- Home
- मनोरंजन
-
मुंबई। भारतीय क्रिकेट टीम के खिलाड़ी ऋषभ पंत दो दिन पहले सड़क हादसे में घायल हो गए। इस एक्सीडेंट में ऋषभ पंत बाल-बाल बचे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह हादसा तब हुआ जब ऋषभ पंत दिल्ली से अपने घर रुड़की आ रहे थे। इस दौरान गुरुकुल नारसन इलाके में उनकी कार डिवाइडर से जा टकराई, आसपास के लोगों ने क्रिकेटर को गाड़ी से निकालकर अस्पताल में भर्ती करवाया। जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। इसी बीच एक्टर अनिल कपूर और अनुपम खेर ऋषभ पंत को देखने के लिए देहरादून के मैक्स अस्पताल में पहुंचे, जहां से उनका वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
इस वीडियो में अनुपम खेर कह रहे हैं, "जब हमें पता चला कि ऋषभ पंत अस्पताल में हैं तो मैं और अनिल उनसे मिलने आए। हम उनकी माता जी से भी मिले। वह अब पहले से ठीक हैं। हम जब उनसे मिलने गए तो हमने उन्हें हंसाने की भी कोशिश की थी। पूरे हिंदुस्तान की दुआएं उनके साथ हैं। वह जल्दी ही ठीक हो जाएंगे।"मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ऋषभ पंत न्यू ईयर पर अपनी मां को सरप्राइज देने के लिए रुड़की जा रहे थे। इस दौरान ऋषभ खुद ही गाड़ी चला रहे थे। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि गाड़ी की स्पीड बेहद ही तेज थी, जिसके कारण उनका एक्सीडेंट हो गया। इस एक्सीडेंट में ऋषभ पंत को गंभीर चोटें आई हैं।बता दें कि इस हादसे में ऋषभ पंत को माथे, पीठ और पैर में चोटें आई हैं हैं। इस बात की जानकारी खुद बीसीसीआई ने अपने ऑफिशियल स्टेटमेंट जारी करके दी थी। अनिल कपूर और अनुपम खेर ने भी बताया कि फिलहाल ऋषभ पंत की हालत स्थिर बनी हुई है। - मुंबई । फिल्म 'अवतार द वे ऑफ वाटरÓ ने भारत में पहले हफ्ते में 193.60 करोड़ रुपये की कमाई की थी। काल्पनिक ग्रह पैडोरा की कहानी कहती इस फिल्म में वहां के मूल निवासी नावी और धरती से वहां पहुंचे इंसानों के बीच का संघर्ष दिखाया गया है। भविष्य की कहानी कहती इस फिल्म में दिखाया गया है कि धरती रहने योग्य नहीं बची है और एक नई बस्ती की तलाश को निकले मनुष्यों के दल में कुछ वैज्ञानिक लालची होकर पैंडोरा की प्राकृतिक संपदाएं चुराने लगते हैं। फिल्म के अंग्रेजी संस्करण ने पहले हफ्ते में ही भारत में 101.40 करोड़ रुपये कमा लिए थे। पहले हफ्ते में फिल्म के हिंदी संस्करण की कमाई रही थी 60.80 करोड़ रुपये।दूसरे हफ्ते में भी फिल्म 'अवतार द वे ऑफ वाटर का भारत में कलेक्शन सौ करोड़ रुपये से ऊपर रहा। फिल्म ने इस दौरान अंग्रेजी में 54.25 करोड़ रुपये, हिंदी में 33.35 करोड़ रुपये, तेलुगू में 5.69 करोड़ रुपये और तमिल में 4.81 करोड़ रुपये की कमाई की। दूसरे हफ्ते में कुल 100.50 करोड़ रुपये कमाने वाली फिल्म 'अवतार द वे ऑफ वाटरÓ की ये कमाई दूसरे हफ्ते में फिल्म 'एवेंजर्स एंडगेम की कमाई से कहीं ज्यादा है।फिल्म 'एवेंजर्स एंडगेम ने साल 2019 में रिलीज होकर भारत में रिलीज होने वाली हॉलीवुड फिल्मों में सबसे ज्यादा 373.05 करोड़ रुपये कमाने का रिकॉर्ड बनाया था। 'एवेंजर्स एंडगेम की पहले हफ्ते में नेट कमाई 260.40 करोड़ रुपये रही थी लेकिन दूसरे हफ्ते में ये फिल्म सिर्फ 77.95 करोड़ रुपये ही कमा सकी थी। फिल्म 'अवतार द वे ऑफ वाटरÓ ने इस लिहाज से दूसरे हफ्ते में फिल्म 'एवजेंर्स एंडगेम से करीब 29 फीसदी ज्यादा कमाई की है।रिलीज के तीसरे हफ्ते के पहले दिन यानी तीसरे शुक्रवार को फिल्म 'अवतार द वे ऑफ वाटर ने दोपहर बाद तक के आंकड़ों के मुताबिक सिर्फ एडवांस बुकिंग से ही करीब सात करोड़ रुपये कमा लिए थे। इस हिसाब से फिल्म 'अवतार द वे ऑफ वाटर भारत में रिलीज के 15वें दिन 300 करोड़ रुपये की कमाई का आंकड़ा पार कर गई है। फिल्म 'एवेंजर्स एंडगेम भारत में पांच हफ्तों तक सिनेमाघरों में लगी रही थी और अब ऐसा लगने लगा है कि फिल्म 'अवतार द वे ऑफ वाटर अगर इतने ही दिनों तक सिनेमाघरों में मौजूद रही तो ये फिल्म 'एवेंजर्स एंडगेम की कुल नेट कमाई का रिकॉर्ड भी तोड़ देगी।
- मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर पूरे देश में शोक की लहर दौड़ गई है। हर कोई उन्हें श्रद्धाजंलि अर्पित कर रहा है। बॉलीवुड हस्तियों ने भी हीराबेन के निधन पर शोक व्यक्त किया है।हेमा मालिनीअभिनेत्री और सांसद हेमा मालिनी ट्वीट कर लिखा , 'साल के अंत में एक दुखद नुकसान हुआ है। मोदी जी की प्यारी और बहुत सम्मानित मां हीराबेन जी का निधन हो गया है। राष्ट्र इस अनुकरणीय मां के शोक में उसके बेटे के साथ शामिल है, जिसने एक प्रसिद्ध बेटे होने के बावजूद संयमी जीवन जीने की मिसाल कायम की...।'कंगना रणौतकंगना रनौत ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम हैंडल पर सुबह-सुबह पीएम नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। इस दौरान कंगना ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर पीएम मोदी और उनकी मां हीरा बा की तस्वीर लगाई है। तस्वीर साझा करते हुए कंगना ने लिखा कि, 'भगवान इस कठिन समय में प्रधानमंत्री जी को धैर्य और शांति दें, ओम शांति।'अनुपम खेरबॉलीवुड अभिनेता अनुपम खेर ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां हीराबेन मोदी के स्वर्गवास पर दुख व्यक्त किया है। अभिनेता ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट साझा किया है, जिसमें पीएम मोदी अपनी मां के साथ बैठे हुए नजर आ रहे हैं। तस्वीरों को साझा करते हुए अनुपम खेर ने लिखा, 'आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी! आपकी माताश्री हीराबेन जी के निधन का सुनकर मन दुखी भी हुआ और व्याकुल भी। आपका उनके प्रति प्यार और आदर जगजाहिर है। उनका स्थान आपके जीवन में कोई नहीं भर पाएगा! पर आप भारत माँ के सपूत हो! देश की हर मां का आशीर्वाद आपके ऊपर है। मेरी मां का भी!'