- Home
- देश
-
भुवनेश्वर. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बृहस्पतिवार को भगवान जगन्नाथ के धाम पुरी से भगवान राम की जन्मस्थली अयोध्या तक ट्रेन सेवा शुरू करने की घोषणा की। वैष्णव ने पुरी में एक सार्वजनिक समारोह में यह घोषणा करते हुए कहा कि इस वर्ष जुलाई या अगस्त के दौरान ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी। मंत्री ने कहा कि पुरी जिले में पुरी से कोणार्क तक नयी रेलवे लाइन को भी जल्द ही मंजूरी दी जाएगी।
वैष्णव ने कहा कि 2014 में ओडिशा को रेलवे क्षेत्र के विकास के लिए बजट में करीब 800 करोड़ रुपये मिले थे। लेकिन अब बजट को बढ़ाकर 10,000 करोड़ रुपये कर दिया गया है और राज्य में इसका परिणाम दिख रहा है। मंत्री ने दावा किया कि संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) के दौरान प्रति वर्ष केवल 45 किलोमीटर रेलवे लाइन बिछाई जाती थी जबकि मोदी सरकार के दौरान यह 10 गुना बढ़कर 450 किलोमीटर हो गई है। उन्होंने कहा, ''यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की ओडिशा को देश का विकसित राज्य बनाने की गारंटी है। मोदी जी ओडिशा के युवाओं का भविष्य बेहतर बनाने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं।'' वैष्णव ने कहा कि पुरी रेलवे स्टेशन पर विकास कार्य बहुत जल्द पूरा हो जाएगा और इससे लाखों श्रद्धालुओं को फायदा होगा। -
दोहा. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को कहा कि कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी के साथ उनकी बैठक ‘‘शानदार'' रही और इस दौरान दोनों नेताओं ने दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत बनाने के तरीकों पर चर्चा की। मोदी संयुक्त अरब अमीरात की दो दिवसीय यात्रा के बाद बुधवार को दोहा पहुंचे। यह प्रधानमंत्री की कतर की दूसरी यात्रा है, इससे पहले वह जून 2016 में कतर आए थे। मोदी ने बैठक के बाद ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा,‘‘ प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी के साथ बैठक शानदार रहीं। हमारी बातचीत भारत और कतर के बीच मित्रता को बढ़ाने के तरीकों पर केन्द्रित रही। इससे पहले विदेश मंत्रालय ने कहा था कि प्रधानमंत्री और कतर के प्रधानमंत्री के बीच ‘‘सार्थक'' बातचीत हुई। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कतर के प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी के साथ दोहा में रचनात्मक बैठक की। व्यापार और निवेश, ऊर्जा, वित्त जैसे क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने पर चर्चा हुई।'' हवाई अड्डे पर विदेश मंत्री सुल्तान बिन साद अल-मुरैखी ने प्रधानमंत्री मोदी का स्वागत किया। कतर के प्रधानमंत्री ने मोदी के सम्मान में रात्रिभोज दिया जिसमें प्रधानमंत्री ने शिरकत की। मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी बृहस्पतिवार को कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल थानी से मुलकात करेंगे और द्विपक्षीय तथा क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर बातचीत करेंगे। दोहा पहुंचने के बाद मोदी ने पोस्ट किया कि वह एक सार्थक यात्रा के प्रति आशान्वित हैं जो द्विपक्षीय संबंधों को गहरा करेगी। मोदी ने ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘दोहा पहुंचा। कतर की यात्रा सार्थक रहने के प्रति आशान्वित हूं जो भारत-कतर मित्रता को और गहरा करेगी। उन्होंने दोहा में प्रवासी भारतीयों का ‘असाधारण'' स्वागत के लिए भी आभार व्यक्त किया।
मोदी ने ‘एक्स' में कहा ‘‘दोहा में असाधारण स्वागत! प्रवासी भारतीयों का आभारी हूं।'' प्रधानमंत्री ने इसके साथ ही कुछ तस्वीरें भी साझा कीं जिनमें उनके आगमन पर उत्साहित प्रवासी भारतीयों को मोदी का स्वागत करते देखा जा सकता है। मोदी संयुक्त अरब अमीरात की दो दिवसीय यात्रा के बाद दोहा पहुंचे जहां उन्होंने प्रवासी भारतीय समुदाय के एक कार्यक्रम, ‘विश्व सरकार शिखर सम्मेलन' को संबोधित किया और संयुक्त अरब अमीरात के पहले हिंदू मंदिर का भी उद्घाटन किया। -
फरीदाबाद (हरियाणा). फरीदाबाद जिले में डली-मानेसर-पलवल (केएमपी) एक्सप्रेस-वे पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर मौजपुर टोल नाके से टकरा गया, जिसके बाद वाहन में आग लगने से चालक व सहायक जिंदा जल गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। जांच अधिकारी विनोद ने मंगलवार को बताया कि ट्रक में रोड़ी भरी हुई थी और यह पलवल की ओर से आ रहा था और इसे उत्तर प्रदेश के नोएडा जाना था। उन्होंने बताया कि यह हादसा सोमवार देर रात करीब तीन बजे हुआ। उन्होंने बताया कि चालक ट्रक पर नियंत्रण नहीं रख पाया और ओवरलोड होने के चलते ट्रक बेकाबू होकर टोल प्लाजा के नाके से टकरा गया, जिसके बाद ट्रक में भीषण आग लग गई। विनोद ने बताया कि गाड़ी में सवार चालक व सहायक को उतरने का मौका नहीं मिला और वे घटना में जिंदा जल गए। उन्होंने बताया कि चालक और सहायक मेवात के रहने वाले थे और दोनों के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी गई है तथा उनके आने के बाद ही मृतकों के नाम का पता चल पाएगा। विनोद ने कहा कि परिजनों के आने के बाद शवों का पोस्टमॉर्टम होगा।
-
नोएडा (उप्र). मोटरसाइकिल और कार के बीच हुई भिड़ंत में बाइक सवार दंपत्ति की मौत हो गई जबकि उनकी पांच साल की बेटी घायल हो गई। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि सोमवार दोपहर करीब दो बजे सेक्टर 24 थाना क्षेत्र के सेक्टर 31-25 चौराहे पर यह हादसा हुआ। जिसके बाद कार सवार फरार हो गया। एक पुलिस प्रवक्ता ने कहा "पुलिस को मोटरसाइकिल हीरो डीलक्स और कार हुंडई आई 20 के बीच दुर्घटना की सूचना मिली। मोटरसाइकिल पर रंजन कुमार (45), उनकी पत्नी रूबी (40) और उनकी बेटी मिल्की (5) सवार थे। घटना में तीनों घायल हो गए और स्थानीय लोग उन्हें सेक्टर 71 के एक निजी अस्पताल में ले गए। ” प्रवक्ता ने कहा कि रंजन कुमार की रास्ते में मौत हो गई जबकि इलाज के दौरान उनकी पत्नी की भी मौत हो गई जबकि बेटी का अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि कार को पुलिस ने जब्त कर लिया है और स्थानीय थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
