- Home
- देश
-
नयी दिल्ली। भारत में अत्यधिक अमीर व्यक्तियों की संख्या बीते साल यानी 2023 में सालाना आधार पर छह प्रतिशत बढ़कर 13,263 हो गई है। नाइट फ्रैंक इंडिया की एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। रिपोर्ट में कहा गया है कि देश में बढ़ती समृद्धि के कारण अति-उच्च नेटवर्थ वाले व्यक्तियों (यूएचएनडब्ल्यूआई) की संख्या 2028 तक बढ़कर करीब 20,000 हो जाएगी। यूएचएनडब्ल्यूआई को ऐसे व्यक्तियों के रूप में परिभाषित किया गया है जिनकी कुल संपत्ति तीन करोड़ डॉलर या उससे अधिक है। बुधवार को एक वर्चुअल संवाददाता सम्मेलन में रियल एस्टेट सलाहकार नाइट फ्रैंक इंडिया ने ‘द वेल्थ रिपोर्ट-2024' जारी करते हुए कहा कि भारत में यूएचएनडब्ल्यूआई की संख्या 2023 में 6.1 प्रतिशत बढ़कर 13,263 हो गई, जबकि इससे पिछले वर्ष यह 12,495 थी। भारत में यूएचएनडब्ल्यूआई की संख्या के 2028 तक बढ़कर 19,908 होने की उम्मीद है।
नाइट फ्रैंक इंडिया के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक शिशिर बैजल ने कहा, ‘‘धन सृजन के बदलाव वाले युग में भारत वैश्विक आर्थिक क्षेत्र में समृद्ध और बढ़ते अवसरों के प्रमाण के रूप में खड़ा है। देश में बेहद अमीरों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अगले पांच साल में इसमें 50.1 प्रतिशत की वृद्धि की उम्मीद है। नाइट फ्रैंक की रिपोर्ट के अनुसार, 90 प्रतिशत भारतीय यूएचएनडब्ल्यूआई की संपत्तियों में 2024 में बढ़ोतरी की उम्मीद है। वहीं 63 प्रतिशत की संपत्तियों के मूल्य में 10 प्रतिशत से अधिक की वृद्धि की उम्मीद है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वैश्विक स्तर पर अमीरों की संख्या अगले पांच साल में 28.1 प्रतिशत बढ़कर 8,02,891 होने का अनुमान है। वर्ष 2023 में वैश्विक स्तर पर यूएचएनडब्ल्यूआई की संख्या 4.2 प्रतिशत बढ़कर 6,26,619 हो गई, जो एक साल पहले 6,01,300 थी। यह वृद्धि 2022 में देखी गई गिरावट से कहीं अधिक है। विभिन्न देशों की बात की जाए, तो तुर्किये में अमीरों की संख्या में सालाना आधार पर सबसे अधिक 9.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसके बाद अमेरिका में अमीरों की संख्या 7.9 प्रतिशत, भारत में 6.1 प्रतिशत, दक्षिण कोरिया में 5.6 प्रतिशत और स्विट्जरलैंड 5.2 प्रतिशत बढ़ी है। -
नयी दिल्ली। केंद्रीय मत्स्य पालन, पशु पालन और डेयरी मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पशुधन आबादी की खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए देश की चार दिशाओं में कम से कम एक चारा बैंक स्थापित करने पर जोर दिया है। यहां विज्ञान भवन में एक ‘चारा संगोष्ठी' को संबोधित करते हुए रुपाला ने पशुधन क्षेत्र के लिए प्रधानमंत्री की प्रतिबद्धता की सराहना की।
रुपाला ने कहा, केंद्रीय मंत्रिमंडल की पिछली बैठक में पशुधन से संबंधित एक प्रस्ताव को मंजूरी देते हुए प्रधानमंत्री ने मौजूदा नीतियों को जारी रखते हुए देश के चार क्षेत्रों में कम से कम एक चारा बैंक स्थापित करने की आवश्यकता पर जोर दिया था।'' उन्होंने बताया कि मोदी ने यह भी कहा था कि लॉजिस्टिक सुविधाओं के साथ-साथ चारा बैंक को वैज्ञानिक तरीके से विकसित किया जाना चाहिए। पशुचारे की स्थिति पर रुपाला ने कहा, इसपर कोई गंभीर चर्चा नहीं हुई है और यहां तक कि नीतियों में भी कुछ खामियां हैं। जिस तरह हम मनुष्यों की खाद्य सुरक्षा के बारे में सोचते हैं, उसी तरह हमें पशुधन के बारे में भी सोचने की जरूरत है।'' उन्होंने कहा कि आगामी बरसों में पशुधन एक प्रमुख क्षेत्र बनने जा रहा है। ऐसे में मवेशियों और बछड़ों और अन्य पशुधन के लिए विभिन्न प्रकार के भोजन और चारे के बारे में सोचने की जरूरत है। इसमें निजी भागीदारी के साथ वैश्विक व्यवहार को भी अपनाने की जरूरत है। इस कार्यक्रम में पशुपालन और डेयरी सचिव अलका उपाध्याय और अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। -
अमेठी । जिले में एक कार के पेड़ से टकरा जाने के कारण उसमें सवार एक महिला समेत तीन लोगों की मौत हो गई और इतने ही घायल हो गये। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात करीब ढाई बजे गौरीगंज कोतवाली क्षेत्र के टिकरिया के पास की है। उसने बताया कि रायबरेली के गोपालपुर से एक शादी समारोह में हिस्सा लेने के लिए अमेठी आए कुछ लोग कार से जब वापस लौट रहे थे तो उनका वाहन अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गया। पुलिस ने कहा, ‘‘ कार सवार आलोक सिंह (55), संतोष सिंह (45) और दीपा सिंह (30) की मौत हो गई जबकि अनुष्का, निहारिका और मानवीर गंभीर रूप से घायल हो गए।'' गौरीगंज कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अमर सिंह ने बताया कि घायलों को रायबरेली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
-
झांसी। झांसी जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम में दूल्हे के नहीं पहुंच पाने पर महिला ने अपने जीजा के गले में वरमाला डाल दी। बाद में महिला के अपना सिंदूर पोंछा तो लोगों को शक हुआ और मामला खुल गया। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दिये हैं। जिला समाज कल्याण अधिकारी ललिता यादव ने बुधवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि मंगलवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत यहां राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में 168 जोड़ों को पंजीकृत करते हुए आमंत्रित किया गया था। उन्होंने बताया कि उनमें से 132 जोड़े उपस्थित हुए। यादव के मुताबिक, उनमें से झांसी जिले के बामौर की निवासी खुशी नामक लड़की का विवाह मध्य प्रदेश के बृषभान से होना था लेकिन बारिश की वजह से वह नहीं आ सका तो परिजनों ने रिश्ते में खुशी के जीजा लगने वाले के गले में वरमाला डलवा दी और विवाह की रस्म पूरी कर ली। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम पूरा होते ही खुशी ने अपनी मांग का सिंदूर पोंछ दिया तो यह देखकर वहां मौजूद लोगों को शक हुआ। यादव ने बताया कि पूछने पर लड़की पक्ष एवं तथाकथित दूल्हे एवं वधू ने खुद ही लोगों के सामने सच्चाई स्वीकार कर ली। उन्होंने बताया कि दूल्हा समय से नहीं पहुंचा था, इसलिए 'काम चलाने' के लिए ऐसा किया गया।
