- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी को बृहस्पतिवार शाम यहां अपोलो अस्पताल से छुट्टी मिल गयी। सूत्रों ने यह जानकारी दी। आडवाणी (96) को बुधवार को यहां अपोलो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। कुछ दिन पहले उन्हें अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ले जाया गया था। उन्हें एम्स में एक रात रखने के बाद छुट्टी दे दी गई थी। सूत्रों ने बताया कि आडवाणी को आज करीब पांच बजे अपोलो अस्पताल से छुट्टी दे दी गयी। सूत्रों ने कहा था कि बुधवार रात अस्पताल में भर्ती किए जाने के बाद उनकी (आडवाणी की) हालत स्थिर बनी रही । पूर्व उप प्रधानमंत्री को बुधवार रात करीब नौ बजे अपोलो अस्पताल लाया गया था। उनके साथ उनकी बेटी प्रतिभा आडवाणी थीं। -
इटावा (उप्र) .उत्तर प्रदेश के इटावा जिले में हुई एक अजीबोगरीब घटना में दुल्हन विदा कराकर आए एक व्यक्ति ने कुछ ही घंटे के अंदर दूल्हे की वेशभूषा में फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। इटावा जिले के उसराहार थाना प्रभारी मंसूर अहमद ने बृहस्पतिवार को बताया कि थाना क्षेत्र के शिवरा पुरैला ताखा गांव के निवासी ज्ञान सिंह के बेटे सतेन्द्र कुमार (24) की शादी दो जुलाई को इसी थाना क्षेत्र के गांव रतनपुरा में विनीता कुमारी के साथ हुई थी। उन्होंने बताया कि शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद तीन जुलाई को बारात दुल्हन की विदाई कराकर गांव लौटी थी। उन्होंने बताया कि घर के लोग दुल्हन के स्वागत से जुड़े कार्यों में व्यस्त थे कि इसी बीच, सतेन्द्र ने दूल्हे की वेशभूषा में ही एक कमरे में फांसी लगा ली। उन्होंने बताया कि सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने सतेन्द्र के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजा। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 8 और 9 जुलाई को रूस की दो दिवसीय यात्रा पर जाएंगे, जहां वह 22वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे जहां इन दोनों देशों के बीच बहुआयामी संबंधों की संपूर्ण समीक्षा की जाएगी। विदेश मंत्रालय ने बताया कि रूस की अपनी यात्रा समाप्त करने के बाद मोदी ऑस्ट्रिया जाएंगे, जो 41 वर्षों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की ऑस्ट्रिया की पहली यात्रा होगी। करीब पांच साल में मोदी की यह पहली रूस यात्रा होगी। रूस की उनकी पिछली यात्रा 2019 में हुई थी जब उन्होंने व्लादिवोस्तोक में एक आर्थिक सम्मेलन में शिरकत की थी।
-
जम्मू. भारी बारिश के बावजूद 5,600 से अधिक तीर्थयात्रियों का जत्था बृहस्पतिवार को अमरनाथ गुफा मंदिर के दो आधार शिविरों, बालटाल और पहलगाम की ओर जम्मू से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को 30,000 से अधिक श्रद्धालुओं ने बर्फ के प्राकृतिक रूप से निर्मित शिवलिंग की पूजा-अर्चना की। अब तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बफार्नी के दर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि तीर्थयात्रियों के सातवें जत्थे में 4,487 पुरुष, 1,011 महिलाएं, 10 बच्चे और 188 साधु एवं साध्वियां शामिल हैं जो केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के संरक्षण में 219 वाहनों में सवार होकर भगवती नगर आधार शिविर से तड़के तीन बजकर 13 मिनट पर निकले। उन्होंने बताया कि इनमें से 3,668 तीर्थयात्रियों ने पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे पहलगाम मार्ग को चुना जबकि 2,028 तीर्थयात्रियों ने छोटे लेकिन अधिक कठिन 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग को चुना। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने 28 जून को यात्रा के लिए हरी झंडी दिखाई थी जिसके बाद से अब तक कुल 37,522 तीर्थयात्री यात्रा के लिए जम्मू आधार शिविर से रवाना हो चुके हैं। यह 52 दिवसीय तीर्थयात्रा 29 जून को शुरू हुई और 19 अगस्त को समाप्त होगी। पिछले साल साढ़े चार लाख लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा में हिम शिवलिंग के दर्शन किए थे।
-
नयी दिल्ली. टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय क्रिकेट टीम बृहस्पतिवार को विशेष विमान से स्वदेश लौट आई। लगातार बूंदाबादी और कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच हवाई अड्डे पर प्रशंसकों ने खिलाड़ियों का गर्मजोशी से स्वागत किया जिसके बाद टीम के सदस्यों ने नाश्ते पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए यहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंचे सैकड़ों प्रशंसक मौसम की परवाह किए बिना विभिन्न नारे लिखे बैनर और राष्ट्रीय ध्वज लहरा रहे थे। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई दी। पिछले शनिवार को टी20 विश्व कप के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराकर खिताब अपने नाम किया। खिलाड़ियों की वापसी के दौरान नाच-गाना हो रहा था, खूब सारे केक थे और सड़कों पर प्रशंसक थे जो दर्शा रहे थे कि क्रिकेट देश में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला खेल क्यों है। थके हुए खिलाड़ी भी हवाई अड्डे से होटल पहुंचने के बाद मस्ती में शामिल हुए और पार्टी का माहौल पूरा किया। वर्ष 2011 में जीते पिछले विश्व कप का जिक्र करते हुए एक प्रशंसक ने कहा, ‘‘हम पिछले 13 साल से इस पल का इंतजार कर रहे थे। टीम ने विश्व कप जीतकर हमें गौरवांवित किया है।'' उन्होंने दावा किया कि वह सुबह करीब साढ़े चार बजे से हवाई अड्डे पर मौजूद हैं।
