- Home
- देश
-
मुंबई, चेहरे की पहचान करने वाले परीक्षण से पुष्टि हुई है कि अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला करने के आरोप में गिरफ्तार बांग्लादेशी व्यक्ति का चेहरा अभिनेता की इमारत में लगे सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे व्यक्ति से मिलता है। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को बताया कि जांच रिपोर्ट के अनुसार, 16 जनवरी के हमले के लिए गिरफ्तार आरोपी शरीफुल इस्लाम शहजाद मोहम्मद रोहिल्ला अमीन फकीर (30) वही व्यक्ति है, जिसे बांद्रा के सतगुरु शरण बिल्डिंग में लगे सीसीटीवी फुटेज में देखा गया था। उन्होंने बताया कि मामले को सुलझाने में चेहरे की पहचान करने वाली तकनीक ने अहम भूमिका निभाई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी शरीफुल ने 16 जनवरी की रात अभिनेता के 12वीं मंजिल स्थित अपार्टमेंट में घुसकर उन पर छह बार चाकू से हमला किया और फिर मौके से भाग गया। उसे तीन दिन बाद पड़ोसी ठाणे शहर से गिरफ्तार किया गया। मुंबई की एक अदालत ने बुधवार को आरोपी को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हमले के बाद खान को नजदीकी लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी दो सर्जरी हुई। 21 जनवरी को अभिनेता को निजी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। -
नयी दिल्ली. चिकित्सकों, खिलाड़ियों और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों ने मोटापे से लड़ने और तेल की खपत कम करने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान का समर्थन किया है। हाल में देहरादून में 38वें राष्ट्रीय खेलों के उद्घाटन समारोह में अपने संबोधन के दौरान मोदी ने चर्चा की कि कैसे देश में मोटापे की समस्या तेजी से बढ़ रही है, जो चिंता का विषय है क्योंकि इससे मधुमेह और हृदय से संबंधित बीमारियों का खतरा बढ़ जाता है। मुक्केबाज विजेंद्र सिंह ने कहा कि संतुलित आहार, व्यायाम और स्वास्थ्य के संबंध में मोदी द्वारा शुरू किया गया अभियान सराहनीय है। उन्होंने कहा, ‘‘ इस पहल से बहुत से लोगों को बहुत फ़ायदा हो सकता है, ख़ास तौर पर मधुमेह या मोटापे से पीड़ित लोगों को। अपने खान-पान की आदतों में छोटे-छोटे बदलाव करके और व्यायाम को महत्व देकर लोग अपने स्वास्थ्य पर महत्वपूर्ण प्रभाव डाल सकते हैं। '' अभिनेता अक्षय कुमार ने मोदी की अपील का वीडियो साझा करते हुए ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘कितना सच है। मैं यह सालों से कह रहा हूं...मुझे अच्छा लगा कि प्रधानमंत्री ने खुद इसे इतने सटीक ढंग से कहा है। स्वास्थ्य है तो सब कुछ है। मोटापे से लड़ने के सबसे बड़े हथियार हैं- 1. पर्याप्त नींद 2. ताजी हवा और सूरज की रोशनी 3. कोई प्रसंस्कृत भोजन नहीं, कम तेल।'' विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की दक्षिण-पूर्व एशिया इकाई ने भी कहा,‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बढ़ते मोटापे और मधुमेह, हृदय रोग जैसी संबंधित गैर-संचारी बीमारियों से निपटने के लिए नियमित शारीरिक गतिविधि और संतुलित पौष्टिक आहार का आह्वान किया है। '' पीडी हिंदुजा अस्पताल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गौतम खन्ना ने इसे मोटापे और उससे जुड़े जोखिमों को कम करने के महत्व पर एक समय पर दिया गया संदेश बताया। उन्होंने कहा, ‘‘स्वास्थ्य हमारी सबसे बड़ी संपत्ति है।'' उजाला सिग्नस हेल्थकेयर सर्विसेज के संस्थापक निदेशक डॉ. शुचिन बजाज ने कहा कि मोटापा एक गंभीर चुनौती है, जिससे हमें एक देश के रूप में तुरंत और मिलकर लड़ना होगा।
- नयी दिल्ली. प्रसिद्ध अमृत उद्यान रविवार को आम लोगों के लिए खुलेगा। यहां 140 प्रकार के गुलाब, पुष्प घड़ी और बाल वाटिका उनके लिए आकर्षण के केंद्र होंगे। राष्ट्रपति भवन ने बताया कि इस साल आगंतुकों को ‘प्लुमेरिया' के पेड की एक रंग-बिरंगी श्रृंखला देखने को मिलेगी। उसने बताया कि कि प्लुमेरिया गार्डन के बगल में एक बरगद का बाग होगा। यह बाग़ राजसी बरगद के पेड़ों का घर है, जो अपनी फैली हुई शाखाओं और जड़ों के लिए जाने जाते हैं। ऐसे में एक मनमोहक वातावरण बनता है। बाग के मीडिया पूर्वावलोकन के दौरान राष्ट्रपति भवन द्वारा साझा किए गए एक नोट के अनुसार यहां लगभग 220 मीटर का एक संवेदी पथ होगा जिसपर नंगे पैर चलने से इंद्रियां झंकृत होंगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू की उपप्रेस सचिव नविका गुप्ता ने बताया कि लोग सोमवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन पूर्वाह्न 10 बजे से छह बजे तक इस उद्यान में जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि प्रवेश और बुकिंग मुफ्त होगी।पंद्रह एकड़ जमीन में फैला यह उद्यान पांच फरवरी (दिल्ली विधानसभा चुनाव), 20-21 फरवरी (राष्ट्रपति भवन में विजिटर्स कांफ्रेंस) और 14 मार्च (होली) को बंद रहेगा। नोट में कहा गया है कि आगंतुक बाल वाटिका, ‘प्लुमेरिया थीम गार्डन‘, ‘बोनसाई गार्डन', ‘सेंट्रल लॉन‘, ‘लॉन्ग गार्डन' और सर्कुलर गार्डन से गुजरेंगे, जहां प्रदर्शन पर विभिन्न तत्वों के बारे में जानकारी प्राप्त करने के लिए समर्पित क्यूआर कोड होंगे। उसमें कहा गया है, ‘‘इस वर्ष आगंतुक ट्यूलिप के साथ-साथ 140 विभिन्न प्रकार के गुलाब और 80 से अधिक अन्य फूल देख सकेंगे।'' अमृत उद्यान में पिलखन वृक्ष के पास एक पुष्प घड़ी लगाई गई है जो एक अनूठी पुष्प डिजाइन का प्रतिनिधित्व करती है। उसमें फूल गोलाकार आकार में लगाए गए हैं और इसकी परिधि छोटे किनारे वाले पौधों और रंगीन कंकड़ों से घिरी हुई है। अधिकारियों के अनुसार घड़ी समय भी प्रदर्शित करेगी।अमृत उद्यान दो फरवरी से 30 मार्च तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा।
-
जम्मू. श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) ने जम्मू-कश्मीर के रियासी जिले में त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित प्रसिद्ध वैष्णो देवी मंदिर में वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांग तीर्थयात्रियों के लिए एक ‘समर्पित हेलीकॉप्टर कोटा' सुविधा की शुक्रवार को घोषणा की। एसएमवीडीएसबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अंशुल गर्ग ने बताया कि तीर्थयात्री सेवाओं को बढ़ाने के उद्देश्य से शुरू की गईं नयी पहलों के तहत ही इस सुविधा की घोषणा की गई है। उन्होंने बताया कि बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर शनिवार से कोटा उपलब्ध होगा।
गर्ग ने कहा कि बोर्ड समय-समय पर नयी सुविधाएं शुरू करके और मौजूदा बुनियादी ढांचे को उन्नत करके तीर्थयात्रा के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए सदैव प्रतिबद्ध रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘वरिष्ठ नागरिक मंच की ओर से लंबे समय से की जा रही मांग के जवाब में यह सुविधा शुरू की गई है। मंच ने हाल ही में एक उच्च स्तरीय समिति के साथ बैठक करके एक अलग हेलीकॉप्टर बुकिंग कोटा की मांग की थी।'' गर्ग ने कटरा में संवाददाताओं को बताया, ‘‘बैटरी कार बुकिंग के लिए भी इसी प्रकार का कोटा लागू किया गया था।'' -
नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण वित्त वर्ष 2025-26 का बजट पेश कर रही हैं। अपने बजट भाषण में वित्त मंत्री ने चुनावी राज्य बिहार के लिए कई बड़े ऐलान किए। वित्त मंत्री ने बिहार के लिए मखाना बोर्ड बनाने की घोषणा की। मखाना बोर्ड बनाने से छोटे किसानों और व्यापारियों को फायदा मिलने की उम्मीद है। बता दें कि बिहार दुनियाभर में मखाना उत्पादन के लिए प्रसिद्ध है।
इसके अलावा देश में IIT के और विस्तार करने की घोषणा करते हुए कहा कि सरकार IIT पटना का विस्तार करेगी और वहां सुविधाएं बढ़ाएगी। इसके अलावा बिहार में 3 ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट बनाए जाएंगे। हालांकि, ये ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट कहां बनाए जाएंगे, वित्त मंत्री ने इसकी जानकारी नहीं दी है। साथ ही पटना, बिहटा एयरपोर्ट की क्षमता को बढ़ाने के लिए अलग काम किया जाएगा।इसके अलावा सीतारमण ने बजट में बिहार के लिए नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट की स्थापना करने का ऐलान किया। इससे इलाके में फूड प्रोसेसिंग को बढ़ावा मिलने की बात कही गई है।बाढ़ से प्रभावित उत्तर बिहार के लिए वित्त मंत्री ने बड़ा ऐलान किया है। वित्त मंत्री ने अपने भाषण में पश्चिमी कोसी नहर (वेस्टर्न कोसी कैनाल) के निर्माण की घोषणा कर दी। वित्त मंत्री ने कहा कि इससे मिथिलांचल क्षेत्र में के लाखों लोगों के साथ 50 हजार हेक्टेयर से अधिक खेती की जमीन को लाभ मिलेगा।बता दें कि इस साल नवंबर-दिसंबर में बिहार में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। अभी बिहार में एनडीए की साझा सरकार है।किसानों पर भी सरकार का फोकसबजट भाषण की शुरुआत में ही वित्त मंत्री ने किसानों के लिए कई बड़ी घोषनाएं कीं। वित्त मंत्री ने कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए पीएम धन धान्य कृषि योजना की घोषणा की। यह योजना 100 जिलों को कवर करेगी। इसका उद्देश्य- फसल विविधीकरण, भंडारण बढ़ाना, सिंचाई में सुधार और किसानों के लिए दीर्घकालिक और अल्पकालिक ऋण की सुविधा प्रदान करना है।पहले चरण में 100 विकासशील कृषि जिलों को इसमें शामिल किया जाएगा। खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता के लिए राष्ट्रीय तेल मिशन संचालित किया जा रहा है। 10 साल पहले किए गए प्रयासों से दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल हुई थी, जिससे किसानों की आय और आर्थिक क्षमता में सुधार हुआ।उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया, रोजगार, नवाचार, ऊर्जा आपूर्ति, खेल विकास और एमएसएमई का विस्तार देश की विकास यात्रा का अभिन्न हिस्सा हैं, जिसे सुधारों से गति मिलेगी। इस पहल से 1.7 करोड़ किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। ग्रामीण समृद्धि और सतत विकास राज्यों की भागीदारी से सुनिश्चित किया जाएगा। कौशल विकास और निवेश के जरिए कृषि क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में नए विकल्प सृजित होंगे। इस योजना का फोकस युवा किसानों, ग्रामीण महिलाओं और छोटे किसानों पर होगा। -
नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को 2025-26 का केंद्रीय बजट पेश करते हुए बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि सरकार 5 लाख पहली बार बिजनेस शुरू करने वाली महिलाओं, SC और ST उद्यमियों के लिए 2 करोड़ रुपये तक के टर्म लोन की शुरुआत करेगी।
साथ ही, महिलाओं और बच्चों के पोषण को मजबूत बनाने के लिए सक्षम आंगनवाड़ी और POSHAN 2.0 स्कीम की भी शुरुआत होगी। इन योजनाओं का मकसद देश के हर कोने में विकास को रफ्तार देना है।सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण 2.0 के तहत 8 करोड़ बच्चों और 1 करोड़ गर्भवती महिलाओं, माताओं और 20 लाख किशोरियों को न्यूट्रिशनल सपोर्ट दिया जा रहा है। यूनियन फाइनेंस मिनिस्टर ने घोषणा की है कि इस स्कीम में खर्च के नॉर्म्स को बढ़ाया जाएगा, जिससे बच्चों और महिलाओं को बेहतर पोषण सुविधाएं मिलेंगी।इसके अलावा, SME और बड़ी इंडस्ट्रीज को सपोर्ट करने के लिए मैन्युफैक्चरिंग मिशन सेटअप किया जाएगा। वित्त मंत्री ने यह भी कहा कि लेबर-इंटेंसिव सेक्टर्स की प्रोडक्टिविटी बढ़ाने के लिए फैसिलिटेशन उपाय किए जाएंगे। सरकार की ओर से क्रेडिट गारंटी कवर को बढ़ाकर 20 करोड़ रुपये किया जाएगा और गारंटी फीस को घटाकर 1% किया जाएगा। साथ ही, बिहार में फूड टेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप और मैनेजमेंट के लिए एक नेशनल इंस्टिट्यूट स्थापित करने का भी ऐलान किया गया है। -
नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण आज (1 फरवरी 2025) को यूनियन बजट पेश कर रही हैं। यह मोदी सरकार 3.0 का दूसरा पूर्ण बजट है। वित्त मंत्री ने बजट भाषण की शुरुआत में ही कृषि क्षेत्र के लिए कई बड़े ऐलान किए।
वित्त मंत्री ने कृषि उत्पादकता बढ़ाने के लिए पीएम धन धान्य कृषि योजना की घोषणा की। यह योजना 100 जिलों को कवर करेगी। इसका उद्देश्य- फसल विविधीकरण, भंडारण बढ़ाना, सिंचाई में सुधार और किसानों के लिए दीर्घकालिक और अल्पकालिक ऋण की सुविधा प्रदान करना है।पहले चरण में 100 विकासशील कृषि जिलों को इसमें शामिल किया जाएगा। खाद्य तेलों में आत्मनिर्भरता के लिए राष्ट्रीय तेल मिशन संचालित किया जा रहा है। 10 साल पहले किए गए प्रयासों से दलहन उत्पादन में आत्मनिर्भरता हासिल हुई थी, जिससे किसानों की आय और आर्थिक क्षमता में सुधार हुआ।उन्होंने कहा कि मेक इन इंडिया, रोजगार, नवाचार, ऊर्जा आपूर्ति, खेल विकास और एमएसएमई का विस्तार देश की विकास यात्रा का अभिन्न हिस्सा हैं, जिसे सुधारों से गति मिलेगी। इस पहल से 1.7 करोड़ किसानों को लाभ मिलने की उम्मीद है। ग्रामीण समृद्धि और सतत विकास राज्यों की भागीदारी से सुनिश्चित किया जाएगा। कौशल विकास और निवेश के जरिए कृषि क्षेत्र में रोजगार के अवसर बढ़ाए जाएंगे, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में नए विकल्प सृजित होंगे। इस योजना का फोकस युवा किसानों, ग्रामीण महिलाओं और छोटे किसानों पर होगा।अब सरकार तुअर, उड़द और मसूर पर विशेष ध्यान दे रही है। किसानों को समर्थन देने के लिए केंद्रीय एजेंसियों में पंजीकरण और करार की प्रक्रिया को सशक्त बनाया जाएगा। अगले चार वर्षों में एजेंसियां किसानों से उतनी ही दलहन खरीदेंगी, जितनी वे उत्पादन करेंगे।मछली पालन के क्षेत्र में भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक है, जिसका बाजार मूल्य 60,000 करोड़ रुपये से अधिक है। सरकार अंडमान, निकोबार और गहरे समुद्र में मछली पकड़ने को प्रोत्साहित करेगी।कपास उत्पादकता मिशन के तहत कपास उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि की जाएगी और लंबे रेशे वाली किस्मों को बढ़ावा दिया जाएगा, जिससे किसानों की आय में बढ़ोतरी होगी। इसके अलावा, राष्ट्रीय उच्च पैदावार बीज मिशन शुरू किया जाएगा, जिसके अंतर्गत अनुसंधान और उच्च उत्पादकता वाले बीजों की 100 से अधिक किस्में उपलब्ध कराई जाएंगी।किसान क्रेडिट कार्ड की ऋण सीमा 3 लाख रुपये से बढ़ाकर 5 लाख रुपये की जाएगी, और बिहार में मखाना उत्पादन को प्रोत्साहित करने के लिए एक मखाना बोर्ड स्थापित किया जाएगा। -
