- Home
- खेल
- ला क्विंटा (कैलिफोर्निया)। अमेरिकी एक्सप्रेस चैम्पियनशिप में मामूली अंतर से कट से चूकने वाले भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी अगले सप्ताह फार्मर्स इंश्योरेंस टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन को लेकर आश्वस्त है। भारत के शीर्ष गोल्फर ने शनिवार को दूसरे दौर में एक ओवर 73 का कार्ड खेला और एक शॉट से कट हासिल करने से चूक गये। उन्होंने पहले दौर में 68 का शानदार कार्ड खेला था। अपना आखिरी वैश्विक खिताब 2015 (हीरो इंडियन ओपन) में जीतने वाले इस गोल्फर ने कहा, ‘‘ मुझे खुद को मजबूत बनाने और अगले सप्ताह के लिए तैयार होने की जरूरत है। मुझे अभी भी विश्वास है कि मेरा खेल सही है, लेकिन मुझे कुछ असहज गल्तियों को कम करने और निरंतरता लाने की जरूरत है।
- नयी दिल्ली। श्रीलंका के दिग्गज बल्लेबाज कुमार संगकारा को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की फ्रेंचाइजी राजस्थान रॉयल्स ने रविवार को आगामी सत्र के लिये क्रिकेट निदेशक नियुक्त किया। वर्तमान में मेरिलबोन क्रिकेट क्लब (एमसीसी) के अध्यक्ष संगकारा को फ्रेंचाइजी के लिये मैदान से इतर क्रिकेट से जुड़ी सभी जिम्मेदारियां निभानी होंगी। इनमें कोचिंग ढांचा, नीलामी योजना, टीम रणनीति, प्रतिभा खोज और विकास तथा नागपुर में रॉयल्स अकादमी का विकास भी शामिल है। संगकारा ने यहां जारी मीडिया विज्ञप्ति में कहा, विश्व की प्रमुख प्रतियोगिता में एक फ्रेंचाइजी की क्रिकेट रणनीति तैयार करने साथ इस आईपीएल टीम की भविष्य की सफलता की नींव तैयार करने के लिये विकास कार्यक्रमों और क्रिकेट के बुनियादी ढांचे का निर्माण करना ऐसा मौका है जिसने वास्तव में मुझे प्रेरित किया। आस्ट्रेलियाई स्टीव स्मिथ के स्थान पर फ्रेंचाइजी के नये कप्तान नियुक्त किये गये संजू सैमसन ने इस अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज के निदेशक बनने पर खुशी व्यक्त की।
- नोएडा। हरियाणा के रोहित पुरुषों की फ्रीस्टाइल राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप के 65 किलोग्राम वर्ग में चैंपियन बने जबकि रविवार को यहां संपन्न हुई प्रतियोगिता के 86 किलोग्राम भार वर्ग में दिल्ली के प्रवीण चाहर ने खिताब जीता। तोक्यो ओलंपिक के लिए क्वालीफाई कर चुके स्टार पहलवान बजरंग पूनिया (65 किग्रा) और दीपक पूनिया (86 किग्रा) ने नोएडा स्टेडियम में आयोजित राष्ट्रीय चैंपियनशिप में भाग नहीं लिया था। रोहित ने अपने भारवर्ग में श्रवण (रजत पदक विजेता) को पछाड़ कर स्वर्ण पदक हासिल किया जबकि अमित और अनुज को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। रेलवे के विशाल कालीरमन 70 किलोग्राम में अपनी ही टीम के प्रवीण को हराकर स्वर्ण पदक जीता। इसमें करण और सुशील को कांस्य पदक मिला। राहुल राठी 79 किलोग्राम वर्ग में शीर्ष पर रहे जबकि रेलवे के उनके साथी खिलाड़ी ने रजत पदक हासिल किया। सेना के गुरूदेव गुलिया और प्रदीप ने कांस्य पदक हासिल किया। दिल्ली के प्रवीण चाहर 86 किलोग्राम भार वर्ग के फाइनल में महाराष्ट्र के वेटल पर भारी पड़े। रेलवे के दीपक और सेना के संजीत को कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। रेलवे के सत्यव्रत कादियान ने सेना के मोनू को पछाड़ कर 97 किग्रा का पीला तमगा हासिल किया जबकि इस भारवर्ग में हरियाणा के सुमित गुलिया और दिल्ली के आशीष को कांस्य पदक मिला। रेलवे ने 192 अंक के साथ टीम चैम्पियनशिप हासिल किया जबकि सेना खेल नियंत्रण बोर्ड (एसएससीबी) 162 अंक के साथ दूसरे और हरियाण (138) तीसरे स्थान पर रहा।