तूफान बेरिल के चलते बारबाडोस में ‘शटडाउन' के कारण भारतीय टीम खिताब जीतने के तुरंत बाद स्वदेश नहीं लौट पाई थी। खिलाड़ी अपने होटल में ही रुके थे जिसके बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के सचिव जय शाह ने वापसी के लिए विशेष उड़ान का इंतजाम किया। एअर इंडिया का विशेष विमान एआईसी24डब्ल्यूसी ‘एयर इंडिया चैम्पियंस 24 विश्व कप' बुधवार को भारतीय समयानुसार सुबह चार बजकर 50 मिनट पर बारबाडोस से रवाना हुआ और 16 घंटे बिना रुके यात्रा करने के बाद बृहस्पतिवार सुबह छह बजे (भारतीय समयानुसार) दिल्ली पहुंचा। हवाई अड्डे पर भीड़ को नियंत्रित करने के लिए भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी लेकिन इससे प्रशंसकों का उत्साह कम नहीं हुआ। उत्साह से लबरेज प्रशंसक स्टार बल्लेबाज विराट कोहली, कप्तान रोहित शर्मा और निवर्तमान मुख्य कोच राहुल द्रविड़ के पोस्टर लेकर नारे लगा रहे थे। खिलाड़ियों को आईटीसी मौर्या शेरेटन होटल ले जाने के लिए टी थ्री टर्मिनल के बाहर दो बसें खड़ी थी। होटल पहुंचने पर ढोल और पारंपरिक भांगड़ा डांस से उनका स्वागत किया गया। कप्तान रोहित शर्मा, ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या, सूर्यकुमार यादव और ऋषभ पंत सहित अधिकांश खिलाड़ियों ने भांगड़ा कर रहे डांसरों के साथ डांस किया। यहां तक कि इस दौरान तैनात सुरक्षाकर्मियों के चेहरों पर भी मुस्कान थी। लंबी यात्रा की थकान के बावजूद खिलाड़ियों ने उन सभी से हाथ मिलाया जो उनसे मिलना चाहते थे। खिलाड़ी केक काटने के बाद अपने कमरों में चले गए। यह सब मीडिया की अपेक्षित हलचल के बीच हुआ। कुछ देर बाद वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने उनके आवास के लिए रवाना हो गए। खिलाड़ियों का पूरे दिन का कार्यक्रम काफी व्यस्त है। होटल लौटने से पहले भारतीय दल ने प्रधानमंत्री के 7, लोक कल्याण मार्ग स्थित आवास पर करीब दो घंटे बिताए। इससे पहले हवाई अड्डे पर आव्रजन औपचारिकताएं पूरी करने के बाद दल के सदस्य एक-एक करके या दो-दो करके बाहर निकले। थके हुए लेकिन उत्साहित खिलाड़ियों ने प्रतीक्षा कर रहे प्रशंसकों का हाथ हिलाकर और गर्मजोशी से मुस्कुराते हुए अभिवादन किया। फाइनल में डेविड मिलर का शानदार कैच पकड़कर भारत की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले सूर्यकुमार नारों का जवाब देने में सबसे अधिक उत्साहित थे। भयानक कार दुर्घटना में घायल होने के बाद टी20 विश्व कप के साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी करने वाले विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने प्रशंसकों को सलाम किया जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने उनकी ओर ‘फ्लाइंग किस' दिए। रोहित और फाइनल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी विराट कोहली वीआईपी निकास से बाहर आने वाले अंतिम लोगों में शामिल रहे। इन दोनों ने खिताब जीतने के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय से संन्यास की घोषणा की थी। रोहित ने विश्व कप ट्रॉफी पकड़ी हुई थी और बस में चढ़ने से पहले उन्होंने प्रशंसकों को इसकी झलक दिखाने के लिए इसे ऊपर उठाया। कोहली ने भी प्रशंसकों की ओर ‘थम्ब्स अप' किया। कुछ प्रशंसकों ने दावा किया कि अपने नायकों को व्यक्तिगत रूप से देखने के उत्साह में वे कल रात से हवाई अड्डे के बाहर इंतजार कर रहे थे। प्रशंसकों के एक समूह ने कहा, ‘‘हम कल रात से यहां हैं। पिछले साल एकदिवसीय विश्व कप हारने के बाद यह विश्व कप जीतना हमारे लिए बहुत महत्वपूर्ण था।'' शनिवार को भारत ने अपना दूसरा टी20 विश्व कप जीता और आईसीसी ट्रॉफी का 11 साल का इंतजार खत्म किया। भारत ने पिछला आईसीसी खिताब 2013 में जीता था जब उसने महेंद्र सिंह धोनी के नेतृत्व में चैंपियंस ट्रॉफी अपने नाम की थी। भारत ने इसके पहले विश्व कप खिताब 1983 (एकदिवसीय), 2007 (टी20) और 2011 (एकदिवसीय) में जीते थे।
खिलाड़ी दोपहर दो बजे मुंबई के लिए रवाना होंगे जहां खुली बस में विजय परेड होगी और फिर वानखेड़े स्टेडियम में सम्मान समारोह होगा। यह 37 वर्षीय रोहित के लिए यह खास पल होगा जो मुंबई के ही रहने वाले हैं और शहर में प्रशंसकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। सत्रह साल पहले भी मुंबई में इसी तरह का रोड शो किया गया था जब धोनी की टीम ने दक्षिण अफ्रीका में 2007 में पहले विश्व टी20 के फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को हराया था। -
नई दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को विश्वास जताया कि ओलंपिक में भाग लेने वाले भारतीय खिलाड़ी देश को गौरवान्वित करेंगे और 140 करोड़ लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे। भारत पेरिस ओलंपिक के लिए लगभग 120 खिलाड़ियों का दल भेज रहा है और उसे उम्मीद है कि इस बार वे तोक्यो ओलंपिक से बेहतर प्रदर्शन करेंगे। भारत ने तोक्यो ओलंपिक में सात पदक जीते थे जिनमें नीरज चोपड़ा का भाला फेंक में जीता गया स्वर्ण पदक भी शामिल है। प्रधानमंत्री ने ओलंपिक में भाग लेने वाले खिलाड़ियों के एक बड़े दल से मिलने के बाद 'एक्स' पर पोस्ट किया,‘‘ओलंपिक के लिए पेरिस जा रहे हमारे दल से बातचीत की। मुझे विश्वास है कि हमारे खिलाड़ी अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे और भारत को गौरवान्वित करेंगे। उनकी जीवन यात्रा और सफलता 140 करोड़ भारतीयों की उम्मीद बंधाती है।'' भारतीय खिलाड़ियों के दल के साथ खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल राज्य मंत्री रक्षा खडसे और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा भी थीं। मोदी ने नीरज चोपड़ा, मुक्केबाज निकहत जरीन और ओलंपिक में दो बार की पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु से वर्चुअल बातचीत भी की।
