- Home
- देश
-
मुंबई। महाराष्ट्र के जलगांव में रविवार देर रात एक ट्रक और जीप की टक्कर में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 लोग घायल हैं। मरने वालों में 7 लोग एक ही परिवार के हैं। सभी शादी में शामिल होकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने जीप को टक्कर मारी। घायलों को जलगांव के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसा यावल तहसील के हिंगोला गांव के पास हुआ। चिनचोल गांव निवासी बालू नारायण चौधरी और मेहुल गांव का महाजन परिवार के साथ 400 किमी दूर शादी में चोपड़ा गांव गए थे। वहां से सभी 17 लोग एक एसयूवी में सवार होकर रात करीब 11 बजे घर लौट रहे थे। इस दौरान चोपड़ा-फैजपुर रोड पर हादसा हो गया। टक्कर इतनी तेज थी कि जीप बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार 10 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि 7 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। -
नई दिल्ली। राज्यसभा में सोमवार को प्रख्यात मुक्केबाज एम सी मैरीकॉम सहित पद्म पुरस्कारों के लिए चुनी गई हस्तियों को बधाई दी गई। उच्च सदन की बैठक शुरू होने पर सभापति एम वेंकैया नायडू ने मैरीकॉम को पद्म विभूषण के लिए चुने जाने पर बधाई देते हुए कहा कि वह यह सम्मान पाने वाली देश की पहली महिला खिलाड़ी हैं। नायडू ने कहा कि लंदन ओलंपिक विजेता मैरीकॉम ने अपनी उपलब्धियों से देश को गौरवान्वित किया है और एक खिलाड़ी, सांसद तथा गृहिणी के तौर पर कई भूमिकाएं निभा रही हैं। मैरीकॉम उच्च सदन की मनोनीत सदस्य हैं। नायडू ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में मैरीकॉम कई कीर्तिमान स्थापित करेंगी और देश को गौरवान्वित करेंगी। उन्होंने उच्च सदन के पूर्व सदस्यों सुषमा स्वराज, अरुण जेटली, जॉर्ज फर्नाडीज, मनोहर पर्रिकर तथा एस सी जमीर को पद्म भूषण के लिए चुने जाने का जिक्र किया। सभापति ने कहा कि उच्च सदन के लिए यह बेहद गर्व की बात है कि जिन लोगों को पद्म पुरस्कारों के लिए चुना गया है उनमें से कुछ उसके सदस्य रह चुके हैं।
- लखनऊ। राजधानी लखनऊ में रविवार सुबह तकरीबन 6 बजकर 15 मिनट पर हिंदूवादी नेता रणजीत बच्चन की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रणजीत कुछ दिनों तक समाजवादी पार्टी (एसपी) से भी जुड़े रहे। फिर उन्होंने विश्व हिंदू महासभा का गठन किया।इस हत्याकांड के मामले में पुलिस न दो संदिग्ध हमलावरों का सीसीटीवी फुटेज जारी किया है। पुलिस ने आरोपियों के संबंध में जानकारी देने वाले को 50 हजार रुपये इनाम देने की घोषणी की है। पुलिस ने हत्याकांड के खुलासे के लिए फिलहाल 8 टीमें लगाई हैं। उधर, मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में चौकी इंचार्ज समेत चार पुलिसवालों को निलंबित कर दिया गया है।लखनऊ के संयुक्त पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था) नवीन अरोड़ा ने बताया कि रणजीत बच्चन ओसीआर बिल्डिंग में अपने एक फ्लैट में रहते थे, जो उन्हें समाजवादी पार्टी के कार्यकाल के दौरान आवंटित किया गया था। रविवार को अपने भाई आदित्य के साथ ग्लोब पार्क के पास मॉर्निंग वॉक पर निकले थे। घटना में घायल उनके भाई ने पूछताछ में बताया कि पीछे से दो लोग कार से आए। इस बीच एक शख्स, जिसने मुंह पर शॉल डाल रखी थी, ने पीछे से आकर पिस्टल लगाई और फोन छीनने लगा। हमने विरोध किया तो उसने गोली मार दी और फरार हो गया। हमलावर अपने साथ दोनों मोबाइल भी ले गया।जेसीपी अरोड़ा ने बताया, हादसे में रणजीत की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आदित्य के हाथ में चोट आई है।---
