- Home
- देश
-
- 10 लोगों की मौत और अन्य 33 लोग घायल
नई दिल्ली। जम्मू-कश्मीर में संदिग्ध आतंकवादियों की गोलीबारी में रविवार जम्मू संभाग के रियासी जिले में तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक बस गहरी खाई में गिर गई। रियासी जिले के तरयाथ इलाके में एक बस के खाई में गिर जाने से 10 लोगों की मौत हो गई और अन्य 33 लोग घायल हो गए। बस शिव कोडी मंदिर जा रही थी जिस पर पोनी इलाके के टेरयाथ गांव में हमला हुआ। रियासी के एसएसपी मोहिता शर्मा ने कहा कि आतंकवादियों के एक समूह ने जिले के रनसू इलाके से आ रही यात्री बस पर हमला किया। हमले में एक गोली बस के ड्राइवर को लग गई जिसके बाद उसने नियंत्रण खो दिया। इसके बाद बस जिले के पौनी के कांडा इलाके के पास एक गहरी खाई में गिर गई।
रियासी के उपायुक्त विशेष महाजन ने भी हताहतों की संख्या की पुष्टि की है। पीड़ितों के लिए बचाव अभियान शुरू किया गया और पुलिस, सेना और अर्धसैनिक बलों के अतिरिक्त बल मौके पर पहुंचे। घायलों को नजदीकी अस्पतालों पहुंचाया गया। वहीं इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया है। बस में सवार सभी यात्री जम्मू कश्मीर के नहीं थे और वे उत्तर प्रदेश के लग रहे थे। यात्री शिव कोड़ी के दर्शनों के लिए आए थे। प्रथम दृष्टया के अनुसार, आतंकी बस का इंतजार कर रहे थे और राजमार्ग पर उस पर हमला कर दिया। हताहतों की पहचान की जा रही है। -
सूरत. गुजरात के सूरत शहर में सड़क किनारे बैठे लोगों के समूह के बीच एक कार घुस गई और इस हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हुए हैं। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उतरान पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार रात करीब साढ़े 11 बजे शहर के बाहरी रिंग रोड पर यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से उतर गया और सड़क किनारे बैठे लोगों के एक समूह के बीच जा घुसा। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में आठ वर्षीय विनय, उसके पिता देवेश वाग्झानी (40) और चाचा संकेत बावरिया (32) की मौत हो गई। पुलिस निरीक्षक ए डी महंत ने बताया कि कार अहमदाबाद से आ रही थी और इसके चालक को झपकी आ गई, जिससे वाहन अनियंत्रित हो गया। उन्होंने बताया कि विनय और उसके चाचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि चार घायल पीड़ितों का उपचार जारी है। उनमें से एक की हालत गंभीर है। कार की टक्कर से वहां दो अन्य वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। कार चालक यग्नेश गोहिल (40) को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।
-
रीवा.मध्य प्रदेश के रीवा जिले में शनिवार शाम को दो ट्रकों के बीच टक्कर के बाद लगी आग में एक महिला और एक बच्चे समेत कम से कम चार लोगों की जलकर मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। रीवा रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) साकेत पांडे ने बताया कि जब दोनों ट्रक अत्यधिक ज्वलनशील माल ले जा रहे थे तभी जिला मुख्यालय से करीब 10 किलोमीटर दूर बाईपास पर टकरा गए। उन्होंने बताया कि जले हुए वाहनों से शवों को निकालने के लिए गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। मृतकों में एक ट्रक चालक और उसका सहायक के साथ-साथ एक स्थानीय महिला और उसका 10 वर्षीय बच्चा भी शामिल है। उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार टक्कर से पहले ब्रेक फेल होने पर एक चालक अपने वाहन से कूद गया था। डीआईजी ने कहा, ‘‘चालक को पकड़ने के लिए तलाश जारी है। अधिकारी ने बताया कि घटना की जांच जारी है। मृतकों की पहचान करने और उनकी उम्र का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।
-
मंगलुरु. कर्नाटक के मंगलुरु में कुलशेखरा में 'गणेश आभूषण' नामक दूकान से 25 मई को चोरी गये लगभग साढ़े तीन लाख रुपये के 59 ग्राम सोने के आभूषणों को शनिवार को पुलिस ने बरामद कर लिया और आभूषण चोरी करने की आरोपी लड़की को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आयुक्त अनुपम अग्रवाल ने यहां बताया कि 25 मई को मंगलुरु पूर्व पुलिस थानांतर्गत कुलशेखरा में शक्तिनगर के रहने वाले योगीश आचार्य की 'गणेश आभूषण' नामक दूकान से लगभग साढ़े तीन लाख रुपये मूल्य के विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषणों की चोरी हो गयी थी जिसकी शिकायत योगीश ने दर्ज करायी थी। उन्होंने बताया कि पुलिस ने इस सिलसिले में भारतीय दंड संहिता की धारा 380 के तहत मामला दर्ज किया था। इस मामले में पुलिस ने बड़े पैमाने पर छापेमारी कर आखिरकार आज चोरी करने वाली लड़की को चुराये गये 59 ग्राम वजन के आभूषणों के साथ धर दबोचा। पुलिस आयुक्त ने बताया कि आरोपी लड़की को जेल भेज दिया गया है।