-
देवरिया (उप्र) . जिले के रुद्रपुर कस्बे में फ्रिज में करंट आने से मां-बेटी की मृत्यु हो गई। पुलिस क्षेत्राधिकारी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि कस्बे के आजाद नगर वार्ड की रहने वाली अफसाना खातून (25) ने दोपहर में किसी काम से फ्रिज खोला तो उसमें करंट आने की वजह से वह उससे चिपक गई। उन्होंने बताया कि यह देख मां शायदा खातून (50) अपनी बेटी अफसाना को बचाने के लिए गई तो वह भी करंट की चपेट में आ गई। क्षेत्राधिकारी ने बताया कि पड़ोस के लोगों ने मौके पर पहुंच कर फ्रिज को बिजली की आपूर्ति बंद की और दोनों को सरकारी अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पंचनामा भर कर शव परिजनों को सौंप दिए।
-
जोधपुर. राजस्थान के जोधपुर में बुधवार शाम एक महिला और उसकी दो पोतियां घर में मृत पाई गईं। पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि बच्चियों की मां गंभीर रूप से घायल मिली, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि पुलिस उपायुक्त (पूर्व) आलोक श्रीवास्तव और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में घटना के पीछे घरेलू विवाद बताया जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, मृतका की पहचान भंवरी देवी (68), दो पोतियां भावना (पांच) और लक्षिता (तीन) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि घायल महिला की पहचान संतोष (27) के रूप में हुई है।
श्रीवास्तव ने बताया कि ऐसा प्रतीत होता है कि दोनों महिलाओं पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया, जिसमें भंवरी देवी की मौत हो गई और संतोष बुरी तरह घायल हो गई जबकि दोनों बच्चियों को घर में पानी की टंकी में फेंक दिया गया। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने बुधवार को विभिन्न मंत्रिमंडलीय समितियों का गठन किया, जिनमें सुरक्षा, आर्थिक और राजनीतिक मामलों से संबंधित देश की सर्वोच्च निर्णायक समितियां भी शामिल हैं। इन मंत्रिमंडलीय समितियों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसकी अगुवाई वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के घटक दलों-- जनता दल यूनाइटेड (जदयू), तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा), जनता दल सेक्युलर (जद एस), शिवसेना, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के कोटे से बने मंत्रियों को जगह मिली है। एक सरकारी अधिसूचना के अनुसार, सुरक्षा मामलों से संबंधित मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीएस)में प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और विदेश मंत्री एस. जयशंकर शामिल हैं। सीसीएस सुरक्षा एवं सामरिक मामलों से संबंधित सभी मुद्दों पर देश का शीर्ष निर्णायक निकाय है।
आर्थिक मामले संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृहमंत्री अमित शाह, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, विदेश मंत्री एस जयशंकर, सड़क परिवहन एवं राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा भारी उद्योग एवं इस्पात मंत्री एच. डी. कुमारस्वामी शामिल हैं। इस समिति में वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पंचायती राज एवं मत्स्य पालन मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह भी शामिल हैं। यह समिति अर्थव्यवस्था एवं व्यापार से संबंधित मुद्दों पर चर्चा करती है और निर्णय लेती है।
राजनीतिक मामले से संबंधित मंत्रिमंडलीय समिति में प्रधानमंत्री मोदी के अलावा राजनाथ सिंह, शाह, गडकरी, सीतारमण, गोयल, स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा, नागर विमानन मंत्री किंजारापू राममोहन नायडू, सूक्ष्म, लघु और मध्य उपक्रम मंत्री जीतन राम मांझी, बंदरगाह एवं पोत परिवहन मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी, संसदीय मामलों के मंत्री किरण रीजीजू और कोयला मंत्री जी किशन रेड्डी शामिल हैं। यह समिति देश के बड़े राजनीतिक मुद्दों को संभालती है।
संसदीय मामले से संबंधित मंत्रिमंडलीय समिति में राजनाथ सिंह, अमित शाह, नड्डा, सीतारमण, राजीव रंजन सिंह, नायडू, रीजीजू, सामाजिक न्याय मंत्री वीरेंद्र कुमार, आदिवासी मामलों के मंत्री जुएल ओराम और जलशक्ति मंत्री सी आर पाटिल शामिल हैं। इस समिति में कानून राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभारी) अर्जुन राम मेघवाल और कानून मंत्री एल मुरूगन विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। यह समिति संसद सत्र आहूत करने जैसे विषयों पर निर्णय लेती है।
पिछले सालों की भांति इस बार भी नियुक्ति से संबंधित मंत्रिमंडलीय समिति में बस दो सदस्य-- मोदी एवं अमित शाह हैं। यह समिति देश में शीर्ष नौकरशाही, सामरिक एवं सुरक्षा संबंधी पदों पर नियुक्तियां करती है। निवेश एवं वृद्धि से संबंधित मंत्रिमंडलीय समिति में प्रधानमंत्री मोदी, राजनाथ सिंह, शाह, गडकरी, सीतारमण, गोयल, उपभोक्ता मामले के मंत्री प्रल्हाद जोशी, कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह, रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, खाद्य प्रसंस्करण मंत्री चिराग पासवान हैं। इस समिति में सांख्यिकी राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। यह समिति सभी निवेश एवं वृद्धि संबंधी मुद्दों को संभालती है।
