- Home
- विदेश
-
वाशिंगटन. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने फ्लाईदुबई के पायलट को ''नायक'' बताते हुए उसकी सराहना की, जिसने सह-पायलट के चाकू से किए गए हमले का मुकाबला किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और मदद के लिए आवाज लगाई, जिससे विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश नाकाम हो गई। ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने कहा कि उन्होंने इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से बात की। ट्रंप के अनुसार नेतन्याहू ने उन्हें बताया कि एक 'प्लंबर', जिसने कभी विमान नहीं उड़ाया था, उसने दुबई से तेल अवीव जा रही उड़ान को संभालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। यह विमान बाद में सऊदी अरब में उतरा। विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश को नाकाम करने वाले पायलट की पहचान भारतीय नागरिक स्मित मच्छार के रूप में हुई है। नेतन्याहू समेत कई अन्य लोगों ने उन्हें ''नायक'' बताया है। ट्रंप ने नेतन्याहू से हुई बातचीत को याद करते हुए कहा, ''पायलट की हालत बहुत खराब थी और मेरा अनुमान है कि अब भी उसकी हालत बहुत खराब है, लेकिन उसने अद्भुत सूझबूझ दिखायी। एक तरह से वह नायक है।'' ट्रंप ने कहा कि पायलट ने पीछे की ओर गिरते हुए कॉकपिट का दरवाजा खोला और मदद के लिए चिल्लाया।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा, ''ऐसा लगता है कि सह-पायलट शायद आतंकवादी था या शायद मानसिक रूप से अस्थिर था और उसने पायलट पर चाकू से हमला किया।'' इसके बाद ट्रंप ने एक इजराइली यात्री के ''अद्भुत'' हस्तक्षेप का जिक्र किया, जिसकी पहचान उन्होंने एक प्लंबर के रूप में की। ट्रंप ने कहा कि इस यात्री ने कभी विमान नहीं उड़ाया था, लेकिन वह कॉकपिट में गया, सह-पायलट को उसकी सीट से खींचकर बाहर निकाला और उसे पीछे की ओर धकेल दिया, जिसके बाद अन्य यात्रियों ने उसे काबू करने में मदद की। ट्रंप के अनुसार, उस यात्री ने बाद में बताया कि उसने टेलीविजन कार्यक्रम 'एयर डिजास्टर्स' देखकर विमान उड़ाने से जुड़ी कुछ बुनियादी बातें सीखी थीं। ट्रंप ने कहा, ''उसने बताया कि वह यह कार्यक्रम काफी देखता है और उसे देखकर उसने विमान उड़ाने के बारे में कुछ बातें सीखीं।'' ट्रंप ने कहा कि विमान के पिछले हिस्से में मौजूद अतिरिक्त पायलट और सुरक्षाकर्मी बाद में कॉकपिट तक पहुंचे और विमान का नियंत्रण संभाल लिया। उन्होंने कहा, ''मुझे लगता है कि यह सबसे अद्भुत कहानी है।''हालांकि, ट्रंप ने कहा कि वह केवल उन्हें मिली जानकारी बता रहे हैं और उन्होंने इन तथ्यों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा, ''अब, यह वो कहानी है जो मैंने सुनी है। मुझे नहीं पता कि यह सच है या नहीं, लेकिन मुझे यह कहानी बीबी (बेंजामिन नेतन्याहू) और संभवत: प्रारंभिक सूत्रों से मिली है।'' -
यरुशलम. अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि फ्लाईदुबई विमान को कथित तौर पर गिराने की कोशिश करने वाले सह-पायलट का ईरान से संबंध हो सकता है। व्हाइट हाउस में बृहस्पतिवार को संवाददाताओं ने ट्रंप से पूछा कि क्या उन्हें हमले के पीछे रहे सह-पायलट और तेहरान के बीच किसी संबंध के बारे में जानकारी दी गई है।उन्होंने कहा, ''हम इस पर अभी काम कर रहे हैं।'' ट्रंप ने कहा, ''मैं जो सुन रहा हूं, उसके आधार पर कहूंगा कि जवाब हां है, लेकिन हम इस पर अभी काम कर रहे हैं।'' उन्होंने इस बारे में कोई विस्तृत जानकारी नहीं दी।
यह पूछे जाने पर कि यदि हमले के पीछे ईरान का हाथ पाया गया तो क्या अमेरिका तेहरान के खिलाफ जवाबी कार्रवाई करेगा, ट्रंप ने कहा, ''हां, उन पर बहुत कड़ी कार्रवाई की जाएगी, चिंता मत कीजिए।'' उन्होंने कहा, ''आप उनसे ही पूछिए। वे जानते हैं कि क्या हुआ। उन पर बहुत कड़ी कार्रवाई की जाएगी।'' -
वाशिंगटन. अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दक्षिण और मध्य एशिया में पदस्थ अमेरिकी राजदूतों के एक सम्मेलन को डिजिटल माध्यम से संबोधित किया। भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर की मेजबानी में मंगलवार को नयी दिल्ली में राजदूतों का क्षेत्रीय सम्मेलन आयोजित किया गया। रुबियो ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''आज मैंने भारत में राजदूत सर्जियो गोर की मेजबानी में आयोजित हमारे राजदूतों के क्षेत्रीय सम्मेलन में हिस्सा लिया।'' उन्होंने कहा कि कजाखस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान, उज्बेकिस्तान, बांग्लादेश, भारत, मालदीव, नेपाल, पाकिस्तान और श्रीलंका में तैनात अमेरिकी राजदूतों तथा दूतावास प्रमुखों से बात करके उन्हें अच्छा लगा। रुबियो ने कहा, ''हमारे राजदूत गर्व के साथ अमेरिका को अधिक सुरक्षित, मजबूत और समृद्ध बनाने के लिए काम कर रहे हैं।'' रुबियो अक्टूबर के मध्य में 100 से अधिक अमेरिकी कंपनियों के कारोबारी प्रतिनिधिमंडल के साथ उज्बेकिस्तान की यात्रा करने वाले हैं। इस यात्रा का उद्देश्य अमेरिका और मध्य एशिया के बीच रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाना तथा द्विपक्षीय कूटनीतिक और वाणिज्यिक सहयोग मजबूत करना है। अमेरिका पिछले एक दशक से उज्बेकिस्तान के साथ अपने संबंधों को मजबूत कर रहा है। सोवियत संघ का हिस्सा रहा यह देश क्षेत्र में अमेरिका के एक प्रमुख सहयोगी के रूप में उभरा है। समरकंद यात्रा के दौरान रुबियो कजाखस्तान, किर्गिस्तान, ताजिकिस्तान, तुर्कमेनिस्तान और उज्बेकिस्तान के विदेश मंत्रियों के साथ 'सी5प्लस1' मंत्रिस्तरीय बैठक में भी हिस्सा लेंगे।
-
दोहा. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने एशियाई अवसंरचना निवेश बैंक (एआईआईबी) की सालाना बैठक के दौरान सऊदी अरब, स्विट्जरलैंड, जॉर्डन और नेपाल के मंत्रियों के साथ अलग से द्विपक्षीय बैठकें कीं। कतर की अपनी यात्रा के पहले दिन 28 सितंबर को सीतारमण ने सऊदी अरब के वित्त मंत्री मोहम्मद अल-जदान से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने कहा कि सऊदी अरब द्विपक्षीय निवेश संधि को जल्द लागू किए जाने की उम्मीद कर रहा है। वित्त मंत्रालय ने कहा, ''दोनों मंत्रियों ने भारत-सऊदी अरब द्विपक्षीय निवेश संधि (बीआईटी) पर बातचीत के सफल समापन का स्वागत किया। यह द्विपक्षीय निवेश के लिए एक मजबूत और अधिक भरोसेमंद रूपरेखा प्रदान करेगी और निवेशकों का विश्वास को और मजबूत करेगी।'' वित्त मंत्री ने कहा कि सऊदी अरब भारत का भरोसेमंद और महत्वपूर्ण रणनीतिक साझेदार है। उन्होंने रक्षा, सुरक्षा, व्यापार, निवेश, ऊर्जा, प्रौद्योगिकी, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति तथा दोनों देशों के लोगों के बीच संपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक साझेदारी का भी उल्लेख किया। मंत्रियों ने दोनों देशों के बीच रणनीतिक भागीदारी को और मजबूत करने के उपायों पर भी चर्चा की। सऊदी अरब के मंत्री ने भारत से निवेश में रुचि जताई। सीतारमण ने स्विट्जरलैंड से एआईआईबी गवर्नर पिएत्रो लाजेरी से भी मुलाकात की और राष्ट्रीय निवेश एवं अवसंरचना कोष (एनआईआईएफ) को भारत में अवसर तलाशने वाले विदेशी निवेशकों के लिए एक भरोसेमंद भागीदार बताया। उन्होंने स्विट्जरलैंड के निवेशकों को भारत के बुनियादी ढांचा क्षेत्र में निवेश का लाभ उठाने के लिए एनआईआईएफ अवसंरचना कोष में अवसर तलाशने का निमंत्रण दिया। राजदूत लाजेरी ने कहा कि भारत में निवेश में विविधता लाने और निवेश के लिए महत्वपूर्ण अवसर है।