सोनू सूदबॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने दुख जताते हुए अपने ट्विटर हैंडल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ट्वीट को रीट्वीट करते हुए लिखा, 'आदरणीय मोदी जी, मां कहीं जाती नहीं है बल्कि कई बार ईश्वर के चरणों में जाकर इसलिए बैठ जाती है कि उनका पुत्र दूसरों के लिए और बेहतर कर सके। माता जी सदैव आपके साथ थी और आपके साथ रहेंगी प्रधानमंत्री जी। ओम शांति।'कपिल शर्माकॉमेडियन कपिल शर्मा ने भी पीएम मोदी की माता जी हीराबेन के दुनिया को अलविदा कहने पर शोक व्यक्त किया है। कपिल ने लिखा, 'आदरणीय नरेंद्र मोदी जी ,मां का दुनिया से चले जाना बहुत ही दुखदायी होता है। उनका आशीर्वाद हमेशा आपके साथ रहेगा। ईश्वर माता जी को अपने श्री चरणों में स्थान दें हम यही प्रार्थना करते हैं। ओम शांति।'निमृत कौरअभिनेत्री निमृत कौर ने ट्वीट कर लिखा, 'माननीय मोदी जी के लिए गहरी, हार्दिक संवेदना। अपनी प्यारी मां के खोने पर, इस गंभीर घड़ी में सर्वशक्तिमान, परिवार को अपना प्रकाश और शक्ति प्रदान करें।'अक्षय कुमारअभिनेता अक्षय कुमार ने पीएम मोदी की मां के निधन पर शोकाकुल हो ट्वीट किया है। अभिनेता ने लिखा, 'मां को खोने से बड़ा दुख कोई नहीं। भगवान आपको इस दुख को सहने की शक्ति दे नरेंद्र मोदी जी। ओम शांति।'
- मुंबई । अभिनेत्री तुनिषा शर्मा की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी शीज़ान खान से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की कि महाराष्ट्र के पालघर जिले में धारावाहिक के सेट पर वास्तव में क्या हुआ था, जहां अभिनेत्री ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी।अभिनेत्री तुनिषा शर्मा (21) ने गत शनिवार को टीवी धारावाहिक ‘अली बाबा दास्तान-ए-काबुल’ के सेट पर कथित तौर पर आत्महत्या कर ली थी। मामले में उनके सह कलाकार शीज़ान खान को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है और वह अभी पुलिस हिरासत में हैं।पालघर के वालिव थाने के एक अधिकारी ने बताया कि खान ने तुनिषा के साथ अपने संबंध खत्म कर लिए थे, लेकिन दोनों के बीच बातचीत होती थी।तुनिषा की मां ने सोमवार को आरोप लगाया था कि शीज़ान खान ने उनकी बेटी को धोखा दिया और तीन से चार महीने तक उसका ‘‘इस्तेमाल’’ किया।अधिकारी ने बताया कि घटना वाले दिन खान और तुनिषा ने शूटिंग के दिन भोजन अवकाश में बात की थी। तुनिषा से बात करने के 15 मिनट बाद खान अपनी शूटिंग करने चले गए थे। इसके कुछ देर बाद तुनिषा शौचालय में मृत मिली थीं।अधिकारी ने कहा, ‘‘ खान से पूछा जा रहा है कि तुनिषा के साथ बातचीत के दौरान वास्तव में क्या हुआ था।’’उन्होंने बताया कि खान ने अभी तक यह नहीं बताया है कि उनके बीच क्या बात हुई।अधिकारी ने कहा कि पुलिस ने अभी तक तुनिषा की मां, रिश्तेदारों, सेट पर काम करने वाले लोगों और सह-कलाकारों के बयान दर्ज किए हैं।अधिकारी ने बताया कि पुलिस एक अन्य महिला से भी पूछताछ कर रही है, जो खान के संपर्क में थी।उन्होंने बताया कि खान और तुनिषा की व्हाट्सएप चैट को भी खंगाला जा रहा है। तुनिषा ने टीवी धारावाहिक ‘भारत का वीर पुत्र-महाराणा प्रताप’, ‘फितूर’ और ‘बार बार देखो’ जैसी फिल्म में काम किया है। अपनी मृत्यु के समय तुनिषा धारावाहिक ‘अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल’ की शूटिंग कर रही थीं।
- मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर निर्माता नितिन मनमोहन का आज निधन हो गया है। पिछले दिनों नितिन मनमोहन को दिल का दौरा पड़ने के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत काफी गंभीर थी और उन्हें वेंटिलेटर पर भी रखा गया था। जानकारी के मुताबिक, निर्माता को 3 दिसंबर की शाम को हार्ट अटैक आया था, जिसके बाद उन्हें तुरंत कोकिला धीरूभाई अंबानी अस्पताल में एडमिट कराया गया था। उनकी हालत काफी गंभीर बताई जा रही थी, जिसकी वजह से नितिन मनमोहन को वेंटिलेटर पर रखा गया था। दवाइयों का असर होने के बाद भी वह खतरे से बाहर नहीं थे।नितिन मनमोहन ने अपने करियर में कई बेहतरीन फिल्मों का निर्माण किया था। ‘बोल राधा बोल’, ‘लाडला’,'दस' जैसी सुपरहिट फिल्मों के निर्माता मनमोहन ने सलमान खान की फिल्म 'रेडी' का भी निर्माण किया था। गौरतलब है, नितिन बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता मनमोहन के बेटे हैं। मनमोहन को 'ब्रह्मचारी', 'गुमनाम' और 'नया जमाना' जैसी फिल्मों के लिए जाना जाता है। पिता की तरह नितिन भी फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े हुए थे।
