- Home
- देश
-
नयी दिल्ली।. सरकार कृषि उद्यमियों को समर्थन देने के लिए 'स्टार्टअप और ग्रामीण उद्यमों के लिए कृषि कोष' (एग्रीश्योर) शुरू करने की तैयारी कर रही है। एक आधिकारिक बयान में शुक्रवार को कहा गया कि इस कोष के जरिए विशिष्ट क्षेत्रों में निवेश किया जाएगा और कृषि तथा संबद्ध क्षेत्रों में काम करने वाले स्टार्टअप को ऋण वैकल्पिक निवेश कोष (एआईएफ) के साथ ही प्रत्यक्ष इक्विटी समर्थन भी दिया जाएगा। इस पहल का उद्देश्य 750 करोड़ रुपये की श्रेणी-2 वैकल्पिक निवेश कोष (एआईएफ) की स्थापना के जरिए भारत के कृषि क्षेत्र में नवाचार और स्थिरता को बढ़ावा देना है। बयान में कहा गया कि यह कोष इक्विटी और ऋण दोनों तरह का समर्थन देगा और खासतौर से कृषि मूल्य श्रृंखला में उच्च जोखिम, उच्च प्रभाव वाली गतिविधियों को लक्षित करेगा। यह घोषणा शुक्रवार को मुंबई में नाबार्ड मुख्यालय में की गई। इस संबंध में आयोजित कार्यक्रम में वित्तीय संस्थानों, निवेशकों, एआईएफ प्रबंधकों और कृषि स्टार्टअप सहित प्रमुख हितधारकों ने भाग लिया। कृषि और किसान कल्याण विभाग के संयुक्त सचिव अजीत कुमार साहू ने कार्यक्रम में नवाचार के जरिए कृषि क्षेत्र के लिए वित्तपोषण को बढ़ाने पर जोर दिया।
-
मुंबई । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को मुंबई में इंडियन न्यूजपेपर सोसाइटी (आईएनएस) के सचिवालय आईएनएस टावर का उद्घाटन करते हुए कहा कि मीडिया की स्वाभाविक भूमिका गंभीर मुद्दों पर चर्चा करके विमर्श को शुरू करना है। उन्होंने कहा कि अगले 25 वर्षों में विकसित भारत की यात्रा में समाचार पत्रों की भूमिका महत्वपूर्ण है। उन्होंने भारतीय प्रकाशनों से अपनी वैश्विक उपस्थिति बढ़ाने की अपील की। प्रधानमंत्री मोदी ने भरोसा जताया कि भारत जल्द तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था वाला देश बन जाएगा। मोदी ने इसका भी जिक्र किया कि कैसे भारत डिजिटल भुगतान में अग्रणी बन गया है। उन्होंने कहा, ‘‘मीडिया लोगों को उनकी ताकत से अवगत कराता है।'' उन्होंने कहा कि मीडिया की स्वाभाविक भूमिका गंभीर मुद्दों पर चर्चा करके विमर्श शुरू करना है।
मोदी ने बांद्रा कुर्ला कॉम्प्लेक्स में उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा, ‘‘अगले 25 वर्षों में विकसित भारत की यात्रा में समाचार पत्रों की भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। जिस देश के नागरिक अपनी क्षमताओं पर भरोसा करते हैं, वे सफलता की नयी ऊंचाइयों को छूना शुरू कर देते हैं। आज भारत में भी यही हो रहा है।'' उन्होंने कहा कि आईएनएस ने न केवल भारत की यात्रा के उतार-चढ़ाव को देखा है, बल्कि इससे गुजरा भी है। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘किसी देश की वैश्विक छवि सीधे तौर पर उसकी अर्थव्यवस्था को प्रभावित करती है। भारतीय प्रकाशनों को अपनी वैश्विक उपस्थिति बढ़ानी चाहिए।'' उन्होंने कहा कि मीडिया राष्ट्रों की स्थिति का मूकदर्शक नहीं होता, बल्कि उन्हें बदलने में प्रमुख भूमिका निभाता है। विकसित भारत की आगामी 25 वर्ष की यात्रा में समाचार-पत्रों और पत्रिकाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए मोदी ने नागरिकों के अधिकारों और उनकी क्षमता के बारे में जागरूकता पैदा करने में मीडिया की भूमिका पर प्रकाश डाला। मोदी ने यह भी बताया कि कैसे भारत डिजिटल भुगतान में अग्रणी बन गया है। उन्होंने कहा, ‘‘एक समय था जब कुछ नेता कहते थे कि डिजिटल लेन-देन भारत के लिए नहीं है। उनकी यह पूर्व धारणा थी कि इस देश में आधुनिक तकनीक काम नहीं कर सकती।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘दुनिया देश के लोगों की क्षमताओं को देख रही है। आज भारत डिजिटल लेन-देन में नए कीर्तिमान बना रहा है। भारत के यूपीआई और आधुनिक डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे की वजह से लोगों की जिंदगी आसान हुई है और उनके लिए एक देश से दूसरे देश में पैसे भेजना आसान हुआ है।'' मोदी ने कहा कि इंडियन न्यूजपेपर सोसायटी द्वारा किए गए प्रभावी काम से देश को लाभ होगा। उन्होंने कहा कि आईएनएस द्वारा लिए गए निर्णयों ने देश के मीडिया को दिशा दी है। मोदी ने कहा, ‘‘2014 से पहले ज्यादातर लोग स्टार्टअप शब्द से अनजान थे, लेकिन मीडिया ने इसे घर-घर तक पहुंचा दिया।'' भारत में डिजिटल लेनदेन की सफलता का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘बड़े देश भारत के डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे में रुचि दिखा रहे हैं।'' प्रधानमंत्री ने जनधन योजना के माध्यम से वित्तीय समावेशन और बैंक खाते खोलने तथा लगभग 50 करोड़ लोगों को बैंकिंग प्रणाली से जोड़ने का उदाहरण दिया। - मुंबई ।नवविवाहित अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट के आशीर्वाद समारोह में शनिवार को बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन, शाहिद कपूर और माधुरी दीक्षित समेत देश-विदेश की मशहूर हस्तियों ने शिरकत की। सुपरस्टार सलमान खान, शाहरुख खान, अभिनेता युगल आलिया भट्ट और रणबीर कपूर भी आशीर्वाद समारोह में सज-धजकर पहुंचे। इस समारोह में अमेरिकी रियलिटी टीवी कलाकार किम करदाशियां और उनकी बहन क्लो करदाशियां भी शामिल हुईं।एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी और उद्योगपति वीरेन मर्चेंट की बेटी राधिका मर्चेंट मुंबई में एक भव्य समारोह में परिणय सूत्र में बंध गये थे। आशीर्वाद समारोह मुंबई के जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर में हो रहा है।अमिताभ बच्चन रंग-बिरंगा कुर्ता-पायजामा और शॉल ओढ़कर समारोह में पहुंचे। इस दौरान, उनकी नातिन नव्या नंदा और दामाद निखिल नंदा भी उनके साथ थे। ऐश्वर्या राय बच्चन आराध्या बच्चन के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचीं। शाहरुख खान अपनी पत्नी गौरी खान, बेटी सुहाना खान और सास सविता छिब्बर के साथ ‘ग्रीन कार्पेट' पर नजर आए। सलमान खान नीले रंग के सूट में पहुंचे। सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो के अनुसार, करदाशियां बहनों ने शनिवार के कार्यक्रम के लिए तरूण तहिलियानी द्वारा डिजाइन किए गए परिधान और आभूषणों को चुना। किम ने सुंदर कढ़ाईदार साड़ी पहन रखी थी जबकि क्लो गुलाबी लहंगा चोली में नजर आईं। अभिनेता अर्जुन कपूर बंदगला सूट पहनकर समारोह में पहुंचे। फिल्म निर्माता करण जौहर अपने दोस्त और ‘धर्मा प्रोडक्शंस' बैनर के सीईओ अपूर्व मेहता के साथ नजर आए। माधुरी दीक्षित नेने अपने पति श्रीराम नेने के साथ पहुंचीं और रजनीकांत भी अपनी पत्नी लता के साथ दिखाई दिये। वेंकटेश, जैकी श्रॉफ, हेमा मालिनी, काजल अग्रवाल, विधु विनोद चोपड़ा, सुनील शेट्टी, शाहिद कपूर, सारा अली खान, रश्मिका मंदाना, शनाया कपूर, दिशा पटानी, पुनीत मल्होत्रा, संजय दत्त पत्नी मान्यता दत्त के साथ आशीर्वाद समारोह में शामिल हुए। इस कार्यक्रम में रितेश देशमुख और जेनेलिया देशमुख, राम चरण और उपासना कोनिडेला, जान्हवी कपूर, शिखर पहाड़िया, खुशी कपूर, वेदांग रैना, ओरी और अनन्या पांडे शामिल हुए। रविवार को एक भव्य ‘रिसेप्शन' के साथ समारोह जारी रहेगा।
