- Home
- देश
-
नई दिल्ली। सरकार ने इस जून 2024 यूजीसी-नेट परीक्षा रद्द कर दी है। यह परीक्षा बाद में नए सिरे से आयोजित की जाएगी जिसकी जानकारी अलग से दी जाएगी।भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र द्वारा दी गई जानकारी के बाद यूजीसी-नेट परीक्षा रद्द की गई है क्योंकि परीक्षा की सत्यनिष्ठा से समझौता नहीं हो सकता। यह मामला गहन जांच के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो को सौंपा जा रहा है।
राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी ने 18 जून को देश के विभिन्न शहरों में दो पालियों में यूजीसी-नेट परीक्षा आयोजित की थी। गृह मंत्रालय के भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र की राष्ट्रीय साइबर अपराध विश्लेषण इकाई को कल परीक्षा में गड़बड़ी की कुछ जानकारी मिली थी जिसके बाद इसे रद्द कर दिया गया। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज से जम्मू-कश्मीर के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह केंद्र शासित प्रदेश में 1500 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 84 प्रमुख विकासात्मक परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे। श्री मोदी आज श्रीनगर में “इम्पावरिंग यूथ, ट्रांसफॉर्मिंग जम्मू-कश्मीर” कार्यक्रम में भाग लेंगे।
प्रधानमंत्री दो हजार से अधिक लोगों को सरकारी सेवा के लिए नियुक्ति पत्र प्रदान करेंगे। वह 1800 करोड़ रुपये की कृषि और संबद्ध क्षेत्रों में प्रतिस्पर्धात्मकता सुधार परियोजना का भी शुभारंभ करेंगे। श्री मोदी कल श्रीनगर में दसवें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेंगे और इस अवसर पर आयोजित सभा को संबोधित करेंगे। -
तीन से चार दिन के अंदर छत्तीसगढ़ में मानसून
नयी दिल्ली. भारत में एक जून से मानसून अवधि की शुरुआत के बाद से 20 प्रतिशत कम बारिश हुई है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने यह जानकारी दी। मौसम विभाग ने बताया कि अगले तीन से चार दिनों में महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, ओडिशा, आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों, उत्तर-पश्चिमी बंगाल की खाड़ी, बिहार और झारखंड के कुछ हिस्सों में मानसून आने की स्थिति बन रही हैं। मौसम विभाग ने बताया कि भारत में एक से 18 जून के बीच 64.5 मिमी बारिश हुई, जो लंबी अवधि के 80.6 मिमी के औसत (एलपीए) से 20 प्रतिशत कम है। मौसम विभाग ने बताया कि एक जून से अब तक उत्तर-पश्चिम भारत में 10.2 मिमी बारिश (सामान्य से 70 प्रतिशत कम), मध्य भारत में 50.5 मिमी (सामान्य से 31 प्रतिशत कम), दक्षिण प्रायद्वीप में 106.6 मिमी (सामान्य से 16 प्रतिशत अधिक) तथा पूर्व एवं उत्तर-पूर्व भारत में 146.7 मिमी (सामान्य से 15 प्रतिशत कम) बारिश हुई। दक्षिण-पश्चिम मानसून 19 मई को निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में पहुंच गया था। इसके बाद 26 मई को चक्रवात रेमल के साथ ही मानसून दक्षिण के अधिकांश हिस्सों और बंगाल की खाड़ी के मध्य के कुछ हिस्सों तक पहुंचा था। केरल और पूर्वोत्तर राज्यों में सामान्य से क्रमशः दो और छह दिन पहले 30 मई को मानसून ने दस्तक दे दी थी। केरल, कर्नाटक, गोवा, आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के सभी हिस्सों, दक्षिणी महाराष्ट्र के अधिकतर क्षेत्रों, दक्षिणी छत्तीसगढ़, दक्षिणी ओडिशा के कुछ भागों, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के अधिकतर हिस्सों, सिक्किम और सभी पूर्वोत्तर राज्यों के अधिकांश हिस्सों में 12 जून तक मानसून दस्तक दे चुका था। आईएमडी ने कहा, ‘‘उपरोक्त क्षेत्रों तक पहुंचने के बाद मानसून आगे नहीं बढ़ा...।''
आईएमडी ने बताया कि देश के 11 मौसम उप-प्रभागों में एक से 18 जून के बीच सामान्य से लेकर बहुत अधिक बारिश हुई है, जबकि 25 उप-प्रभागों में बहुत कम बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक, देश भर में जून में औसत बारिश सामान्य से कम होने की संभावना है। -