- मुंबई। जाने-माने अभिनेता दिवंगत राजेश खन्ना की आज बर्थ एनिवर्सरी बनाई जा रही है। आज उनके परिवारजनों के साथ ही उनके प्रशंसक उन्हें श्रद्धाजंलि दे रहे हैं। उनकी बेटी और अक्षय कुमार की पत्नी और अभिनेत्री ट्विंकल खन्ना ने पिता राजेश खन्ना के जन्मदिन के मौके पर एक पोस्ट साझा की है। इसे उन्होंने यादों के खट्टे-मीठे पल बताया। उन्होंने अपने पिता दिवंगत सुपरस्टार राजेश खन्ना के साथ ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर साझा की है, जिसमें ट्विंकल और उनके पिता मुस्कुराते हुए नजर आ रहे हैं।ट्विंकल खन्ना ने इंस्टाग्राम पर यह तस्वीर साझा करते हुए लिखा है कि एक बिटरस्वीट शेयर जन्मदिन और जीवन भर की यादें। उनके इस पोस्ट के बाद कई बॉलीवुड कलाकारों ने कमेंट्स किए। इनमें मलाइका अरोड़ा ने भी दिल के इमोजी कमेंट किए। वहीं, अभिनेता बॉबी देओल ने भी उनकी इस पोस्ट पर कमेंट किया।ट्वंकल के इस पोस्ट के बाद उनके कई फैंस ने भी अपनी प्रतिक्रिया जाहिर कीं। एक यूजर ने कहा कि मेरे पूरे जीवन के एकमात्र क्रश और दिल की धड़कन को जन्मदिन की बहुत बहुत शुभकामनाएं। एक अन्य यूजर ने लिखा कि मुझे उम्मीद है आप उनके जीवन के एकमात्र सच्चे प्यार थे। एक और फैन ने कमेंट किया कि आपको जन्मदिन बहुत बहुत मुबारक हो, ट्विंकल और उनके लिए स्नेहपूर्ण यादें। कुछ इसी तरह से फैंस उन्हें बधाइयां देते रहे।ट्विंकल खन्ना राजेश खन्ना की पहली संतान हैं। ट्विंकल की छोटी बहन रिंकी खन्ना हैं। ट्विंकल ने काफी वक्त तक बॉलीवुड में काम किया, हालांकि वह अपने पिता और मां डिंपल कपाडिय़ा की तरह सफलता हासिल नहीं कर सकीं। फिलहाल वह लेखिका हैं। ट्विंकल ने अक्षय कुमार से शादी की है। उनके दो बच्चे बेटा आरव और बेटी नितारा हैं।ट्वीक इंडिया प्लेटफॉर्म पर जैकी श्रॉफ के साथ बातचीत करते हुए ट्विंकल ने कुछ बातों का खुलासा किया था, जिसमें उन्होंने बताया कि ज्योतिषी ने पिता राजेश खन्ना को बताया था कि ट्विंकल की शादी अक्षय कुमार नाम के व्यक्ति से किस तरह होगी। इसके बाद राजेश खन्ना ने ट्विंकल को इस बारे में बताया, जिस पर ट्विंकल ने पूछा था कि कौन अक्षय कुमार? राजेश खन्ना ने अक्षय कुमार से शादी की बात दोहराई तो ट्विंकल का जवाब था कि मैं तो उसे जानती भी नहीं हूं।
-
मुंबई. सलमान खान मंगलवार को 57 साल के हो गए। इस मौके पर उन्हें बधाई देने के लिये ब्रांदा स्थित उनके घर के बाहर सैकड़ों लोगों की भीड़ दिन भर इस उम्मीद में जुटी रही कि उनके ‘भाईजान' उनकी बधाई स्वीकार करने बाहर आएंगे। शाम करीब छह बजे सलमान अपने घर की बालकनी में आए और बाहर खड़े लोगों को हाथ जोड़कर नमस्ते किया फिर सलाम। उन्होंने हाथ हिलाकर वहां खड़े अपने प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार किया। वहां खड़े कुछ प्रशंसक सलमान को देख इतने उत्साहित हो गए कि उन्होंने बैरीकेड तोड़ दिया। अभिनेता के प्रशंसक सुबह से ही उनके घर गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर जुटने लगे थे और शाम होते-होते वहां लोगों का अच्छा खासा हुजूम जुट गया। हल्के नीले रंग की टी-शर्ट और जींस पहने सलमान ने लोगों का अभिवादन किया और उनसे व्यवस्था बनाए रखने का अनुरोध किया। सलमान के साथ उनके पिता सलीम खान भी थे। सलमान ने भीड़ का अभिवादन स्वीकार करते हुए अपनी एक तस्वीर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करते हुए लिखा, “सभी का शुक्रिया”।
भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इमारत के बाहर पुलिसकर्मी तैनात थे। अभिनेता के जाने के बाद कुछ प्रशंसकों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। सलमान खान ने सोमवार रात अपने करीबी परिजनों और दोस्तों के साथ बहन अर्पिता खान शर्मा और बहनोई आयुष शर्मा द्वारा उनके खार स्थित घर पर आयोजित एक पार्टी में अपना जन्मदिन मनाया। अर्पिता और आयुष ने तीन साल की हुई अपनी बेटी आयत शर्मा और बॉलीवुड अभिनेता के लिए एक संयुक्त जश्न का आयोजन किया था। इस पार्टी में अभिनेता शाहरुख खान, तब्बू, कार्तिक आर्यन, सुनील शेट्टी, पूजा हेगड़े, रितेश देशमुख, जेनेलिया डिसूजा, संगीता बिजलानी, सोनाक्षी सिन्हा, साजिद नाडियाडवाला उनकी पत्नी वर्धा नाडियाडवाला, रमेश तौरानी और लूलिया वंतूर शामिल थे। पार्टी में शामिल शाहरुख ने मंगलवार तड़के पार्टी से निकलते हुए सलमान खान को गले लगाया। अरबाज खान, सोहेल खान, अतुल अग्निहोत्री और अलवीरा खान अग्निहोत्री सहित परिवार के सदस्य मौजूद थे। सलमान ने पार्टी स्थल के बाहर खड़े पैपराजी (फोटोग्राफर) के साथ केक काटकर अपना खास दिन भी मनाया।
-
मुंबई. बॉलीवुड अभिनेत्री अनुष्का शर्मा ने सोमवार को घोषणा की कि उन्होंने भारतीय क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान झूलन गोस्वामी के जीवन पर आधारित आगामी फीचर फिल्म “चकदा एक्सप्रेस” की शूटिंग पूरी कर ली है। प्रोसित रॉय द्वारा निर्देशित इस फिल्म में विभिन्न बाधाओं को पार करके भारत की तरफ से क्रिकेट खेलने का सपना पूरा करने वाली झूलन गोस्वामी की कहानी बयां की गई है। अनुष्का शर्मा (34) ने ‘इंस्टाग्राम' पर यह खबर और सेट पर ली गईं कई तस्वीरें साझा कीं। अभिनेत्री ने लिखा, “चकदा एक्सप्रेस की शूटिंग पूरी हुई। झूलन गोस्वामी आपका बहुत-बहुत धन्यवाद।
अनुष्का ने इस साल जून में फिल्म की शूटिंग शुरू की थी। फिल्म नेटफ्लिक्स पर प्रदर्शित की जाएगी। इसका निर्माण अनुष्का के भाई कर्णेश शर्मा ने ‘‘क्लीन स्लेट फिल्म्स'' के बैनर तले किया है। आखिरी बार अनुष्का शाहरुख खान अभिनीत फिल्म ‘‘जीरो'' में नजर आई थीं। - मुंबई। काजोल और तनीषा मुखर्जी बॉलीवुड की सबसे प्यारी बहनों में से एक हैं। उनकी जोड़ी सब पसंद करते हैं। दोनों बहनों के आपस की बॉन्डिंग काफी अच्छी है। दोनों बॉलीवुड की दिग्गज एक्ट्रेस तनुजा की बेटियां हैं। तनुजा अपने समय की सबसे खूबसूरत और टैलेंटेड एक्ट्रेसेस में से एक हैं। तीनों मां-बेटियों की बॉन्डिंग काफी जबरदस्त है। हाल ही में काजोल और तनीषा ने अपनी मां तनुजा को एक बहुत खास गिफ्ट दिया है।काजोल और तनीषा ने लोनावाला में एक नए घर के साथ अपनी मां तनुजा को सरप्राइज दिया। बंगले को बनने में लगभग आठ महीने लग गए। रिबन काटते हुए तीनों का घर में खुशी से एंट्री करने का एक वीडियो अब इंटरनेट पर वायरल हो रहा है। घर में जाते ही उन्होंने सम्मान से फर्श को छुआ।