- Home
- देश
-
मोदी वाराणसी तो शाह गांधीनगर से उम्मीदवार
--रायपुर से बृजमोहन अग्रवाल, कोरबा से सरोज पांडेय होंगे प्रत्याशी
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर शनिवार को 16 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों के लिए 195 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। इसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक बार फिर वाराणसी से, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गांधीनगर और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह लखनऊ से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा महासचिव विनोद तावड़े, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बैजयंत जय पांडा और मीडिया प्रभारी अनिल बलूनी ने यहां पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला एक बार फिर कोटा से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। सूची के मुताबिक केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर केरल के तिरुवनंतपुरम से, सर्बानंद सोनोवाल असम की डिब्रूगढ़ सीट से, केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू अरुणाचल पूर्व से, भूपेंद्र यादव राजस्थान के अलवर से, ज्योतिरादित्य सिंधिया मध्य प्रदेश के गुना से, संजीव बालियान मुजफ्फरनगर और स्मृति ईरानी अमेठी से चुनाव लड़ेंगे। मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा से उम्मीवार होंगे जबकि भोपाल से मौजूदा सांसद साध्वी प्रज्ञा ठाकुर का टिकट काटकर पार्टी ने आलोक शर्मा को वहां से उम्मीदवार बनाया है। त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब देव त्रिपुरा पश्चिम से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे।
पार्टी ने नयी दिल्ली से केंद्रीय मंत्री मीनाक्षी लेखी की जगह पूर्व केंद्रीय मंत्री सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज को, दक्षिणी दिल्ली से रमेश बिधूड़ी की जगह रामवीर सिंह बिधूडी, चांदनी चौक से पूर्व केंद्रीय मंत्री हर्षवर्धन की जगह प्रवीण खंडेलवाल, पश्चिमी दिल्ली से प्रवेश वर्मा की जगह कमलजीत सेहरावत को पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। भाजपा की दिल्ली इकाई के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी एक बार उत्तर पूर्व दिल्ली से लोकसभा का चुनाव लड़ेंगे। पिछले दिनों भाजपा की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक हुई थी, जिसमें पार्टी उम्मीदवारों के नामों पर मैराथन मंथन किया गया था। प्रधानमंत्री मोदी भी इस बैठक में शरीक हुए थे। इससे पहले, भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा, शाह, संगठन महासचिव बी एल संतोष ने विभिन्न राज्यों के नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कर उम्मीदवारों के नामों पर विमर्श किया था। अभी तक लोकसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा नहीं हुई है लेकिन पार्टी ने इससे पहले ही उम्मीदवारों की पहली सूची जारी कर दी। पिछले चरण के विधानसभा चुनावों में भी भाजपा ने यही रणनीति अपनाई थी और बहुत हद तक यह कारगर भी रही। प्रधानमंत्री मोदी ने साल 2014 में वाराणसी और वड़ोदरा से चुनाव लड़कर दोनों जगहों से जीत हासिल की थी। हालांकि बाद में उन्होंने वड़ोदरा सीट छोड़ दी थी। साल 2019 के लोकसभा चुनाव में मोदी ने वाराणसी से 4,79,505 मतों से जीत दर्ज की थी। साल 2014 में उन्होंने 3,71,784 मतों के अंतर से जीत हासिल की थी। शाह ने 2019 में पहली बार गांधीनगर संसदीय क्षेत्र से लोकसभा का चुनाव लड़कर 5,57,014 मतों के रिकार्ड अंतर से जीत हासिल की थी। राजनाथ सिंह 2014 से संसद में लखनऊ का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। इससे पहले, वह गाजियाबाद से भी लोकसभा सदस्य रह चुके हैं। पहली सूची जारी से पहले ही पूर्वी दिल्ली से सांसद व पूर्व क्रिकेटर गौतम गंभीर और हजारीबाग से सांसद जयंत सिन्हा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट के जरिए बताया कि उन्होंने पार्टी अध्यक्ष से चुनावी राजनीति से खुद को दूर रखने का अनुरोध किया है। -
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली के भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद गौतम गंभीर ने शनिवार को राजनीति छोड़ने का फैसला लिया है। उन्होंने इस बात की घोषणा अपने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर की है।गंभीर ने जानकारी दी कि पार्टी नेतृत्व से उन्हें राजनीतिक दायित्वों से मुक्त करने का अनुरोध किया है ताकि वह क्रिकेट संबंधी अपनी आगामी प्रतिबद्धताओं पर ध्यान दे सकें।
गौतम गंभीर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लिखा, ‘‘ मैंने पार्टी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मुझे मेरे राजनीतिक कर्तव्यों से मुक्त करने का आग्रह किया है ताकि मैं अपनी आगामी क्रिकेट प्रतिबद्धताओं पर ध्यान केंद्रित कर सकूं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे लोगों की सेवा करने का अवसर देने के लिए मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को धन्यवाद देता हूं।’’फिलहाल में, गंभीर पूर्वी दिल्ली से भाजपा के सांसद है। दिग्गज खिलाड़ी ने 2019 में लोकसभा चुनाव में जीत हासिल की थी। उन्होंने कांग्रेस के उम्मीदवार अरविंदर सिंह लवली को 3,91,222 वोटों से हराया था।गंभीर को 2011 में क्रिकेट विश्वकप के आखिरी मुकाबले में 122 गेंदों पर 97 रन बनाकर बेहतरीन प्रदर्शन करने के जाना जाता है। इस मैच के बाद भारतीय टीम ने विश्व कप का खिताब अपने नाम किया था। गंभीर 2007 आईसीसी ट्वेंटी-20 विश्वकप में भारतीय टीम का हिस्सा थे जिसने पाकिस्तान को हराकर ट्रॉफी अपने नाम की थी। -