-
अबू धाबी. भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) को ‘प्रगति में साझेदार' बताते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि दोनों देशों के बीच रिश्ते दुनिया के लिए आदर्श हैं और वे 21वीं सदी के तीसरे दशक में नया इतिहास रच रहे हैं। मोदी ने कहा, ‘‘हमारी साझेदारी सभी क्षेत्रों में मजबूत हो रही है और नयी ऊंचाइयों पर पहुंच रही है। भारत की कामना है कि हमारी साझेदारी हर दिन मजबूत होती रहे।'' प्रधानमंत्री ने अबू धाबी के जायद स्पोर्ट्स स्टेडियम में ‘मोदी मोदी' के नारों के बीच ‘अहलन मोदी' कार्यक्रम में शामिल हुए भारतवंशी लोगों का अभिवादन ‘नमस्कार' कहकर किया। उन्होंने कहा कि वह भारतीय समुदाय के कार्यक्रम में इस स्नेह से अभिभूत हैं। मोदी ने कहा, ‘‘भारत और यूएई प्रगति में साझेदार हैं। हमारे संबंध प्रतिभा, नवाचार और संस्कृति के हैं।'' दोनों देशों के बीच प्राचीन सामुदायिक और सांस्कृतिक संबंधों को रेखांकित करते हुए मोदी ने अरबी में भी कुछ पंक्तियां बोली और बाद में उनका अनुवाद करते हुए कहा कि भारत और यूएई दोनों किस तरह ‘वक्त की कलम' के साथ ‘दुनिया की किताब' में बेहतर भविष्य की पटकथा लिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि इनमें से अनेक अरबी शब्द भारत में आमतौर पर बोले जाते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘समुदाय और संस्कृति के संदर्भ में, भारत और यूएई की उपलब्धियां दुनिया के लिए अनुकरणीय मॉडल के रूप में काम करती हैं।'' मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से कहा कि भारत को उन पर गर्व है और यह दोनों देशों की दोस्ती की जयकार का समय है। मोदी ने कहा, ‘‘आपने यहां इतनी बड़ी संख्या में आकर इतिहास रच दिया है। आप यूएई के विभिन्न हिस्सों और भारत के विभिन्न राज्यों से आये हो सकते हैं, लेकिन सभी के दिल जुड़े हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘यह भारत और यूएई के बीच मित्रता की जयकार का समय है। इस ऐतिहासिक स्टेडियम में हर धड़कन की एक ही भावना है-भारत-यूएई की मित्रता जिंदाबाद।'' कार्यक्रम की शुरुआत दोनों देशों के राष्ट्रगान के साथ हुई। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘आज की स्मृतियां मेरे साथ हमेशा रहेंगी क्योंकि मैं यहां मेरे परिवार के सदस्यों से मिलने आया हूं।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं 140 करोड़ से अधिक भारतीयों से, आपके भाइयों और बहनों से यह संदेश लेकर यहां आया हूं कि भारत को आप पर गर्व है।'' उन्होंने कहा, ‘‘इतनी बड़ी संख्या में यहां आकर आपने इतिहास रचा है। आप यूएई के अलग-अलग हिस्सों और भारत के अलग-अलग राज्यों से आए होंगे, लेकिन सभी के दिल जुड़े हुए हैं। यह समय भारत और यूएई की दोस्ती की सराहना करने का है। इस ऐतिहासिक स्टेडियम में हर धड़कन से एक ही भावना गूंजती है- भारत-यूएई दोस्ती जिंदाबाद।'' कार्यक्रम की शुरुआत दोनों देशों के राष्ट्रगान के साथ हुई। जैसे ही प्रधानमंत्री मोदी ने ओपन-एयर स्टेडियम में प्रवेश किया, प्रवासी भारतीय सदस्यों ने ‘हर हर मोदी, घर-घर मोदी', ‘वी लव मोदी'' ‘भारत माता की जय', और ‘जय श्री राम' के उद्घोष के साथ उनका स्वागत किया। मोदी ने 2015 की अपनी पहली यूएई यात्रा को याद करते हुए कहा कि उस समय वह केंद्र सरकार में नए थे और यह तीन दशकों में किसी भारतीय प्रधानमंत्री की पहली यूएई यात्रा थी। उन्होंने, ‘‘तब से दस वर्षों में यह यूएई की मेरी सातवीं यात्रा है।'' मोदी ने कहा, ‘‘मैं आपमें से प्रत्येक का अत्यंत आभारी हूं।''
मोदी ने कहा कि वह सौभाग्यशाली हैं कि उन्हें यूएई के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ जायद' से सम्मानित किया जा चुका है। उन्होंने कहा, ‘‘यह केवल मेरा नहीं बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सम्मान है। प्रधानमंत्री ने कहा कि यूएई अब भारत का तीसरा सबसे बड़ा व्यापार साझेदार और सातवां सबसे बड़ा निवेशक है। उन्होंने कहा, ‘‘दोनों देश जीवन सुगमता और व्यापार सुगमता पर साझेदारी कर रहे हैं।''
मोदी ने कहा, ‘‘आज हर भारतीय का उद्देश्य भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाना है। हमारा भारत मजबूत आर्थिक वृद्धि देख रहा है और हमारा भारत अनेक मोर्चों पर वैश्विक विमर्श की अगुवाई कर रहा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘हर भारतीय की क्षमता में मेरे विश्वास के कारण मैंने गारंटी दी है कि मेरे तीसरे कार्यकाल में भारत दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा और मोदी की गारंटी का मतलब गारंटी पूरी करने की गारंटी।'' कथक से लेकर गरबा तक, राजस्थानी लोक नृत्य से लेकर हरियाणवी नृत्य और वंदे मातरम की शास्त्रीय प्रस्तुति तक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मोदी ने अपने भाषण के बाद खुली गाड़ी में स्टेडियम का चक्कर लगाया और उनकी ओर उत्साह से हाथ हिला रहे लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। मोदी संयुक्त अरब अमीरात की दो दिवसीय यात्रा पर हैं। वह बुधवार को यहां सबसे बड़े हिंदू मंदिर का उद्घाटन करेंगे। -
देहरादून. कतर की जेल से रिहा किये गये आठ पूर्व भारतीय नौसैनिकों में से एक सौरभ वशिष्ठ का परिवार उनकी वापसी से बेहद खुश है। देहरादून स्थित वशिष्ठ के घर पर उनका फूल माला के साथ जोरदार स्वागत किया गया। रिहाई पर पूर्व नौसैनिक की पत्नी मनसा वशिष्ठ ने कहा, ‘‘मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकती। वह अनिश्चितता से भरा बेहद कठिन समय था।'' सौरभ की मां सुदेश वशिष्ठ ने कहा, ‘‘मेरी खुशी समुद्र या आकाश की तरह असीमित है।
पूर्व नौसैनिक ने कहा, मैं इस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहा था। मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को उनकी प्रत्यक्ष भागीदारी और कतर के अमीर की उदारता के लिए धन्यवाद देता हूं, जिससे यह असंभव देखने वाला काम संभव हो पायी। मैं अपने माता-पिता, अपनी पत्नी और बच्चों के बीच वापस आकर बेहद खुश हूं। -
