- Home
- देश
- पटना. बिहार सरकार ने पुलिस विभाग में बड़े फेरबदल के तहत शनिवार को तीन अतिरिक्त महानिदेशकों (एडीजी) सहित भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के 62 अधिकारियों का तबादला किया। गृह विभाग द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजीव मिश्रा, जिन्हें पहले डीआईजी रैंक में पदोन्नत किया गया था, अब आतंकवाद निरोधी दस्ते के डीआईजी का पदभार संभालेंगे। मिश्रा की जगह अवकाश कुमार लेंगे, जो फिलहाल सीआईडी के पुलिस अधीक्षक हैं। एडीजी (मुख्यालय) कुंदन कृष्णन को विशेष कार्य बल (एसटीएफ) का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। एसटीएफ के एडीजी (ऑपरेशन) अमृत राज को नया एडीजी (सुरक्षा) नियुक्त किया गया था।पुलिस महानिरीक्षक (पूर्णिया रेंज) राकेश राठी को साइबर अपराध में आर्थिक अपराध इकाई (ईओयू) का आईजी नियुक्त किया गया है। आईजी (मिथिला रेंज) राकेश कुमार को बिहार मानवाधिकार आयोग में स्थानांतरित किया गया है। आईजी (अपराध जांच इकाई) पी. कन्नन को आईजी (रेलवे) नियुक्त किया गया है।कैमूर के पुलिस अधीक्षक ललित मोहन शर्मा को वैशाली जिले का एसपी बनाया गया है। अररिया के एसपी अमित रंजन को सीतामढ़ी स्थानांतरित किया गया है।
- आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा के थाना बसौनी के ग्राम ताल के पुरा में शनिवार को एक युवक ने लाइसेंसी बंदूक से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि उसकी पहचान विपिन भदौरिया के तौर पर हुयी है। पुलिस ने बताया कि घटना की जानकारी के बाद जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
-
मुंबई. महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री रवींद्र चव्हाण को शनिवार को संगठन योजना की देखरेख के लिए प्रदेश भाजपा की समिति का प्रमुख नियुक्त किया गया। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने यह घोषणा की, जो भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की प्रदेश इकाई के प्रमुख भी हैं। पार्टी का संगठनात्मक नियोजन अभियान 21 दिसंबर को नागपुर में शुरू किया गया।संगठन पर्व समिति के एजेंडे में सदस्यता अभियान और संगठनात्मक नियुक्तियां शामिल हैं।
- जम्मू ।जम्मू कश्मीर में भारी हिमपात के कारण एक दिन तक बंद रहने के बाद 270 किलोमीटर लंबा जम्मू-श्रीनगर राजमार्ग रविवार को यातायात के लिए फिर से खोल दिया गया, जिससे जाम में फंसे वाहन अपने-अपने गंतव्यों की ओर बढ़ सके। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। भारी हिमपात के कारण हालांकि मुगल रोड, सिंथन दर्रे, सोनमर्ग-करगिल अंतर-केंद्र शासित प्रदेश मार्ग और भद्रवाह-चंबा अंतर-राज्यीय मार्ग सहित कई अन्य महत्वपूर्ण अंतर-जिला मार्ग वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहे।एक यातायात अधिकारी ने बताया, "सड़क के विभिन्न हिस्सों पर जमा बर्फ को हटाने के बाद राजमार्ग को आज फिर से खोल दिया गया है।"उन्होंने बताया कि राजमार्ग पर फंसे वाहनों को निकाला जा रहा है।जम्मू-कश्मीर यातायात पुलिस ने एक परामर्श में कहा, "राजमार्ग पर वाहनों का आवागमन जारी है। यात्रियों को अनुशासन का पालन करने की सलाह दी जाती है, क्योंकि वाहनों को आगे निकालने की कोशिश से जाम लग सकता है।"साथ ही यात्रियों को सावधानी से वाहन चलाने की सलाह दी गई है, क्योंकि बनिहाल और काजीगुंड के बीच सड़क पर फिसलन है।अधिकारियों ने बताया कि जम्मू क्षेत्र के पुंछ जिले से कश्मीर घाटी को जोड़ने वाला वैकल्पिक मार्ग मुगल रोड बर्फ जमा होने के कारण बंद रहा।इसी प्रकार भारी हिमपात के कारण किश्तवाड़ में सिंथन दर्रा वाहनों की आवाजाही के लिए बंद कर दिया गया है।इसके अलावा सोनमर्ग-करगिल अंतर-केंद्र शासित प्रदेश मार्ग और भद्रवाह-चंबा अंतर-राज्यीय मार्ग भी भारी बर्फबारी के कारण बंद हैं। अधिकारियों ने बताया कि इन सड़कों से बर्फ हटाने और यातायात योग्य बनाने के प्रयास चल रहे हैं।
- अगरतला केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने रविवार को आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने कभी भी गैर-गांधी कांग्रेस नेताओं को सम्मान नहीं दिया।उन्होंने कांग्रेस के इस आरोप को खारिज कर दिया कि केंद्र ने देश के पहले सिख प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का अपमान किया है, क्योंकि उन्होंने उनका अंतिम संस्कार किसी निर्धारित स्थान पर करने के बजाय निगमबोध घाट पर किया, जिसे उनका स्मारक बनाया जा सकता था। उन्होंने इसे "दुर्भाग्यपूर्ण और सस्ती राजनीति" बताया।उन्होंने कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के साथ हमारे वैचारिक और राजनीतिक मतभेदों के बावजूद वह सबसे सम्मानीय व्यक्ति हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इच्छा के अनुसार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सिंह के अंतिम संस्कार को पूर्ण राजकीय सम्मान देने के लिए हर संभव पहल की थी।"उन्होंने दावा किया, "केवल पूर्व प्रधानमंत्री (मनमोहन सिंह) ही नहीं, कांग्रेस ने पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिम्हा राव और पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी को भी उचित सम्मान नहीं दिया। अब प्रणब मुखर्जी की बेटी ने कहा है कि कांग्रेस ने उनके पिता के निधन के बाद सीडब्ल्यूसी की बैठक नहीं बुलाई।"