- Home
- देश
- कोलकाता. कोलकाता में रातभर मूसलाधार बारिश से मंगलवार को जलभराव हो गया जिससे जनजीवन लगभग ठप हो गया है। इस दौरान करंट लगने से कम से कम सात लोगों की मौत हो गयी। अधिकारियों ने बताया कि भारी बारिश के कारण कई इलाके जलमग्न हो गए, जिससे यातायात, सार्वजनिक परिवहन और ट्रेन सेवाएं बाधित हुईं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारी बारिश को ‘‘अभूतपूर्व'' बताया तथा फरक्का बैराज से गाद न निकालने और निजी बिजली कंपनी सीईएससी की चूक की आलोचना की। साथ ही उन्होंने लोगों से अपनी सुरक्षा के लिए घरों के अंदर रहने की अपील की। ममता ने एक बंगाली समाचार चैनल से कहा, ‘‘मैंने ऐसी बारिश पहले कभी नहीं देखी। मुझे उन लोगों के लिए बहुत दुख हो रहा है जिन्होंने बादल फटने के कारण अपनी जान गंवाई है।मैंने सुना है कि खुले तारों से करंट लगने से सात-आठ लोगों की मौत हो गई है। यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है... उनके परिवारों को सीईएससी द्वारा नौकरी दी जानी चाहिए। मैं यह स्पष्ट रूप से कह रही हूं। हम भी हरसंभव मदद करेंगे।'' रात भर हुई भारी बारिश के कारण कोलकाता में ऐसे वक्त में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है जब शहर अपने सबसे बड़े त्योहार दुर्गा पूजा की तैयारी कर रहा है, जो इस सप्ताह के अंत में शुरू होगी। बिजली कंपनी को सीधे तौर पर दोषी ठहराते हुए उन्होंने कहा, ‘‘बिजली की आपूर्ति सीईएससी द्वारा की जाती है, न कि हमारे द्वारा। यह सुनिश्चित करना उनका कर्तव्य है कि लोगों को इससे परेशानी न हो। वे यहां व्यापार करेंगे, लेकिन आधुनिकीकरण नहीं करेंगे? उन्हें लोगों को भेजकर इसे ठीक करना चाहिए।'' मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘यहां तक कि हमारे मकान भी जलमग्न हैं, हम सब परेशान हैं। मुझे पूजा पंडालों के लिए भी बहुत बुरा लग रहा है। स्कूलों को छुट्टियां घोषित करने के लिए कहा गया है और कार्यालय जाने वालों को आज और कल घर पर रहने की सलाह दी गई है।'' ममता ने यह भी बताया कि वह महापौर, मुख्य सचिव और पुलिस के लगातार संपर्क में हैं।उन्होंने कहा, ‘‘फरक्का की ठीक से सफाई नहीं हुई है, इसलिए हर बार जब बारिश होती है, बिहार, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, मुंबई, दिल्ली, हर जगह जलभराव हो जाता है। इस बार बारिश थोड़ी असामान्य है।'' कोलकाता के महापौर और राज्य के शहरी विकास मंत्री फिरहाद हाकिम ने बताया कि अब तक हमें शहर में अलग-अलग जगहों पर करंट लगने से चार लोगों की मौत की सूचना मिली है। लेकिन बाद में आधिकारिक तौर पर सात लोगों की मौत की पुष्टि की गयी। हाकिम ने बताया कि शहर के अधिकांश हिस्सों में जलभराव हो गया है और कोलकाता नगर निगम (केएमसी) की टीम पानी निकालने के लिए चौबीसों घंटे काम कर रही हैं। उन्होंने बताया कि केएमसी अधिकारी कड़ी मेहनत कर रहे हैं लेकिन नहरें और नदियां पानी से लबालब भरी हैं और हर बार जब पानी निकाला जाता है, तो शहर के अंदर और पानी घुस रहा है। उन्होंने कहा, ‘रात लगभग 10 बजे तक स्थिति में सुधार होने की उम्मीद की जा सकती है।''मुख्य सड़कों पर वाहन फंसे रहे, यात्रियों को कई चौराहों पर कमर तक पानी से होकर गुजरना पड़ा तथा ब्लू लाइन के एक लंबे हिस्से पर मेट्रो सेवाएं स्थगित कर दी गईं। अधिकांश मुख्य सड़कों पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ है। पार्क सर्कस, गरियाहाट, बेहाला और कॉलेज स्ट्रीट जैसे प्रमुख चौराहों पर घुटने से कमर तक पानी भरा है, जिससे वाहन घंटों तक फंसे रहे। ईएम बाईपास, एजेसी बोस रोड और सेंट्रल एवेन्यू पर लंबे समय तक यातायात जाम की सूचना मिली, जबकि दक्षिण और मध्य कोलकाता की कई छोटी-छोटी गलियों में कमर तक पानी भर गया, जिससे वहां आवाजाही बाधित हो गयी है। यात्रियों ने बसों के बीच रास्ते में खराब होने की शिकायत की, जबकि टैक्सियां और ऐप आधारित कैब या तो सड़कों से नदारद रहीं या फिर उन्होंने बहुत ज़्यादा किराया वसूला। भारी बारिश और सड़कों पर पानी भर जाने के कारण कई स्कूलों ने छुट्टी घोषित कर दी है। कलकत्ता विश्वविद्यालय और जादवपुर विश्वविद्यालय ने भी दिन भर के लिए सभी शैक्षणिक गतिविधियां स्थगित कर दीं। पश्चिम बंगाल सरकार ने मंगलवार को सरकारी शिक्षण संस्थानों में निर्धारित समय से दो दिन पहले ही दुर्गा पूजा की छुट्टियां घोषित कर दीं। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा करंट से होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए जलभराव वाली सड़कों से दूर रहने की अपील और स्कूलों में छुट्टियां करने या ऑनलाइन कक्षाएं शुरू करने के निर्देश के बाद राज्य के शिक्षा मंत्री ब्रत्य बसु ने घोषणा की कि सभी सरकारी शिक्षण संस…
- नयी दिल्ली. सात वर्ष की आयु में उच्च रक्तचाप की समस्या होने से 50 वर्ष की आयु के बाद हृदय रोग के कारण मौत का खतरा बढ़ सकता है। शोधकर्ताओं ने यह बात कही है। उन्होंने नियमित तौर पर बच्चों के रक्तचाप की जांच कराने और हृदय को स्वस्थ बनाए रखने पर जोर दिया है। शोध की प्रमुख लेखक और अमेरिका में स्थित नॉर्थवेस्टर्न विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ मेडिसिन में सहायक प्रोफेसर एलेक्सा फ्रीडमैन ने कहा, “बचपन में उच्च रक्तचाप की समस्या होने से अगले पांच दशकों में मृत्यु का जोखिम 40 से 50 प्रतिशत तक बढ़ सकता है।”शोधकर्ताओं ने ‘अमेरिकन हार्ट एसोसिएशन के हाइपरटेंशन साइंटिफिक सेशन 2025' में अपने निष्कर्ष प्रस्तुत किए। यह शोध ‘द जर्नल ऑफ द अमेरिकन मेडिकल एसोसिएशन' (जेएएमए) में भी प्रकाशित हुआ है। यूएस कॉलेबोरेटिव पेरिनेटल प्रोजेक्ट (सीपीपी) में 1959 और 1966 के बीच नामांकित महिलाओं से जन्मे लगभग 38,000 बच्चों पर छह दशक तक शोध किया गया। इस शोध के दौरान 2016 में कुल 2,837 प्रतिभागियों की मृत्यु हुई, जिनमें से 504 की मृत्यु हृदय रोग के कारण हुई। लेखकों ने लिखा, “1959 और 1966 के बीच पैदा हुए अमेरिकी बच्चों में सात वर्ष की आयु में उच्च रक्तचाप की समस्या थी, जिसकी वजह से समय से पहले (हृदय संबंधी रोग के कारण) मृत्यु का जोखिम पाया गया।” फ्रीडमैन ने कहा, “हमारे निष्कर्षों के हिसाब से बचपन में रक्तचाप की जांच कराते रहने और हृदय के स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का महत्व उजागर हुआ है।”
-
नई दिल्ली। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को घोषणा की कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेनें जल्द ही शुरू की जाएंगी। उन्होंने बताया कि पहली ट्रेन सभी जरूरी परीक्षण और ट्रायल रन सफलतापूर्वक पास कर चुकी है और वर्तमान में दिल्ली के शकूरबस्ती कोच डिपो में खड़ी है। दूसरी ट्रेन का निर्माण तेजी से चल रहा है और उसके 15 अक्टूबर तक तैयार होने की संभावना है। रेलवे की योजना है कि दोनों ट्रेनें एक साथ शुरू की जाएं, ताकि नियमित सेवाओं की निरंतरता बनी रहे।