नई दिल्ली। आज केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में Budget 2025 पेश किया, जिसमें शिक्षा, रोजगार, स्टार्टअप्स, कृषि और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में बड़े ऐलान किए गए। ये बजट न केवल देश की अर्थव्यवस्था को नई रफ्तार देने वाला है, बल्कि आम लोगों की जिंदगी में बड़ा बदलाव लाने का वादा करता है। IITs का विस्तार, किसानों को सस्ता लोन, फुटवियर और लेदर इंडस्ट्री में लाखों नौकरियां और हर जिले में कैंसर सेंटर जैसी घोषणाएं इस बजट की खास बातें हैं। आइए जानते हैं इस बजट की कुछ अहम बातें।
IITs और नेशनल स्किलिंग सेंटर से पढ़ाई और रोजगार को नई उड़ानदेश में 5 नेशनल स्किलिंग सेंटर बनाए जाएंगे, जहां युवाओं को ग्लोबल स्तर की ट्रेनिंग दी जाएगी। इसके अलावा 2014 के बाद शुरू हुए 5 बड़े IITs में नई फैसिलिटी जोड़ी जाएंगी, जिससे 6,500 और छात्रों को पढ़ाई का मौका मिलेगा। IIT पटना का भी विस्तार किया जाएगा। डिजिटल कनेक्टिविटी के लिए सभी सेकेंडरी स्कूलों और स्वास्थ्य केंद्रों (PHCs) को ब्रॉडबैंड कनेक्शन से जोड़ा जाएगा।बिहार को मिला बड़ा तोहफा: फूड टेक्नोलॉजी संस्थानबिहार में फूड टेक्नोलॉजी, एंटरप्रेन्योरशिप और मैनेजमेंट के लिए एक राष्ट्रीय संस्थान स्थापित होगा। इससे स्टार्टअप्स और स्थानीय उद्यमियों को बढ़ावा मिलेगा और राज्य में रोजगार के नए अवसर बनेंगे।भारत बनेगा खिलौनों का ग्लोबल हबअब भारत खिलौनों के निर्माण में पूरी दुनिया में अपनी पहचान बनाएगा। इसके लिए क्लस्टर डेवलपमेंट, मैन्युफैक्चरिंग हब और स्किल डेवलपमेंट पर काम किया जाएगा ताकि भारतीय खिलौने ग्लोबल बाजार में छा जाएं।किसानों को बड़ा फायदा: KCC की सीमा बढ़ीकिसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की लोन सीमा को 3 लाख से बढ़ाकर 5 लाख रुपये कर दिया गया है। इससे 77 मिलियन किसानों, मछुआरों और डेयरी किसानों को आसान और सस्ता कर्ज मिलेगा, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी।ऊर्जा क्षेत्र में बड़ा लक्ष्य: 100 गीगावाट न्यूक्लियर एनर्जीसरकार ने 2047 तक 100 गीगावाट न्यूक्लियर एनर्जी विकसित करने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए निजी कंपनियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कानूनी बदलाव किए जाएंगे।उड़ान योजना का विस्तार: अब 120 नए डेस्टिनेशन जुड़ेंगेउड़ान योजना के तहत 120 नए डेस्टिनेशन जोड़े जाएंगे, खासतौर पर पहाड़ी और उत्तर-पूर्वी क्षेत्रों में। इस योजना से अब तक 1.5 करोड़ लोग सस्ते और तेज हवाई सफर का लाभ उठा चुके हैं। अब इसका दायरा और बढ़ेगा।हर जिले में डे-केयर कैंसर सेंटरअगले तीन सालों में हर जिले के अस्पताल में डे-केयर कैंसर सेंटर स्थापित किए जाएंगे, जिससे कैंसर के मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा और उनका सफर आसान होगा।जल जीवन मिशन का विस्तार और नई योजनाएंसरकार ने जल जीवन मिशन को 2028 तक बढ़ाने का ऐलान किया है। इसके लिए बड़े स्तर पर फंडिंग की जाएगी ताकि हर घर तक साफ पानी पहुंच सके।फुटवियर और लेदर सेक्टर में 22 लाख रोजगारफोकस प्रोडक्ट स्कीम के तहत फुटवियर और लेदर इंडस्ट्री में 22 लाख लोगों को रोजगार मिलेगा। इसके साथ ही 4 लाख करोड़ रुपये का उत्पादन और 1.1 लाख करोड़ रुपये का निर्यात होगा।स्टार्टअप्स को नई ताकत: 10,000 करोड़ का नया फंडस्टार्टअप्स को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने 10,000 करोड़ रुपये का नया फंड आवंटित किया है। इससे नए बिजनेस आइडियाज को पंख मिलेंगे और उद्यमिता को रफ्तार मिलेगी। -
नई दिल्ली। अगर आप इनकम टैक्स को लेकर नई घोषणा का इंतजार कर रहे थे। तो आपके लिए अपडेट है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट भाषण में ऐलान किया है कि सरकार अगले हफ्ते नया इनकम टैक्स बिल पेश करने वाली है। उन्होंने कहा, “मैं अगले हफ्ते इनकम टैक्स बिल लाने का प्रस्ताव रखती हूं।”
पुराने टैक्स कानून का होगा नया रूपआपको बता दें कि सीतारमण ने जुलाई में पेश किए गए बजट में घोषणा की थी कि 1961 का इनकम टैक्स एक्ट पूरी तरह से रिव्यू किया जाएगा। अब उस वादे को पूरा करने का समय आ गया है।क्या होगा नया?इस काम को पूरा करने के लिए CBDT (केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड) ने एक खास टीम बनाई थी, जिसका मिशन था – पुराने कानून को छोटा और आसान बनाना। इसके तहत 22 स्पेशल सब-कमेटियां बनाई गईं, जिन्होंने टैक्स एक्ट के हर पहलू की गहराई से जांच की।बिल का मकसद क्या है?सरकार चाहती है कि नया टैक्स कानून कम विवाद, कम मुकदमेबाजी और ज्यादा स्पष्टता लेकर आए। इससे टैक्सपेयर्स को नियम समझने में आसानी होगी और वे बिना किसी उलझन के टैक्स जमा कर पाएंगे। अब देखना ये होगा कि नया इनकम टैक्स बिल आम जनता के लिए कितनी राहत और कितने नए मौके लेकर आता है। टैक्सपेयर से लेकर बिजनेस सेक्टर तक, हर कोई इस बिल के आने का बेसब्री से इंतजार कर रहा है। -
नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को न्यूक्लियर एनर्जी मिशन का ऐलान किया, जिसमें छोटे मॉड्यूलर रिएक्टर्स के रिसर्च और डेवलपमेंट को बढ़ावा देने के लिए 20,000 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।उन्होंने इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ साइंस (IISC) में अगले पांच सालों के दौरान टेक्नोलॉजी रिसर्च के लिए 10,000 फेलोशिप देने की भी घोषणा की।
इसके अलावा, उन्होंने नेशनल स्पैशियल मिशन शुरू करने का प्रस्ताव दिया और ग्यान भारत मिशन की शुरुआत करने की बात कही, जिसका उद्देश्य भारत की प्राचीन पांडुलिपियों की सर्वे, डोक्युमेंटेशन और प्रिजर्वेशन करना होगा। फरवरी पिछले साल, सरकार ने 18 और न्यूक्लियर पावर रिएक्टर्स जोड़ने की घोषणा की थी, जिनकी कुल क्षमता 13,800 मेगावॉट बिजली उत्पन्न करने की होगी। इस प्लान के तहत 2031-32 तक देश की एनर्जी मिक्स में एटॉमिक पावर की कुल हिस्सेदारी 22,480 मेगावॉट तक पहुंचने का लक्ष्य है। -
नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री की साड़ी पर सबकी नजर थी। भारतीयता के रंगों में रंगी, पारंपरिक परिधान साड़ी में इस बार क्या खास होगा, धागों में किस प्रदेश की कहानी छिपी होगी इसका इंतजार सबको था। पर्दा हटा और फिर वित्त मंत्री ने चौंका दिया। इस बार की साड़ी में भी बुनकरों का श्रम, हुनरमंदों का हुनर झलका। वित्त मंत्री ने इस बार क्रीम कलर की साड़ी पहनी है।
