- Home
- देश
-
नई दिल्ली। भारत और यूरोपीय संघ (ईयू) के बीच व्यापार और निवेश संबंधों को मजबूत करने के लिए वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल 18 से 20 जनवरी तक ब्रसेल्स, बेल्जियम का दौरा करेंगे। पीयूष गोयल इस दौरे के दौरान यूरोपीय आयोग के व्यापार और आर्थिक सुरक्षा आयुक्त, मारोस सेफकोविक के साथ उच्च स्तरीय बातचीत करेंगे। इस बातचीत में भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए), व्यापार और प्रौद्योगिकी परिषद के ढांचे और द्विपक्षीय व्यापार से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।
तीन दिवसीय यह दौरा यूरोपीय संघ के साथ भारत के व्यापार और निवेश संबंधों को दिए जाने वाले महत्व को दर्शाता है। वित्तीय वर्ष 2023-24 में भारत और ईयू के बीच द्विपक्षीय व्यापार 180 अरब डॉलर से अधिक का अनुमानित है। ईयू भारत के लिए न केवल एक प्रमुख व्यापारिक साझेदार है बल्कि विदेशी प्रत्यक्ष निवेश (एफडीआई) का भी एक महत्वपूर्ण स्रोत है जो लगभग 117.34 अरब डॉलर तक पहुंच चुका है।बातचीत में वैश्विक आर्थिक स्थिति, व्यापार में आ रही रुकावटें और एफटीए वार्ताओं को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए राजनीतिक दिशा पर चर्चा होने की उम्मीद है। अपने दौरे के दौरान, गोयल विश्व व्यापार संगठन (डब्ल्यूटीओ) की महानिदेशक डॉ. नगोजी ओकोंजो-इवेला, बेल्जियम के विदेश व्यापार मंत्री बर्नार्ड क्विंटिन और बेल्जियम की प्रमुख औद्योगिक कंपनियों व भारतीय समुदाय के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात करेंगे।गौरतलब है कि हाल ही गोयल ने कहा था कि भारत ईयू के साथ संतुलित, व्यापक और दोनों के लिए लाभकारी एफटीए हासिल करने का प्रयास कर रहा है। एफटीए वार्ताओं के नौ दौर पूरे होने के बाद राजनीतिक दिशा-निर्देशों की जरूरत है ताकि एक संतुलित और व्यावसायिक रूप से लाभदायक समझौते पर सहमति बनाई जा सके। इस समझौते से भारत को अपने वस्त्र और सेवाओं के निर्यात को बढ़ाने और विविधता लाने में मदद मिलेगी साथ ही आपूर्ति श्रृंखलाओं को सुरक्षित करने का भी मौका मिलेगा। -
नई दिल्ली। आज शनिवार तड़के सुबह ही घने कोहरे ने दिल्ली को अपने चपेट में ले लिया जिससे विजिबिलिटी (दृश्यता) कम हो गई और यातायात प्रभावित हुआ। उत्तर भारत के अन्य हिस्सों में भी घने कोहरे की स्थिति देखने को मिली। कोहरे के चलते इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर कई उड़ानें और नई दिल्ली रेलवे स्टेशन पर कई ट्रेनें देरी से चलीं। मौसम विभाग के मुताबिक सुबह 5:30 बजे दिल्ली का तापमान 11.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
इस बीच, दिल्ली की वायु गुणवत्ता में सुधार देखने को मिला है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के मुताबिक सुबह 7 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 248 रिकॉर्ड किया गया। AQI को 0-50 तक ‘अच्छा,’ 51-100 ‘संतोषजनक,’ 101-200 ‘मध्यम,’ 201-300 ‘खराब,’ 301-400 ‘बहुत खराब,’ और 401-500 ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।दिल्ली में वायु गुणवत्ता में सुधार को देखते हुए वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (GRAP) के स्टेज-III के तहत लगाए गए प्रतिबंध हटा दिए हैं। यह फैसला 17 जनवरी को लिया गया। तेज हवाओं और अनुकूल मौसम ने इस सुधार में मदद की है।हालांकि, GRAP के स्टेज-I और स्टेज-II के उपाय अभी जारी हैं ताकि वायु गुणवत्ता पर नजर रखी जा सके और इसे खराब होने से रोका जा सके। वहीं, दिल्ली में ठंड से बचने के लिए बेघर लोग रात के आश्रयों का सहारा ले रहे हैं। दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (DUSIB) ने बेघरों के लिए 235 पगोडा टेंट लगाए हैं। कई इलाकों में रैनबसेरे भी स्थापित किए गए हैं। - नयी दिल्ली। भारत में निचली से लेकर सर्वोच्च अदालत तक में लोगों को न्याय पाने के लिए बरसों इंतजार करना पड़ता है. लेकिन असम की एक अदालत ने बीते साल 31 दिसंबर तक तमाम लंबित मामलों को निपटा कर एक मिसाल कायम की है.भारत की विभिन्न अदालतों में फिलहाल पांच करोड़ से ज्यादा मामले लंबित हैं. असम की ये मिसाल साफ दिखाती है कि न्यायपालिका और कार्यपालिका के सहयोग से तमाम अदालतों में लंबित मामलों को समय पर निपटाना असंभव नहीं है. अगर देश की बाकी अदालतों ने भी इस दिशा में पहल की तो 'जस्टिस डिलेड इज जस्टिस डिनाइड' वाली कहावत भी अतीत बन जाएगी. लेकिन सवाल है कि क्या ऐसा संभव है?कैसे हुआ ये काम पूराअसम के चिरांग जिले में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में 31 दिसंबर, 2024 को एक भी मामला लंबित नहीं था. यानी अदालत ने अपने समक्ष आने वाले तमाम मामलों को निपटा दिया था. वह ऐसा करने वाली देश की संभवतः पहली अदालत है.चिरांग जिला अदालत में सरकारी वकील नंदिता बसुमतारी डीडब्ल्यू से कहती हैं, "बीते साल की शुरुआत में सीजेएम अदालत में 143 मामले थे. पूरे साल के दौरान 687 नए मामले भी आए. लेकिन साल के आखिर तक इन तमाम 830 मामलों पर फैसला हो गया था. इस मामले में अदालत का रिकॉर्ड सौ फीसदी है. यही नहीं चिरांग जिले की अदालतों में कन्विक्शन रेट यानी अभियुक्त को दोषी साबित करने की दर भी राज्य के औसत से ज्यादा रही."संविधान दिवस पर सुप्रीम कोर्ट ने संविधान को किया और मजबूतबसुमतारी के मुताबिक, असम में वर्ष 2024 के नवंबर तक कनविक्शन रेट यानी दोषी साबित करने की दर 22.68 फीसदी रही, जबकि चिरांग में यह 23.29 फीसदी थी. दिसंबर में तो चिरांग में यह दर 26.89 फीसदी के सर्वोच्च स्तर तक पहुंच गई.चिरांग जिला निचले असम में बोडोलैंड टेरिटोरियल एरिया डिस्ट्रिक्ट (बीएटीडी) में शामिल चार जिलों में से एक है. इसकी स्थापना चार जून, 2004 को कोकराझार, बोंगाईगांव और बरपेटा जिलों के कुछ हिस्सों को लेकर हुई थी. इसका जिला मुख्यालय काजलगांव है, जो भूटान की सीमा से सटा है. 'चिरांग' गारो शब्द है जो 'चि' और 'रांग' से मिल कर बना है. गारो भाषा में 'चि' का मतलब पानी है और 'रांग' का मतलब धन. एक सींग वाले गैंडों के लिए मशहूर मानस नेशनल पार्क इसी जिले में है.छोटे अपराधों में एक-तिहाई सजा काटने वाले कैदियों को मिलेगी जमानतअसम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बीते दिसंबर में कहा था कि असम में दोषी साबित करने की दर को बढ़ाकर 50 प्रतिशत से ज्यादा के राष्ट्रीय दर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है. पहले यह पांच प्रतिशत था, जो अब बढ़ कर 23 फीसदी तक पहुंच गया है. उनका कहना था कि जल्दी ही यह आंकड़ा 30 फीसदी तक पहुंच जाएगा.अदालतों में लंबित मामलेनिचली अदालतों से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक में लंबित मामलों की सूची लगातार बढ़ रही है. नेशनल ज्यूडिशियल डाटा ग्रिड के आंकड़ों के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट में लंबित मामलों की संख्या 83 हजार के पार हो गई है. ई-कोर्ट सर्विसेज के आंकड़ों में बताया गया है कि देश की तमाम अदालतों में लंबित मामलों की तादाद पांच करोड़ के पार है. इनमें से करीब 62 हजार मामले तो तीस साल से भी ज्यादा पुराने हैं. कुल मामलों में से करीब 85 प्रतिशत निचली अदालतों के समक्ष हैं. कुल लंबित मामलों में से करीब आधे सरकार बनाम अन्य हैं.कलकत्ता हाईकोर्ट के एडवोकेट सुनील राय डीडब्ल्यू से कहते हैं, "सुप्रीम कोर्ट के समक्ष जितने मामले लंबित हैं उनको निपटाने में कम से कम 20 महीने का समय लगेगा और वह भी उस स्थिति में जब इस दौरान एक भी नया मामला दायर नहीं हो. लेकिन यह स्थिति संभव नहीं है. इसी तरह उच्च न्यायालयों में लंबित तमाम मामलों को निपटाने में तीन साल और निचली अदालतों में लंबित मामलों को निपटाने में दो साल का समय लगेगा." बीते साल अगस्त में एक मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति एस. रवींद्र भट और न्यायमूर्ति अरविंद कुमार की पीठ ने आंकड़ों के हवाले कहा था कि देश की छह फीसदी आबादी मुकदमेबाजी से प्रभावित है. यह चिंताजनक स्थिति है.एडवोकेट राय बताते हैं कि देश की अदालतों में लंबित मामलों के कारण जीडीपी को करीब डेढ़ प्रतिशत का नुकसान होता है.भारत: 'बुलडोजर न्याय' के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट का कड़ा फैसलालेकिन आखिर लंबित मामलों की सूची लगातार लंबी क्यों हो रही है? कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल ने बीते साल लोकसभा में बताया था कि इसकी कई वजहें हैं. इनमें आधारभूत ढांचे और कर्मचारियों की उपलब्धता, मामलों की जटिलता, सबूतों की प्रकृति और संबंधित पक्षों का सहयोग शामिल है. इसके अलावा नियमों और प्रक्रियाओं को लागू करने की भी भूमिका महत्वपूर्ण है. उनका कहना था कि विभिन्न मामलों को निपटाने के लिए कोई समय सीमा नहीं होने और विभिन्न एजेंसियों में तालमेल की कमी की वजह से भी इसमें देरी होती है.