- नयी दिल्ली। वरिष्ठ राजनयिक तन्मय लाल को शनिवार को विदेश मंत्रालय (एमईए) में सचिव (पश्चिम) के रूप में नियुक्त किया गया है। एक आधिकारिक आदेश में यह जानकारी दी गई। भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के वर्ष 1991 बैच के अधिकारी लाल वर्तमान में स्वीडन में भारत के राजदूत हैं। कार्मिक मंत्रालय द्वारा जारी आदेश में कहा गया है, "मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने स्टॉकहोम स्थित भारतीय दूतावास में राजदूत श्री तन्मय लाल (आईएफएस:91) को सचिव (पश्चिम) के पद पर नियुक्त करने को मंजूरी दे दी है। वह पवन कपूर (आईएफएस:90) का स्थान लेंगे।" एक अन्य आदेश में अरुण कुमार चटर्जी को विदेश मंत्रालय में सचिव (काउंसलर, पासपोर्ट, वीजा और प्रवासी भारतीय मामले) के पद पर नियुक्त किया गया है। भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) के 1992 बैच के अधिकारी चटर्जी वर्तमान में किर्गिस्तान में भारत के राजदूत हैं। आदेश में कहा गया है कि वह मुक्तेश कुमार परदेशी का स्थान लेंगे।
- सतना। मध्य प्रदेश के सतना में शनिवार को एक कार और ट्रक के बीच टक्कर हो जाने से तीन लोगों की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना दोपहर में मझगवा थाना क्षेत्र में चित्रकूट रोड पर हुई।थाना प्रभारी आदित्य नारायण धुर्वे ने बताया, "कार यहां से चित्रकूट जा रही थी, जो विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक से टकरा गई। कार में सवार लोग उसी के अंदर फंस गए। चंद्रभान तिवारी (45) और सुदामा दुबे (75) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्राची तिवारी (22) ने अस्पताल में दम तोड़ दिया।" उन्होंने बताया, "चार घायलों में 10-12 साल के दो लड़के शामिल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हताहतों में सागर और दमोह जिले के निवासी शामिल हैं।
- मुंबई। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को नवविवाहित जोड़े अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट को उनकी शादी के बाद आशीर्वाद दिया। विवाह समारोह में देश-विदेश की मशहूर हस्तियों, उद्योगपतियों और राजनेताओं ने भाग लिया। मोदी यहां अंबानी परिवार के स्वामित्व वाले ‘जियो वर्ल्ड कन्वेंशन सेंटर' में आयोजित समारोह में शामिल होने पहुंचे, जिसका नाम ‘शुभ आशीर्वाद' रखा गया है। नवविवाहित जोड़े ने मोदी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद लिया।मोदी का स्वागत मुकेश अंबानी और उनकी पत्नी नीता अंबानी ने किया तथा उन्हें समारोह स्थल तक ले गये।एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति मुकेश अंबानी के बेटे अनंत अंबानी और उद्योगपति वीरेन मर्चेंट की बेटी राधिका मर्चेंट शुक्रवार को मुंबई में एक भव्य समारोह में परिणय सूत्र में बंध गए। शनिवार के समारोह के लिए आमंत्रित अतिथि लगभग वही थे, जो एक दिन पहले शादी में शामिल हुए थे।विवाह समारोह में शामिल होने वालों में बॉलीवुड के दिग्गज अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, सलमान खान और रणबीर कपूर, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी, जसप्रीत बुमराह, हार्दिक पांड्या और सूर्यकुमार यादव शामिल थे। ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री टोनी ब्लेयर और बोरिस जॉनसन के अलावा सऊदी अरामको के सीईओ अमीन एच. नासर भी अतिथि सूची में शामिल थे।
- पटना ।उपग्रह चित्रों और जमीनी सर्वेक्षणों का उपयोग करते हुए भू-स्थानिक विश्लेषण में बिहार के बोधगया में महाबोधि मंदिर परिसर और उसके आसपास के क्षेत्र में ‘विशाल वास्तुशिल्प संपदा' की मौजूदगी के साक्ष्य मिले हैं। अधिकारियों ने शनिवार को इसकी जानकारी दी। यह अध्ययन कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की एक शाखा बिहार हेरिटेज डेवलपमेंट सोसाइटी (बीएचडीएस) ने ब्रिटेन के कार्डिफ विश्वविद्यालय के सहयोग से किया है। यूनेस्को द्वारा घोषित विश्व धरोहर स्थल महाबोधि मंदिर परिसर भगवान गौतम बुद्ध के जीवन से संबंधित चार पवित्र स्थलों में से एक है। माना जाता है कि बोधगया वह स्थान है जहां भगवान बुद्ध को ज्ञान प्राप्त हुआ था।कला, संस्कृति एवं युवा विभाग की अपर मुख्य सचिव हरजोत कौर बम्हरा ने बताया, ‘‘अध्ययन से महाबोधि मंदिर और उसके आसपास के क्षेत्रों की मिट्टी के नीचे पुरातात्विक खजाने की मौजूदगी के सबूत मिले हैं... यह एक विशाल वास्तुशिल्प संपदा है, जिसकी और खुदाई की जरूरत है।'' ब्रिटेन स्थित कार्डिफ विश्वविद्यालय और बीएचडीएस ‘‘चीनी यात्री जुआनज़ांग के पदचिन्हों पर पुरातत्व'' परियोजना में सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेंगलुरु स्थित नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ एडवांस्ड स्टडीज के संकाय सदस्य एमबी रजनी ने महाबोधि मंदिर और उसके आसपास की उपग्रह छवियों का अध्ययन किया और निष्कर्षों को ‘‘ज़ुआनज़ैंग'' के विवरण के साथ जोडने का प्रयास किया। बोधगया में वर्तमान महाबोधि मंदिर परिसर में 50 मीटर ऊंचा भव्य मंदिर, वज्रासन, पवित्र बोधि वृक्ष और बुद्ध के ज्ञान प्राप्ति के अन्य छह पवित्र स्थल शामिल हैं जो कई प्राचीन स्तूपों से घिरा हुआ है। बम्हरा ने कहा, ‘‘बीएचडीएस कार्डिफ़ विश्वविद्यालय के सहयोग से बिहार में सातवीं शताब्दी के चीनी भिक्षु जुआनज़ैंग की यात्रा के पुरातात्विक निशान पर बहुविषयक परियोजना पर काम कर रहा है। पिछले कई वर्षों की उपग्रह छवियां मंदिर के उत्तर में भूमिगत संरचनाओं का एक संरेखण दिखाती हैं।'' गौरतलब है कि तस्वीरें निरंजना नदी के पूर्व से पश्चिम की ओर बदलाव को दर्शाती हैं।