- Home
- देश
-
देहरादून। आगामी दस तारीख से शुरू होने वाली चारधाम यात्रा की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को ‘मॉक ड्रिल' किया गया और मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने केदारनाथ और बदरीनाथ में व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ के कपाट 10 मई से खुलने जा रहे हैं और उसके दो दिन बाद 12 मई को बदरीनाथ के कपाट खुलेंगे। यात्रा शुरू होने से पहले ही देशभर के श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है और अब तक 18 लाख से अधिक तीर्थयात्री चारों धामों के दर्शन के लिए अपना पंजीकरण करवा चुके हैं । तीर्थयात्रियों की भारी आमद को देखते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण तथा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने ‘मॉक ड्रिल' का आयोजन किया जिसमें यात्रा मार्ग पर पड़ने वाले सभी जिलों ने आपात स्थिति से निपटने के लिए अपनी-अपनी कार्ययोजना पेश की। इस मौके पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ नियंत्रण कक्ष में मौजूद रहीं मुख्य सचिव ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने को कहा जिससे चारधाम यात्रा निर्विघ्न रूप से संपन्न हो और तीर्थयात्रियों को किसी तरह की कोई दिक्कत न हो। ‘मॉक ड्रिल' के दौरान राहत और बचाव कार्यों के लिए उपकरणों की उपलब्धता, संसाधन प्रबंधन, स्वास्थ्य, सेना, पुलिस, राष्ट्रीय आपदा मोचन बल, राज्य आपदा प्रतिवादन बल तथा पैरामेडिकल टीमों की तैनाती तथा आपदा प्रबंधन पर विस्तार से चर्चा की गयी । प्रदेश के आपदा प्रबंधन सचिव रंजीत सिन्हा ने विभिन्न जिलों की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया लेकिन यह भी कहा कि इसमें पाई गयी कुछ कमियों को यात्रा शुरू होने से पहले दूर कर दिया जाए। उत्तरकाशी के नेताला में भूस्खलन तथा सड़क अवरूद्ध होना, चीड़बासा में बादल फटना, बदरीनाथ में भूकंप तथा भगदड़, गोपेश्वर में आग, बाजपुर में सड़क अवरूद्ध, गौचर में सड़क हादसा, कलियासौड़ में बस दुर्घटना, हरकी पौड़ी में भगदड़ तथा देहरादून में राजपुर रोड स्थित राजकीय कन्या इंटर कालेज में भूकंप की ‘मॉक ड्रिल' की गई। मुख्य सचिव रतूड़ी ने केदारनाथ और बदरीनाथ धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को केदारनाथ में जारी सभी अनिवार्य कार्यों को मंदिर के कपाट खुलने से पहले ही पूरे करने के निर्देश दिए जिससे श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने इसके लिए अतिरिक्त मजदूर एवं संसाधन इस्तेमाल करने को कहा।
रतूड़ी ने बदरीनाथ में भी यात्रा व्यवस्थाओं का जायजा लिया और श्रद्वालुओं की यात्रा को सरल, सुगम एवं सुविधाजनक बनाने और पुर्नर्निमाण कार्यों को समय से पूरा करने के निर्देश अधिकारियों को दिए। - नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के 150 से ज्यादा स्कूलों को ई-मेल भेजकर उनके यहां बम होने की झूठी जानकारी देने के मामले में इंटरपोल के जरिए सूचना हासिल करने के वास्ते केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को पत्र लिखा है। अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि सीबीआई को भारत का राष्ट्रीय केन्द्रीय ब्यूरो भी कहा जाता है और इसे इंटरपोल इंडिया के नाम से भी जाना जाता है। यह इंटरपोल के साथ सभी संवाद और समन्वय के लिए जिम्मेदार है। उन्होंने बताया कि सीबीआई दिल्ली पुलिस द्वारा मांगी गई जानकारी इंटरपोल को भेज सकती है और फिर इंटरपोल इसे सभी सदस्य कानून प्रवर्तन एजेंसियों को भेजेगा। दिल्ली पुलिस ई-मेल भेजने के लिए इस्तेमाल किए गए आईपी एड्रेस के अलावा ई-मेल के प्रेषक और स्रोत की भी जांच कर रही है ताकि इस झूठी धमकी देने के पीछे की साजिश और मकसद का पता लगाया जा सके। इस कारण बुधवार को दिल्ली-एनसीआर में दहशत फैल गई थी। ई-मेल कथित रूप से मेल.आरयू सर्वर से भेजा गया था जिसमें दावा किया गया था कि स्कूल परिसरों में विस्फोटक रखे गए हैं जिसके बाद विद्यालयों को खाली कराया गया और तलाशी ली गई। वहीं दहशत में आए अभिभावक अपने बच्चों को लेने के विद्यालय पहुंचने लगे। तलाशी के दौरान कुछ नहीं मिला और इस धमकी को बाद में फर्जी करार दिया गया।अधिकारियों ने बताया कि शुरुआती जांच से यह संदेह पैदा हुआ है कि लोकसभा चुनाव के दौरान किसी आतंकवादी समूह द्वारा कोई गहरी साजिश रची गई है। उन्होंने बताया कि धमकी भरा ई-मेल आईएसआईएस मॉड्यूल द्वारा भेजा गया हो सकता है। एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस के विशेष प्रकोष्ठ ने साजिश और धमकी जैसे आरोपों में प्रासंगिक कानूनी प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया है और जांच के लिए एक टीम गठित की है।
-
