- Home
- विदेश
- लंदन ।ब्रिटेन में चार जुलाई को हुए आम चुनाव की अभी तक मतगणना में लेबर पार्टी ने बहुमत के लिए पर्याप्त सीटों पर जीत हासिल कर ली है। वहीं, निवर्तमान प्रधानमंत्री ऋषि सुनक ने हार स्वीकार करते हुए लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर को बधाई दी है। कंजर्वेटिव पार्टी को अब तक की सबसे बुरी हार का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, ऋषि सुनक अपनी सीट से चुनाव जीत गए हैं।आधिकारिक परिणामों से पता चला है कि लेबर पार्टी ने अगली सरकार बनाने के लिए पर्याप्त सीटें जीत ली हैं। शुक्रवार सुबह पांच बजे तक लेबर पार्टी ने 650 में से 326 सीटें पर जीत हासिल कर ली है।ब्रिटेन में भारतीय मूल के प्रधानमंत्री सुनक ने उत्तरी इंग्लैंड में रिचमंड एवं नॉर्थलेरटन सीट पर 23,059 वोट के अंतर के साथ दोबारा जीत हासिल की, लेकिन वह देश में 14 साल की सरकार के बाद अपनी पार्टी को दोबारा से जीत हासिल कराने में असफल रहे। सुनक ने कहा, ‘‘लेबर पार्टी ने यह आम चुनाव जीत लिया है और मैंने सर कीर स्टार्मर को उनकी जीत पर बधाई देने के लिए फोन किया है।’’ इस दौरान सुनक के साथ उनकी पत्नी अक्षता मूर्ति भी मौजूद थीं।सुनक ने कहा, ‘‘आज शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से सत्ता परिवर्तन होगा और यह ऐसी चीज है जिससे हमें अपने देश की स्थिरता और भविष्य के प्रति विश्वास होना चाहिए।’’ निवर्तमान प्रधानमंत्री सुनक ने कहा कि इन परिणामों से सीखने और विचार करने के लिए बहुत कुछ है। ब्रिटेन के आम चुनाव में हार की जिम्मेदारी लेते हुए उन्होंने मतदाताओं से कहा, ‘‘मुझे माफ कर दीजिए।’’लेबर पार्टी के कीर स्टार्मर होलबोर्न एवं सेंट पैनक्रास सीट से जीत गए हैं और वह देश के नए प्रधानमंत्री बन सकते हैं। अब तक के परिणामों में लेबर पार्टी को मिली जीत पर 61 वर्षीय स्टार्मर ने कहा, ‘‘मैं आपकी आवाज बनूंगा, आपका साथ दूंगा, हर दिन आपके लिए लड़ूंगा।’’लेबर पार्टी के नेता ने कहा, ‘‘परिवर्तन यहीं से शुरू होता है क्योंकि यह आपका लोकतंत्र है, आपका समुदाय है, आपका भविष्य है। आपने मतदान किया है। अब समय आ गया है कि हम अपना काम करें।’’ स्टार्मर ने अपनी पार्टी की जीत के बाद सभी मतदाताओं का आभार जताया। एग्जिट पोल के अनुसार, आम चुनाव में लेबर पार्टी को 410 सीट मिलने का अनुमान जताया गया था जबकि रुझानों में उसे 405 सीटें, जबकि ऋषि सुनक की पार्टी को केवल 154 सीटें मिलती दिख रही हैं।
-
लंदन. जाने-माने अर्थशास्त्री एन के सिंह ने कहा है कि दुनिया भारतीय युग की दहलीज की तरफ बढ़ रही है। वास्तव में भारत ने जो 2047 तक विकसित राष्ट्र का लक्ष्य रखा है, आर्थिक वृद्धि दर उस दिशा की ओर जा रही है। इंस्टिट्यूट ऑफ इकनॉमिक ग्रोथ के अध्यक्ष सिंह ने बुधवार शाम लंदन स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस (एलएसई) में प्रतिष्ठित मानद फेलोशिप से सम्मानित होने पर अपने संबोधन में यह बात कही। उन्होंने कहा कि वह नोबेल पुरस्कार से सम्मनित प्रोफेसर अमर्त्य सेन और पूर्व राष्ट्रपति के आर नारायणन जैसे भारतीयों की श्रेणी में शामिल होने पर गर्व महसूस कर रहे हैं। विश्वविद्यालय ने कहा कि यह सम्मान लंदन स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स एंड पॉलिटिकल साइंस के साथ सिंह के लंबे समय तक जुड़े रहने और एलएसई के भारत सलाहकार बोर्ड के सह-अध्यक्ष के रूप में अनूठे संबंधों को बेहतर बनाने के उनके प्रयासों की मान्यता है। अपने संबोधन में, 83 वर्षीय सिंह ने देश के गौरवशाली इतिहास का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ऐसे समय जब भारत आजादी की 100वीं वर्षगांठ की ओर बढ़ रहा है, देश उच्च आर्थिक वृद्धि वाली अर्थव्यवस्था बना हुआ है। उन्होंने कहा, “यह प्रधानमंत्री (नरेन्द्र) मोदी का तीसरा कार्यकाल है। वह और मंत्रिपरिषद के सभी सदस्य 2047 तक विकसित भारत के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं…। अगले दो दशक तक, भारत को इस तरह की वृद्धि को बनाए रखने की आवश्यकता है। भारत के विकास की कहानी यह भी दर्शाती है कि लोकतंत्र और विकास एक-दूसरे के लिए नुकसानदायक नहीं हैं।'' जी-20 द्वारा गठित बहुपक्षीय विकास बैंकों में सुधारों के लिए उच्चस्तरीय विशेषज्ञ समूह के सह-संयोजक सिंह ने इन संस्थाओं के लिए ‘बेहतर, साहसी और बड़े' दृष्टिकोण का आह्वान किया है जो जलवायु संकट से जुड़ी गंभीर चिंताओं का निपटान करेगा। लंदन स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स के कुलपति लैरी क्रेमर ने कहा, ‘‘यह पहली मानद फेलोशिप है जिसे मुझे एलएसई अध्यक्ष के रूप में अपने कार्यकाल में प्रदान करने का सौभाग्य मिला है। मैं इसे हमारे मित्र एन के सिंह को प्रदान करते हुए विशेष रूप से रोमांचित हूं।