उन्होंने कहा, ‘‘हमें याद रखना चाहिए कि महाबोधि मंदिर नदी के पश्चिम में है और सुजाता स्तूप और कई अन्य पुरातात्विक अवशेष नदी के पूर्व में स्थित हैं। नदी के पूर्व में स्थित स्मारक और अन्य पुरातात्विक अवशेष अब महाबोधि मंदिर से मुक्त माने जाते हैं।'' बम्हरा ने कहा, ‘‘लेकिन नवीनतम खोज से पता चलता है कि मंदिर और सुजाता स्तूप दोनों अन्य पुरातात्विक अवशेषों के साथ अतीत में एक ही नदी तट पर थे।'' उन्होंने कहा कि यह वास्तव में ‘‘बहुत महत्वपूर्ण'' है।बम्हरा ने कहा, ‘‘इस बात की प्रबल संभावना है कि स्मारक और अन्य पुरातात्विक अवशेष, जो अब नदी के पूर्व में हैं, महाबोधि परिसर का हिस्सा थे।'' उन्होंने कहा कि बीएचडीएस ने ‘‘इन निष्कर्षों के आलोक में महाबोधि परिसर की सीमाओं को सीमित करने के लिए अनुसंधान'' शुरू करने की योजना बनाई है। अधिकारी ने कहा, ‘‘नये ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (जीपीआर) सर्वेक्षण के बाद की जाने वाली खुदाई उपग्रह चित्रों द्वारा दिखाए गए भूमिगत पुरातात्विक अवशेषों को उजागर करने के लिए किया जाएगा।''निष्कर्षों के बारे में विस्तार से बताते हुए, बीएचडीएस के कार्यकारी निदेशक बिजॉय कुमार चौधरी ने बताया, ‘‘हमारे ताजा अध्ययन से कई निष्कर्ष सामने आए हैं जिसमें मंदिर परिसर के उत्तर में चारों ओर खाई वाली एक दीवार से घिरा हुआ एक चौकोर मठ परिसर और एक विस्तारित बस्ती शामिल है।'' ह्वेनसांग, जिसे जुआनज़ैंग के नाम से भी जाना जाता है, एक चीनी बौद्ध भिक्षु, यात्री और अनुवादक थे।उन्होंने राजा हर्ष वर्धन के शासनकाल के दौरान बौद्ध धर्मग्रंथ प्राप्त करने के लिए चीन से भारत की यात्रा की। उन्हें 629 से 645 ईस्वी तक की भारत यात्रा और 657 से अधिक भारतीय ग्रंथों को चीन में लाने के उनके प्रयासों के लिए जाना जाता है। उनके लेखन का चीन में बौद्ध धर्म के विकास पर महत्वपूर्ण प्रभाव पड़ा।ह्वेनसांग के भारत की यात्रा वृतांत ने 1860 और 1870 के दशक में अलेक्जेंडर कनिंघम को नालंदा और वैशाली जैसे प्रसिद्ध स्थलों की पहचान करने में मदद की। रजनी की रिपोर्ट के अनुसार मठ परिसर की चौकोर दीवार की खुदाई 19वीं शताब्दी में कनिंघम द्वारा की गई थी लेकिन आगे कोई खुदाई नहीं की गई है। हालांकि, इस क्षेत्र में व्यवस्थित उत्खनन की काफी संभावनायें हैं। उन्होंने बताया, ‘‘हालांकि मठ के निशान अब जमीन पर दिखाई नहीं देते हैं पर उपग्रह तस्वीरों से पता चला है कि चौकोर दीवार समन्वय आश्रम के साथ काफी मेल खाते हैं।'' उन्होंने कहा कि कनिंघम ने मठ के स्तंभित दरबार के केंद्र में जो कुआं देखा, वह आश्रम के भीतर द्वारकोजी सुंदरानी की मूर्ति के दक्षिण में स्थित दो कुओं में से एक हो सकता है ।
- मुंबई । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले तीन से चार वर्ष में देश में आठ करोड़ नयी नौकरियां उपलब्ध हुईं जिसने बेरोजगारी के बारे में फर्जी बातें फैलाने वालों को चुप करा दिया। मोदी मुंबई के गोरेगांव उपनगर में सड़क, रेलवे और बंदरगाह क्षेत्रों में 29,000 करोड़ रुपये की परियोजनाओं की शुरुआत और आधारशिला रखने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि छोटे और बड़े निवेशकों ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के तीसरे कार्यकाल का उत्साह के साथ स्वागत किया है। मोदी ने कहा कि लोग जानते हैं कि केवल राजग सरकार ही स्थिरता प्रदान कर सकती है। हालिया लोकसभा चुनावों में बेरोजगारी को मुद्दा बनाने वाले विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा, ‘‘आरबीआई ने हाल में रोजगार पर एक विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित की है। रिपोर्ट के अनुसार, पिछले तीन-चार वर्ष में लगभग आठ करोड़ नयी नौकरियां पैदा हुई हैं। इस आंकड़े ने नौकरियों पर फर्जी खबरें फैलाने वालों को चुप कर दिया है।'' उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के बावजूद पिछले चार वर्ष में रिकॉर्ड स्तर पर रोजगार सृजन हुआ है।प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘जो फर्जी विमर्श फैलाते हैं, वे निवेश, बुनियादी ढांचे के विकास और देश की प्रगति के दुश्मन हैं। उनकी हर नीति युवाओं को धोखा देने और रोजगार रोकने के बारे में है। अब वे बेनकाब हो रहे हैं, क्योंकि लोग उनके झूठ को नकार रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘देश में कौशल विकास और रोजगार की जरूरत है और हमारी सरकार इस दिशा में काम कर रही है।'' मोदी ने कहा कि मुंबई और इसके आसपास की आगामी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं से शहर के आस-पास के क्षेत्रों से कनेक्टिविटी बढ़ेगी, जिससे महिलाओं के लिए बेहतर सुविधाएं और सुरक्षा भी सुनिश्चित होगी। प्रधानमंत्री ने कहा कि महानगर में मेट्रो रेल नेटवर्क का विस्तार तीव्र गति से हो रहा है। उन्होंने कहा कि दस साल पहले यह मात्र आठ किलोमीटर था जो अब बढ़कर 80 किलोमीटर हो गया है, जबकि 200 किलोमीटर पर काम चल रहा है। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में राष्ट्रीय राजमार्गों की लंबाई तीन गुनी हो गई है। मोदी ने कहा कि गोरेगांव-मुलुंड लिंक रोड शहर के उत्तरी भाग में पूर्व-पश्चिम को जोड़ने वाले प्रमुख मार्ग के रूप में कार्य करेगा। उन्होंने कहा कि यह प्रकृति संरक्षण और विकास के बीच संतुलन का एक अच्छा उदाहरण है। प्रधानमंत्री ने कहा कि ठाणे और बोरीवली को जोड़ने वाली सुरंगों से दोनों क्षेत्रों के बीच की दूरी मिनटों में तय हो जाएगी। उन्होंने कहा कि रेलवे के कायाकल्प से मुंबई और महाराष्ट्र को लाभ हो रहा है। मोदी ने कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (सीएसएमटी) और अजनी-नागपुर का पुनर्विकास कार्य तेजी से हो रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सीएसएमटी और लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई में मध्य रेलवे के दो मुख्य जंक्शन) पर नए प्लेटफॉर्म का उद्घाटन किया गया है और इससे रेलवे 24 कोच वाली ट्रेन संचालित करने में सक्षम होगा। प्रधानमंत्री ने कहा कि केंद्र ने पालघर के दहानु में 76,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले वधावन बंदरगाह को भी मंजूरी दे दी है, जिससे 10 लाख नौकरियों का सृजन होगा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र के पास गौरवशाली इतिहास है, सशक्त वर्तमान है और समृद्ध भविष्य का सपना है। प्रधानमंत्री ने कहा कि महाराष्ट्र वह राज्य है जिसकी विकसित भारत में महत्वपूर्ण भूमिका है क्योंकि इसमें उद्योग, कृषि, वित्त क्षेत्र की शक्ति है। उन्होंने कहा, ‘‘मेरा लक्ष्य महाराष्ट्र को दुनिया की सबसे बड़ी वित्तीय शक्ति बनाना और मुंबई को वैश्विक फिनटेक राजधानी बनाना है।