- Home
- देश
- इंदौर . केंद्रीय आयुष मंत्री प्रतापराव जाधव ने सोमवार को कहा कि सरकार इस बात पर विचार कर रही है कि पारंपरिक ज्ञान पर आधारित आयुर्वेदिक दवाओं को किस तरह उचित मान्यता दी जा सकती है। उन्होंने कहा कि आयुष दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए देश की हर तहसील में विशेष मेडिकल स्टोर खोलने की कोशिश भी की जा रही है। जाधव ने इंदौर में कहा,‘‘ प्राचीन काल से लेकर अब तक देश में आयुर्वेद का पारंपरिक ज्ञान लोगों में पीढ़ी-दर-पीढ़ी सफर करता आ रहा है। आयुर्वेद में बहुत अच्छी दवाएं हैं, लेकिन उन्हें कोई मान्यता नहीं मिली हुई है। हम सोच रहे हैं कि इन दवाओं को कैसे मान्यता दी जा सकती है?'' उन्होंने कहा कि आमतौर पर मेडिकल स्टोर में आयुष की गिनी-चुनी दवाएं ही मिलती हैं जिससे मरीजों के साथ ही ये औषधियां सुझाने वाले चिकित्सकों को भी दिक्कत होती है। आयुष मंत्री ने कहा,‘‘सरकार चाहती है कि अनुसंधान के बाद आयुष की औषधियां ज्यादा से ज्यादा बाजार में आएं और ये दवाएं हर जगह मिलें। इसके लिए हम प्रयास कर रहे हैं कि देश की हर तहसील में आयुष दवाओं का कम से कम एक विशेष मेडिकल स्टोर खोला जाए।' जाधव ने बताया कि देश में तहसील स्तर तक आयुष चिकित्सालय भी खोले जा रहे हैं।अधिकारियों ने बताया कि आयुष मंत्री ने इंदौर, देवास और उज्जैन में अलग-अलग चिकित्सा संस्थानों का दौरा किया और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
- भुवनेश्वर। ओडिशा सरकार ने बर्ड फ्लू के एच5एन1 वायरस के पाए जाने के बाद पुरी जिले के पिपिली में 11,700 मुर्गियों को मारा है। एक अधिकारी ने सोमवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि पिपिली में एक स्थानीय मुर्गीपालन केंद्र में बड़े पैमाने पर मुर्गियों की सामूहिक मौत के बाद, शनिवार को मुर्गियों को मारने का काम शुरू हुआ और सोमवार शाम को यह संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि घरों और आस-पास के गांवों में अतिरिक्त मुर्गियों को मारने का काम मंगलवार को किया जाएगा। रोग नियंत्रण के अतिरिक्त निदेशक जगन्नाथ नंदा ने कहा कि 13 त्वरित कार्रवाई दल मुर्गियों को मारने का काम रहे हैं जबकि कुछ मुर्गी पालन केंद्रों के मालिक भी अपने स्तर पर मुर्गियों को मार रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में कहीं और मुर्गियों की असामान्य मौत की कोई खबर नहीं है। बर्ड फ्लू के मद्देनजर राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है और अलर्ट जारी किया है।स्वास्थ्य सेवाओं के निदेशक बिजय महापात्र ने बताया कि बर्ड फ्लू ओडिशा के लिए नयी बात नहीं है, लेकिन विभाग स्थिति से निपटने के लिए पक्षकारों के साथ काम कर रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पर्याप्त दवाएं उपलब्ध हैं और पॉल्ट्री में काम करने वाले श्रमिकों से स्वच्छता बनाए रखने और मास्क पहनने का आग्रह किया।
- नयी दिल्ली. उत्तर-पूर्वी दिल्ली के शास्त्री पार्क इलाके में सोमवार तड़के एक कैंटर ट्रक ने फुटपाथ पर सो रहे पांच लोगों को कथित तौर पर कुचल दिया जिनमें से तीन व्यक्तियों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी और कहा कि दोनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने बताया कि कथित घटना शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशन के पास तरबूज बाजार में सुबह करीब साढ़े चार बजे हुई। उन्होंने बताया कि ये सभी लोग बेघर थे और फुटपाथ पर सो रहे थे। एक अधिकारी ने बताया कि एक मालवाहक वाहन सीलमपुर से आयरन ब्रिज की ओर आ रहा था, जो पुल पर बीच में ‘डिवाइडर' पर चढ़ गया और उसने फुटपाथ पर सो रहे पांच लोगों को कुचल दिया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।अधिकारी ने बताया कि पीड़ितों को जग प्रवेश चंद्र अस्पताल ले जाया गया जहां तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया गया। उनमें से एक की पहचान बिहार के कटिहार के मोहम्मद जाकिर (35) के रूप में हुई जो यहां श्रमिक के रूप में काम करता था। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, वह अक्सर उसी फुटपाथ पर सोता था। अन्य दो मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। अधिकारी ने बताया कि दो घायल मुश्ताक (35) और कमलेश (36) को जीटीबी अस्पताल ले जाया गया।पास की झोपड़ी में सो रहे जैनूल ने कहा कि दुर्घटना के तुरंत बाद वह घटनास्थल पर पहुंचा। उसने कहा, ‘‘मैं मौके पर पहुंचा तो मुस्तफा दर्द से जोर-जोर से कराह रहा था। पुलिस आधे घंटे बाद पहुंची और एम्बुलेंस बाद में आई। मैंने घायलों को उठाने और उन्हें अस्पताल ले जाने में पुलिस की मदद की। कोई और मदद के लिए आगे नहीं आया।'' मृतकों में से एक का जिक्र करते हुए स्थानीय निवासी सनी ने कहा, ‘‘मैं उसका नाम नहीं जानता, लेकिन हम उसे बहादुर कहते थे। वह सड़क किनारे किराने का सामान और सिगरेट की दुकान चलाता था।'' पुलिस उपायुक्त (पूर्वोत्तर) जॉय टिर्की ने कहा कि भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 (लापरवाही पूर्वक वाहन चलाना), 125ए (दूसरों की निजी सुरक्षा को खतरे में डालना) और 106 (लापरवाही से मौत का कारण बनना) के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच जारी है। उन्होंने कहा कि ट्रक चालक को पकड़ने के लिए टीमें गठित की गई हैं और दो अन्य मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख में पांच नए जिले बनाने की घोषणा की। स्थानीय लोगों ने कुल जिलों की संख्या सात करने के कदम का स्वागत किया और कहा कि नये जिले बनने से उनकी लंबे समय से लंबित मांग पूरी हुई है। हालांकि, कारगिल डेमोक्रेटिक अलायंस (केडीए) के साथ मिलकर राज्य का दर्जा देने और संविधान की छठी अनुसूची के विस्तार सहित अपनी चार प्रमुख मांगों के लिए लड़ रहे लेह के शीर्ष निकाय ने कहा कि वे अपना शांतिपूर्ण संघर्ष जारी रखेंगे। शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा कि एक विकसित और समृद्ध लद्दाख बनाने के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दृष्टिकोण के अनुरूप केंद्रीय गृह मंत्रालय ने पांच नए जिले बनाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा, ‘‘ये नए जिले जांस्कर, द्रास, शाम, नुबरा और चांगथांग होंगे जो लद्दाख के हर हिस्से में शासन को मजबूत करके लोगों के लिए फायदों को उनके दरवाजे तक पहुंचाएंगे।'' शाह ने कहा कि मोदी सरकार लद्दाख की जनता के वास्ते अपार अवसर सृजित करने के लिए प्रतिबद्ध है।