- Home
- देश
-
नई दिल्ली। चक्रवात रेमल के कारण हुई भारी वर्षा से पूर्वोत्तर भारत में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। पूर्वोत्तर के कई इलाके इससे प्रभावित हुए हैं। मिजोरम में 23, असम में तीन और मेघालय में एक व्यक्ति की मौत हो गई है। तेज़ हवाओं के साथ हुई बारिश से पेड़, बिजली के खंभे उखड़ गए और कई स्थानों पर भूस्खलन हुआ, जिससे बिजली तथा इंटरनेट सेवाएं बाधित हो गईं।मिजोरम की राजधानी आइजोल के बाहरी इलाके में पत्थर की खदान ढहने और लगातार बारिश के कारण हुए भूस्खलन में मृतकों की संख्या बढकर 23 हो गई है। मिजोरम के मुख्यमंत्री लालडुहोमा ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। राज्य के सभी स्कूल और सरकारी कार्यालय आज बंद रहे। असम में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 17 अन्य घायल हो गए। मेघालय में पूर्वी जैंतिया पहाडी जिले में एक दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। जिले में भूस्खलन से चार लोग घायल हो गए।
-
आइजोल. मिजोरम के आइजोल जिले में ‘रेमल' चक्रवात के प्रभाव से हो रही मूसलाधार बारिश के बीच मंगलवार सुबह पत्थर की खदान ढहने से दो नाबालिग समेत कम के कम 17 लोगों की मौत हो गई जबकि छह-सात अन्य लोग लापता हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राज्य की राजधानी के दूसरे इलाकों में भी भूस्खलन के चलते कई अन्य लोग लापता हो गए हैं। घटना आइजोल शहर के दक्षिणी बाहरी हिस्से में स्थित मेल्थम और ह्लिमेन के बीच के इलाके में सुबह करीब छह बजे हुई। मिजोरम के पुलिस महानिदेशक अनिल शुक्ला ने बताया, “हमने अब तक 17 शव बरामद किए हैं और बचाव अभियान जारी है। हमें आशंका है कि छह-सात और लोग अब भी मलबे में फंसे हुए हैं।” उन्होंने कहा कि भारी बारिश के कारण आपदा स्थल पर बचाव कार्य प्रभावित हो रहा है। शुक्ला ने कहा कि बारिश के कारण राज्य में कई अन्य स्थानों पर भूस्खलन हुआ और कम से कम दो लोग बह गए। आइजोल के उपायुक्त नाजुक कुमार ने कहा कि जब तक मलबा साफ नहीं हो जाता, तब तक तलाश अभियान जारी रहेगा।
एक अधिकारी ने बताया कि आइजोल के सेलम वेंग में भूस्खलन से एक इमारत बह गई, जिसके बाद तीन लोग लापता हो गए, और उनकी तलाश की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि हुनथर में राष्ट्रीय राजमार्ग छह पर भूस्खलन के कारण आइजोल देश के बाकी हिस्सों से अलग हो गया है। अधिकारियों ने बताया कि इसके अलावा कई अंतर-राज्य राजमार्ग भी भूस्खलन से प्रभावित हुए हैं।
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री लालदुहोमा ने स्थिति का जायजा लेने के लिए गृह मंत्री के सपडांगा, मुख्य सचिव रेनू शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक आपात बैठक बुलाई। मुख्यमंत्री ने खदान ढहने और बारिश के कारण हुई आपदाओं में मारे गए लोगों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। उन्होंने खदान ढहने से मारे गए आठ मिजो लोगों के परिवारों को दो-दो लाख रुपये के चेक सौंपे और कहा कि शेष राशि उन्हें जल्द ही दी जाएगी। गृह मंत्री के सपडांगा ने बताया, ''चार गैर-आदिवासी लोगों की पहचान का सत्यापन किया जा रहा है। यदि वे मिजोरम के स्थायी निवासी हैं, तो उन्हें अनुग्रह राशि दी जाएगी। यदि वे अस्थायी रूप से काम करने के लिए यहां आए हैं, तो उनके परिवार को कोई वित्तीय सहायता नहीं मिलेगी।" लालदुहोमा ने कहा कि सरकार ने चक्रवात रेमल के परिणामस्वरूप हुई बारिश से संबंधित आपदाओं से निपटने के लिए 15 करोड़ रुपये निर्धारित किए हैं। बाद में, लालदुहोमा ने आपदा प्रबंधन और पुनर्वास विभाग के मंत्री सपडांगा के साथ स्थिति का जायजा लेने और बचाव कार्यों की निगरानी करने के लिए पत्थर खदान स्थल का दौरा किया। बारिश के कारण, सभी स्कूल बंद कर दिए गए है और आवश्यक सेवाएं प्रदान करने वाले कर्मचारियों को छोड़कर सरकारी कर्मचारियों को घर से काम करने के लिए कहा गया है। इस बीच, एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि आइजोल से लगभग 21 किलोमीटर दूर सैरांग गांव में तलावंग नदी में अभूतपूर्व बाढ़ के कारण 30 से अधिक परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित कर दिया गया है। उन्होंने कहा, "नदी के किनारे स्थित कई खेत पानी में डूब गए हैं। जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। हालांकि, किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।" आइजोल शहर में, कुछ कब्रिस्तान भी भूस्खलन से बह गए हैं, और 150 से अधिक कब्रें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पापुआ न्यू गिनी में विनाशकारी भूस्खलन के कारण लोगों की मौत और तबाही होने पर मंगलवार को दुख जताया और कहा कि भारत हरसंभव मदद करने के लिए तैयार है। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘पापुआ न्यू गिनी में विनाशकारी भूस्खलन से लोगों की मौत और तबाही से बहुत दुखी हूं। पीड़ित परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। भारत हरसंभव सहयोग मुहैया कराने के लिए तैयार है।'' पापुआ न्यू गिनी सरकार के अनुसार, दक्षिण प्रशांत द्वीप राष्ट्र में भूस्खलन से 2,000 से अधिक लोगों के जिंदा दफन होने की आशंका है। यह हादसा शुक्रवार तड़के यमबली गांव में हुआ जब एक पर्वत का एक हिस्सा ढह गया। भूस्खलन के समय लोग सो रहे थे। यह गांव ऑस्ट्रेलिया के उत्तरी तट पर स्थित इस गरीब, ग्रामीण आबादी वाले देश के अंदरुनी इलाके में एक अस्थिर और दूरस्थ क्षेत्र में स्थित है जिससे तलाश व बचाव अभियान जटिल और खतरनाक हो गया है।
-
जयपुर. राजस्थान के उदयपुर जिले में सोमवार रात एक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई जबकि दो अन्य झुलस गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि यह हादसा एक बाइक व जीप की टक्कर के कारण हुआ। पुलिस ने बताया कि फलासिया थाना क्षेत्र के उदयपुर-आबू रोड पर एक तेज रफ्तार बाइक उस जीप से जा टकराई जिसमें बाराती सवार थे। बाइक पर सवार तीन दोस्त युवक पास ही कहीं जा रहे थे। हादसे में, बाइक पर सवार सुनील, राहुल और दीपक (उम्र 18-20 वर्ष) की सिर में चोट लगने से मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार टक्कर से बाइक का पेट्रोल टैंक फट गया और बाइक व जीप में आग लग गई। जीप में सवार छह यात्रियों में से दो झुलस गए और उन्हें उदयपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-