-
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता में सुधार के बाद वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) ने आज शुक्रवार को ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) के तीसरे चरण की पाबंदियां हटा दीं हैं। गौरतलब है कि ग्रैप-3 लागू होने पर निर्माण कार्य, तोड़फोड़ और गैर-जरूरी खनन गतिविधियों पर रोक लगा दी जाती है। सीएक्यूएम ने बताया कि एक्यूआई में सुधार जारी है और गुरुवार को भी ग्रैप-4 की पाबंदियां पहले ही हटा दी गई थी।
शुक्रवार को दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 289 दर्ज किया गया जो ग्रैप-3 लागू होने के मानक 350 से नीचे है। आयोग ने बताया कि हवा की गति अगले कुछ दिनों तक तेज बनी रहेगी जिससे प्रदूषण और कम होने की संभावना है। हालांकि, ग्रैप-1 और ग्रैप-2 के तहत लागू पाबंदियां अभी जारी रहेंगी।ग्रेडेड रिस्पॉन्स एक्शन प्लान (ग्रैप) एक आपातकालीन योजना है, जिसे वायु प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए लागू किया जाता है। यह एक्यूआई के आधार पर अलग-अलग चरणों में प्रभावी होती है। प्रदूषण के स्तर के अनुसार, इसमें कई सख्त कदम उठाए जाते हैं, जैसे डीजल जनरेटर पर रोक, पार्किंग शुल्क बढ़ाना, सीएनजी और इलेक्ट्रिक बसों की संख्या बढ़ाना, निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की अपील, धूल फैलाने वाले निर्माण कार्यों पर रोक और खुले में कचरा जलाने पर प्रतिबंध जैसे कदम शामिल हैं।गौरतलब है कि ग्रैप पद्धति को 2016 में सर्वोच्च न्यायालय की स्वीकृति मिली थी और 2017 में इसे अधिसूचित किया गया। इसे लागू करने के लिए दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान की 13 एजेंसियां मिलकर काम करती हैं। इस योजना का मुख्य उद्देश्य दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के स्तर को नियंत्रित करना है। -
नई दिल्ली। इस बार गणतंत्र दिवस परेड में भारतीय सेना अपनी स्वदेशी और आधुनिक सैन्य ताकत का प्रदर्शन करेगी। परेड में नाग मिसाइल सिस्टम, टी-90 भीष्म टैंक, सारथ टैंक, ब्रह्मोस मोबाइल लॉन्चर, चेतक ऑल टेरेन व्हीकल, बजरंग लाइट स्पेशलिस्ट वाहन, अग्निबाण मल्टीबैरल रॉकेट लॉन्चर जैसे अत्याधुनिक हथियार और वाहन देखने को मिलेंगे।
इसके अलावा, सेना कपिध्वज स्पेशलिस्ट मोबिलिटी वाहन, नंदीघोष क्विक रिएक्शन फोर्स वाहन, शॉर्ट ब्रिज सिस्टम, संजय बैटल फील्ड सर्विलांस सिस्टम और आकाश आर्मी लॉन्चर का भी प्रदर्शन करेगी। परेड की तैयारियों के लिए सेना के जवान लंबे समय से अभ्यास कर रहे हैं।इस बार सिग्नल रेजिमेंट की महिला अधिकारी रितिका परेड का हिस्सा हैं। उन्होंने बताया कि परेड के लिए उनका मार्चिंग दल सुबह 4 बजे से अभ्यास शुरू करता है। रितिका ने कहा कि गणतंत्र दिवस परेड में शामिल होना उनके लिए गर्व की बात है और यह उनकी कड़ी मेहनत का परिणाम है।जम्मू और कश्मीर राइफल्स के मार्चिंग दल का नेतृत्व कर रहे मेजर विक्रमजीत सिंह इसे अपने और अपनी रेजिमेंट के लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि परेड में हिस्सा लेना न केवल उनके लिए, बल्कि पूरी रेजिमेंट और देश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि परेड देखकर युवा देश सेवा के लिए प्रेरित होंगे।‘ब्रिगेड ऑफ द गॉड्स’ के अधिकारी रवींद्र भारद्वाज ने बताया कि उनका दल बेस्ट मार्चिंग दस्ते का खिताब जीतने के लिए पूरी मेहनत कर रहा है। उन्होंने कहा कि यह उनके पूर्वजों की विरासत को आगे बढ़ाने का अवसर है और उनकी टीम पिछले चार-पांच महीनों से परेड की तैयारी कर रही है। गणतंत्र दिवस परेड भारतीय सेना की ताकत और आत्मनिर्भरता को प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर है, जो देशवासियों में गर्व और प्रेरणा का संचार करेगा। -
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। इसके लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य को प्रधानमंत्री पुरस्कार (पीएम अवॉर्ड) से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान जल जीवन मिशन में सौर ऊर्जा के उत्कृष्ट उपयोग और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए दिया जा रहा है। बता दें कि यह पुरस्कार अप्रैल में दिल्ली में प्रदान किया जाएगा।
जल जीवन मिशन के तहत, योगी सरकार ने ग्रामीण और पिछड़े क्षेत्रों में पेयजल की समस्या को सुलझाने के लिए सौर ऊर्जा का उपयोग किया। इस परियोजना में सोलर पैनलों की स्थापना की गई जिससे न केवल ऊर्जा की बचत हुई बल्कि पानी की आपूर्ति भी निर्बाध रूप से सुनिश्चित हुई। इस पहल से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिला है।नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति विभाग के अपर मुख्य सचिव अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत 33,229 योजनाएं सौर ऊर्जा पर आधारित हैं। इनसे राज्य सरकार को लगभग एक लाख करोड़ रुपये की बचत होगी। साथ ही, हर साल 13 लाख मीट्रिक टन कार्बन डाई ऑक्साइड के उत्सर्जन में कमी आएगी। अगले 30 वर्षों में 390 लाख कार्बन क्रेडिट अर्जित किए जा सकेंगे। केंद्र सरकार ने इस पहल को बेस्ट प्रैक्टिस के रूप में मान्यता दी है।इसके अलावा, बहराइच की जिलाधिकारी (डीएम) मोनिका रानी को भी प्रधानमंत्री पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने जिले में विकास और जनकल्याण योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया। जनभागीदारी और नवाचार के माध्यम से उन्होंने यह सुनिश्चित किया कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। उन्हें यह पुरस्कार जिले के समग्र विकास की श्रेणी में दिया जाएगा। -
नई दिल्ली। संसद का बजट सत्र 31 जनवरी से शुरू होकर 4 अप्रैल तक चलेगा। वहीं सत्र की शुरुआत राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधित करने से होगी जबकि वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण 1 फरवरी को केंद्रीय बजट पेश करेंगी। बजट सत्र दो चरणों में होगा। पहला चरण 13 फरवरी तक चलेगा जिसके बाद 14 फरवरी से 9 मार्च तक अंतराल रहेगा। दूसरा चरण 10 मार्च से शुरू होकर 4 अप्रैल तक चलेगा।
बजट सत्र के दौरान संयुक्त संसदीय समिति वक्फ (संशोधन) विधेयक पर पेश करेगी अपनी रिपोर्टसत्र के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा का जवाब देंगे। इसके अलावा, वक्फ (संशोधन) विधेयक पर संयुक्त संसदीय समिति अपनी रिपोर्ट पेश करेगी। यह समिति पहले ही शीतकालीन सत्र के दौरान अपनी अवधि बढ़ा चुकी थी।सत्र में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ के क्रियान्वयन पर संयुक्त संसदीय समिति की रिपोर्ट पर भी चर्चा होगी। यह रिपोर्ट सत्र के अंतिम सप्ताह में लोकसभा में पेश की जानी थी लेकिन समिति की अवधि बढ़ाने की मांग की जा रही है। समिति ने इस महीने अपनी पहली बैठक आयोजित की थी। शीतकालीन सत्र के दौरान भाजपा और विपक्ष के सदस्यों के बीच हुए विवाद और संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन को लेकर दायर पुलिस शिकायतों के बाद बजट सत्र पर सबकी नजरें हैं। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कल शनिवार को स्वामित्व योजना के तहत संपत्ति मालिकों को 65 लाख से ज्यादा संपत्ति कार्ड सौंपेगे। यह कार्ड 10 राज्यों और 2 केंद्र शासित प्रदेशों के 50,000 से अधिक गांवों और 230 से ज्यादा जिलों में रहने वाले संपत्ति मालिकों को दिए जाएंगे। ये संपत्ति कार्ड आपसी झगड़ों को निपटाने में सहायक होंगे। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर आज शुक्रवार को यह जानकारी दी।
