौर पर छह-सात फरवरी तक दिल्ली में तापमान सामान्य स्तर पर आ जाता है और गर्मी शुरू हो जाती है। लेकिन, जनवरी माह में सात पश्चिमी विक्षोभ आए। इसके बाद से हवा भी पहाड़ों की तरफ से आ रही है। इसके चलते ठंड का आलम बना हुआ है। - नई दिल्ली। भारत ने नोवेल कोरोना वायरस के प्रकोप से निपटने के लिए चीन को मदद का प्रस्ताव किया है।सरकारी सूत्रों ने कहा है कि चीन के राष्ट्रपति षी चिनपिंग को लिखे पत्र में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वायरस के प्रकोप को दखते हुए चीन के राष्ट्रपति और वहां की जनता के प्रति एकजुटता व्यक्त की है। श्री मोदी ने हुबेई प्रांत से भारतीयों को स्वदेश लौटने में मदद के लिए चीन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इस चुनौती से निपटने में चीन को सहायता का प्रस्ताव किया है। प्रधानमंत्री ने कोरोना वायरस के प्रकोप से अनेक लोगों के मारे जाने पर दुख भी व्यक्त किया है।
- कोलकाता। केन्द्रीय वित्तमंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा है कि सरकार प्रधानमंत्री के नए भारत के स्वप्न को साकार करने के लिए उद्योग जगत सहित सभी पक्षों का सहयोग लेगी।आज कोलकाता में व्यापार और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बजट पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की भूमिका प्रौद्योगिकी उपलब्ध कराने की होगी। श्रीमती सीतारामन कहा कि उद्यम और डिजिटल इंडिया की सफलता से नए भारत का सपना सफल हो सकता है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रभावी शासन और कारोबारी सुगमता के लिए प्रयास करना जारी रखेगी।
- वाराणसी। संत रविदास की 643 वीं जयंती आज देशभर में मनाई जा रही है। संत रविदास का जन्म 14वीं शताब्दी में हुआ था। वे उत्तर भारत में भक्ति आंदोलन के संस्थापक थे।वाराणसी के सीर गोवर्धनपुर में श्री गुरु रविदास जन्म स्थान मंदिर में आज लाखों लोग उनकी जयंती मनाने के लिए एकत्र हुए हैं।इस समारोह में अमेरिका, इंग्लैंड, फ्रांस, नीदरलैंड, सिंगापुर, अफ्रीका, जापान समेत कई स्थानों से भारतीय और एनआरआई शाामिल होने के लिए आए हुए हैं। आयोजकों का कहना है कि संत रविदास की जयंती में शामिल होने के लिए कई राज्यों से भी लाखों लोग यहां पहुंचे हैं। उनके ठहरने का इंतजाम कर दिया गया है और उनकी सेवा के लिए 800 सेवादारों की तैनात किए गए हैं।श्री गुरु रविदास जन्मस्थान मंदिर पब्लिक चैरेटिबल ट्रस्ट की ओर से यह आयोजन कराया जा रहा है। इसके चेयरमैन संत निरंजन दास जी हैं। इस ट्रस्ट के मुख्य ट्रस्टी किशनलाल ने बताया कि लाखों लोग पूरे विश्व से यहां लगातार पहुंच रहे हैं। संत निरंजनदास जी पंजाब से स्पेशल ट्रेन से भक्तों साथ सात फरवरी को ही आ गए थे। करीब 300 से ज्यादे सेवादार खाने की व्यवस्था में लगें हुए हैं। ये लोग सब्जी काटना,आटा गूंथना, बर्तन साफ करना, रोटी और खाना बनाना, साथ ही साफ सफाई संभाल रहे हैं। वहीं 500 से ज्यादा सेवादार मंदिर ,पंडाल, लंगर पंडाल, रास्तों पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं। सभी प्वाइंट पर इनकी सेवा में लगाया गया है।राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरु रविदास का स्मरण किया है। श्री कोविंद ने कहा कि गुरु रविदास ने शांति, एकता और भाईचारे का संदेश दिया।श्री मोदी ने एक ट्वीट में कहा कि गुरु रविदास ने समाज में सकारात्मक परिवर्तन के लिए समानता और भाईचारे पर बल दिया जो कि आज भी प्रासंगिक हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि न्याय, समानता और सेवाभाव पर आधारित उनकी शिक्षा हर आयु के लोगों को प्रेरित करती रहेगी।---
