- Home
- देश
- कुरुक्षेत्र। हरियाणा के कुरुक्षेत्र जिले में पिहोवा के पास एक ट्रक की टक्कर के बाद कार में आग लगने से तीन लोगों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना सोमवार रात की है और मृतकों की उम्र 20 से 22 वर्ष के बीच बताई जा रही है।पिहोवा पुलिस थाने के प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि चारों युवक जब परीक्षा देने के लिए चंडीगढ़ जा रहे थे तभी पिहोवा-कुरुक्षेत्र मार्ग पर उनकी कार को पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी जिसके बाद कार में आग लग गई। तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना स्थल पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने एक युवक को वाहन से बाहर निकाल लिया जिसकी पहचान आशीष के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक राजस्थान के पिलानी और हरियाणा के रोहतक के रहने वाले थे। कुरुक्षेत्र के एक निजी अस्पताल में आशीष का उपचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच की जा रही और मृतकों तथा घायल के परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।
-
मुंबई,। महाराष्ट्र भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने निलंबित भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी कैसर खालिद के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। एसीबी अधिकारी ने बताया कि एक व्यक्ति की शिकायत के बाद जांच शुरू की गई, जिसने दावा किया कि जब आईपीएस अधिकारी खालिद मुंबई रेलवे पुलिस आयुक्त थे, तब उसने कई मौकों पर उन्हें पैसे दिए थे। उन्होंने कहा, “शिकायतकर्ता के अनुसार खालिद ने उन्हें कुछ पैसे भी लौटाए। यह पैसे रेलवे की जमीन पर होर्डिंग्स लगाने की अनुमति देने से संबंधित थे।” अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (पीसीआर) के पद पर तैनात खालिद को घाटकोपर होर्डिंग की अनुमति देने में कथित भूमिका के बाद राज्य सरकार ने निलंबित कर दिया था। यह होर्डिंग 13 मई को तेज हवाओं के कारण गिर गया था। इस हादसे में 17 लोगों की जान चली गयी थी और 84 अन्य लोग घायल हो गये थे।
-
भुवनेश्वर,। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को कहा कि प्रकृति के साथ सामंजस्य स्थापित करना समय की मांग है। भुवनेश्वर के निकट हरिदमदा गांव में ब्रह्मकुमारी के दिव्य ध्यान केंद्र का उद्घाटन करते हुए मुर्मू ने कहा कि जंगल, पहाड़, नदियां, झीलें, समुद्र, बारिश, हवा - ये सभी जीवों के जीवित रहने के लिए अनिवार्य हैं लेकिन मनुष्य अपने भोग-विलास के लिए प्रकृति का दोहन कर रहा है और ऐसा करके प्रकृति के प्रकोप का शिकार हो रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘मनुष्य को यह याद रखना चाहिए कि प्रकृति में प्रचुरता उसकी जरूरतों के लिए है, उसके लालच के लिए नहीं।'' भारतीय जीवनशैली के हमेशा प्रकृति के साथ सह-अस्तित्व पर जोर दिये जाने का उल्लेख करते हुए मुर्मू ने कहा, ‘‘हमारे दर्शन में धरती को माता और आकाश को पिता कहा गया है। नदी को भी माता की उपाधि दी गई है। जल को जीवन कहा गया है और हम वर्षा को भगवान इंद्र और समुद्र को भगवान वरुण के रूप में पूजते हैं।'' उन्होंने कहा कि इसका मतलब यह है कि प्रकृति जड़ नहीं है, उसके भीतर भी चेतना की शक्ति है।
राष्ट्रपति ने कहा कि जलवायु परिवर्तन, ग्लोबल वार्मिंग और मौसम की अनिश्चितता आज दुनिया के सामने बड़ी चुनौतियां हैं। उन्होंने कहा, ‘‘बाढ़, भूस्खलन, हिमस्खलन, भूकंप, जंगल की आग और सुनामी जैसी प्राकृतिक आपदाएं अब कभी-कभार होने वाली घटनाएं नहीं रह गई हैं। अब ये लगातार होने वाली घटनाएं बन गई हैं।'' मुर्मू ने कहा, “हमारे दैनिक जीवन में छोटे-छोटे बदलाव समाज में बड़े बदलाव का मार्ग प्रशस्त करते हैं। हमें प्राकृतिक संसाधनों का न्यूनतम उपयोग सुनिश्चित करने के लिए अपनी आदतों को बदलना होगा। अक्सर नल खुले रहने से पीने का पानी बर्बाद हो जाता है। दिन में भी लाइट जलती रहती है। प्लेट में कुछ खाना छोड़ देने की आदत से हम अभी तक मुक्त नहीं हो पाए हैं।” उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रकृति के अनुकूल जीवनशैली पर सिर्फ चर्चा करना ही काफी नहीं है, हमें इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाना होगा। उन्होंने ब्रह्माकुमारी के “स्थायित्व के लिए जीवनशैली” अभियान की भी शुरुआत की। - नयी दिल्ली। धान बुवाई का रकबा चालू खरीफ सत्र 2024-25 में 19.35 प्रतिशत बढ़कर 59.99 लाख हेक्टेयर पर पहुंच गया है। कृषि मंत्रालय ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक साल पहले इसी अवधि में धान का रकबा 50.26 लाख हेक्टेयर था।खरीफ की मुख्य फसल धान की बुवाई जून में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत के साथ शुरू होती है और कटाई सितंबर से होती है। मंत्रालय ने बयान में कहा कि इसके अलावा चालू सत्र में आठ जुलाई तक दलहनों की बुवाई का रकबा भी बढ़कर 36.81 लाख हेक्टेयर हो गया जो पिछले साल की समान अवधि में 23.78 लाख हेक्टेयर था। अरहर का रकबा उल्लेखनीय रूप से बढ़ा है। यह बढ़कर 20.82 लाख हेक्टेयर हो गया जो एक साल पहले इसी अवधि में 4.09 लाख हेक्टेयर था। उड़द का रकबा बढ़कर 5.37 लाख हेक्टेयर रहा जो एक साल पहले इसी अवधि में 3.67 लाख हेक्टेयर था। हालांकि, मोटे अनाज का रकबा घटकर 58.48 लाख हेक्टेयर रहा। एक साल पहले इसी अवधि में यह 82.08 लाख हेक्टेयर था। मोटे अनाज में मक्के का रकबा बढ़कर 41.09 लाख हेक्टेयर हो गया जो एक साल पहले इसी अवधि में 30.22 लाख हेक्टेयर था। इस खरीफ मौसम में अब तक तिलहनों की बुवाई का रकबा तेजी से बढ़कर 80.31 लाख हेक्टेयर हो गया है, जो एक साल पहले इसी अवधि में 51.97 लाख हेक्टेयर था। नकदी फसलों में, गन्ने का रकबा मामूली बढ़कर 56.88 लाख हेक्टेयर हो गया जो एक साल पहले समान अवधि में 55.45 लाख हेक्टेयर था। कपास का रकबा बढ़कर 80.63 लाख हेक्टेयर हो गया जो एक साल पहले 62.34 लाख हेक्टेयर था। जूट-मेस्टा का रकबा घटकर 5.63 लाख हेक्टेयर रहा जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 6.02 लाख हेक्टेयर था। सभी खरीफ फसलों की बुवाई का कुल रकबा 14 प्रतिशत बढ़कर 378.72 लाख हेक्टेयर रहा। यह पिछले वर्ष की समान अवधि में यह 331.90 लाख हेक्टेयर था। हालांकि, मानसून केरल में जल्दी पहुंच गया, लेकिन अब तक इसकी प्रगति धीमी रही है। कई क्षेत्रों में सामान्य से कम बारिश हुई है। हालांकि, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने पूरे जून-सितंबर में औसत से अधिक बारिश का अनुमान लगाया है।