-
भुवनेश्वर. बीजू जनता दल के अध्यक्ष नवीन पटनायक ने शनिवार को कहा कि ओडिशा विधानसभा चुनाव में पार्टी की हार के लिए वी के पांडियन की आलोचना करना दुर्भाग्यपूर्ण है क्योंकि उन्होंने 'शानदार काम' किया है। ओडिशा के पांच बार मुख्यमंत्री रह चुके पटनायक ने दोहराया कि तमिलनाडु से आये और नौकरशाह से राजनेता बने पांडियन उनके उत्तराधिकारी नहीं हैं। उन्होंने कहा कि ओडिशा के लोग तय करेंगे कि उनका उत्तराधिकारी कौन होगा। नवीन पटनायक ने शनिवार को कहा कि लोगों के फैसले को विन्रमता से स्वीकार करना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह हर संभव तरीके से ओडिशा के लोगों की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा, ''पांडियन की आलोचना करना दुर्भाग्यपूर्ण है। वह पार्टी में शामिल हुए, लेकिन उन्होंने कोई पद नहीं संभाला। उन्होंने किसी भी निर्वाचन क्षेत्र से चुनाव नहीं लड़ा। जब भी मुझसे मेरे उत्तराधिकारी के बारे में पूछा गया मैंने हमेशा स्पष्ट रूप से कहा है कि वह पांडियन नहीं हैं। मैं फिर से दोहराता हूं कि ओडिशा के लोग ही मेरे उत्तराधिकारी का फैसला करेंगे।'' पटनायक ने कहा, ''एक अधिकारी के तौर पर उन्होंने (पांडियन) पिछले 10 वर्ष में विभिन्न क्षेत्रों में शानदार काम किया है चाहे वह दो चक्रवातों के दौरान हो या कोविड-19 महामारी के दौरान हो। इस अच्छे काम के बाद वे नौकरशाही से सेवानिवृत्त होकर बीजद में शामिल हो गए और बेहतरीन काम करके उन्होंने पार्टी में अपना योगदान दिया। वे एक ईमानदार व्यक्ति हैं और उन्हें इसी बात के लिए याद किया जाना चाहिए।'' नवीन पटनायक का यह बयान पार्टी के कुछ नेताओं और कार्यकर्ताओं के द्वारा चुनाव में बीजद की हार पर पांडियन की आलोचना करने पर आया। अपने स्वास्थ्य के बारे में बात करते हुए पटनायक ने कहा, ''मैं बताना चाहता हूँ कि मेरा स्वास्थ्य हमेशा ठीक रहा है और आगे भी ऐसा ही रहेगा। आपने देखा होगा कि मैंने पिछले महीने भीषण गर्मी के दौरान भी जोर-शोर से प्रचार किया था और यह मेरे स्वास्थ्य के बारे में जानकारी देने के लिए काफी है।'' विधानसभा चुनाव में बीजद की हार के बारे में बात करते हुए पटनायक ने कहा, ''मुझे लगता है कि हमने हमेशा कोशिश की है और बेहतरीन काम किया है। हमारे पास अपनी सरकार और पार्टी पर गर्व करने के लिए बहुत कुछ है। लोकतंत्र में या तो आप जीतते हैं या हारते हैं।'' उन्होंने कहा, ''लंबे समय बाद शिकस्त मिलने पर हमें हमेशा जनता के फैसले को विनम्रता से स्वीकार करना चाहिए। मैंने हमेशा कहा है कि ओडिशा के 4.5 करोड़ लोग मेरा परिवार हैं। मैं उनकी हरसंभव सेवा करता रहूंगा।'' उन्होंने ओडिशा के लोगों का आभार जताते हुए कहा कि उन्होंने बार-बार मुझे अपना आशीर्वाद दिया है।
भाजपा ने ओडिशा की 147 विधानसभा सीट में से 78 पर जीत दर्ज कर बीजद के 24 साल के शासन को समाप्त करते हुए सत्ता हासिल की। वहीं, बीजद को केवल 51 सीट पर ही जीत मिली, जबकि कांग्रेस ने 14 और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने एक सीट जीती और तीन निर्दलीय उम्मीदवार भी विजयी हुए। बीजद राज्य की एक भी लोकसभा सीट नहीं जीत सकी, जबकि भाजपा 20 सीट पर कांग्रेस एक सीट पर विजयी रही। -
कोच्चि. कोच्चि में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के पास अंगदिक्कादावु इलाके में एक घर में आग लगने से दो बच्चों समेत एक ही परिवार के चार सदस्यों की जलकर मौत हो गई। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों के अनुसार यह घटना तड़के हुई। उन्होंने बताया कि आग घर की दूसरी मंजिल पर लगी | अग्निशमन सेवा के एक कर्मी ने कहा, ''हमें सुबह 5.20 बजे फोन आया। जब हमारी टीम घर पहुंची, मकान में आग लगी हुई थी। उस समय तक चारों लोगों की जलकर मौत हो गई थी।'' हादसे के वक्त एक बुजुर्ग महिला नीचे सो रही थीं और उन्हें पास के एक घर में ले जाया गया।
सूत्रों ने बताया कि वैज्ञानिक जांच के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। -