नयी दिल्ली. उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की अंतरिम जमानत की अवधि बढ़ाने का अनुरोध करने वाली याचिका को तत्काल सूचीबद्ध करने के संबंध में कोई भी फैसला प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) लेंगे क्योंकि मुख्य मामले पर फैसला पहले से सुरक्षित है। केजरीवाल ने उनका वजन अचानक छह से सात किलोग्राम कम हो जाने के कारण कई चिकित्सकीय जांच कराने के लिए उच्चतम न्यायालय से अंतरिम जमानत की अवधि सात दिन बढ़ाने का अनुरोध किया है। न्यायमूर्ति जे के माहेश्वरी और न्यायमूर्ति के वी विश्वनाथन की अवकाश पीठ ने केजरीवाल की अंतरिम याचिका को स्वयं सूचीबद्ध करने से इनकार कर दिया और मुख्यमंत्री की ओर से पेश हुए वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक सिंघवी से पूछा कि याचिका को तत्काल सूचीबद्ध करने के लिए पिछले सप्ताह तब क्यों इसका उल्लेख नहीं किया गया, जब मुख्यमंत्री को अंतरिम जमानत देने वाली पीठ में शामिल न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता अवकाश पीठ में बैठे थे। मुख्यमंत्री को अंतरिम जमानत देने वाली पीठ की अध्यक्षता न्यायमूर्ति संजीव खन्ना ने की थी। पीठ ने कहा, ‘‘जब न्यायमूर्ति दत्ता पिछले सप्ताह अवकाश पीठ में बैठे थे, आपने तब इसका उल्लेख क्यों नहीं किया? माननीय सीजेआई को निर्णय लेने दें क्योंकि यह औचित्य का मुद्दा उठाता है... हम इसे सीजेआई को भेजेंगे।'' सिंघवी ने कहा कि चिकित्सकीय परामर्श परसों मिला था और इसलिए पिछले सप्ताह उस अवकाश पीठ के समक्ष इसका उल्लेख नहीं किया जा सका जिसमें न्यायमूर्ति दत्ता शामिल थे। उन्होंने कहा, ‘‘अगर इसे डिजिटल माध्यम से भी उस पीठ (न्यायमूर्ति खन्ना और न्यायमूर्ति दत्ता की) के समक्ष सूचीबद्ध किया जाता है तो भी मुझे कोई आपत्ति नहीं है।'' पीठ ने कहा, ‘‘चूंकि केजरीवाल को एक जून तक अंतरिम जमानत देने वाली न्यायमूर्ति खन्ना और न्यायमूर्ति दत्ता की पीठ ने मुख्य याचिका पर फैसला सुरक्षित रख लिया है, इसलिए जमानत की अवधि बढ़ाए जाने पर फैसले के लिए याचिका को सीजेआई के समक्ष रखना उचित होगा।'' केजरीवाल ने 26 मई को दायर अपनी याचिका में कहा है कि वह जेल लौटने के लिए न्यायालय द्वारा निर्धारित की गई तिथि दो जून के बजाय नौ जून को आत्मसमर्पण करना चाहते हैं। याचिका में कहा गया है कि उनका वजन छह से सात किलोग्राम कम हो गया है और उनका कीटोन स्तर ‘‘बहुत अधिक'' है, जो गुर्दा (किडनी), हृदय की गंभीर बीमारी और यहां तक कि कैंसर का संभावित संकेतक है। याचिका में कहा गया है कि मुख्यमंत्री को ‘पैट-सीटी स्कैन' सहित कुछ चिकित्सकीय जांच कराने की जरूरत है। ‘पैट-सीटी स्कैन' यानी ‘पॉजिट्रॉन एमिशन टोमोग्राफी-कंप्यूटेड टोमोग्राफी' जांच के जरिए शरीर के अंगों एवं ऊतकों की विस्तृत तस्वीरें ली जाती हैं। शीर्ष अदालत ने 10 मई को, लोकसभा चुनाव के मद्देनजर केजरीवाल को प्रचार करने के लिए एक जून तक यानी 21 दिन की अंतरिम जमानत दी थी, जिसके अनुसार उन्हें दो जून को जेल लौटना है। केजरीवाल को आबकारी नीति घोटाले से जुड़े धनशोधन के एक मामले में गिरफ्तार किया गया था।
न्यायालय ने निर्देश दिया था कि केजरीवाल दो जून को आत्मसमर्पण करेंगे। इसके एक दिन पहले एक जून को, लोकसभा चुनाव के सातवें एवं अंतिम चरण का मतदान होना है। केजरीवाल के खिलाफ मामला 2021-22 के लिए दिल्ली सरकार की आबकारी नीति बनाने और उसे क्रियान्वित करने में कथित भ्रष्टाचार और धनशोधन से संबंधित है। यह नीति अब रद्द की जा चुकी है। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को दक्षिण भारत के प्रख्यात अभिनेता और संयुक्त आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे नंदमुरि तारक रामाराव की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और कहा कि फिल्म और राजनीति में उनका योगदान पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा। दक्षिण भारत के सबसे लोकप्रिय नामों में शुमार नंदमुरि तारक रामाराव का जन्म आज ही के दिन 1923 में हुआ था। फिल्मों में अपार सफलता हासिल करने के बाद एनटीआर ने राजनीति का रूख किया और उन्होंने तीन बार आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री की कुर्सी संभाली। मोदी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘महान एनटीआर को उनकी जयंती पर याद कर रहा हूं। वह तेलुगु सिनेमा की एक उल्लेखनीय हस्ती और एक दूरदर्शी नेता थे। फिल्म और राजनीति में उनका योगदान पीढ़ियों को प्रेरित करता रहेगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘स्क्रीन पर उनकी अविस्मरणीय भूमिकाओं से लेकर उनके परिवर्तनकारी नेतृत्व तक के लिए उन्हें याद किया जाता है। हम अपने समाज के लिए उनके दृष्टिकोण को पूरा करने के लिए काम करते रहेंगे।
-
नई दिल्ली । भारत ने भूस्खलन से प्रभावित हुए पापुआ न्यू गिनी के लोगों को राहत मुहैया करने के लिए 10 लाख अमेरिकी डॉलर की तत्काल वित्तीय सहायता की मंगलवार को घोषणा की।द्वीपीय राष्ट्र के एंगा प्रांत में 24 मई को हुए भूस्खलन में सैकड़ों लोग मलबे में दब गए और बड़े पैमाने पर तबाही हुई थी। पापुआ न्यू गिनी से मीडिया में आई खबरों के अनुसार, भूस्खलन में 2,000 से अधिक लोगों की मौत हुई है।