उन्होंने कहा कि नये जिलों के निर्माण से सरकार की सभी कल्याणकारी योजनाएं लोगों तक आसानी से पहुंचेंगी और अधिक से अधिक लोग इनसे लाभान्वित हो सकेंगे। वहीं, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लद्दाख में पांच नए जिलों के गठन की सराहना करते हुए इसे बेहतर शासन और समृद्धि की दिशा में एक कदम बताया। उन्होंने कहा कि जांस्कर, द्रास, शाम, नुबरा और चांगथांग पर अब अधिक ध्यान केंद्रित किया जाएगा, जिससे सेवाओं और अवसरों को लोगों के और करीब लाया जा सकेगा। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर कहा, ‘‘लद्दाख में पांच नए जिलों का निर्माण बेहतर शासन और समृद्धि की दिशा में एक कदम है।'' इन पांच जिलों के गठन के बाद अब लद्दाख में लेह और करगिल को मिलाकर कुल सात जिले हो जायेंगे।गृह मंत्रालय के मुताबिक, अत्यंत कठिन और दुर्गम होने के कारण वर्तमान में जिला प्रशासन को जमीनी स्तर तक पहुंचने में कई तरह की कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। मंत्रालय के मुताबिक, इन जिलों के गठन के बाद अब केंद्र सरकार और लद्दाख प्रशासन की सभी जनहित योजनाएं लोगों तक आसानी से पहुंच सकेंगी और अधिक से अधिक लोग उनका लाभ उठा सकेंगे। मंत्रालय की ओर से जारी बयान के मुताबिक, पांच नए जिलों के गठन की ‘‘सैद्धांतिक स्वीकृति'' देने के साथ ही गृह मंत्रालय ने लद्दाख प्रशासन को नए जिलों के गठन से संबंधित विभिन्न पहलुओं जैसे मुख्यालय, सीमाएं, संरचना और पदों के सृजन आदि के आंकलन के लिए एक समिति बनाने और उसे तीन महीने के अंदर रिपोर्ट सौंपने को कहा है। पूर्ववर्ती राज्य जम्मू कश्मीर को पांच अगस्त, 2019 को दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित किया गया था। एक केंद्रशासित प्रदेश लद्दाख और दूसरा जम्मू कश्मीर है। केंद्रशासित प्रदेश होने के नाते लद्दाख केंद्रीय गृह मंत्रालय के सीधे प्रशासनिक नियंत्रण में आता है।पूर्व भाजपा सांसद जामयांग सेरिंग नांग्याल ने केंद्र की घोषणा को लद्दाख के लोगों के लिए ‘जन्माष्टमी का उपहार' करार दिया। उन्होंने कहा, ‘‘2018 में भाजपा ने लद्दाख को एक अलग मंडल दिया और अगले साल केंद्र शासित प्रदेश की मांग को भी पूरा किया और बजट को बढ़ाकर 6,000 करोड़ रुपये कर दिया। हम इस फैसले (नये जिले गठित करने) का स्वागत करते हैं जो लोगों की आकांक्षाओं के अनुरूप है।'' जलवायु कार्यकर्ता एवं लेह शीर्ष निकाय के सदस्य सोनम वांगचुक ने कहा, ‘‘मैं लद्दाख के लोगों की ओर से गृह मंत्री और मोदी सरकार को पांच नए जिलों की घोषणा करने के लिए धन्यवाद देता हूं। यह लोगों, विशेष रूप से जांस्कर क्षेत्र की लंबे समय से लंबित मांग थी।'' वांगचुक ने भाजपा को क्षेत्र में संविधान की छठी अनुसूची लागू करने के उसके वादे की याद दिलाई और कहा कि सरकार को जनता की प्राथमिक मांगों को पूरा करना चाहिए अन्यथा स्थानीय लोगों का संघर्ष जारी रहेगा। कांग्रेस के लद्दाख अध्यक्ष नवांग रिग्जिन जोरा ने भी केंद्र के फैसले का स्वागत किया, लेकिन कहा कि सिर्फ प्रशासनिक जिले बनाने से लद्दाख के लोगों का पर्यावरण, संस्कृति और पहचान नहीं बचेगी, जिसके लिए वे पिछले चार साल से सड़कों पर हैं।
- श्रीकृष्ण जन्माष्टमी....मंदिरों में विशेष पूजानयी दिल्ली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर उत्तर प्रदेश के मथुरा से लेकर गुजरात के द्वारका तक मंदिरों में विशेष पूजा की जा रही है। भगवान कृष्ण के जन्मोत्सव के कार्यक्रम मंगला आरती से शुरू हो चुके हैं। मंदिरों में देर रात से दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं।भगवान कृष्ण, द्वापर युग में भाद्रपद महीने के कृष्ण पक्ष में अष्टमी की रात प्रकट हुए थे। इस साल द्वापर युग की तरह ही नक्षत्रों का योग बन रहा है। श्रीकृष्ण रात में अवतरित हुए, इस वजह से जन्माष्टमी रात में मनाने की परंपरा है।बात मंदिरों की करें तो श्रीकृष्ण के लीला स्थान मथुरा-वृंदावन के अलावा देश भर के प्रमुख कृष्ण मंदिरों में जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जा रही है।मथुरा में रात 12 बजे जन्मभूमि के बिड़ला मंदिर में बालकृष्ण का पंचामृत अभिषेक होगा। वहीं, गुजरात के द्वारकाधीश मंदिर के पट आज रात 2.30 बजे तक खुले रहेंगे।
- जयपुर. राजस्थान के चूरू जिले के सालासर थाना क्षेत्र में बीती रात लकड़ियों से भरा ट्रक बाइक पर पलट गया जिससे बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गयी । पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि पार्वतीसर पुलिया के पास एक ट्रक अनियंत्रित होकर बाइक के ऊपर पलट गया जिससे बाइक सवार शाहरुख खान (22), सोयल (20), और सद्दाम (18) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि शाहरुख खान और सद्दाम की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि सोयल ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। उन्होंने बताया कि हादसे के बाद ट्रक चालक फरार हो गया। ट्रक को जब्त कर फरार चालक की तलाश की जा रही है। उन्होंने बताया कि रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये गये।