पीएम मोदी ने अपने एक्स पोस्ट में कहा, “स्वामित्व योजना के तहत देशभर के ग्रामीण इलाकों के मेरे भाई-बहनों को उनकी जमीन का मालिकाना हक मिले, इसके लिए हम प्रतिबद्ध हैं। इसी दिशा में शनिवार को दोपहर करीब 12.30 बजे वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संपत्ति मालिकों को लाखों संपत्ति कार्ड सौंपने का सौभाग्य मिलेगा।”उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना के अंतर्गत ग्रामीण क्षेत्रों में भूमि के रिकॉर्ड को डिजिटल रूप में तैयार किया जाता है, जिससे लोगों को अपनी जमीन पर मालिकाना हक का अधिकार मिलता है। इस पहल का उद्देश्य भूमि विवादों को कम करना और भूमि के मालिकाना हक को स्पष्ट करना है, ताकि किसानों को आसानी से बैंक से लोन मिल सके। इस योजना में ड्रोन सर्वे, जीआईएस और अन्य अत्याधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है, ताकि जमीन के स्वामित्व को स्पष्ट रूप से चिह्नित किया जा सके और लोगों के आपसी झगड़ों को आसानी से खत्म किया जा सके।स्वामित्व योजना के जरिए भूमि के स्वामित्व का एक प्रमाण मिलता है जिससे जमीन से जुड़े विवादों में कमी आएगी। भूमि का स्वामित्व स्पष्ट होने से ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों में तेजी आती है और किसानों को लोन लेने में भी सुविधा होती है। यह योजना ग्रामीण भारत के लोगों के जीवन स्तर को सुधारने में मदद कर रही है। अब तक 3.17 लाख से अधिक गांवों में ड्रोन सर्वेक्षण पूरा हो चुका है, जो लक्षित गांवों का 92% है। 1.53 लाख गांवों के लिए 2.25 करोड़ से ज्यादा संपत्ति कार्ड तैयार किए गए हैं। यह योजना पुदुचेरी, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, त्रिपुरा, गोवा, उत्तराखंड और हरियाणा में पूरी तरह से लागू है। इसके अलावा, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और कई अन्य केंद्र शासित प्रदेशों में ड्रोन सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। -
वडनगर (गुजरात). केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को यहां कहा कि वडनगर में एक गरीब परिवार में जन्मे बच्चे से लेकर वैश्विक नेता बनने तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की यात्रा दुनियाभर के छात्रों के लिए एक अध्ययन का विषय होगी। गुजरात के मेहसाणा जिले में मोदी के गृहनगर वडनगर में एक सभा को संबोधित करते हुए शाह ने कहा कि एक भाषण में मोदी के पूरे जीवन का वर्णन करना असंभव है। उन्होंने कहा कि वडनगर में एक गरीब परिवार में जन्मे बच्चे से लेकर पूरे विश्व का मार्गदर्शन करने वाले वैश्विक नेता बनने तक की मोदी की यात्रा को शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। राज्य के दौरे पर आए शाह मेहसाणा जिले के वडनगर में तीन प्रमुख परियोजनाओं का उद्घाटन करने के बाद एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इन परियोजनाओं में एक पुनर्विकसित स्कूल भी शामिल है, जहां मोदी ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी का पूरा जीवन, वडनगर में बिताये उनके बचपन से लेकर देश के प्रधानमंत्री और वैश्विक नेता बनने तक, आने वाले दिनों में भारत और दुनियाभर के कई विद्यार्थियों के लिए अध्ययन का विषय बन जाएगा।'' उन्होंने कहा कि अपना बचपन अत्यंत गरीबी में बिताने वाले, एक चाय बेचने वाले पिता और एक गरीब मां के बेटे नरेन्द्र मोदी जी जब बड़े हुए तो उन्होंने कहीं पर भी कोई कटुता नहीं रखी। शाह ने कहा, ‘‘ मोदी जी ने इस प्रकार शासन किया है कि उनके जैसी गरीबी राज्य और देश के किसी और बच्चे को न सहन करनी पड़े।'' उन्होंने कहा कि गरीब परिवार में जन्म लेने के बावजूद प्रधानमंत्री मोदी ने कभी कोई नकारात्मकता नहीं रखी और अपनी गरीबी को जरूरतमंदों के प्रति करुणा में बदल दिया तथा लोगों के कल्याण के लिए अथक कार्य किए हैं। शाह ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री बनने के बाद मोदी ने करोड़ों गरीब लोगों को आवास, शौचालय, पानी, गैस और बिजली कनेक्शन, सस्ती कीमतों पर दवाइयां और मुफ्त राशन जैसी विभिन्न सुविधाएं प्रदान कर उनके जीवन को बदल दिया। गृह मंत्री ने कहा कि बचपन में मोदी जी की स्वयं की शिक्षा में कई कठिनाइयां आईं और तब से लेकर गुजरात के मुख्यमंत्री बनने तक उन्होंने प्राथमिक शिक्षा को खासा महत्व दिया। उन्होंने कहा कि गुजरात में ‘कन्या केलवणी यात्रा' नाम से बच्चों और बच्चियों को पढ़ाने का एक अभियान मोदी ने शुरू किया। उन्होंने कहा, ‘‘उनके प्रयासों की बदौलत स्कूल छोड़ने वाले बच्चों की दर, जो उनके मुख्यमंत्री बनने के समय 37 प्रतिशत थी, 2014 में घटकर सिर्फ एक प्रतिशत रह गई।''
-
मुंबई. अमेरिका द्वारा भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (बार्क) सहित तीन भारतीय परमाणु संस्थाओं से शीतयुद्ध काल के प्रतिबंध हटाए जाने का स्वागत करते हुए विशेषज्ञों ने बृहस्पतिवार को कहा कि इससे महत्वपूर्ण क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा मिलेगा और देश को नयी प्रौद्योगिकियों तक पहुंच मिलेगी। हालांकि, परमाणु ऊर्जा विभाग (डीएई) के पूर्व सचिव अनिल काकोदकर ने कहा कि किसी को भी घटनाक्रम से बहुत उत्साहित नहीं होना चाहिए क्योंकि यह केवल समय ही बताएगा कि प्रतिबंध हटने से भारतीय परमाणु ऊर्जा क्षेत्र और अनुसंधान को कितना लाभ होगा। परमाणु क्षेत्र में अपने दशकों लंबे करियर के दौरान बार्क निदेशक, परमाणु ऊर्जा आयोग (एईसी) के अध्यक्ष और डीएई सचिव के रूप में कार्य कर चुके काकोदकर ने कहा कि प्रतिबंधों को हटाने का काम बहुत पहले ही हो जाना चाहिए था। जब 2008 में ऐतिहासिक भारत-अमेरिका असैन्य परमाणु समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे, तब 81 वर्षीय वैज्ञानिक एईसी के अध्यक्ष और डीएई सचिव थे। काकोदकर ने ‘पीटीआई-भाषा' से कहा, ‘‘इससे (प्रतिबंध हटाने से) सहयोग (परमाणु क्षेत्र में) में मदद मिलेगा। अब सहयोगात्मक पहल शुरू होने और फिर इनके कायम रहने की बेहतर संभावनाएं हैं।'' बाइडन प्रशासन ने बुधवार को तीन भारतीय संस्थाओं- बार्क, इंडियन रेयर अर्थ्स लिमिटेड (आईआरईएल) और इंदिरा गांधी परमाणु अनुसंधान केंद्र (आईजीसीएआर) से प्रतिबंध हटाने की घोषणा की। यह निर्णय 20 जनवरी को होने वाले अमेरिका के नए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के शपथग्रहण से कुछ दिन पहले आया है। बार्क और आईजीसएआर परमाणु ऊर्जा विभाग के प्रमुख अनुसंधान संस्थान हैं, जबकि आईआरईएल इसके अंतर्गत एक सार्वजनिक उपक्रम है। अमेरिका के वाणिज्य विभाग के ब्यूरो ऑफ इंडस्ट्री एंड सिक्योरिटी (बीआईएस) ने कहा कि इन भारतीय संस्थाओं पर शीतयुद्ध के दौरान लगाए गए प्रतिबंध हटाए जाने से साझा ऊर्जा सुरक्षा आवश्यकताओं और लक्ष्यों की दिशा में संयुक्त अनुसंधान एवं विकास, विज्ञान और प्रौद्योगिकी सहयोग सहित उन्नत ऊर्जा सहयोग में बाधाओं को कम करके अमेरिकी विदेश नीति के उद्देश्यों को समर्थन मिलेगा। यह कदम ऐसे समय में आया है जब चीन दुर्लभ पृथ्वी तत्व के क्षेत्र में अपना विस्तार कर रहा है। यह ऐसे समय भी आया है जब भारत छोटे परमाणु रिएक्टर विकसित करने पर विचार कर रहा है। परमाणु ईंधन परिसर (एनएफसी) के पूर्व अध्यक्ष और मुख्य कार्यकारी एन साईबाबा ने अमेरिका के फैसले का स्वागत किया और कहा कि प्रतिबंध हटने से भारत को महत्वपूर्ण परमाणु प्रौद्योगिकियों तक पहुंच प्राप्त करने में मदद मिलेगी। साईबाबा ने कहा, ‘‘प्रतिबंध हटने से भारत को नयी प्रौद्योगिकियों तक पहुंच प्राप्त करने में मदद मिलेगी। अब जब दो बहुत महत्वपूर्ण संस्थाओं-बार्क और आईजीसीएआर को प्रतिबंध सूची से हटा दिया गया है, तो यह लगभग पूरे डीएई के लिए अच्छा है।'' उन्होंने कहा कि आईआरईएल पर प्रतिबंध हटाए जाने से भारत को महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में बढ़ावा मिलेगा, जिनकी न केवल रक्षा, परमाणु और अंतरिक्ष जैसे रणनीतिक क्षेत्रों में, बल्कि दैनिक जीवन में उपयोग होने वाले उपकरणों के निर्माण में भी आवश्यकता होती है। कैनबरा स्थित ‘ऑस्ट्रेलियन स्ट्रैटेजिक पॉलिसी इंस्टिट्यूट' की रेजिडेंट सीनियर फेलो राजेश्वरी पिल्लै राजगोपालन ने कहा कि अमेरिका का निर्णय सकारात्मक है और भारत तथा अमेरिका के बीच बदले हुए एवं अधिक रणनीतिक रूप से उन्मुख संबंधों को प्रतिबिंबित करता है। उन्होंने कहा कि यह कदम बहुत पहले उठाया जाना चाहिए था।
