- Home
- देश
- नयी दिल्ली। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को हिंदू पूजा स्थलों के जीर्णोद्धार का बचाव करते हुए कहा कि यह काम पूरी निष्पक्षता से किया जा रहा है और सबूतों के आधार पर किया जा रहा है, और यह किसी भी चीज को भावनात्मक बनाने का प्रयास नहीं है।वर्ष 2019 में राम मंदिर के पक्ष में उच्चतम न्यायालय का फैसला आने के बाद से अयोध्या में तीन मंजिला राम मंदिर का निर्माण चल रहा है। इससे पहले जनवरी में, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने निर्धारित अनुष्ठानों के अनुसार रामलला विग्रह की प्राण प्रतिष्ठा की थी। वित्त मंत्री निर्मला सीतारण ने एक पुस्तक विमोचन के कार्यक्रम में कहा- "हमें सही कहानी कहने और उसे उजागर करने की आवश्यकता है, जहां कहीं भी आवश्यक्ता हो...ताकि मंदिरों को पुनर्स्थापित करने का सभ्यतागत प्रयास निष्पक्षता से किया जा सके... हम किसी भी चीज को भावनात्मक बनाने की कोशिश नहीं कर रहे हैं... भावना हमारे अंदर है, लेकिन जिस सबूत के साथ हम अदालत में जाते हैं उस सबूत से स्वयमेव बात स्पष्ट होनी चाहिए ।'' विक्रम संपत द्वारा लिखित 'वेटिंग फॉर शिव अनअर्थिंग द ट्रुथ ऑफ काशी ज्ञानवापी' नामक पुस्तक का विमोचन करते हुए उन्होंने कहा कि दस्तावेज़ीकरण हिंदू जीवन शैली का एक अंतर्निहित हिस्सा रहा है।
- भोपाल.। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को अपने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर अपने नाम के आगे "मोदी का परिवार" जोड़ लिया। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद ने रविवार को कहा था कि मोदी का कोई परिवार नहीं है, जिसके बाद भाजपा के नेता प्रधानमंत्री के साथ एकजुट हो गए हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नेताओं ने सोशल मीडिया प्रोफाइल पर अपने नाम के आगे "मोदी का परिवार" जोड़कर विपक्ष पर पलटवार किया है। केंद्रीय मंत्रियों अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और निर्मला सीतारमण, और भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा के साथ देशभर के पार्टी सदस्यों ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर खुद को 'मोदी का परिवार' घोषित किया।
- नयी दिल्ली। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने महत्वपूर्ण और रणनीतिक रक्षा प्रौद्योगिकियों में नवाचारों को प्रोत्साहन देने के लिए सोमवार को ‘अदिति योजना' की शुरुआत की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में बताया कि सिंह ने रक्षा उत्कृष्टता के लिए नवाचार (आईडीईएक्स) योजना के साथ ‘एसिंग डेवलपमेंट ऑफ इनोवेटिव टेक्नोलॉजीज' (एडीआईटीआई-अदिति) योजना की शुरुआत की। बयान के अनुसार इस योजना के अंतर्गत, रक्षा प्रौद्योगिकी में स्टार्ट-अप, अनुसंधान, विकास और नवाचार प्रयासों के लिए 25 करोड़ रुपये तक की अनुदान सहायता राशि प्राप्त करने के पात्र हैं। इस योजना की शुरुआत यहां प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (सीडीएस) जनरल अनिल चौहान और अन्य की मौजूदगी में एक कार्यक्रम के दौरान की गई। रक्षा मंत्री सिंह ने उद्योग जगत के उद्यमियों, नवप्रवर्तकों और नीति निर्माताओं की एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना युवाओं के नवाचार को पोषित करेगी और भारत को प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में आगे बढ़ने में सहयोग करेगी। उन्होंने कार्यक्रम के दौरान उद्योग जगत के नेताओं, उद्यमियों, नवप्रवर्तकों और नीति निर्माताओं को संबोधित किया। मंत्रालय ने बाद में इस योजना पर एक वीडियो जारी किया जिसे उसके प्रवक्ता ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर साझा किया। सिंह ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की युवाओं के लिए नवाचार को प्रोत्साहित करने की अटूट प्रतिबद्धता को दोहराया।
- गोंडा।उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले के छपिया थाना इलाके में एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए रिश्तेदारी में आए एक प्रधानाचार्य की गोली मारकर हत्या कर दी गयी। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (एसपी) विनीत जायसवाल ने बताया कि सीडी यादव इंटर कॉलेज सिसहनी में प्रधानाचार्य पद पर कार्यरत फूलपुर गांव रहने वाले दिनेश यादव (32) अपने रिश्तेदार एवं कॉलेज के प्रबंधक आज्ञाराम यादव के यहां रविवार को एक मांगलिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जिले के छपिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत चांदा रत्ती गांव आए हुए थे। एसपी ने बताया कि रविवार रात को करीब 12 बजे जयमाल कार्यक्रम संपन्न होने के बाद वह घर से थोड़ी दूर गांव के बाहर दुकान के बरामदे में सो रहे थे। उन्होंने बताया कि बीते दिनों हुए आपसी विवाद को लेकर सिसहनी गांव निवासी दो लोगों - ने उनकी कनपटी पर तमंचा सटाकर गोली मार दी। अधिकारी ने बताया कि गोली चलने से आसपास सो रहे लोग जाग गए और उन्होंने भागने की कोशिश कर रहे एक आरोपी को दौड़ाकर पकड़ लिया, जबकि दूसरा बचकर भाग जाने में सफल रहा। उन्होंने बताया कि परिजन आनन फानन में दिनेश यादव को उपचार के लिए बस्ती जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौर ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एसपी ने बताया कि प्रकरण में दोनों आरोपियों के खिलाफ नामजद अभियोग दर्ज किया गया है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दूसरे की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। जायसवाल ने कहा कि शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण (सीईए) के चेयरपर्सन घनश्याम प्रसाद ने सोमवार को कहा कि देश में बिजली की मांग सालाना आधार पर इस साल गर्मियों में सात प्रतिशत बढ़कर 260 गीगावाट पर पहुंचने का अनुमान है। बीते वर्ष गर्मियों में बिजली की अधिकतम मांग 243 गीगावाट (एक गीगावाट बराबर 1,000 मेगावाट) रही थी।केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण और टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रिब्यूशन (टाटा पावर-डीडीएल) लिमिटेड के सहयोग से आयोजित चौथे लाइनमैन दिवस के मौके पर प्रसाद ने कहा, ‘‘ हमारा अनुमान है कि इस साल बिजली की अधिकतम मांग गर्मियों में 260 गीगावाट रहेगी। सीईए चेयरमैन ने अपने संबोधन में कहा, ‘‘बिजली क्षेत्र के लाइनपर्सन हमारे देश की बिजली व्यवस्था के सबसे मजबूत स्तंभ हैं। ‘लाइनमैन दिवस' का आयोजन उनके समर्पण और अथक सेवा के प्रति हमारी सराहना को प्रतिबिंबित करता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘इन कर्मचारियों की कड़ी मेहनत को पहचानने के पीछे का उद्देश्य उन्हें सुरक्षा के बारे में शिक्षित करना और अपने अनुकरणीय प्रयासों को जारी रखने के लिए प्रेरित करना है।'' इस मौके पर केंद्रीय बिजली और नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री आर के सिंह ने वीडियो संदेश में कहा, ‘‘लाइनमैन दिवस प्रतिभागियों के बीच विचारों के आदान-प्रदान और सुरक्षा की सर्वोत्तम गतिविधियों को साझा करने की सुविधा प्रदान करने वाले प्रभावी मंच के रूप में कार्य करता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम उन लाइनमैन के आभारी हैं जो देश के तकनीकी, औद्योगिक और सामाजिक बुनियादी ढांचे के कामकाज के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास करते हैं।'' टाटा पावर दिल्ली डिस्ट्रिब्यूशन लि. के मुख्य कार्यपालक अधिकारी गणेश श्रीनिवासन ने कहा, ‘‘हमें इस राष्ट्रव्यापी पहल का नेतृत्व करते हुए गर्व महसूस हो रहा है और बिजली क्षेत्र के इन ‘फ्रंटलाइन वर्कर्स' के समर्पण और सेवा का सम्मान करने के लिए एकजुट होने वाली 40 से अधिक पारेषण और वितरण कंपनियों की मजबूत भागीदारी देखकर हम उत्साहित हैं।'' 'सेवा, सुरक्षा, स्वाभिमान' विषय पर आयोजित इस समारोह में आंध्र प्रदेश, बिहार, गुजरात, हरियाणा, झारखंड, कर्नाटक, जम्मू-कश्मीर, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, ओडिशा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और दिल्ली के 40 से अधिक सरकारी और निजी पारेषण तथा वितरण कंपनियों के 150 से ज्यादा ‘लाइनपसर्न' शामिल हुए।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कल पद्म विभूषण से सम्मानित जानी मानी अभिनेत्री वैजयंतीमाला से मुलाकात की। प्रधानमंत्री ने सोशल साइट एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि चेन्नई में वैजयंतीमाला जी से मिलकर खुशी हुई। श्री मोदी ने यह भी कहा कि उन्हें हाल ही में पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था। भारतीय सिनेमा की दुनिया में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए समूचे भारत में उनकी प्रशंसा की जाती है।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) रिश्वत मामले में उच्चतम न्यायालय के उस फैसले का स्वागत किया जिसमें कहा गया है कि सांसदों और विधायकों को सदन में वोट डालने या भाषण देने के लिए रिश्वत लेने के मामले में अभियोजन से छूट नहीं होती। मोदी ने कहा कि यह निर्णय देश में साफ-सुथरी राजनीति सुनिश्चित करेगा और व्यवस्था में लोगों के विश्वास को गहरा करेगा। प्रधान न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ की अगुवाई वाली सात-न्यायाधीशों की संविधान पीठ ने झामुमो रिश्वत मामले में पांच न्यायाधीशों की पीठ द्वारा सुनाए गए 1998 के फैसले को सर्वसम्मति से पलट दिया। पांच न्यायाशीधों की पीठ के फैसले के तहत सांसदों और विधायकों को सदन में वोट डालने या भाषण देने के लिए रिश्वत लेने के मामले में अभियोजन से छूट दी गई थी। प्रधान न्यायाधीश ने फैसला सुनाते हुए कहा कि रिश्वतखोरी के मामलों में संसदीय विशेषाधिकारों के तहत संरक्षण प्राप्त नहीं है और 1998 के फैसले की व्याख्या संविधान के अनुच्छेद 105 और 194 के विपरीत है। अनुच्छेद 105 और 194 संसद और विधानसभाओं में सांसदों और विधायकों की शक्तियों एवं विशेषाधिकारों से संबंधित हैं। न्यायमूर्ति चंद्रचूड़ ने पीठ के लिए फैसले का मुख्य भाग पढ़ते हुए कहा कि रिश्वतखोरी के मामलों में इन अनुच्छेदों के तहत छूट नहीं है क्योंकि यह सार्वजनिक जीवन में ईमानदारी को नष्ट करती है। मोदी ने इस फैसले से संबंधित एक रिपोर्ट सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर साझा करते हुए कहा, ‘‘स्वागतम! माननीय सर्वोच्च न्यायालय का एक शानदार निर्णय जो स्वच्छ राजनीति सुनिश्चित करेगा और व्यवस्था में लोगों के विश्वास को गहरा करेगा।'