- रायपुर। राष्ट्रपति भवन का मुगल उद्यान बुधवार-5 फरवरी से आम जनता के लिए खोल दिया जायेगा। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद 4 फरवरी को वार्षिक उद्यान उत्सव में इसका उद्घाटन करेंगे।मुगल गार्डन अगले महीने की 8 तारीख तक जनता के लिए खुला रहेगा और लोग सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक यहां आ-जा सकेंगे। इस दौरान सोमवार के दिन उद्यान रखरखाव के लिए बन्द रखा जायेगा।इस साल के उद्यान उत्सव का मुख्य आकर्षण ट्यूलिप और अन्य विदेशी फूल रहेंगे। मुगल उद्यान में ट्यूलिप के करीब दस हजार पौधे विशेष रूप से उगाये गये हैं और ये लाल, सफेद, नारंगी और पीले रंगों की रंग-बिरंगी क्यारियां छटा बिखेर रहे हैं। उद्यान के सेंट्रल लॉन्स में सुरुचिपूर्ण तरीके से सजाई गयी फूलों की क्यारियां राष्?ट्रपति भवन के मालियों के कौशल को प्रदर्शित कर रहीं हैं।
-
नई दिल्ली। श्रीनगर में सीआरपीएफ की बटालियन पर ग्रेनेड से हमला किया गया। इस हमले में दो नागरिक तथा दो सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। घायलों को हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को सील कर दिया है और हमलावरों की तलाश की जा रही है।
सीआरपीएफ के आईजी ने कहा, रविवार को व्यस्त मार्केट के दौरान ग्रेनेड हमले की घटना है। जिसने भी ऐसा किया है, उसका मकसद स्थानीय लोगों के बीच डर का माहौल पैदा करना है, जिससे घाटी में सामान्य हालत ना बने। इससे पहले कश्मीर जोन पुलिस ने इस हमले के बारे में जानकारी देते हुए बताया, श्रीनगर के लाल चौक इलाके में प्रताप पार्क के पास आतंकवादियों ने ग्रेनेड से हमला कर दिया। -
नई दिल्ली। विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने रविवार को अपना घोषणापत्र जारी किया। पार्टी ने सत्ता में आने पर हर महीने 300 यूनिट फ्री बिजली देने और किफायती दाम पर खाना उपलब्ध कराने के लिए दिल्ली में 100 इंदिरा कैंटीन खोलने की घोषणा की है। कांग्रेस ने लाड़ली योजना दोबारा लागू करने और छात्राओं को नर्सरी से पीएचडी तक मुफ्त शिक्षा की बात कही है। इसके अलावा, ग्रेजुएट युवाओं को हर महीने 5000 और पोस्ट ग्रेजुएट को 7500 रुपए बेरोजगारी भत्ता देने की बात भी कही गई है। पार्टी ने पानी और बिजली सप्लाई में उपभोक्ताओं को कैशबैक योजना लाने की बात कही है। वहीं, हर साल बजट का 25त्न हिस्सा प्रदूषण से निपटने और ट्रांसपोर्ट सुविधाओं को बेहतर बनाने पर खर्च करने का वादा किया है। वहीं, लोकपाल को लागू करने और दिल्ली को झुग्गी मुक्त बनाने की बात भी कही गई है। पार्टी के घोषणा पत्र में महिला सुरक्षा, शिक्षा, बिजली और पानी आपूर्ति, रोजगार और दलित-आदिवासियों के कल्याण जैसे 20 बिंदु शामिल हैं।
-
कैथल। कैथल में शनिवार देर रात एक सड़क हादसे में 6 युवकों की मौत हो गई। इनमें तीन युवक एक ही गांव के थे, वहीं बाकी तीन आसपास के गांवों से थे। पता चला है कि ये कहीं टूर से लौट रहे थे। अचानक स्कॉर्पियो बेकाबू होकर ड्रेन में पलट गई। जैसे ही हादसे की सूचना मिली तो एम्बुलेंस और बचाव दल पहुंचा। यहां से पांच युवकों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टर्स ने उनको मृत घोषित कर दिया। छठे युवक का शव रविवार सुबह मिला। थाना पुंडरी के हेड कॉन्स्टेबल ने बताया कि शनिवार देर रात ढांड-पुंडरी रोड पर गांव म्यौली के पास एक स्कॉर्पियो बेकाबू होकर ड्रेन में पलट गई, जिससे 6 लोगों की मौत हो गई। मारे गए युवकों में तीन की पहचान हिसार जिले के गांव सूरेवाला के अजय पुत्र दिलबाग, रामकेश पुत्र महाबीर और अंकुश पुत्र रघबीर के रूप में हुई है। इसके अलावा इनके साथ बिठमड़ा का कपिल पुत्र रोहताश, हांसेवाला का सुनील पुत्र रघबीर और कैथल जिले के गांव गगसीना का दीपक पुत्र बालकिशन भी थे। पुलिस कर्मचारी के मुताबिक हादसे में घायल पांच लोगों को रात में ही अस्पताल में पहुंचा दिया गया था, जिन्हें डॉक्टर्स ने मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा रविवार सुबह एक युवक की लाश घटनास्थल से बरामद की गई है। इन सभी के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है, वहीं इनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि ये कहां से आ रहे थे।