- प्रतापगढ़ . उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले में राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के चिलबिला स्टेशन के प्लेटफार्म के निकट रविवार की सुबह ट्रेन से कटा हुआ एक युवक-युवती का शव बरामद किया गया, जो प्रेमी-प्रेमिका बताये गए हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। नगर पुलिस क्षेत्राधिकारी (सीओ) शिव नारायण वैस ने रविवार को बताया कि चिलबिला रेलवे स्टेशन पर प्लेटफार्म के निकट रविवार की सुबह ट्रेन से कटा हुआ युवक एवं युवती का शव बरामद किया गया, जिनकी पहचान राजेंद्र सरोज (28) निवासी बड़ागांव थाना संग्रामपुर जिला अमेठी व ममता सरोज (22) निवासी पिचूरा थाना सांगीपुर जिला प्रतापगढ़ के रूप में की गयी। सीओ ने पुलिस छानबीन के आधार पर बताया कि दोनों प्रेमी प्रेमिका थे, जिन्होंने ट्रेन से कटकर आत्महत्या की है l ममता दर्शन करने और राजेंद्र पुलिस में भर्ती के बहाने घर से निकले थे, स्टेशन पर लोगों ने दोनों को घूमते देखा भी था l उन्होंने बताया कि जीआरपी ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन की जा रही है।
- नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने रविवार को कहा कि सामूहिक प्रयासों से बिना राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले युवाओं को राजनीति में आगे बढ़ने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि ‘विकसित भारत' के लक्ष्य को हासिल करने के लिये स्वतंत्रता संग्राम के दौरान जिस तरह की भावना लोगों ने दिखाई थी ‘विकसित भारत' के लक्ष्य को हासिल करने के लिए उसे फिर से दिखाने की जरूरत है। मोदी ने अपने मासिक ‘मन की बात' रेडियो कार्यक्रम में कहा कि उनकी ओर से स्वतंत्रता दिवस पर बिना किसी राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले एक लाख युवाओं के राजनीति में शामिल होने के आह्वान पर व्यापक प्रतिक्रिया मिली है और कुछ युवाओं ने कहा है कि वंशवाद की राजनीति नयी प्रतिभा को दबा देती है। उन्होंने कहा, ‘‘इस साल मैंने लाल किले से बिना राजनीतिक पृष्ठभूमि वाले एक लाख युवाओं को राजनीतिक व्यवस्था से जोड़ने का आह्वान किया है। मेरी इस बात पर जबरदस्त प्रतिक्रिया मिली है। इससे पता चलता है कि कितनी बड़ी संख्या में हमारे युवा, राजनीति में आने को तैयार बैठे हैं।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि इन युवाओं को बस सही मौके और सही मार्गदर्शन की तलाश है।मोदी ने कहा, ‘‘इस विषय पर मुझे देशभर के युवाओं के पत्र भी मिले हैं। सोशल मीडिया पर भी इसे जबरदस्त प्रतिक्रिया मिल रही है। लोगों ने मुझे कई तरह के सुझाव भेजे हैं। कुछ युवाओं ने अपने पत्रों में लिखा है कि ये वाकई उनके लिए अकल्पनीय है। अपने दादा या माता-पिता के पास राजनीतिक विरासत न होने के कारण वे चाहकर भी राजनीति में चाहकर भी नहीं आ पाते थे।'' उन्होंने कहा कि कुछ युवाओं ने लिखा है कि उनके पास जमीनी स्तर पर काम करने का अच्छा अनुभव है और इसलिए वे लोगों की समस्याओं को सुलझाने में मददगार बन सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘कुछ युवाओं ने यह भी लिखा है कि परिवारवादी राजनीति नयी प्रतिभाओं का दमन कर देती है। कुछ युवाओं ने कहा कि ऐसे प्रयासों से हमारे लोकतंत्र को और मजबूती मिलेगी। मैं इस विषय पर सुझाव भेजने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को धन्यवाद देता हूं।'' प्रधानमंत्री ने उम्मीद जतायी कि सामूहिक प्रयासों से ऐसे युवा भी राजनीति में आगे आ सकेंगे, जिनकी कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं है। मोदी ने कहा कि युवाओं का अनुभव और उनकी लगन देश के काम आयेगी।उन्होंने कहा, ‘‘स्वतंत्रता संग्राम के दौरान भी समाज के हर क्षेत्र में ऐसे अनेक लोग सामने आए थे, जिनकी कोई राजनीतिक पृष्ठभूमि नहीं थी। उन्होंने खुद को भारत की आजादी के लिए झोंक दिया था। आज हमें विकसित भारत का लक्ष्य पाने के लिए एक बार फिर से उसी भावना की जरूरत है। मैं अपने सभी युवा साथियों को कहूंगा कि इस अभियान से जरूर जुड़ें।'' उन्होंने कहा, ‘‘आपका यह कदम अपने और देश के भविष्य को बदलने वाला होगा।''मोदी ने कार्यक्रम में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), मद्रास के पूर्व छात्रों और ‘गैलेक्सआई' अंतरिक्ष स्टार्टअप के युवा उद्यमियों से भी बात की, जिन्होंने अपने काम पर प्रकाश डाला। उन्होंने देश में बढ़ते जीवंत अंतरिक्ष पारिस्थितिकी तंत्र की सराहना की।प्रधानमंत्री ने कहा कि देश के युवाओं को अंतरिक्ष क्षेत्र में विभिन्न सुधारों से काफी फायदा मिला है। उन्होंने कहा कि भारत ने चंद्रमा पर अपने अंतरिक्ष यान की सफल लैंडिंग की पहली वर्षगांठ के अवसर पर 23 अगस्त को पहला राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस मनाया। उन्होंने कहा कि ‘हर घर तिरंगा' और ‘पूरा देश तिरंगा' अभियान एक जबरदस्त सफलता थी।मोदी ने कहा, ‘‘हमने घरों के साथ ही विद्यालयों, स्कूल, विश्वविद्यालयों में तिरंगा लहराते देखा। लोगों ने अपनी दुकानों, दफ्तरों में तिरंगा लगाया, लोगों ने अपने डेस्कटॉप, मोबाइल और गाड़ियों में भी तिरंगा लगाया। जब लोग किसी भाव को व्यक्त करने के लिए हाथ मिलाते हैं, तो यह किसी भी अभियान को अद्वितीय गौरव प्रदान करता है।'' उन्होंने कहा कि दुनिया के सबसे ऊंचे चिनाब रेलवे ब्रिज पर 750 मीटर लंबे झंडे के साथ एक तिरंगा रैली भी निकाली गई। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘श्रीनगर की डल झील पर तिरंगा यात्रा की मनमोहक तस्वीरें हम सभी ने देखीं। अरुणाचल प्रदेश के ईस्ट कामेंग जिले में 600 फुट लंबे तिरंगे के साथ यात्रा निकाली गई। इसी तर्ज पर देश के अन्य राज्यों में भी हर उम्र के लोगों ने ऐसी तिरंगा यात्राओं में हिस्सा लिया।'' उन्होंने कहा कि इस अभियान ने पूरे देश को एकता के सूत्र में पिरो दिया और यही है ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत।' मोदी ने अपने रेडियो कार्यक्रम में असम के बारेकुरी गांव का भी उदाहरण दिया जहां मोरान समुदाय के लोगों का हूलॉक गिबन के साथ बहुत गहरा संबंध है। उन्होंने कहा, ‘‘जब उन्हें यह एहसास हुआ कि गिबन्स को केले बहुत पसंद हैं, तो उन्होंने केले की खेती भी शुरू कर दी। इसके अलावा उन्होंने तय किया कि गिबन्स के जन्म और मृत्यु से जुड़े रीति-रिवाजों को वैसे ही पूरा करेंगे, जैसा वे अपने लोगों के लिए करते हैं। उन्होंने गिबन्स को नाम भी दिए हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘हाल ही में गिबन्स को पास से गुजर रहे