बेंगलुरु। कर्नाटक के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) आलोक मोहन ने बेंगलुरु के एक लोकप्रिय रेस्तरां रामेश्वरम कैफे में शुक्रवार को हुए धमाके को ‘बम विस्फोट’ बताते हुए कहा कि जांच जारी है और इसमें संलिप्त लोगों को ढूंढ निकाला जाएगा। डीजीपी ने घटनास्थल का दौरा किया और कहा, ‘‘दोपहर एक बजे (कैफे में) बम विस्फोट हुआ, जिसमें नौ लोग घायल हुए हैं, किसी की हालत गंभीर नहीं है। हम जांच कर रहे हैं। एफएसएल (फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला) दल पहुंच गये हैं और वे जांच कर रहे हैं। नगर पुलिस आयुक्त और अन्य अधिकारी घटनास्थल पर हैं। हम निश्चित रूप से पता लगा लेंगे कि यह किसने किया।’’
उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा कि किसी को भी गंभीर चोटें नहीं आई हैं और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि घायलों में कैफे के कर्मी और ग्राहक, दोनों शामिल हैं।यह पूछे जाने पर कि क्या विस्फोट में ‘आईईडी’ का इस्तेमाल किया गया, उन्होंने कहा, ‘‘हम जांच कर रहे हैं। एफएसएल दल द्वारा नमूने एकत्र करने के बाद हम इसकी पड़ताल करेंगे।’’पुलिस महानिदेशक ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और गृह मंत्री जी. परमेश्वर से बात की तथा घटना की सूचना उनसे साझा की।घटनास्थल पर कुछ बैटरी बरामद होने के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि एफएसएल दल के जांच करने के बाद स्पष्टता आएगी।डीजीपीने यह भी कहा कि घटना के बारे में सूचना राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) और खुफिया ब्यूरो (आईबी) को दी जा चुकी है। - नयी दिल्ली। शासकीय कार्यों की सुगमता को और बेहतर बनाने के वास्ते मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत निजी क्षेत्र के 25 विशेषज्ञ जल्द ही केंद्र में प्रमुख पदों पर नियुक्त किये जायेंगे। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में तीन संयुक्त सचिवों और 22 निदेशकों/उप सचिवों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है।आमतौर पर, संयुक्त सचिव, निदेशक और उप सचिव के पद अखिल भारतीय सेवाओं – भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) और भारतीय वन सेवा (आईएफओएस) तथा अन्य सेवाओं में अधिकारियों ग्रुप ‘ए’ के अधिकारियों को रखा जाता है।वर्ष 2018 में शुरू की गई ‘लैटरल एंट्री’ योजना के तहत, संयुक्त सचिव, निदेशक और उप सचिव के स्तर पर भर्तियां की जाती हैं। इन स्तरों पर अधिकारी नीति-निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। जो अधिकारी इस प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से आते हैं, वे सरकारी प्रणाली का अभिन्न अंग बन जाते हैं। कार्मिक मंत्रालय ने जून 2018 में पहली बार इस प्रवेश प्रक्रिया के माध्यम से 10 संयुक्त सचिव-रैंक पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए थे। इन पदों के लिए भर्ती संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा निकाली गई थी।
- नयी दिल्ली। देश में बिजली खपत फरवरी में सालाना आधार पर आठ प्रतिशत से अधिक बढ़कर 127.79 अरब यूनिट (बीयू) हो गई। आधिकारिक आंकड़ों में यह जानकारी दी गई। आंकड़ों के मुताबिक बिजली की खपत फरवरी 2023 में 118.29 अरब यूनिट और फरवरी 2022 में 108.03 अरब यूनिट थी। इस साल लीप वर्ष होने के कारण फरवरी में 29 दिन थे। इसलिए फरवरी में बिजली खपत थोड़ी अधिक बढ़ी। महीने के दौरान किसी भी एक दिन में बिजली की सबसे अधिक मांग फरवरी 2024 में बढ़कर 222 गीगावाट (एक गीगावाट बराबर 1,000 मेगावाट) हो गई। यह आंकड़ा फरवरी 2023 में 209.76 गीगावाट और फरवरी 2022 में 193.58 गीगावाट था। विशेषज्ञों ने कहा कि फरवरी में बिजली की खपत के साथ ही मांग में भी सुधार हुआ। लंबे समय तक शीत लहर के कारण हीटर, ब्लोअर और गीजर जैसे उपकरणों का उपयोग बढ़ गया। इससे बिजली की खपत भी बढ़ गई।
-
नई दिल्ली। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को कहा कि भारत में इस वर्ष गर्मी के मौसम की शुरूआत काफी अधिक गर्म रहने की संभावना है तथा पूरे मौसम के दौरान अल-नीनो परिस्थितियों के बने रहने का अनुमान है। उसने कहा कि उत्तर-पूर्व प्रायद्वीपीय भारत–तेलंगाना, आंध्र प्रदेश एवं उत्तरी अंदरूनी कर्नाटक तथा महाराष्ट्र एवं ओडिशा के कई हिस्सों में सामान्य से अधिक दिनों तक लू चलने का पूर्वानुमान है।
मार्च से ही चढ़ने लगेगा पारा, लू चलने की संभावनाविभाग ने कहा कि देश में मार्च में सामान्य से अधिक वर्षा (दीर्घकालिक औसत 29.9 मिलीमीटर के 117 प्रतिशत से अधिक) हो सकती है। विभाग के महानिदेशक मृत्युंजय महापात्रा ने संवाददाता सम्मेलन में बताया कि भारत के ज्यादातर हिस्सों में मार्च और मई के बीच अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से अधिक रहने का अनुमान है। उन्होंने कहा कि मार्च में उतर और मध्य भारत में लू चलने की संभावना नहीं है। लोकसभा चुनाव अप्रैल-मई में होने की संभावना है। महापात्रा ने कहा कि अलनीनो (मध्य प्रशांत महासागर में समुद्री जल के नियमित अंतराल पर गर्म होने की स्थिति) गर्मी के पूरे मौसम में बना रहेगा तथा उसके बाद तटस्थ स्थिति बन सकती है। ला-नीना परिस्थिति मॉनसून के उत्तरार्ध में बनने की संभावना है। यह आमतौर पर भारत में अच्छी मॉनसूनी वर्षा से संबंधित है। - बेंगलुरु। बेंगलुरु के व्हाइटफील्ड में रामेश्वरम कैफे में हुए विस्फोट में नौ लोग घायल हो गए। कॉल मिलने के बाद बेंगलुरु पुलिस और फायर ब्रिगेड तुरंत घटना स्थल पर मौके पर पहुंची। व्हाइटफील्ड के पुलिस उपायुक्त ने विस्फोट की पुष्टि की। रामेश्वरम कैफे अल्ट्रान वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड के स्वामित्व वाली एक दक्षिण भारतीय चेन है। यह कैफे सुबह 6:30 बजे से 1:00 बजे तक खुला रहता है और एरिया में काफी पसंद किया जाता है।विस्फोट दोपहर के भोजन के समय, लगभग 1:30 से 2:00 बजे के बीच हुआ, जब आसपास के ऑफिस के ग्राहक काउंटरों पर कतार में खड़े थे। पुलिस, फायर ब्रिगेड, फोरेंसिक टीम और एचएएल, व्हाइटफील्ड और इंदिरानगर पुलिस स्टेशनों के अधिकारी जांच के लिए पहुंचे। खोजी कुत्तों को भी लाया गया।पुलिस ने पुष्टि की कि यह एक विस्फोट था, संभवतः सिलेंडर फटने के कारण हुआ, लेकिन सटीक कारण की अभी भी जांच की जा रही है। घायलों की संख्या को लेकर रिपोर्ट अलग-अलग है। पुलिस की जांच जारी है और अधिक जानकारी का इंतजार है।