-
नई दिल्ली। मोदी सरकार 2.0 के इस बजट पर विपक्ष ने जमकर हमला बोला। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि बजट के नाम पर सिर्फ भाषण था। कोई सेंट्रल थीम नहीं है। अर्थव्यवस्था सुधारने के लिए में बजट में कुछ नहीं था। मुख्य मुद्दा बेरोजगारी है। मैंने इस बजट में ऐसा कोई रणनीतिक विचार नहीं देखा, जिससे युवाओं को रोजगार मिले। राहुल गांधी ने कहा कि इतने लंबे बजट में सिर्फ आंकड़ों का जुमला था। मैंने सामरिक चीजें देखी, लेकिन कोई केंद्रीय विचार नहीं था। यह अच्छी तरह से सरकार का वर्णन करता है। बहुत दोहराव है, बजट भाषण में सरकार की मानसिकता दिखी, सभी बात करते हैं, लेकिन कुछ भी नहीं हो रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि शायद यह इतिहास का सबसे लंबा बजट भाषण था, लेकिन इसमें कुछ भी नहीं था, यह खोखला था।
-
नई दिल्ली। वित्त वर्ष 2020-21 के बजट को ‘विजन और एक्शन' से भरा हुआ बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि बजट में जिन नए सुधारों का ऐलान किया गया है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं इस दशक के पहले बजट के लिए, जिसमें विजन भी है, एक्शन भी है, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण जी और उनकी टीम को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। बजट में जिन नए सुधारों का ऐलान किया गया है, वो अर्थव्यवस्था को गति देने, देश के प्रत्येक नागरिक को आर्थिक रूप से सशक्त करने और इस दशक में अर्थव्यवस्था की नींव को मजबूत करने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि रोजगार के प्रमुख क्षेत्र आधारभूत ढांचा, कपड़ा और टेक्नोलॉजी। रोजगार सृजन को बढ़ाने के लिए इन चारों पर इस बजट में बहुत जोर दिया गया है। किसान की आय दोगुनी हो, इसके प्रयासों के साथ ही, 16 एक्शन प्वाइंट्स बनाए गए हैं जो ग्रामीण क्षेत्र में रोजगार को बढ़ाने का काम करेंगे। उन्होंने कहा कि बजट में कृषि क्षेत्र के लिए समन्वित पहल अपनाई गई, जिससे परंपरागत तौर तरीकों के साथ ही हार्टिकल्चर, मत्स्य पालन, पशुपालन में मूल्यवर्द्धन बढेगा और इससे भी रोजगार बढ़ेगा। मोदी ने कहा कि ‘ब्लू इकोनॉमी' के अंतर्गत युवाओं को मत्स्य प्रसंस्करण और विपणन क्षेत्र में भी नए अवसर मिलेंगे। -
नई दिल्ली। हरियाणा में 34वां सूरजकुंड अंतरराष्ट्रीय हस्तशिल्प मेला शनिवार 1 फरवरी से शुरू हो गया है। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने रिबन काटकर औपचारिक रूप से मेले का शुभारंभ किया। हरियाणा के राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने समारोह की अध्यक्षता की। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, हरियाणा के पर्यटन मंत्री कंवरपाल और उज़्बेकिस्तान दूतावास के राजदूत रहाद आरिव भी मौजूद रहे। इस बार सूरजकुंड शिल्प मेले में 40 से अधिक देश हिस्सा ले रहे हैं जिसमें - उज्बेकिस्तान, नेपाल, अफगानिस्तान, न्यूजीलैंड, उज्बेकिस्तान, किर्गिस्तान, ट्यूनीशिया, जिम्बाब्वे, बुरूंडी, सेनेगल, जाम्बिया, कोमोरोस, तुर्की, मिस्र, सीरिया, दक्षिण अफ्रीका, ऑस्ट्रिया, नीदरलैंड, श्रीलंका, अर्जेंटीना, नाइजर, ताजिकिस्तान ,बांग्लादेश, लेबनान, घाना, सेशेल्स, इथियोपिया, मोरक्को, फिलिस्तीन, भूटान, युगांडा, आर्मेनिया, मालदीव, सूडान, केन्या और लोकतांत्रिक गणराज्य कांगो शामिल हैं।
