- Home
- देश
-
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री और राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी के अध्यक्ष पशुपति कुमार पारस ने कहा है कि वे लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन-एनडीए को समर्थन देना जारी रखेंगे।
श्री पारस ने बिहार में एनडीए सहयोगियों के बीच सीट समझौते के बाद केंद्रीय मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था। गठबंधन की ओर से उनकी पार्टी को कोई सीट नहीं दी गई थी। श्री पारस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि उनकी पार्टी एनडीए का हिस्सा है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ही उनके नेता हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री मोदी के नेतृत्व में एनडीए की तीसरी बार सरकार बनेगी और उनकी पार्टी बिहार की सभी चालीस सीटों पर एनडीए को पूर्ण समर्थन देगी। - देहरादून। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी उत्तराखंड में उधम सिंह नगर जिले के रूद्रपुर में दो अप्रैल को एक जनसभा को संबोधित करने के साथ राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चुनाव प्रचार अभियान की शुरूआत करेंगे। उत्तराखंड में लोकसभा की पांच सीट पर आम चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होना है।इन सभी पांच सीट पर 2014 से भाजपा का कब्जा है।भाजपा की उत्तराखंड इकाई के मीडिया प्रभारी मानवीर चौहान ने बताया कि प्रदेश पार्टी महासचिव खिलेंद्र चौधरी और कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा को दो अप्रैल को रूद्रपुर में होने वाले प्रधानमंत्री मोदी के कार्यक्रम के लिए समन्वयक बनाया गया है। उन्होंने बताया कि तीन अप्रैल को भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा पिथौरागढ़ और देहरादून के विकासनगर में जनसभा को संबोधित करेंगे तथा इसके बाद रोड शो करेंगे। उन्होंने बताया कि नड्डा चार अप्रैल को हरिद्वार में संत समाज के साथ एक बैठक करेंगे।
- काकीनाडा (आंध्र प्रदेश)। भारत और अमेरिका ने 'टाइगर ट्राइंफ-24' के हिस्से के रूप में काकीनाडा समुद्र तट पर द्विपक्षीय त्रि-सेवा मानवीय सहायता एवं आपदा राहत (एचएडीआर) अभ्यास किया। अमेरिकी वाणिज्य दूतावास की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया कि शुक्रवार को किए गए अभ्यास का उद्देश्य दोनों देशों की सेनाओं के बीच सहयोग को बढ़ाना है और यह भारत तथा अमेरिका के बीच जारी साझेदारी का हिस्सा है। इसमें कहा गया कि दोनों देशों की सैन्य टुकड़ियों ने अभ्यास के हिस्से के रूप में विस्थापित व्यक्तियों के लिए एक फील्ड अस्पताल तथा एक शिविर बनाया, जो प्राकृतिक आपदा में दोनों देशों के बीच सहयोग की भावना को दर्शाता है। अभ्यास में भारतीय नौसेना के जहाज, विमान, भारतीय सेना के जवान और वाहन, भारतीय वायुसेना के विमान और हेलीकॉप्टर तथा त्वरित कार्रवाई चिकित्सा टीमों ने भाग लिया। विज्ञप्ति में कहा गया कि अमेरिका का प्रतिनिधित्व अमेरिकी नौसेना के जहाजों द्वारा किया गया जिसमें अमेरिकी मरीन कोर और अमेरिकी सेना के सैनिक शामिल थे।
- गाजियाबाद (उप्र)। उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना क्षेत्र में दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर शनिवार को सड़क दुर्घटना में दो छात्रों सहित तीन लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। सहायक पुलिस आयुक्त जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि शनिवार एक वाहन अमरोहा जिले से दिल्ली के जामिया मिल्लिया इस्लामिया विश्वविद्यालय ओर जा रहा था। उन्होंने बताया कि अमरोहा जिले के 11 छात्र कक्षा छह में प्रवेश के लिए परीक्षा देने जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय जा रहे थे, तभी उनकी कार एक्सप्रेसवे पर एक खड़े ट्रक से टकरा गई और एक अन्य ट्रक ने वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि वाहन चालक अनस (24) को अस्पताल में मृत घोषित कर दिया गया, वहीं दो लड़कों की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है।
-
सतना। मध्य प्रदेश के सतना जिले में शनिवार को तीन लड़के कुएं में डूब गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। उचेहरा थाने के प्रभारी सतीश मिश्रा ने बताया कि घटना रामपुरवा गांव में हुई। उन्होंने कहा, ‘‘शव एक किसान ने देखे। बच्चे 11-16 आयु वर्ग के हैं। ऐसी आशंका है कि समूह में एक बच्चे को बचाने की कोशिश करते समय उनकी मौत हो गई।'' उन्होंने बताया कि इस कुएं में क्षेत्र के बच्चे नहाते थे।
-
देवरिया (उप्र) .देवरिया जिले में शनिवार सुबह एलपीजी सिलेंडर फटने से एक महिला और उसके तीन बच्चों की मौत हो गई। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि घटना भलुअनी थाना क्षेत्र के डुमरी गांव की है।
पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा ने बताया कि गांव के निवासी शिवशंकर गुप्ता सुबह कहीं जाने की तैयारी कर रहे थे। करीब चार बजे जब उनकी पत्नी आरती चाय बना रही थीं, तभी सिलेंडर फट गया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान आरती देवी (42), उनकी बेटी आंचल (14), सृष्टि (11) और बेटा कुंदन (12) के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। फॉरेंसिक और अग्निशमन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंचीं और जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि संभवत: सिलेंडर में रिसाव के कारण यह घटना हुई होगी। -