उन्होंने कहा, "वास्तव में गांधी परिवार ने कभी भी गैर-गांधी कांग्रेस नेताओं को सम्मान नहीं दिया। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री पी वी नरसिम्हा राव को भारत रत्न पुरस्कार और सरदार वल्लभभाई पटेल को सम्मान भी नहीं दिया। गांधी परिवार को इन सब पर आत्मचिंतन करना चाहिए।"केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री जोशी अपने मंत्रालयों की केंद्र प्रायोजित योजनाओं की समीक्षा के लिए त्रिपुरा के दो दिवसीय दौरे पर हैं।जोशी ने कांग्रेस के इस आरोप को खारिज कर दिया कि केंद्र सरकार ने देश के पहले सिख प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के लिए कोई ऐसा यथोचित स्थान नहीं दिया जहां बाद में उनका स्मारक बनाया जा सके।
- श्रीनगर। श्रीनगर अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर रविवार को हवाई यातायात बहाल कर दिया गया । भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (एएआई) के एक अधिकारी ने कहा की श्रीनगर के लिए उड़ानें फिर से शुरू हो गई हैं और हम सामान्य संचालन की उम्मीद करते हैं। शनिवार को भारी बर्फबारी के कारण उड़ान संचालन को स्थगित करना पड़ा था, जो शुक्रवार शाम से शुरू हुई थी। और रनवे को साफ किया गया और उड़ान संचालन फिर से शुरू करने से पहले सभी सुरक्षा जांचें की गई। कश्मीर में शुक्रवार शाम को सीजन की पहली बड़ी बर्फबारी हुई जो शनिवार तक जारी रही।इसके अलावा बर्फबारी ने श्रीनगर-जम्मू नेशनल हाईवे को भी बंद कर दिया था जबकि ट्रेन सेवाएं भी निलंबित कर दी गई थीं। हालांकि अब हाईवे को साफ कर दिया गया है और यात्री वाहनों को चलाने की अनुमति दी गई है लेकिन मोटर चालकों को लेन डिसिप्लिन का पालन करने की सलाह दी गई है।
- कोरापुट (ओडिशा),। ओडिशा के कोरापुट जिले के बैपारीगुडा पुलिस क्षेत्र के सुकनाला घाट पर रविवार सुबह एक बस के पलट जाने से 3 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य घायल हो गए.।सीएम मोहन चरण माझी ने हादसे पर दुख जताते हुए मुआवजा राशि का ऐलान किया।. कटक से गुप्तेश्वर मंदिर जा रहे तीर्थयात्रियों को ले जा रही बस ने नियंत्रण खो दिया और सड़क से पलट गई। हादसे में 12 वर्ष के बच्चे समेत तीन की मौत हो गई.। दुर्घटना के बाद दमकल विभाग, बीएसएफ और स्थानीय पुलिस ने तत्काल प्रभाव से बचाव अभियान शुरू किया।घायलों का प्राथमिक इलाज बैपारीगुडा अस्पताल में किया गया. जबकि, गंभीर रूप से घायल लोगों को जिला मुख्यालय अस्पताल में स्थानांतरित किया गया.। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिवारों को 2 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की और घायलों को शीघ्र चिकित्सा सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया.।
- अयोध्या (उप्र)। राम मंदिर निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेन्द्र मिश्र ने राम जन्मभूमि में चल रहे निर्माण कार्यों की शनिवार की समीक्षा की। मिश्र ने एलएंडटी और टाटा कंसल्टिंग इंजीनियर्स लिमिटेड के अधिकारियों के साथ मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ भी एक बैठक की। ट्रस्ट के सूत्रों के मुताबिक, विभिन्न लंबित निर्माण कार्यों के लिए संभावित समय सीमाएं तय की गई है। मिश्र ने बताया कि हिंदू संतों के मंदिरों के बीच पुष्करी नाम से एक सरोवर निर्माणाधीन है। अगले वर्ष जून तक हिंदू संतों के छह मंदिरों का निर्माण, तालाब और एक किलोमीटर लंबे परकोटे का निर्माण पूरा हो जाएगा। तीन लाख घन फुट पत्थर परकोटा के निर्माण में लगाए जाने हैं। उन्होंने कहा कि हिंदू संतों की प्रतिमाएं जयपुर में निर्माणाधीन हैं और इनका निरीक्षण जनवरी के अंतिम सप्ताह में किया जाएगा। इन मंदिरों का निर्माण कार्य पूरा होने पर इन प्रतिमाओं को स्थापित करने के लिए अयोध्या लाया जाएगा।
-
गुवाहाटी. गुवाहाटी स्थित लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (एलजीबीआईए) ने अदाणी समूह द्वारा वाणिज्यिक परिचालन संभालने के बाद इस साल ‘अब तक का सबसे अधिक' अंतरराष्ट्रीय यात्री और विमान आवागमन दर्ज किया। कंपनी ने शनिवार को एक बयान में यह जानकारी दी। अदाणी समूह ने अक्टूबर, 2021 से एलजीबीआईए का वाणिज्यिक परिचालन शुरू किया था।
