- Home
- देश
-
श्रीनगर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को कहा कि संविधान के अनुच्छेद 370 के अधिकतर प्रावधानों को निरस्त किए जाने के बाद जम्मू-कश्मीर विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है और स्वतंत्र रूप से सांस ले रहा है। मोदी ने ‘विकसित भारत, विकसित जम्मू-कश्मीर' कार्यक्रम के तहत करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के बाद एक जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर अनुच्छेद 370 पर न केवल जम्मू-कश्मीर के लोगों को बल्कि पूरे देश को गुमराह करने का आरोप लगाया। प्रधानमंत्री ने आगामी रमजान के पवित्र महीने और महाशिवरात्रि के पर्व के लिए अपनी ‘अग्रिम शुभकामनाएं' दीं। महाशिवरात्रि शुक्रवार को है। श्रीनगर के बख्शी स्टेडियम में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘अनुच्छेद 370 के निरस्त होने के बाद जम्मू-कश्मीर आज विकास की नयी ऊंचाइयों को छू रहा है क्योंकि वह आज खुलकर सांस ले रहा है। जम्मू-कश्मीर ने अनुच्छेद 370 हटने के बाद की बेड़ियां तोड़ दी हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘ये वो नया जम्मू कश्मीर है, जिसका इंतजार हम सभी को कई दशकों से था। ये वो नया जम्मू कश्मीर है, जिसके लिए डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने बलिदान दिया था। इस नए जम्मू कश्मीर की आंखों में भविष्य की चमक है, इस नए जम्मू कश्मीर के इरादों में चुनौतियों को पार करने का हौसला है।'' भाजपा नीत केंद्र सरकार द्वारा पांच अगस्त 2019 को पूर्ववर्ती जम्मू-कश्मीर राज्य को विशेष दर्जा देने वाले अनुच्छेद 370 के प्रावधानों को निरस्त करने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में बांटने के बाद से प्रधानमंत्री की कश्मीर की यह पहली यात्रा है। करीब 5,000 करोड़ रुपये का समग्र-कृषि विकास कार्यक्रम राष्ट्र को समर्पित करने के बाद मोदी ने कहा कि वह श्रीनगर के लोगों के बीच आकर प्रफुल्लित हैं। उन्होंने कहा, ‘‘आज जो विकास परियोजनायें समर्पित की जा रही हैं, उनसे जम्मू-कश्मीर के विकास को बल मिलेगा। एक विकसित जम्मू-कश्मीर विकसित भारत की प्राथमिकता है।'' जम्मू-कश्मीर को देश का मुकुट बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित जम्मू-कश्मीर के निर्माण का रास्ता पर्यटन संभावनाओं और किसानों के सशक्तीकरण से निकलेगा। उन्होंने कहा, ‘‘जम्मू कश्मीर केवल एक क्षेत्र नहीं है। जम्मू कश्मीर भारत का मस्तक है। और ऊंचा उठा मस्तक ही विकास और सम्मान का प्रतीक होता है। इसलिए विकसित जम्मू कश्मीर, विकसित भारत की प्राथमिकता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘विकास की शक्ति, पर्यटन की संभावनाएं, किसानों का सामर्थ्य और जम्मू-कश्मीर के युवाओं का नेतृत्व...विकसित जम्मू-कश्मीर के निर्माण का रास्ता यहीं से निकेलगा।'' प्रधानमंत्री ने जनता से मिले प्यार के लिए उनका आभार जताया और और कहा कि वह इस कर्ज को चुकाने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘साल 2014 के बाद मैं जब भी आया, मैंने यही कहा कि मैं ये मेहनत आपका दिल जीतने के लिए कर रहा हूं। और मैं दिनों-दिन देख रहा हूं कि आपका दिल जीतने की सही दिशा में मैं जा रहा हूं।'' प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर स्वदेश दर्शन और प्रसाद योजना के तहत 14,00 करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया। प्रसाद योजना धार्मिक स्थल पुनरुद्धार और आध्यात्मिक विरासत को प्रोत्साहन देने का अभियान है। उन्होंने देशभर में धार्मिक और पर्यटन स्थलों के विकास के लिए लगभग 43 परियोजनाओं की शुरुआत भी की। यह धार्मिक और पर्यटन स्थल आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, पुद्दुचेरी, कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश और गोआ में है। प्रधानमंत्री ने ‘देखो अपना देश' लोगों की पंसद का पर्यटन स्थल सर्वेक्षण और ‘चलो इंडिया' वैश्विक प्रवासी समुदाय अभियान की शुरुआत भी की। उन्होंने चुनौती पर आधरित पर्यटन स्थल विकास योजना के तहत चुने गए पर्यटन स्थलों की घोषणा भी की। मोदी ने जम्मू-कश्मीर में नवनियुक्त लगभग एक हजार सरकारी कर्मियों को नियुक्ति पत्र भी प्रदान किए। उन्होंने विभिन्न क्षेत्रों में उपलब्धि हासिल करने वाली महिलाओं, लखपति दीदियों, किसानों, उद्यमियों सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों से संवाद भी किया।