बिजली के तार के कारण मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। ऐसे में इस गांव के लोगों ने सरकार के सामने इस मामले को रखा और जल्द ही इसका समाधान भी निकाल लिया गया।'' उन्होंने मानव-पशु संबंध का एक और उदाहरण देते हुए कहा कि अरुणाचल प्रदेश में युवा लोगों ने वन्य पशुओं का उनके सींग तथा दांत के लिए शिकार किए जाने से बचाने के वास्ते 3-डी प्रिंटिंग प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है। प्रधानमंत्री ने मध्य प्रदेश के झाबुआ में एक पार्क में कचरे से अद्भुत कलाकृति तैयार करने के लोगों के प्रयासों की भी प्रशंसा की। उन्होंने खिलौनों के पुन: इस्तेमाल की भी पैरवी करते हुए कहा कि यह एक और ऐसा क्षेत्र है, जहां ‘‘हम मिलकर काम कर सकते हैं।'' मोदी ने कहा, ‘‘आप भी जानते हैं कि कई बच्चे कितनी जल्दी खिलौनों से ऊब जाते हैं, वहीं, ऐसे बच्चे भी हैं, जो खिलौनों का सपना संजोए होते हैं। ऐसे खिलौने जिससे अब आपके बच्चे नहीं खेलते, उन्हें आप ऐसी जगहों पर दे सकते हैं, जहां उनका उपयोग होता रहे। ये भी पर्यावरण की रक्षा का एक अच्छा रास्ता है। मोदी ने लोगों से पोषण के बारे में जागरूकता से संबंधित अभियानों से जुड़ने का भी अनुरोध किया। उन्होंने कहा, आपका एक छोटा-सा प्रयास कुपोषण के खिलाफ लड़ाई में बहुत मदद करेगा।मोदी ने यह भी कहा कि 29 अगस्त को तेलुगु भाषा दिवस है। उन्होंने कहा, ‘‘यह वाकई एक शानदार भाषा है। मैं तेलुगु भाषा दिवस पर दुनियाभर के तेलुगु भाषी लोगों को शुभकामनाएं देता हूं।'' उन्होंने कहा, ‘‘पैरालम्पिक पेरिस में शुरू होने वाला है। हमारे दिव्यांग भाई और बहन वहां पहुंच गए हैं। 140 करोड़ भारतीय हमारे एथलीट और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन कर रहे हैं। आप भी हैशटैग ‘चीयर4भारत' के साथ हमारे खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएं।
- इंदौर. जन्माष्टमी के एक दिन पहले, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव रविवार को इंदौर में भगवान कृष्ण और राधा की वेश-भूषा में एक पंडाल के नीचे जुटे करीब 5,000 बच्चों के साथ इस पर्व के उत्साह में डूबे दिखाई दिए। इस मौके पर उन्होंने भगवान कृष्ण के अलग-अलग पक्षों पर संवाद के लिए राज्य के नगरीय क्षेत्रों में विशेष केंद्र खोलने और हर विकासखंड में एक गांव को आदर्श ग्राम के तौर पर विकसित किए जाने की घोषणाएं कीं। यादव, इंदौर के प्रभारी मंत्री भी हैं। अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री ने राधा और कृष्ण की वेश-भूषा में शहर के दशहरा मैदान में जुटे करीब 5,000 बच्चों के साथ जन्माष्टमी का उत्सव मनाया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने बच्चों पर गुलाब की पंखुड़ियों की बौछार की। उन्होंने कुछ बच्चों को गोद में उठाकर दुलारते हुए उन्हें मक्खन भी खिलाया। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘इंदौर का गीता भवन भगवान कृष्ण के विविध पक्षों पर संवाद का बड़ा केंद्र है। हमारी सरकार आने वाले समय में राज्य के नगरीय क्षेत्रों में गीता भवन की तर्ज पर केंद्र खोलेगी जिनसे हमें भगवान कृष्ण के अलग-अलग पक्षों पर चर्चा-परिचर्चा का अवसर मिलेगा।'' उन्होंने कहा कि इन प्रस्तावित केंद्रों के लिए नगरीय निकायों को राज्य सरकार द्वारा धनराशि उपलब्ध कराई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन केंद्रों को पौराणिक विषयों पर प्रामाणिक ज्ञान के आदान-प्रदान के स्थानों के रूप में विकसित किया जाएगा। इंदौर का गीता भवन एक पारमार्थिक ट्रस्ट का संचालित संस्थान है जहां अलग-अलग धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। यादव ने कहा कि गोकुल और बरसाना के पौराणिक वैभव से प्रेरणा लेते हुए सूबे के हर विकासखंड के एक गांव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन गांवों में गो पालन, दूध उत्पादन, जैविक खेती और स्वच्छता के साथ ही सुशासन, संस्कारों, पारिवारिक मूल्यों और सह अस्तित्व की भावना को बढ़ावा दिया जाएगा।
- शहडोल। मध्यप्रदेश में शहडोल जिले के छपरा टोला गांव में शनिवार दोपहर एक घर की दीवार गिरने से पांच वर्षीय एक बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। सीधी थाने के प्रभारी राजकुमार मिश्रा ने ‘पीटीआई-भाषा' को बताया कि छत्तीसगढ़ से कुछ रिश्तेदार स्थानीय निवासी लालजी घासी से मिलने आए थे। उन्होंने बताया कि रिश्तेदारों में अभिषेक घासी (पांच) भी शामिल था। उनके अनुसार घर की कच्ची दीवार उस समय ढह गई, जब अभिषेक दो अन्य बच्चों के साथ आंगन में खेल रहा था। मिश्रा ने बताया कि जब तक तीनों बच्चों को मलबे से बाहर निकाला गया तब तक अभिषेक की मौत हो चुकी थी। उन्होंने बताया कि अन्य दो बच्चे खतरे से बाहर हैं।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने आश्वासन दिया है कि वह तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के बीच कृष्णा नदी पर डबल डेकर केबल आधारित पुल के निर्माण में तेजी लाएंगे। तेलंगाना सरकार ने शनिवार को यह बात कही। यह आश्वासन नयी दिल्ली में गडकरी और तेलंगाना के पर्यटन मंत्री जुपल्ली कृष्ण राव के बीच एक बैठक के दौरान आया। आधिकारिक बयान में कहा गया, गडकरी ने परियोजना को तेजी से आगे बढ़ाने के राव के अनुरोध पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी और उन्हें आश्वासन दिया कि सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कर ली जाएंगी तथा सितंबर के अंत तक निविदाएं शुरू कर दी जाएंगी।'' तेलंगाना में सोमाशिला और आंध्र प्रदेश में संगमेश्वर को जोड़ने वाला पुल विभिन्न कारणों से दो साल से लंबित है जिसके निर्माण पर 1,082.56 करोड़ रुपये की लागत आएगी।
-