- तोक्यो,। जापान ने सोमवार को एक नया महत्वाकांक्षी एच3 रॉकेट प्रक्षेपित करने के साथ ही आपदा प्रतिक्रिया और सुरक्षा के लिए एक उन्नत पृथ्वी निगरानी उपग्रह अंतरिक्ष में तैनात कर दिया। ‘जापान एयरोस्पेस एक्सप्लोरेशन एजेंसी' (जाक्सा) ने बताया कि एच3 नंबर 3 रॉकेट ने दक्षिण पश्चिमी जापान के एक द्वीप पर तानेगाशिमा अंतरिक्ष केंद्र से उड़ान भरी और करीब 16 मिनट बाद तय योजना के अनुसार अपना ‘पेलोड' (उपग्रह) छोड़ा। उन्नत भूमि निरीक्षण उपग्रह या एएलओएस-4 को आपदा प्रतिक्रिया तथा मानचित्रण के लिए पृथ्वी की निगरानी करने तथा डेटा एकत्रित करने का काम सौंपा गया है। यह सैन्य गतिविधि जैसे कि मिसाइल प्रक्षेपण पर नजर रखने में भी सक्षम है।पहले यह प्रक्षेपण रविवार को किया जाना था लेकिन खराब मौसम के कारण इसमें देरी हुई। एएलओएस-4 मौजूदा एएलओएस-2 की जगह लेगा और यह अधिक व्यापक क्षेत्र की निगरानी कर सकता है। जापान कुछ समय के लिए दोनों उपग्रह का संचालन करेगा। जापान एक स्थिर, व्यावसायिक रूप से प्रतिस्पर्धी अंतरिक्ष परिवहन क्षमता को अपने अंतरिक्ष कार्यक्रम और राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण मानता है।
-
नाइजीरिया. उत्तरी नाइजीरिया में महिला आत्मघाती हमलावरों ने एक विवाह समारोह, अंतिम संस्कार कार्यक्रम और एक अस्पताल को निशाना बनाकर समन्वित हमले किए जिनमें कम से कम 18 लोगों की मौत हो गई और 30 अन्य लोग घायल हो गए। स्थानीय प्राधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। बोर्नो राज्य में हुए इन हमलों की जिम्मेदारी अभी तक किसी ने नहीं ली है। यह राज्य बोको हराम के उग्रवाद से बुरी तरह प्रभावित हुआ है। चरमपंथी समूह आत्मघाती बम विस्फोटों में पहले भी महिलाओं और लड़कियों का इस्तेमाल कर चुका है जिससे यह संदेह पैदा होता है कि इनमें से कुछ हमलावर उन स्कूली बच्चों समेत हजारों लोगों में से हैं जिन्हें आतंकवादियों ने पिछले कुछ सालों में अगवा किया है। बोर्नो राज्य आपातकालीन प्रबंधन एजेंसी के महानिदेशक बार्किंडो सैदु ने संवाददाताओं को बताया कि एक आत्मघाती हमलावर ने उत्तरपूर्वी शहर ग्वोजा में एक विवाह समारोह के दौरान विस्फोट किया। सैदु ने कहा, "कुछ ही मिनट बाद जनरल अस्पताल के पास एक और धमाका हुआ" और अंतिम संस्कार के दौरान तीसरा हमला हुआ। उन्होंने बताया कि मृतकों में बच्चे और गर्भवती महिलाएं भी शामिल हैं। सैदु ने कहा कि कम से कम 30 अन्य घायल हुए हैं।
नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टीनुबू ने एक बयान में इन हमलों को आतंक की हताशाजनक हरकत बताया है।
बोको हराम की एक शाखा इस्लामिक स्टेट समूह से संबद्ध है और यह नाइजीरिया में इस्लामिक राज्य स्थापित करना चाहता है। अधिकारियों ने शहर में कर्फ्यू लगा दिया है. -
लंदन,। ब्रिटेन में गुरुवार को होने वाले आम चुनाव से पहले प्रचार के अंतिम सप्ताहांत में प्रधानमंत्री ऋषि सुनक और उनकी पार्टी की तरफ से इस पद के उम्मीदवार लेबर पार्टी के नेता कीर स्टार्मर ब्रिटिश हिंदू मतदाताओं को लुभाने के लिए मंदिर पहुंचे। सुनक (44) रविवार को नेसडेन में बीएपीएस श्री स्वामीनारायण मंदिर पहुंचे तो वहीं स्टार्मर (61) शुक्रवार को उत्तरी लंदन के किंग्सबरी में स्थित स्वामीनारायण मंदिर पहुंचे।
दोनों नेताओं द्वारा यह कदम ब्रिटिश हिंदू संगठनों के एक प्रमुख समूह द्वारा ब्रिटेन में होने वाले आम चुनाव से पहले पहली बार जारी किए गए ‘हिंदू घोषणापत्र’ के बाद उठाया गया है। इस घोषणापत्र में निर्वाचित प्रतिनिधियों से हिंदू पूजा स्थलों की रक्षा करने और हिंदूओं के प्रति घृणा से निपटने के लिए सक्रिय कदम उठाने का आह्वान किया गया है। सुनक ने प्रतिष्ठित नेसडेन मंदिर में अपने उद्बोधन में कहा, ‘यह मंदिर इस समुदाय द्वारा ब्रिटेन के लिए दिए गए योगदान का एक महान उदाहरण है।’ उन्होंने मंदिर में प्रार्थना की और वहां उपस्थित बुजुर्गों से आशीर्वाद लिया।इस बीच किंग्सबरी मंदिर में स्टार्मर का स्वागत किया गया। उन्होंने भी यहां सुनक की तरह ही “जय स्वामीनारायण” बोलकर अपना भाषण शुरू किया।लेबर पार्टी के नेता ने कहा, ‘ब्रिटेन में हिंदूफोबिया के लिए कोई जगह नहीं है।’ हिंदूफोबिया से आशय हिंदू धर्म और हिंदुओं के प्रति विरोधी, विनाशकारी और अपमानजनक दृष्टिकोण और व्यवहार करना है। 2021 की जनगणना के अनुसार ब्रिटेन में रहने वाले लगभग दस लाख लोग खुद को हिंदू मानते हैं। इससे देश में चार जुलाई को होने वाले आम चुनाव में भाग लेने वालों में एक बड़ा हिस्सा हिंदू मतदाताओं का होगा। -
ला पाज,। बोलीविया की सरकार ने गुरुवार को तख्तापलट की साजिश में कथित संलिप्तता को लेकर 17 और लोगों को गिरफ्तार किए जाने की घोषणा की। कैबिनेट के वरिष्ठ सदस्य एडुआर्डो डेल कैस्टिलो ने गिरफ्तार किए गए 17 अन्य लोगों के बारे में विस्तार से जानकारी नहीं दी। हालांकि गिरफ्तार किए गए एक शख्स के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि वह एक आम नागरिक था जिसकी पहचान एनीबल एगुइलर गोमेज के रूप में हुई है। उन्होंने गोमेज को इस पूरे घटनाक्रम का ‘‘मुख्य साजिशकर्ता'' बताया। डेल कैस्टिलो ने कहा कि सरकार अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है और यह भी बताया कि कथित साजिशकर्तओं ने मई में ही इसको लेकर षड्यंत्र रचना शुरू कर दिया था। बोलीविया की राजधानी में आज सेना के एक शीर्ष जनरल के नेतृत्व में सैनिकों ने राष्ट्रपति भवन पर धावा बोल दिया और फिर तुरंत पीछे हट गए। इस पूरे घटनाक्रम को देश में सैन्य तख्तापलट की नाकाम कोशिश के रूप में देखा जा रहा है।