-
चंडीगढ़. हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने बुधवार को ‘मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन' योजना के तहत श्रद्धालुओं को करनाल से अयोध्या ले जाने वाली एक बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। बस में 52 श्रद्धालु सवार थे। खट्टर ने इस अवसर पर कहा कि राज्य सरकार ने एक योजना शुरू की है जिसके तहत श्रद्धालुओं को अयोध्या, अमृतसर (स्वर्ण मंदिर), वाराणसी (काशी विश्वनाथ मंदिर) और देश के अन्य तीर्थ स्थलों पर भेजा जाएगा। सरकार ने एक पोर्टल की शुरुआत की है और इस पोर्टल के जरिए पंजीकृत तीर्थयात्रियों को मुफ्त यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। बस को हरी झंडी दिखाने के बाद खट्टर ने कहा कि लगभग 700 तीर्थयात्री पहले ही पोर्टल पर पंजीकरण करा चुके हैं। अभी यह सुविधा सालाना 1.80 लाख रुपये से कम आमदनी वाले और 60 साल से अधिक आयु के लोगों के लिए मुफ्त मुहैया करायी जा रही है। खट्टर ने एक अन्य कार्यक्रम में कहा कि राज्य की 5,000 महिलाओं को ड्रोन प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह प्रशिक्षण मुख्य रूप से कृषि क्षेत्र में उपयोग के लिए दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले चरण में 500 स्वयं सहायता समूहों का चुनाव किया गया है और उनमें से प्रत्येक समूह की 10 महिलाओं को ड्रोन प्रशिक्षण दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने करनाल में 'लखपति दीदी' सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के तहत 102 महिलाओं को ड्रोन प्रशिक्षण दिया गया है और विभिन्न विभागों में उन्हें काम भी मुहैया कराया गया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के कृषिप्रधान राज्य होने के कारण यहां के किसानों के लिए ड्रोन की काफी जरूरत है। उन्होंने कहा कि किसान खेतों में हाथों से ही यूरिया का छिड़काव करते हैं। उन्होंने कहा कि अब ड्रोन से नैनो यूरिया (तरल यूरिया) के छिड़काव की काफी मांग है और ये काम महिलाएं करेंगी। उन्होंने कहा कि 5,000 ड्रोन भी उपलब्ध कराए जाएंगे जिससे गांवों में महिलाओं की आजीविका बढ़ेगी।
-
पटना. बिहार की नीतीश कुमार सरकार ने बुधवार को भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 14 वरिष्ठ अधिकारियों का तबादला कर दिया। बिहार सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग (जीएडी) द्वारा जारी एक अधिसूचना के अनुसार, 1992 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी दीपक कुमार सिंह को राज्य के राजस्व विभाग और भूमि सुधार विभाग का अपर मुख्य सचिव (एसीएस) बनाया गया है। वे फिलहाल बिहार सहकारिता विभाग में एसीएस के पद पर तैनात थे। इसी तरह राज्य सरकार के खान एवं भूविज्ञान विभाग के एसीएस के पद पर तैनात 1992 बैच के आईएएस अधिकारी परमार रवि मनुभाई को अगले आदेश तक राज्य के मुख्य सतर्कता आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वहीं, 1996 बैच के आईएएस अधिकारी और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के अध्यक्ष आनंद किशोर को नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसी तरह,फिलहाल नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव के पद पर तैनात 1997 बैच के आईएएस अधिकारी संतोष कुमार मल्ल को बिहार सहकारिता विभाग का प्रधान सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं, कैबिनेट सचिवालय के सचिव के पद पर तैनात 2003 बैच के आईएएस अधिकारी अनुपम कुमार को संसदीय कार्य विभाग के सचिव का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इसी तरह, बिहार शहरी बुनियादी ढांचा विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक के पद पर तैनात 2006 बैच के आईएएस अधिकारी धर्मेंद्र सिंह को सामान्य प्रशासन विभाग के सतर्कता आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
-
