- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रिक्स वर्सेल्स म्यूजियम 2024 के लिए दुनिया के सग्रहालयों में स्मृतिवन भूकंप संग्रहालय को सूचीबद्ध किए जाने पर शनिवार को खुशी जताई। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘कच्छ में स्मृतिवन उन लोगों के लिए एक श्रद्धांजलि है जिन्हें हमने 2001 के दुखद भूकंप में खो दिया था। यह मानव की जीवटता और साहस की भी याद दिलाता है।'' मोदी ने कहा, ‘‘मुझे खुशी है कि इस संग्रहालय को प्रिक्स वर्सेल्स म्यूजियम 2024 के लिए दुनिया के संग्रहालयों की सूची में जगह मिली है।'' '
-
कोच्चि. कुवैत स्थित एनबीटीसी समूह के प्रबंध निदेशक के.जी. अब्राहम ने शनिवार को कहा कि उनकी कंपनी के कर्मचारियों की भीषण अग्निकांड में हुई मौत दुर्भाग्यपूर्ण है और कंपनी पीड़ितों के परिवारों का ध्यान रखेगी। एक इमारत में आग लगने के कारण अब्राहम की कंपनी के कर्मचारियों की मौत हो गई थी। जिस इमारत में आग लगी, उसमें कंपनी की तरफ से कर्मचारियों के रहने की व्यवस्था की गई थी। इस हादसे में 46 भारतीयों समेत 50 लोगों की जान चली गयी थी। घटना के तीन दिन बाद यहां मीडिया को संबोधित करते हुए अब्राहम भावुक हो गए और उन्होंने कहा, “हमें बहुत खेद है”। उन्होंने कहा, “हमें बहुत खेद है। हमें बहुत दुख है। मैं अपने घर में रो रहा था। मैं उनमें से अधिकतर लोगों को जानता हूं। हमारे साथ 27 वर्षों से अधिक समय से काम कर रहे लोग थे। जो हुआ वह वास्तव में दुर्भाग्यपूर्ण था।” अब्राहम ने कहा कि उनकी कंपनी के निदेशक और प्रबंधक इस समय मृतकों के प्रत्येक परिवार के सदस्य से मिल रहे हैं और अपना दुख व्यक्त कर रहे हैं। अब्राहम ने कहा, “यह हमारी ओर से कोई गलती नहीं थी, लेकिन फिर भी हम इसकी जिम्मेदारी लेंगे। वे हमारे साथ रह रहे थे और काम कर रहे थे। उन्होंने कंपनी बनाई। वे हमारा परिवार हैं।” उन्होंने कहा कि मुआवजा वितरण की प्रक्रिया के लिए दूतावासों के साथ चर्चा चल रही है।
उन्होंने कहा, “हम जल्द ही मुआवजे के तौर पर प्रति मृतक के परिजनों को आठ लाख रुपये वितरित करेंगे और उन्हें कंपनी की बीमा राशि भी मिलेगी। हम परिवारों के बारे में चिंतित हैं और उनकी सहायता करेंगे तथा उन्हें नौकरी भी देंगे।” अब्राहम ने इस आरोप को भी खारिज कर दिया कि इमारत में क्षमता से अधिक लोग रह रहे थे। उन्होंने कहा कि लीज पर ली गई इमारत में तीन-तीन बेडरूम वाले 24 अपार्टमेंट थे और वहां केवल 160 कर्मचारी रहते थे। उन्होंने कहा, “वहां की खबरों के अनुसार, यह घटना भूतल पर सुरक्षा गार्ड के कमरे में शॉर्ट-सर्किट के कारण हुई। जैसा कि कुछ लोगों ने दावा किया था, लेकिन कोई गैस विस्फोट नहीं हुआ था। इमारत में खाना नहीं बनाया जा रहा था।” अब्राहम ने कहा कि इमारत इतनी पुरानी नहीं थी और इसके कर्मचारियों के लिए आवास और भोजन निःशुल्क था।
उन्होंने कहा कि चूंकि मौतें दुर्घटना के कारण हुईं, इसलिए पीड़ितों के परिवारों को चार साल के वेतन के बराबर बीमा राशि मिलेगी। एनबीटीसी ने इससे पहले एक बयान में कहा था कि वह कुवैत के मंगफ स्थित अपने एक आवासीय परिसर में हुई इस दुखद घटना से बहुत स्तब्ध और दुखी है। कुवैत की जिस इमारत में 12 जून को आग लगी थी, उसमें 50 लोगों की मौत हो गई थी। फिलहाल 40 लोगों का इलाज चल रहा है। ‘सेंट्रल त्रावणकोर चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री' की वेबसाइट के अनुसार, एनबीटीसी कुवैत का सबसे बड़ा निर्माण समूह है। -
इस्लामाबाद. पाकिस्तान में महंगाई की मार झेल रहे लोगों को बड़ी राहत देते हुए सरकार ने ईद-उल-अजहा से पहले पेट्रोल और हाई-स्पीड डीजल (एचएसडी) की कीमतों में क्रमश: 10.20 पाकिस्तानी रुपये और 2.33 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर की कटौती की है। एक्सप्रेस ट्रिब्यून अखबार ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री कार्यालय के एक बयान के हवाले से बताया कि कटौती के बाद पेट्रोल की कीमत 258.16 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर और एचएसडी की कीमत 267.89 पाकिस्तानी रुपये प्रति लीटर होगी। कटौती शनिवार से प्रभावी है। पाकिस्तान का वित्त विभाग आमतौर पर हर 15 दिन में ईंधन की कीमतों की समीक्षा करता है। विभाग ने ताजा मूल्य कटौती के लिए एक आधिकारिक अधिसूचना जारी की और कहा कि नई कीमतें अगले पखवाड़े तक लागू रहेंगी।