खुशी ने कहा कि अत्यधिक बारिश होने की वजह से उसका होने वाला पति नहीं आ पा रहा था और इधर सब कार्यवाही ‘ऑनलाइन' पूरी हो जाने के कारण मजबूरी में काम चलाने के लिए ऐसा कदम उठाना पड़ा। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने कहा कि मामला संज्ञान में आते ही दंपति को दिए गए उपहार वापस ले लिए गए और जांच के आदेश भी दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि जांच के बाद दोषी पाए गए लोगों पर कार्रवाई की जाएगी। -
नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने निर्वाचन आयोग से आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान सभी मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराने और शहरी इलाकों में विभिन्न आवासीय सोसायटी के परिसरों में भी मतदान केंद्र स्थापित किए जाने की मांग की। एक ज्ञापन में भाजपा ने निर्वाचन आयोग से राजनीतिक दलों की मीडिया सामग्री की अनुमोदन प्रक्रिया में सुधार पर विचार करने का भी आग्रह किया ताकि उन्हें अपने अभियान की योजना बनाने के लिए पर्याप्त समय मिल सके। पार्टी ने आयोग से यह सुनिश्चित करने का भी अनुरोध किया कि चुनाव के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा अपने घरों पर झंडे लगाने और वॉल पेंटिंग बनाने से संबंधित नियम में कोई अस्पष्टता नहीं होनी चाहिए। केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव और पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह सहित भाजपा के एक प्रतिनिधिमंडल ने इन मांगों को लेकर निर्वाचन आयोग के अधिकारियों से मुलाकात की। वैष्णव ने कहा, ''भाजपा का प्रयास रहता है कि पूरी चुनाव प्रक्रिया किस तरह अधिक से अधिक पारदर्शी हो और मतदाताओं की भागीदारी और बढ़े। हमारे प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से (इस संबंध में) कुछ अनुरोध किए।" उन्होंने कहा कि भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने आयोग से शहरी इलाकों में अधिक से अधिक अपार्टमेंट परिसरों में बूथ स्थापित करने का आग्रह किया ताकि ऐसे आवासीय भवनों में अधिकतम पात्र मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। वैष्णव ने कहा, ''हमारा दूसरा अनुरोध था कि (चुनाव के दौरान) 100 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर वीडियो रिकॉर्डिंग करायी जाए।" उन्होंने कहा कि वर्तमान में केवल 50 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर वीडियोग्राफी की जाती है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मतदान केंद्रों की 100 प्रतिशत वीडियोग्राफी वहां होने वाली हर चीज का उचित दस्तावेजीकरण सुनिश्चित करेगी और यह देश के जीवंत लोकतंत्र में लोगों के विश्वास को बढ़ाएगी। आयोग के अनुसार आगामी लोकसभा चुनाव के लिए देशभर में 12 लाख से अधिक मतदान केंद्र बनाए जाएंगे। वैष्णव ने कहा कि भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने परिचालन मुद्दों के संबंध में भी कुछ अनुरोध किए। उन्होंने कहा, "हमने राजनीतिक दलों की मीडिया सामग्री को मंजूरी देने की प्रक्रिया में सुधार शुरू करने का अनुरोध किया। मंजूरी प्रक्रिया को तेज किया जाना चाहिए ताकि हर राजनीतिक दल को अपने विचार रखने और अपने अभियान को आकार देने के लिए पर्याप्त समय मिले। -
नयी दिल्ली। संगीत नाटक अकादमी ने बुधवार को छह अकादमी फेलो और अभिनेता अशोक सर्राफ, राजीव वर्मा और गायिका बॉम्बे जयश्री सहित 92 कलाकारों को वर्ष 2022 और 2023 के लिए यह प्रतिष्ठित पुरस्कार दिए जाने की घोषणा की । भारत की राष्ट्रीय संगीत, नृत्य और नाटक अकादमी मंचीय कला के क्षेत्र में प्रतिष्ठित कलाकारों को अकादमी फेलो के रूप में चुनती है। जिन लोगों को अकादमी फेलो के लिए चुना गया है उनमें लोक गीतकार और लेखक विनायक खेडेकर, वीणा वादक आर विश्वेश्वरन, कथक नृत्यांगना सुनयना हजारीलाल, कुचिपुड़ी नर्तक युगल राजा और राधा रेड्डी, नाट्य निर्देशक दुलाल रॉय और नाट्य लेखक डीपी सिन्हा का नाम शामिल है। संगीत नाटक अकादमी की सामान्य परिषद, राष्ट्रीय संगीत, नृत्य और नाटक अकादमी ने 21 और 22 फरवरी 2024 को नयी दिल्ली में आयोजित अपनी बैठक में सर्वसम्मति से प्रदर्शन कला के क्षेत्र में छह प्रतिष्ठित हस्तियों को अकादमी फेलो (अकादमी रत्न) के रूप में चुना। बयान में कहा गया कि अकादमी की फेलोशिप सबसे प्रतिष्ठित और विशिष्ट सम्मान है। अकादमी ने वर्ष 2022 और 2023 के लिए अकादमी पुरस्कार के वास्ते संगीत, नृत्य, रंगमंच, पारंपरिक/लोक/आदिवासी संगीत/नृत्य/रंगमंच, कठपुतली और मंचीय कला में समग्र योगदान के कारण 92 कलाकारों को भी चुना है। रंगमंच की विभिन्न विशेषज्ञताओं जैसे नाटक लेखन, निर्देशन, अभिनय, मेकअप और लाइटिंग... के साथ-साथ रंगमंच की अन्य प्रमुख परंपराओं जैसे रामलीला, अंकिया भाओना और कुटियाट्टम वाले कलाकारों का चयन किया गया है। अकादमी फेलो को तीन लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है, जबकि अकादमी पुरस्कार में 'ताम्रपत्र' और 'अंगवस्त्रम' के अलावा एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि दी जाती है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू एक विशेष समारोह में संगीत नाटक अकादमी फैलोशिप और पुरस्कार देंगी।
अकादमी ने वर्ष 2022 और 2023 के लिए उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार के वास्ते 80 युवा कलाकारों के नामों की भी घोषणा की। एक विशेष समारोह में संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष युवा पुरुस्कार देंगे। -