-
एनटीपीसी की परियोजना का भी उद्घाटन किया
आदिलाबाद (तेलंगाना) .प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को तेलंगाना में बिजली, रेल और सड़क क्षेत्रों से संबंधित 56,000 करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। यहां प्रधानमंत्री के आधिकारिक समारोह में राज्य की राज्यपाल तमिलिसाई सुंदरराजन और मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी सहित अन्य लोग शामिल हुए। लंबे समय बाद तेलंगाना के किसी मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी की अगवानी की और आधिकारिक कार्यक्रम के दौरान उनके साथ मंच साझा किया। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने अतीत में कई मौकों पर राज्य में प्रधानमंत्री के आधिकारिक कार्यक्रमों से दूरी बनाई थी। यहां कार्यक्रम में प्रधानमंत्री ने अन्य परियोजनाओं के अलावा पेद्दापल्ली में एनटीपीसी की 800 मेगावाट (इकाई-2) क्षमता वाली तेलंगाना सुपर थर्मल पावर परियोजना का उद्घाटन किया। ‘अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल' प्रौद्योगिकी पर आधारित यह परियोजना तेलंगाना को 85 प्रतिशत बिजली की आपूर्ति करेगी और इसकी देश भर में मौजूद एनटीपीसी के सभी बिजली केंद्रों में सर्वाधिक बिजली उत्पादन दक्षता होगी जो लगभग 42 प्रतिशत होगी। इस परियोजना का शिलान्यास भी प्रधानमंत्री ने ही किया था। प्रधानमंत्री ने झारखंड के चतरा में स्थित उत्तरी करणपुरा ताप विद्युत परियोजना की 660 मेगावाट (इकाई-2) भी राष्ट्र को समर्पित की। यह देश का पहली ‘सुपरक्रिटिकल' ताप विद्युत परियोजना है, जिसकी कल्पना इतने बड़े आकार के ‘एयर कूल्ड कंडेनसर' (एसीसी) के साथ की गई है, जो पारंपरिक ‘वॉटर-कूल्ड कंडेनसर' की तुलना में पानी की खपत को एक तिहाई तक कम कर देता है। इस परियोजना का शिलान्यास प्रधानमंत्री ने ही किया था।
इस मौके पर रेवंत रेड्डी ने कहा कि प्रधानमंत्री एक बड़े भाई की तरह हैं और राज्य को मोदी के गृह राज्य गुजरात की तरह प्रगति के लिए उनके समर्थन की जरूरत है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासित राज्य तेलंगाना केंद्र के साथ टकराव नहीं बल्कि सौहार्दपूर्ण संबंध चाहता है। उन्होंने कहा, ‘‘हम पांच हजार अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने के महत्वाकांक्षी लक्ष्य में योगदान देना चाहेंगे। -
हैदराबाद. तेलंगाना के वानपर्ति जिले में एक कार के पेड़ से टकराने की वजह से उसमें सवार कर्नाटक के पांच लोगों की मौत हो गई तथा छह अन्य जख्मी हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा हैदराबाद-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोठकोटा थाना क्षेत्र के तहत आने वाले इलाके में रविवार-सोमवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे हुआ। पुलिस के मुताबिक, मृतकों में तीन बच्चे और दो बुजुर्ग शामिल हैं जबकि कार सवार अन्य छह लोग जख्मी हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि उनका विभिन्न अस्पतालों में इलाज किया जा रहा है। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि कार चला रहे व्यक्ति की आंख लग गई थी जिस वजह से वह गाड़ी पर से नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क किनारे लगे पेड़ से टकरा गया। अधिकारी ने कहा कि गाड़ी चालक घायल हो गया है। उनके मुताबिक, पीड़ित कर्नाटक के बेल्लारी जिले के रहने वाले हैं। मामले की जांच जारी है।
-
दुमका. झारखंड के दुमका जिले में सोमवार सुबह एक ट्रक ने सड़क किनारे बनी चाय की गुमटी में टक्कर मारी जिससे कम से कम तीन लोगों की मौत हो गयी और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना राज्य की राजधानी रांची से करीब 300 किलोमीर दूर हंसडीहा पुलिस थाना क्षेत्र में कस्बा मोड़ के समीप हुई। जरमुंडी के उप-मंडलीय पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) संतोष कुमार ने बताया कि बिहार के भागलपुर से आ रहे ट्रक के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और सड़क पर खड़े एक अन्य ट्रक को टक्कर मारते हुए उसने सड़क किनारे बनी चाय की गुमटी में टक्कर मार दी। उन्होंने बताया, ‘‘ठेले पर चाय पी रहे चार लोग ट्रक की चपेट में आए। उन्हें इलाज के लिए सरैयाहाट के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में ले जाया गया।'' दुमका के सिविल सर्जन बच्चा प्रसाद सिंह ने कहा, ‘‘चार लोगों में से दो की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी जबकि एक ने सीएचसी में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। चौथा व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है और उसे बेहतर इलाज के लिए देवघर ले जाया गया है।'' इस बीच, आक्रोशित निवासियों ने घटना के विरोध में दुमका-भागलपुर सड़क को अवरुद्ध कर दिया।
-