तनीषा मुखर्जी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक प्यार भरा वीडियो डाला और इसे कैप्शन दिया, 'और इसलिए हमने लोनावला में मां को घर दिया और उन्हें दूर रखने के 8 महीने बाद उन्हें दिखाया! वीडियो को परिवार और दोस्तों से प्यार और तारीफें मिलीं। कई यूजर्स ने कमेंट सेक्शन में हार्ट इमोजी लगाए। एक ने कहा, 'यह घर अद्भुत यादें और बहुत सारी शुभकामनाएं लाता रहे।' कई यूजर्स ने काजोल और तनीषा को डॉटर गोल बताया! एक यूजर ने लिखा, 'एक मां जिसे 2 फरिश्ते मिले हैं, वह इससे ज्यादा अच्छे काजू और तनु के बारे में सोच भी नहीं सकती.. आप दोनों बहुत खुशकिस्मत हैं कि आपको इतनी प्यारी मां मिली है।' उनके फैंस ने भी बधाई दी।काजोल और तनीषा दिग्गज एक्ट्रेस तनुजा और उनके दिवंगत पति शोमू मुखर्जी की बेटियां हैं।
-
मुंबई. ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित पवन कल्याण की आगामी फिल्म ‘हरि हर वीर मल्लु' में अभिनेता बॉबी देओल मुगल बादशाह औरंगजेब की भूमिका निभाएंगे। निर्माताओं ने शनिवार को यह घोषणा की। निर्माता कृष जगरलामुदी द्वारा निर्देशित फिल्म से जुड़ने के बाद देओल ने हैदराबाद में इसकी शूटिंग शुरू की। सोशल मीडिया पर निर्माताओं द्वारा जारी एक विशेष वीडियो में ‘हरि हर वीर मल्लु' की टीम देओल का भव्य स्वागत करती नजर आ रही है। फिल्म के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट किया गया, ‘‘हम भारतीय सिनेमा के सबसे बड़े एक्शन सितारों में से एक और एक उत्कृष्ट अभिनेता बॉबी देओल का हमारी ‘हरि हर वीर मल्लु' की दुनिया में स्वागत करने के लिए उत्साहित हैं। उनकी उपस्थिति एचएचवीएम फिल्म को बहुत खास बनाती है और हम आपको पवन कल्याण के साथ बॉबी देओल के शानदार दृश्यों को दिखाने के लिए इंतजार नहीं कर सकते।'' देओल ने कहा कि वह अखिल भारतीय परियोजना के साथ दक्षिण भारतीय सिनेमा में अपनी शुरुआत करने के लिए उत्साहित हैं। मेगा सूर्या प्रोडक्शन के बैनर तले बन रही यह फिल्म 2023 में तेलुगू, तमिल, कन्नड़, मलयालम और हिंदी भाषा में रिलीज होगी।
- मुंबई। भारतीय जनता पार्टी के ओजस्वी नेता और देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के 98वें जन्मदिन पर देश विदेश में उनको खूब याद किया जा रहा है। इसी मौके पर उनकी जीवनी पर बनने जा रही फिल्म 'मैं अटल हूं की पहली झलक जारी कर दी गई है। इस फिल्म में अटल बिहारी वाजपेयी का किरदार निभाने का मौका अभिनेता पंकज त्रिपाठी को मिला है और पंकज ने इस पहली झलक में अटल का जो रूप धरा है, उसे देखकर सभी हतप्रभ हैं।फिल्म 'मैं अटल हूं की शूटिंग के दौरान पंकज ने कई घंटे तक मेकअप रूम में बिताए। फिल्म की निर्माता कंपनियों भानुशाली स्टूडियोज और लेजेंड स्टूडियोज ने पंकज की इस खास छवि को रचने के लिए दिग्गज कलाकारों की मदद ली है। मेकअप और प्रोस्थेटिक्स के इन जानकारों ने अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन के दिन तक पंकज को इस रूप में लाने के लिए महीनों तक अभ्यास किया है।अटल बिहारी वाजपेयी की बायोपिक कही जा रही फिल्म 'मैं अटल हूं , में पूर्व प्रधानमंत्री के राजनीतिक जीवन के अलावा उनके एक प्रतिष्ठित कवि होने, लोकप्रिय जननेता होने और मानवीय गुणों से भरपूर एक उत्कृष्ट प्रशासक होने की छवियां प्रस्तुत की जाएंगी। उत्कर्ष नैथानी लिखित इस फिल्म पर राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता निर्देशक रवि जाधव काम शुरू कर चुके हैं। विनोद भानुशाली, संदीप सिंह, सैम खान और कमलेश भानुशाली की टीम इस फिल्म को मिलकर बना रही है। फिल्म के सह निर्माताओं के रूप में जीशान अहमद और शिव शर्मा भी इससे जुड़े हुए हैं।इस बारे में पंकज कहते हैं, 'अटल जी जैसे मानवीय राजनेता को पर्दे पर चित्रित करना मेरे लिए सम्मान की बात है। वह न केवल एक राजनेता थे, बल्कि उससे कहीं अधिक वह एक उत्कृष्ट लेखक और एक प्रसिद्ध कवि थे। उनके नक्शे कदम चलना मेरे जैसे अभिनेता के लिए किसी सौभाग्य से कम नहीं है। मराठी फिल्मों 'नटरंग और 'बालगंधर्व के लिए चर्चित रहे राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता निर्देशक रवि जाधव इस फिल्म का निर्देशन करेंगे और ये फिल्म अगले साल अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मशती वर्ष का शुभारंभ करेगी।
- मुंबई। टीवी एक मशहूर एक्ट्रेस तुनिषा शर्मा की मौत की खबर ने हर किसी को हैरान कर दिया है। शनिवार को तुनिषा का शव सेट पर फांसी के फंदे पर लटका हुआ पाया गया है। बताया जा रहा है कि डिप्रेशन के चलते तुनिषा ने आत्महत्या का गले लगाया है। अब इस मामले को लेकर मुंबई पुलिस ने तुनिषा के एक्स बॉयफ्रेंड और अली बाबा दास्तान ए काबुल अली सीरियल को स्टार शीजान मोहम्मद खान को गिरफ्तार कर लिया है। इतना ही नहीं शीजान के खिलाफ एक्ट्रेस के सुसाइड के लिए उकसाने के मामले को लेकर एफआईआर भी दर्ज की गई है।बताया जा रहा है कि तुनिषा शर्मा अपने को स्टार शीजान मोहम्मद खान के रिलेशनशिप में थीं। हाल ही में शीजान ने तुनिषा के साथ ब्रेकअप कर लिया था। इस कारण तुनिषा काफी परेशान रह लगीं और फिर शनिवार 24 दिसंबर को उसने शीजान के मेकअप रूप में ही मौत को गले लगा लिया।पुलिस ने तुनिषा के को स्टार शीजान मोहम्मद खान के खिलाफ वालीव पुलिस में एफआईआर दर्ज की गई और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आईपीसी धारा 306 , आत्महत्या के लिए उकसाना को लेकल शीजान के खिलाफ ये कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उसे वसई कोर्ट में पेश किया जाएगा, इसके बाद शीजान मोहम्मद खान के खिलाफ मुंबई पुलिस की ओर से रिमांड भी मांगी जाएगी।मुबंई के मीरा रोड पर स्थित शमशान घाट पर तुनिषा शर्मा का शाम अंतिम संस्कार होगा। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, तुनिषा को कुछ पैनिक अटैक आया था तब उन्होंने एक डॉक्टर को दिखाया था। जहां, डॉक्टर ने तुनिषा की मां को बताया के तुनिषा की मानसिक स्थिति ठीक नहीं और उसे आत्महत्या के विचार भी आ रहे हैं। इसी वजह से तुनिषा की मां के आरोप के आधार पर शीजान खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