देहरादून. केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने मंगलवार को कहा कि केंद्र उत्तराखंड में सड़क बुनियादी ढांचे पर दो लाख करोड़ रुपये खर्च करने जा रहा है और 2024 के अंत तक इसकी सड़कें अमेरिका की सड़कों जैसी हो जाएंगी। गडकरी टनकपुर में 2,000 करोड़ रुपये से अधिक की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखे जाने के अवसर पर बोल रहे थे। उन्होंने कहा, "वर्तमान में उत्तराखंड में सड़क बुनियादी ढांचे पर 1.40 लाख करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिसमें जल्द ही 60 हजार करोड़ रुपये जोड़े जाएंगे, जिससे कुल खर्च दो लाख करोड़ रुपये हो जाएगा।" केंद्रीय मंत्री ने कहा, "मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में मैं घोषणा करना चाहता हूं कि 2024 के अंत तक, उत्तराखंड में राष्ट्रीय राजमार्ग अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप होंगे। वे अमेरिका के समान होंगे।" गडकरी ने कहा कि 2014 में उत्तराखंड में 2,517 किमी राष्ट्रीय राजमार्ग थे, जो अब बढ़कर 3,608 किमी हो गए हैं। इस बीच, मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जिन परियोजनाओं की आधारशिला मंगलवार को टनकपुर में रखी गई, उनका लंबे समय से इंतजार था। इसे संभव बनाने में सक्रिय भूमिका के लिए उन्होंने गडकरी को धन्यवाद दिया। धामी ने कहा, "उत्तराखंड के विकास के लिए वह हर तरह की मदद देने के लिए हमेशा तैयार हैं। हम जो चाहते हैं, वह हमें मांगने से पहले ही मिल जाता है।" ये परियोजनाएं मानसखंड क्षेत्र में बड़े पैमाने पर कनेक्टिविटी को मजबूत करेंगी।
-
अबू धाबी. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान ने मंगलवार को यहां यूपीआई रुपे कार्ड सेवा शुरू की। राष्ट्रपति नाहयान ने अबू धाबी में सेवा की शुरुआत करते हुए अपने नाम से उभरा हुआ एक कार्ड ‘स्वाइप' किया। मोदी ने राष्ट्रपति नाहयान से कहा, ''हम मेरे यूपीआई रुपे कार्ड और आपके जयवान कार्ड की पेशकश के साथ एक नए फिनटेक युग की शुरुआत कर रहे हैं।'' उन्होंने इसे एक बड़ी उपलब्धि बताया। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस मौके पर दोनों नेता कई द्विपक्षीय समझौतों के गवाह भी बने।
इसमें तत्काल भुगतान मंचों - यूपीआई (भारत) और एएनआई (यूएई) को जोड़ने पर एक समझौता शामिल है। इससे दोनों देशों के लोगों को बिना बाधा सीमा पार लेनदेन की सुविधा मिलेगी। घरेलू डेबिट/क्रेडिट कार्डों को आपस में जोड़ने वाले एक और समझौते पर रुपे (भारत) के साथ जयवान (यूएई) के बीच हस्ताक्षर हुए। इससे यूएई में रुपे की स्वीकृति बढ़ाने में मदद मिलेगी। -
बेंगलुरु. एक्स-रे पोलरिमेट्री मिशन एक्सपोसेट पर मौजूद भारतीय एक्स-रे पोलरिमीटर (पोलिक्स) ने अपना वैज्ञानिक अवलोकन शुरू कर दिया है। एक जनवरी को इसकी शुरुआत की गई थी। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने मंगलवार को बताया कि क्रैब पल्सर की एक पल्स प्रोफाइल 15-18 जनवरी के दौरान पोलिक्स द्वारा किए गए अवलोकनों से उत्पन्न हुई है। चमकता तारा क्रैब पल्सर क्रैब नेबुला के केंद्र के पास रहता है और प्रति सेकंड लगभग 30 बार अपनी धुरी पर घूमता है। पोलिक्स पेलोड को 10 जनवरी तक दो चरणों में सक्रिय किया गया था और प्रारंभिक स्कैन अवलोकन क्रैब पल्सर के आसपास आयोजित किए गए थे। इस संबंध में डेटा 15-18 जनवरी के दौरान एकत्र किया गया था और पुष्टि के लिए पूरी तरह से समीक्षा की गई थी। अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा कि डेटा उम्मीदों के अनुरूप है। इसरो ने कहा, ‘‘यह प्रारंभिक अवलोकन पोलिक्स के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है, जो पल्सर, ब्लैक होल और अन्य खगोलीय स्रोतों के अध्ययन के लिए इसकी कार्यक्षमता को प्रदर्शित करता है।'' अंतरिक्ष एजेंसी ने कहा, ‘‘इस ऊर्जा बैंड में डेटा की पेशकश करने वाले एकमात्र पेलोड के रूप में, पोलिक्स गहरी जानकारी प्रदान करने और खगोलीय एक्स-रे स्रोतों से जुड़ी भौतिक प्रक्रियाओं को समझने में योगदान देने के लिए तैयार है।'' पोलिक्स का डिजाइन और विकास रमन रिसर्च इंस्टीट्यूट, बेंगलुरु में एक्स-रे खगोल विज्ञान प्रयोगशाला द्वारा किया गया था। यह उपकरण भारतीय उद्योग के सहयोग से स्वदेशी रूप से बनाया गया है।
-
नई दिल्ली। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक चव्हाण आज भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। वे महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस, महाराष्ट्र भाजपा के प्रमुख चंद्रशेखर बावनकुले, मुंबई भाजपा प्रमुख आशीष शेलार सहित अन्य की उपस्थिति में भाजपा में शामिल हुए। श्री चव्हाण ने कल कांग्रेस से अलग होने की घोषणा की थी। श्री चव्हाण ने कहा कि यह दिन उनके नए राजनीतिक करियर की शुरुआत का प्रतीक है। अशोक चव्हाण मराठवाड़ा क्षेत्र के नांदेड़ जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने भोकर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व किया और नांदेड़ लोकसभा क्षेत्र से पूर्व सांसद भी हैं।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संयुक्त अरब अमीरात और कतर की तीन दिनों की यात्रा पर रवाना हो गए हैं। रवाना होने से पहले अपने बयान में श्री मोदी ने कहा कि वे आज से संयुक्त अरब अमीरात की दो दिन की सरकारी यात्रा पर जा रहे हैं और 14 और 15 फरवरी को कतर की यात्रा पर रहेंगे। 2014 के बाद से यह संयुक्त अरब अमीरात की उनकी यह सातवीं और कतर की दूसरी यात्रा है।