कोप्पल। कर्नाटक में कोप्पल जिले के एक गांव में शनिवार की सुबह सांस संबंधी समस्याओं, खासकर अस्थमा के इलाज के लिए जड़ी-बूटी निर्मित दवा लेने के वास्ते देश के विभिन्न हिस्सों से हजारों लोग उमड़ पड़े। इस गांव का नाम कुटागनहल्ली है। यहां पारंपरिक चिकित्सक अशोक राव कुलकर्णी द्वारा तैयार की गई ‘‘चमत्कारी गोली'' लेने के लिए कर्नाटक के कई हिस्सों, पड़ोसी महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के सभी राज्यों से लोग पहुंचे। कुलकर्णी के अनुसार, इस दवा को तब लिया जाता है जब चंद्रमा मृगशिरा नक्षत्र से आर्द्रा नक्षत्र में प्रवेश करता है। दवा लेने का वास्तविक ‘मुहूर्त' शनिवार सुबह 7.47 बजे का था।
कुलकर्णी के परिवार ने दावा किया कि यह दवा हिंदू चंद्र कैलेंडर के 'ज्येष्ठ मास' में जब क्षेत्र में बारिश होती है तब विशेष रूप से फायदा पहुंचाती है और यही वजह है कि शनिवार को दवा लेने के लिए भारी भीड़ थी। यह दवा देते हुए कुलकर्णी के परिवार को लोगों को 100 साल पूरे हो गए हैं।
कुलकर्णी ने कुटागनहल्ली में संवाददाताओं से कहा, "इससे पहले मेरे पिता व्यास राव कुलकर्णी ने 60 वर्षों तक यह दवा दी थी और उनके बाद मैंने इसे देना शुरू किया। यह दवा वितरित करते हुए मेरा 40वां वर्ष है।" लोगों का इस दवा पर सदियों पुराना भरोसा है और यही कारण है कि वे मुफ्त में दवा प्राप्त करने के लिए गांव की तरफ खिंचे चले आते हैं। कुटागनहल्ली में नजारा किसी भव्य मेले जैसा था। भारी भीड़ की उम्मीद में कई विक्रेताओं ने सब्जियों, खाद्य पदार्थ और छोटी-मोटी चीजें बेचने के लिए अस्थायी दुकानें लगा रखी थीं। -
न्यूयॉर्क. अरबपति एलन मस्क ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को लोकसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत के लिए बधाई देते हुए कहा है कि वे अपनी कंपनियों द्वारा भारत में "रोमांचक कार्य" किए जाने को लेकर उत्साहित हैं। मोदी नौ जून को प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। यह उनका प्रधानमंत्री के रूप में लगातार तीसरा कार्यकाल होगा। मस्क ने शुक्रवार को सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा, "दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक चुनावों में जीत पर नरेन्द्र मोदी को बधाई! भारत में मेरी कंपनियों द्वारा किए जाने वाले रोमांचक काम को लेकर उत्साहित हूं।” प्रधानमंत्री मोदी ने उन्हें जवाब में कहा, “एलन मस्क, आपकी शुभकामनाओं की सराहना करता हूं। उन्होंने कहा कि प्रतिभाशाली भारतीय युवा, देश की जनसांख्यिकी, पूर्वानुमानित नीतियां और स्थिर लोकतांत्रिक राजनीति इसके सभी भागीदारों के लिए कारोबारी माहौल प्रदान करती रहेगी। इलेक्ट्रिक कार विनिर्माता टेस्ला और माइक्रोब्लॉगिंग प्लेटफॉर्म एक्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ने इससे पहले अप्रैल में "टेस्ला संबंधी भारी दायित्वों" के कारण भारत की अपनी प्रस्तावित यात्रा स्थगित कर दी थी। मस्क 21 और 22 अप्रैल को भारत दौरे पर रहने वाले थे। इस दौरान उनका प्रधानमंत्री मोदी से भी मिलने का कार्यक्रम था। हालांकि, बाद में उन्होंने ‘एक्स' पर ही सूचित किया था कि वे इसी साल बाद में भारत दौरे पर आने के लिए उत्साहित हैं। पिछले साल जून में मस्क ने मोदी की अमेरिका यात्रा के दौरान उनसे मुलाकात की थी। उन्होंने कहा था कि वह 2024 में भारत आने की योजना बना रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया था कि टेस्ला जल्द ही भारतीय बाजार में प्रवेश करेगी। उनकी प्रस्तावित यात्रा से यह उम्मीदें बढ़ गई थीं कि वह इलेक्ट्रिक कार विनिर्माता टेस्ला के साथ-साथ अपने दूरसंचार उपक्रम (सैटकॉम) उद्यम स्टारलिंक को देश में स्थापित करने की योजना की घोषणा करेंगे।
-
पणजी। गोवा में मानसून-पूर्व बारिश शुरू हो जाने के कारण राज्य के समुद्र तट अब सुनसान नजर आ रहे हैं, जो पर्यटकों और स्थानीय लोगों से भरे रहते हैं। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार को गोवा के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है। अगले चार दिन तक भारी बारिश होने का भी पूर्वानुमान है। हालांकि, फिलहाल दक्षिण-पश्चिम मानसून अभी गोवा नहीं पहुंचा है, लेकिन तटीय राज्यों में शुक्रवार से बारिश शुरू हो चुकी है। बेनौलीम के एक स्थानीय मछुआरे पेले उर्फ फ्रांसिस्को फर्नांडीस ने कहा कि समुद्र तटों पर घूमने के लिए यह सबसे अच्छा समय है लेकिन तैराकी के लिए यह सही समय नहीं है। उन्होंने कहा कि घुटने तक गहरे पानी में जाया जा सकता है, लेकिन तैरना सख्त वर्जित है। उन्होंने कहा, ‘‘एक जून से 31 जुलाई तक मोटर