- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहली बार मतदान के पात्र अधिक से अधिक युवाओं को मतदान के लिए प्रोत्साहित करने वास्ते मंगलवार को विभिन्न क्षेत्रों के लोगों से ‘मेरा पहला वोट देश के लिए' अभियान में शामिल होने का आह्वान किया। मोदी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘आइए, हम अपनी चुनावी प्रक्रिया को और अधिक सहभागी बनाएं। मैं जीवन के सभी क्षेत्रों के लोगों से आह्वान करता हूं कि वे पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं के बीच अपनी शैली में संदेश फैलाएं।'' इसके साथ ही प्रधानमंत्री ने हैशटैग ‘मेरा पहला वोट देश के लिए' का उपयोग किया।
प्रधानमंत्री ने यह आह्वान सूचना और प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर की एक पोस्ट पर प्रतिक्रिया देते हुए किया। ठाकुर ने ‘एक्स' पर एक वीडियो साझा करते हुए लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी ने हाल ही में अपने ‘मन की बात' संबोधन में आगामी लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पहली बार मतदान के पात्र अधिक से अधिक युवाओं से मतदान की अपील की थी। उन्होंने कहा, ‘‘मैं आप सभी से आग्रह करता हूं कि आप ‘मेरा पहला वोट देश के लिए' अभियान में शामिल हों और युवा मतदाताओं को अपने लोकतांत्रिक अधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रोत्साहित करें।'' ठाकुर के अलावा धर्मेंद्र प्रधान सहित कई केंद्रीय मंत्रियों ने भी इस वीडियो को साझा किया और लोगों से इस अभियान में शामिल होने की अपील की। प्रधान ने एक पोस्ट में वीडियो साझा करते हुए लिखा, ‘‘...प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आह्वान निश्चित ही हमारे युवाओं, विशेषकर पहली बार मतदान करने वालों को अधिक से अधिक संख्या में गर्व के साथ लोकतंत्र के महापर्व में अपनी भागीदारी करने के लिए प्रेरित करेगा।'' आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात' की 110वीं कड़ी में निर्वाचन आयोग के अभियान ‘मेरा पहला वोट-देश के लिए' का उल्लेख करते हुए मोदी ने पहली बार मतदान के पात्र युवाओं से अधिक-से-अधिक संख्या में मतदान करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा था, ‘‘भारत को, जोश और ऊर्जा से भरी अपनी युवा शक्ति पर गर्व है। हमारे युवा-साथी चुनावी प्रक्रिया में जितनी अधिक भागीदारी करेंगे, इसके नतीजे देश के लिए उतने ही लाभकारी होंगे। मैं भी पहली बार मतदान करने जा रहे युवाओं से आग्रह करूंगा कि वे रिकार्ड संख्या में मतदान करें।'' उन्होंने कहा कि 18 वर्ष का होने के बाद इन युवाओं को 18वीं लोकसभा के लिए सदस्य चुनने का मौका मिल रहा है। -
अहमदाबाद . गुजरात के अहमदाबाद के ढोलका शहर में मंगलवार तड़के एक तेज रफ्तार 'स्पोर्ट्स यूटिलिटी व्हीकल (एसयूवी)' के सड़क किनारे खड़े एक डंपर से टकरा जाने से पांच लोगों की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी ढोलका पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना तड़के करीब पांच बजे एसयूवी के शहर के पास एक राजमार्ग पर सड़क किनारे खड़े डंपर से टकरा जाने से हुई। अधिकारी ने बताया कि एसयूवी गुजरात के बोटाद जिले से दाहोद जा रही थी।
उन्होंने बताया कि इस घटना में पांच लोगों की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए जिनमें एक महिला भी शामिल है। घायलों को अहमदाबाद के एक सरकारी अस्पताल में ले जाया गया है। -
तिरुवनंतपुरम. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को उन चार अंतरिक्ष यात्रियों के नामों की घोषणा की, जो देश के पहले मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन-‘गगनयान' के लिए प्रशिक्षण ले रहे हैं। मोदी ने तिरुवनंतपुरम के पास थुंबा में विक्रम साराभाई अंतरिक्ष केंद्र (वीएसएससी) का मंगलवार को दौरा किया। उन्होंने इस दौरान भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) की तीन प्रमुख अंतरिक्ष बुनियादी ढांचा परियोजनाओं का उद्घाटन किया। उन्होंने वीएसएससी में बताया कि ग्रुप कैप्टन प्रशांत बालकृष्णन नायर, अंगद प्रताप एवं अजीत कृष्णन और विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला गगनयान मिशन के लिए नामित अंतरिक्ष यात्री हैं। उन्होंने इन चारों को ‘अंतरिक्ष यात्री पंख' प्रदान किये।
इस मौके पर मोदी ने कहा कि ये चार ऐसी ताकतें हैं जो देश के 1.4 अरब लोगों की आकांक्षाओं को समाहित करती हैं। उन्होंने कहा कि चार दशक बाद कोई भारतीय अंतरिक्ष में जाने के लिए तैयार है और ‘‘इस बार उलटी गिनती, समय और यहां तक कि रॉकेट भी हमारा है।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें इस बात पर गर्व और खुशी है कि गगनयान मानव अंतरिक्ष उड़ान मिशन में उपयोग किए गए अधिकतर पुरजे भारत में बने हैं। प्रधानमंत्री ने देश के अंतरिक्ष कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा निभाई गई ‘‘महत्वपूर्ण भूमिका'' पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि चंद्रयान और गगनयान जैसे अंतरिक्ष अभियानों में महिलाएं अहम हिस्सा हैं और उनके बिना यह संभव नहीं होता। मोदी ने यह भी कहा कि अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत की सफलता न केवल देश की युवा पीढ़ी में वैज्ञानिक सोच के बीज बो रही है, बल्कि विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण विकासात्मक प्रगति से 21वीं सदी में एक बड़े वैश्विक खिलाड़ी के रूप में उभरने में भी मदद मिल रही है। प्रधानमंत्री ने इस दौरान इसरो के गगनयान मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम की समीक्षा भी की।