मंत्रिमंडल की आवास संबंधी समिति में शाह, गडकरी, सीतारमण, गोयल और आवास एवं शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल शामिल हैं। इस समिति में केंद्रीय कार्मिक मंत्री और प्रधानमंत्री कार्यालय में मंत्री जितेंद्र सिंह विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। यह समिति केंद्रीय मंत्रियों, नौकरशाहों, सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों के आवास संबंधी निर्णय लेती है।
कौशल, रोजगार और आजीविका संबंधी मंत्रिमंडलीय समिति में प्रधानमंत्री, राजनाथ सिंह, शाह, गडकरी, सीतारमण, वैष्णव, प्रधान, यादव, पुरी, संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और रोजगार मंत्री मनसुख मांडविया शामिल हैं। इस समिति में केंद्रीय कौशल विकास राज्य मंत्री जयंत चौधरी विशेष आमंत्रित सदस्य हैं। यह समिति कौशल, रोजगार एवं आजीविका संबंधी मुद्दों को संभालती है। -
पटना. बिहार में बुधवार को कम से कम तीन और पुल ढह गए। अधिकारियों ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले 15 दिनों में बारिश से प्रभावित राज्य में पुल ढहने की ये नौवीं घटना है। अधिकारियों ने बताया कि सारण और सिवान जिलों में ढहे तीन ढांचों में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। स्थानीय अधिकारियों ने बताया कि ये पुल 30 से 80 साल पहले बनाए गए थे। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेता तेजस्वी यादव ने हालांकि, आरोप लगाया कि एक ही दिन में चार पुल ढह गए और मुख्यमंत्री व उनके उपमुख्यमंत्री चुप्पी साधे हुए हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सड़क निर्माण विभाग (आरसीडी) व ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) को राज्य के सभी पुराने पुलों का तुरंत सर्वेक्षण करने और उन पुलों की पहचान करने का निर्देश दिया, जिनकी तत्काल मरम्मत की आवश्यकता है। डब्ल्यूआरडी के अतिरिक्त मुख्य सचिव चैतन्य प्रसाद ने एक बयान में बताया, ‘‘बुधवार को सिवान और सारण में ढहे पुलों/पथों के कुछ हिस्से बहुत पुराने थे। '' बयान के मुताबिक, ‘‘ऐसा लगता है कि इन संरचनाओं का निर्माण आवश्यक मापदंडों का पालन करते हुए नहीं किया गया। ऐसा प्रतीत होता है कि नींव पर्याप्त गहरी नहीं थी, जिस कारण बाढ़ के दौरान ये संरचनाएं क्षतिग्रस्त हो गईं।'' बिहार के सिवान जिले में गंडकी नदी पर बने पुल का एक हिस्सा बुधवार सुबह ढह गया। जिले के देवरिया ब्लॉक में स्थित यह छोटा पुल कई गांवों को महाराजगंज से जोड़ता है।
उप विकास आयुक्त मुकेश कुमार ने बताया कि पुल गिरने के असल कारणों की जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि ब्लॉक के वरिष्ठ अधिकारी पहले ही घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा, ‘‘देवरिया ब्लॉक में आज सुबह पुल का एक हिस्सा गिर गया। इस घटना का सही कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। ब्लॉक के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और मैं भी वहां जा रहा हूं।'' कुमार ने कहा, ‘‘यह घटना तड़के करीब पांच बजे हुई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, पुल का निर्माण 1982-83 में हुआ था। पिछले कुछ दिनों से पुल की मरम्मत का काम जारी था।'' ग्रामीणों का कहना है कि पिछले दिनों में हुई भारी बारिश के कारण पुल ढह गया होगा। उन्होंने कहा कि गंडकी नदी के उफान पर होने के कारण पुल की संरचना संभवत: कमजोर हो गई। इस घटना से मात्र 11 दिन पहले ही सिवान में एक पुल ढहा था। इन घटनाओं ने बिहार में बुनियादी ढांचे की स्थिति को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं। दरौंदा इलाके में 22 जून को पुल का एक हिस्सा ढह गया था। हाल में मधुबनी, अररिया, पूर्वी चंपारण और किशनगंज जैसे जिलों में भी ऐसी ही घटनाएं हुई हैं, जिसके बाद बिहार सरकार ने इन घटनाओं की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की है।
-
बेंगलुरु. भारत के पहले सौर मिशन आदित्य-एल1 अंतरिक्ष यान ने मंगलवार को सूर्य-पृथ्वी के एल1 बिंदु के चारों ओर पहली हेलो कक्षा की अपनी परिक्रमा मंगलवार को पूरी की। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने यह जानकारी दी। अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि मंगलवार को कक्षा में स्थिर रखने के लिए फेरबदल किया गया ताकि यान का दूसरी हेलो कक्षा में निर्बाध संक्रमण सुनिश्चित किया जा सके। आदित्य-एल1 मिशन लैग्रेंजियन बिंदु एल1 पर स्थित एक भारतीय सौर वेधशाला है। इसे दो सितंबर 2023 को प्रक्षेपित किया गया और छह जनवरी 2024 को इसे अपनी लक्षित हेलो कक्षा में स्थापित किया गया। इसरो के अनुसार हेलो कक्षा में आदित्य-एल1 अंतरिक्ष यान को एल1 बिंदु के चारों ओर एक चक्कर पूरा करने में 178 दिन लगते हैं। इसरो ने बताया कि हेलो कक्षा में अपनी यात्रा के दौरान आदित्य-एल1 अंतरिक्ष यान विभिन्न विकर्षणकारी बलों के संपर्क में आएगा, जिसके कारण वह लक्षित कक्षा से बाहर चला जाएगा। एजेंसी ने बताया, ‘‘आदित्य-एल1 को इस कक्षा को बनाए रखने के लिए क्रमशः 22 फरवरी और सात जून को दो बार उसके मार्ग में फेरबदल किया गया। आज के तीसरे अभ्यास ने यह सुनिश्चित किया है कि एल1 के चारों ओर दूसरे हेलो कक्षा में इसकी यात्रा जारी रहे।'' इसरो ने बताया, ‘‘आज के फेरबदल के साथ, आदित्य-एल1 मिशन के लिए यूआरएससी-इसरो में विकसित अत्याधुनिक उड़ान गतिशीलता सॉफ्टवेयर पूरी तरह से स्थापित हो गया है।''