-
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने आगामी दिल्ली विधानसभा चुनावों को देखते हुए शुक्रवार को अपने संकल्प पत्र का पहला भाग जारी किया। इसमें महिलाओं को प्रति माह ढाई हजार रुपए देने का वादा किया गया है।
भारतीय जनता पार्टी का प्रदेशों में महिलाओं के सशक्तिकरण का एक ट्रैक रिकॉर्ड रहा हैभारतीय जनता पार्टी के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने पार्टी प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को संकल्प पत्र से जुड़ी घोषणाएं करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी का प्रदेशों में महिलाओं के सशक्तिकरण का एक ट्रैक रिकॉर्ड रहा है। इसी रिकॉर्ड को जारी रखते हुए हम दिल्ली की महिलाओं को प्रतिमाह 2500 रुपये देने का संकल्प करते हैं।गरीब परिवारों को प्रत्येक सिलेंडर पर 500 रुपये की छूटइसके अलावा दिल्ली में गरीब परिवारों को प्रत्येक सिलेंडर पर 500 रुपये की छूट देगी। होली और दिवाली त्योहारों पर प्रत्येक परिवार को एक रसोई सिलेंडर फ्री दिया जाएगा। राजधानी की झोंपड़बस्तियों में अटल कैंटीन खुलेगी, जिसमें पांच रुपये में भरपेट भोजन मिलेगा।आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख का बीमा और राज्य सरकार की ओर से 5 लाख रुपये और दिए जायेंगेउन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा सरकार बनने पर पहली कैबिनेट में इसे मंजूरी दी जाएगी। इसके अलावा केंद्र सरकार की आयुष्मान योजना के तहत 5 लाख का बीमा और राज्य सरकार की ओर से इसमें 5 लाख रुपये और दिए जाएंगे। -
अहमदाबाद. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को मुंबई, चेन्नई, कोलकाता, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोचीन और अहमदाबाद हवाई अड्डों पर ‘फास्ट ट्रैक इमिग्रेशन-ट्रस्टेड ट्रैवलर प्रोग्राम' (एफटीआई-टीटीपी) का उद्घाटन किया। आधिकारिक बयान में कहा गया कि एफटीआई-टीटीपी यात्रियों को विश्वस्तरीय आव्रजन सुविधाएं प्रदान करने और अंतरराष्ट्रीय यात्रा को सहज और सुरक्षित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बयान के अनुसार, “शाह ने अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर आयोजित एक कार्यक्रम में इसका शुभारंभ किया। पिछले साल जून में इसे शुरू करने के बाद से यह पहल वर्तमान में इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चल रही है। अब इसे अहमदाबाद सहित सात अन्य हवाई अड्डों पर शुरू किया जा रहा है। कुल मिलाकर, सरकार पहले चरण में 21 प्रमुख हवाई अड्डों पर इस कार्यक्रम को शुरू करने की योजना बना रही है।” बयान में कहा गया, “शुरुआत में यह सुविधा भारतीय नागरिकों और भारतीय मूल के विदेशों में रहने वाले लोगों यानी ओसीआई कार्डधारकों के लिए निःशुल्क शुरू की गई है। एफटीआई-टीटीपी को एक ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से क्रियान्वित किया गया है।” इसमें कहा गया है कि पंजीकृत आवेदकों का बायोमेट्रिक डेटा या तो विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (एफआरआरओ) में या हवाई अड्डे से गुजरते समय लिया जाएगा।
-
प्रयागराज। प्रयागराज अतिरिक्त पुलिस आयुक्त ने शुक्रवार को 28 फरवरी तक पूरे जिले में निषेधाज्ञा आदेश पारित किया गया है। घोषणा में कहा गया है कि आने वाले दिनों में विभिन्न धर्मों/संप्रदायों के त्योहार जैसे महाकुंभ 2025/अमृत स्नान, जननायक कर्पूरी ठाकुर जन्म दिवस, गणतंत्र दिवस, मौनी अमावस्या, बसंत पंचमी, संत रविदास जयंती, माघी पूर्णिमा, वेलेंटाइन डे, शब- ई-बारात, महाशिवरात्रि, अन्य त्योहार और विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी। एसीपी ने कहा कि जिले में उक्त त्यौहारों के दृष्टिगत शांति व्यवस्था बनाये रखने की नितांत आवश्यकता है।
आधिकारिक बयान में कहा गया है, “विभिन्न धर्मों/संप्रदायों के त्यौहारों तथा विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं को सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए जनहित में असामाजिक तत्वों के सभी प्रयासों को रोकना आवश्यक है।” अतः स्थिति की नजाकत को देखते हुए दूसरे पक्ष/पक्षों को सुने अथवा नोटिस दिए बिना पारित एकतरफा आदेश के लिए पर्याप्त कारण प्रस्तुत किया गया है।एसीपी ने न्यूज एजेंसी को बताया कि विश्वसनीय स्रोतों से प्राप्त जानकारी के आधार पर, मुझे विश्वास है कि असामाजिक तत्वों द्वारा कानून में व्यवधान पैदा करने की संभावना है। उन्होंने कहा कि जिले की सांप्रदायिक संवेदनशीलता को देखते हुए एवं जिले में उक्त त्यौहारों के दृष्टिगत शांति व्यवस्था बनाये रखने की नितांत आवश्यकता है।गौरतलब हो, सम्पूर्ण कमिश्नरेट प्रयागराज में निषेधाज्ञा 16 जनवरी से 28 फरवरी तक प्रभावी रहेगी।आदेश की विशिष्टताएं इस प्रकार हैं-1. कोई भी व्यक्ति सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना किसी भी प्रकार का आयोजन, जुलूस, शोभायात्रा, अनशन, धरना, प्रदर्शन आदि आयोजित नहीं करेगा, न ही सड़क अवरुद्ध करेगा और न ही किसी को ऐसा करने के लिए उकसाएगा, न ही बिना पूर्व अनुमति के किसी आयोजन में एकत्रित होने के लिए कोई प्रचार-प्रसार करेगा और न ही ऐसे किसी कार्यक्रम में भाग लेगा।2. कोई भी व्यक्ति/संगठन/व्यक्तियों का समूह जिले में पुलिस चौकी धरना स्थल, सिविल लाइन्स थाना स्थित निर्धारित धरना स्थल (पत्थर चर्च के पास) के अलावा कहीं भी धरना-प्रदर्शन नहीं करेगा।3. कोई भी व्यक्ति इस आदेश की अवधि में पुलिस कमिश्नरेट प्रयागराज के सम्पूर्ण क्षेत्रान्तर्गत परम्परागत धार्मिक आयोजनों के अवसर पर सक्षम अधिकारी की पूर्वानुमति के बिना कहीं भी ड्रोन का प्रयोग नहीं करेगा। केवल पुलिस एवं प्रशासनिक कार्यों में प्रयुक्त ड्रोन ही इस प्रतिबन्ध से मुक्त रहेंगे।4. प्रयागराज कमिश्नरेट सीमान्तर्गत कोई भी व्यक्ति लाठी, डंडा (विकलांग/बुजुर्ग तथा सिख समुदाय के कृपाण धारण करने वालों को छोड़कर), कुल्हाड़ी, डंडा एवं किसी भी प्रकार का घातक हथियार या आग्नेयास्त्र लेकर नहीं चलेगा। केवल पुलिस एवं प्रशासनिक कर्मचारी एवं अधिकारी ही इस प्रतिबन्ध से मुक्त रहेंगे। जनपद के समस्त सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों/परिसरों में कोई भी व्यक्ति किसी भी प्रकार का हथियार या लाइसेंसी आग्नेयास्त्र लेकर प्रवेश नहीं करेगा।5. कोई भी व्यक्ति किसी समुदाय या व्यक्ति की भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कोई भड़काऊ भाषण नहीं देगा और न ही कोई विज्ञापन/पर्चा प्रकाशित करेगा जिससे किसी व्यक्ति या समुदाय की भावनाओं को ठेस पहुंचे।6. कोई भी व्यक्ति सोशल मीडिया या किसी अन्य माध्यम से ऐसी अफवाह नहीं फैलाएगा जिससे शांति भंग हो या किसी अन्य समुदाय की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे तथा न ही वह स्वयं कोई भ्रामक, भड़काऊ या संवेदनशील पोस्ट, लेख, फोटो आदि पोस्ट करेगा, न ही उसे फॉरवर्ड करेगा और न ही किसी के द्वारा ऐसा करने के लिए मजबूर किया जाएगा।7. कोई भी व्यक्ति ऐसे ऑडियो/वीडियो कैसेट और सीडी नहीं बेचेगा, चलाएगा या प्रदर्शित नहीं करेगा जिससे आम जनता में भ्रम या तनाव पैदा हो। 8. कोई भी व्यक्ति किसी भी निजी या सरकारी संपत्ति को किसी भी प्रकार की क्षति नहीं पहुंचाएगा।9. कोई भी व्यक्ति औद्योगिक/व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और दुकानों आदि को जबरन बंद नहीं कराएगा। वह सरकारी कार्यालयों, कारखानों और मिलों आदि के सामान्य कामकाज में कोई व्यवधान नहीं डालेगा और न ही आवश्यक वस्तुओं की आवाजाही या वितरण में कोई बाधा उत्पन्न करेगा और न ही किसी को ऐसा करने के लिए उकसाएगा।10. कोई भी व्यक्ति यू.पी.आर.एस.पी.एन. की बसों व अन्य वाहनों को सार्वजनिक मार्ग पर चलने से नहीं रोकेगा और न ही किसी प्रकार के वाहनों को नुकसान पहुंचाएगा।11. कोई भी व्यक्ति सार्वजनिक मार्ग में बाधा नहीं डालेगा और न ही यातायात में कोई बाधा उत्पन्न करेगा। ऐसा करने के लिए वह किसी को उकसाएगा भी नहीं।आपको बता दें कि 13 जनवरी से शुरू हुआ महाकुंभ 26 फरवरी तक चलेगा। अगले प्रमुख स्नान तिथियों में 29 जनवरी (मौनी अमावस्या- दूसरा अमृत स्नान), 3 फरवरी (बसंत पंचमी- तीसरा अमृत स्नान), 12 फरवरी (माघी पूर्णिमा) और 26 फरवरी (मंगलवार) शामिल हैं। -