बयान में कहा गया है कि इस हवाई अड्डे ने वर्ष के दौरान घरेलू यात्रियों की संख्या में भी वृद्धि दर्ज की और नए घरेलू गंतव्यों को जोड़ा। इस सुविधा ने 62.6 लाख घरेलू और 85,000 से अधिक अंतरराष्ट्रीय यात्रियों का प्रबंधन किया। घरेलू यात्रियों में से 30.9 लाख आगमन और 31.7 लाख प्रस्थान करने वाले थे। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय यात्रियों में 47,578 ने आगमन और 38,528 ने प्रस्थान किया। एलजीबीआईए की तीन अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों - पारो, मलेशिया और सिंगापुर के लिए सीधी उड़ानें हैं, जिससे अंतरराष्ट्रीय यात्री संख्या और हवाई यातायात संचलन (एटीएम) में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। वर्ष के दौरान हवाई अड्डे पर 44,746 घरेलू और 970 अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का परिचालन हुआ। - नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जेपी नड्डा ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार ने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित की थी और उनके परिवार को इसकी जानकारी भी दी थी। उन्होंने कांग्रेस पर मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार को लेकर ‘घटिया राजनीति' करने का आरोप लगाया। नड्डा की यह प्रतिक्रिया ऐसे समय में आई है, जब कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर देश के पहले सिख प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार के लिए कोई यथोचित स्थान नहीं देने का आरोप लगाया है, जहां बाद में उनका स्मारक बनाया जा सकता था। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार ने मनमोहन सिंह का अंतिम संस्कार निगमबोध घाट पर करवाकर ‘भारत माता के महान सपूत और सिख समुदाय के पहले प्रधानमंत्री' का सरासर अपमान किया है। नड्डा ने कांग्रेस के आरोप पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘‘यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और मौजूदा अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पूर्व प्रधानमंत्री के दुखद निधन पर भी राजनीति करने से बाज नहीं आ रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की ऐसी ओछी सोच की जितनी भी निंदा की जाए, कम है। कांग्रेस, जिसने मनमोहन सिंह को उनके जीवित रहते कभी वास्तविक सम्मान नहीं दिया, अब उनके सम्मान के नाम पर राजनीति कर रही है।'' नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित की थी और उनके परिवार को इसके बारे में सूचित भी किया था। उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘इसके बावजूद कांग्रेस झूठ फैला रही है।''नड्डा ने कहा, ‘‘राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खरगे और कांग्रेस के अन्य नेताओं को इस तरह की घटिया राजनीति करने से बचना चाहिए।'' भाजपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने सोनिया गांधी को सिंह के ऊपर ‘‘सुपर प्राइम मिनिस्टर'' बनाकर प्रधानमंत्री के पद को ‘‘कलंकित और अपमानित'' किया है। उन्होंने कहा, ‘‘ इतना ही नहीं, जिस तरह से राहुल गांधी ने अध्यादेश फाड़कर मनमोहन सिंह का अपमान किया, उसका कोई दूसरा उदाहरण नहीं है।'' भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘वही कांग्रेस आज मनमोहन सिंह की मौत पर राजनीति कर रही है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने अपने अलावा किसी को सम्मान नहीं दिया। नड्डा ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने सिंह या किसी भी नेता के साथ न्याय नहीं किया फिर चाहे वे कांग्रेस से हों या अन्य दलों से। उन्होंने बीआर आंबेडकर, भारत के पहले राष्ट्रपति राजेंद्र प्रसाद, सरदार वल्लभभाई पटेल, पूर्व प्रधानमंत्रियों लाल बहादुर शास्त्री, पीवी नरसिम्हा राव और अटल बिहारी वाजपेयी, पूर्व राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और सीताराम केसरी का उदाहरण दिया। भाजपा प्रमुख ने कहा, ‘‘ गांधी परिवार ने हमेशा सभी अन्य बड़े नेताओं (परिवार के सदस्यों के अलावा) का अपमान किया है।'' उन्होंने आरोप लगाया कि सोनिया गांधी ने राव का स्मारक बनाने के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था।नड्डा ने कहा, ‘‘ उनके (राव के) पार्थिव शरीर को कांग्रेस कार्यालय में जगह तक नहीं दी गई। कांग्रेस नहीं चाहती थी कि उनका अंतिम संस्कार दिल्ली में हो। उनका अंतिम संस्कार हैदराबाद में किया गया। यह मोदी ही थे जिन्होंने 2015 में राव का स्मारक बनवाया और उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया।'' उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ वाजपेयी जी के निधन के बाद भी कांग्रेस नेता और उनके समर्थक उनका अपमान करते रहे। 2020 में जब भारत रत्न प्रणब मुखर्जी का निधन हुआ तो कांग्रेस कार्यसमिति ने शोक सभा बुलाने की भी जहमत नहीं उठाई।'' नड्डा ने कहा, ‘‘ 2013 में कांग्रेस सरकार ने राष्ट्रीय स्मारक बनाने का फैसला किया था और कहा था कि किसी भी नेता के लिए अलग से स्मारक नहीं होगा। यह प्रधानमंत्री मोदी ही थे जिन्होंने प्रधानमंत्री संग्रहालय और पुस्तकालय का निर्माण कराया ताकि देश के लोग उनके बारे में गहराई से जान सकें और उन्हें याद रखें।'' भाजपा प्रमुख ने कहा, ‘‘...कांग्रेस ने केवल अपने परिवार के सदस्यों के लिए स्मारक बनवाए हैं।'' साथ ही उन्होंने पार्टी से कहा कि वह मोदी से सम्मान देना सीखे।'' नड्डा ने कहा कि एक अनुमान के अनुसार, कांग्रेस सरकारों द्वारा देश में लगभग 600 सरकारी योजनाओं, शैक्षणिक संस्थानों, पुरस्कारों, सड़कों, राष्ट्रीय उद्यानों, संग्रहालयों, हवाई अड्डों, बंदरगाहों और भवनों के नाम नेहरू-गांधी परिवार के सदस्यों के नाम पर रखे गए थे। उन्होंने कहा, ‘‘अन्य हस्तियों के नाम पर योजनाओं की संख्या उंगलियों पर गिनी जा सकती है। हमारा देश सिद्धांतहीन कांग्रेस के पापों को न तो भूलेगा और न ही माफ करेगा।''.