प्रधानमंत्री ने कहा है कि पिछले 9 वर्षों से अधिक समय में व्यापार और निवेश, रक्षा, खाद्य और ऊर्जा सुरक्षा तथा शिक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में भारत का संयुक्त अरब अमीरात के साथ सहयोग कई गुना बढ़ा है और साथ ही सांस्कृतिक और लोगों के बीच आपसी संपर्क भी अब तक सबसे अधिक मजबूत हुआ है।श्री मोदी ने कहा कि वे अबू धाबी में संयुक्त अरब अमीरात के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन ज़ाएद अल नाहयान से मिलेंगे और व्यापक सामरिक साझेदारी को आगे बढ़ाने से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा करेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्हें हाल ही में गुजरात में श्री नाहयान की मेजबानी करने का अवसर मिला था जब वे वाइब्रेंट गुजरात वैश्विक शिखर सम्मेलन 2024 में मुख्य अतिथि थे।श्री मोदी ने कहा कि संयुक्त अरब अमीरात के उप राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री तथा दुबई के शासक शेख मोहम्मद बिन राशिद अल मखतूम के निमंत्रण पर वे कल दुबई में विश्व सरकार शिखर सम्मेलन में वैश्विक नेताओं को संबोधित करेंगे।प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि शिखर सम्मेलन के दरम्यान वहां के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन राशिद के साथ वार्ता में दुबई के साथ बहुपक्षीय संबंधों को मजबूत करने पर ध्यान केंद्रित होगा।श्री मोदी ने कहा अपनी यात्रा के दौरान वे अबूधाबी में पहले हिन्दू मन्दिर का उद्घाटन भी करेंगे। उन्होंने कहा कि बीएपीएस मन्दिर में सद्भावना, शांति और सहिष्णुता के उन मूल्यों की शाश्वत प्रस्तुति होगी, जिन्हें भारत और संयुक्त अरब अमीरात दोनों ही देश साझा करते हैं।प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि वे अबूधाबी में एक विशेष कार्यक्रम में संयुक्त अरब अमीरात के सभी क्षेत्रों में बसे भारतीय समुदाय के सदस्यों को संबोधित करेंगे।प्रधानमंत्री मोदी ने बयान में कहा है कि कतर में हुए वहां के अमीर शेख तमीम बिन हम्द अल थानी से मिलने वाले हैं, जिनके नेतृत्व में कतर ने आश्चर्यजनक विकास किया है और बदलाव देखा है। उन्होंने यह भी कहा कि वे कतर की अन्य गणमान्य हस्तियों से भी मिलने वाले हैं।प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत और कतर के बीच ऐतिहासिक रूप से मित्रतापूर्ण और नजदीकी संबंध हैं। उन्होंने कहा कि हाल के वर्षों में दोनों देशों के बीच उच्चस्तरीय राजनीतिक आदान-प्रदान, बढ़ते व्यापार और निवेश, ऊर्जा संबंधी साझेदारी में बढ रही मजबूती और संस्कृति तथा शिक्षा के क्षेत्र में सहयोग सहित विभिन्न क्षेत्रों में संबंध गहरे हुए हैं।श्री मोदी ने कहा कि दोहा में भारतीय समुदाय के आठ लाख से अधिक सदस्यों की उपस्थिति इस बात का सबूत है कि भारत और कतर के बीच लोगों के बीच आपसी संबंध कितने मजबूत हैं। -
नई दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने अपने जन्मस्थान ओडिसा के रायरंगपुर से राष्ट्रपति भवन तक की अपनी यात्रा की कहानी केन्द्रीय महिला और बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी के साथ खास बातचीत नई सोच, नई कहानी-ए रेडियो जर्नी विद स्मृति ईरानी' के समापन एपिसोड में साझा की है। एक घंटे के इस कार्यक्रम को राष्ट्रपति भवन में रिकॉर्ड किया गया है। इस विशेष एपिसोड का प्रसारण विश्व रेडियो दिवस के अवसर पर आज सवेरे नौ बजे किया गया।
राष्ट्रपति ने इस कार्यक्रम में बचपन से लेकर सार्वजनिक नेतृत्व तक के अपने अनगिनत अनुभव साझा किए हैं। उन्होंने अपने विद्यालय के एक शिक्षक द्वारा अपने नामकरण से जुड़ी कहानी भी बड़े चाव से सुनाई है।राष्ट्रपति ने अपनी शिक्षा-दीक्षा, नौकरी और राजनीतिक यात्रा को भी गहराई से याद किया। उन्होंने राष्ट्रपति के रूप में लोगों से मिलने-जुलने के अनुभव भी साझा किए हैं।राष्ट्रपति मुर्मु ने इस कार्यक्रम में ऐसी यादें भी साझा की हैं, जिनमें उन्होंने बताया कि साधारण जनजातीय महिला के रूप में उनको किस तरह से कठिनाइयों का सामना करना पड़ा और उन्होंने अपनी दृढ़ता, समर्पण और लगन से देश सेवा के लक्ष्य को हासिल किया।राष्ट्रपति ने उस ऐतिहासिक दिन को भी याद किया है, जब वे पहली बार राज-दंड सेंगोल के साथ नए संसद भवन पहुंची। उन्होंने सेंगोल को सत्य, न्याय, अहिंसा और धर्म का प्रतीक बताया।राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महा अभियान- पीएम जनमन जैसी योजनाओं के लिए सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया है। इस पहल का उद्देश्य जनजातीय समुदाय की आबादी और उसमें विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों का कल्याण है। राष्ट्रपति ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के अपने दृष्टिकोण के बारे में भी बताया है। कार्यक्रम का पुनः प्रसारण आकाशवाणी के रेनबो चैनल पर शाम 7 बजे होगा। यह संवाद आकाशवाणी के सभी सोशल मीडिया माध्यमों पर भी उपलब्ध रहेगा। -
नयी दिल्ली. कतर की एक जेल में बंद आठ पूर्व भारतीय नौसैनिकों को रिहा कर दिया गया है, जिनमें से सात भारत लौट आए हैं। विदेश मंत्रालय (एमईए) ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि भारत इस फैसले का स्वागत करता है। विदेश मंत्रालय ने कहा, भारत सरकार कतर में हिरासत में लिए गए दहरा ग्लोबल कंपनी के लिए काम करने वाले आठ भारतीय नागरिकों की रिहाई का स्वागत करती है।'' मंत्रालय ने कहा, ‘‘रिहा किए गए आठ भारतीयों में से सात भारत लौट आए हैं। हम इन नागरिकों की रिहाई और घर वापसी के लिए कतर के अमीर के फैसले की सराहना करते हैं।
-
नयी दिल्ली. कतर ने जेल में बंद भारतीय नौसेना के आठ पूर्व कर्मियों को रिहा कर दिया है और उनमें से सात सोमवार को स्वदेश लौट आए। इसे भारत के लिए एक बड़ी कूटनीतिक जीत के रूप में देखा जा रहा है जो कतर की अदालत द्वारा उन्हें मौत की सजा सुनाए जाने के लगभग साढ़े तीन महीने बाद मिली है। इन लोगों की मौत की सजा को बाद में जेल की सजा में बदल दिया गया था।
विदेश सचिव विनय क्वात्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खुद मामले में पूरे घटनाक्रम की लगातार निगरानी की और भारतीयों की वापसी सुनिश्चित करने के लिए किसी भी पहल से कभी पीछे नहीं हटे। भारतीय नागरिक रात लगभग 2:35 बजे एक निजी एयरलाइन के विमान से दिल्ली हवाई अड्डे पहुंचे।
क्वात्रा ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि मोदी संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) की अपनी दो दिवसीय यात्रा के संपन्न होने के बाद बुधवार को कतर की राजधानी दोहा की यात्रा करेंगे, लेकिन संकेत दिया कि इस यात्रा की योजना काफी पहले बनाई गई थी। विदेश सचिव ने विवरण दिए बिना कहा कि भारत आठवें भारतीय की शीघ्र वापसी सुनिश्चित करने के लिए कतर सरकार के साथ काम करना जारी रखेगा। विदेश मंत्रालय ने सुबह एक बयान में कहा कि भारतीयों की रिहाई और उनकी स्वदेश वापसी को संभव बनाने के कतर के अमीर शेख तमीम बिन हम्माद अल-थानी के फैसले की भारत सराहना करता है। ऐसा माना जाता है कि सभी आठ भारतीयों को रिहा करने का आदेश अमीर ने दिया।