उन्होंने भारत की आगामी यात्रा और नयी दिल्ली में होने वाले दूसरे ईएफटीए (यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ) समृद्धि सम्मेलन का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत में स्विट्जरलैंड के प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की वृद्धि वैश्विक प्रत्यक्ष विदेशी निवेश की वृद्धि से तेज है। लाजेरी ने द्विपक्षीय निवेश संरक्षण समझौते को अंतिम रूप देने के लिए समर्थन मांगा।
उन्होंने वित्तीय क्षेत्र और टिकाऊ वित्त के क्षेत्र में सहयोग में भी रुचि जताई।
वित्त मंत्री ने स्विट्जरलैंड के निवेशकों और वित्तीय सेवा क्षेत्र की इकाइयों को भारत के घरेलू वित्तीय सेवा केंद्र गिफ्ट आईएफएससी में निवेश के अवसर तलाशने के लिए प्रोत्साहित किया। यह केंद्र वित्तीय सेवाएं और उत्पाद, कर लाभ तथा कारोबार के अनुकूल माहौल उपलब्ध कराता है। सीतारमण ने नेपाल के वित्त मंत्री स्वर्णिम वाग्ले से मुलाकात की और बाढ़ के बाद नेपाल के पुनर्निर्माण और राहत कार्यों के आकलन तथा प्राथमिकताओं पर चर्चा की। बातचीत में इस महत्वपूर्ण समय में भारत की ओर से दी जा सकने वाली सहायता के स्वरूप को तय करने के लिए दोनों देशों की टीम के बीच लगातार संपर्क बनाए रखने पर विशेष जोर दिया गया। यूपीआई-एनपीआई संपर्क व्यवस्था को जल्द शुरू करने और उसके उपयोग पर भी चर्चा की गई, जो दोनों देशों के लिए लाभकारी पहल है। सीतारमण ने जॉर्डन की योजना एवं अंतरराष्ट्रीय सहयोग मंत्री जेना जैद तौकान से भी मुलाकात की और द्विपक्षीय सहयोग को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि भारत जॉर्डन का चौथा सबसे बड़ा व्यापारिक साझेदार है और 2030 तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को पांच अरब डॉलर तक बढ़ाने के लक्ष्य का उल्लेख किया। -
वाशिंगटन. अमेरिका के संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) ने सोमवार को कुख्यात अपराधी सतिंदरजीत सिंह उर्फ गोल्डी बराड़ को 10 शीर्ष वांछित भगोड़े अपराधियों की सूची में शामिल किया और उसकी गिरफ्तारी में मदद करने वाली सूचना देने पर 10 लाख अमेरिकी डॉलर के इनाम की घोषणा की। एफबीआई ने कहा, ''लॉरेंस बिश्नोई के नेतृत्व वाले संगठित अपराध गिरोह में कथित संलिप्तता के लिए सतिंदरजीत सिंह वांछित है। यह गिरोह दक्षिणी कैलिफोर्निया के साथ-साथ पूरे अमेरिका और कनाडा में कई तरह की हिंसक गतिविधियों में शामिल है।'' जांच एजेंसी ने चेतावनी दी कि गोल्डी बराड़ खतरनाक और हथियारबंद अपराधी है।
एफबीआई के अनुसार, गोल्डी बराड़ राजनीतिक और धार्मिक नेताओं की हत्या, गोलीबारी, हत्या के प्रयास, अपहरण, रंगदारी, मारपीट तथा मादक पदार्थों और हथियारों की तस्करी जैसी गतिविधियों में कथित तौर पर शामिल है। एफबीआई ने कहा कि गोल्डी बराड़ अमेरिका में है और उत्तरी अमेरिका में इस गिरोह का कथित सरगना है।
अमेरिका के सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ऑफ कैलिफोर्निया की डिस्ट्रिक्ट अदालत ने एक जुलाई को गोल्डी बराड़ के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किया था। उसके खिलाफ 'रैकेटियर इन्फ्लुएंस्ड एंड करप्ट ऑर्गनाइजेशंस' (आरआईसीओ) कानून के तहत आपराधिक साजिश, वसूली के जरिए कारोबार को प्रभावित करने और ऐसा करने का प्रयास करने की साजिश तथा मादक पदार्थों की तस्करी और उन्हें तस्करी के इरादे से अपने पास रखने की साजिश के आरोप लगाए गए हैं। गोल्डी बराड़ उन भगोड़े आरोपियों में शामिल है, जिनकी पहचान भारत से संचालित अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध गिरोहों के खिलाफ वर्षों तक चली संघीय जांच 'ऑपरेशन हार्डबॉल' के बाद हुई थी। अमेरिकी अधिकारियों ने जुलाई में ऐसे तीन समूहों से जुड़े 37 आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किए थे। - काठमांडू. नेपाल में पिछले कुछ दिनों के दौरान बाढ़, भूस्खलन और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं में कम से कम 21 लोगों की मौत हुई है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। लगातार हो रही बारिश के कारण देश के कई हिस्सों में फिर बाढ़ आ गई, मकान क्षतिग्रस्त हो गए और सड़क यातायात बाधित हुआ। नेपाल पिछले महीने आई विनाशकारी आकस्मिक बाढ़ से अभी उबर भी नहीं पाया है। इस बाढ़ में कम से कम 1,453 लोगों की मौत हुई थी, जबकि 5,000 से अधिक लोग अब भी लापता हैं। शनिवार रात पाल्पा जिले की माथागढ़ी ग्रामीण नगरपालिका में भूस्खलन के कारण एक मकान मलबे में दब गया, जिसमें पांच लोगों की मौत हो गई। रविवार सुबह उनके शव बरामद कर लिए गए। अलग-अलग घटनाओं में पिछले चार दिनों के दौरान बाढ़, भूस्खलन, आकाशीय बिजली गिरने और बारिश से जुड़ी अन्य घटनाओं में 16 लोगों की मौत हुई, जिससे मृतकों की कुल संख्या 21 हो गई। देश में पिछले पांच दिनों के दौरान मानसून से जुड़ी 439 घटनाएं हुईं, जबकि सुरक्षा बलों ने बाढ़, भूस्खलन और जलभराव से प्रभावित 1,284 लोगों को बचाया।
- संयुक्त राष्ट्र. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने कनाडा की अपनी समकक्ष अनीता आनंद के साथ संयुक्त राष्ट्र महासभा (यूएनजीए) के इतर ''सार्थक वार्ता'' करने के बाद कहा कि भारत और कनाडा अपने संबंधों को ''नयी ऊंचाई'' पर ले जाने की तैयारी कर रहे हैं। जयशंकर ने शनिवार को 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''कनाडा की विदेश मंत्री अनीता आनंद से मुलाकात हमेशा सुखद रहती है। उनके साथ संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर मुलाकात की। संबंधों को नयी ऊंचाई पर ले जाने की तैयारी के बीच सार्थक चर्चा हुई।'' कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने इस सप्ताह की शुरुआत में संयुक्त राष्ट्र में कहा था कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी संभवत: इस साल दिसंबर के आसपास कनाडा की यात्रा करेंगे।उन्होंने कहा था कि भारत के साथ व्यापार वार्ता में ओटावा ''अच्छी प्रगति'' कर रहा है। कार्नी ने मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था, ''भारत के साथ हमारी व्यापार वार्ता में अच्छी प्रगति हो रही है। ये संबंध लोगों के बीच आपसी संबंधों, सुरक्षा और व्यापार एवं अर्थव्यवस्था समेत कई स्तरों पर बेहद महत्वपूर्ण हैं।'' उन्होंने कहा था कि भारत और कनाडा ने पिछले साल जी20 शिखर सम्मेलन में यह प्रतिबद्धता जताई थी कि ''इस साल जी20 तक वार्ता पूरी करने की कोशिश की जाएगी।'' कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने यह बात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की कनाडा यात्रा और भारत के साथ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को अंतिम रूप देने की दिशा में हुई प्रगति से जुड़े सवालों के जवाब में कही। इस समझौते का उद्देश्य 2030 तक दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार को दोगुना से अधिक बढ़ाकर सालाना 70 अरब कनाडाई डॉलर तक पहुंचाना है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप 14-15 दिसंबर को फ्लोरिडा के डोराल स्थित ट्रंप नेशनल डोराल मियामी रिसॉर्ट में जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे।कनाडा के पूर्व प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के कार्यकाल के दौरान भारत-कनाडा संबंधों में काफी गिरावट आई थी, खासकर सितंबर 2023 में उनके उस बयान के बाद जब उन्होंने कहा था कि कनाडाई सुरक्षा एजेंसियां ब्रिटिश कोलंबिया में कनाडाई नागरिक हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारत सरकार के एजेंट की संभावित संलिप्तता के आरोपों की जांच कर रही हैं। भारत ने इस दावे को खारिज कर दिया था। इस राजनयिक विवाद के कारण दोनों देशों ने एक-दूसरे के राजनयिकों को निष्कासित किया था और राजनयिक कर्मचारियों की संख्या में कटौती की थी। इस साल जुलाई में रॉयल कैनेडियन माउंटेड पुलिस ने कहा कि उसे निज्जर की हत्या में भारत सरकार के अधिकारियों को जोड़ने वाला कोई सबूत नहीं मिला है। मार्च 2025 में कार्नी के कार्यभार संभालने के बाद से दोनों देशों के संबंधों में धीरे-धीरे सामान्य स्थिति लौटने के संकेत दिखे हैं। कनाडाई प्रधानमंत्री और मोदी ने पिछले साल जून में संबंधों में स्थिरता बहाल करने के लिए संतुलित कदम उठाने पर सहमति जताई थी। इसके बाद दोनों देशों में उच्चायुक्तों की वापसी हुई और उच्चस्तरीय बैठकों का सिलसिला शुरू हुआ। इस साल मार्च में दोनों सरकारों ने कहा था कि द्विपक्षीय संबंधों को धीरे-धीरे सामान्य बनाने की दिशा में ''महत्वपूर्ण प्रगति'' हुई है। भारतीय मूल की आनंद के माता-पिता तमिलनाडु और पंजाब से थे।उन्होंने 2025 में कनाडा की विदेश मंत्री बनने के बाद से जयशंकर के साथ भी कई बैठकें की हैं। भारत में ऊर्जा स्रोतों में विविधता लाने पर जारी चर्चा के बीच जयशंकर ने संयुक्त राष्ट्र महासभा के इतर वेनेजुएला के विदेश मंत्री फेलिक्स प्लासेंसिया गोंजालेज से भी मुलाकात की। जयशंकर ने बैठक के बाद कहा, ''द्विपक्षीय सहयोग के अन्य क्षेत्रों के साथ-साथ हमारे ऊर्जा संबंध भी गति पकड़ रहे हैं। हमने मौजूदा क्षेत्रीय मुद्दों पर भी चर्चा की।'' जयशंकर ने बेलारूस के विदेश मंत्री मैक्सिम रिझेनकोव एवं मेक्सिको के विदेश मंत्री रॉबर्टो वेलास्को अल्वारेज से भी मुलाकात की।
- वाशिंगटन. जी20 देशों के व्यापार एवं वाणिज्य मंत्री अमेरिका की बदलती शुल्क नीतियों, लंबे समय से जारी ईरान युद्ध और आपूर्ति श्रृंखला पर पड़ रहे दबाव के बीच मिलवॉकी में बैठक करेंगे। वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल 29 सितंबर से एक अक्टूबर तक अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि (यूएसटीआर) जैमीसन ग्रीर की मेजबानी में होने वाली जी20 व्यापार मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेंगे। बैठक में वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में बंधुआ मजदूरी को खत्म करने, 'सर्वाधिक तरजीही राष्ट्र' (एमएफएन) के सिद्धांत को अद्यतन करने, खाद्य उत्पादों के व्यापार को राजनीतिक हथियार बनाने का विरोध करने तथा औद्योगिक क्षमता और अतिरिक्त उत्पादन से निपटने समेत कई मुद्दों पर चर्चा होगी। यूएसटीआर ने बयान में कहा कि ग्रीर जी20 की चर्चा का नेतृत्व करेंगे। इसमें वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में जबरन श्रम को खत्म करने और औद्योगिक क्षेत्र में अतिरिक्त क्षमता तथा उत्पादन से निपटने जैसे मुद्दे शामिल हैं। मिलवॉकी अमेरिका का प्रमुख औद्योगिक और विनिर्माण केंद्र है। यहां खाद्य एवं पेय पदार्थ, मशीनरी विनिर्माण, ऊर्जा और जल प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों की कई बड़ी कंपनियां हैं। बैठक की शुरुआत मंगलवार शाम बिजनेस राउंडटेबल और नेशनल एसोसिएशन ऑफ मैन्युफैक्चरर्स की ओर से आयोजित स्वागत समारोह से होगी।बुधवार सुबह औपचारिक कार्यक्रम की शुरुआत वैश्विक इस्पात अतिरिक्त क्षमता मंच की मंत्रिस्तरीय बैठक से होगी। इस्पात उत्पादन और औद्योगिक क्षेत्र में अतिरिक्त क्षमता अंतरराष्ट्रीय व्यापार में विवाद का एक प्रमुख मुद्दा बन गई है। अमेरिका लगातार अतिरिक्त उत्पादन को अपने घरेलू विनिर्माताओं और श्रमिकों पर पड़ रहे दबाव से जोड़ता रहा है। इस्पात बैठक के बाद ग्रीर और जी20 देशों के मंत्री मिलवॉकी में 'रॉकवेल ऑटोमेशन' के एक संयंत्र का दौरा करेंगे। यूएसटीआर के बयान के अनुसार, इस दौरान ग्रीर और जी20 देशों के मंत्री कारखाने में श्रमिकों और उद्योग जगत के लोगों से मुलाकात करेंगे और चर्चा करेंगे कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की व्यापार नीति किस तरह अमेरिका में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा दे रही है तथा आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत कर रही है। गोयल की ग्रीर के साथ द्विपक्षीय बैठक भी प्रस्तावित है। इसमें भारत-अमेरिका व्यापार समझौते पर मुख्य रूप से चर्चा होने की उम्मीद है। भारत और अमेरिका ने फरवरी में द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) के पहले चरण के लिए रूपरेखा को अंतिम रूप देने की घोषणा की थी। हालांकि, अमेरिका में शुल्क व्यवस्था में हुए बदलावों के कारण इस समझौते पर आगे बातचीत जारी है। इस दौरान गोयल अमेरिकी उद्योग जगत के प्रतिनिधियों से भी बातचीत कर सकते हैं।
-
वॉशिंगटन. अमेरिका में मध्यावधि चुनाव के बीच टेक्सास में भगवान हनुमान की 90 फुट ऊंची प्रतिमा राजनीतिक बहस का केंद्र बन गई है। एक रूढ़िवादी यूट्यूबर द्वारा प्रतिमा को हटाने की मांग किए जाने के बाद हिंदू संगठनों और उनसे मिलती-जुलती सोच रखने वाले लोगों ने इसका कड़ा विरोध किया है। शुगर लैंड स्थित 'अष्टलक्ष्मी मंदिर' में स्थापित प्रतिमा की अगस्त 2024 में प्राण-प्रतिष्ठा हुई थी। इसके बाद से ही यह विवाद के केंद्र में है। ईसाई रूढ़िवादी समुदाय के एक वर्ग ने इसे "ईसाई विरोधी" बताया है। यूट्यूबर जेसी ह्यूज ने मूर्ति की एक तस्वीर साझा करते हुए कहा, "वैसे, जब हम जीतेंगे, तो हम इसे गिरा देंगे।" अमेरिकी सेना के पूर्व सैनिक रुचिर बख्शी ने ह्यूज की टिप्पणी को "हिंदू धर्म के खिलाफ धमकी" करार दिया।9
-
न्यूयॉर्क. अमेरिका के पूर्वोत्तर इलाके में सोमवार को एक अहम क्षेत्रीय हवाई यातायात नियंत्रण केंद्र में तकनीकी खराबी के कारण सैकड़ों उड़ानें रद्द कर दी गईं। यह व्यवधान ऐसे समय हुआ जब संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने के लिए कई देशों के नेता अमेरिका पहुंच रहे थे। हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का विमान तय समय अनुसार वॉशिंगटन से न्यूयॉर्क के लिए रवाना हुआ।
फिलाडेल्फिया में हवाई यातायात केंद्र का एक अहम सर्किट खराब हो गया, जिससे इस शहर के साथ-साथ कैनेडी, ला-गार्डिया और नेवार्क हवाई अड्डों पर आने वाली उड़ानें भी प्रभावित हुईं। बाद में संघीय उड्डयन प्रशासन को पता चला कि कहीं और जारी निर्माण कार्य की वजह से 'बैकअप फाइबर ऑप्टिक लाइन' भी कट गई थी। -
काहिरा. सूडान के एक सुदूरवर्ती इलाके में सोने की खदान ढहने से कम से कम 67 लोगों की मौत हो गई। चिकित्सकों के एक समूह और हादसे में बचे लोगों ने बुधवार को यह जानकारी दी। यह हादसा वेस्ट कोर्डोफान प्रांत के नूहूद शहर में अल-जारा सोने की खदान में हुआ। यह इलाका अर्धसैनिक बल 'रैपिड सपोर्ट फोर्सेज' के नियंत्रण में है, जो पिछले तीन साल से ज्यादा समय से देश की सेना के साथ लड़ाई लड़ रही है। हादसे में बचे हुए लोगों ने बताया कि खदान ढहने की घटना मंगलवार देर रात हुई और कई लोग अब भी लापता हैं। चिकित्साकर्मियों के समूह ने कहा कि मरने वालों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि मलबे में दबे लोगों या जीवित बचे लोगों की तलाश के लिए खोज और बचाव अभियान अभी जारी है।
-
