- Home
- देश
-
मुंबई. मुंबई की एक विशेष अदालत ने सितंबर 2008 के मालेगांव विस्फोट मामले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की पूर्व सांसद प्रज्ञा सिंह ठाकुर और लेफ्टिनेंट कर्नल प्रसाद पुरोहित समेत सभी सातों आरोपियों को बृहस्पतिवार को बरी कर दिया। इस विस्फोट में छह लोग मारे गए थे और 101 अन्य घायल हुए थे।
राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए) के मामलों की सुनवाई के लिए नियुक्त विशेष न्यायाधीश ए के लाहोटी ने अभियोजन पक्ष के मामले और जांच में कई खामियों को उजागर किया और कहा कि आरोपी व्यक्ति संदेह का लाभ पाने के हकदार हैं। मुंबई से लगभग 200 किलोमीटर दूर मालेगांव शहर में 29 सितंबर 2008 को एक मस्जिद के पास एक मोटरसाइकिल में लगाए गए विस्फोट उपकरण में विस्फोट होने से छह लोगों की मौत हो गयी थी और 100 से अधिक लोग घायल हो गए थे। न्यायाधीश ने फैसला पढ़ते हुए कहा कि मामले को संदेह से परे साबित करने के लिए कोई ‘‘विश्वसनीय और ठोस'' सबूत नहीं है। अदालत ने कहा कि इस मामले में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के प्रावधान लागू नहीं होते। अदालत ने यह भी कहा कि यह साबित नहीं हुआ है कि विस्फोट में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल ठाकुर के नाम पर पंजीकृत थी, जैसा कि अभियोजन पक्ष ने दावा किया था। उसने कहा कि यह भी साबित नहीं हुआ है कि विस्फोट कथित तौर पर मोटरसाइकिल पर लगाए गए बम से हुआ था।
इससे पहले सुबह, जमानत पर रिहा सातों आरोपी दक्षिण मुंबई स्थित सत्र अदालत पहुंचे जहां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। इस मामले के आरोपियों में ठाकुर, पुरोहित, मेजर (सेवानिवृत्त) रमेश उपाध्याय, अजय राहिरकर, सुधाकर द्विवेदी, सुधाकर चतुर्वेदी और समीर कुलकर्णी शामिल थे। उन सभी पर यूएपीए और भारतीय दंड संहिता तथा शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत आतंकवादी कृत्य करने का आरोप था। अभियोजन पक्ष का दावा था कि विस्फोट दक्षिणपंथी चरमपंथियों द्वारा स्थानीय मुस्लिम समुदाय को आतंकित करने के इरादे से किया गया था। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने राज्यसभा में ऑपरेशन सिंदूर पर हुई चर्चा में गृह मंत्री अमित शाह के जवाब की सराहना करते हुए बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने आतंकी नेटवर्कों को जड़ से उखाड़ फेंकने समेत राष्ट्रीय सुरक्षा से संबंधित सरकार का रुख स्पष्ट रूप से व्यक्त किया। मोदी ने ‘एक्स' पर पोस्ट में, विदेश मंत्री एस जयशंकर के "असाधारण" भाषण की भी प्रशंसा की।
मोदी ने कहा कि उन्होंने आतंकवाद को वैश्विक ध्यान का विषय बनाने के भारत के प्रयासों पर जोर दिया, ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से देश की उचित प्रतिक्रिया और सरकार द्वारा नागरिकों की सुरक्षा बढ़ाने के तरीके का उल्लेख किया। शाह के भाषण का लिंक पोस्ट करते हुए, उन्होंने कहा, "राज्यसभा में गृह मंत्री अमित शाह का एक अभूतपूर्व भाषण। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा, आतंकवादी नेटवर्कों को जड़ से उखाड़ फेंकने और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता से संबंधित प्रमुख पहलुओं पर हमारी सरकार का दृष्टिकोण स्पष्ट रूप से व्यक्त किया।" पहलगाम आतंकवादी हमले और ऑपरेशन सिंदूर से संबंधित चर्चा समाप्त होने पर बुधवार को शाह और जयशंकर दोनों ने सदन में भाषण दिया। मोदी ने बुधवार को कहा था कि राज्यसभा में सदन के नेता और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने भी विस्तार से बताया था कि कैसे ऑपरेशन सिंदूर ने राष्ट्रीय सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए अपने उद्देश्यों को पूरा किया। उन्होंने कहा था कि उनकी सरकार ने 22 अप्रैल के आतंकवादी हमले का पूरी दृढ़ता और संकल्प के साथ जवाब दिया। -
चेन्नई. तमिलनाडु में 49 वर्षीय एक फिजियोथेरेपिस्ट महिला और उसकी बेटी ने मजबूत इरादों से अपने सपनों को पूरा करने की एक अद्भुत मिसाल कायम की है। दोनों ने अपनी लगन और मेहनत से राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट) पास कर ली। नीट की परीक्षा पास करने के बाद महिला को अपने गृह जिले के नज़दीकी सरकारी मेडिकल कॉलेज में सीट मिल गई जबकि बेटी भी चिकित्सा के क्षेत्र में अपना सफर शुरू करने के लिए तैयार है। अमुथवल्ली मणिवन्नन को अपने स्कूल के दिनों की तुलना में इस बार पाठ्यक्रम बहुत अलग और काफी कठिन लगा लेकिन फिर भी अपनी बेटी की राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा की तैयारी से प्रेरित होकर उन्होंने अपनी तैयारी शुरू की। अमुथवल्ली ने उत्साहित होकर कहा, ‘‘अपनी बेटी को नीट की तैयारी करते देखकर मेरी महत्वाकांक्षा फिर से जागृत हो गई और वह मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा थी। मैंने उसकी किताबें लीं और परीक्षा की तैयारी की।'' केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की छात्रा एम. संयुक्ता ने कोचिंग क्लास ली और जिन किताबों का उसने गहन अध्ययन किया था, उनसे ही उसकी मां को भी मदद मिली। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पिता पेशे से अधिवक्ता थे और उनकी चिकित्सा में कोई रुचि नहीं थी लेकिन मेरी मां की पृष्ठभूमि चिकित्सा से जुड़ी होने के कारण वह आसानी से समझ गईं।'' तमिलनाडु मेडिकल प्रवेश के लिए 30 जुलाई को काउंसलिंग शुरू हुई और अमुथवल्ली अपनी बेटी के साथ पीडब्ल्यूडी (एक विशिष्ट स्तर तक की दिव्यांगता)श्रेणी आरक्षण के तहत काउंसलिंग में शामिल हुईं। उन्होंने अपने गृहनगर तेनकासी के पास विरुधुनगर के सरकारी मेडिकल कॉलेज में दाखिला लेना पसंद किया। उन्हें नीट में 147 अंक प्राप्त किए। अमुथवल्ली ने बताया कि उन्होंने लगभग तीन दशक पहले स्कूल की पढ़ाई पूरी करने के बाद एमबीबीएस कोर्स में दाखिला लेने की कोशिश की थी, लेकिन उस समय ऐसा नहीं हो सका। इसके बजाय उन्हें फ़िज़ियोथेरेपी की पढ़ाई करनी पड़ी। पत्रकारों से बात करते हुए संयुक्ता ने कहा, ‘‘मैं अपनी मां के साथ एक ही कॉलेज में नहीं पढ़ना चाहती। मैं सामान्य कोटे में प्रतिस्पर्धा करना चाहती हूं। मैं किसी अन्य जगह शायद राज्य से बाहर, पढ़ाई करना चाहती हूं।'' उसने नीट में 450 अंक प्राप्त किए हैं।
-