तिरुवनंतपुरम. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को ‘नमो' ऐप के माध्यम से केरल में भाजपा के ‘बूथ' स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद किया और आगामी लोकसभा चुनाव के लिए उनकी कड़ी मेहनत की सराहना की। प्रधानमंत्री ने पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि वे मतदाताओं को बताएं कि राज्य में सत्तारूढ़ एलडीएफ और विपक्षी यूडीएफ एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। प्रधानमंत्री ने दावा किया कि ये दोनों मोर्चे, जो विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' का हिस्सा हैं, सिर्फ केरल में एक-दूसरे के दुश्मन की तरह व्यवहार कर रहे हैं जबकि इसके बाहर, वे भाजपा को हराने के लिए साथ मिलकर काम कर रहे हैं। मोदी ने कहा, ‘‘वे दोनों (एलडीएफ और यूडीएफ) एक-दूसरे की गलतियों और गलत कामों को छिपाने का काम कर रहे हैं। वे यही खेल केरल में खेल रहे हैं। केरल के लोग शिक्षित हैं, उन्हें इसकी जानकारी दी जानी चाहिए।'' मोदी ने कहा कि केरल में भाजपा कार्यकर्ताओं के संघर्ष और उनके द्वारा दिखाई गई उत्सुकता की तुलना नहीं की जा सकती और ऐसे ‘‘अनुशासित, जुझारू और मेहनती'' कार्यकर्ताओं के साथ बातचीत ने उन्हें ‘‘प्रेरित'' किया। मवेलिकारा निर्वाचन क्षेत्र के चेंगन्नूर से बूथ स्तर की एक महिला नेता ने प्रधानमंत्री को बताया कि वे राजग उम्मीदवार - बैजू कलसाला की जीत सुनिश्चित करने के लिए जमीनी स्तर पर कड़ी मेहनत कर रही हैं। कलसाला भाजपा की सहयोगी भारत धर्म जन सेना (बीडीजेएस) से हैं।
पार्टी कार्यकर्ता ने कहा कि इसके तहत वह और अन्य कार्यकर्ता घर-घर जाकर महिलाओं को विभिन्न केंद्रीय योजनाओं जैसे सुकन्या समृद्धि योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ आदि के बारे में बता रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि इस बार भाजपा को केरल में जीत मिलेगी। - धार (मप्र)। मध्यप्रदेश के धार जिले के भोजशाला-कमाल मौला मस्जिद परिसर में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) के अदालत की निगरानी में किए जा रहे सर्वेक्षण के तहत खुदाई की प्रक्रिया जारी है। सर्वेक्षण की जानकारी रखने वाले एक व्यक्ति ने शनिवार को बताया कि खुदाई के दौरान एकत्रित मिट्टी और पत्थर एएसआई द्वारा सुरक्षित रखे जा रहे हैं।हिंदुओं का प्रतिनिधित्व करने वाले आशीष गोयल इस प्रक्रिया के दौरान एएसआई दल के साथ रहे। उन्होंने कहा कि नयी वैज्ञानिक पद्धतियों, ग्राउंड पेनेट्रेटिंग रडार (जीपीआर), ग्लोबल पॉजिशनिंग सिस्टम (जीपीएस), कार्बन डेटिंग का इस्तेमाल कर बिना किसी विराम के सर्वेक्षण किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि परिसर की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी करायी जा रही है।गोयल ने कहा, ‘‘यह शाश्वत सत्य है कि भोजशाला का निर्माण राजा भोज ने कराया था। शिलालेख, स्तंभों और भोजशाला के प्रत्येक अंश से पता चलता है कि यह एक हिंदू संरचना है।’’उन्होंने उम्मीद जतायी कि लंदन से मां वाग्देवी (सरस्वती) की मूर्ति लाए जाने के बाद उसे भोजशाला में स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘कल (शुक्रवार) तक किए सर्वेक्षण में भोजशाला के बाहरी हिस्सों में स्थित तीन स्थानों की खुदाई की गयी और यह प्रक्रिया जारी है। खुदाई के दौरान एकत्रित किए मिट्टी और पत्थर जैसी विभिन्न सामग्री को संरक्षित किया जा रहा है।’’अदालत ने ‘हिंदू फ्रंट ऑफ जस्टिस’ की एक याचिका पर एएसआई को 50 मीटर के क्षेत्र पर सर्वेक्षण करने का निर्देश दिया है। शुक्रवार को दोपहर 12 बजे तक ही सर्वेक्षण किया गया क्योंकि इस दिन मुस्लिमों को परिसर में नमाज पढ़ने की अनुमति दी जाती है।हिंदू और मुस्लिम दोनों इस परिसर पर अपना दावा जता रहे हैं। हिंदू भोजशाला को वाग्देवी को समर्पित एक मंदिर मानते हैं जबकि मुस्लिम उसे कमाल मौला मस्जिद बताते हैं।एएसआई के सात अप्रैल 2003 को जारी आदेश के अनुसार तय व्यवस्था के मुताबिक हिंदुओं को प्रत्येक मंगलवार भोजशाला में पूजा करने की अनुमति है, जबकि मुस्लिमों को हर शुक्रवार इस जगह पर नमाज अदा करने की अनुमति दी गई है।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू द्वारा देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से सम्मानित किए गए लोगों के योगदान की सराहना की और पूर्व प्रधानमंत्रियों पी वी नरसिंह राव और चौधरी चरण सिंह सहित अन्य दिग्गजों को श्रद्धांजलि अर्पित की।मोदी ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "कर्पूरी ठाकुर जी को भारत रत्न एक ऐसी विभूति को सच्ची श्रद्धांजलि है, जिन्होंने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय और समानता के लिए समर्पित कर दिया।"उन्होंने कहा कि जननायक कर्पूरी ठाकुर को समाज के अत्यंत पिछड़े वर्ग के मसीहा के रूप में जाना जाता है और समाज में हाशिये पर खड़े लोगों के उत्थान के लिए उन्होंने अपना बहुमूल्य योगदान दिया।उन्होंने कहा, "पिछड़े वर्ग के अधिकारों के लिए कर्पूरी जी का अथक संघर्ष हमेशा याद किया जाएगा। उनको भारत रत्न का सम्मान, हमारे समावेशी समाज और संवेदनशीलता के भारतीय मूल्यों का ही सम्मान है।"राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को यहां राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में पूर्व प्रधानमंत्रियों पी वी नरसिम्हा राव और चौधरी चरण सिंह, कृषि मंत्री एम एस स्वामीनाथन तथा बिहार के दो बार मुख्यमंत्री रहे कर्पूरी ठाकुर को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न मरणोपरांत प्रदान किया।राव, सिंह, ठाकुर और स्वामीनाथन को दिए गए पुरस्कार उनके परिवार के सदस्यों ने लिए।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न देश के विकास, विशेषकर कृषि और ग्रामीण विकास में उनके अतुलनीय योगदान का सम्मान है। मुझे विश्वास है कि कड़ी मेहनत और जनसेवा के लिए उनकी प्रतिबद्धता हमारी आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करती रहेगी।"चौधरी चरण सिंह के लिए उनके पोते और राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के अध्यक्ष जयंत चौधरी ने राष्ट्रपति से यह सम्मान स्वीकार किया।प्रधानमंत्री ने कहा कि पीवी नरसिम्हा राव ने हमारे देश के लिए जो किया है, हर भारतीय उसकी प्रशंसा करता है और गर्व महसूस करता है कि उन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया है।उन्होंने कहा, ‘‘राव ने हमारे देश की प्रगति और आधुनिकीकरण को आगे बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर काम किया। उन्हें एक सम्मानित विद्वान और विचारक के रूप में भी जाना जाता है। उनके योगदान को हमेशा संजोया जाएगा।"पूर्व प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव के लिए मुर्मू से यह सम्मान उनके पुत्र पी वी प्रभाकर राव ने स्वीकार किया।प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. एम. एस. स्वामीनाथन कृषि की दुनिया में एक सम्मानित हस्ती थे और आनुवंशिकी व कृषि विज्ञान के क्षेत्र में उनके अग्रणी कार्य और अनुसंधान के लिए व्यापक रूप से उनकी प्रशंसा की जाती है।उन्होंने कहा, "उनके उल्लेखनीय योगदान तथा प्रयासों ने भारत को खाद्य उत्पादन में संघर्ष से आत्मनिर्भरता की ओर प्रेरित किया। मैं कामना करता हूं कि उन्हें दिया गया भारत रत्न कृषि और खाद्य सुरक्षा में अनुसंधान करने के लिए अधिक से अधिक लोगों को प्रेरित करे।"स्वामीनाथन की ओर से उनकी बेटी नित्या राव और कर्पूरी ठाकुर की ओर से उनके बेटे रामनाथ ठाकुर ने राष्ट्रपति मुर्मू से यह पुरस्कार लिया।इस समारोह में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ साथ अन्य गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे। सरकार ने इस साल राव, सिंह, ठाकुर और स्वामीनाथन के अलावा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता और पूर्व उप प्रधानमंत्री एल के आडवाणी को भी भारत रत्न पुरस्कार देने की घोषणा की थी।
- सहारनपुर (उप्र)। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के देहात कोतवाली थाना क्षेत्र में एक किशोर की चाकू गोदकर हत्या कर दी गयी। पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी । पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि थाना देहात कोतवाली के बेहट रोड स्थित दानिश कालोनी में शुक्रवार शाम अदनान (17) का चार-पांच युवकों से किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया।उन्होंने बताया कि इस बीच आसपास के लोग वहां एकत्र हो गये और मामले को वहीं रफा-दफा कर दिया गया।मांगलिक ने बताया कि अदनान समेत सभी युवक वहां से चले गये और इसके बाद शुक्रवार रात इफ्तार के बाद घर के बाहर खडे़ उन्ही युवकों से एक बार फिर से अदनान की कहासुनी हो गयी और बात ज्यादा बढ़ जाने पर इन युवकों ने अदनान पर चाकू से हमला कर दिया जिससे वह बुरी तरह लहूलुहान हो गया।पुलिस अधिकारी के अनुसार परिजन उसे घायल अवस्था मे रात्रि में ही चिकित्सालय ले गए: जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिये भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।मांगलिक ने बताया कि किशोर की मां सायरा की तहरीर पर मोहल्ले के ही चांद, अमीर, इरशाद, अनस और जमील के खिलाफ पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और 307 (हत्या के प्रयास) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
- नागपुर । केंद्रीय मंत्री और नागपुर संसदीय क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार नितिन गडकरी ने आज मध्य नागपुर में रोड शो किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने बडी संख्या में रोड शो में हिस्सा लेकर उनके प्रति समर्थन व्यक्त किया। श्री गडकरी नागपुर सीट से तीसरी बार लोकसभा चुनाव लड रहे हैं। इस सीट पर लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान होगा। नागपुर से दो बार के सांसद श्री गडकरी का मुकाबला कांग्रेस के विकास ठाकरे से है जो अभी पश्चिम नागपुर सीट से विधायक और नागपुर जिला कांग्रेस के अध्यक्ष हैं।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि यांत्रिक बुद्धिमत्ता की सुविधा उपलब्ध कराने से पहले उसका उचित प्रशिक्षण देना ज़रुरी है, अन्यथा इसके दुरुपयोग की आशंका रहेगी। आज माइक्रोसॉफ्ट के संस्थापक बिल गेट्स के साथ चर्चा में उन्होंने कहा कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में कोई भी डीपफेक का इस्तेमाल कर सकता है। श्री मोदी ने कहा कि डीपफेक के उपयोग के संबंध में स्पष्ट दिशानिर्देश होने चाहिए और प्रामाणिक तथा डीपफेक से तैयार सामग्री के बीच अंतर स्पष्ट होना चाहिए।
