- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को पेरिस ओलंपिक खेलों में निशानेबाजी की 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में साथ कांस्य पदक जीतने पर भारतीय निशानेबाज मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई दी। भाकर और सरबजोत की भारतीय जोड़ी ने कोरिया के ली वोन्हो और ओ ये जिन को 16 . 10 से हराकर देश को इस ओलंपिक में दूसरा पदक दिलाया। भाकर स्वतंत्रता के बाद एक ओलंपिक में दो पदक जीतने वाली पहली भारतीय खिलाड़ी बन गई हैं। इससे पहले उन्होंने महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा में कांस्य जीता था। मोदी ने ट्विटर पर लिखा, ‘‘हमारे निशानेबाजों ने हमें गौरवान्वित करना जारी रखा है। ओलंपिक में 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित टीम स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने पर मनु भाकर और सरबजोत सिंह को बधाई। दोनों ने शानदार कौशल और टीम वर्क दिखाया है। भारत बेहद खुश है।'' उन्होंने कहा, ‘‘मनु का यह लगातार दूसरा ओलंपिक पदक है, जो उनकी निरंतर उत्कृष्टता और समर्पण की बानगी पेश करता है।'' प्रधानमंत्री ने इसके बाद सरबजोत से फोन पर बात कर उन्हें बधाई दी और मनु के साथ उनकी ‘टीम वर्क' की तारीफ की। मोदी ने कहा, ‘‘बहुत- बहुत बधाई, आपने देश का नाम भी बड़ा किया और मान भी बड़ा किया। आपकी मेहनत रंग लाई है । मनु को भी मेरी तरफ से बहुत बहुत बधाई । आप व्यक्तिगत स्पर्धा में मामूली अंतर से चूक गये लेकिन मिश्रित युगल में आपने कर दिखाया।'' मोदी ने सरबजोत से मनु और उनके टीमवर्क के बारे में पूछा तो इस निशानेबाज ने कहा, ‘‘हम 2019 से लगभग साथ में खेल रहे है। हमने राष्ट्रीय प्रतियोगिता में लगभग हर बार स्वर्ण जीता है। जूनियर विश्व कप और अन्य विश्व कप में भी हमने साथ में ज्यादातर स्वर्ण जीते हैं। हमारा अनुभव काफी अच्छा था। अगली बार और अच्छा करुंगा और आपको स्वर्ण पदक जीत कर दिखाउंगा। '' इस पर मोदी ने कहा, ‘‘ मुझे पूरा विश्वास है कि आप अगली बार और अच्छा करेंगे। आप मेहनत भी कर रहे है और लगन भी दिखा रहे हैं।
-
नयी दिल्ली. लोकसभा में आम बजट पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान में आये ‘चक्रव्यूह' शब्द की अनुगूंज मंगलवार को राज्यसभा में उस समय सुनाई दी जब सभापति जगदीप धनखड़ ने भारतीय अर्थव्यवस्था विशेषकर आधारभूत ढांचे में हुई प्रगति की सराहना कर रहे राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल से चुटकी लेते हुए कहा, ‘‘आपका कहने का मतलब है कि हम किसी चक्रव्यूह में नहीं फंसे हैं।'' उच्च सदन में आम बजट 2024-25 और केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के बजट पर संयुक्त चर्चा में भाग लेते हुए जब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के प्रफुल्ल पटेल भारतीय अर्थव्यवस्था में हुई प्रगति की सराहना कर रहे थे तो उन्हें बीच में टोकते हुए सभापति धनखड़ ने यह बात कही। सभापति ने कहा, ‘‘आपका कहने का मतलब है कि हम किसी चक्रव्यूह में नहीं फंसे हैं। यह चक्रव्यूह की जो बात है, उसका कोई आधार नहीं है।'' उनकी बात से सहमति जताते हुए पटेल ने कहा, ‘‘कोई चक्रव्यूह में फंसने की बात नहीं है। कोई आधार नहीं है...चक्रव्यूह में क्या हो गया है कि यहां के (सरकार के) यशस्वी काम की वजह से वो (विपक्ष) चक्रव्यूह में फंस गये हैं। और इसलिए चक्रव्यूह दूसरी तरह से बताने की कोशिश की जाती है।'' पटेल ने कहा, ‘‘140 करोड़ लोगों के मुल्क में यदि कोई कहे कि हर व्यक्ति का भला हम रातों रात कर देंगे तो यह संभव नहीं है। जो लोग आज टीका (-टिप्पणी) करते हैं उन्होंने अपने कार्यकाल में कितना कुछ उपलब्ध करा कर दिया हमारे देश के विकास के लिए, उन्हें इसके बारे में आत्मचिंतन करना चाहिए। टीका-टिप्पणी और टोका-टोकी करना तो बहुत आसान है।'' गौरतलब है कि सोमवार को लोकसभा में आम बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने केंद्र सरकार पर देश को अभिमन्यु की तरह चक्रव्यूह में फंसाने का आरोप लगाया और दावा किया कि विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) इस चक्रव्यूह को तोड़ेगा।