-
पुरी. भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के रथ सोमवार को गुंडिचा मंदिर पहुंचे, जिसके साथ ही ओडिशा के पुरी में रथ यात्रा समारोह का पहला चरण संपन्न हो गया। हजारों लोगों ने रथों को खींचा, जबकि लाखों श्रद्धालु गर्मी और उमस के बीच 'बड़ादंडा' पर रथ यात्रा देखने के लिए सड़क किनारे जमा हुए। यात्रा रविवार शाम को शुरू हुई, लेकिन सूर्यास्त के कारण कुछ मीटर बाद ही रुक गई। सोमवार सुबह करीब 9.30 बजे 12वीं सदी के मंदिर से गुंडिचा मंदिर तक 2.5 किलोमीटर की यात्रा फिर से शुरू हुई और इसका समापन अपराह्न 2.35 बजे हुआ। तीनों भव्य रथ ग्रैंड रोड पर गुंडिचा मंदिर के बाहर रहेंगे। मंगलवार को एक औपचारिक शोभायात्रा के साथ देवताओं को मंदिर के अंदर ले जाया जाएगा। देवता एक सप्ताह तक इसी मंदिर में रहेंगे। पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अरुण सारंगी भी रथों को खींचने में शामिल हुए। उन्होंने कहा, "रथ अपने गंतव्य पर पहुंच गए हैं। हमने तीनों रथों के चारों ओर घेरा बना दिया है और भीड़ को नियंत्रित कर रहे हैं। वाहनों के सुचारू प्रवाह के लिए पर्याप्त यातायात व्यवस्था की गई है।" इस बार 53 वर्षों के बाद कुछ खगोलीय स्थितियों के कारण रथ यात्रा दो दिवसीय थी।
परंपरा से हटकर, 'नबजौबन दर्शन' और 'नेत्र उत्सव' सहित कुछ अनुष्ठान रविवार को आयोजित किए गए। ये अनुष्ठान आमतौर पर रथ यात्रा से पहले आयोजित किए जाते हैं। 'नबजौबन दर्शन' का अर्थ है देवताओं का युवा रूप में दर्शन, जो 'स्नान पूर्णिमा' के बाद आयोजित 'अनासरा' (संगरोध) नामक अनुष्ठान में 15 दिनों के लिए बंद दरवाजे में थे। पौराणिक कथाओं के अनुसार, 'स्नान पूर्णिमा' पर अत्यधिक स्नान करने के कारण देवता बीमार पड़ जाते हैं और इसलिए बंद दरवाजे में ही रहते हैं। 'नबजौबन दर्शन' से पहले, पुजारियों ने 'नेत्र उत्सव' नामक विशेष अनुष्ठान किया, जिसमें देवताओं की आंखों की पुतलियों को नए सिरे से रंगा जाता है। पुलिस अधीक्षक पिनाक मिश्रा ने बताया कि सुरक्षा कर्मियों की 180 प्लाटून (एक प्लाटून में 30 कर्मी होते हैं) की तैनाती के साथ कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। पुलिस ने कहा कि उत्सव स्थल 'बड़ाडंडा' और तीर्थ नगरी के अन्य रणनीतिक स्थानों पर कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। - कोलकाता। कोलकाता के बाजारों में सब्जियों, अंडे और ‘पॉल्ट्री' मांस की खुदरा कीमतें ऊंची होने के कारण आम आदमी को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शहर के कई बाजारों में सब्जी विक्रेताओं ने बताया कि टमाटर की कीमतें एक महीने पहले के 45-50 रुपये से बढ़कर 80-100 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई हैं। बैंगन 110-140 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रहा है, जो जून की शुरुआत के दाम के मुकाबले करीब 150 प्रतिशत की बढ़ोतरी है। करेला, हरी मिर्च और लौकी जैसी कई अन्य सब्जियों की कीमतों में भी औसतन 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।स्थानीय बाजारों में अंडे और ‘पॉल्ट्री' मांस की कीमतों में 20-30 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।पश्चिम बंगाल विक्रेता संघ से जुड़े एक सूत्र ने कहा, ‘‘ अब बंगाल में टमाटर अन्य राज्यों से आ रहा है। लू और भारी बारिश के कारण बेंगलुरु और हिमाचल प्रदेश से टमाटर की आपूर्ति कम हो गई है। इसकी वजह यह है कि उत्पादन भी प्रभावित हुआ है।'' कृषि मंत्री सोभनदेव चट्टोपाध्याय ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा उर्वरकों तथा परिवहन सब्सिडी में किसानों के लिए सहायता कम करने के बाद से लोगों को महंगाई की मार झेलनी पड़ रही है, जबकि जलवायु परिस्थितियों ने भी स्थिति को और खराब कर दिया है। तृणमूल कांग्रेस के नेता चट्टोपाध्याय ने कहा, ‘‘ पश्चिम बंगाल सरकार हमारे किसानों को लगातार मदद कर रही है। किसान कच्चे माल की लागत में वृद्धि से प्रभावित हैं। दूसरी ओर केंद्र विभिन्न सब्सिडी में कटौती कर रहा है। इसलिए किसान और आम आदमी दोनों ही परेशान हैं।'' उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के पास खुदरा वितरण नेटवर्क ‘सुफल बांग्ला' है, जिसकी दुकानों पर सब्जियां तथा खाद्य सामग्री उचित मूल्य पर बेची जाती है। चट्टोपाध्याय ने कहा, ‘‘ ‘सुफल बांग्ला' में टमाटर की कीमत 65 रुपये प्रति किलोग्राम है, जबकि खुदरा बाजार में इसकी कीमत न्यूनतम 80 रुपये है। करेला 72 रुपये प्रति किलोग्राम और बैंगन 102 रुपये प्रति किलोग्राम पर बिक रहा है, जो 10-20 प्रतिशत सस्ता है। हम दुकानों की संख्या 484 से बढ़ाने की योजना बना रहे हैं।'' गृहिणी मानषी सान्याल ने कहा, ‘‘ पिछले तीन सप्ताह में सब्जियों, अंडों और मांस के दामों में उछाल आया है। टमाटर के दाम दोगुने हो गए हैं और प्याज की कीमतें भी बढ़ती जा रही हैं। आवश्यक वस्तुओं की महंगाई हमें किसी न किसी तरह से परेशान कर रही है।'' भाषा निहारिका अजय