- लखनऊ। हाथरस जिले के सिकंदराराऊ इलाके में सत्संग के दौरान हुई भगदड़ के मामले में पुलिस ने ‘मुख्य सेवादार’ और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी।मंगलवार को हुई भगदड़ की इस घटना में 116 लोगों की मौत हो गई थी।अधिकारी ने बताया कि मंगलवार देर रात सिकंदराराऊ थाने में मुख्य सेवादार देवप्रकाश मधुकर और अन्य सेवादारों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।अधिकारी ने बताया कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या), 110 (गैर इरादतन हत्या करने का प्रयास), 126 (2) (गलत तरीके से रोकना), 223 (लोक सेवक द्वारा जारी आदेश की अवज्ञा), 238 (साक्ष्यों को मिटाना) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
-
नई दिल्ली। राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल ने शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए राष्ट्रीय साधन सह मेधा छात्रवृत्ति ( एनएमएमएसएस) के लिए पंजीकरण विंडो की शुरूआत की है। शिक्षा मंत्रालय के सूत्रों ने बताया कि इस पोर्टल की शुरूआत एक ही बार के पंजीकरण तथा नए और नवीनीकरण छात्रवृत्तियों के आवेदन के लिए की गई है।
इस वर्ष आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त है। एक ही बार पंजीकरण एक यूनिक 14 डिजिट का नंबर है जो आधार नम्बर से जुड़ा है। इसकी आवश्यकता छात्रवृत्ति के आवेदन के लिए होती है। मंत्रालय ने बताया कि जिन विद्यार्थियों को एक ही बार- वाली पंजीकरण संख्या मिली है वे राष्ट्रीय छात्रवृत्ति पोर्टल पर छात्रवृत्ति के लिए सीधे आवेदन कर सकते हैं। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज राज्यसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का जवाब देंगे। कल लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर बहस का जवाब देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का ऐतिहासिक लगातार तीसरा कार्यकाल गति और निरंतरता के लिए जनादेश है।
उन्होंने कहा कि सरकार अगले पांच वर्षों में तीन गुना गति से काम करेगी और देश को विकास के अगले स्तर पर ले जाएगी तथा 2047 तक विकसित भारत की महत्वाकांक्षा को पूरा करेगी। श्री मोदी ने कहा कि सरकार पेपर लीक की घटनाओं से निपटने के लिए युद्ध स्तर पर काम कर रही है। -
नयी दिल्ली. दक्षिण-पश्चिम मानसून सामान्य तिथि से छह दिन पहले ही पूरे देश में पहुंच गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने मंगलवार को यह जानकारी दी। विभाग ने एक बयान में कहा, ‘‘दक्षिण-पश्चिम मानसून आज राजस्थान, हरियाणा और पंजाब के शेष भागों में और आगे बढ़ गया। इस प्रकार इसने दो जुलाई 2024 तक ही पूरे देश को कवर कर लिया, जबकि यह सामान्य रूप से आठ जुलाई तक पूरे देश में पहुंचता। उसने बताया कि मानसून अपने सामान्य समय से छह दिन पहले ही पूरे भारत में पहुंच गया। मानसून केरल और पूर्वोत्तर क्षेत्र में 30 मई को पहुंचा था जो सामान्य से दो से छह दिन पहले है।
यह महाराष्ट्र तक सामान्य रूप से आगे बढ़ा, लेकिन इसकी गति धीमी हो गई जिसके कारण पश्चिम बंगाल, ओडिशा, झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में बारिश का इंतजार बढ़ गया तथा उत्तर-पश्चिम भारत में भीषण गर्मी का प्रभाव और अधिक बढ़ गया। देश में 11 जून से 27 जून तक 16 दिन सामान्य से कम वर्षा दर्ज की गई, जिसके कारण जून में कुल मिलाकर सामान्य से कम वर्षा हुई। इस महीने में 147.2 मिलीमीटर वर्षा हुई, जबकि इस महीने में सामान्य रूप से 165.3 मिलीमीटर वर्षा होती है, जो 2001 के बाद से सातवीं सबसे कम वर्षा है। देश में चार महीने के मानसून के दौरान कुल वर्षा (87 सेंटीमीटर) में से 15 प्रतिशत बारिश जून में होती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने सोमवार को कहा कि जुलाई में भारत में सामान्य से अधिक वर्षा हो सकती है तथा भारी वर्षा के कारण पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों और देश के मध्य भाग में नदी घाटियों में बाढ़ आने की आशंका है। -
भुवनेश्वर. ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने मंगलवार को सात और आठ जुलाई को रथयात्रा के लिए दो दिवसीय अवकाश की घोषणा की, जो 53 वर्षों के बाद एक विशेष अवसर है। पुरी में भगवान जगन्नाथ और उनके भाई-बहन की वार्षिक रथयात्रा की तैयारियों की समीक्षा के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए माझी ने इस दो दिवसीय विशेष उत्सव के महत्व पर प्रकाश डाला, जो पिछली बार 1971 में मनाया गया था। उन्होंने इस आयोजन के शुभ समय पर होने को लेकर जोर दिया जो नवगठित भाजपा सरकार के कार्यकाल के साथ मेल खाता है। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘चूंकि रथयात्रा दो दिन तक चलेगी, इसलिए मैं संबंधित अधिकारियों को इन दो दिनों के लिए सार्वजनिक अवकाश घोषित करने का निर्देश देता हूं।'' मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रथ यात्रा समारोह में भाग लेंगी। उनके छह जुलाई की शाम को पुरी पहुंचने और सात जुलाई को उत्सव में भाग लेने की उम्मीद है।
-