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘हमारा उद्देश्य सभी के जीवन स्तर में सुधार लाना और जीवन की गुणवत्ता को सर्वश्रेष्ठ बनाना है। यही कारण है कि मुंबई के नजदीकी इलाकों की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।'' मोदी ने कहा कि तटीय सड़क और अटल सेतु अब पूरे हो चुके हैं। उन्होंने समुद्री पुल के काम को बाधित करने के प्रयासों की भी याद दिलाई। प्रधानमंत्री ने मुंबई और नवी मुंबई को जोड़ने वाले देश के सबसे लंबे समुद्री पुल अटल सेतु के बारे में कहा कि अब सभी को एहसास हो गया है कि यह कितना फायदेमंद है। मोदी ने कहा, ‘‘लगभग 20,000 वाहन प्रतिदिन इस पुल का उपयोग करते हैं और अनुमान है कि इससे 20-25 लाख रुपये का ईंधन बचता है और लोगों को पनवेल पहुंचने में कम समय लगता है।''
-
ठाणे. महाराष्ट्र की ठाणे पुलिस ने शनिवार को उस व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज किया है, जिसने एक ऑटोरिक्शा के पहिये से पानी के छींटे अपने ऊपर पड़ने के बाद संबंधित ऑटो चालक पर हमला कर दिया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी है। अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे घोड़बंदर रोड पर मोटरसाइकिल चलाते वक्त ऑटो के पहिये से पानी के छींटे पड़ने के बाद आरोपी शाहबाज उर्फ नन्नू खान की ऑटो चालक से कहासुनी हुई। अधिकारी ने प्राथमिकी का हवाला देते हुए कहा कि ऑटोरिक्शा का एक पहिया एक गड्ढे में चला गया और पानी के छींटे खान पर पड़ गईं, जिससे वह नाराज हो गया। उन्होंने बताया कि एक घंटे बाद ऑटो चालक के उसी रास्ते से लौटते समय आरोपी खान ने उस पर चाकू से हमला किया और जमकर पिटाई कर दी। ऑटो चालक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी खान के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 127(1) (गलत तरीके से रोकना), 118(1) (गंभीर चोट पहुंचाना), 115(2) (चोट पहुंचाना), 352 (जानबूझकर अपमान करना) और 351(2) (आपराधिक आतंकवाद) के तहत मामला दर्ज कर लिया। उन्होंने बताया कि घायल ऑटो चालक का उपचार हो रहा है।
-
नयी दिल्ली. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को शनिवार को यहां एम्स से छुट्टी दे दी गई। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। दो दिन पहले पीठ में दर्द होने की शिकायत के बाद सिंह को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के मीडिया प्रकोष्ठ की प्रभारी डॉक्टर रीमा दादा के अनुसार सिंह के पीठ दर्द का उपचार किया गया। उन्होंने कहा कि सिंह को शनिवार अपराह्न दो बजे अस्पताल से छुट्टी दी गई। सिंह को बृहस्पतिवार तड़के न्यूरोसर्जरी विभाग के पुराने निजी वार्ड में भर्ती कराया गया था।
-
कोलकाता. पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले में शुक्रवार की रात ट्रक से भिड़ंत के बाद एंबुलेंस में सवार एक परिवार के चार सदस्यों समेत छह लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। जिले के एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार पास के अस्पताल में उपचाराधीन गंभीर रूप से घायल दो लोगों की पहचान की अभी पुष्टि नहीं हुई है। एम्बुलेंस से अपर्णा बेग नाम के मरीज को खिरपई के एक अस्पताल से मेदीनपुर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाते समय केशपुर से गुजरने वाले पंचमी राजकीय राजमार्ग के पास यह दुर्घटना हुई। अधिकारी ने शनिवार को बताया, ‘‘मरीज के परिवार के सदस्यों और चालक समेत आठ लोगों को ले जा रही एंबुलेंस सीमेंट की बोरियों से लदे एक ट्रक से टकरा गई। छह लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि मरीज समेत दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।'' अधिकारी ने कहा कि मृतकों की पहचान अपर्णा की मां अनिमा मलिक, उनके पति श्यामपदा बाग, चाचा श्यामल भुनिया और चाची चंदना भुनिया के रूप में की गई है, जबकि दो अन्य की पहचान अभी नहीं हो पाई है। अपर्णा और श्यामपदा की कुछ महीने पहले शादी हुई थी। उन्होंने कहा, ‘‘अपर्णा और चालक दोनों की हालत गंभीर है। चिकित्सक उनकी देखरेख कर रहे हैं।
-
जालौन (उप्र) .विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के पूर्व जिला अध्यक्ष को अज्ञात बदमाशों ने यहां गोली मार दी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक ईरज राजा ने बताया कि विहिप के पूर्व जिला अध्यक्ष एवं अवस्थी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूट के निदेशक भास्कर अवस्थी अपनी पत्नी के साथ शुक्रवार देर शाम स्कूटी से अपने घर जा रहे थे कि इसी दौरान आंबेडकर चौराहे के निकट बंबी रोड पर अज्ञात बदमाशों ने उन्हें गोली मार दी। उन्होंने बताया कि कंधे में गोली लगने से भास्कर अवस्थी घटनास्थल पर ही गिर गए। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर तत्काल परिजन अवस्थी को उरई के मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। उन्होंने बताया कि पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने बताया तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर दोषियों को शीघ्र ही गिरफ्तार करने के प्रयास किये जा रहे हैं।
-