बेंगलुरु. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने बृहस्पतिवार को ‘स्पेस डॉकिंग एक्सपेरिमेंट' (स्पेडेक्स) के तहत उपग्रहों की ‘डॉकिंग' सफलतापूर्वक की। अंतरिक्ष एजेंसी ने यह भी घोषणा की कि ‘डॉकिंग' के बाद, एक वस्तु के रूप में दो उपग्रहों पर नियंत्रण स्थापित करने की प्रक्रिया भी सफल रही। इसरो ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘भारत ने अंतरिक्ष इतिहास में अपना नाम दर्ज कर लिया है। सुप्रभात भारत, इसरो के स्पेडेक्स मिशन ने ‘डॉकिंग' में ऐतिहासिक सफलता हासिल की है। इस क्षण का गवाह बनकर गर्व महसूस हो रहा है।'' उपग्रहों की सफल ‘डॉकिंग' के साथ ही भारत, अमेरिका, रूस और चीन के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाला चौथा देश बन गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में वैज्ञानिकों को इस उपलब्धि के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा, ‘‘उपग्रहों की अंतरिक्ष में ‘डॉकिंग' के सफल प्रदर्शन के लिए इसरो के हमारे वैज्ञानिकों और पूरे अंतरिक्ष समुदाय को बधाई। यह आने वाले वर्षों में भारत के महत्वाकांक्षी अंतरिक्ष मिशन के लिए एक महत्वपूर्ण कदम है।'' इसरो ने कहा, ‘‘ ‘डॉकिंग' के बाद एक वस्तु के रूप में दो उपग्रहों पर नियंत्रण स्थापित करने की प्रक्रिया भी सफल रही। आने वाले दिनों में ‘अनडॉकिंग' और ‘पावर ट्रांसफर' परीक्षण किया जाएगा।'' इसरो की प्रशंसा करते हुए केंद्रीय विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं अंतरिक्ष राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने कहा, ‘‘बधाई इसरो। आखिरकार हमने कर दिखाया। स्पेडेक्स ने अविश्वसनीय कार्य किया है... ‘डॉकिंग' पूरी हो गई है... और यह पूरी तरह स्वदेशी ‘भारतीय डॉकिंग प्रणाली' है।'' उन्होंने कहा कि इस सफलता से भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन, चंद्रयान 4 और गगनयान सहित भविष्य के महत्वाकांक्षी मिशन के सुचारू संचालन का मार्ग प्रशस्त होगा। सिंह ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के निरंतर संरक्षण ने बेंगलुरु में इसरो के उत्साह को बढ़ाया है।'' इसरो के अध्यक्ष वी. नारायणन ने भी मिशन को सफल बनाने वाली टीम को बधाई दी।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी इस उपलब्धि के लिए इसरो को बधाई दी। खरगे ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘हमें इसरो के वैज्ञानिकों और अंतरिक्ष इंजीनियरों के असाधारण काम पर बेहद गर्व है क्योंकि उन्होंने स्पेडेक्स मिशन के तहत उपग्रह ‘डॉकिंग' को सफलतापूर्वक पूरा किया।'' उन्होंने कहा कि यह महत्वपूर्ण उपलब्धि भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसे वर्षों की मेहनत से तैयार किया गया है और यह राष्ट्र की सामूहिक उपलब्धि है। इससे पहले 12 जनवरी को इसरो ने उपग्रहों को ‘डॉक' करने के परीक्षण के तहत दो अंतरिक्ष यान को तीन मीटर की दूरी पर लाकर और फिर सुरक्षित दूरी पर वापस भेजा था। इसरो ने 30 दिसंबर, 2024 को ‘स्पेस डॉकिंग एक्सपेरीमेंट' (स्पेडेक्स) मिशन को सफलतापूर्वक शुरू किया था। दो छोटे उपग्रहों, एसडीएक्स01 (चेजर) और एसडीएक्स02 (टारगेट) को 24 पेलोड के साथ ले जाने वाले पीएसएलवी सी60 रॉकेट ने श्रीहरिकोटा के सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के पहले ‘लॉन्चपैड' से उड़ान भरी थी और उड़ान भरने के करीब 15 मिनट बाद लगभग 220 किलोग्राम वजन वाले दो छोटे अंतरिक्ष यान को लक्षित तरीके से 475 किलोमीटर की गोलाकार कक्षा में प्रक्षेपित किया गया था। इसरो के अनुसार, स्पेडेक्स मिशन दो छोटे अंतरिक्ष यान का उपयोग कर अंतरिक्ष में ‘डॉकिंग' के लिए एक किफायती प्रौद्योगिकी मिशन है जिसे पीएसएलवी के जरिये लॉन्च किया गया था। अंतरिक्ष में ‘डॉकिंग' तकनीक तब आवश्यक होती है जब सामान्य मिशन उद्देश्यों की प्राप्ति के लिए कई रॉकेट प्रक्षेपण की आवश्यकता होती है। यह प्रौद्योगिकी भारत की अंतरिक्ष महत्वाकांक्षाओं जैसे चंद्रमा पर भारतीय मिशन, चंद्रमा से अनुसंधान के लिए नमूने लाना, भारतीय अंतरिक्ष स्टेशन (बीएएस) का निर्माण और संचालन आदि के लिए आवश्यक है। -
महाकुम्भ नगर/ उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में आयोजित महाकुम्भ के साथ-साथ देश और विदेश से यहां पहुंचे श्रद्धालु अब राज्य के अन्य धार्मिक स्थलों की ओर रुख कर रहे हैं। एक बयान में यह जानकारी दी गयी। बयान के मुताबिक, संगम में स्नान के बाद श्रद्धालु 13, 14 और 15 जनवरी को श्रृंगवेरपुर, चित्रकूट, वाराणसी, मां विंध्यवासिनी धाम, नैमिषारण्य व अयोध्या में दर्शन-करने पहुंचे। बयान में बताया गया कि अब तक तकरीबन सात करोड़ से अधिक श्रद्धालुओं ने महाकुम्भ में स्नान किया।
आधिकारिक सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि अयोध्या में तीन दिन में तकरीबन 10 लाख, काशी विश्वनाथ मंदिर में 7.41 लाख, विंध्यवासिनी धाम में पांच लाख और नैमिषारण्य धाम सीतापुर में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किये। सूत्रों के मुताबिक, इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के इन क्षेत्रों में पहुंचने से स्थानीय रोजगार को भी काफी बढ़ावा मिल रहा है। बयान के मुताबिक, काशी विश्वनाथ मंदिर में 13 जनवरी को 2.19 लाख, 14 जनवरी को 2.31 लाख और 15 जनवरी को 2.90 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किये। वहीं विंध्यवासिनी धाम में पांच लाख और नैमिषारण्य धाम में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने दर्शन किये।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अयोध्या जिला प्रशासन दर्शनार्थियों के लिए सारी व्यवस्थाएं उपलब्ध करा रहा है और तकरीबन 10 लाख से अधिक श्रद्धालु तीन दिन में यहां पहुंचे हैं। अयोध्या के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजकरण नैयर ने बताया कि अयोध्या धाम को पांच जोन और 12 सेक्टर में विभाजित कर दो पालियों में पुलिस बल को तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि मुख्य स्नान पर्व पर राजपत्रित अधिकारी-थाना प्रभारी की ड्यूटी अलग से लगायी जायेगी।
अधिकारी ने बताया कि इसके अतिरिक्त पीएसी बल, बाढ़ राहत दल को भी तैनात किया गया है और सीसीटीवी नियंत्रण कक्ष के जरिये निरन्तर निगरानी भी की जा रही है। -
महाकुम्भ नगर. उत्तर प्रदेश सरकार में वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बृहस्पतिवार को यहां ‘संविधान गैलरी' का उद्घाटन किया। इस कार्यक्रम में मंत्री और मुख्य अतिथि खन्ना के साथ-साथ विशिष्ट अतिथियों ने भारतीय संविधान पर प्रदर्शनी का दौरा किया गया। भारतीय सेना के बैंड ने उद्घाटन समारोह की भव्यता को बढ़ाते हुए वंदे मातरम सहित देशभक्ति गीतों की संगीतमय प्रस्तुति दी। इलाहाबाद उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति जेजे मुनीर ने अपने संबोधन में इस बात पर जोर दिया कि संविधान पूरे देश को नियंत्रित करता है और कोई भी समाज कानूनों के ढांचे के बिना पनप नहीं सकता। उन्होंने ‘संविधान गैलरी' की सराहना करते हुए कहा कि यह एक ऐसी पहल है, जो युवा पीढ़ी को संविधान के महत्व के बारे में बताएगी और उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह के प्रयास जारी रहेंगे। खन्ना ने महाकुम्भ में गैलरी के आयोजन के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने कहा कि इस पहल का उद्देश्य संविधान के निर्माण, कार्यान्वयन और विभिन्न लेखों के बारे में मेला आने वालों को शिक्षित करना है। खन्ना ने कहा, “गैलरी में ऑडियो प्रस्तुतियों के माध्यम से विस्तृत जानकारी भी दी जा रही है।”