वाशिंगटन. कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) उद्योग के प्रमुख दिग्गजों के बीच आमतौर पर सहमति कम ही देखने को मिलती है और ऐसे में जब वे किसी मुद्दे पर एक राय बनाते हैं तो उस पर ध्यान जाना स्वाभाविक है। एंथ्रोपिक के दारियो अमोडेई, ओपनएआई के सैम ऑल्टमैन, स्पेसएक्सएआई के एलन मस्क और उद्योग जगत की अन्य प्रमुख हस्तियों ने हाल के दिनों में कहा है कि एआई के विकास की रफ्तार धीमी करने की जरूरत है। यह सहमति एंथ्रोपिक के एक शोधकर्ता के इस्तीफे के बाद सामने आई, जिन्होंने इस तकनीक से मानवता को होने वाले गंभीर खतरों की चेतावनी दी थी। हालांकि, घरेलू और वैश्विक प्रतिस्पर्धा, मुनाफे की प्रेरणा और राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के विरोध जैसे कारक एआई के विकास की गति को लेकर किसी समन्वित प्रयास की राह में बाधा बने हुए हैं। गृह सुरक्षा विभाग में उभरती प्रौद्योगिकी नीति के पूर्व निदेशक और न्यूयॉर्क विश्वविद्यालय के सहायक प्रोफेसर निक रीज का कहना है कि फिर भी, यह स्थिति उद्योग को ''सफलता की हमारी परिभाषा को नए सिरे से तय करने'' के लिए मजबूर कर सकती है।
रीज ने कहा, ''अगर हम एआई में सफलता को उसी तरह देखें जैसे विमानन क्षेत्र में सफलता को देखते हैं? विमान समय पर पहुंचे और न जाने कितने समय से कोई दुर्घटना न हुई हो। हम वाणिज्यिक विमानों की दुर्घटनाओं को स्वीकार नहीं करते, लेकिन एआई की बड़ी विफलताओं को स्वीकार कर लेते हैं।'' सैद्धांतिक रूप से प्रमुख एआई स्टार्टअप अपने मॉडल के विकास की गति कभी भी धीमी कर सकते हैं। लेकिन तकनीक में हुई तेज प्रगति के पीछे और अधिक शक्तिशाली मॉडल बनाने की प्रतिस्पर्धा भी एक प्रमुख कारण रही है। व्हाइट हाउस भी इस प्रयास का समर्थन करता रहा है ताकि अमेरिका एआई के क्षेत्र में चीन से अपनी बढ़त न खोए। एंथ्रोपिक और ओपनएआई संभावित रूप से रिकॉर्ड स्तर के सार्वजनिक शेयर निर्गम की दिशा में भी आगे बढ़ रहे हैं। हालांकि, ओपनएआई ने कहा है कि वह इस साल सार्वजनिक होने की योजना को टाल रहा है और फिलहाल सुरक्षा प्रयासों पर ध्यान दे रहा है। इसी वजह से उद्योग की ओर से सामने रखे गए प्रस्ताव आपसी सहयोग और कुछ हद तक सरकारी नियमन पर निर्भर हैं। अमोडेई ने हाल में एक विस्तृत लेख प्रकाशित किया, जिसमें उन्होंने उन्नत एआई के विकास को धीमा करने की योजना सामने रखी। उनके एक प्रस्ताव के अनुसार, एआई के क्षेत्र में अग्रणी कंपनियों, जिन्हें आम तौर पर 'फ्रंटियर लैब्स' कहा जाता है, को स्वतंत्र बाहरी मूल्यांकनकर्ताओं को ''लगातार, कर्मचारी जैसे स्तर का पहुंच अधिकार'' देने के लिए प्रतिबद्ध होना चाहिए। इन मूल्यांकनकर्ताओं की टीमों के पास कंपनियों के कार्यालयों में काम करने, प्रवेश कार्ड और कंपनी के लैपटॉप इस्तेमाल करने जैसी सुविधाएं होनी चाहिए, ताकि वे सुरक्षा संबंधी गतिविधियों की निगरानी कर सकें। अमोडेई ने लिखा कि एंथ्रोपिक इस कदम के लिए अभी ''एकतरफा प्रतिबद्धता'' जता रही है। ऑल्टमैन ने सोशल मीडिया पर इसे ''बहुत अच्छा विचार'' बताया और कहा कि ओपनएआई भी इसका अनुसरण करेगी। ऑल्टमैन ने उन्नत एआई के लिए सुरक्षा मानक तय करने वाले ''संघीय ढांचे'' का स्वागत किया। हालांकि उन्होंने कहा कि एआई सुरक्षा पर काम करने के लिए कंपनी को कानून बनने या प्रतिस्पर्धा-विरोधी नियमों से छूट मिलने का इंतजार करने की जरूरत नहीं है। अमोडेई ने सरकार द्वारा नियमन और हस्तक्षेप की भी वकालत की। इसमें अमेरिका और अन्य लोकतांत्रिक देशों की सरकारों की मदद से अग्रणी एआई कंपनियों के बीच समन्वय शामिल है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रमुख प्रयोगशालाएं ''साझा सुरक्षा मानक और अनियंत्रित एआई विकास की रफ्तार की सीमाएं'' तय कर सकती हैं। अमोडेई की योजना में अमेरिका और अन्य देशों द्वारा ''सत्तावादी सरकारों'' के साथ भी समन्वय का प्रस्ताव है। उन्होंने माना कि चीन से सहयोग हासिल करने सहित इसमें कई कठिनाइयां हैं। -
हांगकांग. कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के तेजी से विकास के संभावित जोखिमों पर दुनिया में बहस तेज होने के बीच अमेरिका और चीन अधिक शक्तिशाली एआई मॉडल विकसित करने की दौड़ में आगे बढ़ रहे हैं। अमेरिका कई वर्षों तक एआई मॉडल की क्षमता, शोध और अन्य क्षेत्रों में चीन सहित अन्य देशों से आगे रहा है। हालांकि, चीन अब तेजी से इस अंतर को कम कर रहा है। अमेरिकी नेतृत्व वाले प्रतिबंधों के कारण चीन को अत्याधुनिक चिप और उन्हें बनाने वाली मशीनों सहित कुछ उन्नत प्रौद्योगिकियों तक पहुंच नहीं है। स्टैनफोर्ड इंस्टीट्यूट फॉर ह्यूमन-सेंटर्ड आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के एक जानकार सहित विशेषज्ञों और हालिया रिपोर्टों के अनुसार, चीन एआई के क्षेत्र में अमेरिका के लिए मजबूत प्रतिद्वंद्वी बनकर उभरा है और इस साल उसने अमेरिकी बढ़त को काफी हद तक कम कर दिया है। जॉन्स हॉपकिन्स स्कूल ऑफ एडवांस्ड इंटरनेशनल स्टडीज के सैम सैक्स ने कहा, ''अमेरिकी और चीनी मॉडलों के बीच अंतर कम और अस्थिर है।'' एआई को लेकर यह बहस ऐसे समय हो रही है जब चीनी राष्ट्रपति शी चिनफिंग के इस महीने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मुलाकात के लिए वाशिंगटन आने की उम्मीद है। विशेषज्ञों का कहना है कि एआई का भविष्य काफी हद तक इस बात पर निर्भर करेगा कि अमेरिका और चीन क्या कदम उठाते हैं और किन कदमों से बचते हैं। बीजिंग स्थित स्टार्टअप मूनशॉट एआई ने 'किमी के3' मॉडल जारी कर सिलिकॉन वैली का ध्यान आकर्षित किया। एआई बेंचमार्किंग मंच 'आर्टिफिशियल एनालिसिस' के अनुसार, जुलाई में जारी होने के कुछ समय बाद यह वैश्विक स्तर पर मॉडल की क्षमता के मामले में तीसरे स्थान पर था। हालांकि, अब यह नौवें स्थान पर है और एंथ्रोपिक, ओपनएआई, मेटा तथा स्पेसएक्सएआई के नए मॉडलों से पीछे है। डीपसीक ने जनवरी 2025 में अपना 'आर1'
मॉडल जारी कर वैश्विक स्तर पर हलचल मचा दी थी। यह समान अमेरिकी मॉडलों की तुलना में कम लागत वाला था। अप्रैल में कंपनी ने अपने 'वी4' मॉडल का पूर्वावलोकन किया और ज्ञान, तर्क क्षमता तथा सीमित मानवीय मार्गदर्शन में जटिल कामों की योजना बनाकर उन्हें पूरा करने की क्षमता में सुधार का दावा किया। चीनी स्टार्टअप जेड.एआई के 'जीएलएम-5.2' मॉडल ने जून में सिलिकॉन वैली में ध्यान आकर्षित किया। इसके बाद अगस्त में जारी 'जीएलएम-5.3' में कोडिंग और स्वायत्त रूप से कार्य करने की क्षमता में सुधार किया गया, जिससे इसकी वैश्विक रैंकिंग में बढ़ोतरी हुई। अलीबाबा ने जुलाई में 'क्यूवेन3.8-मैक्स' मॉडल का पूर्वावलोकन किया। कंपनी ने इसे शृंखला का अपना सबसे शक्तिशाली मॉडल बताया। चीन के सुरक्षा राज्य मंत्री चेन यीशिन ने चेतावनी दी है कि एआई देश की राजनीतिक और वैचारिक सुरक्षा के साथ-साथ साइबर हमलों, डेटा लीक और शासन व्यवस्था के लिए कई तरह के खतरे पैदा कर सकता है। रविवार को प्रकाशित एक लेख में चेन ने कहा कि ''शत्रुतापूर्ण ताकतों और गलत मंशा वाले व्यक्तियों'' द्वारा इस्तेमाल किए जाने पर एआई चीन की राजनीतिक, संस्थागत और वैचारिक सुरक्षा को नुकसान पहुंचा सकता है। उन्होंने कहा कि एआई से तैयार नकली ऑडियो और वीडियो का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर ''राजनीतिक अफवाहें'' फैलाने के लिए किया जा सकता है। उन्होंने एंथ्रोपिक के क्लॉड और ओपनएआई के जीपीटी जैसे मॉडलों का उदाहरण देते हुए कहा कि इनका इस्तेमाल साइबर सुरक्षा की कमजोरियों की पहचान कर उन्हें नुकसान पहुंचाने के लिए किया जा सकता है। चीनी नेताओं ने एआई के विकास में तेजी लाने और तकनीकी आत्मनिर्भरता हासिल करने की जरूरत पर जोर दिया है। साथ ही उन्होंने जोखिमों पर नियंत्रण और एआई के वैश्विक नियमन के लिए एक ढांचा बनाने की आवश्यकता भी बताई है। अमेरिका ने चीन की एआई कंपनियों पर ''औद्योगिक स्तर पर डिस्टिलेशन'' का आरोप लगाया है। इसमें अपेक्षाकृत शक्तिशाली एआई मॉडलों की क्षमताओं की नकल या उन्हें दोहराने के लिए उनका इस्तेमाल करना शामिल है।