विदेश मंत्रालय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गहरा दुख जताया है और प्रशांत महासागर में स्थित इस द्वीपीय देश को मुश्किल घड़ी में हर संभव सहायता मुहैया करने के लिए भारत के तैयार रहने से अवगत कराया है।मंत्रालय ने कहा, ‘‘एक करीबी मित्र और फोरम फॉर इंडिया-पैसिफिक आइलैंड्स कोऑपरेशन (एफआईपीआईसी) के तहत साझेदार होने के नाते तथा पापुआ न्यू गिनी के मित्रवत लोगों के लिए एकजुटता की भावना के तहत, भारत सरकार ने राहत, पुनर्वास और पुनर्निर्माण प्रयासों में मदद के लिए 10 लाख अमेरिकी डॉलर की तत्काल राहत सहायता दी है।’’विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोमवार को कहा कि भारत इस मुश्किल घड़ी में पापुआ न्यू गिनी के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है।जयशंकर ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘हालिया भूस्खलन के बाद पापुआ न्यू गिनी में हुई जनहानि से बहुत दुखी हूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हम वहां की सरकार और लोगों के साथ हैं। भारत इस मुश्किल घड़ी में अपने मित्रों के साथ एकजुटता से खड़ा है।’’ विदेश मंत्रालय ने कहा कि भारत, पापुआ न्यू गिनी में 2018 में आए भूकंप और 2019 एवं 2023 के ज्वालामुखी विस्फोट के समय भी वहां के लोगों के साथ दृढ़ता से खड़ा था। मंत्रालय ने कहा कि भारत मानवीय सहायता और आपदा राहत के लिए प्रतिबद्ध है तथा एक जिम्मेदार देश बना रहेगा। - पटना। पटना विश्वविद्यालय के लॉ कॉलेज परिसर में कुछ अज्ञात हमलावरों ने स्नातक अंतिम वर्ष के एक छात्र की सोमवार को कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। मृतक की पहचान पटना विश्वविद्यालय के बीएन कॉलेज के अंतिम वर्ष के छात्र हर्ष राज (22) के रूप में की गई है। पुलिस के अनुसार यह घटना तब हुई जब राज दोपहर में परीक्षा देकर बाहर आ रहा था। सूचना मिली थी कि सुल्तानगंज थाना क्षेत्र के लॉ कॉलेज परिसर में स्नातक की परीक्षा देने गये एक छात्र को कुछ अज्ञात लोगों ने पीट-पीटकर घायल कर दिया है। पटना पुलिस ने एक बयान में कहा कि पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित को अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान करने के लिए सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। वारदात के बाद परिसर के अंदर बड़ी संख्या में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘आरोपी नकाब पहने हुए थे।'' प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जब पीड़ित परीक्षा कक्ष से बाहर आ रहा था, तभी आरोपियों ने पीड़ित पर हमला कर दिया और उसे बेरहमी से पीटना शुरू कर दिया। अधिकारी ने बताया कि पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। उन्होंने बताया कि परिसर में सुरक्षाकर्मियों को तैनात किया गया है।
- भुवनेश्वर।ओडिशा में 13 मई से एक जून तक होने वाले विधानसभा चुनाव में 412 ‘करोड़पति' उम्मीदवार मैदान में हैं। ‘एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स' (एडीआर) और ‘ओडिशा इलेक्शन वॉच' ने 1,285 उम्मीदवारों में से 1,283 के चुनावी हलफनामों का विश्लेषण किया है, जो ओडिशा में 147 विधानसभा सीटों के लिए चुनाव लड़ रहे हैं। ओडिशा में विधानसभा चुनाव लोकसभा चुनाव के साथ ही हो रहे हैं।एडीआर ने अपनी रिपोर्ट में कहा कि विश्लेषण किए गए 1,283 उम्मीदवारों में से 412 (32 प्रतिशत) करोड़पति हैं जबकि 2019 के विधानसभा चुनाव में 1,121 उम्मीदवारों में से 304 (27 प्रतिशत) करोड़पति थे। इसमें कहा गया है कि सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) के 128 उम्मीदवारों, भाजपा के 96 उम्मीदवारों, कांग्रेस के 88 उम्मीदवारों और आम आदमी पार्टी के 11 उम्मीदवारों ने एक करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति घोषित की है। मौजूदा विधानसभा चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 2.89 करोड़ रुपये है, जबकि 2019 में चुनावी मैदान में उतरे उम्मीदवारों की औसत संपत्ति 1.69 करोड़ रुपये थी। रिपोर्ट के मुताबिक, पूर्व कोयला मंत्री दिलीप रे ओडिशा विधानसभा चुनाव में सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। राउरकेला विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार दिलीप ने 313.53 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति घोषित की है। इसके बाद, चंपुआ क्षेत्र से बीजद उम्मीदवार सनातन महाकुड 227.67 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ दूसरे स्थान पर हैं। तीसरे स्थान पर बस्ता विधानसभा क्षेत्र से बीजद उम्मीदवार सुबासिनी जेना हैं, जिन्होंने 135.17 करोड़ रुपये की चल और अचल संपत्ति घोषित की है। रिपोर्ट के अनुसार, ओडिशा में विधानसभा चुनाव के लिए मैदान में उतरे पांच उम्मीदवारों ने अपने हलफनामे में शून्य संपत्ति घोषित की है। इसके अनुसार, 1283 उम्मीदवारों में से 348 (27 प्रतिशत) उम्मीदवारों ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए हैं। 2019 के ओडिशा विधानसभा चुनाव में 1,121 उम्मीदवारों में से 332 (30 प्रतिशत) ने अपने खिलाफ आपराधिक मामले घोषित किए थे। इस विधानसभा चुनाव में 292 ऐसे उम्मीदवार हैं, जिनके खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले विचाराधीन हैं।इसी तरह, 566 उम्मीदवारों ने अपनी शैक्षणिक योग्यता 5वीं से 12वीं के बीच घोषित की है, जबकि 652 उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता स्नातक या उससे ऊपर है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली के स्वास्थ्य मंत्री सौरभ भारद्वाज ने सोमवार को कहा कि लू लगने से बीमार पड़ने वाले मरीज़ों के लिए दिल्ली सरकार के तहत आने वाले अस्पतालों में दो-दो बिस्तर आरक्षित रखे जाएंगे जबकि लोक नायक जयप्रकाश अस्पताल (एलएनजेपी) में पांच बिस्तर आरक्षित होंगे। भारद्वाज ने पूर्वी दिल्ली के निजी शिशु अस्पताल में लगी आग की घटना और लू की स्थिति पर चर्चा करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की। भारद्वाज ने पत्रकारों से कहा कि मौजूदा लू की स्थिति को देखते हुए, 26 सरकारी अस्पतालों में दो-दो तथा एलएनजेपी अस्पताल में पांच बिस्तर गर्मी से बीमार पड़ने वाले मरीज़ों के लिए आरक्षित होंगे। file photo