नयी दिल्ली. दुनिया में पहली बार अंतरमहाद्वीपीय स्थानांतरण के तहत भारत लाए गए अफ्रीकी चीतों को जल्द ही जंगल में छोड़ा जाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। लगभग एक साल पहले भारत लाए गए चीतों को मध्यप्रदेश के कूनो राष्ट्रीय उद्यान में स्वास्थ्य जांच और निगरानी के लिए रखा गया है। अधिकारियों ने बताया कि केंद्र की चीता परियोजना संचालन समिति ने शुक्रवार को फैसला किया है कि देश के मध्य भागों से मानसून के चले जाने के बाद अफ्रीकी चीतों और भारत में जन्मे उनके शावकों को जंगलों में छोड़ा जाएगा। एक अधिकारी ने कहा, ''समिति के सदस्यों और राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के अधिकारियों ने कुनो का दौरा किया और चीतों को छोड़ने के विषय पर चर्चा की। बारिश का दौर समाप्त हो जाने के बाद व्यस्क चीतों को जंगल में छोड़ा जाएगा, जबकि शावकों और मादा चीताओं को दिसंबर के बाद छोड़ा जाएगा।'' अधिकारी के अनुसार, सभी 25 चीते स्वस्थ हैं, जिसमें 13 वयस्क और 12 शावक शामिल हैं।
नामीबिया से आठ चीतों का पहला जत्था सितंबर 2022 में भारत लाया गया था और 12 चीतों का दूसरा जत्था पिछले फरवरी में दक्षिण अफ्रीका से लाया गया था। कुछ चीतों को शुरू में जंगल में छोड़ दिया गया था, लेकिन पिछले वर्ष अगस्त में तीन चीतों की 'सेप्टीसीमिया इन्फेक्शन' के कारण मौत हो गई थी, जिनमें नामीबिया से लाई गई एक मादा चीता और दक्षिण अफ्रीका से लाए गए दो नर चीता शामिल थे। 'सेप्टीसीमिया इन्फेक्शन' एक ऐसा संक्रमण है जो बैक्टीरिया के रक्तप्रवाह में प्रवेश हो जाने से फैलता है। वर्तमान में केवल एक चीता ही जंगल में स्वतंत्र रूप से घूम रहा है। अधिकारियों का कहना है कि उसे देखना और पकड़ना कठिन है। भारत आने के बाद से सात वयस्क चीतों, तीन मादा और चार नर की मौत हो चुकी है, जिनमें से चार की मौत 'सेप्टीसीमिया इन्फेक्शन' के कारण हुई। ये सभी मौतें मार्च 2023 से जनवरी 2024 के बीच हुईं। भारत में 17 शावकों का जन्म हुआ है और उनमें से 12 जीवित बचे हैं। इस प्रकार कुनो में शावकों सहित चीतों की कुल संख्या 24 है। -
भुवनेश्वर. श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने शनिवार को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) को एक पत्र लिखकर पुरी में 12वीं सदी के मंदिर के रत्न भंडार की मरम्मत और नवीनीकरण से पहले इसका निरीक्षण कार्य शुरू करने का आग्रह किया है। एसजेटीए के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाधी ने एएसआई महानिदेशक को लिखे पत्र में केंद्रीय एजेंसी से रत्न भंडार को अपने नियंत्रण में लेने और नवीनतम तकनीक का उपयोग करके स्कैनिंग और भू-भौतिकीय जांच शुरू करने का आग्रह किया ताकि भगवान जगन्नाथ मंदिर के कोषागार के आंतरिक और बाहरी कक्षों के संरक्षण, मरम्मत और जीर्णोद्धार का कार्य किया जा सके। पत्र में कहा गया कि रत्न भंडार के भीतरी और बाहरी दोनों कक्ष खाली होने के कारण एसजेटीए को लगता है कि रत्न भंडार के अंदर कुछ गुप्त सुरंगें या कक्ष हो सकते हैं, जिसके चलते निरीक्षण कार्य आवश्यक है। एसजेटीए ने पत्र में कहा कि आवश्यक सर्वेक्षण और निरीक्षण कार्य पूरा हो जाने के बाद मरम्मत कार्य की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। शुक्रवार को भगवान जगन्नाथ मंदिर के रत्न भंडार से लोहे के खाली संदूक और अलमारियों को 12वीं सदी के मंदिर परिसर में स्थित नीलाद्रि विहार संग्रहालय के पास एक कमरे में स्थानांतरित कर दिया गया।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी रविवार को महाराष्ट्र और राजस्थान का दौरा करेंगे। महाराष्ट्र में वह 11 लाख नयी लखपति दीदियों को प्रमाणपत्र वितरित करेंगे जबकि राजस्थान में वह उच्च न्यायालय की प्लेटिनम जुबली के समापन समारोह को संबोधित करेंगे।
प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने शनिवार को एक बयान में यह जानकारी दी। पीएमओ ने कहा कि प्रधानमंत्री 25 अगस्त को पूर्वाह्न करीब 11:15 बजे जलगांव में लखपति दीदी सम्मेलन में भाग लेंगे और इस दौरान राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के तीसरे कार्यकाल के दौरान हाल ही में लखपति बनीं 11 लाख नयी लखपति दीदियों को प्रमाणपत्र वितरित करेंगे तथा उन्हें सम्मानित भी करेंगे।प्रधानमंत्री देश भर से आने वाली लखपति दीदियों के साथ भी बातचीत करेंगे। इस दौरान, प्रधानमंत्री 2,500 करोड़ रुपये का एक ‘रिवॉल्विंग फंड’ जारी करेंगे जो 4.3 लाख स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) के लगभग 48 लाख सदस्यों को लाभान्वित करेगा।पीएमओ ने कहा कि वह 5,000 करोड़ रुपये के बैंक ऋण का भी वितरण करेंगे जिससे 2.35 लाख एसएचजी के 25.8 लाख सदस्यों को लाभ होगा। इसने कहा, ‘‘लखपति दीदी योजना शुरू होने के बाद से अब तक एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाया जा चुका है। सरकार ने तीन करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य रखा है।’’जलगांव से प्रधानमंत्री जोधपुर पहुंचेंगे और वहां करीब साढ़े चार बजे राजस्थान उच्च न्यायालय की प्लेटिनम जुबली के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रधानमंत्री राजस्थान उच्च न्यायालय संग्रहालय का भी उद्घाटन करेंगे। - लेह। लद्दाख के लेह जिले में एक बस के सड़क से 200 फुट गहरी खाई में गिरने से सात लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। लेह के उपायुक्त संतोष सुखदेव ने बताया कि बस में एक स्कूल के कर्मचारी थे जो एक विवाह समारोह में जा रहे थे। उन्होंने बताया कि इस दौरान दुर्बुक इलाके में बस खाई में गिर गई। सेना ने बताया कि दुर्घटना में सात लोगों की मौत हो गई और 20 अन्य घायल हो गए जिनमें तीन बच्चे और 17 महिलाएं हैं। सेना ने बयान में कहा, ‘‘लद्दाख के दुर्बुक के पास तैनात भारतीय सेना के जवानों ने गुरुवार को सुबह लगभग 11 बजे एक स्कूल बस के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने के बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए सहायता प्रदान की।'' सेना ने बताया कि बस में 27 यात्री सवार थे। उसने कहा कि क्षेत्र में मौजूद उसके सैनिक तुरंत दुर्घटना स्थल पर पहुंचे और पीड़ितों को बाहर निकालने का काम शुरू किया।
