जनजातीय गौरव दिवस पर महासमुंद में जिला स्तरीय समारोह आयोजित
-जनजातीय समाज की गौरवशाली परंपरा, संस्कृति और बलिदान देश की अमूल्य धरोहर - सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी
-विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व सांसद श्री चुन्नीलाल साहू,एवं बीज विकास निगम अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को किया नमन
महासमुंद / राज्य शासन के निर्णयानुसार भगवान बिरसा मुंडा की जयंती 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर 16 से 18 नवंबर तक प्रदेश के सभी जिलों में जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत, संस्कृति, परंपराओं और स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान को स्मरण करने के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज अंबेडकर मंगल भवन खैरा में जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह का भव्य आयोजन किया गया।
समारोह में सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। कार्यक्रम में विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व सांसद श्री चुन्नीलाल साहू, छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधियों एवं जनजातीय समाज के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, संघर्ष और राष्ट्र के प्रति समर्पण को नमन किया गया।
सांसद श्रीमती रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि आज हम सभी के लिए अत्यंत गौरव और सम्मान का अवसर है कि हम भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती मना रहे हैं। राज्य शासन के निर्णयानुसार 16, 17 एवं 18 नवंबर को पूरे प्रदेश में जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। आज का दिन केवल भगवान बिरसा मुंडा को याद करने का दिन नहीं है, बल्कि उनके अदम्य साहस, अतुलनीय योगदान, संघर्ष और बलिदान को स्मरण करने तथा जनजातीय समाज की समृद्ध विरासत को सम्मान देने का अवसर है।
उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा सहित देश के अनेक जनजातीय वीर नायकों ने अपनी मातृभूमि, संस्कृति, परंपरा और समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया। इन वीर सपूतों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने जनजातीय समाज के सभी महान नायकों को नमन करते हुए कहा कि भारत की प्राचीन संस्कृति, परंपराओं और प्राकृतिक धरोहर के संरक्षण में जनजातीय समाज की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। आदिकाल से ही जनजातीय समाज ने अपनी जीवनशैली, लोक परंपराओं, प्रकृति के प्रति सम्मान और सांस्कृतिक मूल्यों के माध्यम से भारतीय संस्कृति को समृद्ध बनाया है।
सांसद श्रीमती चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास की भावना के अनुरूप जनजातीय समाज के उत्थान एवं विकास के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) तथा धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान जैसी योजनाओं के माध्यम से विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (पीवीटीजी) सहित जनजातीय समुदायों तक आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि यह हम सभी के लिए गर्व का विषय है कि देश की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मु जनजातीय समाज से आती हैं और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय भी जनजातीय समाज का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की प्रतिभा, परंपरा और सामर्थ्य को उचित अवसर प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक विकास की योजनाओं का लाभ पहुंचे तथा आने वाली पीढ़ी शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से आगे बढ़े, यही जनजातीय गौरव दिवस का वास्तविक उद्देश्य है। उन्होंने सभी से भगवान बिरसा मुंडा के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने और जनजातीय समाज की गौरवशाली विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।
विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि छत्तीसगढ़ की पहचान यहां की समृद्ध जनजातीय संस्कृति, परंपराओं और प्रकृति के साथ आत्मीय संबंधों से है। जनजातीय समाज ने सदियों से जल, जंगल और जमीन की रक्षा के साथ-साथ राष्ट्र और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और समाज को एकजुट करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार जनजातीय समाज के सामाजिक, आर्थिक और शैक्षणिक विकास के लिए प्रतिबद्ध है। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने युवाओं से शिक्षा को प्राथमिकता देने, अपनी संस्कृति पर गर्व करने तथा समाज के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
पूर्व सांसद श्री चुन्नीलाल साहू ने अपने उद्बोधन में कहा कि भगवान बिरसा मुंडा भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के ऐसे महान जननायक थे, जिन्होंने जनजातीय समाज में स्वाभिमान और अधिकारों के प्रति चेतना जागृत की। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अन्याय और शोषण के विरुद्ध संघर्ष किया तथा समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों की रक्षा करने का संदेश दिया। जनजातीय समाज ने देश की आजादी, संस्कृति और परंपराओं को सुरक्षित रखने में ऐतिहासिक योगदान दिया है। आज आवश्यकता है कि हम उनके संघर्षों और बलिदानों को नई पीढ़ी तक पहुंचाएं। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज की परंपराओं, लोककलाओं, भाषा और सांस्कृतिक पहचान का संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
छत्तीसगढ़ बीज विकास निगम के अध्यक्ष श्री चंद्रहास चंद्राकर ने कहा कि जनजातीय गौरव दिवस केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि देश के उन महान नायकों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है, जिन्होंने अपनी संस्कृति, अस्मिता और मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया। भगवान बिरसा मुंडा का जीवन हमें आत्मसम्मान, सामाजिक एकता और संघर्ष की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज का प्रकृति के प्रति सम्मान, सामुदायिक सहयोग और पारंपरिक ज्ञान हमारी सांस्कृतिक धरोहर है। इस विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक शिक्षा, कृषि, रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से समाज को जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने जनजातीय समाज के विकास और उन्हें मुख्यधारा के अवसरों से जोड़ने के लिए सामूहिक प्रयास करने की बात कही।
समारोह को जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भीखम सिंह ठाकुर, श्री थान सिंह दीवान एवं उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने जनजातीय समाज के स्वतंत्रता सेनानियों एवं महापुरुषों के योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की एकता, सांस्कृतिक पहचान, परंपराओं के संरक्षण और नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली विरासत से परिचित कराने पर विशेष जोर दिया गया।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि एवं जनप्रतिनिधियों ने समाज के प्रमुख सदस्यों एवं प्रतिभावान छात्रों को सम्मानित किया गया। साथ ही समाज के उत्कृष्ट विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का चेक प्रदान किया गया। इसी तरह हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री भी वितरण किया गया। जिसमें पीएम आवास की सांकेतिक चाबी, आयुष्मान कार्ड, कृषि विभाग द्वारा हितग्राहियांे का मसूर और उड़द दलहन किट वितरित किया गया। प्रदेश स्तर पर जिला और समाज का नाम रोशन करने वाले युवा खिलाड़ियों को भी इस अवसर पर प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मोंगरा पटेल, उपाध्यक्ष श्री भीखम सिंह ठाकुर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती दिशा दीवान, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, जनपद उपाध्यक्ष श्रीमती हुलसी चंद्राकर, जनपद सदस्य श्रीमती निधि चंद्राकर, श्रीमती विजय लक्ष्मी जांगड़े, श्री थान सिंह दीवान, श्री पीयूष साहू, श्री महेंद्र सिक्का, श्री शरद मराठा, जिला पंचायत सीईओ सुश्री अनुपमा आनंद सहित जनजातीय समाज के प्रतिनिधि एवं सदस्य आदिवासी विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित थे।











.jpeg)

Leave A Comment