- इंदौर . इंदौर में महज दबदबा कायम करने के लिए स्कूली विद्यार्थियों के एक समूह की बेवजह पिटाई करने के आरोप में बृहस्पतिवार को आठ नाबालिगों समेत 10 लड़कों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) हेमंत चौहान ने संवाददाताओं को बताया कि आरोपियों ने 26 फरवरी को छत्रीपुरा थाना क्षेत्र में एक निजी विद्यालय में 10वीं की परीक्षा देने के बाद घर लौट रहे विद्यार्थियों के एक समूह को अचानक बेल्ट, कड़े और चेन से पीट दिया था जिससे इलाके में सनसनी फैल गई थी। उन्होंने बताया कि करीब 300 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने से मिले सुरागों के आधार पर 10 आरोपियों को हिरासत में लिया गया जिनमें से आठ नाबालिग हैं। चौहान ने बताया,‘‘आरोपियों में शामिल लड़के 10वीं और 12वीं के विद्यार्थी हैं। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे दूसरे विद्यालय के छात्र-छात्राओं को पीट कर इलाके में अपना दबदबा कायम करना चाहते थे। इसी दिमागी फितूर के चलते उन्होंने बिना किसी उकसावे के विद्यार्थियों के समूह को पीट दिया था।'' एसीपी ने बताया कि आरोपियों और पीड़ित पक्ष के बीच पहले से कोई जान-पहचान नहीं थी।उन्होंने बताया कि आरोपियों के कब्जे से तीन मोटरसाइकिल जब्त की गई हैं और अब कानूनी कदम उठाए जा रहे हैं।
- पुणे. विदेशमंत्री एस.जयशंकर ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत को अगले 25 साल तक ‘गहन रूप से मजबूत राष्ट्रीय ताकत' का निर्माण करना होगा ताकि वह विकसित अर्थव्यवस्था और अग्रणी महाशक्ति के रूप में खुद को तब्दील हो सके। सीमित आपूर्तिकर्ताओं पर निर्भरता, प्रौद्योगिकी की चुनौतियों और ‘‘बाजार में प्रभुत्व को हथियार के रूप में इस्तेमाल'' करने के खतरों को चिह्नित करते हुए उन्होंने कहा कि देश के लक्ष्य और महत्वाकांक्षाएं ‘‘दूसरों की सद्भावना'' से निर्धारित नहीं की जा सकती हैं। विदेश मंत्रालय और पुणे अंतरराष्ट्रीय केंद्र द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित तीन दिवसीय वार्षिक भू-अर्थशास्त्र सम्मेलन, पांचवें एशिया आर्थिक संवाद के उद्घाटन सत्र के दौरान विदेश मंत्री का रिकॉर्ड किया गया वीडियो संदेश प्रसारित किया गया। इस वर्ष सम्मेलन का विषय ‘प्रवाह के युग में भू-आर्थिक चुनौतियां' है। जयशंकर ने कहा कि मौजूदा भू-आर्थिक चुनौतियों की तीन श्रेणी हैं जिनमें आपूर्ति शृंखला चुनौती, प्रौद्योगिकी चुनौती, और ‘‘वैश्वीकरण की प्रकृति से उत्पन्न अति-संकेंद्रण' की चुनौती। उन्होंने कहा, चाहे वह तैयार उत्पाद हों, मध्यवर्ती उत्पाद हों या घटक हों, दुनिया सीमित संख्या में आपूर्तिकर्ताओं पर खतरनाक स्तर तक निर्भर है। उन्होंने कहा, ‘‘आयातकों के रूप में भी, उत्पादन केंद्रों ने अपनी स्वयं की स्रोत शृंखलाएं तैयार की हैं। अधिक लचीलापन और विश्वसनीयता कैसे पैदा की जाए जो वैश्विक अर्थव्यवस्था को जोखिम मुक्त करने के लिए महत्वपूर्ण है। हम सभी को अधिक विकल्पों की आवश्यकता है और उन्हें बनाने के लिए काम करना चाहिए।'' विदेश मंत्री ने कहा कि दैनिक जीवन के अधिक से अधिक पहलुओं के लिए प्रौद्योगिकी पर हमारी निर्भरता के मद्देनजर इससे उत्पन्न चुनौतियां भी दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत के लिए इसका अभिप्राय व्यापक मोर्चे वाले क्षेत्रों में आगे बढ़ना है जो व्यापक राष्ट्रीय शक्ति में योगदान देता है। इसके लिए हमारे कौशल आधार के बड़े पैमाने पर उन्नयन की आवश्यकता है जो एक ऐसे वातावरण का सुझाव देता है जो स्टार्टअप और प्रतिभा को बढ़ावा देता है। उन्होंने कहा, ‘‘इसे व्यापार सुगमता और आधुनिक बुनियादी ढांचे से लाभ होगा, लेकिन सबसे अधिक इसके लिए मजबूत विनिर्माण की आवश्यकता है जो अकेले प्रौद्योगिकी विकास के लिए आधार प्रदान कर सकता है।'' जयशंकर ने कहा, ‘‘सबसे अधिक आबादी वाले देश के रूप में जो जल्द ही तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था होगी, हमारे लक्ष्य और महत्वाकांक्षाएं दूसरों की सद्भावना से निर्धारित नहीं हो सकतीं। हमें अमृत काल के दौरान मजबूत राष्ट्रीय ताकत का निर्माण करना होगा जो एक विकसित अर्थव्यवस्था और अग्रणी शक्ति बनने की दिशा में स्वयं को तब्दील करने में मदद करेगी। यह (नरेन्द्र) मोदी सरकार का दृष्टिकोण है और पिछले दशक की हमारी पहल और कार्यक्रमों का उद्देश्य भी यही है।''
-
नयी दिल्ली. सरकार ने बृहस्पतिवार को कहा कि स्टार्टअप परिवेश से जुड़े सभी पक्षों के बारे में ब्योरे के साथ एक व्यापक डेटाबेस तैयार करने के लिए 'भारत स्टार्टअप इकोसिस्टम रजिस्ट्री' की शुरुआत की गई है। वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल इस मंच पर अपना पंजीकरण कराने वाले पहले व्यक्ति बने। यह मंच भारत में तेजी से बढ़ती स्टार्टअप परिवेश को सरकारी समर्थन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। आधिकारिक बयान के मुताबिक, "यह रजिस्ट्री विभिन्न श्रेणियों में एक छत के नीचे सभी स्टार्टअप परिवेश से जुड़े हितधारकों के विवरण के साथ एकमुश्त डेटाबेस के रूप में कार्य करेगी।" बयान में कहा गया, ''यह मंच स्टार्टअप परिवेश के सभी प्रतिभागियों के बारे में विस्तृत जानकारी रखेगा, जिससे आसान पहुंच और खोज की सुविधा मिलेगी।'' रजिस्ट्री में उद्यमियों की विभिन्न श्रेणियां शामिल होंगी, जिनमें संकल्पना के शुरुआती चरण, सामाजिक प्रभाव उद्यम और पारंपरिक स्टार्टअप की पारंपरिक परिभाषा से अब बाहर हो चुके उच्च-वृद्धि वाले व्यवसाय शामिल हैं। इस मंच पर पंजीकरण कराने वाले हरेक व्यक्ति को एक अनूठी आईडी मिलेगी। इसकर मदद से उसे प्रासंगिक हितधारकों से जुड़ने और संसाधनों तक पहुंचने के लिए एक व्यक्तिगत डैशबोर्ड तक पहुंच हासिल होगी। बयान के मुताबिक, रजिस्ट्री की शुरुआत 'स्टार्टअप महाकुंभ' उत्सव के साथ जोड़ी गई है जिसका उद्देश्य उद्यमिता, प्रौद्योगिकी और नवाचार का प्रदर्शन करने के लिए सभी हितधारकों को एक साथ लाना है।"
-