मोदी ने केरल के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान, मुख्यमंत्री पिनराई विजयन और विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरन के साथ वीएसएससी में प्रदर्शित विभिन्न इसरो परियोजनाओं की प्रदर्शनी भी देखी। मोदी ने वीएसएससी में एक ‘ट्राइसोनिक विंड टनल', तमिलनाडु के महेंद्रगिरि में इसरो प्रणोदन परिसर (इसरो प्रोपल्शन कॉम्प्लेक्स) में ‘सेमी-क्रायोजेनिक्स इंटीग्रेटेड इंजन और स्टेज टेस्ट फेसिलिटी' और आंध्र प्रदेश के श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र (एसएचएआर) में पीएसएलवी एकीकरण इकाई का उद्घाटन किया। ये तीन परियोजनाएं अंतरिक्ष क्षेत्र में विश्व स्तरीय तकनीकी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगभग 1,800 करोड़ रुपये की संचयी लागत पर विकसित की गई हैं। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन का प्रमुख केंद्र वीएसएससी प्रक्षेपण यान प्रौद्योगिकी के डिजाइन और विकास का काम करता है। वीएसएससी में ‘ट्राइसोनिक विंड टनल' रॉकेट और विमानों के स्केल्ड मॉडल (किसी वस्तु का 3डी भौतिक मॉडल) की वायुगतिकीय विशेषताओं और डिजाइन का आकलन करने के लिए उनके ऊपर नियंत्रित समान वायु प्रवाह पैदा करती है। इसके परीक्षण खंड का आकार 1.2 मीटर है और यह ध्वनि की गति से चार गुना तक अधिक गति पैदा कर सकती है। महेंद्रगिरि इकाई एक अत्याधुनिक केंद्र है जो प्रणोदक के बड़े प्रवाह को संभालने में सक्षम है। इसकी ऊंचाई 51 मीटर है और इसके ‘फ्लेम डिफ्लेक्टर' की गहराई 30 मीटर है। ‘फ्लेम डिफ्लेक्टर' ऐसी संरचना या उपकरण है जिसे रॉकेट इंजन या अन्य प्रणोदन प्रणालियों द्वारा पैदा गर्मी और गैसों का मार्ग बदलने या उन्हें विघटित के लिए बनाया जाता है। श्रीहरिकोटा में पीएसएलवी एकीकरण इकाई प्रथम लॉन्च पैड (एफएलपी) से प्रक्षेपण आवृत्ति बढ़ाने के लिए विकसित की गई है और इसमें एकीकरण भवन, सेवा भवन, रेल ट्रैक और संबंधित प्रणाली शामिल हैं। इन सुविधाओं का उद्घाटन भारत की अंतरिक्ष अन्वेषण क्षमताओं में महत्वपूर्ण प्रगति का प्रतीक है। -
बलिया (उप्र) जिले के दोकटी थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के एक मांगलिक कार्यक्रम से लौट रहे ग्रामीणों के दो वाहनों की एक अन्य वाहन से टक्कर हो गई। पुलिस ने बताया कि इस दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गयी और क़रीब 10 लोग घायल हो गए। पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) मोहम्मद उस्मान ने मंगलवार को बताया कि दोकटी क्षेत्र के सुघर छपरा मोड़ के पास मंगलवार को तड़के लगभग साढ़े तीन बजे तेज रफ्तार पिकअप वाहन और दो जीप में टक्कर हो गयी। उन्होंने बताया कि इस हादसे में छह लोगों की मौत हो गयी तथा दस लोग घायल हो गए हैं। घायलों में से चार लोगों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें वाराणसी रेफर किया गया है। सीओ ने बताया कि दोनों जीप में कुल 17 लोग सवार थे। जीप में सवार लोग खेजुरी थाना क्षेत्र के मासूमपुर गांव में तिलक समारोह से लौट रहे थे। उन्होंने कहा कि मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
- गाजियाबाद (उप्र) ।गाजियाबाद जिले में अपने पति की दिल का दौरा पड़ने से हुई मौत से सदमे में आयी एक नवविवाहिता ने बहुमंजिला इमारत से कथित रूप से कूदकर खुदकुशी कर ली। इंदिरापुरम के सहायक पुलिस आयुक्त स्वतंत्र कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि अभिषेक (25) नामक युवक सोमवार को अपनी पत्नी अंजलि (23) के साथ दिल्ली स्थित चिड़ियाघर गया था, तभी उसके सीने में अचानक तेज दर्द उठा। सिंह के मुताबिक अभिषेक को सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां उसकी मौत हो गयी। उनके अनुसार उसका शव रात करीब नौ बजे कौशाम्बी थाना क्षेत्र स्थित वैशाली सेक्टर—3 के अहलकॉन अपार्टमेंट की सातवीं मंजिल पर स्थित उसके घर लाया गया था।अभिषेक और अंजलि की शादी पिछले साल 30 नवम्बर को ही हुई थी। सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिये ले जाया गया है।
- पटना ।बिहार के विपक्षी ‘महागठबंधन’ के लिए मंगलवार को एक नई मुसीबत उस समय पैदा हो गयी जब कांग्रेस-राजद गठबंधन के तीन विधायक बिहार विधानसभा के भीतर सत्ता पक्ष के सदस्यों के साथ जा बैठे।यह नाटकीय घटनाक्रम बिहार विधानसभा में भोजनावकाश के बाद हुआ। कार्यवाही शुरू होने पर राजद की संगीता कुमारी के अलावा कांग्रेस विधायक मुरारी गौतम और सिद्धार्थ सिंह को उपमुख्यमंत्री और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सम्राट चौधरी के पीछे सदन के भीतर प्रवेश करते देखा गया। चौधरी द्वारा इशारा करने पर वे सत्ता पक्ष की ओर बैठ गए और सत्तारूढ़ राजग के विधायकों ने मेजें थपथपाकर इसका अनुमोदन किया।बिहार विधानसभा में इस ताजा स्थिति से एक पखवाड़ा पहले राजद के तीन विधायक उस दिन पार्टी छोड़कर चले गए थे जब उसके वरिष्ठ नेता और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी को अविश्वास प्रस्ताव के जरिए हटा दिया गया था और जनता दल यू के अध्यक्ष नीतीश कुमार की अगुवाई में नई सरकार ने भाजपा के सहयोग से विश्वास मत हासिल किया था। राजद ने अपने तीनों विधायकों चेतन आनंद, नीलम देवी और प्रह्लाद यादव को सदन की सदस्यता से अयोग्य ठहराने की मांग की है ।इनमें से किसी ने भी अब तक औपचारिक रूप से पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया है।जिसने विभाजन के डर से विश्वास मत से पहले अपने 19 विधायकों में से एक को छोड़कर सभी को हैदराबाद भेज दिया था।सिद्धार्थ सिंह जिनके बारे में कहा जाता है कि वे कांग्रेस के राज्य नेतृत्व से नाखुश थे, उन्होंने उस समय अपने विक्रम निर्वाचन क्षेत्र में पूर्व व्यस्तताओं का हवाला देते हुए बिहार छोड़ने से इनकार कर दिया था। नीतीश कुमार के अचानक महागठबंधन छोड़ने और राजग में वापसी के परिणामस्वरूप मुरारी गौतम को पिछले महीने अपना मंत्री पद खोना पड़ा था।