- Home
- देश
-
गुवाहाटी. असम पुलिस ने चार बांग्लादेशी घुसपैठियों को गिरफ्तार कर पड़ोसी देश के प्राधिकारियों को सौंप दिया है। यह जानकारी असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने बृहस्पतिवार को दी। मुख्यमंत्री शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘भारत-बांग्लादेश सीमा पर कड़ी निगरानी जारी है। चार घुसपैठियों को असम पुलिस ने सीमा के पास से पकड़ा और वापस बांग्लादेश भेज दिया।'' उन्होंने बताया कि घुसपैठियों की पहचान रूमाना शेख, मोहम्मद बादशाह शेख, रेक्सोना खातून और मुसामा आयशा खातून के रूप में हुई। हालांकि, मुख्यमंत्री शर्मा ने यह नहीं बताया कि उन्हें भारत-बांग्लादेश सीमा पर किस क्षेत्र से पकड़ा गया। अगस्त में पड़ोसी देश में अशांति शुरू होने के बाद से अब तक 161 लोगों को अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के आरोप में पकड़ा गया है और उन्हें वापस बांग्लादेश भेजा गया है। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने पूर्वोत्तर में 1,885 किलोमीटर लंबी भारत-बांग्लादेश सीमा पर अपनी सतर्कता बढ़ा दी है। राज्य में अवैध प्रवेश को रोकने के लिए असम पुलिस भी सीमा पर हाई अलर्ट पर है।
- -राष्ट्रपति श्री पुतिन ने भारत में विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने की रूस की इच्छा से अवगत कराया-राष्ट्रपति श्री पुतिन ने एसएमई के विकास के लिए रूस-भारत सहयोग पर जोर दिया-राष्ट्रपति श्री पुतिन ने ब्रिक्स निवेश मंच को वैश्विक दक्षिण देशों को समर्थन देने में महत्वपूर्ण मानानई दिल्ली। राष्ट्रपति श्री व्लादिमीर पुतिन ने 15वें वीटीबी रूस कॉलिंग इन्वेस्टमेंट फोरम में प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की "इंडिया फर्स्ट" नीति और "मेक इन इंडिया" पहल की प्रशंसा की। राष्ट्रपति श्री पुतिन ने विकास के लिए स्थिर माहौल को बढ़ावा देने के भारत के प्रयासों की सराहना करते हुए इस बात पर जोर दिया कि इन नीतियों ने भारत के विकास में किस तरह योगदान दिया है।उन्होंने जोर देकर कहा कि विनिर्माण को बढ़ावा देने और विदेशी निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से शुरू की गई "मेक इन इंडिया" पहल ने वैश्विक अर्थव्यवस्था में भारत की स्थिति को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। राष्ट्रपति श्री पुतिन की टिप्पणियों ने प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में भारत की आर्थिक प्रगति को चिन्हित किया। उन्होंने भारत सरकार द्वारा छोटे और मध्यम आकार के उद्यमों (एसएमई) के लिए "स्थिर स्थिति" बनाने को लेकर किए गए प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विशेष रूप से प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू की गई आर्थिक पहलों पर प्रकाश डाला, जिसमें "मेक इन इंडिया" कार्यक्रम पर विशेष ध्यान दिया गया।राष्ट्रपति श्री पुतिन ने रूस के आयात घटाने के कार्यक्रम और भारत की "मेक इन इंडिया" पहल के बीच समानताएं बताते हुए भारत में विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के प्रति रूस की इच्छा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि भारत में निवेश लाभदायक है। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि भारत के नेतृत्व ने अपने राष्ट्रीय हितों को प्राथमिकता देने पर ध्यान केंद्रित किया है।रूसी राष्ट्रपति ने कहा, "प्रधानमंत्री श्री मोदी के पास ‘मेक इन इंडिया’ नामक एक ऐसा ही कार्यक्रम है। हम भी भारत में अपना विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए तैयार हैं। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत सरकार ‘इंडिया फर्स्ट’ की नीति से प्रेरित होकर स्थिर स्थितियां बना रही है। हमारा मानना है कि भारत में निवेश करना लाभदायक है।" उन्होंने यह भी कहा कि रूसी कंपनी रोसनेफ्ट ने हाल ही में भारत में 20 बिलियन डॉलर का निवेश किया है।राष्ट्रपति श्री पुतिन ने ब्रिक्स के उदय के संदर्भ में रूस के आयात घटाने के कार्यक्रम के महत्व पर भी प्रकाश डाला, जिसमें एसएमई के विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया तथा ब्रिक्स व अन्य देशों में एसएमई के लिए सुचारू व्यापारिक लेनदेन की सुविधा के लिए त्वरित विवाद समाधान प्रणाली की आवश्यकता पर बल दिया गया।उन्होंने बाजार से बाहर हो चुके पश्चिमी ब्रांडों के स्थान पर नए रूसी ब्रांडों के उदय की ओर इशारा किया तथा उपभोक्ता वस्तुओं, आईटी, उच्च तकनीक और कृषि जैसे क्षेत्रों में स्थानीय रूसी निर्माताओं की सफलता के बारे में बताया।उन्होंने कहा, "हमारे लिए, यह हमारे आयात घटाने के कार्यक्रम के हिस्से के रूप में विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। नए रूसी ब्रांडों के उभरने से उन पश्चिमी कंपनियों की जगह लेने में मदद मिल रही है, जो स्वेच्छा से हमारे बाजार को छोड़ चुकी हैं। हमारे स्थानीय निर्माताओं ने न केवल उपभोक्ता वस्तुओं में बल्कि आईटी और उच्च तकनीक वाले उद्योगों में भी महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है।"