नहीं नहीं दिल्ली|भारत में तेंदुए की अनुमानित संख्या 2022 में बढ़कर 13,874 हो गई जो 2018 में 12,852 थी। लेकिन शिवालिक पहाड़ियों और उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में तेंदुए की संख्या में गिरावट आई है। केंद्रीय पर्यावरण मंत्रालय ने गुरुवार को यह जानकारी दी। केंद्रीय पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव द्वारा जारी की गई "भारत में तेंदुओं की स्थिति" रिपोर्ट में कहा गया है कि मध्य प्रदेश में देश में तेंदुओं की अधिकतम संख्या 3,907 (2018 में 3,421) है। महाराष्ट्र में तेंदुओं की संख्या 2018 में 1,690 थी जो 2022 में बढ़कर 1,985 हो गई जबकि कर्नाटक में 1,783 से बढ़कर 1,879 और तमिलनाडु में 868 से बढ़कर 1,070 हो गई। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "मध्य भारत में तेंदुए की आबादी स्थिर या थोड़ी बढ़ रही है (2018 में 8,071 के मुकाबले 2022 में 8,820); वहीं शिवालिक पहाड़ियों और मैदानी इलाकों में गिरावट देखी गई।'' इस क्षेत्र में तेंदुए की संख्या 2018 में 1,253 थी जो 2022 में 1,109 हो गई।
बयान में कहा गया है, "शिवालिक पहाड़ियों और गंगा के मैदानी इलाकों में, प्रति वर्ष 3.4 प्रतिशत की दर से संख्या में गिरावट हुई है।" यादव ने कहा कि रिपोर्ट में संरक्षित क्षेत्रों के बजाय संरक्षण प्रतिबद्धता पर जोर दिया गया है।उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में, यह संरक्षण यात्रा एक पृथ्वी, एक परिवार और एक भविष्य के लोकाचार का प्रतीक है।” रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले चार वर्षों में तेंदुए की आबादी "स्थिर" बनी हुई है, जो "न्यूनतम वृद्धि" का संकेत देती है। जंगली इलाकों में मानवीय गतिविधियों से बाघों की तुलना में तेंदुए की आबादी प्रभावित होने की आशंका है। रिपोर्ट के अनुसार अवैध शिकार की वर्तमान प्रवृत्ति के बारे में जानकारी नहीं है, लेकिन यह संख्या में स्थिरता का संभावित कारण प्रतीत होती है। - कोलकाता,। कांग्रेस के पूर्व नेता कौस्तव बागची गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए और उन्होंने राज्य की तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) सरकार के खिलाफ लड़ने का संकल्प लिया। बागची ने एक दिन पहले ही कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दिया था। पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने यहां एक कार्यक्रम में कहा, ‘‘आज, हमें भाजपा में कौस्तव बागची का स्वागत करते हुए बेहद खुशी हो रही है। '' इस अवसर पर भाजपा की पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष सुकांत मजूमदार भी मौजूद थे।बागची ने पार्टी संगठन के भीतर सम्मान की कमी का दावा करते हुए बुधवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। बागची ने पिछले साल पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ की गयी टिप्पणियों को लेकर गिरफ्तारी के बाद जमानत पर रिहा होने के बाद अपना सिर मुंडवाया था। बागची ने अपना इस्तीफा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को भेजा। इसके अलावा उन्होंने अपने इस्तीफे की प्रति प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी और पार्टी महासचिव एवं राज्य प्रभारी गुलाम अहमद मीर को भी भेजी थी। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के कटु आलोचक माने जाने वाले बागची ने कांग्रेस और टीएमसी के विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' का हिस्सा होने का विरोध किया था। बागची ने भाजपा में शामिल होने के बाद कहा, ‘‘मुझे लगता है कि कांग्रेस बंगाल में टीएमसी से लड़ने को लेकर गंभीर नहीं है। यह केवल भाजपा है, जो भ्रष्ट टीएमसी के खिलाफ लड़ रही है। इसलिए मेरे लिए, निर्णय बहुत आसान था क्योंकि मैं टीएमसी के खिलाफ लड़ना चाहता हूं। '' अधीर रंजन चौधरी ने बागची के इस कदम को लेकर कहा, ‘‘अगर कोई पार्टी छोड़ने का फैसला करता है तो हम क्या कर सकते हैं? यह उनका निजी फैसला है।''
- नयी दिल्ली ।खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने गुरुवार को कहा कि उसने यात्रियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन का विकल्प सुनिश्चित करने के लिए अब तक 150 रेलवे स्टेशनों को ‘खान-पान की समुचित व्यवस्था' (का प्रमाण पत्र दिया है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में कहा, "भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) की ‘खान-पान की समुचित व्यवस्था' (ईट राइट स्टेशन) पहल इन व्यस्त केंद्रों के भीतर सुरक्षित और स्वस्थ भोजन तक पहुंच सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।" अब तक, देश भर में 150 रेलवे स्टेशनों को 'ईट राइट स्टेशन' के रूप में प्रमाणित किया गया है, जो लाखों यात्रियों के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और पौष्टिक भोजन विकल्प सुनिश्चित करता है। ‘खान-पान की समुचित व्यवस्था' प्रमाणन प्रक्रिया में खाद्य विक्रेताओं का कठोर ऑडिट, खाद्य संचालकों का प्रशिक्षण, सख्त साफ सफाई और स्वच्छता प्रोटोकॉल का पालन और व्यक्तियों के बीच सूचित भोजन विकल्प चुनने के लिए जागरूकता बढ़ाने के प्रयास शामिल हैं। इन कड़े मानदंडों को पूरा करने वाले स्टेशनों को ‘खान-पान की समुचित व्यवस्था' प्रमाणन से सम्मानित किया जाता है। कुछ प्रमुख स्टेशन जिन्हें ‘खान-पान की समुचित व्यवस्था' के रूप में प्रमाणित किया गया है, वे हैं नई दिल्ली, वाराणसी, कोलकाता, उज्जैन, अयोध्या कैंट, हैदराबाद, चंडीगढ़, कोझिकोड, गुवाहाटी, विशाखापत्तनम, भुवनेश्वर, वडोदरा, मैसूरु शहर, भोपाल, इगतपुरी और चेन्नई के अलावा विभिन्न राज्यों से अन्य कई स्टेशन। इसके अलावा, छह अग्रणी मेट्रो स्टेशनों को भी 'ईट राइट स्टेशन' के रूप में मान्यता दी गई है। इनमें नोएडा सेक्टर 51, एस्प्लेनेड (कोलकाता), आईआईटी कानपुर, बॉटनिकल गार्डन (नोएडा) और नोएडा इलेक्ट्रॉनिक सिटी स्टेशन शामिल हैं। एफएसएसएआई 'ईट राइट स्टेशन' कार्यक्रम को और विस्तारित करने के लिए प्रतिबद्ध है। इसका उद्देश्य सभी प्रमुख रेलवे स्टेशनों और मेट्रो स्टेशनों को शामिल करना है।