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भारत में बढ़ रहे प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) और करदाताओं की बढ़ती संख्या सहित अन्य आंकड़ों का हवाला देते हुए सोमवार को कहा कि पिछले 10 वर्ष में सरकार के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ा है और इन्हीं मजबूत आधारों पर भारत आने वाले पांच वर्ष में एक बड़ी छलांग लगाने के लिए तैयार है। टीवी 9 के वैश्विक शिखर सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए उन्होंने यह दावा भी किया कि साल 2014 के बाद उनके नेतृत्व वाली सरकार के विकास मॉडल से ग्रामीण भारत भी सशक्त हुआ है। उन्होंने कहा, "पिछली सरकार के 10 वर्षों के दौरान भारत ने एफडीआई में केवल 300 बिलियन डॉलर आकर्षित किए। हमारी सरकार के 10 वर्षों में, भारत ने 640 बिलियन डॉलर का एफडीआई प्राप्त किया।" प्रधानमंत्री ने कहा कि डिजिटल क्रांति, कोविड-19 महामारी के दौरान टीकों में विश्वास और 10 वर्षों में करदाताओं की बढ़ती संख्या साबित करते हैं कि सरकार के प्रति लोगों में विश्वास बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 2014 में लोगों ने म्यूचुअल फंड में 9 लाख करोड़ रुपये का निवेश किया था जबकि 2024 में म्यूचुअल फंड में 52 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का निवेश हुआ है। उन्होंने कहा, "ऐसा इसलिए है क्योंकि लोग देश की क्षमता में विश्वास करते हैं। भारत एक बड़ी छलांग लगाने के लिए तैयार है तो उसके पीछे 10 साल का एक पावरफुल लॉन्चपैड है।" उन्होंने कहा, "हमारे तीसरे कार्यकाल में भारत के सामर्थ्य को नई ऊंचाई तक पहुंचाना है। विकसित भारत की संकल्प यात्रा में आने वाले पांच वर्ष हमारे देश की प्रगति और प्रशस्ति के वर्ष हैं।" प्रधानमंत्री ने कहा कि आज 21वीं सदी के भारत ने छोटा सोचना छोड़ दिया है। आज वह जो करता है, वह सर्वश्रेष्ठ और सबसे बड़ा होता है। उन्होंने कहा, "आज भारत की उपलब्धियां देखकर दुनिया हैरान है। दुनिया, भारत के साथ चलने में अपना फायदा देख रही है।" पूर्ववर्ती सरकारों, खासकर कांग्रेस पर निशाना साधते हुए मोदी ने कहा कि आजादी के बाद दशकों तक जिन्होंने सरकार चलाई, उनका भारतीयता के सामर्थ्य पर ही विश्वास नहीं था। मोदी ने कहा, "उन्होंने भारतीयों के सामर्थ्य को कम करके आंका। तब लाल किले से कहा जाता था कि हम भारतीय निराशावादी हैं, पराजय भावना को अपनाने वाले हैं।" उन्होंने कहा कि लाल किले से ही भारतीयों को आलसी कहा गया, मेहनत से जी चुराने वाला कहा गया। उन्होंने कहा कि जब देश का नेतृत्व ही निराशा से भरा हुआ हो तो फिर देश में आशा का संचार कैसे होता। प्रधानमंत्री ने कहा कि इसलिए देश के अधिकांश लोगों ने भी ये मान लिया था कि देश तो अब ऐसे ही चलेगा।
उन्होंने कहा, "पिछले 10 वर्ष में ऐसा क्या बदला कि आज हम यहां पहुंचे हैं? ये बदलाव है सोच का, ये बदलाव है आत्मविश्वास का, भरोसे का। ये बदलाव है सुशासन का।" मोदी ने कहा कि 2014 के बाद से सरकार ने गांव को ध्यान में रखकर इंफ्रास्ट्रक्चर का निर्माण किया, गांव और शहर के बीच कनेक्टिविटी बेहतर हुई और रोजगार के नए अवसर तैयार किए गए तथा महिलाओं की आय बढ़ाने के साधन विकसित किए गए। उन्होंने कहा कि विकास के इस मॉडल से ग्रामीण भारत सशक्त हुआ है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले की सरकारों की एक और सोच यह थी कि वे देश की जनता को अभाव में रखना पसंद करती थीं। उन्होंने कहा,‘‘ अभाव में रह रही जनता को यह लोग चुनाव के समय थोड़ा बहुत देकर अपना स्वार्थ सिद्ध करते थे। उसके चलते ही देश में एक वोट बैंक पॉलिटिक्स का जन्म हुआ यानी सरकार केवल उसके लिए काम करते थी जो उन्हें वोट देता था। -
नयी दिल्ली. भारतीय वायुसेना की ‘स्क्वाड्रन लीडर' सुमिता यादव और फिल्मकार विवेक अग्निहोत्री को यहां भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी) के पूर्व छात्रों के संगठन ने संयुक्त रूप से ‘एलुमनाई ऑफ द ईयर' नामित किया। आईआईएमसी एलुमनाई एसोसिएशन (इमका) ने एक बयान में यह जानकारी दी। एसोसिएशन ने रविवार को नयी दिल्ली में संस्थान के विशाल परिसर में अपने 12वें वार्षिक समारोह का आयोजन किया। उसने एक बयान में कहा, आईआईएमसी एलुमनाई एसोसिएशन ने दिल्ली में अपने 12वें वार्षिक समारोह में ‘इमका कनेक्शन्स अवार्ड्स' 23 विजेताओं को प्रदान किया। फिल्म निर्देशक विवेक अग्निहोत्री और भारतीय वायुसेना की स्क्वाड्रन लीडर सुमिता यादव को वर्ष के एलुमनाई पुरस्कार से नवाजा गया।
एसोसिएशन के अनुसार, ‘लाइफ टाइम अचीवमेंट' पुरस्कार दूरदर्शन की रिनी एस खन्ना, पत्रकार बर्नार्ड विवियन फर्नांडीस, और राजीव देशपांडे को प्रदान किया गया। बयान के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पुलिस उप महानिरीक्षक संजीव शुक्ला, पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह, असम में पुलिस अधीक्षक नुमल महत्ता, भारतीय प्रशासनिक सेवा की अधिकारी मिताली नामचूम सिंह और मणिपुर के विधायक शेख नूरुल हसन को ‘लोक सेवा पुरस्कार' से नवाजा गया। एसोसिएशन ने कहा कि इसके अतिरिक्त, 25 साल पहले संस्थान से पढ़ाई पूरी करने वाले 91 पूर्व छात्रों (रजत जयंती बैच) को भी सम्मानित किया गया।
-
अयोध्या. विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने सोमवार को अयोध्या में अपने केंद्रीय न्यासी बोर्ड और गवर्निंग काउंसिल की बैठक में संगठन के वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार को नया अध्यक्ष और बजरंग लाल बागड़ा को महासचिव चुना। विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने बताया कि संगठन के वर्तमान कार्यकारी अध्यक्ष और वरिष्ठ वकील आलोक कुमार को विहिप का नया अध्यक्ष जबकि बजरंग लाल बागड़ा को विहिप का नया महासचिव चुना गया है। इन दोनों को लगभग 400 पदाधिकारी ने सर्वसम्मति से अपना मत प्रदान किया। उन्होंने बताया कि नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने मिलिंद परांडे को नया महासचिव (संगठन) नियुक्त किया और विनायक राव देशपांडे को सह-महासचिव (संगठन) नियुक्त किया गया है। बंसल ने बताया कि बैठक में दो संकल्प भी पारित किए गए। पहले संकल्प में ‘राष्ट्रहित में मतदान करें और शत-प्रतिशत मतदान करें' की बात कही गई है जबकि दूसरे संकल्प में राम मंदिर निर्माण के बाद राम राज्य की ओर अग्रसर होने का आह्वान किया गया है।
-
भुवनेश्वर. ओडिशा में बाघों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है जो दो साल पहले के आंकड़े से 10 अधिक है। मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने सोमवार को यह घोषणा की। राज्य में इस समय आठ शावक भी हैं लेकिन एक साल से कम उम्र के होने की वजह से उन्हें बाघों की संख्या में शामिल नहीं किया गया है। पटनायक ने ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि पहले अखिल ओडिशा बाघ आकलन में ओडिशा के वनों में बाघों की संख्या 30 और शावकों की संख्या 8 दर्ज की गई है। बाघों की संख्या 2022 में 20 थी। सिमलीपाल बाघ अभयारण्य में इस समय 27 बाघ हैं।'' तीन अन्य बाघ हीराकुंड वन्यजीव संभाग, परालाखेमुंडी क्षेत्रीय वन संभाग और ग्रेटर सिमलीपाल टाइगर लैंडस्कैप में मिले हैं।