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इटली से आज सवेरे नई दिल्ली वापस आ गए हैं। प्रधानमंत्री ने इस यात्रा को सार्थक बताया है। एक सोशल मीडिया पोस्ट में उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान वैश्विक नेताओं के साथ विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। विदेश मंत्रालय ने कहा कि इस यात्रा में जी-7 संगठन के अंतर्गत प्रमुख वैश्विक मुद्दों पर सार्थक बातचीत हुई। मंत्रालय ने कहा कि इस दौरान शिखर सम्मेलन में भाग लेने वाले देशों के साथ भारत की साझेदारी प्रगाढ़ हुई है। प्रधानमंत्री ने यात्रा के दौरान जी-7 शिखर सम्मेलन में भाग लिया। उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक, फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की सहित कई वैश्विक नेताओं के साथ द्विपक्षीय वार्ता की।
-
नई दिल्ली। झारखण्ड सरकार ने दो लाख रुपये तक का कृषि ऋण माफ करने निर्णय लिया है। इससे राज्य के एक लाख 91 हजार से अधिक किसानों को राहत मिलेगी। झारखंड के कृषि मंत्री बादल पत्रलेख ने कल बैंकर समिति की एक बैठक में बैंकों से कहा कि वे ऋण माफी का प्रस्ताव प्रस्तुत करें। श्री पत्रलेख ने कहा कि किसानों द्वारा 31 मार्च 2020 तक लिये गये पचास हजार रुपये से दो लाख रुपये तक के ऋण को एकमुश्त निपटान के तौर पर माफ कर दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि वर्ष 2021-22 में राज्य सरकार ने पचास हजार रुपये तक के फसल ऋण को माफ करने की घोषणा की थी।
- भुवनेश्वर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को ओडिशा के लोगों को राजा उत्सव की शुभकामनाएं दीं। राजा उत्सव एक कृषि त्यौहार है जो अधिकतर राज्य के तटीय क्षेत्र में मनाया जाता है।राष्ट्रपति ने कहा कि ओडिशा के लोग मिट्टी और बादलों के प्रति सम्मान के रूप में यह त्योहार मनाते हैं।राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, ‘‘इस कृषि महोत्सव के अवसर पर मैं राज्य और देश के लोगों के लिए सुख, शांति और समृद्धि की कामना करती हूं।’’मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने कहा, "ओडिशा की संस्कृति और परंपरा का यह अनूठा त्योहार सभी के जीवन में खुशी और आनंद लाए।"राज्य में शुक्रवार से तीन दिनों तक राजा उत्सव मनाया जाएगा।इस अवधि के दौरान ऐसा माना जाता है कि धरती माता मासिक धर्म से गुजरती है और मॉनसून के आगमन के साथ भविष्य की कृषि गतिविधियों के लिए खुद को तैयार करती है। ओडिशा पर्यटन विकास निगम (ओटीडीसी) ने त्योहार के दौरान 'पिठा' (मिठाई का एक प्रकार) उपलब्ध कराने के लिए विशेष व्यवस्था की है।
-
नई दिल्ली। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने महिला एवं बाल विकास मंत्रालय में केंद्रीय राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर के साथ दिल्ली में निर्मल छाया परिसर का दौरा किया। यहां केंद्र सरकार की प्रायोजित विभिन्न कल्याणकारी संस्थाएं स्थित हैं। दोनों मंत्रियों के साथ महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के सचिव श्री अनिल मलिक भी थे।
उन्होंने बालिकाओं के लिए बाल गृह, महिलाओं के लिए देखभाल गृह और बाल कल्याण समिति का दौरा किया, जो कठिन परिस्थितियों में बच्चों की परिवार आधारित गैर-संस्थागत देखभाल को बढ़ावा देने वाली संस्थाएं हैं। ये संस्थाएं मंत्रालय में मिशन वात्सल्य के तहत चलाई जाती हैं। केंद्रीय मंत्री ने इन केंद्रों में बच्चों से बातचीत की।उन्होंने वन स्टॉप सेंटर और महिला सशक्तिकरण के लिए संकल्प-हब का भी दौरा किया, जो क्रमशः महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए स्थापित संस्थान हैं और मंत्रालय के तत्वावधान में मिशन शक्ति का हिस्सा हैं।केंद्रीय मंत्री के साथ इस दौरान वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे और इन संस्थानों की क्षमताओं को और बेहतर बनाने के लिए विभिन्न पहलों पर चर्चा की गई। चर्चा में इस बात पर जोर दिया गया कि बाल अधिकारों की वकालत और जागरूकता के साथ-साथ किशोर न्याय देखभाल और संरक्षण प्रणाली को मजबूत करना, महिलाओं के नेतृत्व वाले विकास और 'कोई भी बच्चा पीछे न छूटे' के दृष्टिकोण को साकार करना प्रधानमंत्री की कल्पना के अनुरूप "विकसित भारत" के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आवश्यक है। - जयपुर। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने गुरुवार को कठिन परिस्थितियों में देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे जवानों की सराहना करते हुए कहा कि उनके साहस और बलिदान के कारण ही सभी देशवासी चैन की नींद सो पाते हैं। धनखड़ गुरुवार को जैसलमेर दौरे के दौरान सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों से बातचीत कर रहे थे।उन्होंने कहा ‘‘आप लोगों का योगदान, आपकी तपस्या और कर्तव्यनिष्ठा अभिनंदनीय है, आप बेहद चुनौतीपूर्ण स्थिति में देश सेवा करते हो। बीएसएफ के जवानों के हौसले बढ़ाने में माताओं- बहनों का बहुत बड़ा योगदान है जिन्होंने दिल पर पत्थर रखकर कहा कि, ‘जाओ और अपने देश की रक्षा करो।’ धनखड़ ने कहा कि वे सैनिक स्कूल के छात्र रहे हैं, इसलिए जवानों के प्रति उनका बहुत स्नेह है।उन्होंने कहा कि जब मैंने यहां बच्चियों को देखा, तो कभी नहीं सोचा था कि हमारी बेटियाँ इतना उत्कृष्ट काम करेंगी।उन्होंने कहा ‘‘आज बेटियां कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ रहीं हैं। इस विषम परिस्थिति में भी राष्ट्र के प्रति आपका समर्पण अनुकरणीय है।’’इससे पहले धनखड़ और उनकी पत्नी डॉ. सुदेश धनखड़ का जैसलमेर हवाई अड्डे पहुंचने पर राज्य के संसदीय कार्य मंत्री जोगाराम पटेल और अन्य लोगों ने उनका स्वागत किया।वहां से वे हेलीकॉप्टर द्वारा तनोट माता मंदिर पहुंचे और सभी देशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए प्रार्थना की।इसके बाद उपराष्ट्रपति अंतरराष्ट्रीय सीमा पर स्थित बावलियांवाला पोस्ट पहुंचे और वहां तैनात बीएसएफ के जवानों से मुलाकात की।
- नोएडा,। उत्तर प्रदेश के नोएडा में बिजली की रीडिंग लेने के बहाने अज्ञात बदमाशों ने एक शेयर बाजार कारोबारी के घर में घुसकर लूट को अंजाम देने प्रयास किया। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।पुलिस के मुताबिक, शिकायत दर्ज कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।थाना बीटा-दो के प्रभारी निरीक्षक विद्युत गोयल ने बताया कि रोहित सिंह ने बृहस्पतिवार रात शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने बताया कि 11 जून को उनके घर पर दो लोग आए और खुद को एनपीसीएल कर्मचारी बताकर बिजली मीटर की रीडिंग लेने के लिए कहने लगे।सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि जब उन्होंने आरोपियों से पहचान पत्र दिखाने के लिए कहा तो इस बीच एक व्यक्ति ने तमंचा निकाल लिया और उनकी आंख पर निशाना साधते हुए जान से मारने की कोशिश की।सिंह के अनुसार, उनके हाथ में एक उपकरण था, जिसे उन्होंने आरोपी के ऊपर फेंक कर मारा और गेट बंद कर लिया।पुलिस ने शिकायतकर्ता के हवाले से बताया कि पीड़ित ने शोर मचाया तो बदमाश वहां से भाग गए।उन्होंने बताया कि भागते हुए बदमाशों की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गयीं। थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है और इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में लिया गया है।
-
नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव 26 जून को होगा। 18वीं लोकसभा का पहला सत्र 24 जून से शुरू हो रहा है। सत्र के दौरान नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जाएगी। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू लोकसभा और राज्यसभा की संयुक्त बैठक को संबोधित करेंगी और इसके बाद दोनों सदनों में उनके अभिभाषण पर चर्चा की जाएगी। राज्यसभा का सत्र 27 जून से शुरू होगा। संसद सत्र 3 जुलाई को समाप्त होगा।
-
नई दिल्ली। पांच दिवसीय हज यात्रा आज से शुरू हो गई है। जिसमें दुनिया भर से लगभग 20 लाख तीर्थयात्री सऊदी अरब के मीना में एकत्रित हो रहे हैं। हर वर्ष होने वाली हज यात्रा में भारत से एक लाख 75 हजार से अधिक तीर्थयात्री शामिल हो रहे हैं। इनमें से एक लाख 40 हजार बीस यात्री हज कमेटी ऑफ इंडिया के जरिए वहां पहुंच चुके हैं। इस साल सबसे ज्यादा पांच हजार भारतीय महिला तीर्थयात्री मेहरम या बिना किसी पुरुष अभिभावक के हज करेंगी। तीर्थयात्रियों ने मीना में इकट्ठा होने के लिए पवित्र शहर मक्का से अपनी यात्रा शुरू की। तीर्थयात्री वहां रात में रूकेंगे और कल भोर में हज की दिन की मुख्य रस्म नमाज़ पढ़ने के लिए अराफात के मैदानों की ओर बढ़ेंगे। भारतीय तीर्थयात्रियों को हज सुविधा मोबाइल ऐप के जरिए सूचना और शिकायत दर्ज कराने की सुविधा प्रदान की जा रही है।