- गुवाहाटी। ) सीमा शुल्क विभाग ने ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी की 206 साल पुरानी ट्रैकर दूरबीन गुरुवार को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण को सौंप दी। सीमा शुल्क मुख्य आयुक्त (गुवाहाटी जोन) बंधना देवरी ने यहां संवाददाताओं को बताया कि दुर्लभ दूरबीन को 2018 में असम के कामरूप जिले के रंगिया के पास सीमा शुल्क अधिकारियों ने तब जब्त कर लिया था जब इसे पश्चिम बंगाल से तस्करी के जरिए भूटान ले जाया जा रहा था। उन्होंने कहा, "गुवाहाटी सीमा शुल्क प्रभाग द्वारा इसकी जब्ती के बाद, भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) से इसकी वास्तविकता को सत्यापित करने का अनुरोध किया गया था।" देवरी ने कहा कि एएसआई, कोलकाता की विशेषज्ञ समिति ने दूरबीन की पड़ताल की और इस पर 'यूके ईस्ट इंडिया कंपनी, 1818, एसआई.एनओ.एलईओ103' लिखा होने तथा एक मुकुट, एक मकड़ी एवं एक बिच्छू का ‘लोगो' उत्कीर्ण होने की पुष्टि की। उन्होंने कहा, ‘‘इसे एक प्राचीन वस्तु घोषित करते हुए, एएसआई ने सीमा शुल्क विभाग को बताया कि यह 19वीं शताब्दी की शुरुआत में ब्रिटिश ईस्ट इंडिया कंपनी द्वारा उपयोग किया जाने वाला नौवहन एवं अवलोकन उपकरण है तथा इसे नौवहन, अन्वेषण एवं युद्ध सहित विभिन्न उद्देश्यों के लिए डिज़ाइन किया गया था।'' सीमा शुल्क प्रभाग गुवाहाटी के उपायुक्त वरुण यादव ने जब्त की गई ट्रैकर दूरबीन और दस्तावेजों को नयी दिल्ली से केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण की वर्चुअल उपस्थिति में यहां एएसआई के सहायक अधीक्षण पुरातत्वविद् अनुराग को सौंप दिया।
- भुवनेश्वर,। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बृहस्पतिवार को उत्कल विश्वविद्यालय के दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधान सचिव प्रमोद कुमार मिश्रा को 'डी लिट' की मानद उपाधि से सम्मानित किया। मुर्मू ने उत्कल विश्वविद्यालय के 53वें दीक्षांत समारोह को संबोधित भी किया और ओडिशा में जन्मे नौकरशाह पी के मिश्रा को सम्मानित किया। इस अवसर पर ओडिशा के राज्यपाल रघुबर दास भी मौजूद रहे, जो विश्वविद्यालय के कुलाधिपति भी हैं। राष्ट्रपति ने कहा कि यह डिग्री पी के मिश्रा के असाधारण नेतृत्व, सार्वजनिक सेवा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता और भारतीय प्रशासनिक सेवा की उन्नति में उनके गहन योगदान को एक उपयुक्त मान्यता है। भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 1972 बैच के गुजरात कैडर के अधिकारी मिश्रा ने सितंबर 2019 में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रधान सचिव के रूप में कार्यभार संभाला था।
- नयी दिल्ली ।केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने गुरुवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के आगामी लोकसभा चुनाव में 370 सीट पर जीत दर्ज करने का पूर्वानुमान बहुत संतुलित है और वह कभी बढ़ा-चढ़ाकर दावा नहीं करते। पुरी ने एक समाचार एजेंसी को दिए साक्षात्कार में कहा कि योजनाओं के कार्यान्वयन की समयसीमा को लेकर प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया बयान हमेशा गहन और व्यापक शोध और कई लोगों से मिली जानकारी पर आधारित होता है।उन्होंने कहा कि इसके बाद वह इस पर एक समग्र राजनीतिक मोहर लगाते हैं। पुरी ने कहा, ‘‘2014 में हम जैव ईंधन मिश्रण को लेकर बुरी तरह असफल रहे और उससे पहले के 10 साल में 10 राज्य व केंद्र शासित प्रदेश 1.5 प्रतिशत जैव ईंधन मिलाने के लक्ष्य को प्राप्त नहीं कर सके।’’उन्होंने कहा, ‘‘जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सत्ता में आए तो उन्होंने कहा कि हम इस स्थिति को बदलेंगे। हम नवंबर 2022 तक 10 प्रतिशत जैव ईंधन मिलाने का कार्य करेंगे और 2030 तक इसे 20 प्रतिशत के स्तर पर पहुंचाएंगे। हम तय अवधि से पांच महीने पहले ही 10 प्रतिशत जैव ईंधन मिलाने के लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल हुए।’’केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री कुछ भी बढ़ा-चढ़ाकर नहीं कहते हैं।इस महीने के शुरुआत में मोदी ने भरोसा जताया था कि अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) 400 से अधिक सीट पर जीत दर्ज करेगा और भाजपा को कम से कम 370 सीट मिलेंगी।प्रधानमंत्री ने कहा था कि वह इस बात को लेकर आश्वस्त हैं कि विपक्षी दलों ने चुनाव लड़ने की हिम्मत छोड़ दी है और लंबे समय तक विपक्ष में रहने का संकल्प लिया है।आगामी लोकसभा चुनाव में भाजपा का संयुक्त रूप से सामना करने के लिए विपक्षी दलों ने ‘इंडिया’ गठबंधन बनाया है।इंडिया’ गठबंधन के घटक आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस को आड़े हाथ लेते हुए मंत्री ने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सात सीट पर दोनों दलों को मिलाकर मिले मत भी भाजपा को मिले मतों से कम थे।‘आप’ और कांग्रेस के गठबंधन को ‘संघर्ष का गठबंधन’ करार देते हुए भाजपा नेता ने कहा कि वे दोनों दिल्ली में साथ चुनाव लड़ेंगे लेकिन पंजाब में एक दूसरे के खिलाफ होंगे।पुरी ने कहा,‘‘ आम आदमी पार्टी की उत्पत्ति या जन्म बिंदु क्या है? मेरे लिए ‘आप’ अन्ना हजारे के आंदोलन से फली-फूली। वह आंदोलन कांग्रेस पार्टी के भीतर के भ्रष्टाचार को निशाना बनाने के लिए था। आज अगर आप कांग्रेस कार्यकर्ता हैं तो आप कहेंगे कि वे हमारे से अधिक भ्रष्ट हैं।’’मंत्री ने कहा कि लोगों को मोदी सरकार की विभिन्न योजनाओं से लाभ हो रहा है और भाजपा को आगामी चुनाव में प्रचंड जनादेश मिलेगा।उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण और शहरी) के तहत चार करोड़ आवास को मंजूरी दी गई और 11 करोड़ शौचालय बनाए गए।पुरी ने कहा, ‘‘मौजूदा समय में प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स आत्मनिर्भर निधि के 68 लाख लाभार्थी हैं। कोविड महामारी के दौरान उनका जीविकोपार्जन बुरी तरह से प्रभावित हुआ था लेकिन मोदी सरकार ने यह योजना शुरू कर उनकी मदद की।’’ उन्होंने कहा कि इस योजना के तहत अब तक 11 हजार करोड़ रुपये का ऋण मंजूर किया गया है।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि तेंदुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि जैव विविधता के प्रति भारत के अटूट समर्पण का प्रमाण है। पर्यावरण मंत्री भूपेन्द्र यादव के सोशल मीडिया पोस्ट को साझा करते हुए श्री मोदी ने वन्यजीव संरक्षण की दिशा में विभिन्न सामूहिक प्रयासों की सराहना की।