राष्ट्रपति श्री पुतिन ने एसएमई के विकास को समर्थन देने के लिए ब्रिक्स देशों के बीच और अधिक सहयोग का भी आग्रह किया। उन्होंने सदस्य देशों को अगले साल ब्राजील में होने वाले शिखर सम्मेलन के दौरान सहयोग कायम करने की दिशा में प्रमुख क्षेत्रों की पहचान करने के लिए भी प्रोत्साहित किया। रूस द्वारा ब्रिक्स के साथ मिलकर विकसित किए जा रहे निवेश मंच के बारे में चर्चा करते हुए राष्ट्रपति श्री पुतिन ने कहा कि इसमें सभी भागीदार देशों को लाभ पहुंचाने की क्षमता है और उम्मीद है कि यह हमारी अर्थव्यवस्थाओं को समर्थन देने और वैश्विक दक्षिण और पूर्व के देशों को वित्तीय संसाधन प्रदान करने के लिए एक महत्वपूर्ण साधन बन जाएगा।उन्होंने कहा, "मैं अपने ब्रिक्स के भागीदार देशों से सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों में वर्तमान स्थिति का मूल्यांकन करने का आग्रह करता हूं, और हम निश्चित रूप से इसे अपने ब्राजीलियाई नेताओं के ध्यान में लाएंगे, जो अगले वर्ष ब्रिक्स का नेतृत्व करेंगे।"अधिक जानकारी के लिए देखें http://en.kremlin.ru/events/president/news/75751
- नई दिल्ली। दिल्ली विश्वविद्यालय के 20 साल के छात्र अर्जुन तंवर को पुलिस ने अपने पिता, मां और बहन की हत्या के मामले में गिरफ्तार किया है। उसके पिता रिटायर पुलिस अधिकारी थे। नेब सराय स्थित अपने घर में आरोपी अर्जुन ने इस हत्याकांड को अंजाम दिया। हत्या की वजह संपत्ति विवाद और पारिवारिक नाराजगी बताई जा रही है। आरोपी अर्जुन ने माता-पिता की शादी की सालगिरह के दिन बुधवार सुबह उनकी हत्या कर दी। पुलिस के अनुसार आरोपी अर्जुन ने बेहद सावधानी से साजिश रची थी। उसने खुद को निर्दोष बताते हुए पुलिस अधिकारियों को गुमराह भी किया। आरोपी को लगता था कि उसके 51 साल के पिता राजेश कुमार अपनी पारिवारिक संपत्ति 23 साल की बहन कविता के नाम करने वाले हैं।आरोपी अर्जुन मुक्केबाजी करता है। वह इसी क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहता था, लेकिन पिता को यह मंजूर नहीं था। इसके लिए उन्होंने कई बार सबके सामने आरोपी अर्जुन को डांटा था। इस बात से आरोपी अर्जुन गुस्से में था। पुलिस ने बताया, "आरोपी अर्जुन ने हमें बताया कि उसने पिता का गला काटने का फैसला किया। उसे पता था कि इससे वह चिल्ला नहीं सकेंगे। उसने पहले चाकू से पिता के सिर पर वार किया था।"माता, पिता और बहन की हत्या के बाद आरोपी अर्जुन अपने रोज के रूटीन के अनुसार सुबह 5.30 बजे दौड़ने चला गया। वापस आकर वह अपने जिम गया और मालिक को बताया कि उसके माता-पिता की हत्या कर दी गई है। उसने शक दूर करने के लिए पड़ोसियों और रिश्तेदारों को जानकारी दी।संयुक्त पुलिस आयुक्त (दक्षिण) संजय कुमार जैन ने कहा कि पुलिस जांच में आरोपी अर्जुन के बयान को लेकर शक हुआ। पूछताछ किए जाने पर आरोपी अर्जुन ने अलग-अलग जवाब देने शुरू कर दिए। उसकी बातों में कई विरोधाभास थे। सख्ती से पूछताछ की गई तो वह टूट गया और कबूल कर लिया कि उसने ही हत्याएं की हैं।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची तो तीनों के शव घर के अलग-अलग हिस्से में खून से लथपथ मिले। राजेश का शव ऊपर की मंजिल पर मिला। उनकी पत्नी कोमल (46) और बेटी कविता ग्राउंड फ्लोर पर अलग-अलग कमरों में मृत मिलीं।तीनों की हत्या चाकू से गला काटकर की गई थी ताकि वे चीख न सकें। उनके शरीर में भी चाकू लगने के घाव मिले। खून बहना रोकने के लिए उनके गले को कपड़े से बांधा गया था। आरोपी अर्जुन ने हत्या की शुरुआत बहन से की थी। उसने जवाबी हमला करने की कोशिश की थी। इसके बाद वह अपने पिता के पास गया। उसने सो रहे पिता पर हमला कर दिया। पिता की हत्या के बाद आरोपी अर्जुन नीचे आया तो देखा कि मां बाथरूम गई हुई है। वह जैसे ही बाहर आई अर्जुन ने उसे भी मार डाला।पिता की आर्मी नाइफ से आरोपी ने की हत्याएंआरोपी अर्जुन ने हत्याओं को अंजाम देने के लिए अपने पिता के आर्मी नाइफ का इस्तेमाल किया। आरोपी अर्जुन को लगता था कि उसे पिता बहन की तरफदारी करते हैं। उसकी बहन मास्टर डिग्री की पढ़ाई कर रही थी। पिता अर्जुन को अक्सर उसकी पढ़ाई और दूसरी बातों के लिए डांटते थे। इसके चलते आरोपी अर्जुन खुद को उपेक्षित और अलग-थलग महसूस करता था। उसे यह भी शक था कि उसके पिता अपनी संपत्ति बहन को सौंपने की योजना बना रहे थे।
- नयी दिल्ली. ब्रिटिश काउंसिल ने बुधवार को 90 शब्दों का एक संग्रह जारी किया, जिसमें ‘बेबीसिटर', ‘गे', ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस', ‘वोक', ‘एजलॉर्ड' और ‘बार्बीकोर' शामिल हैं और ये शब्द 1930 के बाद के नौ दशकों को परिभाषित करते हैं। सांस्कृतिक संबंधों के लिए ब्रिटेन के अंतरराष्ट्रीय संगठन की 90वीं वर्षगांठ के अवसर पर यह सूची जारी की गई। इसमें बताया गया है कि अंग्रेजी भाषा किस प्रकार विकसित हुई है। साथ ही यह पिछले कुछ वर्षों में सामाजिक, सांस्कृतिक और तकनीकी परिवर्तनों को दर्शाती है। ‘कम्प्यूटेशनल भाषा विज्ञान और डिजिटल मानविकी' विशेषज्ञ डॉ. बारबरा मैकगिलिव्रे ने इन 90 शब्दों को संकलित किया है। यह संग्रह अंग्रेजी को लोगों और संस्कृतियों के बीच एक शक्तिशाली संयोजक करार देता है। ये शब्द 1934 से 2024 तक अंग्रेजी भाषा को आकार देने वाले