गौरतलब है कि सूरजकुंड मेला की शुरुआत वर्ष 1987 में पहली बार हस्तशिल्प, हथकरघा और भारत की सांस्कृतिक विरासत की समृद्धि और विविधता को प्रदर्शित करने के लिए की गई थी। इसमें थीम स्टेट और सहभागी देश बनाने की परंपरा है। इस बार थीम स्टेट हिमाचल प्रदेश है और सहभागी देश उज्बेकिस्तान है। सूरजकुंड मेला प्राधिकरण और हरियाणा पर्यटन द्वारा केंद्रीय पर्यटन, कपड़ा, संस्कृति, विदेश मंत्रालय और हरियाणा सरकार के सहयोग से संयुक्त रूप से आयोजित किया गया है। यह मेला शिल्प, संस्कृति और भारत के व्यंजन प्रदर्शन के लिए अंतरराष्ट्रीय पर्यटन कैलेंडर पर गर्व और प्रमुखता से स्थान रखता है।
-
नई दिल्ली। एक तरफ जहां निर्भया के एक और गुनाहगार विनय शर्मा की दया याचिका राष्ट्रपति ने खारिज कर दी है। वहीं दूसरी ओर दोषी अक्षय ठाकुर ने राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के समक्ष दया याचिका दयार की है। विनय से पहले मुकेश सिंह की दया याचिका भी राष्ट्रपति खारिज कर चुके हैं। जबकि एक अन्य गुनाहगार पवन गुप्ता ने अभी तक दया याचिका दाखिल नहीं की है।
गौरतलब है कि इससे पहले गुरुवार को निर्भया के दोषी अक्षय कुमार की सुप्रीम कोर्ट ने क्यूरेटिव याचिका खारिज की थी। अब उसके पास सिर्फ राष्ट्रपति को दया याचिका भेजने का विकल्प ही मौजूद था। यह अक्षय के पास आखिरी मौका था। अक्षय ने अपनी सुधारात्मक याचिका में कहा गया था कि महिलाओं के खिलाफ हिंसा पर जन दबाव और जनता की राय के चलते अदालतें सभी समस्याओं के समाधान के रूप में फांसी की सजा सुना रही हैं। अक्षय ने अपनी याचिका में दावा किया था कि दुष्कर्म एवं हत्या के करीब 17 मामलों में शीर्ष न्यायालय के तीन जजों की पीठ ने मौत की सजा में बदलाव कर उसे कम किया है।
उल्लेखनीय है कि अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश धर्मेंद्र राणा ने दोषियों की फांसी की सजा रोकने की अपील वाली याचिका पर यह आदेश दिया। जज ने लंच से पहले सुनवाई पूरी कर फैसला सुरक्षित रख लिया था। सुनवाई के दौरान जेल प्रशासन ने कहा, विनय को छोड़कर किसी की दया याचिका या अन्य कोई याचिका लंबित नहीं है। इसलिए उसके अलावा तीनों को शनिवार सुबह फांसी दी जा सकती है। वहीं, दोषी मुकेश की ओर से पेश वकील वृंदा ग्रोवर ने इसका विरोध किया और कहा कि अलग-अलग फांसी नहीं दी जा सकती। सुप्रीम कोर्ट के 1982 के फैसले का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, अगर एक मामले में एक से ज्यादा को मौत की सजा हुई है तो उन्हें फांसी भी एक साथ ही दी जा सकती है। -
दाहोद। शहर के मुवालिया क्रासिंग के पास टैंकर ने ट्रेक्टर को टक्कर मार दी। इससे ट्रेक्टर में सवार 5 मजदूरों की मौत हो गई। इसके अलावा 15 घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार रात पीएसपी कंपनी का ट्रेक्टर नम्बर जीजे 20 एएच3015 मजदूरों को उनके घर छोडऩे जा रहा था। इस दौरान पीछे से आते हुए पाम आइल से भरे टैंकर एमपी 09 एचएच 6495 ने ट्रेक्टर को टक्कर मार दी। इससे ट्रेक्टर में बैठे मजदूरों में से 3 की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। दो की मौत अस्पताल में इलाज के पहले ही हो गई। 15 मजदूरों को 108 के माध्यम से दाहोद की सिविल अस्पताल में भर्ती किया गया। इनमें से अधिकांश मजदूर नीमनलिया गांव के हैं।
-