-
नई दिल्ली। कुवैत में आग की घटना में मारे गए लोगों के शवों को लेकर भारतीय वायुसेना का विशेष विमान कोच्चि अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पहुंच गया। कुवैत से 45 भारतीय नागरिकों के शव कोच्चि शहर लाए गए हैं।कुवैत के मंगाफ में सात मंजिला इमारत में आग लगने से कम से कम 49 प्रवासी श्रमिकों की मौत हो गई और 50 अन्य घायल हो गए। इस इमारत में 196 प्रवासी श्रमिक रह रहे थे।
वायु सेना ने शवों को वापस लाने के लिए बृहस्पतिवार रात एक सी-130जे परिवहन विमान कुवैत भेजा था। कुवैत में भारतीय दूतावास के अनुसार, आग की घटना में मारे गए 45 भारतीयों में से केरल के 23, तमिलनाडु के सात, आंध्र प्रदेश और उत्तर प्रदेश के तीन-तीन, ओडिशा के दो और बिहार, पंजाब, कर्नाटक, महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, झारखंड तथा हरियाणा के एक-एक नागरिक हैं। कुवैत के अधिकारियों ने शवों की पहचान के लिहाज से डीएनए जांच करने के बाद उन्हें भारतीय अधिकारियों को सौंपा। कुवैत अग्निशमन बल ने बृहस्पतिवार को कहा कि बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से भयावह आग लगी।कुवैत के अधिकारियों ने कहा कि उन्होंने भारत के 45 और फिलीपीन के तीन नागरिकों के शवों की पहचान की है। कुवैत के गृह मंत्री शेख फहाद अल-यूसुफ अल-सबाह ने आग की घटना की जांच के आदेश दिए हैं और अग्निकांड का शिकार हुई अल-मंगाफ इमारत के मालिक को गिरफ्तार करने का आदेश जारी किया है।
-
नई दिल्ली। 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के 10वें संस्करण से पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर त्रिकोणासन का एक वीडियो साझा किया। वीडियो में स्वास्थ्य लाभ के लिए इस आसन को सिखाने की जानकारी दी गई है। प्रधानमंत्री ने कंधों, पीठ और एकाग्रता में सुधार के लिए त्रिकोणासन का अभ्यास करने की सलाह दी। त्रिकोणासन का अभ्यास जहां पीठ और कंधे को मजबूती देता है, वहीं एकाग्रता बढ़ाने में भी यह काफी मददगार है।
-
नई दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कथित तौर पर आईपीएल मैचों के अनाधिकृत प्रसारण और क्रिकेट तथा लोकसभा चुनावों को लेकर सट्टेबाजी सहित गतिविधियों में शामिल एक ऑनलाइन ऐप के कई परिसरों पर कल छापेमारी की।
मुंबई में कुछ लोगों और उनके स्थानों की भी तलाशी ली गई, जिन्होंने प्रचार के लिए टैलेंट मैनेजमेंट एजेंसियों के माध्यम से अभिनेताओं को दी गई राशि का शोधन करने में मदद की थी। ईडी के अनुसार, एजेंसी ने करीब आठ करोड़ रुपये की नकदी, बैंक खातों की जानकारी, डीमैट अकाउंट और लग्जरी घड़ियां जब्त की हैं। वहीं, कई अन्य आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल उपकरण भी बरामद किए गए हैं। इस मामले के संबंध में आईपीएल के आधिकारिक प्रसारणकर्ता वायकॉम 18 मीडिया ने मामला दर्ज कराया था।ß -
जयपुर। राजस्थान के अलवर जिले के अलवर सदर थाना क्षेत्र में प्रेम विवाह को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति और उसके बेटे की उनके रिश्तेदारों ने कथित तौर पर हत्या कर दी। अलवर पुलिस अधीक्षक आनंद शर्मा ने बताया कि मुख्य आरोपी दयाल सिंह ने बुधवार रात करीब एक बजे सूरज (50) और उसके बेटे रॉबिन (27) पर उनके घर के बाहर डंडे से हमला किया। सिर में चोट लगने के कारण दोनों की मौत हो गई। थानाधिकारी मोहन लाल ने बताया कि पीड़ित और आरोपी पड़ोसी व रिश्तेदार हैं। वे पंजाब के रहने वाले हैं। कुछ समय पहले रोबिन पंजाब से एक महिला के साथ प्रेम विवाह करके आया था जिसके कारण दोनों परिवारों में विवाद हो गया था। उन्होंने बताया कि बीती रात महिला के रिश्तेदार आरोपी दयाल सिंह ने पिता-पुत्र पर हमला कर दिया। उन्होंने बताया कि दयाल सिंह को मुख्य आरोपी बताते हुए 10 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। आरोपी दयाल सिंह को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