सामाजिक, सांस्कृतिक, तकनीकी, राजनीतिक और पर्यावरणीय विकास को दर्शाते हैं। मैकगिलिव्रे ने एक बयान में कहा,‘‘ मैं हमेशा इस बात से चकित होती हूं कि भाषा समय के साथ कैसे विकसित होती है। ब्रिटिश काउंसिल की 90वीं वर्षगांठ के लिए 90 नए शब्दों और अर्थों को संकलित करते समय मैं यह देखकर चकित रह गई कि प्रौद्योगिकी किस तरह से संचार को नया रूप देती है और ये परिवर्तन कितनी तेज़ी से होते हैं। ई-बुक या डूमस्क्रॉल को लें: ये शब्द बताते हैं कि प्रौद्योगिकी ने हमारे जीवन को कितना बदल दिया है।'' तीस के दशक में गढ़े गए शब्द सामाजिक बदलावों और नवाचारों को दर्शाते हैं जैसे ‘बेबीसिटर' शब्द। यह शब्द बदलते पारिवारिक भूमिकाओं को दर्शाता है, ‘इवैक्यूएट' युद्धकालीन प्रभाव को दर्शाता है, ‘गे' पहचान को और ‘ज्यूकबॉक्स' अफ्रीकी अमेरिकी संगीत के प्रभाव को प्रदर्शित करता है। 1940 का दशक युद्ध और उभरती हुई जीवन-शैली के प्रभाव में था, जिसके कारण ‘परमाणु', ‘बिकनी', ‘ब्लॉकबस्टर', ‘वीगन', ‘स्टेकेशन' और ‘कूल' जैसे शब्द प्रचलन में आए। इसी प्रकार से ‘डिस्को' और ‘रॉक'एन'रोल' जैसे शब्दों ने 50 के दशक को संगीत की दृष्टि से समृद्ध दशक के रूप में परिभाषित किया। ‘आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस' भी प्रचलन में आया। सूची के अन्य शब्द भी आगे के दशकों के विकास से जुड़े हैं।
- नयी दिल्ली. आवास एवं शहरी मामलों के सचिव श्रीनिवास कटिकिथला ने बुधवार को देश की गतिशील युवा आबादी को आवास उपलब्ध कराने के लिए जमीन की उपलब्धता बढ़ाने की जरूरत पर जोर दिया। उन्होंने किफायती आवास पर सीआईआई सम्मेलन को संबोधित करते हुए आवास से रिहाइश की ओर तथा स्वामित्व वाली संपत्तियों से साझा और किराये वाली संपत्तियों की ओर बढ़ने की बात कही। कटिकिथला ने कहा कि इस बात पर विचार करने की जरूरत है कि लोगों को जरूरत पड़ने पर तुरंत आवास कैसे उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने कहा, ''हमारी ज्यादातर युवा आबादी तेजी से गतिशील बन रही है। नौकरियां गतिशील हैं। एक शहरी स्थान से दूसरे शहरी स्थान पर जाने और आर्थिक अवसरों में भाग लेने की क्षमता के लिए गतिशीलता जरूरी है। यदि हम वह गतिशीलता नहीं दे रहे हैं, तो आप लोगों को पहुंच नहीं दे रहे हैं।'' सचिव ने कहा कि यह सुनिश्चित करने की जरूरत है कि जहां संभव हो सके सार्वजनिक भूमि उपलब्ध होनी चाहिए।उन्होंने कहा, ''निर्माण के लिए जमीन जरूरी है। हम भूमि को नजरअंदान कैसे कर सकते हैं। आप भूमि को कैसे उपलब्ध करा सकते हैं... इस तरह से कि उत्पाद की लागत में भारी कमी आए।'' उन्होंने कहा, ''हम इस सोच को मंत्रालय के भीतर ला रहे हैं।'' सचिव ने रियल एस्टेट उद्योग से इन मुद्दों पर चर्चा करने को कहा। कटिकिथला ने कहा कि सरकार खासतौर से शहरी केंद्रों में परिवहन बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने के लिए भारी मात्रा में निवेश कर रही है।
- नयी दिल्ली. कृत्रिम मेधा संचालित और ‘डीपफेक' आधारित साइबर हमले वर्ष 2025 में तेजी से बढ़ने का अनुमान है। हाल में आई एक रिपोर्ट में यह जानकारी देते हुए कहा गया कि इस दौरान साइबर हमलों के निशाने पर स्वास्थ्य सेवा और वित्त जैसे क्षेत्र सबसे अधिक होंगे। डेटा सिक्योरिटी काउंसिल ऑफ इंडिया (डीएससीआई) और सेक्राइट ने 'इंडिया साइबर थ्रेट रिपोर्ट 2025' में साइबर अपराधियों की नयी रणनीति और एआई आधारित हमलों को एक प्रमुख चिंता बताया। रिपोर्ट में कहा गया, ''कृत्रिम मेधा (एआई) का इस्तेमाल बेहद शातिर ढंग से धोखाधड़ी के लिए किया जाएगा, जिनका पता लगाना कठिन होगा। इसमें ‘डीपफेक' तकनीक और व्यक्तिगत हमले शामिल हैं।'' रिपोर्ट के मुताबिक आपूर्ति श्रृंखलाओं में कमजोरियों के साथ एआई क्षमताओं के जुड़ने से नए तरह के साइबर खतरे पैदा होंगे। साइबर अपराधी जटिल हमलों को अंजाम देने के लिए एआई संचालित तरीकों को अपनाएंगे। इसमें बताया गया कि उपकरणों की कमजोरियों का फायदा उठाकर हमले किए जाएंगे, जिससे विनिर्माण और स्वास्थ्य सेवा जैसे उद्योगों में जरूरी सेवाएं बाधित हो सकती हैं। रिपोर्ट में कहा गया, ''भारत में स्वास्थ्य सेवा, वित्त और ऊर्जा सहित महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा क्षेत्र साइबर अपराधियों के लिए मुख्य लक्ष्य बने रहेंगे। इन हमलों का मकसद सेवाओं को बाधित करना, संवेदनशील आंकड़े चुराना और भू-राजनीतिक तनावों का फायदा उठाना होगा।''
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने विश्वास व्यक्त किया है कि कुवैत की वर्तमान अध्यक्षता में खाड़ी सहयोग परिषद- जी सी सी और भारत के बीच सहयोग और बढ़ेगा।। कुवैत के विदेश मंत्री अब्दुल्ला अली अल-यह्या ने कल दोपहर दिल्ली में प्रधानमंत्री से मुलाकात की।
प्रधानमंत्री आवास पर हुई इस मुलाकात में दोनों नेताओं ने व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, संस्कृति और दोनों देशों के लोगों के बीच संबंध मजबूत करने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के उपायों पर चर्चा की। श्री मोदी ने कुवैत में रहने वाले दस लाख भारतीयों की समुचित देखभाल के लिए कुवैत की सरकार का आभार व्यक्त किया। दोनों नेताओं ने पश्चिम एशिया की स्थिति पर भी विचार विमर्श किया और क्षेत्र में शांति, सुरक्षा तथा स्थिरता बहाल किए जाने का समर्थन किया। -