तिरुवनंतपुरम। तिरुवनंतपुरम में एक सहकारी बैंक द्वारा कथित तौर पर खाते में जमा राशि लौटाने से इनकार किए जाने पर 52 वर्षीय एक व्यक्ति ने जहरीला पदार्थ खाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि जहरीला पदार्थ खाने के बाद मरुताथूर निवासी सोमसागरम को 19 अप्रैल को यहां के अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां कल उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।प्राथमिकी के अनुसार, पेरुम्पझुथूर सहकारी बैंक के अधिकारियों ने कई बार अनुरोध किए जाने के बावजूद उनकी पांच लाख रुपये की जमा राशि लौटाने से इनकार कर दिया था। इसमें कहा गया कि सोमसागरम अपनी बेटी की शादी के खर्च को लेकर तनाव में थे तथा 19 अप्रैल को उन्होंने जहरीला पदार्थ खा लिया। अधिकारियों ने बताया कि बुधवार रात अस्पताल में उनकी मौत हो गई।सोमसागरम के 86 वर्षीय पिता ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘वह (उनका बेटा) पिछले छह महीने से बैंक से राशि लौटाने का अनुरोध कर रहा था, लेकिन बैंक ने इनकार कर दिया और धमकी भी देना लगा। इस रवैये के कारण उसने यह कदम उठाया।'' इस बीच, बैंक अधिकारियों ने मीडिया को बताया कि बैंक वित्तीय संकट से जूझ रहा है और वह ग्राहकों की जमा राशि लौटने में असमर्थ है, क्योंकि ऋण वसूल करने में भी देरी हो रही है। अधिकारियों ने दावा किया कि ज्यादा दबाव बनाने पर कुछ ग्राहकों के पैसे लौटा दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सोमसागरम द्वारा आत्महत्या की कोशिश किए जाने के बाद बैंक 30 जून तक जमा राशि लौटाने के लिए सहमत हो गया था।(सांकेतिक फोटो)
-
जौनपुर (उप्र) । जौनपुर जिले के बरसठी क्षेत्र में गुरुवार को जमीन के विवाद में खूनी संघर्ष होने से दो सगे भाइयों की मौत हो गयी तथा तीन अन्य लोग गम्भीर रूप से घायल हो गये। अपर पुलिस अधीक्षक शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि बरसठी थानाक्षेत्र के पल्टूपुर गांव में दशरथ यादव उर्फ मुन्ना यादव एवं शेषनाथ यादव के बीच पट्टे की जमीन को लेकर काफी दिनों से विवाद था। उनके अनुसार गुरुवार को सुबह दशरथ विवादित जमीन पर कुछ काम करा रहा था, तभी शेषनाथ यादव ने उसे अपनी जमीन बताकर रोकने की कोशिश की, ऐसे में दोनों पक्षों के लोग लाठी-डंडों एवं लोहे की राड लेकर एक-दूसरे पर टूट पड़े। सिंह ने बताया कि मारपीट में दशरथ (60), उसका भाई सुभाष यादव (40), भरत लाल यादव (44), सुनील यादव (23) और अमित यादव (13) घायल हो गए। उनके मुताबिक सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां सुभाष यादव और उसके भाई दशरथ यादव की इलाज के दौरान मौत हो गयी। सिंह ने बताया कि बाकी घायलों का इलाज किया जा रहा है तथा पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है। उनके अनुसार मामले की जांच की जा रही है।
- नयी दिल्ली. केंद्र सरकार ने रेलगाड़ियों के चालकों की भोजन और शौच के वास्ते निश्चित अवधि का अल्प अवकाश देने की पुरानी मांग का समाधान निकालने पर सहमति व्यक्त की है। श्रम मंत्रालय ने रेलवे के रेलगाड़ी चालकों के ड्यूटी पर रहने के दौरान भोजन और शौच जाने के लिए निश्चित अवधि का अल्प अवकाश उपलब्ध कराने की रूपरेखा तैयार करने के लिए एक उच्चस्तरीय समिति गठित की है। यह पहल अंतरराष्ट्रीय श्रम संगठन (आईएलओ) के कार्य घंटे (उद्योग) संधि 1919 के अनुरूप है, जिसे भारत ने अनुमोदित किया है। विभिन्न यूनियन के पदाधिकारियों के अनुसार, आईएलओ के 1919 की संधि में पहली बार श्रमिकों को ड्यूटी के दौरान विश्राम अवकाश का अधिकार प्रदान किया गया था और इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लागू किया गया था। हालांकि, कुछ कारणों से रेलगाड़ियों के चालक इससे वंचित रह गए थे।भारतीय रेलवे लोको रनिंगमैन संगठन (आईआरएलआरओ) ने पहली बार 2009 में इस मुद्दे को उठाया था और तब से इसने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग, अधीनस्थ विधान संबंधी संसदीय समिति और श्रम संबंधी संसदीय समिति सहित विभिन्न मंचों पर कई प्रतिवेदन दिए हैं। आईआरएलआरओ के कार्यकारी अध्यक्ष संजय पांधी ने कहा, “ 2018 में पहली बार श्रम मंत्रालय ने इस मुद्दे का निदान करने का फैसला किया जब उसे पता चला कि महिला लोको पायलट (रेलगाड़ी चालक) सबसे ज्यादा प्रभावित हैं और उनके काम करने की स्थिति दयनीय है और आखिरकार 2024 में समिति का गठन कर दिया गया है।" मुख्य श्रम आयुक्त कार्यालय द्वारा 18 अप्रैल को जारी कार्यालय ज्ञापन (ओएम) के अनुसार, 13 सदस्यीय समिति के अध्यक्ष मुख्य श्रम आयुक्त (केंद्रीय) हैं। इसके अलावा, रेलवे बोर्ड से पांच सदस्य और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय से एक सदस्य (मनोनीत) सरकार का प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि छह अन्य सदस्य विभिन्न श्रमिक यूनियन से हैं। समिति की पहली बैठक 25 अप्रैल को हुई और उसके बारे में कहा गया है कि यह संतोषजनक रही।समिति के कार्य-शर्तों में कहा गया है कि समिति अपनी रिपोर्ट 12 महीने के भीतर प्रस्तुत करे।
- जयपुर। राजस्थान के भीलवाड़ा जिले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने ग्राम विकास अधिकारी को कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए गिरफ्तार किया है। ब्यूरो के अतिरिक्त महानिदेशक हेमंत प्रियदर्शी ने बताया कि आरोपी रामलाल माली जब भीलवाड़ा की सातलियास ग्राम पंचायत में तैनात थे तो उन्होंने लीज डीड जारी करने की एवज में ढाई लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। उन्होंने बताया कि शिकायत के सत्यापन के बाद जाल बिछाया गया और आरोपी को परिवादी से डेढ़ लाख रुपये (15 हजार रुपये भारतीय मुद्रा और शेष 1.35 लाख डमी नोट के रूप में) की कथित रिश्वत लेते हुए पकड़ लिया गया। एक बयान में उन्होंने बताया कि आरोपी को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया गया है। file photo
-
