- Home
- देश
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के निवर्तमान सांसद एवं रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। सिंह लखनऊ लोकसभा क्षेत्र से तीसरी बार चुनाव लड़ रहे हैं। इस सीट का प्रतिनिधित्व कभी पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी किया करते थे। नामांकन के समय दिए गये शपथपत्र के अनुसार, सिंह फेसबुक, इंस्टाग्राम, एक्स और यूट्यूब जैसे सोशल मीडिया मंच के सक्रिय उपयोगकर्ता हैं तथा उनकी एक वेबसाइट भी है। हलफनामे के अनुसार केंद्रीय मंत्री के पास कोई वाहन नहीं है, लेकिन उनके पास एक रिवॉल्वर (खरीद मूल्य 10,000 रुपये) और एक दुनाली बंदूक (10,000 रुपये की खरीद कीमत) है। इसके अनुसार उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है। इसमें कहा गया कि राजनाथ सिंह के पास 3.11 करोड़ रुपये से ज्यादा की चल संपत्ति है और उनकी पत्नी के पास 90.71 लाख रुपये की चल संपत्ति के अलावा 52.50 लाख रुपये मूल्य का 750 ग्राम सोना तथा 9.37 लाख रुपये से अधिक कीमत की 12.50 किलोग्राम चांदी है। हलफनामे के अनुसार सिंह के पास 75,000 रुपये और उनकी पत्नी के पास 45,000 रुपये नकद हैं।राजनाथ सिंह और उनकी पत्नी की चल संपत्ति की कुल कीमत 4.02 करोड़ रुपये से अधिक है।इसके अनुसार सिंह के पास चंदौली जिले के पांच गांवों में 1.47 करोड़ रुपये की कृषि भूमि, लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में 1.87 करोड़ रुपये के घर के रूप में अचल संपत्ति है तथा पत्नी के पास कोई अचल संपत्ति नहीं है। चुनावी हलफनामे के अनुसार सिंह पर कोई देनदारी नहीं है।सिंह ने 1971 में गोरखपुर विश्वविद्यालय से एमएससी की है।वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में सिंह ने समाजवादी पार्टी की पूनम सिन्हा और 2014 में कांग्रेस उम्मीदवार रीता बहुगुणा जोशी को हराया था। वर्ष 2014 में लखनऊ से अपना पहला चुनाव लड़ने से पहले सिंह ने 2009 में गाजियाबाद से लोकसभा चुनाव जीता था। लोकसभा चुनाव के पांचवें चरण के तहत लखनऊ में 20 मई को मतदान होगा, जहां से समाजवादी पार्टी ने रविदास मेहरोत्रा (लखनऊ मध्य से विधायक) को मैदान में उतारा है। भाषा अरूणव जफर खारी
- इंदौर/शिवपुरी (मध्यप्रदेश)। सूरत के घटनाक्रम के बाद कांग्रेस को सोमवार को एक और झटका लगा। इंदौर लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार अक्षय कांति बम ने 13 मई को होने वाले मतदान से पहले अपना नामांकन वापस ले लिया और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। इसके साथ ही, इंदौर सीट के संसदीय इतिहास में संभवत: पहली बार कांग्रेस की चुनावी चुनौती समाप्त हो गई जहां यह पार्टी पिछले 35 साल से जीत की बाट जोह रही है। बम के चुनावी दौड़ से बाहर होने के बाद दिल्ली में कांग्रेस ने कहा कि ‘‘देश में लोकतंत्र खतरे में है।'' इंदौर की एक अदालत ने स्थानीय कारोबारी बम और उनके पिता के खिलाफ जमीन विवाद में 17 साल पहले एक व्यक्ति पर कथित हमले को लेकर दर्ज प्राथमिकी में भारतीय दंड विधान की धारा 307 (हत्या का प्रयास) जोड़ने का आदेश 24 अप्रैल को दिया था। इस आदेश के महज पांच दिन बाद बम ने इंदौर सीट से अपनी उम्मीदवारी वापस लेने का कदम उठाया। बम, राज्य के उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, काबीना मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और अन्य भाजपा नेताओं की मौजूदगी में पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल हुए।बाद में राज्य के मुख्यमंत्री मोहन यादव सोमवार रात इंदौर पहुंचे और भाजपा कार्यालय के बाहर आयोजित समारोह में बम को गले लगाकर उनका पार्टी में स्वागत किया। बम ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा, ‘‘मैंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देशप्रेम, राष्ट्रहित और सनातन धर्म के प्रचार की राह पर आगे बढ़ने का फैसला किया है। इसलिए मैंने कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में नामांकन वापस ले लिया है।'' जिलाधिकारी आशीष सिंह ने बताया कि दस्तावेजों की छानबीन के बाद 23 उम्मीदवारों के पर्चे सही पाए गए थे और इनमें से बम समेत नौ प्रत्याशियों ने अपना नामांकन वापस ले लिया। उन्होंने बताया कि नाम वापसी के बाद इंदौर सीट पर 14 उम्मीदवार रह गए हैं जिनके बीच चुनावी मुकाबला होगा। भाजपा ने लोकसभा चुनाव में गुजरात की सूरत सीट से पिछले हफ्ते अपनी पहली जीत दर्ज की, जब कांग्रेस उम्मीदवार नीलेश कुम्भाणी का नामांकन गड़बड़ियों के कारण खारिज कर दिया गया और अन्य उम्मीदवार भी चुनावी दौड़ से बाहर हो गए। नतीजतन भाजपा उम्मीदवार मुकेश दलाल की चुनावी जीत सुनिश्चित हो गई। \बम के पालाबदल के बाद कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने दिल्ली में संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ‘‘देश में लोकतंत्र खतरे में है।'' उन्होंने निर्वाचन आयोग की भूमिका पर सवाल उठाते हुए कहा, ‘‘क्या ऐसे वक्त में स्वतंत्र और निष्पक्ष मतदान हो सकेगा, जब एक के बाद एक उम्मीदवारों को ‘डराया' जा रहा है?'' बम की ऐन मौके पर नाम वापसी को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए कांग्रेस की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि इस प्रत्याशी का वैसे ही ‘‘हरण'' कर लिया गया, जैसे रावण ने सीता का हरण किया था। पटवारी ने दावा किया कि भाजपा ने बम को अपना नामांकन वापस लेने के लिए ‘‘धमकी दी और प्रताड़ित किया''।पटवारी ने शिवपुरी में एक रैली में आरोप लगाया, ‘‘ तीन दिन पहले बम के खिलाफ एक पुराने मामले में भारतीय दंड संहिता की धारा 307 (हत्या का प्रयास) जोड़ी गई। उन्हें धमकी दी गई। पूरी रात उन्हें अलग-अलग तरीकों से प्रताड़ित किया गया और आज उन्होंने अपना नामांकन वापस ले लिया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘इस सब में क्या संदेश है? क्या इंदौर के लोगों को अपने वोट का उपयोग करने का अधिकार नहीं है? यदि आप लोकतंत्र में विश्वास करते हैं तो कृपया इस तानाशाही के खिलाफ खड़े हों। यह सिर्फ कांग्रेस और भाजपा के बारे में नहीं है। जो कोई भी मतदान करना चाहता है, आरक्षण और संविधान को मजबूत रखना चाहता है, उसे खड़ा होना चाहिए।'' पटवारी ने कहा कि कुछ ऐसा ही गुजरात के सूरत में हुआ था।