नयी दिल्ली. भारत का कुल विदेशी ऋण वर्ष 2023 में 31 अरब डॉलर बढ़कर 646.79 अरब डॉलर हो गया। एक रिपोर्ट में यह कहा गया है। विश्व बैंक की कर्ज पर अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट कहती है कि 2023 में भारत का ब्याज भुगतान बढ़कर 22.54 अरब डॉलर हो गया जो एक साल पहले 15.08 अरब डॉलर था। रिपोर्ट के मुताबिक, 2023 में भारत का दीर्घकालिक ऋण सात प्रतिशत बढ़कर 498 अरब डॉलर हो गया जबकि अल्पकालिक ऋण मामूली रूप से घटकर 126.32 अरब डॉलर पर आ गया। बीते साल निर्यात के प्रतिशत के रूप में भारत का बाह्य ऋण हिस्सेदारी 80 प्रतिशत थी जबकि ऋण सेवा उसके निर्यात का 10 प्रतिशत थी। विश्व बैंक की रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2023 के दौरान शुद्ध ऋण प्रवाह 33.42 अरब डॉलर रहा, जबकि शुद्ध इक्विटी प्रवाह 46.94 अरब डॉलर से अधिक रहा।
-
श्रीहरिकोटा .भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने ‘प्रोबा-3' अंतरिक्षयान में पाई गई एक ‘‘विसंगति'' के कारण पीएसएलवी-सी59 का प्रक्षेपण बृहस्पतिवार तक के लिए स्थगित कर दिया। बुधवार को प्रस्तावित प्रक्षेपण से चंद मिनट पहले अंतरिक्ष एजेंसी ने यह घोषणा की। अंतरिक्ष एजेंसी ने मूल रूप से बुधवार को शाम 4 बजकर आठ मिनट पर यहां अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपण की योजना बनाई थी। एजेंसी ने प्रस्तावित प्रक्षेपण से चंद मिनट पहले एक बयान में कहा, ‘‘प्रोबा-3 अंतरिक्षयान में पाई गई विसंगति के कारण पीएसएलवी-सी59/प्रोबा-3 का प्रक्षेपण कल (बृहस्पतिवार) शाम चार बजकर 12 मिनट पर पुनर्निर्धारित किया गया है।'' अपनी तरह की दुनिया की पहली पहल के तहत ‘प्रोबा-3' में दो उपग्रह शामिल हैं, जिसमें दो अंतरिक्षयान एक साथ उड़ान भरेंगे और सूर्य के बाहरी वायुमंडल का अध्ययन करेंगे। इसरो की वाणिज्यिक शाखा ‘न्यूस्पेस इंडिया लिमिटेड' को यूरोपीय अंतरिक्ष एजेंसी (ईएसए) से यह ‘ऑर्डर' मिला है। इसरो के एक अधिकारी के अनुसार, ईएसए के वैज्ञानिकों ने प्रक्षेपण से पहले पीएसएलवी-सी59 मिशन के एक उपग्रह में ‘विसंगति' की पहचान की, जिसके बाद उन्होंने इसे पांच दिसंबर के लिए पुनर्निर्धारित करने का अनुरोध किया। इस संबंध में एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा' से कहा, ‘‘उनके (ईएसए वैज्ञानिकों के) अनुरोध के आधार पर प्रक्षेपण को पुनर्निर्धारित किया गया है।'' इससे पहले दिन में, इसरो के एक अधिकारी ने कहा था कि यहां स्थित अंतरिक्ष केंद्र के प्रथम प्रक्षेपण स्थल से होने वाले प्रक्षेपण के लिए 25 घंटे की उलटी गिनती की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जो मंगलवार अपराह्न तीन बजकर आठ मिनट पर शुरू हुई और बुधवार शाम चार बजकर आठ मिनट तक होगी।
-
खेड़ा .गुजरात के खेड़ा जिले में एक राजमार्ग पर एक कार ‘डिवाइडर' पार करके सड़क की दूसरी तरफ एक ‘कंटेनर' ट्रक से टकरा गई, जिससे उसमें सवार एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। उसने बताया कि यह दुर्घटना मंगलवार रात करीब 10 बजे अहमदाबाद-वडोदरा एक्सप्रेसवे पर बिलोदरा गांव के पास उस समय हुई जब यह परिवार राजस्थान में एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद कार से सूरत लौट रहा था। नाडियाड ग्रामीण थाने के एक अधिकारी ने बताया कि एक टायर फट जाने पर चालक कार पर से नियंत्रण खो बैठा तथा वह (कार) अनियंत्रित होकर ‘डिवाइडर' पार कर गयी एवं सड़क की दूसरी तरफ विपरीत दिशा से आ रहे एक ट्रक से जा टकराई। अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में सूरत निवासी महिला, सुबेतीदेवी (71) के साथ ही दलपत पुरोहित (37) तथा दिनेश पुरोहित (41) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 14 वर्षीय लड़की तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गए। घायलों को नाडियाड शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-
नयी दिल्ली. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बुधवार को कहा कि देश में हर रेल यात्री को यात्रा टिकट पर 46 प्रतिशत की सब्सिडी दी जाती है। उन्होंने लोकसभा में प्रश्नकाल के दौरान पूरक प्रश्नों का उत्तर देते हुए यह भी कहा कि रेल मंत्रालय यात्रियों के लिए सब्सिडी पर हर साल 56,993 करोड़ रुपये की राशि खर्च करता है। बुजुर्गों और मान्यताप्राप्त पत्रकारों को पहले मिलने वाली सब्सिडी की बहाली की संभावना के बारे में पूछे जाने पर वैष्णव ने कहा, ‘‘भारत सरकार की ओर से यात्रियों को कुल सब्सिडी 56,993 करोड़ रुपये की दी जाती है। हर 100 रुपये की यात्रा सेवा की कीमत 54 रुपये ली जाती है। सभी श्रेणियों के यात्रियों को 46 प्रतिशत की सब्सिडी दी जाती है।'' वैष्णव ने एक पूरक प्रश्न के उत्तर में यह भी कहा कि जिस तरह से पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार में सड़कों से पूरे देश को जोड़ा गया था, उसी तरह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश के छोटे और मझोले रेलवे स्टेशनों का विकास किया जा रहा है.