- नई दिल्ली। जम्मू कश्मीर और लद्दाख में इस वर्ष पहली बार राष्ट्रीय लोक अदालतें आयोजित की गईं। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में ये अदालतें दोनों केन्द्रशासित प्रदेशों के उच्च न्यायालयों में भी लगाई गईं।यह आयोजन जम्मू-कश्मीर उच्च न्यायालय की मुख्य न्यायाधीश गीता मित्तल के मार्ग निर्देशन में किया गया।जम्मू-कश्मीर विधिक सेवा प्राधिकरण के सदस्य-सचिव ने बताया कि एक दिन के लिए लगाई गयी इन अदालतों में 124 पीठों के समक्ष 13 हजार 500 मामले लाए गए। इनमें से लगभग 9 हजार मामले निपटाए गए और असैन्य, आपराधिक तथा श्रम विवाद संबंधी विभिन्न मामलों में करीब 15 करोड़ रुपये की राशि मुआवजे के तौर पर देने के आदेश जारी किए गए।---
-
कटनी। बड़वारा थाना इलाके में शुक्रवार देर रात कार और ट्रक की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक राखड़ से भरा हुआ ट्रक कटनी जा रहा था और कार कटनी से बाहर की ओर जा रही थी। इसी दौरान दोनों की आमने-सामने टक्कर हो गई और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस दौरान कार में सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जिनके नाम मोहन सिंह, रवि पटेल और कल्ला वर्मा हैं। ये सभी जगतपुर, उमरिया के रहने वाले बताए जा रहे हैं। वहीं राहुल पटेल, बलराम पटेल, राज विश्वकर्मा, बबलू गुप्ता और अन्य दो लोग घायल हो है, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना की सूचना मिलने के बाद जगतपुर गांव में मातम छा गया है। मृतकों और घायलों के परिजन कटनी के लिए रवाना हो गए हैं। हादसे के बाद रास्ते से गुजर रहे अन्य लोगों ने रुककर घायलों को बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। जिसके बाद घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा सका। -
इंदौर। देश की तीसरी निजी ट्रेन इंदौर-वाराणसी एक्सप्रेस सप्ताह में तीन दिन चलाई जाएगी। इस ट्रेन के जरिए शहर वासियों को बड़ी सुविधा मिल जाएगी। कार्यक्रम के अनुसार इंदौर से वाराणसी तरफ जाने वाले यात्रियों को सोमवार, बुधवार और शुक्रवार जबकि वाराणसी से इंदौर आने वाले यात्रियों को रविवार, मंगलवार और गुरुवार को इस ट्रेन की सुविधा मिलेगी। रेलवे बोर्ड ने ट्रेन के प्रस्तावित टाइम टेबल को मंजूरी दे दी है। इसे 20 फरवरी से चलाने की तैयारी हो रही है।
बुधवार और शुक्रवार को इंदौर से चलने वाली इंदौर-वाराणसी ट्रेन वाया लखनऊ चलाई जाएगी जबकि सोमवार को इंदौर से चलने वाली ट्रेन वाया इलाहाबाद चलेगी। इसी तरह रविवार को वाराणसी से चलने वाली वाराणसी-इंदौर ट्रेन वाया इलाहाबाद, जबकि मंगलवार और गुरुवार को चलने वाली वाराणसी-इंदौर ट्रेन वाया लखनऊ चलाने की तैयारी है। दोनों दिशाओं में ट्रेन को उज्जैन, बैरागढ़, बीना, झांसी, कानपुर, लखनऊ या इलाहाबाद और सुल्तानपुर में ठहराव देने का प्रस्ताव है। इसमें हमसफर श्रेणी के कोच लगाने की तैयारी हो रही है। - नई दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने आज लोकसभा में बताया कि आयुष्मान भारत - प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एक पात्रता-आधारित योजना है और किसी भी लाभार्थी को पंजीकरण की आवश्यकता नहीं है। योजना का लाभ उठाने के लिए आर्थिक जाति जनगणना डेटाबेस की आवश्यकता है।त्रिपुरा से सांसद महाबली सिंह के प्रश्न के लिखित उत्तर में डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि योजना के तहत लाभार्थियों की पहचान की पुष्टि करने के बाद पेपर-आधारित ई-कार्ड जारी किए गए हैं। 3 फरवरी, 2020 तक 12 करोड़ चार लाख लाभार्थियों की पहचान की गई।केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने आज लोकसभा में बताया कि देश में एक हजार चार सौ चार लोगों पर एक डॉक्टर हैं जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने एक हजार लोगों पर एक डॉक्टर निर्धारित किया था।