- - विश्व विख्यात पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदद्दलकर, जॉन्टी रोड्स, ब्रेटली, ब्रायन लारा, मुथैया मुरलीधरन लेंगे हिस्सा-- 2 मार्च से 21 मार्च तक रायपुर में होगा टूर्नामेंटरायपुर। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रोड सेफ्टी वर्ड सीरीज क्रिकेट टूर्नामेंट के आयोजन के लिए अपनी सहमति दी है। यह टूर्नामेंट 2 मार्च से 21 मार्च तक रायपुर में आयोजित होगा। टूर्नामेंट के आयुक्त प्रख्यात क्रिकेट खिलाड़ी सुनील गावस्कर ने आज मुख्यमंत्री भूपेश बघेल से रोड सेफ्टी वर्ड सीरीज क्रिकेट टूर्नामेंट के रायपुर में आयोजन के सिलसिले में दूरभाष पर चर्चा कर अनुरोध किया, जिस पर मुख्यमंत्री ने सहर्ष अपनी स्वीकृति दे दी है। इस टूर्नामेंट में इंडिया, साउथ अफ्रीका, ऑस्टेऊलिया, वेस्टइंडीज सहित श्रीलंका की टीम भाग लेंगी, जिसमें क्रिकेट के प्रख्यात पूर्व खिलाड़ी जैसे सचिन तेंदूलकर, जॉन्टी रोड्स, ब्रेटली, ब्रायन लारा, मुथैया मुरलीधरन जैसे खिलाड़ी होंगे।इस टूर्नामेंट का मुख्य उद्देश्य भारत में सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूकता बढ़ाना है। इस आयोजन को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड द्वारा अनुमोदित किया गया है और श्री गावस्कर की कंपनी प्रोफेशनल मैनेजमेंट ग्रुप द्वारा आयोजित और प्रचारित होने के साथ सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय द्वारा समर्थित है। इस टूर्नामेंट के लिए वायकॉम 18 का कलर्स सिनेप्लेक्स प्रसारण भागीदार है, जबकि वूट और जियो इस कार्यक्रम के डिजिटल भागीदार हैं।यह कार्यक्रम छत्तीसगढ़ को पर्यटन एवं निवेश को बढ़ावा देने में मददगार साबित होगा। इससे अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी और महामारी के समय में लोगों को मनोबल बढ़ाएगा। यह आयोजन रायपुर को देश के एक ऐसे शहर के रूप में स्थापित करेगा, जो सुशासन के माध्यम से महामारी को नियंत्रित करने में कामयाब रहा है। ज्ञातव्य है कि कोरोना महामारी के चलते इस वर्ष आईपीएल यूएई में आयोजित हुआ। इस टूर्नामेंट के आयोजन से रायपुर कोरोना महामारी के काल में क्रिकेट की मेजबानी करने वाला देश का पहला शहर होगा। मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल आयोजन के मुख्य अतिथि होंगे। उल्लेखनीय है कि नवा रायपुर परसदा स्थित शहीद वीर नारायण सिंह क्रिकेट स्टेडियम देश के बड़े और आधुनिक स्टेडियम में से एक है, इसकी दर्शक क्षमता 50 हजार है।
- ला क्विंटा (कैलिफोर्निया)। भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी को छोटी सी गलती भारी पड़ गयी जिससे वह यहां अमेरिकी एक्सप्रेस चैम्पियनशिप में कट से चूक गये। भारत के शीर्ष गोल्फर ने कुछ ‘क्लबिंग चूक' कर दी जिससे वह दूसरे दौर में एक ओवर 73 का कार्ड ही खेल पाये। पहले दौर में उन्होंने 68 का शानदार कार्ड खेला था। लेकिन दूसरे दौर के कार्ड से वह एक शॉट से कट में जगह बनाने से चूक गये। कोरिया के सुंगजाय इम ने सात अंडर 65 का कार्ड खेला जिससे वह 36 होल में 11 अंडर 133 के कुल स्कोर से एक शॉट की बढ़त बनाये हैं।
- नोएडा। राष्ट्रमंडल चैम्पियनशिप में तीन बार के स्वर्ण पदकधारी अमित धनखड़ को शनिवार को यहां 65वीं पुरूष फ्रीस्टाइल राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा। राष्ट्रमंडल चैम्पियनशिप में कुल छह पदक से शानदार रिकार्ड रखने वाले अमित दो दिवसीय प्रतियोगिता में हरियाणा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं और उन्हें 74 किग्रा में कांस्य पदक मिला।पहले दिन पांच वजन वर्गों - 57 किग्रा, 61 किग्रा, 74 किग्रा, 92 किग्रा और 125 किग्रा - के मुकाबले खेले गये। सेना खेल नियंत्रण बोर्ड (एसएससीबी) के पंकज ने 57 किग्रा में स्वर्ण पदक हासिल किया जबकि हरियाणा के अमन ने रजत और दिल्ली के राहुल और हरियाणा के शुभम ने कांसा अपने नाम किया। वहीं 61 किग्रा में एसएससीबी के रविंदर ने स्वर्ण, महाराष्ट्र के सूरज ने रजत जबकि रेलवे खेल संवर्धन बोर्ड (आरएसपीबी) के नवीन और एसएससीबी के सोनबा तानाजी ने कांस्य पदक जीता। पंजाब के संदीप सिंह ने 74 किग्रा में पहला स्थान हासिल किया। आरएसपीबी के जितेंदर ने रजत पदक प्राप्त किया। आरएसपीबी के प्रवीण ने 92 किग्रा का स्वर्ण जीता और 125 किग्रा वर्ग का स्वर्ण आरएसपीबी के सुमित ने अपने नाम किया।