फर्रुखाबाद। उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में 11 घंटे तक चले ऑपरेशन के साथ आखिरकार 21 बच्चों को बंधक बनाने वाले सिरफिरे आरोपी सुभाष बाथम को पुलिस ने ढेर कर दिया। इस घटना में सुभाष की सनक की सजा उसकी पत्नी रूबी को भी भुगतनी पड़ी। नाराज ग्रामीणों ने सुभाष के घर पर पत्थरबाजी के साथ उसकी पत्नी रूबी की भी पिटाई की थी, जिसकी वजह से वह बुरी तरह से जख्मी हो गई थी। बाद में रूबी ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। फर्रुखाबाद एसपी डॉ. अनिल मिश्रा ने बताया कि रात तकरीबन 1 बजे घर के अंदर से चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं। हमें इस बात का डर था कि बच्चों के साथ कुछ गलत न हो। सुभाष अपने घर के दरवाजे में बने छेद से फायरिंग कर रहा था। हमने टीम के साथ सुभाष के घर का पीछे वाला दरवाजा तोड़ दिया। हम जैसे ही पहुंचे तो सुभाष ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। उसने पुलिस टीम पर बम भी फेंका था। हमारा नेतृत्व आईजी रेंज मोहित अग्रवाल कर रहे थे। साथ में स्वाट प्रभारी दिनेश गौतम और उनकी टीम, एएसपी त्रिभुवन सिंह और कई अन्य पुलिसकर्मी थे।
-
जींद। जींद में शुक्रवार सुबह एक सड़क हादसे में 3 युवकों और बुजुर्ग साधू की मौत हो गई। हादसा उस वक्त का है, जब अंबाला के बताए जा रहे ये चारों एक कार में सवार हो राजस्थान जा रहे थे। जींद में भिवानी रोड पर सुबह इनकी कार की एक स्कूल बस के साथ टक्कर हो गई। इसके बाद चारों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना के बाद पुलिस टीम भी पहुंच गई। शवों को जींद के सामान्य अस्पताल पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ये चारों एक स्विफ्ट डिजायर कार में राजस्थान में एक धार्मिक स्थल पर माथा टेकने के लिए जा रहे थे। जब जींद-भिवानी रोड पर गांव खांडा खेड़ी के पास पहुंचे तो एक निजी स्कूल की बस के साथ इनकी कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। हादसे में कार में सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंबाला जिले के गांव स्योंती के 26 वर्षीय बंटी, 70 वर्षीय बाबा गणेश नाथ, 35 वर्षीय रामस्वरूप और 45 साल के रामकरण के रूप में हुई है। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। लोगों ने बड़ी मुश्किल से शवों को कार से निकालकर जींद के सामान्य अस्पताल भिजवाया। सूचना के बाद पुलिस ने मौके का मुआयना करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे की वजह कोहरे को बताया जा रहा है। -
मंडला। पूर्व भारतीय क्रिकेट कप्तान महेंद्र सिंह धोनी का इन दिनों सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहा है। अभी धोनी मध्यप्रदेश के मंडला में जंगल सफारी का आनंद ले रहे हैं। वो परिवार के साथ कान्हा टाइगर रिजर्व पार्क घूमने पहुंचे हैं। यहां 31 जनवरी तक रहेंगे। धोनी मंगलवार को दिल्ली से मंडला पहुंचे। यहां वह पत्नी साक्षी धोनी और कुछ दोस्तों के साथ आए हैं। धोनी मंडला पहुंचे तो वहां रिसॉर्ट के कर्मचारियों के साथ उन्होंने तस्वीर भी खींचवाई। जो सोशल मीडिया पर वायरल है। महेंद्र सिंह धोनी के कान्हा टाइगर रिजर्व पहुंचने की सूचना जैसे ही उनके फैंस को मिली पहले से वहां मौजूद फैंस ने धोनी को घेर लिया और उनके साथ खूब सेल्फी खिंचवाईं।
-
नई दिल्ली। निर्भया गैंगरेप केस के दूसरे दोषी अक्षय को भी सुप्रीम कोर्ट से झटका लगा है। उसकी भी क्यूरेटिव पिटिशन सुप्रीम कोर्ट ने खारिज कर दी है। अब मुकेश की तरह अक्षय भी राष्ट्रपति के सामने दया याचिका दायर कर सकता है। बता दें कि मुकेश की दया याचिका सुप्रीम कोर्ट पहले ही खारिज कर चुका है। चारों दोषियों को 1 फरवरी को फांसी होगी या नहीं, इसपर संशय अभी बना हुआ है। अक्षय ने फांसी रोकने की गुजारिश की थी, उसे भी खारिज कर दिया गया। यह फैसला जस्टिस एन वी रमन्ना, अरुण मिश्रा, आर एफ नरीमन, आर भानुमति और अशोक भूषण की बेंच ने सुनाया। बता दें कि इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को मुकेश की एक याचिका को खारिज किया था। याचिका राष्ट्रपति द्वारा दया याचिका खारिज करने के खिलाफ थी। अब मुकेश के पास कोई कानूनी विकल्प नहीं बचा है। -