श्री बिल गेट्स ने भारत की तकनीकी प्रगति और यांत्रिक बुद्धिमत्ता के क्षेत्र में भारत की महत्वपूर्ण भूमिका की प्रशंसा की। चर्चा के दौरान श्री मोदी ने कहा कि उन्होंने जीवन-यापन को सरल बनाने के लिए तकनीक के उपयोग पर बल दिया है। उन्होंने कहा कि डेटा सुरक्षा अब भी एक प्राथमिक विषय बना हुआ है। श्री मोदी ने कहा कि डेटा स्तरीय और स्पष्ट होना चाहिए और डेटा के उपयोग के लिए व्यक्त विशेष की सहमति अवश्य ली जानी चाहिए ताकि निजता का हनन न हो।प्रधानमंत्री ने कहा कि डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना स्वयं में एक बड़ी आवश्यकता है और सरकार सभी गांवों तक डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि वैश्विक स्तर पर डिजिटल सुविधाओं की उपलब्धता में अंतर को देखकर ही उन्होंने निर्णय लिया था कि वे भारत में ऐसा नहीं होने देंगे। श्री मोदी ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य, शिक्षा और कृषि क्षेत्रों के आधुनिकीकरण के लिए डिजिटल तकनीक की शक्ति का उपयोग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नई तकनीक अपनाने के मामले में महिलाएं अधिक उदार रही हैं और इसलिए सरकार ने नमो ड्रोन दीदी स्कीम शुरु की है। इस स्कीम के तहत फसलों की निगरानी, उर्वरकों के छिड़काव और बीज बोने तक के लिए ड्रोन का उपयोग किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने जी-20 सम्मेलन की मेज़बानी के विषय में कहा कि इसकी बहुत चर्चा रही और इसकी कार्यवाही में कई मोड़ आए। उन्होंने कहा कि भारत नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेज़ी से आगे बढ़ रहा है। श्री मोदी ने कहा कि देश हरित हाइड्रोजन के क्षेत्र में भी प्रगति करना चाहता है। -
नई दिल्ली। भारतीय नौसेना ने अरब सागर में 12 घंटे तक चले ऑपरेशन में ईरान के एक मछली पकड़ने वाले जहाज में तैनात 23 पाकिस्तानी नागरिकों को सोमाली समुद्री लुटेरों से बचाया है।
भारतीय नौसैनिक बलों ने इस तरह की घटनाओं से निपटने की विशेषज्ञता और रणनीतिक समन्वय का इस्तेमाल करते हुए समुद्री डकैतों के साथ बातचीत शुरू की और उन्हें बिना रक्तपात के आत्मसमर्पण करने के लिए मजबूर कर दिया। यह सफल अभियान समुद्री डकैती की घटनाओं से निपटने और क्षेत्र में समुद्री गतिविधियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में भारतीय नौसेना की निर्णायक जीत का प्रतीक है।ईरान के जहाज ‘अल कंबर 786’ के 28 मार्च को अपहरण की जानकारी मिलने पर समुद्र में सुरक्षा अभियानों के लिए तैनात नौसेना के दो भारतीय जहाजों – आईएनएस सुमेधा और आईएनएस त्रिशूल को इसे छुड़ाने के लिए भेजा गया था। घटना के समय ईरानी ध्वज वाला जहाज सोकोट्रा से लगभग 90 समुद्री मील दूर दक्षिण पश्चिम में था।भारतीय नौसेना की टीम ईरानी जहाज की तलाशी और तकनीकी जांच कर रही है जिसके बाद इसे सुरक्षित स्थान पर ले जाया जाएगा। -
नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग का सी विजिल ऐप मतददाताओं के बीच लोकप्रिय हो रहा है। अब तक आम चुनाव की घोषणा के बाद शिकायती ऐप पर 79 हजार से अधिक उल्लंघन के मामलों को दर्ज किया गया है। निर्वाचन आयोग ने एक बयान में कहा कि 99 प्रतिशत से आधिक शिकायतों का समाधान कर लिया गया है और इन शिकायतों में से 89 प्रतिशत का सौ मिनट के भीतर समाधान निकाला गया। 58 हजार पांच सौ से अधिक मिली शिकायतें अवैध होर्डिंग और बैनर से संबंधित शिकायतें मिली हैं। चौदह सौ से अधिक मिली शिकायतें धनराशि, उपहार और शराब वितरण से संबंधित हैं। लगभग तीन प्रतिशत शिकायतें संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के बारे में हैं। एक हजार शिकायतें निर्धारित चुनाव प्रचार के समय से अधिक प्रचार से संबंधित हैं। इस निसिद्ध अवधि में वक्ताओं ने निर्धारित समय के बाद भी प्रचार जारी रखा।
- नयी दिल्ली। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) मेडिकल और इंजीनियरिंग पाठ्यक्रमों की तर्ज पर सीयूईटी अंक (स्कोर) के आधार पर स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिले के लिए एक साझा काउंसलिंग आयोजित करने पर विचार कर रहा है। सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि यूजीसी ने इस विचार पर चर्चा करने के लिए विभिन्न विश्वविद्यालयों के अधिकारियों के साथ एक समिति बनाई है और पांच विश्वविद्यालयों को प्रायोगिक आधार पर इसमें शामिल किया गया है। इस संबंध में हालांकि स्थिति स्पष्ट नहीं की गई है कि यदि समिति को यह विचार व्यावहारिक लगता है तो इसे कब लागू किया जायेगा। एक सूत्र ने कहा कि इस विचार का अध्ययन करने के लिए एक समिति का गठन किया गया है।इसने कहा कि इस प्रणाली से छात्र विश्वविद्यालयों में अलग से आवेदन करने के बजाय एक ही पोर्टल पर आवेदन कर सकते हैं। सूत्र ने कहा, ‘‘इस विचार पर सहमति बनेगी या नहीं, अभी यह निश्चित नहीं है। यह समिति के निष्कर्षों पर निर्भर करता है और फिर हम हितधारकों से परामर्श करेंगे।''यूजीसी के अध्यक्ष एम जगदीश कुमार ने इस मुद्दे पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। ‘कॉमन यूनिवर्सिटी एंट्रेंस टेस्ट' (सीयूईटी) 14.9 लाख से अधिक पंजीकरण के साथ सभी केंद्रीय विश्वविद्यालयों में स्नातक पाठ्यक्रमों में दाखिल के लिए सामान्य प्रवेश द्वार है।