वित्त मंत्री सुबह करीब 8.50 बजे मंत्रालय पहुंचींमंत्री सुबह करीब 8.50 बजे वित्त मंत्रालय पहुंचीं। उनसे पहले केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी भी मंत्रालय पहुंच गए थे। सीतारमण की साड़ी में खास संदेश होता है। रंगों का समायोजन उनकी समझ बूझ और व्यावहारिकता को दर्शाता है। 2024 के पूर्ण बजट में शांति और सुकून वाला रंग सफेद चुना था। मासूमियत का रंग भी माना जाता है। सीतारमण ने सातवें बजट में अपने लुक को बेहद सादा, सहज और साधारण रखा। सोने की चेन- पेंडेंट, चूड़ियों और बिंदी से सशक्त महिला का लुक सुर्खियों में रहा।इससे ठीक पहले 17वीं लोकसभा का अंतरिम बजट पेश करते हुए नीले रंग की साड़ी पहनी थी। इसमें भी वित्त मंत्री का हैंडलूम साड़ियों के प्रति प्यार हर बार की तरह नजर आया। उन्होंने नीले रंग की हैंडलूम साड़ी पहनी थी। नीले रंग को शांति और शक्ति का प्रतीक माना जाता है। क्रीम और ब्ल्यू रंग की साड़ी में संदेश खास था। नारी शक्ति का वंदन दिखा (इसका उल्लेख बजट में था) तो उसका ठहराव भी। नीला बेस कलर था। जो शांति, स्थिरता, प्रेरणा या ज्ञान का प्रतीक होता है। यह विश्वसनीयता का प्रतीक भी होता है।क्रीम कलर निर्मला सीतारमण का प्रिय रंग भी बताया जाता हैक्रीम कलर को निर्मला सीतारमण का प्रिय रंग भी बताया जाता है। जैसे 2021 में उनकी पोचमपल्ली इक्कत सिल्क साड़ी में इस रंग की झलक थी तो 2022 में भी ऑफ व्हाइट का पुट था। 2023 में वित्त मंत्री ने लाल रंग की साड़ी को चुना था। लाल रंग प्रेम, ताकत, बहादुरी, पैशन और प्रतिबद्धता का प्रतीक माना जाता है। 2022 में,वित्त मंत्री को ओडिशा की बोमकाई साड़ी पहने देखा गया, जो सांस्कृतिक विरासत के प्रति उनकी आसक्ति को दर्शाता है।कत्थई रंग है दृढ़ता, सुरक्षा और निर्भरता का प्रतीकसाड़ी में दिख रहे कत्थई रंग को दृढ़ता, सुरक्षा और निर्भरता का प्रतिनिधित्व करने के लिए जाना जाता है। 2020 कोरोना का दौर था उस दौरान सुनहरे भविष्य का संकल्प दिखाती पीली साड़ी पहनी थी। 2019 में मैजेंटा रंग की मंगलागिरी साड़ी पहनी थी। पहली बार बजट पेश करने वाली थीं और यहीं से ब्रीफकेस ने बही खाते का रूप ले लिया था। -
नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए लगातार आठवां बजट लोकसभा में पेश किया। इससे पहले वह लगातार सात बार बजट पेश कर इतिहास रच चुकी हैं। वो छह पूर्णकालिक और दो अंतरिम बजट पेश कर चुकी हैं।
मोरारजी देसाई ने वित्त मंत्री रहते हुए 10 बार बजट पेश किया थासीतारमण से पहले सबसे ज्यादा बार बजट पटल पर रखने वालों में पूर्व प्रधानमंत्री मोरारजी देसाई, पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम और प्रणब मुखर्जी का नाम शामिल है। मोरारजी देसाई ने वित्त मंत्री रहते हुए 10 बार बजट पेश किया था। मोरारजी देसाई ने साल 1959 से लेकर 1964 के बीच लगातार पांच पूर्ण बजट और एक अंतरिम बजट पेश किया था। इसके बाद उन्होंने 1967 से 1969 के बीच चार बजट पेश किए थे।सीतारमण साल 2019 में देश की दूसरी महिला वित्त मंत्री बनी थींदेसाई के बाद पूर्व वित्त मंत्री पी. चिदंबरम का नंबर आता है, जिन्होंने 9 बार केंद्रीय बजट पेश किया था। जबकि प्रणब मुखर्जी आठ बार बजट पेश कर चुके हैं। शनिवार को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार आठवीं बार बजट पेश कर प्रणब मुखर्जी की बराबरी कर लेंगी। दरअसल, सीतारमण लगातार आठों बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में ही पेश किए हैं। सीतारमण साल 2019 में देश की दूसरी महिला वित्त मंत्री बनी थीं। इससे पहले इंदिरा गांधी पहली महिला वित्त मंत्री थीं, जिन्होंने वित्त मंत्री के तौर पर 1970-71 का बजट पेश किया थासीतारमण पहली बार केंद्रीय बजट साल 2019 में पेश किया थासीतारमण ने पहली बार केंद्रीय बजट साल 2019 में ही पेश किया था। साल 2019 और 2024 के बीच उन्होंने दो अंतरिम बजट और चार पूर्ण बजट पेश किए थे। उन्होंने लोकसभा चुनाव 2024 के बाद 23 जुलाई को वित्त वर्ष 2024-25 के लिए सातवां बजट पेश किया था। उन्होंने सात बजट पेश कर मोरारजी देसाई के लगातार छह बार बजट पेश करने के रिकॉर्ड को भी तोड़ दिया था।निर्मला सीतारमण के पास दो घंटे 42 मिनट बोलने का रिकॉर्ड है दर्जनिर्मला सीतारमण के नाम बजट के दिन दो घंटे 42 मिनट बोलने का रिकॉर्ड भी दर्ज है। सीतारमण ने साल 2019 में वित्त वर्ष 2019-20 के लिए बजट पेश करते हुए अपने भाषण को 2 घंटे 17 मिनट में पूरा किया था। उन्होंने साल 2020-21 में बजट स्पीच का नया रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने लोकसभा में 2 घंटे 42 मिनट का सबसे लंबा बजट भाषण पढ़ा था। वित्त वर्ष 2021-22 में उन्होंने 100 मिनट लंबी बजट स्पीच पढ़ी थी। अगले वित्त वर्ष 2022-23 के बजट में उन्होंने 1 घंटे 31 मिनट में अपने बजट भाषण को पूरा किया था। मोदी सरकार 2.0 के कार्यकाल के आखिरी पूर्ण बजट में उनका भाषण 1 घंटा 25 मिनट का था, ये बजट वित्त वर्ष 2023-24 के लिए पेश किया गया था। हालांकि, उन्होंने मोदी सरकार के अंतरिम बजट 2024 में अपना भाषण 60 मिनट में पूरा किया था। वहीं, वित्तीय वर्ष 2024-25 में वित्त मंत्री का बजट भाषण 1 घंटे 25 मिनट का था। -
प्रयागराज। महाकुंभ में मौनी अमावस्या स्नान पर हुए हादसे की जांच के लिए गठित तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग ने अपनी कार्यवाही तेज कर दी है। आयोग के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति हर्ष कुमार ने शुक्रवार को प्रयागराज में अधिकारियों के साथ पहली बैठक की। बैठक के बाद आयोग ने संगम नोज के निकट घटनास्थल का निरीक्षण भी किया।
सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों का गहराई से किया जाएगा विश्लेषणजांच आयोग के अध्यक्ष सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति हर्ष कुमार ने कहा कि घटनास्थल की टोपोग्राफी और परिस्थितियों का अध्ययन किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों का गहराई से विश्लेषण किया जाएगा। प्रयागराज महाकुंभ में मौनी अमावस्या के मौके पर स्नान के लिए उमड़ी भीड़ में भगदड़ की स्थिति बन गई, जिसमें 30 लोगों की मौत हो गई थी और 60 अन्य घायल हो गए थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे की जांच के लिए तीन सदस्यीय न्यायिक आयोग का गठन किया था। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायमूर्ति हर्ष कुमार की अध्यक्षता वाले आयोग में सेवानिवृत्त आईएएस डीके. सिंह और सेवानिवृत्त आईपीएस अधिकारी वीके. गुप्ता भी शामिल हैं।एक महीने के अंदर मामले की जांच रिपोर्ट देनी होगीआयोग को गठन के एक महीने के अंदर मामले की जांच रिपोर्ट देनी होगी। इस सिलसिले में जारी अधिसूचना के मुताबिक, आयोग भगदड़ के कारणों और परिस्थितियों की जांच करेगा। इसके साथ ही भविष्य में ऐसी घटना की पुनरावृत्ति रोकने के सिलसिले में सुझाव भी देगा। आयोग ने अधिकारियों से हादसे की परिस्थितियों और इलाके की भौगोलिक स्थिति पर विस्तृत जानकारी ली। न्यायमूर्ति हर्ष कुमार ने बताया कि यह आकस्मिक दुर्घटना थी। लेकिन, इसके पीछे के कारणों को सिलसिलेवार तरीके से समझने का प्रयास किया जा रहा है।