नई दिल्ली। हिमाचल में भारी बर्फबारी से परिवहन सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं। 450 रूट बाधित हैं। इनमें जिला शिमला के सर्वाधिक 335 रूट हैं। परिवहन निगम ने चालक और परिचालकों को बर्फ में बस चलाते वक्त रिस्क न लेने के निर्देश दिए हैं। हालांकि रूटों पर दोपहर बाद परिवहन सेवाएं सुचारु कर दीं। मशोबरा बंद होने से किन्नौर, रिकांगपिओ और रामपुर के लिए बसें वाया धामी-बसंतपुर होकर भेजी गईं। हालांकि शाम को मशोबरा यातायात के लिए बहाल कर दिया गया। परिवहन मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि जैसे-जैसे सड़कों की बहाली की सूचना मिल रही है। रूटों पर बसें भेजी जा रही हैं। लोक निर्माण विभाग ने सड़क से बर्फ हटाने के लिए 369 मशीनरियां लगाई हैं। लोक निर्माण विभाग के फील्ड कर्मचारियों की छुट्टियां रद्द कर दी गई हैं। -
गोंडल। गुजरात में गोंडल-राजकोट हाईवे के शेमणा गांव के पास गुरुवार की सुबह ट्रक-ट्रेक्टर में हुई भिड़ंत से दो श्रमिकों की मौत हो गई। 4 नीचे दब गए और 15 के घायल होने की खबर है। सभी घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है। ट्रॉली के नीचे दबे श्रमिकों को निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार की सुबह कई श्रमिक ट्रेक्टर पर बैठकर मजदूरी के लिए जा रहे थे। इस दौरान शेमणा के पास ट्रेक्टर सामने आ रहे ट्रक से टकरा गया। इससे दोनों वाहनों आपस में फंस गए। ट्रॉली के नीचे भी कई श्रमिक दब गए। इन्हें सुरक्षित बाहर निकालने के लिए जेसीबी की मदद ली गई। इस दुर्घटना में छोटूभा चंदूभा जाडेजा (52) खरेडा, गोविंद नानाभाई पअेल (20) देवगढ़ बारिया की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना के बाद चारों ओर हाहाकार मच गया। सभी 15 घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। -
नई दिल्ली। रेलवे बोर्ड के चेयरमैन वी के यादव ने बुधवार को कहा कि रेलवे ने हाई स्पीड और सेमी-हाई स्पीड रेल कॉरिडोरों के लिए छह सेक्शन चिह्नित किये हैं तथा तीन सेक्शन की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) एक साल में पूरी हो जाएगी। आम बजट से पहले ब्रीफिंग में यादव ने कहा कि छह कॉरिडोरों में दिल्ली-नोएडा-आगरा-लखनऊ-वाराणसी और दिल्ली-जयपुर-उदयपुर-अहमदाबाद सेक्शन शामिल हैं। अन्य कॉरिडोर में मुंबई-नासिक-नागपुर, मुंबई-पुणे-हैदराबाद, चेन्नई-बेंगलोर-मैसूर और दिल्ली-चंडीगढ़-लुधियाना-जालंधर-अमृतसर शामिल हैं। -
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग विधेयक 2019 में अधिकारिक संशोधनों को बुधवार को मंजूरी प्रदान कर दी । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में होम्योपैथी केंद्रीय परिषद (एचसीसी) अधिनियम, 1973 में संशोधन के लिए राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग विधेयक, 2019 में अधिकारिक संशोधनों को अपनी मंजूरी दे दी गई। फिलहाल यह विधेयक राज्यसभा में लंबित है। सरकारी विज्ञप्ति के अनुसार, इन संशोधनों से होम्योपैथी शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक नियामक सुधार और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए पारदर्शिता एवं उत्तरदायित्व सुनिश्चित होंगे। आयोग देश के सभी हिस्सों में किफायती स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं की उपलब्धता को बढ़ावा देगा। होम्योपैथी की शिक्षा एवं प्रैक्टिस के नियमन, केंद्रीय होम्योपैथी रजिस्टर के रखरखाव तथा तत्संबंधी मामलों को लेकर केंद्रीय होम्योपैथी परिषद के गठन