- देहरादून,। उत्तराखंड के कई हिस्सों में सोमवार को लगातार बारिश जारी रही जिससे कुमाऊं क्षेत्र की नदियां उफान पर हैं, सैकड़ों ग्रामीण सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं और चंपावत तथा उधम सिंह नगर जिलों के कई गांवों में भारी जलभराव हो गया है। अपर आयुक्त (गढ़वाल) नरेंद्र सिंह क्वीरियाल ने बताया कि गढ़वाल क्षेत्र में मौसम में सुधार के बाद चार धाम यात्रा सोमवार को फिर से शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि मौसम विभाग द्वारा भारी बारिश के पूर्वानुमान के मद्देनजर एक दिन के लिए यात्रा स्थगित कर दी गई थी। देहरादून स्थित राज्य आपातकालीन संचालन केंद्र ने बताया कि पिथौरागढ़ में 125.50 मिमी बारिश हुई है, जहां काली, गोरी और सरयू नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं। राज्य भर में 200 से अधिक ग्रामीण सड़कें भूस्खलन के मलबे से अवरुद्ध हो गई हैं। उधम सिंह नगर जिले के खटीमा और सितारगंज के अलावा चंपावत जिले के पूर्णागिरि डिवीजन में भारी जलभराव के कारण पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के कर्मियों को लगभग 200 परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाना पड़ा। इन लोगों ने होटल, विवाह भवनों और अपने रिश्तेदारों के यहां शरण ली है। पिथौरागढ़ जिले में लगातार बारिश हो रही है, जिससे दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। जिले के मुनस्यारी सब डिवीजन के तेजम गांव में सबसे अधिक 200 मिमी बारिश दर्ज की गई। टनकपुर से पिथौरागढ़ तक का बारहमासी मार्ग भारी बारिश के कारण पिछले चार दिनों में कई बार बंद हो चुका है। इसे पिथौरागढ़ और चंपावत दोनों जिलों की जीवन रेखा माना जाता है। जिले के आपदा प्रबंधन अधिकारी बी एस महार ने बताया, ‘‘पिथौरागढ़ जिले में बारिश के बाद छह सीमावर्ती सड़कों और 21 ग्रामीण सड़कों सहित 28 से अधिक सड़कें अवरूद्ध हो गई हैं। इन सड़कों को खोलने के प्रयास जारी हैं, लेकिन लगातार हो रही बारिश से बाधा उत्पन्न रही है।'' उन्होंने सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के अधिकारियों के हवाले से बताया कि सड़कों को खोलने में एक दिन से अधिक समय नहीं लगेगा, लेकिन बारिश रूकने के बाद ही यह काम हो सकेगा। महार ने कहा, ‘‘भारी बारिश के कारण पुल के बह जाने से तेजम गांव के निवासियों का संपर्क राज्य के बाकी हिस्सों से टूट गया है। हालांकि, वैकल्पिक पहुंच मार्ग का इस्तेमाल करके प्रशासन द्वारा उन्हें आवश्यक सामान आपूर्ति की गई है।'' उन्होंने बताया कि व्यास घाटी में सीमावर्ती सड़क भी कई दिनों से बंद है, जिससे सुरक्षा बलों और ग्रामीणों को असुविधा हो रही है। नैनीताल जिले में हल्द्वानी के पास नदियां और नाले उफान पर हैं, गोला नदी का जलस्तर बढ़ने से अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम के पास जमीन का कटाव शुरू हो गया है। देहरादून में पिछले कुछ दिनों से रुक-रुक कर बारिश हो रही है। सोमवार दोपहर को भी देहरादून में भारी बारिश हुई। पौड़ी जिले के कोटद्वार में भी भारी जलभराव की सूचना है।
-
सूरत. गुजरात के सूरत में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच से बचने के लिए ट्रॉली बैग पर स्प्रे कर 65 लाख रुपये का सोना कथित रूप से तस्करी करने के लिए चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपियों ने ट्रॉली बैग की रेक्सिन और रबड़ की शीटों पर स्प्रे कर दुबई से कथित तौर पर सोने की रसायनों में मिलाकर तस्करी की। आधिकारिक बयान के मुताबिक, विशेष अभियान समूह (एसओजी) ने रविवार को गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया और उनके पास से 65 लाख रुपये का 927 ग्राम सोना जब्त किया। गिरोह के सदस्यों ने सूरत से एक जोड़े को दुबई भेजा, जहां आरोपियों के साथियों ने उन्हें तरल रूप में सोना सौंप दिया। एसओजी ने बताया कि सूरत अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुरक्षा जांच से बचने के लिए सोने को रसायनों के साथ मिलाकर ट्रॉली बैग पर स्प्रे किया गया। आरोपी आव्रजन जांच से बचने में कामयाब रहे और तस्करी किए गए सोने को एक होटल में अपने गिरोह के सदस्यों को सौंपने जा रहे थे। बयान के मुताबिक, “खुफिया जानकारी के आधार पर एसओजी दल ने होटल पर छापा मारा और एक महिला सहित चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बयान के मुताबिक, आरोपियों पर धोखाधड़ी, जालसाजी और आपराधिक साजिश के लिए भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
-
गाजीपुर. उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज वारदात में अज्ञात लोगों ने एक दंपति और उनके बेटे की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने सोमवार को बताया कि सात/आठ जुलाई की मध्य रात्रि को करीब दो बजे नंदगंज थाना क्षेत्र के कुसुम्हीकला गांव के खिलवां मौजा निवासी मुंशी बिंद (45), उसकी पत्नी देवंती बिंद (40) और बेटे रामाशीष बिंद (20) की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। सिंह के मुताबिक, फॉरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की है और अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि हत्यारों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सिंह के अनुसार, वारदात के दौरान मृतक दंपति का छोटा बेटा एक नृत्य कार्यक्रम देखने के लिए बाहर गया था। उन्होंने बताया कि तीनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
- पुरी (ओडिशा)। ओडिशा के चार दिवसीय दौरे पर यहां आईं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को सुबह पुरी में समुद्र तट पर कुछ समय बिताया। मुर्मू रविवार को तटीय तीर्थनगरी में भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा में शामिल हुईं। बाद में उन्होंने प्रकृति के निकट रहने के अपने अनुभव को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के जरिए साझा किया।मुर्मू ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘ऐसे स्थान हैं जो हमें जीवन के सार के करीब लाते हैं और हमें याद दिलाते हैं कि हम प्रकृति का हिस्सा हैं। पहाड़, जंगल, नदियां और समुद्र तट हमारे भीतर की किसी गहरी चीज को आकर्षित करते हैं। मैं आज जब समुद्र के किनारे टहल रही थी तो मुझे आसपास के वातावरण- मध्यम हवा, लहरों के शोर और पानी के विशाल विस्तार के साथ एक जुड़ाव महसूस हुआ। यह ध्यान करने जैसा अनुभव था।’’मुर्मू ने कहा कि इससे मुझे ‘‘गहन आंतरिक शांति मिली, जो मुझे कल महाप्रभु श्री जगन्नाथजी के दर्शन करने पर भी महसूस हुई थी। ….और मैं अकेली नहीं हूं जिसे ऐसा एहसास हुआ है। जब हम किसी ऐसी चीज से रू-ब-रू होते हैं जो हमसे बहुत विशाल हो, जो हमारे जीवन को बरकरार रखने में मदद करे और जो हमारे जीवन को अर्थपूर्ण बनाए, तो हम सभी मेरी तरह महसूस कर सकते हैं।’’राष्ट्रपति ने समुद्र तट पर टहलते हुए अपनी तस्वीरें साझा कीं तथा कहा कि रोजमर्रा की भागदौड़ में लोग प्रकृति के साथ अपना संबंध खो देते हैं।