- वाराणसी ।भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को कहा कि जब तक प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा हैं, तब तक धर्म के आधार पर आरक्षण लागू नहीं होने दिया जाएगा। वाराणसी ।लोकसभा से भाजपा के प्रत्याशी और प्रधानमंत्री मोदी के चुनाव प्रचार के लिए यहां पहुंचे नड्डा ने काल भैरव मंदिर में पूजा-अर्चना करने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में विपक्ष के बारे में पूछे गये एक सवाल पर कहा, ''विपक्ष को आप देख ही लेंगे कि चार जून (लोकसभा चुनाव परिणाम की घोषणा की तिथि) को उनका क्या हाल होगा।'' उन्होंने विपक्ष पर धर्म के आधार पर आरक्षण देने का मंसूबा रखने का आरोप लगाते हुए कहा, ''संविधान में स्पष्ट लिखा हुआ है कि धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होगा और जब तक मोदी जी हैं और भारतीय जनता पार्टी है, तब तक धर्म के आधार पर आरक्षण नहीं होने देंगे।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम अपने दलित, आदिवासी, पिछड़े और अति पिछड़े वर्गों के आरक्षण पर किसी को डाका नहीं डालने देंगे।''नड्डा ने कहा, ''मैं जब भी वाराणसी आता हूं तो काल भैरव मंदिर, संकट मोचन और काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन करता हूं। जैसा कि हम सभी जानते हैं कि काशी एक धार्मिक नगरी है और सनातन को आगे ले जाने वाली है। यहां से नई ऊर्जा मिलती है।'' उन्होंने कहा, ''मैंने समाज की भलाई, शांति और खुशी तथा नरेन्द्र मोदी सरकार में शुरू किए गए विकास कार्यों को ताकत देने के लिए प्रार्थना की है। नरेन्द्र मोदी जी 400 से ज्यादा सीटों के साथ तीसरी बार प्रधानमंत्री बनेंगे।'' बाद में शहर में आयोजित बुनकर कारीगर महासम्मेलन में भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ''जब जी20 का आयोजन हुआ तो उसमें अतिथियों को जो परिधान दिए गए, वो हमारे बुनकर भाइयों द्वारा निर्मित परिधान ही थे। देश के परंपरागत हुनर को आगे बढ़ाने का काम किया गया। इसी तरह बनारस में दीनदयाल हथकरघा संकुल के द्वारा कम से कम 300 करोड़ का निवेश हो रहा है, ताकि बुनकर भाइयों का तेजी से विकास हो सके।'' उन्होंने कहा कि मोदी जी ने ‘वोकल फॉर लोकल' को आगे बढ़ाने का काम किया।नड्डा ने कहा, ‘‘ वोकल फॉर लोकल... ये सिर्फ एक नारा नहीं है। ये भारत के आर्थिक जगत का मंत्र है और भारत को आत्मनिर्भर बनाने की आत्मा है।'' नड्डा ने कहा,''महात्मा गांधी जी ने खादी को आगे बढ़ाने का नारा दिया था, लेकिन कांग्रेस पार्टी ने इसे दरकिनार कर दिया। खादी की चिंता भी अगर किसी ने की, तो वो मोदी जी ने की और उसे मुख्यधारा में लाने का काम किया। इसलिए 'वन डिस्ट्रिक्ट, वन प्रोडक्ट' (एक जिला एक उत्पाद) को प्रोत्साहन दिया गया।'' भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि 2014 के बाद जो बुनकरों की जिंदगी में बदलाव आया है, वो मोदी जी के मजबूत नेतृत्व के कारण संभव हो पाया है। 10 साल पहले लोग सोचते थे कि इस देश में कुछ बदलने वाला नहीं है, ऐसी मानसिकता बन गई थी। लोगों में उदासीनता आ गई थी। लेकिन मोदी जी के नेतृत्व में लोगों की आशाएं और आकांक्षाएं बदल गई हैं... आज उनको लगता है कि नेता देश को बदल सकता है। मोदी जी ने बुनकर समाज को हर तरीके से प्रोत्साहन देने का काम किया है। देर शाम प्रभावी मतदाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि मोदी जी के नेतृत्व में 'विकासवाद' देश का एजेंडा बन चुका है। उन्होंने कहा,''आज जातिवाद की राजनीति के जगह रिपोर्ट कार्ड, जवाबदेही और पारदर्शिता की राजनीति ने आकार लिया है।साधारण लोग भी समझने लगे हैं कि कौन जातिवाद की राजनीति कर रहा है और कौन विकासवाद की। आज भारत के राजनीति की संस्कृति, परिभाषा व चाल-चरित्र बदला है।'' उन्होंने कहा कि आप सबकी उपस्थिति ने ये साफ कर दिया है कि आपने मोदी जी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का मन बना लिया है। आपको ये भी मालूम है कि मोदी जी ने 10 साल में राजनीति की परिभाषा, राजनीति की संस्कृति और राजनीति की सोच बदल डाली है। आज राजनीति विकासवाद की हो गई है।नड्डा ने कहा,''आज मोदी जी के नेतृत्व में भारत की ख्याति और ताकत... दुनिया की निगाह में है। आज दुनिया का 46 प्रतिशत रियल टाइम डिजिटल ट्रांजेक्शन (वास्तविक समय में डिटिजल अंतरण) भारत में होता है।आज भारत में सब्जी बेचने वालों से लेकर गांव-गांव तक लोग डिजिटल पेमेंट के तहत लेन-देन करते हैं।'' भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि कि आज दुनिया में सबसे सस्ती और असरदार दवाई भारत में बन रही है। उन्होंने कहा कि आज भारत, दुनिया को दवाई निर्यात करने में दूसरे स्थान पर खड़ा है। आज इस्पात उद्योग में भारत चौथे स्थान से दूसरे स्थान पर आ गया है और खिलौना उद्योग में हम तीसरे स्थान पर आ गए हैं। नड्डा ने सोमवार को वाराणसी में कई बैठकों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री मोदी वाराणसी लोकसभा सीट से लगातार तीसरी बार मैदान में हैं। इस सीट के लिए सातवें और अंतिम चरण में आगामी एक जून को मतदान होगा।
- गाजियाबाद (उप्र) ।गाजियाबाद के राजनगर डिस्ट्रिक्ट सेंटर के एक बैंक में पैसा जमा कराने जा रहे पेट्रोल पंप कर्मी से सोमवार को कथित तौर पर बदमाशों ने 9.50 लाख रुपये लूट लिए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक पेट्रोल पंप कर्मी की पहचान मयंक गौड़ के रूप में हुई, जो दोपहिया वाहन से बैंक जा रहे थे। उसने बताया कि जैसे ही वह रिंग रोड पर पहुंचा, दो मोटरसाइकिल सवार लुटेरों ने उनकी स्कूटी रोक ली और बंदूक की नोक पर 9.50 लाख रुपये से भरा उनका बैग लूट लिया। पुलिस ने बताया कि गौड़ की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज की गई है और प्रथम दृष्टया ऐसा लगता है कि लुटेरे पेट्रोल पंप से उनका पीछा कर रहे थे। लूट कांड में कुछ जानकार लोग शामिल हो सकते हैं। पुलिस ने बताया कि लूट का खुलासा करने के लिए कविनगर थाना ने चार टीम बनाई हैं। पुलिस उपायुक्त नगर कुंवर धनंजय सिंह ने बताया कि पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर रही है ।
-
बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के मुरादाबाद मार्ग पर एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा जाने से पिता और उसके दो बच्चों की मौत हो गयी जबकि पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गयी। जिले के नूरपुर थाने के प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि सोमवार शाम मुरादाबाद मार्ग पर अस्करीपुर के पास तेज रफ्तार मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गयी। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल चालक शब्बू (32), उसका दो वर्षीय पुत्र काशिफ और आठ माह की बेटी काशिफा की मौत हो गयी जबकि शब्बू की पत्नी परवीन गंभीर रूप से घायल है। कुमार ने बताया कि गंभीर रूप से घायल परवीन को जिला अस्पताल भेजा गया है।
-
नयी दिल्ली. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के प्रमुख मृत्युंजय महापात्र ने सोमवार को कहा कि भीषण गर्मी का सामना कर रहे राष्ट्रीय राजधानी समेत उत्तर पश्चिम भारत के लोगों को 30 मई के बाद भीषण लू से राहत मिल सकती है। आईएमडी के महानिदेशक ने ऑनलाइन प्रेस वार्ता में कहा कि उत्तर पश्चिम भारत के हिस्सों में भीषण लू चल रही है और यह अगले तीन दिनों तक जारी रह सकती है, लेकिन 30 मई से इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम होगी, क्योंकि एक पश्चिमी विक्षोभ आ रहा है। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ और अरब सागर से नमी आने के कारण देश के उत्तर पश्चिम और मध्य भागों में गरज के साथ वर्षा होने और पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में बारिश होने की संभावना है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। हालांकि, महापात्र ने यह भी कहा कि यह राहत अस्थायी होगी और जून के महीने में दिल्ली, पश्चिमी उत्तर प्रदेश, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान समेत भारत के ज्यादातर हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने की आशंका है। उन्होंने यह भी कहा कि जून में राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, गुजरात के कुछ हिस्सों और उत्तरी मध्य प्रदेश समेत उत्तर पश्चिम भारत में सामान्य से ज्यादा दिनों तक तेज लू चल सकती है। महापात्र ने कहा कि उत्तर पश्चिम भारत में जून के महीने में आम तौर पर तीन दिन लू चलती है, लेकिन इस बार इन इलाकों में दो-चार दिन ज्यादा ऐसी स्थिति बन सकती है यानी इन इलाकों में चार से छह दिन भयंकर लू चलने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि मई के महीने में राजस्थान और गुजरात में नौ से 12 दिन तक लू चली और तापमान 45 से 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। आईएमडी प्रमुख के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर, दक्षिणी हरियाणा, दक्षिण पश्चिम उत्तर प्रदेश और पंजाब में पांच से सात दिन-- 17 से 20 मई और 25-26 मई को लू की स्थिति रही तथा पारा 44-48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। महापात्र ने कहा कि मई में दो चरण में लू चली। उन्होंने बताया कि भीषण लू का पहला चरण एक से पांच मई तक रहा और यह मुख्यत: पूर्वी भारत और दक्षिणी प्रायद्वीप भारत में ही सीमित रहा। उन्होंने कहा कि दूसरा चरण 16 मई से उत्तर पश्चिम भारत में शुरू हुआ और यह अब तक जारी है और अगले तीन दिन यानी 29 मई रह सकता है।
-
इंदौर . इंदौर में 53 वर्षीय व्यक्ति अपनी ‘‘लिव-इन'' साथी की लाश के साथ कम से कम तीन दिन रहा और बाद में शव को बोरी में बंद करके सड़क पर लावारिस छोड़ दिया क्योंकि उसके पास अंतिम संस्कार के लिए पैसे नहीं थे। पुलिस की एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) नंदिनी शर्मा ने बताया कि चंदन नगर क्षेत्र में रविवार को 57 वर्षीय महिला की बोरे में बंद लाश मिली। उन्होंने बताया कि महिला का शव चार-पांच दिन पुराना था और काफी सड़ चुका था। एसीपी ने बताया,‘‘हमें महिला के शव पर किसी तरह की चोट के निशान नहीं मिले। पोस्टमॉर्टम से पता चला है कि वह लीवर संबंधी दिक्कतों और अन्य बीमारियों से लम्बे समय से जूझ रही थी जिनके कारण उसकी स्वाभाविक मौत हुई।'' शर्मा ने बताया कि यह महिला पिछले 10 साल से एक व्यक्ति के साथ रह रही थी। उन्होंने बताया,‘‘जब हम इस 53 वर्षीय व्यक्ति के पास पहुंचे, तो वह राजमोहल्ला क्षेत्र के एक बगीचे में बैठा था। वह रंगाई-पुताई का काम करता है। वह मानसिक रूप से थोड़ा कमजोर है।'' एसीपी ने बताया कि चार-पांच दिन पहले इस व्यक्ति के पड़ोसियों ने उससे कहा कि उसके घर से बदबू आ रही है और उसे देखना चाहिए कि उसके घर कोई चूहा तो नहीं मर गया है। उन्होंने बताया,‘‘जांच से पता चला है कि यह व्यक्ति अपने घर में महिला के शव के साथ कम से कम तीन दिन से रह रहा था। बदबू को लेकर पड़ोसियों की शिकायत के बाद उसने शनिवार रात इस शव को बोरी में डाला और अपने घर से करीब 200 मीटर दूर ले गया। जब शव के वजन से उसकी सांस फूलने लगी तो वह लाश को सड़क पर लावारिस छोड़कर गायब हो गया।'' एसीपी के मुताबिक इस व्यक्ति ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसने अपनी ‘‘लिव-इन'' जोड़ीदार के शव को इसलिए लावारिस छोड़ा क्योंकि उसके पास उसके अंतिम संस्कार के लिए धन नहीं था। उन्होंने बताया कि महिला की मौत के मामले में विस्तृत जांच जारी है और इसके आधार पर उचित कानूनी कदम उठाए जाएंगे। चंदन नगर थाने के प्रभारी इंद्रमणि पटेल ने बताया कि पुलिस ने सोमवार को महिला के शव का अंतिम संस्कार कराया।