नयी दिल्ली.। केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय सहकारी विकास निगम (एनसीडीसी) को चार वर्षों के लिए 2,000 करोड़ रुपये की अनुदान सहायता को मंजूरी दे दी। इस कदम से संगठन को कर्ज देने के लिए और अधिक कोष जुटाने में मदद मिलेगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में आयोजित मंत्रिमंडल की आर्थिक मामलों की समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘मंत्रिमंडल ने एक अच्छे वित्तीय मॉडल को और मजबूत करने के लिए, एनसीडीसी को चार वर्षों के लिए 2,000 करोड़ रुपये की पूंजी अनुदान सहायता को मंजूरी दी है।'' एनसीडीसी 8.25 लाख से ज्यादा सहकारी समितियों को कर्ज देता है, जिनके 29 करोड़ सदस्य हैं। कुल सदस्यों में से 94 प्रतिशत किसान हैं। मंत्री ने कहा कि इस वित्तीय सहायता से, एनसीडीसी आगे ऋण देने के लिए 20,000 करोड़ रुपये अतिरिक्त जुटा सकेगा। उन्होंने कहा कि वर्तमान में, एनसीडीसी की कर्ज वसूली दर 99.8 प्रतिशत है और उसका एनपीए (फंसा कर्ज) शून्य है।
- भुवनेश्वर.।ओडिशा में उस समय बड़ा विवाद खड़ा हो गया जब यह बात सामने आई कि चीनी ई-कॉमर्स मंच ‘अलीएक्सप्रेस' भगवान जगन्नाथ के चित्र वाले पायदान बेच रहा है। राज्य की उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने भगवान जगन्नाथ के चित्र को पायदान पर छापने और उत्पाद बेचने के कृत्य को ‘‘आपत्तिजनक'' बताते हुए इसकी आलोचना की और कंपनी से माफी मांगने को कहा। परिदा ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘महाप्रभु जगन्नाथ प्रत्येक ओडिया की आत्मा और भावनाओं से गहराई से जुड़े हैं। मैं चीनी ई-कॉमर्स मंच ‘अलीएक्सप्रेस' द्वारा महाप्रभु जगन्नाथ की छवि वाले पायदान बेचने की कड़ी निंदा करती हूं। कंपनी को तुरंत इस उत्पाद की बिक्री रोकनी चाहिए और इस आपत्तिजनक कृत्य के लिए भक्तों से माफी मांगनी चाहिए।'' वहीं, ओडिशा की कांग्रेस विधायक सोफिया फिरदौस की ‘एक्स' पर की गई पोस्ट के जवाब में, ‘अलीएक्सप्रेस' ने कहा कि यह उत्पाद हटा दिया गया है। फिरदौस ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा था, ‘‘अलीएक्सप्रेस पर भगवान जगन्नाथ की पवित्र छवि वाले पायदान बेचने के ईशनिंदापूर्ण कृत्य की कड़ी भर्त्सना करती हूं। यह लाखों भक्तों का घोर अपमान है और सांस्कृतिक एवं धार्मिक भावनाओं पर गंभीर हमला है। इस उत्पाद को बिक्री से हटाने के लिए तत्काल कार्रवाई की जानी चाहिए और सार्वजनिक रूप से माफी मांगी जानी चाहिए।'' प्रख्यात रेत कलाकार और पद्मश्री सम्मानित सुदर्शन पटनायक ने भी इस कृत्य की निंदा की।
- नयी दिल्ली. । केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बृहस्पतिवार को खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना (पीएमकेएसवाई) के लिए बजटीय परिव्यय 1,920 करोड़ रुपये बढ़ाकर 6,520 करोड़ रुपये करने की मंजूरी दे दी। चालू वित्त वर्ष (2025-26) में प्रदान की जाने वाली बढ़ी हुई धनराशि का उपयोग 50 बहु-उत्पाद खाद्य विकिरण इकाइयों और 100 खाद्य परीक्षण प्रयोगशालाओं के लिए किया जाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में हुई आर्थिक मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति (सीसीईए) की बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया। मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सूचना एवं प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने संवाददाताओं को बताया, “पीएमकेएसवाई का परिव्यय बढ़ाकर 6,520 करोड़ रुपये कर दिया गया है।” साल 2017 में शुरू पीएमकेएसवाई को 4,600 करोड़ रुपये के आवंटन के साथ चालू वित्त वर्ष 2025-26 के अंत तक एक और वर्ष के लिए बढ़ा दिया गया है। अब, मंत्रिमंडल ने खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के लिए बजट घोषणा को लागू करने के लिए आवंटन में 1,920 करोड़ रुपये की वृद्धि करने का निर्णय लिया है।
- लखनऊ.। राजधानी लखनऊ के एक रेस्टोरेंट की लिफ्ट में तकनीकी खराबी के कारण नौ कर्मचारियों समेत 10 लोग करीब तीन घंटे तक फंसे रहे। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। पुलिस सूत्रों ने बृहस्पतिवार को बताया कि राजधानी के इंदिरानगर थाना क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट में मंगलवार/बुधवार की दरम्यानी रात को कुछ लोग दूसरी मंजिल से लिफ्ट में सवार हुए। बेसमेंट में पहुंचने के बाद लिफ्ट का दरवाजा नहीं खुला। दरवाजा खोलने की शुरुआती कोशिशों के बाद कर्मचारियों ने आपातकालीन सेवा हेल्पलाइन पर फोन किया। मुख्य दमकल अधिकारी (सीएफओ) अंकुश मित्तल ने बताया कि बचाव उपकरणों से लैस एक दमकल गाड़ी मौके पर भेजी गई। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद बुधवार तड़के करीब तीन बजे दमकल टीम दरवाज़ा खोलने में कामयाब रही और लिफ्ट में फंसे नौ रेस्टोरेंट कर्मियों समेत 10 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इस मामले में अभी तक कोई पुलिस कार्रवाई नहीं की गई है।
- मंदसौर। मध्यप्रदेश के मंदसौर जिले में एक शख्स ने अपने 71 वर्षीय जिगरी दोस्त की अंतिम इच्छा पूरी करने के लिए उसकी शव यात्रा में नम आंखों के बीच गाजे-बाजे के साथ नाचते हुए उसे विदा किया। चश्मदीदों ने यह जानकारी दी। भावुक करने वाली यह घटना मंदसौर के जवासिया गांव की है, जहां अंबालाल प्रजापति ने गम के माहौल में अपने जिगरी दोस्त सोहनलाल जैन को नाचते हुए अंतिम विदाई दी। घटना का वीडियो और सोहनलाल की ओर से लिखा गया पत्र सोशल मीडिया पर बड़े पैमाने पर साझा किया जा रहा है। उपयोगकर्ता इस घटना को दोस्ती की अनूठी मिसाल के रूप में पेश कर रहे हैं। प्रजापति (51) ने कहा कि सोहनलाल दो साल पहले कैंसर की चपेट में आ गए थे और उन्होंने रतलाम, मंदसौर से लेकर अहमदाबाद तक में इलाज करवाया, लेकिन वह जिंदगी की जंग हार गए। उन्होंने बताया कि वह और सोहनलाल एक-दूसरे के सबसे अच्छे दोस्त थे और गांव की प्रभात फेरी में साथ-साथ शामिल होते हुए उनका रिश्ता और भी मजबूत हो गया। प्रजापति ने कहा, “सोहनलाल मुझसे अक्सर कहा करते थे कि मैं मर जाऊं, तो रोना-धोना मत। मेरी अंतिम यात्रा में डांस करना। मैंने अपने मित्र की इच्छा के अनुसार उसकी अंतिम यात्रा में डांस किया।” उन्होंने भावुक लहजे में कहा, “दोस्ती निभानी थी और मैंने उसे अंतिम समय तक निभाई।”सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक उपयोगकर्ता ने यह वीडियो साझा करते हुए लिखा, “दोस्ती की मिसाल। अंतिम यात्रा में नाचा दोस्त, निभाया सोहनलाल से किया आखिरी वादा!”
