- Home
- देश
- नयी दिल्ली. केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के चेयरमैन रवि अग्रवाल ने सोमवार को कहा कि चालू वित्त वर्ष (2024-25) में प्रत्यक्ष कर संग्रह 22.07 लाख करोड़ रुपये के लक्ष्य से अधिक रहने की उम्मीद है। अग्रवाल ने यह भी कहा कि जिन करदाताओं ने अपने आयकर रिटर्न में विदेशी आय या संपत्ति का खुलासा नहीं किया है, उनके पास वित्त वर्ष 2023-24 के लिए अपना संशोधित रिटर्न दाखिल करने को लेकर 31 दिसंबर तक का समय है। कर विभाग उन करदाताओं को एसएमएस और ई-मेल भेज रहा है, जिन्होंने उच्च मूल्य वाली संपत्तियों का खुलासा नहीं किया है। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि कितने करदाताओं को इस प्रकार के एसएमएस और ई-मेल भेजे गये हैं।भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले (आईआईटीएफ) में करदाता ‘लाउंज' का उद्घाटन करते हुए अग्रवाल ने यह भी कहा कि आयकर कानून की समीक्षा के लिए भाषा को सरल और समझने में आसान बनाने को लेकर आयकर कानून की समीक्षा के संदर्भ में 6,000 से अधिक सुझाव आये हैं। अग्रवाल ने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि हम कर संग्रह के बजट लक्ष्य को पार कर जाएंगे। कंपनी और व्यक्तिगत कर समेत अन्य कर संग्रह बढ़ा है।'' सीबीडीटी के कर संग्रह के ताजा आंकड़ों के अनुसार, एक अप्रैल से 10 नवंबर तक शुद्ध प्रत्यक्ष कर संग्रह 15.41 प्रतिशत बढ़कर 12.11 लाख करोड़ रुपये रहा है। इसमें 5.10 लाख करोड़ रुपये का शुद्ध कंपनी कर और 6.62 लाख रुपये गैर-कंपनी कर शामिल है। गैर-कंपनी कर में व्यक्तियों, हिंदू अविभाजित परिवारों आदि द्वारा भुगतान किया गया कर शामिल है। इस अवधि के दौरान प्रतिभूति लेनदेन कर (एसटीटी) मद में 35,923 करोड़ रुपये प्राप्त हुए।सरकार ने चालू वित्त वर्ष के लिए प्रत्यक्ष कर से 22.07 लाख करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसमें कंपनी कर से 10.20 लाख करोड़ रुपये और व्यक्तिगत आयकर तथा अन्य करों से 11.87 लाख करोड़ रुपये प्राप्त करने का लक्ष्य रखा गया है। अग्रवाल ने विदेशी संपत्तियों के बारे में खुलासा नहीं करने को लेकर करदाताओं को सूचित करने के संबंध में कहा कि कर विभाग सूचनाओं के स्वत: आदान-प्रदान की व्यवस्था के तहत विभिन्न देशों से विदेशी संपत्तियों के बारे में सभी विवरण प्राप्त करता है और आयकर रिटर्न में खुलासे के साथ ऐसे विवरणों का मिलान करता है। उन्होंने कहा, ‘‘इस कदम का मूल मकसद करदाताओं को विदेशी संपत्तियों की घोषणा के बारे में याद दिलाना है। वे 31 दिसंबर तक संशोधित रिटर्न दाखिल कर सकते हैं।'' विदेशी संपत्तियों में विदेशी बैंक खाते, किसी कारोबार/इकाई में वित्तीय हित, देश के बाहर अचल संपत्ति, विदेशी इक्विटी समेत अन्य संपत्तियां शामिल हैं। आयकर कानून की समीक्षा में प्रगति के बारे में पूछे जाने पर सीबीडीटी प्रमुख ने कहा कि सार्वजनिक परामर्श जारी है और विभाग को 6,000 से अधिक सुझाव मिले हैं। उन्होंने कहा, ‘‘मैं करदाताओं को आगे आने और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर गतिविधियों और नियमों के बारे में सुझाव देने के लिए आमंत्रित करता हूं।'' उल्लेखनीय है कि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट में आयकर अधिनियम, 1961 की व्यापक समीक्षा की घोषणा की थी। सीबीडीटी ने समीक्षा पर नजर रखने और अधिनियम को सरल, स्पष्ट और समझने में आसान बनाने के लिए एक आंतरिक समिति का गठन किया है। इस पहल का मकसद कर को लेकर कानूनी विवादों को कम करना और करदाताओं को कर के मामले में अधिक निश्चितता प्रदान करना है।
- जयपुर. राजस्थान के दौसा जिले में एक विवाह स्थल के बाहर एक व्यक्ति ने अपनी कार से नौ लोगों को कथित तौर पर टक्कर मार दी, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। घटना रविवार रात को लाडपुरा गांव में हुई।पुलिस ने बताया कि आरोपी बाराती बनकर आया था और विवाह स्थल के बाहर पटाखे जला रहा था, तभी उसका दुल्हन के भाई से झगड़ा हो गया। बाद में विवाद और बढ़ गया। उन्होंने बताया कि इसके बाद आरोपी अपनी कार में बैठ गया और दुल्हन पक्ष के लोगों के एक समूह पर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे नौ लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जयपुर के सवाई मानसिंह (एसएमएस) अस्पताल में उपचार के लिये भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी मौके से फरार हो गया और उसकी तलाश की जा रही है।
- मुंबई. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि बैंक ब्याज दरें कुछ लोगों के लिए बेहद दबाव वाली हैं, और उन्हें सस्ता बनाने के लिए कदम उठाने की जरूरत है। वित्त मंत्री ने आर्थिक वृद्धि में सुस्ती की आशंका के बारे में व्यापक चिंताओं के बीच भरोसा दिलाया कि सरकार घरेलू और वैश्विक चुनौतियों से पूरी तरह अवगत है। उन्होंने कहा कि अनावश्यक चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि इस समय भारत में उद्योगों को बढ़ावा देने और नये संयंत्रों में निवेश करने की जरूरत है और ऐसे में कर्ज दरों को कम करने से विकसित भारत की आकांक्षा को साकार करने में मदद मिल सकती है। सीतारमण ने कहा, ‘‘महत्वपूर्ण बात यह है कि जब आप भारत की वृद्धि की जरूरतों को देखते हैं, और कई तबकों से यह राय सामने आती है कि उधार लेने की लागत वास्तव में बेहद दबाव बढ़ाने वाली है। ऐसे समय में जब हम चाहते हैं कि उद्योग तेजी से आगे बढ़ें और क्षमता निर्माण हो, बैंक ब्याज दरें कहीं अधिक सस्ती होनी चाहिए।'' उन्होंने भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के वार्षिक व्यापार और आर्थिक सम्मेलन में बैंकों से ऋण देने के अपने मूल काम पर ध्यान केंद्रित करने को कहा। वित्त मंत्री ने कहा कि बीमा उत्पादों की गलत ढंग से बिक्री भी अप्रत्यक्ष रूप से किसी व्यक्ति या संस्था के लिए कर्ज लेने की लागत को बढ़ाती है। केंद्रीय वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने पिछले सप्ताह भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) से आर्थिक वृद्धि को बढ़ावा देने के लिए ब्याज दरों में कटौती करने का आग्रह किया था। गौरतलब है कि ज्यादातर वाणिज्यिक बैंक प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से