थूथुकुडी (तमिलनाडु) । प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को यहां लगभग 17,300 करोड़ रुपये की नयी परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। साथ ही संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) की पूर्ववर्ती सरकार पर तमिलनाडु की उन्नति के लिए कोई काम नहीं करने का आरोप लगाया। परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घघाटन करते हुए मोदी ने कहा कि राज्य ‘प्रगति का नया अध्याय' लिख रहा है और केंद्र के प्रयासों के कारण तमिलनाडु आधुनिकता की ‘नयी ऊंचाइयों को छू' रहा है। सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) सरकार पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए मोदी ने आरोप लगाया कि समाचार पत्र और टीवी चैनल केंद्र सरकार के प्रयासों को दिखाना चाहते हैं लेकिन ‘‘सरकार उन्हें ऐसा करने की अनुमति तक नहीं दे रही।'' मोदी ने कहा, ‘‘लेकिन हम विकास कार्यों से पीछे नहीं हटेंगे।'' द्रमुक की लोकसभा सदस्य कनिमोइ और तमिलनाडु के लोक निर्माण मंत्री ईवी वेलु मंच पर मौजूद थे।
तमिलनाडु के तूतीकोरिन में भारत के पहले स्वदेशी हरित हाइड्रोजन जलमार्ग पोत को हरी झंडी दिखाते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के लगातार प्रयासों के कारण परिवहन बढ़ने से तमिलनाडु में 'जीवन में सुगमता' आई है। मोदी ने कहा कि नयी परियोजनाएं विकसित भारत की रूपरेखा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं जो कुछ कह रहा हूं वह किसी राजनीतिक विचारधारा या अपनी विचारधारा के मुताबिक नहीं बल्कि विकास के लिए है।'' विकास परियोजनाओं को शुरू करने में देरी के लिए द्रमुक-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा, ‘‘मैं तमिलनाडु और पूरे देश की जनता को सच्चाई बताना चाहता हूं। सच कड़वा होता लेकिन इसे बताये जाने की जरूरत है...ये सभी परियोजनाएं, जिन्हें मैं लेकर आया हूं, दशकों से स्थानीय लोगों की मांग रही हैं।'' द्रमुक पर परोक्ष रूप से निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि संप्रग शासन के दौरान तमिलनाडु की सत्तारूढ़ पार्टी उसकी साझेदार थी। मोदी ने कहा,‘‘ उन्हें (द्रमुक और कांग्रेस को) आपके विकास की चिंता नहीं थी।'' उन्होंने अपने संदर्भ में कहा कि विकास की सभी पहल ‘सेवक' ने की। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले 10 वर्षों में, तमिलनाडु में 1,300 किलोमीटर तक रेल बुनियादी ढांचे का विकास किया गया है। साथ ही, इसी अवधि में 2,000 किलोमीटर रेलवे लाइन का विद्युतीकरण किया गया है।” मोदी ने कहा कि रेल यात्रियों की सुविधा के लिए सैकड़ों फ्लाईओवर और अंडरपास विकसित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि साथ ही रेलवे स्टेशनों पर सभी आधुनिक सुविधाएं सुनिश्चित की गई हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि रेलवे, राजमार्ग और जलमार्ग भिन्न-भिन्न लग सकते हैं, लेकिन सभी विभागों का एक ही उद्देश्य है बेहतर संपर्क, तमिलनाडु में उद्योगों के लिए सुविधाएं सुनिश्चित करना और बेहतर अवसर प्रदान करना। मोदी ने कहा, ‘‘भारत के पहले स्वदेशी हरित हाइड्रोजन जलमार्ग पोत की आज शुरुआत हो गई है। यह पोत जल्द ही काशी की गंगा नदी में भी संचालित होगा। यह, एक तरह से, तमिलनाडु के लोगों की ओर से काशी के लोगों के लिए एक बड़ा उपहार है।'' ‘विकसित भारत' के निर्माण के मिशन पर उन्होंने कहा कि इस प्रयास में ‘विकसित तमिलनाडु' की बहुत बड़ी भूमिका है। वीओ चिदंबरनार बंदरगाह के लिए बाहरी हार्बर कंटेनर टर्मिनल की आधारशिला रखने के बाद, मोदी ने कहा कि इस परियोजना में लगभग 7,000 करोड़ रुपये की राशि का निवेश किया जायेगा। मोदी ने कहा कि दो साल पहले उन्होंने चिदंबरनार बंदरगाह की क्षमता के विस्तार के लिए कई परियोजनाएं शुरू की थीं और इसे नौवहन का एक प्रमुख केंद्र बनाने का अपना वादा किया था। उन्होंने कहा, ‘‘यह गारंटी आज पूरी हो रही है।'' प्रधानमंत्री मोदी ने थूथुकुडी के निकट कुलसेकरापट्टिनम में भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के नये प्रक्षेपण परिसर का शिलान्यास किया, जिसकी लागत लगभग 986 करोड़ रुपये है और इसके बनकर तैयार होने पर यहां से प्रतिवर्ष 24 प्रक्षेपण किये जा सकेंगे। इसरो के इस नये परिसर में ‘मोबाइल लॉन्च स्ट्रक्चर' (एमएलएस) तथा 35 केन्द्र शामिल हैं। इससे अंतरिक्ष अन्वेषण क्षमताओं को बढ़ाने में मदद मिलेगी। उन्होंने तमिलनाडु में रेल परियोजनाएं भी राष्ट्र को समर्पित कीं। इसमें वांची मनियाच्ची-नागरकोइल रेल लाइन का दोहरीकरण शामिल है। प्रधानमंत्री ने तमिलनाडु में लगभग 4,586 करोड़ रुपये की कुल लागत से विकसित चार सड़क परियोजनाओं को समर्पित किया। प्रधानमंत्री ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात' के एक एपिसोड के दौरान देश के प्रमुख प्रकाश स्तंभों को पर्यटन स्थलों के रूप में विकसित करने के अपने सुझाव को याद किया और आज 10 राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों में 75 प्रकाश स्तंभों में पर्यटक सुविधाएं दिये जाने पर गर्व व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि ये 75 स्थान आने वाले समय में बहुत बड़े पर्यटन केंद्र बनेंगे। उन्होंने कहा कि उन्होंने लोगों को एक गारंटी दी है जो इस बात का आश्वासन है कि आगामी चुनावों के बाद जब देश उन्हें तीसरी बार सेवा करने का मौका देगा तो वह नए उत्साह के साथ उनकी सेवा करेंगे। मोदी ने कहा, ‘‘मैं तमिलनाडु के लोगों के प्यार, उत्साह और उमंग को व्यर्थ नहीं जाने दूंगा। आपके इस प्यार और आशीर्वाद को मैं विकास के माध्यम से ब्याज समेत वापस करुंगा।'' -