मुंबई. हिजाब पर प्रतिबंध लगाने के लिए चर्चा में रहे मुंबई के एक कॉलेज ने अब छात्रों के फटी जींस, टी-शर्ट, ‘‘गरिमाहीन'' कपड़े और जर्सी या ऐसे कपड़े पहनने पर रोक लगा दी है जो धर्म या ‘‘सांस्कृतिक असमानता'' को दर्शाते हों। ‘चेंबूर ट्रॉम्बे एजुकेशन सोसाइटी' के ‘एन जी आचार्य और डी के मराठे कॉलेज' ने 27 जून को जारी नोटिस में कहा कि छात्रों को परिसर में औपचारिक और शालीन पोशाक पहननी चाहिए। नोटिस में कहा गया है कि छात्र आधी या पूरी बाजू की कमीज और पेंट पहन सकते हैं। इसमें कहा गया है कि लड़कियां कोई भी भारतीय या पश्चिमी पोशाक पहन सकती हैं। बंबई उच्च न्यायालय ने 26 जून को कॉलेज द्वारा हिजाब, बुर्का और नकाब पर प्रतिबंध लगाने के फैसले में हस्तक्षेप करने से इनकार कर दिया था और कहा था कि ऐसे नियम छात्रों के मौलिक अधिकारों का उल्लंघन नहीं करते हैं। नोटिस में कहा गया है, ‘‘छात्र कोई भी ऐसा परिधान नहीं पहनें जिससे धर्म या सांस्कृतिक असमानता का पता चले। नकाब, हिजाब, बुर्का, ‘स्टोल', टोपी आदि को भूतल पर बने ‘कॉमन रूम' में जाकर उतारना होगा और उसके बाद ही (छात्र) पूरे कॉलेज परिसर में घूम सकेंगे।'' चेंबूर स्थित इस कॉलेज में शिवाजी नगर, गोवंडी और मानखुर्द इलाकों के मुस्लिम समुदाय के कई छात्र पढ़ते है। नोटिस में यह भी कहा गया है कि 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है। इसमें कहा गया है, अनुशासन ही सफलता की कुंजी है।
कॉलेज संचालन परिषद के महासचिव सुबोध आचार्य ने इस साल की शुरुआत में संस्थान द्वारा जारी किए गए एक परिपत्र का हवाला देते हुए कहा कि कॉलेज द्वारा नए निर्देशों के साथ कोई नोटिस जारी नहीं किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘यह कोई नया नोटिस नहीं है। हम छात्रों से केवल ‘ड्रेस कोड' (वर्दी संबंधी नियम) का पालन करने के लिए कह रहे हैं, जिसमें कहा गया है कि वे भड़काऊ कपड़े न पहनें। हम छात्रों से साड़ी या किसी विशेष रंग की पोशाक पहनने के लिए भी नहीं कह रहे।'' कॉलेज की प्रधानाचार्य विद्यागौरी लेले ने कहा, ‘‘छात्र हिजाब या बुर्का पहनकर कॉलेज आ सकते हैं, कॉलेज के ‘कॉमन रूम' में इसे बदल सकते हैं और फिर अपना काम कर सकते हैं।'' छात्राओं ने इस महीने की शुरुआत में उच्च न्यायालय का रुख कर कॉलेज द्वारा जारी उस निर्देश को चुनौती दी थी, जिसमें हिजाब, नकाब, बुर्का, स्टोल, टोपी पहनने और किसी भी तरह का बिल्ला लगाने पर प्रतिबंध लगाने वाले ‘ड्रेस कोड' को लागू किया गया था। याचिकाकर्ताओं ने दावा किया था कि यह नियम उनके धर्म का पालन करने के मौलिक अधिकार, निजता के अधिकार और ‘‘पसंद के अधिकार'' का उल्लंघन करता है। अदालत ने याचिका को खारिज करते हुए कहा था कि ‘ड्रेस कोड' का उद्देश्य अनुशासन बनाए रखना है जो शैक्षणिक संस्थान की ‘‘स्थापना और प्रशासन'' के लिए कॉलेज के मौलिक अधिकार का हिस्सा है। - मृतकों को 2-2 लाख का मुआवजाहाथरस (उप्र)। हाथरस जिले के सिकन्दराराऊ क्षेत्र में आयोजित एक सत्संग में मंगलवार को भगदड़ मच गयी जिसमें कम से कम 27 लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना पर दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिये हैं। सिकन्दराराऊ के थानाध्यक्ष आशीष कुमार ने बताया कि इस थाना क्षेत्र के फुलराई गांव में भोलेबाबा के सत्संग के दौरान यह भगदड़ मच गयी जिसमें कई लोगों की मौत हो गयी है तथा अनेक अन्य घायल हो गये हैं।इस बीच, पड़ोस में स्थित एटा जिले के मुख्य चिकित्सा अधिकारी उमेश चंद्र त्रिपाठी और जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह ने पत्रकारों को बताया कि भगदड़ में मारे गये 27 लोगों के शव एटा के पोस्टमार्टम हाउस भेजे जा चुके हैं। मुख्यमंत्री ने जनपद हाथरस में हुए हादसे का संज्ञान लिया। उन्होंने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। राज्य सरकार के एक प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री ने घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाकर जिला प्रशासन के अधिकारियों को उनके समुचित उपचार के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसके साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की है।मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।न्यूज 18 के अनुसार मरने वालों की संख्या करीब 100 पहुंच चुकी है ्और ये संख्या बढ़ भी सकती है। हाथरस की दुर्घटना पर मुख्यमंत्री ने दु:ख जताते हुए गहन जांच के आदेश दिए हैं। मृतकों को 2-2 लाख तथा घायलों को 50-50 हजार की आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी दिए गए हैं। कार्यक्रम आयोजकों के विरुद्ध एफआईआर की जाएगी और बड़ी कार्रवाई की तैयारी में शासन में है।एसएसपी एटा राजेश कुमार सिंह द्वारा सबसे पहले दी गई जानकारी में बताया गया कि भगदड़ में लोगों की मौत हुई है। पोस्टमॉर्टम के लिए 27 डेड बॉडी आई हैं, जिनमें 23 महिलाएं हैं, 3 बच्चे और एक पुरुष है। हाथरस हादसे की जांच के लिए कमेटी का गठन कर दिया गया है।. एडीजी आगरा जोन के नेतृत्व में कमेटी इस बड़े हादसे की जांच करेगी. अलीगढ़ के कमिश्नर भी इसकी जांच करेंगे?हाथरस डीएम आशीष कुमार ने कहा, "... जिला प्रशासन काम कर रहा है। घायलों को अस्पताल ले जाया जा रहा है और लोगों का इलाज जारी है... डॉक्टरों ने मुझे करीब 50-60 लोगों की मौत का आंकड़ा बताया है... कार्यक्रम के आयोजन की अनुमति एसडीएम ने दी थी और यह एक निजी आयोजन था... मामले की जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति गठित की गई है... प्रशासन की प्राथमिकता घायलों और मृतकों के परिजनों को हर संभव मदद मुहैया कराना है..."उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री संदीप सिंह ने कहा, "हमें मुख्यमंत्री द्वारा हाथरस घटना स्थल पर पहुंचने और मामले को देखने और सरकार की ओर से आवश्यक निर्णय लेने के निर्देश दिए गए हैं। मृतकों की संख्या लगातार बढ़ रही है..."