आरबीआई की ब्याज दरों के आधार पर अपनी दरें तय करते हैं। सीतारमण ने कहा कि इस समय तीन या चार जल्दी खराब होने वाली वस्तुओं के एक समूह की वजह से महंगाई बढ़ रही है और बाकी वस्तुएं तीन या चार प्रतिशत स्तर पर हैं। वित्त मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि वह इस बहस में नहीं पड़ना चाहती हैं कि मुद्रास्फीति सूचकांकों को तैयार करते समय खाद्य कीमतों पर विचार किया जाना चाहिए या आरबीआई की मौद्रिक नीति समिति को दरों पर फैसला करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुद्रास्फीति एक जटिल मुद्दा है, जो आम आदमी को प्रभावित करता है। उन्होंने कहा कि सरकार खाद्य तेलों और दालों सहित आपूर्ति पक्ष के उपायों पर काम कर रही है। सीतारमण ने हालांकि यह भी जोड़ा कि भारत चक्रीय रूप से आपूर्ति संबंधी समस्याओं से जूझ रहा है और सरकार के प्रयास मुख्य रूप से अस्थिरता को कम करने के लिए भंडारण सुविधाओं को बेहतर बनाने पर केंद्रित हैं। वृद्धि में सुस्ती की आशंकाओं को लेकर व्यापक चिंताओं के बीच सीतारमण ने भरोसा दिया कि सरकार घरेलू और वैश्विक चुनौतियों से पूरी तरह अवगत है और कहा कि बेवजह चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि कई उच्च आवृत्ति संकेतक जमीन पर मजबूत गतिविधियों की ओर इशारा कर रहे हैं। वित्त मंत्री ने कहा कि कुछ लोगों का मानना है कि सरकार के राजकोषीय समेकन से आर्थिक गतिविधियों को नुकसान हो रहा है, लेकिन उन्होंने ऐसी किसी भी बात से इनकार किया और कहा कि वृद्धि सरकार की प्राथमिकता है।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2002 में गुजरात के गोधरा में हुए ट्रेन अग्निकांड की घटना पर बनी एक फिल्म का जिक्र करते हुए रविवार को कहा कि फर्जी विमर्श को कुछ समय के लिए ही आगे बढ़ाया जा सकता है। उक्त घटना के समय वह गुजरात के मुख्यमंत्री थे। मोदी ने यह टिप्पणी एक उपयोगकर्ता के पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए की। पोस्ट में फिल्म ‘साबरमती रिपोर्ट' की प्रशंसा करते हुए कहा गया कि यह ‘‘हमारे हाल के इतिहास की सबसे शर्मनाक घटनाओं में से एक की महत्वपूर्ण सच्चाई को सामने लाती है।'' उपयोगकर्ता ने अन्य बिंदु भी उठाए, जिनमें दावा किया गया कि साबरमती एक्सप्रेस ट्रेन में ‘‘यात्रियों को बेरहमी से जलाए जाने'' की घटना को निहित स्वार्थ वाले समूह द्वारा राजनीतिक खेल में बदल दिया गया। उसने मोदी के स्पष्ट संदर्भ में कहा कि ‘एक नेता' की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया गया। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ठीक कहा। यह अच्छी बात है कि यह सच्चाई सामने आ रही है और वह भी इस तरह कि आम लोग इसे देख सकें।'' अयोध्या से बड़ी संख्या में तीर्थयात्रियों को लेकर आ रही ट्रेन में आग लगाने का आरोप मुस्लिम भीड़ पर लगा था। वहीं, अन्य तबके ने इसे महज एक हादसा कहा। इस आग में 50 से अधिक यात्री मारे गए थे, जिसके बाद गुजरात में सांप्रदायिक दंगे भड़क उठे।केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार में रेल मंत्री रहने के दौरान लालू प्रसाद द्वारा गठित की गई जांच समिति ने हादसे के सिद्धांत का समर्थन किया था। हालांकि, ट्रेन में आग लगाने के मामले में कई आरोपियों को अदालतों ने दोषी ठहराया, जिससे राज्य पुलिस के दावे की पुष्टि हुई।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मणिपुर में सुरक्षा स्थिति की रविवार को समीक्षा की और शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों को राज्य में शांति सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाने का निर्देश दिया। सूत्रों ने यह जानकारी दी। शाह ने महाराष्ट्र में अपनी चुनावी रैलियां रद्द करके लौटने के तुरंत बाद यह बैठक की।सूत्रों के मुताबिक, गृह मंत्री ने शीर्ष सुरक्षा अधिकारियों के साथ मणिपुर में सुरक्षा स्थिति की समीक्षा की और उन्हें शांति सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाने का निर्देश दिया। उन्होंने बताया कि शाह आगे के कदमों पर सोमवार को शीर्ष अधिकारियों के साथ एक और विस्तृत बैठक करेंगे।यह कदम ऐसे समय उठाया गया है, जब मणिपुर में महिलाओं और बच्चों के शव बरामद होने के बाद विरोध-प्रदर्शन और हिंसा के कारण स्थिति अस्थिर बनी हुई है। मणिपुर पिछले साल मई से ही जातीय संघर्ष से जूझ रहा है। अधिकारियों ने बताया कि मणिपुर में इंफाल घाटी के विभिन्न जिलों में गुस्साई भीड़ ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के तीन और विधायकों तथा कांग्रेस के एक विधायक के आवास को आग लगा दी। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने राज्य के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह के पैतृक आवास पर भी धावा बोलने की कोशिश की, हालांकि पुलिस ने उन्हें रोक दिया। जिरीबाम जिले में तीन महिलाओं और तीन बच्चों के शव मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने इंफाल घाटी के विभिन्न हिस्सों में शनिवार को हिंसक प्रदर्शन किया, जिसके बाद से यहां अनिश्चितकाल के लिए कर्फ्यू लगा दिया गया। गुस्साई भीड़ ने शनिवार को राज्य के तीन मंत्रियों और छह विधायकों के आवासों पर भी हमला किया था। अधिकारियों के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने निंगथौखोंग में लोक निर्माण मंत्री गोविंददास कोंथौजम, लैंगमीडोंग बाजार में हियांगलाम से भाजपा विधायक वाई राधेश्याम, थौबल जिले में वांगजिंग टेंथा के भाजपा विधायक पाओनम ब्रोजेन और इंफाल पूर्वी जिले में खुंद्राक्पम के कांग्रेस विधायक लोकेश्वर के घरों में आग लगा दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुस्साई भीड़ ने विधायकों के आवासीय परिसरों पर धावा बोला, संपत्ति में तोड़फोड़ की और घरों में आग लगा दी। हालांकि, इस दौरान विधायक और उनके परिवार के सदस्य घर पर मौजूद नहीं थे। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि मणिपुर में तैनात सभी सुरक्षा बलों को राज्य में व्यवस्था और शांति बहाल करने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए हैं, जहां पिछले कुछ दिनों से स्थिति नाजुक बनी हुई है। नाजुक स्थिति को देखते हुए केंद्र ने बृहस्पतिवार को हिंसा प्रभावित जिरीबाम सहित राज्य के छह पुलिस थाना क्षेत्रों में सशस्त्र बल (विशेष शक्तियां) अधिनियम (अफस्पा) को पुनः लागू कर दिया। इंफाल घाटी में बसे मेइती और समीपवर्ती पहाड़ियों में बसे कुकी-जो समुदाय के बीच जातीय हिंसा में 200 से अधिक लोग मारे गए हैं और हजारों लोग बेघर हुए हैं।