श्री यादव ने गुरुवार को भारत में तेंदुओं की स्थिति पर रिपोर्ट जारी की। भारत में तेंदुओं के कब्जे वाले 70 प्रतिशत क्षेत्र में 13 हजार 874 तेंदुए हैं, जिनकी संख्या 2018 में 12 हजार 852 थी। मध्य भारत में इनकी संख्या सबसे अधिक है, जिसमें मध्य प्रदेश में तीन हजार 907 तेंदुए हैं। -
नई दिल्ली। महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आंगनवाड़ी प्रणाली के डिजिटलीकरण के माध्यम से काफी प्रगति हुई है। आज शाम नई दिल्ली में पोषण उत्सव को संबोधित करते हुए उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि मौजूदा सरकार के अंतर्गत 12 लाख हैंडहेल्ड उपकरणों के साथ पोषण में वास्तविक समय पर ट्रैकिंग संभव हो गई है। बिल और मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के साथ सहयोगात्मक प्रयास की सराहना करते हुए सुश्री ईरानी ने पोषण चुनौतियों से निपटने के लिए आवश्यक सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया।
इस अवसर पर बिल एंड मेलिंडा गेट्स फाउंडेशन के सह-अध्यक्ष बिल गेट्स ने पोषण मानकों को बढ़ाने के लिए भारत के प्रयासों की सराहना की और इस प्रयास में निरंतर प्रभाव के लिए महिलाओं को सशक्त बनाने की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। -
नई दिल्ली। भारत ने 2030 तक अपनी 50 प्रतिशत बिजली गैर-जीवाश्म स्रोतों से पैदा करने की महत्वाकांक्षा के अनुरूप लगभग 30 लाख करोड़ रुपये मूल्य के 18 महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिज ब्लॉकों की नीलामी शुरू की है। कोयला और खान मंत्री प्रह्लाद जोशी ने नई दिल्ली में खनन नीलामी के दूसरे चरण का शुभारंभ करते हुए कहा कि सरकार के प्रयास महत्वपूर्ण खनिजों की खोज और खनन से संबंधित वैश्विक स्थिरता के लक्ष्यों के अनुरूप हैं। ये खनिज नवीकरणीय ऊर्जा, रक्षा, फार्मास्यूटिकल्स और उच्च तकनीकी इलेक्ट्रॉनिक्स जैसे क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण हैं।
नीलामी प्रक्रिया में निविदा दस्तावेजों की बिक्री के बाद पारदर्शी तरीके से दो-चरणों में नीलामी के माध्यम से ऑनलाइन बोली लगाई जाएगी। वर्ष 2023 में खान और खनिज अधिनियम में संशोधन के जरिए 24 खनिजों की महत्वपूर्ण और रणनीतिक खनिजों के रूप में पहचान की गई। इससे केंद्र सरकार को खनिज रियायतें देने का अधिकार मिल गया। श्री जोशी ने कहा कि खान मंत्रालय खनन क्षेत्र के स्टार्टअप और सूक्ष्म तथा लघु इकाई क्षेत्र में अनुसंधान तथा नवाचार के वित्तपोषण के लिए अपने विज्ञान और प्रौद्योगिकी कार्यक्रम का भी विस्तार करेगा।एक निर्धारित प्रक्रिया के माध्यम से चुने गए पांच स्टार्टअप को सात करोड़ रुपये का वित्तीय अनुदान दिया गया है। देश के स्वच्छ ऊर्जा एजेंडे को आगे बढ़ाने के लिए नीलामी का पहला चरण पिछले साल नवंबर में शुरू हुआ था। श्री जोशी ने कहा है कि सरकार के फिर से सत्ता में आने के बाद नीलामी का तीसरा चरण शुरू किया जाएगा। - अयोध्या/लखनऊ। समाजवादी पार्टी (सपा) के विधायक मनोज कुमार पांडेय गुरुवार को अपने परिवार के साथ अयोध्या पहुंचे और रामलला के दर्शन किए। रायबरेली के ऊंचाहार से विधायक पांडेय ने 27 फरवरी को विधानसभा में सपा के मुख्य सचेतक पद से इस्तीफा दे दिया था और राज्यसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में ‘क्रॉस वोटिंग' की थी। पांडेय ने अयोध्या में संवाददाताओं से कहा, "मेरा मानना है कि देश राम का है और राम सभी की आत्मा में हैं। मैंने अपने परिवार के साथ श्री राम के दर्शन किए। मुझे पहले भी कई बार दर्शन का अवसर मिला है। मैंने ही मांग की थी कि सभी विधायकों को दर्शन के लिए अयोध्या आना चाहिए, लेकिन दुर्भाग्य से हमें तब रुकना पड़ा क्योंकि हमारी पार्टी के नेता ने निर्देश दिया था कि कोई भी विधायक अयोध्या (दर्शन के लिए) नहीं जाएगा।''सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने गत 22 जनवरी को अयोध्या स्थित राम मंदिर में आयोजित प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने का निमंत्रण ठुकरा दिया था। इसके अलावा सपा के विधायक विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के निमंत्रण पर 11 फरवरी को भी अयोध्या नहीं गये थे। मनोज पांडेय ने दावा किया कि उस वक्त समाजवादी पार्टी के ज्यादातर विधायक रामलला के दर्शन करना चाहते थे। उन्होंने कहा, "अगर उन्हें रामलला के दर्शन के लिए रोका गया तो इससे दुर्भाग्यपूर्ण कुछ नहीं हो सकता।" मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अपनी हाल की मुलाकात के बारे में पांडेय ने कहा, "रायबरेली के विकास के संबंध में मुख्यमंत्री के साथ मेरी एक सामान्य मुलाकात हुई थी। मुझे मुख्यमंत्री से मिलना था, मैं समाजवादी पार्टी का मौजूदा विधायक हूं।" अटकलें लगायी जा रही हैं कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव में पांडेय को रायबरेली से मैदान में उतार सकती है। पांडेय रायबरेली संसदीय सीट के अंतर्गत आने वाले ऊंचाहार विधानसभा क्षेत्र से तीसरी बार विधायक हैं।
- नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में हुई जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित समिति के सदस्य शामिल हुए। बैठक में अप्रैल-मई में होने वाले लोकसभा चुनाव के लिए पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची को अंतिम रूप दिए जाने पर मंथन होने की उम्मीद है। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और केंद्रीय मंत्री अमित शाह और राजनाथ सिंह ने बैठक में हिस्सा लिया। जिसमें सत्तारूढ़ पार्टी, निर्वाचन आयोग (ईसी) द्वारा 543 लोकसभा सीट पर चुनाव की घोषणा करने से पहले अपने उम्मीदवारों के नाम पर विचार किया गया। । बैठक में विभिन्न राज्यों के नेता शामिल हुए। जिनमें उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल, मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत शामिल हैं। राज्य के नेता केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक में तब हिस्सा लेते हैं जब उनसे संबंधित राज्यों की सीटों पर उम्मीदवार तय करने के लिए विचार किया जाता है। file photo