मथुरा (उप्र) .पर्यटकों को ब्रजभूमि में ग्रामीण जीवन का अनुभव प्रदान करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के उत्थान की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने क्षेत्र में ‘होमस्टे' योजना शुरू करने का का निर्णय लिया है। परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्रा ने बताया कि इस योजना के लागू होने से तीर्थयात्री मंदिरों में पूजा-अर्चना कर सकेंगे और यह भी देख सकेंगे कि ग्रामीण इलाकों में लोग कैसे सौहार्दपूर्ण माहौल में रह रहे हैं। मिश्रा ने बताया कि इस योजना के तहत तीर्थ यात्रियों को सस्ती दरों पर शहर जैसी सुविधाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने कहा, "यह योजना ग्रामीण अर्थव्यवस्था के उत्थान के द्वार भी खोलेगी और ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा करेगी।" इस योजना को मॉडल के रूप में बरसाना क्षेत्र या वृन्दावन क्षेत्र के किसी गांव में शुरू किया जाएगा। मिश्रा ने बताया कि यह योजना इको-पर्यटन को बढ़ावा देगी और पर्यटकों को लोक कला और मथुरा के विश्व प्रसिद्ध चरकुला नृत्य से रूबरू कराएगी। -
मुंबई. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि उनकी सरकार ने मुद्रास्फीति को पांच प्रतिशत से नीचे रखा हुआ है जबकि कांग्रेस की अगुवाई वाली पिछली सरकार के समय यह दहाई अंक में पहुंच गई थी। शाह ने यहां 'इंडिया ग्लोबल फोरम' के वार्षिक निवेश शिखर सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 2014 से पहले भारतीय अर्थव्यवस्था की हालत नाजुक थी, मुद्रास्फीति ऊंचे स्तर पर थी और राजकोषीय घाटा भी नियंत्रण से बाहर था। उन्होंने कहा, "कांग्रेस की अगुवाई वाली संप्रग सरकार के समय मुद्रास्फीति दहाई अंक में पहुंच गई थी लेकिन हमारी सरकार ने इसे पांच प्रतिशत से नीचे रोक दिया है। संप्रग सरकार के समय 12 लाख करोड़ रुपये के विभिन्न घोटालों से देश का विश्वास हिल गया था और साठगांठ वाला (क्रॉनी) पूंजीवाद अपने चरम पर था।" उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में हुई प्रगति की तुलना पिछली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के शासनकाल से की जानी चाहिए। उन्होंने कहा, "जब तक आप यह नहीं जानते कि गड्ढा कितना गहरा है, आप प्रगति को नहीं समझ सकते हैं।" शाह ने कहा, "भारत एक आत्मविश्वासी और आत्मनिर्भर देश है, जिसने खुद को निष्क्रिय सरकार से गतिशील सरकार में, प्रतिगामी से प्रगतिशील विकास में और नाजुक अर्थव्यवस्था से शीर्ष अर्थव्यवस्था में बदल दिया है।" इसके साथ ही उन्होंने कहा कि आज भारत एक नीति-संचालित राज्य के रूप में उभरा है।
उन्होंने आगामी लोकसभा चुनाव के संदर्भ में कहा, "हम अपनी सरकार के पिछले 10 वर्षों के प्रदर्शन और अगले 25 वर्षों के रोडमैप के साथ चुनाव में उतर रहे हैं।" उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 'दूरदर्शी प्रधानमंत्री' बताते हुए कहा कि वर्ष 2047 में आजादी के सौ साल पूरा होने तक भारत पूरी तरह से विकसित, आत्मनिर्भर और दुनिया की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक होगा। -
इंदौर. मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने एक तलाकशुदा महिला द्वारा अपने पूर्व पति और बुजुर्ग सास-ससुर के खिलाफ ‘अनैतिक मुकदमेबाजी'' जारी रखकर अदालत का वक्त बर्बाद किए जाने पर नाराजगी जताई है और चेतावनी के तौर पर एक लाख रुपये का हर्जाना भी लगाया। अदालत ने पाया कि इंदौर निवासी महिला ने आपसी सहमति वाले तलाक का वचन भंग करते हुए अपने पूर्व पति और उसके बुजुर्ग माता-पिता के खिलाफ पुराना मामला वापस नहीं लिया और कानूनी प्रक्रिया का दुरुपयोग किया। अदालत ने दहेज के लिए उत्पीड़न, मारपीट और महिला की रजामंदी के बिना गर्भपात सरीखे आरोपों में दर्ज मामले को रद्द करते हुए तलाकशुदा महिला को आदेश दिया है कि वह अपने पूर्व पति को एक लाख रुपये चुकाए। उच्च न्यायालय की इंदौर पीठ के न्यायमूर्ति सुबोध अभ्यंकर ने कहा, ‘‘एक लाख रुपये चुकाए जाने का यह आदेश केवल अनैतिक मुकदमेबाजों को चेतावनी देने के लिए जारी किया गया है ताकि वे अदालतों की आंखों में धूल न झोंक सकें। अदालतें गंभीर मुकदमे सुनती हैं और उनका कीमती समय किसी भी तरह बर्बाद करने की इजाजत नहीं दी जा सकती।'' एकल पीठ ने महिला के पूर्व पति और उसके बुजुर्ग माता-पिता की दायर याचिका एक मार्च को मंजूर करते हुए करते