राजधानी में कुछ समय के लिए फैली अशांति के बाद धीरे-धीरे शांति लौट रही है। इस घटना के कारण लंबे समय से संकटग्रस्त दक्षिण अमेरिकी देश में अराजकता फैलने का खतरा पैदा हो गया था। बुधवार को 1.20 करोड़ की आबादी वाला राष्ट्र हैरत और हैरानी में था, जब बख्तरबंद वाहनों के सेना के काफिले ने राष्ट्रपति लुइस एर्से की सरकार को हटाकर तख्तापलट करने की कोशिश की। सेना ने राजधानी के प्रमुख चौराहे पर बख्तरबंद वाहनों के दम पर नियंत्रण कर लिया, राष्ट्रपति भवन पर टैंक से हमला कर दिया तथा सड़कों पर उतरे प्रदर्शनकारियों पर आंसू गैस के गोले छोड़े। देश के सेना प्रमुख जनरल जुआन जोस जुनिगा ने राष्ट्रपति भवन से संवाददाताओं के एक समूह को संबोधित करते हुए ''लोकतंत्र को बहाल करने'', मंत्रिमंडल को बदलने और राजनीतिक कैदियों को रिहा करने की शपथ ली। लेकिन, जब विपक्षी नेताओं ने इस तख्तापलट की कोशिश की निंदा की, तो यह स्पष्ट हो गया कि इस तख्तापलट को कोई सार्थक राजनीतिक समर्थन नहीं मिला है। राष्ट्रपति लुइस एर्से ने अडिग रहने का प्रण लिया, साथ ही सेना के एक नए कमांडर की नियुक्ति की जिसने सैनिकों को पीछे हटने का आदेश दिया। बाद में सैनिक पीछे हट गए। इस बीच, राष्ट्रपति के सैकड़ों समर्थक ‘सेंट्रल स्क्वायर' में एकत्र हुए और उन्होंने देश के ध्वज लहराए।
-
लंदन. मुंबई की रहने वाली 26 वर्षीय लेखिका संजना ठाकुर ने दुनियाभर के 7,359 अन्य प्रतियोगियों को पछाड़कर कॉमनवेल्थ लघु कथा पुरस्कार 2024 अपने नाम किया। संजना को बृहस्पतिवार को लंदन में पांच हजार पौंड राशि के पुरस्कार से सम्मानित किया गया। संजना की कहानी का शीर्षक 'एश्वर्या राय' बॉलीवुड की एक प्रसिद्ध अभिनेत्री के नाम पर है, जो कहानी गढ़ने की पारपंरिक कल्पना से बिल्कुल परे है। साहित्य पत्रिका 'ग्रांता' ने 2024 कॉमनवेल्थ लघु कथा पुरस्कार जीतने वाली सभी क्षेत्रीय कहानियों को प्रकाशित किया है। संजना ने कहा, ''मैं बता नहीं सकती कि इस अद्भुत पुरस्कार को जीतकर कितना सम्मानित महसूस कर रही हूं। मुझे उम्मीद है कि मैं ऐसी कहानियां लिखती रहूंगी, जिन्हें पढ़ना लोगों को पसंद है।'' उन्होंने कहा, ''मां-बेटी, बाहरी खूबसूरती, खूबसूरती के पैमाने और मुंबई की सड़कों के खान-पान से जुड़ी मेरी अजीबो-गरीब कहानी को इस तरह के वैश्विक पाठक मिलना वाकई में बहुत दिलचस्प है। बहुत, बहुत, बहुत धन्यावद।'' संजना की कहानी अवनी नाम की एक युवती के इर्द-गिर्द घूमती है, जो एक आम से घर में रहने वाली मांओं के जीवन को चुनती है। अवनी को साफ-सुथरा रहना पसंद है जबकि दूसरा किरदार असल जिंदगी की ऐश्वर्या राय जैसी दिखता है, जो बहुत सुंदर है। मुंबई के एक छोटे से फ्लैट में रहने वाली अवनी अपनी छोटी सी बालकनी में खड़े होकर, मशीन में कपड़े धोते वक्त, सफेद लिमोजिन से उतरने के सपने देखती है और दूसरे फ्लैटों में रहने वाली अलग-अलग महिलाओं की तरह बनने के सपने संजोती है। निर्णायक मंडल की अध्यक्ष और युगांडा मूल की ब्रिटिश उपन्यासकार जेनिफर नानसुबुगा माकुम्बी ने कहा, ''लघुकथा का स्वरूप साहसी लेखकों के लिए अनुकूल है। संजना ठाकुर ने 'ऐश्वर्या राय' में कठोर व्यंग्य और हास्य संवादों का इस्तेमाल करते हुए आधुनिक शहरी जीवन के परिणामस्वरूप परिवार और खुद के भीतर की टूटन से हमारा सामना कराया है।
-
नई दिल्ली। ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने शुक्रवार को होने वाले राष्ट्रपति चुनाव में भारी संख्या में मतदान का आह्वान किया है। इस चुनाव को ईरान के लिये एक अहम इम्तिहान बताया। श्री खामनेई ने कहा कि अगले राष्ट्रपति का इस्लामिक क्रांति के सिद्धांतों और बुनियाद में दृढ़ विश्वास होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भारी मतदान से ईरान को एक योग्य उम्मीदवार मिलेगा। ईरान में राष्ट्रपति चुनाव अगले वर्ष 2025 में होना था, लेकिन इस वर्ष 19 मई को पूर्वी अजरबैजान में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में राष्ट्रपति इब्राहिम रईसी की मृत्यु के कारण चुनाव इसी वर्ष कराये जा रहे हैं।
- ढाका,। बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना ने अपनी हालिया भारत यात्रा को मंगलवार को ‘‘बहुत सार्थक'' बताया और कहा कि भारत के शीर्ष नेतृत्व के साथ उनकी वार्ता के नतीजे द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने और सहयोग के नये आयाम खोलने में ‘‘महत्वपूर्ण भूमिका'' निभाएंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के न्योते पर हसीना ने पिछले हफ्ते भारत की दो दिवसीय राजकीय यात्रा की। भारतीय जनता पार्टी नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के लगातार तीसरी बार सरकार बनाने के बाद किसी विदेशी शासनाध्यक्ष की यह पहली द्विपक्षीय यात्रा थी।