नयी दिल्ली। दिग्गज प्रौद्योगिकी कंपनी माइक्रोसॉफ्ट के सह-संस्थापक बिल गेट्स ने कंपनी के हैदराबाद स्थित भारत विकास केंद्र (आईडीसी) का दौरा कर कृत्रिम मेधा (एआई) से जुड़े अवसरों पर चर्चा की। माइक्रोसॉफ्ट ने बयान में कहा कि गेट्स मंगलवार को आईडीसी के दौरे पर पहुंचे जहां पर उन्होंने भारत के कुछ सबसे प्रतिभाशाली इंजीनियरों को संबोधित किया। माइक्रोसॉफ्ट आईडीसी के प्रबंध निदेशक राजीव कुमार ने कहा कि गेट्स एआई की वजह से भारत में पैदा हो रहे अवसरों को लेकर आशावादी नजरिया रखते हैं। कुमार ने कहा, ‘‘एआई-संचालित भारत के अवसर पर गेट्स के आशावाद को दोहराते हुए आईडीसी भारत से माइक्रोसॉफ्ट के लिए एआई और क्लाउड से लेकर नवाचार को बढ़ावा देने के लिए उत्साहित है।“ माइक्रोसॉफ्ट के चेयरमैन एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सत्य नडेला ने भी हाल की अपनी भारत यात्रा के दौरान एआई के वादे को साकार करने की देश की अद्वितीय क्षमता पर प्रकाश डाला था। कंपनी ने कहा कि हैदराबाद स्थित विकास केंद्र अपनी स्थापना की 25वीं वर्षगांठ मना रहा है। गेट्स ने वर्ष 1998 में आईडीसी के गठन की संकल्पना पेश की थी।
-
नयी दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव के लिए कई राज्यों में पार्टी के संभावित उम्मीदवारों के नाम तय करने के लिए बुधवार को मंथन किया। पार्टी उम्मीदवारों की पहली सूची के लिए नामों को अंतिम रूप देने के लिए भाजपा केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक बृहस्पतिवार को होने की संभावना है। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने मध्य प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और उत्तराखंड सहित कई राज्यों के पार्टी नेताओं के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। इसी तरह की बैठकें अब तक उत्तर प्रदेश, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना के नेताओं के साथ हुई हैं।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक पहली सूची में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और शाह जैसे दिग्गजों के नाम शामिल होने की उम्मीद है। उनके अनुसार कई ऐसी सीट पर भी उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जा सकती है जिनपर 2019 के चुनावों में भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा था। साल 2019 के चुनाव के समय भाजपा की पहली सूची में मोदी और शाह के भी नाम शामिल थे। शाह उस समय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे और उन्होंने गांधीनगर से पहली बार लोकसभा का चुनाव लड़ा था। साल 2019 में नामों की सूची निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करने के बाद ही जारी की गई थी। इस बार यह स्थिति अलग होने जा रही है। भाजपा ने पिछले दिनों पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों के दौरान चुनावों की घोषणा से काफी पहले अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी थी, खासकर उन सीटों पर जो पांच साल पहले वह हार गई थी। पार्टी लोकसभा चुनाव में इस पहल को बरकरार रखना चाहती है। मोदी ने इस साल अप्रैल-मई में संभावित लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए 370 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है जबकि सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के लिए यह लक्ष्य 400 से अधिक सीटें जीतने का है। - रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन में पारिवारिक विवाद को लेकर एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने साले के घर में आग लगा दी जिससे उसकी सात वर्षीय भतीजी की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर बरेली पुलिस थाने के अंतर्गत जामगढ़ गांव में रविवार रात यह घटना हुई, जिसके सिलसिले में पुलिस ने आरोपी रामू आदिवासी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आदिवासी और उसकी पत्नी के बीच वैवाहिक कलह चल रही थी और वह आदिवासी से अलग रह रही थीं। आरोपी को अपने साले राजेश पर शक था कि वह उसकी पत्नी को उसके पास वापस नहीं आने दे रहा है।बरेली पुलिस थाना प्रभारी विजय त्रिपाठी ने बताया कि मजदूर राजेश अपनी पत्नी और चार बच्चों के साथ एक खेत में बनी झोपड़ी में रहता था। उन्होंने बताया कि जब परिवार झोपड़ी के अंदर था तो आदिवासी ने कथित तौर पर झोपड़ी में आग लगा दी। अधिकारी ने बताया कि दंपति अपने तीन बच्चों के साथ जलती हुई झोपड़ी से बाहर निकलने में कामयाब रहे लेकिन उनकी सात वर्षीय बेटी की आग में जलकर मौत हो गई। उन्होंने बताया कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या) और अन्य प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।
- नयी दिल्ली। वाणिज्य और उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि ‘भारत की गाथा' के आगे बढ़ने और देश को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने को लेकर सब कुछ ठीक-ठाक आगे बढ़ रहा है। गोयल ने उद्योग मंडल फिक्की के ‘विकसित भारत @ 2047: विकसित भारत और उद्योग' विषय पर आयोजित सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार स्वयं आगे बढ़कर काम कर रही है और भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए उद्योग सहित सभी को योगदान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा, ‘‘देश भर में जो माहौल है, हमारे युवा पुरुषों और महिलाओं में उत्साह है, भविष्य को लेकर जो उत्साह है, यहां तक कि भारत के सुदूर क्षेत्रों से भी मुझे जो प्रतिक्रिया मिल रही है, विभिन्न अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की स्थिति के मामले में जो प्रतिक्रिया मिल रही है, उसे देखकर मेरे मन में बिल्कुल भी संदेह नहीं है। ऐसा लगता है कि भारत की गाथा के फलने-फूलने के लिए सब कुछ ठीक-ठाक आगे बढ़ रहा है।'' उन्होंने कहा कि विदेशी निवेश के लिए भारत पसंदीदा स्थान बन गया है।