बरेली (उप्र),। केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि इस पार्टी के 'शहजादे' राहुल गांधी ने चुनाव अभियान की शुरुआत 'भारत जोड़ो यात्रा' से की थी मगर इसका समापन अगली चार जून को 'कांग्रेस ढूंढो यात्रा' से होगा। शाह ने बरेली से भाजपा उम्मीदवार छत्रपाल गंगवार के समर्थन में आयोजित एक जनसभा को सम्बोधित करते हुए कहा, ''हमारे सामने यह घमंडिया गठबंधन ‘इंडी' चुनाव लड़ रहा है। इनके शहजादे राहुल बाबा ने चुनाव की शुरुआत ‘भारत जोड़ो' यात्रा से की थी। परंतु, मैं बरेली में कहकर जा रहा हूं कि शुरुआत ‘भारत जोड़ो' यात्रा से की गई थी मगर चार जून के बाद ‘कांग्रेस ढूंढो' यात्रा से इसका समापन होने वाला है।'' उन्होंने दावा किया, ''दो चरण के चुनाव में कांग्रेस दूरबीन से भी नजर में नहीं आ रही है और नरेन्द्र मोदी सेंचुरी मारकर 400 की दौड़ में बहुत आगे निकल गए हैं।'' शाह ने कहा, ''यह चुनाव नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने का चुनाव है। यह चुनाव हमारे देश के अर्थ तंत्र को संसार का तीसरे नंबर का अर्थ तंत्र बनाने का चुनाव है। यह चुनाव तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का चुनाव है। यह चुनाव आतंकवाद और नक्सलवाद को समाप्त करने का चुनाव है।'' गृह मंत्री ने अयोध्या में राम मंदिर निर्माण का जिक्र करते हुए इस मुद्दे पर भी कांग्रेस की आलोचना की। उन्होंने आरोप लगाया, ''70 साल से कांग्रेस राम मंदिर के मसले को अटका रही थी, भटका रही थी, लटका रही थी। आपने नरेन्द्र मोदी को दूसरी बार प्रधानमंत्री बनाया, तब मोदी ने पांच ही साल में केस भी जीता, भूमि पूजन भी किया और 22 जनवरी को प्राण—प्रतिष्ठा करके जय श्री राम कर दिया।'' उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी (सपा) के मुखिया अखिलेश यादव, उनकी पत्नी डिंपल, कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी मंदिर निर्माण ट्रस्ट की ओर से निमंत्रण भेजे जाने के बावजूद प्राण प्रतिष्ठा समारोह में नहीं गये क्योंकि उन्हें अपने ‘वोट बैंक' वालों का डर था कि अगर वहां जाएंगे तो वोट नहीं मिलेगा। शाह ने कहा, ''आपको मालूम है न कि कौन सा वोट बैंक है उनका?''
- नयी दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने ओडिशा की वरिष्ठ नौकरशाह सुजाता आर. कार्तिकेयन को पद के कथित दुरुपयोग की शिकायतों के बाद बृहस्पतिवार को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित करने का आदेश दिया। कार्तिकेयन ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के करीबी सहयोगी बीजद नेता वी के पांडियन की पत्नी हैं। उन्हें ऐसे पद पर स्थानांतरित करने का आदेश दिया गया है जिस पर रहते हुए उनका जनता से कोई सीधा सम्पर्क नहीं होगा। कार्तिकेयन ओडिशा के मिशन शक्ति विभाग में आयुक्त सह सचिव के पद पर थीं। पद के कथित दुरुपयोग की शिकायतों के बाद कार्तिकेयन को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित कर दिया गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कार्तिकेयन को उनके पद से हटाने के लिए निर्वाचन आयोग में याचिका दायर की थी। भाजपा ने उन पर राज्य में सत्तारूढ़ बीजू जनता दल (बीजद) की प्रतिनिधि के रूप में काम करने का आरोप लगाया था।
- कोटा। राजस्थान के कोटा में देसी पिस्तौल के साथ रील बनाते समय एक युवक की मौत की घटना के एक दिन बाद दो आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मृतक के पिता रोडूलाल का आरोप है कि उनके बेटे यशवंत नागर के दो दोस्तों-अजय साल्वी और एक अन्य लड़के ने वीडियो बनाने के बहाने हत्या की साजिश रची। यह मामला बुधवार दोपहर उस समय सामने आया जब महावीर नगर एक्सटेंशन में महर्षि गौतम भवन के पास चाय की एक दुकान पर पिस्तौल के साथ वीडियो बनाते समय यशवंत नागर के सीने में गोली लग गई। पुलिस ने बताया कि उसे तुरंत न्यू मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया जहां उसने दम तोड़ दिया।रोडूलाल ने संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने अपने बेटे का जो वीडियो देखा है उसके अनुसार एक लड़के ने यशवंत के सीने में गोली मार दी, जबकि अजय पास में ही खड़ा था। उन्होंने बताया कि अजय कुछ दिन पहले यशवंत को कोटा से झालावाड़ ले गया था और उसकी हत्या की साजिश रची।पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) मनीष शर्मा ने बताया कि रोडूलाल की शिकायत पर अजय साल्वी और एक अन्य लड़के के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। थाना प्रभारी महेंद्र मारू ने बताया कि दोनों आरोपियों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है और जांच जारी है।
- अंबाला।हरियाणा के अंबाला स्थित एक इथेनॉल फैक्टरी के बॉयलर में गुरुवार को भीषण आग लग गई और आग बुझाने एवं इलाके को साफ किये जाने के बाद वहां एक अधेड़ व्यक्ति का जला हुआ शव मिला। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने पहले कहा था कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है।पटवी (नारायणगढ़) पुलिस चौकी के प्रभारी कर्मबीर सिंह ने बताया कि अपराह्न में आग बुझाने के बाद जब बॉयलर के आसपास के क्षेत्र को साफ किया गया तो वहां एक अधेड़ व्यक्ति का शव मिला जो बुरी तरह जला हुआ था। उन्होंने कहा, ‘‘अभी तक शव की पहचान नहीं हो पायी है। शव पोस्टमार्टम के लिए नारायणगढ़ सिविल अस्पताल भेज दिया गया है।" अंबाला कैंट दमकल स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी प्रमोद कुमार ने कहा कि अंबाला कैंट, अंबाला शहर, नारायणगढ़ और पंचकुला के बरवाला से 10 से अधिक दमकल गाड़ियों को इस जिले में नारायणगढ़ के पास जटबर गांव में स्थित कारखाने में लगी आग बुझाने के लिए बुलाया गया था। कुमार ने बताया कि आग लगने की सूचना सुबह मिली। अधिकारियों ने कहा कि इथेनॉल बॉयलर में 2.5 लाख लीटर तेल था और घटना के बाद क्षेत्र में घना धुआं फैल गया। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण अभी पता नहीं चला है। अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच की जाएगी और कारखाने की आग बुझाने के प्रबंध की भी जांच की जाएगी।