- ऋषिकेश। अगले माह शुरू हो रही चारधाम यात्रा के दौरान यात्रा मार्गों पर तैनाती के लिए इन दिनों अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ऋषिकेश द्वारा राज्य सरकार के चिकित्सकों को ट्रॉमा और आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। एम्स ऋषिकेश की अधिशासी निदेशक डॉ मीनू सिंह ने सोमवार को बताया कि संस्थान के ट्रॉमा सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में पिछले सप्ताह राज्य सरकार के चिकित्सकों के पाचवें बैच को प्रशिक्षण दिया गया। उन्होंने बताया कि राज्य में चारधाम यात्रा के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा और सुदृढ़ स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकताओं को देखते हुए एम्स और राज्य सरकार की साझा पहल के तहत संस्थान में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। अधिशासी निदेशक ने कहा कि प्रशिक्षण का उद्देश्य चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों में मृत्यु दर कम करना तथा उन्हें यात्रा मार्ग पर ही उच्च गुणवत्ता वाली चिकित्सा सेवा प्रदान करना है। प्रशिक्षण के कोर्स निदेशक एवं एम्स के वरिष्ठ ट्रॉमा सर्जन मधुर उनियाल ने प्रशिक्षणार्थियों को गंभीर रोगियों के प्रारंभिक मूल्यांकन संबंधी जानकारी दी। इस दौरान रोगियों के प्राथमिक सर्वेक्षण और रोगी को उच्चस्तरीय सुविधाओं तक पहुंचने के लिए सुरक्षित रूप से स्थानांतरित करने के महत्व पर प्रकाश डाला गया। आपातकालीन मेडिसिन विभाग की प्रमुख डॉ. निधि कैले ने विभिन्न आपातकालीन स्थितियों और उनका प्रबंध करने के तरीकों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कार्यक्रम में पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल और टिहरी जिलों से आए 30 चिकित्सा अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत छह मार्च को हुई थी। इसमें राज्य के 150 चिकित्सा अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
-
मुंबई,। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने सोमवार को कहा कि वर्ष 2047 तक 'विकसित भारत' बनाने का लक्ष्य हासिल करने में देश के शिक्षकों की प्रमुख भूमिका रहने वाली है। गोयल ने उत्तरी मुंबई के स्वामी विवेकानंद इंटरनेशनल स्कूल में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि सरकार ने नई शिक्षा नीति 2020 लाने के पहले कई वर्षों तक विचार-विमर्श किया था। इसका नतीजा यह निकला कि इस शिक्षा नीति की किसी ने भी आलोचना नहीं की है। गोयल ने शिक्षकों और प्रधानाचार्यों को संबोधित करते हुए कहा, "वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने में शिक्षकों की प्रमुख भूमिका है।" उन्होंने शिक्षकों को छात्रों से संवाद कायम करने और उनके व्यावसायिक मार्गदर्शन पर ध्यान केंद्रित करने का सुझाव भी दिया। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीन मार्च को अपने मंत्रिपरिषद की बैठक में "विकसित भारत: 2047" के दृष्टिपत्र और अगले पांच वर्षों के लिए एक विस्तृत कार्य योजना पर विचार-मंथन किया था।
- नयी दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने एक रिपोर्ट में कहा है कि अंतरिक्ष मलबे के एक टुकड़े से बचने के लिए चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण चार सेकंड की देरी से किया गया था। भारत ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में चंद्रयान-3 की सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग' से इतिहास रच दिया था और इस क्षेत्र में अपना यान उतारने वाला वह दुनिया का पहला देश बन गया था। वर्ष 2023 के लिए ‘इंडियन सिचुएशनल स्पेस अवेयरनेस रिपोर्ट' (आईएसएसएआर) के अनुसार, चंद्रयान-3 का प्रक्षेपण टक्कर संबंधी आकलन के आधार पर चार सेकंड की देरी से किया गया था। इसरो ने कहा कि यह देरी अंतरिक्ष मलबे से बचने के लिए आवश्यक थी।लैंडर मॉड्यूल ‘विक्रम' और रोवर ‘प्रज्ञान' के साथ भारत का चंद्रयान-3 मिशन पिछले साल 14 जुलाई को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित किया गया था। इसने 23 अगस्त, 2023 को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में सुरक्षित ‘साफ्ट लैंडिंग' की थी और इसके साथ ही भारत चांद के इस क्षेत्र में ‘साफ्ट लैंडिंग' करने वाला दुनिया का पहला देश बन गया था। प्रक्षेपण में चार सेकंड की देरी ने चंद्रमा की यात्रा पर गए अंतरिक्ष यान के लिए सुरक्षित मार्ग सुनिश्चित किया था जिसमें किसी अंतरिक्ष मलबे से टकराव का जोखिम नहीं था।
-
नयी दिल्ली. दिल्ली उच्च न्यायालय ने सोमवार को उस याचिका को खारिज कर दिया जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को छह साल के लिए चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित करने का निर्देश देने की मांग की गई थी। याचिका में प्रधानमंत्री मोदी पर देवी-देवताओं के नाम पर वोट मांगने का आरोप लगाते हुए उनके खिलाफ यह कार्रवाई की मांग की गयी थी। न्यायमूर्ति सचिन दत्ता ने कहा कि याचिका में कोई दम नहीं है और यह पूरी तरह से एक गलत धारणा पर आधारित थी। याचिकाकर्ता एवं अधिवक्ता आनंद एस जोंधले ने अपनी याचिका में अदालत से देवी-देवताओं और पूजा स्थलों के नाम पर कथित तौर पर वोट मांगने के लिए मोदी के खिलाफ कार्रवाई करने का आग्रह किया था। आनंद एस जोंधले ने तर्क दिया कि मोदी ने आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन किया है और यह भारतीय दंड संहिता तथा जन प्रतिनिधित्व अधिनियम के तहत अपराध है। देश में इस समय लोकसभा चुनाव हो रहे हैं।
उच्च न्यायालय ने कहा कि याचिका कई कारणों से पूरी तरह से गलत है। अदालत ने यह भी कहा कि याचिकाकर्ता ने 10 अप्रैल को भारत के निर्वाचन आयोग (ईसीआई) को एक शिकायत प्रस्तुत की थी और आयोग द्वारा शिकायत का निपटारा किए जाने से पहले ही इस अदालत में याचिका दाखिल कर दी गई। उच्च न्यायालय ने कहा, ‘‘याचिकाकर्ता का मानना है कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन हुआ है। यह पूर्वधारणा पूर्णतः अनुचित है। इस अदालत को यह अनुमति नहीं है कि वह भारत निर्वाचन आयोग को याचिकाकर्ता की शिकायत या उस मामले की किसी अन्य शिकायत पर विशेष दृष्टिकोण अपनाने तथा याचिकाकर्ता द्वारा मांगे गए अनुदेशात्मक निर्देश जारी करने का आदेश दे। '' अदालत ने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग याचिकाकर्ता की शिकायत पर स्वतंत्र दृष्टिकोण अपनाएगा और यदि वह (शिकायतकर्ता) इससे व्यथित है, तो वह कानून के तहत उपलब्ध उचित उपाय का सहारा लेने के लिए स्वतंत्र है। याचिका पर सुनवाई के दौरान, निर्वाचन आयोग का प्रतिनिधित्व कर रहे वकील सिद्धांत कुमार ने कहा कि याचिकाकर्ता द्वारा की गई शिकायत पर विधिवत कार्रवाई की जाएगी और उचित आदेश पारित किए जाएंगे। याचिका में कहा गया है कि प्रधानमंत्री ने नौ अप्रैल को उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में एक भाषण दिया था।