-
श्रावस्ती (उप्र) । उत्तर प्रदेश पुलिस में भर्ती संबंधी लिखित परीक्षा में असफल रही एक महिला अभ्यर्थी को फर्जी प्रवेश पत्र का इस्तेमाल कर शारीरिक मानक की परीक्षा देने की कोशिश करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। श्रावस्ती के अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि शनिवार को एक महिला अभ्यर्थी रिचा सिंह को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक प्रवीण कुमार यादव ने बताया कि पुलिस लाइन में पुलिस भर्ती के संवीक्षा व शारीरिक मानक परीक्षण कराया जा रहा था। इस दौरान महिला अभ्यर्थी रिचा सिंह पुत्री राधेश्याम सिंह निवासी फरदा सुमेरपुर थाना पयागपुर जिला बहराइच ने कूट रचित प्रवेश पत्र प्रस्तुत किया। जांच के दौरान पाया गया कि प्रवेश पत्र में दर्ज रोल नंबर फर्जी था। यह किसी अन्य अभ्यर्थी का था। साथ ही यह भी खुलासा हुआ कि महिला अभ्यर्थी परीक्षा में फेल हो गई थी। इसके बावजूद उसने स्वीट स्नैप एप के माध्यम से अपने प्रवेश पत्र को एडिट कर उत्तीर्ण अभ्यर्थी का अनुक्रमांक जोड़कर फर्जी दस्तावेज तैयार किया। इस मामले में प्रभारी पुलिस परीक्षा भर्ती बोर्ड श्रावस्ती के निरीक्षक श्याम बहादुर सिंह ने युवती के टैबलेट और प्रपत्रों को कब्जे में लेकर भिनगा कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया है। वहीं आरोपी रिचा सिंह को रोडवेज बस स्टाप से गिरफ्तार कर लिया गया है।
- ईटानगर। अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले में बड़ी संख्या में चीन निर्मित ‘असॉल्ट’ राइफलें बरामद की गईं। रक्षा विभाग के प्रवक्ता ने रविवार को यह जानकारी दी।उन्होंने बताया कि सेना और असम राइफल्स ने पुलिस के साथ मिलकर ड्रोन, खोजी कुत्तों व धातु का पता लगाने वाले उपकरणों का इस्तेमाल करते हुए एक संयुक्त अभियान चलाया, जिसमें यह बरामदगी की गई।रक्षा प्रवक्ता लेफ्टिनेंट कर्नल अमित शुक्ला ने बताया कि नमदाफा राष्ट्रीय उद्यान एवं बाघ अभयारण्य में मियाओ-विजयनगर मार्ग से लगे ‘27 मील’ में विभिन्न स्थानों से चीन निर्मित दस एमक्यू-81 ‘असॉल्ट’ राइफलें और टाइप 81 ‘असॉल्ट’ राइफलें बरामद कीं।उन्होंने बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि ईस्टर्न नगा नेशनल गवर्नमेंट के उग्रवादियों ने पिछले वर्ष आत्मसमर्पण करने से पहले इन हथियारों को छिपाकर रखा था।चांगलांग में सक्रिय उग्रवादी समूह पिछले छह महीने से इन हथियारों की तलाश कर रहे थे।लेफ्टिनेंट कर्नल शुक्ला ने बताया कि खुफिया जानकारी पर कार्रवाई करते हुए सुरक्षा बलों ने शनिवार को घने जंगल में छिपे हथियारों को बरामद कर लिया।उन्होंने बताया, “अभियान से पहले, सुरक्षा बलों ने नमदाफा रिजर्व फॉरेस्ट में मौजूद पर्यटकों के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित किया। अभियान को अत्यंत पेशेवर और सटीक तरीके से अंजाम दिया गया, जिससे यह सुनिश्चित हुआ कि हथियार विद्रोहियों के हाथों में न आए।” अधिकारी ने बताया, “यह सफल अभियान क्षेत्र में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए सुरक्षा बलों के निरंतर समर्पण को रेखांकित करता है।”
- भरूच,। गुजरात में भरूच जिले के दहेज स्थित एक रासायनिक संयंत्र में जहरीली गैस की चपेट में आने से चार कर्मचारियों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।दहेज थाने के निरीक्षक बी.एम. पाटीदार ने बताया कि शनिवार रात करीब 10 बजे गुजरात ‘फ्लोरोकेमिकल्स लिमिटेड (जीएफएल)’ की एक उत्पादन इकाई में पाइप से जहरीली गैस के रिसाव के कारण कर्मचारी बेहोश हो गए।अधिकारी ने बताया कि चारों कर्मचारियों को भरूच के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जिनमें से तीन की रविवार तड़के करीब तीन बजे मौत हो गई, जबकि एक अन्य ने सुबह छह बजे दम तोड़ दिया।उन्होंने कहा, ‘‘घटना रात करीब 10 बजे हुई। कंपनी के सीएमएस संयंत्र के भूतल से गुजर रहे पाइप से गैस रिसाव होने के कारण चार कर्मचारी बेहोश हो गए। उन्हें एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां चारों की मौत हो गई।’’ अधिकारी ने बताया कि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और घटना की जांच जारी है। file photo
- मथुरा (उप्र)। मथुरा जिले के छाता कोतवाली थाना क्षेत्र में एक चीनी मिल के सामने रविवार सुबह ट्रैक्टर ट्रॉली और ट्रक की टक्कर में तीन व्यक्तियों की मौत हो गयी और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।छाता कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) संजय कुमार त्यागी ने कहा, ‘‘इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई और दो अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।’’हादसा उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार ट्रक ने ईंटों से भरी ट्रैक्टर ट्रॉली से आगे निकलने की कोशिश में उसे टक्कर मार दी।पुलिस ने बताया कि दोनों वाहन छाता से मथुरा जा रहे थे। मृतकों की पहचान उमेश, पूरन सिंह और ट्रक चालक प्रिंस के रूप में हुई है। पूरन सिंह ट्रैक्टर पर सवार था।त्यागी ने बताया कि हादसे में घायल तीन लोगों को मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां पूरन सिंह और प्रिंस की मौत हो गई, जबकि धर्मेंद्र यादव नाम के व्यक्ति की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्होंने बताया कि उमेश की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की उम्र का अभी पता नहीं चल पाया है। उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