घटनास्थल का निरीक्षण कार्य पूराउन्होंने कहा कि घटनास्थल पर निरीक्षण पूरा कर लिया गया है, लेकिन अगर दोबारा जांच की जरूरत पड़ी तो टीम फिर आएगी। आयोग के सदस्य, सेवानिवृत्त आईएएस डीके. सिंह और सेवानिवृत्त आईपीएस वीके. गुप्ता ने भी जांच में तेजी लाने की बात कही है। आयोग के अध्यक्ष ने कहा कि हमारे पास केवल एक महीने का समय है, लेकिन जांच को प्राथमिकता के साथ तेजी से पूरा करेंगे। जांच प्रक्रिया से महाकुंभ में कोई व्यवधान नहीं हो, इसका ध्यान रखा जाएगा। आयोग सभी तथ्यों का गहन विश्लेषण कर किसी ठोस निष्कर्ष पर पहुंचेगा। आयोग ने अस्पताल जाकर घायलों से भी बातचीत करने की योजना बनाई है।घायलों से मिली जानकारी जांच को सही दिशा देने में मदद करेगीन्यायमूर्ति हर्ष कुमार ने कहा कि घायलों से मिली जानकारी जांच को सही दिशा देने में मदद करेगी। किसी एक पहलू पर ध्यान केंद्रित करने के बजाय सभी संभावित कारणों पर विचार किया जाएगा। इससे पहले आयोग के तीनों सदस्यों ने गुरुवार को लखनऊ के जनपथ स्थित अपने कार्यालय में पहुंचकर कामकाज की शुरुआत की थी। आयोग के अध्यक्ष न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) हर्ष कुमार ने बताया था कि जांच को प्राथमिकता के आधार पर लिया जाना है, इसलिए हमने घोषणा के कुछ ही घंटों के भीतर ही कार्यभार संभाल लिया है। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के तीसरे कार्यकाल का पहला पूर्ण बजट वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए लोकसभा में आज पेश किया जाएगा। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार आठवां आम बजट आज पेश करेंगी। बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। इस दौरान राष्ट्रपति मुर्मु ने वित्त मंत्री को दही-चीनी भी खिलाई।
वित्त मंत्री सीतारमण ने राष्ट्रपति मुर्मु से मिलकर बजट पेश करने की मंजूरी मांगीलोकसभा के पटल पर बजट पेश करने से पहले केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। इस दौरान वित्त मंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मु से बजट पेश करने के लिए मंजूरी मांगी। राष्ट्रपति ने बजट को अपनी मंजूरी देते हुए वित्त मंत्री को दही-चीनी खिलाकर शुभकामनाएं दीं।राष्ट्रपति मुर्मु ने केंद्रीय वित्त मंत्री और उनकी टीम को शुभकामनाएं दींराष्ट्रपति कार्यालय ने एक्स अकाउंट पर कुछ फोटो भी शेयर की। उन्होंने लिखा, “केंद्रीय वित्त एवं कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी और वित्त मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ केंद्रीय बजट पेश करने से पहले राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु से मुलाकात की। बजट पेश करने के लिए केंद्रीय वित्त मंत्री और उनकी टीम को शुभकामनाएं दीं।”भारत में किसी भी शुभ काम से पहले दही-चीनी खिलाने की है परंपराधार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भारत में किसी भी शुभ काम से पहले दही-चीनी खिलाने की परंपरा है। माना जाता है कि दही-चीनी खाने से काम में सफलता प्राप्त होती है। दरअसल, दही को शुद्धता और पवित्रता का प्रतीक माना जाता है, जबकि चीनी को मिठास और सौहार्द का प्रतीक माना जाता है। भारतीय संस्कृति में दही और चीनी का विशेष महत्व है। इसलिए केंद्रीय बजट पेश करने से पहले वित्त मंत्री राष्ट्रपति से मुलाकात करते हैं और इसके बाद राष्ट्रपति द्वारा वित्त मंत्री को दही-चीनी खिलाकर बजट के लिए उन्हें शुभकामनाएं दी जाती हैं। इस परंपरा के पूरा होने से बजट पेश करने की औपचारिक अनुमति भी दी जाती है।सीतारमण लगातार आठ बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में ही पेश किए हैंकेंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को वित्त वर्ष 2025-26 के लिए लगातार आठवां बजट लोकसभा में पेश करेंगी। इससे पहले वह लगातार सात बार बजट पेश कर इतिहास रच चुकी हैं। वह छह पूर्णकालिक और दो अंतरिम बजट पेश कर चुकी हैं। सीतारमण ने लगातार आठों बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार में ही पेश किए हैं। सीतारमण साल 2019 में देश की दूसरी वित्त मंत्री बनी थीं। इससे पहले इंदिरा गांधी पहली महिला वित्त मंत्री थीं, जिन्होंने वित्त मंत्री के तौर पर 1970-71 का बजट पेश किया था। -
फिरोजपुर/ पंजाब के फिरोजपुर जिले के गुरुहरसहाय उपमंडल में शुक्रवार को कोहरे की वजह से पिक अप वैन और कैंटर ट्रक की हुई टक्कर में 11 लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि वैन में 20 से अधिक लोग सवार थे, जिनमें से अधिकतर बैरा तौर पर काम करते थे और जलालाबाद में एक समारोह में शामिल होने जा रहे थे। यह दुर्घटना गुरुहरसहाय उपमंडल के गोलू का मोड़ गांव के पास हुई।
पुलिस ने बताया कि घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। फिरोजपुर की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सौम्या मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना के तुरंत बाद सड़क सुरक्षा फोर्स (एसएसएफ) की टीम मौके पर पहुंची और बचाव अभियान शुरू किया। पुलिस ने कहा कि वे सुबह करीब आठ बजे हुई इस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रहे हैं।
उपायुक्त दीपशिखा शर्मा ने बताया कि गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को फरीदकोट के गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जबकि कुछ अन्य को जलालाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया, ‘‘घटना के तुरंत बाद पांच एम्बुलेंस घटनास्थल पर भेजी गईं।''प्रशासन घायलों के इलाज का खर्च वहन करेगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान और विभिन्न राजनीतिक दलों के कई अन्य नेताओं ने दुर्घटना पर दुख व्यक्त किया।
मान ने सोशल मीडिया मंच पर ‘एक्स' पर जारी पोस्ट में कहा, ‘‘आज सुबह फिरोजपुर से कैंटर और पिकअप वाहन की टक्कर से एक बड़े हादसे की खबर। शादी समारोह में जा रहे बैरा की दुखद मौत की खबर मिली है और कुछ लोगों के घायल होने की खबर है।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। पंजाब सरकार इस कठिन समय में प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।'' शिरोमणि अकाली दल के नेता सुखबीर सिंह बादल ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आज सुबह फिरोजपुर जिले के गुरुहरसहाय के पास एक सड़क दुर्घटना के बारे में जानकर गहरा दुख हुआ। शोक संतप्त परिवारों के प्रति हार्दिक संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। इस दुखद घटना से प्रभावित सभी लोगों को इस कठिन समय में शक्ति मिले।'' भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेता और पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने ‘एक्स' पर जारी एक पोस्ट में कहा, ‘‘पीड़ितों के परिवारों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना है। मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। -
नई दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को नरेंद्र मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल के पहले पूर्ण बजट को अंतिम रूप प्रदान किया. बजट को लेकर आशा है कि इसमें मध्यम वर्ग की टैक्स कटौती की उम्मीद और वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए अर्थव्यवस्था की जरूरतों के बीच संतुलन स्थापित किया जाएगा.