- सासाराम। बिहार के रोहतास जिले के नौहट्टा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बनाही गांव की एक नहर (आहर) में गुरुवार को एक महिला ने अपने दो बच्चों के साथ कूदकर जान दे दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक मृतकों में धोबीनिया टीकर गांव निवासी संजय चौहान की पत्नी आशा देवी (29) व उनके दो बच्चे सत्यम (9) और आदित्य (7) शामिल हैं। नौहट्टा के थाना प्रभारी मोहम्मद कमलुद्दीन के अनुसार गहरे पानी में चले जाने के कारण डूबने से तीनों की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पानी में एक बच्चे का शव देखकर ग्रामीणों द्वारा सूचित किए जाने पर घटनास्थल पर पहुंचकर पुलिस ने शवों को नहर से बाहर निकाला। थाना प्रभारी ने बताया कि इस घटना के कारण के बारे में तत्काल पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। (सांकेतिक फोटो)
- नयी दिल्ली । कोलकाता की एक विशेष अदालत ने शहर के सरकारी आर.जी. कर अस्पताल में महिला चिकित्सक के साथ कथित दुष्कर्म एवं हत्या मामले की जांच कर रहे केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को चिकित्सा महाविद्यालय के पूर्व प्रधानाचार्य संदीप घोष और चार अन्य चिकित्सकों की ‘पॉलीग्राफ' जांच कराने की अनुमति गुरुवार को दे दी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि सीबीआई ने घोष और नौ अगस्त को घटना के दिन ड्यूटी पर मौजूद रहे चार अन्य कनिष्ठ चिकित्सकों को विशेष अदालत के समक्ष पेश किया ताकि उनकी ‘पॉलीग्राफ' जांच कराने की अनुमति मांगी जा सके। उन्होंने कहा कि ‘लाई डिटेक्टर' जांच केवल अदालत की अनुमति और संदिग्ध की सहमति के बाद ही की जा सकती है। अधिकारियों के मुताबिक, सीबीआई की अर्जी को विशेष अदालत ने स्वीकार कर लिया। एजेंसी ने मुख्य आरोपी संजय रॉय की भी ‘पॉलीग्राफ' जांच कराने का अनुरोध किया है। इससे पहले दिन में, सीबीआई ने उच्चतम न्यायालय में आरोप लगाया कि स्थानीय पुलिस ने स्नातकोत्तर चिकित्सक के साथ बलात्कार और उसकी हत्या के मामले को दबाने का प्रयास किया था और जब तक संघीय एजेंसी ने जांच अपने हाथ में ली, तब तक अपराध स्थल पर छेड़छाड़ की जा चुकी थी। अस्पताल के सेमिनार हॉल में महिला चिकित्सक के साथ बलात्कार और उसकी हत्या की घटना के खिलाफ देश भर में व्यापक विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं। कोलकाता के सरकारी आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के सेमिनार हॉल में नौ अगस्त को चिकित्सक का शव मिला था, जिस पर गंभीर चोटों के निशान थे। कोलकाता पुलिस ने इस घटना के संबंध में अगले दिन रॉय को गिरफ्तार किया था। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 13 अगस्त को इस मामले की जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दी और इसके अगले दिन केंद्रीय एजेंसी ने जांच कोलकाता पुलिस से अपने हाथ में ले ली।
-
बरेली,। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में गुरुवार को छापेमारी में एक पुलिस निरीक्षक के आवास पर लगभग 9.96 लाख रुपये नकद बरामद होने के बाद उसे निलंबित कर दिया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य ने कहा कि जानकारी मिली कि निरीक्षक रामसेवक ने कथित तौर पर मादक पदार्थ से जुड़े मामले में शामिल दो संदिग्धों को छोड़ने के लिए रिश्वत ली है। उन्होंने कहा, "संदिग्ध आलम और नियाज अहमद को कथित तौर पर सात लाख रुपये की रिश्वत लेने के बाद हिरासत से रिहा कर दिया गया।" पुलिस के अनुसार, फरीदपुर पूलिस के क्षेत्राधिकारी गौरव सिंह के नेतृत्व में की गई छापेमारी में निरीक्षक रामसेवक के आवास पर नकदी बरामद हुई। पुलिस ने कहा कि रामसेवक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। रामसेवक फरार हो गया है। पुलिस ने बताया कि निरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है और उसे पकड़ने के प्रयास जारी हैं।
- गया। बिहार के गया जिले के एक डॉक्टर के बैंक खातों से साइबर जालसाजों ने 4.40 करोड़ रुपए से अधिक की ठगी कर ली है। पुलिस ने गुरुवार को यह जानकारी दी। गया के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) आशीष भारती ने कहा, "गया के साइबर थाना ने डॉ. ए एन राय की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया है कि साइबर अपराधियों ने पिछले कुछ दिनों में उनके सात बैंक खातों से 4.40 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की है।" एसएसपी ने कहा, "साइबर अपराधियों ने कुल 14 लेन-देन में डॉ. राय के खातों से 4.40 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की है।" हालांकि, पुलिस साइबर अपराधियों के खातों में से 58 लाख रुपए 'होल्ड' करवाने में सफल रही है। गया साइबर थाना के प्रभारी और पुलिस उपाधीक्षक साक्षी राय ने कहा, "प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि दिल्ली और आंध्र प्रदेश में स्थित साइबर अपराधियों ने इस घटना को अंजाम दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि अमरनाथ यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हो गई और इस साल रिकॉर्ड संख्या में 5.12 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अमरनाथ गुफा में बाबा बर्फानी के दर्शन किए। दक्षिण कश्मीर स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर के लिए तीर्थयात्रा 29 जून को शुरू हुई और 19 अगस्त को संपन्न हो गई। शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘श्री अमरनाथ जी की यात्रा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। 52 दिनों तक चली इस यात्रा में इस बार रिकॉर्ड 5.12 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने बाबा के दर्शन किये, जो कि बीते 12 वर्षों की सर्वाधिक संख्या है।'' गृह मंत्री ने कहा, ‘‘इस यात्रा को सफल बनाने के लिए हमारे सभी सुरक्षा कर्मियों, श्री अमरनाथ जी श्राइन बोर्ड, जम्मू-कश्मीर प्रशासन और स्वयंसेवी संस्थाओं को बधाई देता हूं। श्रद्धालुओं की यात्रा को सुरक्षित व सुगम बनाने में आप सभी का अद्वितीय योगदान रहा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘बाबा सभी पर अपनी कृपा बनाये रखें। जय बाबा बर्फानी!''