- जयपुर। राजस्थान के चूरू जिले में बुधवार तड़के सड़क हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि हादसा चूरू-हनुमानगढ़ मेगा हाईवे पर सरदारशहर के पास हुआ जब सरदारशहर से हनुमानगढ़ जा रहे एक स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल्स (एसयूबी) और ट्रक की भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि हादसे के बाद एसयूवी में सवार लोग वाहन में ही फंस गए। पुलिस ने बताया कि शवों को क्रेन की मदद से निकाला किया। उसने बताया कि मृतकों की पहचान एसयूवी सवार कमलेश (26), राकेश (25), पवन (33) धनराज और ट्रक चालक नंदलाल के रूप में हुई है। दो घायलों को चूरू के जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- श्योपुर। मध्यप्रदेश के कुनो राष्ट्रीय उद्यान में बुधवार को अंतरराष्ट्रीय चीता दिवस के अवसर पर ‘वायु' और ‘अग्नि' नाम के दो चीतों को जंगल में छोड़ा गया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि उद्यान में चीतों की मौजूदगी आगंतुकों को सफारी के दौरान इन जानवरों को देखने का एक अनूठा अवसर प्रदान कर सकती है। मुख्य वन संरक्षक (सीसीएफ) और ‘लायन प्रोजेक्ट' के निदेशक उत्तम कुमार शर्मा ने एक विज्ञप्ति में बताया, “अंतरराष्ट्रीय चीता दिवस के अवसर पर अग्नि और वायु नाम के दो नर चीते को पारोंद क्षेत्र में सफलतापूर्वक छोड़ दिया गया। दोनों चीते स्वस्थ हैं।” उन्होंने कहा कि पारोंद क्षेत्र अहेरा पर्यटन क्षेत्र के अंतर्गत आता है इसलिए पर्यटक सफारी यात्राओं के दौरान चीतों को देख सकते हैं। श्योपुर जिले में स्थित कूनो राष्ट्रीय उद्यान में वर्तमान में 12 शावक सहित 24 चीते हैं।अधिकारी ने बताया कि चीतों को पहले बाड़ों में रखा जाता है और अग्नि व वायु को छोड़ना भारत में इस प्रजाति को फिर से लाने के प्रयासों का हिस्सा है, जहां शिकार और अन्य कारणों से सात दशक पहले विलुप्त घोषित कर दिया गया था।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बुधवार को पूर्ववर्ती “कांग्रेस नीत सरकार” पर मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन और आरे कॉलोनी में मुंबई मेट्रो कार शेड सहित महाराष्ट्र में प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में रोड़े अटकाने का आरोप लगाया।सीतारमण ने दावा किया कि कांग्रेस, अविभाजित शिवसेना और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी की पूर्ववर्ती महाविकास आघाडी(एमवीए) सरकार ने केंद्र सरकार द्वारा मुंबई के उपनगरीय रेलवे नेटवर्क की समस्याओं को हल करने का प्रयास किये जाने पर भी बाधाएं उत्पन्न कीं। सीतारमण ने राज्य भाजपा विधायक दल की बैठक में यह बात कही। इस बैठक में देवेंद्र फडणवीस को भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया और अब वह भाजपा नीत सरकार के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे। इस बैठक में केंद्रीय पर्यवेक्षक के तौर पर सीतारमण के साथ विजय रूपाणी भी मौजूद थे।
उन्होंने कहा, “अगर महा विकास आघाडी सरकार के कार्यकाल के दौरान महाराष्ट्र में कांग्रेस सत्ता में नहीं होती तो मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन पहले ही शुरू हो गई होती।” सीतारमण ने मुंबई मेट्रो परियोजना के तहत आरे कार शेड निर्माण में देरी पर भी सवाल उठाया। उन्होंने नवनिर्वाचित पार्टी विधायकों से महाराष्ट्र को शक्तिशाली राज्य बनाने का आह्वान करते हुए कहा, ”हम एक हैं तो सेफ हैं।” -
नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सदन में आज भोजनावकाश नहीं होने की सूचना देते हुए कहा कि आज लगातार कामकाज होगा। उन्होंने कहा, ‘‘जो समय स्थगन में गया है, उसकी तो भरपाई करनी होगी।’’
विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’ (इंडिया) के कई घटक दलों के सांसदों ने अदाणी समूह से जुड़े मुद्दे को लेकर बुधवार को संसद भवन के ‘मकर द्वार’ के निकट विरोध प्रदर्शन किया।विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ के कई घटक दलों के सांसदों द्वारा अदाणी समूह से जुड़े मुद्दे को लेकर बुधवार को संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन करने की पृष्ठभूमि में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आज कहा कि सदस्यों को संसद के प्रवेश द्वार को अवरुद्ध नहीं करना चाहिए। बिरला ने सदन में कहा, ‘‘मैंने पूर्व में भी आग्रह किया था, फिर आज आग्रह कर रहा हूं….. संसद भवन के प्रवेश द्वार पर अवरोध होने की शिकायत कई सदस्यों ने की है। मेरा सभी राजनीतिक दलों से आग्रह है कि संसद भवन में आगमन के समय प्रवेश द्वार को अवरुद्ध नहीं करें।’’ अध्यक्ष ने कहा कि विशेष रूप से महिला सांसदों ने उनसे संसद में प्रवेश के समय कठिनाई होने की बात व्यक्तिगत रूप से आकर कही है। उन्होंने कहा, ‘‘मैंने व्यवस्था दी है और पुन: आज व्यवस्था दे रहा हूं। सदस्यों को कोई परेशानी है तो मुझे आकर मिलें। लेकिन प्रवेश द्वार पर अवरोध नहीं हों। हमारा व्यवहार संसद की मर्यादा के अनुरूप हो।’’ -
नई दिल्ली। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्ण पाल ने बुधवार को बताया कि बहुराज्यीय सहकारी समितियों में धोखाधड़ी और कुप्रबंधन रोकने के लिए तथा इन समितियों के कामकाज में पारदर्शिता लाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। पाल ने राज्यसभा में प्रश्नकाल के दौरान बताया कि बहुराज्यीय सहकारी समितियों के लिए उठाए गए कदमों में समवर्ती ऑडिट का प्रावधान शामिल है, ताकि गड़बड़ी तुरंत संज्ञान में आए। पहले यह ऑडिट साल में एक बार होता था। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही सरकारी निर्वाचन प्राधिकरण का गठन किया गया, प्रशासनिक शिकायत जांच अधिकारी व समितियों के सूचना अधिकारियों की नियुक्ति की गई, नियंत्रक और महालेखापरीक्षक (सीएजी) के माध्यम से ऑडिटरों का पैनल बनाया गया और निदेशकों के लिए निर्दिष्ट संख्या तय करने के अलावा अन्य कदम भी उठाए गए।