-
नई दिल्ली। राष्ट्र सेविका समिति की पूर्व प्रमुख संचालिका प्रमिला ताई मेढ़े का 97 वर्ष की उम्र में गुरुवार को निधन हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में उनके अमूल्य योगदान को सदैव याद किया जाएगा।
पीएम मोदी ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख संचालिका रहीं श्रद्धेय प्रमिला ताई मेढ़े के देहावसान से अत्यंत दुख हुआ है। उनका संपूर्ण जीवन समाज और राष्ट्र सेवा को समर्पित रहा। महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ सामाजिक कार्यों में उनके अमूल्य योगदान को सदैव याद किया जाएगा। ईश्वर शोक की इस घड़ी में उनके परिजनों और प्रशंसकों को संबल प्रदान करे। ओम शांति!”केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी प्रमिला ताई मेढ़े के निधन पर दुख जताया। उन्होंने एक्स पर लिखा, “राष्ट्रीय सेविका समिति की प्रमुख संचालिका श्रद्धेय प्रमिला ताई मेढ़े का निधन सभी समाजसेवियों के लिए बहुत बड़ी क्षति है। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिजनों और प्रशंसकों के साथ हैं। प्रमिला ताई आजीवन राष्ट्रसेवा और नारी शक्ति के सशक्तीकरण हेतु समर्पित रहीं। उनके नेतृत्व में राष्ट्रीय सेविका समिति जनकल्याण का पर्याय बनीं। उनके सेवा कार्य और समाज के उत्थान का संकल्प आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणीय हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें।”राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने प्रमिला ताई मेढ़े को श्रद्धांजलि अर्पित की। संघ के आधिकारिक एक्स हैंडल पर कुछ तस्वीरें भी शेयर की गईं, जिसमें मोहन भागवत उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि देते हुए दिखाई दे रहे हैं।संघ प्रमुख ने कहा, “राष्ट्र सेविका समिति की भूतपूर्व प्रमुख संचालिका प्रमिला ताई मेढ़े के परलोक गमन से हम सभी लोगों के सर पर से एक मातृवत छत्र हट गया है। उनके निधन से लगभग समिति की स्थापना काल से आज तक की उनकी दीर्घ तपस्या की पूर्णता हो गई है। लक्ष्य की अचूक समझ व निष्ठा, कार्य वृद्धि के लिए सातत्यपूर्ण कठोर परिश्रम तथा व्यवहार में आत्मीयता का वे मूर्तीमंत उदाहरण थीं। राष्ट्र सेविका समिति के कार्ययज्ञ में अपनी जीवन समिधा अर्पित कर अंततोगत्वा उन्होंने मरणोपरांत देहदान संकल्प से अपने देह का भी समर्पण कर दिया। उनकी तपस्या के कारण उनकी सद्गति तो सुनिश्चित है। उनके बिना ध्येय पथ पर आगे बढ़ने का धैर्य हम सभी को मिले, यही ईश चरणों में प्रार्थना।” - नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की महिला शाखा राष्ट्रीय सेविका समिति की पूर्व संचालिका प्रमिला ताई मेढ़े का बृहस्पतिवार सुबह नागपुर में निधन हो गया। वह 97 साल की थीं। संघ के एक पदाधिकारी ने बताया कि मेढ़े पिछले तीन महीने से अस्वस्थ थीं और बीते 15 दिनों से उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई थी। राष्ट्रीय सेविका समिति की ओर से जारी बयान के अनुसार, मेढ़े ने नागपुर स्थित देवी अहिल्या मंदिर (जहां वह रहती थीं) में सुबह नौ बजकर पांच मिनट पर अंतिम सांस ली। मेढ़े राष्ट्रीय सेविका समिति की चौथी संचालिका थीं।आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत और राष्ट्रीय सेविका समिति की वर्तमान प्रमुख शांतक्का ने देवी अहिल्या मंदिर पहुंचकर मेढ़े को श्रद्धांजलि अर्पित की। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर एक पोस्ट के माध्यम से मेढ़े को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने लिखा, ‘‘राष्ट्रीय सेविका समिति की पूर्व संचालिका प्रमिला ‘मौसी' मेढ़े जी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। प्रमिला मौसी जी ने देश में राष्ट्रीय सेविका समिति के कार्य के विस्तार में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। उनका पूरा जीवन राष्ट्रभक्ति और नारी सशक्तिकरण के लिए समर्पित रहा।'' संघ के एक पदाधिकारी ने कहा कि लाखों स्वयंसेवकों ने एक मातृतुल्य महिला को खो दिया है, जिनके साथ वे अपने दिल की हर बात खुलकर साझा कर सकते थे। उन्होंने बताया कि मेढ़े की इच्छा के मुताबिक उनका पार्थिव शरीर शुक्रवार सुबह अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नागपुर को दान कर दिया जाएगा।
- नयी दिल्ली. भारतीय उद्योग जगत ने बुधवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत शुल्क और जुर्माना लगाने की घोषणा पर निराशा जतायी। उद्योग मंडल फिक्की ने उम्मीद जताई कि यह एक ‘अस्थायी मामला' है और दोनों देश जल्द ही व्यापार समझौता कर लेंगे। फिक्की के अध्यक्ष हर्षवर्धन अग्रवाल ने कहा, ‘‘हालांकि यह कदम दुर्भाग्यपूर्ण है और इसका हमारे निर्यात पर स्पष्ट प्रभाव पड़ेगा, हमें उम्मीद है कि उच्च शुल्क लगाना एक अल्पकालिक मामला होगा और दोनों पक्षों के बीच एक स्थायी व्यापार समझौता जल्द ही अंतिम रूप ले लेगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘दोनों देश मिलकर बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं और हमें विश्वास है कि वर्तमान में चल रहे विस्तृत विचार-विमर्श के बाद, जब अंतिम व्यापार समझौते की रूपरेखा सामने आएगी, तो हम दोनों देशों के लिए लाभकारी परिणाम देखेंगे।'' फिक्की अध्यक्ष ने कहा, ‘‘भारत इस वर्ष का शुरुआत से ही अमेरिका के साथ द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर सक्रिय रूप से बातचीत कर रहा है। हमारा मानना है कि अमेरिका की ओर से कुछ विशिष्ट मांगें की गई थीं, जो हमारे राष्ट्रीय हित में नहीं हैं और इसलिए भारत सरकार ने अमेरिका की उन मांगों को स्वीकार नहीं किया है।'' अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर एक अगस्त से 25 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा की है। इसके साथ ही उन्होंने रूस से सैन्य खरीद को लेकर शुल्क के ऊपर जुर्माना लगाने की भी घोषणा की है। हालांकि, पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) के अध्यक्ष हेमंत जैन ने कहा कि भारतीय एमएसएमई पर कुछ समय के लिए प्रभाव तो पड़ सकता है, लेकिन यह एक अवसर भी है। उन्होंने कहा, ‘‘वैश्विक खरीदार चुनिंदा भौगोलिक क्षेत्रों पर अपनी अत्यधिक निर्भरता से उत्पन्न जोखिम कम करने की कोशिश कर रहे हैं, ऐसे में भारत सबसे विश्वसनीय विकल्प के रूप में उभर रहा है।'' जैन ने कहा कि अब समय आ गया है कि भारतीय उद्योग गुणवत्ता, अनुपालन और प्रतिस्पर्धी क्षमता के साथ आगे बढ़ें। आनंद राठी वेल्थ लि. के संयुक्त सीईओ फिरोज अजीज ने कहा, ‘‘ भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत शुल्क लगाने की घोषणा अनुमान से अधिक है। बाजार 15 से 20 प्रतिशत शुल्क की उम्मीद कर रहा था। इस लिहाज से, यह पूरी तरह से अप्रत्याशित नहीं है।'' उन्होंने कहा, ‘‘रूस से हथियारों और ऊर्जा आयात से जुड़े अतिरिक्त जुर्माना अभी साफ नहीं है। इस पर नजर रखने की आवश्यकता है। तकनीकी दृष्टिकोण से, यह कदम निकट भविष्य में निर्यात प्रतिस्पर्धी क्षमता पर असर डाल सकता है। अजीज ने कहा, ‘‘ हालांकि, भारत और अमेरिका के बीच व्यापार और निवेश संबंधों में अभी भी सुधार की गुंजाइश है और यह अभी तक चिंताजनक स्थिति में नहीं है।''