-
चंडीगढ़. हरियाणा की कुरूक्षेत्र लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के उम्मीदवार नवीन जिंदल ने बृहस्पतिवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन दाखिल करने के दौरान नवीन जिंदल के साथ हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद थे। बाद में नवीन जिंदल ने एक जनसभा को भी संबोधित किया जिसमें मुख्यमंत्री के अलावा उनके परिवार के सदस्य और भाजपा नेता मौजूद थे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र संसदीय क्षेत्र के मतदाताओं से जिंदल को विजयी बनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले दस वर्षों में देश प्रगति के पथ पर आगे बढ़ा है। कांग्रेस छोड़कर मार्च में भाजपा में शामिल हुए जिंदल 2004-2014 के बीच कुरूक्षेत्र लोकसभा सीट से सांसद थे। उनका मुकाबला इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) के वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला और आम आदमी पार्टी (आप) के सुशील गुप्ता सहित अन्य से है। विपक्ष के 'इंडिया' गठबंधन में शामिल आम आदमी पार्टी (आप) हरियाणा में कुरूक्षेत्र सीट पर चुनाव लड़ रही है जबकि राज्य की शेष नौ सीट पर कांग्रेस किस्मत आजमा रही है। हरियाणा की दस लोकसभा सीट के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया सोमवार को शुरू हुई। इन सीट पर 25 मई को मतदान होगा। नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि छह मई है। नामांकन की जांच सात मई को की जाएगी और उम्मीदवार नौ मई तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं।
-
छपरा. रक्षा मंत्री और पूर्व भाजपा अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि सूरत और इंदौर का घटनाक्रम इस बात का संकेत है कि भाजपा नीत राजग लोकसभा में 400 से अधिक सीट के अपने लक्ष्य को हासिल करने की राह पर है। पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने बिहार के सारण लोकसभा क्षेत्र में मौजूदा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी द्वारा अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के तुरंत बाद आयोजित की गई एक रैली में यह टिप्पणी की । सिंह ने कहा, ‘‘सूरत ने भाजपा के विजय का श्री गणेश हो चुका है।''
उनका इशारा भाजपा उम्मीदवार मुकेश दलाल के निर्विरोध निर्वाचित होने की ओर था, क्योंकि अधिकतर उम्मीदवार चुनाव मैदान से हट गए थे और बाकी के नामांकन पत्र जांच के दौरान खारिज कर दिए गए थे। सिंह ने कहा, ‘‘इंदौर में, कांग्रेस उम्मीदवार ने अपना नामांकन वापस लेकर भाजपा का समर्थन किया है ।''
उन्होंने कहा, सारे देश का जो माहौल दिख रहा है, उससे हमें लगता है कि हमलोगों ने जो 400 पार का लक्ष्य निर्धारित किया है, उसे प्राप्त करने में हम पूरी तरह से कामयाब होंगे। मेरा पक्का विश्वास है ।'' रक्षा मंत्री ने पड़ोसी देशों को यह एहसास दिलाने के लिए प्रधान मंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना की कि भारत अब कमजोर देश नहीं है, जिसके परिणामस्वरूप आतंकवादी हमलों में भारी गिरावट आई है। उन्होंने कहा, ‘‘अब पड़ोसी देश भी समझ चुके हैं कि भारत दुनिया का ताकतवर देश बन चुका है। आज हमारी इतनी ताकत है कि जरूरत पड़ी तो भारत अपनी सीमा के उस पार भी मार सकता है।'' सिंह ने कहा, ‘‘ अब हम समय-समय पर आतंकवादी हमले नहीं देखते हैं जैसा कि पिछली कांग्रेस के नेतृत्व वाली संप्रग सरकार के दौरान हुआ था। यह सर्वविदित हो गया है कि जरूरत पड़ने पर हम सीमा पार भी जवाबी हमला कर सकते हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘मोदी के नेतृत्व में देश की प्रतिष्ठा विश्व स्तर पर बढ़ी है। भारत के साथ वह सम्मान किया जाता है जो पहले कभी नहीं देखा गया। जब मोदी ने भारतीय छात्रों की सुरक्षित वापसी के लिए रूस और यूक्रेन के राष्ट्रपतियों को फोन किया था, तो उन्होंने कुछ घंटों के लिए युद्ध रोक दिया था।'' सैम पित्रोदा का नाम लिए बिना पूर्व भाजपा अध्यक्ष ने कहा, ‘‘विदेश में रहने वाले एक कांग्रेस नेता ने विरासत कर की वकालत की है जिसके कारण किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसकी आधी से अधिक संपत्ति छीन ली जाएगी। इस तरह के कदम से ऐसा माहौल बन सकता है जिससे निवेश पर असर पड़ेगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘राजीव गांधी ने यह कहकर भ्रष्टाचार पर अपनी लाचारी दिखाई कि सरकार द्वारा खर्च किए गए प्रत्येक रुपये में से केवल 15 पैसे ही लोगों तक पहुंचते हैं। मनमोहन सिंह के कार्यकाल में केंद्रीय मंत्रियों को भी भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाना पड़ा था। लेकिन जब भी भाजपा सत्ता में रही है, चाहे वह वाजपेयी का समय हो या मोदी का, किसी भी मंत्री पर भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है।'' सिंह ने कहा, ‘‘मुझे पूरा विश्वास है कि इस चुनाव में भी आप सभी का समर्थन प्राप्त होगा और सारे विपक्षी दलों को हमारे रूडी जी हवा में उड़ा देंगे।'' तीसरी बार अपनी इस सीट बरकरार रखने की कोशिश में जुटे रूडी को राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद की बेटी रोहिणी आचार्य इसबार चुनौती मिल रही है।