- बैंकॉक। सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और अश्विनी पोनप्पा की भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी ने शनिवार को यहां टोयोटा थाईलैंड ओपन सुपर 1000 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में देचापोल पुआवारा नुक्रेोह और सपसिरी टाएराटानाचाई की शीर्ष वरीय जोड़ी से हारने से पहले शानदार प्रदर्शन किया। दुनिया की तीसरे नंबर की थाई जोड़ी के खिलाफ सात्विक और अश्विनी (36वीं रैंकिंग) ने शानदार जज्बा दिखाया और शुरूआती गेम काफी करीब से गंवाने के बाद बेहतरीन वापसी की। लेकिन अंत में देचापोल और सपसिरी की जोड़ी ने भारतीयों को 57 मिनट तक चले सेमीफाइनल में 22-20 18-21 21-12 से हरा दिया। सात्विक ने कहा, ‘‘पिछले दो मैच हमारे लिये काफी अच्छे रहे। मुझे लगता है कि हमने इन शीर्ष खिलाड़ियों के खिलाफ अपने करियर का सर्वश्रेष्ठ मैच खेला। '' उन्होंने कहा, ‘‘बल्कि हम यहां आने से पहले अभ्यास भी नहीं कर पाये थे। हम सिर्फ खेलना चाहते थे। हमने आज अच्छी चुनौती पेश की, यह काफी करीबी मुकाबला रहा। '' सात्विक और अश्विनी पिछले कुछ हफ्तों में ही एक साथ अभ्यास कर पाये थे और शुक्रवार को यह जोड़ी बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 1000 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में जगह बनाने वाली पहली भारतीय मिश्रित युगल जोड़ी बन गयी थी। अश्विनी ने कहा, हमने कुछ बड़ी गलतियां कर दीं जिसकी शुरूआत मेरी सर्विस से हुई और फिर हमने वहां से एक के बाद एक अंक गंवा दिये। फिर अगले गेम में उन्होंने अपना ‘गेम स्टाइल' ही बदल दिया।
- - महापौर एजाज ढेबर ने कहा - खिलाडिय़ों को सभी आवश्यक सुविधाएं देने कृत संकल्पित होकर कार्य किया जा रहा हैरायपुर। रायपुर जिला फुटबॉल संघ के तत्वावधान में 24वीं राष्ट्रीय बालिका फुटबॉल स्पर्धा शनिवार 23 जनवरी से शुरू हो गई है। यह स्पर्धा 27 जनवरी तक माधवराव सप्रे स्कूल के फुटबॉल ग्राउंड में आयोजित की जा रही है।राष्ट्रीय बालिका फुटबॉल स्पर्धा में देश के विभिन्न शहरों तथा गांवों की टीमें भाग ले रही हैं। शनिवार को राष्ट्रीय बालिका फुटबॉल स्पर्धा के शुभारम्भ के अवसर पर महापौर एजाज ढेबर ने इस स्पर्धा के रायपुर में आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए रायपुर जिला फुटबॉल संघ के पदाधिकारियों को आयोजन की सफलता के लिए शुभकामनायें दीं। महापौर एजाज ढेबर ने कहा कि राजधानी रायपुर में छत्तीसगढ़ शासन के सकारात्मक सहयोग से प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के नेतृत्व एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री डॉ. शिव कुमार डहरिया के मार्गदर्शन में नगर पालिक निगम रायपुर एवं रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के माध्यम से राजधानी शहर रायपुर में सभी खिलाड़ी बच्चों को हरसंभव तरीके से शहर के मैदानों में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने हेतु कृतसंकल्पित होकर कार्य निरन्तरता के साथ किया जा रहा है।