गोयल ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री ने देश के सामने 2047 तक विस्तृत भारत का जो दृष्टिकोण रखा है, वह स्पष्ट रूप से हासिल होने लायक है। पूरा देश इस बात के लिए तैयार है कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र और 30,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था बने।'' उन्होंने कहा कि भारत 2027 तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने के लिए तैयार है। इसके लिए सरकार चीजों को सुगम बनाने की भूमिका निभा रही है। चाहे वह कारोबार में सुगमता हो, न्याय में आसानी हो, लॉजिस्टिक में आसानी हो, रहन-सहन सुगम हो, इनके लिए हरसंभव कदम उठाये जा रहे हैं। मंत्री ने कहा कि ये सभी प्रयास भारत को तेजी से बढ़ने और विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति करने में मदद करने के लिए अनुकूल परिवेश बनाने में मदद कर रहे हैं। उन्होंने 2024-25 के बजट में पूंजीगत व्यय में उल्लेखनीय वृद्धि का जिक्र करते हुए कहा कि केंद्र सरकार स्वयं आगे बढ़कर काम कर रही है।
- नयी दिल्ली। रेलवे के जम्मू तवी-पठानकोट खंड में कठुआ (जम्मू) से ऊंची बस्सी स्टेशन (पंजाब) के बीच करीब 75 किलोमीटर तक एक मालगाड़ी के बिना चालक के पटरी पर दौड़ने की घटना की प्राथमिक जांच से यह पता चला है कि लोको-पायलट (चालक) और स्टेशन मास्टर, दोनों ही अपनी जिम्मेदारियों को निभाने में नाकाम रहे। रेलवे के एक आधिकारिक पत्राचार के अनुसार, चालक रहित ट्रेन 70 से 75 किमी प्रति घंटा की रफ्तार से दौड़ी। इसने आठ से नौ स्टेशन पार किए और 75 किमी की दूरी तय की, जिसके बाद इसे पटरी पर रेत और लकड़ी के ‘ब्लॉक' जैसे अवरोधक डालकर ऊंची बस्सी में रोका गया। रेलवे के पांच वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा हस्ताक्षरित संयुक्त जांच रिपोर्ट में, घटना में शामिल विभिन्न व्यक्तियों के बयान दर्ज किए गए हैं और घटनाक्रम के बारे में विस्तार से बताया गया है जो चालक और कठुआ के स्टेशन मास्टर द्वारा कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही बरते जाने की ओर इशारा करता है।रिपोर्ट के अनुसार, लोको-पायलट ने अपने बयान में दलील दी है कि मालगाड़ी के इंजन और तीन डिब्बे को स्थिर रखने के लिए ‘हैंड ब्रेक' लगाने के अलावा उन्होंने पहिये के आगे लकड़ी के दो टुकड़े भी लगाये थे ताकि ट्रेन वहीं रूकी रहे। रिपोर्ट में कहा गया है कि जब मालगाड़ी को ऊंची बस्सी में स्टेशन मास्टर ने रोका और मुआयना किया, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग की गई, यह पाया गया कि डिब्बों की ‘हैंड ब्रेक' लगी हुई स्थिति में नहीं थी। इसमें यह भी उल्लेख किया गया है कि ड्यूटी पर मौजूद कठुआ के स्टेशन मास्टर ने सुबह छह बजकर पांच मिनट से सात बजकर 10 मिनट के बीच मालगाड़ी को उपयुक्त रूप से स्थिर नहीं रखा। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि नियमों के मुताबिक, स्टेशन मास्टर को यह जांच करनी होती है कि ब्रेक उपयुक्त रूप से लगाई गई हो और ट्रेन के आगे नहीं बढ़ने को सुनिश्चित करने के लिए उन्हें अन्य उपाय करने होते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, यह एक संभागीय सामग्री ट्रेन (डीएमटी) थी, जिसका उपयोग निर्माण सामग्री की ढुलाई करने और अन्य उद्देश्यों के लिए किया जाता है। यह कठुआ जंक्शन पर खड़ी थी और इसमें 53 डिब्बे थे तथा इसमें ‘ब्रेक वैन (गार्ड का डिब्बा) नहीं था। रिपोर्ट में कहा गया है कि सुबह करीब पांच बजकर 20 मिनट पर नियंत्रण कक्ष ने स्टेशन मास्टर को चालक को यह सूचित करने कहा था कि वह ट्रेन को जम्मू ले जाएं लेकिन चालक ने इससे इनकार कर दिया क्योंकि इसमें गार्ड का डिब्बा नहीं लगा हुआ था। रिपोर्ट के अनुसार, नियंत्रण कक्ष ने चालक से ट्रेन का इंजन बंद करने, अपनी ड्यूटी समाप्त करने और जम्मू जाने के लिए एक ट्रेन में सवार होने को कहा। चालक ने इंजन की चाभी सुबह करीब छह बजे स्टेशन मास्टर को सौंप दी और जम्मू रवाना हो गए। रिपोर्ट में कहा गया है कि ट्रेन ढलान पर आगे बढ़ना शुरू करने से पहले, सुबह छह बजे से सुबह सात बजकर 10 मिनट तक बगैर चालक के रही। विशेषज्ञों ने कहा है कि नियमों के मुताबिक, स्टेशन मास्टर को लोको-पायलट को ट्रेन छोड़ने के लिए लिखित में देना होता है लेकिन इस मामले में ऐसा नहीं किया गया, जैसा कि रिपोर्ट में कहा गया है। रिपोर्ट के अनुसार, फिरोजपुर डिवीजन के संभागीय रेल प्रबंधक ने प्रारंभिक जांच के आधार पर रेलवे के छह अधिकारियों को निलंबित कर दिया है और एक विस्तृत जांच का आदेश दिया है। फिरोजपुर डिवीजन के तहत ही कठुआ-जम्मू तवी खंड स्थित है।
- श्रीनगर । कश्मीर के ऊंचाई वाले कुछ इलाकों में मंगलवार को बर्फबारी जबकि मैदानी इलाकों में बारिश हुई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट और सोनमर्ग और पहलगाम के पर्यटक रिसॉर्ट और कोकेरनाग सहित कश्मीर के मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी जारी है। उन्होंने बताया कि श्रीनगर समेत घाटी के मैदानी इलाकों में बारिश हुई है। मौसम संबंधी परामर्श में मौसम कार्यालय ने कहा कि एक अन्य सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से जम्मू-कश्मीर और आसपास के इलाकों में 29 फरवरी की रात या एक मार्च की सुबह से तीन मार्च की दोपहर तक व्यापक मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है। परामर्श में कहा गया है कि मौसम प्रणाली के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग और जम्मू-कश्मीर के मध्य और ऊंचे इलाकों की अन्य प्रमुख सड़कों सहित हवाई यातायात प्रभावित हो सकता है। परामर्श में बर्फीले इलाकों के लोगों को ढलानदार और हिमस्खलन-संभावित इलाकों में जाने से बचने की चेतावनी दी गई है और संवेदनशील इलाकों में भूस्खलन और पत्थर गिरने की चेतावनी दी गई है।