- नयी दिल्ली. एक गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) की ओर से संचालित हेल्पलाइन नंबर पर फोन कॉल करके दूसरी राय के तहत चिकित्सक से परामर्श लेने वाले कैंसर रोगियों में से 20 प्रतिशत की उम्र 40 वर्ष से कम थी जो इस बात का संकेत है कि युवाओं के कैंसर की चपेट में आने के मामले बढ़े हैं। संगठन से प्राप्त डेटा से तो यही पता चलता है। कैंसर रोग विशेषज्ञों की ओर से शुरू किये गये ‘कैंसर मुक्त भारत फाउंडेशन' के मुताबिक एक मार्च और 15 मई के बीच 1368 लोगों ने कॉल किया। अध्ययन से पता चला कि 40 वर्ष से कम उम्र के 60 प्रतिशत कैंसर रोगी पुरुष थे। यह भी पाया गया कि सबसे अधिक प्रचलित मामले सिर और गर्दन के कैंसर (26 प्रतिशत) के थे, इसके बाद ‘गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल कैंसर' (16 प्रतिशत), स्तन कैंसर (15 प्रतिशत) और रक्त कैंसर (नौ प्रतिशत) के मामले पाए गए। एनजीओ के एक बयान में कहा गया है कि सबसे ज्यादा फोन कॉल हैदराबाद से प्राप्त हुए इसके बाद मेरठ, मुंबई और नई दिल्ली का स्थान था। मरीजों के लिए दूसरे चिकित्सक की निःशुल्क राय उपलब्ध कराने के लिए हेल्पलाइन नंबर (93-555-20202) शुरू किया गया। यह सोमवार से शनिवार तक सुबह 10 बजे से शाम पांच बजे तक चालू रहता है। कैंसर रोगी प्रमुख कैंसर रोग विशेषज्ञ (ऑन्कोलॉजिस्ट) से सीधे बात करने के लिए हेल्पलाइन नंबर पर कॉल कर सकते हैं या अपने कैंसर के इलाज पर चर्चा करने के लिए वीडियो कॉल भी कर सकते हैं। कैंसर मुक्त भारत अभियान का नेतृत्व कर रहे प्रधान अन्वेषक और वरिष्ठ ‘ऑन्कोलॉजिस्ट' डॉ. आशीष गुप्ता ने कहा कि हेल्पलाइन नंबर की शुरुआत के बाद से यह पूरे भारत के कैंसर रोगियों के लिए एक सहायता प्रणाली साबित हुई है और हर दिन लगभग सैकड़ों फोन कॉल प्राप्त होते हैं। ‘‘यह अध्ययन हमें उपचार के प्रति अधिक लक्षित कैंसर दृष्टिकोण बनाने और भारत को ‘कैंसर मुक्त' बनाने में मदद करता है। हमने पाया कि सिर और गर्दन के कैंसर के मामले सबसे अधिक हैं, जिसे जीवनशैली में सुधार, टीकाकरण और जांच से लगभग पूरी तरह से रोका जा सकता है। स्तन और मलाशय के कैंसर का प्रारंभिक चरण में पता लगाने के लिए प्रभावी जांच विधि मौजूद है। दुर्भाग्य से समुचित जांच को कम अपनाने के कारण लगभग दो तिहाई कैंसर का देर से पता चलता है।'' अध्ययन में यह भी पाया गया कि भारत में पता लगाए गए कैंसर के मामलों में से 27 प्रतिशत मामले चरण एक और दो के होते हैं, जबकि 63 प्रतिशत कैंसर के मामले तीसरे या चौथे चरण के होते हैं। दूसरी राय के तहत परामर्श लेने वाले कैंसर रोगियों का सबसे आम सवाल यह था कि उनके कैंसर का इलाज सही और अद्यतन है या नहीं। उन्होंने कहा, कुछ मरीजों ने अपने कैंसर से संबंधित इलाज के लिए नवीनतम उपचार या दवा की उपलब्धता के बारे मे भी जानना चाहा क्योंकि कैंसर के इलाज में लगभग हर हफ्ते नई दवाओं को मंजूरी दी जाती है। उन्होंने कहा कि दूसरा सबसे आम सवाल यह था कि मरीज यह पूछ रहे थे कि उनका कैंसर किस चरण में है।डॉ. गुप्ता ने कहा कि कैंसर मुक्त भारत अभियान का उद्देश्य शिक्षा और शीघ्र पता लगाने के माध्यम से व्यक्तियों और समुदायों में कैंसर होने के मामलों और मरीजों पर इसके असर को कम करना है। अध्ययन से पता चला कि संगठन तक पहुंचने वाले 67 प्रतिशत कैंसर रोगी ऐसे थे जो निजी अस्पतालों से कैंसर का इलाज करा रहे थे, जबकि 33 प्रतिशत लोग ऐसे थे जो सरकारी अस्पतालों से इलाज करा रहे थे। डॉ. आशीष गुप्ता ने कहा कि भारत में मोटापे की बढ़ती दर, आहार संबंधी आदतों में बदलाव खासकर अधिक प्रसंस्कृत भोजन की खपत में वृद्धि और गतिहीन जीवन शैली का भी उच्च कैंसर दर से संबंध है। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी में कैंसर के खतरे को रोकने के लिए तंबाकू और शराब के सेवन से बचना चाहिए और एक स्वस्थ जीवन शैली को अपनाना चाहिए।
-
नई दिल्ली। भीषण गर्मी की लहर देश के ज्यादातर हिस्सों को अपनी चपेट में लिए हुए है और रविवार 26 मई भी इससे अलग नहीं रहा। आइए, रविवार को भारत के 10 सबसे गर्म शहरों की लिस्ट आपके साथ शेयर करते हैं, क्योंकि राजस्थान, दिल्ली और आसपास के इलाकों में लू (हीटवेव) से लेकर भीषण लू (सीवर हीटवेव) जैसी परिस्थितियां बनी हुई रहीं।
-फलोदी – 49.8°C तापमान के साथ सबसे गर्म रहा।-इसके बाद क्रमशः बाड़मेर (49°C), बीकानेर (48.6°C), जैसलमेर (48.5°C) का स्थान रहा।-दिल्ली का मुंगेशपुर 48.3°C और नजफगढ़ 48.1°C तापमान के साथ तपता रहा।-गंगानगर (47.8°C), चूरू और झांसी (दोनों 47.6°C) भीषण गर्मी की चपेट में रहे।-फरीदकोट (47.4°C) और कोटा (47.1°C) भी काफी गर्म रहे।-पंजाब, हरियाणा, मध्य महाराष्ट्र, पश्चिमी मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भीषण गर्मी का प्रकोप रहा।-राजस्थान में तेज गर्मी के कारण रविवार को दो लोगों की मौत हो गई। राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को हीट स्ट्रोक से 40 वर्षीय व्यक्ति की मौत की पुष्टि की, जबकि बूंदी शहर से एक और मौत की खबर आई।भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, अगले 48 घंटों में बीकानेर, जयपुर, भरतपुर और कोटा संभागों के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में दो डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि होने की संभावना है। राज्य में अगले तीन-चार दिनों तक भीषण गर्मी बनी रहेगी।पूर्वी राजस्थान में बुधवार से और पश्चिमी राजस्थान में गुरुवार से कुछ राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग गर्मी के कारण होने वाली मौतों का ऑडिट कर रहा है, जैसा कि भारत सरकार द्वारा निर्धारित प्रोटोकॉल में मानकों के अनुसार किया जाता है। - देहरादून. । उत्तराखंड वन विभाग ने नैनीताल जिले में स्थित दो इको-टूरिज्म स्थलों ‘टिफिन टॉप' और ‘चाइना पीक' में प्रवेश के लिए प्रति व्यक्ति 50 रुपये का शुल्क लगा दिया है जिस पर प्रकृतिप्रेमियों ने ऐतराज जताया है । नैनीताल के रहने वाले और उत्तराखंड के पूर्व मुख्य सचिव इंदु पांडे ने सोशल मीडिया पर लिखा कि विभाग का यह फैसला ‘इकोटूरिज्म' के लिए प्रतिकूल है और उन जैसे पुराने जमाने के लोगों और प्रकृति प्रेमियों के लिए खीझ पैदा करने वाला है। उन्होंने कहा कि तीन प्रवेश द्वारों पर तीन कर्मचारी टिकट बेच रहे हैं।पांडे ने दावा किया कि यह एक ऐसी वसूली है जो प्रकृति प्रेमियों को इन प्राचीन स्थलों में घूमने के लिए हतोत्साहित करेगी। पांडे ने इस बारे में पूछे जाने पर बताया कि वह जब भी नैनीताल में होते हैं, इन स्थानों की ट्रैकिंग पर जाते हैं । उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर वह राज्य सरकार के अधिकारियों से बात करेंगे । पूर्व मुख्य सचिव ने कहा कि इन स्थानों पर वैसे ही बहुत सीमित लोग जाते हैं । उन्होंने कहा कि ‘चाइना पीक' के लिए ट्रेक इतना मुश्किल है कि हर कोई वहां जाने की हिम्मत नहीं जुटा पाता । संपर्क किए जाने पर नैनीताल के वन प्रभागीय अधिकारी चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि विभाग ने इन स्थलों पर ठोस अपशिष्ट प्रबंधन के लिए वहां आने वालों पर प्रवेश शुल्क लगाया है । उन्होंने कहा, “हम इन स्थानों से कूड़ा और प्लास्टिक इकट्ठा कर रहे हैं । लोगों की शिकायत है कि इन क्षेत्रों में बहुत सारा कूड़ा और प्लास्टिक है । इन जगहों के बेहतर प्रबंधन के लिए हमने टिकट लगाया है ।”