- हाजीपुर ।. बिहार के वैशाली जिले में एक ऑटोरिक्शा और एक ट्रक की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई और पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वैशाली थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि इस हादसे में मरने वाले सभी लोग निकटवर्ती मुजफ्फरपुर जिले के मोतीपुर से थे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने घटना पर दुख व्यक्त किया है और मरने वालों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। थाना प्रभारी ने बताया कि दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य ने जिला सदर अस्पताल में इलाज के क्रम में दम तोड़ दिया। थाना प्रभारी ने बताया कि ये सभी लोग हाजीपुर के पास एक मंदिर जा रहे थे। दुर्घटना में घायल व्यक्तियों को बेहतर इलाज के लिए पटना मेडिकल कालेज अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस दुर्घटना के बाद फरार हुए ट्रक चालक का पता लगाने की कोशिश कर रही है ।
- भुवनेश्वर।. पुरी जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार में मौजूद वस्तुओं की देखरेख के लिए ओडिशा सरकार द्वारा गठित समिति ने मंदिर प्रबंधन समिति से भंडार के गहन निरीक्षण और ‘स्कैनिंग' के लिए आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल की सिफारिश करने का फैसला किया है। इस सिफारिश का उद्देश्य भंडार में गुप्त कक्ष होने संबंधी शंकाओं की पड़ताल करना है। इस प्रक्रिया की देखरेख करने वाली उच्च स्तरीय समिति के अध्यक्ष न्यायमूर्ति विश्वनाथ रथ ने सोमवार को पुरी में एक बैठक के बाद यह घोषणा की। उन्होंने कहा, “ऐसी शंकाओं को दूर करने के लिए हमने सर्वसम्मति से मंदिर प्रबंधन समिति को रत्न भंडार के उचित निरीक्षण के लिए नवीनतम प्रौद्योगिकी और हमेशा काम करते रहने वाले उपकरणों को उपयोग में लाने की सिफारिश करने का निर्णय लिया है।” न्यायमूर्ति रथ ने स्पष्ट किया, “यदि ऐसे किसी कक्ष का पता चलता है तो उचित कदम उठाए जाएंगे, अन्यथा भंडार की मरम्मत और रखरखाव के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।”
- मुंबई. ।अतिरिक्त महानिदेशक ए.के. हरबोला ने सोमवार को मुंबई स्थित भारतीय तटरक्षक बल (आईसीजी) के क्षेत्रीय मुख्यालय में आयोजित एक औपचारिक परेड में पश्चिमी समुद्र तट के तटरक्षक कमांडर का पदभार ग्रहण किया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। हरबोला जनवरी, 1989 में डायरेक्ट एंट्री ऑफिसर के तौर पर भारतीय तटरक्षक बल में शामिल हुए थे। कुमाऊं विश्वविद्यालय से भौतिकी में रजत पदक के साथ स्नातक हरबोला ने उस्मानिया विश्वविद्यालय से प्रबंधन अध्ययन में मास्टर डिग्री भी हासिल की है। नौसेना संचार में विशेषज्ञता प्राप्त हरबोला ने सभी प्रकार के तट रक्षक जहाजों की कमान संभाली और 1998 में तट रक्षक जहाज ताराबाई पर सवार होकर अरब सागर में 780 किलोमीटर तक पीछा करने के बाद अपहृत जापानी व्यापारी जहाज 'अलोंद्रा रेनबो' को छुड़ाने में शामिल थे। उन्हें राष्ट्रपति द्वारा वीरता के लिए 'तटरक्षक पदक' (टीएम) से सम्मानित किया गया।
- नयी दिल्ली।. राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा स्नातक (नीट-यूजी) 2024 के लिए काउंसलिंग 14 अगस्त से शुरू होगी। सोमवार को जारी एमसीसी के नोटिस में यह जानकारी दी गई है। राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) के सचिव डॉ. बी श्रीनिवास ने कहा कि काउंसलिंग की प्रक्रिया के लिए पंजीकरण अगस्त के पहले सप्ताह से शुरू होने की संभावना है। अभ्यर्थियों को काउंसलिंग के संबंध में ताजा जानकारी और नोटिस के लिए एमसीसी की वेबसाइट देखने की सलाह दी गई है। श्रीनिवास ने कहा, “देश भर के लगभग 710 मेडिकल कॉलेजों में लगभग 1.10 लाख एमबीबीएस सीट के आवंटन के लिए काउंसलिंग होगी। इसके अतिरिक्त