विदेश मंत्रालय ने कहा, ‘‘भारत सरकार कतर में हिरासत में लिए गए दहरा ग्लोबल कंपनी के लिए काम करने वाले आठ भारतीय नागरिकों की रिहाई का स्वागत करती है।'' मंत्रालय ने एक संक्षिप्त बयान में कहा, ‘‘रिहा किए गए आठ भारतीयों में से सात भारत लौट आए हैं। हम इन नागरिकों की रिहाई और स्वदेश वापसी को संभव बनाने के लिए कतर के अमीर के फैसले की सराहना करते हैं।'' इन आठ लोगों में कैप्टन (सेवानिवृत्त) नवतेज गिल और सौरभ वशिष्ठ, कमांडर (सेवानिवृत्त) पूर्णेंदु तिवारी, अमित नागपाल, एसके गुप्ता, बीके वर्मा और सुगुनाकर पकाला तथा नाविक (सेवानिवृत्त) रागेश शामिल हैं। घटनाक्रम से परिचित लोगों ने बताया कि कमांडर तिवारी कुछ कागजी कार्रवाई लंबित होने के कारण वापस नहीं आ सके। वापस लौटे एक व्यक्ति ने कहा, "हम सरकार और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आभारी हैं क्योंकि उनके हस्तक्षेप के बिना यह संभव नहीं होता।" नौसेना के पूर्व कर्मियों को 26 अक्टूबर को कतर की एक अदालत ने मौत की सजा सुनाई थी।
खाड़ी देश की अपीलीय अदालत ने 28 दिसंबर को मृत्युदंड को कम कर दिया था और पूर्व नौसैन्य कर्मियों को तीन साल से लेकर 25 साल तक अलग-अलग अवधि के लिए जेल की सजा सुनाई थी। अपीलीय अदालत ने जेल की सजा के खिलाफ अपील करने के लिए उन्हें 60 दिन का समय भी दिया था।
पिछले साल दिसंबर में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुबई में ‘कॉप 28' शिखर सम्मेलन के मौके पर कतर के अमीर शेख तमीम बिन हम्माद अल-थानी से मुलाकात की थी और कतर में भारतीय समुदाय के कल्याण पर चर्चा की थी। ऐसा माना जाता है कि राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल ने भारतीय नागरिकों की रिहाई सुनिश्चित करने में कतर के अधिकारियों के साथ बातचीत में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। निजी कंपनी अल दहरा के साथ काम करने वाले भारतीय नागरिकों को जासूसी के एक कथित मामले में अगस्त 2022 में गिरफ्तार किया गया था। पिछले साल 25 मार्च को भारतीय नौसेना के आठ कर्मियों के खिलाफ आरोप तय किए गए थे और उन पर कतर के कानून के तहत मुकदमा चलाया गया था। गत वर्ष मई में अल-दहरा ग्लोबल ने दोहा में अपना परिचालन बंद कर दिया और वहां काम करने वाले सभी लोग (मुख्य रूप से भारतीय) देश लौट आए। क्वात्रा ने सोमवार को कहा, "14 फरवरी को अपनी यूएई यात्रा पूरी करने के बाद, प्रधानमंत्री 14 फरवरी को दोपहर बाद दोहा, कतर की यात्रा करेंगे। यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री कतर के अमीर शेख तमीम बिन हम्माद और अन्य उच्च पदस्थ व्यक्तियों के साथ द्विपक्षीय वार्ता करेंगे।" विदेश सचिव ने कहा कि भारतीयों की वापसी के लिए भारत कतर का आभारी है।
क्वात्रा ने कहा, "हम उनकी वापसी से संतुष्ट हैं। हम उन्हें रिहा करने के कतर सरकार और अमीर के फैसले की सराहना करते हैं।" उन्होंने कहा, "हम उनमें से सात भारतीय नागरिकों को वापस पाकर खुश हैं। आठवें भारतीय नागरिक को भी रिहा कर दिया गया है और हम कतर सरकार के साथ यह देखने के लिए काम करना जारी रखेंगे कि उसकी भारत वापसी कितनी जल्दी संभव होती है।" क्वात्रा ने कहा, "प्रधानमंत्री ने स्वयं व्यक्तिगत रूप से इस मामले पर लगातार नजर रखी है और वह भारतीय नागरिकों की घर वापसी सुनिश्चित करने वाली किसी भी पहल से कभी पीछे नहीं हटे।" यह पूछे जाने पर कि क्या कतर के अमीर ने भारतीयों को राज-क्षमा प्रदान की है, विदेश सचिव ने टिप्पणी करने से इनकार किया। उन्होंने कहा, ‘‘हम अलग-अलग शब्दावली आदि के बारे में बात कर सकते हैं.. चाहे यह रिहाई हो या क्षमा.. लेकिन मुझे लगता है कि हमें तथ्यों को देखना चाहिए कि वे क्या हैं। अल दहरा मामले में आठ में से सात भारतीय नागरिक अपने घर भारत वापस आ गए हैं।'' भारतीय नौसेना के पूर्व प्रवक्ता कैप्टन डीके शर्मा (सेवानिवृत्त) ने चुपचाप गहन कार्य करने के लिए विदेश मंत्रालय की सराहना की, जिसे प्रधानमंत्री मोदी का समर्थन प्राप्त था। उन्होंने कहा, ''यह देश के नेतृत्व द्वारा समर्थित कूटनीति की एक बड़ी उपलब्धि है।''
मामले से परिचित लोगों ने कहा कि कतर में विमान में सवार होने के बाद संबंधित भारतीयों के परिवारों को सूचित कर दिया गया था। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने भारतीय नागरिकों की रिहाई को "बड़ी कूटनीतिक जीत" बताया। इसकी प्रवक्ता शाज़िया इल्मी ने कहा, "यह भारत के लिए एक बड़ी कूटनीतिक जीत है। इससे पता चलता है कि भारत ने कितनी अच्छी तरह से काम किया कि नौसेना के हमारे पूर्व कर्मी वापस आ गए हैं।" केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि यह खुशी का क्षण है जो किसी भी कीमत पर अपने नागरिकों की रक्षा करने की मोदी सरकार की गंभीरता एवं क्षमता पर विश्वास को और मजबूत करता है। उन्होंने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, "प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी का मतलब दुनिया भर में भारत के लोगों के जीवन और स्वतंत्रता की गारंटी है।" कांग्रेस ने भी कतर से भारत के पूर्व नौसैनिकों की रिहाई का स्वागत किया।
पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘सभी देशवासियों के साथ भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस भी खुद को इस खुशी में शामिल करती है कि कतर में अदालत से मौत की सजा पाने वाले भारतीय नौसेना के पूर्व अधिकारी रिहा होकर घर वापस आ गए हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘हम उन्हें और उनके परिजनों को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हैं।'' कांग्रेस नेता शशि थरूर ने कहा, ‘‘यह एक बड़ी राहत है और सभी भारतीय नागरिकों के लिए एक हर्ष का विषय है कि कतर में मौत की सजा का सामना कर रहे हमारे देशवासी रिहा हो गए हैं और घर लौट आए हैं। उनकी रिहाई के लिए पर्दे के पीछे काम करने वाले सभी लोगों को बधाई।'' कमांडर तिवारी की बहन डॉ. मीतू भार्गव ने कहा कि उनका भाई अभी तक घर नहीं आया है लेकिन उसे रिहा कर दिया गया है और परिवार बहुत खुश है। उन्होंने प्रधानमंत्री, विदेश मंत्री एस जयशंकर और सरकार के साथ-साथ कतर के अमीर को धन्यवाद देते हुए ग्वालियर में पीटीआई वीडियो से कहा, ‘‘अगर मेरा भाई आता तो हमारी खुशी पूरी हो जाती।'' इन सभी पूर्व अधिकारियों का भारतीय नौसेना में 20 वर्षों तक का "बेदाग कार्यकाल" रहा और उन्होंने बल में प्रशिक्षकों सहित महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया था। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा है कि उनकी सरकार ने भर्ती की समूची प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी बनाया है और भर्ती प्रक्रिया को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने का काम किया जा रहा है, ताकि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी-अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का समान अवसर मिल सके। प्रधानमंत्री ने नवनियुक्त कर्मचारियों को आज वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से रोजगार मेले में एक लाख से अधिक नियुक्ति-पत्र वितरित किए।
श्री मोदी ने कहा कि प्रत्येक युवा यह जानता है कि वह यदि कठिन परिश्रम करेगा, तो अपने लिए सही स्थान बना पाएगा। उन्होंने कहा कि 2014 से उनकी सरकार निरंतर प्रयास कर रही है कि देश के युवाओं को विकास प्रक्रिया में भागीदार बनाया जाए।श्री मोदी ने यह भी कहा कि विगत दस वर्षों में उनकी सरकार ने पिछली सरकार के दस वर्षों के दौरान दी गई नौकरियों के मुकाबले डेढ़ गुना अधिक रोजगार दिए हैं। उन्होंने कहा कि युवाओं को सरकारी नौकरी देने का कार्य तेज गति से किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछली सरकारों के दौरान नौकरी देने के लिए विज्ञापन जारी करने में बहुत समय लगता था। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में रिश्वत दी जाती थी, जिससे इस काम में देरी होती थी।प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय रेल आज बड़े परिवर्तन के दौर से गुजर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि भारतीय रेल का पूर्ण परिवर्तन दशक के अंत तक किया जा सकता है। प्रधानमंत्री ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से अर्थव्यवस्था की समग्र प्रगति होती है। उन्होंने कहा कि इससे नए व्यापार और पर्यटन को वृद्धि करने में मदद मिलती है।प्रधानमंत्री ने बताया कि वंदेभारत एक्सप्रेस जैसी चालीस हजार आधुनिक बोगियां तैयार की जाएंगी और उन्हें इस वर्ष के बजट के अंतर्गत सामान्य रेलगाड़ियों में लगाया जाएगा, ताकि यात्रियों की सुविधा और आराम को अधिक बेहतर बनाया जा सके।प्रधानमंत्री ने कहा कि बुनियादी ढांचे में निवेश विकास में तेजी लाने के लिए किया जा रहा है। प्रधानमंत्री ने कहा कि 11 लाख करोड़ रुपए हाल ही के बजट में बुनियादी ढांचे के लिए निवेश के लिए तय किए गए हैं। उन्होंने कहा कि नई रेल सड़क, विमानपत्तन और जल-मार्गों की परियोजनाएं भी नई नौकरियों के अवसरों का सृजन करेंगी।श्री मोदी ने कहा कि भारत का इस समय तीसरी सबसे बड़ी स्टार्टअप इकोसिस्टम है। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश में अब लगभग एक लाख 25 हजार स्टार्टअप हैं और ये स्टार्टअप युवाओं के लिए बहुत अधिक रोजगार के अवसरों का सृजन कर रहे हैं। उन्होंने इस बात का उल्लेख किया कि बजट में अनुसंधान और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए एक लाख करोड़ रुपए के कोष की घोषणा की गई है। -
नयी दिल्ली.उत्तरी दिल्ली में कबूतर मार्केट के पास एक स्कूटर सड़क के डिवाइडर से टकरा गया, जिसके कारण उस पर सवार दो किशोरों की मौत हो गई और एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह हादसा शनिवार और रविवार की दरमियानी रात को हुआ। पुलिस ने बताया कि उन्हें शनिवार की दरमियानी रात को 1.55 बजे दुर्घटना के संबंध में एक पीसीआर कॉल मिली। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘ पुलिस की एक टीम को मौके पर भेजा गया और वहां पहुंचने पर निचले सुभाष मार्ग पर कबूतर मार्केट के पास एक स्कूटर मिला। टीम को पता चला कि इस दुर्घटना में तीन किशोर घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल ले जाया गया। '' अधिकारी ने कहा कि उन्हें अस्पताल से जानकारी मिली कि दो किशोरों को वहां पहुंचने पर मृत घोषित कर दिया गया, जबकि एक अन्य को गंभीर चोटें आईं हैं। पुलिस ने कहा कि घायल किशोर की हालत गंभीर बनी हुई है और पोस्टमार्टम के बाद शव उनके परिवार के सदस्यों को सौंप दिया गया है। पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘ स्थानीय स्तर पर पूछताछ में पता चला कि जो स्कूटर डिवाइडर से टकराया, वह तेज रफ्तार में लापरवाही से चलाया जा रहा था। जब हमने स्कूटर की पंजीकरण संख्या की जांच की तो पता चला कि स्कूटर पिछले साल अगस्त में लक्ष्मी नगर इलाके से चोरी हो गया था। '' उन्होंने कहा कि इस घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गयी है।
-
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी राज्यसभा चुनावों के लिए रविवार को 14 उम्मीदवारों के नाम घोषित किये, जिनमें पूर्व केंद्रीय मंत्री आर पी एन सिंह और उत्तर प्रदेश से निवर्तमान सांसद सुधांशु त्रिवेदी तथा पार्टी की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष महेंद्र भट्ट शामिल हैं। भाजपा की ओर से जारी इस सूची में किसी भी ऐसे केन्द्रीय मंत्री का नाम नहीं है जिनके कार्यकाल समाप्त हो रहे हैं, जिससे उनमें से कई के आगामी लोकसभा चुनाव लड़ने की प्रबल संभावना है। कर्नाटक से राज्यसभा सदस्य एवं केंद्रीय मंत्री राजीव चंद्रशेखर, तथा भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं मीडिया प्रमुख और उत्तराखंड से निवर्तमान सांसद अनिल बलूनी के नाम इस सूची में नहीं हैं। सूत्रों ने कहा कि दोनों को पार्टी लोकसभा चुनाव में उम्मीदवार बना सकती है।