भदोही (उप्र) जिले में बारात के दौरान दो अज्ञात लोगों ने दूल्हे पर कथित रूप से तेजाब फेंक दिया जिससे दूल्हे के अलावा दो बच्चे भी गंभीर रूप से झुलस गये। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक तेजवीर सिंह ने बताया कि शहर कोतवाली स्थित मोढ़ पुलिस चौकी इलाके से सुदामा गौतम (24) की बारात मंगलवार रात जिले के सुरयावा इलाके के तुलापुर बहादुरान गांव में सभाजीत गौतम के यहां गई थी। बारात में बग्गी पर दूल्हे सुदामा के साथ आर.के. बौद्ध (पांच) और जे.के. बौद्ध (आठ) भी बैठे थे।
उन्होंने बताया कि एक मोटरसाइकिल से आये दो युवक बग्गी पर चढ़े और दूल्हे पर तेजाब फेंक दिया। सिंह ने बताया कि घटना में दूल्हा और उसके पास बैठे दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गये। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि तीनों को आधी रात को ही वाराणसी के ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां से बुधवार दोपहर सभी को वाराणसी में ही दीन दयाल उपाध्याय अस्पताल रेफर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि इस मामले में मुकदमा दर्ज कर तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है। -
राजगीर (बिहार) .प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों की सूची में शामिल प्राचीन नालंदा के खंडहरों का बुधवार को दौरा किया। प्राचीन नालंदा के खंडहरों में मठ और शिक्षण संस्थान के पुरातात्विक अवशेष शामिल हैं। इसमें स्तूप, मंदिर, विहार (आवासीय और शैक्षणिक भवन) तथा प्लास्टर, पत्थर और धातु से बनी महत्वपूर्ण कलाकृतियां शामिल हैं। नालंदा भारतीय उपमहाद्वीप का सबसे प्राचीन विश्वविद्यालय है। प्रधानमंत्री आज यहां नालंदा विश्वविद्यालय के नए परिसर का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री के नालंदा दौरे के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण पटना सर्किल की अधीक्षण पुरातत्वविद् गौतमी भट्टाचार्य ने प्रधानमंत्री को प्राचीन खंडहरों के बारे में जानकारी दी। मोदी ने नालंदा दौरे से पहले सुबह सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘ यह हमारे शिक्षा क्षेत्र के लिए बहुत खास दिन है। आज राजगीर में नालंदा विश्वविद्यालय के नए परिसर का उद्घाटन किया जाएगा। नालंदा का हमारे गौरवशाली अतीत से गहरा नाता है। यह विश्वविद्यालय निश्चित रूप से युवाओं की शैक्षिक आवश्यकताओं को पूरा करने में बहुत मददगार साबित होगा।'' विश्वविद्यालय का नया परिसर नालंदा के प्राचीन खंडहरों के स्थल के करीब है। इस परिसर की स्थापना नालंदा विश्वविद्यालय अधिनियम, 2010 के माध्यम से की गई थी। इस अधिनियम में विश्वविद्यालय की स्थापना के लिए 2007 में फिलीपीन में आयोजित दूसरे पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में लिए गए एक निर्णय को लागू करने का प्रावधान किया गया था। नालन्दा विश्वविद्यालय की स्थापना पाँचवीं शताब्दी में हुई थी जिसने दुनिया भर से छात्रों को आकर्षित किया था। विशेषज्ञों के अनुसार, 12वीं शताब्दी में आक्रमणकारियों द्वारा नष्ट किए जाने से पहले यह प्राचीन विश्वविद्यालय 800 वर्षों तक फलता-फूलता रहा। नए विश्वविद्यालय ने 2014 में 14 छात्रों के साथ एक अस्थायी स्थान पर काम करना शुरू किया। विश्वविद्यालय का निर्माण कार्य 2017 में शुरू हुआ। इस विश्वविद्यालय में भारत के अलावा 17 अन्य देशों.. ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, भूटान, ब्रुनेई, दारुस्सलाम, कंबोडिया, चीन, इंडोनेशिया, लाओस, मॉरीशस, म्यांमा, न्यूजीलैंड, पुर्तगाल, सिंगापुर, दक्षिण कोरिया, श्रीलंका, वियतनाम और थाईलैंड की भागीदारी है। इन देशों ने विश्वविद्यालय के समर्थन में समझौता ज्ञापनों पर हस्ताक्षर किए हैं।
विश्वविद्यालय अंतरराष्ट्रीय छात्रों को 137 छात्रवृत्तियाँ प्रदान करता है।
शैक्षणिक वर्ष 2022-24, 2023-25 के लिए स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम और 2023-27 के पीएचडी पाठ्यक्रम के लिए नामांकित अंतरराष्ट्रीय छात्रों में अर्जेंटीना, बांग्लादेश, भूटान, कंबोडिया, घाना, इंडोनेशिया, केन्या, लाओस, लाइबेरिया, म्यांमा, मोजाम्बिक, नेपाल, नाइजीरिया, कांगो गणराज्य, दक्षिण सूडान, श्रीलंका, सर्बिया, सिएरा लियोन, थाईलैंड, तुर्किये, युगांडा, अमेरिका, वियतनाम और जिम्बाब्वे के विद्यार्थी शामिल हैं। विश्वविद्यालय में छह अध्ययन केंद्र हैं जिनमें बौद्ध अध्ययन, दर्शन और तुलनात्मक धर्म स्कूल; ऐतिहासिक अध्ययन स्कूल; पारिस्थितिकी और पर्यावरण अध्ययन स्कूल; और सतत विकास और प्रबंधन स्कूल शामिल हैं। -