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर ‘अपना परिवार' ना होने को लेकर कटाक्ष किए जाने के अगले दिन सोशल मीडिया पर ‘मोदी का परिवार' अभियान शुरु कर दिया। इस अभियान के तहत केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा सहित कई नेताओं ने अपने ‘एक्स' प्रोफाइल पर अपने नाम के आगे ‘मोदी का परिवार' लिखा। उल्लेखनीय है कि साल 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान कांग्रेस के ‘चौकीदार चोर है' के नारे के जवाब में भाजपा ने ‘मैं भी चौकीदार' अभियान चलाया था।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद ने रविवार को पटना में एक रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी पर कटाक्ष किया था। उन्होंने कहा था, ‘‘अगर नरेन्द्र मोदी के पास अपना परिवार नहीं है तो हम क्या कर सकते हैं। वह राम मंदिर के बारे में डींगें मारते रहते हैं। वह सच्चे हिंदू भी नहीं हैं। हिंदू परंपरा में बेटे को अपने माता-पिता के निधन पर अपना सिर और दाढ़ी मुंडवानी चाहिए। जब मोदी की मां की मृत्यु हुई तो उन्होंने ऐसा नहीं किया।” प्रधानमंत्री मोदी ने भी लालू के इस आरोप पर सोमवार को पलटवार किया और कहा कि भ्रष्टाचार, परिवारवाद और तुष्टीकरण में आकंठ डूबे ‘इंडी गठबंधन' के नेता बौखलाते जा रहे हैं। उन्होंने तेलंगाना में एक रैली को संबोधित करते हुए, ‘‘मैं इनके परिवारवाद पर सवाल उठाता हूं तो इन लोगों ने अब बोलना शुरू कर दिया है कि मोदी का कोई परिवार नहीं है। मैं इनसे कहना चाहता हूं कि 140 करोड़ देशवासी ही मेरा परिवार हैं, जिसका कोई नहीं है वो भी मोदी के हैं और मोदी उनका है। मेरा भारत-मेरा परिवार है।'' इसके बाद कई केंद्रीय मंत्रियों और भाजपा नेताओं ने अपने ‘एक्स' प्रोफाइल पर अपने नाम के आगे ‘मोदी का परिवार' जोड़ दिया। सबसे पहले भाजपा अध्यक्ष नड्डा ने अपने प्रोफाइल में यह बदलाव किया और उसके बाद गृह मंत्री शाह ने। कुछ देर बाद केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी, अश्विनी वैष्णव और अनुराग ठाकुर ने भी इसका अनुसरण करते हुए ‘एक्स' प्रोफाइल पर अपने नाम के आगे ‘मोदी का परिवार' जोड़ दिया।
-
भुवनेश्वर. आगामी लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनावों के मद्देनजर ओडिशा में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की कम से कम 35 कंपनियां तैनात की जाएंगी। बीएसएफ के एक वरिष्ठ अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। सीमा सुरक्षा बल के उप महानिरीक्षक धीरेंद्र कुमार ने यहां संवाददाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि चुनाव सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए 35 कंपनियां (प्रत्येक कंपनी में लगभग 100 कर्मी) माओवाद प्रभावित इलाकों सहित संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात की जाएंगी। कुमार ने कहा, ‘‘हमने पूर्व में ओडिशा में 2014 और 2019 के चुनावों को सुचारू ढंग से संपन्न करवाया । स्वाभिमान अंचल पहले माओवादी प्रभावित क्षेत्र था वहां भी लगभग दो दशकों के बाद 2022 में पंचायत चुनाव हुए। हम सुनिश्चित करेंगे 2024 में भी चुनाव सुचारू रूप से संपन्न हों।'' भारत निर्वाचन आयोग (ईसीआई) ने हाल ही में घोषणा की कि ओडिशा में चुनाव सुचारू ढंग से संपन्न कराने के लिए बीएसएफ सहित केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) की कुल 75 कंपनियां तैनात की जाएंगी। कुमार ने कहा कि बीएसएफ को 2010 से नक्सल विरोधी अभियानों के लिए ओडिशा में तैनात किया गया और पिछले 14 वर्ष के दौरान इस अभियान के तहत 65 माओवादी मारे गए हैं, 793 गिरफ्तार किए गए हैं और 632 ने आत्मसमर्पण किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में बीएसएफ ने कुल 476 इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस' (आईईडी) जब्त किए हैं। बीएसएफ अधिकारी ने कहा कि मलकानगिरी और कोरापुट जिलों में माओवादी गतिविधियां लगभग खत्म हो गई हैं क्योंकि हाल के दिनों में कोई बड़ी घटना सामने नहीं आई है।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को विश्व वन्यजीव दिवस के अवसर पर वन्यजीव संरक्षण प्रयासों को आगे बढ़ाने में अग्रणी रहने वालों की सराहना की। लोगों के जीवन और ग्रह में वन्यजीवों की अहम भूमिका और योगदान को देखते हुए हर साल तीन मार्च को संयुक्त राष्ट्र विश्व वन्यजीव दिवस (डब्ल्यूडब्ल्यूडी) मनाया जाता है। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘वन्यजीव दिवस पर सभी वन्यजीव प्रेमियों को शुभकामनाएं। यह हमारे ग्रह पर जीवन की अविश्वसनीय विविधता का जश्न मनाने और इसकी रक्षा के प्रति हमारी प्रतिबद्धता को दोहराने का दिन है।'' प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘मैं उन सभी की सराहना करता हूं जो पर्यावरण के अनुकूल कदम उठाने में अग्रणी हैं और वन्यजीव संरक्षण प्रयासों का समर्थन कर रहे हैं।
-
नयी दिल्ली. दक्षिण-पूर्व दिल्ली में बदरपुर फ्लाईओवर पर एक कार के ट्रक से टकराने पर तीन व्यक्तियों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने रविवार को दी। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना शनिवार देर रात हुई जब ओखला के संजय कॉलोनी के रहने वाले सात व्यक्ति हरियाणा के फरीदाबाद में एक शादी समारोह से कार में सवार होकर लौट रहे थे। पुलिस उपायुक्त (दक्षिणपूर्व) राजेश देव ने बताया कि बदरपुर पुलिस थाने के अधिकारियों को देर रात 12.48 बजे होंडा शोरूम के पास बदरपुर फ्लाईओवर पर एक दुर्घटना के बारे में पीसीआर कॉल मिली। देव ने कहा कि पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और घायलों को एम्स के ट्रॉमा सेंटर ले गई।