यह वंदे भारत स्लीपर ट्रेन बीईएमएल द्वारा इंटीग्रल कोच फैक्ट्री (आईसीएफ) तकनीक से बनाई जा रही है। इसमें कुल 16 डिब्बे होंगे, जिन्हें एसी फर्स्ट क्लास, एसी 2-टियर और एसी 3-टियर में विभाजित किया जाएगा। इस ट्रेन की यात्री क्षमता 1,128 होगी और यह अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी, जिससे यह भारत की सबसे तेज रात्रिकालीन ट्रेनों में से एक बन जाएगी।इस ट्रेन में कई आधुनिक सुविधाएं दी जाएंगी, जिनमें यूएसबी चार्जिंग के साथ एकीकृत रीडिंग लाइट, स्वचालित घोषणा और विजुअल सूचना प्रणाली, सुरक्षा कैमरे, मॉड्यूलर पैंट्री और दिव्यांगों के अनुकूल बर्थ व शौचालय शामिल होंगे।रेल मंत्री ने पंजाब में रेलवे परियोजनाओं पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 18 किलोमीटर लंबी राजपुरा-मोहाली रेल लाइन जल्द शुरू होगी, जिससे यह क्षेत्र चंडीगढ़ से सीधे जुड़ जाएगा। इस नई लाइन से यात्रा की दूरी लगभग 66 किलोमीटर कम होगी और मौजूदा राजपुरा-अंबाला मार्ग पर दबाव भी घटेगा।इसके अलावा, रेल मंत्रालय ने नई दिल्ली और फिरोजपुर छावनी के बीच एक नई वंदे भारत ट्रेन का भी प्रस्ताव रखा है। यह ट्रेन फरीदकोट, भटिंडा (पश्चिम), धुरी, पटियाला, अंबाला छावनी, कुरुक्षेत्र और पानीपत स्टेशनों को जोड़ेगी। यह 486 किलोमीटर की दूरी 6 घंटे 40 मिनट में तय करेगी। वैष्णव ने कहा कि वह प्रधानमंत्री से इस रूट पर वंदे भारत ट्रेन को मंजूरी देने का अनुरोध करेंगे। -
गुवाहाटी. गायक जुबिन गर्ग का गुवाहाटी के बाहरी इलाके कमरकुची वन क्षेत्र में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। गर्ग की बहन पाल्मे बोरठाकुर और संगीतकार राहुल गौतम ने तोपों की सलामी के बीच चिता को अग्नि दी। राहुल गौतम, जुबिन के शिष्य हैं। अंतिम संस्कार की प्रक्रिया के दौरान पुजारियों के मार्गदर्शन में गर्ग की बहन और उनके शिष्य ने चिता की सात बार परिक्रमा की और इस दौरान वहां मौजूद सभी लोग खड़े हो गए और नम आंखों से उन्होंने अपने प्रिय कलाकार को अंतिम श्रद्धांजलि दी तीन दशक के अपने करियर में गर्ग ने 38,000 से अधिक गीत गाए और लोगों के दिलों में जगह बनाई।
गर्ग की पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग अंतिम संस्कार के लिए बने चबूतरे के किनारे बैठी थीं और उनकी आखों से लगातार अश्रुधारा बह रही थी। इस दौरान केंद्रीय मंत्री पबित्रा मार्गेरिटा उन्हें सांत्वना देते नजर आईं। गर्ग के 85 वर्षीय बीमार पिता मोहिनी मोहन बोरठाकुर परिवार के सदस्यों के साथ कुछ दूरी पर बैठे थे।
असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा भी ज़ुबिन के प्रशंसकों में शामिल हैं और वह भी उस चबूतरे के पास खड़े देखे गए जहां पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया। जैसे ही आग की लपटें आसमान की ओर उठीं, ‘ज़ुबिन, ज़ुबिन' के नारे हवा में गूंजने लगे और लोग उनका गाना ‘मायाबिनी रातिर बुकु' गाते नजर आए। इस दौरान पूरा माहौल गमगीन हो गया। लोकप्रिय गायक को श्रद्धांजलि अर्पित किए जाने के बाद असम पुलिस ने उन्हें तोपों की सलामी दी और बिगुल बजाया। इससे पहले गर्ग के पार्थिव शरीर को एक चबूतरे पर ले जाया गया और वैदिक मंत्रोच्चार और शंखनाद के बीच चिता पर रखा गया। परिवार ने कुछ वैदिक अनुष्ठान किए और केंद्रीय मंत्री सर्बानंद सोनोवाल, किरेन रीजीजू और मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने चिता पर लकड़ियां रखीं। गर्ग की चिता पर चंदन के उस पेड़ की एक शाखा भी रखी गई जिसे उन्होंने 2017 में अपने जन्मदिन पर लगाया था। गायक का पार्थिव शरीर रविवार को लाया गया और प्रशंसकों के अंतिम दर्शन के लिए अर्जुन भोगेश्वर बरुआ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में रखा गया। कमरकुची लाए जाने के बाद उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए बनाए गए एक चबूतरे के पास एक बंद बॉक्स में रखा गया। असम पुलिस के जवानों की एक टीम ने ताबूत को कंधा दिया।
सोमवार रात से ही श्मशान स्थल के आसपास बड़ी संख्या में लोग जमा हो गए थे और पूरा इलाका 'ज़ुबिन अमर रहे', 'जय ज़ुबिन दा' जैसे नारों से गूंज उठा। लोग उनका गाना 'मायाबिनी रातिर बुकु' गुनगुनाते सुने गए। दरअसल गर्ग ने एक बार कहा था कि वह चाहते हैं कि उनके अंतिम संस्कार में यही गाना गाया जाए। उनकी पत्नी गरिमा सहित परिवार के सदस्यों ने अंतिम संस्कार स्थल पर गायक को श्रद्धांजलि अर्पित की। सोनोवाल, रीजीजू, मार्गेरिटा, शर्मा, विधानसभा अध्यक्ष बिस्वजीत दायमरी और कई कैबिनेट मंत्रियों और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों ने गायक के ताबूत पर पुष्पांजलि अर्पित की। अरुणाचल प्रदेश सरकार, असम साहित्य सभा (एएसएस), विभिन्न छात्र संघों, हातिमुरा कार्बी समाज, कलाकार मंच, जुबिन गर्ग फैन क्लब आदि के प्रतिनिधियों ने भी गर्ग को श्रद्धांजलि अर्पित की। -
पुरी.ओडिशा के पुरी स्थित जगन्नाथ मंदिर को मंगलवार सुबह 10 बजे से श्रद्धालुओं के लिए बंद कर दिया गया क्योंकि अधिकारियों ने कड़ी सुरक्षा के बीच आभूषणों एवं अन्य मूल्यवान वस्तुओं को ‘रत्न भंडार' या खजाने में स्थानांतरित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। पूर्व के निर्णय के अनुसार पूरे मंदिर परिसर को खाली करा दिया गया है ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि जब अधिकारी कीमती सामान को रत्न भंडार में स्थानांतरित कर रहे हों, तो कोई भी आम नागरिक वहां मौजूद नहीं रहे। रत्न भंडार की लंबे समय बाद मरम्मत की गई है। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) के मुख्य प्रशासक अरबिंद पाधी ने कहा कि भगवान के कीमती सामान को अस्थायी सुरक्षित कमरों में रखा गया है। एक अधिकारी ने बताया कि रत्न भंडार समिति के सदस्य, जिनकी अध्यक्षता उच्च न्यायालय के सेवानिवृत्त न्यायाधीश न्यायमूर्ति बिश्वनाथ रथ कर रहे थे, पुरी के जिलाधिकारी दिव्य ज्योति परिदा, पुलिस अधीक्षक (एसपी) प्रतीक सिंह और अन्य लोग कीमती सामान को स्थानांतरित करते समय मंदिर के अंदर मौजूद थे। श्री जगन्नाथ मंदिर पुलिस (एसजेटी) के अलावा जिला पुलिस, ओडिशा आपदा त्वरित कार्रवाई बल (ओडीआरएएफ) के कर्मी, अग्निशमन सेवा और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के कर्मी भी मंदिर परिसर में मौजूद थे। यह भव्य इमारत बहुस्तरीय सुरक्षा घेरे में है क्योंकि भगवान के कीमती वस्तुओं को रत्न भंडार में स्थानांतरित किया जा रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि मुख्य मंदिर में श्रद्धालुओं का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित है। पाधी ने कहा कि ‘महाप्रसाद' ग्रहण करने के इच्छुक श्रद्धालु इसे ‘आनंद बाजार' में प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने कहा, ‘‘स्थानांतरण का काम पूरा होने के बाद प्रवेश प्रतिबंध हटा दिए जाएंगे।'' हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि ये प्रतिबंध कब तक लागू रहेंगे।