चालित नौका से मछली पकड़ना प्रतिबंधित कर दिया गया है। कुछ अवधि के लिए केवल पारंपरिक मछुआरों को मछली पकड़ने की अनुमति दी गई है।'' राज्य सरकार की ओर से नियुक्त एजेंसी दृष्टि लाइफसेविंग सर्विसेज ने तट के किनारे लाल झंडे लगा दिये हैं जबकि इसके कर्मी समुद्र तटों पर गश्त भी कर रहे हैं। मुंबई से अपने परिवार संग आए पर्यटक राहुल गायकवाड़ ने कहा कि मानसून के दौरान गोवा के समुद्र तट साफ-सुथरे होते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘समुद्र तटों पर मुक्त रूप से टहला जा सकता है। बारिश के मौसम में होटल का किराया काफी कम रहता है जो पर्यटकों के लिए वहनीय हो जाता है।'' राज्य पर्यटन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि गोवा साल भर की पर्यटन गतिविधियों पर ध्यान केंद्रित कर रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘(गोवा में) ऑफ-सीजन नहीं होता, हम चाहते हैं कि बारिश के मौसम में भी लोग गोवा आएं। मानसून के समय में गोवा अधिक हरा-भरा रहता है।
-
चंडीगढ़. पंजाब के संगरूर जिले में शनिवार को निर्माणाधीन चावल मिल की एक दीवार गिरने से तीन मजदूरों की मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना जिले के कनकवाल भंगुआ गांव में हुई। पुलिस ने बताया कि दीवार गिरने की घटना में मारे गए सभी मजदूर संगरूर के आस-पास के गांवों के रहने वाले थे। पुलिस के मुताबिक एक घायल मजदूर को चंडीगढ़ के स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान में भर्ती कराया गया है।
-
दमोह। मध्य प्रदेश के दमोह रेलवे स्टेशन पर शनिवार तड़के एक अज्ञात व्यक्ति ने दंपति पर हमला कर दिया और उनके ढाई माह के शिशु की हत्या कर दी। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने यह जानकारी दी। जीआरपी चौकी के प्रभारी महेश कोरी ने बताया कि घटना सुबह करीब पांच बजे की है और इस संबंध में हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता लेखराम आदिवासी अपनी पत्नी और शिशु के साथ दिल्ली से गोंडवाना एक्सप्रेस में आये थे। अधिकारी ने बताया कि दंपति मडियादोह गांव जा रहे थे, लेकिन शिशु की तबीयत खराब होने के कारण वे दमोह स्टेशन पर उतर गए और वे उसे जिला अस्पताल ले जाना चाहते थे। उन्होंने बताया कि जब महिला शिशु को पानी पिला रही थी, तभी एक अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें पीटना शुरू कर दिया और शिकायतकर्ता ने हमलावर को डराने के लिए ईंट उठा ली। अधिकारी ने बताया कि हमले में बच्चे की मौत हो गई।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि जीआरपी के जवान परिवार की मदद के लिए नहीं आए और उन्हें पुलिस हेल्पलाइन पर फोन करना पड़ा। अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है और इलाके में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
-
नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी को सर्वसम्मति से कांग्रेस संसदीय दल का अध्यक्ष चुना गया है। पार्टी के नेता राजीव शुक्ला ने मीडिया से बातचीत में कहा कि श्रीमती गांधी ने यह पद स्वीकार कर लिया है। इससे पहले, कांग्रेस की सर्वोच्च नीति निर्धारक संस्था कांग्रेस कार्यसमिति ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से लोकसभा में विपक्ष के नेता की भूमिका निभाने का अनुरोध किया। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता के सी वेणुगोपाल ने कार्यसमिति की बैठक के बाद एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कार्यसमिति का मानना है कि राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस एक मजबूत तथा सतर्क विपक्ष की भूमिका निभायेगी।
पार्टी के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने कहा कि हाल में हुए चुनाव से कांग्रेस पार्टी को नई उर्जा मिली है। उन्होंने कहा कि पार्टी राज्यों के स्तर पर चुनाव में प्रदर्शन का विस्तृत विश्लेषण करेगी।इससे पहले, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने पार्टी के सभी नवनिर्वाचित सांसदों को प्रतिकूल परिस्थितियों में जीत हासिल करने के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने मणिपुर से अपनी न्याय यात्रा शुरू की थी और उसे राज्य की दोनों सीटों के अलावा नागालैंड, असम और मेघालय में भी जीत मिली है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी को लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए देशभर में जबर्दस्त समर्थन मिला है। श्री खरगे ने कहा कि पार्टी इंडिया ब्लॉक के सहयोगियों के साथ संसद के भीतर और बाहर मिलकर काम करेगी। बैठक में पार्टी की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं ने हिस्सा लिया। -