उन्होंने बताया कि जांच से पता चला कि कार चालक ने वाहन से अपना नियंत्रण खो दिया और कार फ्लाईओवर पर एक डिवाइडर से टकरा गई। उन्होंने बताया कि टक्कर के प्रभाव से कार सड़क के दूसरी ओर गिर गई और ट्रक से टकरा गई। पुलिस ने कहा कि मृतकों की पहचान राज (21), संजू (38) और दिनेश (22) के रूप में की गई है। उन्होंने बताया कि घायलों में अंशुल (18) की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि नीरज (18), अजित (28) और विशाल (28) की हालत स्थिर है। पुलिस ने बताया कि राज अविवाहित था और अपने परिवार के साथ लक्ष्मीनगर में रहता था। पुलिस ने बताया कि उसके पिता मथुरा में दर्जी का काम करते हैं जबकि उसकी मां का निधन हो चुका है। पुलिस ने बताया कि संजय कॉलोनी निवासी संजू विवाहित था और उसके दो बच्चे हैं - एक बेटा और एक बेटी। वह दर्जी की एक दुकान पर मजदूर के रूप में काम करता था। पुलिस ने बताया कि संजय कॉलोनी निवासी दिनेश भी अविवाहित था जो ओखला स्थित एक दुकान में कपड़ा काटने का काम करता था। पुलिस के मुताबिक, दुर्घटना इतनी भीषण थी कि कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा के ‘राष्ट्र निर्माण के लिए दान' अभियान को लेकर रविवार को 2,000 रुपये का योगदान दिया। उन्होंने पार्टी कोष में 2,000 रुपये का योगदान दिया और लोगों से "राष्ट्र निर्माण के लिए दान" अभियान का हिस्सा बनने का आग्रह किया। मोदी ने ‘एक्स' पर योगदान के रसीद की तस्वीर साझा की।
उन्होंने लिखा, “मुझे भाजपा के अभियान में योगदान करने और एक विकसित भारत के निर्माण के हमारे प्रयासों को मजबूत बनाने को लेकर खुशी हो रही है। मैं सभी से नमो ऐप के माध्यम से ‘राष्ट्र निर्माण के लिए दान अभियान' का हिस्सा बनने का भी आग्रह करता हूं -
लखनऊ. निर्वाचन आयोग ने उत्तर प्रदेश में मतदाताओं को आगामी लोकसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से एक योजना तैयार की है। आयोग ने राज्य के 10 ऐसे लोकसभा क्षेत्र चुने हैं, जहां वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रदेश में हुए औसतन 59.11 प्रतिशत मतदान से कम वोट पड़े थे। निर्वाचन आयोग ने अपनी 'टर्नआउट कार्यान्वयन योजना' (टीआईपी) के हिस्से के रूप में राज्य के 80 लोकसभा क्षेत्रों में से 10 को चुना है, जहां राज्य के कुल मतदान प्रतिशत से कम वोट पड़े थे। इन लोकसभा क्षेत्रों में फूलपुर (48.57 प्रतिशत), कानपुर (51.39 प्रतिशत), इलाहाबाद (51.75 प्रतिशत), श्रावस्ती (52.05 प्रतिशत), गोंडा (52.11 प्रतिशत), डुमरियागंज (52.26 प्रतिशत), प्रतापगढ़ (53.36 प्रतिशत), भदोही (53.45 प्रतिशत), अमेठी (54.05 प्रतिशत) और संत कबीर नगर (54.15 प्रतिशत) शामिल हैं। मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार ने कहा कि 2019 के चुनाव में उत्तर प्रदेश में मतदान प्रतिशत काफी कम 59.11 प्रतिशत था, जबकि राज्य में मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है। उन्होंने कहा, "इस बात को लेकर अत्यंत केंद्रित तरीके से प्रयास किए जा रहे हैं कि ज्यादा से ज्यादा लोग मतदाता सूची में नामांकित हों और वह अपना वोट जरूर डालें। हम इसे 'रोल फार पोल' कहते हैं।" कुमार ने कहा “इस बार, एक ‘टर्नआउट कार्यान्वयन योजना' बनाई गई है और उन निर्वाचन क्षेत्रों और बूथों को सूचीबद्ध किया गया है जहां मतदान कम हुआ है।" उन्होंने कहा, "वहां मतदान कम क्यों हुआ है, यह (जिला) कलेक्टर व्यक्तिगत रूप से वहां जाकर देखेंगे। वह उन्हें (मतदाताओं को) लोकतांत्रिक प्रक्रिया (चुनाव) में भाग लेने के लिए मनाने का प्रयास करेंगे।" निर्वाचन आयोग के अनुसार, पिछले लोकसभा चुनाव में देश में औसतन 67 प्रतिशत मतदान हुआ था।
आयोग ने एक बयान में कहा कि टीआईपी के हिस्से के रूप में कुमार ने शनिवार को तीन मतदाता जागरूकता एक्सप्रेस वैन को हरी झंडी दिखाई। ये वैन 22 जिलों में जाएंगी, जहां 2019 के चुनावों में कम मतदान हुआ था। बयान में मुताबिक वे मतदाता जागरूकता एक्सप्रेस वैन कानपुर, प्रयागराज, भदोही, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, प्रतापगढ़, अमेठी, रायबरेली, आंबेडकर नगर, संत कबीर नगर, गाजीपुर, बलिया, बहराईच, लखनऊ, कौशाम्बी, आज़मगढ़, देवरिया, जौनपुर, वाराणसी और गोरखपुर जिलों में जाएंगी। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक उत्तर प्रदेश में (23 जनवरी तक) लगभग 15.29 करोड़ मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 8.14 करोड़ पुरुष मतदाता, 7.15 करोड़ महिला मतदाता और 7,705 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं। पहली बार वोट डालने जा रहे (18-19 आयु वर्ग) मतदाताओं की संख्या लगभग 20.41 लाख है।
उत्तर प्रदेश में 1,62,012 मतदान केंद्र हैं और इनमें से 38,959 शहरी क्षेत्रों में हैं। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के मुताबिक, ग्रामीण इलाकों में 1,23,053 मतदान केंद्र हैं। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भाजपा और उसकी सहयोगी अपना दल (सोनेलाल) ने राज्य में 64 लोकसभा सीटें जीती थीं। कांग्रेस को एक, बहुजन समाज पार्टी को 10 और समाजवादी पार्टी को पांच सीटें मिलीं थीं। -