- नयी दिल्ली। वित्त मंत्रालय ने गुरुवार को कहा कि सरकार की कुल देनदारी दिसंबर, 2023 को समाप्त तिमाही में मामूली बढ़कर 160.69 लाख करोड़ रुपये रही। यह सितंबर के अंत में 157.84 लाख करोड़ रुपये थी। सार्वजनिक ऋण प्रंबंधन पर तिमाही रिपोर्ट (अक्टूबर-दिसंबर 2023) के अनुसार, तिमाही आधार पर कुल देनदारी में 1.8 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के दौरान सार्वजनिक ऋण कुल सकल देनदारियों का 90 प्रतिशत था।रिपोर्ट में कहा गया है, ‘‘तिमाही के दौरान, घरेलू बॉन्ड पर प्रतिफल शुरू में बढ़ा लेकिन कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, अक्टूबर और नवंबर के लिए उम्मीद से कम उपभोक्ता मूल्य सूचकांक और भारतीय सरकारी बॉन्ड (आईजीबी) के वैश्विक उभरते बाजार सूचकांक में शामिल होने की संभावना की खबर से इसमें नरमी आई।'' इसके अलावा, दीर्घकालिक निवेशकों की मांग को पूरा करने के लिए 50 साल की काफी लंबी अवधि वाली सरकारी प्रतिभूति पेश की गयी। दूसरी ओर, तिमाही के दौरान अमेरिकी ट्रेजरी पर रिटर्न अस्थिर रहा। इसका कारण मुख्य रूप से अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व के कदम, मुद्रास्फीति और रोजगार आंकड़े थे। रिपोर्ट में कहा गया है कि एक वर्ष से कम समय में परिपक्व होने वाली प्रतिभूतियों (दिनांकित प्रतिभूतियों) का अनुपात दिसंबर, 2023 के अंत में 4.1 प्रतिशत (सितंबर 2023 के अंत में 4.6 प्रतिशत) रहा। दिसंबर, 2023 के अंत में एक से पांच साल के भीतर परिपक्व होने वाले प्रतिभूतियों का अनुपात 21.8 प्रतिशत था, जो सितंबर, 2023 के अंत के 23 प्रतिशत से कम है। अगले पांच साल में परिपक्व होने वाला बॉन्ड दिसंबर, 2023 के अंत में कुल बकाया ऋण का 25.9 प्रतिशत हो गया। यह औसतन बकाये का 5.2 प्रतिशत है। ऐसे में अगले पांच वर्षों में हर साल 5.2 प्रतिशत चुकाने की जरूरत होगी। मंत्रालय ने कहा कि रिपोर्ट तिमाही के दौरान सार्वजनिक ऋण प्रबंधन और नकदी प्रबंधन संचालन का लेखा-जोखा प्रदान करती है और ऋण प्रबंधन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत जानकारी देती है।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय वन्यजीव बोर्ड (एनबीडब्ल्यूएल) ने आंध्र प्रदेश में नागार्जुनसागर श्रीशैलम बाघ अभयारण्य (एनएसटीआर) और श्री वेंकटेश्वर राष्ट्रीय उद्यान को जोड़ने वाले बाघ गलियारे की 40 हेक्टेयर से अधिक वन भूमि का उपयोग सड़क परियोजना के लिए करने की सिफारिश की है। पिछले महीने हुई बैठक के ब्यौरे के मुताबिक, भारतमाला परियोजना के दूसरे चरण के तहत एक्सप्रेसवे, आर्थिक गलियारों और अंतर-गलियारों के विकास के लिए इस भूमि का उपयोग किया जाना है। आंध्र प्रदेश में 3,296.31 वर्ग किलोमीटर में फैला एनएसटीआर देश का सबसे बड़ा बाघ अभयारण्य है।बैठक के ब्यौरे के मुताबिक, परियोजना के तहत बाघ गलियारे से गुजरने वाली सड़क की लंबाई करीब पांच किलोमीटर है। परियोजना प्रस्ताव में तीन सुरंगों, चार छोटे पुल, सात पुलों और दो पुलिया का सुझाव दिया गया है। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के सदस्य सचिव ने एनबीडब्ल्यूएल की स्थायी समिति को सूचित किया है कि प्रस्ताव के तहत सुझाए गए उपाय पर्याप्त प्रतीत होते हैं और इसलिए, इसकी सिफारिश की जा सकती है।
- नोएडा। उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश के बाद गौतमबुद्ध नगर जिले में 23 खूंखार नस्ल के कुत्तों की बिक्री और प्रजनन पर रोक का आदेश जारी कर दिया गया है और जिला प्रशासन के आदेश का पालन नहीं करने वालों पर जुर्माना लगाया जाएगा। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। जिले के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी विपिन अग्रवाल ने बताया कि 23 खूंखार नस्ल के कुत्तों की बिक्री और प्रजनन पर रोक लगाई गई है और जिनके पास पहले से इन नस्लों के कुत्ते हैं उन्हें उनकी नसबंदी करानी होगी। उन्होंने कहा कि एक अप्रैल से यह नियम लागू हो जाएगा। पशु चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि कुत्तों की जिन नस्ल पर प्रतिबंध लगाया है उनमें पिटबुल टेरियर, रॉटविलर, टोसा इनु, अमेरिकन स्टैफोर्डशायर टेरियर, फिला ब्रासीलीरो, डोगो अर्जेंटीनो, अमेरिकन बुलडॉग, बोएरबोएल, कांगल, ओवचाकी की दो नस्ल, कोकेशियन शेफर्ड डॉग, सप्लार्निनैक, जापानी टोसा, अकिता, मास्टिफ्स, इओटवीलर, कैनेरिया, रोडेशियन रिजबैक, अक्बाश, वोल्फ डॉग, मॉस्को गार्ड, केन कोरो और टॉर्नजैक आदि शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार केंद्र सरकार के पशुपालन विभाग की सिफारिश पर प्रदेश सरकार ने सभी स्थानीय निकायों और जिला प्रशासन को यह आदेश जारी किया है। गौरतलब है कि नोएडा समेत प्रदेश के अनेक शहरों से कुत्तों के हमले और लोगों को बुरी तरह काटने की घटनाएं सामने आती रहती हैं। इस बाबत पूछने पर नोएडा विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी लोकेश एम ने बताया कि शासन से जारी दिशा-निर्देश का अनुपालन किया जाएगा।
-