-
अयोध्या . विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने सोमवार को कहा कि अयोध्या में नवनिर्मित मंदिर में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा के बाद ‘एक नया युग शुरू हो गया है' और ‘अब श्री राम मंदिर से रामराज्य की शुरुआत हो चुकी है।' विहिप के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने बताया कि विश्व हिंदू परिषद ने सोमवार को अयोध्या में अपने केंद्रीय न्यासी बोर्ड और गवर्निंग काउंसिल की बैठक में दो प्रस्ताव - ‘‘राष्ट्रीय हित में मतदान करें और शत-प्रतिशत मतदान करें'' और ‘‘श्री राम मंदिर का निर्माण- अब रामराज्य की ओर'', पारित किए। ‘श्रीराम मन्दिर का निर्माण- अब रामराज्य की ओर' शीर्षक वाले संकल्प में कहा गया है कि 22 जनवरी 2024 (पौष शुक्ल द्वादशी, संवत् 2080) विश्व के इतिहास में एक स्वर्णिम तिथि बन गयी है। इस दिन 496 वर्षों के संघर्ष की गौरवमयी, सफल, सुखद परिणिति की अनुभूति सम्पूर्ण विश्व को हुई। रामलला के साथ उनकी मर्यादाओं व हिन्दू संस्कृति की भी पुन: प्राण प्रतिष्ठा हुई। इस दिन यह सिद्ध हो गया कि राम ही राष्ट्र हैं और राष्ट्र ही राम हैं। संकल्प में कहा गया, ‘‘समस्त विघटनकारी व राष्ट्र विरोधी षड़यंत्र धूमिल हो गये। सम्पूर्ण विश्व भी इस दिन आह्लादित था क्योंकि उन्हें लगा कि एक नये भविष्य की रचना की जा रही है। हिन्दू समाज ने जन्मभूमि पर मन्दिर निर्माण के लिए विश्व का सबसे लम्बा संघर्ष किया। 76 बार हुए भीषण युद्धों में सम्पूर्ण देश के रामभक्तों ने सहभागिता की, इनके बिना यह पावन दिवस सम्भव नहीं था। इन संघर्षों में बलिदान हुए लाखों बलिदानियों को प्रन्यासी मण्डल नमन् करता है।'' संकल्प में राम मंदिर आंदोलन में शामिल रहे महंत रामचंद्र परमहंस और महंत अवैद्यनाथ समेत अनेक साधु संतों के प्रति आभार प्रकट किया गया। बैठक में प्रस्तुत एक अन्य प्रस्ताव में सभी मतदाताओं से शत प्रतिशत मतदान का आह्वान करते हुए कहा गया, ‘‘भारत विश्व का सबसे बड़ा लोकतंत्र है। प्रत्येक पांच वर्षों के पश्चात् राष्ट्रीय निर्वाचन का महापर्व आता है। लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं के संचालन के लिए मतदान अत्यन्त आवश्यक है। यह हमारा राष्ट्रधर्म भी है। आगामी लोकसभा निर्वाचन की तिथियों की घोषणा कभी भी हो सकती है।" प्रस्ताव में कहा गया है, ‘‘विश्व हिन्दू परिषद का प्रन्यासी मण्डल हिन्दू समाज से आह्वान करता है कि अपने निजी स्वार्थ, जातिगत अभिनिवेश, भाषावाद, सम्प्रदायवाद व क्षेत्रवाद आदि भेदभावों को छोड़कर राष्ट्रहित में मतदान अवश्य करें। यह निर्वाचन भारत के भविष्य को निर्धारित करने वाला है। आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित, समृद्ध और शक्तिशाली भारत सौंपना हम सबका सामूहिक दायित्व है। इस कार्य के लिए ऐसी सरकार का निर्वाचन आवश्यक है जो भारतीय संस्कृति व जीवन मूल्यों का सम्मान तथा उनकी रक्षा के लिए प्रतिबद्ध हो।
-
पुणे (महाराष्ट्र) .अमेरिकी वाणिज्य दूतावास ने महरत्ता चैंबर ऑफ कॉमर्स, इंडस्ट्रीज एंड एग्रीकल्चर (एमसीसीआईए) के सहयोग से दोनों देशों के बीच सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) जुड़ाव मजबूत करने के लिए अब तक की पहली अमेरिका-भारत साइबर सुरक्षा पहल शुरू की है। एमसीसीआईए बिजनेस इंटरनेशनल बिजनेस समिट के लिए सोमवार को पुणे में मौजूद अमेरिकी महावाणिज्य दूत माइक हैंकी ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य नौकरियां सृजित करने और अत्याधुनिक समाधान विकसित करने के लिए दुनियाभर के शीर्ष साइबर सुरक्षा विशेषज्ञों को एकजुट करना है। उन्होंने कहा कि यह पहल साइबर क्षेत्र में लोगों के बीच परस्पर संबंधों को भी बढ़ावा देगी।
-
केंद्रपाड़ा (ओडिशा). ओडिशा के केंद्रपाड़ा जिले में सोमवार को एक कार के सड़क से फिसलकर पेड़ से टकरा जाने के कारण एक रंगमंच समूह की कम से कम तीन महिला कलाकारों की मौत हो गई और चार अन्य लोग घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना ओस्तापुर इलाके के पास उस समय हुई जब समूह की कार सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई। उन्होंने बताया कि तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार घायलों को अस्पताल ले जाया गया।
घायलों में से तीन की हालत गंभीर है और उन्हें कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसा उस वक्त हुआ जब रंगमंच समूह के सदस्य नाराणपुर गांव में कार्यक्रम में भाग लेने के बाद कटक लौट रहे थे। -
नई दिल्ली। केन्द्रीय ऊर्जा तथा नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राज कुमार सिंह ने आज नई दिल्ली में चार हजार मेगावॉट की क्षमता वाली बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली के विकास के लिए अनुदान योजना के क्रियान्वयन के ढांचे को अंतिम रूप देने से संबंधित बैठक की अध्यक्षता की। विद्युत मंत्रालय, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय, केन्द्रीय विद्युत प्राधिकरण, भारतीय सौर ऊर्जा निगम, ग्रिड इंडिया और एनटीपीसी विद्युत व्यापार निगम लिमिटेड के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में मौजूद थे। अधिकारियों को संबोधित करते हुए ऊर्जा तथा नई और नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री राज कुमार सिंह ने कहा कि हाल के वर्षों में बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली की कीमतों में कमी आई है। उन्होंने कहा कि सरकार बिजली की मांग के साथ-साथ ऊर्जा संक्रमण की तेजी से बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली की स्थापना के लिए प्रोत्साहन देगी। बैठक में यह विचार किया गया कि ऊर्जा की उच्च्तम मांग के दौरान बैटरी ऊर्जा भंडारण प्रणाली विद्युत आपूर्ति के लिए सक्षम होना चाहिए ताकि ग्रिड पर ज्यादा दबाव न पडे।
-