मूर्मु ने कहा, ‘‘मानव जाति का मानना है कि उसने प्रकृति पर कब्जा कर लिया है और वह अपने अल्पकालिक लाभों के लिए इसका दोहन कर रही है। इसका नतीजा सबके सामने है। इस गर्मी में भारत के कई हिस्सों को भीषण लू का सामना करना पड़ा। हाल के वर्षों में दुनिया भर में मौसम के चरम पर रहने की घटनाएं अधिक हो गई हैं। आने वाले दशकों में स्थिति और भी बदतर होने की आशंका है।’’उन्होंने कहा कि पृथ्वी की सतह का 70 प्रतिशत से अधिक हिस्सा महासागरों से बना है और ‘ग्लोबल वार्मिंग’ के कारण समुद्र का स्तर बढ़ रहा है, जिससे तटीय क्षेत्रों के डूबने का खतरा है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण के कारण महासागरों और वनस्पतियों एवं जीवों की समृद्ध विविधता को भारी नुकसान हुआ है, लेकिन प्रकृति की गोद में रहने वाले लोगों ने सौभाग्य से ‘‘उन परंपराओं को कायम रखा है जो हमारा मार्गदर्शन कर सकती हैं।’’उन्होंने कहा, ‘‘तटीय इलाकों में रहने वाले लोग समुद्र की लहरों और हवाओं की भाषा समझते हैं। वे अपने पूर्वजों का अनुसरण करते हुए समुद्र को भगवान के रूप में पूजते हैं।’’राष्ट्रपति ने कहा कि पर्यावरण की सुरक्षा और संरक्षण की चुनौती से निपटने के दो तरीके हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सरकारें और अंतरराष्ट्रीय संगठन व्यापक कदम उठा सकते हैं और नागरिकों के रूप में हम छोटे एवं स्थानीय कदम उठा सकते हैं।’’मुर्मू ने कहा, ‘‘निस्संदेह, दोनों एक-दूसरे के पूरक हैं। बेहतर कल के लिए व्यक्तिगत रूप से, स्थानीय स्तर पर – हम जो कुछ भी कर सकते हैं, आइए, उसे करने का संकल्प लें। अपने बच्चों के लिए ऐसा करना हमारी जिम्मेदारी है।’’राष्ट्रपति अपने मूल राज्य ओडिशा की चार दिवसीय यात्रा पर छह जुलाई की शाम को भुवनेश्वर पहुंचीं। उन्होंने रविवार को पुरी में रथ यात्रा देखी और रात एवं सुबह तीर्थ नगरी में बिताई।
- नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर एक भारतीय मूल की बच्ची का वीडियो वायरल हो रह है, जिसने अमेरिका में अपनी आवाज के बल पर जजों को हैरान कर दिया। नौ साल की प्रणयस्का मिश्रा ने ‘अमेरिका गॉट टैलेंट’ में ‘टीना टर्नर’ के मशहूर गाने ‘रिवर डीप माउंटेन हाई’ पर शानदार परफॉर्म देकर हेदी क्लम से गोल्डन बजर जीत लिया। इस ऑडिशन का वीडियो देखकर बिजनेसमैन आनंद महिंद्रा भावुक हो गए और उन्होंने एक प्यारे से मैसेज के साथ वीडियो शेयर किया।वायरल हो रहे वीडियो में बच्ची गुलाबी रंग की ड्रेस पहने स्टेज पर आती है। वो जजेस से कहती है, “मुझे हमेशा से गाना पसंद है। इससे मुझे खुशी मिलती है। जब मैं चार साल की थी, तो मैं दिखावा करती थी कि मेरे पास माइक्रोफोन है और मुझे लगता था कि मैं पूरी दुनिया के लिए गा रही हूं।” जब उससे पूछा गया कि चुने जाने के बाद वो सबसे पहले किसे कॉल करेंगी, तो बच्ची के जवाब ने न सिर्फ जजेस बल्कि नेटिजन्स और आनंद महिंद्रा को भी इमोशनल कर दिया। उसने कहा कि वह अपनी दादी को कॉल करेगी, क्योंकि वो हमेशा उसे बड़े स्टेज पर देखना चाहती थीं।बच्ची अपनी धमाकेदार परफॉर्मेंस से जजेस का दिल जीत लेती है और हेदी क्लम स्टेज पर आकर बच्ची को गले लगा लेती हैं। इसके बाद गोल्डन बजर दबाकर जजेस ऐलान कर देते हैं कि वो ऑडिशन में पास हो गई। इसके बाद हेदी क्लम प्रणयस्का से अपनी दादी को कॉल करने के लिए कहती हैं वीडियो में बच्ची के पेरेंट्स भी बेहद खुश नजर आ रहे हैं।आनंद महिंद्रा ने इस वीडियो को एक्स (पहले ट्विटर) पर शेयर करते हुए लिखा, “दुनिया में आखिर हो क्या रहा है?? पिछले दो हफ्तों में दूसरी बार, भारतीय मूल की बच्ची ने @AGT में मंच पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है, जो वाकई अद्भुत है। अमेरिकी म्यूजिक का शानदार हुनर। प्रणयस्का मिश्रा सिर्फ नौ साल की हैं। और, जब उन्होंने दादी कहा तो मेरी भी आंखों में आंसू आ गए। हां, अमेरिका में वाकई टैलेंट है। लेकिन इसमें से बहुत कुछ भारत से आ रहा है।”इस वीडियो को शेयर किए जाने के बाद महज एक घंटे के अंदर इसे 69 हजार से ज्यादा बार देखा जा चुका है। 1।3 हजार लोगों ने हार्ट रिएक्ट करके वीडियो पसंद किया है। एक यूजर ने लिखा, ‘उसकी आवाज अद्भुत थी और बच्ची के कॉन्फिडेंस का लेवल सचमुच हैरान कर देने वाला था।’ दूसरे यूजर ने लिखा, ‘आप सच्ची प्रतिभा की सराहना करते हैं और हमेशा उसकी खोज में रहते हैं।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘नौ साल की उम्र में अद्भुत आवाज और स्टेज कॉन्फिडेंस।
- भोपाल । मध्य प्रदेश में कांग्रेस छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में आए वरिष्ठ नेता रामनिवास रावत को सोमवार को कैबिनेट मंत्री पद की शपथ दिलाई गई। करीब दो महीने पहले कांग्रेस छोड़ने वाले रावत को राज्यपाल मंगुभाई पटेल ने राजभवन में मंत्री पद की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा उनकी कैबिनेट के कई मंत्री शामिल हुए।शपथ ग्रहण से ठीक पहले रावत ने दिया इस्तीफागत 30 अप्रैल को कांग्रेस से इस्तीफा देने वाले रावत चंबल क्षेत्र में पिछड़ा वर्ग के प्रभावशाली नेताओं में शुमार हैं। पहली बार दिग्विजय सिंह के नेतृत्व वाली सरकार में कैबिनेट मंत्री बनने वाले रावत प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष रह चुके हैं और वह श्योपुर जिले की विजयपुर विधानसभा से छठवीं बार विधायक चुने गए हैं। रावत ने शपथ ग्रहण के ठीक पहले विधायक पद से इस्तीफा दिया। उनके इस्तीफे के बाद विजयपुर में अब दोबारा चुनाव होंगे।कांग्रेस का हाथ छोड़ भाजपा पकड़ा साथप्रदेश में दिसंबर 2023 के विधानसभा चुनावों के बाद तीन विधायक कांग्रेस छोड़ चुके हैं। इनमें विजयपुर से रामनिवास रावत के अलावा सागर जिले के बीना विधानसभा क्षेत्र की विधायक निर्मला सप्रे और छिंदवाड़ा जिले के अमरवाड़ा क्षेत्र के विधायक कमलेश शाह शामिल हैं। इनमें से कमलेश शाह ने पहले ही विधानसभा से इस्तीफा दे दिया था जबकि रावत ने आज इस्तीफा दिया। निर्मला सप्रे ने अभी तक विधानसभा से इस्तीफा नहीं दिया है। कांग्रेस ने उनकी सदस्यता समाप्त करने का आवेदन दिया है।अब 29 हुई CM मोहन यादव के मंत्रिमंडल की संख्यादरसअल रावत भाजपा में पहले शामिल हो गए थे, लेकिन उन्होंने राज्य विधानसभा से इस्तीफा नहीं दिया था। एक चुनावी रैली में भाजपा में शामिल होने के बाद भी रावत सत्तारूढ़ पार्टी का हिस्सा बनने की पुष्टि करने से झिझक रहे थे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने 25 दिसंबर को अपने मंत्रिमंडल में 28 विधायकों को शामिल किया था। रावत के शपथ लेने के बाद राज्य मंत्रिमंडल में सदस्यों की संख्या बढ़कर 29 हो गई है। मध्य प्रदेश मंत्रिमंडल में सदस्यों की अधिकतम संख्या 34 है।