अयोध्या.अयोध्या में राम मंदिर की सुरक्षा में तैनात एक सुरक्षाकर्मी की बुधवार सुबह अपने ही हथियार से चली गोली लगने से मौत हो गई । एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि जांच की जा रही है कि यह घटना आकस्मिक है या आत्महत्या की है। पुलिस के मुताबिक घटना बुधवार सुबह 5.25 बजे घटी।
पुलिस महानिरीक्षक प्रवीण कुमार ने बताया कि विशेष सुरक्षा बल (एसएसएफ) का जवान शत्रुघ्न विश्वकर्मा (25) यहां कोटेश्वर मंदिर के सामने वीआईपी गेट के पास तैनात था। पुलिस ने कहा कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सब कुछ स्पष्ट हो पाएगा।
पुलिस महानिरीक्षक ने कहा कि इस बात की जांच की जा रही है कि यह घटना आकस्मिक है या आत्महत्या की है।
पिछले साल 25 अगस्त को घटी इसी तरह की घटना में राम जन्मभूमि की सुरक्षा में तैनात पीएसी (प्रांतीय सशस्त्र कांस्टेबुलरी) के एक कांस्टेबल की गोली लगने से मौत हो गयी थी। तब भी बताया गया था कि उन्हें अपने ही सर्विस हथियार से गोली लगी थी। -
नयी दिल्ली. केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के एक दल द्वारा 14,800 फुट की ऊंचाई पर अपनी जान जोखिम में डालकर एक अमेरिकी पैराग्लाइडर का शव खोज कर लाने के लिए चलाये गये अभियान की सराहना की और कहा मानवता के प्रति बल का समर्पण प्रशंसनीय है। शाह ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि आईटीबीपी की 'माउंटेन रेस्क्यू टीम' ने हाल ही में लाहौल और स्पीति की दुर्गम चोटियों पर एक चुनौतीपूर्ण खोज अभियान चलाया और एक अमेरिकी नागरिक का शव वापस लेकर आए, जिनकी पैराग्लाइडिंग करते हुए एक दुर्घटना में मौत हो गई थी। उन्होंने कहा, ''स्थानीय प्रशासन के अनुरोध पर आईटीबीपी दल के सदस्यों ने पहाड़ पर 14,800 फुट की चढ़ाई की और अपनी जान जोखिम में डालकर मानवता की भावना दिखाते हुए शव को वापस ले आए।'' शाह ने कहा कि मानवता के प्रति ‘आपका समर्पण प्रशंसनीय' है।
गृहमंत्री ने कहा कि उन्हें ‘बहादुर हिमवीरों' पर गर्व है। आईटीबीपी कर्मियों को ‘हिमवीरों'' के नाम से भी जाना जाता है।ट्रेवर बोकस्टाहलर (31) नाम का अमेरिकी पैराग्लाइडर लाहौल और स्पीति के निकट लापता हो गया था, जिसका शव 48 घंटे के सबसे चुनौतीपूर्ण बचाव अभियानों में से एक के बाद सोमवार को आईटीबीपी के जवानों ने खोजा और नीचे लेकर आए। -
कपूरथला (पंजाब) . जिले के टिब्बा गांव के पास मोटरसाइकिल और स्कूटर की आमने-सामने हुई टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए हैं। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। यह दुर्घटना सोमवार रात को हुई। इस हादसे में घायल हुए तीन लोगों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात' का प्रसारण 30 जून से फिर से शुरू होगा। उन्होंने लोगों से इसके लिए अपने विचार और सुझाव साझा करने का आग्रह किया। उन्होंने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘यह बताते हुए खुशी हो रही है कि चुनाव के कारण कुछ महीनों के अंतराल के बाद मन की बात वापस आ गया है! इस महीने का कार्यक्रम रविवार, 30 जून को होगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं आप सभी से इसके लिए अपने विचार और सुझाव साझा करने का आह्वान करता हूं।''प्रधानमंत्री मोदी का यह मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात' आखिरी बार 25 फरवरी को प्रसारित किया गया था और फिर लोकसभा चुनाव संपन्न होने तक इसके प्रसारण पर विराम लगा दिया गया था। कार्यक्रम के 110वें संस्करण में मोदी ने पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं से चुनाव में रिकॉर्ड संख्या में मतदान करने की अपील की थी और कहा था कि उनका पहला वोट देश के नाम होना चाहिए। निर्वाचन आयोग की आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) के दिशानिर्देश के अनुसार सरकार की ओर से आधिकारिक कार्यक्रमों या सार्वजनिक वित्त पोषित मंचों का उपयोग किसी ऐसी चीज के लिए नहीं हो सकता है, जिससे सत्तारूढ़ पार्टी का प्रचार हो या उसे राजनीतिक लाभ मिलता दिखाई दे।