के लिए होम्योपैथी केंद्रीय परिषद (एचसीसी) अधिनियम, 1973 को लागू किया गया था। इस अधिनियम को भारतीय चिकित्सा परिषद अधिनियम, 1956 के प्रारूप पर तैयार किया गया है। भारतीय चिकित्सा परिषद के मुख्य क्रियाकलापों में शक्तियों का निर्धारण एवं नियमन करना शामिल है। जबकि यह अधिनियम होम्योपैथी चिकित्सा शिक्षा एवं प्रैक्टिस के विकास के लिए एक ठोस आधार प्रदान करता है, किंतु परिषद के क्रियाकलापों में अनेक बाधाओं का अनुभव किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप चिकित्सा शिक्षा के साथ-साथ गुणवत्तापूर्ण होम्योपैथी स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं पर गंभीर नुकसानदेह प्रभाव पड़ा है।
-
ब्रह्मपुर। ओडिशा के गंजाम जिले में बुधवार तड़के बस के पलट कर पहाड़ी सड़क से नीचे गिर जाने से आठ लोगों की मौत हो गई। हादसे में 34 अन्य घायल हो गए। यह बस रायगढ़ा जिले के टिकिरी से ब्रह्मपुर जा रही थी। बस तपतापानी के पास पलट गई और सड़क से कम से कम 30 फुट नीचे गिर गई। दुर्घटना में 8 लोगों की मौत हो गई। ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने मरने वालों के आश्रितों के लिए दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की। - नई दिल्ली। चीन के स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक कोरोना वायरस इंसानों के बीच तेजी से फैलने वाला वायरस है। माना जा रहा है कि यह वायरस इंसान और संक्रमित जानवर के बीच सीधे संपर्क या हवा के माध्यम से फैला होगा।जो वायरस इंसान और जानवरों के बीच फैलते हैं उनसे जूनोटिक बीमारी कहा जाता है। जब इंसान संक्रमित पशु का मांस खाता है तब ऐसे वायरस फैल सकते हैं। जानवर के मांस को ठीक से पकाया ना गया हो या गंदी जगह में तैयार किया गया हो, तब भी यह वायरस फैल सकता है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि उनके पास इस नए वायरस पर बहुत कम जानकारी है। उनका कहना है कि वायरस के चक्र को देख कर ऐसा लगता है कि कोरोना कुछ कुछ सार्स वायरस जैसा है। इसी आधार पर उन्हें लगता है कि जैसे सार्स वायरस पर काबू पाया जा सका था वैसे ही कोरोना पर भी पाना संभव होगा।कोरोना वायरस चीन के वुहान शहर से फैला लेकिन अब वह दुनिया के कई देशों में भी फैल रहा है। इस वायरस की चपेट में अब तक करीब 15 देश आ चुके हैं। इनमें भारत, जर्मनी समेत तमाम देश शामिल हैं। संक्रमित इलाकों में रहने वालों को मरीजों को अलग-थलग रखना चाहिए, नियमित हाथ धोने चाहिए और मास्क पहन कर रहना चाहिए। इससे संक्रमित लोगों की तादाद को नीचे लाया जा सकता है.कोरोना वायरस से बचने के लिए हर शख्स को थोड़ा सतर्क रहने की जरूरत है। यह जैसे ही किसी दूसरे इंसान को संक्रमित करता है, इसका इलाज करना और मुश्किल हो जाता है। शोधकर्ता पता नहीं कर पाए हैं कि कोरोना वायरस का संक्रमण कैसे होता है। स्वास्थ्य अधिकारियों का अनुमान है कि इंसानों में फेफड़े की बीमारी पैदा करने वाले कोरोना वायरस से कम से कम लाखों को प्रभावित करेगा। दिसंबर 2019 से शुरु हुआ संक्रमण कई महीनों तक चलने का अनुमान है।00---
- नई दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने देश में कोरोना वायरस के फैलावा को रोकने के लिए राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के साथ तैयारियों का जायजा लिया। इस बीमारी से चीन में अब तक 132 लोगों की मौत हो चुकी है जबकि पूरे विश्व में लगभग छह हजार लोग इस वायरस से संक्रमित पाए गए हैं।स्वास्थ्य विभाग ने चीन में फैले कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुए देश के नागरिकों को अपरिहार्य कारणों के अलावा चीन यात्रा से बचने का परामर्श जारी किया है।