-
धर्मशाला (हिमाचल प्रदेश). भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी सुरेश रैना के ममेरे भाई समेत दो लोगों की ‘हिट-एंड-रन' घटना में मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, रैना के ममेरे भाई सौरभ कुमार और उनके दोस्त बुधवार को स्कूटर से जा रहे थे तभी गगल हवाई अड्डे के पास उनके वाहन की कार से टक्कर हो गई। कांगड़ा की पुलिस अधीक्षक (एसपी) शालिनी अग्निहोत्री ने बताया कि यह घटना गगल में हिमाचल टिम्बर के पास बुधवार रात करीब साढ़े 11 बजे हुई। पुलिस के मुताबिक, हादसा कार चालक शेर की लापरवाही की वजह से हुआ।
पुलिस ने बताया कि घटना के बाद वह मौके से भाग गया, लेकिन सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की मदद से मंडी से उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 279 (लापरवाही से गाड़ी चलाना), 304ए (लापरवाही की वजह से मौत) और मोटर यान अधिनियम की संबंधित धारा में मामला दर्ज किया है। - देहरादून। आगामी 10 तारीख से शुरू हो रही चारधाम यात्रा के लिए लोगों के जबरदस्त उत्साह को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने बुधवार को अतिविशिष्ट व्यक्तियों से शुरुआती 15 दिनों के दौरान यात्रा पर न आने का अनुरोध किया ताकि आम श्रद्धालुओं को दर्शनों में किसी प्रकार की परेशानी न हो। प्रदेश की मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने इस संबंध में सभी प्रदेशों और संघ शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों को एक पत्र लिखा है। पत्र में रतूड़ी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में प्रदेश में चार धामों के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है और इस साल भी शुरुआती 15 दिनों में ही 10 लाख से ज्यादा तीर्थयात्रियों के आने की उम्मीद है।उन्होंने कहा, ‘‘श्रद्धालुओं के अप्रत्याशित संख्या में आने की संभावना को देखते हुए यह अनुरोध किया जाता है कि गणमान्य व्यक्ति और प्रदेशों के अधिकारी 10 मई से 25 मई की अवधि के दौरान धामों की अपनी यात्रा को टाल दें।'' चार धामों के नाम से प्रसिद्ध गंगोत्री, यमुनोत्री, केदारनाथ और बदरीनाथ धाम की यात्रा 10 मई से शुरू हो रही है। गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ के कपाट जहां अक्षय तृतीया के दिन 10 मई को खुलेंगे, वहीं बदरीनाथ के कपाट 12 मई को खुलेंगे। यात्रा शुरू होने से पहले ही देश भर के श्रद्धालुओं में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है और अब तक चारधाम वेब पोर्टल, मोबाइल एप और व्हाटसएप के जरिए 17.88 लाख लोग अपना पंजीकरण करवा चुके हैं। गढ़वाल के आयुक्त विनय शंकर पांडेय ने बताया कि चारधाम यात्रा को लेकर राज्य सरकार के स्तर से पुख्ता तैयारियां की जा रही हैं, जिसकी मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी नियमित रूप से समीक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि धामों के लिए हेलीकॉप्टर सेवाओं में किसी भी तरह की कालाबाजारी एवं ठगी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए इस बार केवल आईआरसीटीसी की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से टिकट बुकिंग की व्यवस्था की गई है। उन्होंने श्रद्धालुओं से इसी के माध्यम से टिकट बुक करने का अनुरोध किया। गढ़वाल आयुक्त ने कहा कि इस बार पहले की तुलना में श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं में बढ़ोतरी की गई है। उन्होंने कहा कि पिछले साल केदारनाथ यात्रा मार्ग पर नौ स्थानों पर वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था थी जबकि अब 20 जगहों पर पार्किंग की जा सकेगी।
- बालासोर (ओडिशा) । भारत ने बुधवार को ओडिशा के तट पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से मिसाइल-आधारित कम भार वाली एक आयुध प्रणाली ‘‘सुपरसोनिक मिसाइल-असिस्टेड रिलीज ऑफ टॉरपीडो'' (स्मार्ट) का सफल परीक्षण किया। एक रक्षा अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि प्रणाली को सुबह करीब आठ बजकर 30 मिनट पर भूमि सचल प्रक्षेपक से प्रक्षेपित किया गया। रक्षा अधिकारी ने बताया कि इस परीक्षण में सममिति पृथक्करण, निकासी, वेग नियंत्रण जैसे कई अत्याधुनिक मानकों को भी परखा गया तथा नतीजे उत्साहवर्द्धक रहे। उन्होंने कहा कि 'स्मार्ट' नई पीढ़ी की मिसाइल-आधारित कम भार वाली एक आयुध प्रणाली है, जिसमें एक हल्का टॉरपीडो लगाया जाता है और इस टॉरपीडो का इस्तेमाल पेलोड (मुखास्त्र) की तरह होता है। इसे भारतीय नौसेना की पनडुब्बी-रोधी युद्ध क्षमता को कम वजन वाले हल्के 'टॉरपीडो' की पारंपरिक सीमा से कहीं अधिक बढ़ाने के लिए रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा डिजाइन और विकसित किया गया है। ‘सुपरसोनिक मिसाइल-असिस्टेड रिलीज ऑफ टॉरपीडो' पैराशूट-आधारित रिलीज सुविधा के साथ पेलोड के रूप में उन्नत हल्के भार वाले टॉरपीडो को ले जाती है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने स्मार्ट के सफल उड़ान परीक्षण पर डीआरडीओ और उद्योग भागीदारों को बधाई दी। उन्होंने कहा, ''इस प्रणाली के विकास से हमारी नौसेना की ताकत और बढ़ेगी।'' रक्षा विभाग के अनुसंधान एवं विकास सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी कामत ने आयुध प्रणाली ‘‘सुपरसोनिक मिसाइल-असिस्टेड रिलीज ऑफ टॉरपीडो'' (स्मार्ट) का सफल परीक्षण करने वाली पूरी टीम के सहक्रियात्मक प्रयासों की सराहना की।