-
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में कई स्थानों पर भारी बारिश के कारण लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया। मुंबई में जहां मध्य रेलवे के मार्गों पर उपनगरीय रेल सेवाएं सोमवार सुबह से ही बाधित रहीं और शहर की सड़कों पर जलजमाव हो गया, वहीं ठाणे में अलग-अलग इलाकों में कई घरों में पानी घुस जाने के बाद 54 लोगों को सुरक्षित निकाला गया।
अधिकारियों ने यह जानकारी देते हुए बताया कि बारिश की वजह से एक पुल के बह जाने की भी खबर है। मुंबई के कई इलाकों में रात भर में 300 मिलीमीटर से अधिक बारिश दर्ज की गई, जबकि रविवार को ठाणे जिले में 65 मिलीमीटर बारिश हुई।बृहन्मुंबई महानगर पालिक (BMC) ने सुबह जारी किए गए एक बयान में कहा कि सोमवार को भी भारी बारिश की संभावना है। BMC ने स्थिति के मद्देनजर मुंबई नगर निकाय सीमा में आने वाले सभी BMC स्कूलों, सरकारी स्कूलों और निजी स्कूलों तथा कॉलेजों के लिए दिन के पहले सत्र के वास्ते छुट्टी की घोषणा की है। बयान में कहा गया है, ‘‘स्थिति की समीक्षा के बाद अगले सत्र के लिए निर्णय लिया जाएगा।’’ अधिकारियों ने बताया कि मूसलाधार बारिश के कारण मुख्य और हार्बर कॉरिडोर पर रेल की पटरियों के पानी में डूब जाने से मध्य रेलवे की उपनगरीय सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हो गई हैं। निकाय के आपदा प्रबंधन विभाग ने कहा कि दोनों कॉरिडोर पर उपनगरीय सेवाएं सुबह छह बजकर 45 मिनट पर फिर से चालू हो गईं।बीएमसी ने बताया कि मुंबई के कुछ इलाकों में रविवार आधी रात एक बजे से सोमवार सुबह सात बजे तक 300 मिलीमीटर से अधिक बारिश हुई। इस अवधि में सबसे अधिक 315 मिलीमीटर बारिश गोवंडी क्षेत्र में और 314 मिमी बारिश पवई क्षेत्र में हुई। वहीं, ठाणे जिले के प्रशासन ने एक विज्ञप्ति में बताया कि रविवार को भारी बारिश के कारण विभिन्न क्षेत्रों में कम से कम 275 मकान क्षतिग्रस्त हो गए तथा लगभग 20 वाहन बह गए।स्थानीय निकाय के आपदा प्रबंधन प्रकोष्ठ के प्रमुख यासीन तडवी ने बताया कि ठाणे शहर में सोमवार को सुबह छह बजकर 30 मिनट तक पिछले 24 घंटे की अवधि में 120.87 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। विज्ञप्ति में कहा गया कि ठाणे जिले का शाहपुर तालुका बारिश से सबसे अधिक प्रभावित हुआ है, जहां आसनगांव-माहुरी रोड पर एक पुल बह गया और गुजराती बाग क्षेत्र में बारंगी नदी में बाढ़ आ गई।इसमें कहा गया कि बाढ़ का पानी इलाके के 70 घरों में घुस गया जिससे कई घरेलू सामान नष्ट हो गए, जबकि 20 दोपहिया तथा चार पहिया वाहन बह गए। शाहपुर के गोठेघर क्षेत्र के वाफा नर्सरी इलाके में पानी घुस गया, जहां तीन घरों के 38 लोगों को बचाया गया।अधिकारियों ने बताया कि वाशिंद इलाके में 125 घरों के जलमग्न होने के बाद 12 लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। भारी बारिश के कारण आटगांव में रेलवे पटरी के किनारे की मिट्टी भी बह गई।अधिकारियों ने बताया कि शाहपुर में करीब 12 घर आंशिक रूप से ढह गए। उन्होंने बताया कि भिवंडी तालुका में 40 घरों में पानी घुस गया और गौटेपाडा में एक कच्चा मकान भी क्षतिग्रस्त हो गया। उन्होंने बताया कि किसी के हताहत होने की खबर नहीं है और स्थानीय राजस्व अधिकारियों को तेजी से मौके का निरीक्षण करने और नुकसान की रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। -
नई दिल्ली। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा (सीयूईटी)-2024 की उत्तर कुंजी जारी कर दी है। विद्यार्थी उत्तर कुंजी को कल तक चुनौती दे सकते हैं। अब एक सप्ताह के भीतर परिणाम घोषित होने की संभावना है।
यह परीक्षा पहली बार हाइब्रिड आधार पर आयोजित की गई थी। 15 विषयों के लिए परीक्षण पेन-पेपर आधारित थे, जबकि अन्य 48 विषय कंप्यूटर आधारित थे। इस वर्ष 261 केंद्रीय, राज्य, डीम्ड और निजी विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आम प्रवेश परीक्षा के लिए 13 लाख 40 हजार से अधिक विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज रूस और ऑस्ट्रिया की तीन दिन की आधिकारिक यात्रा पर रवाना होंगे। पहले चरण में वे 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए मॉस्को जाएंगे। यह सम्मेलन प्रधानमंत्री मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को रक्षा, व्यापार और निवेश, ऊर्जा सहयोग, शिक्षा, संस्कृति तथा लोगों के बीच आपसी संपर्क सहित व्यापक द्विपक्षीय मुद्दों पर विचार विमर्श पर अवसर देगा। दोनों नेता परस्पर हित के क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रम पर भी विचार करेंगे। ब्रिक्स, शंघाई सहयोग संगठन, जी-20, पूर्व एशिया शिखर सम्मेलन और संयुक्त राष्ट्र जैसे मंचों पर द्विपक्षीय संबंधों की वर्तमान स्थिति का भी आंकलन किया जाएगा।