लोकसभा सदस्य विजय बघेल के द्वारा पूछे गए एक प्रश्न के लिखित उत्तर में श्री डॉ हर्षवर्धन ने कहा कि भारतीय चिकित्सा परिषद के अनुसार 30 सितंबर, 2019 से भारतीय राज्य परिषद, भारतीय चिकित्सा परिषद में 12 लाख एक हजार तीन सौ 54 डॉक्टरों पंजीकृत है। इससे यह अनुमान लगाया जा सकता है कि इस समय साढ़े नौ लाख से अधिक डॉक्टर सेवा में हैं। डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में चिकित्सा सीटों की संख्या बढ़ाने के लिए कई कदम उठाए हैं।
-
अहमदाबाद। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प के अहमदाबाद दौरे पर मुहर लग गई है। हालांकि अभी तारीख तय नहीं हुई हैं। बताया जाता है कि 24 से 27 फरवरी के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी-ट्रंप अहमदाबाद आ सकते हैं। वे यहां केम छो ट्रम्प कार्यक्रम में शामिल होंगे। बताया जाता है कि इस कार्यक्रम का समय दोपहर में रखा जा सकता है। कार्यक्रम अहमदाबाद में नवनिर्मित सरदार पटेल स्टेडियम मोटेरा में होगा। इसमें करीब एक लाख लोग शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम में स्टूडेंट्स, बिजनेसमैन, एनआरआई को आमंत्रित किए जाने की तैयारी है। ट्रंप यहां से साबरमती आश्रम भी जाएंगे। वहीं से साबरमती रिवरफ्रंट देखेंगे।
प्रोटोकॉल के अनुसार ट्रंप के लिए होटल बुकिंग की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सूत्रों के अनुसार, अहमदाबाद एयरपोर्ट के पास स्थित ताज उमेद या फिर हयात होटल को बुक किया जाएगा। वहीं, मोटेरा स्टेडियम में ट्रंप और मोदी के कार्यक्रम को देखते हुए दो हैलिपैड तैयार किए जा रहे हैं। गौरतलब है कि सितंबर 2019 में अमेरिका यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का ह्यूस्टन में हाउडी मोदी कार्यक्रम हुआ था। इसमें ट्रम्प शामिल हुए थे। केम छो ट्रम्प को कुछ उसी तर्ज पर तैयार किया गया है। गुजराती में केम छो ट्रम्प का मतलब है- आप कैसे हैं ट्रंप।
-
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा चुनाव की तैयारियां जोरो पर हैं। 70 सदस्यों की विधानसभा के लिए कल मतदान होगा। वोटों की गिनती 11 फरवरी को होगी।
स्वतंत्र और सुचारू मतदान के लिए पर्याप्त पुलिस बल और केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल तैनात किये गये हैं। निर्वाचन आयोग ने विशेष डाक मतपत्र और वरिष्ठ नागरिकों को मतदान केन्द्र तक लाने ले जाने का प्रबंध किया है। मतदाताओं की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो रेल सेवा कल सुबह चार बजे से ही शुरू हो जाएगी।
इस चुनाव में 672 उम्मीदवार मैदान में हैं। सबसे अधिक 28 उम्मीदवार नई दिल्ली और सबसे कम चार उम्मीदवार पटेल नगर विधानसभा क्षेत्र में हैं। एक करोड़ 47 लाख मतदाता 13 हजार 750 केन्द्रों पर अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे।
दिल्ली के मुख्य निर्वाचन अधिकारी रणबीर सिंह ने दिल्ली के मतदाताओं से अनुरोध किया कि वे 8 फरवरी को अपने मताधिकार का जरूर प्रयोग करें। मतदान के दौरान कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 40 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किये गये हैं। मतदाताओं को गैरकानूनी ढंग से प्रभावित करने से रोकने के लिए दिल्ली पुलिस कई स्थानों पर विशेष अभियान चला रही है। -