- नयी दिल्ली. केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री प्रह्लाद जोशी ने बुधवार को लोकसभा को बताया कि ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना' (पीएम-एसजीएमबीवाई) के तहत 2026-27 तक देशभर के एक करोड़ घरों की छतों पर सौर संयंत्र (रूफटॉप सोलर प्लांट) लगाए जाएंगे। जोशी ने कहा कि केंद्र सरकार ने देश में नवीकरणीय ऊर्जा के संवर्धन और विकास के लिए कई पहल की हैं और वह विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों को लागू कर रही है। उन्होंने प्रश्नकाल के दौरान एक प्रश्न के उत्तर में कहा, ‘‘सरकार ने देश के सभी राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों में 2026-27 तक एक करोड़ घरों में ‘रूफटॉप सोलर प्लांट' लगाने के लिए फरवरी, 2024 में पीएम-एसजीएमबीवाई शुरू की थी।'' मंत्री ने कहा कि सरकार देश के सभी राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों में प्रधानमंत्री किसान ऊर्जा सुरक्षा एवं उत्थान महाभियान (पीएम-कुसुम) योजना भी लागू कर रही है। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत, राज्यों और केंद्र-शासित प्रदेशों की मांग और प्रगति के आधार पर क्षमताएं आवंटित की जाती हैं। जोशी ने कहा कि जुलाई 2019 में ऊर्जा, पर्यावरण और जल परिषद (सीईईडब्ल्यू) द्वारा 'हरित ऊर्जा से रोजगार वृद्धि को बढ़ावा' पर किए गए अध्ययन और अक्टूबर 2019 में टीईआरआई द्वारा इसके लाभ से संबंधित अध्ययन रिपोर्ट के अनुसार, जून 2025 तक नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में लगभग 13 लाख रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के सूर्यमित्र, वायुमित्र और जल-ऊर्जा मित्र कौशल विकास कार्यक्रमों के तहत प्रशिक्षित लगभग 31,829 स्थानीय युवाओं और तकनीकी कर्मचारियों को रोजगार मिला। मंत्री ने बताया कि 30 जून तक मध्यप्रदेश में सौर ऊर्जा (5570 मेगावाट), पवन ऊर्जा (3195.15 मेगावाट), जैव ऊर्जा (155.46 मेगावाट) और पनबिजली (2358.71 मेगावाट) जैसे विभिन्न नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से कुल 11,279.39 मेगावाट बिजली उत्पादन क्षमता स्थापित की जा चुकी है।
- श्रीहरिकोटा. निसार उपग्रह के सफल प्रक्षेपण के बाद इसरो के अध्यक्ष वी नारायणन ने बुधवार को घोषणा की कि नासा के साथ अगला सहयोगी मिशन और ‘ब्लू बर्ड ब्लॉक 2' संचार उपग्रह का प्रक्षेपण चालू वित्त वर्ष के अंत तक इस अंतरिक्ष केंद्र से नियोजित नौ प्रमुख प्रक्षेपणों में शामिल हैं। यहां मिशन नियंत्रण केंद्र में उन्होंने कहा कि ये मिशन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में क्रियान्वित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘इस वित्त वर्ष के अंत से पहले नौ बड़े प्रक्षेपणों की योजना बनाई गई है। अगला बड़ा प्रक्षेपण एलवीएम3-एम5 मिशन है, जहां एलवीएम3 रॉकेट एक संचार उपग्रह सीएमएस-02 को प्रक्षेपित करेगा।'' इसरो के आगामी महत्वपूर्ण अभियानों में नासा के साथ एक और सहयोग शामिल है। एक्सिओम-4 और आज के जीएसएलवी-एफ16/निसार मिशन के बाद, इस साझेदारी के तहत इसरो का एलवीएम-3 यान अमेरिका के लिए संचार उपग्रह ‘ब्लू बर्ड ब्लॉक2' का प्रक्षेपण करेगा। उन्होंने बिना विस्तार से बताए कहा, ‘‘अगला प्रक्षेपण ‘ब्लू बर्ड ब्लॉक2' उपग्रह का है, जो अमेरिका का एक संचार उपग्रह है। हम अपने एलवीएम-3 यान का उपयोग करके इस उपग्रह का प्रक्षेपण करने जा रहे हैं।'' नारायणन के अनुसार, इसके अलावा इसरो का विश्वसनीय पीएसएलवी-सी61 ‘ओशनसैट-3ए' को प्रक्षेपित करने के लिए तैयार है, जबकि जीएसएलवी-एफ18 ‘जीआईएसएटी-1ए' उपग्रह को प्रक्षेपित करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘हम कुछ एसएसएलवी (लघु उपग्रह प्रक्षेपण यान) मिशन भी प्रक्षेपित करने की योजना बना रहे हैं।
- भुवनेश्वर. भारतीय रेलवे ने सात अगस्त से पुरी-राउरकेला-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस में डिब्बों की संख्या आठ से बढ़ाकर 16 करने का निर्णय लिया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि पुरी-राउरकेला-पुरी वंदे भारत एक्सप्रेस में अब 12 एसी चेयर कार, दो एक्जीक्यूटिव चेयर कार और दो क्रू चेयर कार कोच होंगे। उन्होंने कहा कि यात्रियों से ट्रेन को मिली जबरदस्त प्रतिक्रिया को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। पुरी-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस एक सेमी-हाई-स्पीड ट्रेन है, जो पुरी को राउरकेला से जोड़ती है और 7.5 घंटे में 505 किलोमीटर की दूरी तय करती है। यह ट्रेन मंगलवार को छोड़कर सप्ताह में छह दिन चलती है और पुरी से राउरकेला के लिए सुबह पांच बजे, राउरकेला से पुरी के लिए अपराह्न 2.10 बजे प्रस्थान करती है। पुरी-राउरकेला वंदे भारत एक्सप्रेस नौ स्टेशन पर रुकती है।
-
ऑपरेशन सिंदूर दूसरी लीड शाह रास
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को राज्यसभा में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने कश्मीर का कुछ हिस्सा पाकिस्तान को दे दिया और भाजपा सरकार पीओेके (पाकिस्तान के कब्जे वाला कश्मीर) को वापस लाएगी। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि कोई हिंदू कभी आतंकवादी नहीं हो सकता। उन्होंने 2008 के मुंबई आतंकवादी हमले के बाद ‘‘भगवा आतंकवाद'' विमर्श बनाने के लिए भी कांग्रेस पर निशाना साधा। शाह ने यह भी कहा कि कांग्रेस को आतंकवाद के बारे में भाजपा से सवाल करने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टीकरण की राजनीति करती रही है और सत्ता में रहते हुए उसने इस समस्या से निपटने के लिए कभी कोई ठोस नीति नहीं अपनाई। शाह ‘ऑपरेशन सिंदूर' पर उच्च सदन में हुई विशेष चर्चा का जवाब दे रहे थे।
गृह मंत्री ने चीन से संबंधित विदेश नीति को लेकर सवाल उठाने के लिए भी कांग्रेस पर हमला बोला और कहा कि विपक्षी दल का चीन प्रेम 1960 के दशक से चला आ रहा है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस की प्राथमिकता देश की सुरक्षा नहीं है। उसका मकसद केवल वोट बैंक और तुष्टीकरण की राजनीति है... आतंकवाद ने भारत में जड़ें जमाईं, फैला और बढ़ा... इसका एकमात्र कारण कांग्रेस की तुष्टीकरण की राजनीति और कमजोर नीतियां हैं।'' शाह ने कहा कि ‘ऑपरेशन सिंदूर' किसी के कहने पर नहीं रोका गया था, बल्कि जब पाकिस्तान घुटने टेकने पर मजबूर हो गया तो उसके ‘डीजीएमओ' ने फोन करके कहा, ‘‘बहुत हो गया...।'' उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार हुआ कि लोगों को धर्म के आधार पर मारा गया और यह उनके लिए बेहद दुखद है।