- नयी दिल्ली। भारत तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) ने जम्मू एवं कश्मीर के गुलमर्ग में हुई 10वीं राष्ट्रीय आईस हॉकी चैंपियनशिप का खिताब जीता। आईटीबीपी के अधिकारी ने यह जानकारी दी। आईटीबीपी की टीम ने 8,694 फुट की ऊंचाई पर स्थित गुलमर्ग आईस रिंक में लद्दाख को 5-1 से हराकर खिताब जीता। आईटीबीपी के प्रवक्ता ने बताया कि राष्ट्रीय चैंपियनशिप का आयोजन भारतीय आईस हॉकी संघ (आईएचएआई) ने 16 से 22 जनवरी तक किया। टूर्नामेंट में आठ टीमों ने हिस्सा लिया। प्रवक्ता ने कहा, आईटीबीपी की आईस हॉकी टीम काफी मजबूत है और इसके कई खिलाड़ी राष्ट्रीय टीम का हिस्सा हैं। हाल के वर्षों में हमारी टीम ने क्षेत्र में कई टूर्नामेंट जीते हैं और 2019 में भी राष्ट्रीय आईस हॉकी चैंपियन थी।'' आईटीबीपी का प्रशासनिक नियंत्रण केंद्रीय गृह मंत्रालय के पास होता है और इसे चीन के साथ लगने वाली 3,488 किमी लंबी वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) की सुरक्षा की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- बैंकॉक। विश्व चैम्पियन पीवी सिंधु को अपनी गलतियों के कारण शुक्रवार को यहां टोयोटा थाईलैंड ओपन सुपर 1000 बैडमिंटन टूर्नामेंट के एकतरफा क्वार्टरफाइनल में हार का सामना करना पड़ा जबकि समीर वर्मा चुनौतीपूर्ण मुकाबले में पराजित हो गये। सात्विक साइराज रंकीरेड्डी ने हालांकि मिश्रित और पुरूष युगल क्वार्टरफाइनल में अश्विनी पोनप्पा और चिराग शेट्टी के साथ मिलकर दो जीत दर्ज कीं। ओलंपिक की रजत पदकधारी सिंधु में मुकाबले के दौरान उस खिलाड़ी की झलक नहीं दिखी जिसने 2019 में विश्व चैम्पियनशिप में स्वर्ण पदक जीता था। सिंधु ने घरेलू प्रबल दावेदार रतचानोक इंतानोन के खिलाफ काफी ‘अनफोर्स्ड' गलतियां की जिससे वह 13-21 9-21 से आसानी से हार गयीं। सिंधु ने कहा, ‘मैंने काफी ‘अनफोर्स्ड' गलतियां कीं और मुझे लगता है कि मैंने आसानी से अंक दे दिये। मैं आज अपना बेहतरीन प्रदर्शन नहीं कर सकी। यह मेरा दिन नहीं था। पुरूष एकल में समीर को विश्व रैंकिंग में तीसरे स्थान पर काबिज एंडर्स एंटोनसेन से करीबी क्वार्टर फाइनल में हार का सामना करना पड़ा। डेनमार्क के खिलाड़ी ने 21-13 19-21 22-20 से जीत दर्ज की। सिंधु और समीर के हारने से टूर्नामेंट के एकल वर्ग में भारतीय चुनौती समाप्त हो गयी।
- मिलान। क्रिस्टियानो रोनाल्डो के गोल की मदद से युवेंटस ने नैपोली को 2-0 से हराकर रिकार्ड नौवीं बार इटालियन सुपर कप फुटबॉल टूर्नामेंट का खिताब जीता। रोनाल्डो ने 64वें मिनट में गोल करके युवेंटस को बढ़त दिलायी। नैपोली के पास मैच को अतिरिक्त समय तक खींचने का मौका था लेकिन उसके कप्तान लोरेंजो इनसाइन आखिरी क्षणों में मिली पेनल्टी पर गोल नहीं कर पाये। अल्वारो मोराता ने इंजुरी टाइम के पांचवें मिनट में युवेंटस की तरफ से दूसरा गोल करके उसकी खिताबी जीत सुनिश्चित की। युवेंटस ने नौंवी बार सुपर कप जीतकर अपने रिकार्ड को बेहतर किया है। उसके बाद एसी मिलान का नंबर आता है जिसने सात बार खिताब जीता है।
- कोलकाता। पूर्व चैम्पियन आइजोल एफसी ने बुधवार को यहां गोकुलम केरला एफसी को 2-0 से हराकर आई लीग फुटबाल प्रतियोगिता के इस सत्र में पहली जीत दर्ज की। उसके लिये मालसावमजुआला ने 40वें मिनट और लालरामाविया ने 76वें मिनट में गोल दागे। आइजोल एफसी ने आक्रामक शुरूआत की और वह तीसरे ही मिनट में बढ़त बना सकती थी लेकिन लालरेमसांगा के हेडर को प्रतिद्वंद्वी टीम के गोलकीपर ने रोक दिया। लेकिन आइजोल ने दोनो हाफ में एक एक गोल से जीत हासिल की और तीन अंक अपने खाते में डाले।