-
मुंबई। टीवी एक्ट्रेस तुनिशा शर्मा ने आज इस संसार को हमेशा के लिए अलविदा कह दिया है। वे महज 20 साल की थीं। जानकारी सामने आई है कि उन्होंने टीवी के सेट पर मेकअप रूम मेंं ही कथित रूप से फांसी लगाकर सुसाइड किया है। हर कोई उनकी ऐसी मौत होने से हैरान है। वहां मौजूद लोगों ने तुनिशा को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
तुनिशा 'अली बाबा: दास्तान-ए-काबुल' में काम कर रही थीं। वो मुंबई में अपने शो के सेट पर शूटिंग के सिलसिले में गईं थीं और कमरे के अंदर जाकर फांसी लगा ली! जिससे उनकी मौत हो गई। 20 साल की तुनिशा ने 'फितूर' और 'बार बार देखो' जैसी फिल्मों में यंग कटरीना कैफ का किरदार निभाया था। वो टीवी शोज 'इंटरनेट वाला लव' 'इश्क सुभानल्लाह' और 'गायब' जैसे शोज में भी काम कर चुकी थीं। एक न्यूज एजेंसी के अनुसार तुनिशा शर्मा मामले में पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों के एंगल से इसकी जांच करेगी। मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस उस दौरान सेट पर मौजूद सभी लोगों से पूछताछ कर रही है।तुनिशा इस समय अभिनेता शिविन नारंग के साथ एक म्यूजिक वीडियों भी कर रही थीं। शनिवार को तुनिशा अपने को स्टार शीजान के मेकअप रूम में पहुंची थी। शीजान उस वक्त शूटिंग में व्यस्त थे। शीजान का कहा है कि वे शॉट देने के बाद जब अपने मेकअप रूम पहुंचे तो रूम अंदर से बंद मिला। कई बार आवाज देने के बाद भी कोई रिस्पांस नहीं मिली, तो मेकअप रूम का दरवाजा तोड़ा गया। अंदर तुनिशा बेसुध हालत में पड़ी थी। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।इस बीच तुनिशा शर्मा का आखिरी पोस्ट तेजी से वायरल हो रहा है एक्ट्रेस ने एक तस्वीर साझा की है, जिसे देखने से लग रहा है कि जैसे वह कोई स्क्रिप्ट पढ़ रही हो। इस तस्वीर को शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा, "जो जुनून के दम पर आगे बढ़ते हैं, वो रुकते नहीं हैं।" मौत होने से कुछ घंटे पहले ही तुनिशा शर्मा ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी साझा की थी, जिसमें वह मेकअप कराती दिखी थीं। उनके साथ के को-स्टार्स हैरान हैं कि वह कुछ देर पहले बिल्कुल ठीक थीं। फिर अचानक ही क्या हुआ कि तुनिशा ने फांसी लगा ली। -
ऑस्कर के लिए ‘शॉर्टलिस्ट' की गई फिल्म “छेल्लो शो” और गीत “नातु नातु”
नयी दिल्ली। आगामी ऑस्कर पुरस्कारों के लिए नामित भारतीय फिल्म ''छेल्लो शो'', चर्चित फीचर डॉक्यूमेंट्री ''ऑल दैट ब्रीथ्स'', लघु डॉक्यूमेंट्री ''द एलिफेंट व्हिस्परर्स'' और ब्लॉकबस्टर फिल्म ''आरआरआर'' के गीत ''नातू नातू'' को 95वें अकादमी पुरस्कारों के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है। आयोजकों ने गुरुवार को यह जानकारी दी। ‘एकेडमी ऑफ मोशन पिक्चर आर्ट्स एंड साइंसेज' ने 10 श्रेणियों में शॉर्टलिस्ट फिल्म, डॉक्यूमेंट्री आदि की घोषणा की, जिनमें डॉक्यूमेंट्री फीचर फिल्म, लघु डॉक्यूमेंट्री फिल्म, अंतरराष्ट्रीय फीचर फिल्म, मेकअप और हेयरस्टाइलिंग, म्यूजिक (ओरिजिनल स्कोर), म्यूजिक (ओरिजिनल सांग), एनिमेटेड लघु फिल्म, लाइव एक्शन लघु फिल्म, ध्वनि और दृश्य प्रभाव शामिल हैं। भारत ने संभवत: पहली बार ऑस्कर की चार श्रेणियों में मुकाबले के लिए जगह बनाई है। अकादमी पुरस्कार के लिए अंतिम नामांकन की घोषणा 24 जनवरी को की जाएगी और अंतिम पुरस्कार समारोह 12 मार्च को लॉस एंजिलिस में होगा। पान नलिन द्वारा निर्देशित गुजराती फिल्म “छेल्लो शो” (अंग्रेजी शीर्षक “लास्ट फिल्म शो”) सिनेमा के प्रेम में डूबे सौराष्ट्र के एक गांव के युवा लड़के की कहानी है। “छेल्लो शो” के निर्देशक और निर्माताओं ने एक संयुक्त बयान में कहा, ‘‘हम एफएफआई और “छेल्लो शो” देखने वाले लाखों दर्शकों का आभार जताना चाहते हैं। यह भारत के लिए एक ऐतिहासिक क्षण है और हम जल्द ही ऑस्कर लाने की उम्मीद करते हैं।'' अकादमी पुरस्कारों की आधिकारिक वेबसाइट के मुताबिक, “छेल्लो शो” का मुकाबला 14 अन्य फिल्मों से होगा, जिनमें ''अर्जेंटीना, 1985'' (अर्जेंटीना), ''डिसीजन टू लीव'' (दक्षिण कोरिया), ''ऑल क्वाइट ऑन द वेस्टर्न फ्रंट'' (जर्मनी) और ''क्लोज'' (बेल्जियम) शामिल हैं। “आरआरआर” के “नातु नातु” गाने को सर्वश्रेष्ठ संगीत (ओरिजिनल सांग) श्रेणी में शॉर्टलिस्ट किया गया है। इस गीत का मुकाबला भी 14 अन्य गानों से होगा, जिनमें “अवतार : द वे ऑफ वॉटर” का “नथिंग इज लॉस्ट (यू गिव मी स्ट्रेंथ)”, “ब्लैक पैंथर : वकंडा फॉरएवर” का “लिफ्ट मी अप”, “गुइलेर्मो डेल टोरोज पिनोचियो” का “सियाओ पापा” और “टॉप गन : मेवरिक” का “होल्ड माई हैंड” और “व्हेयर द क्रैडैड्स सिंग” का “कैरोलाइना” शामिल है। “आरआरआर” के निर्माताओं ने ट्वीट किया, ‘‘नातु नातु अकादमी पुरस्कार के लिए शॉर्टलिस्ट होने वाला पहला भारतीय गाना बन गया है। इस पूरी यात्रा के दौरान हमारा समर्थन करने के लिए आप सभी का धन्यवाद।' -