हुए अपने आदेश में यह टिप्पणी की। अदालत ने रिकॉर्ड के हवाले से कहा कि याचिकाकर्ता पुरुष और प्रतिवादी महिला का दो फरवरी 2023 को आपसी सहमति से तलाक हो चुका है और इसके एवज में महिला को उसके पूर्व पति द्वारा 50 लाख रुपये भी दिए जा चुके हैं। उच्च न्यायालय ने कहा कि तलाकनामे में इस वचन का स्पष्ट उल्लेख है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमों को वापस लेने के लिए प्रतिबद्ध हैं, इसके बावजूद तलाकशुदा महिला ने अपने पूर्व पति और उसके बुजुर्ग माता-पिता के खिलाफ 2018 में दर्ज कराया गया आपराधिक मामला वापस लेने के लिए कोई प्रयास नहीं किया। महिला ने यह मामला अपने पति से आपसी सहमति के आधार पर तलाक लेने के पांच साल पहले इंदौर के विजय नगर पुलिस थाने में दर्ज कराया था। दोनों की शादी वर्ष 2000 में हुई थी और उनकी 20 साल की बेटी भी है, जो तलाक के बाद अपने पिता के साथ रह रही है।
-
रेवाड़ी (हरियाणा) .हरियाणा के रेवाड़ी में रोडवेज की एक बस और कार के बीच आमने-सामने की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना में मारे गये सभी लोग कार सवार थे। पुलिस के मुताबिक, हादसा महेंद्रगढ़ मार्ग पर सीहा गांव के पास उस वक्त हुआ जब कार सवार एक शादी समारोह में शामिल होने के बाद चरखी दादरी लौट रहे थे। पुलिस ने बताया कि स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायलों को कार से बाहर निकालने में मदद की और उन्हें ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, ‘‘हमने मृतकों के शवों को शवगृह में रखा है। साथ ही, मरने वालों के परिवारों को सूचित कर दिया गया है। परिवार के सदस्यों के आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा। प्राथमिकी दर्ज की जा रही है।
-
नई दिल्ली। दिल्ली की एक अदालत ने कथित आबकारी घोटाले से संबंधित धनशोधन मामले में कथित रूप से समन का पालन नहीं करने पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा फिर से की गई शिकायत पर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गुरुवार को समन जारी किया।
अतिरिक्त मुख्य मेट्रोपोलिटन मजिस्ट्रेट दिव्या मल्होत्रा ने केजरीवाल को 16 मार्च को अदालत में पेश होने का निर्देश दिया। प्रवर्तन निदेशालय ने धन शोधन जांच में समन का पालन नहीं करने के लिए केजरीवाल के खिलाफ मुकदमा चलाने का अनुरोध करते हुए अदालत में बुधवार को नयी शिकायत दर्ज कराई थी।निदेशालय ने बताया कि नयी शिकायत धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की धारा 50 के तहत संघीय जांच एजेंसी द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को भेजे गए समन संख्या चार से आठ का पालन नहीं करने से संबंधित है।ईडी ने पूर्व में एक स्थानीय अदालत में याचिका दायर कर दिल्ली आबकारी नीति से जुड़ी धन शोधन जांच में केजरीवाल को जारी किए गए पहले तीन समन पर पेश नहीं होने के लिए उनके खिलाफ मुकदमा चलाने का अनुरोध किया था। - कौशांबी (उप्र)। कौशांबी जिले के कोखराज थाना क्षेत्र में मंगलवार को राष्ट्रीय राजमार्ग-दो पर बारात से वापस आ रही तेज रफ्तार कार एवं खड़े एक ट्रक में टक्कर हो जाने से सात वर्षीय बच्ची सहित तीन लोगों की मौत हो गयी तथा अन्य छह लोग घायल हो गए। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सिराथू के क्षेत्राधिकारी (सीओ) अवधेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि जिले के पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी कस्बा से एक बारात फतेहपुर जिले के हथगांव गई थी। उन्होंने कहा कि मंगलवार सुबह बारात से वापस लौटते समय चालक को झपकी आ जाने के कारण कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गयी। उन्होंने कहा कि कार में सवार नौ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। विश्वकर्मा ने बताया कि डॉक्टरों ने दिव्यांशी (सात), हरेंद्र शर्मा (55) तथा राजकुमार (45) को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल छह लोगों में से चार को प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर किया गया है।