- नयी दिल्ली। भारतीय सेना ने अपनी तरह की पहली त्वचा बैंक सुविधा शुरू की है जिसका उद्देश्य सैन्यकर्मियों और उनके परिवारों के लिए गंभीर रूप से जलने और अन्य त्वचा संबंधी रोगों के उपचार में क्रांतिकारी बदलाव लाना है। रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि त्वचा बैंक में प्लास्टिक सर्जन, ऊतक इंजीनियर और विशेष तकनीशियनों सहित उच्च प्रशिक्षित चिकित्सा पेशेवरों की एक टीम काम करेगी। उसने कहा कि यहां सेना अस्पताल (रिसर्च एंड रेफरल) ने सशस्त्र बल चिकित्सा सेवा में अपनी तरह की पहली त्वचा बैंक सुविधा खोलने की घोषणा की है। चिकित्सा सेवा महानिदेशक (डीजीएमएस) (सेना) और कर्नल कमांडेंट लेफ्टिनेंट जनरल अरिंदरम चटर्जी ने इस त्वचा बैंक के उद्घाटन को सेना के सदस्यों के स्वास्थ्य और कल्याण के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 जून को श्रीनगर में 10वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेंगे। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का विषय है- स्वयं और समाज के लिए योग। केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने आज नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि इस वर्ष का विषय- व्यक्तिगत और सामाजिक कल्याण को बढ़ावा देने में योग की दोहरी भूमिका के महत्व को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में लाखों लोगों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से समुदायों पर योग के गहरे प्रभाव का पता चलता है।
इस अवसर पर, श्री जाधव ने दृष्टिबाधित लोगों की सुविधा के लिए ब्रेल लिपि में एक सामान्य योग प्रोटोकॉल पुस्तक का विमोचन किया। उन्होंने योग पर प्रोफेसर आयुष्मान कॉमिक का लोकार्पण भी किया। यह पुस्तक बच्चों को रुचि और मनोरंजन के साथ योग सीखने और अभ्यास करने में मदद करेगी।एक विशेष पहल के रूप में, इस वर्ष भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन-इसरो अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एक अनूठी पहल ‘अंतरिक्ष के लिए योग’ का आयोजन कर रहा है। इसरो के सभी वैज्ञानिक और अधिकारी सामान्य योग प्रोटोकॉल दिशानिर्देशों के अनुसार एक साथ योग करेंगे। गगनयान मिशन के सदस्य भी योगाभ्यास करके अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के वैश्विक अभियान में शामिल होंगे।योग के क्षेत्र में प्रौद्योगिकी और स्टार्ट-अप को बढ़ावा देने के लिए आयुष मंत्रालय ने माई गॉव पोर्टल और माई भारत पोर्टल पर योगा टेक चैलेंज शुरू किया है। इसका उद्देश्य योग से संबंधित उपकरण, सॉफ्टवेयर और सहायक उत्पाद विकसित करने वाले स्टार्ट-अप और व्यक्तियों की पहचान करना तथा उन्हें बढ़ावा देना है। -
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम में आज भीषण गर्मी और लू का रेड अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश, पंजाब, बिहार, झारखंड, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ और पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों तथा हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान में कल तक भीषण गर्मी जारी रहेगी।
इस बीच, पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र, सिक्किम, असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में अगले चार दिन के दौरान तेज वर्षा का अनुमान व्यक्त किया गया है। इसी अवधि में पश्चिम भारत में गुजरात, गोवा और महाराष्ट्र में गरज के साथ हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है और तेज हवाएं चल सकती हैं। ऐसी ही स्थिति दक्षिण भारत में कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, तमिलनाडु, पुडुचेरी और लक्षद्वीप में अगले चार दिन के दौरान रहेगी। -
नई दिल्ली। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के 10वें संस्करण से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोशल मीडिया पर भद्रासन करते हुए अपना एक वीडियो पोस्ट किया। वीडियो साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि भद्रासन जोड़ों को मजबूत करने और घुटनों में दर्द को कम करने के लिए कारगर है, साथ ही पेट के लिए भी लाभकारी है। वीडियो में स्वास्थ्य लाभों के साथ-साथ अंग्रेजी और हिंदी दोनों भाषाओं में आसन की प्रक्रिया के बारे में बताया गया है।
-