कोलकाता. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अगले सप्ताह कोलकाता मेट्रो के बहु-प्रतीक्षित हावड़ा मैदान-एस्प्लेनेड खंड का उद्घाटन करेंगे। सरकार की एक विज्ञप्ति में रविवार को कहा गया कि प्रधानमंत्री कवि सुभाष-हेमंत मुखोपाध्याय और तारातला-माझेरहाट मेट्रो खंड का भी उद्घाटन करेंगे। विज्ञप्ति के अनुसार, मोदी का चार-छह मार्च तक तेलंगाना, तमिलनाडु, ओडिशा, पश्चिम बंगाल और बिहार जाने का भी कार्यक्रम है। इसमें कहा गया कि ‘‘शहरी गतिशीलता को आसान बनाने के लिए मार्ग विस्तार करने पर ध्यान केंद्रित करने के साथ'', प्रधानमंत्री पूर्व पश्चिम मेट्रो गलियारे पर कोलकाता मेट्रो के हावड़ा मैदान-एस्प्लेनेड खंड का उद्घाटन करेंगे। विज्ञप्ति के अनुसार, वह कवि सुभाष-एयरपोर्ट लाइन के कवि सुभाष-हेमंत मुखोपाध्याय मेट्रो खंड और तारातला-माझेरहाट खंड का भी उद्घाटन करेंगे। तारातला-माझेरहाट खंड, जोका-एस्प्लेनेड लाइन का हिस्सा है। हावड़ा मैदान-एस्प्लेनेड मेट्रो खंड पर ‘‘भारत में किसी भी नदी'' के नीचे बनने वाली पहली परिवहन सुरंग है। यह हुगली नदी के नीचे से गुजरती है जिसके पूर्वी और पश्चिमी तट क्रमश: कोलकाता तथा हावड़ा शहर से लगते हैं। इसमें कहा गया कि हावड़ा मेट्रो स्टेशन भारत में सबसे गहरा मेट्रो स्टेशन भी है।
-
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को नयी दिल्ली लोकसभा सीट से और निवर्तमान सांसद मनोज तिवारी को उत्तर-पूर्वी दिल्ली से आगामी लोकसभा चुनाव के लिए मैदान में उतारा है। भाजपा ने शनिवार को दिल्ली की सात में से पांच लोकसभा सीट के लिए उम्मीदवारों के नाम की घोषणा की।
पार्टी ने निवर्तमान सांसद - मीनाक्षी लेखी, हर्षवर्धन, प्रवेश वर्मा और रमेश बिधूड़ी का टिकट काट दिया है। दक्षिणी दिल्ली की पूर्व महापौर और भाजपा की दिल्ली इकाई की महासचिव कमलजीत सहरावत पश्चिमी दिल्ली से चुनाव लड़ेंगी। सहरावत को दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री साहिब सिंह वर्मा के बेटे और दो बार के निवर्तमान सांसद प्रवेश वर्मा की जगह टिकट दिया गया है। सहरावत जाट समुदाय से हैं। भाजपा ने फिलहाल पूर्वी दिल्ली और उत्तर पश्चिम दिल्ली से अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
एक और आश्चर्यजनक कदम में भाजपा ने दक्षिण दिल्ली से दो बार के सांसद रमेश बिधूड़ी के बजाय दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी को इस सीट से टिकट दिया। रामवीर सिंह बिधूड़ी दक्षिणी दिल्ली लोकसभा क्षेत्र के बदरपुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हैं। दिल्ली प्रदेश भाजपा नेताओं ने अनुमान जताया कि संसद में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के एक सांसद के प्रति रमेश के व्यवहार से जुड़े हालिया विवाद के कारण उन्हें अपना टिकट गंवाना पड़ा। उच्चतम न्यायालय की वकील और दिल्ली भाजपा की सचिव बांसुरी स्वराज को पार्टी ने नयी दिल्ली सीट से दो बार सांसद और केंद्रीय मंत्री लेखी पर तरजीह दी। सूत्रों ने बताया कि लेखी को चंडीगढ़ से चुनाव मैदान में उतारा जा सकता है।
‘कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स' के सचिव प्रवीण खंडेलवाल चांदनी चौक से भाजपा के उम्मीदवार बने हैं। पार्टी ने इस सीट से दो बार के सांसद और पूर्व केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन की जगह खंडेलवाल को मैदान में उतारा है। वहीं, भाजपा के वरिष्ठ नेता महेश शर्मा ने शनिवार को कहा कि यह उनका सौभाग्य है कि वह एक बार फिर जन प्रतिनिधि के रूप में गौतमबुद्ध नगर की सेवा कर सकें। भाजपा ने शर्मा को गौतमबुद्ध नगर निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार घोषित किया है। यह चौथी बार है जब पार्टी ने शर्मा को इस सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है। -
देहरादून. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा शनिवार को घोषित की गयी लोकसभा उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची में उत्तराखंड की पांच सीट में से तीन पर वर्तमान सांसदों को उतारा है। वहीं अभी पार्टी ने दो सीट पर अपने प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। उत्तराखंड में अभी पांचों लोकसभा सीट पर भाजपा के ही सांसद हैं। पार्टी द्वारा अपनी पहली सूची में हरिद्वार और गढ़वाल (पौड़ी) सीट के उम्मीदवार की घोषणा अभी तक नहीं किए जाने से यह अटकलें तेज हो गयी हैं कि दोनों निवर्तमान सांसदों को शायद वहां से फिर मौका न दिया जाए। भाजपा ने केंद्रीय पर्यटन एवं रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट को नैनीताल उधमसिंह नगर से, टिहरी गढ़वाल से टिहरी राजपरिवार से माला राज्य लक्ष्मी शाह और अल्मोड़ा से अजय टमटा को एक बार फिर मौका दिया है। अल्मोड़ा राज्य की एकमात्र सुरक्षित लोकसभा सीट है। जिन दो सीट के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की जानी बाकी है, वे हैं हरिद्वार, जिसका प्रतिनिधित्व वर्तमान में पूर्व मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक करते हैं, और गढ़वाल (पौड़ी), जिसका प्रतिनिधित्व तीरथ सिंह रावत करते हैं।
-