गी नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक परिवर्तन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है। उन्होंने क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में भारतीय विश्वविद्यालयों के प्रदर्शन में सुधार पर प्रसन्नता भी व्यक्त की है।
क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में भारतीय विश्वविद्यालयों के प्रदर्शन में निरंतर सुधार के बारे में क्यूएस क्वाक्वेरेली साइमंड्स लिमिटेड के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक श्री नुंजियो क्वाक्वेरेली को जवाब देते हुए, प्रधानमंत्री ने एक्स पर पोस्ट किया;“पिछले दशक में, हमने शिक्षा के क्षेत्र में गुणात्मक परिवर्तनों पर ध्यान केन्द्रित किया है। यह क्यूएस वर्ल्ड यूनिवर्सिटी रैंकिंग में परिलक्षित होता है। विद्यार्थियों, शिक्षकों और संस्थानों को उनकी कड़ी मेहनत एवं समर्पण के लिए बधाई। इस कार्यकाल में, हम अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए और भी अधिक काम करना चाहते हैं।” - -जब भी कोई संदेह हो तो भारतीय संविधान का अध्ययन करना चाहिए : उपराष्ट्रपति-उपराष्ट्रपति ने युवाओं को अपने विचार व्यक्त करने के लिए सोशल मीडिया की शक्ति का लाभ उठाने की सलाह दी-भारत एक निष्क्रिय महाशक्ति नहीं है, बल्कि एक ऐसा देश है जो लगातार आगे बढ़ रहा है: उपराष्ट्रपतिनई दिल्ली। उपराष्ट्रपति श्री जगदीप धनखड़ ने आज मौजूदा सरकार के तीसरे कार्यकाल के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख किया, जो पिछले छह दशकों में अभूतपूर्व है। उन्होंने इस तरह की उपलब्धि की दुर्लभता पर जोर दिया। उपराष्ट्रपति ने आगे कहा, "1962 के बाद यह पहली बार है कि किसी प्रधानमंत्री को तीसरा कार्यकाल मिला है।"श्री धनखड़ ने शुक्रवार को उपराष्ट्रपति आवास में राज्य सभा इंटर्नशिप कार्यक्रम के प्रतिभागियों को संबोधित किया। उन्होंने प्रशिक्षुओं से अनुरोध किया कि वे अपने विचार व्यक्त करने के लिए सोशल मीडिया की शक्ति का उपयोग करें और लोकतंत्र में हानिकारक प्रवृत्तियों को लेकर सावधान रहें। उपराष्ट्रपति ने सकारात्मक विकास के लिए संसद में रचनात्मक बहस, संवाद और चर्चा की भूमिका पर जोर दिया। इसके अलावा श्री धनखड़ ने प्रशिक्षुओं से अनुरोध किया कि अगर वे इन सिद्धांतों से कोई विचलन देखते हैं, तो वे जनता की राय जुटाएं।उन्होंने आगे आह्वान किया कि भारत एक निष्क्रिय महाशक्ति नहीं है, बल्कि एक गतिशील देश है जो हर दिन और हर क्षण आगे बढ़ रहा है। उपराष्ट्रपति ने स्पष्टता के लिए भारतीय संविधान का अध्ययन करने के महत्व पर जोर दिया। श्री धनखड़ ने प्रशिक्षुओं को सलाह दी कि जब भी कोई संदेह हो तो वे भारतीय संविधान को पढ़ें।उपराष्ट्रपति ने इंटर्नशिप कार्यक्रम को एक ऐसा "संसदीय स्टार्टअप" बताया, जो देश की लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जुड़ने के लिए एक नई दिशा और प्रेरणा प्रदान करेगा। श्री धनखड़ ने इस बात को रेखांकित किया कि कैसे नागरिक इसमें अप्रत्यक्ष रूप से हिस्सा ले सकते हैं और संसद सदस्य बने बिना भी याचिकाओं के माध्यम से सार्वजनिक मुद्दों को उठा सकते हैं।इस अवसर पर डॉ. सुदेश धनखड़, राज्य सभा के उपसभापति श्री हरिवंश, राज्य सभा के महासचिव श्री पीसी मोदी, उपराष्ट्रपति के सचिव श्री सुनील कुमार गुप्ता, राज्य सभा के सचिव श्री राजित पुनहानी और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
-
नई दिल्ली। राष्ट्रपति भवन में होने वाला चेंज ऑफ गार्ड समारोह आज और इस महीने की 15 तथा 22 तारीख को आयोजित नहीं होगा। राष्ट्रपति सचिवालय ने बताया कि यह निर्णय राष्ट्रपति भवन के प्रांगण में होने वाले प्रधानमंत्री और मंत्रिपरिषद के शपथ ग्रहण समारोह तथा दोनों सदनों में राष्ट्रपति के संबोधन की तैयारियों के कारण लिया गया है।
-
नई दिल्ली। ईनाडु ग्रुप के संस्थापक और मीडिया की जानी-मानी हस्ती रामोजी राव का आज सुबह हैदराबाद में निधन हो गया। वे 87 वर्ष के थे। श्री राव को तबियत बिगड़ने के कारण इस महीने की पांच तारीख को नानक रामगुड्डा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आज सुबह उनका देहांत हो गया। श्री राव पिछले कुछ समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रहे थे।