एशिया सोसाइटी पॉलिसी इंस्टीट्यूट की लिजी ली के अनुसार, डिस्टिलेशन एआई उद्योग में इस्तेमाल होने वाली सामान्य तकनीक है। हालांकि, अमेरिकी एजेंसियों ने विशेष रूप से आरोप लगाया है कि चीनी कंपनियों ने अमेरिकी अग्रणी मॉडलों की प्रतिबंधित क्षमताएं हासिल करने के लिए अनधिकृत पहुंच और अन्य तरीकों का इस्तेमाल किया। एफबीआई, राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी और साइबर सुरक्षा एवं बुनियादी ढांचा सुरक्षा एजेंसी ने आठ सितंबर को जारी रिपोर्ट में आरोप लगाया कि चीनी एआई डेवलपर्स ने ''आक्रामक, दुर्भावनापूर्ण और लक्षित डिस्टिलेशन गतिविधियों'' के जरिये अमेरिका के कुछ सबसे उन्नत एआई मॉडलों की क्षमताएं हासिल कीं। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने भी आठ सितंबर को एक कार्यक्रम में कहा था, ''चीनी हमारे मॉडलों से डिस्टिल करते हैं और वे हमसे कभी आगे नहीं निकल सकते।'' चीन ने इन आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि डिस्टिलेशन का इस्तेमाल कई एआई कंपनियां करती हैं। उसने अमेरिका से ''बेबुनियाद आरोप'' लगाने से बचने को कहा और उस पर ''एआई उद्योग पर एकाधिकार'' कायम करने की कोशिश करने का आरोप लगाया। -
लॉस एंजिलिस. सोमवार रात आयोजित एमी पुरस्कार समारोह में 'एप्पल टीवी' के धारावाहिक 'विडोज बे' की धूम रही जिसने कॉमेडी श्रेणी में एक ही सत्र में सबसे ज्यादा पुरस्कार जीतने का नया रिकॉर्ड बना दिया। धारावाहिक ने सर्वश्रेष्ठ कॉमेडी सीरीज और सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार समेत कुल 14 पुरस्कार अपने नाम किए। धारावाहिक के मुख्य अभिनेता मैथ्यू रीस ने अकेले तीन पुरस्कार जीते।
'द पिट' ने लगातार दूसरी बार सर्वश्रेष्ठ ड्रामा सीरीज का पुरस्कार अपने नाम किया। इसके मुख्य अभिनेता नोआ वाइल भी लगातार दूसरी बार ड्रामा श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता चुने गए। 'प्लुरिबस' के लिए रिया सीहॉर्न ने ड्रामा श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार जीता। वहीं 'हैक्स' के पांचवें और अंतिम सीजन के लिए जीन स्मार्ट ने पांचवीं बार कॉमेडी श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार अपने नाम किया। स्मार्ट, एमी के इतिहास में ऐसी पहली अभिनेत्री बन गई हैं, जिन्होंने तीन से अधिक सीजन तक चलने वाली किसी सीरीज के हर सीजन में अभिनय के लिए पुरस्कार जीता है। कॉमेडी की बाकी सभी प्रमुख श्रेणियों में 'विडोज बे' का दबदबा रहा। शो ने समारोह की रात लगभग हर बड़े पुरस्कार पर कब्जा जमाया और कॉमेडी सीरीज के एक ही सीजन में सबसे ज्यादा एमी पुरस्कार जीतने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। उसने पिछले साल 'द स्टूडियो' के बनाए 13 पुरस्कारों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। दिलचस्प बात यह है कि 'द स्टूडियो' भी 'एप्पल टीवी' का धारावाहिक था। दो एमी पुरस्कार हाथ में लिए रीस ने समारोह के बाद कहा, ''जश्न लंबे समय तक चलेगा, अलग-अलग अंदाज में होगा और उम्मीद है कि कभी-कभी काफी जोरदार भी होगा।'' 'द पिट' 25 नामांकनों के साथ इस साल ड्रामा श्रेणी में सबसे आगे थी, जबकि अंतिम सीजन के लिए 'हैक्स' को 24 नामांकन मिले थे और वह कॉमेडी श्रेणी में सबसे आगे थी। लेकिन जब पुरस्कार जीतने की बारी आई तो दोनों ही सीरीज खास असर नहीं छोड़ सकीं। सोमवार रात 'हैक्स' के लिए जीन स्मार्ट की जीत ही एकमात्र पुरस्कार रही। पुरस्कार लेते समय भावुक स्मार्ट ने दर्शकों की तालियों के बीच कहा, ''यह सफर कितना शानदार रहा है।''
75 वर्षीय स्मार्ट अब तक कुल आठ एमी पुरस्कार जीत चुकी हैं।
रिया सीहॉर्न ने 'एप्पल टीवी' की 'प्लुरिबस' में अहम भूमिका निभाने के लिए अपने करियर का पहला एमी पुरस्कार जीता। सीहॉर्न को 'ब्रेकिंग बैड' के निर्माता विंस गिलिगन की सीरीज 'बेटर कॉल शॉल' में अपनी शानदार भूमिका के लिए दो बार नामांकित किया गया था, लेकिन तब वह पुरस्कार नहीं जीत पाई थीं। गिलिगन ने ही 'प्लुरिबस' में सीहॉर्न को मुख्य भूमिका में रखा। उन्होंने इस सीरीज के लेखन के लिए अपने करियर का पांचवां एमी पुरस्कार जीता। एलिसन जेनी ने 'द डिप्लोमैट' के लिए ड्रामा श्रेणी में सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेत्री और टॉम पेल्फ्रे ने 'टास्क' के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता का पुरस्कार जीता। दोनों ने 'द पिट' के कई नामांकित कलाकारों को पीछे छोड़ा। सीबीएस द्वारा प्रसारण से हटाए गए 'द लेट शो विद स्टीफन कोलबर्ट' ने सर्वश्रेष्ठ विविधतापूर्ण कार्यक्रम का पुरस्कार जीता। इस साल यह शो छह एमी पुरस्कार जीत चुका है। सीबीएस ने इसके बंद होने की वजह आर्थिक कारण बताई थी। हालांकि, कई लोगों का मानना था कि ट्रंप प्रशासन की आलोचना करने के कारण शो को निशाना बनाया गया। पुरस्कार समारोह के दौरान कोलबर्ट ने मजाकिया अंदाज में कहा, ''अगर आपको आज रात की कॉमेडी पसंद आ रही है, तो इसका श्रेय मेरे पुराने लेखकों को जाता है।''
- -
वाशिंगटन. अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 'गॉड ब्लेस द यूएसए' के गायक ली ग्रीनवुड की पत्नी किम्बर्ली ग्रीनवुड को बारबाडोस और पूर्वी कैरिबियाई देशों के लिए अमेरिकी राजदूत के तौर पर सोमवार को नामित किया। किम्बर्ली ग्रीनवुड उन नामित लोगों की सूची में शामिल हैं, जिनके नामों को पुष्टि के लिए ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी सीनेट (उच्च सदन) के पास भेजा है। किम्बर्ली ने सोमवार को बाद में इंस्टाग्राम पर अपने पति और ट्रंप के साथ एक तस्वीर साझा की और उन्हें नामित करने के लिए राष्ट्रपति का आभार जताया। उन्होंने पोस्ट में कहा, ''राष्ट्रपति जी, मुझ पर विश्वास जताने और मुझे सेवा का यह असाधारण अवसर देने के लिए धन्यवाद।'' किम्बर्ली के पति ली ग्रीनवुड राष्ट्रपति ट्रंप के पसंदीदा गायकों में से एक हैं। उनका लोकप्रिय देशभक्ति गीत वर्षों से ट्रंप के राजनीतिक कार्यक्रमों में उनके मंच पर आने के दौरान बजाया जाता रहा है। ट्रंप ने ली ग्रीनवुड के साथ कारोबारी साझेदारी भी की थी। दोनों ने मिलकर 59.99 अमेरिकी डॉलर की 'गॉड ब्लेस द यूएसए बाइबल' बेची थी। ली ग्रीनवुड ने अपनी पत्नी की सराहना और उनके नामांकन का स्वागत करते हुए इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में कहा कि उनकी पत्नी ने ट्रंप के साथ 18 वर्षों तक काम किया था जब ट्रंप 'मिस यूनिवर्स संगठन' के मालिक थे और किम्बर्ली ग्रीनवुड विभिन्न राज्यों में होने वाली सौंदर्य प्रतियोगिताओं का संचालन करती थीं।
-