अमरनाथ यात्रा के दौरान श्रद्धालु जम्मू-कश्मीर में दो मार्गों - बालटाल और पहलगाम - से गुफा मंदिर तक की यात्रा करते हैं। अधिकारियों के अनुसार, पिछले साल 4.5 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने अमरनाथ गुफा मंदिर में बाबा बर्फानी के दर्शन किए थे। -
नयी दिल्ली. दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) और राममनोहर लोहिया (आरएमएल) अस्पताल के रेजिडेंट चिकित्सकों ने कोलकाता में एक महिला डॉक्टर की बलात्कार के बाद की गई हत्या के विरोध में 11 दिनों से जारी अपनी हड़ताल को उच्चतम न्यायालय की अपील पर बृहस्पतिवार को वापस लेने की घोषणा की। शीर्ष अदालत ने इससे पहले दिन में प्रदर्शनकारी चिकित्सकों से काम बहाल करने को कहा था और उन्हें आश्वासन दिया था कि काम पर लौटने के बाद उनके खिलाफ कोई प्रतिकूल कार्रवाई नहीं की जाएगी। ‘रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन' (एम्स, दिल्ली) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘हम उच्चतम न्यायालय की अपील एवं आश्वासन तथा आरजी कर (अस्पताल) की घटना एवं चिकित्सकों की सुरक्षा के सिलसिले में उसके हस्तक्षेप के बाद काम पर लौट रहे हैं। हम न्यायालय की कार्रवाई की सराहना करते हैं और उसके निर्देशों के पालन करने का आह्वान करते हैं। मरीजों की देखभाल करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता बना हुआ है।'' राममनोहर लोहिया अस्पताल की ‘रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन' ने एक बयान में कहा कि उच्चतम न्यायालय के दखल और उनकी मांगों के समाधान की दिशा में हुई प्रगति के मद्देनजर वे शुक्रवार सुबह आठ बजे से काम पर लौटेंगे। इसने कहा कि उच्चतम न्यायालय द्वारा इस मामले का स्वत: संज्ञान लिए जाने तथा केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) के हाथों में जांच सौंपे जाने को ध्यान में रखकर हड़ताल निलंबित की जा रही है। कोलकाता में महिला चिकित्सक से बलात्कार और उसकी हत्या से देशभर में लोगों का आक्रोश फूट पड़ा था। 12 अगस्त को ‘डॉक्टर्स एसोसिएशन' ने राष्ट्रव्यापी प्रदर्शन शुरू किया था जिससे बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) सेवाएं ठप हो गई थीं। हालांकि आपात सेवाएं जारी रहीं। पश्चिम बंगाल में सरकारी आर जी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में छाती रोग विभाग के संगोष्ठी कक्ष में नौ अगस्त को महिला चिकित्सक का शव मिला था जिस पर गहरे जख्म के निशान थे। उसके अगले दिन इस मामले में एक स्वयंसेवी को कोलकाता पुलिस ने गिरफ्तार किया था।
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 13 अगस्त को इस मामले की जांच सीबीआई को सौंपने का आदेश दिया था। सीबीआई ने 14 अगस्त से जांच शुरू की थी। -
बेंगलुरु. केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत प्रतिभा, जनशक्ति और क्षमता से भरपूर है, इसलिए हमें आगे बढ़ने तथा देश में और अधिक विनिर्माण करने की आवश्यकता है। जोशी यहां राष्ट्रीय परीक्षण शाला (एनटीएच) में इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) परीक्षण सुविधा की आधारशिला रखने के लिए बेंगलुरू में थे। नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय की भी जिम्मेदारी संभाल रहे जोशी ने कार्यक्रम में कहा, “प्रौद्योगिकी को उन्नत बनाना बहुत जरूरी है। हमें अपनी प्रणाली, अपना बुनियादी ढांचा विकसित करने की जरूरत है। इस दिशा में, मेरे गृह राज्य में पहली ईवी बैटरी परीक्षण सुविधा खोली जाएगी।” उन्होंने कहा कि नरेन्द्र मोदी सरकार का प्रत्येक निर्णय आपस में जुड़ा हुआ है और यह ‘आत्मनिर्भरता' की दिशा में एक कदम है। जोशी ने कहा, “उदाहरण के लिए, हमारी योजना 2030 तक भारतीय सड़कों पर 30 प्रतिशत ईवी वाहन लाने की है। लेकिन हम यह भी चाहते हैं कि ईवी के लिए इस्तेमाल की जाने वाली बिजली नवीकरणीय हो, इसलिए हम बड़े पैमाने पर सौर ऊर्जा को बढ़ावा दे रहे हैं। हम एक करोड़ घरों में निःशुल्क सौर ऊर्जा इकाई लगाने पर ध्यान दे रहे हैं, ताकि हमें नवीकरणीय ऊर्जा तक पहुंच मिल सके।” उन्होंने एनटीएच से अधिक लोगों को प्रशिक्षित करके तथा ईवी परीक्षण जैसी अधिक सुविधाएं स्थापित करके अपनी परीक्षण क्षमता में विविधता लाने का भी आग्रह किया। एनटीएच विभिन्न क्षेत्रों में परीक्षण और गुणवत्ता आश्वासन में अग्रणी रहा है। यह उपभोक्ता मामले विभाग के अधीन कार्य करता है। केंद्रीय मंत्री ने कहा, “सरकार इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए उसे हर संभव सहायता प्रदान करेगी। एनटीएच को पहले ही भारत में सेंट्रल विस्टा और मेट्रो रेल जैसी कुछ प्रतिष्ठित परियोजनाएं मिल चुकी हैं। इसलिए, इसे तीन साल में 100 करोड़ रुपये की कंपनी बनने का लक्ष्य रखना चाहिए।” मंत्री ने कहा कि बेंगलुरू के अलावा, सरकार की मुंबई और कोलकाता में भी ईवी परीक्षण सुविधाएं स्थापित करने की योजना है।