- नयी दिल्ली। आगामी लोकसभा चुनाव से पहले वाराणसी के पूर्व सांसद राजेश मिश्रा मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। वह वर्ष 2004 से 2009 तक वाराणसी से कांग्रेस के सांसद थे। मिश्रा ने यहां पार्टी मुख्यालय में भाजपा महासचिव अरुण सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद और पार्टी के मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी की मौजूदगी में भगवा दल की सदस्यता ग्रहण की। मिश्रा लंबे समय से कांग्रेस नेतृत्व से नाराज बताए जा रहे थे। उनके करीबी सूत्रों का कहना है कि वह कांग्रेस के टिकट पर उत्तर प्रदेश की भदोही सीट से चुनाव लड़ना चाह रहे थे, लेकिन यह सीट गठबंधन के तहत समाजवादी पार्टी के खाते में चली गई है। भदोही में वर्तमान में भाजपा के रमेश चंद्र बिंद सांसद हैं।
- जयपुर,। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर महिलाएं एवं बालिकाएं राजस्थान रोडवेज की बसों में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उनके अनुसार इस आशय के आदेश जारी कर दिए गए हैं। राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की कार्यकारी निदेशक (यातायात) डॉ. ज्योति चौहान ने एक बयान में बताया कि आठ मार्च को सभी महिलाएं एवं बालिकाएं राजस्थान रोडवेज की समस्त साधारण एवं द्रुतगामी (एक्सप्रेस) बसों (वातानुकूलित एवं वोल्वो के अतिरिक्त) में राज्य की सीमा में निशुल्क यात्रा कर सकेंगी।
- नयी दिल्ली,। स्विगी 12 मार्च से बेंगलुरु, भुवनेश्वर, विशाखापत्तनम और विजयवाड़ा रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को भोजन पहुंचाने की सेवाएं देगी। स्विगी ने एक बयान में कहा कि आने वाले हफ्तों में भोजन पहुंचाने की सेवाओं को 59 और रेलवे स्टेशनों तक बढ़ाया जाएगा। स्विगी फूड मार्केटप्लेस और भारतीय रेल खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने रेल गाड़ियों में पहले से ऑर्डर किए गए भोजन को पहुंचाने के लिए मंगलवार को एक समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए। यात्री आईआरसीटीसी ऐप पर पीएनआर दर्ज करके और भोजन पाने के लिए पसंदीदा स्टेशन का चयन करके स्विगी के जरिये भोजन पहुंचाने की सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। आईआरसीटीसी के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक संजय कुमार जैन ने कहा, ‘‘स्विगी के साथ यह साझेदारी हमारे यात्रियों को अधिक सुविधाजनक रूप से भोजन पाने का विकल्प देगी, जिससे उनकी यात्रा और अधिक यादगार बन जाएगी।'' स्विगी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) रोहित कपूर ने कहा कि इस पहल के लिए यात्रियों और रेस्तरां संचालकों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिलने की उम्मीद है और आने वाले दिनों में अधिक स्टेशनों पर यह सेवा शुरू की जाएगी।
- कोट्टायम (करेल),। कोट्टायम में मंगलवार को पाला के पास एक ही परिवार के पांच सदस्य अपने किराए के घर में मृत पाए गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान 44 वर्षीय जैसन थॉमस, उनकी पत्नी और 10 साल से कम उम्र के उनके तीन बच्चों के रूप में हुई है। वे मूल रूप से अकलाकुन्नम के नजन्दुपारा के रहने वाले थे। वे पूवारानी कोचुकोट्टारम इलाके में किराए के एक मकान में रह रहे थे। पुलिस के मुताबिक, कमरे में जैसन का शव लटका पाया गया था जबकि उसकी पत्नी और बच्चों के शव बिस्तर में पड़े थे और वहां खून के निशान भी थे। पुलिस को यह संदेह है कि जैसन ने कथित तौर पर अपनी पत्नी और बच्चों की हत्या करने के बाद आत्महत्या की है।
- नयी दिल्ली। गूगल अपने प्ले स्टोर से हटाए गए भारतीय ऐप को फिर बहाल करने के लिए सहमत हो गई है। सूचना प्रौद्योगिकी और दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को यह जानकारी देते हुए कहा कि विवादास्पद भुगतान मुद्दे के समाधान के लिए सभी पक्ष मिलकर काम करेंगे। गूगल और प्रभावित स्टार्टअप इकाइयों ने सोमवार को सरकार के साथ कई दौर की चर्चा की। इसके बाद गूगल ने हटाए गए ऐप को बहाल करने पर सहमति जताई। मंत्री ने कहा, ‘‘हमें भरोसा है कि गूगल और स्टार्टअप समुदाय आने वाले महीनों में एक दीर्घकालिक समाधान तक पहुंचने में सक्षम होंगे।''