गृह मंत्री ने कहा, ‘‘मैं इस सदन के माध्यम से आतंकवादियों से कहना चाहता हूँ... जम्मू-कश्मीर आतंकवाद से मुक्त होगा। यह मोदी जी का संकल्प है।'' शाह ने कहा कि जम्मू कश्मीर के पहलगाम में 26 निर्दोष लोगों की जान लेने वाले तीन आतंकवादी ‘ऑपरेशन महादेव' के तहत मुठभेड़ में मारे जा चुके हैं और इस हमले में उनकी संलिप्तता वैज्ञानिक रूप से प्रमाणित कर ली गई है। इसी के साथ शाह ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह अपने वोट बैंक और तुष्टीकरण की नीति के कारण पाकिस्तान एवं आतंकवादियों को बचाने का प्रयास कर रही है। शाह ने कहा, ‘‘मैं सदन के माध्यम से, ‘ऑपेरशन महादेव' की जानकारी पूरे देश को देना चाहता हूं। ‘ऑपेरशन महादेव' में सुलेमान, अफगान और जिब्रान नाम के तीन आतंकवादी - सेना, सीआरपीएफ और जम्मू-कश्मीर पुलिस के संयुक्त अभियान में मारे गए।'' गृह मंत्री के अनुसार, गत 22 अप्रैल को दिन में एक बजे पहलगाम की बैसरन घाटी में हमला हुआ था और वह शाम 5.30 बजे श्रीनगर पहुंच गए थे तथा 23 अप्रैल को एक सुरक्षा बैठक की गई और इसकी पुख्ता व्यवस्था की गई कि नृशंस हत्या करने वाले हत्यारे देश छोड़कर भागने न पाएं। उन्होंने बताया कि पूरी छानबीन एवं वैज्ञानिक तरीकों से यह पुष्टि की गई कि इन तीनों आतंकवादियों ने ही 22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी में 26 निर्दोष लोगों की जान ली थी। शाह ने कांग्रेस नेता और पूर्व गृह मंत्री पी चिदंबरम के दो दिन पहले के एक बयान का हवाला देते हुए कहा कि कांग्रेस नेता ने उनके इस्तीफे की मांग की और प्रश्न किया कि सरकार के पास क्या सबूत हैं कि पहलगाम हमले को अंजाम देने वाले पाकिस्तानी आतंकवादी थे। गृह मंत्री ने कहा कि वह इस सदन के माध्यम से चिदंबरम से पूछना चाहते हैं कि वह किसे बचाना चाहते थे, पाकिस्तान को, लश्कर-ए-तैयबा को या आतंकवादियों को। उन्होंने कहा, ‘‘देखिए महादेव क्या करता है? जिस दिन यह प्रश्न पूछा, उसी दिन तीनों आतंकवादी ढेर हो गए।'' उन्होंने कहा कि चिदंबरम ने कांग्रेस की मानसिकता को पूरी दुनिया के सामने उजागर कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने वोट बैंक को बचाने के लिए पाकिस्तान और लश्कर-ए-तैयबा का बचाव करने से भी नहीं डरती है। शाह ने कांग्रेस के एक अन्य नेता पृथ्वीराज चव्हाण के एक बयान का उल्लेख किया कि नरेन्द्र मोदी सरकार को ऑपरेशन का धार्मिक नाम रखने के अलावा कुछ नहीं आता। गृह मंत्री ने कहा कि कांग्रेस को यह नहीं मालूम है कि शिवाजी महाराज ने मुगलों के खिलाफ जो लड़ाई लड़ी थी, उनकी सेना का युद्धघोष ‘‘हर हर महादेव'' ही था। उन्होंने कहा, ‘‘हमारी सेनाओं की विभिन्न डिवीजन के युद्ध घोष देवी देवताओं के नाम पर हैं, जिसे भाजपा ने नहीं रखा।'' गृह मंत्री ने कहा कि विपक्ष पूछ रहा है कि आतंकवादी आज ही क्यों मारे गए? शाह ने जवाबी प्रश्न किया ‘‘आप आतंकवादियों को कितना जिंदा रखना चाहते हैं?'' वह जब अपना जवाब शुरू करने जा रहे थे, तभी कांग्रेस सहित विपक्षी सदस्यों ने यह कहते हुए सदन से बहिर्गमन किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा चर्चा का जवाब नहीं दिया जाना सदन का अपमान है। इस पर उपसभापति हरिवंश ने कहा कि सदन की कार्य मंत्रणा समिति में पहले ही सूचित कर दिया गया था कि चर्चा का जवाब प्रधानमंत्री नहीं, गृह मंत्री देंगे। चर्चा का जवाब देते हुए शाह ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर हमला किया था, किंतु उन्होंने भारत के रिहायशी इलाकों, सैन्य प्रतिष्ठानों पर ड्रोन से हमला किया। उन्होंने कहा कि सीमा के पास उनकी गोलीबारी से भारत के कुछ नागरिकों की जान गई। शाह ने कहा कि उन्होंने एक गुरुद्वारा और एक मंदिर तोड़ा, पर हमने कुछ नहीं कहा। फिर भारत ने तय किया कि वह जो हमला करेगा, वह पाकिस्तान की सैन्य क्षमता को क्षीण करने के लिए होगा और इसीलिए उनके आठ एयर बेस और रडार तंत्र सहित कई सैन्य ठिकानों पर हमले किए गए। गृह मंत्री शाह ने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पूछते थे कि पहलगाम आतंकवादी हमले में शामिल आतंकवादी मारे गए या नहीं? शाह ने कहा कि न केवल इस हमले में बल्कि पूर्ववर्ती संप्रग सरकार के शासन काल में जो आतंकवादी हमले हुए उनमें शामिल कई आतंकवादी भी ऑपरेशन सिंदूर में मारे गए। उन्होंने कहा कि इस हमले में 100 से अधिक आतंकवादी मारे गए। -
भोपाल। मध्यप्रदेश में भारी बारिश के बाद सेना और अन्य अधिकारियों ने राज्य के विभिन्न जिलों से 27 स्कूली बच्चों सहित करीब 2,900 लोगों को बचाया। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। राज्य में जारी भारी बारिश के बीच कई जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई जबकि शिवपुरी जिले में हालात इस कदर बिगड़ चुके हैं कि राहत और बचाव के लिए सेना बुलानी पड़ी है। गुना जिले में भी बाढ़ जैसी स्थिति पैदा हो गई है, जहां एक पुल ढह गया। अधिकारियों ने बताया कि गुना के कई गांवों के लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने को कहा गया है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने अगले 24 घंटों में प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। आईएमडी ने भोपाल, विदिशा, नर्मदापुरम, रायसेन, सीहोर, अशोकनगर, गुना और शिवपुरी समेत कई जिलों में अगले 24 घंटे में आठ से नौ इंच तक बारिश होने का अनुमान जताया। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने होमगार्ड मुख्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर मौजूदा स्थिति की जानकारी ली और बारिश से बुरी तरह प्रभावित जिलों के कलेक्टर व अन्य अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जान-माल की सुरक्षा सर्वोपरि है और जलमग्न क्षेत्रों से लोगों को सुरक्षित निकालना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्षा प्रभावित क्षेत्रों में जिला एवं पुलिस प्रशासन, होमगार्ड, आपदा प्रबंधन दल सब मिलजुल कर पूरी सजगता और सतर्कता से कार्य करें, राहत एवं बचाव दल पूरी तैयारी से रहें और जरूरतमंदों तक तत्काल सभी प्रकार की मदद पहुंचाई जाए।एक आधिकारिक बयान में मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘भारी वर्षा के कारण प्रदेश के कुछ जिलों में गांव और घरों में पानी भर जाने जैसी परिस्थितियों के कारण अब तक 2900 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाला गया है।'' उन्होंने कहा कि प्रदेश में जहां-जहां भारी बारिश होने की सूचना और लोगों के बाढ़ के पानी में फंसे होने की जानकारी मिली है, वहां पूरी क्षमता से बचाव अभियान चलाए जा रहे हैं। इस दौरान मुख्यमंत्री ने आपदा नियंत्रण कक्ष से जिलों में जारी राहत एवं बचाव कार्यों का अवलोकन किया और आपदा बचाव दल में तैनात अधिकारियों से बात की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि वे बाढ़ प्रभावितों को सुरक्षित निकालकर उनका जीवन बचाने में मदद करने वाले लोगों की सूची तैयार कर लें। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे साहसी, परोपकारी और मददगार लोगों को आगामी 15 अगस्त और अन्य अवसरों पर भी सम्मानित करेगी और इन्हें पुरस्कार भी दिए जाएंगे। यादव ने कहा कि सभी जिलों को हरसंभव मदद पहुंचाई जाएगी और बचाव व राहत कार्य में किसी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