नासिक. महाराष्ट्र के नासिक जिले में एक राजमार्ग पर ट्रक का टायर फटने के बाद ट्रक एक कार से टकरा गया जिससे कार सवार चार लोगों की मौत हो गई और दो यात्री घायल हो गए। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना शुक्रवार रात करीब साढ़े 10 बजे मुंबई-आगरा राजमार्ग पर अदगांव के पास हुई। उन्होंने बताया कि नासिक से ओजार की ओर जा रहे ट्रक का टायर फट गया और वह विपरीत दिशा से आ रही एक कार से टकरा गया। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में कार सवार रहमान सुलेमान तंबोली (48), उनके रिश्तेदार अरबाज चंदूभाई तंबोली (21), सीज्जू पठान (40) और अक्षय जाधव (24) की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि ये लोग सताना शहर से नासिक जा रहे थे। अधिकारी ने बताया कि टक्कर से कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अग्निशमन दल ने क्षतिग्रस्त कार को काटकर शव निकाले। उन्होंने बताया कि ट्रक चालक बापू अहिरे (51) और सचिन म्हस्के (45) घायल हो गए, उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अदगांव पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है।
-
नई दिल्ली। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तबीयत को लेकर आप ने गंभीर चिंता जताई है.। आप का कहना है कि केजरीवाल की तबीयत जेल में "फिर से बिगड़ गई है".। पार्टी का कहना है कि 21 मार्च से केजरीवाल का वज़न 8.5 किलोग्राम घट गया है और रात में उनका शुगर लेवल 5 बार 50 से नीचे रहा है। डॉक्टरों का कहना है कि ऐसी स्थिति में उनके कोमा में चले जाने की संभावना है।
आप ने यह भी कहा है कि केजरीवाल को ज़रूरी इलाज नहीं मिल रहा है और जेल प्रशासन उनकी सेहत को लेकर गंभीर नहीं है.। पार्टी ने मांग की है कि केजरीवाल को तुरंत अस्पताल में भर्ती किया जाए और उन्हें ज़रूरी इलाज प्रदान किया जाए। . यह मामला एक बार फिर राजनीतिक तनाव का कारण बन गया है। आप ने इस मामले को लेकर सरकार पर निशाना साधा है और आरोप लगाया है कि केजरीवाल की तबीयत को लेकर सरकार गंभीर नहीं है.।दिल्ली आबकारी नीति मामले में भारत की सर्वोच्च अदालत यानी सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को अंतरिम ज़मानत दे दी है.। केजरीवाल को कथित शराब नीति घोटाले से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में ईडी ने 21 मार्च को गिरफ़्तार किया था। इस समय वो दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद हैं। लोकसभा चुनावों को देखते हुए सुप्रीम कोर्ट ने 10 मई को चुनाव प्रचार के लिए अरविंद केजरीवाल को फौरी राहत देते हुए 21 दिनों यानी दो जून तक के लिए अंतरिम ज़मानत भी दी थी। हालाँकि शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले के बाद भी आम आदमी पार्टी के संयोजक केजरीवाल जेल से बाहर नहीं आ पाएंगे क्योंकि उन्हें ईडी की ओर से की गई गिरफ़्तारी के मामले में अंतरिम ज़मानत मिली है.। जबकि सीबीआई ने 26 जून को शराब नीति से जुड़े कथित घोटाले में केजरीवाल को गिरफ़्तार किया था. केजरीवाल ने सीबीआई की ओर से हुई गिरफ़्तारी मामले को दिल्ली हाई कोर्ट में चुनौती दी है. इस मामले की सुनवाई 17 जुलाई को होनी है। -
नारनौल । केंद्रीय पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने शनिवार को हरियाणा के नारनौल में ‘स्काइडाइविंग' में हिस्सा लिया और आकाश में उड़ते विमान से छलांग लगाई। उन्होंने कहा कि वह हवाई खेल (एयरो-स्पोर्ट्स) पर्यटन क्षेत्र में भारत का ‘उज्ज्वल भविष्य' देख रहे हैं। विश्व स्काइडाइविंग दिवस के अवसर पर मंत्री ने एक विमान को भी हरी झंडी दिखाई। इस विमान का इस्तेमाल स्काइडाइविंग के लिए किया जाएगा। बताया जा रहा है कि यह देश में इस तरह का पहला विमान है। आकाश में रोमांच का अनुभव करने के लिए शेखावत सुबह-सुबह नारनौल हवाई पट्टी पर पहुंचे। इस मौके पर उनके साथ उनकी दोनों बेटियां भी मौजूद थीं। ‘टेंडेम स्काइडाइविंग' के तुरंत बाद केंद्रीय मंत्री ने मीडियाकर्मियों के साथ अपना अनुभव साझा किया। ‘टेंडेम स्काइडाइविंग' में एक पेशेवर स्काइडाइवर पूरी कवायद के दौरान इसमें भाग लेने वाले व्यक्ति के साथ रहता है। शेखावत ने कहा, ‘‘यह दिन निश्चित रूप से मेरे लिए एक साहसिक दिन है। पूरी दुनिया के लिए यह हवाई खेल के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण दिन है, जब लोग पहली बार विश्व स्काइडाइविंग दिवस मना रहे हैं। यहां भारत के नारनौल (हवाई पट्टी) में स्काइडाइविंग सुविधा शुरू हो गई है। मैंने आज यहां विमान से छलांग लगाई।'' उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, ‘‘मैं खुद को रोमांचित महसूस कर रहा हूं और आज से पर्यटन क्षेत्र और हवाई खेल के क्षेत्र में भारत के उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद कर सकता हूं।'' पर्यटन मंत्री ने कहा कि दुनिया भर में साहसिक खेलों के प्रति रुचि बढ़ी है और बड़ी संख्या में भारतीय इन हवाई खेलों और स्काइडाइविंग का आनंद लेने के लिए संयुक्त अरब अमीरात (दुबई), सिंगापुर, थाईलैंड, न्यूजीलैंड जैसे विभिन्न देशों में जाते हैं। उन्होंने कहा कि भारत में इस सुविधा के शुरू होने के बाद लोगों को एक साहसिक गतिविधि में हिस्सा लेने का मौका मिलेगा और यह देश में पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम होगा।
-
नयी दिल्ली । देश के सात राज्यों की 13 विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के शनिवार को आये नतीजों में ‘इंडिया’ गठबंधन के घटक दलों ने 10 सीट और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने दो सीट पर जीत दर्ज की जबकि एक सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार की जीत हुई।