आयुष और नर्सिंग सीट के अलावा 21,000 बीडीएस सीट के लिए भी काउंसलिंग होगी।” एमसीसी अखिल भारतीय कोटे की 15 प्रतिशत सीट और सभी एम्स, जेआईपीएमईआर पांडिचेरी की 100 प्रतिशत सीट, सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों की सीट और डीम्ड विश्वविद्यालयों की 100 प्रतिशत सीट के लिए काउंसलिंग आयोजित करेगी। उच्चतम न्यायालय द्वारा परीक्षा के आयोजन में अनियमितताओं का आरोप लगाने संबंधी याचिकाओं समेत कई याचिकाओं का निपटारा करने के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने शुक्रवार को विवादों से भरी मेडिकल प्रवेश परीक्षा के अंतिम परिणाम की घोषणा की थी।
- नयी दिल्ली.। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और अन्य पिछड़ा वर्ग की कथित उपेक्षा की आलोचना करने पर सोमवार को लोकसभा में राहुल गांधी पर पलटवार किया और उनसे सवाल किया कि उन्होंने अपने बजाय इन समुदायों के किसी व्यक्ति को नेता प्रतिपक्ष क्यों नहीं बनाया। केंद्रीय बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए अग्रवाल ने विपक्ष की आलोचना की और कहा कि विपक्षी सदस्यों ने बजट का विरोध किया है क्योंकि उन्हें विभिन्न क्षेत्रों के अलावा युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीबों के लिए विकास का सरकार का एजेंडा पसंद नहीं है। रायपुर से लोकसभा सदस्य बृजमोहन अग्रवाल ने कहा, ‘‘आप (राहुल) एससी, एसटी, ओबीसी की बात करते हैं... क्या इन समुदायों से कोई भी आपकी पार्टी से निर्वाचित नहीं हुआ, आपने उनमें से किसी को नेता प्रतिपक्ष क्यों नहीं बनाया।'' अग्रवाल ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने ‘‘भारत जोड़ो यात्रा'' निकाली, लेकिन उनकी पार्टी के कारण देश का विभाजन हुआ और बाद में चीन ने भारत के बड़े क्षेत्र पर कब्जा कर लिया।
- ठाणे ।. नवी मुंबई में बीते सप्ताह एक रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों में 20 वर्षीय युवती का शव पाए जाने के बाद पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए कई टीम गठित की हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। युवती का शव गत शनिवार को सुबह उरण रेलवे स्टेशन के पास झाड़ियों से बरामद किया गया था।पुलिस का मानना है कि उसकी हत्या शुक्रवार को नवी मुंबई स्थित उसके कार्यालय से आधे दिन की छुट्टी पर जाने के बाद अपराह्न साढ़े तीन से साढ़े चार बजे के बीच की गई। पुलिस उपायुक्त विवेक पानसरे ने बताया, ‘‘पुलिस टीम आरोपी को गिरफ्तार करने में जुटी हैं। हम सभी पहलुओं से हत्याकांड की जांच कर रहे हैं।'' मृतका के पिता ने हत्या के लिए दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि पुलिस को उसे तुरंत गिरफ्तार करना चाहिए। आक्रोशित परिजनों ने कहा कि पीड़िता के पिता ने 2019 में उस व्यक्ति के खिलाफ अपनी बेटी को परेशान करने के आरोप में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी जिसका बदला लेने के लिए उसने उनकी बेटी की हत्या कर दी। इस बीच, पूर्व भाजपा सांसद किरीट सोमैया ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और ‘लव जिहाद' के खिलाफ कड़ा कानून बनाने की मांग की। सोमैया ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि उन्होंने स्थानीय विधायक महेश बाल्दी के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात की और हमलावरों को पकड़ने के लिए शीघ्र कार्रवाई का वादा किया। मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस (जो गृह विभाग भी संभालते हैं) को टैग करते हुए सोमैया ने कहा कि ‘लव जिहाद' के खिलाफ एक कानून बनाया जाना चाहिए। ‘लव जिहाद', एक शब्द है जिसका इस्तेमाल दक्षिणपंथी कार्यकर्ता मुस्लिम पुरुषों पर यह आरोप लगाने के लिए करते हैं कि वे एक चाल के तहत हिंदू महिलाओं को प्रेम विवाह का लालच देते हैं ताकि उन्हें इस्लाम में परिवर्तित किया जा सके।
-