मुंबई. फिल्म निर्माता आनंद पंडित ने बृहस्पतिवार को कहा कि उन्होंने विशाल भारद्वाज की चर्चित फिल्मों “ओमकारा” और “देसी बॉयज” का सीक्वेल बनाने के लिए इरोस इंटरटेनमेंट व फिल्म निर्माता पराग सांघवी से हाथ मिलाया है। साल 2006 में आई “ओमकारा” शेक्सपियर के नाटक “ओथेलो” पर आधारित हिंदी फिल्म थी जबकि ‘देसी बॉयज़” (2011) में आर्थिक मंदी के कारण अपनी नौकरी गंवाने वाले दो दोस्तों की कहानी दिखाई गई है, जो बाद में पुरुष अंगरक्षक के तौर पर काम शुरू करते हैं। ‘आनंद पंडित मोशन पिक्चर्स' के पंडित ने कहा कि इन दोनों फिल्मों पर दोबारा काम करने और इन्हें नयी पीढ़ी के सामने पेश करने का यह सही समय है। निर्माता ने एक बयान में कहा, “अलग-अलग कारणों से इन फिल्मों के चाहने वालों की बड़ी तादाद है और ऐसा लगता है कि इन हिट फिल्मों को फिर से दिखाने और इनकी कहानियों को नयी पीढ़ी के दर्शकों के सामने पेश करने का यह सही समय है।” इरोस मोशन पिक्चर्स के अध्यक्ष सुनील लुल्ला ने कहा कि वे पंडित के साथ सहयोग करने को लेकर रोमांचित हैं। उन्होंने कहा, “हम अक्सर सोचते हैं कि हमारे पसंदीदा सिनेमाई पात्रों के साथ क्या हुआ होगा और क्या उनकी यात्रा उन्हें आश्चर्यजनक दिशाओं में ले गई। ये फिल्में ऐसे कई सवालों का जवाब देंगी।” ‘ओमकारा' में जहां अजय देवगन, करीना कपूर, सैफ अली खान, कोंकणा सेन शर्मा, विवेक ओबेरॉय और बिपाशा बसु ने अभिनय किया था तो ‘देसी बॉयज' में अक्षय कुमार, जॉन अब्राहम, दीपिका पादुकोण व चित्रांदगा सिंह अभिनय करते नजर आए थे। -
मुंबई. अक्षय कुमार अभिनीत ‘राम सेतु' 23 दिसंबर से प्राइम वीडियो पर प्रसारित की जाएगी। स्ट्रीमिंग मंच प्राइम वीडियो ने बुधवार को यह घोषणा की। ‘परमाणु' और ‘तेरे बिन लादेन' फेम निर्देशक अभिषेक शर्मा द्वारा निर्देशित ‘राम सेतु' इस साल अक्टूबर में देशभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित की गई थी। इसमें जैकलीन फर्नांडीज और नुसरत भरूचा ने भी अहम किरदार निभाए हैं। फिल्म का निर्माण प्राइम वीडियो ने अक्षय की केप ऑफ गुड फिल्म्स, लाइका प्रोडक्शंस और अबंडनशिया इंटरटेनमेंट के साथ मिलकर किया है। अक्षय ने एक बयान में कहा कि ‘राम सेतु' एक ऐसी फिल्म है, जिसकी जड़ें भारतीय इतिहास में समाई हुई हैं और उन्हें खुशी है कि प्राइम वीडियो पर प्रदर्शन के साथ ही यह बड़े पैमाने पर दर्शकों के बीच पहुंच सकेगी। अभिनेता ने कहा, “सिनेमाघरों में प्रदर्शन के दौरान ‘राम सेतु' को अच्छी प्रतिक्रिया मिली और हम इसे बड़े पैमाने पर दर्शकों के बीच ले जाने को लेकर उत्सुक हैं। यह एक अच्छी तरह से रिसर्च करके बनाई गई फिल्म है, जो न सिर्फ कहानी बयां करने की कला में प्रामाणिकता लाती है, बल्कि दर्शकों को अत्याधुनिक वीएफएक्स तकनीक पर आधारित दृश्यों के माध्यम से एक व्यापक अनुभव भी देती है।
- बॉलीवुड के 'हीरो नंबर 1 और अपनी कमाल की कॉमिक टाइमिंग के लिए मशहूर गोविंदा आज अपना 59 वां जन्मदिन मना रहे हैं। गोविंदा इंडस्ट्री के एक ऐसे अभिनेता हैं, जिन्हें बड़े पर्दे पर देख फैंस हंसने पर मजबूर हो जाते थे। 90 के दशक में वह जब भी स्क्रीन पर नजर आते लोगों को खूब हंसाते। आज भी कॉमिक टाइमिंग के मामले में उनका कोई सानी नहीं है। उस दौर में वह बॉलीवुड के तीनों खान को अकेले ही कांटे की टक्कर देते थे।गोविंदा की निजी जिंदगी की बात करें तो उनके पिता अरुण कुमार अहूजा भी अपने दौर के मशहूर कलाकार थे। उन्होंने 30-40 फिल्मों में काम भी किया था। वहीं, उनकी मां निर्मला देवी शास्त्रीय गायिका थीं, जो फिल्मों में गाना गाती थीं। 21 दिसंबर 1963 को मुंबई में जन्मे गोविंदा ने कॉमर्स में ग्रेजुएट होने के बाद कई जगह नौकरी की थी। 80 के दशक में उन्हें एलविन नाम की कंपनी का विज्ञापन मिला और उनकी किस्मत चमक गई। इसके बाद 1986 में उन्होंने 'इल्जाम' से बड़े पर्दे पर डेब्यू किया और पहली ही फिल्म से छा गए।गोविंदा इंडस्ट्री के वो अभिनेता हैं, जो जिस फिल्म को छू देते थे वो ब्लॉकबस्टर साबित होती थी। गोविंदा उस वक्त वो करके दिखा देते थे, जो तीनों खान सलमान खान, शाहरुख खान और आमिर खान भी नहीं कर पाते थे। गोविंदा ने 22 साल की उम्र में ही वो मुकाम हासिल कर लिया था, जो शायद ही किसी ने पाया हो। एक समय पर जिस गोविंदा को कोई नहीं जानता था, वह 22 साल की उम्र में ही 50 फिल्में साइन कर चुके थे। अपने करियर में उन्होंने 165 से ज्यादा फिल्मों में काम किया है।गोविंदा की फिल्मों को लोग इतना पसंद करते थे कि उन्हें देखने के लिए थिएटर के बाहर लाइन लगती थी। उस वक्त थिएटर में भारी भीड़ देखकर ही लोगों को अंदाजा हो जाता था कि उनकी फिल्म लगी है। 'राजा बाबू', 'शोला और शबनम', 'कुली नंबर 1','दीवाना मस्ताना', 'बड़े मिया छोटे मिया', 'हीरो नंबर 1', 'हसीना मान जाएगी', 'साजन चले ससुराल', 'दूल्हे राजा' कुछ ऐसी ही फिल्में हैं, जो सुपरहिट साबित हुई थीं। वहीं, अभिनेता की शादीशुदा जिंदगी की बात करें तो उन्होंने 1987 में सुनीता आहूजा से शादी की थी और दोनों के दो बच्चे टीना आहूजा और यशवर्धन आहूजा हैं।आज गोविंदा कम ही फिल्मों में नजर आते हैं. लेकिन जब भी वे किसी रियलिटी शो में विशेष मेहमान बनकर पहुंचते हैं, तो अपना रंग जमा देते हैं।
-
नई दिल्ली। एसएस राजमोली की फिल्म आरआरआर को साइट एंड साउंड पत्रिका की शीर्ष 50 वैश्विक फिल्मों की सूची में शामिल किया गया है। इस सूची में शौनक सिंह का प्रख्यात वृत्तचित्र ऑल देट ब्रेथस को भी शामिल किया गया है। आरआरआर फिल्म इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारों की दौड़ में सबसे आगे चल रही है। यह फिल्म -स्वतंत्रता पूर्व 1920 के दो क्रांतिकारियों अल्लूरी सीताराम राजू और कोमाराम भीम के जीवन पर आधारित है।