नयी दिल्ली. विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) के अनुसार राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (एनईटी) में अर्जित अंक (स्कोर) का इस्तेमाल 2024-25 से पीएचडी में दाखिले के लिए किया जाएगा, जिससे विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा संस्थानों द्वारा अलग-अलग प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी। एनईटी की परीक्षा साल में दो बार जून और दिसंबर में आयोजित की जाती है। इसमें अर्जित अंक का इस्तेमाल वर्तमान में जूनियर रिसर्च फेलोशिप (जेआरएफ) प्रदान करने और मास्टर डिग्री वाले लोगों के लिए सहायक प्रोफेसर के रूप में नियुक्ति की पात्रता के लिए किया जाता है। यूजीसी के अधिकारियों के अनुसार, आयोग ने परीक्षा के प्रावधानों की समीक्षा के लिए एक विशेषज्ञ समिति का गठन किया था और समिति की सिफारिशों के आधार पर इसने निर्णय लिया है कि शैक्षणिक सत्र 2024-25 से एनईटी में अर्जित अंक का इस्तेमाल पीएचडी कार्यक्रमों में दाखिले के लिए किया जा सकता है। यूजीसी के अध्यक्ष जगदीश कुमार ने कहा, ‘‘शैक्षणिक सत्र 2024-2025 से शुरू होकर, देशभर के विश्वविद्यालयों को पीएचडी कार्यक्रमों में दाखिले के लिए एनईटी में अर्जित अंक का इस्तेमाल करने का मौका मिलेगा, जिससे विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा संस्थानों द्वारा अलग-अलग प्रवेश परीक्षाएं आयोजित करने की आवश्यकता समाप्त हो जाएगी।'' कुमार ने कहा कि छात्र विभिन्न संस्थानों में पीएचडी कार्यक्रमों के वास्ते आवेदन करने के लिए किसी भी सत्र के अपने ‘अंक' का इस्तेमाल कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि इस पहल से छात्रों को फायदा होगा। उन्होंने कहा कि यह छात्रों को विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा आयोजित कई प्रवेश परीक्षाओं के लिए तैयारी करने और परीक्षा देने की आवश्यकता को समाप्त करता है, जिससे परीक्षा कराने संबंधी खर्च का बोझ कम हो जाता है। उन्होंने कहा, ‘‘हम सभी विश्वविद्यालयों को 2024-2025 शैक्षणिक सत्र से पीएचडी में प्रवेश के लिए एनईटी में अर्जित अंक का इस्तेमाल करने के लिए दृढ़ता से प्रोत्साहित करते हैं। इससे निस्संदेह हमारे देश में अकादमिक प्रगति के लिए अधिक अनुकूल माहौल बनाने में मदद मिलेगी।'' एक आधिकारिक अधिसूचना में यूजीसी ने कहा कि जून 2024 से, एनईटी अभ्यर्थियों को तीन श्रेणियों में पात्र घोषित किया जाएगा। इन श्रेणियों में जेआरएफ के साथ पीएचडी में प्रवेश और सहायक प्रोफेसर के रूप में नियुक्ति; जेआरएफ के बिना पीएचडी में प्रवेश और सहायक प्रोफेसर के रूप में नियुक्ति के लिए, केवल पीएचडी कार्यक्रम में प्रवेश और जेआरएफ या सहायक प्रोफेसर के रूप में नियुक्ति के लिए नहीं, शामिल हैं। “अधिसूचना में कहा गया है कि, ‘‘श्रेणी दो और तीन में अर्हता प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पीएचडी कार्यक्रमों में प्रवेश के लिए अर्जित अंक पर 70 प्रतिशत और साक्षात्कार के लिए 30 प्रतिशत अधिभार दिया जाएगा। पीएचडी में प्रवेश एनईटी में अर्जित अंक और साक्षात्कार या मौखिक परीखा के अंकों के आधार पर तैयार संयुक्त मेधा सूची के आधार पर होगा। श्रेणी दो और तीन में उम्मीदवारों द्वारा एनईटी में प्राप्त अंक पीएचडी में प्रवेश के लिए एक वर्ष के लिए मान्य होंगे। यूजीसी एनईटी जून 2024 के लिए पंजीकरण प्रक्रिया अगले सप्ताह शुरू होने की उम्मीद है। यूजीसी एनईटी का परिणाम उम्मीदवार द्वारा प्राप्त अंकों के साथ परसेंटाइल में घोषित किया जाएगा ताकि पीएचडी में प्रवेश के लिए अर्जित अंकों का उपयोग किया जा सके। जेआरएफ के लिए अर्हता अर्जित करने वाले विद्यार्थियों को यूजीसी (न्यूनतम मानक एवं पीएचडी डिग्री प्रदान करने की प्रक्रिया) विनियम-2022 के अनुसार साक्षात्कार के आधार पर पीएचडी कार्यक्रम में प्रवेश दिया जाता है।
- जम्मू । जम्मू-कश्मीर के रामबन से एक दिल-दहलाने वाली खबर सामने आ रही है, बताया जा रहा है, कि रामबन जिले में शुक्रवार को जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक एसयूवी कार फिसलकर गहरी खाई में गिर गई. जिसमें सवार दस लोगों की मौत हो गई, घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. यह जानकारी अधिकारियों ने दी है, साथ ही उन्होंने बताया कि कार श्रीनगर से जम्मू की ओर जा रही थी और रामबन के बैटरी चश्मा इलाके में देर रात करीब 1:15 बजे 300 फुट गहरी खाई में गिर गई.अधिकारियों ने आगे बताया कि इस दुर्घटना में दस लोगों की मौत हो गई है. सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) के जवान मौके पर पहुंच गए. अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के बीच दस यात्रियों के शव बरामद किए गए हैं.अधिकारियों ने आगे बताया कि मृतकों में जम्मू के अंब गरोटा गांव का कार चालक 47 वर्षीय बलवान सिंह और बिहार के पश्चिमी चंपारण के विपिन मुखिया भैरगंग भी शामिल हैं. साथ ही बताया कि घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है.सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर की गई पोस्ट में केंद्रीय मंत्री और ऊधमपुर के सांसद जितेंद्र सिंह ने कहा, कि ''घटनास्थल पर पुलिस, एसडीआरएफ के जवान और नागरिक त्वरित प्रतिक्रिया दल मौजूद हैं और बचाव अभियान जारी है. साथ ही उन्होंने कहा, कि ''शोक संतप्त परिवारों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं.सिंह ने आगे कहा, कि ''उस दुखद सड़क दुर्घटना के बारे में जानने के बाद रामबन के उपायुक्त बसीर-उल-हक से बात की, जिसमें बैटरी चश्मा के पास जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक वाहन के गहरी खाई में गिर जाने से दस लोगों की मौत हो गई.बताया जा रहा है, कि डोडा जिले में पिछले साल 15 नवंबर को भी हादसा हुआ था, जिसमें एक बस गहरी खाई में गिर गई थी.बस में सवार 39 लोगों की मौत गई थी और 17 लोग घायल हुए थे.