याचिकाकर्ता ने आरोप लगाया कि अपने भाषण के दौरान, प्रधानमंत्री ने मतदाताओं से हिंदू देवी-देवताओं और हिंदू पूजा स्थलों के साथ-साथ सिख देवताओं और सिख पूजा स्थलों के नाम पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) को वोट देने की अपील की। उन्होंने प्रधानमंत्री को देवी-देवताओं और पूजा स्थलों के नाम पर वोट मांगने से रोकने की मांग भी की। -
भुवनेश्वर. ओडिशा सरकार ने राज्य में मलेरिया के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए केंद्र सरकार से 1.56 करोड़ मच्छरदानी मुहैया करने का आग्रह किया है। राज्य के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री निरंजन पुजारी ने सोमवार को इस संबंध में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया को पत्र लिखा। पुजारी ने कहा है कि मलेरिया संक्रमण को प्रभावी तरीके से फैलने से रोकने के लिए केंद्र ने 2020-21 में ओडिशा को 1.56 करोड़ मच्छरदानी उपलब्ध कराया था। उन्होंने कहा कि 2023 में ही ये मच्छरदानी बदले जाने थे, जिसमें एक साल की देरी हो गई है और इसके चलते राज्य में मलेरिया के मामलों में वृद्धि होने की आशंका है। पुजारी ने मलेरिया के मामलों को और बढ़ने से रोकने के लिए मच्छरदानी की तत्काल आपूर्ति करने का केंद्र से आग्रह किया। ‘राष्ट्रीय वैक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम' (एनसीवीबीडीसी) के अनुसार, ओडिशा में 2023 में मलेरिया के 41,971 मामले सामने आये थे, जो सभी राज्यों की तुलना में सबसे अधिक थे। ओडिशा के बाद छत्तीसगढ़ में 31,713, झारखंड में 31,140, पश्चिम बंगाल में 26,493, त्रिपुरा में 22,412, मिजोरम में 17,991, महाराष्ट्र में 16,164 और उत्तर प्रदेश में 13,585 मामले सामने आये थे।
-
विशाखापत्तनम. केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए स्थिर सरकार जरूरी है। सीतारमण ने यहां गीतम यूनिवर्सिटी के छात्रों को संबोधित करते हुए कहा, "हमारे प्रधानमंत्री ने लक्ष्य रखा है कि वर्ष 2047 तक हमें विकसित भारत का लक्ष्य हासिल करना है।" उन्होंने कहा, "इसके लिए हमें प्रयास करने होंगे, ताकि सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) बढ़े और सभी लोगों तक लाभ पहुंचे। जीडीपी वृद्धि अपने-आप नहीं होती है, इसके लिए सूक्ष्म एवं व्यापक स्तर और जमीनी स्तर पर प्रयासों की जरूरत होती है।" सीतारमण ने कहा कि जीडीपी की रैंकिंग के साथ देश की छवि भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रति व्यक्ति आय गणना के साथ ये सभी कारक भी मायने रखते हैं। उन्होंने कहा, "जब तक जीडीपी नहीं बढ़ेगी, हम अर्थव्यवस्था की मांगों को पूरा नहीं कर पाएंगे। हमें निवेश एवं सेवाओं को बढ़ाने, शैक्षणिक संस्थानों और लोगों को घर खरीदने एवं कारोबार शुरू करने के लिए धन की जरूरत होती है।" वित्त मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारतीय अर्थव्यवस्था की विकास की गति पर सवाल उठाने और भारत के तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने को एक अंकगणितीय अपरिहार्यता बताने के लिए पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम की आलोचना भी की। उन्होंने कहा कि शहरों से लेकर गांवों तक यूपीआई जिंदगी बदल रहा है और अब गरीब, ग्रामीण महिलाएं डिजिटल भुगतान पसंद करती हैं। उन्होंने कहा कि यह प्रगति आम लोगों की क्षमताओं के बारे में उठाए गए संदेह को खारिज करती है। सीतारमण ने कहा कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) शासन के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था को बहुत नुकसान हुआ था लेकिन मौजूदा सरकार के समय यह शीर्ष पांच में पहुंच गई और अब यह आने वाले वर्षों में दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में भारत के अपने-आप तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाने की बात करना देश के लिए मोदी सरकार द्वारा किए गए प्रयासों को कमजोर करने के अलावा कुछ नहीं है। सीतारमण ने कहा कि भारत सरकार ने अनुसंधान कोष के लिए लगभग एक लाख करोड़ रुपये आवंटित किए हैं और इस निवेश का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों में भारत के अनुसंधान बजट के साथ देश में समावेशी विकास को बढ़ावा देना है।
-
अमेठी . अमेठी जिले के मोहन गंज थाना क्षेत्र में बड़ी नहर के पास दो बाइक की आमने-सामने हुई टक्कर में भाई व बहन की मौत हो गयी और एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, मोहनगंज थाना क्षेत्र के निवासी सूरज कुमार (28) और उनकी बहन रीता देवी (18), मां ननका देवी (60) एक बाइक पर सवार होकर रविवार देर शाम जा रहे थे। उधर, दूसरी बाइक से थाना क्षेत्र के ही सैदपुर के निवासी संजय कुमार (25) और रायबरेली निवासी मनीष कुमार (24) आ रहे थे। उनकी बाइक की आमने सामने हुई टक्कर में सूरज कुमार और रीता देवी की मौके पर मौत हो गयी, जबकि अन्य तीन घायल हो गए। तीनों घायलों को पहले सीएचसी भेजा गया और फिर प्राथमिक उपचार के बाद रायबरेली रेफर कर दिया गया। थाना मोहन गंज के प्रभारी निरीक्षक धीरेन्द्र यादव ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर कानूनी कार्यवाही की जा रही है।
-
बेंगलुरु. कर्नाटक के चामराजनगर से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री वी श्रीनिवास प्रसाद का सोमवार को निधन हो गया। उनके परिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। प्रसाद का बेंगलुरु के एक निजी अस्पताल में इलाज जारी था। वह 76 वर्ष के थे। प्रसाद के परिवार में उनकी पत्नी और तीन बेटियां हैं। प्रसाद चामराजनगर से छह बार सांसद और मैसूरु जिले के नंजनगुड से दो बार विधायक चुने गए। वह पिछले कुछ समय से बीमार थे। प्रसाद ने इस साल 18 मार्च को चुनावी राजनीति से संन्यास लेने की घोषणा की थी।