-
मथुरा (उप्र)। मथुरा जनपद में पुलिस एवं वन विभाग ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक कछुआ तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ‘इण्डियन फ्लैपशैल' प्रजाति के 22 कछुए बरामद किये हैं। पुलिस ने यह जानकारी देते हुए बताया कि एक अन्य तस्कर फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार पाण्डेय ने बताया कि वन्यजीवों की तस्करी की रोकथाम तथा तस्करी में संलिप्त अपराधियों की गिरफ्तारी हेतु चलाये गये अभियान के तहत कोसीकलां पुलिस ने वन विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए नन्दगांव रजवाह की पटरी से कछुआ तस्कर गिरोह की घेराबंदी कर आरोपी चांद खान को गिरफ्तार किया। पाण्डेय ने बताया कि आरोपी चांद खान के पास से ‘इण्डियन फ्लैपशैल' प्रजाति के 22 कछुए बरामद किये गए। उसके कब्जे से एक मोटर साइकिल व मोबाइल फोन भी मिला। उसके साथ मौजूद एक अन्य आरोपी तस्कर कन्नू भाग गया जिसकी तलाश की जा रही है। आरोपी चांद खान के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उल्लेखनीय है कि आरोपी चांद खान को वर्ष 2021 में भी कछुओं की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया गया था।
-
मुंबई। मुंबई के मलाड इलाके में एक व्यक्ति ने शिकायत की कि उसने ऑनलाइन ऑर्डर कर कोन आइस्क्रीम मंगाई थी, और उसे कोन के अंदर नाखून के साथ मांस का एक टुकड़ा मिला। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, संदेह है कि मांस का यह टुकड़ा मनुष्य की कटी उंगली है और इसे जांच के लिए भेजा गया है। उसने बताया कि यह घटना बुधवार को दोपहर में हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, ''मलाड पश्चिम में रहने वाले 26 वर्षीय एमबीबीएस डॉक्टर ने 'यम्मो कंपनी' की बटरस्कॉच कोन आइसक्रीम के लिए ऑनलाइन ऑर्डर दिया था। जब वह दोपहर में खाना खाने के बाद आइसक्रीम खा रहे थे तो कोन में से आधे इंच का एक मांस का टुकड़ा निकला, जिसमें नाखून भी था।'' उसने बताया कि स्नातकोत्तर की पढ़ाई कर रहे व्यक्ति ने यह मुद्दा उठाते हुए आइसक्रीम कंपनी के इंस्टाग्राम पेज पर इसकी शिकायत दर्ज कराई। अधिकारी ने बताया कि शिकायत करने पर कंपनी ने कोई उचित जवाब नहीं दिया, जिसके बाद शिकायतकर्ता ने मांस के टुकड़े को बर्फ की थैली में रखा और मलाड पुलिस थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने यम्मो आइसक्रीम कंपनी के अधिकारियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। अधिकारी ने कहा, ''संदेह है कि यह टुकड़ा मानव उंगली का हो सकता है। इसे फोरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है ताकि पता लगाया जा सके कि क्या यह मानव शरीर का हिस्सा है ?'' उन्होंने कहा कि इस मामले में आगे की जांच की जा रही है।
-
नयी दिल्ली। राजनाथ सिंह ने गुरुवार को रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद कहा कि नयी नरेन्द्र मोदी सरकार सशस्त्र बलों के आधुनिकीकरण और घरेलू रक्षा विनिर्माण को बढ़ावा देकर राष्ट्रीय सुरक्षा को और मजबूत बनाने की दिशा में अपना ध्यान केंद्रित करेगी। रक्षा मंत्री सिंह ने अगले पांच साल के लिए अपने दृष्टिकोण को रेखांकित करते हुए कहा कि सरकार 2028-29 तक रक्षा निर्यात को बढ़ाकर 50,000 करोड़ रुपये करने के लिए पूरा प्रयास करेगी, जो अभी 21,083 करोड़ रुपये है। उन्होंने लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए रक्षा मंत्रालय का कार्यभार संभालने के बाद संवाददाताओं से कहा कि सशस्त्र बलों को अत्याधुनिक हथियारों और प्रणालियों से लैस किया जा रहा है और वे हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार हैं। पूर्वी लद्दाख में चीन के साथ सीमा विवाद के बीच सिंह ने वीरता और प्रतिबद्धता के साथ राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए सैन्य कर्मियों की सराहना की। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में, हमारा लक्ष्य रक्षा विनिर्माण में आत्मनिर्भरता हासिल करने पर ध्यान केंद्रित करते हुए देश के सुरक्षा तंत्र को और मजबूत बनाना है।" सिंह ने संवाददाताओं से कहा, "सशस्त्र बलों का आधुनिकीकरण और सेवारत तथा सेवानिवृत्त दोनों सैनिकों का कल्याण हमारा मुख्य ध्यान बना रहेगा।" सिंह, अमित शाह, नितिन गडकरी और निर्मला सीतारमण सहित उन वरिष्ठ भाजपा नेताओं में से एक हैं, जिन्हें वही मंत्रालय दिए गए हैं जो पिछली सरकार में भी उनके पास थे। सिंह ने कहा कि सरकार भारत के रक्षा उत्पादन को बढ़ावा देने पर भी ध्यान केंद्रित करेगी। उन्होंने कहा, "वित्त वर्ष 2023-24 में हमारा रक्षा निर्यात रिकॉर्ड 21,083 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। यह ऐतिहासिक है। हमारा लक्ष्य 2028-2029 तक 50,000 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के रक्षा उपकरणों का निर्यात होगा।" सिंह का, साउथ ब्लॉक स्थित रक्षा मंत्रालय कार्यालय में प्रमुख रक्षा अध्यक्ष जनरल अनिल चौहान, थलसेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे, वायुसेना प्रमुख मार्शल वी आर चौधरी, नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश त्रिपाठी, रक्षा सचिव गिरिधर अरमाने और डीआरडीओ के अध्यक्ष समीर वी कामत ने स्वागत किया। कार्यभार संभालने के तुरंत बाद सिंह ने मंत्रालय की पहले 100 दिनों की कार्ययोजना पर एक बैठक की अध्यक्षता की।
-
नयी दिल्ली। इस साल जनवरी-मार्च के दौरान घर की कीमतों में वृद्धि के मामले में वैश्विक स्तर पर शीर्ष 44 शहरों में मुंबई तीसरे और दिल्ली पांचवें स्थान पर है। रियल एस्टेट परामर्श कंपनी नाइट फ्रैंक की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। नाइट फ्रैंक की पिछले साल समान अवधि की रिपोर्ट में मुंबई छठे और दिल्ली 17वें स्थान पर थी।
मनीला घरों की कीमतों के मामले में 26.2 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि के साथ पहले स्थान पर है, जबकि तोक्यो 12.5 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि के साथ दूसरे स्थान पर है। नाइट फ्रैंक ने अपनी रिपोर्ट ‘प्राइम ग्लोबल सिटीज इंडेक्स क्यू1, 2024' में कहा कि मुंबई में मार्च तिमाही में प्रमुख आवासीय खंडों की कीमतों में 11.5 प्रतिशत की सालाना वृद्धि हुई है। इस सूची में दिल्ली पिछले साल 17वें स्थान पर थी। इस साल जनवरी-मार्च तिमाही दिल्ली पांचवें स्थान पर है। हालांकि, बेंगलुरु की रैंकिंग में 2024 की पहली तिमाही में गिरावट रही और यह 17वें स्थान पर रहा। पिछले साल समान अवधि में बेंगलुरु 16वें स्थान पर था। जनवरी-मार्च में बेंगलुरु में घरों की कीमतों में 4.8 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। नाइट फ्रैंक ने कहा कि प्राइम ग्लोबल सिटीज इंडेक्स (पीजीसीआई) एक मूल्यांकन-आधारित सूचकांक है, जो अपने वैश्विक शोध नेटवर्क से आंकड़ों का उपयोग करके दुनियाभर के 44 शहरों में प्रमुख आवासीय कीमतों की चाल पर नज़र रखता है। नाइट फ्रैंक के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा कि आवासीय संपत्तियों के लिए मजबूत मांग का रुझान वैश्विक घटना रही है। उन्होंने कहा, ‘‘इन क्षेत्रों में अपने समकक्षों की तरह, प्राइम ग्लोबल सिटीज इंडेक्स पर मुंबई और नयी दिल्ली की बेहतर रैंकिंग बिक्री वृद्धि मात्रा में मजबूती से रेखांकित की गई थी। हमें उम्मीद है कि अगली कुछ तिमाहियों में बिक्री की गति स्थिर रहेगी क्योंकि आर्थिक स्थितियां मोटे तौर पर स्थिर रह सकती हैं। - इटानगर ।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता पेमा खांडू ने बृहस्पतिवार को लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। मुक्तो विधानसभा क्षेत्र से विधायक खांडू को राज्यपाल के टी परनाइक ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और कई अन्य नेताओं की मौजूदगी में शपथ दिलाई। खांडू के साथ 11 अन्य विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। भाजपा ने 60 सदस्यीय विधानसभा में 46 सीट पर जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार अरुणाचल प्रदेश की सत्ता में वापसी की है।
-
नई दिल्ली। अठारहवीं लोकसभा का पहला सत्र इस महीने की 24 तारीख से शुरू होगा। इस सत्र में नवनिर्वाचित सदस्यों को शपथ दिलाई जायेगी और लोकसभा अध्यक्ष का चुनाव किया जायेगा। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू संसद के दोनों सदनों को सम्बोधित करेंगी और उनके अभिभाषण पर चर्चा होगी। जबकि राज्यसभा का सत्र भी इस महीने की 27 तारीख को शुरू होगा। संसद सत्र अगले महीने की 3 तारीख को समाप्त होगा। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में यह जानकारी दी।