- लखनऊ.। मुख्तार अंसारी को गुरुवार को तबीयत बिगड़ने के बाद जिला जेल से रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां दिल का दौरा पड़ने से उसकी मौत हो गई। बांदा मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य सुनील कौशल ने बताया, ''मेडिकल कॉलेज में दिल का दौरा पड़ने से अंसारी की मौत हो गई।'' समाजवादी पार्टी ने अंसारी के निधन को दुखद बताया है।बांदा जेल में बंद अंसारी (63) को आज शाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया था।रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज की ओर से देर रात जारी मेडिकल बुलेटिन में कहा गया है, ''आज रात लगभग 8:25 बजे जेल कर्मी बेहोशी की हालत में दोषी/विचाराधीन कैदी मुख्तार अंसारी को रानी दुर्गावती मेडिकल कॉलेज बांदा के आकस्मिक विभाग में लाए। नौ चिकित्सकों की टीम ने मरीज को तत्काल चिकित्सा प्रदान की। परंतु भरसक प्रयासों के बावजूद दिल का दौरा पड़ने से मरीज की मौत हो गई।” इससे पहले प्रमुख सचिव (सूचना) संजय प्रसाद ने ‘ इस बात की पुष्टि की थी कि अंसारी को तबीयत खराब होने के कारण दोबारा भर्ती कराया गया हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस ने पूरे प्रदेश में निषेधाज्ञा लागू कर दी है। बांदा, मऊ, गाजीपुर और वाराणसी जैसे जिलों में पुलिस की टीम गश्त लगा रही हैं। समाजवादी पार्टी ने ‘एक्स' पर लिखा, ''पूर्व विधायक श्री मुख्तार अंसारी जी का इंतकाल, दुःखद। ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोकाकुल परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। विनम्र श्रद्धांजलि!'' इससे पहले मंगलवार सुबह करीब चार बजे मुख्तार अंसारी को पेट दर्द, पेशाब और शौच में समस्या के चलते अस्पताल में भर्ती कराया गया था, इलाज के बाद अंसारी को छुट्टी दे दी गई थी। इससे पहले भी विभिन्न आपराधिक मामलों में बांदा जेल में बंद बाहुबली पूर्व विधायक मुख्तार अंसारी की तबीयत बिगड़ने के बाद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था । मऊ से कई बार विधायक रह चुके मुख्तार अंसारी को विभिन्न मामलों में सजा सुनाई गई है और वह बांदा की जेल में बंद थे। मुख्तार अंसारी के खिलाफ उत्तर प्रदेश, पंजाब, नयी दिल्ली और कई अन्य राज्यों में लगभग 60 मामले लंबित थे। इस बीच, मुख्तार अंसारी की मौत के मद्देनजर राज्य सरकार ने पूरे राज्य में दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत निषेधाज्ञा लगा दी है। उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार ने कहा, "कानून-व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरे राज्य में धारा-144 लागू कर दी गई है। हम स्थिति पर करीब से नजर रख रहे हैं।" इसके अलावा बांदा, मऊ, गाजीपुर और वाराणसी जिलों में फोर्स की विशेष तैनाती की गई है।महानिदेशक ने कहा, "इन जिलों में स्थानीय पुलिस के साथ केंद्रीय अनुसंधान पुलिस बलों की टीम तैनात की जा चुकी हैं। जमीनी स्तर पर स्थिति को नियंत्रित करने के अलावा ऑनलाइन माध्यमों पर नजर रखने के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस के सोशल मीडिया प्रकोष्ठ को सक्रिय कर दिया गया है।
- चतरा. झारखंड के चतरा जिले में दो गुटों के बीच घरेलू विवाद में 43 वर्षीय एक महिला की कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। यह घटना झारखंड की राजधानी रांची से करीब 170 किलोमीटर दूर ककनातू गांव में मंगलवार को हुई।कुंडा पुलिस थाने के प्रभारी नितेश कुमार प्रसाद ने बताया कि महिला की बुधवार रात इलाज के दौरान मौत हो गई थी, उसके परिवार के सदस्यों ने बृहस्पतिवार को शिकायत दर्ज कराई। मृतका की पहचान अंजू देवी के रूप में की गई है। प्रसाद ने बताया,‘‘ घरेलू मामले को लेकर दो गुटों के बीच विवाद हुआ। विवाद इतना बढ़ गया कि एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष की एक महिला के साथ मारपीट की। महिला को इलाज के लिए सदर अस्पताल चतरा लाया गया जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।'' प्रसाद ने बताया कि दोनों गुटों के 17 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है और दो आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है। दोनों पक्षों ने एक दूसरे खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
-
उज्जैन. उज्जैन के महाकाल मंदिर में 25 मार्च को आग लगने से 14 पुजारी और 'सेवक' के घायल होने संबंधी मामले में एक वरिष्ठ अधिकारी ने बृहस्पतिवार को प्रारंभिक रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि आग कपूर आरती में गुलाल गिरने से लगी। होली के दिन शाम 5:50 बजे भस्म आरती के दौरान प्रसिद्ध मंदिर के गर्भ गृह में आग लगी थी।