- ब्रिसबेन। आस्ट्रेलिया के खिलाफ चौथे और आखिरी क्रिकेट टेस्ट में भारत की जीत के नायकों में रह ऋषभ पंत ने महेंद्र सिंह धोनी का रिकार्ड तोड़ दिया और वह सबसे तेज एक हजार टेस्ट रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर बन गए ।पंत ने यह आंकड़ा 27वीं पारी में छुआ जबकि धोनी ने 32 टेस्ट पारियों में एक हजार रन पूरे किये थे । पंत ने चौथे टेस्ट के पांचवें और आखिरी दिन यह रन पूरे किये । वह 89 रन बनाकर नाबाद रहे । भारत ने यह श्रृंखला 2 . 1 से जीती । इससे पहले सिडनी में तीसरे टेस्ट में भी पंत ने 97 रन की पारी खेली थी जिसे भार ने ड्रॉ कराया था ।इंग्लैंड के खिलाफ 2018 में टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले पंत इंग्लैंड और आस्ट्रेलिया में शतक जमाने वाले भारत के अकेले विकेटकीपर बल्लेबाज हैं । पिछली बार 2018 . 19 के आस्ट्रेलिया दौरे पर भी उन्होंने सिडनी में नाबाद 159 रन बनाये थे जो उनका सर्वोच्च टेस्ट स्कोर है। अब तक वह 16 टेस्ट में 1088 रन बना चुके हैं जिसमें दो शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं ।
- नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम इंडिया इंग्लैंड सीरीज के लिए तैयार है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने आज इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के पहले दो मैचों के लिए भारतीय टीम का चयन किया है। चेतन शर्मा की अगुआई में नई चयन समिति ने टीम का ऐलान किया है। इंग्लैंड के खिलाफ भारत अपनी मेजबानी में 5 फरवरी से चार मैचों की टेस्ट सीरीज खेलेगा।टीम में भारतीय टीम में कप्तान विराट कोहली की पैटरनिटी लीव से जबकि तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा की चोट से उबरने के बाद वापसी हुई, जबकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फॉर्म से जूझने वाले हनुमा विहारी और पृथ्वी साव की टीम से छुट्टी हो गई है। ईशांत के अलावा तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और रविचंद्रन अश्चिन की भी इंग्लैंड के साथ पहले दो टेस्ट मैचों के लिए भारतीय टीम में वापसी हुई है। ये दोनों क्रिकेटर आस्ट्रेलिया दौरे पर चोटिल हो गए थे।भारतीय टीम इश प्रकार है- विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, मयंक अग्रवाल, शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे (उपकप्तान), केएल राहुल, हार्दिक पंड्या, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), आर. अश्विन, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, ईशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज, शार्दुल ठाकुरनेट बोलर- अंकित राजपूत, आवेश खान, संदीप वॉरियर, कृष्णप्पा गौतम, सौरभ कुमारस्टैंडबाई खिलाड़ी- केएस भारत, अभिमन्यू ईश्वरन, शाहबाज नदीम, राहुल चाहर, प्रियांक पांचालपहला टेस्ट पांच फरवरी से नौ फरवरी के बीच चेन्नै में खेला जाएगा। चेन्नै का एमए चिदम्बरम स्टेडियम पहले मैच के अलावा दूसरे टेस्ट मैच की भी मेजबानी करेगा। दूसरा टेस्ट 13 से 17 फरवरी के बीच खेला जाएगा। तीसरा और चौथा टेस्ट दुनिया के सबसे बड़े मोटेरा स्टेडियम में चार से आठ मार्च के बीच खेला जाएगा। टी20 सीरीज की शुरुआत 12 मार्च से होगी। 14, 16, 18 और 20 मार्च को बाकी के टी20 मैच खेले जाएंगे। यह सभी मैच मोटेरा में ही होंगे जिससे एक बात तय है कि यह नया भव्य स्टेडियम दोनों टीमों के लिए बायो बबल का काम करेगा।इसी तरह वनडे सीरीज के लिए पुणे का महाराष्ट्र क्रिकेट संघ (एमसीए) स्टेडियम बायो बबल बनेगा। तीन मैचों की वनडे सीरीज के सभी तीन मैच-23, 26 और 28 मार्च को इसी स्टेडियम में खेले जाएंगे। कोविड-19 के बाद पहली बार भारत में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच होंगे। महामारी के कारण ही इस बार आईपीएल का आयोजन भारत के बाहर संयुक्त अरब अमीरात में कराया गया था।---