सीतापुर। उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के बिसवां इलाके में एक कालीन फैक्ट्री में गुरुवार सुबह 7 लोगों के शव मिले। मृतकों में 5 एक ही परिवार के थे। बताया जा रहा है कि फैक्ट्री में रंगाई के लिए केमिकल का इस्तेमाल किया जाता है। इसी से बुधवार रात को गैस रिसाव की आशंका पुलिस ने जताई है। पास में ही एक केमिकल फैक्ट्री भी है। दोनों फैक्ट्री बिसवां इलाके के जलालपुर गांव में स्थित हैं। घटना के बाद सैकड़ों लोगों की भीड़ मौके पर जुटने लगी। इसके बाद पुलिस ने आसपास के इलाके को खाली कराया। जिले के पुलिस अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। थाना प्रभारी अजय रावत ने बताया कि गैस के असर से फैक्ट्री के आसपास 5 कुत्तों समेत मवेशियों की भी जान गई। इलाके में गंध फैलने से लोग दहशत में हैं।
गार्ड का पूरा परिवार खत्म हुआ
पुलिस ने बताया कि कानपुर निवासी अतीक (50) फैक्ट्री में गार्ड की नौकरी करता था। उसका परिवार यहीं रहता था। अतीक के अलावा पत्नी सायरा (40), बेटी आयशा (12), बेटा अफरोज (8), फैशल (18 माह) की भी जान गई। इसके अलावा दो अन्य मृतकों की पहचान पहलवान और मामा के रूप में हुई। - श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर में श्रीनगर के बाहरी इलाके पारिम्पोरा में दो आतंकवादी मारे गये और एक पकड़ा गया। गोलीबारी में केन्द्रीय रिजर्व पुलिस बल का एक जवान शहीद हो गया।बल के प्रवक्ता ने बताया कि पारिम्पोरा इलाके के चैक पोस्ट पर तीन मोटरसाइकिल सवार आतंकवादियों ने सुरक्षाबलों पर गोलियां चलाईं। सुरक्षाबलों ने भी जवाबी कार्रवाई की।
-
कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में बुधवार सुबह तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर गंगा नहर में उतर गई। हादसे के बाद पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित करते हुए राहत बचाव कार्य शुरू किया, लेकिन एक परिवार के तीन बच्चों समेत पांच की मौत हो गई। तीन लोगों को नहर से बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया है। अभी एक बच्चे का पता नहीं चला है। मृतकों में दो महिलाएं और तीन बच्चे शामिल हैं। कार में कुल नौ लोग सवार थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा कन्नौज जिले के उमर्दा क्षेत्र के चटोरा पुर गांव के सामने का है। बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे कार सवार नौ लोग गोदभराई रस्म में ठठिया से छिबरामऊ जा रहे थे, लेकिन चटोरापुरा गांव के समीप कार अनियंत्रित हो गई और नहर में जा गिरी। कार के शीशे लॉक थे, इसलिए लोग बाहर नहीं निकल सके। कार नहर में डूब गई। हादसे के बाद लोग मौके पर पहुंचे और राहत बचाव में जुट गए। ग्रामीणों ने कार में सवार लोगों को बाहर निकाला। लेकिन दो महिलाओं व तीन बच्चों की मौत हो चुकी थी। जबकि तीन लोगों की सांसें चल रही थीं। उन्हें तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया। एक बच्चे का शव अभी मिला नहीं है। तलाश अभी जारी है। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। -
नागौर। राजस्थान में जिले के कुचेरा में बुधवार को एक ट्रेलर और बोलेरो की भिड़ंत में दो लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में तीन महिलाओं सहित 6 लोग घायल हैं। टक्कर इतनी भीषण थी कि बोलेरो का अगला हिस्सा ट्रेलर में घुस गया और उसमें सवार नौ लोग भी गाड़ी में फंस गए। हादसा नेशनल हाइवे पर खजवाना चौराहे के पास हुआ।
मौके पर पहुंची पुलिस ने दो क्रेन मंगाया। इसके बाद गैस कटर की मदद से 4 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद शवों और घायलों को निकाला गया। जब तक पुलिस ने बोलेरो में फंसे हुए लोगों को बाहर निकाला तब तक दो लोगों की मौत हो चुकी थी। घायलों को कुचेरा अस्पताल भिजवाया जहां से उन्हें नागौर रेफर कर दिया गया। हादसे के बाद आरोपी ट्रेलर ड्राइवर मौके से भाग गया।
--
- नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने स्पष्ट किया है कि राष्ट्रीय जनसंख्या रजिस्टर के लिए जानकारी एकत्र करते समय कोई दस्तावेज नहीं मांगे जाएंगे और आधार नम्बर देना भी अनिवार्य नहीं है।आज लोकसभा में यह जानकारी देते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बताया कि सरकार उन राज्यों के साथ बातचीत कर रही है जिन्होंने जनसंख्या रजिस्टर के बारे में चिंता जताई है। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि लोग अपनी क्षमता के अनुसार मांगी गई जानकारी दे सकते हैं। नित्यानंद राय ने यह भी बताया कि उन लोगों के बारे में कोई जांच-पड़ताल नहीं की जाएगी, जिनकी नागरिकता संदिग्ध होगी।---
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि एक देश, एक कर और एक राशन कार्ड जल्द ही एक सच्चाई होगी।आज दिल्ली में एक चुनाव सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी सरकार दिल्ली में एक राशन कार्ड प्रणाली को लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। मोदी ने कहा कि इस प्रणाली से ऐसे लाखों लोग लाभान्वित होंगे जो बेहतर नौकरी और अवसर की तलाश में दिल्ली आए हैं। उन्होंने कहा कि कई राज्यों में लोग इस सुविधा का लाभ उठा रहे हैं लेकिन आप सरकार के असहयोग के कारण दिल्ली में यह योजना लागू नहीं की जा सकी।चुनाव सभा में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दिल्ली में एक ऐसी सरकार होनी चाहिए जो राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में केंद्र सरकार के कड़े फैसलों का समर्थन करे। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण फैसलों की आलोचना विघटनकारी तत्वों को मजबूत करने के साथ देश की छवि को धूमिल करती है। मोदी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून को लागू किए जाने के बाद से जनता यह देख रही है कि कैसे कुछ लोगों द्वारा झूठी बातें फैलाई जा रही है। उन्होंने दिल्ली सरकार पर पुलिस के खिलाफ अभद्र भाषा के प्रयोग का भी आरोप लगाया। मोदी ने कहा कि जहां एक ओर देश इस तरह के अपमान को देख रहा है, वहीं दूसरी ओर भाजपा सरकार ने देश की रक्षा करने वालों के सम्मान में दिल्ली में राष्ट्रीय समर स्मारक और राष्ट्रीय पुलिस स्मारक बनाया है।आयुष्मान भारत, प्रधानमंत्री आवास और प्रधानमंत्री किसान सम्मान जैसी केंद्र की महत्वपूर्ण योजनाओं को दिल्ली में लागू न किए जाने पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि अन्य राज्यों के लोग इन योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं।---
-
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के कोलकाता हवाई अड्डे पर कतर एयरवेज के दोहा से बैंकॉक के सुवर्णभूमि हवाई अड्डे जा रहे विमान ने आपात लैंडिंग की। यह लैंडिंग आज सुबह 3.15 बजे हुई। इसकी वजह है 23 साल की थाई महिला द्वारा विमान में ही बच्चे को जन्म देना। मां और बच्चे दोनों ठीक हैं। उन्हें कोलकाता के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। -
गोवालपारा। असम के गोवालपारा जिले में एक बस के खाई में गिरने से सात लोगों की मौत हो गई। हादसे में 30 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस ने बताया कि मंगलवार को बस धुबरी से गुवाहाटी की ओर जा रही थी। बस सड़क किनारे एक बिजली के खंभे से टकरा गई और टकराने के बाद पलट कर खाई में गिर गई। इस दुर्घटना में पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक यात्री ने बाद में दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि एक वैन में यात्रा कर रहे पुलिस और सेना के जवानों ने यात्रियों को बचाने का काम शुरू किया। घटना में गंभीर रूप से घायल यात्रियों को गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया है। वहीं, अन्य को गोवालपारा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-