-
बल्लारी. विजयनगर श्री कृष्णदेवराय विश्वविद्यालय में 27 वर्षीय केएन रेणुका पुजार की नियुक्ति के साथ ही वह कर्नाटक के किसी विश्वविद्यालय में अतिथि व्याख्याता के रूप में नियुक्त होने वाली पहली ट्रांसजेंडर बन गई हैं। अधिकारियों ने बताया कि पुजार ने विश्वविद्यालय में कन्नड़ में स्नातकोत्तर की पढ़ाई पूरी की और इस महीने की शुरुआत में अतिथि व्याख्याता के रूप में नंदीहल्ली परिसर (पीजी केंद्र) में कन्नड़ विभाग में शामिल हुईं। बल्लारी जिले के कुरुगोडु की रहने वाली पुजार ने बताया, “मैं बहुत खुश हूं। काफी संघर्ष के बाद मैं इस मुकाम पर पहुंची हूं। विश्वविद्यालय ने मेरी बहुत मदद की है। मैंने 2018 में अपनी डिग्री पूरी की थी। मैंने 2022 में परास्नातक (एमए) पूरा किया और अतिथि व्याख्याता के रूप में काम कर रही हूं।'' पुजार ने कहा कि उन्हें अपने माता-पिता से समर्थन मिला, जिससे उन्हें इस मुकाम तक पहुंचने में मदद मिली। उन्होंने कहा कि उनका परिवार कृषि पृष्ठभूमि से है और उनके माता-पिता ने उन्हें जीवन में सफल होने के लिए शिक्षित किया। पुजार ने कहा, “जब मैंने एमए में दाखिला लिया तो पढ़ाई के दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षकों ने भी मेरी काफी मदद की। मुझे पढ़ाना पसंद है और मैं पीएचडी करना चाहती हूं और प्रोफेसर बनना चाहती हूं। मैं चाहती हूं कि ट्रांसजेंडर भी शिक्षा प्राप्त करें।” विश्वविद्यालय के अधिकारियों के अनुसार, पद के लिए आवेदन करने वाले तीस उम्मीदवारों में से पुजार के पास आवश्यक योग्यताएं और अच्छे अंक थे तथा उसने व्याख्यान में अच्छा प्रदर्शन किया, जिसके कारण समिति ने उनका चयन किया।
-
अयोध्या (उप्र)/ नए साल के आगमन के साथ ही भगवान श्री रामलला की जन्मभूमि अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए जिला मुख्यालय के लगभग सभी होटल बुक हो गये हैं। इस बीच, राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर के दर्शन का समय बढ़ा दिया है और अपेक्षित भीड़ को प्रबंधित करने के लिए व्यापक व्यवस्था लागू की है। इस साल 22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में मंदिर में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा हुई थी। अयोध्या जिला मुख्यालय में लगभग सभी होटलों के कमरे बुक हो चुके हैं। अयोध्या में एक स्थानीय होटल के मालिक अंकित मिश्रा ने कहा, "हम इस नए साल में श्रद्धालुओं का स्वागत करने को लेकर उत्सुक हैं। हमारे सभी कमरे 15 जनवरी तक के लिए पहले से बुक हो चुके हैं।" शनिवार सुबह जब जांच की गयी, तो एक ऑनलाइन बुकिंग प्लेटफॉर्म ने दिखाया कि कुछ होटलों और लॉज में अब भी कमरे उपलब्ध हैं, हालांकि कुछ होटल मांग में वृद्धि के कारण प्रति रात एक कमरे का 10,000 रुपये से अधिक शुल्क ले रहे हैं। इस साल की शुरुआत में हुए प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद से अयोध्या में धार्मिक पर्यटन में वृद्धि देखी गई है, जबकि चैत्र (मार्च-अप्रैल) में हिंदू नववर्ष का पारंपरिक महत्व है। स्थानीय पुजारी रमाकांत तिवारी ने कहा, "बड़ी संख्या में भक्त धार्मिक स्थलों पर जाते हैं और एक जनवरी को पूजा-अर्चना करते हैं, ताकि साल की शुरुआत में रामलला का आशीर्वाद प्राप्त कर सकें।" भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा सुनिश्चित करने के बारे में अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजकरण नैयर ने कहा, "राम मंदिर, हनुमानगढ़ी, लता चौक, गुप्तार घाट, सूरजकुंड और अन्य लोकप्रिय स्थानों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएंगे।" मंदिर ट्रस्ट ने भी खासकर 30 दिसंबर से जनवरी के पहले दो हफ्तों के बीच बढ़ती भीड़ को संभालने के लिए व्यापक तैयारी की है। ट्रस्ट के एक व्यक्ति ने कहा, "सभी भक्तों के लिए एक सहज अनुभव सुनिश्चित करने के लिए दर्शन का समय बढ़ाया गया है और विशेष व्यवस्था की गई है।" राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और सभी क्षेत्रों के सैकड़ों गणमान्य लोगों ने भाग लिया, जिससे अयोध्या और राज्य में पर्यटन में तेजी से बढ़ा। राज्य पर्यटन विभाग के अनुसार, 2022 में 32.18 करोड़ पर्यटक उत्तर प्रदेश आए जबकि 2024 के पहले छह महीनों पर्यटकों की संखअया 32.98 करोड़ रही। प्रदेश सरकार ने पिछले सप्ताह एक बयान में कहा था कि पर्यटन में उल्लेखनीय वृद्धि अयोध्या और काशी (वाराणसी) के महत्वपूर्ण योगदान के कारण हुई है। सरकार ने कहा, "पिछले साल जनवरी में भव्य राम मंदिर के उद्घाटन के बाद, उत्तर प्रदेश में छह महीने के भीतर लगभग 11 करोड़ पर्यटकों की आमद हुई। अकेले जनवरी में, रिकॉर्ड तोड़ सात करोड़ पर्यटकों ने दौरा किया, जो किसी एक महीने में किसी भी स्थान पर आने वाले आगंतुकों की सबसे अधिक संख्या है।