- मेरठ (उप्र). मेरठ जिले के सिविल लाइंस इलाके में रविवार को पुलिस ने एक मसाज पार्लर पर छापा मारकर कथित रूप से देह व्यापार में लिप्त नौ महिलाओं समेत 16 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) आयु विक्रम सिंह ने बताया कि सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के मंगल पांडे नगर में स्थानीय निवासियों ने एक मसाज पार्लर में देह व्यापार होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि इसके बाद पुलिस ने आज अचानक छापा मारा जिस दौरान नौ महिलाएं और सात पुरुष आपत्तिजनक हालत में मिले। सिंह के मुताबिक, उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया है।उन्होंने बताया कि पुलिस ने मौके से आपत्तिजनक सामान भी बरामद किया है। अधिकारी के अनुसार, पकड़े गये पुरुषों और महिलाओं से पूछताछ की जा रही है। पार्लर की सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में ले लिया गया है तथा मामले की जांच की जा रही है।
- बरेली. उत्तर प्रदेश में बरेली शहर के बारादरी क्षेत्र में मोटरसाइकिल सवार युवकों ने एक महिला की सरेराह कथित रूप से गोली मारकर हत्या कर दी। अपर पुलिस अधीक्षक (नगर क्षेत्र) मानुष पारीक ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि शनिवार रात लगभग 12 बजे रूपवती (45) नामक महिला अपने घर जा रही थी, तभी पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार दो अज्ञात हमलावरों ने उसकी पीठ पर दो गोलियां मार दीं। उन्होंने बताया कि गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी आ गए तथा मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया, मगर इलाज शुरू होने से पहले ही रूपवती ने दम तोड़ दिया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना से नाराज स्थानीय लोगों ने घटना स्थल पर रास्ता जाम कर दिया तथा अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर नाराज लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया, जिसके बाद जाम खुल सका। पारीक ने बताया कि अब तक की जानकारी में पारिवारिक विवाद की बात सामने आई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि बारादरी के संजय नगर की रहने वाली रूपवती का घर एक बारातघर के पास है और वह व उसका बेटा खाने पीने के सामान का ठेला लगाते थे। उनके मुताबिक, बारातघर के पास ठेला लगाने को लेकर रूपवती का अपने ही परिवार के ही कुछ लोगों से विवाद था। बहरहाल, मामले की जांच की जा रही है।
- कोलंबो . श्रीलंका के नये मंत्रिमंडल के सदस्यों को सोमवार को राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके की उपस्थिति में शपथ दिलाई जाएगी। राष्ट्रपति के मीडिया कार्यालय ने रविवार को यह जानकारी दी। दिसानायके के नेतृत्व वाली नेशनल पीपुल्स पावर (एनपीपी) ने बृहस्पतिवार को हुए संसदीय चुनावों में दो तिहाई बहुमत हासिल करके जीत हासिल की। इसने तमिल अल्पसंख्यकों के गढ़ जाफना निर्वाचन क्षेत्र में भी अपना दबदबा कायम किया। राष्ट्रपति के मीडिया प्रभाग ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर पोस्ट किया, "सरकार के नए मंत्रिमंडल का शपथ ग्रहण सोमवार को पूर्वाह्न 10:00 बजे राष्ट्रपति सचिवालय में राष्ट्रपति अनुरा कुमार दिसानायके की उपस्थिति में होगा।" दसवीं संसद का पहला सत्र 21 नवंबर को आयोजित होने वाला है।संविधान के अनुच्छेद 46 के अनुसार, कैबिनेट मंत्रियों की कुल संख्या 30 तक सीमित है। उप-मंत्रियों की संख्या कुल मिलाकर 40 से अधिक नहीं हो सकती।
- नयी दिल्ली. विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) की वार्षिक बैठक में भारत के 100 से अधिक कारोबार और सरकारी क्षेत्र की दिग्गज हस्तियां अपने वैश्विक समकक्षों के साथ शामिल होंगी। जनवरी 2025 में आयोजित होने वाली इस बैठक में 'बुद्धिमान युग के लिए सहयोग' पर खासतौर से चर्चा होगी।दुनिया भर के लगभग 50 राष्ट्राध्यक्षों और सरकारों के 20-24 जनवरी, 2025 तक होने वाली वार्षिक बैठक में भाग लेने की उम्मीद है। यह बैठक अमेरिका में सत्ता परिवर्तन, यूक्रेन युद्ध और पश्चिम एशिया में जारी संकट सहित विभिन्न भू-राजनीतिक और व्यापक आर्थिक मुद्दों की पृष्ठभूमि में होगी। भारत से केंद्रीय मंत्रियों और सामाजिक नेताओं के अलावा रिलायंस, टाटा, अदाणी, बिड़ला, भारती, महिंद्रा, गोदरेज, जिंदल, बजाज और वेदांता समूह के शीर्ष अधिकारी शामिल होंगे। मुकेश अंबानी और गौतम अदाणी के अलावा, उनके समूहों से अगली पीढ़ी के नेताओं के भी मौजूद रहने की उम्मीद है। बैठक में इंफोसिस के सलिल पारेख, विप्रो के रिशाद प्रेमजी, रीन्यू के सुमंत सिन्हा, पेटीएम के विजय शेखर शर्मा और सीरम इंस्टीट्यूट के अदार पूनावाला भी शामिल हो सकते हैं। जिनेवा स्थित डब्ल्यूईएफ सार्वजनिक निजी सहयोग के लिए एक अंतरराष्ट्रीय संगठन है। डब्ल्यूईएफ 'बुद्धिमान युग के लिए सहयोग' विषय के तहत अपनी 55वीं वार्षिक बैठक आयोजित कर रहा है।
-
नयी दिल्ली. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने रविवार को कहा कि भारत ने ओडिशा के तट से दूर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से लंबी दूरी की मारक क्षमता वाली हाइपरसोनिक मिसाइल का सफल परीक्षण किया है। अधिकारियों के अनुसार, हाइपरसोनिक मिसाइल का शनिवार को परीक्षण किया गया। सिंह ने इस मिसाइल के परीक्षण को एक ऐतिहासिक पल करार दिया और कहा कि इससे भारत उन चुनिंदा देशों के समूह में शामिल हो गया है, जिनके पास ऐसी महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों को विकसित करने की क्षमता है। रक्षा मंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत ने ओडिशा के तट पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से लंबी दूरी की मारक क्षमता वाली हाइपरसोनिक मिसाइल का सफल परीक्षण करके एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है।'' उन्होंने कहा, ‘‘यह एक ऐतिहासिक पल है और इस महत्वपूर्ण उपलब्धि ने हमारे देश को उन चुनिंदा देशों के समूह में शामिल कर दिया है जिनके पास ऐसी महत्वपूर्ण और उन्नत सैन्य प्रौद्योगिकियों की क्षमता है।'' सिंह ने रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ), सशस्त्र बलों और उद्योग को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।