नई दिल्ली। देश के 27 राज्यों ने आत्मनिर्भर भारत पहल के तहत उत्पादन से जुड़ी प्रोत्साहन योजना (पीएलआई) का लाभ उठाया है ये बात सरकार की ओर से मंत्री पीयूष गोयल ने कही। लोकसभा में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि अब एयर कंडीशनर के 65 प्रतिशत पुर्जों का उत्पादन देश में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पीएलआई योजना सकारात्मक परिणाम दे रही है और योजना के तहत सब्सिडी भी बची हुई है, इसलिए सरकार ने फिर से विंडो खोली है।
-
नई दिल्ली। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से केरल के वायनाड में भूस्खलन की घटना में बचाव कार्यों के लिए हर संभव सहायता देने का अनुरोध किया है। लोकसभा में शून्यकाल के दौरान इस मुद्दे को उठाते हुए श्री गांधी ने परिवहन और संचार लाइनों को बहाल करने और राहत शिविर स्थापित करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मुंडक्कई गांव का संपर्क टूट गया है, जानमाल का आकलन अभी किया जाना बाकी है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि दुनिया भर के निवेशक उत्सुकता से भारत की ओर देख रहे हैं तथा घरेलू उद्योग को आगे आकर इस ‘‘सुनहरे अवसर’’ का लाभ उठाना चाहिए और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को प्राप्त करने में अपनी भूमिका निभानी चाहिए।‘विकसित भारत की ओर यात्रा’ विषय पर भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के बजट-पश्चात सम्मेलन को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार में राजनीतिक इच्छाशक्ति की कमी नहीं है और वह ‘‘राष्ट्र प्रथम दृष्टिकोण’’ को ध्यान में रखते हुए सभी निर्णय लेगी।उन्होंने कहा कि भारत आठ प्रतिशत की दर से वृद्धि कर रहा है और वह दिन दूर नहीं जब देश विश्व में तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा।प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की यह उपलब्धि उनके तीसरे कार्यकाल में हासिल कर ली जाएगी।उन्होंने बजट में घोषित विभिन्न उपायों, खासकर सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यम (एमएसएमई) क्षेत्र को बढ़ावा देने वाले उपायों का जिक्र किया, जो रोजगार के करोड़ों अवसर उत्पन्न करता है।मोदी ने कहा, ‘‘आज पूरी दुनिया भारत और आपकी ओर देख रही है। सरकार की नीतियां, प्रतिबद्धता और निवेश वैश्विक विकास की नींव बन रहे हैं। दुनिया भर के निवेशक भारत आने को इच्छुक हैं। विश्व नेता भारत को लेकर सकारात्मक हैं। यह भारतीय उद्योग के लिए स्वर्णिम अवसर है और हमें इस अवसर को गंवाना नहीं चाहिए।’’उन्होंने कहा कि घरेलू उद्योग को 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए सरकार के साथ काम करना चाहिए और साथ ही इसे उभरते क्षेत्रों में वैश्विक खिलाड़ी भी बनाना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ सरकार की मंशा और प्रतिबद्धता स्पष्ट है। चाहे वह राष्ट्र प्रथम हो या 5000 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था बनना, आत्मनिर्भर भारत... विकसित भारत...हम पूरी लगन के साथ काम कर रहे हैं।’’
-
नई दिल्ली। आयकर विभाग ने रिटर्न दाखिल करने वालों से कहा है कि वे खर्चों के लिए फर्जी दावे न करें और अपनी कमाई को कम कर नहीं दिखाएं। विभाग ने कहा कि बढ़ा-चढ़ाकर और फर्जी दावे करना दंडनीय अपराध है और इससे रिफंड जारी करने में देरी होती है।
सभी करदाताओं के लिए आकलन वर्ष 2024-25 के लिए आईटीआर दाखिल करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई है, जिसके बाद खातों का ऑडिट नहीं किया जाएगा। आयकर विभाग और उसके प्रशासनिक निकाय केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के अनुसार, 26 जुलाई तक पांच करोड़ से अधिक आईटीआर दाखिल किए जा चुके हैं।आयकर विभाग ने हाल में बताया था कि करदाताओं से समय पर रिफंड पाने के लिए अपने रिटर्न सही ढंग से दाखिल करने चाहिए। विभाग ने कहा, ‘‘रिफंड के दावों की जांच सत्यापन के अधीन होती है, जिससे देरी हो सकती है। आईटीआर सही तरीके से दाखिल करने से रिफंड की प्रक्रिया में तेजी आती है। किए गए दावों में कोई भी विसंगति होने पर संशोधित रिटर्न के लिए अनुरोध किया जाएगा।’’ आयकर विभाग ने आईटीआर दाखिल करने वाले करदाताओं से गलत स्रोत पर कर कटौती (टीडीएस) राशि का दावा न करने, अपनी आय को कम न बताने या कटौती को बढ़ा-चढ़ाकर न बताने का आग्रह किया है। - चंडीगढ़: मोहाली में करीब 6 हजार करोड रुपये की ड्रग तस्करी के मामले में मोहाली की स्पेशल ईडी अदालत ने पूर्व डीएसपी जगदीश भोला समेत 17 आरोपियों को दोषी करार दिया है. जगदीश भोला समेत मनप्रीत, सुखराज सुखजीत सुख और मनिंदर को 10 साल की सजा सुनाई गई है. वहीं भोला की वाइफ गुरप्रीत कौर को 3 साल की सजा सुनाई गई है. इस मामले में सभी 17 आरोपियों को दोषी करार दिया गया है. इस फैसले के साथ ये ऐसा मामला बन गया, जिसमें ईडी के किसी केस में अब तक सबसे ज्यादा आरोपियों को सजा हुई है. इस मामले में कुल 23 आरोपी थे इनमें से चार की मौत हो चुकी है और दो आरोपियों को भगोड़ा घोषित किया जा चुका है.क्या है भोला ड्रग्स केसदरअसल यह मामला पंजाब के एक पूर्व कुश्ती प्लेयर और डीएसपी जगदीश सिंह उर्फ भोला से जुड़ा हुआ था. पंजाब पुलिस में डीएसपी जगदीश सिंह उर्फ भोला बाद में ड्रग तस्कर बन गया था और एक बड़े ड्रग कार्टिल का सरगना था. अदालत में जगदीश सिंह उर्फ भोला को 10 साल की सजा सुनाई है बाकी आरोपियों को भी 3 से 10 साल की सजा अदालत ने सुनाई है. एनफोर्समेंट डायरेक्टेड ने पंजाब पुलिस द्वारा दर्ज 8 एफआईआर पर साल 2013 में मनी लॉन्ड्रिंग का मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. इस मामले में ईडी ने 95 करोड़ की चल अचल संपत्ति भी अटैच की थी.संघीय जांच एजेंसी ने 2015 में 24 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया था, जिनमें से कुछ को भगोड़ा घोषित कर दिया गया या फिर जांच के दौरान उनकी मौत हो गई, जिसके परिणामस्वरूप उनके खिलाफ कार्यवाही समाप्त कर दी गई.भोला और तारो के अलावा दोषी ठहराए गए अन्य आरोपियों में संदीप कौर, जगमिंदर कौर, गुरप्रीत कौर, गुरुमीत कौर, सुखजीत सिंह सुक्खा, सुखराज सिंह, गुरदीप सिंह मनचंदा, अमरजीत कौर, देविंदर सिंह, मनिंदर सिंह, सुभाष बजाज, सुनील बजाज, अंकुर बजाज, दलीप सिंह मान और मनप्रीत सिंह शामिल हैं. यह मामला पंजाब में करोड़ों रुपये के मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले गिरोह से संबंधित है, जिसका 2013-14 के दौरान भंडाफोड़ हुआ था. ईडी ने पंजाब पुलिस की प्राथमिकी के आधार पर दर्ज मामले में भोला को जनवरी 2014 में गिरफ्तार किया था.
- ठाणे। महाराष्ट्र के ठाणे में पुलिस ने चोर होने के संदेह में कोलकाता के रहने वाले 35 वर्षीय एक व्यक्ति की कथित तौर पर पीट-पीट कर जान लेने के आरोप में चार लोगों को गिरफ्तार किया है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यहां एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए मुंब्रा पुलिस थाने के वरिष्ठ निरीक्षक अनिल शिंदे ने बताया कि पीड़ित का शव 24 जुलाई को ठाणे के दीवा इलाके में झाड़ियों में मिला था।उन्होंने कहा ‘‘पीड़ित की पहचान कोलकाता निवासी शौविक गौर श्रीमणि के तौर पर हुई है। पोस्ट मार्टम से पुष्टि हुई कि श्रीमणि कि मौत बेतहाशा पिटाई के कारण हुई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।’’पुलिस ने पाया कि पिछले बुधवार को सुबह करीब पांच बजे पीड़ित मुंब्रा में एक कार वॉशिंग सर्विस सेंटर के पास गया था जहां पहले से मौजूद चार लोगों ने चोर होने के शक में उसकी पिटाई शुरू कर दी। अधिकारी ने बताया कि चारों लोगों ने श्रीमणि को जबरदस्ती एक ऑटोरिक्शा में बैठाया और उसे फिर से बेरहमी से पीटा। इसके बाद उन्होंने उसका शव झाड़ियों में फेंक दिया।पुलिस जांच दल ने विभिन्न सुरागों के आधार पर चारों आरोपियों का पता लगाया। उन्होंने बताया कि चारों आरोपियों की पहचान सुल्तान महमूद शेख, रितेश राजेंद्र प्रसाद राजभर, आकाश शरद भोईर (सभी की उम्र 28 साल) और जितेश भोईर (30) के रूप में की गई है और उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