उन्होंने 1976 में तत्कालीन जनता पार्टी के साथ अपने राजनीतिक सफर की शुरुआत की थी। इसके बाद 1979 में वह कांग्रेस में शामिल हो गए थे। भाजपा में शामिल होने से पहले वह जनता दल (सेक्युलर), जनता दल (यूनाइटेड) और समता पार्टी में भी रहे थे। प्रसाद ने 1999 से 2004 तक पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य और सार्वजनिक वितरण राज्य मंत्री के रूप में सेवाएं दी थीं। इसके बाद वह कांग्रेस में शामिल हो गए थे। कांग्रेस में शामिल होने के बाद प्रसाद 2013 में विधायक चुने गए और सिद्धरमैया सरकार में उन्होंने राजस्व और धार्मिक बंदोबस्ती मंत्री का पद संभाला। प्रसाद ने 2016 में कर्नाटक विधानसभा से इस्तीफा दे दिया और वह फिर से भाजपा में शामिल हो गए। उन्होंने 2017 में भाजपा के टिकट पर नंजनगुड उपचुनाव लड़ा था, लेकिन वह हार गए थे। इसके बाद वह 2019 में चामराजनगर से लोकसभा चुनाव में विजयी रहे थे। - बेंगलुरु। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने इसरो के आधिकारिक इंस्टाग्राम पेज के माध्यम से अंतरिक्ष में दिलचस्पी रखने वालों के साथ बातचीत करते हुए कहा कि अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में निजी कंपनियां निश्चित रूप से क्षेत्र में अनुसंधान को गति देने में मदद करेंगी। एक निजी कंपनी स्पेसएक्स के कथित तौर पर अधिकांश देशों की तुलना में अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में अधिक योगदान देने पर टिप्पणी करते हुए सोमनाथ ने शनिवार को कहा कि निजी कंपनियों को रॉकेट इंजन बनाने के लिए प्रोत्साहित करने और स्पेसएक्स के मामले में इंसानों को लेकर अंतरिक्ष में जाने वाले रॉकेट की संभावना का पता लगाने के लिए प्रोत्साहित करने की अमेरिका की परंपरा को भारत द्वारा दोहराया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ये कंपनियां प्रौद्योगिकी को आगे बढ़ाने, लागत कम करने और अंतरिक्ष को अधिक सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि भारत में निजी कंपनियों के लिए भी इस प्रकार की क्षमताएं विकसित करना संभव है।सोमनाथ ने हालांकि कहा कि यह तभी संभव है जब सरकार निजी इकाई का समर्थन करे। सोमनाथ ने कहा, “उदाहरण के लिए, नासा के स्वामित्व वाली कुछ तकनीक को स्पेस एक्स में स्थानांतरित कर दिया गया है ताकि वे तेजी से विकास कर सकें। यही कारण है कि स्पेसएक्स ने इतनी प्रगति की है, इस वर्ष उसने लगभग 45 प्रक्षेपण किए।” उन्होंने कहा कि भारत में पहले से ही दो कंपनियां काम कर रही हैं- स्काईरूट एयरोस्पेस और अग्निकुल कॉसमॉस। इसरो अध्यक्ष ने कहा, “हम सभी भारत को इस तरह आगे बढ़ते हुए देखकर उत्साहित हैं। ये कंपनियां पहले ही प्रक्षेपण वाहनों का परीक्षण कर चुकी हैं। यह एक दिलचस्प विकास है।” चंद्रयान -4 पर एक प्रश्न का उत्तर देते हुए, सोमनाथ ने भारत के अगले चंद्रमा मिशन पर एक जानकारी भी साझा की। उनके मुताबिक, चंद्रयान-4 मिशन को चंद्रयान श्रृंखला की अगली कड़ी के रूप में विकसित किया जा रहा है।
- नोएडा,। उत्तर प्रदेश में गौतमबुद्धनगर जिले के थाना सेक्टर 20 क्षेत्र के अट्टा गांव में एक ई- रिक्शा की बैटरी चार्ज करते समय फटने से एक युवक की मौत हो गई जबकि उसके पिता गंभीर रूप से जख्मी हो गए। थाना सेक्टर 20 के प्रभारी निरीक्षक डी.पी. शुक्ल ने बताया कि अट्टा गांव में रहने वाले मंजूर अंसारी (22) तथा उनके पिता फारूक अंसारी अपने ई-रिक्शा की बैटरी चार्ज कर रहे थे, तभी बैटरी में धमाका हो गया। उन्होंने बताया कि इस घटना में पिता-पुत्र दोनों गंभीर रूप से झुलस गए और दोनों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने मंजूर को मृत घोषित कर दिया। शुक्ल ने बताया कि फारुख की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे उपचार के लिए दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती करवाया गया है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
- नयी दिल्ली,।' कांग्रेस नेता अरविंदर सिंह लवली ने रविवार को कहा कि उन्होंने केवल पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख पद से इस्तीफा दिया है और किसी अन्य राजनीतिक दल में शामिल नहीं हो रहे हैं। लवली ने यह स्पष्टीकरण तब दिया, जब कांग्रेस के पूर्व विधायक आसिफ मोहम्मद खान ने दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पूर्वी दिल्ली लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से हर्ष मल्होत्रा की जगह लवली को मैदान में उतारेगी। लवली ने अपने आवास पर संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘मैंने केवल दिल्ली कांग्रेस प्रमुख के पद से इस्तीफा दिया है और मैं किसी भी राजनीतिक दल में शामिल नहीं हो रहा हूं।'' कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को लिखे अपने इस्तीफे में लवली ने उत्तर-पूर्वी दिल्ली से पार्टी के उम्मीदवार कन्हैया कुमार और उत्तर पश्चिम दिल्ली के उम्मीदवार उदित राज की आलोचना की और कहा कि वे प्रदेश कांग्रेस और (दिल्ली में) पार्टी की नीतियों से पूरी तरह से अनजान हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ लोग गलत सूचना फैला रहे हैं कि मैं टिकट (वितरण) से नाराज हूं। ऐसा कुछ नहीं है। आप सभी जानते हैं कि मैंने तीन दिन पहले प्रेस वार्ता कर प्रत्याशियों का परिचय दिया था।'' उन्होंने कहा कि उनका इस्तीफा इस बात से दुखी कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दर्द को जाहिर करता है कि ‘‘पिछले सात-आठ वर्ष के दौरान वे जिन आदर्शों के लिए लड़ रहे थे'' उनसे समझौता किया जा रहा है।लवली ने लोकसभा चुनाव के लिए दिल्ली में आम आदमी पार्टी (आप) के साथ पार्टी के गठबंधन का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हम साथ मिलकर चुनाव लड़ रहे हैं, लेकिन कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने कभी नहीं कहा कि हम उन्हें ‘क्लीन चिट' दे रहे हैं या स्कूल और अस्पताल बनाने का श्रेय दे रहे हैं, जो वास्तविकता से कोसों दूर है।'' लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस को झटका देते हुए लवली ने ‘आप' के साथ गठबंधन को एक कारण बताते हुए पार्टी की दिल्ली इकाई के प्रमुख पद से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की दिल्ली इकाई गठबंधन के खिलाफ थी, लेकिन पार्टी आलाकमान इसके साथ आगे बढ़ा। लवली ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेजे अपने इस्तीफे में कहा है, ‘‘दिल्ली कांग्रेस इकाई ऐसी पार्टी के साथ गठबंधन के खिलाफ थी जो कांग्रेस पार्टी के खिलाफ झूठे, मनगढ़ंत और दुर्भावनापूर्ण भ्रष्टाचार के आरोपों के आधार पर बनी...(उस पार्टी के) आधे कैबिनेट मंत्री अभी भ्रष्टाचार के आरोपों में जेल में हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘इसके बावजूद, पार्टी (कांग्रेस) ने दिल्ली में ‘आप' से गठबंधन करने का फैसला लिया। हमने पार्टी के निर्णय का सम्मान किया.. मैं सुभाष चोपड़ा और संदीप दीक्षित के साथ केजरीवाल की गिरफ्तारी वाली रात को उनके आवास पर भी गया, जबकि यह इस मामले में मेरे पद के खिलाफ था।'' इस बीच, आम आदमी पार्टी के सौरभ भारद्वाज ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में बिना किसी का नाम लिए पूछा कि क्या भाजपा पूर्वी दिल्ली से अपना उम्मीदवार बदल रही है। भारद्वाज की टिप्पणी और उनके भाजपा में शामिल होने से जुड़े सवाल पर लवली ने दोहराया कि उन्होंने केवल दिल्ली कांग्रेस प्रमुख के पद से इस्तीफा दिया है। लवली ने कहा, ‘‘भारद्वाज की शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद। मुझे लगता है कि वह अन्य सभी पार्टियों की ओर से फैसले लेते हैं। मैंने आपको स्पष्ट कर दिया है कि मैंने दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दिया है।''