पाल ने पूरक प्रश्नों के जवाब में बताया कि सहकारिता क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए 54 नयी पहल की गईं ताकि यह क्षेत्र फले-फूले और देश के सामाजिक आर्थिक उत्थान में मदद करे। उन्होंने बताया कि देश की आजादी के बाद लंबे समय तक 1,702 ऐसी सोसाइटी थीं लेकिन सहकारिता मंत्रालय बनने के बाद पिछले एक साल में 256 नयी ऐसी सहकारिता समितियां बनी हैं। उन्होंने कहा, ‘‘यह समय समय पर चलाए गए जागरुकता अभियान का नतीजा है।’’1,702 बहुराज्यीय सहकारी समितियों में से 100 गैर कार्यशीलमंत्री ने बताया कि 1,702 बहुराज्यीय सहकारी समितियों में से 100 गैर कार्यशील हैं। सुनवाई के बाद इनमें ‘लिक्विडेटरों’ (ऋणशोधन कराने वाले) की नियुक्ति की गई और परिसमापन की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि परिसमापन की प्रक्रिया जटिल है और इसमें सुनवाई आदि में समय लगता है। कांग्रेस के शक्ति सिंह गोहिल ने जानना चाहा कि 100 गैर कार्यशील सोसाइटी में से कितने के खिलाफ सीबीआई की जांच चल रही है। पाल ने बताया कि नरेन्द्र मोदी नीत सरकार में धोखाधड़ी को बर्दाश्त नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि धोखाधड़ी को रोकने के लिए कई कदम उठाए गए हैं।मंत्रीजी के जवाब से असंतुष्ट दिखे कांग्रेस सांसदगोहिल ने उनके जवाब पर असंतोष जाहिर किया। सदन में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि गोहिल ने पूछा कि जिन 100 सोसाइटी के मामले सामने आए उनमें से कितनों के खिलाफ जांच चल रही है। उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन इसका जवाब नहीं दिया गया।’’ उपसभापति हरिवंश ने कहा कि जवाब से असंतुष्ट होने पर संबंधित मंत्रालय से संपर्क किया जा सकता है या फिर अन्य माध्यमों क उपयोग जा सकता है। पाल ने बताया कि 70 बहुराज्यीय सहकारी बैंकों में कदाचार की शिकायतें आई और जांच के बाद उनके परिसमापन की प्रक्रिया चल रही है। -
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के अगले मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ही होंगे, जो 5 दिसंबर को सीएम पद की शपथ लेंगे। देवेन्द्र फडणवीस सर्वसम्मति से महाराष्ट्र भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए। इससे पहले बीजेपी की कोर कमेटी की बैठक में फडणवीस के नाम पर मुहर लगाई गई।
सूत्रों के अनुसार कल यानी 5 दिसंबर को देवेंद्र फडणवीस दो डिप्टी सीएम के साथ मुख्यमंत्री पद की शपल लेंगे। मुंबई में बीजेपी विधायक दल की बैठक में यह फैसला लिया गया। बैठक में पार्टी के केंद्रीय पर्यवेक्षक, केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और विजय रूपाणी बैठक में मौजूद हैं।इस दौरान महाराष्ट्र भाजपा प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा, "देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में हम सभी ने ऐतिहासिक चुनाव लड़ा और महायुति के लिए ऐतिहासिक जनादेश हासिल किया। हम प्रधानमंत्री मोदी की मदद से महाराष्ट्र को नंबर वन स्थान पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमें महाराष्ट्र के करोड़ों लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहिए कि हमने 149 सीटों पर चुनाव लड़ा और 132 सीटें जीतीं जो इतिहास में सबसे ज्यादा है। हमारे सहयोगियों ने भी 57 और 41 सीटें जीतीं। 7 विधायकों ने भी हमें समर्थन दिया है, इसलिए इस विधानसभा में हमारे पास 237 महायुति सदस्य होंगे।" - नागपुर। तेलंगाना के मुलुगु में बुधवार को सुबह भूकंप आने के बाद महाराष्ट्र के नागपुर, गढ़चिरौली और चंद्रपुर जिलों में भी झटके महसूस किए गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र के अनुसार, सुबह सात बजकर 27 मिनट पर मुलुगु में 5.3 तीव्रता का भूकंप आया। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के सूत्रों और स्थानीय निवासियों के अनुसार, नागपुर में भूंकप के हल्के झटके महसूस किए गए। जिला सूचना कार्यालय के अनुसार, तेलंगाना के बहुत करीब स्थित गढ़चिरौली में भी भूंकप के हल्के झटके महसूस किए गए। जिला प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि चंद्रपुर में शहर के कुछ हिस्सों, बल्लारपुर और तेलंगाना की सीमा से सटी तहसीलों में भी भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। चंद्रपुर के जिलाधिकारी विनय गौड़ा ने निवासियों से अपील की कि घबराने की जरूरत नहीं है और अगर फिर से ऐसे झटके महसूस हों तो वे सतर्क रहें तथा इमारतों से बाहर खुले स्थानों पर चले जाएं।
- देवरिया/लखनऊ (उप्र)। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं से ‘एक्शन मोड’ में आने और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी शुरू कर देने का आह्वान किया।मौर्य ने राज्य के मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी (सपा) पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सपा के आचरण को देखते हुए, अब उसे मुस्लिम लीग में विलय कर लेना चाहिए, या फिर नाम बदलकर ‘नमाजवादी पार्टी’ रख लेना चाहिए।उन्होंने मंगलवार को देवरिया जिला मुख्यालय पर स्थित जिला पंचायत सभागार में भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि पार्टी के किसी भी कार्यकर्ता के सम्मान के साथ को कोई समझौता नहीं किया जाएगा।उपमुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं को 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए आज से ही ‘एक्शन मोड’ में आ जाना होगा।मौर्य ने समाजवादी पार्टी के पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) पर हमला बोलते हुए कहा कि अखिलेश यादव के पीडीए का मतलब ‘परिवार डेवलपमेंट पार्टी’ है।