इसमें चीन से आने वाले सभी यात्रियों को अपने स्वास्थ्य पर बारीकी से निगाह रखने को भी कहा गया है। मंत्रालय ने आज वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से राज्यों और केन्द्रशासित प्रदेशों के साथ बैठक की और इस दिशा में किए जा रहे उपायों की समीक्षा की। स्वास्थ्य मंत्रालय में विशेष सचिव संजीवा कुमार ने बैठक की अध्यक्षता की।इस बीच, आयुष मंत्रालय ने कहा है कि कोरोना वायरस संक्रमण के लक्षणों के दौरान यूनानी दवाएं काफी लाभकारी होती हैं। मंत्रालय ने लोगों को व्?यक्तिगत सफाई रखने, बार-बार साबुन से हाथ धोने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है। साथ ही बिना धुले हाथों से आंख, नाक और मुंह को छूने से बचने को भी कहा गया है।जम्मू-कश्मीर सरकार ने कोरोना वायरस के किसी भी संदिग्ध मामले की जांच की व्यवस्था की है तथा चीन, नेपाल और अन्य देशों से हवाईअड्डों पर आने वाले लोगों की जांच के आदेश दिये हैं। वायरस की रोकथाम के लिए एक नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। किसी भी जानकारी और मदद के लिए हेल्पलाइन बनाई गई हैं जिसके टेलीफोन नंबर हैं --0 1 9 1-2 5 4 9 6 7 6 , 0 1 9 1-2 5 2 0 9 8 2 और 0 1 9 4-2 4 4 0 2 8 3जम्मू और श्रीनगर के सरकारी मेडिकल कॉलेजों, शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज सौरा और अन्य जिला अस्पतालों में अलग से वार्ड बनाये जाएंगे। डॉक्टरों और अद्र्ध चिकित्सकों की एक विशेष टीम का गठन किया जाएगा और उन्हें प्रशिक्षण दिया जाएगा। वायरस के लक्षणों में खांसी आना, नाक बहना, बुखार, गले में खराश और सांस की तकलीफ शामिल हैं।---
- नई दिल्ली। चार दिन तक चलने वाले गणतंत्र दिवस समारोह का समापन आज नई दिल्ली के ऐतिहासिक विजय चौक पर बीटिंग द रिट्रीट कार्यक्रम के साथ हुआ।इस वर्ष भी भारतीय संगीत की धुने बीटिंग रिट्रीट का मुख्य आकर्षण बनी रहीं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्यमंत्री श्रीपद नाइक, प्रमुख रक्षा अध्यक्ष तथा तीनों सेनाओं के प्रमुख बीटिंग द रिट्रीट कार्यक्रम में मौजूद रहें।। सेना, वायुसेना और केन्द्रीय सशस्त्र पुलिस बल के बैण्डों की प्रस्तुतियों ने लोगों को मंत्रमुग्ध किया।
- नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने चिकित्सा गर्भपात संशोधन विधेयक 2020 को मंजूरी दे दी है। इसके अंतर्गत गर्भपात अधिनियम- मेडिकल टर्मिनेशन ऑफ प्रेगनेंसी एक्ट 1971 में संशोधन की व्यवस्था की गई है। विधेयक में गर्भपात कराने की सीमा को 20 सप्ताह से बढ़ाकर 24 सप्ताह करने का प्रावधान किया गया है। यह विधेयक संसद के आगामी सत्र में पेश किया जाएगा।सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने आज नई दिल्ली में संवाददाताओं को बताया कि अब गर्भावस्था के 20 सप्ताह तक गर्भपात कराने के लिए एक चिकित्सक की राय लेने की जरूरत होगी जबकि गर्भावस्था के 20 से 24 सप्ताह तक गर्भपात कराने के लिए दो चिकित्सकों की राय लेना जरूरी होगा। जिनमें से एक का सरकारी चिकित्सक होना जरूरी है।सरकार ने राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग विधेयक-2019 में संशोधनों को स्वीकृति दीकेंद्रीय मंत्रिमंडल ने केंद्रीय होम्योपैथी परिषद अधिनियम, 1973 में संशोधन के लिए राष्ट्रीय होम्योपैथी आयोग विधेयक, 2019 में प्रस्तावित संशोधनों को मंजूरी दे दी है। फिलहाल यह विधेयक राज्यसभा में लंबित है।संशोधनों के माध्यम से होम्योपैथी शिक्षा के क्षेत्र में आवश्यक नियामक सुधार सुनिश्चित होंगे और आम जनता के हितों की रक्षा के लिए पारदर्शिता एवं जवाबदेही तय की जाएगी। आयोग देश के सभी हिस्सों में किफायती स्वास्थ्य देखभाल सेवाओं की उपलब्धता को बढ़ावा देगा।--




.jpg)


