- संभल (उप्र)। संभल थाना क्षेत्र के कोट पूर्वी मोहल्ले में शाही जामा मस्जिद के पास बनने वाली पुलिस चौकी का शनिवार को भूमि पूजन हुआ। प्रशासन ने हाल में संभल हिंसा के मद्देनजर यहां पुलिस चौकी स्थापित करने का निर्णय लिया है। भूमि पूजन कराने वाले पुरोहित शोभित शास्त्री ने बताया कि आज पुलिस चौकी के निर्माण के लिए भूमि पूजन और शिलान्यास हुआ। शास्त्री ने कहा वास्तु दोष न रहे, इसके लिए भी पूजन किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) श्रीश चंद्र ने पत्रकारों से कहा कि यह चौकी सुरक्षा की दृष्टि से स्थापित की जा रही है, यहां पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहता है और लोगों की मांग थी, इसलिए पुलिस चौकी स्थापित की गयी है। संभल की जामा मस्जिद में 24 नवंबर को अदालत के आदेश पर सर्वेक्षण के दौरान विरोध कर रहे प्रदर्शनकारी पुलिस से भिड़ गए थे। इस दौरान चार व्यक्तियों की मौत हो गई थी।
-
मल्कानगिरी |ओडिशा पुलिस ने शनिवार को मल्कानगिरी जिले में तीन महिला माओवादियों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। गिरफ्तार की गयीं महिला माओवादियों पर कुल आठ लाख रुपये का इनाम था।अधिकारियों के मुताबिक, महिला माओवादियों की पहचान स्वप्ना उर्फ चंद्रमा खिलो, बबीता उर्फ कमला खिलो और सुनीता खिलो के रूप में हुई है। उन्होंने बताया कि इन्हें (महिला माओवादियों को) चित्रकोंडा थानाक्षेत्र के गुम्मा इलाके से गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जिले के जोदाम्बो थानाक्षेत्र के धाकड़ापदर गांव की रहने वाले तीनों माओवादी प्रतिबंधित भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) संगठन के आंध्र ओडिशा बॉर्डर स्पेशल जोनल कमेटी (एओबीएसजेडसी) की हिस्सा थीं। दक्षिण पश्चिमी रेंज के पुलिस महानिरीक्षक नीति शेखर और मलकानगिरी के पुलिस अधीक्षक बिबेकानंद शर्मा ने संयुक्त रूप से संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि तीनों महिलाएं सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ के कई मामलों में शामिल थे। उन्होंने बताया कि पूछताछ के दौरान पता चला कि वे सुरक्षा बलों पर और हमले करने की योजना बना रही थीं।
अधिकारियों के मुताबिक, चंद्रमा खिलो एक एरिया कमेटी सदस्य थी और वह 2018 में प्रतिबंधित संगठन में शामिल हुई थी। ओडिशा में उसके ऊपर चार लाख रुपये का इनाम था।उन्होंने बताया कि कमला खिलो और सुनीता खिलो 2021 में माओवादियों के संगठन में शामिल हुईं और एओबीएसजेडसी की ‘उदय सुरक्षा टीम' की सदस्य थीं। अधिकारियों के मुताबिक, ओडिशा में उनके ऊपर दो-दो लाख रुपये का इनाम था। file photo -
नयी दिल्ली/ भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अंतिम संस्कार में शामिल हुए। इससे एक दिन पहले उन्होंने राष्ट्र की ओर से थिम्पू में एक बौद्ध मठ में सिंह के लिए प्रार्थना की थी। भूटान सरकार के अनुसार, भूटान के सभी 20 ‘जोंगखाग' या जिलों में सिंह के लिए अलग-अलग प्रार्थना समारोह आयोजित किए गए। भूटान की शाही सरकार के अनुसार, सिंह के सम्मान में, पूरे देश में तथा विदेशों में स्थित दूतावासों और वाणिज्य दूतावासों में भूटान का राष्ट्रीय ध्वज आधा झुका दिया गया। थिम्पू के ‘कुएनरे ऑफ ताशिचोदजोंग' में नरेश के नेतृत्व में आयोजित समारोह में मक्खन के एक हजार दीपक जलाए गए। प्रार्थना में प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे, भारतीय राजदूत सुधाकर दलेला, शाही परिवार के कई सदस्य और भूटान सरकार के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए। भूटान सरकार ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री के प्रति सम्मान प्रकट करने तथा भारत सरकार और भारत के लोगों के साथ एकजुटता दर्शाने के लिए, देश भर में तथा विदेशों में भूटान के दूतावासों, मिशन और वाणिज्य दूतावास में सभी राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे।'' नरेश वांगचुक ने शनिवार को दिल्ली के निगमबोध घाट पर सिंह को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
वर्ष 2004 से 2014 तक प्रधानमंत्री रहे और भारत के आर्थिक सुधारों के वास्तुकार के रूप में जाने जाने वाले सिंह का बृहस्पतिवार रात अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे। प्रधानमंत्री के रूप में सिंह के कार्यकाल में भूटान सहित कई प्रमुख देशों के साथ भारत के संबंधों में उल्लेखनीय वृद्धि देखी गई। भारत और भूटान के बीच सद्भावना, विश्वास और पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग पर आधारित मजबूत मैत्रीपूर्ण संबंध हैं। भारत-भूटान संबंधों का मूल ढांचा 1949 में हस्ताक्षरित मैत्री और सहयोग की संधि है। इसे फरवरी 2007 में नवीनीकृत किया गया था, जब सिंह प्रधानमंत्री थे। जलविद्युत क्षेत्र में सहयोग संबंधों की आधारशिला में से एक है। जलविद्युत क्षेत्र में भारत और भूटान के बीच जारी सहयोग 2006 के द्विपक्षीय सहयोग समझौते और 2009 में हस्ताक्षरित प्रोटोकॉल के अंतर्गत आता है। इस समझौते और प्रोटोकॉल पर हस्ताक्षर, प्रधानमंत्री के रूप में सिंह के कार्यकाल के दौरान किये गये थे। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कल आकाशवाणी पर मन की बात कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 117वीं कड़ी होगी। मन की बात का प्रसारण आकाशवाणी और दूरदर्शन के समूचे नेटवर्क, आकाशवाणी समाचार वेबसाइट और न्यूज़ ऑन ए.आइ.आर. मोबाइल ऐप पर किया जाएगा। इसे आकाशवाणी समाचार, डी.डी. न्यूज़, पी.एम.