- शाहजहांपुर (उप्र)। शाहजहांपुर जिले में बारातियों से भरी एक कार की टक्कर एक ट्रक से हो गयी जिसमें कार सवार तीन लोगों की मौत हो गयी और चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) अशोक कुमार मीणा ने मंगलवार को बताया कि थाना कलान क्षेत्र के अब्दुल्ला नगर गांव में रहने वाले लोग मोहल्ले से गई एक बारात में मदनापुर गए थे। ये लोग सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात करीब सवा दो बजे वापस अपने घर आ रहे थे तभी नरसुइया गांव के पास उनकी कार तेज गति से आ रहे एक ट्रक से टकरा गयी। उन्होंने बताया कि सूचना पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को नजदीकी अस्पताल भेजा जहां चिकित्सकों ने रामदीन (65), नेता (40) एवं रजनीश (27) को मृत घोषित कर दिया। मीणा ने बताया कि इस हादसे में कार सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए फर्रुखाबाद के सरकारी अस्पताल भेजा गया है। मीणा ने बताया कि घटना के बाद ट्रक का चालक फरार हो गया। उन्होंने कहा कि पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
-
नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने भारतीय पैरालंपिक समिति-पीसीआई का निलंबन तत्काल प्रभाव से वापस ले लिया है। खेल मंत्रालय ने भारत की पैरालंपिक समिति को लिखे पत्र में कहा कि निलंबन के मुख्य आधार पर विचार किया जा रहा है। भारतीय पैरालंपिक समिति 6 मार्च से 15 मार्च तक नई दिल्ली में 2024 विश्व शूटिंग पैरा स्पोर्ट विश्व कप की मेजबानी कर रही है।
पीसीआई की कार्यकारी समिति का कार्यकाल समाप्त होने के बाद चुनाव कराने में देरी और उसके दिशा-निर्देशों का पालन न करने के कारण मंत्रालय ने इस साल फरवरी में उसकी मान्यता निलंबित कर दी थी। - नयी दिल्ली। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), मंडी के निदेशक लक्ष्मीधर बेहरा का कहना है कि कृत्रिम मेधा (एआई) उस स्तर पर नहीं है जहां यह वास्तव में छात्रों को शिक्षित कर सके और इंजीनियरिंग के मूल सिद्धांतों को इसके द्वारा प्रतिस्थापित नहीं किया जा सकता है।उन्होंने कहा कि एआई आने से इंजीनियरिंग कॉलेजों में पाठ्यक्रम को नया रूप देने की जरूरत नहीं है क्योंकि नई प्रौद्योगिकियां अनुसंधान नहीं कर सकती हैं।बेहरा ने कहा, ‘‘मुझे नहीं लगता कि अब तक एआई या संबंधित उपकरण उस स्तर पर पहुंच गए हैं जहां यह वास्तव में हमारे छात्रों को वैज्ञानिक अवधारणाओं के साथ-साथ वैज्ञानिक संभावनाओं के संदर्भ में शिक्षित कर सकते हैं। मुझे नहीं लगता कि एआई अभी इस योग्य है क्योंकि हम स्वयं अपनी संज्ञानात्मक प्रक्रियाओं को नहीं समझते हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘उदाहरण के लिए, हमारे पास इस बात का कोई उत्तर नहीं है कि एक व्यक्ति गणित को क्यों समझ पाता है और दूसरा व्यक्ति क्यों नहीं। तो हम एक ऐसी प्रणाली कैसे बना सकते हैं, जब हम अपनी स्वयं की संज्ञानात्मक प्रक्रियाओं को बहुत खराब तरह से समझते हैं?’’इंटेलिजेंट सिस्टम एंड कट्रोल’, दृष्टिकोण-आधारित रोबोटिक्स और वेयरहाउस ऑटोमेशन जैसे क्षेत्रों में अपने योगदान के लिए पहचाने जाने वाले बेहरा ने दावा किया, ‘‘चैटजीपीटी एक अच्छा नवाचार है लेकिन यह उतना ही मूर्खतापूर्ण भी है।’’उन्होंने कहा, ‘‘यह अवधारणा को नहीं समझता है। यह सिर्फ भारी भरकम आंकड़ों से जानकारी इकट्ठा करता है।’’एआई के उपयोग में बढ़ोत्तरी के मद्देनजर शिक्षा और शिक्षण तथा सीखने के तौर-तरीकों को कैसे फिर से तैयार करना होगा, इस पर चल रही बहस के बीच बेहरा ने कहा कि कोई भी एआई प्रणाली स्वाभाविक रूप से संज्ञानात्मक नहीं है, बल्कि वे चीजों को संभव बनाने के लिए अपने विशाल डेटाबेस पर निर्भर हैं।निदेशक ने कहा, ‘‘नहीं, हमें अपना पाठ्यक्रम पूरी तरह से बदलने की जरूरत नहीं है क्योंकि यह हमारे लिए विवेकपूर्ण कदम नहीं होगा। एआई के साथ भी हमें अभी भी ऐसे अच्छे इंजीनियरों की आवश्यकता होगी, जिनके पास अच्छी अवधारणाएं हों। संरचनात्मक इंजीनियरिंग की अवधारणा के बिना, इंजीनियर एक पुल कैसे बना सकते हैं या वे 100 मंजिला अपार्टमेंट कैसे बना सकते हैं, जो भूकंप-रोधी हो।’’