नई दिल्ली। ट्रेन के एसी कोच में बेडरोल चोरी की होने की घटनाओं को देखते हुए रेलवे ने कुछ बदलाव किए हैं। दुरंतो और अन्य मेल एक्सप्रेस ट्रेनों की तरह अब गरीब रथ में भी यात्रियों के लिए बेडरोल को जरूरी कर दिया गया है। बेडरोल का शुल्क किराए के संग ही शामिल होगा। यात्री को इसके लिए 25 रुपये चुकाने होंगे। इसका शुल्क अब किराए में शामिल होगा।
रेलवे ने आमतौर पर ट्रेनों में यात्री की सुविधा के लिए बेडरोल मुहैया कराता है। यात्री से किराए संग इसका शुल्क भी लेता है पर गरीब रथ ट्रेन ऐसी है जिसमें बेडरोल यात्री की इच्छा पर शुल्क लेने का नियम है। दरअसल यह इसमें यात्री की इच्छा पर निर्भर है कि वह बेडरोल ले या न लें। रेलवे के अनुसार गरीब रथ के थर्ड एसी कोच में अब यात्री को बेडरोल लेना होगा। रेलवे बोर्ड ने इसके लिए नया आदेश जारी कर दिया है। बोर्ड ने धांधली को रोकने के लिए यात्रियों के लिए बेडरोल जरूरी करते हुए इसे किराए में जोडऩे का प्रावधान किया है। जानकारों की माने तो रेलवे ने क्रिस साफ्टवेयर को अपडेट करने के साथ विभाग को ट्रेन के कुछ कोच में सीट कम कर बेडरोल के लिए जगह बनाने को कहा है। दरअसल जितनी सीटें कम होगी, रिजर्वेशन सिस्टम में उस हिसाब से सीटों की बुकिंग में बदलाव होगा। मुरादाबाद की सीनियर डीसीएम रेखा शर्मा ने बताया कि गरीब रथ में किराए संग बेडरोल का शुल्क को भी अनिवार्य कर दिया गया है। व्यवस्था 15 मई से शुरू होगी। - नई दिल्ली। केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो-सीबीआई ने मणिपुर लोक सेवा आयोग में 2016 में हुई कथित अनियमितता की जांच के लिए एफआईआर दर्ज की है।सीबीआई ने मणिपुर उच्च न्यायालय के आदेश पर आयोग के अज्ञात अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 2016 में मणिपुर सिविल सेवा, पुलिस सेवा और अन्य सेवाओं के 62 पदों पर चयन के लिए परीक्षा आयोजित की गई थी।बहुत से उम्मीदवारों द्वारा चयन प्रक्रिया को लेकर की गई शिकायतों के बाद उच्च न्यायालय ने पिछले साल अक्टूबर में परीक्षा को स्थगित करने का आदेश दिया था। न्यायालय ने सीबीआई से मामले की जांच करने को भी कहा था।---
- नई दिल्ली। देश में नोवेल कोरोना वायरस से निपटने की तैयारियों और इसके लिए स्वास्थ्य, जहाज रानी, विदेश, नागरिक विमानन और गृह मंत्रालयों की तैयारियों और उनके द्वारा उठाए गए कदमों की आज नई दिल्?ली में हुई केन्द्रीय मंत्रियों के समूह की बैठक में समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन ने की। मंत्रियों के समूह का गठन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निर्देश पर किया गया था और इसमें स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन, नागरिक विमानन मंत्री हरदीप पुरी, विदेश मंत्री डॉक्टर एस जयशंकर, गृह राज्यमंत्री जी. किशन रेड्डी, स्वास्थ्य राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे और जहाज रानी मंत्री मनसुख लाल मंडविया ने हिस्सा लिया।नोवेल कोरोना वायरस से उत्पन्न स्थिति के बारे में एक प्रेजेंटेशन भी मंत्री समूह की बैठक में पेश किया गया। मंत्रियों को केरल में इस बीमारी के तीन रोगियों में संक्रमण की पुष्टि होने की जानकारी दी गई जिनमें से एक की पुष्टि आज ही हुई है। भारत में इस वायरस के फैलाव की रोकथाम के लिए किए जा रहे उपायों के बारे में भी प्रेजेंटेशन में जानकारी दी गई। इनमें ई-वीजा सुविधा अस्थाई रूप से निलंबित करने के बारे में विदेश मंत्रालय के कल जारी संशोधित यात्रा परामर्श के बारे में भी बताया गया।