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में रामनवमी दंगों के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने एक धार्मिक जुलूस के दौरान सांप्रदायिक हमले की साजिश रचने और उसे अंजाम देने के आरोप में सोलह लोगों को गिरफ्तार किया है। एनआईए ने जांच के दौरान सामने आए सबूतों और जब्त की गई वीडियो फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान की है।
यह घटना पिछले साल 30 मार्च को पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में रामनवमी जुलूस के दौरान हुई थी। गिरफ्तार लोगों पर जुलूस में भाग लेने वाले एक विशेष समुदाय के सदस्यों पर हमले का आरोप है। राष्ट्रीय जांच एजेंसी इस मामले में आगे की जांच जारी रखे हुए हैं। -
जौनपुर (उप्र). जौनपुर जिले के सिकरारा थाना क्षेत्र में रोडवेज बस और ट्रैक्टर की टक्कर में ट्रैक्टर पलट जाने से उसमें दबकर छह श्रमिकों की मौत हो गयी और दो श्रमिक गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस के एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) शैलेंद्र सिंह ने बताया कि रविवार रात्रि लगभग साढ़े ग्यारह बजे प्रयागराज की तरफ से देवरिया जा रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की बस से समाधगंज बाजार में 12 श्रमिकों को लेकर जा रहे ट्रैक्टर की जबरदस्त टक्कर हो गई। सिंह ने बताया कि इस दुर्घटना में ट्रैक्टर पर सवार पांच श्रमिकों की मौत मौके पर हो गयी जबकि ड्राइवर समेत तीन गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पुलिस ने बाहर निकाल कर सिकरारा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा। उन्होंने बताया कि हालत गंभीर होने पर तीनों को जिला अस्पताल भेज दिया गया जहां पर उपचार के दौरान लगभग दो बजे रात को एक अन्य घायल श्रमिक की मौत हो गयी। पुलिस के अनुसार मृतकों में थाना सिकरारा के ग्राम अलीशाहपुर निवासी नीरज सरोज (28), राजेश सरोज (45), संग्राम विश्वकर्मा (25) और चाई मुसहर (20) तथा बधुआवर निवासी गोविंद विन्द (30) और बक्शा थाना क्षेत्र के ग्राम वीरपालपुर निवासी अतुल सरोज (30) शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक एवं पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। ट्रैक्टर के नीचे दबे हुए शवों को पुलिस ने बाहर निकाला और घायलों को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय भेजा गया। मृत श्रमिकों की पहचान के बाद उनके परिजनों को सूचना भिजवा दी गयी है। सभी मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को कहा कि उनका लक्ष्य एक ऐसे समाज का निर्माण करना है जहां सरकार का हस्तक्षेप कम से कम हो और वह लोगों की समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए उत्प्रेरक के रूप में कार्य करे। राजधानी स्थित भारत मंडपम में ‘भारत टेक्स 2024' के उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार गरीबों के लिए होनी चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘हमें ऐसा समाज बनाना होगा जिसमें सरकार का हस्तक्षेप कम से कम हो... मैं विशेष रूप से मध्यम वर्ग के जीवन में हस्तक्षेप को पसंद नहीं करता हूं।'' मोदी ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से वह न्यूनतम सरकारी हस्तक्षेप वाले समाज के निर्माण के लिए लड़ रहे हैं और अगले पांच वर्षों में भी ऐसा करना जारी रखेंगे। उन्होंने जोर देकर कहा कि देश में समृद्धि सुनिश्चित करने के लिए सरकार को उत्प्रेरक एजेंट के रूप में कार्य करना चाहिए। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार की दूसरों की जिंदगी में दखल देने की आदत के खिलाफ वह 10 साल से लड़ रहे हैं और ‘आने वाले पांच साल में वह निश्चित रूप से ऐसा ही करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘मैं निश्चित रूप से आने वाले 5 वर्षों में ऐसा करना जारी रखूंगा। ‘भारत टेक्स 2024' कपड़ा क्षेत्र में भारत में होने वाला सबसे बड़ा आयोजन है।
-
मुंबई. प्रसिद्ध गजल गायक पंकज उधास का सोमवार को यहां निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। यह जानकारी उनकी बेटी नयाब ने दी। पंकज उधास 72 वर्ष के थे। वह "चिट्ठी आई है" और "जिएं तो जिएं कैसे" जैसे गीतों और गजलों के लिए जाने जाते हैं। एक पारिवारिक सूत्र ने बताया कि पंकज उधास का ब्रीच कैंडी अस्पताल में पूर्वाह्न 11 बजे के करीब निधन हो गया। उधास ने 'नाम', 'साजन' और 'मोहरा' सहित कई हिंदी फिल्मों में पार्श्व गायक के रूप में भी अपनी पहचान बनाई। नयाब ने सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम' पर पोस्ट किया, "बहुत भारी मन से, हम आपको पद्मश्री पंकज उधास के 26 फरवरी 2024 को लंबी बीमारी के कारण दुखद निधन होने की सूचना दे रहे हैं।'' पंकज उधास का अंतिम संस्कार मंगलवार को होगा।
-
नयी दिल्ली. कॉल करने वाले की पहचान से संबंधित ऐप ‘ट्रूकॉलर' ने सोमवार को भारत में कृत्रिम मेधा (एआई) से संचालित कॉल रिकॉर्डिंग सुविधा शुरू करने की घोषणा की। इस सुविधा में कॉल का सारांश एवं ब्योरा भी मिलेगा। कंपनी ने कहा कि एआई-आधारित कॉल रिकॉर्डिंग सुविधा के लिए शुल्क लगेगा और यह प्रीमियम सदस्यता के साथ उपलब्ध होगी। यह एंड्रॉयड और आईओएस दोनों ऑपरेटिंग प्रणालियों वाले मोबाइल फोन पर काम करेगी। इस सुविधा के तहत उपयोगकर्ताओं को सीधे ट्रूकॉलर ऐप के भीतर इनकमिंग और आउटगोइंग कॉल रिकॉर्ड करने की क्षमता होगी। यह महत्वपूर्ण बातचीत को दर्ज करने और उनके प्रबंधन का एक सुविधाजनक एवं कुशल तरीका मुहैया कराता है। ट्रूकॉलर ने इस सुविधा की शुरुआत की घोषणा करते हुए बयान में कहा कि कृत्रिम मेधा प्रौद्योगिकी के आने से उपयोगकर्ताओं को जरूरी ब्योरा दर्ज करने की चिंता नहीं रह जाएगी और इससे कॉल के दौरान उत्पादकता सुधरेगी। कंपनी ने कहा कि इस सुविधा के इस्तेमाल से समूची बातचीत का विस्तृत ब्योरा और उसका सारांश भी उपलब्ध हो जाएगा। इसके अलावा किसी भी कॉलर की बातचीत को अंग्रेजी और हिंदी में लिखित रूप में बदला जा सकेगा। यह खास सुविधा प्रीमियम प्लान के तहत ही उपलब्ध कराई जा रही है जो 75 रुपये मासिक या 529 रुपये सालाना की दर से शुरू होता है। ट्रूकॉलर के प्रबंध निदेशक और मुख्य उत्पाद अधिकारी ऋषित झुनझुनवाला ने कहा कि नवीनतम पहल ग्राहकों को अपनी बातचीत के प्रबंधन में अधिक नियंत्रण और लचीलापन देती है।