- नई दिल्ली। भारत ने ऑस्ट्रेलिया को टेस्ट श्रृंखला के चौथे और अंतिम मैच में ब्रिसबेन के गाबा मैदान पर तीन विकेट से हराकर इतिहास रच दिया और बार्डर-गावस्कर ट्राफी अपने पास बरकरार रखी है। भारत ने 328 रन का लक्ष्य हासिल कर ये जीत हासिल की और श्रृंखला दो-एक से अपने नाम की।ये गाबा के मैदान पर 32 सालों में ऑस्ट्रेलिया की पहली हार है। इस मैच में ऋषभ पंत ने दूसरी पारी में शानदार नाबाद 89 रन, शुभम गिल ने 91 और चेतेशवर पुजारा ने अद्र्धशतक बनाकर भारत को यादगार जीत दिलाने का मार्ग प्रशस्त किया।इससे पहले, कल मैच के चौथे दिन चाय काल तक ऑस्?ट्रेलिया की टीम 294 रन बनाकर आउट हो गई और भारत ने बिना कोई विकेट खोये चार रन बनाए थे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से दूसरी पारी में स्टीव स्मिथ ने सर्वाधिक 55 रन बनाए।भारत के लिए दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने पांच विकेट लिए जबकि शारदुल ठाकुर ने चार विकेट लिए और वाशिंगटन सुंदर ने एक विकेट लिया।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने ऑस्ट्रेलिया में भारतीय टीम की जीत पर प्रसन्नता व्यक्त की है। एक ट्वीट में श्री मोदी ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि टीम ने पूरे मैच में अपने जोश और क्षमता का प्रदर्शन किया।रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने टीम को बधाई देते हुए कहा है कि हाल के दिनों में यह जीत यादगार है।सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावडेकर ने भी इस जीत पर टीम को बधाई देते हुए कहा कि सभी खिलाडियों ने पूरी तत्?परता से खेल भावना का प्रदर्शन किया।
- ब्यूनस आयर्स। शर्मिला देवी और दीप ग्रेस इक्का के एक एक गोल की मदद से भारतीय महिला हॉकी टीम ने अर्जेंटीना दौरे की शुरूआत मेजबान जूनियर टीम के खिलाफ 2 . 2 से ड्रॉ के साथ की । बराबरी के मुकाबले में भारत के लिये युवा स्ट्राइकर शर्मिला (22वां) और अनुभवी इक्का)31वां मिनट) ने गोल दागे । अर्जेंटीना के लिये पाउला सांटामारिना (28वां) और ब्रिसा ब्रगेसेर (48वां) ने गोल किये । भारतीय टीम कोरोना वायरस महामारी के कारण करीब एक साल बाद अंतरराष्ट्रीय मैच खेल रही है। मुख्य कोच शोर्ड मारिन ने हॉकी इंडिया द्वारा जारी विज्ञप्ति में कहा ,‘‘ यह लंबे समय बाद पहला मैच था । लगभग एक साल बाद खेलते हुए लय में आने में समय लगता है । हम 23 खिलाड़ियों को लेकर उतरे हैं ताकि सभी को लंबे समय बाद खेलने का अनुभव मिल सके ।'' भारत ने पहले ही क्वार्टर में आठवें और नौवें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर बनाये लेकिन अर्जेंटीना के डिफेंडरों ने उन्हें गोल नहीं करने दिया । अर्जेंटीना को भी 11वें मिनट में पेनल्टी कॉर्नर मिला जिसे भारत की अनुभवी गोलकीपर सविता ने बचा लिया । दूसरे क्वार्टर में भारत को 22वें मिनट में शर्मिला ने बढत दिलाई हालांकि वह छह मिनट तक ही कायम रही । दूसरे क्वार्टर में भारत को 31वें मिनट में पेनल्टी कार्नर मिला जिसे इक्का ने गोल में बदला । भारत ने तीसरे क्वार्टर में बढत कायम रखी। मेजबान टीम ने आखिरी क्वार्टर में गोल करके स्कोर बराबर कर लिया । भारत ने आखिरी सीटी बजने से पहले कई हमले बोले लेकिन कामयाबी नहीं मिली । भारत को 53वें मिनट में मिला पेनल्टी कार्नर भी बेकार गया । भारतीय टीम अब 20 जनवरी को अर्जेंटीना की जूनियर टीम से खेलेगी ।
- नई दिल्ली। खेल मंत्रालय ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के आगामी और आधुनिक स्वरूप पाने वाले खेल सुविधा केंद्रों के नाम देश के प्रसिद्ध खिलाडिय़ों के नाम पर रखने का फैसला किया है जिन्होंने भारतीय खेल में योगदान दिया है।पहले चरण में लखनऊ के राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्र (एनसीओई) में नवनिर्मित वातानुकूलित कुश्ती हॉल और तरणताल, भोपाल के एनसीओई में 100 बिस्तरों के हॉस्टल, एनसीओई सोनीपत में बहुउद्देशीय हॉल और लड़कियों के हॉस्टल का नाम स्थानीय खिलाडिय़ों के नाम पर रखा जाएगा। इस अवसर पर खेल मंत्री कीरेन रीजीजू ने कहा, देश में खेल संस्कृति के विकास के लिये यह महत्वपूर्ण है कि हमारे खिलाडिय़ों को वह सम्मान मिले जिसके वे हकदार हैं।---