- नयी दिल्ली,। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि भगवान बुद्ध के आदर्श भारत और थाईलैंड के बीच एक आध्यात्मिक पुल के रूप में काम करते हैं जो दोनों देशों के घनिष्ठ संबंधों को मजबूती प्रदान करते हैं।प्रधानमंत्री थाईलैंड स्थित भारतीय दूतावास की ओर से सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर किए गए एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया व्यक्त कर रहे थे। इस पोस्ट में कहा गया था कि थाईलैंड में लगभग 10 लाख श्रद्धालुओं ने 23 फरवरी से 3 मार्च तक बैंकॉक में भगवान बुद्ध और उनके शिष्यों अरहंत सारिपुत्त और अरहंत महा मोग्गलाना के पवित्र अवशेषों के दर्शन किए। मोदी ने इस पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा, ‘‘भगवान बुद्ध के आदर्श भारत और थाईलैंड के बीच एक आध्यात्मिक सेतु के रूप में काम करते हैं, जो घनिष्ठ संबंधों को प्रोत्साहन देते हैं। मुझे प्रसन्नता है कि भक्तों को शानदार आध्यात्मिक अनुभव हुआ है। मैं भक्तों से चियांग माई, उबोन रतचथानी और क्राबी में श्रद्धा सुमन अर्पित करने का आग्रह करता हूं, जहां आने वाले दिनों में अवशेष प्रतिष्ठापित किए जाएंगे।’’
- भुवनेश्वर । ओडिशा के भुवनेश्वर में उस आठ वर्षीय बालक का पूर्ण राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया: जिसके अंगों को दान किया गया है। सुभाजीत साहू को पुलिस आयुक्त संजीव पांडा और पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) प्रतीक सिंह की मौजूदगी में सोमवार को सत्य नगर श्मशान में ‘गार्ड ऑफ ऑनर‘ दिया गया। उसकी मौत मस्तिष्क संबंधी बीमारी की वजह से हुई थी।दूसरी कक्षा में पढ़ने वाले सुभाजीत को पिछले बुधवार को परीक्षा देने के दौरान मस्तिष्क का दौरा (सीज़र) पड़ा था। उन्हें तत्काल कैपिटल अस्पताल में भर्ती कराया गया और फिर एक निजी अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया जहां वह कोमा में चले गए थे।सुभाजीत के पिता विश्वजीत साहू ने कहा, “तमाम कोशिशों के बावजूद हम उसे बचा नहीं सके। लिहाज़ा हमने उसका गुर्दा, फेफड़े, जिगर, आंखें, दिल और अग्न्याशय समेत सभी अंगों को दान करने का फैसला किया।” सुभाजीत की मां सुभाश्री ने कहा कि भले ही वह सिर्फ आठ साल का था, लेकिन उसने ऐसा नेक काम किया है जो 80 साल का बुजुर्ग भी नहीं कर सकता। उन्होंने कहा, ‘अब, हम खुद को सांत्वना दे सकते हैं कि हमारे बेटे ने दूसरों की जान बचाई और वह उनमें जीवित रहेगा।’पुलिस आयुक्त पांडा ने कहा कि अंग दाताओं के लिए राज्य सरकार की नई नीति के अनुरूप बालक को ‘गार्ड ऑफ ऑनर’ दिया गया। उन्होंने कहा, ‘इससे अधिक लोगों को अंगदान करने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।’मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने पिछले महीने घोषणा की थी कि अंगदाताओं का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
-
नई दिल्ली। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण-एनआईए ने आज सात राज्यों में कई जगह छापे मारे। कर्नाटक में बेंगलुरू जेल में लश्कर -ए- तैय्यबा के एक आतंकी द्वारा कैदियों को कट्टरपंथी बनाने से जुडे एक मामले में ये छापेमारी की गई। इस मामले में सात राज्यों में 17 स्थानों पर छापे डाले जा रहे हैं।
जांच एजेंसी ने जनवरी में इस बारे में आठ लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया था। आरोपियों में केरल के कन्नूर का टी. नसीर भी शामिल है, जो वर्ष 2013 से बेंगलुरू के केंद्रीय कारागार में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। अन्य आरोपियों में जुनैद अहमद और सलमान खान भी शामिल हैं, जिनके विदेश भाग जाने का संदेह है। - हैदराबाद। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कड़ी सुरक्षा के बीच मंगलवार को यहां श्री उज्जयिनी महाकाली मंदिर में पूजा-अर्चना की और कहा कि उन्होंने देश के लोगों के कुशल-मंगल की प्रार्थना की।मंदिर के पुजारियों ने प्रधानमंत्री मोदी को देवी की एक तस्वीर भेंट की।प्रधानमंत्री ने मंदिर के दर्शन की तस्वीरें साझा करते हुए ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘श्री उज्जयिनी महाकाली देवस्थानम, सिकंदराबाद में सभी भारतीयों के अच्छे स्वास्थ्य, कुशलक्षेम और समृद्धि के लिए प्रार्थना की।’’बाद में प्रधानमंत्री ने संगारेड्डी के समीप 7,200 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास किया और वहां एक रैली को भी संबोधित किया।