उन्होंने अपने पुराने नारे को फिर दोहराया, ‘‘100 में 60 हमारा है, बाकी में बंटवारा है।’’प्रयागराज के कुंभ और प्रसिद्ध संत देवरहा बाबा का स्मरण करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि देवरहा बाबा के आशीर्वाद से ‘बाबरी विध्वंस और भव्य मंदिर के निर्माण’ का मार्ग प्रशस्त हो सका।कुंभ से दिवंगत देवरहा बाबा के आत्मीय रिश्तों की याद दिलाते हुए उन्होंने दावा किया कि इस बार महाकुंभ में 40 करोड़ से ज्यादा लोगों के शामिल होने की संभावना है।मौर्य ने बताया कि भाजपा में ‘बूथ’ स्तर का कार्यकर्ता भी संगठन और सरकार के शीर्ष पद पर जा सकता है। मौर्य ने कहा, ‘‘ मुस्लिम वोट बैंक खिसकने से बचाने की बौखलाहट में उठाया गया हर क़दम 2014 से 2024 तक के पांच चुनावों की तरह, फेल होना तय है। लोकतंत्र की ताकत, डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां, कार्यकर्ताओं का परिश्रम और जनता के आशीर्वाद से, भाजपा 2027 में 2017 जैसी ऐतिहासिक विजय दोहराएगी। भाजपा ही वर्तमान, भाजपा ही भविष्य। एक हैं तो सेफ हैं, एक हैं तो जीत है।’’
-
नई दिल्ली। लोकसभा सचिवालय ने सांसदों से संसद भवन के प्रवेश द्वारों के समक्ष विरोध प्रदर्शन नहीं करने का अनुरोध किया है। लोकसभा सचिवालय ने कहा कि ऐसी गतिविधियों से सदन की बैठकों के दौरान संसद सदस्यों के आने-जाने में बाधा होती है। सचिवालय ने इस बारे में लोकसभा अध्यक्ष द्वारा जारी निर्देशों की ओर भी ध्यान दिलाया है। लोकसभा सचिवालय ने कहा कि संसद के प्रवेश द्वारों को व्यवधान मुक्त रखना सांसदों की सुरक्षा के लिए भी जरूरी है।
-
नई दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह नौसेना दिवस पर नौसेना कर्मियों और उनके परिजनों को शुभकामनायें दी हैं। श्री सिंह ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि भारतीय नौसेना राष्ट्र के सुरक्षा तंत्र और समुद्री सुरक्षा का सशक्त स्तंभ है। यह हिंद महासागर क्षेत्र में सुरक्षित और संरक्षित समुद्री क्षेत्र सुनिश्चित करने की भारत की प्रतिबद्धता पूरी करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
-
कोलकाता. कोलकाता में लोग अब ‘यात्री साथी' मोबाइल ऐप पर सरकारी बसों के टिकट खरीद सकेंगे। परिवहन मंत्री स्नेहाशीष चक्रवर्ती ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शुरुआत में यह सेवा हवाई अड्डे को जोड़ने वाले 12 मार्गों पर उपलब्ध होगी और धीरे-धीरे इसका विस्तार किया जाएगा। परिवहन मंत्री ने कहा, ‘‘कोलकाता में ‘यात्री साथी' के माध्यम से ‘डिजिटल टिकटिंग' की शुरुआत सार्वजनिक परिवहन के लिए एक बड़ा परिवर्तनकारी कदम है।'' ऐप पर यात्रियों को पहले अपना मार्ग चुनकर ‘यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई)' के जरिए भुगतान करना होगा और फिर उन्हें 'क्विक रिस्पॉन्स (क्यूआर)कोड' के साथ टिकट मिलेगा। परिचालक एक उपकरण का इस्तेमाल करके इसे प्रमाणित करेंगे। मंत्री ने कहा, ‘‘इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी। नकदरहित प्रणाली के साथ यह भुगतान को सरल बनाता है और ‘डिजिटल' अपनाने को बढ़ावा देता है। परिवहन सचिव सौमित्र मोहन ने कहा कि इसके साथ ही कोलकाता, सार्वजनिक परिवहन को अधिक कुशल बनाने के लिए प्रौद्योगिकी का लाभ उठाने वाले चुनिंदा भारतीय शहरों में शामिल हो गया है। पश्चिम बंगाल सरकार के सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) और सूचना प्रौद्योगिकी-सक्षम सेवाएं (आईटीईएस) विभाग द्वारा विकसित ‘यात्री साथी' ऐप मुख्य रूप से अपने मंच पर 70 हजार से अधिक टैक्सी चालकों के साथ ‘राइड-हेलिंग' सेवा प्रदान करता है और यह अलीपुर चिड़ियाघर सहित कोलकाता के विभिन्न स्थलों के लिए ‘डिजिटल टिकटिंग' सेवाएं भी उपलब्ध कराता है। -
चेन्नई. तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन ने मंगलवार को तिरुवन्नामलाई जिले की अन्नामलाईयार पहाड़ी में बारिश जनित घटना में पांच बच्चों सहित सात लोगों की मौत होने पर दुख व्यक्त किया और मारे गए प्रत्येक व्यक्ति के परिजन को पांच-पांच लाख रुपये की अनुग्रह राशि दिए जाने की घोषणा की। पर्वतीय क्षेत्र के निचले इलाके में स्थित ‘वीओसी नगर' में एक दिसंबर को मूसलाधार बारिश के बाद एक चट्टान लुढ़क कर आवासीय मकान पर आ गिरी थी। इस घटना के वक्त मकान में मौजूद चार सदस्यीय एक परिवार और पड़ोस के तीन बच्चों सहित सात लोग मलबे के नीचे दब गए थे। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), पुलिस तथा दमकल एवं बचाव सेवा कर्मियों ने गहन खोज के बाद दो दिसंबर की शाम को उनके शव बरामद किये। तिरुवन्नामलाई के जिलाधिकारी डी भास्कर पांडियन ने बताया कि चक्रवात ‘फेंगल' के कारण हुई भारी बारिश के कारण पहाड़ की चोटी पर मिट्टी दरकने से चट्टान लुढ़क कर मकान पर गिर गई थी। मुख्यमंत्री ने यहां एक विज्ञप्ति में कहा, ‘‘मैं शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना और सहानुभूति व्यक्त करता हूं। मैंने मुख्यमंत्री जन राहत कोष से मृतकों के परिजनों को पांच-पांच लाख रुपये प्रदान करने का आदेश दिया है।'' पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान 32 वर्षीय राजकुमार, उनकी पत्नी मीना (27), उनके बेटे एवं बेटी तथा पड़ोस की तीन लड़कियों के रूप में हुई है। सभी पांच बच्चे 14 वर्ष से कम उम्र के थे। विज्ञप्ति में कहा गया है कि एक दिसंबर को शाम चार बजे राजकुमार को लगा कि भारी बारिश के कारण उनके घर पर एक पेड़ गिर गया है और जब उन्होंने अपने घर का दरवाजा खोलने की कोशिश की तो पहाड़ से एक चट्टान लुढ़क कर उनके घर पर गिर गई जिससे उनका घर मिट्टी और पत्थरों से ढंक गया। घटना की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन ने एनडीआरएफ को सूचित किया और उनके कमांडिंग अधिकारी सहित 39 कर्मियों को बचाव कार्य में लगाया गया। विज्ञप्ति में कहा गया है कि एनडीआरएफ के प्रयास असफल रहे और राजकुमार, उनकी पत्नी मीना, उनके बेटे एवं बेटी के अलावा पड़ोस के घरों में रहने वाली तीन अन्य लड़कियों की मौत हो गई।