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को कहा कि 2018 में आज ही के दिन शुरू की गई आयुष्मान भारत योजना सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा में क्रांतिकारी साबित हुई है और इसके लाभार्थियों के लिए वित्तीय सुरक्षा व सम्मान सुनिश्चित हुआ है। इस चिकित्सा बीमा योजना के तहत पांच लाख रुपये का वार्षिक स्वास्थ्य कवर प्रदान किया जाता है और गरीब व 70 वर्ष से अधिक आयु के सभी वरिष्ठ नागरिक इस योजना का लाभ उठा सकते हैं। मोदी ने ‘एक्स' पर कहा, "आज आयुष्मान भारत के सात वर्ष पूरे हो गए हैं। यह एक ऐसी पहल थी जिसमें भविष्य की जरूरतों का अनुमान लगाकर लोगों के लिए उच्च गुणवत्ता के साथ-साथ किफायती स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित करने पर ध्यान केंद्रित किया गया। इसकी बदौलत, भारत सार्वजनिक स्वास्थ्य सेवा में क्रांति देख रहा है। इसने वित्तीय सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित किया है।" उन्होंने आगे कहा, "भारत ने दिखाया है कि कैसे पैमाना, करुणा और तकनीक मानव सशक्तिकरण को आगे बढ़ा सकते हैं।" मोदी ने एक आधिकारिक ‘एक्स' हैंडल को टैग किया है, जिसने एक पोस्ट में बताया है कि सरकार की इस प्रमुख कल्याणकारी पहल में 55 करोड़ से ज्यादा नागरिक शामिल हैं और यह "दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना" है। पोस्ट में कहा गया है कि अब तक 42 करोड़ से ज़्यादा आयुष्मान कार्ड जारी किए जा चुके हैं। पोस्ट में कहा गया है कि इससे सरकार का स्वास्थ्य व्यय 29 प्रतिशत से बढ़कर 48 प्रतिशत हो गया है, जबकि रोगी का खर्च 63 प्रतिशत से घटकर 39 प्रतिशत रह गया है। पोस्ट में कहा गया है, "लाखों परिवार बीमारी के दौरान आर्थिक तंगी से बाहर आ गए हैं।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 25 सितंबर को ‘वर्ल्ड फूड इंडिया' के चौथे संस्करण का उद्घाटन करेंगे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य घरेलू खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में अधिक निवेश आकर्षित करना और भारत को खाद्य क्षेत्र में नवोन्मेष के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करना है। राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित होने वाले इस आयोजन में रूस के उप-प्रधानमंत्री दिमित्री पत्रिशेव के साथ-साथ केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी (सड़क परिवहन), चिराग पासवान (खाद्य प्रसंस्करण उद्योग) और राज्यमंत्री (खाद्य प्रसंस्करण उद्योग) रवनीत सिंह बिट्टू भी भाग लेंगे। पासवान ने इस आयोजन के बारे में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए कहा, ‘‘वर्ल्ड फूड इंडिया केवल एक व्यापार प्रदर्शनी नहीं है, बल्कि भारत को खाद्य नवोन्मेष, निवेश और पर्यावरण अनुकूल उपायों के वैश्विक केंद्र के रूप में स्थापित करने का एक परिवर्तनकारी मंच है।'' उन्होंने कहा कि सरकार को पिछले संस्करणों की सफलता को देखते हुए इस वर्ष निवेश प्रतिबद्धताओं में उल्लेखनीय वृद्धि की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि 2023 में हुए इस कार्यक्रम के दौरान, 33,000 करोड़ रुपये के समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए गए, जबकि 2024 में प्रौद्योगिकी हस्तांतरण समझौतों पर ध्यान दिया गया था। पासवान ने भारत के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र में उपलब्ध क्षमता का उल्लेख किया जिसका उपयोग नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि दुनिया के प्रमुख फसलों के शीर्ष पांच उत्पादकों में शामिल होने के बावजूद, देश का खाद्य प्रसंस्करण स्तर अभी भी निचले स्तर पर है। उन्होंने कहा, ‘‘भारी उत्पादन के बावजूद, हम उच्च प्रसंस्करण स्तर तक नहीं पहुंच पाए हैं। कटाई के बाद होने वाले नुकसान को लेकर चिंता है, जिसे प्रसंस्करण के माध्यम से दूर किया जा सकता है।'' मंत्रालय ने प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों के बारे में गलत धारणाओं को दूर करने के लिए ‘‘खाद्य प्रसंस्करण की विभिन्न अवधारणाओं पर अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न'' शीर्षक से एक पुस्तिका जारी की। पासवान ने कहा, ‘‘ऐसी गलत धारणाएं और भ्रामक विज्ञापन और सोशल मीडिया पर चल रही खबरें हैं कि प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थ वजन बढ़ाते हैं और कई बीमारियों का कारण बनते हैं। पुस्तिका में इन चिंताओं का समाधान किया गया है।'' उद्योग से जुड़े विभिन्न पक्षों के परामर्श से तैयार की गई यह पुस्तिका, प्रसंस्कृत खाद्य पदार्थों से जुड़ी गलत धारणाओं को दूर करते हुए, उपभोक्ताओं को जानकारी के साथ विकल्प चुनने में मदद करने के लिए विज्ञान-आधारित जानकारी प्रदान करती है। ‘वर्ल्ड फूड इंडिया' 2025, एक लाख वर्ग मीटर के विशाल क्षेत्र में आयोजित होने वाला भारत के खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र से जुड़े विभिन्न पक्षों का सबसे बड़ा सम्मेलन होगा। इस आयोजन में 21 से अधिक देश भाग ले रहे हैं। इनमें न्यूजीलैंड और सऊदी अरब भागीदार देश हैं जबकि जापान, रूस, संयुक्त अरब अमीरात और वियतनाम ‘फोकस' देश हैं। इस चार दिवसीय आयोजन में लगभग 21 भारतीय राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों, 10 केंद्रीय मंत्रालयों और पांच संबद्ध सरकारी संगठनों के 1,700 से अधिक प्रदर्शकों के भाग लेने की उम्मीद है। इस मौके पर खाद्य प्रसंस्करण उद्योग सचिव ए.पी. दास जोशी और मंत्रालय के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
- देवघर. झारखंड के देवघर जिले में सोमवार दोपहर छह हथियारबंद बदमाशों ने एक निजी बैंक में लूटपाट की। पुलिस ने यह जानकारी दी। बैंक अधिकारियों के बयान और सीसीटीवी कैमरे की फुटेज का हवाला देते हुए देवघर के पुलिस अधीक्षक सौरभ कुमार ने बताया कि पिस्तौल से लैस छह बदमाश दोपहर करीब 12:45 बजे शहर के बीचों-बीच राजाबाड़ी रोड स्थित एचडीएफसी बैंक में घुसे और नकदी एवं सोना लूटकर फरार हो गए। उन्होंने बताया कि बैंक अधिकारी अब भी बदमाशों द्वारा लूटी गई रकम का हिसाब लगा रहे हैं।कुमार ने कहा, ‘‘हमने अपराधियों का पता लगाने के लिए कई टीम बनाई हैं। बदमाश तीन मोटरसाइकिल पर आए थे। उनमें से एक ने हेलमेट पहना हुआ था, जबकि दूसरे ने अपने चेहरे पर कपड़ा बांधा हुआ था। बाकी चार के चेहरे दिखाई दे रहे थे।'' उन्होंने बताया कि उनमें से कम से कम तीन के पास पिस्तौल थी।पुलिस अधीक्षक ने कहा, ‘‘बदमाशों ने एक भी गोली नहीं चलाई, लेकिन उन्होंने एक बैंक कर्मचारी पर हमला किया और ग्राहकों को धमकाया। घायल बैंक कर्मचारी को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।'' मधुपुर के अनुमंडल पुलिस अधिकारी (एसडीपीओ) सत्येंद्र प्रसाद ने घटनास्थल का दौरा किया। उन्होंने दावा किया कि बार-बार याद दिलाने के बावजूद, बैंकों ने सशस्त्र गार्ड नहीं रखे हैं। प्रसाद ने कहा, ‘‘बैंक में कोई सशस्त्र गार्ड मौजूद नहीं था, जिससे बदमाशों को खुली छूट मिल गई। वे तीन मोटरसाइकिल पर भागे, और बाद में एक मोटरसाइकिल बैंक से लगभग पांच किलोमीटर दूर एक गांव से बरामद हुई। यह पुलिस को गुमराह करने की एक चाल हो सकती है या शायद मोटरसाइकिल का ईंधन खत्म हो गया होगा।'' प्रसाद ने कहा, ‘‘लूट की गहरी साजिश रची गई थी, क्योंकि उन्होंने अपराध करते समय अंदर से शटर गिरा दिया था और नकदी व सोना लेकर भागते समय उसे बाहर से बंद भी कर दिया था।