बता दें कि वित्त मंत्री सीतारमण एक फरवरी को लगातार आठवीं बार बजट पेश करेंगी. वहीं बजट के राजकोषीय रूप से विवेकपूर्ण होने के साथ-साथ इसमें कमजोर पड़ती आर्थिक वृद्धि को सहारा देने के अलावा ऊंची कीमतों और स्थिर वेतनवृद्धि का सामना कर रहे मध्यम वर्ग पर बोझ कम करने के उपाय शामिल किए जाने की उम्मीद है.इस बारे में वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, केंद्रीय वित्त और कॉरपोरेट मामलों की मंत्री निर्मला सीतारमण ने नई दिल्ली में नॉर्थ ब्लॉक स्थित अपने कार्यालय में केंद्रीय बजट 2025-26 को अंतिम रूप दिया. साथ ही उन्होंने बजट निर्माण प्रक्रिया में शामिल सचिवों और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत भी की.बैठक के दौरान वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी भी मौजूद थे.गौरतलब है कि बजट ऐसे समय में आ रहा है जब चालू वित्त वर्ष में सकल घरेलू उत्पाद (GDP) की वृद्धि दर घटकर चार साल के अपने निचले स्तर 6.4 प्रतिशत पर आने की संभावना है. वहीं वित्त मंत्री द्वारा दोनों ही सदनों में पेश आर्थिक समीक्षा 2024-25 में अनुमान लगाया गया है कि वित्त वर्ष 2025-26 में भारत की जीडीपी की वृद्धि दर 6.3-6.8 प्रतिशत रहेगी. यह दर विकसित राष्ट्र बनने के लिए जरूरी वृद्धि दर से बहुत कम है. इसके साथ ही आर्थिक समीक्षा में वृद्धि को बढ़ावा देने के को लेकर भूमि और श्रम क्षेत्रों में विनियमन और सुधारों की जरूरत बताई गई है. आर्थिक समीक्षा से यह भी संकेत मिलते हैं कि भारत की विश्वस्तरीय वृद्धि धीमी हो रही है. फलस्वरूप 2047 तक विकसित भारत के टारगेट को हासिल करने के लिए जरूरी 8 प्रतिशत की वृद्धि दर प्राप्त करने के लिए और अधिक काम किए जाने की जरूरत है. -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज शुक्रवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के संसद में दिए भाषण की सराहना की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का संबोधन एक मजबूत और विकसित भारत का विजन प्रस्तुत करता है। उन्होंने कहा कि उनका भाषण एक प्रेरणादायक रोडमैप दिखाता है जिससे भारत अपने लक्ष्यों को एकता और संकल्प के साथ हासिल कर सकता है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर लिखा कि राष्ट्रपति का भाषण युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और देश के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण संदेश देता है। उन्होंने राष्ट्रपति द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में की गई पहलों और सभी के विकास की प्रतिबद्धता की सराहना की।
अपने संबोधन में राष्ट्रपति मुर्मु ने रक्षा क्षेत्र में भारत की आत्मनिर्भरता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ‘मेक इन इंडिया’ अब ‘मेक फॉर द वर्ल्ड’ बन चुका है। साथ ही उन्होंने सरकार की आर्थिक प्रगति और राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने की योजनाओं पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए सबका साथ, सबका विकास की नीति को दोहराया और कहा कि सरकार की प्राथमिकता हर व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने की है।संसद का बजट सत्र आज 31 जनवरी को शुरू हुआ जिसमें राष्ट्रपति मुर्मु ने लोकसभा और राज्यसभा के संयुक्त सत्र को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि भारत का मुख्य लक्ष्य 2047 तक एक विकसित राष्ट्र बनना और सभी नागरिकों के लिए समावेशी विकास सुनिश्चित करना है। उन्होंने सरकार की “सैचुरेशन अप्रोच” पर जोर दिया, जिसका मतलब है कि हर सरकारी योजना का लाभ 100% लोगों तक पहुंचे।इस बीच वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने संसद में 2024-25 का आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया। अब 1 फरवरी को 2025-26 का केंद्रीय बजट पेश किया जाएगा जिसमें सरकार अपनी आर्थिक नीतियों, कर सुधारों और जनकल्याण की योजनाओं की जानकारी देगी। - नयी दिल्ली।, भारत ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिका के साथ व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ‘शीघ्र' वाशिंगटन यात्रा पर अमेरिका के साथ काम कर रहा है। इस सप्ताह मोदी के साथ फोन पर बातचीत के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ‘‘अगले महीने, संभवतः फरवरी में, व्हाइट हाउस आएंगे।'' ट्रंप के दूसरी बार राष्ट्रपति बनने के बाद यह मोदी की अमेरिका की पहली द्विपक्षीय यात्रा होगी। प्रस्तावित यात्रा पर भारत और अमेरिका के बीच चर्चा की पुष्टि करते हुए, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने यात्रा के लिए किसी संभावित समय-सीमा का उल्लेख नहीं किया। मोदी और ट्रंप ने 27 जनवरी को फोन पर हुई बातचीत में व्यापार, ऊर्जा और रक्षा के क्षेत्रों में भारत-अमेरिका सहयोग को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करते हुए एक ‘‘विश्वसनीय'' साझेदारी की दिशा में काम करने की प्रतिबद्धता जताई थी। जायसवाल ने साप्ताहिक प्रेस वार्ता में एक सवाल पर कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच हाल में टेलीफोन पर बातचीत हुई। दोनों पक्ष भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और गहरा करने के लिए प्रधानमंत्री की जल्द से जल्द अमेरिका यात्रा पर काम कर रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की यात्रा की तारीखों की घोषणा उचित समय पर की जाएगी।प्रधानमंत्री 10 और 11 फरवरी को ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एक्शन समिट' में भाग लेने के लिए पेरिस की यात्रा करेंगे। अमेरिका के राष्ट्रपति को भी शिखर सम्मेलन में आमंत्रित किया गया है, लेकिन उनकी भागीदारी की अभी पुष्टि नहीं हुई है। कई देशों की तरह भारत में भी अमेरिकी राष्ट्रपति के आव्रजन और विभिन्न शुल्क पर दृष्टिकोण को लेकर कुछ चिंताएं हैं। ट्रंप ने पहले ही ब्रिक्स समूह पर ‘‘100 प्रतिशत शुल्क'' लगाने की बात कही है, जिसमें भारत भी शामिल है। जायसवाल ने कहा, ‘‘भारत अवैध प्रवासन का दृढ़ता से विरोध करता है, खासकर इसलिए क्योंकि यह संगठित अपराध के अन्य रूपों से भी जुड़ा हुआ है।'' उन्होंने कहा, ‘‘प्रवासन पर भारत-अमेरिका सहयोग के तहत दोनों पक्ष अवैध प्रवासन को रोकने की प्रक्रिया में लगे हुए हैं, साथ ही भारत से अमेरिका में वैध प्रवासन के लिए और अधिक अवसर पैदा कर रहे हैं।'' जायसवाल ने कहा कि भारत इस सहयोग को जारी रखने का इच्छुक है।उन्होंने कहा, ‘‘संबंधित व्यक्तियों को भारत वापस भेजे जाने से पहले भारत सरकार को उनकी नागरिकता सहित आवश्यक सत्यापन करना होगा।'' जायसवाल ने कहा, ‘‘इस समय संख्या के बारे में कोई भी बात करना जल्दबाजी होगी। लेकिन मैं इस बात पर जोर देना चाहता हूं कि इस क्षेत्र में भारत और अमेरिका के बीच सहयोग मजबूत और प्रभावी है। यह आने वाले समय में स्पष्ट हो जाएगा।'
-