प्रधानमंत्री शेख हसीना ने यहां अपने आवास पर संवाददाता सम्मेलन में कहा कि ढाका तीस्ता नदी परियोजना के क्रियान्वयन को लेकर सर्वाधिक लाभकारी प्रस्ताव स्वीकार करेगा। ‘ढाका ट्रिब्यून' अखबार की खबर के अनुसार, उन्होंने कहा कि इस यात्रा ने दोनों देशों के लोगों के सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए नये आयाम खोले हैं। खबर में उन्हें उद्धृत करते हुए कहा गया है, ‘‘यात्रा छोटी लेकिन बहुत सार्थक थी। मुझे लगता है कि यह यात्रा भारत और बांग्लादेश के बीच मौजूदा शानदार संबंधों को मजबूत करने में एक बहुत अहम भूमिका निभाएगी।'' हसीना की यात्रा के दौरान दोनों देशों ने समुद्री क्षेत्र और समुद्री अर्थव्यवस्था सहित कई क्षेत्रों में संबंध प्रगाढ़ करने के लिए 10 समझौतों पर हस्ताक्षर किए। बांग्लादेश की सरकारी समाचार एजेंसी बीएसएस की खबर के अनुसार, तीस्ता नदी जल के प्रबंधन के बारे में पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए हसीना ने कहा कि बांग्लादेश देश और इसके लोगों के लिए सर्वाधिक लाभकारी प्रस्ताव स्वीकार करेगा। उन्होंने कहा, ‘‘चीन और भारत ने (तीस्ता) परियोजना को कार्यान्वित करने के लिए अलग-अलग प्रस्ताव दिए हैं। हमें उस प्रस्ताव को स्वीकार करना चाहिए जो हमारे देश के लोगों के लिए अधिक लाभकारी हो।'' हसीना ने कहा कि चीन ने भौतिक सर्वेक्षण किया है जबकि भारत तीस्ता परियोजना के क्रियान्वयन के बारे में दूसरा सर्वेक्षण करना चाहता है। उन्होंने कहा, ‘‘हम उस सर्वेक्षण को स्वीकार करेंगे जो हमारे लिए अधिक उपयुक्त और लाभकारी होगा।''उन्होंने कहा कि बांग्लादेश का भारत के साथ तीस्ता नदी जल बंटवारे को लेकर एक पुराना मुद्दा है, ‘‘इसलिए, अगर भारत तीस्ता परियोजना को क्रियान्वित करता है तो बांग्लादेश के लिए यह आसान होगा। उस स्थिति में, हमें हमेशा तीस्ता जल बंटवारे के बारे में बात करने की आवश्यकता नहीं होगी।'' प्रधानमंत्री मोदी और हसीना के बीच वार्ता का एक प्रमुख परिणाम तीस्ता नदी के संरक्षण और प्रबंधन के लिए एक बड़ी परियोजना के वास्ते जल्द ही भारत से एक तकनीकी टीम बांग्लादेश भेजने का निर्णय था।
- दुबई,। भारत के 46 वर्षीय इलेक्ट्रिशियन ने सालों तक पैसों की बचत करने और समझदारी से निवेश करने के बाद दुबई में तकरीबन 2.25 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार जीता है। ‘खलीज टाइम्स' में मंगलवार को प्रकाशित एक खबर के अनुसार, आंध्र प्रदेश के नागेंद्रम बोरुगद्दा 2019 से नेशनल बॉन्ड में 100 दिरहम का निवेश कर रहे हैं। 2017 से संयुक्त अरब अमीरात में रह रहे बोरुगद्दा की 18 वर्षीय एक बेटी और 16 वर्षीय एक बेटा है। अखबार ने बोरुगद्दा के हवाले से कहा, ‘‘मैं अपने परिवार को बेहतर जिंदगी देने और अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा मुहैया कराने के लिए संयुक्त अरब अमीरात आया था। यह जीत किसी सपने की तरह लगती है। file photo
- लंदन,। ब्रिटेन के ब्रिस्टल में राजकुमारी एवं महराज चार्ल्स तृतीय की बहन एनी को एक घटना में सिर में मामूली चोट आयी जिसके बाद उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बकिंघम पैलेस ने सोमवार को यह जानकारी दी। राजकुमारी एनी (73) को रविवार शाम को गैटकॉम्ब पार्क एस्टेट में चोट लगी और उन्हें "एहतियात" के तौर पर ब्रिस्टल के साउथमीड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ऐसा माना जाता है कि एस्टेट में घोड़े भी थे और एनी को एक घोड़े से जुड़ी एक घटना में सिर में मामूली चोट आई होगी। बकिंघम पैलेस की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "गेटकॉम्ब पार्क एस्टेट में कल शाम हुई एक घटना के बाद राजकुमारी को मामूली चोट लगी, और उनके सिर में भी चोट आयी है।" बयान में कहा गया, "राजकुमारी एनी को एहतियात के तौर पर ब्रिस्टल के साउथमीड अस्पताल में भर्ती कराया गया है और उनके पूर्ण रूप से और तेजी से ठीक होने की उम्मीद है। महाराज चार्ल्स को इस बारे में जानकारी दे दी गई है और वह पूरे शाही परिवार के साथ राजकुमारी के शीघ्र स्वस्थ होने के लिए प्रार्थना की है।" बकिंघम पैलेस की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि राजकुमारी एनी की स्थिति में सुधार हो रहा है।बयान में कह गया है, ‘‘चिकित्सकों की सलाह पर, आने वाले सप्ताह के लिए राजकुमारी एनी के कार्यक्रम स्थगित कर दिये जाएंगे। इसका असर इस सप्ताह के अंत में उनकी निर्धारित कनाडा यात्रा पर भी पड़ेगा। राजकुमारी एनी कल अपने भाई द्वारा जापान के सम्राट नारुहितो के सम्मान में आयोजित राजकीय भोज में भी शामिल नहीं हो पाएंगी, जो इस सप्ताह अपनी पत्नी महारानी मसाको के साथ ब्रिटेन की यात्रा करेंगे। एस्टेट में हुई घटना के समय राजकुमारी एनी के साथ उनके पति सर टिम लॉरेंस, बेटी जारा टिंडल और उनके भाई पीटर फिलिप्स भी थे। बताया जाता है कि लॉरेंस अपनी पत्नी के साथ अस्पताल गए।
-
लॉस एंजिलिस. तीन बार ऑस्कर पुरस्कार से सम्मानित हो चुके अभिनेता वुडी हैरेलसन को करीब साढ़े तीन साल पहले एहसास हुआ कि उन्हें मोबाइल फोन की लत लग रही है तो उन्होंने इसका इस्तेमाल करना छोड़ दिया। टेड डैनसन और अपने पॉडकास्ट "व्हेयर एवरीबॉडी नोज योर नेम" के हालिया एपिसोड में वुडी हैरेलसन ने यह खुलासा किया। उन्होंने अपने सह-प्रस्तोता के इस सवाल का जवाब दिया कि उनके पास फोन नहीं है या फिर वह उन लोगों में से हैं, जो दूसरों को अपना फोन रखने के लिए मजबूर करते हैं। इसके जवाब में हैरेलसन ने कहा कि यह 'बिल्कुल सच' नहीं है।