-
नई दिल्ली। नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बी.वी.आर. सुब्रह्मण्यम ने कहा है कि नवीनतम उपभोक्ता व्यय सर्वेक्षण से संकेत मिलता है कि देश में गरीबी कम होकर पांच प्रतिशत पर आ गई है। सर्वेक्षण के अनुसार ग्रामीण और शहरी- दोनों क्षेत्रों के लोग समृद्ध हो रहे हैं।
कल नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में श्री सुब्रह्मण्यम ने कहा कि सर्वेक्षण से कई महत्वपूर्ण बातें सामने आई हैं। घरों के उपभोग संबंधी आंकड़ों से देश में गरीबी की स्थिति और गरीबी दूर करने के उपायों की सफलता का पता चलता है। सर्वे के आंकड़ों के हवाले से उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों में उपभोग में लगभग ढाई गुणा की वृद्धि हुई है।नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि सर्वेक्षण के निष्कर्षों से यह महत्वपूर्ण तथ्य भी सामने आया है कि शहरी क्षेत्रों की तुलना में ग्रामीण क्षेत्रों में उपभोग तेजी से बढ़ रहा है।सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के तहत राष्ट्रीय प्रतिदर्श सर्वेक्षण कार्यालय ने शनिवार को वर्ष 2022-23 के लिए घरेलू उपभोग व्यय संबंधी आंकड़े जारी किए। इसके अनुसार प्रति व्यक्ति मासिक व्यय 2011-12 की तुलना में 2022-23 में दोगुने से भी अधिक हो गया है। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रेलवे की 41 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अवसंरचना परियोजनाओं का शुभारंभ किया। उन्होंने रेलवे की दो हजार से अधिक परियोजनाओं की आधारशिला रखी और उन्हें राष्ट्र को समर्पित किया।
कार्यक्रम के दौरान श्री मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत 553 रेलवे स्टेशनों के पुनर्विकास कार्यक्रम की आधारशिला रखी। ये रेलवे स्टेशन 27 राज्यों और 9 केंद्र शासित प्रदेशों में हैं। 19 हजार करोड़ रुपये की लागत से इनका पुनर्विकास किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में गोमतीनगर रेलवे स्टेशन का भी उद्घाटन किया।उन्होंने एक हजार पांच सौ ओवरब्रिज और अंडरपास का भी शुभारंभ किया। इन परियोजनाओं से सड़कों पर भीड़भाड़ कम होगी और सुरक्षा तथा सम्पर्क को बढ़ावा मिलेगा।इस अवसर पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि विगत दस वर्षों में रेलवे ने बदलाव के साथ विकास का दौर देखा है। उन्होंने बताया कि 31 हजार किलोमीटर रेल पटरियां बिछाई गई हैं और 40 हजार किलोमीटर रेल पटरियों का विद्युतीकरण इन वर्षों में हुआ है। उन्होंने कहा कि आज प्रतिदिन 15 किलोमीटर रेल पटरी बिछाई जा रही है, जबकि 2014 में प्रतिदिन केवल चार किलोमीटर पटरियां ही बिछाई जा रही थीं।उन्होंने यह भी बताया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में जम्मू कश्मीर और पूर्वोत्तर के राज्यों में रेलवे के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य हुए हैं। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि देश में लोगों को किफायती स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। आज राजकोट में पांच नए एम्स और 48 हजार करोड़ रुपये से अधिक की कई विकास परियोजनाओं का शुभारंभ करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार देश में स्वास्थ्य के क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं में सुधार लाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बीमारी रोकना और बीमारी से लडने के लिए क्षमता बढाना भी उनकी सरकार की प्राथमिकता है।
श्री मोदी ने कहा कि पिछले दस वर्षों में सरकार ने देश में दस नये एम्स को मंजूरी दी है। इस अवधि में एमबीबीएस और पीजी की सीटें भी काफी बढाई गई हैं। प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत की भविष्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को दिखाने के लिए आज बड़ी स्वास्थ्य परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा रहा है।प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार नवीकरणीय ऊर्जा के उपयोग को भी बढ़ावा दे रही है और सौर तथा पवन चक्की पार्क स्थापित कर रही है। उन्होंने कहा कि पीएम सूर्य घऱ योजना के माध्यम से सरकार मध्यम वर्ग के परिवारों के बिजली बिलों में कटौती करके जीरो लाने की कोशिश कर रही है। बेट द्वारका में गहरे समुद्र में अपने अनुभव के बारे में प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत की उनकी परिकल्पना को आज आध्यात्मिक शक्ति मिली है। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने 23 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में 11 हजार पांच सौ करोड़ रुपये से अधिक की दो सौ से ज्यादा स्वास्थ्य देखभाल ढांचागत परियोजनाओं की आधारशिला रखी और राष्ट्र को समर्पित किया। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज ओखा मुख्य भूमि को बेट द्वारका से जोड़ने वाले देश के सबसे लंबे केबल-ब्रिज सुदर्शन सेतु का उद्घाटन किया। इस पुल की लंबाई 2.32 किलोमीटर है। इससे पहले प्रधानमंत्री ने बेट द्वारका में भगवान श्रीकृष्ण मंदिर में पूजा-अर्चना की। इसके बाद प्रधानमंत्री ने चार लेन वाले केबल-पुल सुदर्शन-सेतु का उद्घाटन किया। इस पुल के दोनों ओर श्रीमद्भगवद्गीता से श्लोक और भगवान श्रीकृष्ण की तस्वीरों को उकेरा गया है।