- जांजगीर-चांपा. जिले में जादू-टोना करने के शक में 65 वर्षीय चाचा की हत्या करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि जिले के चांपा थाना क्षेत्र के अंतर्गत कोटा डबरी इलाके में रामप्रसाद पाल की हत्या के आरोप में अजीत पाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि रामप्रसाद पाल रोज की तरह रविवार की शाम हनुमान मंदिर में पूजा पाठ के लिए निकले थे, तभी उनका भतीजा आरोपी अजीत पाल वहां पहुंचा और हसिया से अपने चाचा के गले पर जोरदार वार कर दिया। अधिकारियों ने बताया कि घटना के बाद वहां मौजूद लोगों ने रामप्रसाद को अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू की। बाद में पुलिस ने आरोपी अजीत पाल को हिरासत में ले लिया। अधिकारियों ने बताया कि पूछताछ के दौरान अजीत ने कहा कि उसे शक था कि चाचा तंत्र–मंत्र करता था जिसकी वजह से उसका ढाबा नहीं चल रहा था और ग्राहक नहीं आ रहे थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी अजीत पाल को गिरफ्तार कर लिया है तथा हत्या में इस्तेमाल हसिया जब्त कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- रांची. झारखंड के जामताड़ा जिले में आरोपी पत्नी ने विवाद के बाद अपने पति की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि जामताड़ा के मिहिजाम पुलिस सीमा के अंतर्गत मिहिजाम पाइपलाइन क्षेत्र में रविवार रात को यह घटना हुई थी। उसने बताया कि मृतक की पहचान बिहार के मूल निवासी महावीर यादव (40) के रूप में हुई है, जो कई वर्षों से अपने परिवार के साथ मिहिजाम में रह रहा था। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) विकास ने कहा, ‘‘यादव की रविवार रात उसकी पत्नी आरोपी काजल देवी ने चाकू मारकर हत्या कर दी। आरोपी काजल ने जब उससे पैसे और मोबाइल फोन मांगा तो उनके बीच विवाद हो गया। इससे दोनों में झगड़ा हुआ और आरोपी ने चाकू से यादव पर वार कर दिया।'' उन्होंने बताया, ‘‘यादव के शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और उसकी आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हमने घटनास्थल से चाकू बरामद कर लिया है। मिहिजाम पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। हमने उस पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा (103) के तहत मामला दर्ज किया है।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आज मंगलवार को देवी ब्रह्मचारिणी को समर्पित शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी भक्तों के साहस और संयम की प्रार्थना की। पीएम मोदी ने नवरात्रि के दूसरे दिन देवी ब्रह्मचारिणी की पूजा-अर्चना की है। सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने लिखा, “इस नवरात्रि पर, आज, मां ब्रह्मचारिणी के चरणों में कोटि-कोटि नमन! देवी अपने सभी भक्तों को साहस और संयम का आशीर्वाद दें।”आज शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन उन्होंने एक्स पर देवी को समर्पित एक भक्ति गीत (भजन) भी साझा किया। इस वीडियो में देवी के ब्रह्मचारिणी स्वरूप की तस्वीरें हैं।नवरात्रि के दूसरे दिन मां ब्रह्मचारिणी की पूजा का विशेष महत्व है। उनकी आराधना से जीवन में भक्ति, तप और त्याग का महत्व प्रकट होता है। उनका स्वरूप शांत और सौम्य है, जो हमें जीवन में धैर्य और समर्पण की सीख देता है। देवी ब्रह्मचारिणी स्वाधिष्ठान चक्र में विराजमान हैं। ब्रह्मचारिणी अविवाहित अवस्था का प्रतिनिधित्व करती हैं और श्वेत रंग पवित्रता का प्रतीक है। जपमाला और कमंडल धारण करने वाला उनका स्वरूप आध्यात्मिक अनुशासन का प्रतीक है।इससे पहले कल सोमवार को नवरात्रि के प्रथम दिन प्रधानमंत्री मोदी ने मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में पूजा अर्चना की थी और माताबारी में ‘मां त्रिपुरा सुंदरी मंदिर कॉम्प्लेक्स’ के विकास कार्यों का उद्घाटन किया था, जो प्रसाद योजना (PRASAD) के तहत हुआ। यह मंदिर त्रिपुरा के गोमती जिले के उदयपुर में स्थित 51 प्राचीन शक्तिपीठों में से एक है।वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी सोशल मीडिया पर इस अवसर पर अपनी शुभकामनाएं दीं। उन्होंने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “शारदीय नवरात्रि पर मेरी प्रार्थना है कि आदिशक्ति मां भगवती का दूसरा स्वरूप मां ब्रह्मचारिणी सभी भक्तों को आस्था और आत्मविश्वास प्रदान करें।”उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी एक्स पर पोस्ट किया, “शारदीय नवरात्रि के दूसरे दिन सभी प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। ज्ञान, तप, संयम और त्याग की अधिष्ठात्री देवी मां ब्रह्मचारिणी से आप सभी के सुखी, स्वस्थ और मंगलमय जीवन की प्रार्थना करता हूं।”शारदीय नवरात्रि सोमवार (22 सितंबर) से शुरू होकर 2 अक्टूबर तक चलेगी। प्रत्येक दिन देवी दुर्गा के विभिन्न अवतारों को समर्पित है। नौ दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में देवी दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है। भक्त पूरे उत्सव के दौरान विशेष प्रार्थना, अनुष्ठान और व्रत रखते हैं। देश भर के मंदिरों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। लोग सुबह से ही मंदिरों के बाहर कतारों में खड़े होने लगे हैं। (
- नई दिल्ली। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने रूसी लड़ाकू विमानों के एस्टोनियाई हवाई क्षेत्र में कथित घुसपैठ पर चर्चा के लिए एक आपातकालीन बैठक आयोजित की। यूरोप, मध्य एशिया और अमेरिका के लिए संयुक्त राष्ट्र के सहायक महासचिव मिरोस्लाव जेंका ने अपनी ब्रीफिंग में कहा कि विश्व निकाय इस घटना से संबंधित किसी भी दावे की पुष्टि करने की स्थिति में नहीं है और उसके पास घटनाओं के बारे में कोई अन्य जानकारी नहीं है। उन्होंने अपनी ब्रीफिंग पूरी तरह से सार्वजनिक स्रोतों से उपलब्ध जानकारी पर आधारित की।जेंका ने बताया कि सुरक्षा परिषद के अध्यक्ष को संबोधित शनिवार को लिखे एक पत्र में, एस्टोनिया ने दावा किया है कि तीन रूसी मिग-31 लड़ाकू विमान शुक्रवार को एस्टोनिया के हवाई क्षेत्र में 10 किलोमीटर तक घुस आए और 12 मिनट तक वहां रहे। उन्होंने बताया कि रूसी रक्षा मंत्रालय ने शनिवार को दावा किया कि उसके विमानों ने फिनलैंड की सीमा पर स्थित करेलिया से कैलिनिनग्राद के एक हवाई अड्डे तक अंतरराष्ट्रीय हवाई क्षेत्र के नियमों का सख्ती से पालन करते हुए, तय उड़ान पथ से भटके बिना और एस्टोनियाई हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किए बिना, अपनी निर्धारित उड़ान भरी।उन्होंने कहा, “हम सभी संबंधित पक्षों से जिम्मेदारी से काम करने, उपलब्ध माध्यमों का इस्तेमाल करने, तनाव कम करने और क्षेत्रीय सुरक्षा को अधिक जोखिम से बचाने के लिए तत्काल कदम उठाने का आग्रह करते हैं। दुनिया इस तरह के खतरे को नियंत्रण से बाहर होते, यूक्रेन में विनाशकारी युद्ध के बढ़ने और विस्तार को बर्दाश्त नहीं कर सकती।”समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, एस्टोनिया, सोमवार की बैठक में भाग लेने वाले अन्य यूरोपीय देशों और संयुक्त राज्य अमेरिका ने रूस पर एस्टोनिया के हवाई क्षेत्र का उल्लंघन करने और तनाव बढ़ाने का आरोप लगाया। संयुक्त राष्ट्र में रूस के प्रथम उप-स्थायी प्रतिनिधि, दिमित्री पोल्यांस्की ने इस बात से इनकार किया कि रूसी जेट विमानों ने एस्टोनियाई हवाई क्षेत्र का उल्लंघन किया है।