नयी दिल्ली. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को कहा कि 29 जनवरी को मौनी अमावस्या के दिन संगम में पवित्र स्नान करने के बाद घर लौटने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रयागराज के विभिन्न स्टेशन से अलग-अलग गंतव्यों के लिए 364 ट्रेन चलाई गईं। रेलवे बोर्ड के कार्यकारी निदेशक (सूचना एवं प्रचार) दिलीप कुमार ने 364 ट्रेन के परिचालन का जोनवार ब्यौरा उपलब्ध कराया और बताया कि प्रयागराज से विभिन्न स्थानों के लिए रवाना हुई इन 364 ट्रेन के अलावा 77 ट्रेन अन्य स्थानों से प्रयागराज पहुंचीं। कुमार ने कहा, "पूरे महाकुंभ मेले के दौरान रेलवे ने लगभग 13,450 रेलगाड़ियां चलाने की योजना बनाई है, जिनमें 10,028 नियमित रेलगाड़ियां और 3,400 से अधिक विशेष रेलगाड़ियां शामिल हैं।" वैष्णव ने कहा कि लगभग 12 लाख श्रद्धालु रेलवे सेवाओं की मदद से अपने-अपने गंतव्य तक पहुंच चुके हैं। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने बृहस्पतिवार को कहा कि देश के राष्ट्रीय राजमार्ग राष्ट्रीय संपत्ति हैं और स्वचालित तथा ‘इंटेलिजेंट' मशीन-सहायता प्राप्त निर्माण को अपनाना सही दिशा में उठाया गया कदम है। राष्ट्रीय राजमार्ग गलियारों के निर्माण के दौरान स्वचालित और ‘इंटेलिजेंट' मशीन-सहायता प्राप्त निर्माण विभिन्न लाभ प्रदान करता है। इनमें स्वचालित मशीन-निर्देशित निर्माण, डिजिटल निर्माण डेटा का भंडार, जिसका उपयोग डिजिटल ट्विन अनुप्रयोगों के लिए किया जा सकता है, वास्तविक समय पर दस्तावेजीकरण, डिजायन विनिर्देशों का उच्च अनुपालन, समय दक्षता और कम अपव्यय, निर्माण की गुणवत्ता से समझौता किए बिना समयबद्ध निर्माण शामिल हैं। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गडकरी ने कहा, “राष्ट्रीय राजमार्ग हमारी राष्ट्रीय संपत्ति हैं... प्रौद्योगिकी एक महान सक्षमकर्ता है और स्वचालित और ‘इंटेलिजेंट' मशीन-आधारित निर्माण को अपनाना सही दिशा में एक कदम है। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को कहा कि जब भारत का इतिहास लिखा जाएगा तो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सबसे कटु आलोचकों को भी उनके पिछले 10 साल के शासन के बारे में स्वर्ण अक्षरों में लिखना होगा। ‘इंडियन रेनेसां: द मोदी डिकेड' पुस्तक के विमोचन के मौके पर शाह ने दक्षिणी क्षेत्र के लिए अलग राष्ट्र की मांग करने वालों की आलोचना की। उन्होंने कहा, कुछ लोग भारत के दक्षिणी हिस्सों को मिलाकर एक अलग राष्ट्र बनाने की बात कर रहे हैं। देश पहले ही तीन राष्ट्रों में विभाजित हो चुका है। आप और कितने विभाजन चाहते हैं?'' गृह मंत्री ने कहा कि मोदी सरकार के पिछले 10 वर्ष एक नए युग की शुरुआत हैं। उन्होंने कहा, जब भारत का इतिहास लिखा जाएगा, तो प्रधानमंत्री मोदी के सबसे कटु आलोचकों को भी उनके पिछले 10 वर्षों के शासन के बारे में स्वर्ण अक्षरों में लिखना होगा।'' शाह ने दावा किया कि 2014 के लोकसभा चुनाव में नरेन्द्र मोदी को जीत मिलने के बाद ‘द गार्जियन' अखबार के एक पत्रकार ने भारत का अवलोकन करते हुए कहा था कि वैसे तो देश को 1947 में आजादी मिली थी लेकिन ब्रिटिश शासन से असली आजादी 2014 में मोदी के आने के बाद ही मिली है। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी सरकार के दस सालों के कार्यकल ने ‘गार्जियन' अखबार के लेखक के लेख को सच साबित कर दिया है।'' गृह मंत्री ने कहा कि जब मोदी गुजरात के मुख्यमंत्री थे और अब जब वह प्रधानमंत्री हैं तो उन्होंने हमेशा हर साल एक ऐसी योजना लाने का काम किया है जो क्रांतिकारी बदलाव लाती है। शाह ने कहा कि आज देश में कोई भी ऐसा राष्ट्रीय नेता नहीं है जिसे 15 देशों के सर्वोच्च नागरिक सम्मान मिले हों। उन्होंने कहा, ‘‘यह नरेन्द्र मोदी हैं। यह उनके वैश्विक नेतृत्व का उदाहरण है। चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव को ‘शिव शक्ति बिंदु' नाम दिए जाने का उल्लेख करते हुए शाह ने कहा कि जब ऐसा किया गया तो इंटरनेट पर वैश्विक स्तर पर ‘शिव शक्ति' के लिए एक करोड़ से अधिक बार सर्च किया गया और यह भारत की ताकत है। उन्होंने कहा, ‘‘जब कोई व्यक्ति अपनी कड़ी मेहनत, दूरदर्शिता और सच्चे दिल से देश का नेतृत्व करता है तो इतिहास उसे नजरअंदाज नहीं कर सकता। इतिहास को उसकी ओर देखना ही होगा।
-
नयी दिल्ली. श्रम एवं रोजगार मंत्रालय ने बृहस्पतिवार को कहा कि मार्च, 2025 तक श्रमिकों के लिए व्यापक सामाजिक सुरक्षा कवरेज का एक स्थायी मॉडल विकसित करने के लिए पांच-पांच राज्यों की तीन समितियों का गठन किया गया है। राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के श्रम मंत्रियों और श्रम सचिवों के साथ बृहस्पतिवार को संपन्न हुई दो दिन की कार्यशाला के बाद इन समितियों का गठन किया गया है। दो दिवसीय कार्यशाला के दौरान किए गए विचार-विमर्श और सुझावों पर ध्यान देते हुए केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने राज्यों से पिछले दो दिनों के दौरान विभिन्न राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों द्वारा प्रदर्शित सर्वोत्तम व्यवहार को अपनाने की व्यवहार्यता का आकलन करने का आग्रह किया। उन्होंने जोर देकर कहा कि मंत्रालय प्रतिबद्ध है और वह संगठित और असंगठित श्रमिकों का कल्याण सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न सुधारों और पहल को डिजाइन करने के लिए राज्य सरकारों के साथ मिलकर काम करना जारी रखेगा। पेंशन, स्वास्थ्य देखभाल, जीवन और दुर्घटना बीमा आदि प्रदान करने वाले समग्र और टिकाऊ कल्याण कार्यक्रमों पर चर्चा की जा रही है। मंत्रालय ने कहा कि सहकारी संघवाद की भावना से प्रेरित दो दिन की बैठक में श्रम कल्याण को बढ़ावा देने, कारोबार सुगमता तथा राज्यों व केंद्र शासित प्रदेशों में औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता प्रदर्शित हुई।
-
जबलपुर. मध्य प्रदेश के जबलपुर शहर में एक सरकारी मेडिकल कॉलेज के छात्रावास के पास दो कुत्तों द्वारा खोपड़ी के साथ खेले जाने का एक वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। कॉलेज के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि अभी ये पता लगाना बाकी है कि यह मानव खोपड़ी है या नहीं।
नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के डीन डॉ. नवनीत सक्सेना ने बताया, ‘‘हमें बुधवार को जानकारी मिली कि छात्रावास भवन के पीछे कुत्ते एक खोपड़ी से खेल रहे हैं।'' उन्होंने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया, ‘‘हम अभी खोपड़ी के बारे में निश्चित तौर पर कुछ नहीं कह सकते। यह मानव खोपड़ी हो भी सकती है और नहीं भी। हो सकता है कि पास की झील से कोई खोपड़ी मिली हो। या यह उन खोपड़ियों में से एक हो सकती है, जिन्हें शरीर रचना विज्ञान के छात्र अध्ययन के लिए घर ले जाते हैं।'' उन्होंने कहा कि जांच से पता लगेगा कि खोपड़ी कहां से आई। उन्होंने कहा कि पुलिस को तुरंत सूचित कर दिया गया है। गढ़ा थाने के निरीक्षक पी. के. शर्मा ने बताया कि बुधवार को एक पुलिस कर्मी अस्पताल गया था, लेकिन उसे वह खोपड़ी नहीं मिली जो वीडियो में दिख रही थी। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। -
नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र आज शुक्रवार से शुरू हो गया है। बजट सत्र प्रारंभ होने से ठीक पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मीडिया को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मेरे तीसरे कार्यकाल का ये पहला पूर्ण बजट है। ये बजट सत्र एक नया विश्वास पैदा करेगा और नई ऊर्जा देगा।
‘आज बजट सत्र की शुरुआत में मैं समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी को नमन करता हूं’प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आज बजट सत्र की शुरुआत में मैं समृद्धि की देवी मां लक्ष्मी को नमन करता हूं। सदियों से हम ऐसे अवसरों पर मां लक्ष्मी को याद करते आ रहे हैं। मां लक्ष्मी हमें सफलता और बुद्धि प्रदान करती हैं। मैं महालक्ष्मी से प्रार्थना करता हूं कि देश के हर गरीब और मध्यम वर्ग पर मां लक्ष्मी की विशेष कृपा बनी रहे।”‘विकसित भारत का संकल्प करेंगे पूरा’उन्होंने आगे कहा, “मेरे तीसरे कार्यकाल का ये पहला पूर्ण बजट है। मैं विश्वास से कह सकता हूं कि 2047 में जब आजादी के 100 साल होंगे, तब तक विकसित भारत का जो संकल्प देश ने लिया है, ये बजट सत्र और ये बजट उसमें एक नया विश्वास पैदा करेगा और नई ऊर्जा देगा। 140 करोड़ लोग अपने संकल्प के साथ इस विजन को पूरा करेंगे। अपने तीसरे कार्यकाल में हम मिशन मोड में देश के सर्वांगीण विकास के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, “आपने देखा होगा, शायद 2014 से लेकर अब तक यह पहला संसद सत्र है, जिसके एक-दो दिन पहले कोई ‘विदेशी चिंगारी’ (विदेशी हस्तक्षेप) नहीं देखी गई, जिसमें किसी विदेशी ताकत ने आग लगाने की कोशिश नहीं की। मैंने हर बजट सत्र से पहले यह देखा था और हमारे देश में कई लोग इन चिंगारियों को हवा देने में कोई कसर नहीं छोड़ते। यह पहला मौका है, जब ऐसी कोई कोशिश नहीं हुई।”‘इनोवेशन, समावेश और निवेश लगातार हमारी आर्थिक गतिविधि के रोडमैप का आधार रहे हैं’पीएम मोदी ने कहा, “इनोवेशन, समावेश और निवेश लगातार हमारी आर्थिक गतिविधि के रोडमैप का आधार रहे हैं। इस सत्र में हमेशा की तरह कईं ऐतिहासिक बिल पर सदन में चर्चा होगी और व्यापक मंथन के साथ वो राष्ट्र की ताकत बढ़ाने वाले कानून बनेंगे। विशेषकर नारीशक्ति के गौरव को पुनः प्रस्थापित करना, पंथ-संप्रदाय के भेद से मुक्त होकर हर नारी को सम्मानपूर्ण जीवन और समान अधिकार मिले, इस दिशा में इस सत्र में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।”प्रधानमंत्री ने युवा सांसदों के नाम भी दिया संदेशप्रधानमंत्री ने युवा सांसदों के नाम भी संदेश दिया। उन्होंने कहा, “इस बजट सत्र में सभी सांसद विकसित भारत को मजबूती देने के लिए अपना योगदान देंगे। विशेषकर जो युवा सांसद हैं, उनके लिए तो ये सुनहरा अवसर है। क्योंकि वो सदन में जितनी जागरूकता और भागीदारी बढ़ाएंगे, विकसित भारत के फल उनकी नजर के सामने देखने को मिलेंगे। इसलिए युवा सांसदों के लिए ये एक अनमोल अवसर है। मैं आशा करता हूं कि हम देश की आशा-आकांक्षाओं के इस बजट सत्र में खरे उतरेंगे।” -
प्रयागराज । राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि भारत के पास दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क है। उन्होंने कहा कि देश का मेट्रो रेल नेटवर्क अब 1000 किलोमीटर के मील के पत्थर को पार कर चुका है और “भारत के पास दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क है”।
रेल नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण और सरकार की उपलब्धियों पर डाली रोशनीराष्ट्रपति ने रेल नेटवर्क के विस्तार और आधुनिकीकरण तथा पहली बार असंबद्ध क्षेत्रों को जोड़ने में सरकार की उपलब्धियों पर रोशनी डालते हुए कहा, “आज, कई वंदे भारत, अमृत भारत और नमो भारत ट्रेनें चलाई जा रही हैं। पिछले छह महीनों में, 17 नई वंदे भारत ट्रेनें और एक नमो ट्रेन शुरू की गई हैं। सरकार तेजी से काम कर रही है… पिछले एक दशक में, सरकार ने विकसित भारत की यात्रा को नई ऊर्जा दी है।”पिछले छह महीनों में केंद्र सरकार ने भविष्य के बुनियादी ढांचे में रिकॉर्ड निवेश कियाउन्होंने यह भी कहा कि पिछले छह महीनों में केंद्र सरकार ने भविष्य के बुनियादी ढांचे में रिकॉर्ड निवेश किया। उन्होंने कहा, “मुझे आपको यह बताते हुए खुशी हो रही है कि उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक परियोजना पूरी हो गई है और अब देश कश्मीर से कन्याकुमारी तक रेलवे लाइन से जुड़ जाएगा। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत चिनाब नदी पर दुनिया का सबसे ऊंचा रेल पुल बनाया गया है।”डिजिटल धोखाधड़ी रोकने के लिए सरकार कर रही कामयात्री और मालगाड़ियों के सफल ट्रायल रन के बाद, उधमपुर-श्रीनगर-बारामुल्ला रेल लिंक (USBRL) परियोजना फरवरी 2025 के पहले सप्ताह में अपने बहुप्रतीक्षित आधिकारिक उद्घाटन के लिए तैयार है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि डिजिटल धोखाधड़ी और डीपफेक राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौतियां हैं और सरकार इसे रोकने के लिए काम कर रही है।साइबर सुरक्षा में दक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है सरकारउन्होंने कहा, “सरकार साइबर सुरक्षा में दक्षता सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार काम कर रही है। डिजिटल धोखाधड़ी, साइबर अपराध और डीपफेक सामाजिक, वित्तीय और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौतियां हैं।” उन्होंने कहा कि आज भारत डिजिटल तकनीक के क्षेत्र में एक प्रमुख वैश्विक खिलाड़ी के रूप में अपनी उपस्थिति दर्ज करा रहा है।भारत की यूपीआई लेनदेन प्रणाली की सफलता से दुनिया के विकसित देश भी प्रभावित“भारत की यूपीआई लेनदेन प्रणाली की सफलता से दुनिया के विकसित देश भी प्रभावित हैं…मेरी सरकार ने सामाजिक न्याय और समानता के लिए डिजिटल तकनीक का इस्तेमाल किया है।” राष्ट्रपति ने कहा कि सरकार का लक्ष्य भारत को वैश्विक नवाचार शक्ति बनाना है। उन्होंने कहा, “हमारा लक्ष्य भारत को वैश्विक नवाचार शक्ति बनाना है…आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में भारत का एआई मिशन शुरू हो गया है।”लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति मुर्मु ने सरकार की विभिन्न योजनाओं और लक्ष्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार गरीबों और मध्यम वर्ग के सपनों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और भारत को वैश्विक नवाचार शक्ति बनाने का लक्ष्य भी बना रही है। राष्ट्रपति ने कहा, “आज हमारे युवा स्टार्टअप से लेकर खेल और अंतरिक्ष तक हर क्षेत्र में देश का नाम रोशन कर रहे हैं…भारत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और तकनीक को अपनाने के क्षेत्र में दुनिया को रास्ता दिखा रहा है।”







.jpg)

.jpg)








.jpg)







.jpg)
.jpg)