श्री किरेन रिजिजू ने कहा देश की जनता निर्णय ले चुकी है और अब देश की सेवा के लिए कार्य करना हमारा कर्तव्य है। श्री रिजिजू ने कहा कि एक सौ चालीस करोड भारतीयों की आकांक्षाओं को पूरा करने और चर्चा के लिए संसद एक आदर्श मंच है। - भुवनेश्वर। ओडिशा की भाजपा सरकार ने अपनी पहली कैबिनेट बैठक में पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के सभी चार द्वारों को गुरुवार सुबह से फिर से खोलने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी और 12वीं शताब्दी के इस मंदिर की तत्काल आवश्यकता के लिए एक निधि स्थापित की। यह जानकारी मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने राज्य सचिवालय ‘लोक सेवा भवन' में अपने मंत्रियों के साथ बैठक की अध्यक्षता करने के बाद दी। माझी ने कहा, “ राज्य सरकार ने सभी मंत्रियों की मौजूदगी में कल सुबह पुरी जगन्नाथ मंदिर के सभी चार द्वार फिर से खोलने का फैसला किया है। श्रद्धालु चारों द्वारों से मंदिर में प्रवेश कर सकेंगे।” मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मंदिरों के द्वार खोलना भाजपा के चुनाव घोषणापत्र का एक वादा था और द्वार बंद होने से श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बीजू जनता दल (बीजद) नीत पूर्व सरकार ने कोविड-19 महामारी के बाद से मंदिर के चारों द्वार बंद कर रखे थे। श्रद्धालु केवल एक द्वार से ही प्रवेश कर सकते थे और सभी द्वार खोलने की मांग की जा रही थी। माझी ने कहा कि मंदिर के संरक्षण के लिए मंत्रिमंडल ने 500 करोड़ रुपये का एक कोष स्थापित करने का निर्णय लिया है। एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी मंत्री बुधवार रात को पुरी के लिए रवाना होंगे और तीर्थ नगरी में रुकेंगे ताकि बृहस्पतिवार सुबह जब चारों द्वार खोले जाएं तो वे वहां मौजूद रह सकें। माझी ने कहा कि राज्य सरकार धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) बढ़ाकर 3100 रुपये प्रति क्विंटल करने के लिए भी कदम उठाएगी और संबंधित विभाग को इस संबंध में कदम उठाने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि धान के लिए एमएसपी बढ़ाकर 3100 रुपये प्रति क्विंटल करने के प्रस्ताव पर अमल के लिए बहुत जल्द एक समिति गठित की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यह काम सरकार के पहले 100 दिन के भीतर पूरा कर लिया जाएगा।''नई सरकार 100 दिन के अंदर सुभद्रा योजना लागू करेगी, जिसके तहत महिलाओं को 50,000 रुपये का नकद ‘वाउचर' मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘विभागों को सुभद्रा योजना के कार्यान्वयन के लिए दिशानिर्देश और रूपरेखा तैयार करने को कहा गया है।'
- भुवनेश्वर। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने ओडिशा के मलकानगिरी जिले के जंगलों में एक माओवादी ठिकाने से आईईडी समेत विस्फोटक सामग्री और कई अन्य चीजें बरामद कीं। अधिकारियों ने बताया कि मंगलवार को बीएसएफ की दूसरी बटालियन के जवानों ने तुलसी डोंगरी आरक्षित वन की तलहटी में बनी एक चट्टान के नीचे से यह सामान बरामद किया। उन्होंने कहा कि गश्त के दौरान जवानों ने स्टील के टिफिन में रखे गए लगभग 1.5 किलोग्राम वजनी एक आईआईडी, लगभग 300 ग्राम विस्फोटक पाउडर, एक सौर प्लेट और तार, आयरन-कटर तथा कुछ अन्य सामान बरामद किया। अधिकारियों ने बताया कि जवानों ने आईईडी को नष्ट कर दिया और सुरक्षाबलों तथा स्थानीय लोगों के लिए संभावित खतरे को बेअसर कर दिया गया। बीएसएफ को ओडिशा में नक्सल रोधी अभियानों के लिए छत्तीसगढ़ से लगती सीमाओं पर तैनात किया गया है।