- भोपाल,। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरुवार को कहा कि भाजपा भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के साथ आगामी लोकसभा चुनाव में उतर रही है। उन्होंने साथ ही कहा कि चारों ओर एक ही बात सुनाई दे रही है कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाले राजग (राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन) इस बार 400 सीट का आंकड़ा पार कर जाएगा। यह नारा भाजपा ने नहीं जनता ने दिया है। प्रधानमंत्री ने कांग्रेस पर जमकर हमला बोला और दशकों तक केंद्र में शासन करने वाली सबसे पुरानी पार्टी पर देश की पारंपरिक विनिर्माण शक्ति को नष्ट करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों के उनके कार्यकाल में अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत की साख कई गुना बढ़ी है, जिससे देश में निवेश आकर्षित करने में मदद मिली है और दुनिया भर के देश भारत के साथ अच्छे संबंध बनाने के इच्छुक हैं। मोदी ने भाजपा शासित मध्य प्रदेश में 17,551 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास एवं उद्घाटन करने के बाद ‘विकसित भारत, विकसित मध्य प्रदेश' कार्यक्रम को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित करते हुए यह बात कही। उन्होंने वीडियो लिंक के माध्यम से सिंचाई, बिजली, सड़क, रेल, जल आपूर्ति, कोयला और उद्योग जैसे प्रमुख क्षेत्रों में कई परियोजनाओं की आधारशिला रखी या उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया। उन्होंने कहा, ‘‘अब चारों ओर एक ही बात सुनाई देती है, अबकी बार चार सौ पार। पहली बार जनता ने अपनी प्रिय सरकार की वापसी के लिए नारा बुलंद कर दिया है। यह नारा भाजपा ने नहीं, जनता ने दिया है। मोदी की गारंटी पर जनता का इतना विश्वास, भाव विभोर करने वाला है। यह हमारे लिए, तीसरी बार सरकार बनाने का लक्ष्य नहीं है, हम तीसरी बार देश को तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बनाने के लिए चुनाव में उतर रहे हैं।'' राजीव गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस द्वारा यह उपलब्धि 1984 में भारत के इतिहास में केवल एक बार हासिल की गई है।प्रधानमंत्री ने इस बात पर प्रकाश डाला कि खिलौना बनाना एक समय भारत की विशेषता थी, लेकिन कुछ साल पहले पिछली कांग्रेस सरकारों की नीतियों के कारण बाजार और घर विदेशी निर्मित खिलौनों से भर गए थे। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस सरकारों ने देश की पारंपरिक विनिर्माण शक्ति को बर्बाद कर दिया। हमारे यहां खिलौना बनाने की एक बड़ी परंपरा थी, लेकिन स्थिति ऐसी आ गई कि कुछ साल पहले तक बाजार और घर विदेशी निर्मित खिलौनों से भर गए थे।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि 10 साल पहले केंद्र में भाजपा के सत्ता में आने के बाद ही हालात में सुधार हुआ।उन्होंने कहा , ‘‘हमने पारंपरिक खिलौना उद्योग को बढ़ावा दिया और विश्वकर्मा (कारीगरों/शिल्पकारों) परिवारों की मदद की। आज, विदेशों से निर्यात में गिरावट आई है। हम आयात की तुलना में अब अधिक खिलौने निर्यात करते हैं। मध्यप्रदेश के बुधनी में खिलौना उद्योग के लिए प्रचुर अवसर हैं।'' मोदी ने जोर देकर कहा कि उन्होंने पारंपरिक कारीगरों के जीवन को बेहतर बनाने का काम अपने ऊपर लिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले उनकी उपेक्षा की गई थी। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘ मोदी ने देश और दुनिया भर में पारंपरिक रूप से निर्मित उत्पादों के प्रचार की जिम्मेदारी ली है। मैं आपकी कला और कौशल का प्रचार कर रहा हूं। मैं विदेशी गणमान्य व्यक्तियों को हमारे कुटीर उद्योग के उत्पाद उपहार में देता हूं। इस तरह, मैं आपके उत्पादों का विज्ञापन करता हूं।'' मोदी ने कहा, ‘‘ पिछले 10 वर्षों में दुनिया में भारत की साख कई गुना बढ़ी है। आज दुनिया भर के देश भारत से दोस्ती करना चाहते हैं। विदेश जाने वाले भारतीयों को बहुत सम्मान मिलता है और इसका सीधा फायदा देश को निवेश और विशेषकर पर्यटन क्षेत्र में होता है। अधिक लोग भारत आना चाहते हैं। यहां आएंगे, तो मध्य प्रदेश आना स्वाभाविक है क्योंकि मध्य प्रदेश तो अजब है, गजब है। '' अप्रैल-मई में संभावित लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए, भाजपा के दिग्गज नेता ने कहा कि उनकी पार्टी भारत को दुनिया की पांचवीं से तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के साथ चुनाव लड़ रही है। मध्य प्रदेश में ‘डबल इंजन' सरकार (केंद्र और राज्य में भी भाजपा सत्ता में है) का जिक्र करते हुए, मोदी ने कहा कि यह ‘दोगुनी गति' से काम कर रही है। उन्होंने उन विकास परियोजनाओं की संख्या सूचीबद्ध की जिनका उन्होंने उद्घाटन या शिलान्यास किया। अपनी सरकार के तहत हो रहे विकास कार्यों पर प्रकाश डालते हुए, मोदी ने कहा कि 2014 के बाद, जब भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ केंद्र में सत्ता में आई तब से अब तक 90 लाख हेक्टेयर भूमि को सिंचाई के तहत लाया गया जबकि पिछली सरकार (2004 से 2014 तक कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन सरकार) के 10 वर्षों के दौरान यह केवल 40 लाख हेक्टेयर थी। उन्होंने कहा कि अगले पांच वर्षों में ‘हमारी महिलाओं और बेटियों' का अभूतपूर्व सशक्तिकरण होगा और इस बात पर प्रकाश डाला कि देश बड़ी संख्या में ‘नमो ड्रोन दीदी' (महिला ड्रोन पायलटों को दिया गया नाम) को देखेगा। मोदी ने कहा कि 10 साल के भाजपा शासन के दौरान भारत में 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आये हैं।उन्होंने कहा, ‘‘यह गरीबों, माताओं और बेटियों की सभी समस्याओं को कम करने की मोदी की गारंटी है। हम अपनी विरासत और विकास को साथ लेकर चलते हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘भाजपा का मतलब गति के साथ-साथ प्रगति भी है।'' उन्होंने कहा कि गोदामों की कमी के कारण छोटे किसानों के सामने आने वाली खाद्यान्न भंडारण की समस्या को हल करने के लिए केंद्र मेगा भंडारण सुविधाएं बनाने के लिए 1.25 लाख करोड़ रुपये की परियोजना पर काम कर रहा है। मोदी ने कहा,‘‘हम देश भर में भंडारण सुविधाएं बनाने जा रहे हैं जो 700 लाख मीट्रिक टन से अधिक अनाज का भंडारण करने में सक्षम होंगी।'' इस अवसर पर, प्रधानमंत्री ने उज्जैन शहर में दुनिया की पहली ‘विक्रमादित्य वैदिक घड़ी' का उद्घाटन किया। यह भारतीय ‘पंचांग' या समय गणना प्रणाली पर आधारित है। मोदी ने ‘साइबर तहसील' परियोजना भी शुरू की, जिसके तहत राज्य के सभी 55 जिलों में एकल राजस्व अदालत स्थापित की जाएगी। परियोजना के तहत, प्रमाणित अंतिम दस्तावेज आवेदकों को ईमेल/व्हाट्सएप के माध्यम से उपलब्ध कराए जाएंगे।