उन्होंने कहा, "मुझे किसी भी व्यक्ति के लिए हर समय उपलब्ध रहना पसंद नहीं है। मैं लोगों के संपर्क में रहना चाहता हूं, लेकिन किसी गैजेट (फोन) के जरिए नहीं।" अभिनेता वुडी हैरेलसन (62) ने बताया कि एक समय ऐसा भी था जब वह मोबाइल फोन का अत्यधिक इस्तेमाल करते थे। उन्होंने याद किया कि कैसे उन्होंने फोन के इस्तेमाल के लिए समय सीमा तय की थी। वुडी ने बताया कि वह फोन पर बात करने से ज्यादा मैसेज करने में सहज रहते हैं। उन्होंने कहा, "मैंने नियम बनाया था कि मैं दो घंटे फोन का इस्तेमाल करूंगा लेकिन तय समय बीत जाने के बाद भी फोन चलता रहता था। घंटों फोन चलता था, क्योंकि आप जानते हैं कि इसकी लत कैसी होती है।" हैरेलसन ने कहा कि जब वह किसी के साथ रात्रि भोज पर थे, तब भी उनका ध्यान फोन पर था। फोन के इस्तेमाल के कारण बातचीत नहीं हुई और 'खामोशी' आ गई। - अबू धाबी। विदेश मंत्री एस. जयशंकर संयुक्त अरब अमीरात के अपने समकक्ष अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान के साथ व्यापक वार्ता करने के लिए रविवार को यहां पहुंचे। जयशंकर ने अबू धाबी में प्रतिष्ठित बीएपीएस हिंदू मंदिर के दर्शन किए और फिर अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह में भाग लेने के बाद अल नाहयान के साथ बैठक के लिए रवाना हो गए, जिसमें दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों के साथ गाजा की समग्र स्थिति पर चर्चा कर सकते हैं। जयशंकर ने मंदिर के दर्शन के तुरंत बाद ‘एक्स' पर पोस्ट किया, “आज अबूधाबी में बीएपीएस हिंदू मंदिर के दर्शन करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। भारत-यूएई मित्रता का एक प्रत्यक्ष प्रतीक यह मंदिर दुनिया को एक सकारात्मक संदेश देता है और दोनों देशों के बीच एक सांस्कृतिक सेतु है।'' प्रधानमंत्री मोदी ने इस साल 14 फरवरी को मंदिर का उद्घाटन किया था। जयशंकर ने मंदिर में बोचासनवासी अक्षर पुरुषोत्तम संगठन (बीएपीएस) के पदाधिकारियों से मुलाकात की। बीएपीएस ने यूएई द्वारा दान की गई भूमि पर मंदिर बनवाया है।
-
सान सल्वाडोर. मध्य अमेरिकी देश अल सल्वाडोर में भारी बारिश से शुक्रवार को छह और लोगों की मौत हो गई। राजधानी के बाहरी इलाकों में दीवारें गिरने और भूस्खलन की घटनाओं में अब तक जान गंवाने वालों की संख्या बढ़ कर 19 हो गई है। ग्वाटेमाला के प्रशांत तट और मेक्सिको की खाड़ी में दो मौसमीय परिस्थितियों के कारण उष्णकटिबंधीय चक्रवात अल्बर्टो विकसित हुआ है और इसके प्रभाव से दक्षिणी मेक्सिको और मध्य अमेरिका में भारी बारिश हो रही है। अल सल्वाडोर के नागरिक सुरक्षा अधिकारियों ने भारी बारिश के कारण ‘रेड अलर्ट' जारी किया है वहीं शीर्ष अधिकारियों ने 15 दिन के लिए राष्ट्रीय आपातकाल की घोषणा की है। देश के नागरिक सुरक्षा विभाग ने बताया कि एक मकान के गिरने से पांच और सात वर्ष की दो बच्चियों सहित छह लोगों की मौत हो गई। विभाग ने निवासियों को भूस्खलन के खतरे को लेकर सचेत किया है और कहा है कि बारिश के कारण पानी जमा होने से दीवारों के गिरने का खतरा है। सल्वाडोर के अधिकारियों ने देशभर में 150 आश्रय स्थल तैयार किए हैं, जिनमें से 82 आश्रय स्थलों में 1,212 नाबालिगों सहित 2,582 लोग रह रहे हैं।
- काठमांडू। नेपाल ने 11 देशों के राजदूतों को वापस बुलाने के दो सप्ताह बाद भारत समेत आठ राष्ट्रों के लिए राजदूत नामित किये हैं। कैबिनेट सूत्रों के अनुसार, पूर्व मुख्य सचिव और ब्रिटेन में नेपाल के राजदूत लोकदर्शन रेगमी को भारत के लिए नेपाली राजदूत नामित किया है। रेगमी इससे पहले गृह सचिव, वित्त सचिव और भूमि सुधार एवं प्रबंधन मंत्रालय में सचिव के पद पर रह चुके हैं। यह निर्णय नेपाल की कैबिनेट ने शुक्रवार को लिया।इससे पहले, नेपाल सरकार ने छह जून को 11 देशों के राजदूतों को वापस बुलाया था, जिनमें भारत और अमेरिका में सेवारत और नेपाली कांग्रेस के कोटे के तहत नियुक्त राजदूत भी शामिल थे। इससे तीन महीने पहले प्रधानमंत्री पुष्प कमल दाहाल ‘प्रचंड' ने नेपाली कांग्रेस के साथ अपना गठबंधन समाप्त कर पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली से हाथ मिला लिया था। यह घटनाक्रम सीपीएन-यूएमएल के समर्थन से गठबंधन बनाए जाने के तीन महीने बाद हुआ था।सरकार ने पूर्व वाणिज्य एवं उद्योग सचिव चंद्र घिमिरे को अमेरिका में नेपाल का नया राजदूत नामित किया है। वे वर्तमान राजदूत श्रीधर खत्री का स्थान लेंगे, जबकि बिजन पंत को ब्रिटेन में नेपाल का नया राजदूत नामित किया गया है।