-
श्रीहरिकोटा (आंध्र प्रदेश) .भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा के बीच साझेदारी के तहत बुधवार को जीएसएलवी रॉकेट से ‘निसार' उपग्रह को कक्षा में स्थापित किया गया। ‘निसार' पृथ्वी अवलोकन उपग्रह को दोनों अंतरिक्ष एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से विकसित किया गया है।
इसरो के जीएसएलवी एफ-16 ने लगभग 19 मिनट की उड़ान के बाद और लगभग 745 किलोमीटर की दूरी पर निसार (नासा-इसरो सिंथेटिक एपर्चर रडार) उपग्रह को सूर्य तुल्यकालिक ध्रुवीय कक्षा (एसएसपीओ) में स्थापित कर दिया। इसरो ने कहा, ‘‘जीएसएलवी ने निसार को निर्धारित कक्षा में सफलतापूर्वक स्थापित कर दिया।''
बुधवार की यह उपलब्धि 18 मई को पीएसएलवी-सी61/ईओएस-09 मिशन की असफलता के बाद आई है, जिसमें इसरो का पीएसएलवी त्रुटि के चलते पृथ्वी अवलोकन उपग्रह को वांछित कक्षा में पहुंचाने में विफल रहा था। इसी प्रकार के उपग्रहों - रिसोर्ससैट और रीसैट श्रृंखला, जो परिचालनात्मक रूप से भारत पर केंद्रित थे, को सफलतापूर्वक प्रक्षेपित करने के बाद, इसरो निसार मिशन के माध्यम से पृथ्वी ग्रह के अध्ययन की यात्रा पर निकल पड़ा है। जीएसएलवी-एस16 रॉकेट की लंबाई 51.7 मीटर है। जीएसएलवी एफ-16 रॉकेट ने 27.30 घंटे की उलटी गिनती के बाद 2,393 किलोग्राम वजनी उपग्रह को लेकर उड़ान भरी। चेन्नई से लगभग 135 किलोमीटर पूर्व में स्थित अंतरिक्ष केंद्र सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र के दूसरे प्रक्षेपण स्थल से प्रक्षेपण यान ने उड़ान भरी। रॉकेट से अलग होने के बाद, वैज्ञानिक उपग्रह को संचालित करने का काम शुरू करेंगे, जिसमें उसे स्थापित करने और मिशन के उद्देश्यों को पूरा करने में ‘‘कई दिन'' लगेंगे। निसार उपग्रह को वैश्विक स्तर पर माइक्रोवेव इमेजिंग के उद्देश्य से विकसित किया गया है और इसमें नासा द्वारा उपलब्ध कराया गया एल-बैंड रडार तथा इसरो द्वारा डिजाइन किया गया एस-बैंड रडार है, जो पूर्णतया पोलरिमेट्रिक और इंटरफेरोमेट्रिक डेटा प्राप्त करने की क्षमता रखता है। मिशन का उद्देश्य अमेरिका और भारत के वैज्ञानिक समुदायों के साझा हित के क्षेत्रों में भूमि और हिमनद की गतिविधियों, भूमि पारिस्थितिकी तंत्र और महासागरीय क्षेत्रों का अध्ययन करना है। -
अहमदाबाद. प्रधानमंत्री जनजातीय आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम जनमन) के कार्यान्वयन में गुजरात जुलाई 2025 तक देश में शीर्ष प्रदर्शन करने वाला राज्य बनकर उभरा है। मंगलवार को जारी एक आधिकारिक विज्ञप्ति में यह जानकारी दी गई। केंद्र सरकार द्वारा शुरू किया गया यह मिशन विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों की लंबित आवश्यकताओं को पूरा कर और आवश्यक सेवाओं तक उनकी पहुंच सुनिश्चित कर उनके समग्र विकास पर केंद्रित है। प्रधानमंत्री-जनमन योजना के कार्यान्वयन के लिए राज्यवार रैंकिंग हर महीने घोषित की जाती है।
विज्ञप्ति के मुताबिक, गुजरात ने जुलाई के लिए शीर्ष स्थान हासिल किया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 15 नवंबर, 2023 को इस योजना की शुरुआत की थी। देश में हर साल 15 नवंबर को ‘जनजातीय गौरव दिवस' के रूप में मनाया जाता है। यह मिशन 18 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में रहने वाले विशेष रूप से कमजोर 75 जनजातीय समूहों के समग्र सामाजिक-आर्थिक विकास को सुनिश्चित करने के लिए विकसित किया गया है। इस योजना का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा, आवास, स्वच्छ पेयजल, बिजली, बुनियादी ढांचा, आजीविका सहायता और संपर्क जैसी बुनियादी सुविधाओं तक समय पर पहुंच प्रदान करना है। गुजरात में कथोड़ी, कोटवालिया, पधार, सिद्दी और कोलघा जैसे पांच विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूह रहते हैं। -
इंदौर (मध्यप्रदेश). यातायात नियमों का उल्लंघन रोकने के लिए सख्त कदम उठाते हुए इंदौर के जिला प्रशासन ने बुधवार को आदेश जारी किया कि बिना हेलमेट वाले दोपहिया वाहन चालकों को आगामी एक अगस्त से ईंधन पंप पर पेट्रोल नहीं दिया जाएगा। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि उच्चतम न्यायालय की सड़क सुरक्षा समिति के अध्यक्ष और इस अदालत के पूर्व न्यायाधीश अभय मनोहर सप्रे ने मंगलवार को एक बैठक में प्रशासन को निर्देश दिए थे कि वाहन सवारों द्वारा हेलमेट और सीट बेल्ट लगाए जाने के नियम का पालन सुनिश्चित कराने के लिए शहर में सघन अभियान चलाया जाए। जिलाधिकारी आशीष सिंह ने संवाददाताओं को बताया,‘‘इन निर्देशों के मद्देनजर हमने प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है कि आगामी एक अगस्त से जिले के किसी भी ईंधन पंप पर बिना हेलमेट वाले दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाएगा।'' उन्होंने बताया कि भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के तहत जारी प्रतिबंधात्मक आदेश में कहा गया है कि इसके उल्लंघन पर संबंधित पेट्रोल पंप के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कानूनी प्रावधान के तहत दोषी को एक वर्ष तक के कारावास या 5,000 रुपये तक के जुर्माने या दोनों सजाओं से दण्डित किया जा सकता है। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय ने इंदौर में लोगों द्वारा धड़ल्ले से यातायात नियम तोड़े जाने पर हाल ही में गहरी नाराजगी जताई थी और इस प्रवृत्ति पर अंकुश के लिए कठोर कदम उठाए जाने की जरूरत पर जोर दिया था। क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि जिले में वर्ष 1950 से लेकर अब तक सभी श्रेणियों की कुल 32 लाख गाड़ियां पंजीकृत हैं जिनमें करीब 16 लाख दोपहिया वाहन शामिल हैं। उन्होंने बताया,‘‘हमारा अनुमान है कि जिले में फिलहाल अलग-अलग श्रेणियों की कुल 21 लाख गाड़ियां चल रही हैं।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (पीएम-किसान) योजना की अगली किस्त 2 अगस्त को जारी की जाएगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वाराणसी में आयोजित एक कार्यक्रम में, यह किस्त जारी करेंगे। वर्ष 2019 में इस योजना के शुभारंभ के बाद से, 19 किस्तों के माध्यम से किसानों के खातों में ₹3.69 लाख करोड़ हस्तांतरित किए जा चुके हैं। वहीं, 20वीं किस्त में 9.7 करोड़ किसानों को ₹20,500 करोड़ हस्तांतरित किए जाएंगे।