विधानसभा उपचुनाव के लिए बुधवार को पश्चिम बंगाल की चार, हिमाचल प्रदेश की तीन, उत्तराखंड की दो, पंजाब, मध्य प्रदेश, बिहार और तमिलनाडु की एक-एक सीट पर मतदान हुआ था। निर्वाचन आयोग के अनुसार पंजाब में, सत्तारूढ़ ‘आप’ के मोहिंदर भगत ने जालंधर पश्चिम सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा उम्मीदवार शीतल अंगुरल को 37,325 मतों के अंतर से हराया।अंगुरल के मार्च में ‘आप’ विधायक के रूप में इस्तीफा देकर भाजपा में शामिल होने के बाद यह सीट रिक्त हो गई थी।पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि इस सीट पर बड़ी बढ़त के साथ मिली जीत से पता चलता है कि राज्य के लोग उनकी सरकार के काम से ‘‘बहुत खुश’’ हैं।आयोग के अनुसार, तमिलनाडु में द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) के अन्नियूर शिवा ने विक्रवांडी विधानसभा सीट पर पट्टाली मक्कल काची (पीएमके) के अंबुमणि सी को 67,757 वोटों से पराजित किया।तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के उम्मीदवारों कृष्णा कल्याणी, मधुपर्णा ठाकुर, मुकुट मणि अधिकारी और सुप्ति पांडे ने क्रमशः रायगंज, बगदाह, राणाघाट दक्षिण और मानिकतला सीट पर जीत हासिल की।उत्तर दिनाजपुर जिले के रायगंज में कल्याणी ने भाजपा के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी मानस कुमार घोष पर 50,077 मतों के अंतर से जीत हासिल की। उत्तर 24 परगना जिले की राणाघाट दक्षिण सीट पर तृणमूल कांग्रेस के मुकुट मणि अधिकारी ने भाजपा उम्मीदवार मनोज कुमार बिश्वास को 39048 मतों से हराया।निर्वाचन आयोग के अनुसार तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार मधुपर्णा ठाकुर ने उत्तर 24 परगना जिले की बागदा विधानसभा सीट पर भाजपा के अपने प्रतिद्वंद्वी बिनय कुमार बिश्वास को 33455 मतों से पराजित किया। मानिकतला सीट पर तृणमूल प्रत्याशी सुप्ति पांडे ने भाजपा के कल्याण चौबे को 62,312 मतों से हराया।हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की पत्नी एवं कांग्रेस उम्मीदवार कमलेश ठाकुर ने देहरा विधानसभा सीट पर भाजपा के होशियार सिंह को 9,399 मतों से हराया। नालागढ़ में कांग्रेस के हरदीप सिंह बावा ने भाजपा के केएल ठाकुर को 25,618 मतों से हराया।आयोग की वेबसाइट के अनुसार, भाजपा ने हमीरपुर सीट जीती है। भाजपा उम्मीदवार आशीष शर्मा को 27,041 वोट मिले, जबकि कांग्रेस के पुष्पिंदर वर्मा को 25,470 वोट मिले।निर्वाचन आयोग के अनुसार उत्तराखंड में कांग्रेस के प्रत्याशी लखपत सिंह बुटोला ने बदरीनाथ विधानसभा सीट के उपचुनाव में अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी पूर्व मंत्री एवं विधायक भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राजेंद्र सिंह भंडारी को 5,224 मतों से हराया। वहीं, मंगलौर सीट के उपचुनाव में कांग्रेस के उम्मीदवार काजी निजामुद्दीन ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के करतार सिंह भड़ाना को 422 मतों के मामूली अंतर से हराया।निर्वाचन आयोग की वेबसाइट के अनुसार मध्य प्रदेश की अमरवाड़ा सीट पर भाजपा के कमलेश प्रताप शाह ने कांग्रेस के धीरन शाह इनवती से 3,027 मतों के अंतर से हराया जबकि बिहार की रूपौली सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार शंकर सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी जद (यू) के कलाधर प्रसाद मंडल को 8,246 मतों के अंतर से हराया। -
मुंबई। बंबई उच्च न्यायालय ने एक व्यक्ति को पढ़ाई के लिए ऑस्ट्रेलिया जा रहे उसके बेटे को विदा करने के लिए पैरोल प्रदान की और कहा कि यदि दुख बांटने के लिये पैरोल दी जा सकती है तो, खुशी के अवसर पर यह मिलनी चाहिए। अदालत ने कहा कि दोषियों को थोड़े समय के लिए सशर्त रिहाई दी जाती है, ताकि वे बाहरी दुनिया से संपर्क में रह सकें और अपने पारिवारिक मामलों की व्यवस्था कर सकें, क्योंकि जेल में रहते हुए भी अपराधी किसी का बेटा, पति, पिता या भाई होता है।
न्यायमूर्ति भारती डांगरे और न्यायमूर्ति मंजूषा देशपांडे की खंडपीठ ने नौ जुलाई के अपने आदेश में कहा कि पैरोल और फरलो के प्रावधानों को समय समय पर दोषियों के प्रति “मानवतावादी दृष्टिकोण” के रूप में देखा गया है।अदालत विवेक श्रीवास्तव नामक व्यक्ति की याचिका पर सुनवाई कर रही थी, जिसमें उसने आस्ट्रेलिया के विश्वविद्यालय में अपने बेटे की शिक्षा के लिए ट्यूशन फीस और अन्य खर्चों का प्रबंध करने तथा उसे विदा करने के लिए पैरोल मांगी थी।अभियोजन पक्ष ने इस दलील का विरोध करते हुए दावा किया कि पैरोल आम तौर पर आपातकालीन स्थितियों में दी जाती है और शिक्षा के लिए पैसे का इंतजाम करना व बेटे को विदा करना ऐसे आधार नहीं हैं जिन पर पैरोल दी जानी चाहिए।उच्च न्यायालय ने कहा कि वह अभियोजन पक्ष के इस तर्क को समझने में विफल रहा। अदालत ने कहा, “दुख एक भावना है, खुशी भी एक भावना है और अगर दुख साझा करने के लिए पैरोल दी जा सकती है, तो खुशी के मौके या पल को साझा करने के लिए क्यों नहीं।”अदालत ने श्रीवास्तव को दस दिन की पैरोल मंजूर कर ली। श्रीवास्तव को 2012 के एक हत्या के मामले में दोषी ठहराया गया था और वह आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। उसे 2018 में दोषी ठहराया गया था और 2019 में उसने अपनी सजा के खिलाफ उच्च न्यायालय में अपील दायर की थी। -
मुंबई। अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी में बॉलीवुड और हॉलीवुड के सितारों का जलवा देखने को मिल रहा है. और अब इस शानदार शादी में WWE के सुपरस्टार जॉन सीना भी 'ता रा रा रा' गाने पर थिरकते हुए नज़र आए.
जॉन सीना के 'ता रा रा रा' पर थिरकने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में जॉन सीना को 'ता रा रा रा' गाने पर थिरकते हुए देखा जा सकता है. उनका एक्सप्रेशन और डांस मूव्स देखकर लोग हैरान और खुश हो रहे हैं. यह वीडियो सबको याद दिलाता है कि जॉन सीना न केवल एक शानदार रेसलर हैं बल्कि उनमें डांस का भी जुनून है. वह अपने फैंस को खुश करने के लिए अपनी हद से बाहर जाते हैं और यह वीडियो इस बात का प्रमाण है.अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी में बॉलीवुड और हॉलीवुड के कई बड़े सितारे शामिल हुए हैं. इस शादी में जॉन सीना की मौजूदगी ने इस खास अवसर को और भी जानदार बना दिया है.यह वीडियो सोशल मीडिया पर काफी चर्चा का विषय बन गया है. लोग जॉन सीना के डांस की तारीफ़ कर रहे हैं और उन्हें बधाई दे रहे हैं. यह वीडियो हमें यह भी याद दिलाता है कि कैसे बॉलीवुड और हॉलीवुड के सितारे एक साथ आकर किसी खास अवसर को और भी विशेष बना सकते हैं. -
इंदौर (मप्र)। देश के सबसे स्वच्छ शहर इंदौर में 14 जुलाई (रविवार) को महज 12 घंटे के भीतर 11 लाख पौधे लगाकर नया विश्व रिकॉर्ड कायम करने की कोशिश की जाएगी और पौधरोपण के इस महाभियान में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी भाग लेंगे.