-
नयी दिल्ली। भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) के 1987 बैच के अधिकारी संजीव रैना को चीन से लगी वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) की पहरेदारी करने वाले बल का अतिरिक्त महानिदेशक (एडीजी) नियुक्त किया गया है। ऐसा दूसरी बार हुआ है कि एक गैर-आईपीएस (भारतीय पुलिस सेवा) के अधिकारी को इस पद पर पदोन्नत किया गया है। गृह मंत्रालय द्वारा बुधवार को जारी एक आदेश में कहा गया है कि एक अन्य अधिकारी आईजी जसपाल सिंह के अलावा, रैना को वर्ष 2024 के लिए एडीजी रैंक पर पदोन्नत किया जा रहा है। रैना वर्तमान में बल के भोपाल स्थित केंद्रीय सेक्टर मुख्यालय में महानिरीक्षक (आईजी) के रूप में सेवा दे रहे हैं। हालांकि, रैना (59) नये पद पर एक महीने से कुछ समय अधिक तक ही सेवा दे पाएंगे क्योंकि वह अगले महीने सेवानिवृत्त होने वाले हैं। आदेश में कहा गया है कि रैना को अब चंडीगढ़ स्थित आईटीबीपी मुख्यालय में एडीजी (पश्चिमी कमान) के रूप में पदस्थ किया गया है। अधिकारियों ने बताया कि यह दूसरा मौका है जब एक कैडर अधिकारी को एडीजी के पद पर पदोन्नत किया गया है। यह पद महानिदेशक के बाद बल में दूसरा सर्वोच्च रैंक है। आईटीबीपी और अन्य केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में एडीजी के पद पर मुख्य रूप से उन अधिकारियों को नियुक्त किया जाता है, जो भारतीय पुलिस सेवा से प्रतिनियुक्ति पर इन संगठनों में आते हैं। कश्मीर के रहने वाले रैना नवंबर 1987 में आईटीबीपी में शामिल हुए थे और उन्होंने लद्दाख, जम्मू कश्मीर तथा पूर्वोत्तर में अपनी सेवाएं दी हैं।
- जमशेदपुर। झारखंड में सरायकेला-खरसावां जिले के सोनारी हवाई अड्डे से उड़ान भरने के बाद लापता हुए दो सीट वाले विमान का पता अभी तक नहीं चल सका है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उपायुक्त रविशंकर शुक्ला ने बुधवार को बताया कि सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने दो सीट वाले विमान का पता लगाने के लिए भारतीय नौसेना से मदद मांगी है। ऐसा संदेह है कि एक निजी विमानन कंपनी का विमान, जिसमें एक पायलट और एक प्रशिक्षु पायलट सवार थे, जिले के चांडिल बांध में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि जिला प्रशासन ने विशाखापत्तनम स्थित नौसेना की पूर्वी कमान के मुख्यालय से मदद मांगी है । इससे पहले दिन में रांची से आई राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की छह सदस्यीय टीम ने चांडिल बांध में कई घंटों तक तलाशी अभियान चलाया। हालांकि, उप-संभागीय पुलिस अधिकारी (चांडिल) सुनील कुमार राजवार ने बताया कि एक जोड़ी जूते के अलावा कुछ नहीं मिला। पुलिस अधीक्षक (सरायकेला-खरसावां) मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि ग्रामीणों ने दावा किया है कि मंगलवार को एक विमान जलाशय में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पूर्वी सिंहभूम जिले के उपायुक्त अनन्य मित्तल ने बताया कि सोनारी हवाई अड्डे के वायु यातायात नियंत्रक ने बताया कि विमान को अंतिम बार चांडिल अनुमंडल के नीमडीह के पास देखा गया था। अधिकारी के अनुसार, बताया जाता है कि यह विमान ‘सेसना 152' था और यह उड़ान प्रशिक्षण संस्थान ‘अलकेमिस्ट एविएशन' का था। विमान ने मंगलवार को पूर्वाह्न करीब 11 बजे जमशेदपुर के सोनारी हवाई अड्डे से उड़ान भरी थी। विमान में एक पायलट और एक प्रशिक्षु पायलट सवार था।
-
पटना। बिहार पुलिस सिपाही भर्ती परीक्षा के चौथे चरण के तहत बुधवार को कथित तौर पर फर्जीवाड़ा करने के आरोप में पांच अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। जिन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है, बिहार पुलिस मुख्यालय द्वारा बुधवार को जारी एक बयान के अनुसार, ‘‘ राज्य पुलिस ने बुधवार को परीक्षा के दौरान कथित तौर पर फर्जीवाड़ा करने के आरोप में तीन अन्य अभ्यर्थियों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है। इसके अलावा, एक अन्य अभ्यर्थी को पटना के परीक्षा केंद्र से निष्कासित कर दिया गया क्योंकि उसके दस्तावेजों में कुछ विसंगतियां पाई गईं।' गिरफ्तार किए गए अभ्यर्थियों में भागलपुर के दो तथा बेगूसराय, सहरसा और नालंदा के एक-एक व्यक्ति शामिल हैं। केंद्रीय सिपाही चयन बोर्ड (सीएसबीसी) बिहार की विभिन्न पुलिस इकाईयों में सिपाहियों के पद के लिए विभिन्न चरणों में भर्ती परीक्षा आयोजित कर रहा है। बिहार पुलिस में ‘‘सिपाही'' के 21,391 पदों पर चयन के लिए सात अगस्त से शुरू हुई यह परीक्षा 28 अगस्त तक जारी रहेगी । इस परीक्षा में कुल 17.87 लाख उम्मीदवारों के परीक्षा में शामिल होने की संभावना जतायी गयी है। (सांकेतिक फोटो)














.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)




.jpg)
.jpg)