- अयोध्या (उप्र)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को अयोध्या में राम मंदिर में पूजा-अर्चना की। राष्ट्रपति ने अयोध्या में रामलला के दर्शन किये और सरयू आरती की। इससे पहले उन्होंने सरयू मैया का दुग्धाभिषेक कर पूजन किया। राष्ट्रपति बुधवार शाम करीब चार बजे महर्षि वाल्मीकि हवाई अड्डे पर पहुंचीं। यहां उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल व योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री/अयोध्या के प्रभारी मंत्री सूर्य प्रताप शाही ने राष्ट्रपति का भव्य स्वागत किया। राष्ट्रपति भवन ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति का स्वागत किया।'' राष्ट्रपति मुर्मू ने नवनिर्मित राम मंदिर के गर्भगृह के अंदर पूजा-अर्चना और आरती की। राम मंदिर में दर्शन से पहले उन्होंने सरयू आरती में हिस्सा लिया और यहां हनुमानगढ़ी मंदिर में पूजा की। राष्ट्रपति भवन के आधिकारिक हैंडल से ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा गया, ‘‘राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने श्री हनुमान गढ़ी मंदिर, अयोध्या में दर्शन किए और पूजा की।'' एक बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति सीधे हनुमानगढ़ी मंदिर पहुंचीं। वहां महंत प्रेमदास व पुजारी हेमंत दास के सहयोग से उन्होंने संकटमोचन हनुमान मंदिर में पूजा-अर्चना की। वहां से राष्ट्रपति सरयू आरती करने पहुंचीं। राष्ट्रपति ने करीब आधे घंटे तक सरयू का दर्शन पूजन और आरती की। बयान के मुताबिक, राष्ट्रपति ने भगवान श्रीराम के बाल स्वरूप विग्रह का विधि-विधान से दर्शन पूजन कर राम लला की आरती उतारी। रामलला के दर्शन करने के बाद मुर्मू कुबेर टीला पहुंचीं, जहां उन्होंने कुबेश्वर महादेव का दर्शन-पूजन किया। बाइस जनवरी को हुए राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के बाद यह पहली बार है कि राष्ट्रपति अयोध्या का दौरा कर रही हैं।
-
नयी दिल्ली. कांग्रेस के दो पूर्व विधायकों नीरज बसोया और नसीब सिंह ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इससे पहले कांग्रेस की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष अरविंदर सिंह लवली ने पद से इस्तीफा दे दिया था। दोनों पूर्व विधायकों ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को अलग-अलग पत्र लिखे। उन्होंने कांग्रेस तथा आम आदमी पार्टी (आप) के बीच गठबंधन पर नराजगी जताई तथा इस्तीफे के लिए गठबंधन को ही जिम्मेदार ठहराया। बसोया ने अपने पत्र में कहा, मैं विनम्रतापूर्वक कहना चाहता हूं कि यह गठबंधन दिल्ली कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के लिए बदनामी और शर्मिंदगी का सबब बन रहा है और मेरा मानना है कि एक स्वाभिमानी पार्टी नेता के तौर पर मैं पार्टी के साथ अब और जुड़ा नहीं रह सकता।'' इससे पहले अरविंदर सिंह लवली ने भी दिल्ली पार्टी प्रमुख के पद से इस्तीफा देने का यही कारण बताया था।
कांग्रेस ने पूर्व विधायक देवेंद्र यादव को मंगलवार को अपनी दिल्ली इकाई का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया। अरविंदर सिंह लवली के प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद यादव की नियुक्ति की गई है। पूर्व विधायक यादव मौजूदा समय में पंजाब के प्रभारी भी हैं। -
नयी दिल्ली. लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान से पहले मशहूर अभिनेत्री और चर्चित टेलीविजन सीरियल ‘अनुपमा' में मुख्य किरदार निभाने वाली रुपाली गांगुली बुधवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गईं। भाजपा महासचिव विनोद तावड़े, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी और सह-प्रभारी संजय मयूख की मौजूदगी में उन्होंने यहां भाजपा मुख्यालय में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। गांगुली के साथ ही महाराष्ट्र के जानेमाने ज्योतिष और समाज सेवी अमेय जोशी भी केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी में शामिल हो गए। तावड़े ने गांगुली का पार्टी में स्वागत किया और इस अवसर का इस्तेमाल सपा नेता मारिया आलम की ‘वोट जिहाद' की अपील को लेकर विपक्षी दलों पर हमला करने के लिए किया। आलम ने फर्रुखाबाद लोकसभा सीट से विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' के उम्मीदवार के लिए वोट मांगते हुए ‘वोट जिहाद' का आह्वान किया था और कहा था कि मौजूदा हालात में अल्पसंख्यक समुदाय के लिए भाजपा को सत्ता से बेदखल करना जरूरी है। सपा नेता की टिप्पणी पर प्रतिक्रिया देते हुए, तावड़े ने कहा, ‘‘झूठ फैलाने वाले विपक्षी दलों ने अब 'वोट जिहाद' अभियान शुरू कर दिया है। इससे पता