मध्यप्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने शुक्रवार को संवाददाता सम्मेलन में यह जानकारी दी. उन्होंने बताया कि इंदौर में ‘‘एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत 2,649 स्थानों पर कुल 51 लाख पौधे लगाने का अभियान चल रहा है और इनमें से 11 लाख पौधे सीमा सुरक्षा बल की रेवती निशानेबाजी रेंज के विशाल परिसर में रविवार को सुबह छह बजे और शाम छह बजे के बीच लगाए जाएंगे. विजयवर्गीय ने बताया कि ‘‘सरकार और जनता की भागीदारी से आयोजित दुनिया के इस सबसे बड़े पौधारोपण कार्यक्रम’’ में रविवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह हिस्सा लेंगे और वह खुद भी पौधा लगाएंगे. नगरीय विकास मंत्री ने कहा,‘‘इस कार्यक्रम के लिए कई संस्थाओं और लोगों ने हमें करीब 20 करोड़ मूल्य के पौधे स्वेच्छा से दिए हैं.’’ उन्होंने बताया कि अपने एक दिवसीय इंदौर दौरे में शाह राज्य के सभी 55 जिलों में प्रधानमंत्री उत्कृष्टता महाविद्यालयों का वीडियो कॉन्फ्रेंस से लोकार्पण भी करेंगे. विजयवर्गीय ने बताया कि पौधरोपण को लेकर असम के एक मौजूदा विश्व रिकॉर्ड को तोड़कर इंदौर में ‘‘एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत नया कीर्तिमान बनाने की तैयारियां बड़े पैमाने पर जारी हैं.‘गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स’ की वेबसाइट पर उपलब्ध ब्योरे के मुताबिक असम के उदलगुड़ी में राज्य सरकार के वन विभाग ने पिछले साल 13 और 14 सितंबर के बीच 24 घंटों के भीतर 9,21,730 पौधे लगाने का रिकॉर्ड कायम किया था. इंदौर के महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने बताया कि शहर में 12 घंटे के भीतर 11 लाख पौधे लगाने के अभियान की निगरानी के लिए गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के 100 से ज्यादा प्रतिनिधि रविवार को मौके पर मौजूद रहेंगे. -
नई दिल्ली। भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से युगांडा में तैनात हवलदार संजय सिंह के पार्थिव शरीर को भारत लाने को लेकर बात की। भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने विदेश मंत्री एस जयशंकर से युगांडा में अंतरराष्ट्रीय शांति सेना में तैनात हवलदार संजय सिंह के पार्थिव शरीर को शीघ्र भारत लाने के लिए बात की.। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने उन्हें पूरा सहयोग का आश्वासन दिया.। सांसद अनिल बलूनी ने संजय सिंह के परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।
सांसद अनिल बलूनी ने एक वीडियो संदेश जारी कर कहा कि यह बहुत ही दुखद और पीड़ादायक समाचार सुनने में आया है कि रुद्रप्रयाग के हमारे 11वीं गढ़वाल राइफल्स के जवान संजय सिंह ,जो युगांडा में तैनात थे, वहां उनका आकस्मिक देहांत हो गया। हम उनको श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं और भगवान से कामना करते हैं कि उनके परिजनों को सहनशक्ति प्रदान करें। उन्होंने कहा कि उनके पार्थिव शरीर को भारत लाने के लिए मैंने भी विदेश मंत्री से बातचीत की है। हम लोगों का प्रयास है कि उनका पार्थिव शरीर अतिशीघ्र भारत आए, ताकि उनका अंतिम संस्कार किया जा सके। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मुझे आश्वासन दिया है कि बहुत जल्द जवान के पार्थिव शरीर को भारत लाया जाएगा। - भुवनेश्वर ।ओडिशा के पुरी में भगवान जगन्नाथ की ‘बाहुड़ा यात्रा’ के दौरान अनुशासनहीनता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। रथ यात्रा के दौरान भगवान बलभद्र की मूर्ति कुछ सेवादारों पर गिरने की घटना को लेकर उपजे आक्रोश के बीच एक वरिष्ठ अधिकारी ने शुक्रवार को यह बात कही।श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाधी ने कार्यभार संभालने के बाद कहा कि इस बात का ध्यान रखा जाएगा कि ऐसी घटनाएं दोबारा नहीं हों।उन्होंने कहा, ‘‘हम उन लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे जो अनुचित व्यवहार में लिप्त पाये जायेंगे। हमने देखा है कि कुछ अनधिकृत व्यक्ति रथों पर चढ़ रहे थे और रथ यात्रा के दौरान मोबाइल फोन ले जा रहे थे, जिसकी अनुमति नहीं है।’’गुंडिचा मंदिर पहुंचने के बाद रथ से उतारते समय मूर्ति गिरने से 12 सेवादार घायल हो गए थे। आरोप है कि संतुलन बिगड़ने के कारण जब मूर्ति गिरी, उस समय कई सेवादार अपने मोबाइल फोन से फोटो और वीडियो बनाने में व्यस्त थे।पाधी ने कहा, ‘‘मंदिर प्रबंधन समिति के निर्णय के अनुसार एक समिति गठित की गई है और हमें उसकी रिपोर्ट का इंतजार करना चाहिए।’’उन्होंने कहा कि विभिन्न सेवादार समूहों के साथ विचार-विमर्श किया गया ताकि अनुष्ठान सुचारू रूप से संपन्न हो सके।उन्होंने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि वे हमारी छवि खराब नहीं करेंगे, बल्कि हमारी जगन्नाथ संस्कृति को बढ़ावा देंगे।’’ रथ यात्रा सात और आठ जुलाई को आयोजित की गई थी जबकि ‘बाहुड़ा यात्रा’ 15 जुलाई को आयोजित की जाएगी।
- नयी दिल्ली । हरियाणा पुलिस और दिल्ली अपराध शाखा ने शुक्रवार को एक संयुक्त अभियान में सोनीपत में तीन बदमाशों को मार गिराया। पिछले महीने पश्चिमी दिल्ली के एक रेस्तरां में एक व्यक्ति की हत्या में कथित तौर पर शामिल दो बदमाश भी मारे गए अपराधियों में शामिल हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पुलिस एनकाउंटर में तीनों वांछित अपराधी आशीष लालू, विकी छोटा और सनी गुर्जर को पुलिस ने मार गिराया है। इन पर आरोप था कि दिल्ली के राजौरी गार्डन में बर्गर किंग में 15 राउंड फायरिंग कर मर्डर किया था। हरियाणा के सोनीपत के खरखोदा इलाके में पुलिस के साथ मुठभेड़ में तीनों मारे गये। यह ऑपरेशन दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और हरियाणा एसटीएफ में मिलकर किया. तीनों अपराधी हिमांशु भाऊ गैंग के थे.।बीते महीने 19 जून को देर रात पश्चिमी दिल्ली के एक रेस्टोरेंट में अंधाधुंध फायरिंग कर एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई थी.। हत्या में कथित तौर पर शामिल दो आरोपी भी शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि तीनों हिमांशु भाऊ गिरोह के सदस्य थे। राजौरी गार्डन में बर्गर किंग आउटलेट में गोलीबारी के बाद से ही आरोपियों की तलाश में पुलिस जुटी हुई थी।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को घोषणा की कि 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा। यह दिन 1975 में लगाई गई आपातकाल की याद दिलाता है। उस समय, इंदिरा गांधी की कांग्रेस सरकार ने आपातकाल लगाया था। यह 21 मार्च 1977 तक चला। इस दौरान, संविधान के विशेष प्रावधानों का इस्तेमाल करके नागरिक स्वतंत्रता पर बड़ी पाबंदियां लगाई गई थीं।