- होनोलूलू। भारतीय गोल्फर अनिर्बान लाहिड़ी सोनी ओपन के तीसरे दौर में शनिवार को यहां छह अंडर 64 के इस टूर्नामेंट के अपने सर्वश्रेष्ठ स्कोर के साथ संयुक्त रूप से 17वें स्थान पर पहुंच गये। उन्होंने नौवें होल में बोगी करने के बाद 18वें होल में डबल बोगी कर दिया नहीं तो उनका प्रदर्शन और अच्छा होता। तीसरे दौर के बाद उनका कुल स्कोर 12 अंडर का था जिससे वह तालिका में शीर्ष पर चल रहे ब्रेंडन स्टीले (61) से पांच शॉट पीछे है। उन्होंने इससे पहले शुक्रवार को पांच अंडर 65 का अपना सर्वश्रेष्ठ कार्ड खेला था लेकिन शनिवार को वह इसमें भी सुधार करने में सफल रहे। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि मैने शुरूआती नौ होल में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन दूसरे भाग में किस्मत से मेरा साथ नहीं दिया और गेंद होल के करीब से निकल गयी।
- नयी दिल्ली । सेना के निशानेबाज और ओलंपियन गुरप्रीत सिंह ने रविवार को यहां डा. कर्णी सिंह शूटिंग रेंज में पुरूषों की 25 मीटर रैपिड फायर पिस्टल टी1 ट्रायल्स में जीत दर्ज की। गुरप्रीत के साथी नीरज कुमार ने दूसरा जबकि एयरफोर्स के शिवम शुक्ला ने तीसरा स्थान हासिल किया। गुरप्रीत ने क्वालीफिकेशन में 580 अंक के स्कोर से फाइनल में प्रवेश किया। उन्होंने कम स्कोर के फाइनल में 21 अंक जुटाकर पहला स्थान प्राप्त किया। नीरज क्वालीफाइंग में 577 अंक और फाइनल में 20 अंक से दोनों में गुरप्रीत के बाद दूसरे स्थान पर रहे।
- इस्लामाबाद। नेपाल के पर्वतारोहियों ने शनिवार को इतिहास रच दिया जब उन्होंने सर्दियों के मौसम में दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची चोटी - पाकिस्तान की के2- पर फतह हासिल की। पाकिस्तान के एल्पाइन क्लब के सचिव करार हैदेरी ने कहा कि 10 नेपाली शेरपा शाम को पांच बजे के करीब चोटी पर पहुंचे। हिमालय रेंज के पाकिस्तानी हिस्से में के2 सबसे ऊंची चोटी है जो एवरेस्ट पर्वतमाला के बाद दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची चोटी है जिसकी ऊंचाई 28,251 फीट (8,611 मीटर) है। हैदेरी ने कहा, सर्दियों में किसी ने भी ऐसा पहले कभी नहीं किया है। उन्होंने साथ ही कहा कि करीब एक महीने पहले चार अंतरराष्टीय पर्वतारोहण टीमों ने के2 की चोटी तक पहुंचने की कोशिश की लेकिन ऐसा नहीं कर सके। इन दर्जन भर पर्वतारोहियों में से 10 नेपाली पर्वतारोहियों के समूह वाली टीम सर्दियों में इस चोटी को फतह करने वाली पहली टीम है।
- मुंबई । भारतीय ताइक्वांडो ने घोषणा की कि उसकी पहली स्पीड किकिंग चैम्पियनशिप वर्चुअली 14 से 18 फरवरी तक आयोजित की जायेगी। टूर्नामेंट के प्रारूप के अनुसार एथलीट को एक मिनट के अंदर ज्यादा से ज्यादा ‘किक' लगाने होंगे। मीडिया में जारी विज्ञप्ति के अनुसार प्रतिभागियों को ऑनलाइन जजों द्वारा अंक दिये जायेंगे जो ‘किक' की संख्या और पूर्ण प्रदर्शन के हिसाब से होंगे।
- बाडेंटन । विश्व गोल्फ चैम्पियनशिप कोरोना वायरस महामारी के कारण मैक्सिको सिटी की बजाय इस साल फ्लोरिडा में आयोजित की जायेगी । पीजीए टूर ने शुक्रवार को खिलाड़ियों को इसकी सूचना दी । यह चैम्पियनशिप 25 से 28 फरवरी तक कंसेशन गोल्फ क्लब पर आयोजित होगी । टूर ने कहा कि 2022 में इसका आयोजन मैक्सिको सिटी में होगा । कोरोना महामारी के कारण यात्रा संबंधी पाबंदियों और दर्शकों के नहीं होने से राजस्व में कमी के कारण यह फैसला लिया गया ।