अगले महीने 2 अगस्त को होने वाले इस कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा और अधिकतम किसानों तक इसका लाभ पहुंचाने के लिए बुधवार को केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में एक उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। इस दौरान, कृषि मंत्री ने अधिकारियों को राष्ट्रीय, राज्य, जिला और ग्राम स्तर पर किसानों को इस कार्यक्रम से जोड़ने का निर्देश दिया। उन्होंने इस कार्यक्रम को एक राष्ट्रव्यापी अभियान के रूप में आयोजित करने का आह्वान किया।कृषि विज्ञान केंद्रों को निर्देश देते हुए, चौहान ने जोर देकर कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में, किसानों को तीन किस्तों में ₹6,000 हस्तांतरित किए जा रहे हैं, प्रत्येक किस्त हर चार महीने में जारी की जाती है। इस प्रक्रिया में कृषि विज्ञान केंद्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने शीघ्र तैयारियां करने का आह्वान किया और कहा कि इस कार्यक्रम को उत्सव और मिशन दोनों के रूप में मनाया जाना चाहिए, क्योंकि यह प्रत्यक्ष लाभ हस्तांतरण सुनिश्चित करता है और जन जागरूकता अभियान के रूप में कार्य करता है।केंद्रीय मंत्री ने किसानों से 2 अगस्त के कार्यक्रम में सक्रिय रूप से भाग लेने का आग्रह किया और कहा कि यह योजना से लाभ उठाने और कृषि विकास कार्यक्रमों के बारे में जानकारी प्राप्त करने का एक अवसर है।चौहान ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे कृषि सखियों, ड्रोन दीदीयों, बैंक सखियों, पशु सखियों, बीमा सखियों और ग्राम पंचायत सरपंचों जैसे जमीनी कार्यकर्ताओं का उपयोग करके इस आयोजन के बारे में व्यापक जानकारी प्रसारित करें।कृषि मंत्री ने कहा कि इस दौरान खरीफ फसलों के बारे में किसानों के साथ संवाद, जुड़ाव बढ़ाने में बेहद कारगर साबित होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में इस कार्यक्रम को अधिकतम किसानों तक पहुंचने के लिए पूर्ण भागीदारी और प्रतिबद्धता के साथ क्रियान्वित किया जाएगा। -
नई दिल्ली। कश्मीर में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते अमरनाथ यात्रा को आज बुधवार के लिए स्थगित कर दिया गया है। जम्मू-कश्मीर के सूचना एवं जनसंपर्क विभाग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी दी कि पहलगाम और बालटाल से यात्रियों की आवाजाही फिलहाल रोक दी गई है। दोनों आधार शिविरों से आज यानी 30 जुलाई को यात्रा शुरू नहीं हो सकी। कश्मीर के संभागीय आयुक्त विजय कुमार बिधूड़ी ने बताया कि मंगलवार रात से हो रही भारी बारिश के कारण मार्ग पर फिसलन और खतरा बढ़ गया है, जिससे श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा स्थगित करनी पड़ी। अब तक अमरनाथ यात्रा के दौरान 3.93 लाख से ज्यादा श्रद्धालु पवित्र गुफा में दर्शन कर चुके हैं।
एक अन्य घोषणा के मुताबिक , 31 जुलाई को जम्मू के भगवती नगर यात्रा शिविर से भी कोई जत्था रवाना नहीं होगा। जम्मू के डिविजनल कमिश्नर रमेश कुमार ने कहा कि मौसम विभाग के अलर्ट और मार्गों की स्थिति को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं को समय-समय पर स्थिति की जानकारी दी जाएगी, ताकि वे भ्रमित न हों और सुरक्षित रहें। अमरनाथ यात्रा की सुरक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। यात्रा मार्ग पर सेना, बीएसएफ, सीआरपीएफ, एसएसबी और स्थानीय पुलिस की मदद के लिए 180 अतिरिक्त सीएपीएफ कंपनियों की तैनाती की गई है।जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से लेकर गुफा मंदिर तक के पूरे मार्ग और सभी पारगमन शिविरों की सुरक्षा पुख्ता कर दी गई है। अमरनाथ यात्रा के दो प्रमुख मार्ग हैं –पहलगाम मार्ग, जहां से यात्री 46 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हैं और रास्ते में चंदनवाड़ी, शेषनाग और पंचतरणी जैसे पड़ावों से होकर गुफा मंदिर तक पहुंचते हैं। दूसरा बालटाल मार्ग है, जो छोटा लेकिन कठिन रास्ता है, इसमें 14 किलोमीटर पैदल चलकर उसी दिन श्रद्धालु लौट भी सकते हैं। सुरक्षा कारणों से इस साल किसी भी यात्री के लिए हेलीकॉप्टर सेवा उपलब्ध नहीं है। अमरनाथ यात्रा हिन्दू श्रद्धालुओं के लिए सबसे पवित्र तीर्थयात्राओं में से एक मानी जाती है, क्योंकि मान्यता है कि भगवान शिव ने इसी गुफा में माता पार्वती को अमरत्व का रहस्य बताया था।- -
नई दिल्ली। रक्षा अनुसंधान और विकास संगठन (DRDO) ने 28 और 29 जुलाई को ओडिशा के समुद्री तट पर डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप से प्रलय मिसाइल के लगातार दो सफल उड़ान-परीक्षण किए। उड़ान-परीक्षण डीआरडीओ के वरिष्ठ वैज्ञानिकों, भारतीय वायु सेना और भारतीय सेना के उपयोगकर्ताओं के प्रतिनिधियों के साथ-साथ उद्योग के प्रतिनिधियों ने भी देखा। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सफल उड़ान परीक्षण के लिए डीआरडीओ, सशस्त्र बलों और उद्योग की सराहना की है। उन्होंने कहा कि आधुनिक प्रौद्योगिकियों से लैस मिसाइल से सशस्त्र बलों को खतरों के खिलाफ और तकनीकी बढ़ावा मिलेगा।
रक्षा मंत्रालय ने मंगलवार को एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी। मिसाइल प्रणाली की अधिकतम और न्यूनतम रेंज क्षमता की पुष्टि करने के लिए उपयोगकर्ता मूल्यांकन परीक्षणों (यूजर इवाल्यूएशन ट्राइल्स) के एक भाग के रूप में उड़ान परीक्षण किए गए थे। मिसाइलों ने इच्छित प्रक्षेपवक्र का सटीक रूप से पालन किया और सभी परीक्षण उद्देश्यों को पूरा करने वाले पिन-पॉइंट सटीकता के साथ सभी जांच लक्ष्यों को प्राप्त किया।सभी उपप्रणालियों ने अपेक्षा अनुरूप कार्य किया, जिन्हें एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) द्वारा तैनात विभिन्न ट्रैकिंग सेंसर द्वारा कैप्चर किए गए परीक्षण डेटा का उपयोग करके सत्यापित किया गया था, जिसमें निर्दिष्ट प्रभाव बिंदु के पास स्थित जहाज पर तैनात उपकरण शामिल थे।आपको बता दें, प्रलय (Pralay) एक स्वदेशी रूप से विकसित ठोस प्रणोदक अर्ध-बैलिस्टिक मिसाइल है, जो उच्च परिशुद्धता सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक मार्गदर्शन और नेविगेशन को नियोजित करती है।मिसाइल विभिन्न लक्ष्यों के साथ कई प्रकार के हथियार ले जाने में सक्षम है। इस प्रणाली को अनुसंधान केंद्र इमरत द्वारा अन्य डीआरडीओ प्रयोगशालाओं-रक्षा अनुसंधान और विकास प्रयोगशाला, उन्नत प्रणाली प्रयोगशाला, आयुध अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान, उच्च ऊर्जा सामग्री अनुसंधान प्रयोगशाला, रक्षा धातुकर्म अनुसंधान प्रयोगशाला, टर्मिनल बैलिस्टिक अनुसंधान प्रयोगशाला, अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान (इंजीनियर) और आईटीआर आदि के सहयोग से विकसित किया गया है। इसके उद्योग भागीदार – भारत डायनेमिक्स लिमिटेड और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड और कई अन्य उद्योग और एमएसएमई हैं।रक्षा अनुसंधान एवं विकास विभाग के सचिव और डीआरडीओ के अध्यक्ष डॉ. समीर वी कामत ने टीमों को बधाई देते हुए कहा कि इस चरण-1 उड़ान परीक्षणों के सफल समापन से निकट भविष्य में सशस्त्र बलों में प्रणाली को शामिल करने का मार्ग प्रशस्त होता है। -