-
खरगौन/मुरैना. मध्यप्रदेश के खरगौन और मुरैना जिले में दो सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई और सात व्यक्ति घायल हो गए। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। खरगौन कोतवाली पुलिस थाने के उपनिरीक्षक श्रीराम भूरिया ने बताया कि खरगौन में पीडब्ल्यूडी कार्यालय के पास रविवार सुबह करीब सात बजे स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी) और वैन के बीच टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि वैन में मौजूद दो लोग रामलाल (50) और शोभाराम (49) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि पांच व्यक्ति घायल हो गए। भूरिया ने बताया कि एसयूवी में एक ही व्यक्ति बैठा था। उन्होंने बताया कि वाहन की नंबर प्लेट पर ‘एसडीएम' (सब डिविजनल मजिस्ट्रेट) लिखा हुआ था। इस संबंध में पूछे गए सवाल का जवाब देते हुए पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के बाद ही पता चलेगा कि वाहन किसका है। पुलिस ने बताया कि मुरैना में शनिवार रात दो तेज रफ्तार मोटरसाइकिल टकरा गईं, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई और दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। सबलगढ़ पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना मुरैना जिला मुख्यालय से लगभग 60 किलोमीटर दूर पीपलवाड़ी पुलिस चौकी के पास हुई। उन्होंने बताया कि मोटरसाइकिल सवार बिशु (65) और सचिन (22) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि संतोष (28) नामक व्यक्ति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अधिकारी ने बताया कि इस हादसे में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें सबलगढ़ सरकारी अस्पताल से मुरैना के जिला अस्पताल में स्थानांतरित किया गया है।
- नयी दिल्ली. आयकर विभाग ने शनिवार को कहा कि जिन करदाताओं ने आकलन वर्ष 2024-25 के लिए अपने आईटीआर में उच्च मूल्य की विदेशी आय या संपत्ति का खुलासा नहीं किया है, उन्हें इस बारे में बताने के लिए एक अभियान शुरू किया गया है। केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) ने करदाताओं को अपने आयकर रिटर्न (आईटीआर) में अनुसूची 'विदेशी संपत्ति' (अनुसूची एफए) को सही ढंग से भरने और विदेशी स्रोतों (अनुसूची एफएसआई) से आय के बारे में बताने के लिए आकलन वर्ष (एवाई) 2024-25 के लिए अनुपालन-सह-जागरूकता अभियान शुरू किया है। सीबीडीटी ने एक बयान में कहा कि सूचनात्मक संदेश उन निवासी करदाताओं को एसएमएस और ईमेल के जरिए भेजे जाएंगे, जिन्होंने पहले ही आकलन वर्ष 2024-25 के लिए अपने आईटीआर जमा कर दिए हैं। बोर्ड ने बताया कि ये संदेश द्विपक्षीय और बहुपक्षीय समझौतों के तहत मिली जानकारी के जरिये पहचाने गए व्यक्तियों के लिए हैं। इस जानकारी से पता चलता है कि इन व्यक्तियों के पास विदेशी खाते या संपत्ति हो सकती है, या संभव है कि उन्हें विदेश से आमदनी हुई हो।
- भोपाल. मध्यप्रदेश के पन्ना बाघ अभ्यारण्य के बफर जोन के 36 गांवों में 1100 से अधिक कुत्तों को एहतियात के तौर पर ‘कैनाइन डिस्टेंपर वायरस' (सीडीवी) का टीका लगाया जा रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। सीडीवी एक अत्यधिक संक्रामक और संभावित रूप से घातक बीमारी है, जो कुत्तों के श्वसन, जठरांत्र (पाचन तंत्र के सभी अंग शामिल होते हैं) और तंत्रिका तंत्र को प्रभावित करती है। पन्ना बाघ अभ्यारण्य की क्षेत्र निदेशक अंजना सुचिता तिर्की ने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया, “हम अभ्यारण्य के बफर जोन के 36 गांवों में लगभग 1150 कुत्तों को टीका लगा रहे हैं। यह अभियान नवंबर में शुरू किया गया और फरवरी तक जारी रहेगा। टीकाकरण एहतियाती उपाय के रूप में किया जा रहा है।” तिर्की ने बताया, “कुत्तों के रक्त के नमूनों से पता चला था कि उनमें रेबीज और सीडीवी की बीमारी है। कुत्तों में इन बीमारियों के वायरस मौजूद थे। ये कुत्ते जंगली जानवरों के संपर्क में आ सकते हैं।” उन्होंने बताया कि कुत्तों के काटने की घटनाएं हो सकती हैं, जिससे अन्य जानवरों को रेबीज या सीडीवी हो सकता है। पहले भी इस तरह की घटनाएं हुई हैं। अधिकारी ने बताया कि संजय बाघ अभ्यारण्य भेजा गया बाघ पी-212 रेबीज से संक्रमित पाया गया था।उन्होंने बताया कि छतरपुर में एक तेंदुए के साथ-साथ एक बाघ में भी सीडीवी पाया गया था।
- काठमांडू. दक्षिणी नेपाल के जनकपुर धाम के जानकी मंदिर से शनिवार को 400 से अधिक हिंदू श्रद्धालु तिलकोत्सव अनुष्ठान के वास्ते उपहार लेकर भारत के अयोध्या तक की धार्मिक पदयात्रा पर निकल पड़े। जनकपुर अयोध्या के मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की पत्नी सीता का जन्मस्थान है। सीता का दूसरा नाम जानकी है, जो जनकपुर के राजा जनक की पुत्री थीं। यह स्थान काठमांडू से लगभग 220 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में और अयोध्या से लगभग 500 किलोमीटर पूर्व में स्थित है। जनकपुरधाम उप-महानगर की उप महापौर किशोरी शाह ने कहा, "इस वर्ष की शोभायात्रा में जानकी मंदिर के मुख्य पुजारी राम रोशन दास सहित 400 से अधिक लोग शामिल हुए हैं।" शाह के अनुसार, श्रद्धालुओं के सोमवार को अयोध्या पहुंचने की उम्मीद है।