एटा (उप्र) . जिले के रिजोर थाना क्षेत्र में गंगा दशहरा के मौके पर सोरो घाट से स्नान कर लौट रहे श्रद्धालुओं की कार की एक ट्रैक्टर से भीषण टक्कर हो गयी जिससे दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गयी तथा दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस के एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि थाना रिजोर क्षेत्र के एटा-शिकोहाबाद मार्ग स्थित ईशन नदी के पास स्थित पुलिया के निकट एक ऑल्टो कार तथा ट्रैक्टर में टक्कर हो गई। उन्होंने बताया कि इस हादसे में कार सवार दो महिलाओं सरला (60) और उनकी पुत्रवधू पिंकी सिंह (35) तथा गिरीश सिंह की मौत हो गई और गोविंद तथा दया गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, एटा में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि सरला और पिंकी रिश्ते में सास-बहू थीं तथा नेहरु पैलेस शिकोहाबाद की निवासी थी। यह लोग कार से सोरो गंगा घाट पर गंगा दशहरा के मौके पर स्नान करने आये थे। सिंह ने बताया कि मामले में अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।
-
कोलकाता. केंद्रीय कानून और न्याय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) अर्जुन राम मेघवाल ने रविवार को विपक्षी दलों के उन आरोपों को खारिज कर दिया कि नए आपराधिक कानून लागू करने का फैसला लेने से पहले पर्याप्त विचार विमर्श नहीं किया गया। नए आपराधिक कानून एक जुलाई से लागू किए जाएंगे। मेघवाल ने कहा कि भारतीय दंड संहिता, दंड प्रक्रिया संहिता और साक्ष्य अधिनियम के स्थान पर भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम कानून लागू किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि नये कानूनों के क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रशिक्षण कार्यक्रम और बुनियादी ढांचे का विकास पहले से ही जारी है। मेघवाल ने रविवार को ‘आपराधिक न्याय प्रणाली प्रदान करने में भारत का प्रगतिशील मार्ग' कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र के दौरान कहा, "समय पर, त्वरित और त्रुटिरहित न्याय प्रदान करने के लिए तीन नए कानून एक जुलाई से लागू होंगे।" मेघवाल ने कहा, "कुछ लोग दावा करते हैं कि उनसे परामर्श नहीं किया गया, यह गलत है। औपनिवेशिक कानूनों में बदलाव की मांग लंबे समय से चली आ रही है और यह प्रक्रिया बहुत पहले शुरू हो गई थी।" मंत्री ने बताया कि सभी राज्यों से सुझाव मांगे गए थे, लेकिन केवल 18 राज्यों और छह केंद्र शासित प्रदेशों ने ही जवाब दिया। उन्होंने कहा, ‘‘भारत के प्रधान न्यायाधीश, 16 उच्च न्यायालयों के मुख्य न्यायाधीशों, पांच विधि अकादमियों और 22 विधि विश्वविद्यालयों ने भी अपने सुझाव दिए।'' मेघवाल ने कहा, "हमने सभी सांसदों से संपर्क किया, लेकिन दोनों सदनों के केवल 142 सदस्यों ने ही जवाब दिया। देश भर के सभी विधायकों से भी सुझाव मांगे गए, लेकिन केवल 270 ने ही जवाब दिया। हमने व्यापक रूप से परामर्श किया, लेकिन सभी ने जवाब नहीं दिया।" उन्होंने कहा, "ये कानून चार वर्षों के गहन विचार-विमर्श के बाद तैयार किए गए। कोई परामर्श नहीं किए जाने के दावे झूठे हैं। गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में 58 बैठक हुईं और अच्छी तरह विचार विमर्श किया गया।
-
गाजियाबाद . जिले के मुरादनगर थाना क्षेत्र में रविवार को एक ट्रक की चपेट में आने से चार लोगों की मौत हो गयी और 18 अन्य घायल हो गये। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अपर पुलिस उपायुक्त (यातायात) वीरेन्द्र कुमार ने बताया कि रविवार सुबह एक वाहन सोनीपत से ईंट भट्टा मजदूरों को लेकर हरदोई की तरफ जा रहा था और जब यह वाहन मुरादनगर थाना इलाके के पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे से होकर गुजर रहा था तो कुछ लोग लघुशंका के लिए उतरे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि ‘‘इस बीच पीछे से आ रहे एक ट्रक ने वाहन को टक्कर मार दी जिससे वाहन पलट गया और चार लोगों की मृत्यु हो गई एवं 18 लोग घायल हो गये।'' उन्होंने बताया कि वाहन में 35 यात्री सवार थे। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान मायादेवी (45), इरशाद (30), नजुमन (60) और शमीना (20) के रूप में हुई है। ये सभी हरदोई जिले से थे। उन्होंने बताया कि घायलों को तत्काल नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया उसके बाद उन्हें गाजियाबाद जिला अस्पताल रेफर किया गया। बेहतर इलाज के लिए इनमें से नौ लोगों को दिल्ली के जीटीबी अस्पताल भेजा गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सुरक्षा एजेंसियों को सफलता हासिल करने के लिए कश्मीर की तर्ज पर जम्मू संभाग में भी क्षेत्र प्रभुत्व और आतंकवाद की गतिविधियों पर पूरी तरह से लगाम लगाने की नीति (जीरो टेरर प्लान) को लागू करने का रविवार को निर्देश दिया। शाह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी नीत सरकार नए तरीकों से आतंकवादियों पर नकेल कसने के लिए प्रतिबद्ध है।