- झारखंड में रेल हादसा, 150 से अधिक घायलरांची। झारखंड से सुबह-सुबह बड़ा हादसा हो गया। यहां चक्रधरपुर में हावड़ा से मुंबई जा रही मुंबई मेल ट्रेन रात में करीब साढ़े तीन बजे के करीब दुर्घटनाग्रस्त हो गई। ट्रेन के 18 डिब्बे पटरी से उतर गए और इस हादसे में 150 से ज्यादा घायल बताए जा रहे हैं। इस हादसे दो लोगों की मौत की खबर भी है। फिलहाल राहत बचाव का कार्य जारी है। इस हादसे के चलते रेल परिचालन पूरी तरह से ध्वस्त हो चुका है।
-
नई दिल्ली। देश में अब तक लगभग 11 दशमलव सात-आठ करोड़ अतिरिक्त ग्रामीण परिवारों को नल से जल कनेक्शन प्रदान किए गए हैं। आज राज्यसभा में एक लिखित उत्तर में जल शक्ति राज्य मंत्री वी. सोमन्ना ने कहा कि इस महीने की 25 तारीख तक 19 दशमलव तीन-दो करोड़ ग्रामीण परिवारों में से देश के 5 दशमलव सात-नौ लाख गांवों में फैले लगभग 15 दशमलव शून्य-एक करोड़ परिवारों के घरों में नल से जल की आपूर्ति है। श्री सोमन्ना ने यह भी कहा कि लगभग 2 दशमलव तीन-शून्य लाख गांवों में हर घर नल से जल योजना के अंतर्गत शत प्रतिशत जलापूर्ती की सुविधा है।
-
नई दिल्ली। 1477 तीर्थयात्रियों का एक और जत्था अमरनाथ गुफा की तीर्थयात्रा के लिए जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास आधार शिविर से कश्मीर घाटी के लिए रवाना हुआ। तीर्थयात्री आज सुबह 52 वाहनों के काफिले में आधार शिविर से रवाना हुए। जत्थे में 1142 पुरुष, 254 महिलाएं, तीन बच्चे, 66 साधु और 12 साध्वियां (महिला साधु) शामिल थीं। इनमें से 377 तीर्थयात्री बालटाल बेस कैंप के लिए और 1100 पहलगाम बेस कैंप के लिए सुबह तीन बजकर 25 मिनट पर रवाना हुए, जहां से वे पवित्र गुफा की अपनी आगे की यात्रा के लिए आगे बढ़ेंगे।
-
ठाणे. नवी मुंबई के खारघर इलाके में तीन नकाबपोशों ने एक दुकान में कई बार गोलीबारी की और 11 लाख रुपये से अधिक मूल्य के आभूषण लूट लिए। एक पुलिस अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। खारघर पुलिस थाने के अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार रात 10 बजे हुई।
अधिकारी ने कहा, ‘‘काले कपड़े पहने तीन लोग ‘रिवॉल्वर' लेकर दुकान में घुसे। उन्होंने कर्मचारियों को धमकाया, उन पर हमला किया और 11.80 लाख रुपये के आभूषण लूट लिए। उन्होंने तीन मिनट में चार से पांच बार गोलियां चलाईं। इस दौरान हालांकि, कोई घायल नहीं हुआ।'' घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें तीनों व्यक्ति मोटरसाइकिल पर सवार होकर घटनास्थल से भागते हुए दिखाई दे रहे हैं और कुछ लोग उनका पीछा करने की कोशिश कर रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता और शस्त्र अधिनियम के तहत डकैती और अन्य अपराधों के तहत मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि तीनों अपराधियों को पकड़ने के प्रयास जारी हैं। -
नई दिल्ली। सर्वोच्च न्यायालय आज से 3 अगस्त तक विशेष लोक अदालत सप्ताह का आयोजन करेगा। यह पहल सर्वोच्च न्यायालय की 75वीं वर्षगांठ के स्मरण में की जा रही है। आकाशवाणी से विशेष बातचीत में न्यायाधीश ऋषिकेश रॉय ने लोक अदालत या लोगों की अदालत को तेज और कम लागत वाली बताया। यह सुगम और कुशल न्याय करती है। उन्होंने कहा कि लोक अदालत द्वारा किये जाने वाले फैसले अंतिम होते हैं। इन फैसलों के लिए उच्च अदालतों में अपील नहीं की जा सकती है। न्यायाधीश रॉय ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को सरल और जल्द न्याय देना है। उन्होंने यह भी कहा कि भारत के मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चन्द्रचूड ने इस पहल सहित सर्वोच्च न्यायालय में लंबित पड़े मामलों को निपटाने के लिए हाल ही में विभिन्न उपाय किये हैं।
-