बिहार से भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी का नाम पार्टी द्वारा घोषित उम्मीदवारों की सूची में नहीं है। बिहार में राज्यसभा की छह सीटें रिक्त हैं और राज्य में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) तथा विपक्ष, दोनों के अपनी मौजूदा संख्या बल के आधार पर तीन-तीन सीटें जीतने की संभावना है। भाजपा की सहयोगी पार्टी जनता दल (यूनाइटेड) एक सीट पर अपना उम्मीदवार उतार सकती है। आर पी एन सिंह भाजपा में शामिल होने से पहले कांग्रेस में थे। पार्टी की हरियाणा इकाई के पूर्व अध्यक्ष सुभाष बराला राज्य से पार्टी के उम्मीदवार होंगे। पंद्रह राज्यों में राज्यसभा की कुल 56 सीटों के लिए चुनाव 27 फरवरी को होने हैं और नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 15 फरवरी है। -
नयी दिल्ली. एक संसदीय समिति ने आयुष मंत्रालय को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के साथ सहयोग करने की सिफारिश की है, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि स्वास्थ्य कर्मी एकीकृत प्रणालियों के महत्व को समझ सकें। स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय से संबंधित संसदीय स्थायी समिति ने शुक्रवार को संसद में प्रस्तुत अपनी रिपोर्ट ‘‘भारत में राष्ट्रीय आयुष मिशन की समीक्षा'' में कहा, सहयोग का उद्देश्य एक बहुलवादी स्वास्थ्य प्रणाली स्थापित करना है, जो आबादी की विविध आवश्यकताओं को पूरा करती है। समिति ने स्कूली पाठ्यक्रम में आयुष प्रणालियों के बारे में जागरूकता को शामिल करने का भी सुझाव दिया। समिति के मुताबिक, आयुष और आधुनिक चिकित्सा के बीच के अंतर को पाटने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम होगा। समिति ने रिपोर्ट में कहा, ‘‘मरीजों के अनुकूल परिणाम के लिए विभिन्न प्रणालियों के स्वास्थ्य प्रदाताओं के बीच संवाद को सुविधाजनक बनाना अनिवार्य है। चिकित्सा छात्रों और चिकित्सकों में आधुनिक चिकित्सा एवं पारंपरिक चिकित्सा के एकीकरण का समर्थन करने वाला दृष्टिकोण पैदा करने के लिए भारतीय चिकित्सा शिक्षा में पर्याप्त सुधार आवश्यक है।'' समिति ने कहा कि चीन की तरह, 12,500 स्वास्थ्य और कल्याण केंद्र (अब इसका नाम बदलकर आरोग्य मंदिर) स्थापित करने के आयुष मंत्रालय के प्रयास आयुष को एक औषधीय प्रणाली के रूप में स्थापित करने में एक लंबा रास्ता तय करते हैं, ताकि सार्वभौमिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के उद्देश्यों को पूरा करने की क्षमता विकसित की जा सके। उन्होंने कहा, ‘‘चीन की तरह ही भारत सरकार को भी सामुदायिक भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए गरीबी उन्मूलन पहल के साथ आयुष प्रणाली को एकीकृत करने के तरीके ईजाद करने चाहिए।''
-
भुवनेश्वर/भद्रक. ओडिशा में रविवार को दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई और 15 अन्य घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के एक अधिकारी के मुताबिक पहली घटना में सुबह करीब साढ़े 10 बजे झारसुगुड़ा जिले के लखनपुर के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-49 पर एक पिकअप वैन एक ट्रक से सामने से टकरा गई, जिससे वैन में सवार चार लोगों की मौत हो गई जबकि नौ अन्य घायल हो गए। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, कोयले से लदा हुआ ट्रक पिकअप वैन से टकराने के बाद पलट गया। इसके बाद घायल यात्रियों को लखनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। बाद में गंभीर रूप से घायलों को झारसुगुड़ा के जिला मुख्यालय अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
एक अन्य पुलिस अधिकारी ने बताया कि दूसरी दुर्घटना रविवार तड़के भद्रक जिले के अराड़ी छक के पास हुई। उन्होंने बताया कि इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि छह अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना तब हुई जब यात्रियों को पुरी से बालासोर ले जा रहा वाहन एक ट्रक से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इसमें घायल दो बच्चों सहित छह अन्य यात्रियों को भद्रक जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि बाद में चार लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्थानांतरित किया गया। ये यात्री भद्रक जिले के गोपालपुर के रहने वाले हैं और वे पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर के दर्शन करने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। भद्रक ग्रामीण पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक अमिताव दास ने कहा कि मौके से ट्रक लेकर फरार हुए चालक की तलाश की जा रही है। -
नयी दिल्ली. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और पंजाब के उनके समकक्ष भगवंत मान सोमवार को अयोध्या जाएंगे और राम मंदिर में रामलला के दर्शन करेंगे। आम आदमी पार्टी (आप) के सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। ‘आप' के राष्ट्रीय संयोजक केजरीवाल को अयोध्या में नवनिर्मित राम मंदिर में 22 जनवरी को रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए आमंत्रित किया गया था लेकिन उन्होंने कहा था कि वह बाद में अपने माता-पिता, पत्नी और बच्चों के साथ दर्शन करने जाएंगे। सूत्रों ने बताया, ‘‘केजरीवाल और मान कल अयोध्या जा रहे हैं। उनके साथ उनका परिवार भी होगा।'' -
टंकारा (गुजरात). प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि भारतीय मूल्यों पर आधारित शिक्षा समय की मांग है। मोदी ने आर्य समाज के संस्थापक स्वामी दयानंद सरस्वती की 200वीं जयंती के अवसर पर गुजरात के मोरबी जिले में उनके जन्मस्थल टंकारा में आयोजित एक कार्यक्रम को डिजिटल माध्यम से संबोधित करते हुए कहा, ‘‘स्वामी दयानंद सरस्वती ने उस समय हमें यह दिखाया कि हमारी रूढ़िवादी सोच और सामाजिक बुराइयों ने हमें किस प्रकार नुकसान पहुंचाया है।'' उन्होंने कहा कि ब्रिटिश शासकों ने ‘‘हिंदू समाज की रूढ़िवादिता और सामाजिक बुराइयों के कारण हमारे समाज की खराब छवि दिखाने की कोशिश की।'' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि स्वामी दयानंद सरस्वती ने समाज में महिलाओं के लिए समान अधिकारों की वकालत की थी। उन्होंने कहा, ‘‘भारतीय मूल्यों पर आधारित शिक्षा व्यवस्था समय की मांग है। आर्य समाज विद्यालय इसका केंद्र रहे हैं। देश अब राष्ट्रीय शिक्षा नीति के माध्यम से इसका विस्तार कर रहा है। इन प्रयासों से समाज को जोड़ना हमारा दायित्व है।'' प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि जिस राज्य में स्वामी दयानंद सरस्वती का जन्म हुआ था, उनमें जन्म लेना उनके लिए सम्मान की बात है।