वाशिंगटन. अमेरिका के एक सांसद ने रूस पर प्रतिबंध लगाने के प्रस्ताव वाले विधेयक में एक संशोधन पेश किया है जिसमें भारत समेत रूस के प्रमुख व्यापारिक साझेदारों के नाम कानून में शामिल करने की मांग की गई है। 'लिंडसे ओ. ग्राहम सैंक्शनिंग रशिया एंड ईरान एक्ट' को पिछले महीने अमेरिकी सीनेट ने भारी बहुमत (86-11 वोट) से पारित किया था। इस विधेयक का मकसद न सिर्फ रूस के नेतृत्व और ऊर्जा क्षेत्र पर प्रतिबंध लगाना है, बल्कि उन जहाजों के 'शैडो फ्लीट' (गुप्त बेड़े) पर भी प्रतिबंध लगाना है जिनकी मदद से मॉस्को तेल आपूर्ति पर लगी पाबंदियों से बचता है। अमेरिका का मानना है कि रूस के कच्चे तेल व्यापार से यूक्रेन के खिलाफ युद्ध के लिए धन जुटाया जा रहा है। इस विधेयक में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चीन और भारत समेत रूस के प्रमुख तेल व्यापार साझेदार देशों पर शत प्रतिशत शुल्क लगाने का अधिकार देने का भी प्रस्ताव है। गत सात अगस्त को अमेरिकी सीनेट से पारित हुए विधेयक में रूस के व्यापारिक साझेदारों के नाम नहीं हैं, लेकिन इसमें मात्रा के हिसाब से तेल और गैस के पांच सबसे बड़े आयातकों का जिक्र है। राष्ट्रपति के हस्ताक्षर के लिए भेजे जाने से पहले इस विधेयक का 'हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स' (प्रतिनिधि सभा) में पारित होना जरूरी है। तीन नवंबर को होने वाले मध्यावधि चुनावों से पहले सदन में कामकाज के लिए चार दिन बचे हैं। डेमोक्रेट सांसद स्टेनी होयर द्वारा पेश किए गए संशोधन में चीन, भारत, तुर्किए, अजरबैजान, हंगरी, स्लोवाक गणराज्य, संयुक्त अरब अमीरात (यूएई), सिंगापुर, कजाकिस्तान और किर्गिज गणराज्य को उन देशों के रूप में नामित करने की मांग की गई है जिन पर शत प्रतिशत शुल्क लगाया जा सकता है। दिलचस्प बात यह है कि ट्रंप को शुल्क लगाने की और अधिक शक्तियां देने का कड़ा विरोध करते डेमोक्रेट सांसद ग्रेगरी मीक्स ने 'प्रावधान-113' को पूरी तरह खत्म करने का संशोधन पेश किया है। इस प्रावधान के तहत राष्ट्रपति को रूस के व्यापारिक साझेदारों पर व्यापक द्वितीयक शुल्क लगाने का अधिकार देने का प्रस्ताव है।
- काठमांडू. नेपाल ने पिछले महीने आई भयावह बाढ़ में बुरी तरह क्षतिग्रस्त हुई स्याफ्रुबेसी-रसुवागढ़ी सड़क को फिर से बनाने के लिए चीन से मदद मांगी है। चीन के साथ व्यापार के लिये अहम माने जाने वाले इस मार्ग को नेपाल-तिब्बत सीमा के पास 26 अगस्त को अचानक आई बाढ़ से काफी नुकसान पहुंचा था। इस बाढ़ ने उत्तरी और मध्य नेपाल में भारी तबाही मचाई। इस आपदा में करीब 1,400 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5,000 से अधिक लोग लापता हैं। 'द काठमांडू पोस्ट' अखबार की खबर के मुताबिक, स्याफ्रुबेसी को रसुवागढ़ी से जोड़ने वाली लगभग 16 किलोमीटर लंबी सड़क का 6.5 अरब नेपाली रुपये की चीनी निधि वाली परियोजना के तहत उन्नयन किया जा रहा था।लेकिन बाढ़ ने इसके बड़े हिस्से को बहा दिया, जिससे सड़क को भारी नुकसान पहुंचा और दोनों देशों के बीच व्यापार का एक अहम संपर्क टूट गया। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के शुरुआती अनुमानों के अनुसार, रसुवागढ़ी और गल्छी के बीच क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत में कुल मिलाकर लगभग 55 अरब नेपाली रुपये (करीब 36.4 करोड़ अमेरिकी डॉलर) का खर्च आएगा। अवसंरचना विकास मंत्री सुनील लमसाल ने शनिवार को अखबार को बताया, "चीन ने हमें मदद देने का मौखिक भरोसा दिया है, हालांकि अभी तक कोई लिखित समझौता नहीं हुआ है।" लमसाल ने कहा, "यह रास्ता न सिर्फ नेपाल और चीन के बीच व्यापार का गलियारा है, बल्कि इसके किनारे कई बस्तियां भी हैं।" उन्होंने कहा, "फिलहाल, हम रसुवागढ़ी जाने वाले रास्ते को खुला रखने के लिए एक अस्थायी मार्ग का इस्तेमाल करने की तैयारी कर रहे हैं। लंबे समय के लिए हमें एक सुरक्षित सड़क बनाने की जरूरत है, लेकिन अभी हम अस्थायी मार्ग से ही काम चला लेंगे।"
- काठमांडू. से नेपाल विद्युत प्राधिकरण को रोजाना 18 घंटे बिजली निर्यात करने की मंजूरी दे दी है। भारतीय दूतावास के सूत्रों ने भारत के बिजली मंत्रालय के एक नोटिस का हवाला देते हुए बताया कि मुजफ्फरपुर-ढलकेबार 400 केवी लाइन के जरिये 600 मेगावाट तक और टनकपुर-महेंद्रनगर 132 किलोवाट पारेषण लाइन के जरिये 54 मेगावाट तक बिजली निर्यात करने की मंजूरी 31 दिसंबर तक दी गई है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, 26 अगस्त को नेपाल में आई भोटेकोशी-त्रिशूली बाढ़ से सात चालू पनबिजली परियोजनाओं और पांच सौर संयंत्रों को नुकसान पहुंचा, जिससे कुल मिलाकर लगभग 275 मेगावाट बिजली आपूर्ति में रुकावट आई। एक सरकारी बयान में कहा गया, ''इस मंजूरी से नेपाल को इस मुश्किल समय में अपनी बिजली की जरूरतें पूरी करने में मदद मिलेगी और भारत व नेपाल के बीच गहरे और लंबे समय से चले आ रहे ऊर्जा सहयोग को और मजबूती मिलेगी।'' बयान में आगे कहा गया, ''भारत, नेपाल का समर्थन करने और ऊर्जा क्षेत्र में आपसी सहयोग को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।''
-
लंदन. लंदन में टेम्स नदी के तट पर रविवार को पहली बार गंगा आरती का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। 'टेम्स तट पर गंगा आरती : प्रकाश उत्सव' नाम से आयोजित इस कार्यक्रम का आयोजन 'चिन्मय मिशन यूके' ने 'टोटली टेम्स' के वार्षिक उत्सव के सहयोग से किया। यह आयोजन 'चिन्मय मिशन' की स्थापना के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में दुनियाभर में हो रहे कार्यक्रमों का हिस्सा था। भारत में गंगा के तट पर होने वाली प्रसिद्ध आरती की परंपरा से प्रेरित इस आयोजन की परिकल्पना प्रकृति, ज्ञान और चेतना के जीवनदायी प्रवाह के प्रतीक के रूप में की गई थी। 'चिन्मय मिशन यूके' की शिक्षिका ब्रह्मचारिणी श्रीप्रिया चैतन्य ने कहा, "पीढ़ियों से श्रद्धालु गंगा के तट पर दीप प्रज्वलित कर मां गंगा की आराधना करते और प्रकृति एवं जीवन को संवारने वाली दिव्य शक्तियों के प्रति श्रद्धा एवं कृतज्ञता दर्शाते आए हैं।'' उन्होंने कहा, "टेम्स नदी के तट पर गंगा आरती भी इसी भावना को आगे बढ़ाती है और कृतज्ञता, आशा तथा एकता के साझा भाव में लोगों को एक साथ लाती है।" चैतन्य ने बताया कि चिन्मय मिशन के लिए गंगा ज्ञान के प्रवाह का भी प्रतीक है।
उन्होंने कहा, "हमारे संस्थापक स्वामी चिन्मयानंद ने अपना जीवन वेदांत के शाश्वत ज्ञान और आध्यात्मिक संदेश को हिमालय की पवित्र भूमि से जन-जन तक पहुंचाने और उसे उनके दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए समर्पित कर दिया। हिंदू धर्म की महान दार्शनिक एवं आध्यात्मिक परंपराओं में से एक वेदांत की इस दिव्य विरासत को आगे बढ़ाते हुए चिन्मय मिशन के 75 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आयोजित यह समारोह ज्ञान, सेवा और कृतज्ञता की उस पवित्र धारा का उत्सव भी है, जो भौगोलिक सीमाओं से परे निरंतर प्रवाहित हो रही है।'' गंगा आरती हिंदू धर्म का एक प्राचीन धार्मिक अनुष्ठान है। इसमें बड़ी संख्या में दीयों को प्रज्वलित कर प्रार्थना, भजन-संगीत और मंत्रोच्चार के माध्यम से मां गंगा के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता व्यक्त की जाती है। यह अनुष्ठान प्रकृति और उसके जीवनदायी स्वरूप के प्रति आस्था तथा सम्मान की भी अभिव्यक्ति है। चिन्मय मिशन के एक प्रवक्ता ने कहा, "प्रकृति के प्रति श्रद्धा गंगा आरती का केवल एक हिस्सा नहीं, बल्कि इसकी आत्मा में निहित है। यह मां गंगा के प्रति श्रद्धा और कृतज्ञता अर्पित करने का माध्यम है। हिंदू परंपरा में मां गंगा को पवित्र, जीवनदायिनी और समस्त जीवों का पोषण करने वाली देवी के रूप में पूजा जाता है।" टेम्स के तट पर आयोजित इस आरती में परंपरा की पवित्रता के साथ नदी की निर्मलता और पर्यावरण की मर्यादा का भी पूरा ध्यान रखा गया। पूरा अनुष्ठान नदी के तट पर जमीन पर ही संपन्न हुआ। आरती में प्रयुक्त किसी भी वस्तु को टेम्स में प्रवाहित नहीं किया गया। 'टोटली टेम्स' एक न्यास की ओर से आयोजित वार्षिक उत्सव है, जिसकी शुरुआत 1997 में हुई थी। इस उत्सव के तहत कला, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत और शिक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से टेम्स नदी के महत्व और समृद्ध विरासत को रेखांकित किया जाता है। -