- न्यूयॉर्क। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर हजारों की संख्या में योग प्रेमी दिनभर चलने वाले योग सत्र के लिए यहां प्रसिद्ध टाइम्स स्क्वायर पर इकट्ठा हुए।न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्य दूतावास ने टाइम्स स्क्वायर एलायंस के साथ मिलकर बृहस्पतिवार को टाइम्स स्क्वायर पर विशेष योग सत्र आयोजित किए।हर वर्ष 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जाता है।न्यूयॉर्क क्षेत्र में गर्मी को लेकर चेतावनी जारी किये जाने के बाद भी अलग-अलग उम्र और विभिन्न देशों के लोग सुबह-सुबह यहां न्यूयॉर्क शहर के लोकप्रिय स्थल पहुंचे और योगासन किये।न्यूयॉर्क में दिन के समय तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।करीब दो दशक से ज्यादा समय तक स्वंयसेवक और आर्ट ऑफ लिविंग फाउंडेशन की संकाय सदस्य रहीं योग प्रशिक्षक ऋषा ढेकने ने न्यूयॉर्क में महावाणिज्य दूतावास द्वारा आयोजित योग और ध्यान सत्र का नेतृत्व किया।न्यूयॉर्क में भारत के महावाणिज्यदूत बिनाया श्रीकांत प्रधान ने कहा, ”जैसा कि आप देख सकते हैं कि यहां कई देशों से योग प्रेमी पहुंचे हैं और यह आज पूरे दिन जारी रहने वाला है।”प्रधान ने कहा कि उन्हें लगभग आठ से 10 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि 2024 योग दिवस का विषय ‘स्वयं और समाज के लिए योग’ है।प्रधान ने कहा, ”मुझे यकीन है कि योग आज यहां (टाइम्स स्क्वायर) और अमेरिका के अन्य हिस्सों में भाग लेने वाले सभी लोगों को प्रेरित करेगा।”वाणिज्य दूतावास ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ”न्यूयॉर्क के प्रतिष्ठित टाइम्स स्क्वायर पर 10वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया!”दूतावास ने कहा, ”टाइम्स स्क्वायर पर दिन भर चलने वाले कार्यक्रम में सात योग सत्र शामिल थे, जिसमें विभिन्न देशों के लगभग 10 हजार योग प्रेमियों ने भाग लिया। इससे शहर में योग के प्रति व्यापक उत्साह का पता चलता है।” भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ प्रवासी समुदाय के सदस्य भी योग सत्र में शामिल हुए।
-
दुबई.कुवैत की एक इमारत में बुधवार तड़के आग लगने से कम से कम 41 लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
स्थानीय मीडिया के अनुसार गृह मंत्री शेख फहाद अल-यूसुफ अल-सबा ने घटना स्थल के दौरे के दौरान मृतकों की संख्या की पुष्टि की और इमारत के मालिक को गिरफ्तार करने का आदेश दिया। खबरों में कहा गया है कि दक्षिण मंगाफ जिले में स्थित इस इमारत में अनेक श्रमिक रह रहे थे। हालांकि वे किन देशों से संबंध रखते हैं, इसकी जानकारी नहीं दी गई है। फारस की खाड़ी के दूसरे देशों की तरह कुवैत में बड़ी संख्या में प्रवासी श्रमिक काम करते हैं, जिनकी संख्या स्थानीय आबादी से कहीं ज्यादा है। कुवैत में 2022 में एक तेल शोधन कारखाने में आग लगने से चार लोगों की मौत हो गई थी। -
वाशिंगटन. नरेन्द्र मोदी को लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेने पर बधाई देते हुए अमेरिका के एक प्रमुख भारत-केंद्रित व्यापार समूह ने मंगलवार को कहा कि मंत्रियों को सौंपे गये नये विभागों से ऐसा प्रतीत होता है कि नीति और सुधार एजेंडा पहले की तरह ही जारी रहने वाला है। मोदी ने रविवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की अगुवाई करते हुए रिकॉर्ड तीसरे कार्यकाल के लिए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली। 'यूएस-इंडिया स्ट्रेटेजिक एंड पार्टनरशिप फोरम' (यूएसआईएसपीएफ) के अध्यक्ष एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी मुकेश अघी ने शपथ ग्रहण समारोह के एक दिन बाद कहा, ''मैं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ऐतिहासिक तीसरे कार्यकाल के लिए शपथ लेने और राजग सरकार का नेतृत्व करने पर बधाई देता हूं।'' उन्होंने कहा कि चुनाव परिणामों के कुछ ही दिनों के भीतर शपथ ग्रहण से ऐसा प्रतीत होता है कि सरकार जल्द ही काम शुरू करने वाली है। उन्होंने कहा कि गठबंधन सरकार होने के बावजूद, जिस तरह से विभागों का बंटवारा किया गया है, उससे यह स्पष्ट होता है कि नीति और सुधार एजेंडा पहले की तरह ही दजारी रहने वाला है। उन्होंने कहा, ''इससे न केवल निवेशकों का डर कम होगा बल्कि उनमें निवेश की भावना को भी बढ़ावा मिलेगा।''
-
काहिरा. यमन तट के पास एक नौका डूबने से उस पर सवार कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई और 140 अन्य लापता हैं। प्रवासियों के लिए संयुक्त राष्ट्र के संगठन ने मंगलवार को यह जानकारी दी। संगठन के एक बयान के अनुसार, नौका पर करीब 260 सोमालियाई और इथोपियाई नागरिक सवार थे। नौका सोमालिया के उत्तरी तट से अदन की खाड़ी की 320 किलोमीटर की यात्रा पर थी, जब मंगलवार को यह यमन के दक्षिणी तट पर डूब गई। बयान में कहा गया है कि तलाश अभियान जारी है और अब तक 71 लोगों को बचा लिया गया है। मृतकों में 31 महिलाएं और छह बच्चे शामिल हैं।
-
ब्लांटायर (मलावी) .मलावी के उपराष्ट्रपति सोलोस चिलिमा और नौ अन्य लोगों की एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई। देश के राष्ट्रपति लाजारस चकवेरा ने मंगलवार को यह जानकारी दी। जिस सैन्य विमान में चिलिमा यात्रा कर रहे थे, उसका मलबा देश के उत्तर में एक पहाड़ी क्षेत्र में मिला। एक दिन से अधिक समय तक चली खोज के बाद विमान का मलबा मिला। राष्ट्रपति चकवेरा ने सरकारी टेलीविजन पर कहा कि इस दुर्घटना में कोई भी जीवित नहीं बचा है। उपराष्ट्रपति चिलिमा और आठ अन्य लोगों को लेकर विमान इस दक्षिणी अफ्रीकी देश की राजधानी लिलोंग्वे से सोमवार सुबह 9.17 बजे रवाना हुआ था और इसे करीब 45 मिनट बाद राजधानी से 370 किलोमीटर दूर मजुजु अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उतरना था। राष्ट्रपति ने कहा कि हवाई यातायात नियंत्रक ने खराब मौसम के कारण विमान को मजुजु हवाई अड्डे पर उतरने का प्रयास नहीं करने और वापस लिलोंग्वे की ओर मुड़ने के लिए कहा। इसके बाद हवाई यातायात नियंत्रक का विमान से संपर्क टूट गया और विमान रडार से गायब हो गया। विमान में सात यात्री और सैन्य चालक दल के तीन सदस्य सवार थे।