- पन्ना।.मध्य प्रदेश के पन्ना जिले में रविवार तड़के एक तेज रफ्तार ट्रक के सड़क किनारे स्थित घर में जा घुसने से एक महिला की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 50 किलोमीटर दूर बृजपुर पुलिस थाने के अंतर्गत भुसाड़ा गांव में रात करीब डेढ़ बजे पीड़िता अपने घर के आंगन में सो रही थी उस दौरान यह हादसा हुआ। बृजपुर पुलिस थाना प्रभारी भानु प्रताप ने कहा कि ट्रक के चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया जिससे ट्रक घर में जा घुसा। उन्होंने बताया कि दुर्घटना में 55 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई और उसके परिवार के तीन सदस्य घायल हो गए। उन्होंने बताया कि घायलों का इलाज जिला अस्पताल में किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने नशे में धुत चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
- नासिक.। महाराष्ट्र के नासिक में एक आभूषण कंपनी पर आयकर विभाग ने छापा मारकर 26 करोड़ रुपये की ‘बेहिसाब' नकदी बरामद की है। आधिकारिक सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि आभूषण कंपनी और उसके प्रवर्तकों द्वारा कथित कर चोरी के संबंध में जानकारी मिलने के बाद तलाशी शुरू की गई। उन्होंने कहा कि तलाशी के दौरान अब तक लगभग 26 करोड़ रुपये नकद जब्त किए गए हैं और आयकर विभाग की टीम को कथित अघोषित निवेश से संबंधित कुछ ‘आपत्तिजनक' दस्तावेज मिले हैं जिनकी जांच की जा रही है। इसी तरह की कार्रवाई में आयकर विभाग ने पिछले हफ्ते उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित जूता व्यापारी और उससे संबंधित कुछ इकाइयों पर छापेमारी करके 57 करोड़ रुपये नकद जब्त किए थे।
- नयी दिल्ली।लोकसभा चुनाव के बीच, सरकार ने रविवार को एक असमान्य कदम उठाते हुए थल सेना प्रमुख जनरल मनोज पांडे को एक महीने का सेवा विस्तार दे दिया और अब वह 30 जून तक इस पद पर बने रहेंगे। जनरल पांडे 31 मई को सेवानिवृत्त होने वाले थे।रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने जनरल पांडे के एक महीने के सेवा विस्तार को मंजूरी दी। जनरल पांडे के सेवा विस्तार से करीब पांच दशक पहले 1970 के दशक की शुरूआत में इस तरह का पहला उदाहरण देखने को मिला था, जब तत्कालीन इंदिरा गांधी सरकार ने (तत्कालीन) थल सेना प्रमुख जनरल जी जी बेवूर के सेवा काल को एक साल के लिए बढ़ा दिया था। सैन्य विशेषज्ञों के अनुसार, जनरल बेवूर को दिये गए सेवा विस्तार के मद्देनजर, तत्कालीन लेफ्टिनेंट जनरल प्रेम भगत थल सेना प्रमुख बने बिना ही सेवानिवृत्त हो गए थे जबकि उनके (जनरल बेवूर) बाद उन्हें ही इस शीर्ष पद पर नियुक्त होना था। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति ने सेना नियम 1954 के नियम 16ए(4) के तहत, थल सेना प्रमुख जनरल मनोज सी पांडे को एक महीने का सेवा विस्तार दिया है, जो उनकी सेवानिवृत्ति की तारीख (31 मई) से आगे 30 जून तक है।'' वर्तमान में ‘वाइस चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ' के रूप में सेवा दे रहे लेफ्टिनेंट जनरल उपेंद्र द्विवेदी, जनरल पांडे के बाद वरिष्ठतम अधिकारी हैं। लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी के बाद वरिष्ठतम अधिकारी लेफ्टिनेंट जनरल अजय कुमार सिंह हैं जो दक्षिणी थल सेना कमांडर हैं। दोनों ही सैन्य अधिकारी, लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी और लेफ्टिनेंट जनरल सिंह पाठ्यक्रम सहपाठी हैं।लेफ्टिनेंट जनरल द्विवेदी के पास चीन और पाकिस्तान से लगी सीमाओं पर व्यापक अभियानगत अनुभव है। उन्होंने फरवरी में लेफ्टिनेंट जनरल एम वी सुचिंद्र कुमार की जगह ली थी और सेना के उप प्रमुख का प्रभार संभाला था। जनरल एम एम नरवणे के सेवानिवृत्त होने के बाद जनरल पांडे ने 30 अप्रैल, 2022 को थल सेना के 29वें प्रमुख के रूप में पदभार संभाला। सेना का शीर्ष पद संभालने से पहले, जनरल पांडे उप प्रमुख के रूप में सेवा दे रहे थे। वह ‘कोर ऑफ इंजीनियर्स' से बल का नेतृत्व करने वाले पहले अधिकारी हैं। अपने विशिष्ट करियर में, जनरल पांडे ने अंडमान-निकोबार कमान के कमांडर-इन-चीफ के रूप में भी सेवा दी है, जो भारत की एकमात्र त्रि-सेवा कमान है। वह राष्ट्रीय रक्षा अकादमी के छात्र रहे हैं। जनरल पांडे दिसंबर 1982 में ‘कोर ऑफ इंजीनियर्स' (द बॉम्बे सैपर्स) में शामिल हुए थे।
- पणजी। दक्षिण गोवा जिले के एक औद्योगिक क्षेत्र में बेकाबू निजी बस सड़क किनारे बनी दो झोपड़ियों में जा घुसी, जिससे चार मजदूरों की मौत हो गई और पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना शनिवार रात करीब 11.30 बजे वर्ना औद्योगिक क्षेत्र में हुई, उस समय सड़क निर्माण का काम करने वाले मजदूर झुग्गियों में सो रहे थे। पुलिस उपाधीक्षक संतोष देसाई ने कहा कि बस चालक की पहचान पास के कार्टोलिम गांव के निवासी भरत गोवेकर के रूप में हुई है, उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। उन्होंने बताया कि वाहन चालक की चिकित्सा जांच से पुष्टि हुई है कि घटना के समय वह शराब के नशे में था। एक मजदूर ने दावा किया कि बस चालक ने घटना स्थल पर मौजूद अन्य मजदूरों को घटना के बारे में किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि एक निजी कंपनी के कर्मचारियों को ले जा रही बस दो झुग्गियों में जा घुसी, जहां मजदूर सो रहे थे। उन्होंने कहा, “चार मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें गोवा मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया।” पुलिस ने बताया कि मजदूरों को एक ठेकेदार ने काम पर लगाया था।