- नयी दिल्ली. ब्रिटेन की पूर्व प्रधानमंत्री एलिजाबेथ ट्रस ने शनिवार को ‘‘सर्वोत्तम सुधार'' लाने, ब्रिटेन में ‘‘शक्तिशाली नौकरशाही'' में व्यवस्था को दुरुस्त करने और अमेरिका जैसा आंदोलन खड़ा करने की वकालत की, जिसके कारण वहां ‘‘बड़े बदलाव'' हुए। उन्होंने अमेरिका के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ‘‘एमएजीए'' (मेक अमेरिका ग्रेट अगेन) आंदोलन का हवाला देते हुए कहा, ‘‘सच कहूं तो मुझे लगता है कि हमें एक ब्रिटिश ट्रंप की जरूरत है। सवाल यह है कि वह व्यक्ति कौन हो सकता है।'' ट्रस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के तीसरे कार्यकाल को एक "बड़ी उपलब्धि" करार दियाट्रस ने यहां एचटी लीडरशिप समिट 2024 में एक संवाद सत्र के दौरान यह भी कहा कि दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में भारत को ‘‘भू-राजनीति के भविष्य'' में ‘‘बड़ी भूमिका'' निभानी है। ट्रस 2022 में सिर्फ 49 दिन के लिए ब्रिटेन की प्रधानमंत्री रही थीं। उनसे बदलती भू-राजनीतिक स्थितियों के बीच भारत और ब्रिटेन के बीच संबंधों के बारे में पूछा गया था।उन्होंने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि हम अभी जिस स्थिति में हैं, वह बहुत सकारात्मक संबंध है। मुझे वास्तव में उम्मीद है कि हम व्यापार समझौते को अंतिम रूप दे पाएंगे। प्रौद्योगिकी, रक्षा, कृषि जैसे क्षेत्रों में ब्रिटेन और भारत को एक-दूसरे से बहुत लाभ मिल सकता है। मुझे लगता है कि इसमें अपार संभावनाएं हैं।'' ट्रस ने कहा कि भारत अब जनसंख्या के हिसाब से दुनिया का सबसे बड़ा देश और दुनिया का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। उन्होंने कहा, ‘‘भविष्य में इसे बेहद वृहद नेतृत्वकारी भूमिका निभानी है। और मुझे लगता है कि यह असाधारण रूप से उत्साहवर्धक है।'' भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते पर ट्रस ने कहा कि यह ‘‘बिलकुल बराबरी का रिश्ता'' है। उन्होंने यह भी कहा कि व्यापार समझौता करने के लिए दोनों पक्षों को रियायतें देनी होंगी। उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि क्वाड में भारत की भूमिका ‘‘अमेरिका, ब्रिटेन और जापान के संबंध में बहुत महत्वपूर्ण है, विशेष रूप से, जैसा कि हम देख रहे हैं, चीन का खतरा बढ़ रहा है''। चर्चा के दौरान पूर्व ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने यूरोपीय अर्थव्यवस्था पर आलोचनात्मक दृष्टिकोण अपनाया और कहा कि ‘‘हमारा महाद्वीप डूब रहा है''। ब्रिटेन में प्रति व्यक्ति सकल घरेलू उत्पाद का हवाला देते हुए उन्होंने दुख जताया कि यह अमेरिका के आंकड़े से कम है। ट्रस ने यह भी कहा कि ब्रिटिश नौकरशाही में व्यवस्था को ‘‘दुरुस्त करने की आवश्यकता है'' और वह ‘‘सर्वोत्तम सुधार'' देखना चाहेंगी। उन्होंने कहा, "तो मेरी दिलचस्पी इस बात में है कि हम कैसे उस आंदोलन को जन्म दे सकते हैं, जो कुछ हद तक 'एमएजीए' आंदोलन या अमेरिका में चाय-पार्टी आंदोलन की तरह हो, जिसके कारण हम (अमेरिका में) बड़े बदलाव देख रहे हैं। सच कहूं तो, मुझे लगता है कि हमें एक ब्रिटिश ट्रंप की जरूरत है। सवाल यह है कि वह व्यक्ति कौन हो सकता है।" इस सवाल पर कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के लगातार तीसरे कार्यकाल को वह किस तरह देखती हैं पर ट्रस ने इसे एक "बड़ी उपलब्धि" करार दिया। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का तीसरा कार्यकाल... मौजूदा माहौल में निर्वाचित होना एक अविश्वसनीय उपलब्धि है। दुनिया भर में हर दूसरी मौजूदा सरकार को सत्ता से बाहर कर दिया गया है।" उन्होंने कहा कि आस्ट्रेलिया, ब्रिटेन और कनाडा में भी ऐसा होने जा रहा है, अमेरिका में डेमोक्रेट्स के साथ ऐसा हुआ है, इसलिए "पद पर बने रहना एक बड़ी उपलब्धि है और यह भारत में हो रहे आर्थिक सुधारों का प्रमाण है तथा लोगों को लग रहा है कि देश सही दिशा में जा रहा है।
-
नयी दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शनिवार को कहा कि एक मजबूत और पारदर्शी ऑडिट प्रणाली लोकतंत्र को मजबूत करने में मदद करती है और देश को सर्वांगीण विकास के पथ पर ले जाती है। यहां नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) के ‘ऑडिट दिवस' कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि एक मजबूत और पारदर्शी ऑडिट राजकोषीय अनुशासन और मौद्रिक विवेक लाता है जो यह सुनिश्चित करता है कि विभिन्न योजनाओं के लिए संसद द्वारा पारित निधि का उचित उपयोग किया जाए। बिरला ने यह भी कहा कि भारतीय लोकतंत्र में राजकोषीय अनुशासन और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए, प्रमुख विपक्षी दल के एक वरिष्ठ सदस्य को पारंपरिक रूप से संसद की लोक लेखा समिति (पीएसी) के प्रमुख के रूप में नियुक्त किया जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘यह भारतीय लोकतंत्र की ताकत है।''
उन्होंने कहा कि खर्च किए गए सार्वजनिक धन पर कैग की ऑडिट रिपोर्ट की जांच लोक लेखा समिति (पीएसी) द्वारा की जाती है, जहां दोनों पक्षों के सदस्य ऑडिट रिपोर्ट के पैराग्राफ पर अपने विचार साझा करते हैं। कार्यक्रम में शामिल लोगों को संबोधित करते हुए बिरला ने कहा कि ऑडिट में पारदर्शिता बढ़ने से अधिक राजकोषीय अनुशासन आता है। -
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि वह ब्राजील में होने वाले अगले जी-20 शिखर सम्मेलन में ‘सार्थक' चर्चा को लेकर आशान्वित हैं जिसने पिछले वर्ष भारत की अध्यक्षता में इस समूह के लिए अपना एजेंडा तय किया था। मोदी ने नाइजीरिया, ब्राजील और गुयाना की अपनी पांच दिवसीय यात्रा पर रवाना होने से पहले यहां जारी एक एक बयान में यह टिप्पणी की। प्रधानमंत्री का पहला गंतव्य नाइजीरिया होगा जहां से वह ब्राजील जायेंगे।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ब्राजील में, मैं ‘ट्रोइका' सदस्य के रूप में 19वें जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लूंगा। पिछले वर्ष, भारत की सफल अध्यक्षता ने जी-20 को लोगों का जी-20 बना दिया तथा ‘ग्लोबल साउथ' की प्राथमिकताओं को इसके एजेंडे में शामिल कर दिया।'' मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और अमेरिका के राष्ट्रपति जो बाइडन 18-19 नवंबर को रियो डि जेनेरियो में होने वाले इस सम्मेलन में भाग लेने वाले नेताओं में शामिल होंगे। भारत, ब्राजील और दक्षिण अफ्रीका के साथ जी-20 ‘ट्रोइका' का हिस्सा है। जब किसी संगठन का कोई मुख्यालय नहीं होता है तथा उसका जिम्मा पिछले, वर्तमान एवं अगले अध्यक्ष देश पर होता है तब ये देश ‘ट्रोइका' कहलाते हैं। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘इस वर्ष, ब्राजील ने भारत की विरासत को आगे बढ़ाया है। मैं ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य' के अपने दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए सार्थक चर्चा की आशा करता हूं। मैं इस अवसर का उपयोग कई अन्य नेताओं के साथ द्विपक्षीय सहयोग को आगे बढ़ाने पर विचारों का आदान-प्रदान करने के लिए भी करूंगा।'' पचपन देशों के अफ्रीकी संघ को जी-20 में स्थायी सदस्य के रूप में शामिल करने और यूक्रेन संघर्ष पर गहरे मतभेद के बावजूद नेताओं का घोषणापत्र जारी करने में कामयाबी हासिल करने को लेकर पिछले साल भारत की अध्यक्षता में हुए जी-20 सम्मेलन को मील के पत्थर के रूप में देखा गया। नाइजीरिया की अपनी यात्रा के बारे में मोदी ने कहा कि यह ‘हमारी रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने का अवसर होगा, जो लोकतंत्र और बहुलतावाद में साझा विश्वास पर आधारित है।' प्रधानमंत्री नाइजीरियाई राष्ट्रपति बोला अहमद टिनुबू के निमंत्रण पर 16-17 नवंबर के दौरान नाइजीरिया की यात्रा पर रहेंगे। मोदी ने कहा, ‘‘पश्चिम अफ्रीकी क्षेत्र में हमारे घनिष्ठ साझेदार नाइजीरिया की यह मेरी पहली यात्रा होगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं भारतीय समुदाय एवं नाइजीरिया के मित्रों के साथ मुलाकात को लेकर भी आशान्वित हूं जिन्होंने हिंदी में मुझे स्वागत संदेश भेजे हैं।'' अपनी इस यात्रा के तीसरे पड़ाव में मोदी 19-20 नवंबर को गुयाना में होंगे। वह गुयाना के राष्ट्रपति मोहम्मद इरफान अली के निमंत्रण पर वहां जा रहे हैं। यह पिछले 50 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली गुयाना यात्रा होगी।
मोदी ने कहा, ‘‘साझी धरोहर, संस्कृति एवं मूल्यों पर आधारित अपने विशिष्ट संबंधों को रणनीतिक दिशा देने के लिए हम विचारों का आदान-प्रदान करेंगे।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं सबसे पुराने भारतीय प्रवासी समुदायों में से एक के प्रति भी अपना सम्मान अर्पित करूंगा, जो 185 साल से भी पहले वहां गये थे। मैं उनकी संसद को संबोधित करते हुए उनके लोकतंत्र से जुड़ूंगा। -
प्रयागराज । संगम की रेती पर बसने जा रही कुंभ नगरी में सनातन संस्कृति के ध्वजवाहक साधु-संन्यासियों के अखाड़ों के लिए भूमि आबंटन की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके बाद अन्य संस्थाओं को भूमि आबंटन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। अपर मेलाधिकारी विवेक चतुर्वेदी ने बताया कि प्रयागराज मेला प्राधिकरण, अखाड़ा परिषद और सभी अखाड़ों के प्रतिनिधियों से मिलकर परंपरा के अनुसार भूमि आबंटन का कार्य किया जा रहा है। प्राधिकरण ने कहा है कि किसी भी सूरत में अखाड़ों को पिछले कुंभ से कम भूमि आबंटित नहीं की जाएगी।
चतुर्वेदी ने बताया कि भूमि आबंटन का कार्य सभी अखाड़ों की सहमति से 18 और 19 नवंबर को पूरा कर लिया जाएगा तथा प्राधिकरण के अधिकारी अखाड़ा परिषद और अन्य सभी अखाड़ों के प्रतिनिधियों से अलग-अलग वार्ता कर इस प्रक्रिया को अंतिम रूप दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि परंपरा के अनुसार अखाड़ों को भूमि आबंटन के बाद ही अन्य संस्थाओं को भूमि आबंटन की प्रक्रिया शुरू होगी। चतुर्वेदी ने कहा कि चारों पीठों के शंकराचार्यों और दंडी स्वामियों को भी परंपरा के अनुसार ही शिविर लगाने के लिए भूमि आबंटित की जाएगी। अपर मेलाधिकारी ने कहा कि महाकुंभ के दौरान मेला प्राधिकरण समय-समय पर साधु-संतों की आवश्यकता के मुताबिक सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। प्रयागराज में महाकुंभ मेला 14 जनवरी, 2025 को मकर संक्रांति के साथ शुरू होगा और 26 फरवरी, 2025 को महाशिवरात्रि तक जारी रहेगा। -
मोरबी । गुजरात में 2022 में ‘सस्पेंशन' पुल हादसा मामले में मुख्य आरोपी उद्योगपति जयसुख पटेल को मोरबी जिले में पाटीदार समुदाय के एक कार्यक्रम में सम्मानित किए जाने के बाद आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। पुल हादसे में 135 लोगों की मौत हो गई थी। पीड़ितों के परिजनों ने इस कार्यक्रम को लेकर दुख जताया, वहीं आयोजकों ने कहा कि जमानत पर जेल से बाहर आए पटेल को अजंता समूह की स्थापना करने वाले उद्योगपति ओआर पटेल के बेटे के तौर पर सम्मानित किया गया। उमा संस्कारधाम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के उपलक्ष्य में मोरबी शहर के बाहरी इलाके में कडवा पाटीदार कन्या केलवानी मंडल द्वारा आयोजित समारोह में पटेल को तराजू पर, मोदक (मिठाई) के साथ तौला गया। आयोजकों ने बताया कि मोदक को 60,000 डिब्बों में पैक करके पाटीदार परिवारों में बांटा जाएगा।
पीड़ितों और उनके परिवारों का प्रतिनिधित्व करने वाले संघ के सदस्य नरेन्द्र परमार ने कहा, “मोरबी सस्पेंशन ब्रिज ढहने के मामले में मुख्य आरोपी को इस तरह सम्मानित होते देखना हमारे लिए दुख की बात है।" हाल ही में एक अदालत ने मोरबी जिले में पटेल के प्रवेश पर प्रतिबंध से जुड़ी जमानत की शर्त में ढील दी थी, जिससे उनके लिए कार्यक्रम में शामिल होना संभव हो गया। पटेल की कंपनी ओरेवा ग्रुप मोरबी शहर में मच्छू नदी पर ब्रिटिश काल के एक सस्पेंशन ब्रिज के संचालन और रखरखाव के लिए जिम्मेदार थी, जो 30 अक्टूबर, 2022 को ढह गया था। इस घटना में महिलाओं और बच्चों समेत 135 लोगों की मौत हो गई थी जबकि 56 अन्य घायल हो गए थे। घटना में 10 वर्षीय बेटी को खोने वाले परमार ने कहा, “मुझे पटेल के सम्मान समारोह के बारे में एक समाचार के माध्यम से पता चला और मुझे दुख हुआ। मोरबी में उनके प्रवेश करने पर रोक लगी थी, लेकिन उन्होंने इस कार्यक्रम के लिए अदालत से अनुमति ली। यह घटना और एक बच्चे को खोना ऐसी चीज नहीं है जिसे कोई अपने जीवनकाल में भूल सकता है।” कार्यक्रम आयोजित करने वाले संगठन के एक सदस्य ए.के. पटेल ने कहा कि उन्होंने जयसुख पटेल को "दीवार घड़ियों का जनक" उनके पिता दिवंगत ओ.आर. पटेल को श्रद्धांजलि देने के लिए सम्मानित किया, जिन्होंने अजंता समूह की स्थापना की थी। उन्होंने कहा, “हमने जयसुख पटेल और उनके भाइयों को उनके पिता ओ.आर. पटेल की समाज के प्रति सेवा के लिए श्रद्धांजलि के रूप में इस कार्यक्रम में सम्मानित करने का फैसला किया। -