उन्होंने यूरोपीय देशों पर ‘रूसो फोबिया’ का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “उनके (यूरोपीय नेताओं के) प्रयासों से, हमारे देश के प्रति मध्ययुगीन जैसी नफरत और रूस को अखिल यूरोपीय सुरक्षा के लिए प्रमुख खतरे के रूप में चित्रित करने की आकांक्षा, हमारी आंखों के सामने, यूरोपीय देशों की व्यापक विचारधारा बनती जा रही है।”उन्होंने कहा, “हमारे पड़ोसियों ने अब यह मान लिया है कि एस्टोनिया के हवाई क्षेत्र में घुसपैठ के लिए रूस जिम्मेदार है। हमेशा की तरह रूस विरोध के अलावा कोई सबूत नहीं है।” संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका के स्थायी प्रतिनिधि माइक वाल्ट्ज ने सुरक्षा परिषद में अपने पहले भाषण में कहा कि उनका देश और उसके सहयोगी ‘नाटो क्षेत्र के हर इंच की रक्षा करेंगे।’एस्टोनिया नाटो का सदस्य है। वहीं, सुरक्षा परिषद के गैर यूरोपीय सदस्यों ने संयम और तनाव कम करने का आह्वान किया। संयुक्त राष्ट्र में चीन के उप-स्थायी प्रतिनिधि गेंग शुआंग ने कहा कि चीन संबंधित पक्षों से शांत रहने और संयम बरतने, तथ्यों को स्पष्ट करने, बातचीत और संचार से संदेह दूर करने, गलतफहमी से बचने और स्थिति को बढ़ाने या बिगड़ने से रोकने का आग्रह करता है।इस बैठक का अनुरोध एस्टोनिया ने किया था, जिसे परिषद के पांच यूरोपीय सदस्यों, ब्रिटेन, डेनमार्क, फ्रांस, ग्रीस और स्लोवेनिया, ने समर्थन दिया।
- नई दिल्ली। पाकिस्तान से सटे पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में बाढ़ का पानी कम होने लगा है, जिससे बीएसएफ के जवान वापस आकर पोस्ट को सही करने लगे हैं। बीएसएफ के बॉर्डर आउट पोस्ट को बाढ़ ने काफी नुकसान पहुंचाया था। भारत-पाकिस्तान सीमा पर बाढ़ आने से बीएसएफ को भारी नुकसान पहुंचा है। कई जगह पर बाढ़ का पानी आने से सीमा सुरक्षा बल को दर्जनों चौकियां खाली करनी पड़ी थीं। इस दौरान बीएसएफ जवानों ने 550 आम नागरिकों को भी अपने साथ बाढ़ से सुरक्षित निकाला था। बाढ़ की वजह से करतारपुर कॉरिडोर को भी नुकसान पहुंचा था।गुरदासपुर सेक्टर के बीएसएफ डीआईजी जेके बर्डी ने बताया कि गुरदासपुर में आई बाढ़ ने सबसे पहले बीएसएफ की बॉर्डर आउट पोस्ट को नुकसान पहुंचाया था। इसके बाद भी कुछ जवानों को बॉर्डर पर तैनात किया गया था। उन्होंने कहा कि बीएसएफ के जवानों ने अपने साथ बाढ़ में फंसे लोगों को भी सुरक्षित निकाला था। बाढ़ के दौरान पानी का बहाव काफी तेज था, इस वजह से हमारी अधिकतर चौकियां डूब गई थीं।उन्होंने बीएसएफ और आर्मी के कमांडरों का भी धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने इस मुश्किल घड़ी में 1,200 के करीब बीएसएफ जवानों और 550 के करीब नागरिकों को बाढ़ से सुरक्षित बाहर निकाला था। उन्होंने बताया कि बॉर्डर पर पानी भरे होने के बाद भी हर एक बॉर्डर आउटपोस्ट पर 15 से 20 जवान तैनात थे ताकि दुश्मन की हरकत पर लगातार नजर बनी रहे और देश के नागरिक अपने घरों में सुरक्षित रहें। अब बाढ़ का पानी घटने के बाद बीएसएफ की जो बॉर्डर आउट पोस्ट का नुकसान हुआ है, उसे सही किया जा रहा है और आसपास के सीमावर्ती इलाकों में मेडिकल कैंप लगाने का काम शुरू कर दिया गया है ताकि अब बीमारियों से लोगों को बचाया जा सके। उन्होंने बताया कि श्री करतारपुर साहिब कॉरिडोर को भी पानी ने नुकसान पहुंचाया है। दर्शनीय स्थल को जाने वाला रास्ता पूरी तरह से टूट चुका है, जिसे दोबारा सही करने का काम चल रहा है ताकि श्रद्धालुओं को श्री करतारपुर साहिब पहुंचने में परेशानी न हो।
- नयी दिल्ली। पेट्रोलियम मंत्रालय ने सोमवार को कहा कि सरकार ने चालू वित्त वर्ष के दौरान प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना (पीएमयूवाई) के तहत गरीब महिलाओं को 25 लाख अतिरिक्त मुफ्त एलपीजी कनेक्शन जारी करने को मंजूरी दे दी है। मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘इस विस्तार के साथ, पीएमयूवाई कनेक्शन की कुल संख्या बढ़कर 10.58 करोड़ हो जाएगी।'' इसके लिए, सरकार ने 676 करोड़ रुपये के व्यय को मंजूरी दी है। इसमें 2,050 रुपये प्रति कनेक्शन की दर से 25 लाख कनेक्शन बिना किसी जमा राशि के प्रदान करने के लिए 512.5 करोड़ रुपये, 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर पर 300 रुपये की लक्षित सब्सिडी के लिए 160 करोड़ रुपये (प्रति वर्ष अधिकतम नौ बार सिलेंडर भराने, पांच किलोग्राम सिलेंडर के लिए आनुपातिक रूप से) और परियोजना प्रबंधन एवं अन्य खर्चों के लिए 3.5 करोड़ रुपये शामिल हैं। पीएमयूवाई के तहत, लाभार्थियों को बिना किसी जमा राशि के एलपीजी कनेक्शन मिलता है। इसमें सिलेंडर, प्रेशर रेगुलेटर, ‘सुरक्षा' नली, घरेलू गैस उपभोक्ता कार्ड (डीजीसीसी) पुस्तिका और स्थापना शुल्क की सुरक्षा राशि शामिल होती है। इसके अलावा, पहली बार सिलेंडर भराने के साथ चूल्हा भी निःशुल्क दिया जाता है। लाभार्थियों को एलपीजी कनेक्शन, पहले ‘रिफिल' या चूल्हे के लिए कोई भुगतान करने की आवश्यकता नहीं है। ये लागत केंद्र सरकार और पेट्रोलियम विपणन कंपनियां (ओएमसी) वहन करती हैं। लाभार्थियों के पास 14.2 किलोग्राम के एक सिलेंडर के साथ कनेक्शन, पांच किलोग्राम छोटे सिलेंडर के साथ कनेक्शन, या पांच किलोग्राम के दो सिलेंडर के साथ कनेक्शन में से चुनने की सुविधा है।पीएमयूवाई के तहत एलपीजी कनेक्शन प्राप्त करने की प्रक्रिया को पूरी तरह से व्यवस्थित और तकनीकी रूप से सक्षम बनाया गया है। इसका मकसद पारदर्शिता और पहुंच को और आसान बनाना है। गरीब परिवारों की पात्र वयस्क महिलाएं, जिनके परिवार में पहले से एलपीजी कनेक्शन नहीं है, वे सरल केवाईसी आवेदन पत्र और एलपीजी कनेक्शन नहीं होने का घोषणा पत्र जमा करके ऑनलाइन या सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम विपणन कंपनियों के किसी भी एलपीजी वितरक के पास आवेदन कर सकती हैं। आवेदनों की प्रणाली आधारित जांच के बाद विपणन कंपनियों के अधिकारियों द्वारा भौतिक सत्यापन किया जाता है। उसके बाद ‘सब्सक्रिप्शन वाउचर' जारी किया जाता है और आवेदक के घर पर एलपीजी कनेक्शन लगाया जाता है। बयान में कहा गया, ‘‘जिन मौजूदा आवेदकों के आवेदन लंबित हैं, उन्हें संशोधित ई-केवाईसी प्रक्रिया से गुजरना होगा और अद्यतन प्रोफार्मा के अनुसार विवरण जमा करना होगा।''प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना मई, 2016 में शुरू की गई थी। शुरुआत में आठ करोड़ एलपीजी कनेक्शन बिना किसी जमा राशि के देने का लक्ष्य रखा गया था, जो सितंबर, 2019 में हासिल कर लिया गया। शेष गरीब परिवारों को कवर करने के लिए, उज्ज्वला 2.0 को अगस्त, 2021 में शुरू किया गया था। इसका लक्ष्य जनवरी, 2022 तक एक करोड़ अतिरिक्त कनेक्शन देना था। इसके बाद, सरकार ने उज्ज्वला 2.0 के तहत 60 लाख अतिरिक्त कनेक्शन देने को मंजूरी दी, जो दिसंबर, 2022 में हासिल कर लिया गया। अन्य 75 लाख कनेक्शन जुलाई, 2024 तक हासिल किए गए। जुलाई, 2025 तक, देश भर में 10.33 करोड़ से अधिक पीएमयूवाई कनेक्शन जारी किए जा चुके हैं, जिससे यह वैश्विक स्तर पर सबसे बड़ी स्वच्छ ऊर्जा पहलों में से एक बन गई है। इस निर्णय की घोषणा करते हुए, केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा, ‘‘...यह माताओं और बहनों के सम्मान और सशक्तीकरण के हमारे संकल्प को मजबूत करता है। उज्ज्वला भारत में सबसे प्रभावशाली सामाजिक कल्याण योजनाओं में से एक के रूप में उभरी है, जो रसोई में बदलाव ला रही है, स्वास्थ्य की रक्षा कर रही है और देश भर के परिवारों का भविष्य उज्ज्वल बना रही है।''