सूत्रों ने बताया कि केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में हाल में हुए आतंकवादी हमलों के मद्देनजर सुरक्षा स्थिति की समीक्षा के लिए बुलाई गई एक उच्चस्तरीय बैठक में गृह मंत्री ने अधिकारियों से ये बातें कहीं। शाह ने 29 जून से शुरू होने जा रही वार्षिक अमरनाथ तीर्थयात्रा की तैयारियों की भी समीक्षा की।
सूत्रों ने बताया कि गृह मंत्री को जम्मू-कश्मीर के मौजूदा हालात के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई और आने वाले दिनों में सुरक्षाबल वहां आतंकवाद रोधी अभियान तेज कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों के खिलाफ अभियान प्रधानमंत्री के निर्देशानुसार चलाया जाएगा।
शाह ने यहां नॉर्थ ब्लॉक में उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इससे तीन दिन पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी इसी मुद्दे पर एक बैठक की थी, जिसमें उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिया था। बैठक में राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा, सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, अगले सेना प्रमुख के तौर पर नामित लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी, केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला, गुप्तचर ब्यूरो के निदेशक तपन डेका, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के महानिदेशक अनीश दयाल सिंह, बीएसएफ के महानिदेशक नितिन अग्रवाल, जम्मू-कश्मीर पुलिस के महानिदेशक आर आर स्वैन और अन्य शीर्ष सुरक्षा अधिकारी शामिल हुए। सूत्रों ने बताया कि पिछले शुक्रवार को हुई एक बैठक में शाह को जम्मू-कश्मीर में सुरक्षा स्थिति, अंतरराष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा पर सुरक्षाबलों की तैनाती, घुसपैठ की कोशिशों, आतंकवाद रोधी अभियानों की स्थिति और केंद्र शासित प्रदेश में सक्रिय आतंकवादियों के बारे में जानकारी दी गई थी। आतंकवादियों ने पिछले चार दिनों में जम्मू-कश्मीर के रियासी, कठुआ और डोडा जिलों में चार स्थानों पर हमले किए, जिनमें नौ तीर्थयात्रियों और सीआरपीएफ के एक जवान की मौत हो गई तथा सात सुरक्षाकर्मी और कई अन्य घायल हो गए। कठुआ जिले में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़ में दो संदिग्ध पाकिस्तानी आतंकवादी भी मारे गए और उनके पास से भारी मात्रा में हथियार और गोला-बारूद बरामद हुआ। आतंकवादियों ने नौ जून को तीर्थयात्रियों की एक बस पर उस समय गोलीबारी की, जब यह शिवखोड़ी मंदिर से कटरा की ओर जा रही थी। इस बस में उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली के श्रद्धालु सवार थे। गोलीबारी के बाद बस गहरी खाई में गिर गई थी, जिसमें नौ लोगों की मौत हो गई थी और 41 अन्य घायल हो गए थे। आतंकवादियों ने 11 जून को भद्रवाह में राष्ट्रीय राइफल्स और पुलिस की संयुक्त चौकी पर गोलीबारी की थी। आतंकवादियों ने 12 जून को डोडा जिले के गंडोह क्षेत्र में एक तलाशी दल पर हमला किया था, जिसमें एक पुलिसकर्मी सहित सात सुरक्षाकर्मी घायल हो गए थे। इन हमलों के मद्देनजर प्रधानमंत्री मोदी ने 13 जून को गृह मंत्री के साथ सुरक्षा बलों की तैनाती तथा आतंकवाद रोधी अभियानों पर चर्चा की। प्रधानमंत्री ने जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल से भी वार्ता की थी और केंद्र शासित प्रदेश की स्थिति के बारे में जानकारी ली थी। ये घटनाएं दक्षिण कश्मीर हिमालय में अमरनाथ गुफा मंदिर की वार्षिक तीर्थयात्रा से पहले हुई हैं। यह यात्रा 29 जून से शुरू होने वाली है और 19 अगस्त तक जारी रहेगी। अमरनाथ के लिए तीर्थयात्री जम्मू कश्मीर में दो मार्गों-बालटाल और पहलगाम से यात्रा करते हैं। - पटना। बिहार के पटना जिले के बाढ़ अनुमंडल में उमानाथ गंगा घाट के पास