-
लाहौर. पाकिस्तान के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज कामरान अकमल ने भारत के तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह के खिलाफ की गई अपनी अनुचित टिप्पणी के लिए माफी मांगी है। भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप में खेले गए मैच का विश्लेषण करते हुए कामरान ने अर्शदीप के सिख धर्म का मजाक बनाया जिसका वीडियो वायरल हो गया था। पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने इस पर कड़ी प्रतिक्रिया की थी। कामरान ने हरभजन को टैग करते हुए एक्स पर लिखा, ‘‘मुझे हाल में की गई अपनी टिप्पणियों पर गहरा खेद है और मैं हरभजन सिंह और सिख समुदाय से ईमानदारी से माफी मांगता हूं। मेरे शब्द अनुचित और अपमानजनक थे। मैं दुनिया भर के सिखों का बहुत सम्मान करता हूं और मेरा कभी किसी को ठेस पहुंचाने का इरादा नहीं था। मैं सच में माफी चाहता हूं।'' कामरान ने पाकिस्तान की पारी के दौरान यह टिप्पणी की। पाकिस्तान को तब 120 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अंतिम ओवर में 17 रन की जरूरत थी। अर्शदीप ने अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई और भारत ने यह मैच 6 रन से जीता। अकमल ने ओवर से पहले अर्शदीप को लेकर विवादास्पद टिप्पणी की थी। पाकिस्तान के इस पूर्व क्रिकेटर ने कहा था,‘‘कुछ भी हो सकता है। देखिए अंतिम ओवर अर्शदीप सिंह को ही करना है। वह अच्छी लय में नहीं दिख रहा है और 12 बज गए हैं।'' हरभजन ने यह वीडियो रिपोस्ट किया जिसमें अकमल के साथ बैठे अन्य लोगों को भी हंसते हुए दिखाया गया है। भारतीय ऑफ स्पिनर ने इसके लिए अकमल की कड़ी आलोचना की। हरभजन ने कहा,‘‘आपको अपना गंदा मुंह खोलने से पहले सिखों का इतिहास जान लेना चाहिए। हम सिखों ने आपकी माताओं और बहनों को बचाया जब उन्हें आक्रमणकारियों ने अगवा कर लिया था। समय 12 बजे का था। शर्म आनी चाहिए आप लोगों को.. कुछ तो आभार मानिए।''
- वाशिंगटन.। अमेरिका के न्यू जर्सी में एक प्रमुख जैन आध्यात्मिक संत ने विश्व शांति केंद्र स्थापित करने की घोषणा की है, जिसका उद्देश्य शांति दूतों को प्रशिक्षण देने सहित विभिन्न तरीकों से वैश्विक शांति को बढ़ावा देना है। भारत के आचार्य लोकेश मुनि ने कहा, "न्यू जर्सी में विश्व शांति केंद्र की स्थापना एक ऐसा मंच बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जहां वैश्विक टकराव का समाधान किया जा सकता है। चाहे वह यूक्रेन में चल रहा युद्ध हो या इजराइल-फलस्तीन संघर्ष, इसका उद्देश्य हिंसा बढ़ने से पहले विवादित पक्षों को बातचीत की मेज पर लाना है।" विश्व शांति केंद्र के लिए न्यू जर्सी में जगह की पहचान कर ली गई है। यह आचार्य मुनि द्वारा स्थापित दूसरा ऐसा केंद्र होगा। ऐसे पहले केंद्र की स्थापना उन्होंने नयी दिल्ली में की है जिसका जल्द ही उद्घाटन किया जाएगा। मुनि के अनुसार, विश्व शांति केंद्र का प्राथमिक लक्ष्य अंतरराष्ट्रीय विवादों में मध्यस्थता और समाधान के लिए एक केंद्र के रूप में काम करना है और शांति व अहिंसा की संस्कृति को बढ़ावा देना है। यह पहल दुनिया भर में संघर्षों का समाधान करने और उन्हें हल करने के उद्देश्य से एक व्यापक 'शांति और सद्भाव के दौर' का हिस्सा है। प्रख्यात जैन संत ने कहा कि मध्य पूर्व से लेकर यूक्रेन तक दुनिया भर में संघर्ष फैल चुका है, जिससे वैश्विक अर्थव्यवस्था प्रभावित हो रही है और बच्चों तथा महिलाओं को कष्ट उठाना पड़ रहा है। उन्होंने कहा ‘‘सवाल यह उठता है कि युद्ध शुरू होने से पहले ही क्यों न उन्हें संवाद के जरिये समाधान निकालने के उद्देश्य से बातचीत के लिए लाया जाए?'' विश्व शांति केंद्र के बारे में उन्होंने कहा ‘‘सरकार और पुलिस प्रशासन अपना काम करेंगे, लेकिन यह केंद्र दुनिया भर में शांति दूतों को प्रशिक्षित करेगा। जब भी जरूरत होगी, संघर्ष वाले क्षेत्रों में उनकी सक्रिय भूमिका होगी।'' लोकेश मुनि शांति के लिए काम करने वाले और अहिंसा पर जोर देने वाले अहिंसा विश्व भारती संगठन के संस्थापक हैं। आम लोगों के कल्याण और मानवता में योगदान के लिए उन्हें अप्रैल में अमेरिकी राष्ट्रपति के गोल्ड वालंटियर सर्विस पुरस्कार से सम्मानित किया गया था।
-
सिएटल. सेवानिवृत्त मेजर जनरल एवं ‘अपोलो 8' के पूर्व अंतरिक्ष यात्री विलियम एंडर्स की शुक्रवार को एक विमान दुर्घटना में मौत हो गई। वह 90वर्ष के थे। एंडर्स विमान को अकेले उड़ा रहे थे और विमान वाशिंगटन के सैन जुआन द्वीप के पास पानी में गिर गया। उनके बेटे और वायुसेना में लेफ्टिनेंट कर्नल रहे ग्रेग एंडर्स ने ‘एसोसिएटेड प्रेस' से उनके निधन की पुष्टि की। विलियम एंडर्स ने 1968 में प्रतिष्ठित "अर्थराइज" तस्वीर खींची थी। ‘अर्थराइज' पृथ्वी और चंद्रमा की सतह के एक हिस्से की तस्वीर है जो एंडर्स ने चंद्र की कक्षा से ली थी। उनके बेटे ग्रेग एंडर्स ने कहा, "परिवार बहुत दुखी है। वह कुशल विमान चालक थे और हमें उनकी बहुत याद आएगी।" विलियम एंडर्स ने कहा था कि यह फोटो (अर्थराइज) अंतरिक्ष कार्यक्रम में उनका सबसे महत्वपूर्ण योगदान है। एंडर्स द्वारा अंतरिक्ष से ली गई पृथ्वी की पहली रंगीन तस्वीर आधुनिक इतिहास की सबसे महत्वपूर्ण तस्वीरों में से एक है, क्योंकि इसने इस गृह (पृथ्वी) के प्रति मनुष्य के नजरिए को बदल दिया।