उनके पार्थिव शरीर को रामोजी फिल्म सिटी में उनके आवास पर रखा गया है, जहां उन्हें परिजनों और प्रशंसक श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। रामोजी राव ईनाडु ग्रुप, मार्गदर्शी चिटफंड, रामोजी फिल्म सिटी और प्रिया फूड्स सहित अनेक कारोबारों का प्रबंधन करते थे। एक समय में तेलुगु भाषी क्षेत्रों में उनके नेतृत्व में ईनाडू प्रमुख मीडिया समूह था और राजनीति में वह काफी प्रभावशाली थे। - नई दिल्ली। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना नवनिर्वाचित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए नई दिल्ली रवाना हो गई हैं। वे कल शाम राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा आयोजित भोज में भी शामिल होंगी। श्री मोदी ने बांग्लादेश की प्रधानमंत्री को नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए टेलीफोन पर निमंत्रण दिया था। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने सर्वप्रथम श्री मोदी को बधाई दी थी, जो दोनों नेताओं के बीच व्यक्तिगत तालमेल को दर्शाता है।
-
नई दिल्ली। रामोजी फिल्म सिटी के संस्थापक रामोजी राव का आज सुबह (8 जून) निधन हो गया। वह 87 वर्ष के थे और कई दिनों से बिमार चल रहे थे। हैदराबाद के स्टार अस्पताल में इलाज के दौरान रामोजी राव ने सुबह 3:45 बजे अंतिम सांस ली। रामोजी राव को 5 जून को हैदराबाद के स्टार हॉस्पिटल भर्ती कराया गया था। उनकों ह्रदय संबंधी समस्याएं थी, सांस लेने में भी दिक्कत होती थी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रोमोजी राव का पर्थिव शरीर को Ramoji Film City स्थित उनके आवास पर ले जाया जाएगा, जहां उनका परिवार, मित्र और करीबी लोग उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए मौजूद रहेंगे।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जताया शोकप्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रामोजी राव के निधन पर शोक जताया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, “रामोजी राव के निधन से बहुत दुखी हूं। वह एक दूरदर्शी व्यक्ति थे जिन्होंने भारतीय मीडिया में क्रांति लाई। उनके योगदान ने पत्रकारिता और फिल्मी दुनिया पर अमिट छाप छोड़ी है। उनके अथक प्रयासों की वजह से उन्होंने मीडिया और इंटरटेनमेंट वर्ल्ड में इनोवेशन और एक्सीलेंस को लेकर नए मानक तय किए। -
नयी दिल्ली. जानेमाने हिन्दी रचनाकार विनोद कुमार शुक्ल की कविताओं के अंग्रेजी अनुवाद का बृहस्पतिवार को विमोचन किया गया। किताब के प्रकाशक वेस्टलैंड बुक्स ने इसकी घोषणा की। इन कविताओं का अनुवाद प्रसिद्ध कवि-संपादक अरविंद कृष्ण मेहरोत्रा ने किया है। इस कविता संग्रह को "ट्रेजरर ऑफ पिग्गी बैंक्स" नाम दिया गया है। इस किताब में उनकी पुरानी कविताओं (लगभग जयहिंद, 1971) से लेकर हालिया रचनाओं को शामिल किया गया है।
अपनी विशिष्ट शैली और भावनात्मक रचनाओं के लिए मशहूर शुक्ल को 2023 में अंतरराष्ट्रीय साहित्य में उनकी उपलब्धि के लिए पेन/नाबोकोव पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। उन्हें 1999 में "दीवार में एक खिड़की रहती थी" कृति के लिए साहित्य अकादमी पुरस्कार मिला। उनकी अन्य चर्चित कृतियों में "नौकर की कमीज" (1979) और कविता संग्रह "सब कुछ होना बचा रहेगा" (1992) शामिल हैं। इस किताब की कीमत 340 रुपये है और यह बुकस्टोर के साथ ऑनलाइन भी उपलब्ध है। -
नई दिल्ली। नवनिर्वाचित सांसद और अभिनेत्री कंगना रनौत को चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल -सीआईएसएफ की एक अधिकारी ने कथित तौर पर थप्पड़ मारा। कथित तौर पर यह घटना इसलिए हुई क्योंकि उन पर “किसानों का अपमान करने” का आरोप लगाया गया था। हाल ही में हिमाचल प्रदेश के मंडी से लोकसभा चुनाव जीतने वाली कंगना रनौत दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली थीं, जब यह घटना हुई।
सीआईएसएफ में कांस्टेबल कुलविंदर कौर की पहचान नई सांसद (सांसद) रनौत को थप्पड़ मारने वाले व्यक्ति के रूप में की गई है। कथित तौर पर कुलविंदर कौर ने रनौत को थप्पड़ मारने के बाद उनसे कहा कि यह “किसानों का अपमान करने” के लिए था। खबर के मुताबिक, घटना की आगे की जांच के लिए सीआईएसएफ के वरिष्ठ अधिकारियों की एक समिति गठित की गई है। जांच के हिसाब से ही आगे तय किया जाएगा कि इस मामले में क्या फैसला होता है। कंगना मंडी लोकसभा क्षेत्र से सांसद चुनी गई हैं। -
नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के महत्वपूर्ण घटक दल जनता दल (युनाइटेड) ने केंद्र में सरकार गठन को लेकर भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से की जा रही कवायदों के बीच सेना में भर्ती की ‘अग्निपथ’ योजना की समीक्षा किए जाने की मांग उठाई है।
जद (यू) के वरिष्ठ नेता के सी त्यागी ने यहां संवाददाताओं के सवालों के जवाब में कहा, ‘‘अग्निपथ योजना को लेकर मतदाताओं के एक हिस्से में नाराजगी रही है। हमारी पार्टी चाहती है कि विस्तार से उन कमियों और खामियों को दूर किया जाए जिसको लेकर जनता ने सवाल उठाए हैं।’’केंद्र सरकार ने साल 2022 में 14 जून को सेना में जवानों की भर्ती के लिए अग्निपथ योजना की घोषणा की थी। कांग्रेस और कई विपक्षी दलों ने इस योजना का विरोध किया था। कुछ राज्यों में इसके विरोध में प्रदर्शन भी हुए थे।कांग्रेस और ‘इंडिया’ गठबंधन ने हाल ही में संपन्न लोकसभा चुनाव में अग्निपथ योजना को बड़ा मुद्दा बनाया था और कहा कि यदि वह सत्ता में आते हैं तो इसे रद्द कर देंगे। विपक्षी दलों के भारी विरोध के बावजूद भाजपा और उसके नेता इस योजना का बचाव करते रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा चुनाव के दौरान एक साक्षात्कार में कहा था कि युवाओं के लिए ‘अग्निपथ’ से अधिक आकर्षक कोई योजना हो ही नहीं सकती, क्योंकि यह चार साल के बाद सेवानिवृत्त होने वाले ‘अग्निवीरों’ के लिए सशस्त्र बलों में पूर्णकालिक सरकारी नौकरी की गारंटी देती है।शाह ने कहा था कि उन्हें कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तरस आता है, जिन्होंने ‘इंडिया’ गठबंधन के सत्ता में आने पर इस अल्पकालिक भर्ती योजना को खत्म करने का वादा किया है।शाह ने दावा किया कि चार साल के कार्यकाल के बाद सेवानिवृत्त होने वालों के लिए नौकरी के अवसर उनकी संख्या से साढ़े सात गुना अधिक होंगे, क्योंकि उनके लिए विभिन्न राज्य पुलिस बलों और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (CAPF) में आरक्षण की व्यवस्था की गई है।बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश के राजनीतिक सलाहकार और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता त्यागी ने हालांकि यह स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी समान नागरिक संहिता (UCC) के खिलाफ नहीं है। भाजपा ने अपने चुनावी घोषणापत्र में सत्ता में आने पर UCC लागू करने का वादा किया है।त्यागी ने कहा, ‘‘UCC पर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष होने के नाते मुख्यमंत्री (नीतीश कुमार) विधि आयोग के अध्यक्ष को चिट्ठी लिख चुके हैं। हम इसके विरुद्ध नहीं हैं। लेकिन जितने भी हितधारक हैं, चाहे मुख्यमंत्री हों, विभिन्न राजनीतिक दल हों या समुदाय हों, सबसे बात करके ही इसका हल निकाला जाना चाहिए। जाति आधारित जनगणना के सवाल पर जद(यू) नेता ने कहा कि देश में किसी भी पार्टी ने इसके विरोध में नहीं कहा है। उन्होंने कहा, ‘‘इस मामले में बिहार ने रास्ता दिखाया है। प्रधानमंत्री ने भी सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल में इसका विरोध नहीं किया। जाति आधारित जनगणना समय की मांग है। हम इसे आगे बढ़ाएंगे।’’एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि जद (यू) ने राजग को बिना शर्त समर्थन दिया है लेकिन बिहार को विशेष राज्य के दर्जे की मांग ‘हमारे दिल’ में है। जद (यू) के वरिष्ठ नेता का ये बयान बुधवार को राजग की बैठक के एक दिन बाद आया है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को इस बैठक में सर्वसम्मति से राजग का नेता चुना गया था। राजग ने लोकसभा चुनाव में 293 सीटें जीती हैं जो 543 सदस्यीय सदन में बहुमत के 272 के आंकड़े से अधिक हैं। इससे मोदी के लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने का मार्ग प्रशस्त हुआ।संख्या के लिहाज से चंद्रबाबू नायडू नीत तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के बाद जद (यू) राजग का तीसरा सबसे बड़ा घटक है। तेदेपा ने इस चुनाव में 16 जबकि जबकि जद (यू) ने 12 सीटों पर जीत दर्ज की है। -
नई दिल्ली। इंडिया गठबंधन के नेताओं के बीच आज नई दिल्ली में बैठकों का दौर जारी रहा। तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी और पार्टी नेता डेरेक ओ ब्रायन ने समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव से मुलाकात की।