एक मजदूर ने पत्रकारों को बताया कि बस उनकी झुग्गियों में जा घुसी। मजदूर रूपेंद्र कुमार माथुर ने दावा किया, “घटना के बाद, बस चालक ने हमें किसी से शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। बस चालक शराब के नशे में था।” माथुर के चाचा रमेश माथुर और भाई अनिल माथुर की इस घटना में मौत हुई है।उन्होंने यह भी दावा किया कि घटनास्थल पर चिकित्सा सहायता देर से पहुंची, जिसके कारण पीड़ितों को मडगांव के जिला अस्पताल ले जाने में देरी हुई। रूपेंद्र माथुर ने यह भी कहा कि वह दुर्घटना प्रभावित झुग्गियों में से एक में रह रहे थे, लेकिन एक फोन कॉल सुनने के लिये झोपड़ी से बाहर आने के कारण वह बच गए। उन्होंने कहा, “मोबाइल फोन पर बात करने के लिए झोपड़ी से बाहर आए तीन और लोग भी बच गए।”गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने घटना पर शोक व्यक्त किया और कहा कि नशे की हालत में गाड़ी चला रहे बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने 'एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा कि मजदूरों को झुग्गियों में ठहराने वाले ठेकेदार और उप-ठेकेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा, “सरकार ठेकेदारों और उपठेकेदारों को काली सूची में डाल देगी। किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा।”
- चतरा.। झारखंड के चतरा जिले में कथित तौर पर पुलिस का मुखबिर होने के शक में नक्सलियों ने आदिवासी समुदाय के एक व्यक्ति और उसके बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि घटना शनिवार रात कुंडा थाना क्षेत्र के हिंदिया कला गांव में हुई।उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान छेदी बिरहोर और उनके बेटे पंकज बिरहोर के रूप में हुई है, जो आदिवास समुदाय से हैं। पुलिस अधीक्षक (एसपी) विकास पांडे ने कहा,"छेदी बिरहोर और उनके बेटे की कथित तौर पर तृतीय सम्मेलन प्रस्तुति कमेटी (टीएसपीसी) के सदस्यों ने हत्या की।'' पंकज के बड़े भाई विधायक बिरहोर ने पुलिस को बताया कि करीब 60-70 नक्सलियों ने उनके घर को घेर लिया और दरवाजा खटखटाया तथा जब किसी ने दरवाजा नहीं खोला तो वे छत के रास्ते घर में घुस गये। पहले तो उन्होंने उनकी पिटाई की और फिर गोली मारकर हत्या कर दी।'' विधायक ने कहा कि जब हमला हुआ तब वह घर में नहीं था।उन्होंने संवाददाताओं से कहा, "अगर मैं घर पर होता तो मुझे भी मार दिया जाता।" file photo
-
शाहजहांपुर. उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में पूर्णागिरि मंदिर दर्शन के लिए जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस के ऊपर गिट्टियों से भरा डंपर (एक प्रकार का ट्रक) पलट जाने से 11 लोगों की मौत हो गयी और 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी। राज्य के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में लोगों की मौत होने पर शोक संवेदना व्यक्त की।
पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने रविवार को बताया कि सीतापुर जिले के कमलापुर थाना क्षेत्र में रहने वाले श्रद्धालु शनिवार रात एक निजी बस से पूर्णागिरी मंदिर दर्शन करने के लिए जा रहे थे। उन्होंने बताया कि बस चालक ने रात में खुटार थाना क्षेत्र के हजियापुर में एक ढाबे पर बस रोकी जिसके बाद कुछ यात्री ढाबे पर खाना खाने चले गए जबकि कुछ लोग बस में ही बैठकर जलपान करने लगे। उन्होंने बताया कि इसी बीच गोला की तरफ से आ रहा गिट्टियों से भरा डंपर अनियंत्रित होकर बस के ऊपर पलट गया और इस हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई तथा 10 अन्य लोग घायल हो गए। मीणा ने बताया कि मृतकों की पहचान सुमन देवी (36), अजीत (15), आदित्य (आठ), रामगोपाल (48), रोहिणी (20), प्रमोद (30), छुटकी (50), शिव शंकर (48), सीमा (30) सुधांशु (सात) एवं सोनवती (45) के रूप में की गई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना में 10 अन्य लोग भी घायल हुए हैं जिन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि डंपर चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश की जा रही है।
मुख्यमंत्री आदित्यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि देश को निर्देशक पायल कपाड़िया पर गर्व है, जो अपनी फिल्म ‘ऑल वी इमेजिन एज लाइट' के लिए 2024 के कान फिल्म महोत्सव में ‘ग्रैंड प्रिक्स' पुरस्कार जीतने वाली पहली भारतीय फिल्म निर्माता बन गई हैं। मोदी ने यह भी कहा कि अपनी उल्लेखनीय प्रतिभा के माध्यम से भारतीय फिल्म और टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) की पूर्व छात्रा ने "भारत की समृद्ध रचनात्मकता की झलक" प्रदर्शित की है। उन्होंने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "अपने काम 'ऑल वी इमेजिन एज लाइट' के लिए 77वें कान फिल्म समारोह में ‘ग्रैंड प्रिक्स' जीतने की ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए पायल कपाड़िया पर भारत को गर्व है। भारत की समृद्ध रचनात्मकता की झलक के साथ एफटीआईआई की पूर्व छात्रा की उल्लेखनीय प्रतिभा वैश्विक मंच पर चमक रही है। यह प्रतिष्ठित सम्मान न केवल उनके असाधारण कौशल का सम्मान करता है, बल्कि भारतीय फिल्म निर्माताओं की नयी पीढ़ी को भी प्रेरित करता है।" शनिवार रात संपन्न हुए 77वें कान फिल्म महोत्सव में 'ऑल वी इमेजिन एज लाइट' को ‘पाम डी'ओर' के बाद महोत्सव का दूसरा सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार मिला। कपाड़िया की फिल्म बृहस्पतिवार रात प्रदर्शित हुई। यह 30 वर्ष में मुख्य प्रतियोगिता में प्रदर्शित होने वाली किसी भारतीय महिला निर्देशक की पहली भारतीय फिल्म है। मुख्य प्रतियोगिता के लिए चयनित की गई पिछली भारतीय फिल्म शाजी एन करुण की 1994 में आई ‘स्वाहम' थी। मलयालम-हिंदी फीचर फिल्म ‘ऑल वी इमेजिन एज लाइट' में कनी कुसरुति, दिव्य प्रभा और छाया कदम ने भी काम किया है।







.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)




.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)

.jpg)



.jpg)