उज्जैन के जिलाधिकारी नीरज कुमार सिंह ने बताया, "जांच समिति ने अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट प्रस्तुत कर दी है। पता चला है कि मंदिर प्रबंधन द्वारा उपलब्ध नहीं कराया गया गुलाल 'कपूर' आरती पर गिर गया और आग लग गई। आग चार से पांच सेकंड में बुझा दी गई, लेकिन यह इतनी तेज थी कि कई लोग 25-30 प्रतिशत झुलस गए।” कलेक्टर ने कहा, "जांच समिति को मंदिर के अंदर लोगों की संख्या के साथ-साथ गुलाल की मात्रा और प्रकार से संबंधित उल्लंघनों के बारे में भी पता चला। सुरक्षाकर्मी अपने निर्धारित क्षेत्रों में नहीं थे और कुछ स्थानों पर ताला लगा हुआ था, जिसके परिणामस्वरूप देरी हुई क्योंकि उन्हें खोलने में समय लगा।” उन्होंने कहा कि मंदिर समिति के कर्मचारियों की ओर से लापरवाही का पता चला है और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। सिंह ने बताया, "फिलहाल, घटना के लिए मुख्य रूप से चार से पांच लोगों को जिम्मेदार ठहराया गया है। हालांकि, सभी संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज होने के बाद यह संख्या बढ़ सकती है। अंतिम रिपोर्ट जल्द ही सौंपी जाएगी।" घटना के बाद जिलाधिकारी ने जिला पंचायत सीईओ मृणाल मीणा और अपर जिलाधिकारी अनुकूल जैन को जांच के आदेश दिए थे। -
मुंबई. नब्बे के दशक के मशहूर अभिनेता और शानदार हास्य कला व अनोखे नृत्य के लिए चर्चित गोविंदा 14 वर्ष के अंतराल के बाद बृहस्पतिवार को राजनीति में वापसी करते हुए महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ शिवसेना में शामिल हो गए। कांग्रेस के पूर्व लोकसभा सदस्य रहे गोविंदा चुनावी मौसम में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे की मौजूदगी में शिवसेना में शामिल हुए। दशकों लंबे करियर में कई सुपरहिट फिल्म में अभिनय करने वाले गोविंदा ने 2004 के चुनाव में चुनावी राजनीति में धमाकेदार प्रवेश किया था। “हीरो नंबर 1” के अभिनेता गोविंदा ने उस साल बड़ा उलटफेर करते हुए मुंबई उत्तर लोकसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के दिग्गज नेता राम नाइक को हराया था। शिंदे ने 60 वर्षीय अभिनेता का पार्टी में स्वागत करते हुए कहा कि वह समाज के सभी वर्गों में लोकप्रिय हस्ती हैं। इस मौके पर गोविंदा ने कहा कि 2004 से 2009 के बीच राजनीति में उनके पहले कार्यकाल के बाद उन्हें कभी नहीं लगा था कि वह इस क्षेत्र में वापसी करेंगे। अभिनेता ने कहा, “मैं 14 वर्ष के वनवास के बाद (राजनीति में) लौटा हूं। ” गोविंदा का पूरा नाम गोविंदा आहूजा है। उन्होंने कहा कि अगर मौका मिला तो वह कला और संस्कृति के क्षेत्र में काम करेंगे।
अभिनेता ने कहा कि शिंदे के मुख्यमंत्री बनने के बाद से मुंबई अधिक सुंदर और विकसित दिख रही है।
अभिनेता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश का विकास अविश्वसनीय है।
जून 2022 में मुख्यमंत्री बनने वाले शिंदे ने कहा कि मुंबई में सकारात्मकता व समृद्धि है और महानगर में प्रदूषण का स्तर भी कम हो रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोविंदा बिना किसी पूर्व शर्त के उनकी पार्टी में शामिल हुए हैं। शिंदे ने इन बातों को खारिज कर दिया कि वह चुनाव के मद्देनजर पार्टी में शामिल हुए हैं। शिंदे ने कहा, “गोविंदा प्रगति के पक्षधर हैं। वह मोदीजी की विकास नीतियों से प्रभावित हैं। वह फिल्म उद्योग के कल्याण और प्रगति के लिए कुछ करना चाहते हैं। मुझे यकीन है कि वह सरकार और फिल्म उद्योग के बीच की कड़ी बनेंगे। वह बिना किसी शर्त के साथ हमसे जुड़े हैं।” यह पूछे जाने पर कि क्या अभिनेता को मुंबई उत्तर-पश्चिम लोकसभा सीट से मैदान में उतारा जाएगा, शिंदे ने स्पष्ट किया कि उन्होंने कोई शर्त नहीं रखी है। -
नयी दिल्ली। भारत ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह "बातचीत और राजनय" के जरिए रूस-यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान के लिए प्रोत्साहन जारी रखेगा। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने स्विट्जरलैंड शांति शिखर सम्मेलन में भारत के रुख को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में यह टिप्पणी की। उन्होंने कहा, "हम बातचीत और राजनय के माध्यम से रूसी-यूक्रेन संघर्ष के शांतिपूर्ण समाधान को प्रोत्साहित करते रहेंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 20 मार्च को रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की के साथ अलग-अलग बातचीत की थी और जोर दिया था कि रूस-यूक्रेन संघर्ष के समाधान के लिए बातचीत और राजनय ही आगे का रास्ता है। मोदी ने हालिया चुनाव में पांचवीं बार जीत हासिल करने के लिए पुतिन को बधाई देने की खातिर टेलीफोन पर बातचीत की थी। उसके बाद प्रधानमंत्री ने जेलेंस्की को फोन किया था और मौजूदा संघर्ष को शीघ्र समाप्त करने तथा शांति के लिए सभी प्रयासों के प्रति भारत के समर्थन से अवगत कराया था। जेलेंस्की ने प्रधानमंत्री मोदी के साथ हुई बातचीत के दौरान अपने देश की संप्रभुता के समर्थन के लिए भारत के प्रति आभार व्यक्त किया था। उन्होंने कहा कि भारत को स्विट्जरलैंड में पहले शांति शिखर सम्मेलन में भाग लेते देखना यूक्रेन के लिए महत्वपूर्ण होगा।

.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)




.jpg)




.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpg)
.jpg)
.jpeg)




.jpg)