शाह ने अपने ट्विटर हैंडल पर लिखा, “25 जून 1975 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने अपनी तानाशाही मानसिकता को दर्शाते हुए देश में आपातकाल लगाकर भारतीय लोकतंत्र की आत्मा का गला घोंट दिया था। लाखों लोगों को अकारण जेल में डाल दिया गया और मीडिया की आवाज को दबा दिया गया। भारत सरकार ने हर साल 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाने का निर्णय किया है। यह दिन उन सभी लोगों के विराट योगदान का स्मरण करायेगा, जिन्होंने 1975 के आपातकाल के अमानवीय दर्द को झेला था।”अमित शाह ने कहा कि आपातकाल के दौरान लाखों लोगों को बिना कारण जेल में डाल दिया गया और प्रेस की आजादी पर रोक लगा दी गई। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार ने 25 जून को ‘संविधान हत्या दिवस’ के रूप में मनाने का फैसला किया है। इसका मकसद उन लोगों के योगदान को याद करना है जिन्होंने आपातकाल के दौरान कष्ट झेला।सरकार की तरफ से जारी एक आधिकारिक सूचना में कहा गया है कि यह दिन उन सभी लोगों को श्रद्धांजलि देने के लिए मनाया जाएगा जिन्होंने आपातकाल के दौरान सत्ता के दुरुपयोग के खिलाफ लड़ाई लड़ी और कष्ट सहे। साथ ही, यह भारत के लोगों को याद दिलाएगा कि वे भविष्य में इस तरह के सत्ता के दुरुपयोग का किसी भी रूप में समर्थन न करें। -
नयी दिल्ली. दिल्ली उच्च न्यायालय ने दिल्ली पुलिस को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि किसी बच्चे की गुमशुदगी की सूचना मिलते ही जांच शुरू हो और इसमें 24 घंटे का इंतजार न किया जाए। उच्च न्यायालय ने कहा कि बच्चों के लापता होने के बाद 24 घंटे तक इंतजार करने का कारण इस अनुमान या धारणा पर आधारित प्रतीत होता है कि वे आमतौर पर दोस्तों या रिश्तेदारों के साथ कहीं चले जाते हैं और बाद में अपने घर लौट आते हैं। अदालत ने कहा कि 24 घंटे की देरी के कारण बच्चे को अदालत के अधिकार क्षेत्र से बाहर ले जाया जा सकता है या कोई अप्रिय घटना घट सकती है। उसने कहा कि महिला एवं विकास मंत्रालय ने “गुमशुदा बच्चों के मामलों के लिए मानक संचालन प्रक्रिया' तैयार की है जो कहती है कि बच्चे के गुमशुदा होने की शिकायत मिलते ही तस्करी या अपहरण की प्राथमिकी दर्ज होनी चाहिए। न्यायमूर्ति प्रतिभा एम. सिंह और न्यायमूर्ति अमित शर्मा की पीठ ने कहा कि एसओपी में यह स्पष्ट रूप से कहा गया है कि कार्रवाई तुरंत और तत्परता से की जानी चाहिए तथा इस अटकलबाजी की गुंजाइश नहीं है कि बच्चा 24 घंटे में घर वापस आ सकता है और इसलिए पुलिस इंतजार कर सकती है। पीठ ने कहा, “वास्तव में, पहले 24 घंटे की अवधि अहम या नाजुक अवधि होती है, जब लापता व्यक्ति या बच्चे का पता लगाने के लिए उठाए गए कदमों से सकारात्मक परिणाम मिल सकते हैं।” उच्च न्यायालय ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को मामले की जांच करने तथा सभी थानों को यह सुनिश्चित करने के निर्देश देने को कहा कि 24 घंटे की प्रतीक्षा अवधि पूरी तरह अनावश्यक है तथा जब भी कोई शिकायत प्राप्त हो, तो जांच तुरंत शुरू होनी चाहिए। पीठ ने कहा, "एसओपी और इसमें की गई टिप्पणियों के मद्देनजर सभी थानों को यह सुनिश्चित करना होगा कि लापता बच्चों के मामले में पूछताछ/जांच शुरू करने के लिए 24 घंटे की प्रतीक्षा अवधि नहीं होगी।" उच्च न्यायालय एक नाबालिग लड़की के पिता की याचिका पर सुनवाई कर रहा था जिसमें 19 फरवरी को लापता हुई बच्ची का पता लगाने का अनुरोध किया गया था। व्यक्ति ने उसी दिन पुलिस से संपर्क किया था, लेकिन उनसे कहा गया कि अगर लड़की नहीं मिलती है तो वह अगले दिन फिर आएं। याचिका में कहा गया है कि जब लड़की नहीं लौटी तो उसके पिता 20 फरवरी को फिर पुलिस के पास गए और अपहरण की प्राथमिकी के बजाय 'गुमशुदगी की रिपोर्ट' दर्ज कर ली गई। दिल्ली सरकार के स्थायी वकील (अपराध) संजय लाओ ने अदालत को "लापता व्यक्तियों और अज्ञात शवों के संबंध में पुलिस के कर्तव्यों" पर पुलिस के संशोधित स्थायी आदेश के बारे में सूचित किया। उन्होंने कहा कि स्थायी आदेश के अनुसार, जहां तक गुमशुदा व्यक्तियों, विशेषकर बच्चों और नाबालिग लड़कियों (चाहे उनकी उम्र कुछ भी हो) की बात है, तो शिकायतकर्ता द्वारा संदेह व्यक्त किए जाने पर या अन्यथा शक पैदा होने पर अनिवार्य रूप से एक मामला दर्ज किया जाएगा। लाओ ने कहा कि मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले को मानव तस्करी रोधी इकाई (अपराध शाखा) को स्थानांतरित कर दिया जाना चाहिए।
-
नयी दिल्ली. सरकार ने उपग्रह टेलीविजन प्रसारणकर्ताओं के लिए एक परामर्श जारी कर कहा है कि वे अगले साल एक अप्रैल से गैर-भारतीय उपग्रहों के उपयोग के लिए भारत के अंतरिक्ष नियामक भारतीय राष्ट्रीय अंतरिक्ष संवर्धन और प्राधिकरण केंद्र (इन-स्पेस) से अनुमति लें। ‘इन-स्पेस' ने मई में भारतीय अंतरिक्ष नीति-2023 के कार्यान्वयन के लिए मानदंड, दिशानिर्देश और प्रक्रियाएं (एनजीपी) जारी की थीं, जिनमें कहा गया था कि केवल ‘इन-स्पेस' अधिकृत गैर-भारतीय उपग्रहों को ही देश में सेवाएं प्रदान करने की अनुमति दी जाएगी। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा जारी परामर्श में एनजीपी दस्तावेज के प्रासंगिक खंड का हवाला देते हुए कहा गया है कि एक अप्रैल, 2025 से हर ‘फ्रीक्वेंसी बैंड' में केवल ‘इन-स्पेस' अधिकृत गैर-भारतीय उपग्रहों को भारत में सेवाएं देने की अनुमति दी जाएगी। गैर-भारतीय उपग्रह संचालकों से किसी भी ‘फ्रीक्वेंसी बैंड' (सी, कू या का) में क्षमता के प्रावधान के लिए मौजूदा व्यवस्था/तंत्र/प्रक्रिया को 31 मार्च, 2025 तक बढ़ाया जा सकता है। इसमें कहा गया है कि एक अप्रैल, 2025 से केवल ‘इन-स्पेस' अधिकृत गैर-भारतीय जीएसओ (भूसमकालिक कक्षा) उपग्रहों और/या एनजीएसओ (गैर-भूसमकालिक कक्षा) उपग्रह समूहों को भारत में अंतरिक्ष-आधारित संचार/प्रसारण सेवाएं प्रदान की अनुमति होगी। सरकारी परामर्श सभी निजी टेलीविजन चैनल प्रसारणकर्ताओं/टेलीपोर्ट संचालकों के लिए जारी किया गया है।

.jpg)
.jpg)

.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)





.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)

.jpg)



.jpg)