बिजनौर. उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में देहरादून-नैनीताल राजमार्ग पर शुक्रवार देर रात एक कार ने एक टैम्पो को टक्कर मार दी जिससे एक नवविवाहित जोड़े सहित सात लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक अभिषेक झा ने बताया कि देहरादून-नैनीताल राजमार्ग पर धामपुर थाने के निकट शुक्रवार देर रात लगभग दो बजे कार ने एक टैम्पो से आगे निकलने के प्रयास में उसे पीछे से तेज टक्कर मार दी जिससे टैम्पो काफी ऊंचा उछल कर बिजली के एक खंभे से टकरा गया। उन्होंने बताया कि कार की टक्कर लगने से टैम्पो में सवार चार पुरुषों, दो महिलाओं और एक बच्ची सहित एक ही परिवार के छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि टैम्पो चालक अजब सिंह ने उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
पुलिस ने बताया कि धामपुर के तीवडी़ गांव के विसाल (25) और खुशी (22) झारखंड में अपने विवाह के बाद अपने परिवार के अन्य सदस्यों से साथ घर लौट रहे थे तभी यह हादसा हुआ। उसने बताया कि मृतकों में नवविवाहित जोड़े के अलावा, दूल्हे के पिता खुर्शीद (65), खुर्शीद के साढू मुमताज (45), मुमताज की पत्नी रूबी (32) और बेटी बुशरा (10) शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि ये लोग मुरादाबाद तक ट्रेन से आए थे और वहां से एक टैम्पो के जरिए अपने गांव वापस जा रहे थे। झा ने बताया कि कार सवार सोहेल और अमन बुरी तरह से घायल हो गए हैं और उनका उपचार जारी है। उन्होंने बताया कि सभी सात शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि प्रथम दृष्टया, हादसे का कारण घना कोहरा प्रतीत होता है।
इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर जिले में एक सड़क दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बिजनौर जिले में सड़क हादसे में हुई जनहानि पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।'' पोस्ट में कहा गया, ''मुख्यमंत्री जी ने संबंधित जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। साथ ही, घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है। -
झांसी. उत्तर प्रदेश के झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज के बच्चों के वार्ड में शुक्रवार रात आग लगने से कम से कम 10 शिशुओं की मौत हो गई जबकि 16 बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। झांसी के जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि अस्पताल की नवजात शिशु देखभाल इकाई (एनआईसीयू) में दस बजकर 45 मिनट पर संभवत: शार्ट सर्किट से आग लग गयी। एनआईसीयू के बाहरी हिस्से में मौजूद सभी बच्चों को और अंदर मौजूद कुछ बच्चों को निकाल लिया गया। कुमार ने कहा, फिलहाल 10 बच्चों की मौत की सूचना है।''
उन्होंने बताया कि जिन बच्चों की हालत ज्यादा गंभीर नहीं होती है उन्हें एनआईसीयू के बाहरी हिस्से में जबकि गंभीर हालत वाले बच्चों को भीतरी हिस्से में रखा जाता है। मध्य रात्रि के करीब अस्पताल पहुंचे झांसी के मंडल आयुक्त विमल दुबे ने संवाददाताओं को बताया कि एनआईसीयू के भीतरी हिस्से में करीब 30 बच्चे थे और उनमें से अधिकतर को निकाल लिया गया था। झांसी की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुधा सिंह ने शनिवार को बताया कि इस हादसे में गंभीर रूप से झुलसे 16 बच्चों का इलाज जारी है। इस हादसे के समय एनआईसीयू में 50 से अधिक बच्चे भर्ती थे। झांसी पुलिस ने सोशल मीडिया पर एक संक्षिप्त बयान में कहा कि दमकल विभाग की एक गाड़ी को घटनास्थल पर भेजा गया,साथ ही जिले के वरिष्ठ अधिकारी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे। झांसी के पास स्थित महोबा जिले के एक दंपति ने इस हादसे में अपने नवजात बच्चे को खो दिया है। बच्चे की मां ने संवाददाताओं को बताया कि उनके बच्चे का जन्म 13 नवंबर को सुबह आठ बजे हुआ था। उन्होंने रोते हुए कहा, ‘‘मेरा बच्चा आग में जलकर मर गया।'' लखनऊ में जारी एक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लिया और जिला प्रशासन के अधिकारियों को हादसे में झुलसे बच्चों का समुचित इलाज कराने का निर्देश दिया। -
लखनऊ/झांसी .उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में आग लगने से कम से कम 10 नवजात शिशुओं की मौत के कुछ घंटों बाद, राज्य सरकार ने शनिवार को मृतकों के माता-पिता को पांच-पांच लाख रुपये की वित्तीय सहायता देने की घोषणा की। उत्तर प्रदेश सरकार के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा शनिवार को जारी एक बयान में कहा गया है कि राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने झांसी मेडिकल कॉलेज के एनआईसीयू में हुई घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। बयान में कहा गया है, ‘‘घटना में असामयिक मृत्यु का शिकार हुए नवजात शिशुओं के माता-पिता को मुख्यमंत्री के निर्देश पर मुख्यमंत्री राहत कोष से पांच-पांच लाख रुपये और घायलों के परिजनों को 50-50 हजार रुपये की सहायता प्रदान की जा रही है।" बयान में कहा गया है कि शुक्रवार देर रात घटना की जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और प्रमुख सचिव स्वास्थ्य को मौके पर भेजा। इसमें बताया गया कि मुख्यमंत्री रात भर घटनास्थल से हर पल की जानकारी लेते रहे।
बयान में कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने झांसी के संभागीय आयुक्त और पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) को घटना के संबंध में 12 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में शुक्रवार रात महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में आग लगने से 10 बच्चों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि इस हादसे में घायल हुए 16 अन्य बच्चे जीवन के लिए संघर्ष कर रहे हैं। जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) अविनाश कुमार ने संवाददाताओं को बताया कि महारानी लक्ष्मी बाई मेडिकल कॉलेज की नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) में शुक्रवार रात करीब पौने 11 बजे आग लग गई, जो संभवतः शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने शनिवार को कहा, "घटना में 10 नवजात बच्चों की मौत हो गई है। झांसी मेडिकल कॉलेज के अन्य वार्ड में 16 बच्चों का इलाज जारी है।" उन्होंने बताया कि यह घटना बिजली के शॉर्ट सर्किट के कारण हुई और उन्होंने आश्वासन दिया कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) सुधा सिंह ने शनिवार की सुबह संवाददाताओं को बताया कि 16 घायल बच्चों का इलाज किया जा रहा है और उनकी जान बचाने के प्रयास जारी हैं। उन्होंने कहा कि उनके लिए सभी डॉक्टर उपलब्ध हैं और पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं भी हैं।