- पुणे। एक सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी के रिश्तेदार ने खुद को खुफिया अधिकारी बताकर उनसे कथित तौर पर चार करोड़ रुपये ठग लिए। इस घटना के बाद पीड़ित और उसकी पत्नी बेघर हो गए हैं। पुणे पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि आरोपी शुभम प्रभाले ने अपने रिश्तेदार सूर्यकांत थोराट को एक बैंक खाते से 38 करोड़ रुपये निकलवाने के बहाने पैसे देने के लिए राजी किया। उसने दावा किया कि उसे रक्षा खुफिया विभाग में अपने काम के लिए इनाम के तौर पर यह रकम मिली थी। थोराट ने कहा, ‘‘शुभम मेरी पत्नी के चचेरे भाई का बेटा है। 2019 में, उसने मुझसे संपर्क किया और दावा किया कि वह खुफिया विभाग में काम करता है। उसने यह कहते हुए पांच लाख रुपये मांगे कि उसे विभाग से इनाम के तौर पर मिले 38 करोड़ रुपये का दावा करने के लिए कुछ शुल्क देना होगा।'' प्राथमिकी के मुताबिक, थोराट ने आरोप लगाया कि शुभम ने उनकी किसी व्यक्ति से बात कराई, जिसके बारे में उसने दावा किया कि वह केंद्रीय मंत्री अमित शाह हैं, ताकि उन्हें विश्वास दिलाया जा सके कि 38 करोड़ रुपये का इनाम असली है।थोराट ने दावा किया, ‘‘इसके बाद शुभम यह कहते हुए पैसे मांगता रहा कि इनाम से संबंधित उसकी फाइल को मंजूरी मिलना जरूरी है। जनवरी 2020 और सितंबर 2024 के बीच, मैंने शुभम से संबंधित विभिन्न खातों में चार करोड़ रुपये से अधिक स्थानांतरित किए और उसके पिता सुनील और भाई ओमकार को नकद भुगतान भी किया।'' थोराट ने कहा कि उन्होंने मुलशी में एक भूखंड, एक दुकान, दो फ्लैट, एक कार और 76 लाख रुपये के सोने के गहने समेत अपनी संपत्तियां बेच दीं तथा शुभम और उसके परिवार के सदस्यों को पैसे देने के लिए रिश्तेदारों और दोस्तों से एक करोड़ रुपये से ज्यादा उधार भी लिए। थोराट ने अपनी शिकायत में दावा किया कि जब शुभम से पैसे वापस मांगे गए, तो उसने बताया कि वह विदेश में एक जरूरी मिशन पर है। पर्वती पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी शुभम प्रभाले, उसके पिता सुनील प्रभाले, मां भाग्यश्री प्रभाले, भाई ओमकार प्रभाले और प्रशांत राजेंद्र प्रभाले के खिलाफ 15 सितंबर को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। थोराट ने दावा किया कि वह अब बेघर हैं और शहर के एक मंदिर में रह रहे हैं।
- नयी दिल्ली। अफगानिस्तान का एक किशोर काबुल से उड़ान भरने वाले एक विमान के ‘लैंडिंग गियर' कक्ष में छिपकर दिल्ली पहुंच गया। आधिकारिक सूत्रों ने सोमवार को यह जानकारी दी। यह घटना रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे की है, जब केएएम एयरलाइंस की उड़ान संख्या आरक्यू-4401 दो घंटे की यात्रा के बाद इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (आईजीआई) हवाई अड्डे पर पहुंची। सूत्रों ने बताया कि लड़के को रविवार को ही उसी उड़ान से अफगानिस्तान वापस भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि एयरलाइन अधिकारियों ने हवाई अड्डे के सुरक्षा नियंत्रण कक्ष को 13 वर्षीय एक लड़के के बारे में सूचना दी, जो विमान के उतरने के बाद उसके पास घूमता हुआ पाया गया।कुंदुज शहर के मूल निवासी इस लड़के को विमानन कर्मियों ने पकड़ लिया और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के कर्मियों को सौंप दिया, जो उसे पूछताछ के लिए हवाई अड्डे के टर्मिनल-3 पर ले आए। लड़के ने अधिकारियों को बताया कि वह काबुल हवाई अड्डे में घुस गया और किसी तरह विमान के पिछले केंद्रीय ‘लैंडिंग गियर' कक्ष में घुसने में कामयाब रहा। सूत्रों ने बताया कि उसने जिज्ञासावश ऐसा किया। उन्होंने बताया कि पूछताछ के बाद, अफगान लड़के को उसी उड़ान से वापस भेज दिया गया, जो दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे रवाना हुई। केएएम एयरलाइन के सुरक्षा अधिकारियों ने ‘लैंडिंग गियर' कक्ष की सुरक्षा जांच की और उन्हें लाल रंग का एक छोटा स्पीकर मिला, जो संभवतः उस लड़के के पास था। उन्होंने बताया कि विमान को गहन निरीक्षण और अन्य जांच के बाद उड़ान के लिए सुरक्षित घोषित कर दिया गया।
- नयी दिल्ली। देश के प्रमुख शेयर बाजारों एनएसई और बीएसई ने सोमवार को कहा कि दिवाली के त्योहार पर मंगलवार, 21 अक्टूबर को एक विशेष मुहूर्त कारोबार सत्र का आयोजन किया जाएगा। दोनों शेयर बाजारों ने अलग-अलग परिपत्र में कहा कि यह प्रतीकात्मक कारोबार सत्र दोपहर 1:45 बजे से 2:45 बजे के बीच आयोजित किया जाएगा। पिछले साल, विशेष मुहूर्त कारोबार सत्र शाम छह बजे से सात बजे तक आयोजित किया गया था।यह नया सत्र एक नए संवत (विक्रम संवत 2082) का भी प्रतीक है, जो दिवाली से शुरू होता है। ऐसा माना जाता है कि ‘मुहूर्त' या शुभ समय के दौरान कारोबार करने से हितधारकों के लिए समृद्धि और वित्तीय वृद्धि होती है। दिवाली के दिन बाजार नियमित कारोबार के लिए बंद रहेगा, लेकिन एक घंटे के लिए एक विशेष कारोबार होगा। एनएसई और बीएसई ने कहा कि बाजार खुलने से पहले का सत्र दोपहर 1:30 बजे से 1:45 बजे तक चलेगा। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि दिवाली नए उद्यम शुरू करने के लिए एक शुभ अवसर माना जाता है और कई निवेशकों का मानना है कि मुहूर्त कारोबारी सत्र में भाग लेने से पूरे साल समृद्धि आती है।
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश 61 वर्षों के बाद भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की 19वीं राष्ट्रीय जम्बूरी की मेजबानी करेगा, जिसमें देश-विदेश के हजारों युवा एक साथ आएंगे। राज्य सरकार ने सोमवार को एक बयान में यह जानकारी दी। बयान में कहा गया है कि एक सप्ताह का यह आयोजन 23 से 29 नवंबर तक लखनऊ के वृंदावन योजना में आयोजित किया जाएगा और 24 नवंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी इसका उद्घाटन करेंगे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस जम्बूरी की मेजबानी करेंगे, जिसके लिए 35,000 प्रतिभागियों के लिए विश्व स्तरीय सुविधाओं से युक्त एक ‘गेटेड टेंट सिटी' बनाई जा रही है। इस जम्बूरी में साहसिक खेल, विज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियां शामिल होंगी, और इसका उद्देश्य युवा ऊर्जा को दिशा देना और अनुशासन, टीम वर्क, आत्मनिर्भरता और नेतृत्व के मूल्यों को स्थापित करते हुए वैश्विक भाईचारे को बढ़ावा देना है। भारत में पहला जम्बूरी 1953 में हैदराबाद में आयोजित किया गया था, जबकि उत्तर प्रदेश ने 1964 में प्रयागराज में चौथे संस्करण की मेजबानी की थी। सरकार ने कहा कि छह दशक बाद, राज्य फिर से इस आयोजन की मेजबानी करने के लिए तैयार है।