रविवार सुबह एक नौका हादसे के बाद 13 व्यक्तियों को बचाया गया है, जबकि और चार अभी भी लापता हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। पटना जिला प्रशासन ने एक बयान में कहा, "अब तक 13 लोगों को बचा लिया गया है, जिनमें वे लोग भी शामिल हैं, जो तैरकर किनारे तक पहुंचने में सफल रहे। चार लापता लोगों की तलाश के लिए बचाव अभियान अभी भी जारी है।" बाढ़ के उपसंभागीय मजिस्ट्रेट (एसडीएम) शुभम कुमार ने संवाददाताओं को बताया, "यह हादसा उमानाथ गंगा घाट के पास सुबह करीब सवा नौ बजे उस समय हुआ, जब 17 लोगों को ले जा रही नाव बीच नदी में पलट गई। अब तक 13 लोगों को बचा लिया गया है, चार अब भी लापता हैं।" कुमार ने कहा, "चार लापता व्यक्तियों की तलाश के लिए अभियान जारी है। उनकी पहचान अवधेश कुमार (60), हरदेव प्रसाद (65), नीतीश कुमार (30) और 45 वर्षीय एक महिला के रूप में की गई है।" एसडीएम ने कहा, "जिला प्रशासन ने लापता व्यक्तियों का पता लगाने के लिए बिहार राज्य राहत बल और राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के कर्मियों को लगाया है।" इस बीच, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अधिकारियों को लापता व्यक्तियों का पता लगाने के लिए अपने खोज अभियान को तेज करने का निर्देश दिया। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक बयान के अनुसार, "मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया है कि लापता व्यक्तियों के मिलने तक तलाश अभियान जारी रखा जाए।"
- आगरा। उत्तर प्रदेश के आगरा के थाना मलपुरा क्षेत्र के अंतर्गत दक्षिणी बाईपास पर रविवार को एक पिकअप वाहन का पंक्चर टायर बदल रहे दो युवकों को तेज रफ्तार से आ रहे एक ट्रक ने रौंद दिया, जिससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक इस घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में लोगों ने पुलिस को इस बारे में सूचना दी। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को मार्ग से हटवाया और मृतक दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस दुर्घटना के एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि पिकअप वाहन का टायर बदल रहे दो युवकों को तेज गति से आते ट्रक ने रौंद दिया और उसके बाद ट्रक का चालक फरार हो गया। इस दुर्घटना के संबंध में थाना मलपुरा के निरीक्षक ईश्वर सिंह तोमर ने बताया कि पुलिस मार्ग पर दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को हटवाया और दोनों युवकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा दिया है। मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गयी है वह पहुंचने वाले हैं। पुलिस आरोपी ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
- गाजियाबाद (उप्र),। गाजियाबाद के लोनी इलाके में रविवार तड़के ट्रेन की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) भास्कर वर्मा ने बताया, "लोनी बॉर्डर थाना क्षेत्र के संगम विहार कॉलोनी निवासी आसिफ (26), गुड्डु (20) और गौतमबुद्ध नगर जिले के दादरी कस्बे के देवेश (26) के शव दिल्ली-शामली मार्ग पर रेलवे ट्रैक पर पाए गए।" उन्होंने बताया कि सुबह साढ़े पांच बजे रेलवे कर्मचारियों ने शव देखे। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक देवेश और गुड्डु लोनी में ई-रिक्शा चलाते थे जबकि आसिफ दिहाड़ी मजदूर था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- नयी दिल्ली। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रीजीजू ने 18वीं लोकसभा का पहला सत्र शुरू होने से एक सप्ताह पहले रविवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे से मुलाकात की। रीजीजू ने कांग्रेस प्रमुख के 10, राजाजी मार्ग स्थित आवास पर खरगे से मुलाकात की। इस मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया गया है। मंत्री ने बाद में ‘एक्स' पर एक पोस्ट में बैठक की एक तस्वीर साझा की।उन्होंने पोस्ट में कहा, ‘‘राज्यसभा में विपक्ष के नेता एवं कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे जी के साथ मेरी शिष्टाचार मुलाकात हुई। उन्होंने अपने जीवन के कई बहुमूल्य अनुभव मेरे साथ साझा किए। हम सब मिलकर देश के लिए काम करेंगे।'' पिछले सप्ताह मंत्रालय का कार्यभार संभालते हुए रीजीजू ने कहा था कि सरकार या विपक्ष को संख्या बल के आधार पर एक-दूसरे को नीचा दिखाने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा था कि संसद के सुचारू संचालन के लिए वह सभी से संपर्क करेंगे। अठारहवीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून से शुरू होगा और इस दौरान निचले सदन के नए सदस्य शपथ लेंगे और अध्यक्ष का चुनाव होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 27 जून को लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी और अगले पांच वर्ष के लिए नई सरकार के कामकाज की रूपरेखा प्रस्तुत करेंगी। सत्र तीन जुलाई को संपन्न होगा।