-
लखीमपुर खीरी. प्रतिभावान लोगों को कोई सीमा आगे बढ़ने से नहीं रोक सकती और यह साबित किया है यहां के 28 वर्षीय मुनीर खान ने जिन्होंने अपने तकनीकी कौशल और नवप्रवर्तन से लोगों का दिल जीत लिया है। खीरी के एक छोटे कस्बे गौरिया में जन्मे मुनीर खान ने दृष्टि बाधित लोगों की मदद के लिए हाल ही में एआई युक्त चश्मा इजाद किया है जिसे एआई-विजन प्रो के नाम से जाना जाता है। खान का कहना है कि उनके सभी नवाचार ने आम लोगों की रोजाना की जिंदगी को आसान बनाया है। चाहे वह कोलंबिया यूनिवर्सिटी में विकसित हाइड्रोहोमी नाम का स्मार्ट वाटर बॉटल हो जो शरीर में पानी का स्तर पता लगाकर तत्काल पानी पीने का सुझाव देता है या मिट्टी की जांच वाला स्मार्ट डिवाइस जिससे किसानों को मिनटों में अपनी मिट्टी में सूक्ष्म पोषक तत्वों की पहचान करने में मदद मिली। उनके स्मार्ट वाटर बॉटल को कोलंबिया यूनिवर्सिटी द्वारा सर्वोत्तम प्रोजेक्ट का अवार्ड दिया गया। मिट्टी की जांच करने वाले उनके स्मार्ट डिवाइस के लिए जुलाई में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने उन्हें “यंग साइंटिस्ट अवार्ड” से सम्मानित किया। अब मुनीर ने दृष्टि बाधित लोगों की मदद के लिए एआई युक्त चश्मा विकसित किया है जिसे एआई-विजन प्रो का नाम दिया गया है। मुनीर ने बताया, “दृष्टि बाधित लोगों के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस युक्त चश्मे 17 से 19 दिसंबर तक आईआईटी, मुंबई में आयोजित टेकफेस्ट में लोगों को दिए जाएंगे।” उन्होंने कहा, “इन चश्मों से लोगों को दिन प्रतिदिन के जीवन में सहूलियत मिलेगी। सेंसर्स, कैमरे, एनविडिया जेटसन प्रोसेसर्स, लिडार टेक्नोलॉजी और एआई मॉडल कंप्यूटेशन से एकीकृत विजनप्रो चश्मे आसपास के वातावरण की सटीक अनुभूति प्रदान करेंगे।” उन्होने बताया, “चश्मा पहनने पर एआई युक्त ग्लास से चेहरे की पहचान में मदद मिलेगी और लोग दवाओं और खाने पीने की वस्तुओं में भेद कर सकेंगे। साथ ही वे चलते फिरते समय अड़चनों को पहचान सकेंगे। इसके अलावा, छपी हुई सामग्री को वे पढ़कर उसका अर्थ समझ सकेंगे।” मुनीर ने कहा कि आईआईटी बांबे में एशिया के सबसे बड़े टेकफेस्ट के दौरान पहली बार लोगों के सामने इस अनूठे चश्मे का अनावरण करने की घोषणा करते हुए आयोजक रोमांचित हो गए। खीरी के गौरिया गांव में एक गरीब परिवार में जन्मे मुनीर जब महज एक साल के थे, तभी उनके सिर से पिता का साया उठ गया। उनके चार भाइयों और मां ने उनकी पढ़ाई के लिए बहुत मेहनत की। अपने गांव के सरकारी प्राइमरी स्कूल से अपनी प्राथमिक शिक्षा पूरी करने के बाद मुनीर ने एक प्राइवेट इंटर कॉलेज से इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की और अपनी प्रतिभा के बल पर उन्होंने भीमताल स्थित बिड़ला इंस्टीट्यूट ऑफ एप्लायड साइंसेज़ में दाखिला लिया। बाद में फेलोशिप मिलने पर उन्होंने फ्रांस और रूस में इंटर्नशिप की जिससे एआई और सेंसर टेक्नोलॉजी में उनकी रुचि पैदा हुई।
-
नयी दिल्ली. देश के शीर्ष सात शहरों में वर्तमान में 52.63 करोड़ वर्ग फुट किराये पर देने लायक कार्यालय स्थल मौजूद है, जिसका मूल्य 4.5 लाख करोड़ रुपये है। इन्हें रियल एस्टेट निवेश ट्रस्ट (रीट) में शामिल किया जा सकता है और शेयर बाजारों में सूचीबद्ध कराया जा सकता है। रियल एस्टेट सलाहकार वेस्टियन ने मंगलवार को ‘रीट: भारत के वाणिज्यिक खंड को दे रहा आकार' शीर्षक से जारी रिपोर्ट में यह बात कही। इसमें कहा गया है, ‘‘ भारत का रीट बाजार अभी प्रमुख वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में प्रारंभिक चरण में है, जिसमें केवल चार सूचीबद्ध रीट हैं जो खुदरा तथा कार्यालय बाजारों में 12.5 करोड़ वर्ग फुट क्षेत्र को ‘कवर' करते हैं। '' रिपोर्ट के अनुसार लाभांश के रूप में आकर्षक मुनाफे के कारण रीट धीरे-धीरे विदेशी और घरेलू निवेशकों के बीच लोकप्रिय हो रहा है। वेस्टियन के आंकड़ों के मुताबिक, देश के सात प्रमुख शहरों में 88.41 करोड़ वर्ग फुट ‘ग्रेड-ए' कार्यालय स्थल ‘स्पेस' हैं, जिसमें से 52.63 करोड़ वर्ग फुट यानी 4.5 लाख करोड़ रुपये मूल्य के कार्यालय स्थल रीट योग्य हैं। कार्यालय संपत्ति द्वारा समर्थित तीन सूचीबद्ध रीट में 11.07 करोड़ वर्ग फुट कार्यालय स्थल का संयुक्त खंड है। रीट योग्य कार्यालय स्थल में हैदराबाद की सबसे अधिक 74 प्रतिशत और कोलकाता की सबसे कम करीब 24 प्रतिशत हिस्सेदारी है। हैदराबाद, बेंगलुरु, चेन्नई तथा दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) की रीट योग्य कार्यालय स्थल में 60 प्रतिशत से अधिक और मुंबई तथा पुणे की करीब 50 प्रतिशत हिस्सेदारी है। प्रबंधित कार्यालय स्थल प्रदाता अर्बनवॉल्ट के संस्थापक अमल मिश्रा ने कहा कि भारत में रीट के पास वर्तमान में कुल प्रमुख कार्यालय स्थल का अपेक्षाकृत छोटा हिस्सा ही है। उन्होंने कहा, ‘‘ चूंकि रीट मुख्य रूप से ऐसी वाणिज्यिक परिसंपत्तियों में निवेश करते हैं जिसने किराया मिल सके...इसलिए ग्रेड-ए कार्यालय स्थल की आपूर्ति तथा मांग की गतिशीलता उनके विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। यह रीट के लिए भारत में अपनी पहचान का विस्तार करने, अपने खंड को बढ़ाने और निवेशकों को मूल्य प्रदान करने के लिए उच्च गुणवत्ता वाले कार्यालय स्थलों की बढ़ती मांग का लाभ उठाने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रस्तुत करता है।'' भारत में सूचीबद्ध चार रीट ब्रुकफील्ड इंडिया रियल एस्टेट ट्रस्ट, एम्बेसी ऑफिस पार्क रीट, माइंडस्पेस बिजनेस पार्क रीट और नेक्सस सेलेक्ट ट्रस्ट हैं।


.jpg)
.jpg)








.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)






.jpg)
.jpg)