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि सुरक्षा बलों ने महाराष्ट्र-छत्तीसगढ़ सीमा पर नक्सलियों के दो शीर्ष नेताओं को मार गिराकर उनके खिलाफ एक बड़ी जीत हासिल की है। शाह के अनुसार, सुरक्षा बलों ने नारायणपुर के अबूझमाड़ क्षेत्र में प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) की केंद्रीय समिति के सदस्यों - कट्टा रामचंद्र रेड्डी और कादरी सत्यनारायण रेड्डी को मार गिराया। उन्होंने ‘एक्स' पर लिखा, ‘‘हमारे सुरक्षा बल व्यवस्थित तरीके से नक्सलियों के शीर्ष नेतृत्व का सफाया कर रहे हैं और ‘लाल आतंक' की रीढ़ तोड़ रहे हैं।'' छत्तीसगढ़ के एक पुलिस अधिकारी के अनुसार, महाराष्ट्र से सटे अबूझमाड़ के एक जंगल में सुबह उस समय मुठभेड़ शुरू हुई, जब सुरक्षा बलों की एक टीम तलाशी अभियान पर निकली थी। उन्होंने बताया कि इलाके में नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर यह अभियान शुरू किया गया था। उन्होंने कहा, ‘‘अब तक मौके से दो पुरुष नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं।''
अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से एक एके-47 राइफल, अन्य हथियार, भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री, माओवादी साहित्य, प्रचार सामग्री और दैनिक उपयोग की वस्तुएं भी बरामद की गईं। इस ताजा कार्रवाई के साथ, इस वर्ष अब तक छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ों में 249 नक्सली मारे जा चुके हैं। पुलिस के अनुसार, 11 सितंबर को छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले में हुई मुठभेड़ में भाकपा (माओवादी) की केंद्रीय समिति के सदस्य मॉडम बालकृष्ण सहित दस नक्सली मारे गए थे। -
अयोध्या,अयोध्या के रामकथा पार्क में सातवीं भव्य फिल्मी रामलीला सोमवार से शुरू हो गई, जिसमें थ्रीडी तकनीक और फिल्मी सितारों की भागीदारी इसे दर्शकों के लिए अनूठा अनुभव बना रही है। एक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के मुताबिक, 120 फुट ऊंचे मंच पर थ्रीडी तकनीक के साथ शुरू हुई इस रामलीला में पहले दिन नारद मोह के प्रसंग से सबका मन मोह लिया। यह आयोजन 22 सितंबर से दो अक्टूबर तक चलेगा। इसमें कहा गया है कि इस बार रामलीला की खासियत 240 फुट ऊंचे रावण के पुतले का दहन होगा। इसके साथ ही 190 फुट ऊंचे मेघनाद और कुंभकरण के पुतलों का भी दहन किया जाएगा। अयोध्या की रामलीला के संस्थापक अध्यक्ष सुभाष मलिक ने बताया कि इस बार चार राज्यों के 60 कारीगरों की टीम ने इन विशाल पुतलों को तैयार किया है, जो तकनीक और कला का अनूठा संगम प्रदर्शित करेंगे। बयान के अनुसार, रामकथा पार्क में आयोजित इस रामलीला में फिल्मी सितारों की भागीदारी इसे और भी आकर्षक बनाती है। इसमें कहा गया है कि इस साल भगवान शंकर का किरदार बिंदु दारा सिंह, बाली की भूमिका सांसद मनोज तिवारी, परशुराम का किरदार पुनीत इस्सर और केवट की भूमिका रवि किशन निभा रहे हैं। बयान के मुताबिक, इस बार सीता की भूमिका मिस यूनिवर्स इंडिया 2025 मणिका विश्वकर्मा निभा रही हैं।
मलिक ने बताया कि इसमें रावण की भूमिका प्रसिद्ध कलाकार विजय सक्सेना निभा रहे हैं जबकि श्रीराम की भूमिका फिल्म अभिनेता राहुल भूचर अदा कर रहे हैं। मालिक ने बताया कि रामलीला का सीधा प्रसारण विभिन्न मंचों पर किया जा रहा है तथा गत वर्ष ऑनलाइन व दूरदर्शन के माध्यम से 47 करोड़ लोगों ने रामलीला देखी थी। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने नवरात्रि के पहले दिन लोगों को शुभकामनाएं देते हुए सोमवार को कहा कि इस बार नवरात्रि का यह शुभ अवसर बहुत विशेष है क्योंकि वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) बचत उत्सव के साथ-साथ स्वदेशी के मंत्र को एक नयी ऊर्जा मिलने वाली है। प्रधानमंत्री ने लोगों से विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए सामूहिक प्रयास का हिस्सा बनने का आह्वान किया। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ‘‘आप सभी को नवरात्रि की अनंत शुभकामनाएं। साहस, संयम और संकल्प के भक्ति-भाव से भरा यह पावन पर्व हर किसी के जीवन में नई शक्ति और नया विश्वास लेकर आए। जय माता दी!'' उन्होंने कहा, ‘‘नवरात्रि में आज मां शैलपुत्री की विशेष पूजा-अर्चना का दिन है। मेरी कामना है कि माता के स्नेह और आशीर्वाद से हर किसी का जीवन सौभाग्य और आरोग्य से परिपूर्ण रहे।'' मोदी ने कहा, ‘‘इस बार नवरात्रि का यह शुभ अवसर बहुत विशेष है। जीएसटी बचत उत्सव के साथ-साथ स्वदेशी के मंत्र को इस दौरान एक नयी ऊर्जा मिलने वाली है। आइए, विकसित और आत्मनिर्भर भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए सामूहिक प्रयासों में जुट जाएं।'' कई वस्तुओं पर जीएसटी की कम दरें सोमवार से लागू होंगी, जिसकी तुलना मोदी ने रविवार को राष्ट्र के नाम अपने संबोधन में बचत उत्सव से की थी।
- पुरी। ओडिशा के पुरी स्थित प्रसिद्ध जगन्नाथ मंदिर मंगलवार सुबह 10 बजे से आभूषण और अन्य कीमती वस्तुओं को 'रत्न भंडार' या खजाने में स्थानांतरित किये जाने तक श्रद्धालुओं के लिए बंद रहेगा। श्री जगन्नाथ मंदिर प्रशासन (एसजेटीए) ने सोमवार को बताया कि मंदिर की मरम्मत के लिए रत्न भंडार से आभूषण और कीमती सामान निकाल लिए गए थे। तब से, इन्हें एक अस्थायी ‘स्ट्रांग रूम' में रखा गया है। मंगलवार को, राज्य सरकार द्वारा मंजूर किये गए दिशानिर्देशों के अनुसार कीमती वस्तुओं को वापस खजाने में स्थानांतरित कर दिया जाएगा। दिशानिर्देशों में कहा गया है, ‘‘इसलिए, 23 सितंबर को सुबह 10 बजे से सार्वजनिक दर्शन स्थगित कर दिए जाएंगे और मंदिर के नटमंडप (नृत्य मंडप) और जगमोहन (सभा मंडप) को पूरी तरह से खाली करा दिया जाएगा। मुख्य मंदिर और झूलन मंडप में श्रद्धालुओं का प्रवेश वर्जित रहेगा।'' मंदिर प्रशासन ने कहा कि 'महाप्रसाद' लेने के इच्छुक श्रद्धालु इसे 'आनंद बाजार' में प्राप्त कर सकते हैं। इसने कहा, ‘‘स्थानांतरण कार्य पूरा होने के बाद, प्रवेश प्रतिबंध हटा दिए जाएंगे।'' हालांकि, यह नहीं बताया गया है कि ये प्रतिबंध कब तक लागू रहेंगे।
-
नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश सरकार ने सोमवार को जाति आधारित भेदभाव को समाप्त करने के लिए बड़ा कदम उठाते हुए पुलिस अभिलेखों और सार्वजनिक स्थानों पर जाति के उल्लेख पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया है। यह आदेश इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देशों के बाद जारी किया गया। मुख्य सचिव दीपक कुमार ने सभी विभागों को निर्देश दिए हैं कि अब एफआईआर, गिरफ्तारी मेमो या अन्य पुलिस दस्तावेजों में जाति का उल्लेख नहीं किया जाएगा। इसकी जगह पहचान के लिए माता-पिता का नाम इस्तेमाल किया जाएगा।