यात्रा परामर्श में संशोधन करते हुए लोगों को सलाह दी गई थी कि वे फिलहाल चीन का दौरा न करें और अगर किसी ने 15 जनवरी के बाद से चीन की यात्रा की हो तो उसे क्वोरेंटाइन यानी संघरोध में अलग-थलग रखे जाने का परामर्श भी दिया गया है। चीनी पासपोर्ट धारकों के लिए ई-वीजा सुविधा अस्थाई रूप से निलंबित कर दी गई है और जिन चीनी नागरिकों को ई-वीजा पहले से जारी हैं उन्हें अस्थाई रूप से अवैध करार दे दिया गया है। चीन के नागरिकों के लिए वीजा के वास्ते ऑन लाइन आवेदन करने की सुविधा भी निलंबित कर दी गई है।मंत्री समूह की बैठक में यह भी सलाह दी गई कि जिन लोगों के लिए भारत यात्रा करना बहुत जरूरी हो उन्हें बिजिंग में भारतीय दूतावास या संघाई अथवा ग्वांगझाउ के महा वाणिज्य दूतावासों से संपर्क करना चाहिए। नागरिक विमानन मंत्रालय ने चीन से विमान सेवाओं का संचालन करने वाली एयर लाइनों से इस यात्रा परामर्श में दिए गए निर्देशों का पालन करने को कहा है।मंत्रियों के समूह को आज यह भी बताया गया कि देश में अब तक कुल पांच सौ 93 उड़ानों के 72 हजार तीन सौ 53 यात्रियों की स्वास्थ्य जांच की गई है। देश के 21 हवाई अड्डों और सीमा चौकियों, खास तौर पर नेपाल की सीमा पर स्थित चौकियों पर यात्रियों में इस बीमारी के लक्षणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है। सिंगापुर और थाइलैंड के अलावा हांगकांग और चीन से आने वाली सभी उड़ानों से आने-जाने वाले यात्रियों की दुनिया भर में जांच हो रही है। इसके अलावा 29 राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों में दो हजार आठ सौ 15 लोग सामुदायिक निगरानी में है। परीक्षण के लिए भेजे गए तीन सौ 38 नमूनों में से तीन सौ 35 में कोरोना वायरस के लक्षण नहीं पाए गए, तीन में इसकी पुष्टि हुई है जबकि 70 अन्य के परीक्षण की कार्रवाई जारी है।प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव डॉक्टर पी0 के0 मिश्रा ने भी देश में कोरोना वायरस से उत्पन्न स्थिति और चीन से वापस लौटे करीब छह सौ लोगों के लिए किए जा रहे इंतजामों की समीक्षा की। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल, प्रधानमंत्री के प्रधान सलाहकार पी के सिन्हा, मंत्रिमंडल सचिव राजीव गाबा, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल बिपिन रावत और अन्य संबंधित मंत्रालयों के सचिवों ने भी बैठक में हिस्सा लिया।--
-
नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन का मुगल गार्डन गहरे रंग के गुलाबों, सफेद डेजी और ट्यूलिप की लंबी कतारों के साथ अपने वार्षिक उद्यानोत्सव से वसंत का स्वागत करने को तैयार है। राष्ट्रपति भवन परिसर में स्थित यह आकर्षक उद्यान आम जनता के लिए पांच फरवरी को खोला जाएगा। राष्ट्रपति उद्यान के अधीक्षक पीएन जोशी ने बताया कि उद्यान पांच फरवरी से आठ मार्च तक सोमवार के अलावा पूरे हफ्ते भर सुबह 10 बजे से शाम चार बजे तक खुला रहेगा। इस बार लगभग 10,000 की संख्या में ट्यूलिप, 138 तरह के गुलाब और 70 तरह के लगभग 5000 मौसमी फूल आगंतुकों का स्वागत करेंगे। अपने दुर्लभ और आकर्षक गुलाबों के लिए प्रसिद्ध इस उद्यान का इस बार मुख्य आकर्षण ग्रेस द मोनाको नामक गुलाब होगा। पिछले साल मोनाको के प्रिन्स एल्बर्ट द्वितीय ने उद्यान में इस गुलाब को रोपा था। इस पुष्प प्रदर्शनी में प्रख्यात लोग जैसे पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी, मदर टेरेसा, पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी, महारानी एलिजाबेथ और पहले भारतीय प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के नाम पर विभिन्न प्रकार के गुलाबों के नाम रखे गए हैं।

