- गुवाहाटी ।असम के गुवाहाटी में रविवार को छह करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की हेरोइन जब्त की गयी और इस सिलसिले में दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। उसने बताया कि ऐसी सूचना मिली थी कि त्रिपुरा और मणिपुर के ‘डीलर' भारी मात्रा में मादक पदार्थ शहर में लाने की योजना बना रहे हैं। उसी के आधार पर पुलिस महानिरीक्षक पार्थसारथी महंत की अगुवाई में विशेष कार्यबल ने अभियान चलाया एवं यहां खानपारा में एक वाहन को रोका गया। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि तलाशी के दौरान पिछली सीट से एक बैग मिला जिसमें डेढ़ किलोग्राम हेरोइन थी। उनके अनुसार यह हेरोइन साबुन के दो बक्सों में रखी गयी थी। अधिकारी के मुताबिक पुलिस ने दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है जो वाहन में बैठे थे।
- बरहामपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को ओडिशा के लोगों से विकास का सूत्रपात करने के लिए बीजद सरकार को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत में राजनीति की संस्कृति, प्रकृति एवं परिभाषा बदल दी है। नड्डा ने यहां अंबापुआ में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने पिछले 10 सालों में केंद्र में अपने शासनकाल के दौरान सभी मोर्चों पर एवं हर तरह से समृद्धि सुनिश्चित की । उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘ पहले, जाति और धर्म की राजनीति होती थी लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने सुनिश्चित किया कि यह विकास पर आधारित है... ओडिशा में बीजद सरकार में कुशासन है। यह राज्य में ‘बाबू राज' स्थापित कर रहा है।'' नड्डा ने मुख्यमंत्री नवीन पटनायक के करीबी वी के पांडियन की परोक्ष रूप से चर्चा करते हुए कहा, ‘‘ क्या ओडिशा में सरकार चलाने के लिए भूमिपुत्र नहीं है कि हमें अन्य राज्यों से लोगों को आयात करना पड़ता है।'
- नयी दिल्ली । केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों से ‘आयुष्मान भारत हेल्थ एकाउंट (आभा)' को प्रजनन बाल स्वास्थ्य (आरसीएच), राष्ट्रीय क्षयरोग उन्मूलन कार्यक्रम (निक्षय) जैसे विभिन्न स्वास्थ्य पोर्टल से जोड़ने के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की है। स्वास्थ्य सचिव अपूर्वा चंद्र ने कहा कि आयुष्मान भारत डिजिटल मिशन के डैशबोर्ड के अनुसार तीन अप्रैल, 2024 तक देश में सृजित कुल आभा पहचान पत्र (आईडी) 5,894.60 लाख हो गये हैं। उन्होंने कहा कि लेकिन गैर-संचारी रोगों (एनसीडी), ‘सिकेल सेल', आरसीएच, निक्षय, ‘नेशनल वायरल हेपाटाइटिस कंट्रोल प्रोग्राम (एनवीएचसीपी)' और ‘प्रधानमंत्री नेशनल डायलिसिस प्रोग्राम (पीएमएनडीपी) के तहत आभा से जुड़े कुल लाभार्थी क्रमश: 827.99 लाख, 0.89 लाख, 15.78 लाख, 2.46 लाख, 0.056 लाख और 0.17 लाख हैं। स्वास्थ्य सचिव ने कहा, ‘‘यह दर्शाता है कि वैसे तो राज्यों ने पहचान पत्र तैयार करने में काफी रूचि ली है लेकिन स्वास्थ्य रिकार्ड को इन पहचानपत्रों के साथ नहीं जोड़ जाने से मरीजों समेत संबंधित पक्ष डिजिटल स्वास्थ्य रिकार्ड का लाभ नहीं ले पा रहे हैं।'' उन्होंने सभी राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों की सरकारों को लिखे पत्र में कहा, ‘‘इसलिए आप से आभा के वर्तमान लाभार्थियों को विभिन्न पोर्टल से जोड़ने और अपने स्तर पर इस काम की प्रगति की नियमित समीक्षा करने के लिए जरूरी कदम उठाने का अनुरोध किया जाता है।'' चंद्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 27 सितंबर, 2021 को राष्ट्रीय डिजिटल स्वास्थ्य मिशन (एनडीएचएम) प्रारंभ किया था तथा देश में सभी स्वास्थ्य सुविधाओं को इस मिशन में भाग लेना है। उन्होंने पत्र में कहा कि स्वास्थ्य सुविधा रजिस्ट्री और स्वास्थ्य पेशेवर रजिस्ट्री के जरिए एबीडीएम मंच को इष्टतम सीमा तक उपयोग में लाया जाना है।
-
श्रीनगर ।जम्मू-कश्मीर के गांदरबल जिले में रविवार को एक यात्री वाहन के नाला सिंध में गिर जाने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लापता हैं। अधिकारी ने बताया कि गांदरबल के सोनमर्ग इलाके में गगनगीर में नौ लोगों को लेकर जा रहा एक यात्री वाहन सड़क से फिसलकर नाला सिंध में तेज धारा में बह गया। उन्होंने कहा कि एसडीआरएफ और पुलिस ने बचाव अभियान चलाया।अधिकारी ने कहा, "तीन लोगों को निकालकर नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।" उन्होंने बताया कि चार शव बरामद कर लिए गए हैं, जबकि शेष दो लोगों की तलाश जारी है।एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि दुखद घटना की जानकारी मिलने के तुरंत बाद, पुलिस, सेना की 34 असम राइफल्स, यातायात ग्रामीण पुलिस, नागरिक प्रशासन, स्थानीय लोगों, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ द्वारा संयुक्त रूप से व्यापक पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया, जिसमें चार शव निकाले गए। उन्होंने ने, ''ड्राइवर को छोड़कर वाहन में सवार सभी लोग पर्यटक थे। उन्होंने आगे कहा, ''उसे (ड्राइवर) को छोड़कर किसी अन्य व्यक्ति को अब तक सुरक्षित बचाया नहीं जा सका है।
बारिश के कारण सिंध दरिया उफान पर
अधिकारी ने कहा, "इलाके में जारी भारी बारिश के कारण ऑपरेशन कल तक के लिए बंद कर दिया गया है।" बचाए गए तीनों यात्रियों को गुंड पीएचसी में भर्ती कराया गया है। इनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इलाके में बारिश के कारण सिंध दरिया उफान पर है।