नई दिल्ली। नेशनल टेस्टिंग एजेंसी – एनटीए ने सामान्य विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा -सीयूईटी (यूजी) 2024 के परिणाम की घोषणा कर दी है। यह प्रवेश परीक्षा 14 लाख 99 हजार से अधिक पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए करायी गई थी। इन अभ्यर्थियों ने 283 केंद्रों और राज्यों में विभिन्न विषयों के संयोजन के लिए आवेदन किया था। इनमें से कुछ अन्य अभ्यर्थी शैक्षणिक सत्र 2024-25 के लिए विश्वविद्यालयों और संस्थानों में अध्ययन कर रहे हैं। यह परीक्षा 15 मई से 29 मई के बीच भारत के बाहर 26 शहरों सहित 379 शहरों में स्थित विभिन्न केंद्रों में आयोजित की गई थीं। एनटीए के अनुसार इन अभ्यर्थियों के परिणाम विश्वविद्यालयों के साथ साझा किये जाने की प्रक्रिया में है। अभ्यर्थियों को और जानकारी के लिए संबंधित विश्वविद्यालयों और संस्थानों के संपर्क में रहने को कहा गया है।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने केंद्र सरकार द्वारा कर्नाटक राज्य को कर के हस्तांतरण के बारे में विपक्ष और कर्नाटक सरकार द्वारा फैलाये जा रहे झूठ की कडी आलोचना की है। बेंगलुरु में आज पत्रकारों से बातचीत में वित्त मंत्री ने यू पी ए और एन डी ए सरकारों के कार्यकाल में कर्नाटक को किए गये आवंटनों की तुलना करते हुए आंकडे जारी किये। श्रीमती सीतारामन ने बताया कि वर्ष 2004 से 2014 के बीच कर्नाटक को केवल 81 हजार सात सौ 91 करोड रुपये प्राप्त हुए थे, जो एन डी ए सरकार के कार्यकाल के दौरान 2014 से 2024 के बीच बढकर दो लाख 95 हजार आठ सौ 18 करोड रुपये हो गये। यू पी ए सरकार के कार्यकाल के दौरान वार्षिक आवंटन भी आठ हजार एक सौ 79 करोड रुपये से बढकर इस वर्ष 45 हजार चार सौ 85 करोड रुपये हो गया है। इसके अतिरिक्त, यू पी ए सरकार के कार्यकाल के दौरान 60 हजार सात सौ 79 करोड रुपये का सहायता अनुदान एन डी ए सरकार के दौरान बढकर दो लाख 36 हजार नौ सौ 55 करोड रुपये हो गया है। कर्नाटक को बुनियादी ढाचे के लिए दस हजार 41 करोड रुपये, प्रधानमंत्री मित्र वस्त्र पार्क योजना के तहत दो सौ करोड रुपये और स्मार्ट सिटी कार्यक्रम के अंतर्गत छह हजार चार सौ 28 करोड रुपये प्राप्त हुए हैं। राज्य को इस रेल बजट में सबसे अधिक सात हजार पांच सौ 59 करोड रुपये भी प्राप्त हुए हैं। यह राशि यू पी ए सरकार के दस वर्ष के कार्यकाल में राज्य को प्राप्त कुल राशि से आठ सौ 35 करोड रुपये अधिक है। वित्त मंत्री ने बताया कि कर्नाटक में 31 रेल परियोजनाएं चल रही है, जिनके तहत 47 हजार 16 करोड रुपये की लागत से तीन हजार आठ सौ 40 किलोमीटर लम्बे रेलमार्ग का दोहरीकरण किया जा रहा है। श्रीमती निर्मला सीतारामन ने कहा कि बेंगलुरु को प्रधानमंत्री आवास योजना, सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों को प्रोत्साहन, अनुसंधान और विकास ऋण योजनाओं, रोजगार सृजन प्रोत्साहनों आदि के माध्यम से केंद्रीय बजट से लाभ पहुंचा है।
कर्नाटक राज्य सरकार की आर्थिक नीतियों की आलोचना करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि जो राज्य पिछले दो वर्षों से अधिक राजस्व अर्जित करने की बात कर रहा था वह अब राजस्व अर्जित नही कर पा रहा है। खुले बाजार से लिये गये ऋण की राशि चिंताजनक रूप से एक लाख करोड रुपये से अधिक हो गयी है। मुद्रास्पीति की दर, जो पिछले दो वर्ष से पांच दशमलव तीन नौ प्रतिशत के राष्ट्रीय औसत से कम थी वह अब पांच दशमलव चार प्रतिशत के राष्ट्रीय औसत को पार कर छह दशमलव एक प्रतिशत हो गयी है। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और दूध की कीमतों में बढोतरी, सपत्ति मूल्य, स्टाम्प ड्यूटी, वाहन पंजीकरण शुल्क वाहनों पर आजीवन कर बढाने से यह वृद्धि हुई है। वित्त मंत्री निर्मला सीतारामन ने कहा कि राज्य में पूंजीगत खर्च घटा है जिसका असर रोजगार सृजन पर पडेगा। उन्होंने कहा कि राज्य में अनुसूचित जातियों और अनुसूचित जनजातियों के लिए दी गयी राशि में धांधली की गयी जिस कारण मंत्री को त्याग पत्र देना पडा। उन्होंने कहा कि कर्नाटक में कानून और व्यवस्था की स्थिति बिगडी है, जिससे निवेशक राज्य में आने से हतोत्साहित होंगे। -