आम आदमी पार्टी नेता और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शिवसेना (यूबीटी) नेता संजय राउत के साथ बैठक की। कल नई दिल्ली में इंडिया गठबंधन नेताओं के कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर पहली बैठक आयोजित हुई थी। -
नई दिल्ली। सर्वोच्च न्यायालय ने हिमाचल प्रदेश सरकार को पानी की कमी से जूझ रही दिल्ली के लिए 137 क्यूसेक अतिरिक्त पानी छोड़ने का निर्देश दिया है। हिमाचल प्रदेश सरकार ने न्यायमूर्ति पी.के. मिश्रा और न्यायमूर्ति के.वी. विश्वनाथन की अवकाश पीठ से कहा कि उन्हें इस पर कोई आपत्ति नहीं है और वह अपने पास उपलब्ध अतिरिक्त पानी छोड़ने को तैयार है। शीर्ष अदालत ने हरियाणा सरकार को हिमाचल प्रदेश द्वारा छोड़े गए अतिरिक्त पानी के प्रवाह को सुचारू बनाने का निर्देश दिया ताकि यह राष्ट्रीय राजधानी तक पहुंच सके। अदालत ने दिल्ली सरकार को पानी बर्बाद न करने की सलाह दी। आदेश में कहा गया है कि हिमाचल प्रदेश को 137 क्यूसेक अतिरिक्त पानी हरियाणा को पूर्व सूचना देकर कल छोड़ देना चाहिए। मामले की अगली सुनवाई 10 जून को होगी।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेक्सिको की पहली महिला राष्ट्रपति चुनी गईं क्लाउडिया शीनबाम को बधाई दी है। श्री मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि यह मेक्सिको के लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर होने के साथ-साथ राष्ट्रपति आंद्रेस मैनुअल के महान नेतृत्व का भी सम्मान है। श्री मोदी ने दोनों देशों के बीच निरंतर सहयोग और साझा प्रगति की आशा भी व्यक्त की।
-
नयी दिल्ली. भारत निर्वाचन आयोग ने लोकसभा के सभी 543 निर्वाचन क्षेत्र के लिए अंतिम परिणाम जारी कर दिये, जिसमें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को 240 और कांग्रेस को 99 सीट पर विजयी घोषित किया गया है। अंतिम परिणाम महाराष्ट्र के बीड निर्वाचन क्षेत्र का घोषित किया गया। इस सीट पर राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के उम्मीदवार बजरंग मनोहर सोनवणे ने भाजपा की पंकजा मुंडे को 6,553 मतों से हराया। लोकसभा में 543 सदस्य हैं, लेकिन सूरत से भाजपा उम्मीदवार मुकेश दलाल के निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद 542 सीट के लिए मतगणना हुई। बुधवार को जारी किए गए अंतिम परिणाम के अनुसार राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया है और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी लगातार तीसरी बार सरकार बनाने जा रहे हैं। हालांकि, तीन हिन्दी भाषी राज्यों में भाजपा को बड़ी संख्या सीटों का नुकसान हुआ है।
भाजपा के उम्मीदवारों ने इस बार भी मोदी के नाम पर चुनाव लड़ा, लेकिन पार्टी 240 सीट जीत पाई जो कि बहुमत के लिए 272 सीट के आंकड़े से कम है। ऐसे में भाजपा को सरकार बनाने के लिए राजग में सहयोगी दलों के समर्थन की जरूरत है। वर्ष 2019 के आम चुनाव में भाजपा ने 303 और वर्ष 2014 के चुनावों में 282 सीट जीती थीं। राजग में प्रमुख सहयोगी एन चंद्रबाबू नायडू की तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) ने आंध्र प्रदेश में 16 और नीतीश कुमार की जनता दल-यूनाइटेड (जद-यू) ने बिहार में 12 सीट पर जीत हासिल की है। ऐसे में उपरोक्त दोनों और अन्य सहयोगियों के समर्थन से राजग ने बहुमत का आंकड़ा तो पार कर लिया है। विपक्षी दलों के समूह ‘इंडिया' में शामिल कांग्रेस ने वर्ष 2019 की 52 सीट की तुलना में 99 पर जीत दर्ज की है। राजस्थान और हरियाणा में कांग्रेस के पहले से बेहतर प्रदर्शन के कारण इन राज्यों में भाजपा को बड़ा नुकसान झेलना पड़ा। समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश में 37 सीट जीतकर ‘इंडिया' को मजबूत स्थिति में ला दिया है, जबकि विपक्षी गठबंधन के एक अन्य प्रमुख घटक तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) ने पश्चिम बंगाल में 29 सीट जीती हैं, जो वर्ष 2019 की 22 सीट की तुलना में अधिक हैं। वहीं, पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य में 18 सीट जीतने वाली भाजपा इस बार 12 पर ही जीत हासिल कर पाई। नतीजों में भाजपा के नेतृत्व वाले राजग को उतनी भारी जीत नहीं मिली जिसकी उसे उम्मीद थी और जैसा कि विभिन्न ‘एग्जिट पोल' में अनुमान व्यक्त किया गया था। सात चरणों में 19 अप्रैल से 1 जून तक हुए चुनाव में 64 करोड़ से अधिक लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।
















.jpg)



.jpg)






.jpg)