- मुंबई।. टीवी की लोकप्रिय एक्ट्रेस गौहर खान ने फैंस को गुड न्यूज दी है कि वे मां बनने वाली हैं। जल्द ही उनके घर में बच्चे की किलकारियां गूंजने वाली हैं। उन्होंने पति जैद दरबार संग एक वीडियो शेयर किया और ये खुशखबर सुनाई। दोनों ने साल 25 दिसंबर 2020 में शादी की थी। उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। साथ ही सिलेब्स से लेकर फैंस तक उन्हें बधाई दे रहे हैं।गौहर खान ने जो वीडियो शेयर किया है, वो उनकी शादी वाले वीडियो से मिलता-जुलता है। इस वीडियो में लिखा है, 'जब जेड मिला जी से तो एक से बने दो और अब एडवेंचर जारी है और हम जल्द ही तीन होने जा रहे हैं। गौहर एंड जैद प्लस वन'। गौहर ने इस खास वक्त में सभी से दुआ करने की गुजारिश की है।गौहर खान साल 2013 में 'बिग बॉस 7' के को-कंटेस्टेंट कुशाल टंडन संग रिलेशनशिप में थीं। हालांकि, बाद में इनका रिश्ता टूट गया। नवंबर 2020 में गौहर ने म्यूजिक डायरेक्टर इस्माइल दरबार के बेटे जैद दरबार से सगाई की और इसी साल दिसंबर महीने में शादी की।23 अगस्त 1983 को जन्मीं गौहर खान मॉडल भी रह चुकी हैं। उन्होंने साल 2002 में फैमिना मिस इंडिया कॉन्टेस्ट में हिस्सा लिया था। वो कई डांस सॉन्ग में नजर आईं। इसके बाद उन्होंने यशराज फिल्म्स की मूवी 'रॉकेट सिंह' (2009) से एक्टिंग में डेब्यू किया। बाद में वो 'एक्शन थ्रिलर गेम', 'इश्कजादे', 'द सस्पेंस थ्रिलर फीवर' और 'बद्रीनाथ की दुल्हनिया' सहित कई मूवीज में नजर आईं। उन्होंने साल 2013 में रिएलिटी शो 'बिग बॉस 7' में हिस्सा लिया था और वो इस सीजन की विनर थीं।
- मुंबई। फीफा वर्ल्ड कप 2022 में बॉलीवुड सेलेब्स की एक्साइटमेंट देखते ही बन रही थी। अर्जेंटीना बनाम फ्रांस के फुटबॉल मुकाबले को देखने के लिए कई बड़े सितारे कतर पहुंचे थे। दीपिका पादुकोण से लेकर एक्टर रणवीर सिंह और कार्तिक आर्यन भी इस फुटबॉल वर्ल्ड कप का हिस्सा बनें। हालांकि इस दौरान बॉलीवुड की 'मस्तानी' यानी दीपिका पादुकोण को फीफा वर्ल्ड कप की ट्रॉफी लॉन्च करने का मौका मिला, जिससे उन्होंने दुनियाभर में भारत का नाम ऊंचा किया। बता दें कि दीपिका पादुकोण ऐसा करने वाली पहली ग्लोबल स्टार बन गई हैं।फीफा की वर्ल्ड कप ट्रॉफी को लॉन्च करने के बाद एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से एक वीडियो पोस्ट किया है। जिसमें 'पठान' एक्ट्रेस फुटबॉल के इस वर्ल्ड कप की ट्रॉफी का अनावरण करती नजर आ रही हैं। इस वीडियो को शेयर करते हुए एक्ट्रेस ने कैप्शन में लिखा, "फीफा वर्ल्ड कप ट्रॉफी के अनावरण से लेकर खेल इतिहास के सबसे महान खेलों में से एक को देखने तक, मैं वास्तव में इससे अधिक की उम्मीद नहीं कर सकती थी।"दीपिका पादुकोण के इस पोस्ट पर लोग खूब कमेंट कर रहे हैं और अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने कमेंट करते हुए एक्ट्रेस को प्रेरणा बताया तो कुछ एक्ट्रेस को भारत का गर्व बताते नजर आए। बता दें कि एक्ट्रेस ने पूर्व फुटबॉल प्लेयर इकर कैसिलास के साथ मिलकर लुसैल स्टेडियम में इस ट्रॉफी को लॉन्च किया था।वर्क फ्रंट की बात करें तो एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण जल्द ही शाहरुख खान के साथ फिल्म 'पठान' में नजर आएंगी। हाल ही में इस फिल्म का पहला सॉन्ग 'बेशर्म रंग' रिलीज हुआ है, जिसमें दीपिका का सिजलिंग अंदाज लोगों के होश उड़ा रहा है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी शाहरुख खान, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम स्टारर यह फिल्म अगले साल 25 जनवरी को रिलीज होगी।
-
नयी दिल्ली,। दिल्ली की एक अदालत जैकलीन फर्नांडिस के खिलाफ दाखिल अभिनेत्री नोरा फतेही की आपराधिक शिकायत पर 21 जनवरी को सुनवाई कर सकती है। इस शिकायत में फतेही ने फर्नांडिस पर ‘ठग' सुकेश चंद्रशेखर से संबंधित 200 करोड़ रुपये के धनशोधन मामले में कथित तौर पर गलत तरीके से उनका नाम घसीटकर उन्हें बदनाम करने का आरोप लगाया है। कनाडा की नागरिक फतेही ने अपनी शिकायत में 15 मीडिया संस्थानों को भी आरोपी के तौर पर नामजद किया है।
शिकायत मुख्य मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट स्निग्धा सावरिया के सामने पेश की गई, जिन्होंने यह मामला मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट कपिल गुप्ता को सौंप दिया। इसके बाद मेट्रोपॉलिटन मजिस्ट्रेट गुप्ता ने मामले की सुनवाई को 21 जनवरी के लिए सूचीबद्ध कर दिया। उस दिन यह तय किया जाएगा कि शिकायत पर संज्ञान लिया जाए या नहीं। फतेही ने 12 दिसंबर को दाखिल अपनी शिकायत में कहा है कि “उनका तेजी से आगे बढ़ता करियर और काफी प्रतिष्ठा है, जिसके चलते उनके प्रतिद्वंद्वी खतरा महसूस कर रहे हैं और उनसे सही तरीके से प्रतिस्पर्धा करने में असमर्थ हैं।” शिकायत में दावा किया गया है कि बॉलीवुड अभिनेत्री फर्नांडिस द्वारा लगाए गए आरोप गलत हैं कि फतेही को भी चंद्रशेखर की तरफ से उपहार मिले थे। -
मुंबई। अवतार द वे ऑफ वाटर ओपनिंग डे से ही रिकॉर्ड तोड़ कमाई कर रही है. फिल्म को रिलीज हुए मात्र 3 दिन ही हुए है। यह भारत में 100 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर चुकी है। फिल्म को जेम्स कैमरून ने डायरेक्ट किया है। फिल्म कमाई से साफ दिख रहा है कि इसे ऑडियंस और क्रिटिक्स से कितना प्यार मिल रहा है। सिर्फ भारत में ही नहीं, दुनियाभर में ऑडियंस में सिनेमाघरों में पानी की इस नीली दुनिया के एक्शन और ड्रामा को एन्जॉय कर रही है।