लंदन/ दिवंगत भारतीय उद्यमी श्रीचंद परमानंद हिंदुजा द्वारा स्थापित स्विट्जरलैंड के निजी बैंक का नाम बदलकर 'आर्या बैंक प्रिवी' कर दिया गया है। बैंक ने यह कदम अपने संस्थापक की स्विट्जरलैंड और भारत के बीच संबंधों को मजबूत करने की विरासत के सम्मान में उठाया है। जेनेवा मुख्यालय वाला यह बैंक अब एक नयी कार्यकारी टीम और नए दृष्टिकोण के साथ कारोबार के अगले चरण में प्रवेश कर रहा है। संस्थापक की बेटी शानू एस. पी. हिंदुजा बैंक की चेयरपर्सन हैं और परिवार की विरासत को आगे बढ़ा रही हैं। शानू हिंदुजा ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, "स्विट्जरलैंड, यूरोप और भारत के बीच आर्थिक संबंधों को और मजबूत करना दशकों से हमारे परिवार के दृष्टिकोण का केंद्र रहा है।" उन्होंने कहा, ''यह प्रतिबद्धता श्रीचंद पी. हिंदुजा के दोनों देशों के बीच सेतु बनाने के विश्वास से जुड़ी है। वह स्विट्जरलैंड बैंकिंग लाइसेंस हासिल करने वाले पहले भारतीय उद्यमी थे। इसलिए हम ऐसे कदमों का स्वागत करता है, जो व्यापार, निवेश और साझा समृद्धि को मजबूत करते हैं।'' शानू ने बताया कि 'आर्या' नाम संस्कृत के उस शब्द से लिया गया है, जो सम्मान, ईमानदारी और श्रेष्ठ आचरण को दर्शाता है।
- कोलंबो. रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि भारत संकट के समय हमेशा श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के संबंध साझा इतिहास, संस्कृति और आस्था पर आधारित हैं।तीन दिवसीय श्रीलंका दौरे पर कोलंबो पहुंचे सिंह ने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि दोनों देशों के करीबी सांस्कृतिक और सभ्यतागत संबंध द्विपक्षीय रिश्तों की मजबूत नींव हैं। सिंह ने कहा, "जब भी इस द्वीपीय देश पर कोई संकट आएगा, भारत हमेशा श्रीलंका के साथ मजबूती से खड़ा रहेगा।" उन्होंने भारतीय प्रवासियों को दोनों देशों के बीच ''सेतु'' बताते हुए कहा कि वे मित्रता मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। सिंह ने भारत की आर्थिक प्रगति का उल्लेख करते हुए कहा कि 2026-27 की पहली तिमाही में वैश्विक आर्थिक चुनौतियों के बीच देश की अर्थव्यवस्था 7.8 प्रतिशत की दर से बढ़ी। वस्तुओं और सेवाओं का निर्यात 2014 के 45 लाख करोड़ रुपये से बढ़कर 2025-26 में 79 लाख करोड़ रुपये हो गया है। भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा मोबाइल फोन विनिर्माता भी बन गया है। उन्होंने कहा कि भारत ने पिछले 12 वर्षों में 38 देशों के साथ व्यापार समझौते किए हैं, जिनमें आठ प्रमुख देशों के साथ मुक्त व्यापार समझौते शामिल हैं। भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते पर उन्होंने कहा कि यह समझौता विशाल ईयू बाजार तक पहुंच उपलब्ध कराता है और भारत की बढ़ती कूटनीतिक और आर्थिक क्षमताओं को दर्शाता है।
-
न्यूयॉर्क. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि वैश्विक व्यवधानों के बावजूद भारत ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की "उल्लेखनीय वृद्धि" दर्ज की है और तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद वह दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है। सीतारमण ने बुधवार को न्यूयॉर्क में निवेशकों के साथ उच्चस्तरीय कारोबारी बैठक में हिस्सा लिया। इसका आयोजन न्यूयॉर्क स्थित भारत के महावाणिज्य दूतावास ने बैंक ऑफ अमेरिका के साथ मिलकर किया था। वित्त मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा कि निवेशकों को संबोधित करते हुए सीतारमण ने कहा, "वैश्विक व्यवधानों और तमाम विपरीत परिस्थितियों के बावजूद भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है और उसने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 7.8 प्रतिशत की उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की है।" सीतारमण उत्तरी कैरोलाइना के एशविल में जी20 सदस्य देशों के वित्त मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के बाद यहां पहुंची थीं। सीतारमण ने कहा कि भारत ने मजबूत सुधारोन्मुखी रुख अपनाते हुए दिवाला एवं ऋणशोधन अक्षमता संहिता (आईबीसी) सहित कई सुधारों के जरिये नियामकीय व्यवस्था में अधिक निश्चितता भी प्रदान की है।
'एक्स' पर दी जानकारी में कहा गया, "इन सुधारों से अनुपालन को आसान बनाने और कागजी कार्रवाई कम करने में मदद मिली है। एक दशक से अधिक समय पहले केंद्र में सरकार के कार्यभार संभालने के बाद से यह उसकी प्रमुख प्राथमिकताओं में रहा है।" उन्होंने कहा कि सरकार ने जिन प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित किया है, उनमें पूंजीगत परिसंपत्तियों का निर्माण, बुनियादी ढांचे के विकास के जरिये उद्योग को लगातार समर्थन देना, खासकर विमानन क्षेत्र में निवेश बढ़ाना; अनुकूल व निवेश के लिए सुविधाजनक माहौल तैयार करना; एआई व डेटा केंद्रों के विकास को बढ़ावा देना; वैश्विक क्षमता केंद्रों को समर्थन देना; सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) के लिए ऋण की उपलब्धता सुनिश्चित करना और बैंकों की गैर-निष्पादित परिसंपत्तियों (एनपीए) को कम करना शामिल है।
वित्त मंत्री ने कहा कि इन उपायों से बैंकों और उद्योग के लिए कारोबार के अधिक अनुकूल माहौल तैयार करने में मदद मिली है जिससे वे आगे बढ़ने, विस्तार करने और अधिक मजबूत होकर उभरने में सक्षम हुए हैं। सीतारमण ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था के सामने लगातार बनी चुनौतियों के बावजूद भारत पिछले कई वर्षों से राजकोषीय विवेक और राजकोषीय अनुशासन के रास्ते पर निरंतर प्रतिबद्ध रहा है। ये चुनौतियां कोविड-19 वैश्विक महामारी की शुरुआत के बाद से बनी हुई हैं। उन्होंने कहा कि भारत में निवेश के माहौल में काफी सुधार हुआ है। केंद्र तथा राज्य सरकारें अपने-अपने क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने और उसे सुगम बनाने के लिए पहले की तुलना में अधिक उत्सुकता एवं प्रतिस्पर्धी रवैया दिखा रही हैं। मंत्री ने कहा कि ये प्रयास 2047 तक 'विकसित भारत' के लक्ष्य को हासिल करने के व्यापक राष्ट्रीय प्रयास का हिस्सा हैं। इससे पहले, स्वागत भाषण में अमेरिका में भारत के राजदूत विनय क्वात्रा ने कहा कि पहली तिमाही के जीडीपी आंकड़े भारतीय अर्थव्यवस्था की मजबूती को दर्शाते हैं। वित्त मंत्रालय के अनुसार, उन्होंने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच व्यापार एवं निवेश के संबंधों को और मजबूत कर दोनों देश भारत की तेजी से बढ़ती आर्थिक यात्रा का लाभ उठा सकते हैं। -