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को लोकसभा में कहा कि देश की जनता ने उनकी सरकार की ‘‘भारत सर्वप्रथम’’ तथा ‘‘तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टीकरण की’’ नीति को अपना समर्थन दिया और लगातार झूठ फैलाने के बावजूद विपक्ष की घोर पराजय हुई।
उन्होंने लोकसभा में राष्ट्रपति के अभिभाषण पर लाए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देते हुए यह भी कहा कि उनकी सरकार की एक बड़ी उपलब्धि यह है कि देश निराशा से बाहर निकला और आत्मविश्वास की बुलंदी पर पहुंचा है।मोदी ने विपक्षी सदस्यों के भारी हंगामे के बीच कहा, ‘‘जनता ने हमें चुना है और मैं कुछ लोगों की पीड़ा समझ सकता हूं कि लगातार झूठ चलाने के बावजूद उनकी घोर पराजय हुई…विश्व का सबसे बड़ा चुनाव अभियान था, उसमें देश की जनता ने हमें तीसरी बार देश की सेवा करने का मौका दिया है, यह लोकतांत्रिक विश्व के लिए गौरवपूर्ण घटना है।’’उनका कहना था कि उनकी सरकार के कार्यकाल में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं, यह इस चुनाव में उनके लिए आशीर्वाद का एक कारण बना। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘देश की जनता ने देखा है कि हमारा एकमात्र लक्ष्य भारत सर्वप्रथम रहा है, हमारी हर नीति, निर्णय और कार्य का एक ही तराजू ‘भारत प्रथम’ रहा है।’’ उनका कहना था, ‘‘हम तुष्टीकरण नहीं, संतुष्टीकरण के विचार को लेकर चले हैं।’’मोदी ने कहा, ‘‘मेरी सरकार की कई सफलाएं और सिद्धि हैं। इनमें एक प्रमुख सिद्धि है कि देश निराशा के गर्त से बाहर निकला और आत्मविश्वास की बुलंदी पर पहुंचा।’’ प्रधानमंत्री ने कहा कि आज दुनिया भर में देश की साख बढ़ी है और दुनिया का नजरिया बदला है। उनका कहना था कि जनता ने उनके 10 साल के कार्यकाल को देखने-परखने के बाद तीसर बार समर्थन दिया है। उन्होंने कहा, ‘‘ इस चुनाव ने इस बात को सिद्ध किया है कि भारत की जनता कितनी परिपक्व है।’’प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘देश की जनता ने हमारी नीयत को देखा है। हमारी नीयत, नीति और निष्ठा पर भरोसा किया है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम विकसित भारत के निर्माण के लिए एक प्रतिबद्धता के साथ जनता के पास गए थे। जनता ने विकसित भारत के संकल्प को चार चांद लगाकर, हमें फिर से विजयी बनाकर सेवा करने का मौका दिया है।’’मोदी के अनुसार, जब देश विकसित होता है कोटि कोटि जन के सपने पूरे होते हैं, संकल्प सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘देशवासियों को विश्वास दिलाता हूं कि जिस विकसित भारत के संकल्प को लेकर चले हैं उसके लिए पूरी ईमानदारी से प्रयास करेंगे और हमारे समय का पल पल और शरीर का कण-कण इस सपने को पूरा करने के लगाएंगे।’’प्रधानमंत्रीने कहा, ‘‘2014 से हर दिन पहले घोटाले की खबरें पढ़ने को मिलती थीं, रोज नए घोटाले, घोटालों की घोटालों की स्पर्धा का कालखंड था…घोटाला की दुनिया ने देश को निराशा से गर्त में डुबा दिया था।’’ उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने देश को निराशा के गर्त से बाहर निकाला।मोदी ने 2014 से पहले हुए आतंकी हमलों के बारे में बात करते हुए कहा, ‘‘आज का हिंदुस्तान घर में घुसकर मारता है, सर्जिकल स्ट्राइक करता है, एयर स्ट्राइक करता है, आतंकवाद के आकाओं को सबक सिखाने का सामर्थ्य दिखा दिया है।’’ -
नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि वह तीन नए आपराधिक कानूनों पर विपक्ष की चिंता एवं आशंका पर चर्चा करने के लिए तैयार हैं। शाह ने विपक्षी दलों से अपील की वे चाहें तो इस मसले पर उनके साथ बैठकर चर्चा कर सकते हैं। सोमवार को तीन नए आपराधिक कानून लागू होने का विपक्षी दलों ने विरोध किया है।
शाह ने सोमवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘मैं सभी से अपील करता हूं कि इन नए कानूनों को लेकर जो भी उनकी चिंता है, सरकार उन्हें दूर करेगी। अगर आपको लगता है कि ये कानून लोगों के हित में नहीं हैं तो आप इस पर मुझसे चर्चा कर सकते हैं। कानूनों का केवल विरोध करने से समस्या का समाधान नहीं निकल सकता। राजनीति करने के कई और भी तरीके हैं।‘शाह ने इन आलोचनाओं को बेबुनियाद बताया कि नए आपराधिक कानून कठोर एवं दमनकारी हैं। उन्होंने कहा कि ये कानून आधुनिक समाज के अनुरूप हैं और पीड़ितों के हितों की रक्षा करते हैं, साथ ही पुलिस की जवाबदेही भी तय करते हैं। शाह ने कहा कि नए कानून अंग्रेजी हुकूमत के दौरान तैयार कानूनों की तुलना में तर्कसंगत एवं बेहतर हैं। उन्होंने यह भी कहा कि नए कानून लागू करने के लिए सरकार ने पूरी तैयारी कर थी और लगभग 22.5 लाख पुलिसकर्मियों को प्रशिक्षण दिया गया था।देशभर में राज्य पुलिस बलों ने नए कानूनों के तहत कुछ मामले दर्ज किए हैं। कांग्रेस के महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि नए कानूनों के तहत सड़क के किनारे सामान बेचने वाले एक व्यक्ति (स्ट्रीट वेंडर) के खिलाफ अवरोध उत्पन्न करने के लिए प्राथमिकी (एफआईआर) की गई है। रमेश ने दावा किया कि जिसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई है वह नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के निकट एक पैदल पर पुल के नीचे आजीविका चलाने के लिए सामान बेच रहा था।शाह ने स्पष्ट किया कि भारत न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत पहला मामला मध्य प्रदेश के ग्वालियर में आधी रात के थोड़ी देर बाद दर्ज हुआ था। शाह ने कहा कि यह प्राथमिकी मोटरसाइकिल चोरी के मामले में दर्ज हुई है न कि दिल्ली में स्ट्रीट वेंडर के खिलाफ। उन्होंने कहा कि पुलिस ने समीक्षा के प्रावधान का इस्तेमाल करते हुए दिल्ली मामले का निपटारा कर दिया है। -