- नयी दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने सोशल मीडिया मंचों पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का फर्जी वीडियो फैलाए जाने के सिलसिले में केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा शिकायत दर्ज कराए जाने के बाद रविवार को मामला दर्ज कर लिया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि विशेष प्रकोष्ठ ने भादंसं की संबंधित धाराओं तथा सूचना प्रौद्योगिकी के संबंधित प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। विशेष शाखा के सूत्रों ने कहा कि अब देशभर में गिरफ्तारी होने की संभावना है।भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र के अधिकारी सिंकू शरण सिंह द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में कहा गया कि विभिन्न समुदायों के बीच वैमनस्य फैलाने के मकसद से कुछ फर्जी वीडियो सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे हैं और इन वीडियो से शांति एवं कानून व्यवस्था के प्रभावित होने की आशंका है। शिकायतकर्ता के मुताबिक, जिन ‘लिंक' से इन वीडियो को साझा किया जा रहा है, वे भी कार्रवाई के लिए पुलिस को प्रदान किए गए हैं। प्राथमिकी की एक प्रति दिल्ली साइबर पुलिस की आईएफएसओ इकाई को भी भेजी गई है।
- देहरादून. उत्तराखंड के नैनीताल जिले में जंगल की भीषण आग को बुझाने के लिए शनिवार को भारतीय वायुसेना के एक हेलीकॉप्टर को सेवा में लगाया गया। इससे एक दिन पहले पाइंस इलाके में हाई कोर्ट कॉलोनी तक आग की लपटें पहुंचने से शुक्रवार को जिले में स्थिति और खराब हो गई थी। आग की लपटों के कॉलोनी के घरों के नजदीक तक पहुंचने के चलते खतरा बढ़ने लगा। भारतीय वायु सेना ने ‘एक्स' पर कहा कि अग्निशमन अभियान में सहायता के लिए एमआई-17 वी5 हेलीकॉप्टर को तैनात किया गया है। वन अधिकारियों ने बताया कि हेलीकॉप्टर ने भीमताल और नैनी झील से एक बांबी बकेट (एक विशेष बाल्टी) में पानी लिया और उससे जिले के पाइंस, भुमियाधर, ज्योलिकोट, नारायण नगर, भवाली, रामगढ़ और मुक्तेश्वर इलाकों के दहकते जंगलों पर छिड़काव किया। इस विशेष बाल्टी की मदद से एक बार में भारी मात्रा में पानी भरकर प्रभावित क्षेत्र में छिड़का जा सकता है। एक अधिकारी ने कहा कि नैनी झील में जलस्तर कम होने के कारण नौकायन गतिविधियों को कुछ समय के लिए निलंबित कर दिया गया जबकि भीमताल झील में इसे फिलहाल रोक दिया गया है। उप जिलाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि आग ने पाइंस से लेकर लड़ियाकांटा तक के जंगलों को अपनी चपेट में ले लिया है। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आग पर काबू पाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा। धामी ने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और हल्द्वानी में वन प्रशिक्षण अकादमी में कुमाऊं मंडल के अधिकारियों के साथ आग बुझाने के लिए अब तक किए गए प्रयासों की समीक्षा की। उन्होंने सख्त निर्देश जारी किए कि जब तक जंगल की आग पर पूरी तरह से काबू नहीं पा लिया जाता, तब तक वन अधिकारियों को छुट्टी पर जाने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। राज्य के वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि आग पर प्रभावी ढंग से काबू पाने के लिए सभी जिला वन अधिकारी (डीएफओ) जमीनी स्तर पर काम कर रहे हैं। रुद्रप्रयाग में जंगलों में आग लगाने की कोशिश के आरोप में शुक्रवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया था। अधिकारियों के अनुसार, शुक्रवार को राज्य के विभिन्न स्थानों पर जंगलों में आग लगने की 31 नयी घटनाएं सामने आयीं जिनमें 33.34 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ। नैनीताल जिला मुख्यालय के पास के जंगलों में लगी आग ने शुक्रवार को भीषण रूप ले लिया था। आग से पाइंस क्षेत्र में स्थित हाईकोर्ट कॉलोनी को भी खतरा पैदा हो गया है जबकि क्षेत्र में यातायात भी प्रभावित हुआ है। आग पर काबू पाने के प्रयासों में वन्यकर्मियों के अलावा सैन्यकर्मी भी शामिल हैं।पाइंस इलाके के एक निवासी और उत्तराखंड उच्च न्यायालय के सहायक पंजीयक अनिल जोशी ने कहा, ‘‘आग ने शुक्रवार को द पाइंस के निकट स्थित एक पुराने और खाली मकान को अपनी चपेट में ले लिया। इससे हाईकोर्ट कॉलोनी को कोई नुकसान नहीं पहुंचा लेकिन यह खतरनाक रूप से इमारतों के करीब तक पहुंच गयी।'' आग के कारण जिला प्रशासन ने नैनी झील में नौकायन पर रोक लगा दी है।नैनीताल के मंडलीय वन अधिकारी चंद्रशेखर जोशी ने कहा, ‘‘हमने आग बुझाने के लिए मनोरा रेंज के 40 कर्मियों और दो वन रेंजर को तैनात किया है।'' पिछले साल एक नवंबर से अब तक प्रदेश में वन में आग लगने की कुल 575 घटनाएं सामने आयी हैं जिनमें 689.89 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ और 14 लाख रुपये से अधिक का आर्थिक नुकसान हुआ।
- जम्मू. देश की सेवा में प्राण न्योछावर करने वाले तीन सैन्य अधिकारियों के 'शौर्य स्मारक' का यहां सैनिक स्कूल नगरोटा में अनावरण किया गया। रक्षा प्रवक्ता ने शनिवार को यह जानकारी दी। यह स्मारक दिवंगत मेजर अरविंद बजाला, दिवंगत मेजर रोहित कुमार और दिवंगत फ्लाइट लेफ्टिनेंट अद्वितीय बल से संबंधित है। ये तीनों अधिकारी सैनिक स्कूल नगरोटा के छात्र थे जिन्होंने पश्चिम बंगाल (30 नवंबर, 2016), जम्मू (21 सितंबर, 2021) और राजस्थान (28 जुलाई, 2022) में अलग-अलग हेलीकॉप्टर दुर्घटनाओं में देश की सेवा में अपने प्राण न्योछावर कर दिए। प्रवक्ता ने कहा कि 16वीं कोर मुख्यालय के प्रमुख एवं सैनिक स्कूल नगरोटा के स्थानीय प्रशासन बोर्ड के अध्यक्ष मेजर जनरल शैलेन्द्र सिंह ने बहादुर अधिकारियों की प्रतिमाओं का अनावरण किया और श्रद्धांजलि दी।
- वास्को (गोवा) .प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) की विश्वसनीयता पर सवाल उठाने के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। उच्चतम न्यायालय ने हाल में अपने एक फैसले में कहा है कि ईवीएम ने भारत के लोकतंत्र को मजबूत किया है।मोदी ने दक्षिण गोवा में यहां एक चुनावी रैली में यह भी कहा कि गोवा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के शत-प्रतिशत कार्यान्वयन का एक मॉडल है। उन्होंने कहा कि गोवा उनके राजनीतिक जीवन में कुछ अहम घटनाओं का साक्षी रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘गोवा में ही मुझसे जुड़े सभी अहम घटनाक्रम हुए। मुझे प्रधानमंत्री बनाने का पार्टी (भाजपा) का निर्णय भी गोवा में ही लिया गया। मेरी तकदीर गोवा में लिखी गयी।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस ने ईवीएम के बारे में झूठ बोला और लोगों को भड़काने की कोशिश की, लेकिन उच्चतम न्यायालय ने अपने हालिया फैसले में कहा कि ईवीएम में कुछ भी गड़बड़ी नहीं है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अपने रुख के लिए देश से माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘जब भी वे चुनाव हार जाते हैं तो वे ईवीएम पर ठीकरा फोड़ देते हैं। उन्होंने ईवीएम के बारे में संदेह पैदा करने की चेष्टा की है।