वाहनों और साइनबोर्ड्स पर लगे जाति-आधारित प्रतीकों को तुरंत हटाने का निर्देशआदेश में यह भी कहा गया है कि पुलिस थानों के नोटिस बोर्ड, वाहनों और साइनबोर्ड्स पर लगे जाति-आधारित प्रतीक, नारे और संदर्भों को तुरंत हटाया जाए। इसके साथ ही पूरे राज्य में जाति-आधारित रैलियों पर प्रतिबंध लगाया गया है और सोशल मीडिया पर निगरानी कड़ी करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि कोई उल्लंघन न हो। हालांकि सरकार ने स्पष्ट किया है कि अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) अत्याचार निवारण अधिनियम के मामलों में जाति का उल्लेख आवश्यक कानूनी आवश्यकता होने के कारण जारी रहेगा। इस निर्देश को प्रभावी बनाने के लिए मानक संचालन प्रक्रियाओं (SOPs) और पुलिस मैनुअल में संशोधन भी किए जाएंगे।इस बीच, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज गोरखपुर में जनता दर्शन कार्यक्रम आयोजित किया, जहां उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म एक्स पर लिखा, “मां भगवती जगदंबा की उपासना और आराधना के पावन पर्व शारदीय नवरात्रि की सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई! माता रानी का आशीर्वाद सभी के जीवन में सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि लेकर आए, यही प्रार्थना है।”इससे एक दिन पहले, 21 सितंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जानकारी दी थी कि राज्य सरकार ने “विकसित भारत-विकसित उत्तर प्रदेश 2047” के रोडमैप को तैयार करने के लिए 300 बुद्धिजीवियों को जोड़ा है। इनमें पूर्व मुख्य सचिव, सचिव, अवर सचिव और कुलपति शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ये विशेषज्ञ राज्यभर के शैक्षणिक संस्थानों का दौरा कर जनता से विचार-विमर्श कर रहे हैं ताकि 2047 के विकास लक्ष्यों पर ठोस योजना बनाई जा सके। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज सोमवार को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए देशवासियों से स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और “जीएसटी बचत उत्सव” (GST Bachat Utsav) मनाने की अपील की। उन्होंने इस अवसर पर देश को एक पत्र लिखकर नेक्स्ट जेनरेशन जीएसटी सुधारों को लागू करने को एक ऐतिहासिक कदम बताया, जो 22 सितंबर से शुरू हुए हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि इन सुधारों से घर-गृहस्थी का खर्च कम होगा, कारोबार आसान बनेगा और हर वर्ग की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी। इसमें किसान, महिलाएं, युवा, व्यापारी, एमएसएमई और मध्यम वर्ग सभी को सीधा फायदा मिलेगा। उन्होंने लिखा, “इन सुधारों से आपकी बचत बढ़ेगी और आपके सपनों को पूरा करना आसान होगा। चाहे घर बनाना हो, गाड़ी खरीदनी हो या परिवार के साथ छुट्टियाँ मनाने की योजना हो, अब यह सब और सरल होगा।”पीएम मोदी ने नए जीएसटी ढांचे की प्रमुख बातें भी साझा कीं। अब टैक्स दरें केवल दो स्लैब में बाँट दी गई हैं -5% और 18%। जरूरी चीजें जैसे भोजन, दवाइयाँ, साबुन, टूथपेस्ट और बीमा या तो टैक्स-फ्री होंगी या 5% वाले न्यूनतम स्लैब में आएंगी। पहले जिन वस्तुओं पर 12% टैक्स था, उन्हें अब ज्यादातर 5% पर ला दिया गया है।प्रधानमंत्री ने दुकानदारों और व्यापारियों की सराहना की, जो ग्राहकों के लिए “पहले और अब” वाले बोर्ड लगाकर दरों में कमी दिखा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कम टैक्स और सरल अनुपालन नियम छोटे उद्योगों, कारोबारियों, उद्यमियों और एमएसएमई को मजबूती देंगे और बेहतर कारोबारी माहौल तैयार करेंगे। उन्होंने इस सुधार को विकसित भारत 2047 के विजन से जोड़ते हुए आत्मनिर्भरता और स्थानीय निर्माण को मजबूत बनाने पर बल दिया। पीएम मोदी ने कहा, “मैं हमारे दुकानदारों और व्यापारियों से अपील करता हूं कि वे भारतीय उत्पाद ही बेचें। आइए गर्व से कहें -जो हम खरीदते हैं, वह स्वदेशी है। आइए गर्व से कहें जो हम बेचते हैं, वह स्वदेशी है।”प्रधानमंत्री ने राज्य सरकारों से भी निवेश माहौल सुधारने और उद्योग-निर्माण को प्रोत्साहन देने की अपील की। अपने संदेश के अंत में उन्होंने सभी नागरिकों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं और आशा जताई कि जीएसटी बचत उत्सव लोगों के जीवन में खुशियाँ और बचत लेकर आएगा और हर भारतीय परिवार को समृद्ध बनाएगा। -
नई दिल्ली। शारदीय नवरात्रि का सोमवार से आगाज हो गया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नवरात्रि के पावन पर्व की देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस पावन पर्व पर भक्ति-भाव से जीवन में नई शक्ति की कामना की।
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा शुभकामना संदेशपीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “आप सभी को नवरात्रि की अनंत शुभकामनाएं। साहस, संयम और संकल्प के भक्ति-भाव से भरा यह पावन पर्व हर किसी के जीवन में नई शक्ति और नया विश्वास लेकर आए। जय माता दी।”प्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्रियों ने भी देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएंप्रधानमंत्री के अलावा केंद्रीय मंत्रियों ने भी देशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने एक्स पर लिखा, “शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएं। मां दुर्गा का आशीर्वाद हमारे जीवन में शक्ति, साधना और समृद्धि का संचार करे। उनकी कृपा से भारत आत्मनिर्भरता, प्रगति और खुशहाली की नई ऊंचाइयों को छूते हुए विश्व में शांति और कल्याण का मार्गदर्शक बने।”केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने देशवासियों को नवरात्रि की हार्दिक शुभकामनाएं दीकेंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से नवरात्रि की शुभकामनाएं दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “सर्व मंगल मांगल्ये, शिवे सर्वार्थ साधिके, शरण्ये त्र्यम्बके गौरी, नारायणी नमोस्तुते। समस्त देशवासियों को नवरात्रि के पावन पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं।”केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा- शारदीय नवरात्रि हर वर्ष अपने साथ अनंत खुशियों का भंडार लेकर आती हैकेंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने कहा, “मां का आगमन। शारदीय नवरात्रि हर वर्ष अपने साथ अनंत खुशियों का भंडार लेकर आती है और श्रद्धालुओं के दुखों को मिटाकर जीवन में नवीन ऊर्जा और प्रकाश फैलाती है। ऐसे पावन पर्व पर मां दुर्गा में श्रद्धा रखने वाले सभी सनातन प्रेमियों को जय माता दी।”उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देशवासियों को नवरात्रि की बधाई दीउत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देशवासियों को नवरात्रि की बधाई दी। उन्होंने एक्स पर लिखा, “सभी श्रद्धालुओं एवं प्रदेश वासियों को मां भगवती जगदम्बा की आराधना व उपासना के पावन पर्व ‘शारदीय नवरात्रि’ की हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं। मां सभी के जीवन को सुख, स्वास्थ्य और सौभाग्य के आशीर्वाद से अभिसिंचित करें, यही प्रार्थना है।”भाजपा सांसद दिनेश शर्मा ने एक्स पर लिखा, “आप सभी भक्तों को मां भगवती जगदम्बा की आराधना व उपासना के पावन पर्व शारदीय नवरात्रि की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मां से मेरी यही कामना है कि आप सभी के जीवन को सुख, स्वास्थ्य और सौभाग्य का आशीर्वाद प्रदान करें, जय माता दी।”


























.jpg)