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि नये आपराधिक कानूनों के लागू होने के बाद उच्चतम न्यायालय के स्तर तक सभी मामलों में न्याय प्राथमिकी दर्ज होने के तीन साल के भीतर मिलेगा। शाह ने नए आपराधिक कानूनों के लागू होने के बाद एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में अपराधों में कमी आएगी और नए कानूनों के तहत 90 प्रतिशत मामलों में दोषसिद्धि होगी। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) 2023 और भारतीय साक्ष्य अधिनियम (बीएसए) 2023 सोमवार से पूरे देश में प्रभावी हो गए। इन तीनों कानून ने ब्रिटिश कालीन कानूनों क्रमश: भारतीय दंड संहिता (आईपीसी), दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम की जगह ली है। उन्होंने कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय के स्तर तक न्याय प्राथमिकी दर्ज होने के तीन साल के भीतर मिल सकता है।'' गृह मंत्री ने कहा कि तीनों आपराधिक कानूनों के लागू होने से भारत में दुनिया में सबसे आधुनिक आपराधिक न्याय प्रणाली स्थापित होगी। उन्होंने कहा, ‘‘नए कानून, आधुनिक न्याय प्रणाली को स्थापित करते हैं जिनमें ‘जीरो एफआईआर', पुलिस शिकायतों का ऑनलाइन पंजीकरण, एसएमएस जैसे इलेक्ट्रॉनिक तरीकों से समन और सभी जघन्य अपराधों के लिए अपराध स्थलों की अनिवार्य वीडियोग्राफी जैसे प्रावधान शामिल हैं।'' शाह ने बताया कि नए कानून के तहत पहला मामला ग्वालियर में रविवार रात 12 बजकर 10 मिनट पर मोटरसाइकिल चोरी का दर्ज किया गया। उन्होंने कहा कि नए कानून न्याय प्रदान करने को प्राथमिकता देंगे, जबकि औपनिवेशिक काल के कानूनों में दंडात्मक कार्रवाई को प्राथमिकता दी जाती थी। -
अलीराजपुर/भोपाल. मध्य प्रदेश के अलीराजपुर जिले में सोमवार को एक दंपति और उनके तीन बच्चों के शव घर में लटके मिले। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है।
पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘सोंडवा तहसील के रावड़ी गांव में पांच लोगों की मौत की सूचना सोमवार सुबह सात बजे मिली।'' उन्होंने बताया कि घटना की जांच के लिए अलीराजपुर के अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (एसडीओपी) की अगुवाई में एक टीम गठित की गई है। अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान राकेश डोडवा (27), उनकी पत्नी ललिता डोडवा (25) और उनके बच्चों लक्ष्मी (9), प्रकाश (7) और अक्षय (5) के रूप में हुई है। -
नयी दिल्ली. अंतरिक्ष अन्वेषण और अनुसंधान एजेंसी (एसईआरए) और ‘ब्लू ओरिजिन' ने सोमवार को अपने मानवयुक्त अंतरिक्षयान कार्यक्रम के लिए भारत को साझेदार राष्ट्र घोषित किया है। यह कार्यक्रम उन देशों के नागरिकों के लिए है जिन्होंने कुछ अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष में भेजे हैं या एक भी नहीं भेजे हैं। अमेरिका स्थित एजेंसी एसईआरए ब्लू ओरिजिन के दोबारा इस्तेमाल किए जाने योग्य उपकक्षीय रॉकेट ‘न्यू शेपर्ड' के भावी मिशन पर दुनिया भर के नागरिकों को छह सीट प्रदान करेगी। ‘न्यू शेपर्ड' चुनिंदा अंतरिक्ष यात्रियां को 11 मिनट के लिए क्रेमन रेखा (पृथ्वी के सतह से करीब 100 किलोमीटर की ऊंचाई पर) के पार भेजेगी जिसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अंतरिक्ष की सीमा माना जाता है। अंतरिक्ष यात्री जमीन पर उतरने से पहले कई मिनट तक गुरुत्वाकर्षण की अनुपस्थिति में भारहीन होने की अवस्था का अनुभव करेंगे। एसईआरए के सह संस्थापक जोशुआ स्कुर्ला ने कहा, ‘‘हम अपने मानवयुक्त अंतरिक्षयान कार्यक्रम में भारत को लेकर उत्साहित हैं।'' स्कुर्ला ने कहा, ‘‘हम सभी के लिए अंतरिक्ष को वहनीय बनाना चाहते हैं और भारतीय नागरिकों को इस विशेष अवसर की पेशकश करके खुश हैं जो अंतरिक्ष यात्रा का अनुभव प्राप्त करना चाहते हैं।'' कोई भी भारतीय नागरिक लगभग 2.50 अमेरिकी डॉलर का शुल्क देकर इस कार्यक्रम के लिए पंजीकरण करा सकता है, ताकि सुरक्षित और निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने के लिए सत्यापन जांच की लागत प्राप्त की जा सके। अंतिम उम्मीदवारों को ‘न्यू शेपर्ड' मिशन पर अंतरिक्ष में उड़ान भरने के अवसर के लिए जनता के वोट से चुना जाएगा। संभावित अंतरिक्ष यात्री को ब्लू ओरिजिन की शारीरिक दक्षता संबंधी मानदंडों को पूरा करना होगा।
- रत्नागिरी (महाराष्ट्र)। महाराष्ट्र के तटीय शहर रत्नागिरी में आठ फुट लंबे एक मगरमच्छ के बारिश से भीगी सड़क पर रेंगने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। एक अधिकारी ने बताया कि यह वीडियो रत्नागिरी जिले में चिपलुन शहर के चिंचनाका इलाके में बारिश के बीच एक ऑटोरिक्शा चालक ने बनाया। वीडियो में कुछ अन्य वाहन भी दिखायी दे रहे हैं और एक ऑटोरिक्शा चालक हेडलाइट जलाकर मगरमच्छ का पीछा करने की कोशिश करते दिखायी दे रहा है। अधिकारी ने बताया कि मगरमच्छ संभवत: पास की शिव या वाशिष्ठी नदियों से बहकर शहर में घुसा होगा। आसपास से गुजर रहे कई लोगों ने भी मगरमच्छ की सड़क पर रेंगते हुए वीडियो बनायी और उसे सोशल मीडिया पर साझा किया। एक स्थानीय निवासी ने बताया कि यह घटना रविवार रात की है।
- नयी दिल्ली। भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (आईएआरआई) ने टी. आर. शर्मा को अपना नया निदेशक नियुक्त किया है। शर्मा वर्तमान में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर) में उप महानिदेशक (फसल विज्ञान) के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें निदेशक पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। फसल विज्ञान और पादप जैव प्रौद्योगिकी में अपने कार्यों के लिए पहचाने जाने वाले शर्मा के खाद्य सुरक्षा तथा टिकाऊ खेती में चुनौतियों का समाधान करने में आईएआर के प्रयासों का नेतृत्व करने की उम्मीद है। शर्मा ने एक बयान में कहा, ‘‘ कृषि में उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए सहयोगात्मक अनुसंधान महत्वपूर्ण होगा।'' शर्मा की नियुक्ति को कृषि क्षेत्र को समर्थन देने के लिए कृषि अनुसंधान व नवाचार को बढ़ाने के सरकार के प्रयासों के हिस्से के रूप में देखा जा रहा है। कृषि क्षेत्र भारत की 3000 अरब अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था में करीब 15 प्रतिशत का योगदान देता है।












.jpg)





.jpg)

.jpg)



.jpg)


.jpg)