- नयी दिल्ली। ऐप के जरिये ऑनलाइन कर्ज वितरण से जुड़ी कंपनियों समेत कई चीनी फर्मों के खिलाफ कॉरपोरेट मामलों का मंत्रालय जांच कर रहा है। इनमें से कुछ जांच अग्रिम चरण में पहुंच चुकी हैं। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। गैरकानूनी ढंग से कर्ज वितरण ऐप का संचालन करने वाली कंपनियों के खिलाफ हाल में जांच तेज हुई है। इसके अलावा मंत्रालय लाभकारी स्वामित्व को छिपाने के लिए कंपनियों और संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि मंत्रालय विभिन्न चीनी कंपनियों, खासकर कर्ज ऐप से जुड़ी कंपनियों के खिलाफ पड़ताल कर रहा है और इनमें से कुछ जांच अंतिम चरण में हैं। उन्होंने कहा कि कंपनी कानून लागू करने के लिए जिम्मेदार मंत्रालय यह देख रहा है कि क्या इन कंपनियों में कोई धोखाधड़ी हुई है। कुछ मामलों की जांच गंभीर धोखाधड़ी जांच कार्यालय (एसएफआईओ) कर रहा है। अधिकारी के मुताबिक, रिजर्व बैंक और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय समेत अन्य इकाइयों से मिली शिकायतों के आधार पर भी संबंधित कंपनियों के खिलाफ जांच शुरू की जाती है। हालांकि, कुछ कंपनियों के वित्तपोषण स्रोतों का पता लगाना कभी-कभी मुश्किल होता है लेकिन कंपनियों के लाभकारी स्वामित्व का पता लगाने के प्रयास किए जाते हैं। जनवरी में दिल्ली और हरियाणा क्षेत्र के कंपनी पंजीयक ने एक भारतीय कंपनी और उससे संबंधित व्यक्तियों और संस्थाओं पर कुल 21 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना लगाया था। यह कदम एक चीनी समूह के लाभकारी स्वामित्व संबंधों को छिपाने के लिए कड़ी कार्रवाई का हिस्सा था। वित्त मंत्रालय ने संसद के बजट सत्र में जानकारी दी कि गूगल ने सितंबर, 2022 और अगस्त, 2023 के बीच अपने प्ले स्टोर से 2,200 से अधिक धोखाधड़ी वाले ऋण ऐप को निलंबित कर दिया है या हटा दिया है।
- सहारनपुर (उप्र) । सहारनपुर जिले में मंगलवार सुबह एक युवक ने कथित तौर पर अवैध संबंधों के शक में अपनी गर्भवती पत्नी की हत्या कर दी और छोटे भाई पर भी गोली चला दी। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि व्यक्ति ने पहले अपनी पत्नी के सिर पर गोली मारी और बाद में भाई पर गोली चला दी।पुलिस ने बताया कि आरोपी के भाई का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। उसने बताया कि पति से विवाद के बाद महिला पिछले काफी समय से मायके में रह रही थी।सहारनपुर के पुलिस अधीक्षक (नगर) अभिमन्यु मांगलिक ने ‘ कहा, ‘‘ आरोपी को शक था कि उसकी पत्नी और उसके छोटे भाई के बीच अवैध संबंध हैं।'' उन्होंने बताया कि पुलिस फरार आरोपी को पकड़ने की कोशिश कर रही है।
- नयी दिल्ली। भ्रष्टाचार के मामलों पर निर्णय लेने में देरी से बचने के लिए केंद्रीय सतर्कता आयोग (सीवीसी) ने अनुमति लेने के चरणों में कमी करने का सुझाव दिया है ताकि फैसले लेने में तेजी आ सके। सीवीसी ने समय-समय पर दिशानिर्देश जारी कर सतर्कता संबंधी मामलों में कार्रवाई के विभिन्न चरणों को पूरा करने के लिए समय सीमा निर्धारित की है। सीवीसी ने एक आदेश में कहा, ‘‘यह देखा गया है कि ऐसे मौके आए हैं जब सतर्कता मामलों की कार्रवाई में अनावश्यक देरी हुई है। इस तरह की देरी का एक कारण यह पाया गया है कि सतर्कता मामलों की जांच या प्रक्रिया का स्तर आवश्यक स्तरों से अधिक है। विभिन्न संगठनों में सतर्कता मामलों (के लिए अनुमति) के स्तर में भी एकरूपता का अभाव है।'' इसमें कहा गया है कि सतर्कता मामलों में देरी से बचने के लिए संबंधित विभागों को ऐसे मामलों को आगे बढ़ाने के स्तर की समीक्षा करनी चाहिए और इन स्तरों को अधिकतम चार तक लाना चाहिए। सीवीसी ने सभी केंद्रीय सरकारी विभागों के सचिवों, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और बीमा कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों सहित अन्य को जारी आदेश में कहा, ‘‘संबंधित विभाग के पदानुक्रम में प्रत्येक प्रशासनिक इकाई पर चार स्तरों की सीमा लागू होगी।''
- नयी दिल्ली। मेडिकल छात्रों के अवसाद से ग्रसित होने और उनके आत्महत्या करने से जुड़ी चिंताओं का समाधान करने के लिए राष्ट्रीय आयुर्विज्ञान आयोग (एनएमसी) ने एक राष्ट्रीय कार्य बल गठित किया है। कार्य बल चुनौतियां उत्पन्न करने वाले कारकों का विश्लेषण करेगा और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर करने के लिए साक्ष्य आधारित रणनीतियों का प्रस्ताव करेगा। यह 15 सदस्यीय कार्य बल होगा। इसके अध्यक्ष राष्ट्रीय मानसिक और स्नायु विज्ञान संस्थान (निमहांस) के मनोचिकित्सा विभाग में प्रोफेसर डॉ. बी.एम. सुरेश होंगे। पिछले सप्ताह जारी एक सरकारी आदेश में कहा गया, ‘‘हाल के दिनों में मेडिकल छात्रों का मानसिक स्वास्थ्य चिंता का विषय रहा है, जिसके कारण मेडिकल छात्र अवसादग्रस्त हो रहे हैं और आत्महत्या तक कर रहे हैं। इस मुद्दे के समाधान के लिए एनएमसी की रैगिंग-रोधी समिति द्वारा एक राष्ट्रीय कार्य बल का गठन किया गया है।'' कार्य बल मेडिकल छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य और उनके आत्महत्या करने से जुड़े आंकड़ों एवं रिपोर्ट का अध्ययन करेगा, इन चुनौतियों को उत्पन्न करने वाले विभिन्न कारकों का विश्लेषण करेगा और मानसिक स्वास्थ्य बेहतर करने के लिए साक्ष्य आधारित रणनीतियों का प्रस्ताव करेगा। यह उन कॉलेजों का भी दौरा करेगा, जहां आत्महत्या की घटनाएं हुई हैं।कार्य बल मेडिकल छात्रों के मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर करने के लिए प्रमुख निष्कर्षों और कार्रवाई योग्य सिफारिशों को रेखांकित करते हुए 31 मई, 2024 तक एक व्यापक रिपोर्ट सौंपेगा। कार्य बल मासिक प्रगति रिपोर्ट रैगिंग रोधी प्रकोष्ठ को सौंपेगा।