ओ. और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के यू-ट्यूब चैनलों पर भी सीधा प्रसारित किया जाएगा। हिंदी प्रसारण के तुरंत बाद आकाशवाणी क्षेत्रीय भाषाओं में कार्यक्रम का प्रसारण करेगा।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा है कि सरकार पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के स्मारक के लिए जगह आवंटित करेगी। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि सरकार को कल इस संबंध में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से अनुरोध प्राप्त हुआ है। मंत्रालय ने कहा कि केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक के तुरंत बाद गृह मंत्री अमित शाह ने श्री खड़गे और डॉ. मनमोहन सिंह के परिवार को बताया कि सरकार स्मारक के लिए जगह आवंटित करेगी।
-
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी और उसके आस-पास रात भर हल्की से मध्यम बारिश होती रही, जिससे तापमान में गिरावट आने से ठंड और बढ़ गई। बारिश के कारण राष्ट्रीय राजधानी में कहीं-कहीं जलभराव और यातायात प्रभावित हुआ। मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए येलो अलर्ट जारी किया है, जिसमें आज और कल नोएडा, गुरुग्राम तथा राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के अन्य स्थानों पर और बारिश का अनुमान व्यक्त किया है।
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में पिछले 15 वर्षों में इस वर्ष दिसंबर में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई है। विभाग के अनुसार आज मध्य प्रदेश में गरज के साथ ओले पड़ सकते हैं। राजस्थान सहित उत्तरी राज्यों में और विदर्भ, महाराष्ट्र, मराठवाड़ा तथा गुजरात में आज बारिश हो सकती है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और झारखंड में देर रात और सुबह के समय अगले दो से तीन दिनों तक घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है। देश के उत्तर पूर्वी क्षेत्र में भी अगले दो दिनों तक इसी तरह की स्थिति रह सकती है। - प्रयागराज । प्रयागराज में हो रहा महाकुंभ 2025 कई मायनों में इस बार वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित करने जा रहा है। आयोजन में एक साथ सर्वाधिक संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने का भी वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित होने की पूरी संभावना है। इसके साथ ही आँखों की जांच (Eye Test) और चश्मा वितरण का भी वर्ल्ड रिकॉर्ड स्थापित होने जा रहा है। यह पहला अवसर होगा जब किसी आयोजन में एक साथ 5 लाख लोगों के आई टेस्ट किए जाएंगे और तीन लाख चश्मे वितरित किए जाएंगे। इसके लिए नागवासुकि के पास सेक्टर 5 में भव्य नेत्र कुंभ बनकर तैयार है। करीब 10 एकड़ क्षेत्र में स्थापित नेत्र कुंभ 2025 का शुभारंभ 5 जनवरी को किया जाएगा। इसके बाद यहां आने वाले श्रद्धालु निशुल्क अपनी आंखों की जांच करा सकेंगे और आवश्यकता होने पर अपने घर लौटकर करीब के अस्पताल में उसका ऑपरेशन भी करा सकेंगे।5 जनवरी से होगा नेत्र कुंभ का शुभारंभआयोजन समिति के सदस्य डॉ. रंजन बाजपेई ने बताया कि 5 जनवरी को नेत्र कुंभ का शुभारंभ किया जाएगा। उद्घाटन मुख्य अतिथि जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर अवधेशानंद गिरि महाराज करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में गौरांग प्रभु जी महाराज एवं मुख्य वक्ता के रूप में संघ के सह कार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल रहेंगे। उन्होंने बताया कि पिछले नेत्र कुंभ में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आई टेस्ट किए गए थे। इस बार इसकी संख्या को दोगुना कर दिया गया है। इस बार तीन लाख चश्मा और 5 लाख ओपीडी का लक्ष्य है। एक दिन में 10 हजार ओपीडी का लक्ष्य है। इसके लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। इस बार का नेत्र कुंभ वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाएगा। पिछली बार इसने लिम्का बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपनी जगह बनाई थी और इस बार इसे गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में जगह दिलाने का प्रयास किया जाएगा।नेत्र कुंभ के लिए 240 बड़े अस्पतालों के साथ टाईअपउन्होंने कहा कि पूरे भारत वर्ष से हमने 240 बड़े अस्पतालों के साथ टाईअप किया है। पूरे भारत के विभिन्न प्रांतों से डॉक्टर्स अपनी सेवाएं देने के लिए यहां आ रहे हैं। हमारा प्रयास यही है कि लोगों को पुनः ज्योति मिल सके। उन्होंने बताया कि डॉक्टर्स के रहने और उनके खाने पीने की व्यवस्था की गई है। जो जिस प्रांत से आया है, उसको उसके प्रांत का भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। डॉक्टर्स के लिए चार बेड की 40 डॉरमेट्री बनाई गई हैं, जबकि महिला डॉक्टर्स के लिए भी अलग से डॉरमेट्री की व्यवस्था है। इन डॉरमेट्रीज में कुल 140 डॉक्टर्स रहेंगे। इसके अतिरिक्त तीर्थयात्रियों के लिए 16-16 बेड की डॉरमेट्री बनाई गई है, जबकि कार्यकर्ताओं के लिए 8-8 बेड की डॉरमेट्री निर्मित की गई है।