-
नयी दिल्ली। सरकार ने गुरुवार को 1.26 लाख करोड़ रुपये के अनुमानित निवेश के साथ गुजरात और असम में तीन सेमीकंडक्टर संयंत्र स्थापित करने के प्रस्तावों को मंजूरी दे दी। इनमें टाटा समूह और जापान की रेनेसस इलेक्ट्रॉनिक्स की परियोजनाएं शामिल हैं। चिप की जरूरत को पूरा करने के लिए भारत की आयात पर निर्भरता को कम करने के लिए यह कदम महत्वपूर्ण है।
केंद्रीय मंत्रिमंडल के प्रस्तावों को मंजूरी देने के बाद दूरसंचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि रक्षा, ऑटोमोबाइल और दूरसंचार जैसे क्षेत्रों के लिए चिप बनाने वाली इन इकाइयों का निर्माण कार्य अगले 100 दिनों में शुरू हो जाएगा। तीनों इकाइयां 'सेमीकंडक्टर और डिस्प्ले विनिर्माण परिवेश का विकास' कार्यक्रम के तहत स्थापित की जाएंगी। इस कार्यक्रम के तहत 76,000 करोड़ रुपये तक की सरकारी सहायता दी जाती है। टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड ताइवान की पावरचिप सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग कॉर्प (पीएसएमसी) के साथ साझेदारी में एक सेमीकंडक्टर फैब स्थापित करेगी। इस संयंत्र की स्थापना गुजरात के धोलेरा में की जाएगी। इसमें 91,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा। संयंत्र की क्षमता प्रति माह 50,000 वेफर्स का उत्पादन करने की होगी। टाटा सेमीकंडक्टर असेंबली एंड टेस्ट प्राइवेट लिमिटेड (टीसैट) 27,000 करोड़ रुपये के निवेश से असम के मोरीगांव में एक सेमीकंडक्टर संयंत्र स्थापित करेगी। वैष्णव ने यह भी बताया कि सीजी पावर - जापान की रेनेसस इलेक्ट्रॉनिक्स कॉरपोरेशन और थाईलैंड की स्टार्स माइक्रोइलेक्ट्रॉनिक्स के साथ मिलकर गुजरात के साणंद में एक सेमीकंडक्टर संयंत्र लगाएगी। साणंद संयंत्र में 7,600 करोड़ रुपये का निवेश होने का अनुमान है।मंत्रिमंडल ने पिछले साल जून में साणंद में सेमीकंडक्टर संयंत्र स्थापित करने के लिए माइक्रोन के प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। ये मंजूरियां भारत को दुनिया का चिप विनिर्माता बनाने और ताइवान जैसे देशों पर निर्भरता कम करने की मोदी सरकार की महत्वाकांक्षी योजना का हिस्सा है। वैष्णव ने कहा कि धोलेरा स्थित टाटा संयंत्र इलेक्ट्रिक वाहनों (ईवी), दूरसंचार, रक्षा, ऑटोमोटिव, उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक और डिस्प्ले के लिए 28 एनएम तकनीक के साथ उच्च प्रदर्शन वाले कंप्यूट चिप बनाएगा। इस तरह असम इकाई में वाहन, उपभोक्ता इलेक्ट्रॉनिक्स, दूरसंचार और मोबाइल फोन के लिए चिप बनाए जाएंगे।सीजी पावर सेमीकंडक्टर इकाई उपभोक्ता, औद्योगिक उत्पादों, वाहन और बिजली अनुप्रयोगों के लिए चिप बनाएगी। उन्होंने कहा कि भारत के सेमीकंडक्टर मिशन ने बहुत ही कम समय में चार बड़ी सफलताएं हासिल की हैं। इन इकाइयों के साथ, भारत में सेमीकंडक्टर परिवेश स्थापित हो जाएगा। वैष्णव ने कहा कि इन तीन इकाइयों से प्रत्यक्ष रूप से 20,000 उन्नत प्रौद्योगिकी नौकरियां तैयार होंगी और अप्रत्यक्ष रूप से लगभग 60,000 लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि माइक्रोन की साणंद इकाई का निर्माण तेजी से चल रहा है। - डिंडोरी (मध्य प्रदेश)। मध्य प्रदेश के डिंडोरी जिले में एक वाहन पलटने से 14 लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह दुर्घटना बुधवार देर रात करीब डेढ़ बजे बड़झर घाट के पास हुई। उन्होंने बताया कि वाहन चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया जिससे वाहन पलट गया और इस हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई। वाहन सवार लोग जिले के शाहपुरा ब्लॉक के अमहाई देवरी गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद वापस लौट रहे थे, तभी यह हादसा हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही डिंडोरी के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक घटनास्थल पर पहुंचे।मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने घटना पर शोक व्यक्त किया है और उन्होंने मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपये अनुग्रह राशि के तौर पर देने की घोषणा की।
-
नयी दिल्ली। उत्तरी दिल्ली के चांदनी चौक इलाके के पास बुधवार को 25 वर्षीय एक आइसक्रीम विक्रेता पर कई बार चाकू से हमला किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि उन्हें नई सड़क की घटना के संबंध में देर रात 1.25 बजे कोतवाली पुलिस थाने में एक पीसीआर कॉल आई। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, "एक टीम भेजी गई और मौके पर पहुंचने के बाद उन्हें पता चला कि उस व्यक्ति को एलएनजेपी अस्पताल ले जाया गया है। उसकी पीठ, कूल्हे और जांघ पर कई वार किए गए थे। उस दौरान वह बयान देने की हालत में नही था।" अधिकारी ने आगे कहा कि मामले की जांच के लिए टीमें गठित की गई हैं और दोपहिया वाहन पर आए हमलावरों को पकड़ने के लिए सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है। अधिकारी ने कहा कि आगे की पूछताछ में पता चला कि दो या तीन दिन पहले पीड़ित की एक अन्य आइसक्रीम विक्रेता के साथ हाथापाई हुई थी। उन्होंने कहा कि मामले में दुश्मनी के पहलू की पुष्टि की जा रही है और घायल के बयान दर्ज करने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpeg)
.jpeg)

.jpg)



.jpg)



.jpg)
.jpg)

.jpg)



.jpg)