- इंदौर । मध्यप्रदेश के इंदौर जिले में सौतेली मां की कथित पिटाई से परेशान 17 वर्षीय लड़की ने प्रेमी के जरिये प्रशासन में शिकायत दर्ज कराई और एक अन्य व्यक्ति से अगले महीने होने वाला अपना बाल विवाह रुकवा दिया। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। बाल विवाह के खिलाफ महिला और बाल विकास विभाग के गठित उड़नदस्ते के प्रभारी महेंद्र पाठक ने बताया कि यहां से करीब 15 किलोमीटर दूर मिर्जापुर गांव में रहने वाली इस नाबालिग लड़की की एक व्यक्ति से 11 मार्च को शादी होने वाली थी। उन्होंने बताया कि लड़की इस बाल विवाह के लिए राजी नहीं थी और वह एक अन्य व्यक्ति से प्रेम करती है।पाठक ने बताया कि नाबालिग लड़की ने अपने प्रेमी के जरिये प्रशासन से उसके बाल विवाह की तैयारियों के बारे में शिकायत की। उन्होंने बताया,"इस शिकायत के आधार पर जब हम सोमवार रात बच्ची के पास पहुंचे, तो वह बुरी तरह रोने लगी। इसका कारण पूछे जाने पर उसने बताया कि उसकी सौतेली मां उसे बात-बात पर आए दिन पीटती है और वह अभी शादी नहीं करना चाहती।" पाठक ने बताया कि लड़की के परिजनों को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देकर उसका बाल विवाह रुकवा दिया गया है और उसे बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की निगरानी में रखा गया है। देश में 21 वर्ष से कम उम्र के लड़के और 18 साल से कम आयु की लड़की की शादी बाल विवाह की श्रेणी में आती है। बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम 2006 के तहत दोषी को दो वर्ष तक के सश्रम कारावास अथवा एक लाख रुपये तक के जुर्माने या दोनों सजाओं का प्रावधान है।(सांकेतिक फोटो)
-
नई दिल्ली सरकार आम चुनावों में युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए आज से देश भर के उच्च शिक्षण संस्थानों में मेरा पहला वोट देश के लिए अभियान शुरू करेगी। इस अभियान का उद्देश्य राष्ट्र के व्यापक हित में युवाओं को मतदान के लिए प्रोत्साहित करना और मताधिकार की उपयोगिता बताना है। यह अभियान 6 मार्च तक चलेगा।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युवाओं और पहली बार मतदाता बनने वालों से भारी संख्या में मतदान करने का आह्वान किया है। केन्द्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान ने बताया कि सभी उच्च शिक्षण संस्थानों से अपने-अपने परिसरों में युवा शक्ति की भागीदारी बढ़ाने के लिए मतदाता जागरूकता अभियान चलाने को कहा गया है। -
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश राज्यसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने आठ और समाजवादी पार्टी ने दो सीटें जीतीं। भाजपा ने राष्ट्रीय लोकदल के जयंत चौधरी और समाजवादी पार्टी के कुछ बागियों की सहायता से एक अतिरिक्त सीट जीती।
जीते हुए आठ सदस्यों में पूर्व केंद्रीय मंत्री आर पी एन सिंह, पूर्व सांसद चौधरी तेजवीर सिंह, अमरपाल मौर्य, संगीता बलवंत, भाजपा के प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी, पूर्व विधायक साधना सिंह, नवीन जैन और संजय सेठ शामिल हैं। समाजवादी पार्टी से जया बच्चन और रामजी लाल सुमन ने जीत हासिल की जबकि समाजवादी पार्टी के तीसरे उम्मीदवार आलोक रंजन हार गए।भारतीय जनता पार्टी ने कांग्रेस शासित हिमाचल प्रदेश में दूसरी बोनस सीट जीती। भाजपा के हर्ष महाजन ने कांग्रेस के अभिषेक मनु सिंघवी को हराया।कर्नाटक में, कांग्रेस ने तीन सीटें जीतीं और भाजपा को चौथी सीट पर विजय प्राप्त हुई। कल संपन्न हुए राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस नेता अजय माकन, जी सी चंद्रशेखर और सैयद नासिर हुसैन तथा भाजपा के नारायणसा भंगाडे ने जीत हासिल की। - नयी दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पहली बार के मतदाताओं से चुनावी प्रक्रिया में सक्रियता से भाग लेने की अपील भारतीय लोकतंत्र को सशक्त बनाने, उसे प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ाने के लिए एक ठोस कदम है। रविवार को अपने मासिक ‘मन की बात' रेडियो प्रसारण में, मोदी ने पहली बार के मतदाताओं से रिकॉर्ड संख्या में वोट डालने की अपील की थी और कहा कि उनका पहला वोट देश के लिए होना चाहिए। शाह ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की पहली बार के मतदाताओं से मतदान प्रक्रिया में सक्रियता से भाग लेने की अपील हमारे लोकतंत्र को सशक्त बनाने, प्रोत्साहित करने और आगे बढ़ाने के लिए एक ठोस कदम है।'' उन्होंने कहा, ‘‘युवा हमारी जनता के सामूहिक भविष्य के शिल्पी हैं। मैं हमारे युवाओं से अपील करता हूं कि वे ‘मेरा पहला वोट देश के लिए' अभियान को अपने तरीके से सफल बनाने के लिए अपनी रचनात्मक सूझबूझ का उपयोग करें।''
- नोएडा (उप्र)। नोएडा पुलिस ने मंगलवार को कहा कि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) घोटाले की जांच के सिलसिले में उसने एक और व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिसपर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। जून, 2023 में पुलिस ने एक गिरोह का पर्दाफाश किया था, जो ‘जीएसटी घोटाले' में शामिल था। इस घोटाले में ऐसी 3077 फर्जी कंपनियों का पता चला, जिनकी ओर से गलत तरीके से इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) का दावा किया जा रहा था। जांच में शामिल अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस तहकीकात में पता चला कि इन फर्जी कंपनियों से तकरीबन 10 हजार करोड़ रुपये का लेन-देन किया गया और अब तक इस मामले में दो दर्जन से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। एक पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पुलिस ने विकास डबास को दिल्ली के मुबारकपुर से गिरफ्तार किया है, जो कई महीनों से फरार था और फर्जी जीएसटी घोटाले में शामिल था। उन्होंने बताया कि डबास की गिरफ्तारी पर 25 हजार रुपए का इनाम नोएडा पुलिस द्वारा घोषित था।पुलिस उपायुक्त (अपराध) शक्ति मोहन अवस्थी ने बताया कि डबास फर्जी दस्तावेज तैयार करने में शामिल था और वह गिरोह का ‘अहम सदस्य' था। इस माह के प्रारंभ में नोएडा पुलिस ने गिरोह के सदस्यों की करीब 12 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क की थी। उनमें दिल्ली में भी कई स्थानों की अचल संपत्तियां शामिल हैं। प्रवक्ता ने बताया कि इस मामले में पुलिस ने अब तक 29 लोगों को गिरफ्तार किया है।उन्होंने बताया कि चार मई 2023, को एक खबरिया चैनल के संपादक ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके आधार कार्ड और पैन कार्ड का दुरुपयोग करके उनके नाम से कंपनी खोली गई है और उसकी सहायता से करोड़ों रुपए के जीएसटी का आईटीसी लिया गया है। मीडिया कर्मी की शिकायत पर घटना की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही पुलिस ने इस घोटाले का खुलासा किया ।