सिंह ने कहा कि 10 बच्चों की मौत हो गई और अन्य को या तो बचा लिया गया या वे घायल हैं। ऐसी भी जानकारी मिली है कि एनआईसीयू में आग लगने के बाद कुछ माता-पिता अपने बच्चों को घर ले गए। उन्होंने कहा कि पुलिस एनआईसीयू में भर्ती बच्चों की संख्या और उनकी वर्तमान स्थिति की पुष्टि करने का प्रयास कर रही है। सिंह ने कहा, "मेडिकल कॉलेज ने बताया है कि घटना के समय 52 से 54 बच्चे भर्ती थे। उनमें से 10 की मौत हो गई, 16 का इलाज जारी है जबकि अन्य के लिए सत्यापन जारी है।" उन्होंने कहा कि देर रात करीब एक बजे एनआईसीयू में बचाव अभियान पूरा हो गया। -
मुंबई, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा की पत्नी ने बेटे को जन्म दिया है जिससे इस सलामी बल्लेबाज की ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 22 नवंबर से पर्थ में शुरू होने वाले पहले टेस्ट मैच में खेलने की संभावना बढ़ गई है। रोहित की पत्नी रितिका सजदेह ने शुक्रवार रात यहां एक स्थानीय अस्पताल में बेटे को जन्म दिया।
रोहित बेटे के जन्म के कारण भारतीय टीम के साथ ऑस्ट्रेलिया नहीं गए थे। इस दंपति की एक बेटी समायरा है, जिसका जन्म 2018 में हुआ था। पहला टेस्ट शुरू होने में अब एक सप्ताह से भी कम समय बचा है और यह स्पष्ट नहीं है कि जल्द से जल्द ऑस्ट्रेलिया पहुंचने पर भी रोहित कुछ अभ्यास सत्र के बाद ही मैच में खेलेंगे या नहीं। अभी किसी भी तरह की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। रोहित का पहले टेस्ट मैच में खेलना संदिग्ध था, भले ही मुख्य कोच गौतम गंभीर ने उम्मीद जताई थी कि भारतीय कप्तान मैच के लिए उपलब्ध रहेंगे। रोहित भले ही इस समय अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं हैं लेकिन भारतीय शीर्ष क्रम अभी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पा रहा है और ऐसे में टीम को कप्तान और सलामी बल्लेबाज के रूप में उनकी सख्त जरूरत है। उनके विकल्प के रूप में अभिमन्यु ईश्वरन और केएल राहुल टीम में शामिल हैं लेकिन यह दोनों भी रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। राहुल की कोहनी में भी चोट लगी है, हालांकि माना जा रहा है कि यह गंभीर नहीं है। इन दोनों खिलाड़ियों ने यशस्वी जायसवाल के साथ पारी की शुरुआत करने के लिए मजबूत दावा पेश नहीं किया है। भारत की टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने रोहित को दूसरी बार पिता बनने पर बधाई दी।
उन्होंने भारत की टी20 श्रृंखला में दक्षिण अफ्रीका पर 3-1 से जीत के बाद कहा, ‘‘रोहित और उनके परिवार को बहुत-बहुत बधाई। एक शानदार दिन में यह अच्छी खबर मिली है। '' सूर्यकुमार ने कहा, ‘‘हमारे परिवार (मुंबई इंडियंस) के एक अन्य सदस्य (तिलक वर्मा) ने अच्छा प्रदर्शन किया है। यह अच्छी बात है। मैं रोहित को बॉर्डर गावस्कर ट्रॉफी के लिए भी शुभकामनाएं देता हूं। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि अब आतंकवादी अपने घरों में भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं, जबकि पिछली सरकारों के समय आतंकवाद के कारण लोग असुरक्षित महसूस करते थे। दिल्ली में ‘‘एचटी लीडरशिप समिट'' को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि समय बदल गया है।
मोदी ने कहा कि उन्होंने कार्यक्रम में आयोजित एक प्रदर्शनी में 26/11 मुंबई आतंकवादी हमले पर रिपोर्ट देखीं। उन्होंने कहा, ‘‘उस समय आतंकवाद के कारण भारत के लोग असुरक्षित महसूस करते थे, लेकिन अब समय बदल गया है और अब आतंकवादी अपने घरों में भी खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे हैं।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रदर्शनी में उन्होंने कश्मीर का भारत में विलय की पुरानी खबरें देखीं और उन्हें वैसा ही उत्साह महसूस हुआ जैसा देश के लोगों ने अक्टूबर 1947 में महसूस किया था। उन्होंने कहा, ‘‘उस क्षण मुझे एहसास हुआ कि कैसे अनिर्णय की स्थितियों ने सात दशक तक कश्मीर को हिंसा में घेर कर रखा।'' मोदी ने कहा कि यह खुशी की बात है कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर में हुए चुनावों में रिकॉर्ड मतदान की खबरें अखबारों में छप रही हैं। यहां शुक्रवार को आयोजित प्रथम बोडोलैंड महोत्सव का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह एक बड़ी उपलब्धि है कि युवा और लोग पांच दशक के बाद हिंसा छोड़ चुके हैं और दिल्ली में एक सांस्कृतिक कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2020 के बोडो शांति समझौते के बाद लोगों का जीवन बदल गया है। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में एक मेडिकल कॉलेज के बच्चों के वार्ड में आग लगने की घटना में शिशुओं की मौत होने पर शोक व्यक्त किया और प्रत्येक मृतक के परिजन को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। प्रधानमंत्री कार्यालय ने प्रधानमंत्री मोदी के हवाले से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हृदयविदारक! उत्तर प्रदेश में झांसी के मेडिकल कॉलेज में आग लगने से हुआ हादसा मन को व्यथित करने वाला है। इसमें जिन्होंने अपने मासूम बच्चों को खो दिया है, उनके प्रति मेरी गहरी शोक-संवेदनाएं हैं। ईश्वर से प्रार्थना है कि उन्हें इस अपार दुख को सहने की शक्ति प्रदान करे। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन राहत और बचाव के हरसंभव प्रयास में जुटा है।'' कार्यालय ने एक अन्य ‘पोस्ट' के जरिए बताया कि प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के झांसी मेडिकल कॉलेज में आग लगने की घटना में मारे गए प्रत्येक बच्चे के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। उसने बताया कि घायलों को पचास-पचास हजार रुपये दिए जाएंगे।
झांसी के जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने संवाददाताओं बताया कि अस्पताल की नवजात शिशु देखभाल इकाई (एनआईसीयू) में शुक्रवार रात दस बजकर 45 मिनट पर संभवत: शार्ट सर्किट से आग लग गयी थी जिसके कारण 10 बच्चों की मौत हो गई और 16 अन्य घायल हो गए।


























.jpg)
.jpg)