- इंफाल। मणिपुर सरकार ने 11 बच्चों सहित म्यांमा के कम से कम 38 नागरिकों को तेंगनौपाल जिले के मोरेह में एकीकृत जांच चौकी के माध्यम से उनके देश वापस भेज दिया है। गृह विभाग की ओर से बुधवार को जारी एक बयान में यह जानकारी दी गई है। अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने वाले विदेशियों को मंगलवार को वापस भेज दिया गया।बयान में कहा गया, "उन्हें एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) के आव्रजन अधिकारियों द्वारा सुरक्षित रूप से म्यांमा के अधिकारियों को सौंप दिया गया है।" यह दो मई की निर्वासन प्रक्रिया का ही एक हिस्सा है। बयान के मुताबिक, आठ बच्चों सहित म्यांमा 38 नागरिकों को निर्वासित किया गया था और पड़ोसी देश के अधिकारियों को सुरक्षित रूप से सौंप दिया गया था। इसमें कहा गया है कि निर्वासन प्रक्रिया विदेश मंत्रालय और सुरक्षा बलों के समन्वय से की गई।
-
नई दिल्ली। समय से पहले आने के बाद अब देश में मॉनसून कमजोर पड़ने लगा है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मॉनसून कुछ दिनों के लिए ठहर सकता है और संभावना है कि अगले 8-10 दिनों तक यह कमजोर रह सकता है, जिससे देश के उत्तर पश्चिम इलाकों में इसके आगमन में देरी हो सकती है।
बारिश नहीं होने से उत्तर और मध्य भारत में लू बढ़ सकती है। साथ ही इन इलाकों के किसान फिलहाल महत्त्वपूर्ण तिलहन, दलहन और अनाज की फसलों की बोआई न करें।देश के प्रख्यात मॉनसून विशेषज्ञ और पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के पूर्व सचिव माधवन राजीवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, ‘नियमित के बाद मॉनसून के आने में देरी हो सकती है। अगले 8 से 10 दिनों में इसके मजबूत होने के आसार नहीं हैं, जिससे उत्तर भारत में इसके आगमन में देरी हो सकती है। नतीजतन, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और बिहार जैसे उत्तर भारत के राज्यों में अभी अधिक तापमान और भीषण गर्मी पड़ेगी।’मगर स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान और जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत का कहना है कि भले ही देश के दक्षिणी इलाकों में चक्रवातों की समाप्ति से मॉनसून कमजोर पड़ गया है, लेकिन 15-16 जून के बीच पूर्वी भारत में यह फिर से सक्रिय हो सकता है और 22 जून तक यह पूर्वी और मध्य उत्तर प्रदेश तक सक्रिय हो जाएगा। उन्होंने कहा, ‘मॉनसून अभी अस्थायी तौर पर कमजोर हुआ है। ऐसा हर साल होता है।’कुछ साल पहले भारतीय मौसम विभाग ने साल 1971-2009 के हालिया आंकड़ों के आधार पर उत्तर और मध्य भारत में सामान्य मॉनसून की शुरुआत और वापसी की तारीखों में बदलाव किया था। पहले मॉनसून की शुरुआत की तारीखें साल 1961-2019 के आंकड़ों के आधार पर आधारित थी। अद्यतन तिथि के अनुसार अब मॉनसून 27 जून के आसपास राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में दस्तक दे सकता है, जबकि पहले यह सामान्य तौर पर 23 जून को आता था।इसी तरह, तारीखों में बदलाव के बाद अब आगरा में इसके दस्तक देने की तिथि 30 जून हो गई है, जो पहले 23 जून थी। जयपुर में पहले अब 1 जुलाई से मॉनसून की बारिश शुरू होने की उम्मीद है, जो पहले 23 जून थी। भारत की अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए महत्त्वपूर्ण माने जाने वाली गर्मियों की बारिश आमतौर पर 1 जून के आसपास दक्षिण भारत से शुरू होती है और 8 जुलाई तक देश भर में फैल जाती है। इससे किसान चावल, कपास, सोयाबीन और गन्ना जैसी फसलों की बोआई करते हैं। पिछले साल यानी 2024 में देश की आर्थिक राजधानी कहे जाने वाली मुंबई में यानी दक्षिण भारत के राज्यों में मॉनसून समय से दो पहले प्रवेश कर गया था, लेकिन मध्य और उत्तर भारत में इसके प्रवेश में कुछ दिनों की देरी हुई थी। भारत की करीब 3.5 लाख करोड़ डॉलर की अर्थव्यवस्था के लिए जीवन माने जाने वाले मॉनसून खेतों की सिंचाई और जलाशयों के लिए जरूरी करीब 70 फीसदी बारिश लाता है।सिंचाई की सुविधाओं के बिना धान, गेहूं और गन्ना उपजाने वाले दुनिया के लगभग रकबे को काफी हद तक वर्षा पर निर्भर रहना पड़ता है। यहां बारिश आमतौर पर मॉनसून के दौरान जून से सितंबर के बीच होती है।मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, उत्तर भारत के राज्यों में अधिकतम तापमान 42 से 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहता है, जो सामान्य से करीब 3 से 5 डिग्री अधिक है। भारत सहित एशिया के कई देशों में असामान्य गर्मी पड़ रही है। इसका एक बड़ा कारण वैज्ञानिक इंसानों के कारण हो रहे जलवायु परिवर्तन को बता रहे हैं।





.jpg)


.jpg)
.jpg)










.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)