नई दिल्ली। इस वर्ष यूनेस्को ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में 46वें विश्व विरासत समिति सत्र में विश्व विरासत सूची में 25 नए ऐतिहासिक स्थलों को शामिल किया। इसके अलावा समिति ने दो महत्वपूर्ण संशोधनों को भी औपचारिक रूप दिया है। इनमें आज जापान का सादो द्वीप सोने की खदानें, थाईलैंड का फु फ्राबाट ऐतिहासिक पार्क, दक्षिण अफ्रीका का मानवाधिकार, मुक्ति और सुलह के लिए नेल्सन मंडेला विरासत स्थल, इटली के वाया एपिया और चीन के पेइचिंग सेंट्रल एक्सिस सहित 13 नए स्थल शामिल किए गए हैं। 19 स्थलों को सांस्कृतिक विरासत स्थल के रूप में शामिल किए गए हैं, जबकि 4 स्थल प्राकृतिक श्रेणी और 2 मिश्रित श्रेणी में शामिल किए गए हैं। भारत के असम के मोइदाम्स को कल भारत के 43वें विश्व धरोहर स्थल के रूप में शामिल किया गया। मोइदाम्स ने सबसे अधिक विश्व धरोहर संपत्तियों के मामले में देश को वैश्विक स्तर पर छठे स्थान पर पहुंचा दिया है
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज सुबह ग्यारह बजे से मन की बात कार्यक्रम में देशवासियों से अपनी विचार साझा करेंगे। यह रेडियो के इस मासिक कार्यक्रम की एक सौ बारहवीं कड़ी होगी। प्रधानमंत्री के रूप में तीसरी बार पदभार ग्रहण करने के बाद मन की बात का यह दूसरा प्रसारण होगा। यह कार्यक्रम आकाशवाणी और दूरदर्शन के सभी नेटवर्क, एआईआर न्यूज वेबसाइट और एआईआर मोबाइल ऐप पर भी उपलब्ध होगा। इसे आकाशवाणी के यू-ट्यूब, डीडी न्यूज, प्रधानमंत्री कार्यालय और सूचना तथा प्रसारण मंत्रालय से सीधा प्रसारित किया जाएगा। हिन्दी प्रसारण के तुरंत बाद सभी क्षेत्रीय भाषाओं में इसका प्रसारण होगा।
- मंगलुरु । कर्नाटक के शिरडी घाट क्षेत्र में शनिवार को राष्ट्रीय राजमार्ग 75 पर हुए भारी भूस्खलन के चलते सैकड़ों वाहन फंस गए। आधिकारिक प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार को शिरडी घाटी इलाके में यत्तीनाहल्ला-सकलेशपुर क्षेत्र में भूस्खलन हो गया जिसके कारण मंगलूरु और बेंगलूरु की ओर जाने वाले वाहन दोनों तरफ फंस गए। उन्होंने बताया कि राज्य राजमार्ग विभाग के कर्मचारी मिट्टी और मलबा हटाने के काम में जुटे हैं तथा सड़क को जल्द साफ कर दिया जाएगा। उनके अनुसार इलाके में भारी वर्षा के कारण मलबे की सफाई में समय लग रहा है। अधिकारियों ने भूस्खलन के चलते हासन और दक्षिण कन्नड़ जिलों के परिवहन ‘ऑपरेटरों' और निजी वाहन चालकों को सावधान रहने की सलाह दी है।
- नयी दिल्ली/श्रीनगर। भारतीय सेना ने जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के कमकारी सेक्टर में शनिवार को पाकिस्तान की ‘बॉर्डर एक्शन टीम' (बीएटी) के हमले को नाकाम कर दिया। हालांकि, इस दौरान छिड़ी मुठभेड़ में सेना का एक जवान शहीद हो गया और एक कैप्टन सहित चार अन्य सैन्यकर्मी घायल हो गए। सेना के सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी घुसपैठिया भी मारा गया।‘बैट' में आम तौर पर पाकिस्तानी सेना के विशेष बल के जवान और आतंकवादी शामिल होते हैं।एक सूत्र ने कहा, ‘‘भारतीय सेना के सतर्क जवानों ने आज सुबह कमकारी सेक्टर में ‘बॉर्डर एक्शन टीम' के हमले को नाकाम कर दिया।'' उसने कहा, ‘‘मुठभेड़ में एक पाकिस्तानी घुसपैठिया मारा गया।''सूत्रों ने बताया कि घंटों चली भीषण गोलीबारी के बीच दो घुसपैठिये पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) में भाग गए। उन्होंने बताया कि तीन घुसपैठियों के समूह ने उत्तर कश्मीर जिले के त्रेहगाम सेक्टर में कुमकडी चौकी के पास अग्रिम चौकी पर ग्रेनेड फेंका और गोलीबारी की। सूत्रों के मुताबिक, भारतीय सैनिकों ने जवाबी कार्रवाई की, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि मुठभेड़ में पांच जवान घायल हो गए, जिनमें से एक ने बाद में दम तोड़ दिया। सूत्रों के अनुसार, एक कैप्टन समेत चार घायल सैन्यकर्मियों को बेस अस्पताल ले जाया गया है। उन्होंने बताया कि घायल सैनिकों में से एक की हालत ‘‘गंभीर'' है।



.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)




.jpg)
.jpg)












.jpg)