इस पुल की निर्माण लागत 979 करोड़ रुपये आई है। बेट द्वारका ओखा बंदरगाह के नजदीक स्थित एक द्वीप है। ये द्वारका शहर से लगभग 30 किलोमीटर की दूरी पर है और यहां भगवान श्रीकृष्ण का प्रसिद्ध द्वारकाधीश मंदिर स्थित है। वर्तमान में श्रद्धालु दर्शन के लिए बेट द्वारका तक नाव से पहुंचते हैं, लेकिन अब पुल बनने के बाद श्रद्धालु हर समय यात्रा कर सकेंगे।इसके बाद, दिन में प्रधानमंत्री राजकोट में एक जनसभा में पांच नये अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स का उद्घाटन करेंगे। ये पांच एम्स-गुजरात में राजकोट, पंजाब में बठिंडा, उत्तर प्रदेश में रायबरेली, पश्चिम बंगाल में कल्याणी और आंध्र प्रदेश में मंगलागिरी में निर्मित किए गए हैं।प्रधानमंत्री दोपहर बाद राजकोट एम्स पहुंचेंगे और शाम को शहर के रेसकोर्स मैदान में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अतिरिक्त प्रधानमंत्री 48 हजार करोड़ रुपये से अधिक की केंद्र और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों की परियोजनाओं का शुभारंभ और शिलान्यास करेंगे। इनमें भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, रेलवे, ऊर्जा, पेट्रोरसायन, बंदरगाह तथा स्वास्थ्य और परिवार कल्याण की परियोजनाएं शामिल हैं। इनमें से 35 हजार 7 सौ करोड़ रुपये की परियोजनाएं गुजरात के लिए हैं, जबकि शेष अन्य राज्यों के लिए हैं। - नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहली बार मताधिकार का उपयोग करने वाले मतदाताओं से लोकसभा चुनाव में रिकॉर्ड संख्या में वोट डालने की अपील की है। आज आकाशवाणी से मन की बात कार्यक्रम में श्री मोदी ने कहा कि जितनी अधिक संख्या में युवाओं की मतदान प्रक्रिया में भागीदारी होगी, देश के लिए परिणाम उतने ही लाभकारी होंगे।उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की अत्यंत प्रसन्नता है कि निर्वाचन आयोग ने मेरा पहला वोट देश के लिए अभियान शुरू किया है। इसके जरिए पहली बार वोट डालने वाले मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में मतदान करने का अनुरोध किया जा रहा है।श्री मोदी ने कहा कि भारत को ऊर्जा और उत्साह से भरे अपने युवाओं पर गर्व है। उन्होंने कहा कि 18 वर्ष का होने पर इन युवाओं को 18वीं लोकसभा के लिए सदस्य चुनने का अवसर मिल रहा है। इसका अर्थ है कि 18वीं लोकसभा युवा आकांक्षाओं का प्रतीक बनेगी। श्री मोदी ने कहा कि युवाओं को केवल राजनीतिक गतिविधियों का ही हिस्सा नहीं होना चाहिए, बल्कि उन्हें इस दौरान विचार-विमर्श और चर्चाओं के प्रति भी जागरूक होना चाहिए।प्रधानमंत्री ने खेल, साहित्य, फिल्म उद्योग और सोशल मीडिया सहित देश के प्रभावशाली लोगों से इस अभियान में शामिल होने और पहली बार वोट डालने वाले युवाओं को प्रेरित करना का आग्रह किया।आठ मार्च को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने कहा कि यह विशेष दिन देश की विकास यात्रा में महिला शक्ति के योगदान को नमन करने का अवसर है। महाकवि भरतियार ने कहा था कि विश्व तभी समृद्ध होगा, जब महिलाओं को समान अवसर मिलेंगे।श्री मोदी ने कहा कि भारत की महिला शक्ति आज प्रत्येक क्षेत्र में प्रगति की नई ऊंचाइयों का स्पर्श कर रही है। नमो ड्रोन दीदी की चर्चा हरेक की जुबान पर है। मन की बात कार्यक्रम में श्री मोदी ने उत्तर प्रदेश के सीतापुर की नमो ड्रोन दीदी सुनीता से बातचीत की।सुनीता ने ड्रोन दीदी बनने की अपनी यात्रा के अनुभव साझा किये। सुनीता ने कहा कि किसानों को ड्रोन के उपयोग से बहुत लाभ होगा। उन्होंने अन्य महिलाओं को भी ड्रोन दीदी बनने के लिए प्रोत्साहित किया। श्री मोदी ने उन्हें बधाई दी और कहा कि नमो ड्रोन दीदी देश में कृषि को आधुनिक बनाने का प्रभावी साधन बन रही हैं।प्रधानमंत्री ने प्राकृतिक कृषि क्षेत्र का भी उल्लेख किया, जहां महिलाओं ने अपनी नेतृत्व क्षमता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि अब महिलाएं देश के प्रत्येक क्षेत्र तक प्राकृतिक कृषि का विस्तार कर रही हैं। श्री मोदी ने कहा कि जल-जीवन मिशन में जल समितियों की बड़ी भूमिका रही है और इन समितियों का नेतृत्व केवल महिलाएं करती हैं।प्रधानमंत्री ने महाराष्ट्र की कल्याणी प्रफुल्ल पाटिल से जल संरक्षण के उनके प्रयासों के बारे में बातचीत की। कल्याणी ने बताया कि किस तरह उनके गांव में प्राथमिक स्कूल, आंगनबाड़ी और ग्राम पंचायत भवनों पर जल संरक्षण किया जाता है। उन्होंने श्रोताओं को बताया कि उनके गांव में बीस जल संभरण शाफ्ट बनाए गए हैं और पचास ऐसे और शाफ्ट के लिए मंजूरी मिल चुकी है।श्री मोदी ने वन्य जीव संरक्षण का विषय भी उठाया। तीन मार्च को विश्व वन्य जीव संरक्षण दिवस मनाया जाएगा। इस अवसर पर वन्य जीवों के संरक्षण के बारे में जागरूकता बढ़ाई जाएगी। श्री मोदी कहा कि इस वर्ष डिजिटल नवाचार को थीम बनाया गया है। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त की देश के विभिन्न भागों में वन्य जीवन संरक्षण के लिए व्यापक रूप से प्रौद्योगिकी की उपयोग किया जा रहा है।प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार के प्रयासों से पिछले कुछ वर्षों में बाघों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। चन्द्रपुर, महाराष्ट्र के टाइगर रिज़र्व में बाघों की संख्या बढ़कर दो सौ पचास से अधिक हो गई है। श्री मोदी ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के माध्यम से मनुष्य और बाघों के बीच संघर्ष कम करने के प्रयास किये जा रहे हैं। गांव और वन की सीमा पर कैमरे लगाए गए हैं। ए.आई. के माध्यम से स्थानीय लोगों को उनके मोबाइल पर बाघों के आने के बारे में सतर्क कर दिया जाता है। प्रधानमंत्री ने टाइगर रिज़र्व से लगे तेरह गांव के लोगों के लिये लाभकारी इस प्रणाली की सराहना की।श्री मोदी ने कहा कि नए उद्यमी भी वन्य जीव संरक्षण और इको पर्यटन में नवाचारों पर काम कर रहे हैं। उत्तराखंड के रुड़की में रोटर प्रिसेशन ग्रुप ने भारतीय वन्य जीव संस्थान के साथ मिलकर एक ऐसा ड्रोन विकसित किया है, जिनसे केन नदी में घड़ियालों पर नज़र रखने में मदद मिल रही है। श्री मोदी ने बंग्लुरू की भी एक कम्पनी का उदाहरण दिया, जिसने बघीरा और गरुड़ नाम के ऐप तैयार किये हैं।बघीरा ऐप से जंगल सफारी के दौरान वाहन की गति और अन्य गतिविधियों पर नज़र रखी जा सकती है। देश के अनेक बाघ अभ्यारण्यों में इसका उपयोग हो रहा है। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और इंटरनेट ऑफ थिंग्स पर आधारित गरुड़ ऐप को किसी भी सीसीटीवी से जोड़ने पर वास्तविक समय अलर्ट मिलने लगता है।प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की जैव विविधता वन्य जीव संरक्षण के लिए प्रत्येक ऐसे प्रयासों से और समृद्ध हो रही है। उन्होंने महाराष्ट्र में मेलघाट टाइगर रिज़र्व के निकट खटकली गांव में रह रहे जनजातीय परिवारों की प्रशंसा की, जो प्रकृति के साथ अद्भुत तालमेल बनाकर रह रहे हैं। स्थानीय लोगों ने सरकार की मदद से अपने घरों को होम-स्टे में बदल दिया है, जो उनके लिए आय का एक बड़ा साधन बन रहा है।