लखनऊ. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को तीसरी बार वाराणसी से लोकसभा प्रत्याशी बनाये जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए उनका प्रदेशवासियों की ओर से अभिनंदन किया। एक बयान में योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री का वाराणसी से चुनाव लड़ना काशी समेत पूरे प्रदेश के लिए गर्व की बात है। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर जारी पोस्ट में कहा,‘‘भाजपा द्वारा आगामी लोक सभा चुनाव हेतु उत्तर प्रदेश के लिए घोषित हुए सभी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई!” उन्होंने कहा, ‘‘आदरणीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की सुशासन, अंत्योदय और विकास को समर्पित 'राष्ट्रनीति' पर देश वासियों का अटूट विश्वास है। आप सभी की विजय सुनिश्चित है। मंगलमय शुभकामनाएं!” उन्होंने इस पोस्ट में शनिवार को भाजपा द्वारा जारी उत्तर प्रदेश के 51 उम्मीदवारों की सूची भी साझा की है।
-
बेंगलुरु. बेंगलुरु के रामेश्वरम कैफे में हुए कम तीव्रता वाले विस्फोट के दौरान मां की फोन कॉल के चलते 24 वर्षीय एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर की जान बच गई। इस घटना में कर्मचारियों और कुछ ग्राहकों समेत 10 लोग घायल हुए हैं।
बिहार के पटना के मूल निवासी कुमार अलंकृत ने घटना को याद करते हुए कहा कि उन्होंने काउंटर से अपना डोसा उठाया और अपनी सामान्य जगह (जहां कुछ मिनट बाद विस्फोट हुआ) पर बैठना तय किया। अलंकृत ने बताया कि उसी समय उनकी मां का फोन आया और वह बात करने के लिए एक शांत जगह पर चले गए, जो विस्फोट वाली जगह से महज 10 मीटर की दूरी पर थी। अलंकृत ने बताया कि कैसे उनकी मां की कॉल की वजह से उनकी जान बच गई। उन्होंने कहा, "मैंने अपना डोसा काउंटर से उठाया और कैफे के अंदर अपने नियमित स्थान पर बैठने ही वाला था। जब भी मैं कैफे जाता था, तो उसी स्थान पर बैठता था (जहां बाद में विस्फोट हुआ)। वह मेरी पसंदीदा जगह थी। इस बार भी मैं वहां बैठने की योजना बना रहा था, लेकिन तभी मां का फोन आया, इसलिए मैं कैफे के बाहर कुछ मीटर दूर एक शांत जगह चला गया, ताकि उनसे बात कर सकूं।'' उन्होंने इसे एक नियमित फोन कॉल बताते हुए कहा, "वह (मेरी मां) पूछ रही थीं कि मैं कहां हूं और अचानक, मैंने तेज आवाज सुनी। मैं बाहर था। यह एक बहुत बड़ा विस्फोट था। हर कोई घबरा गया था और बाहर की ओर भाग रहा था। हर तरफ धुआं था और दुर्गंध आने लगी थी।" उन्होंने कहा, "यह सब अचानक हुआ था। जोरदार विस्फोट होने के बाद लोग इधर-उधर भाग रहे थे। पता नहीं क्या हो रहा था। यह भयानक और चौंकाने वाला था। लेकिन शुक्र है कि मेरी मां के उस फोन कॉल ने मुझे बचा लिया।” कुमार कैफे में हुए विस्फोट का वीडियो 'एक्स' पर साझा करने वाले शुरुआती लोगों में से एक थे।
अपनी पोस्ट में उन्होंने लिखा था, “दोपहर एक बजे, मैं रामेश्वरम कैफे ब्रुकफील्ड में दोपहर को खाना खा रहा था और कैफे के अंदर एक बड़ा विस्फोट हुआ। मैं धमाके से कुछ मीटर की दूरी पर था। मैं सुरक्षित हूं। कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। भगवान उन्हें जल्द स्वस्थ करें। -
नयी दिल्ली. सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को राष्ट्रीय शहरी सहकारी वित्त एवं विकास निगम (एनयूसीएफडीसी) की शुरुआत की। उन्होंने साथ ही इस निकाय से प्रत्येक शहर में एक शहरी सहकारी बैंक स्थापित करने को कहा। उन्होंने यह भी कहा कि शहरी सहकारी बैंकों को एटीएम सुविधा देने, क्रेडिट/डेबिट कार्ड जारी करने, समाशोधन प्रणाली और एसएलआर (वैधानिक तरलता अनुपात) सीमा बनाए रखने के लिए खुद को उन्नत बनाना चाहिए। आरबीआई ने एनयूसीएफडीसी को गैर-बैंकिंग वित्त कंपनी और शहरी सहकारी बैंकिंग क्षेत्र के लिए एक स्व-नियामक संगठन के रूप में काम करने की मंजूरी दी है। इस मौके पर शाह ने कहा, ''20 साल बाद एनयूसीएफडीसी की स्थापना हुई है। यह वक्त की मांग है। मुझे खुशी है कि आरबीआई ने इसके लिए मंजूरी दे दी है।'' उन्होंने कहा कि शहरी सहकारी बैंक भारत में लंबे समय से काम कर रहे हैं, लेकिन वे तेजी से वृद्धि नहीं कर सके। उन्होंने कहा कि अगर एनयूसीएफडीसी पहले से होता, तो कुछ शहरी सहकारी बैंकों को घाटा नहीं होता।
शाह ने कहा कि इस संबंध में कई विचार-विमर्श हुए और विश्वनाथन समिति की रिपोर्टों में भी शहरी सहकारी बैंकों को जोड़ने वाले एक निकाय की जरूरत पर जोर दिया गया। शाह ने आगे कहा कि ये बैंक देश की आर्थिक वृद्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। एनयूसीएफडीसी का मुख्य उद्देश्य शहरी सहकारी बैंकों को बैंकिंग विनियमन अधिनियम का पालन करने और उन्हें पेशेवर बनाने में मदद करना होना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश में कुल 11,000 शाखाओं वाले 1,500 से अधिक शहरी सहकारी बैंक हैं और इनमें पांच लाख करोड़ रुपये जमा हैं। इस कार्यक्रम में सहकारिता राज्य मंत्री बी एल वर्मा, वित्त राज्य मंत्री भागवत किशनराव कराड, सहकारिता सचिव आशीष भूटानी और एनयूसीएफडीसी के चेयरमैन ज्योतिंद्र मेहता उपस्थित थे। -
औरंगाबाद (बिहार) .प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को बिहार के औरंगाबाद जिले में 21,400 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का अनावरण किया। प्रधानमंत्री मोदी ने रतनवा गांव में एक आधिकारिक समारोह में परियोजनाओं का अनावरण किया।