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज प्रधानमंत्री मोदी के सम्मान में निजी भोज की मेजबानी करेंगे। कल प्रधानमंत्री मोदी रूस में भारतीय समुदाय से मिलेंगे। वे क्रेमलिन में सैनिकों की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित करेंगे और मॉस्को में रोस्टोम पवेलियन जाएंगे। दोनों नेताओं के बीच परस्पर वार्ता के बाद प्रतिनिधिमंडल स्तर की वार्ता होगी।विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने मीडिया को बताया कि भारत और रूस के बीच 2020 से ही विशिष्ट साझेदारी रही है, जो भू-राजनीतिक चुनौतियों के बीच भी प्रभावी है। उन्होंने कहा कि यह वार्षिक शिखर सम्मेलन, भारत और रूस के बीच सहयोग को नई गति देगा।रूस में भारत के राजदूत विनय कुमार ने संवाददाताओं से बातचीत में तीन वर्षों बाद हो रही इस यात्रा को अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।यात्रा के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री मोदी नौ और दस जुलाई को ऑस्ट्रिया में होंगे। प्रधानमंत्री की पहली ऑस्ट्रिया यात्रा वहां के चांसलर के निमंत्रण पर हो रही है। दोनों नेताओं के बीच शिष्टमंडल स्तर की वार्ता होगी। व्यापार जगत के प्रमुखों के साथ भी श्री मोदी की बातचीत होगी।मध्य यूरोपीय देश ऑस्ट्रिया के साथ बुनियादी ढांचा, नवीकरणीय ऊर्जा, उच्च प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप, मीडिया और मनोरंजन क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग के विशिष्ट अवसर हैं। - श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में हुई दो मुठभेड़ों में छह आतंकवादी मारे गए और दो जवान शहीद हो गए। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया, "मोदरगाम मुठभेड़ स्थल से दो आतंकवादियों के शव बरामद किए गए जबकि चिन्नीगाम स्थल से रविवार को चार शव बरामद किए गए।" कुलगाम जिले के दो गांवों में शनिवार को मुठभेड़ शुरू हुई थी।उन्होंने बताया कि आतंकवादियों के साथ मुठभेड़ में एक पैरा कमांडो समेत दो सैन्यकर्मियों ने अपने प्राण न्यौछावर कर दिए। अभियान के बारे में बताते हुए जम्मू-कश्मीर के पुलिस महानिदेशक आरआर स्वैन ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में आतंकवादियों का सफाया करना एक बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा, "निस्संदेह सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में यह एक बड़ा मील का पत्थर है। ये सफलताएं वास्तविक रूप से और संदेश के लिहाज से भी बहुत सार्थक हैं।" स्वैन ने कहा कि अभियान की सफलता इस बात का संकेत है कि जम्मू-कश्मीर में आतंक के खात्मे की लड़ाई अपने अंजाम तक पहुंचेगी।
- अहमदाबाद। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को कहा कि देश के लिए मरने की नहीं बल्कि जीने की जरूरत है। उन्होंने गुजरात के विकास में भूमिका के लिए कड़वा पाटीदार समुदाय की सराहना की। वह मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की मौजूदगी में यहां छात्रों के लिए एक छात्रावास परिसर का उद्घाटन करने के बाद एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। शाह ने शहर में एक अस्पताल का भी उद्घाटन किया।छात्रावास के अधिकारियों ने बताया कि अमीन पीजेकेपी विद्यार्थी भवन का निर्माण कड़वा पाटीदार समुदाय द्वारा किया गया है और इसमें सभी सामाजिक समूहों के छात्रों के लिए आवास की व्यवस्था होगी। शाह ने कहा कि आज देश के लिए मरने की नहीं, बल्कि देश के लिए जीने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘‘आप एक अच्छे आईएएस, आईपीएस, सीए, चिकित्सक, अच्छे नागरिक या गृहिणी हो सकते हैं, लेकिन आपको देश के लिए काम करने की जरूरत है।'' भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता ने कहा कि कड़वा पाटीदार समुदाय ने गुजरात के विकास में बहुत योगदान दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘गुजरात और पाटीदार समाज का विकास समानांतर है। अपनी मेहनत से कड़वा पाटीदार समाज ने अपने विकास के साथ-साथ राज्य और देश के विकास में भी महत्वपूर्ण योगदान दिया है।'' शाह ने कहा, ‘‘उत्तर गुजरात के कड़वा पाटीदार समाज के कई संस्थानों से शिक्षा ग्रहण कर आज लोग देश की सेवा कर रहे हैं।'' पटेल ने इस मौके पर कहा कि दो दशक पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री के रूप में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए ‘शाला प्रवेशोत्सव' (स्कूल नामांकन) और ‘कन्या केलवणी महोत्सव' के कारण राज्य में शिक्षा के क्षेत्र में काफी विकास हुआ है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘बच्चों को अच्छी और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा देना बहुत जरूरी है। शिक्षा ही विकास की नींव है। सरकार देश के भविष्य को संवारने के लिए शिक्षा को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।'' शाह ने अहमदाबाद में नवनिर्मित ‘एसएलआईएमएस' अस्पताल का भी उद्घाटन किया।उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘तीस करोड़ रुपये से अधिक की लागत से निर्मित आठ मंजिला अस्पताल में ओपीडी सुविधाओं के साथ रोबोटिक सर्जरी और हृदय देखभाल केंद्र जैसी अत्याधुनिक सुविधाएं हैं। मुझे विश्वास है कि आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह अस्पताल क्षेत्र की चिकित्सा आवश्यकताओं को पूरा करने में मददगार होगा।''
- श्रीनगर/जम्मू। जम्मू से रविवार तड़के 6,000 से अधिक तीर्थयात्रियों का एक और जत्था दक्षिण कश्मीर हिमालय स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अमरनाथ यात्रा के लिए 6,145 तीर्थयात्रियों का दसवां जत्था 238 वाहनों के दो काफिलों में जम्मू भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। एक सौ पंद्रह वाहनों के पहले काफिले में 2,697 तीर्थयात्री हैं। यह गंदेरबल जिले के बालटाल आधार शिविर के लिए तड़के करीब तीन बजकर 10 मिनट पर रवाना हुआ, जबकि 123 वाहनों का दूसरा काफिला 3,448 तीर्थयात्रियों के साथ अनंतनाग जिले के पहलगाम आधार शिविर के लिए रवाना हुआ है। तीर्थयात्रा 29 जून को अनंतनाग के 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और गंदेरबल में बालटाल मार्ग से शुरू हुई थी और यह 19 अगस्त को समाप्त होगी। अब तक डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन किये हैं।