-
बीजिंग. चीन का एक अंतरिक्ष यान मिट्टी और चट्टान के नमूने एकत्रित करने के लिए रविवार को चंद्रमा के एक सुदूर हिस्से में उतरा। ये नमूने चंद्रमा के कम खोजे गए क्षेत्र और अच्छी तरह ज्ञात इसके निकटतम भाग के बीच अंतर के बारे में जानकारियां उपलब्ध करा सकते हैं। चंद्रमा का निकटतम भाग चंद्र गोलार्ध है जो हमेशा सुदूर भाग के विपरीत यानी पृथ्वी की ओर होता है।
चीन के राष्ट्रीय अंतरिक्ष प्रशासन के अनुसार, लैंडिंग मॉड्यूल दक्षिणी ध्रुव-एटकेन बेसिन नामक एक विशाल गड्ढे में बीजिंग के स्थानीय समयानुसार सुबह छह बजकर 23 मिनट पर उतरा। यह चांग'ए चंद्रमा अन्वेषण कार्यक्रम के तहत छठा मिशन है, जिसका नाम चीनी चंद्रमा देवी के नाम पर रखा गया है। इसे चांद पर एकत्र किये गये नमूनों को पृथ्वी पर लाने के लिए बनाया गया है। इससे पहले 2020 में चांग'ए 5 ने भी चंद्रमा के निकटतम भाग से नमूने एकत्रित किए थे। यह कार्यक्रम अमेरिका और जापान तथा भारत समेत अन्य देशों के साथ बढ़ती प्रतिद्वंद्विता के बीच शुरू किया गया है। चीन ने अंतरिक्ष में अपना खुद का अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित किया है और वह वहां नियमित रूप से चालक दल के सदस्यों को भेजता रहता है। चीन का उद्देश्य 2030 से पहले चंद्रमा पर एक मनुष्य को भेजना है जिससे वह अमेरिका के बाद ऐसा करने वाला दूसरा देश बन जाएगा। अमेरिका 50 साल से अधिक समय बाद पहली बार चंद्रमा पर फिर से अंतरिक्ष यात्रियों को भेजने की योजना बना रहा है। चीन के मौजूदा मिशन में लैंडर को करीब दो दिन तक दो किलोग्राम सतह और भूमिगत सामग्री एकत्र करने के लिए एक मशीन और एक ड्रिल का इस्तेमाल करना है। इसके बाद लैंडर के ऊपर लगा एक आरोहक इन नमूनों को एक धातु वैक्यूम कंटेनर में दूसरे मॉड्यूल तक ले जाएगा जो चंद्रमा की परिक्रमा कर रहा है। इस कंटेनर को फिर एक कैप्सूल में स्थानांतरित किया जाएगा जिसे करीब 25 जून को चीन के मंगोलिया क्षेत्र के मरुस्थल में पृथ्वी पर वापस आना है। चंद्रमा के सुदूर क्षेत्र तक मिशन भेजना ज्यादा मुश्किल है क्योंकि यह पृथ्वी के सामने नहीं होता जिसके कारण संचार बनाए रखने के लिए रिले उपग्रह की आवश्यकता होती है। साथ ही यह हिस्सा अधिक उबड़-खाबड़ है जहां लैंडर के उतरने के लिए बहुत ही कम समतल भूमि है। -
वाशिंगटन.‘स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग' बी में तीसरे स्थान पर रही सातवीं कक्षा की भारतीय-अमेरिकी छात्रा अनन्या प्रसन्ना ने कहा कि वह अगले साल इस प्रतिष्ठित वार्षिक प्रतियोगिता में भाग लेकर चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम करने को लेकर दृढ़ प्रतिज्ञ है। उत्तरी कैरोलिना के एपेक्स की 13 वर्षीय खिलाड़ी ने कहा, "मेरे लिए हार मानना कोई मायने नहीं रखता जबकि आपके पास हमेशा एक और मौका होता है तो फिर हार क्यों माननी चाहिए? इसलिए मैं अगले साल निश्चित रूप से वापसी करूंगी।" वाशिंगटन में बृहस्पतिवार को आयोजित ‘स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी' में कैरोलिना पैंथर्स का प्रतिनिधित्व करते हुए अनन्या ने प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के फाइनल में जगह बनाई और अंततः अपने तीसरे प्रयास में तीसरा स्थान हासिल किया। इससे पहले वह इस प्रतियोगिता में 2022 में 49वें स्थान पर रही थी, तथा 2023 में 74वें स्थान पर रही।
सातवीं कक्षा की छात्रा अनन्या इसे गर्व के साथ देखती है और भविष्य में बुलंदी पर पहुंचने का दृढ़ संकल्प दिखाया। अनन्या ने बताया कि उनकी ‘स्पेलिंग बी' की दिशा में यात्रा दूसरी कक्षा से शुरू हुई, जब उन्होंने नॉर्थ साउथ फाउंडेशन द्वारा आयोजित स्पेलिंग बी में भाग लिया था। उसने कहा, "मैंने सिर्फ सूची का अध्ययन किया और कुछ नहीं, और मुझे दूसरा स्थान मिला।" इस शुरुआती सफलता से उत्साहित होकर उसके माता-पिता ने स्पेलिंग बी में उसकी निरंतर भागीदारी का समर्थन किया। अनन्या के पिता पेशे से सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं जो न केवल उसका यात्रा व्यय संभालते थे, बल्कि शब्द सूची भी तैयार करते थे जिससे उसमें आत्मविश्वास पैदा हुआ। अनन्या ने कहा, ‘‘एक दिन मेरे पिता ने ही मुझसे कहा था कि में फाइनल में स्थान बनाऊंगी और वही हुआ।''
अनन्या ने कहा कि उसकी मां का समर्पण भी उतना ही उल्लेखनीय था, क्योंकि वह यह सुनिश्चित करने के लिए दोगुना मेहनत करती थीं कि बेटी के पास सफल होने के लिए जरूरी सब कुछ उपलब्ध हो। फ्लोरिडा के 12 वर्षीय भारतीय-अमेरिकी छात्र ब्रुहत (सातवीं कक्षा के विद्यार्थी) को बृहस्पतिवार को ‘स्क्रिप्स नेशनल स्पेलिंग बी' प्रतियोगिता का विजेता घोषित किया गया और 50,000 अमेरिकी डॉलर से अधिक नकद राशि और अन्य पुरस्कार प्रदान किये गये।

.jpg)






.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)










.jpg)



.jpg)