चलता है कि वे हताश और निराश हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘एक तरफ वे ओबीसी का आरक्षण मुसलमानों को दे रहे हैं, दूसरी तरफ वे चुनाव के दौरान 'वोट जिहाद' की बात कर रहे हैं।'' तावड़े ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और पार्टी नेता राहुल गांधी से पूछा कि क्या यह अभियान पार्टी आलाकमान के निर्देश पर शुरू किया गया है? भाजपा में शामिल होने के बाद गांगुली ने कहा कि कला के पथ पर चलते-चलते वह भाजपा के जरिए राजनीति में आई हैं। उन्होंने खुद को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ‘बहुत बड़ा फैन' बताया और कहा कि वह जो कर रहे हैं, उसमें हर किसी को योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘जब मैं विकास का महायज्ञ देखती हूं तो मुझे लगता है कि क्यों न मैं भी इसमें सहभागी बनूं। कुछ ऐसा करूं ताकि सभी को गर्व हो। मैं मोदी जी के बताए रास्ते पर चलकर देश सेवा करना चाहती हूं।'' जोशी ने भी कहा कि वह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की सेवा करना चाहते हैं। भाजपा में शामिल होने के बाद गांगुली और जोशी ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा से मुलाकात की और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
-
नयी दिल्ली. भारत निर्वाचन आयोग ने बुधवार को कहा कि चुनावी प्रक्रिया में अति कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) को शामिल करने के पिछले दो वर्षों के उसके प्रयासों के परिणाम दिखने शुरू हो गए हैं। आयोग ने कहा कि इन समुदायों के सदस्यों ने मौजूदा लोकसभा चुनाव के पहले दो चरणों में मतदान में उत्साहपूर्वक भाग लिया। उसने बताया कि ग्रेट निकोबार की शोम्पेन जनजाति ने पहली बार संसदीय चुनाव में मतदान किया। भारत में 8.6 प्रतिशत जनजातीय आबादी है, जिसमें वो 75 समूह शामिल हैं जो पीवीटीजी श्रेणी के अंतर्गत आते हैं। पिछले 11 राज्य विधानसभा चुनावों में, 14 पीवीटीजी से लगभग नौ लाख पात्र मतदाता थे। निर्वाचन आयोग ने कहा, “आयोग के विशेष प्रयासों ने उन राज्यों में पीवीटीजी का 100 प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित किया।” निर्वाचन आयोग के एक अधिकारी ने कहा कि मुख्य निर्वाचन आयुक्त (सीईसी) का पद संभालने के बाद से पिछले दो वर्षों में राजीव कुमार चुनावी प्रक्रिया में पीवीटीजी की अधिक भागीदारी पर जोर दे रहे हैं। अधिकारी ने बताया कि कुमार ने व्यक्तिगत रूप से राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों और संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है कि पीवीटीजी को मतदाता सूची में शामिल करने के शुरुआती कदम के रूप में उन्हें पंजीकृत करने के लिए विशेष अभियान और पंजीकरण अभियान शुरू किए जाएं। मतदाता सूची को अद्यतन करने के लिए एक विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के दौरान पीवीटीजी आबादी वाले विशिष्ट राज्यों में विशेष संपर्क शिविर आयोजित किए गए थे।
-
कन्नूर (केरल) . केरल के कन्नूर में सोमवार रात को एक कार की एक भारी वाहन से आमने-सामने की टक्कर में कार में सवार एक बच्चे समेत पांच लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि एक महिला समेत चार वयस्कों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि नौ साल के बच्चे की यहां परियारम में सरकारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान के. एन. पद्मकुमार (59), सुधाकरन (52), उनकी पत्नी अजीता (35), ससुर कोझुम्मल कृष्णन (65) और अजीता के रिश्तेदार आकाश (9) के रूप में की गयी है। कार पद्मकुमार चला रहा था। पुलिस ने बताया कि यह दुर्घटना तब हुई जब एक भारी वाहन ने कार को पीछे से टक्कर मारी और वह गैस सिलेंडर लेकर सामने से आ रहे एक दूसरे भारी वाहन से जा टकरायी। उन्होंने बताया कि कार का बोनट सामने से आ रहे भारी वाहन के नीचे घुस गया और कार को काटकर उसमें सवार लोगों को निकाला गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोग पीड़ितों को बचाने के लिए आए और उसके बाद पुलिस तथा दमकलकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे। हादसे के वक्त सुधाकरन और उनका परिवार एक संस्थान के छात्रावास में उनके बेटे को छोड़ने के बाद घर लौट रहा था जहां उसने चार्टर्ड अकाउंटेंसी (सीए) पाठ्यक्रम के लिए दाखिला लिया है। पुलिस ने बताया कि हादसे में शामिल दोनों भारी वाहनों के चालकों को हिरासत में ले लिया गया है।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू राम मंदिर में दर्शन करने के लिए बुधवार को अयोध्या जाएंगी। राष्ट्रपति भवन ने यह जानकारी दी। यह नवनिर्मित मंदिर की उनकी पहली यात्रा होगी। मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा का समारोह 22 जनवरी को आयोजित किया गया था। एक बयान में मंगलवार को कहा गया कि राष्ट्रपति एक मई को अयोध्या का दौरा करेंगी। राष्ट्रपति भवन ने बयान में कहा, ‘‘अयोध्या में अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति श्री हनुमान गढ़ी मंदिर, प्रभु श्री राम मंदिर और कुबेर टीला में दर्शन करेंगी और आरती में हिस्सा लेंगी।'' बयान में कहा गया है कि वह सरयू पूजा और आरती में भी हिस्सा लेंगी।