- सूरत। नागपुर का डॉली चायवाला जो अपने अलग वेशभूषा के साथ और लोगों को मजेदार तरीकें से चाय पिलाता है। जिसको कुछ दिन पहले केवल नागपुर के लोग जानते थे,, लेकिन अब उसे ज्यादातर लोग जानते है.। ऐसे ही अब एक सिंगिंग चायवाले अंकल का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जो लोगों को गाना सुनाते हुए चाय बनाते है और लोगों को चाय पिलाते है। डॉली चायवाले ने कुछ महीने में पहले दुनिया के सबसे अमीरों में शुमार बिल गेट्स को चाय पिलाई थी,। जिसके बाद सोशल मीडिया पर सनसनी मच गई थी और सभी ये जानने को उत्सुक थे की आखिर ये है कौन,। इसके बाद डॉली काफी सुर्खियों में आया ।अब गुजरात के सूरत शहर के विजयभाई पटेल कई सालों से चाय बेच रहे है। विजयभाई की दूकान पर चाय पिने के साथ -साथ लोग इनका गाना सुनने भी आते है।. इनके एक हाथ में माइक होता है। जिस पर वे गाना गाते है और दुसरे हाथ से वे चाय बनाते है। लोग बड़े शौक से उनके गाने सुनते है। सोशल मीडिया पर अब इस अंकल का वीडियो वायरल हो रहा है। ये वीडियो इंस्टाग्राम पर Viral Bhayani के अकाउंट से शेयर किया गया है। विजयभाई राजेश खन्ना के गाने ' चिंगारी कोई भड़के 'गाना गा रहे है और वो भी बहुत ही सुरीली आवाज में.। उनके इस वीडियो को पर लोग जमकर कमेंट कर रहे है.। एक ने लिखा है की ,' आजकल चायवाले और पाववाले ही ज्यादा पॉपुलर हो रहे है। दूसरे ने लिखा ,' ये चायवाला बहुत आगे जानेवाला है। एक ने लिखा ,' डॉली चायवाले से ये बेहतर है।
- झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी से एक अनोखी घटना सामने आई है। यहां रक्सा क्षेत्र के पुनावली कला के एक तालाब में पीले मेंढक कूदते दिखाई दिए। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले साल बारिश के दौरान यह मेंढक नजर नहीं आए थे. लेकिन, इस बार पहली ही बारिश में यह दिखने लगे हैं। यह मानसून के लिहाज से एक शुभ संकेत है। जीव विज्ञान के जानकारों के मुताबिक, इस तरह के पीले और सुनहरे रंग के मेंढक को इंडियन बुलफ्रॉग कहा जाता है। यह एक नर मेंढक होते हैं, जो आकार में सामान्य से थोड़े बड़े होते हैं.। यह अधिकतर समय अपने बिल में या फिर पानी के नीचे रहते हैं.। मानसून के समय ही यह सतह पर आते हैं.। इन मेढ़कों में रंग बदलने का भी गुण होता है.। यह सुनहरे और पीले रंग में खुद को परिवर्तित करते रहते हैं.। यह मेंढक तब ही सतह पर आते हैं जब अच्छी बारिश होने का अंदेशा होता है।
- त्रिशुर। केरल में केंद्र सरकार ने अफ़्रीकी स्वाइन फ्लू के प्रकोप के चलते त्रिशुर जिले के मदक्कथरन में लगभग 310 सुअरों को जान से मार दिया गया।.केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय की ओर से ये कार्रवाई की गई।केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन और डेयरी मंत्रालय ने बयान में कहा है की ,' इस क्षेत्र के एक किलोमीटर के दायरे में सुअरों को मारने के लिए व्यवस्था की गई थी। मदक्कथरन पंचायत में अफ़्रीकी स्वाइन फ्लू के प्रकोप का पता चला था। जिसके बाद राज्य के पशुपालन विभाग ने तुरंत कार्रवाई की। हालांकि इसको लेकर मंत्रालय ने ये भी स्पष्ट किया है की ये जानवरों की बीमारी है और इससे मनुष्यों को खतरा नहीं है।इससे पहले भी साल 2022 में भी इस फ्लू के चलते 300 सुअरों को मार दिया गया था.।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारत और ऑस्ट्रिया के राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने के मौके पर इस मध्य यूरोपीय देश की यात्रा करना वास्तव में सम्मान की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि उनकी इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच संबंधों को प्रगाढ़ करने तथा सहयोग के नये रास्ते तलाशने पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री मोदी ने यह बात ऑस्ट्रिया के चांसलर कार्ल नेहमर के उस सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए कही, जिसमें कहा गया है कि वह दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक देश भारत के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का अगले सप्ताह वियना में स्वागत करने के लिए बहुत उत्सुक हैं। नेहमर ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा था, "यह यात्रा एक विशेष सम्मान है क्योंकि यह 40 से अधिक वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की मेरे देश की पहली यात्रा है। यह इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हम भारत के साथ राजनयिक संबंधों के 75 साल पूरे होने का जश्न मना रहे हैं।" उन्होंने कहा, "हमें अपने द्विपक्षीय संबंधों को और प्रगाढ़ करने और कई भू-राजनीतिक चुनौतियों पर बेहतरीन सहयोग के बारे में बात करने का अवसर मिलेगा।" नेहमर की इस टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने उनका आभार जताया।मोदी ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "इस ऐतिहासिक अवसर पर ऑस्ट्रिया की यात्रा करना वास्तव में एक सम्मान है। मैं दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने और सहयोग के नए रास्ते तलाशने पर चर्चा की उम्मीद करता हूं।" उन्होंने कहा कि लोकतंत्र, स्वतंत्रता और कानून के शासन के साझा मूल्य वह आधार हैं जिस पर दोनों देश साथ मिलकर एक निरंतर घनिष्ठ साझीदारी का निर्माण करेंगे। प्रधानमंत्री मोदी आठ और नौ जुलाई को रूस की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे, जहां वह 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे और इन दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों की समीक्षा की जाएगी। मोदी रूस से ऑस्ट्रिया जाएंगे। वह नौ और 10 जुलाई को ऑस्ट्रिया में रहेंगे।भारतीय विदेश मंत्रालय के मुताबिक, यह 41 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ऑस्ट्रिया की पहली यात्रा होगी। वह ऑस्ट्रिया गणराज्य के राष्ट्रपति अलेक्जेंडर वान डेर बेलन से मुलाकात करेंगे और ऑस्ट्रिया के चांसलर के साथ वार्ता करेंगे। मंत्रालय के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी और चांसलर नेहमर भारत और ऑस्ट्रिया के शीर्ष उद्यमियों को भी संबोधित करेंगे। मोदी वियना में भारतीय समुदाय के सदस्यों से भी बातचीत करेंगे।
-
जम्मू. केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को यहां ऐतिहासिक रघुनाथ मंदिर में दर्शन किए। केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय महासचिव व जम्मू कश्मीर के प्रभारी तरुण चुघ तथा सांसद जुगल किशोर और पूर्व मंत्री प्रिया सेठी ने नड्डा का मंदिर में स्वागत किया। नड्डा भाजपा की ‘विस्तारित कार्यसमिति बैठक' में भाग लेने शनिवार दोपहर जम्मू पहुंचे। भाजपा अध्यक्ष, वरिष्ठ नेताओं के साथ एक बैठक करने के लिए यहां पार्टी मुख्यालय भी गए।