-
झाबुआ (मप्र) . प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को मध्य प्रदेश के झाबुआ का दौरा किया और राज्य के लिए 7,550 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। उन्होंने राज्य की 'आहार अनुदान योजना' के तहत लगभग दो लाख महिला लाभार्थियों को मासिक किस्त भी वितरित की। योजना के तहत विशेष रूप से पिछड़ी जनजातियों की महिलाओं को पौष्टिक भोजन के लिए 1,500 रुपये प्रतिमाह प्रदान किए जाते हैं। मोदी ने स्वामित्व योजना के तहत 1.75 लाख 'अधिकार अभिलेख' (भूमि अधिकारों का रिकॉर्ड) भी वितरित किए, जो लोगों को उनकी भूमि के अधिकार के लिए दस्तावेजी साक्ष्य प्रदान करेगा। उन्होंने टंट्या मामा भील विश्वविद्यालय की आधारशिला भी रखी, जो राज्य के आदिवासी बहुल जिलों के युवाओं को सुविधाएं प्रदान करेगा। एक सौ सत्तर करोड़ रुपये की लागत से विकसित होने वाला यह विश्वविद्यालय छात्रों के समग्र विकास के लिए विश्व-स्तरीय बुनियादी ढांचा प्रदान करेगा।
-
नयी दिल्ली. सरकार ने कहा है कि वर्ष 1995 से 2021 के बीच मृत और जीवित अंगदाताओं के कुल 36,640 अंग प्रत्यारोपणों में से 80 प्रतिशत से अधिक पुरुषों पर किए गए। सरकार ने कहा कि उसने इस क्षेत्र में लैंगिक असमानता को दूर करने के लिए कई कदम उठाए हैं।
लोकसभा में एक प्रश्न के लिखित उत्तर में शुक्रवार को प्रस्तुत सरकारी आंकड़ों के अनुसार, स्वास्थ्य राज्य मंत्री एस.पी. सिंह बघेल ने कहा कि कुल अंग प्रत्यारोपणों में से 29,695 पुरुषों पर और 6,945 महिलाओं पर किए गए। हालांकि, अंग प्रत्यारोपण कराने वाली महिलाओं की हिस्सेदारी 2019 के 27.6 प्रतिशत से बढ़कर 2022 में लगभग 30 प्रतिशत हो गई। यह जवाब वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के सांसद के.जी. माधव द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में आया। माधव ने पूछा था कि क्या सरकार ने इस तथ्य पर संज्ञान लिया है कि 1995 और 2021 के बीच, देश में अंग प्राप्त करने वाले पांच में से चार पुरुष रहे हैं और इस मुद्दे के समाधान के लिए क्या कदम उठाए गए हैं। अपनी प्रतिक्रिया में, बघेल ने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय अंग प्रत्यारोपण कार्यक्रम लागू किया है, जिसके तहत अंग दान के बारे में जागरूकता बढ़ाने के लिए कदम उठाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अंग प्रत्यारोपण में लैंगिक असमानता की प्रवृत्ति को कम करने के लिए स्वास्थ्य मंत्रालय नियमित रूप से जागरूकता सत्र आयोजित कर रहा है। -
हैदराबाद. पूर्व उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू और केंद्रीय पर्यटन व संस्कृति मंत्री जी किशन रेड्डी सोमवार को संगीत नाटक अकादमी के क्षेत्रीय केंद्र ‘दक्षिण भारत सांस्कृतिक केंद्र' का सोमवार को यहां उद्घाटन करेंगे। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के मुताबिक, दक्षिण भारत सांस्कृतिक केंद्र के उद्घाटन के साथ ‘भारत कला मंडपम' सभागार की आधारशिला भी रखी जाएगी। किशन रेड्डी ने रविवार को कहा, ‘‘यह गर्व की बात है कि विश्वभर में प्रसिद्ध दक्षिण भारत की समृद्ध और विविध अमूर्त सांस्कृतिक विरासत को संगीत नाटक अकादमी के इस दक्षिण भारत सांस्कृतिक केंद्र के माध्यम से और मजबूत किया जाएगा।'' अकादमी की अबतक दक्षिण भारत में उपस्थिति नहीं थी।
कार्यक्रम के दौरान, हाल में पद्म पुरस्कारों से नवाजे गए तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के लोगों को केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय सम्मानित करेगा। -
नई दिल्ली । केंद्रीय श्रम एवं रोजगार तथा पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री भूपेन्द्र यादव की अध्यक्षता में 10 फरवरी को दिल्ली में कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के केंद्रीय न्यासी बोर्ड की 235वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान केंद्रीय श्रम और रोजगार, पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस राज्य मंत्री और बोर्ड के उपाध्यक्ष श्री रामेश्वर तेली एवं सह-उपाध्यक्ष और श्रम एवं रोजगार (सचिव) सुश्री आरती आहूजा और सदस्य सचिव एवं केन्द्रीय भविष्य निधि आयुक्त श्रीमती नीलम शमी राव भी मौजूद रहीं।
केंद्रीय बोर्ड ने वित्तीय वर्ष 2023-24 के लिए सदस्यों के खातों में ईपीएफ संचय पर 8.25 प्रतिशत की वार्षिक ब्याज दर जमा करने की सिफारिश की। वित्त मंत्रालय की मंजूरी के बाद इस ब्याज दर को आधिकारिक तौर पर सरकारी राजपत्र में अधिसूचित किया जाएगा। इसके बाद, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन अपने ग्राहकों के खातों में स्वीकृत ब्याज दर जमा करेगा।बोर्ड ने रुपये की ऐतिहासिक आय राशि के वितरण की सिफारिश की है। बोर्ड ने ईपीएफ सदस्यों के खातों में लगभग 13 लाख करोड़ रुपये की कुल मूल राशि पर 1,07,000 करोड़ रुपये की ऐतिहासिक आय राशि वितरित करने की सिफारिश की है, जो वित्तीय वर्ष 2022-23 में क्रमश: 91,151.66 करोड़ रुपये और 11.02 लाख करोड़ रुपये थी। वितरण के लिए अनुशंसित कुल आय राशि रिकॉर्ड के मामले में सबसे अधिक है।पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इसमें उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। आय 17.39 प्रतिशत से अधिक बढ़ी है, जबकि मूल राशि 17.97 प्रतिशत बढ़ी है। यह सदस्यों के लिए बेहतर वित्तीय प्रदर्शन और संभावित रूप से मजबूत रिटर्न का संकेत देता है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के पास वर्षों से विवेक के साथ अपने सदस्यों को उच्च आय वितरित करने का एक अच्छा ट्रैक रिकॉर्ड है। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन द्वारा दी जाने वाली ब्याज दर ग्राहकों के लिए उपलब्ध अन्य तुलनीय निवेश विकल्पों के समतुल्य अधिक होती है। यह कर्मचारी भविष्य निधि संगठन के निवेश की क्रेडिट प्रोफाइल के साथ-साथ अपने सदस्यों को आकर्षक रिटर्न प्रदान करने की क्षमता में विश्वास को दर्शाता है।

























.jpg)

.jpg)