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उच्चतम न्यायालय ने स्पष्ट कहा है कि ईवीएम अच्छी हैं और ईवीएम के माध्यम से कराए जाने वाले चुनाव अच्छे हैं और इसने लोकतंत्र को मजबूत किया है।'' मोदी ने लोगों से सवाल किया कि कांग्रेस को इस मुद्दे पर ‘माफी मांगनी चाहिए कि नहीं।' उन्होंने कहा, ‘‘(लेकिन) वे माफी नहीं मांगेंगे। उनका घमंड सातवें आसमान पर है। वे मोदी को बदनाम करने के लिए किसी भी हद तक जा सकते हैं।'' उन्होंने कहा कि आम चुनाव के दो चरण बीत चुके हैं तथा जमीनी स्तर से मिले फीडबैक तथा मतदाताओं के उत्साह पर गौर करने से इस बात के स्पष्ट संकेत हैं कि यह ‘फिर एक बार मोदी सरकार' है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 2024 का चुनाव विचारधारा की लड़ाई है, जिसमें एक तरफ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) नागरिकों की आकांक्षाओं को पूरा करना चाहता है और योजनाओं के शत प्रतिशत कार्यान्वयन में यकीन करता है, दूसरी तरफ ‘इंडिया' गठबंधन है जो अपने परिवारों की रक्षा के लिए स्वार्थी उद्देश्यों से काम करता है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारा दृष्टिकोण तुष्टीकरण नहीं बल्कि संतुष्टीकरण है।'' उन्होंने कहा कि पिछले 10 साल में देश में काफी कुछ हुआ है लेकिन वह खाली नहीं बैठे रहेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मोदी आराम फरमाने और मजे करने के लिए पैदा नहीं हुआ है। मोदी दिन-रात काम करता है। मोदी आपके सपने को जीता है। आपके सपने मोदी का संकल्प हैं।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले दस साल में इतना सबकुछ करने के बाद वह अपना काम जारी रखे हुए हैं क्योंकि यह तो महज ट्रेलर था और अब भी काफी कुछ किया जाना है। उन्होंने कहा, ‘‘आप मोदी की गारंटी लिख लीजिए, अगले साल गरीबों के लिए तीन करोड़ पक्के घर बनाए जाएंगे।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को उन लोगों को ढूंढ़ना चाहिए जिनके पास अब तक अपना मकान नहीं है और उन्हें आश्वासन देना चाहिए कि चार जून के बाद उन्हें मकान मिलेगा। मोदी ने कहा, ‘‘गोवा भाजपा की कल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाने का एक मॉडल है, जिसने किसानों, गरीबों, मछुआरों, महिलाओं को लाभ पहुंचाया है। मोदी आपके सपनों और आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए जी रहा है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि गोवा को देशभक्तों की भूमि, इसके भव्य मंदिरों और चर्च के लिए जाना जाता है।मोदी ने कहा कि भाजपा नीत सरकार देश में ओलंपिक आयोजित करेगी और वह गोवा को अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन केंद्र में बदल रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि मछुआरों के लिए बीमा कवर बढ़ाया जाएगा। उन्होंने दावा किया कि ‘इंडिया' गठबंधन अपनी तुष्टीकरण की राजनीति के कारण अनुच्छेद 370 को वापस लाना चाहता है और कांग्रेस 55 प्रतिशत विरासत कर लगाने की योजना बना रही है। कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘कांग्रेस के साहबजादे लोगों की संपत्ति की जांच करने और इसे दूसरों को वितरित करने के लिए विदेश से एक एक्स-रे मशीन लाने वाले हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘आप सभी जानते हैं कि कांग्रेस का पसंदीदा वोट बैंक कौन है।
-
नई दिल्ली। फिटनेस इंफ्लुएंसर और एक्टर साहिल खान की मुश्किलें बढ़ गई है। एक अधिकारी ने रविवार को बताया कि मुंबई साइबर सेल की विशेष जांच टीम (SIT) ने महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले में छत्तीसगढ़ से अभिनेता साहिल खान को हिरासत में लिया है।
उन्होंने बताया कि बॉम्बे हाई कोर्ट द्वारा गिरफ्तारी पूर्व जमानत याचिका खारिज करने के बाद अभिनेता को शनिवार को जगदलपुर से गिरफ्तार किया गया । वह लोटस बुक 24/7 नामक एक सट्टेबाजी ऐप वेबसाइट में भागीदार हैं, जो महादेव सट्टेबाजी ऐप नेटवर्क का हिस्सा है।मामले के संबंध में एसआईटी ने हाल ही में खान से पूछताछ की थी। SIT राज्य में कुछ वित्तीय और रियल एस्टेट कंपनियों और विवादास्पद महादेव सट्टेबाजी ऐप के प्रमोटरों के बीच कथित अवैध लेनदेन की जांच कर रही है। मामले में पुलिस द्वारा दर्ज की गई FIR के अनुसार, घोटाले का आकार लगभग 15,000 करोड़ रुपये है। खान और अन्य 31 व्यक्तियों के खिलाफ जांच चल रही है।पुलिस के मुताबिक, जांच में उनके बैंक खाते, मोबाइल फोन, लैपटॉप और सभी तकनीकी उपकरणों की जांच शामिल है।अधिकारी ने बताया कि मामले में अब तक एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और आगे की जांच जारी है।स्टाइल’ और ‘एक्सक्यूज मी’ जैसी फिल्मों के लिए जाने जाने वाले साहिल खान एक फिटनेस एक्सपर्ट बन गए हैं। -
सासाराम/बेगूसराय. बिहार में शनिवार को आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं में तीन बच्चों और एक महिला सहित सात लोगों की मौत हो गई जबकि तीन अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक पहली घटना में रोहतास जिले में सासाराम के रोहाना गांव में अपराह्न करीब 12.30 बजे एक झोपड़ी में आग लग गई, जिसमें तीन बच्चों और एक महिला की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सुलोचन देवी (20), किरण कुमारी (10), ममता कुमारी (10) और भकोला कुमारी (4) के रूप में की गई है। ये सभी एक ही परिवार के सदस्य थे। पुलिस ने बताया कि इस घटना में दो अन्य लोग झुलस गए, जिनकी पहचान शिववर्ती देवी और उनके बेटे मोंटू के रूप में हुई है। पंचायत के मुखिया दयानंद सिंह और प्रखंड विकास पदाधिकारी अतुल गुप्ता ने घटनास्थल का दौरा किया और जांच के आदेश दिये। दयानंद सिंह ने कहा, ‘‘हालांकि, आग पर तुरंत काबू पा लिया गया, लेकिन तब तक झोपड़ी जलकर राख हो चुकी थी। सभी मृतक और दो अन्य जो झुलस गए, वे एक ही परिवार के हैं। '' अतुल गुप्ता ने कहा, ‘‘आग लगने के सही कारण का पता लगाने के लिए जांच के आदेश दे दिए गए हैं। ''