- गांधीनगर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले दस वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास को दुनिया ने स्वीकारा है। शाह ने कहा कि अगर मोदी एक बार फिर से सत्ता में आते हैं तो भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन जाएगा। केंद्रीय गृह मंत्री ने गुजरात में अपने निर्वाचन क्षेत्र गांधीनगर में विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। शाह ने इस अवसर पर कहा, ''कई क्षेत्रों में नरेन्द्र मोदी द्वारा किए गए विकास कार्यों को दुनिया ने स्वीकार किया है। देश की सुरक्षा, नई शिक्षा नीति, मातृ भाषा को महत्व और गांव और शहर के विकास में मोदी सरकार ने नए आयाम हासिल किए हैं।'' उन्होंने 2014 से मोदी सरकार द्वारा शुरू की गई विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं को भी गिनाया।शाह ने कहा, ''देश की करोड़ों माताओं-बहनों के घर से धुंए को दूर कर उन्हें उज्ज्वला कनेक्शन देना, 11 करोड़ परिवारों को शौचालय, 14 करोड़ परिवारों को शुद्ध पीने का पानी, 60 करोड़ लोगो को हर महीने प्रति व्यक्ति पांच किलो मुफ्त अनाज, 60 करोड़ लोगों के पांच लाख रूपए तक के स्वास्थ्य उपचार का खर्चा उठाने और तीन करोड़ लोगो को उनका घर देने का काम प्रधानमंत्री मोदी ने इन 10 वर्षों में पूरा किया है।'' शाह ने कहा कि 2019 से अब तक पांच वर्षों में गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में 23,120 करोड़ रूपए के विकास कार्य हो चुके हैं। शाह ने गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र के सभी नागरिकों से कहा कि वे प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के साथ जुड़कर अपने घर पर सोलर पैनल लगाकर अपने बिजली के खर्च को कम कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ''मोदी देश की अर्थव्यवस्था को 11वें से पांचवें स्थान पर ले आए हैं और अगर वह एक बार फिर निर्वाचित होते हैं तो देश को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की गारंटी उनकी है।''
- भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने बाघों की आबादी पर नजर रखने और उसके अनुसार अपनी रणनीति तैयार करने के लिए राज्य में बाघों की हर साल गणना कराने का फैसला किया है। वन विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को कहा। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को घोषणा की कि ओडिशा में अब 30 बाघ और आठ शावक हैं। उन्होंने राज्य के 47 वन प्रभागों में 15 अक्टूबर, 2023 और 10 फरवरी, 2024 के बीच किए गए एक सर्वेक्षण के पूरा होने के बाद यह घोषणा की। राज्य में 2022 में बाघों की संख्या 20 थी।प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) सुशांत नंदा ने संवाददाताओं से कहा, “सर्वेक्षण रिपोर्ट से पता चलता है कि ओडिशा में बाघों की आबादी बढ़ी है। राज्य सरकार ने पहले ही वन विभाग और वन्यजीव शाखा को हर साल गणना करने और बाघों की आबादी पर नजर रखने के लिए कहा है, ताकि हम अपनी रणनीतियों का प्रबंधन कर सकें।'' उन्होंने कहा कि बाघों की अगली गणना रिपोर्ट अगले साल जारी की जाएगी।
- नयी दिल्ली। केंद्र सरकार ने राष्ट्र की सुरक्षा, अखंडता और संप्रभुता के खिलाफ गतिविधियों को जारी रखने को लेकर मंगलवार को जमात-ए-इस्लामी (जम्मू कश्मीर) पर प्रतिबंध पांच साल के लिए बढ़ा दिया। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने यह जानकारी दी। शाह ने कहा कि देश की सुरक्षा को खतरा पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को कड़ी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। उन्होंने ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी की आतंकवाद और अलगाववाद को कतई बर्दाश्त नहीं करने की नीति का पालन करते हुए सरकार ने जमात-ए-इस्लामी (जम्मू कश्मीर) पर प्रतिबंध पांच साल के लिए बढ़ा दिया है।'' गृह मंत्री ने कहा कि संगठन को राष्ट्र की सुरक्षा, अखंडता और संप्रभुता के खिलाफ अपनी गतिविधियां जारी रखते हुए पाया गया है। इसे पहली बार 28 फरवरी 2019 को ‘‘गैरकानूनी संगठन'' घोषित किया गया था।केंद्रीय गृह मंत्रालय ने एक अधिसूचना में कहा कि जमात-ए-इस्लामी (जम्मू-कश्मीर) उन गतिविधियों में शामिल रहा है, जो आंतरिक सुरक्षा और सार्वजनिक व्यवस्था के लिए खतरा हैं। गृह मंत्रालय ने जमात-ए-इस्लामी (जम्मू कश्मीर) के खिलाफ दर्ज 47 मामलों को सूचीबद्ध किया है, जिनमें हिंसक और अलगाववादी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए वित्त पोषण संबंधी एनआईए का मामला भी शामिल है। इसने कहा कि हिजबुल मुजाहिदीन, लश्कर-ए-तैयबा और अन्य आतंकवादी संगठनों के सक्रिय कैडरों और सदस्यों के माध्यम से जम्मू-कश्मीर समेत देशभर में हिंसक विरोध प्रदर्शन आयोजित करने, अशांति फैलाने और सांप्रदायिक वैमनस्य पैदा करने के लिए भी इस धन का उपयोग किया गया था।












.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)