कार्यक्रम में राज्यपाल राजेंद्र वी अर्लेकर, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्हा और कई केंद्रीय मंत्री उपस्थित थे। जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रमुख और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महागठबंधन को छोड़ने के बाद राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में शामिल होने के बाद मोदी का यह पहला बिहार दौरा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कुमार ने प्रधानमंत्री से कहा कि वह हमेशा राजग में रहेंगे।
प्रधानमंत्री मोदी ने 18 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का अनावरण किया।
मोदी ने गंगा नदी पर छह लेन वाले पुल की आधारशिला भी रखी, जिसका निर्माण मौजूदा जेपी गंगा सेतु के समानांतर किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर तीन रेलवे परियोजनाएं राष्ट्र को समर्पित कीं, जिनमें पाटलिपुत्र-पहलेजा लाइन का दोहरीकरण और बंधुआ एवं पैमार के बीच 26 किलोमीटर लंबी नयी लाइन शामिल है। उन्होंने नमामि गंगे योजना के तहत 2,190 करोड़ रूपये से अधिक की 12 परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया, जिनमें पटना, सोनपुर, नौगछिया और छपरा के सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट शामिल भी हैं। उन्होंने पटना में यूनिटी मॉल की आधारशिला भी रखी, जिसका निर्माण 200 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से किया जाएगा और इससे ‘एक जिला, एक उत्पाद' परियोजना को बढ़ावा मिलेगा। -
नयी दिल्ली. एक प्रमुख अमेरिकी थिंक टैंक 'द ब्रुकिंग्स इंस्टीट्यूशन' के अर्थशास्त्री सुरजीत भल्ला और करण भसीन ने एक लेख में कहा कि भारत ने अत्यधिक गरीबी को खत्म कर दिया है। उन्होंने इसके लिए हाल में जारी 2022-23 के उपभोग व्यय के आंकड़ों का हवाला दिया।
दोनों प्रसिद्ध अर्थशास्त्रियों ने लेख में आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि 2011-12 के बाद से वास्तविक प्रति व्यक्ति खपत 2.9 प्रतिशत प्रति वर्ष बढ़ी है। इस दौरान ग्रामीण वृद्धि 3.1 प्रतिशत और शहरी वृद्धि 2.6 प्रतिशत रही। लेख में कहा गया कि इस दौरान शहरी और ग्रामीण असमानता में भी अभूतपूर्व गिरावट आई है। शहरी गिनी 36.7 से घटकर 31.9 हो गई, जबकि ग्रामीण गिनी 28.7 से घटकर 27.0 रह गई। गिनी सूचकांक आय वितरण की असमानता को दर्शाता है। अगर यह शून्य है तो इसका अर्थ है कि समाज में पूरी तरह समानता है। लेख में कहा गया है कि असमानता विश्लेषण के इतिहास में यह गिरावट अभूतपूर्व है। लेख में कहा गया है कि उच्च वृद्धि दर और असमानता में बड़ी गिरावट ने मिलकर भारत में गरीबी को खत्म कर दिया है। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाली आबादी का अनुपात हेडकाउंट गरीबी अनुपात (एचसीआर) 2011-12 में 12.2 प्रतिशत से घटकर 2022-23 में दो प्रतिशत रह गया। ग्रामीण गरीबी 2.5 प्रतिशत थी, जबकि शहरी गरीबी घटकर एक प्रतिशत रह गई।
लेखकों ने कहा कि इन अनुमानों में सरकार द्वारा लगभग दो-तिहाई आबादी को दिए जाने वाले मुफ्त भोजन (गेहूं और चावल) और सार्वजनिक स्वास्थ्य तथा शिक्षा को ध्यान में नहीं रखा गया है। लेख में कहा गया है कि एचसीआर में गिरावट उल्लेखनीय है, क्योंकि अतीत में भारत को गरीबी के स्तर में इतनी कमी लाने के लिए 30 साल लगे थे, जबकि इस बार इसे 11 साल में हासिल किया गया है। अर्थशास्त्रियों ने कहा, ''आधिकारिक आंकड़े इस बात की पुष्टि करते हैं कि भारत ने अंतरराष्ट्रीय तुलनाओं में आमतौर पर परिभाषित अत्यधिक गरीबी को खत्म कर दिया है।'' -
नयी दिल्ली. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शनिवार को कहा कि भारत आने वाले वर्षों में नयी पीढ़ी की कम से कम 1,000 अमृत भारत ट्रेन का निर्माण करेगा और 250 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चलने वाली ट्रेन बनाने का काम जारी है। वैष्णव ने यह भी कहा कि रेलवे ने पहले ही वंदे भारत ट्रेनों के निर्यात पर काम करना शुरू कर दिया है और आने वाले पांच वर्षों में देश द्वारा पहला निर्यात किये जाने की उम्मीद है। नरेन्द्र मोदी नीत सरकार के पिछले 10 वर्षों में रेलवे द्वारा की गई परिवर्तनकारी पहलों पर उन्होंने कहा कि दुनिया का सबसे ऊंचा रेलवे पुल - चिनाब पुल - और कोलकाता मेट्रो के लिए नदी के नीचे पहली जल सुरंग रेल क्षेत्र में कुछ महत्वपूर्ण तकनीकी प्रगति है। वैष्णव ने कहा, ‘‘रेलवे का एक बड़ा सामाजिक दायित्व है। हर साल लगभग 700 करोड़ लोग रेलवे से सफर करते हैं। व्यावहारिक रूप से हर दिन ढाई करोड़ लोग रेलवे से सफर करते हैं। किराया संरचना ऐसी है कि यदि एक व्यक्ति को ले जाने की लागत 100 रुपये है, तो हम 45 रुपये लेते हैं। इसलिए हम रेलवे से यात्रा करने वाले हर व्यक्ति को औसतन 55 प्रतिशत की छूट देते हैं।'' मंत्री ने कहा, "हमने अमृत भारत डिजाइन किया है, जो एक विश्व स्तरीय ट्रेन है। इसके जरिये केवल 454 रुपये के खर्च पर 1,000 किलोमीटर की यात्रा की जा सकती है।'' वैष्णव ने कहा, ‘‘वंदे भारत युवाओं के बीच अत्यंत लोकप्रिय है। व्यावहारिक रूप से, हर हफ्ते एक वंदे भारत को सेवा में शामिल किया जा रहा है। हम आने वाले कुछ वर्षों में कम से कम 400 से 500 ऐसी ट्रेन का निर्माण करेंगे।

.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)





















.jpg)