श्री मोदी ने इस गांव में रह रहे कोरकू जनजातीय समूह के प्रकाश जामकर का उल्लेख किया, जिन्होंने अपने दो हेक्टेयर ज़मीन पर सात कमरों का होम-स्टे तैयार किया है। उनका परिवार यहां आकर ठहरने वाले पर्यटकों के लिए भोजन-पानी की व्यवस्था करता है। उन्होंने अपने घर के आसपास औषधीय पौधों के अलावा आम के पेड़ और कॉफी के पौधे भी लगाए हैं।श्री मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में बकरी पालन का भी उल्लेख किया, जो लोगों के लिए आजीविका का एक प्रमुख साधन बन गया है। उन्होंने कहा कि ओडिशा के कालाहांडी में बकरी पालन से स्थानीय लोगों के जीवन स्तर में सुधार हुआ है। श्री मोदी ने प्रबंधन पेशेवर जयंती महापात्रा और उनके पति बीरेन साहू के प्रयासों की सराहना की, जिन्होंने मणिकास्तु एग्रो की स्थापना की और किसानों के साथ काम शुरू किया। जयंती और बीरेन ने एक मणिकास्तु बकरी बैंक भी खोला है और समुदाय स्तर पर बकरी पालन को बढ़ावा दे रहे हैं। श्री मोदी ने कहा कि आज इस दंपत्ति से पचास गांवों के एक हजार से भी अधिक किसान जुड़े हैं।प्रधानमंत्री ने बिहार में भोजपुर के भीम सिंह भवेश की भी सराहना की, जिन्होंने मुसहर जाति के लोगों के लिए काम किया है। श्री मोदी ने कहा कि मुसहर बिहार में बहुत ही वंचित समुदाय रहा है। भीम सिंह भवेश ने इस जाति के लगभग आठ हजार बच्चों को स्कूलों में दाखिला दिलाया है। उन्होंने एक बड़ा पुस्तकालय भी खोला है, जिससे बच्चों को पढाई-लिखाई के लिए लिए सुविधा मिलती है।प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के विभिन्न भागों में भीम सिंह भवेश जैसे अनेक लोग हैं, जो समाज सेवा के ऐसे महान कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि देश का प्रत्येक नागरिक अपना कर्तव्य अच्छी तरह निभाता है, तो यह मजबूत राष्ट्र के निर्माण में सहायक होगा।श्री मोदी ने भारत की विविधता का भी उल्लेख किया और मातृभाषा के उपयोग पर बल दिया। उन्होंने जम्मू कश्मीर के गांदरबल के मोहम्मद मानशाह का उदाहरण दिया, जो पिछले तीन दशक से गोजरी भाषा को संरक्षित करने के प्रयासों में लगे हैं। प्रधानमंत्री ने अरूणांचल प्रदेश के तिरप के बनवंग लोसू के बारे में भी बताया, जिनका अहम योगदान वांचो भाषा के प्रसार में रहा है।प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसे अनेक लोग हैं, जो अपनी संस्कृति और भाषा को गीतों और नृत्यों के माध्यम से संरक्षित करने में लगे हैं। उन्होंने कर्नाटक के वेंकप्पा अम्बाजी सुगेतकर के जीवन को प्रेरणादायी बताया। बागलकोठ के सुगेतकर एक लोकगायक हैं, जिन्होंने एक हजार से अधिक गोंधली गीत गाए हैं और इस भाषा की कहानियों का भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया है।देशवासियों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि वह दो दिन पहले वाराणसी में थे और वहां उन्होंने एक अद्भुत फोटो प्रदर्शनी देखी। उन्होंने कहा कि काशी और आसपास के युवाओं ने कैमरे में जिन क्षणों को कैद किया है, वे अद्भुत हैं। प्रदर्शनी में अनेक फोटोग्राफ ऐसे थे, जो मोबाइल कैमरे से लिए गए थे। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज जिनके पास मोबाइल है, वे एक कंटेंट क्रिएटर बन गए हैं। सोशल मीडिया ने भी लोगों की प्रतिभा और कौशल को सामने लाने में मदद की है। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के युवा कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में कमाल कर रहे हैं।श्री मोदी ने घोषणा की कि कंटेंट क्रिएटर की प्रतिभा को सम्मान देने के लिए देश में नेशनल क्रिएटर अवॉर्ड शुरु किया गया है। उन्होंने कहा कि सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बनने में प्रौद्योगिकी का उपयोग करने वालों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित करने का प्रयास किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता माईजीओवी पर चल रही है।श्री मोदी ने कंटेंट क्रिएटरों से इस प्रतियोगिता में शामिल होने को कहा। उन्होंने लोगों से भी आग्रह किया कि वे नेशनल क्रिएटर अवॉर्ड के लिए अपने पसंदीदा कंटेंट क्रिएटर को नामांकित करें।
- नयी दिल्ली । निर्वाचन आयोग ने राज्यों से यह सुनिश्चित करने को कहा है कि जिन अधिकारियों का किसी जिले से तबादला चुनाव के पहले उसकी नीति के तहत किया जाता है उनकी नियुक्ति उसी संसदीय क्षेत्र में किसी जिले में नहीं हो। चुनाव से पहले अधिकारियों को स्थानांतरित करने की अपनी नीति में बदलाव करके निर्वाचन आयोग ने उन खामियों को दूर करने की कोशिश की है जिनका राज्य सरकारों द्वारा बेजा फायदा उठाया जा रहा था। यह कदम चुनाव प्राधिकरण द्वारा उन मामलों पर ‘गंभीरता से ध्यान' देने के बाद उठाया गया है जिनमें राज्य सरकारों की ओर से अधिकारियों को उसी संसदीय क्षेत्र के निकटवर्ती जिलों में स्थानांतरित किया गया था। चुनाव आयोग की नीति के अनुसार सभी अधिकारी जो या तो अपने गृह जिले में तैनात थे या एक ही स्थान पर तीन साल पूरे कर चुके हैं, उन्हें लोकसभा या विधानसभा चुनावों से पहले यह सुनिश्चित करने के लिये स्थानांतरित कर दिया जाता है कि वे किसी उम्मीदवार या पार्टी के पक्ष में समान अवसर को बाधित न करें।। आयोग ने एक बयान में शनिवार को कहा, ‘‘...आयोग ने यह सुनिश्चित करने के लिए अपनी मौजूदा स्थानांतरण नीति को मजबूत किया है कि अधिकारी चुनावों में समान अवसर में बाधा न पैदा कर सकें।'' आयोग ने कहा,‘‘ मौजूदा निर्देशों में ‘खामियों को दूर करते हुए' आयोग ने निर्देश दिया है कि दो संसदीय निर्वाचन क्षेत्रों वाले राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को छोड़कर सभी राज्य यह सुनिश्चित करेंगे कि जिन अधिकारियों को जिले से बाहर स्थानांतरित किया गया है उनकी नियुक्ति उसी संसदीय क्षेत्र में नहीं की जाए।'' मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार की अगुवाई में निर्वाचन आयोग ने राज्यों से कहा है कि नीति का पालन किया जाना चाहिए इसका महज दिखावा न हो।





.jpg)
.jpg)


















.jpg)

.jpg)