उन्होंने संविधान की संशोधन प्रक्रिया के माध्यम से इसकी अनुकूलनशीलता को रेखांकित किया, जो इसे सामाजिक आवश्यकताओं के साथ विकसित करने में सक्षम बनाती है। खन्ना ने कहा कि वर्तमान सरकार सार्वजनिक भावना के अनुरूप संविधान में संशोधन करती है, जबकि पिछली सरकारों ने व्यक्तिगत और राजनीतिक लाभ के लिए लगातार 55 वर्षों तक संशोधन प्रक्रिया का दुरुपयोग किया, जिससे संविधान के मूल चरित्र में बदलाव आया। ‘संविधान गैलरी' में लगायी गयी प्रदर्शनी ऐतिहासिक उपल्बधियों, दस्तावेजों और भारतीय संविधान को तैयार करने में उल्लेखनीय हस्तियों के योगदान का एक समृद्ध प्रदर्शन प्रदान करती है। -
नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को घोषणा की कि मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए होने वाली नीट-यूजी (राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा-स्नातक) को फिलहाल ऑनलाइन मोड में आयोजित न करने का फैसला किया गया है। सरकार ने स्पष्ट किया कि इस परीक्षा का आयोजन “पेन और पेपर मोड” में जारी रहेगा। शिक्षा और स्वास्थ्य मंत्रालय के बीच इस मुद्दे पर विस्तृत विचार-विमर्श के बाद इस फैसले की घोषणा की गई कि नीट-यूजी को “पेन और पेपर मोड” में आयोजित किया जाए या फिर “ऑनलाइन मोड” में। राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी (एनटीए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “जैसा कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने निर्णय लिया है, नीट-यूजी एक ही दिन और एक ही पाली में (ओएमआर आधारित) “पेन और पेपर मोड” में आयोजित की जाएगी।” नीट किसी परीक्षा में बैठने वाले अभ्यर्थियों की संख्या के लिहाज से देश की सबसे बड़ी प्रवेश परीक्षा है। 2024 में रिकॉर्ड 24 लाख से ज्यादा अभ्यर्थियों ने यह परीक्षा दी थी। एनटीए मेडिकल पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए हर साल नीट का आयोजन करता है। एमबीएसएस पाठ्यक्रम के लिए कुल 1,08,000 सीटें उपलब्ध हैं, जिनमें से लगभग 56,000 सरकारी अस्पतालों और करीब 52,000 निजी कॉलेज में हैं। दंत चिकित्सा, आयुर्वेद, यूनानी और सिद्ध में स्नातक पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए भी नीट के परिणामों का इस्तेमाल किया जाता है। नीट के लिए कंप्यूटर-आधारित टेस्ट (सीबीटी) का विकल्प अपनाने का प्रस्ताव नया नहीं है और पहले भी कई बार इस पर विचार किया जा चुका है। हालांकि, पिछले साल प्रश्नपत्र लीक विवाद के बाद परीक्षा सुधारों को लेकर दबाव बढ़ गया है। नीट और पीएचडी प्रवेश परीक्षा नेट में कथित अनियमितताओं को लेकर आलोचनाओं के बीच, केंद्र सरकार ने जुलाई में एनटीए द्वारा परीक्षाओं का पारदर्शी, सुचारू और निष्पक्ष संचालन सुनिश्चित करने के लिए एक पैनल का गठन किया था। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के पूर्व प्रमुख आर राधाकृष्णन की अध्यक्षता वाले उच्च-स्तरीय पैनल ने सिफारिश की थी कि नीट-यूजी के लिए बहु-चरणीय परीक्षण एक व्यवहार्य संभावना हो सकती है, जिस पर आगे काम करने की जरूरत है।
-
वाशिंगटन/नयी दिल्ली. अमेरिकी निवेश एवं अनुसंधान कंपनी हिंडनबर्ग रिसर्च ने अपना कारोबार समेट लिया है। इसके संस्थापक नैट एंडरसन ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। उद्योगपति गौतम अदाणी और उनके समूह के खिलाफ रिपोर्ट जारी करने के बाद यह कंपनी चर्चा में आ गई थी। हिंडनबर्ग की शुरुआत 2017 में की गई थी। एंडरसन (40) ने यह घोषणा डोनाल्ड ट्रंप के अमेरिका के नए राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेने से कुछ ही दिन पहले की है। हालांकि, उन्होंने अपने निर्णय के पीछे काम में गहन संलिप्तता को कारण बताया है, लेकिन आलोचकों ने जॉर्ज सोरोस के साथ हिंडनबर्ग के कथित संबंधों और आगामी ट्रंप प्रशासन के भारी दबाव को इसकी मुख्य वजह करार दिया है। इस खबर के आने के बाद अदाणी समूह के मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) जुगेशिंदर रॉबी सिंह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘ कितने गाज़ी आए, कितने गाज़ी गए।'' हिंडनबर्ग ने जनवरी, 2023 में एक रिपोर्ट प्रकाशित की थी जिसमें अदाणी समूह पर ‘‘कॉरपोरेट इतिहास में सबसे बड़ा घोटाला करने'' का आरोप लगाया गया था। समूह पर शेयरों के भाव में हेराफेरी तथा वित्तीय गड़बड़ियों का आरोप लगाया गया था। इस रिपोर्ट के आने के बाद समूह की कंपनियों के बाजार मूल्यांकन में 150 अरब अमेरिकी डॉलर की गिरावट आई थी। अदाणी समूह ने हालांकि इन सभी आरोपों का खंडन किया था।
एंडरसन ने कंपनी की वेबसाइट पर साझा किए एक पत्र में लिखा, ‘‘ इसके पीछे कोई खास वजह नहीं है..कोई खतरा नहीं, कोई स्वास्थ्य समस्या नहीं और कोई व्यक्तिगत समस्या नहीं है। इस काम में जो अत्यधिक संलिप्तता से मैं बाकी दुनिया और उन लोगों से दूर हो रहा था जिनकी मुझे परवाह है। अब मैं हिंडनबर्ग को अपने जीवन का एक अध्याय मानता हूं, न कि कोई ऐसी चीज जो मुझे परिभाषित करती है।'' एंडरसन ने लिखा, ‘‘ हमने कुछ ऐसे साम्राज्यों को हिला दिया, जिन्हें हिलाने की हमें जरूरत महसूस हुई।'' उन्होंने लिखा कि नियामकों द्वारा जिन लोगों पर दीवानी या आपराधिक आरोप लगाए गए हैं, उनमें अरबपति और कुलीन वर्ग के लोग शामिल हैं। अगले छह महीनों में वह हिंडनबर्ग के मॉडल पर वीडियो और सामग्रियों की एक श्रृंखला पर काम करने की योजना बना रहे हैं, ताकि अन्य लोग जान सकें कि कंपनी ने जांच कैसे की। उन्होंने कहा, ‘‘ फिलहाल मैं यह सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित करूंगा कि हमारे दल का हर सदस्य वहां पहुंचे जहां वे आगे बढ़ना चाहते हैं। इसलिए अगले छह महीने में, मैं हमारे मॉडल के हर पहलू और हम अपनी जांच कैसे करते हैं, इसके बारे में ‘ओपन-सोर्स' के लिए सामग्री तथा वीडियो की एक श्रृंखला पर काम करने की योजना बना रहा हूं।'' ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल' को दिए गए एक साक्षात्कार में एंडरसन ने कहा कि वह अपने शौक पूरे करने, यात्रा करने और अपनी मंगेतर तथा उनके बच्चे के साथ समय बिताने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने भविष्य के लिए पर्याप्त धन जोड़ लिया है। वह अपने पैसे को कम तनाव वाले निवेश में लगाने की योजना बना रहे हैं। अमेरिका संसद की न्यायिक समिति के सदस्य रीप लांस गुडेन के अमेरिकी न्याय मंत्रालय से उद्योगपति गौतम अदाणी और उनके समूह की कंपनियों के खिलाफ जो बाइडन प्रशासन में चलाए गए ‘‘चुनिंदा अभियोजन'' के संबंध में सभी रिकॉर्ड सुरक्षित रखने का अनुरोध करने के कुछ दिन बाद एंडरसन ने कंपनी को बंद करने की घोषणा की है। अदाणी के खिलाफ हिंडनबर्ग रिपोर्ट ने भारत में राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया था। हालांकि, उच्चतम न्यायालय ने इसपर आधारित वादियों की याचिका को खारिज कर दिया था और समय के साथ अदाणी समूह ने मजबूत परिचालन प्रदर्शन तथा शेयरों में हुए नुकसान की भरपाई के साथ खोई हुई जमीन वापस पा ली। निवेशक अजय बग्गा ने कहा कि हिंडनबर्ग एक ‘ग्रे जोन' में काम कर रहा था, नकारात्मक रिपोर्ट प्रकाशित कर रहा था और ऐसी स्थिति उत्पन्न कर रहा था कि शेयरों के दाम में गिरावट पर खरीद की जाए (शॉर्ट पोजीशन) जिसमें ‘हेज फंड' के माध्यम से भी निवेश करना शामिल था, जो अपनी स्थिति का खुलासा नहीं कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘‘ ऐसे निवेशक (शॉर्ट सेलर्स) शायद ही कभी स्थायी लाभ कमा पाते हैं। यही कारण है कि जो कुछ लोग ऐसा करते हैं, जैसे कि 2008 में हुआ, उसकी चर्चा होती है। लंबी अवधि में कुछ ही लाभ कमा पाते हैं। नियामकीय कार्रवाई हो सकती है और दंड से बचने का एक तरीका चुपचाप कारोबार समेटना हो सकता है। उम्मीद है कि उन पर मुकदमा चलाया जाएगा और अगर उनके खिलाफ कोई नियामकीय या कानूनी कार्रवाई जारी है तो उन्हें इतनी आसानी से नहीं छोड़ा जाएगा। -