अवतार द वे ऑफ वाटर यानी अवतार 2 ने भारत में ओपनिंग डे पर 41 करोड़ रुपए से ज्यादा बिजनेस किया। दूसरे दिन इसने 44 करोड़ रुपए से ज्यादा का बिजनेस किया। पहले दो दिन में ही अवतार 2 ने 86 करोड़ रुपए से ज्यादा का बिजनेस कर लिया था। फिल्म ने रविवार को रिकॉर्ड तोड़ते हुए 50 करोड़ रुपए से ज्यादा का बिजनेस किया है। यानी फिल्म ने मात्र तीन में दिन में 136.45 करोड़ रुपए का बिजनेस कर लिया है। - नयी दिल्ली। अभिनेत्री कंगना रनौत ने संसद परिसर के अंदर अपनी फिल्म 'इमरजेंसी' की शूटिंग के लिए लोकसभा सचिवालय से अनुमति मांगी है। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी है। सूत्रों ने बताया कि रनौत का पत्र विचाराधीन है लेकिन उन्हें इजाज़त मिलने की संभावना नहीं है।उन्होंने कहा कि लोकसभा सचिवालय को लिखे पत्र में रनौत ने अनुरोध किया है कि उन्हें संसद परिसर के अंदर आपातकाल पर आधारित फिल्म की शूटिंग करने की अनुमति दी जाए। आम तौर पर, निजी संस्थाओं को संसद परिसर के अंदर शूटिंग या वीडियो बनाने की अनुमति नहीं दी जाती है। सूत्रों ने कहा कि किसी आधिकारिक या सरकारी काम के लिए शूटिंग की जा रही हो तो अलग बात है। उन्होंने कहा कि मुख्य रूप से सरकारी प्रसारक, दूरदर्शन और संसद टीवी को संसद के अंदर कार्यक्रमों की शूटिंग करने की इजाज़त है। सूत्रों ने कहा कि किसी निजी पक्ष को संसद के अंदर निजी काम की शूटिंग करने की इजाज़त दिए जाने की कोई मिसाल नहीं है। 'इमरजेंसी' की शूटिंग इस साल जून में शुरू हुई थी। फिल्म का निर्देशन रनौत कर रही हैं। इसके अलावा वह स्वयं फिल्म की लेखक और निर्माता भी हैं। वह फिल्म में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की भूमिका भी निभा रही हैं, जिन्होंने 1975 में देश में आपातकाल लगाया था। रनौत ने एक बयान में कहा था, “आपातकाल भारतीय राजनीतिक इतिहास के सबसे महत्वपूर्ण दौर में से एक को दर्शाता है, जिसने सत्ता को देखने के हमारे नजरिए को बदल दिया और इसलिए मैंने यह कहानी बताने का फैसला किया।” देश में 25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक आपातकाल लागू रहा था। 21 महीने की इस अवधि के दौरान लोगों के मौलिक अधिकारों पर पाबंदियां लगा दी गई थी। आपातकाल के बाद हुए लोकसभा चुनावों में कांग्रेस को 1947 में भारत के आज़ाद होने के बाद पहली बार हार का सामना करना पड़ा था।
- जबलपुर। जबलपुर के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल धुआंधार व भेड़ाघाट जलप्रपात पर शाहरुख खान को लेकर बनाई जा रही फिल्म ‘डंकी' की शूटिंग की खबर मिलने पर कुछ दक्षिणपंथी हिंदू संगठनों ने विरोध करने की कोशिश की। एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि फिल्म की शूटिंग शुक्रवार को ही खत्म हो गयी थी और यहां तीन दिवसीय शूटिंग के दौरान सुपर स्टार खान सहित कोई भी मुख्य कलाकार मौजूद नहीं था। खान की आगामी फिल्म ‘पठान' के एक गीत में अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की वेशभूषा के रंग को लेकर हिंदू भावनाओं को आहत करने का दावा करते हुए बजरंग दल और विश्व हिंदू परिषद जैसे संगठनों ने शुक्रवार को विरोध करने का कार्यक्रम बनाया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि नारेबाजी कर रहे प्रदर्शनकारियों ने शूटिंग स्थल पर पुलिस द्वारा लगाए गए बैरिकेड्स को पार करने की कोशिश की, लेकिन ऐसा करने में असफल रहे। प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि उनमें से कुछ ने शूटिंग की अनुमति देने के लिए जबलपुर कलेक्टर के खिलाफ नारेबाजी की और बैरिकेड्स के साथ खड़े पुलिसकर्मियों को धक्का देने की कोशिश की। शहर की पुलिस अधीक्षक प्रियंका शुक्ला ने फोन पर बताया कि ‘‘ हमने संयम दिखाया। शूटिंग कार्यक्रम जबलपुर कलेक्टर की अनुमति से आयोजित किया गया था। शूटिंग शुक्रवार को ही पूरी हो गयी थी। प्रदर्शनकारियों ने शूटिंग रोकने की मांग को लेकर तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा।'' इससे पहले मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और कुछ अन्य लोगों ने फिल्म पठान के एक गाने में भगवा वेशभूषा पर आपत्ति जताई थी।
- मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान ने अपनी विवादित फिल्म ‘पठान' की सफलता के बारे में सवालों का जवाब देते हुए शनिवार को कहा कि उनका काम अनुमान लगाना नहीं, बल्कि मनोरंजन करना है। उन्होंने दक्षिणपंथी संगठनों द्वारा अपनी फिल्म का बहिष्कार किये जाने के आह्वान के मद्देनजर यह कहा है। शाहरूख (57) ने एक ट्विटर सत्र में ‘पठान' से जुड़े सवालों का जवाब दिया, लेकिन फिल्म के प्रथम गीत ‘बेशरम रंग' को लेकर उत्पन्न विवाद पर कुछ नहीं कहा। इस गीत के खिलाफ देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन हुए हैं। दक्षिणपंथी संगठन और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने फिल्म का बहिष्कार करने का आह्वान किया है। वे शाहरुख और दीपिका पादुकोण पर फिल्माये गये गीत में भगवा और हरा रंग के परिधान का इस्तेमाल किये जाने को लेकर आपत्ति जता रहे हैं। सिद्धार्थ आनंद निर्देशित फिल्म के प्रति लोगों की प्रतिक्रिया पर उनके अनुमान के बारे में एक ट्विटर उपयोगकर्ता द्वारा पूछे जाने पर अभिनेता ने कहा, ‘‘अनुमान लगाना मेरा काम नहीं है...मेरा काम आपका मनोरंजन करना और आपको मुस्कुराहट देना है।'' उन्होंने एक अन्य व्यक्ति के सवाल का जवाब देते हुए कहा कि यह एक ‘‘देशभक्ति'' फिल्म है। यह फिल्म अगले साल 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


.jpg)

.jpg)









.jpeg)





.jpg)


.jpg)
.jpg)

.jpg)