नयी दिल्ली. राज्यसभा में शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख को फिडे महिला शतरंज विश्व कप 2025 जीतने के लिए मंगलवार को बधाई दी गई। बैठक शुरू होने पर उप सभापति हरिवंश ने दिव्या की उपलब्धि का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने देश को गौरवान्वित किया है। हरिवंश ने कहा कि दिव्या की यह उपलब्धि उनकी निजी उपलब्धि ही नहीं है बल्कि यह शतरंज के क्षेत्र में एक नया प्रतिमान है। उन्होंने कहा कि दिव्या की कड़ी मेहनत, लगन और निरंतर अभ्यास ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया है। उपसभापति ने कहा कि दिव्या की यह जीत नए खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और वह अपनी ओर से तथा पूरे सदन की ओर से उन्हें बधाई और आने वाले समय के लिए शुभकामनाएं देते हैं। सदन में मौजूद सदस्यों ने मेजें थपथपा कर दिव्या को बधाई दी।
भारत की किशोर शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख ने अपने करियर की सबसे बड़ी सफलता हासिल करते हुए सोमवार को जॉर्जिया के बातुमी में अपनी हमवतन और अनुभवी खिलाड़ी कोनेरू हम्पी को टाईब्रेकर में हराकर फिडे महिला विश्व कप का खिताब जीत लिया। इस जीत से 19 साल की दिव्या ग्रैंडमास्टर भी बन गईं। वह ग्रैंडमास्टर बनने वाली चौथी भारतीय महिला और 88वीं खिलाड़ी हैं। -
जम्मू,दक्षिण कश्मीर हिमालय में 3,880 मीटर की ऊंचाई पर स्थित पवित्र अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन करने के लिए 1,490 तीर्थयात्रियों का 27वां जत्था मंगलवार को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच यहां भगवती नगर आधार शिविर से रवाना हुआ। प्राधिकारियों ने यह जानकारी दी। घाटी से तीन जुलाई को शुरू हुई 38 दिवसीय तीर्थयात्रा के दौरान अब तक 3.86 लाख से अधिक तीर्थयात्री भगवान शिव के बर्फ से बने शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं। अधिकारियों ने बताया कि 1,262 पुरुषों, 186 महिलाओं और 42 साधुओं एवं साध्वियों समेत तीर्थयात्रियों का 27वां जत्था केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) और पुलिस कर्मियों की सुरक्षा में मंगलवार तड़के तीन बजकर 25 मिनट से तीन बजकर 57 मिनट के बीच 61 वाहनों में सवार होकर भगवती नगर आधार शिविर से कश्मीर स्थित दो आधार शिविरों के लिए रवाना हुआ। उन्होंने बताया कि 16 वाहनों में 327 श्रद्धालुओं को लेकर पहला काफिला गांदरबल जिले के 14 किलोमीटर लंबे लेकिन कठिन बालटाल मार्ग के लिए रवाना हुआ, जबकि 45 वाहनों का दूसरा काफिला 1,163 श्रद्धालुओं के साथ अनंतनाग जिले के 48 किलोमीटर लंबे पारंपरिक पहलगाम मार्ग के लिए निकला। पिछले वर्ष 5.10 लाख से अधिक तीर्थयात्रियों ने गुफा मंदिर में पूजा-अर्चना की थी जहां प्राकृतिक रूप से निर्मित बर्फ का शिवलिंग स्थित है। यह तीर्थयात्रा नौ अगस्त को रक्षाबंधन के साथ समाप्त होगी।
-
बालासोर/नयी दिल्ली. भारत ने पारंपरिक युद्ध सामग्री ले जाने में सक्षम नयी विकसित सामरिक मिसाइल ‘प्रलय' का सफलतापूर्वक परीक्षण किया है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि इस मिसाइल का परीक्षण सोमवार और मंगलवार को ओडिशा तट के पास ‘एपीजे अब्दुल कलाम द्वीप' से किया गया। ‘प्रलय' एक कम दूरी की सतह से सतह पर मार करने वाली मिसाइल है, जिसकी ‘पेलोड' क्षमता 500 से 1,000 किलोग्राम तक है। ‘पेलोड' क्षमता का अर्थ है कि कोई मिसाइल, रॉकेट, ड्रोन या विमान अधिकतम कितने भार का विस्फोटक, उपकरण या सामग्री अपने लक्ष्य तक ले जा सकता है। यह मिसाइल पारंपरिक युद्ध सामग्री ले जाने में सक्षम है और इसकी मारक क्षमता 150 से 500 किलोमीटर है। इसे रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा विकसित किया गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सफल उड़ान परीक्षण के लिए डीआरडीओ, सशस्त्र बलों और उद्योग की सराहना करते हुए कहा कि आधुनिक प्रौद्योगिकियों से लैस मिसाइल से सशस्त्र बलों को खतरों के खिलाफ और तकनीकी बढ़ावा मिलेगा। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि मिसाइल प्रणाली की अधिकतम और न्यूनतम रेंज क्षमता की पुष्टि करने के लिए उपयोगकर्ता मूल्यांकन परीक्षणों (‘यूजर इवाल्यूएशन ट्राइल') के एक भाग के रूप में उड़ान परीक्षण किए गए थे। इसने कहा कि मिसाइलें निर्धारित दिशा में सटीक रूप से आगे बढ़ीं और बिल्कुल सटीकता के साथ निर्धारित लक्ष्य पर पहुंचीं। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा, ‘‘सभी उपप्रणालियों ने अपेक्षा अनुरूप कार्य किया, जिन्हें एकीकृत परीक्षण रेंज (आईटीआर) द्वारा तैनात विभिन्न ‘ट्रैकिंग सेंसर' द्वारा संग्रहित किए गए परीक्षण आंकड़ों का उपयोग करके सत्यापित किया गया था, जिसमें निर्दिष्ट प्रभाव बिंदु के पास स्थित जहाज पर तैनात उपकरण शामिल थे।'' मंत्रालय ने कहा, ‘‘प्रलय एक स्वदेशी रूप से विकसित ठोस प्रणोदक अर्ध-बैलिस्टिक मिसाइल है जो उच्च परिशुद्धता सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक मार्गदर्शन और नौवाहन को नियोजित करती है।'' इस प्रणाली को अनुसंधान केंद्र इमरत द्वारा अन्य डीआरडीओ प्रयोगशालाओं - रक्षा अनुसंधान और विकास प्रयोगशाला, उन्नत प्रणाली प्रयोगशाला, आयुध अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान, उच्च ऊर्जा सामग्री अनुसंधान प्रयोगशाला, रक्षा धातुकर्म अनुसंधान प्रयोगशाला, टर्मिनल बैलिस्टिक अनुसंधान प्रयोगशाला, अनुसंधान और विकास प्रतिष्ठान (इंजीनियर) और आईटीआर आदि के सहयोग से विकसित किया गया है। इसके उद्योग भागीदार ‘भारत डायनेमिक्स लिमिटेड' और ‘भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड' और कई अन्य उद्योग और एमएसएमई हैं।




.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


















.jpg)
.jpg)