प्रयागराज। महाकुंभ में 10 देशों के 21 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने संगम क्षेत्र में स्थित विभिन्न अखाड़ों का दौरा किया। इस यात्रा में उन्होंने न केवल महाकुंभ के धार्मिक महत्व को समझा बल्कि भारतीय संस्कृति के अद्भुत पहलुओं को भी अनुभव किया। त्रिवेणी संगम में डुबकी लगाने के बाद प्रतिनिधि दल ने समूचे महाकुंभ क्षेत्र का दौरा किया, जिससे उन्हें इस विशाल धार्मिक आयोजन की व्यापकता देखने को मिली।
भव्य इंतजाम के लिए योगी सरकार की जमकर प्रशंसा कीअंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने दुनिया के इस सबसे बड़े आयोजन के भव्य इंतजाम के लिए योगी सरकार की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महाकुंभ दुनिया को एकता का संदेश दे रहा है। भारतीय संस्कृति को देखने और समझने के लिए सभी देशों के लोगों को यहां महाकुंभ नगर जरूर आना चाहिए।कुंभ दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजनसंयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की प्रतिनिधि सैली एल अजाब ने कहा कि वो मध्य पूर्व से भारत आई हैं। यह एक अद्भुत क्षण है। यह दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक आयोजन है। यहां सब कुछ पूरी तरह से व्यवस्थित है। उन्होंने महाकुंभ की भव्यता की तारीफ करते हुए बताया कि यह आयोजन न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया को एकता का संदेश दे रहा है। उन्हें यहां करोड़ों श्रद्धालुओं और उनकी विधिवत सुरक्षा व्यवस्था को देखकर भारतीय संस्कृति की महानता का अहसास हुआ।अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि संतों के विचारों से प्रभावित हुएअंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि दल ने विभिन्न अखाड़ों का भी भ्रमण किया। यहां उन्होंने साधु-संतों से मुलाकात की और महाकुंभ के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व के बारे में जाना। साधु-संतों ने महाकुंभ की प्राचीन परंपराओं, अखाड़ों की भूमिका और भारतीय संस्कृति की महिमा के बारे में विस्तार से जानकारी दी। अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि संतों के विचारों से गहरे प्रभावित हुए और उन्होंने भारतीय धार्मिक परंपराओं के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।महाकुंभ सामाजिक एवं सांस्कृतिक एकता के प्रतीकमहाकुंभ का आयोजन न केवल धार्मिक दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण है, बल्कि यह एक सांस्कृतिक और सामाजिक संदर्भ में भी एकता का प्रतीक है। महाकुंभ के दौरान 10 देशों के 21 प्रतिनिधियों ने इस आयोजन की भव्यता और उसकी वैश्विक पहचान को नजदीक से महसूस किया। महाकुंभ ने दुनिया को यह संदेश दिया कि दुनिया के विभिन्न कोनों से लोग एकत्रित हो सकते हैं, भले ही उनकी सांस्कृतिक पृष्ठभूमि अलग-अलग क्यों न हो।विदेशी प्रतिनिधि भारतीय संस्कृति को देखकर अभिभूत नजर आएमहाकुंभ में फिजी, फिनलैंड, गुयाना, मलेशिया, मॉरीशस, सिंगापुर, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, त्रिनिदाद और टोबैगो और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के प्रतिनिधि पहुंचे हैं। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि दल ने महाकुंभ का दौरा करके भारतीय संस्कृति की विविधता और धार्मिक एकता का अनुभव किया। सभी यहां की संस्कृति से अभिभूत नजर आए। उनके लिए यह यात्रा न केवल एक धार्मिक अनुभव है, बल्कि एक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहर में हिस्सा लेने का भी एक शुभ अवसर है। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जनवरी को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में ‘भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो 2025’ का उद्घाटन करेंगे। यह देश का सबसे बड़ा मोबिलिटी एक्सपो है जो मोबिलिटी क्षेत्र के सभी पहलुओं को एक मंच पर लाने का प्रयास करेगा। यह एक्सपो 17 से 22 जनवरी तक तीन स्थानों भारत मंडपम और यशोभूमि (दिल्ली) और इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट (ग्रेटर नोएडा) पर आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन में 9 शो, 20 से अधिक कॉन्फ्रेंस और पवेलियन होंगे। इसके साथ ही, विभिन्न राज्यों के विशेष सत्रों में मोबिलिटी क्षेत्र में उनकी नीतियों और योजनाओं को पेश किया जाएगा।
यह आयोजन वैश्विक महत्व पर केंद्रित रहेगा जिसमें दुनियाभर से प्रदर्शक और विजिटर शामिल होंगे। यह एक उद्योग-नेतृत्व वाली और सरकार-समर्थित पहल है जिसे इंजीनियरिंग एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (EEPC) भारत और अन्य साझेदार संगठनों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है।गौरतलब है कि भारत में ऑटोमोबाइल की बिक्री ने 2024 में 11.6% की वृद्धि दर्ज की, जिससे कुल बिक्री 2.5 करोड़ यूनिट पर पहुंच गई। यह अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा है। यह वृद्धि मुख्य रूप से दोपहिया वाहनों की बिक्री में 14.5% की बढ़ोतरी के कारण हुई जिसमें 1.95 करोड़ यूनिट्स की बिक्री हुई। यात्री वाहनों और तीन-पहिया वाहनों ने भी रिकॉर्ड तोड़ बिक्री दर्ज की है। 2024 में, भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा कार बाजार बना रहा। अक्टूबर से दिसंबर तिमाही में, यात्री वाहनों, वाणिज्यिक वाहनों और तीन-पहिया वाहनों ने अब तक की सबसे अधिक वृद्धि दर्ज किए। -
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट 2002 के गोधरा ट्रेन अग्निकांड मामले की सुनवाई 13 फरवरी को करेगा। जस्टिस जेके माहेश्वरी की अध्यक्षता वाली बेंच ने कहा कि अब इस मामले पर आगे कोई स्थगनादेश नहीं दिया जाएगा। 27 फरवरी 2002 को साबरमती एक्सप्रेस के एस-6 बोगी में आग लगाई गई थी जिसमें 58 लोगों की मौत हो गई थी। साबरमती एक्सप्रेस अयोध्या से कारसेवकों को लेकर आ रही थी।
आपको बता दें, इस मामले में गुजरात सरकार के अलावा कई दोषियों ने गुजरात हाई कोर्ट के फैसले को चुनौती दी है। गुजरात सरकार ने कहा है कि वो उन 11 दोषियों की फांसी की सजा की मांग कर रहा है जिनकी सजा कम कर उम्रकैद में तब्दील कर दिया गया है।27 फरवरी 2002 को साबरमती एक्सप्रेस के एस-6 बोगी में आग लगाई गई थी जिसमें 58 लोगों की मौत हो गई थी। साबरमती एक्सप्रेस अयोध्या से कारसेवकों को लेकर आ रही थी। गोधरा की इस घटना के बाद गुजरात में सांप्रदायिक दंगे हुए थे।इस मामले में ट्रायल कोर्ट ने 2011 में 31 लोगों को दोषी करार दिया था। इनमें से 11 को फांसी की सजा और 20 को उम्रकैद की सजा हुई थी। इस मामले में 63 अन्य आरोपितों को बरी कर दिया गया था। 2017 में गुजरात हाई कोर्ट ने ट्रायल कोर्ट से फांसी की सजा मिले 11 दोषियों की सजा कम करते हुए उम्रकैद में बदल दिया था और 20 को मिली उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा था। - नयी दिल्ली। इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो 26 जनवरी को 76वें गणतंत्र दिवस समारोहों में मुख्य अतिथि होंगे। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। सुबियांतो राष्ट्रपति के तौर पर 25 से 26 जनवरी तक भारत की अपनी पहली यात्रा पर होंगे। विदेश मंत्रालय ने कहा कि एक व्यापक रणनीतिक साझेदार के रूप में इंडोनेशिया, भारत की ‘एक्ट ईस्ट नीति’ और हिंद-प्रशांत के उसकी दृष्टि का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है। विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के निमंत्रण पर इंडोनेशिया गणराज्य के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो 25-26 जनवरी के दौरान भारत की राजकीय यात्रा करेंगे।’’ मंत्रालय के बयान में कहा गया, ‘‘राष्ट्रपति प्रबोवो भारत के 76वें गणतंत्र दिवस समारोहों में मुख्य अतिथि भी होंगे।’’बयान के अनुसार, ‘‘भारत और इंडोनेशिया के बीच हजारों वर्षों से मधुर और मैत्रीपूर्ण संबंध हैं।’’विदेश मंत्रालय ने कहा कि इंडोनेशिया के राष्ट्रपति की आगामी यात्रा दोनों देशों के नेतृत्व को द्विपक्षीय संबंधों की व्यापक समीक्षा करने के साथ-साथ परस्पर हितों के क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करने का अवसर प्रदान करेगी। भारत हर साल अपने गणतंत्र दिवस समारोह में शरीक होने के लिए विश्व नेताओं को आमंत्रित करता है।पिछले साल, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों गणतंत्र दिवस समारोहों में मुख्य अतिथि थे, जबकि मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी 2023 के समारोहों में शामिल हुए थे।कोविड-19 महामारी के मद्देनजर 2021 और 2022 में गणतंत्र दिवस समारोहों में कोई मुख्य अतिथि नहीं थे।वर्ष 2020 में, ब्राजील के तत्कालीन राष्ट्रपति जायर बोल्सोनारो गणतंत्र दिवस समारोहों में मुख्य अतिथि थे। 2019 में, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा गणतंत्र दिवस परेड में मुख्य अतिथि थे, वहीं 2018 में सभी 10 आसियान देशों के नेताओं ने समारोह में भाग लिया।वर्ष 2017 में, आबू धाबी के क्राउन प्रिंस शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान समारोह में मुख्य अतिथि थे, वहीं 2016 में फ्रांस के तत्कालीन राष्ट्रपति फ्रांस्वा ओलांद समारोह में शरीक हुए थे।वर्ष 2015 में, अमेरिका के तत्कालीन राष्ट्रपति बराक ओबामा मुख्य अतिथि थे। 2014 में, जापान के तत्कालीन प्रधानमंत्री शिंजो आबे समारोह में मुख्य अतिथि थे। भूटान के राजा जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक 2013 में गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल हुए थे।गणतंत्र दिवस समारोहों में भाग ले चुके राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों में फ्रांस के निकोलस सरकोजी (2008) और जैक्स शिराक (1998) तथा रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन भी शामिल हैं।नेल्सन मंडेला 1995 में दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति के रूप में समारोह में शामिल हुए थे। गणतंत्र दिवस समारोहों में शामिल हुए अन्य विश्व नेताओं में 1999 में नेपाल के राजा बीरेंद्र बीर बिक्रम शाह देव, 2003 में ईरान के तत्कालीन राष्ट्रपति मोहम्मद खातमी, 2011 में इंडोनेशिया के तत्कालीन राष्ट्रपति सुसीलो बामबांग युधोयोनो और 1991 में मालदीव के राष्ट्रपति मौमून अब्दुल गयूम हैं।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आठवें वेतन आयोग के गठन को मंजूरी प्रदान की है। जल्द ही इसके अध्यक्ष और दो सदस्यों को नियुक्त किया जाएगा।8वां वेतन आयोग केंद्र सरकार के कर्मचारियों के वेतन और भत्तों की करता है मंजूरी प्रदान
केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गुरुवार को कैबिनेट से जुड़ी पत्रकार वार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने आठवें वेतन आयोग को मंजूरी दी है। वेतन आयोग केंद्र सरकार के कर्मचारियों के वेतन और भत्तों की मंजूरी प्रदान करता है। इसकी सिफारिशों पर सरकार कर्मचारियों को वेतन प्रदान करती है।इससे पहले सातवें वेतन आयोग की सिफारिश को 2016 में किया गया था लागूकेंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि 1947 के बाद से नियमित अंतराल पर वेतन आयोग का गठन किया गया है। अब तक सात वेतन आयोग गठित किया जा चुके हैं। सातवें वेतन आयोग की सिफारिश को 2016 में लागू किया गया था। इसका कार्यकाल 2026 में पूरा होने जा रहा है। इससे पहले 2025 में समय से इसकी समीक्षा करने और तय समय पर सिफारिशें लागू करने के लिए वित्त आयोग की स्थापना की गई है। - नयी दिल्ली. केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने बुधवार को कहा कि रोजगार सृजन को बढ़ावा देने के लिए प्रत्येक विश्वविद्यालय में सार्वजनिक-निजी भागीदारी के तहत मॉडल करियर सेवा केंद्र स्थापित किए जाएंगे। ये केंद्र करियर के बारे में परामर्श प्रदान करेंगे और देश में विभिन्न क्षेत्रों में नौकरी चाहने वाले छात्रों के लिए उद्योग के साथ संबंध जोड़ेंगे। उन्होंने ‘नौकरियों का भविष्य, ‘कल के कार्यबल को साझा करना: एक गतिशील दुनिया में विकास को आगे बढ़ाना' विषय पर आयोजित उद्योग मंडल भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के सम्मेलन को संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने गुरुग्राम में एक मॉडल करियर परामर्श केंद्र बनाने की सीआईआई की पहल की सराहना की। मांडविया ने कहा, ‘‘इस प्रकार का मॉडल केंद्र पीपीपी के अंतर्गत होना चाहिए...मैं सीआईआई, फिक्की और एसोचैम जैसे उद्योग मंडलों के माध्यम से जहां भी उनकी पहुंच हो, हर विश्वविद्यालय में एक करियर परामर्श केंद्र स्थापित करना चाहता हूं।'' उन्होंने सुझाव दिया कि केंद्र स्थापित करने के लिए परिसर विश्वविद्यालय देंगे। जबकि कौशल और काम उद्योग मंडल और स्थानीय उद्योग निकाय करेंगे। लॉजिस्टिक मदद रोजगार मंत्रालय उपलब्ध कराएगा। मंत्री ने कहा कि नौकरियों की कोई कमी नहीं है। नौकरी चाहने वालों को केवल दिशानिर्देश की जरूरत है।उन्होंने कहा, हमारे पास कौशल के साथ-साथ जनशक्ति भी है। हमें एक परिवेश बनाने की जरूरत है। धन सृजित करने वालों का सम्मान किया जाना चाहिए। जब धन सृजित होता है तब रोजगार सृजित होता है।'' मांडविया ने कहा कि नेशनल करियर सर्विस पोर्टल पर पांच लाख नौकरियां उपलब्ध हैं।उन्होंने सुझाव दिया, हमें कौशल विकास के बारे में सोचने की जरूरत है। हमें उपलब्ध काम और कौशल की मांग के आधार पर एक कुशल कर्मचारी तैयार करने की जरूरत है।'' मंत्री ने रोजगार की परिभाषा में बदलाव की जरूरत पर भी जोर देते हुए कहा कि अपने घर या अपने क्षेत्र में काम करके संपत्ति बनाने वाले लोग भी नियोजित हैं। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि कार्यबल विश्लेषण के लिए एक कार्यबल होना चाहिए।
- नयी दिल्ली. ब्रह्मपुत्र साहित्य महोत्सव पहली बार असम से बाहर आयोजित होगा। इसका विशेष संस्करण 6 से 8 फरवरी तक नयी दिल्ली विश्व पुस्तक मेले में आयोजित किया जाएगा। आयोजकों ने कहा कि तीन दिन में 12 सत्रों में 42 वक्ता पूर्वोत्तर को परिभाषित करने वाली साहित्य, कला और विचारों की समृद्ध विरासत का बखान करेंगे। वक्ताओं में पुरस्कार विजेता लेखक अरूप कुमार दत्ता, रीता चौधरी और किनफम सिंग नोंगकिनरिह, लेखक-अनुवादक मित्रा फुकन और लेखक-कलाकार परिस्मिता सिंह शामिल हैं। भारत मंडपम के ‘आथर्स कॉर्नर' में आधारशिला ट्रस्ट यह महोत्सव आयोजित करेगा और इसके सत्र प्रतिदिन अपराह्न तीन बजे से शुरू होंगे। आयोजकों ने कहा कि यह एक विशेष संस्करण है और यह महोत्सव अगले वर्ष असम में पुनः आयोजित किया जाएगा।महोत्सव का समापन कवि, गीतकार और शिक्षाविद मैत्रेयी पातर की प्रस्तुति के साथ संगीतमय माहौल में होगा। महोत्सव निदेशक एवं आधारशिला ट्रस्ट संस्थापक रीता चौधरी ने कहा कि इस महोत्सव में पुराने और नए लोगों को एक मंच प्रदान करके ‘‘हमारे राज्य, क्षेत्र और देश की सर्वश्रेष्ठ प्रस्तुतियों की झलक पेश की जाएगी।



.jpg)

















.jpg)