- गुवाहाटी।. असम के माजुली जिले के मुखौटा निर्माण और पांडुलिपि चित्रकारी को भौगोलिक संकेतक (जीआई) टैग प्राप्त हुए हैं। सोमवार को एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि ‘जीआई टैग' मिलने से कलाकारों के कौशल की रक्षा होगी। शर्मा ने कहा, “माजुली के मुख शिल्प की उत्पत्ति श्रीमंत शंकरदेव के समय से मानी जाती है, जिन्होंने भक्ति के लिए कला को माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया। क्षेत्र के मुखौटे और पांडुलिपि चित्रकारियों को जीआई टैग देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी को मेरा आभार। इससे हमारे कलाकारों के समृद्ध कौशल की रक्षा होगी।” माजुली दुनिया का सबसे बड़ा नदी द्वीप है।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा एक ऐसा पेशा है, जहां पैसा कमाना ही यदि मुख्य लक्ष्य हो तो समाज का कल्याण संभव नहीं है, इसीलिए स्वास्थ्य सेवा से जुड़े पेशेवरों को अपने कर्तव्य का निर्वहन करते समय करुणा, दयालुता और परोपकार के मूल्यों को अपना चारित्रिक गुण बनाना होगा। उन्होंने यह टिप्पणी महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों के छात्रों और मेडिकल/गैर-मेडिकल परामर्शदाताओं के एक समूह से बातचीत के दौरान की। ये सभी यहां राष्ट्रपति भवन में मुर्मू से मुलाकात करने आए थे। यह समूह डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर वैद्यकीय प्रतिष्ठान के ‘सेवांकुर भारत कार्यक्रम' के तहत दिल्ली में है। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी एक बयान में मुर्मू के हवाले से कहा गया है, ‘‘स्वास्थ्य सेवा एक ऐसा पेशा है, जहां पैसा कमाना मुख्य लक्ष्य होने पर समाज का कल्याण संभव नहीं है। यही कारण है कि स्वास्थ्य देखभाल पेशेवरों को अपने कर्तव्य का निर्वहन करते समय करुणा, दयालुता और परोपकार के मूल्यों को अपना चरित्र बनाना होगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम बाबासाहेब आंबेडकर के जीवन से सीख सकते हैं कि अपनी व्यक्तिगत सफलता का उपयोग समाज के कल्याण के लिए कैसे किया जाए। हमें बाबा साहेब के आदर्शों पर चलते हुए सामाजिक न्याय, समानता और बंधुत्व के लिए काम करना चाहिए।'' राष्ट्रपति को यह जानकर प्रसन्नता हुई कि डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर वैद्यकीय प्रतिष्ठान पिछले तीन दशकों से जन कल्याण की भावना से जरूरतमंदों को कम दरों पर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के लिए काम कर रहा है। बयान में कहा गया, "यह कौशल विकास, रोजगार सृजन और एसएचजी (स्वयं सहायता समूहों) के सशक्तीकरण के लिए भी काम कर रहा है। उन्होंने सामाजिक सेवा और राष्ट्र निर्माण में योगदान के लिए इस प्रतिष्ठान की सराहना की।" बयान में कहा गया है कि यह प्रतिष्ठान युवाओं को सार्वजनिक सेवा का मार्ग भी दिखा रहा है और उनके बीच 'राष्ट्र प्रथम' की भावना को मजबूत कर रहा है।
- नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने सोमवार को हिमाचल प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य के तौर पर इस्तीफा दे दिया। अधिकारियों ने बताया कि गुजरात से राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद नड्डा ने हिमाचल प्रदेश की अपनी सीट से इस्तीफा दे दिया। संसद के एक बुलेटिन में कहा गया, "...उनका इस्तीफा राज्यसभा के सभापति ने 4 मार्च, 2024 से स्वीकार कर लिया है।"
- मुंबई। मुंबई सीमा शुल्क विभाग ने अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर चार दिनों में दस अलग-अलग मामलों में 1.66 करोड़ रुपये मूल्य का 3.03 किलोग्राम से अधिक सोना जब्त किया है। अधिकारियों ने सोमवार को यह जानकारी दी। सीमा शुल्क जोन-तृतीय ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि मुंबई सीमा शुल्क के हवाई अड्डा आयुक्तालय ने एक से चार मार्च के बीच विमान की सीट, यात्रियों के शरीर से, शौचालय से, मक्खन के पैकेट, रूमाल और यात्रियों के कपड़ों जैसे स्थानों में छुपाया गया सोना जब्त किया है। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध यात्रियों के सामान की जांच के दौरान अधिकारियों को मक्खन के छोटे पैकेट, रुमाल और अन्य कपड़ों में सोना छिपा हुआ मिला।








.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)



.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)