- बेंगलुरू। रिद्धिमा दिलावड़ी ने अंतिम 10 होल में शानदार प्रदर्शन करते हुए पांच अंडर 67 का कार्ड खेला जिसकी बदौलत वह गुरूवार को यहां हीरो महिला प्रो गोल्फ टूर के पहले चरण के दूसरे दौर के बाद छह शॉट की बड़ी बढ़त बनाने में सफल रहीं। रिद्धिमा का 36 होल में कुल स्कोर छह अंडर 138 का है जबकि उनकी निकटतम प्रतिद्वंद्वी प्रणवी उर्स (71) इवन पार 144 के कुल स्कोर से दूसरे स्थान पर पहुंच गयी। पहले दौर के बाद तीसरे स्थान पर चल रही वाणी कपूर दो ओवर 74 का कार्ड खेलने के बावजूद इसी स्थान पर रहीं जबकि अमनदीप द्राल का दिन खराब रहा जिन्होंने 78 का कार्ड खेला जिसमें एक क्वाड्रपल बोगी भी शामिल रही। वह सेहर अटवाल और अनन्या दातर के साथ संयुक्त रूप से चौथे स्थान पर हैं।
- वड़ोदरा। बायें हाथ के तेज गेंदबाज लुकमान मेरिवाला के पांच विकेट की मदद से बड़ौदा ने सैयद मुश्ताक अली ट्राफी टी20 टूर्नामेंट के एलीट ग्रुप सी में गुरुवार को यहां छत्तीसगढ़ को नौ विकेट से करारी शिकस्त दी। मेरिवाला ने आठ रन देकर पांच विकेट लिये और पहले बल्लेबाजी का न्यौता पाने वाले छत्तीसगढ़ को 17.3 ओवर में 90 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभायी। छत्तीसगढ़ की तरफ से सलामी बल्लेबाज शशांक चक्रधर ने सर्वाधिक 20 रन बनाये। बड़ौदा ने 12.3 ओवर में एक विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर दिया। अनुभवी केदार देवधर (नाबाद 44) और विष्णु सोलंकी (नाबाद 42) ने दूसरे विकेट के लिये 86 रन की अटूट साझेदारी की। यह बड़ौदा की लीग चरण में तीसरी जीत है। उसने इससे पहले हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड को हराया। ये दोनों टीमें हालांकि गुरुवार को अपने मैच जीतने में सफल रही। हिमाचल प्रदेश ने गुजरात को 26 रन से हराया। हिमाचल ने पहले बल्लेबाजी के लिये आमंत्रित किये जाने पर ऋषि धवन (43), दिग्विजय रांगी (नाबाद 35) और प्रशांत चोपड़ा (35) के उपयोगी योगदान से पांच विकेट पर 141 रन बनाये। इसके जवाब में गुजरात की टीम 115 रन पर आउट हो गयी। उसकी तरफ से अनुभवी पीयूष चावला ने सर्वाधिक 39 रन बनाये। हिमाचल की तरफ से वैभव अरोड़ा ने तीन जबकि पंकज जायसवाल और ऋषि धवन ने दो-दो विकेट लिये। एक अन्य मैच में उत्तराखंड ने महाराष्ट्र को छह विकेट से हराया। महाराष्ट्र ने केदार जाधव (61) के अर्धशतक की मदद से चार विकेट पर 141 रन बनाये। उत्तराखंड ने चार विकेट पर 145 रन बनाकर जीत दर्ज की। उसके लिये जय बिस्टा ने नाबाद 69 रन बनाये।
- नयी दिल्ली। भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) अपने विभिन्न राष्ट्रीय उत्कृष्टता केंद्रों में ओलंपियन और पैरालंपियन खिलाड़ियों को कोच और सहायक कोच के तौर पर नियुक्त करने को तैयार है। साइ ने यह कदम उनके योगदान को मान्यता देने के तहत उठाया है जिसके लिये प्रक्रिया शुरू हो चुकी है जिसमें 23 सहायक कोच और चार कोचों के लिये पद बनाये गये हैं। साइ द्वारा जारी बयान के अनुसार ओलंपियन और पैरालंपियन सहायक कोच के तौर पर आवेदन करने योग्य हैं और पदक विजेता सीधे कोच पदों के लिये आवेदन कर सकते हैं जो ग्रुप ए पद के अंतर्गत आते हैं। बयान के अनुसार जो एथलीट अब भी सक्रिय हैं और अपना खेल करियर जारी रखना चाहते हैं तो कोच पद पर नियुक्त हुए ओलंपियन और पैरालंपियनों को अपनी ट्रेनिंग तब तक जारी रखने की अनुमति दी जायेगी जब तक वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इच्छा के अनुरूप प्रदर्शन बरकरार रखते हैं। खेल मंत्री किरेन रीजीजू ने कहा, खेल मंत्रालय और साइ का हमारे खेल नायकों की उपलब्धियों को मान्यता देने का निरंतर प्रयास रहा है और साथ ही यह सुनिश्चित करने का भी कि वे सम्मान और आराम की जिंदगी गुजार सकें।













.jpg)



.jpg)