10 एकड़ में बनाया गया है नेत्र कुंभ, नेत्रदान का भी लगेगा शिविरआयोजन में क्राउड मैनेजमेंट की जिम्मेदारी संभाल रहे राजेश कुमार सिंह ने बताया कि करीब 10 एकड़ में नेत्र कुंभ निर्मित हुआ है। इसमें कुल 11 हैंगर बनाए गए हैं। पिछली बार सिर्फ 5 हैंगर थे। यहां सुव्यवस्थित तरीके से आई टेस्ट की जाएगी। एक बड़ा हैंगर बनाया गया है, जहां सभी श्रद्धालु जमा होंगे। इसके बाद उन्हें दो अलग-अलग ओपीडी चैंबर्स में भेजा जाएगा, जहां वो अपना रजिस्ट्रेशन कराने के बाद डॉक्टर्स को दिखा पाएंगे। रजिस्ट्रेशन के पीछे डॉक्टर्स चैंबर बनाए गए हैं, जिसमें 4-4 डॉक्टर्स और 10-10 ऑप्टोमेस्ट्रिस्ट रहेंगे। यहीं पर एक मेडिसिन काउंटर और एक रेफरल काउंटर रहेगा। यहां से चश्मे के लिए रेफर किया जाएगा। चश्मे का अलग ब्लॉक बनाया गया है। पिछली बार की तरह इस बार भी इंश्योर किया गया है कि लोगों को बहुत अच्छी क्वालिटी के चश्मे प्राप्त हो सकें।आयोजन समिति में शामिल दिल्ली के सुनील कुमार सिंह ने बताया कि नेत्र कुंभ में नेत्र दान करने वालों के लिए भी एक शिविर बनाया गया है। यहां भी नेत्रदान का एक शिविर लगाएंगे और उसमें जो लोग अपने नेत्र दान करने की इच्छा रखते हैं वो यहां नेत्र दान कर लोगों को ज्योति दे सकेंगे। पिछली बार 11 हजार से अधिक लोगों ने नेत्र कुंभ में नेत्रदान किया था।
- नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत और महासचिव दत्तात्रेय होसबोले ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि भारत के लिए उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।उन्होंने एक संयुक्त बयान में कहा, "पूर्व प्रधानमंत्री एवं देश के वरिष्ठ नेता डॉ. सरदार मनमोहन सिंह के निधन से पूरा देश अत्यंत दुखी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ उनके परिवार और असंख्य प्रियजनों एवं प्रशंसकों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है।"बयान में कहा गया कि सिंह ने साधारण पृष्ठभूमि से आने के बावजूद देश के सर्वोच्च पद को सुशोभित किया।उन्होंने बयान में कहा, "प्रसिद्ध अर्थशास्त्री डॉ. सिंह के भारत के लिए योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। हम ईश्वर से दिवंगत आत्मा को 'सद्गति' प्रदान करने की प्रार्थना करते हैं।"आरएसएस के संयुक्त महासचिव आलोक कुमार ने बाद में 3, मोतीलाल नेहरू रोड स्थित उनके आवास पर सिंह के पार्थिव शरीर पर पुष्पांजलि अर्पित की। यह लुटियंस दिल्ली में उनका विशाल बंगला है, जो 10 वर्षों से अधिक समय तक उनका सेवानिवृत्ति निवास रहा था।भारत के आर्थिक सुधारों के निर्माता पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का गुरुवार रात दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में निधन हो गया। वह 92 वर्ष के थे। कांग्रेस नेता, जिन्होंने 2004-2014 तक 10 वर्षों तक देश को चलाया और उससे पहले वित्त मंत्री के रूप में भारत के आर्थिक ढांचे को स्थापित करने में मदद की, वैश्विक वित्तीय और आर्थिक क्षेत्रों में एक प्रसिद्ध नाम थे। file photo
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री रहते हुए डॉ. मनमोहन सिंह को BMP के बजाय अपनी मारुति-800 कार पसंद थी क्योंकि वह इस कार के जरिए मध्यम वर्ग से जुड़ाव महसूस करते थे। ये बातें उत्तर प्रदेश के समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने मनमोहन सिंह के साथ अपनी पुरानी यादें ताजा करते हुए एक पोस्ट में कहीं। दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में गुरुवार रात को पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन होने के बाद असीम अरुण ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं 2004 से लगभग तीन साल तक उनका बॉडी गार्ड रहा।’’
उन्होंने आगे लिखा, “SPG में प्रधानमंत्री की सुरक्षा का सबसे अंदरुनी घेरा होता है- क्लोज प्रोटेक्शन टीम(CPT), जिसका नेतृत्व करने का अवसर मुझे मिला था। AIG CPT के रूप में, मेरी जिम्मेदारी हर समय प्रधानमंत्री के साथ उनकी छाया की तरह रहना था। अगर केवल एक अंगरक्षक उनके साथ रह सकता था, तो वह मैं ही था।’’उन्होंने कहा कि डॉ. साहब की अपनी एक ही कार थी- मारुति 800, जो प्रधानमंत्री आवास में चमचमाती काली BMW के पीछे खड़ी रहती थी।असीम अरुण आगे लिखते हैं, ‘‘मनमोहन सिंह जी बार बार मुझसे कहते‘असीम मुझे इस कार में चलना पसंद नहीं, मेरी गड्डी तो यह (मारुति) है।’ मैं BMW की सुरक्षा संबंधी विशेषताओं के बारे में उन्हें समझता। लेकिन जब काफिला मारुति के सामने से निकलता तो वे हमेशा मन भर उसे देखते। जैसे यह संकल्प दोहरा रहे हों कि वे मध्यम वर्ग के व्यक्ति हैं और आम आदमी की चिंता करना उनका काम है।”वह आगे लिखते हैं कि डॉ. सिंह समझते थे कि करोड़ों की गाड़ी तो एक प्रधानमंत्री की है, लेकिन खुद उनकी तो यह मारुति-800 ही है।गौरतलब है कि भारत के पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का 26 दिसंबर 2024 की रात को नई दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS) में निधन हो गया। वह 92 साल के थे। डॉ. सिंह को भारत की अर्थव्यवस्था और राजनीति में महत्वपूर्ण योगदान के लिए याद किया जाएगा। उनका भारतीय अर्थव्यवस्था के उदारीकरण में महत्वपूर्ण योगदान रहा था।




.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)



.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)




.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)