- चंडीगढ़, । पंजाब के मोहाली के जीरकपुर स्थित एक गुरुद्वारे में प्रदेश सरकार की कैबिनेट मंत्री अनमोल गगन मान ने रविवार को एक अधिकवक्ता शाहबाज सिंह सोही के साथ शादी के बंधन में बंध गयी । विवाह समारोह में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान समेत आम आदमी पार्टी (आप) के कई नेता शामिल हुए।गायक से नेता बनी अनमोल (34) पंजाब विधानसभा चुनाव में खरड़ विधानसभा से विधायक चुनी गयीं।पहली बार की विधायक के पास पर्यटन और संस्कृति, निवेश प्रोत्साहन, श्रम और आतिथ्य विभाग है ।राजनीति में आने से पहले अनमोल एक गायक थीं ।
- नयी दिल्ली।. केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भुज के स्मृतिवन को प्रतिष्ठित ‘वर्ल्ड सेलेक्शन फॉर द प्रिक्स वर्सेलिज' में सात सबसे खूबसूरत संग्राहलयों में स्थान मिलने को शनिवार को गौरवशाली क्षण बताया। शाह ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि प्रतिष्ठित ‘प्रिक्स वर्सेलिज पुरस्कार के तहत स्मृतिवन को सूचीबद्ध करने से दुनिया भर में उन लोगों की यादें फैलेगी, जिन्होंने 2001 में भुज में आए भूकंप में अपनी जान गंवा दी थी। उन्होंने कहा, ‘‘कच्छ के स्मृतिवन को प्रतिष्ठित ‘वर्ल्ड सेलेक्शन फॉर द प्रिक्स वर्सेलिज म्यूजियम 2024' में स्थान मिलना एक गौरवशाली क्षण है।'' उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की दृष्टि के अनुरुप स्मृतिवन एक ऐसा संग्रहालय है जहां 2001 के भीषण भूकंप में जान गंवाने वाले लोगों की स्मृतियों को संजोया गया है। ‘वर्ल्ड सेलेक्शन फॉर द प्रिक्स वर्सेलिज म्यूजियम' 2024 में इसे शामिल किये जाने से उन लोगों की स्मृति पूरी दुनिया में फैलेगी।'' प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी ‘वर्ल्ड सेलेक्शन फॉर द प्रिक्स वर्सेलिज म्यूजियम 2024' में गुजरात के स्मृतिवन स्मारक को शामिल किए जाने की सराहना की।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने की 30 तारीख को आकाशवाणी पर ‘मन की बात’ कार्यक्रम में देश-विदेश के लोगों के साथ अपने विचार साझा करेंगे। यह मासिक रेडियो कार्यक्रम की 111वीं कड़ी होगी। श्री मोदी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री के रूप में दोबारा चुने जाने के बाद यह पहला मन की बात कार्यक्रम होगा। इस कार्यक्रम के लिए श्रोता टोल फ्री नंबर 18 00-11-78 00 के माध्यम से अपने विचार और सुझाव दे सकते हैं।
-
नई दिल्ली। गंगा दशहरा के अवसर पर आज उत्तर प्रदेश में प्रयागराज, वाराणसी, हरिद्वार, गढ़मुक्तेश्वर सहित विभिन्न गंगा घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखी गई। बड़ी संख्या में लोग आज तड़के ही स्नान के लिए घाटों पर पहुंचे। इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। विभिन्न गंगा घाटों पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुटी। लोग सवेरे से ही स्नान के लिए घाटों पर पहुंचे।
गंगा दशहरा को देखते हुए उत्तर प्रदेश में विशेष प्रबंध किए गए। पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने गंगा दशहरा पर स्नान के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश दिए।हर वर्ष ज्येष्ठ शुक्ल दशमी तिथि को गंगा दशहरा का त्योहार मनाया जाता है। मान्यताओं के अनुसार, अपने पूर्वजों के उद्धार के लिए भागीरथ इसी दिन गंगा को धरती पर लेकर आए थे। तभी से गंगा दशहरा पर मां गंगा की पूजा और इसमें आस्था की डुबकी लगाने की परंपरा चली आ रही है। गंगा दशहरा पर गंगा में स्नान कर दान-पुण्य करना अत्यधिक शुभ माना जाता है।

.jpg)








.jpg)







.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)




.jpg)