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के साथ हुए गठबंधन के खिलाफ दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) के अध्यक्ष पद से अरविंदर सिंह लवली के इस्तीफे के दो दिन बाद कांग्रेस ने मंगलवार को देवेंद्र यादव को दिल्ली इकाई का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया। पार्टी द्वारा जारी किए गए एक बयान में कहा गया कि कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने यादव को तत्काल प्रभाव से दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी (डीपीसीसी) का अंतरिम अध्यक्ष नियुक्त किया है। बयान में कहा गया कि यादव पंजाब के लिए एआईसीसी प्रभारी के पद पर भी काम करते रहेंगे।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को शनिवार को भेजे अपने इस्तीफे में लवली ने कहा था कि वह अपने आप को ‘‘लाचार'' महसूस कर रहे थे क्योंकि दिल्ली इकाई के वरिष्ठ नेताओं द्वारा सर्वसम्मति से लिए गए सभी फैसलों पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के दिल्ली प्रभारी दीपक बाबरिया ‘एकपक्षीय तरीके से' रोक लगा देते थे। लवली ने कहा था कि कांग्रेस की दिल्ली इकाई ‘आप' के साथ गठबंधन के खिलाफ थी, लेकिन पार्टी आलाकमान ने फिर भी उनके साथ गठबंधन किया। - नयी दिल्ली । उच्चतम न्यायालय ने पतंजलि आयुर्वेद लिमिटेड से जुड़े भ्रामक विज्ञापनों के मामले में कार्रवाई न करने के लिए उत्तराखंड राज्य लाइसेंसिंग प्राधिकरण को मंगलवार को फटकार लगायी। प्राधिकरण द्वारा दिए गए स्पष्टीकरण पर असंतोष जताते हुए न्यायमूर्ति हिमा कोहली और न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाह की पीठ ने कहा कि ऐसा लगता है कि लाइसेंसिंग प्राधिकरण शीर्ष न्यायालय का 10 अप्रैल का आदेश मिलने के बाद ही कानून के अनुसार कार्रवाई करने के लिए सक्रिय हुआ। पीठ ने कहा, ‘‘अगर आप सहानुभूति और अनुकंपा चाहते हैं तो अदालत के प्रति ईमानदार रहें...।''न्यायालय ने कहा कि उसकी मुख्य चिंता यह है कि क्या लाइसेंसिंग प्राधिकरण ने मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की। पीठ ने मामले पर अगली सुनवाई के लिए 14 मई की तारीख तय की।न्यायालय ने इस मामले में 10 अप्रैल को सुनवाई करते हुए निष्क्रियता बरतने के लिए उत्तराखंड के राज्य लाइसेंसिंग प्राधिकरण के प्रति कड़ी नाराजगी जताई थी और कहा था कि वह इसे हल्के में नहीं लेगा, क्योंकि ऐसा प्रतीत होता है कि प्राधिकरण ने ‘‘जान-बूझकर'' आंखें बंद कर रखी थी।
- बिजनौर (उप्र) । यहां बिजनौर-नूरपुर मार्ग पर सोमवार को अट्टा वाला मंदिर के पास एक वाहन (कैंटर) की टक्कर से ट्रैक्टर सवार एक युवक और उसके दादा की मौत हो गयी और सात अन्य घायल हो गये। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) संग्राम सिंह ने बताया कि बिजनौर-नूरपुर मार्ग पर फडिया पुर निवासी विशाल (18) अपने दादा अमर सिंह (56) और कुछ अन्य लोगों के साथ ट्रैक्टर पर सवार होकर गेहूं मड़ाई की मशीन लिए अट्टा वाला मंदिर के पास रुका था, तभी बिजनौर की ओर से आ रहे कैंटर ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। सीओ ने बताया कि इस दुर्घटना मे अमर सिंह की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि उसके पोते विशाल और अन्य घायलों को उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया। विशाल की उपचार के दौरान मौत हो गयी। इस हादसे में गजे, सुनील,भूरे और नरेन्द्र सहित सात लोग घायल हो गये जिनका उपचार चल रहा है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवा दिया।
- रामगढ़ (झारखंड)। झारखंड के रामगढ़ जिले में दो अलग अलग सड़क हादसों में चार वर्षीय एक बच्चे समेत कम से कम तीन लोगों की मौत हो गई जबकि नौ अन्य लोग जख्मी हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पहला हादसा रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर मांडू के पास रविवार रात को हुआ जब एक एम्बुलेंस दो मोटरसाइकिल एवं एक कार को टक्कर मारने के बाद सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गई। घटना में एम्बुलेंस से घर लौट रहे 68 वर्षीय व्यक्ति और उसके बेटे की मौत हो गयी जबकि पांच अन्य जख्मी हो गए। पुलिस ने बताया कि एम्बुलेंस महादेव यादव और उनके बेटे मनोज यादव (35) को ले जा रही थी। महादेव यादव को उपचार के बाद रांची के राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) से छुट्टी दी गई थी। मांडू थाना प्रभारी रंजीत कुमार ने बताया कि घटना में एम्बुलेंस चालक और मोटरसाइकिल पर सवार चार अन्य लोग घायल हो गये। उन्होंने कहा, "पिता और पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई।" पुलिस अधिकारी ने बताया कि एम्बुलेंस रांची रिम्स से कोडरमा जा रही थी।एक अन्य सड़क दुर्घटना में एक ऑटो-रिक्शा के सोमवार को रामगढ़ जिले के पतरातू इलाके में पलट जाने से आयुष कुमार नाम के एक चार वर्षीय बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई और चार अन्य घायल हो गए। यह ऑटो रामगढ़ जिले के सितका से रांची जिले के बुढ़मू जा रहा था। उन्होंने बताया कि पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को स्थानीय अस्पताल ले गई, जहां से गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को रांची के रिम्स भेजा गया है।


.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpeg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)



.jpg)
.jpg)











.jpg)