इस दुखद घटना पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शोक जताया है।मुख्यमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘‘मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने सासाराम में आग लगने की घटना में चार लोगों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया है।'' एक अन्य घटना में बेगूसराय जिले के मुफस्सिल क्षेत्र में, दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर हो गई और उनमें आग लग गई, जिससे तीन लोगों की मौत हो गई जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान सी. शर्मा, अरविंद शर्मा और श्याम कुमार के रूप में हुई है। घटना के प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग की लपटें इतनी तेज थीं कि न तो आग बुझाई जा सकी और न ही पीड़ितों को बचाया जा सका। बेगूसराय (सदर) के पुलिस उपाधीक्षक सुबोध कुमार ने कहा, ‘‘ मुफस्सिल थाने में दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने की टक्कर का मामला दर्ज किया गया है। दो लोग मौके पर ही जिंदा जल गये और एक की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी। एक व्यक्ति का इलाज चल रहा है। '' - जयपुर. राजस्थान में लोकसभा आम चुनाव के सिलसिले में आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से 834 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की अवैध शराब, नकदी एवं अन्य सामग्री पकड़ी गई है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि राज्य में लोकसभा चुनाव के मद्देनजर अलग-अलग एजेंसियों ने मार्च की शुरुआत से अब तक कुल 932.41 करोड़ रुपये मूल्य की नशीली दवाइयां, शराब, कीमती धातु, मुफ्त बांटी जाने वाली वस्तुएं (फ्रीबीज) और अवैध नकदी जब्त की है। उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद निर्वाचन विभाग के निर्देश पर 16 मार्च से अब तक एजेंसियों द्वारा पकड़ी गई वस्तुओं की कीमत 834 करोड़ रुपये से ज्यादा है। गुप्ता ने बताया कि राज्य में चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से संदिग्ध वस्तुओं और धन के अवैध उपयोग पर अलग-अलग एजेंसियां कड़ी निगरानी कर रही हैं एवं इसी क्रम में राज्य भर में लगातार जब्ती की कार्रवाई की जा रही हैं। उनके अनुसार एक मार्च से अब तक राजस्थान में चार जिलों में 40-40 करोड़ रूपये से अधिक, नौ जिलों में 30-30 करोड़ रुपये और 13 जिलों में 20-20 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की संदिग्ध वस्तुएं और नकदी आदि जब्त की गई है। इस दौरान सबसे अधिक जब्ती 47.03 करोड़ रुपए की जोधपुर जिले में की गई। उसके बाद चुरू जिले में 43.08 करोड़ रुपए एवं गंगानगर में 41.92 करोड़ रुपए की जब्ती की गई।
-
नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) का उपयोग करके डाले गए वोटों का ‘वोटर वेरिफिएबल पेपर ऑडिट ट्रेल’ या VVPAT के साथ 100 फीसदी क्रॉस-वेरिफिकेशन की मांग करने वाली सभी याचिकाओं को खारिज कर दिया। न्यायमूर्ति खन्ना ने फैसला सुनाते हुए कहा कि अदालत ने सभी याचिकाओं को खारिज कर दिया है जिनमें दोबारा मतपत्रों से चुनाव कराने की प्रकिया पुन: अपनाने का अनुरोध करने वाली याचिका भी शामिल है।
न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और दीपांकर दत्ता की पीठ ने सुनाये दो फैसलेन्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की पीठ ने मामले में सहमति वाले दो फैसले सुनाये। फैसला सुनाते हुए न्यायमूर्ति खन्ना ने कहा कि अदालत ने प्रोटोकॉल और तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की थी और इसलिए वीवीपैट पर्चियों के साथ ईवीएम वोटों के 100 फीसदी सत्यापन के अनुरोध को खारिज कर दिया था।उन्होंने कहा, “चुनाव आयोग द्वारा एक सुझाव की जांच की जा सकती है कि क्या पेपर पर्चियों की गिनती के लिए इलेक्ट्रॉनिक मशीनें हो सकती हैं और क्या किस पार्टी के प्रतीकों के साथ बार कोड भी हो सकता है।”पीठ ने अपने फैसले में कहा कि ‘‘लोकतंत्र का अर्थ सद्भाव और सभी संस्थाओं में भरोसा बनाए रखने का प्रयास करना है।’’EVM में चिह्न लोड करने वाली स्टोर यूनिट्स को 45 दिनों के लिए स्ट्रॉन्ग रूम मेंं रखने का दिया निर्देशन्यायमूर्ति खन्ना ने अपने फैसले में निर्वाचन आयोग को मतदान के बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों में चिह्न लोड करने वाली स्टोर यूनिट्स को 45 दिनों के लिए स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित करने के निर्देश दिए। शीर्ष अदालत ने ईवीएम निर्माताओं के इंजीनियरों को यह अनुमति दी कि वे परिणाम घोषित होने के बाद दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाले उम्मीदवारों के अनुरोध पर मशीन के ‘माइक्रोकंट्रोलर’ को सत्यापित कर सकते हैं।‘माइक्रोकंट्रोलर’ के सत्यापन के लिए अनुरोध, परिणाम घोषित होने के सात दिनों के भीतर करना होगाउच्चतम न्यायालय ने कहा कि ‘माइक्रोकंट्रोलर’ के सत्यापन के लिए अनुरोध परिणाम घोषित होने के सात दिनों के भीतर किया जा सकता है लेकिन इसके लिए पहले शुल्क देना होगा। पीठ ने कहा, ‘‘अगर सत्यापन के दौरान यह पाया गया कि ईवीएम से छेड़छाड़ की गई है तो उम्मीदवार द्वारा दिया गया शुल्क उसे लौटाया जाएगा।’’न्यायमूर्ति दत्ता ने कहा,‘‘ तंत्र या संस्थाओं के मूल्यांकन में संतुलित रुख बनाए रखना अहम है लेकिन तंत्र के किसी भी पहलू पर आंख मूंद करके अविश्वास करना अनुचित संदेह पैदा कर सकता है।’’एक ईवीएम में तीन इकाइयां होती हैं – बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट और वीवीपीएटी। इन तीनों में माइक्रोकंट्रोलर लगे होते हैं।VVPAT मशीन EVM की मतपत्र इकाई से जुड़ी होती है और मतदाता की पसंद के साथ कागज की एक पर्ची प्रिंट करके मतदाता के वोट के लिए दृश्य सत्यापन प्रदान करती है। इसका उपयोग बाद में प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में पांच यादृच्छिक रूप से चयनित मतदान केंद्रों में डाले गए वोटों को सत्यापित करने के लिए किया जाता है। विपक्ष मांग कर रहा है कि सभी VVPAT पर्चियों को EVM वोटों के साथ क्रॉस-चेक किया जाए।मतदान प्रक्रिया पर आंख मूंदकर अविश्वास करना अनुचित संदेह को जन्म दे सकता है- सुप्रीम कोर्टसुप्रीम कोर्ट ने कहा कि लोकतंत्र का अर्थ सद्भावना बनाना है और मतदान प्रक्रिया पर आंख मूंदकर अविश्वास करना अनुचित संदेह को जन्म दे सकता है।दिसंबर में, विपक्षी इंडिया ब्लॉक ने VVPAT पर्चियों के 100 फीसदी वेरिफिकेशन की मांग करते हुए एक प्रस्ताव पारित किया था। उन्होंने तर्क दिया कि यह सुनिश्चित करना कि हर कोई चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता में विश्वास करे, परिणाम घोषित करने में देरी की चिंताओं से कहीं ज्यादा महत्तवपूर्ण है।

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)






.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpg)

.jpeg)


.jpg)