उच्चतम न्यायालय ने पिछले साल दिसंबर में निर्वाचन आयोग को जम्मू कश्मीर में 30 सितंबर 2024 तक विधानसभा चुनाव कराने का निर्देश दिया था। भाजपा के एक नेता ने कहा कि नड्डा द्वारा बुलाई बैठक में आगामी चुनावों के लिए पार्टी की रणनीति पर चर्चा की गयी। -
नयी दिल्ली. जाने-माने पटकथा लेखक और गीतकार जावेद अख्तर ने खुद को ‘‘गद्दार का बेटा'' कहे जाने पर सोशल मीडिया के एक प्रयोक्ता पर निशाना साधते हुए कहा कि उनका परिवार 1857 के विद्रोह के समय से भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन का हिस्सा रहा है। अख्तर की यह टिप्पणी सोशल मीडिया प्रयोक्ता द्वारा उन पर एक पोस्ट को लेकर किए गए कटाक्ष के जवाब में आई है, जिसमें उन्होंने अमेरिकी राष्ट्रपति जो. बाइडन के फिर से निर्वाचित होने की संभावनाओं पर टिप्पणी की थी। अख्तर ने ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘मैं एक गौरवान्वित भारतीय नागरिक हूं और अपनी आखिरी सांस तक ऐसा ही रहूंगा, लेकिन जो. बाइडन के साथ मेरी एक बात समान है। हम दोनों के पास अमेरिका का अगला राष्ट्रपति बनने की बराबर संभावना है।'' सोशल मीडिया प्रयोक्ता ने अख्तर के पोस्ट पर टिप्पणी की थी और उन्हें देश को धार्मिक आधार पर विभाजित करने वाले ‘‘गद्दार का बेटा'' कहा था। विभिन्न विषयों पर अपने मुखर विचारों के लिए जाने जाने वाले अख्तर ने शनिवार को प्रयोक्ता को जवाब देते हुए कहा, ‘‘यह तय करना मुश्किल है कि आप पूरी तरह से अज्ञानी हैं या पूरी तरह से बेवकूफ हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘1857 से मेरा परिवार स्वतंत्रता आंदोलन में शामिल रहा है और जेल तथा कालापानी गया है, जब संभवतः आपके बाप दादा अंग्रेज सरकार के तलवे चाट रहे थे।'' जावेद अख्तर (79) लेखक-गीतकार-कवि जां निसार अख्तर और लेखिका सफिया सिराज-उल हक के पुत्र हैं। जां निसार अख्तर विभाजन-पूर्व ब्रिटिश भारत में प्रगतिशील लेखक आंदोलन का सक्रिय हिस्सा थे। जावेद अख्तर के परदादा फजल-ए-हक खैराबादी स्वतंत्रता सेनानी थे जिन्होंने ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी के शासन के खिलाफ 1857 के विद्रोह में भाग लिया था। खैराबादी को आजीवन कारावास के तहत अंडमान द्वीप पर कालापानी के नाम से जानी जाने वाली सेलुलर जेल में रखा गया था जहां 1864 में उनकी मृत्यु हो गई थी। जावेद अख्तर ने ‘एक्स' पर लिखा कि पूर्व अमेरिकी प्रथम महिला मिशेल ओबामा आगामी चुनाव में बाइडन के रिपब्लिकन प्रतिद्वंद्वी पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से ‘‘अमेरिका को बचा सकती हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैंने पहले भी कई बार अपनी राय व्यक्त की है और अब भी इस पर कायम हूं कि अमेरिका को ट्रंप से केवल मिशेल ओबामा ही बचा सकती हैं।
-
पुरी (ओडिशा). पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर में तीन घंटे के ‘पहांडी' अनुष्ठान के सम्पन्न होने के बाद भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा रविवार को अपने-अपने रथों में सवार हो गए। ‘पहांडी' अनुष्ठान पूर्वाह्न करीब सवे 11 बजे आरंभ हुआ और जब भगवान सुदर्शन को सबसे पहले देवी सुभद्रा के रथ ‘दर्पदलन' तक ले जाया गया तो पुरी मंदिर के सिंहद्वार पर घंटियों, शंखों और मंजीरों की ध्वनियों के बीच श्रद्धालुओं ने ‘जय जगन्नाथ' के जयकारे लगाए। भगवान सुदर्शन के पीछे-पीछे भगवान बलभद्र को उनके ‘तालध्वज रथ' पर ले जाया गया। सेवक भगवान जगन्नाथ और भगवान बलभद्र की बहन देवी सुभद्रा को विशेष शोभा यात्रा निकालकर ‘दर्पदलन' रथ तक लाए। अंत में, भगवान जगन्नाथ को घंटियों की ध्वनि के बीच एक पारंपरिक शोभा यात्रा निकालकर ‘नंदीघोष' रथ पर ले जाया गया। देवी-देवताओं को मंदिर से रथों तक ले जाने का ‘पहांडी' अनुष्ठान अपराह्न करीब सवा दो बजे सम्पन्न हुअ।
भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा को रत्न जड़ित सिंहासन से उतारकर 22 सीढ़ियों (बैसी पहाचा) के माध्यम से सिंह द्वार से होकर एक विस्तृत शाही अनुष्ठान ‘पहांडी' के जरिए मंदिर से बाहर लाया गया। मंदिर के गर्भगृह से मुख्य देवताओं को बाहर लाने से पहले ‘मंगला आरती' और ‘मैलम' जैसे कई पारंपरिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। तीनों भव्य रथ अब मंदिर के सिंहद्वार के सामने गुंडिचा मंदिर की ओर पूर्व की ओर मुख करके खड़े हैं।
‘पहांडी' अनुष्ठान पूरा होने के बाद पुरी के शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती अपने रथों पर सवार भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र और देवी सुभद्रा के दर्शन करेंगे। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और कई राज्य मंत्रियों ने शंकराचार्य से मुलाकात की। प्रधान ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘भगवान जगन्नाथ की रथ यात्रा के अवसर पर मैं और लाखों भक्त यहां आए हैं। मुझे पुरी के शंकराचार्य से मिलने का अवसर मिला। भगवान जगन्नाथ के आशीर्वाद के साथ पुरी के शंकराचार्य से मार्गदर्शन पाकर मैं बहुत प्रसन्न हूं।'' मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी बड़ादंडा पहुंचे, जबकि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के भी शाम चार बजकर 40 मिनट पर मंदिर के बाहर ग्रैंड रोड पर पहुंचने की उम्मीद है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, गजपति दिव्यसिंह देब चार बजे तक रथों का ‘छेरा पहरा' करेंगे। रथों पर लकड़ी के घोड़े लगाने के बाद उन्हें खींचने का काम शाम पांच बजे से शुरू होगा। भगवान बलभद्र ‘तालध्वज' पर सवार होकर रथ यात्रा का नेतृत्व करेंगे। उनकी बहन देवी सुभद्रा उनके पीछे ‘दर्पदलन' में होंगी और आखिर में भगवान जगन्नाथ ‘नंदीघोष' पर सवार होकर यात्रा करेंगे। गर्मी और उमस के बावजूद रविवार को भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथ यात्रा में शामिल होने के लिए तीर्थ नगरी पुरी में लाखों श्रद्धालु उमड़े। यह 53 साल बाद दो दिवसीय यात्रा होगी। ग्रह-नक्षत्रों की गणना के अनुसार, इस साल दो-दिवसीय यात्रा आयोजित की गई है। आखिरी बार 1971 में दो-दिवसीय यात्रा का आयोजन किया गया था।

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)













.jpg)