वॉशिंगटन. वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (आईएमएफ) की प्रबंध निदेशक क्रिस्टालिना जॉर्जीवा से मुलाकात की और वैश्विक आर्थिक परिदृश्य तथा भारत के बदलते वृद्धि परिवेश पर चर्चा की। सीतारमण ने मंगलवार को एशविल में जी20 सदस्य देशों के वित्त मंत्रियों और केंद्रीय बैंक गवर्नर (एफएमसीबीजी) की बैठक से इतर जॉर्जीवा से मुलाकात की। वित्त मंत्रालय की ओर से जारी बयान के अनुसार, '' बैठक में भारत में जारी संरचनात्मक बदलावों एवं व्यापक आर्थिक आकलन तथा वृद्धि के अनुमानों में इन बदलावों को उचित रूप से शामिल करने के महत्व पर भी चर्चा हुई।'' मंत्रालय ने कहा कि दोनों नेताओं ने वैश्विक आर्थिक परिदृश्य और भारत की बदलती विकास यात्रा पर चर्चा की। जॉर्जीवा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के साथ विचार साझा किए। भारत के शानदार वृद्धि प्रदर्शन, वैश्विक परिदृश्य और साथ मिलकर काम करने के हमारे साझा संकल्प पर विचार किया।'' वित्त मंत्रालय के बयान के अनुसार, आईएमएफ की प्रबंध निदेशक ने भारत के मजबूत आर्थिक प्रदर्शन की सराहना की तथा कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था ने मजबूती हासिल की है। वित्त मंत्री ने भारत की मजबूत व्यापक आर्थिक बुनियाद तथा उभरते बाजारों एवं विकासशील अर्थव्यवस्थाओं (ईएमडीई) में हो रहे संरचनात्मक बदलावों को पर्याप्त रूप से दर्शाने वाले मजबूत और साक्ष्य-आधारित निगरानी ढांचे के महत्व पर जोर दिया। बैठक में उभरते बाजारों एवं विकासशील अर्थव्यवस्थाओं (ईएमडीई) में संस्थागत क्षमता, व्यापक आर्थिक नीति निर्माण और सांख्यिकीय प्रणालियों को मजबूत करने के लिए समर्थन सहित आईएमएफ की क्षमता विकास पहलों पर भी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने विश्लेषणात्मक क्षमताओं को मजबूत करने, मजबूत व्यापक आर्थिक नीतियों को समर्थन देने और वैश्विक आर्थिक मजबूती में योगदान के लिए भारत-आईएमएफ के निरंतर सहयोग के महत्व पर जोर दिया।
-
काठमांडू. नेपाल के एकमात्र अरबपति और समाजसेवी बिनोद चौधरी ने देश में अचानक आई भयानक बाढ़ के बाद त्वरित कार्रवाई के लिये मंगलवार को भारत और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस आपदा का दायरा किसी की भी सोच से कहीं ज्यादा बड़ा था। चौधरी ने फिर से निर्माण के काम को "बहुत बड़ा" बताया और बताया कि कैसे गांव, बाजार, स्कूल और पुल बह गए और 500 मेगावाट से ज्यादा बिजली उत्पादन क्षमता ठप हो गई। चौधरी ने 'पीटीआई-वीडियो' को बताया, "इस तबाही का पैमाना उतना बड़ा है, जितना किसी ने कभी सोचा भी नहीं होगा। इसी जगह पर पहले भी बाढ़ आई थी, यहां तक कि पिछले साल भी, लेकिन वह मौजूदा हालात के मुकाबले कुछ भी नहीं थी।" उन्होंने नुकसान का दायरा बताते हुए कहा, "हमने लगभग एक हजार लोगों को खो दिया है। करीब 4,000 लोग लापता हैं... मेरी पिछली गिनती के अनुसार, हमने लगभग 40 पुल खो दिए हैं।" चौधरी ने कहा, "500 मेगावाट से ज्यादा क्षमता वाले ऊर्जा संयंत्र ठप हो गए। साथ ही, कई परियोजनाओं - खासकर ऊर्जा परियोजना - जो निर्माणाधीन थीं, उन्हें रोकना पड़ा; वे बह गए या उन्हें नुकसान पहुंचा। इसलिए, यह वाकई बहुत दुखद स्थिति है।" मंगलवार को नेपाल में आई भयानक अचानक बाढ़ से मरने वालों की संख्या 1,000 के पार पहुंच गई।
रुक-रुक कर हो रही बारिश और बाढ़ की नयी चेतावनी के बीच बचावकर्मी फंसे हुए लोगों का पता लगाने की कोशिश कर रहे थे। राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण के अनुसार, 583 विदेशियों समेत लगभग 4,000 लोग लापता हैं, जबकि करीब 12,000 लोगों को बचाया जा चुका है। चौधरी ने आपदा के समय नेपाल सरकार, सुरक्षा एजेंसियों और मित्र पड़ोसी देशों, खासकर भारत की प्रतिक्रिया की तारीफ की। उन्होंने कहा, "मुझे यह मानना होगा कि सरकार और सुरक्षा एजेंसियों ने, और साथ ही हमारे मित्र पड़ोसी देशों-खासकर भारत-ने राहत सामग्री तुरंत उपलब्ध कराकर बहुत अच्छा काम किया है।" उन्होंने नेपाल का साथ देने के लिए खास तौर पर नयी दिल्ली और प्रधानमंत्री मोदी की तारीफ की—न सिर्फ हालिया आपदा के बाद, बल्कि 2015 के भूकंप के दौरान भारत की मदद को याद करते हुए भी। उन्होंने कहा, "मुझे इसमें कोई शक नहीं है कि भारत भी उतना ही चिंतित है।
मैंने कई बार ऐसा देखा है। यहां तक कि 2015 के भूकंप के दौरान भी, भारत सबसे आगे था; प्रधानमंत्री मोदी ही सबसे पहले थे जिन्होंने तुरंत बचाव कार्य, मदद, अवसंरचना और साजोसामान का इंतज़ाम किया।" उन्होंने कहा कि भारत ने "वह अहमियत और वह क्षमता" हासिल कर ली है, साथ ही बड़े पैमाने पर जवाब देने की काबिलियत भी पा ली है। चौधरी ने कहा, "भारत ने जिस बड़े पैमाने पर काम किया है और अवसंरचना बनायी है, उसे देखते हुए कहा जा सकता है कि पिछले 12 सालों में भारत द्वारा तैयार अवसंरचना की गुणवत्ता में जबरदस्त बदलाव आया है। इसलिए, पूरी प्रणाली ही एक अलग स्तर और क्षमता की है।" उन्होंने कहा, "मैं उम्मीद करता हूं और भारत सरकार, प्रधानमंत्री मोदी और उन सभी लोगों से अपील करता हूं जो अहम भूमिका निभा सकते हैं, कि वे हर संभव कोशिश करें। मुझे लगता है कि ये ऐसे पल हैं जब भारत बड़ा बदलाव ला सकता है। -
लंदन. ब्रिटेन के पूर्व प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने मंगलवार को लंदन से सांसद पद से इस्तीफा देने की योजना की घोषणा की और कहा कि वह अब ''अंतरराष्ट्रीय मामलों'' पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं। स्टार्मर ने पिछले महीने लेबर पार्टी के नेता और प्रधानमंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद एंडी बर्नहम ने 10 डाउनिंग स्ट्रीट में प्रधानमंत्री का पद संभाला था। स्टार्मर ने पहले संकेत दिया था कि वह सांसद बने रहेंगे और हाउस ऑफ कॉमन्स में बैठकर सरकार का समर्थन करेंगे। पूर्व वकील स्टार्मर (63) ने संसद के ग्रीष्मकालीन अवकाश के बाद मंगलवार को उसके दोबारा शुरू होने के दिन सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा कि उन्होंने लेबर पार्टी की सक्रिय राजनीति से हटने का फैसला किया है। उनके इस्तीफे से लंदन की होलबोर्न और सेंट पैनक्रास सीट पर उपचुनाव होगा। स्टार्मर ने कहा, ''गर्मियों के दौरान मुझे अपने भविष्य पर विचार करने का समय मिला। मैंने फैसला किया है कि अब होलबोर्न और सेंट पैनक्रास से सांसद पद छोड़ने और यह जिम्मेदारी किसी और को सौंपने का सही समय है।'' उन्होंने कहा, ''महान फ्रैंक डॉबसन से 11 साल पहले यह जिम्मेदारी संभालने के बाद देश के सबसे अच्छे निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए सम्मान और सौभाग्य की बात रही है।'' स्टार्मर ने कहा कि अब वह अन्य मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं, जिनमें तेजी से बदलती दुनिया में अंतरराष्ट्रीय मामले, रक्षा, सुरक्षा, व्यापार और प्रौद्योगिकी शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वह महिलाओं और लड़कियों के खिलाफ हिंसा से निपटने के लिए भी अन्य लोगों के साथ मिलकर काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा, ''मैं हमेशा इस बात पर बेहद गर्व महसूस करूंगा कि मैंने उस जगह का प्रतिनिधित्व किया, जिसे मेरी पत्नी बच्चे और मैं अपना घर कहते हैं।'' उपचुनाव से ग्रीन पार्टी को लंदन की उस सीट पर अपनी दावेदारी मजबूत करने का मौका मिल सकता है, जहां इस वामपंथी दल को लगता है कि उसका अच्छा-खासा समर्थन है। ऐसी संभावना भी जताई जा रही है कि यह उपचुनाव ग्रीन पार्टी के नेता जैक पोलांस्की के लिए हाउस ऑफ कॉमन्स में सीट हासिल करने की परीक्षा बन सकता है। पार्टी के एक प्रवक्ता ने कहा, ''जैक ने हमेशा स्पष्ट किया है कि वह लंदन से सांसद बनना चाहते हैं। लंदन पिछले 20 वर्षों से अधिक समय से उनका घर रहा है।'' प्रवक्ता ने इस मुकाबले में उनके उतरने की संभावना से इनकार नहीं किया।

.jpeg)
.jpeg)
























