ब्रेकिंग न्यूज़

 श्रद्धांजलि: फिल्म जगत के वे सितारे जिन्हें हमने 2025 में खो दिया

 नयी दिल्ली. भारतीय सिनेमा के लिए 2025 वह साल रहा जिसमें उसने धर्मेंद्र, असरानी, ​​मनोज कुमार, कामिनी कौशल... जैसे अपने कई प्रतिभाशाली और लोकप्रिय कलाकारों को खो दिया। इन कलाकारों की फिल्मों में उभरते हुए भारत के सरोकारों को तमाम कोणों से दर्शाया गया था।
 ‘शोले', ‘अनुपमा' और ‘चुपके चुपके' जैसी फिल्मों से लोगों के दिलों में पहचान बनाने वाले धर्मेंद्र का निधन उनके 90 वें जन्मदिन से कुछ ही दिन पहले हुआ 24 नवंबर को हुआ। वे एक महीने से अधिक समय से अस्पताल में भर्ती थे। उनकी आखिरी फिल्म ‘इक्कीस' है, जो एक जनवरी 2026 को रिलीज होगी। धर्मेंद्र के संघर्ष के दिनों के घनिष्ठ मित्र और हिंदी सिनेमा में देशभक्ति फिल्मों को नयी परिभाषा देने वाले अभिनेता मनोज कुमार का लंबी बीमारी के बाद इस साल चार अप्रैल को निधन हो गया। वे 87 वर्ष के थे। ‘शोले' के रिलीज होने के 50 वर्ष पूरे होने वाले साल के दौरान फिल्म उद्योग ने धर्मेंद्र और गोवर्धन असरानी जैसे दो प्रसिद्ध सितारों को खो दिया। फिल्म के शुरुआती हिस्से में जेलर की यादगार भूमिका निभाने वाले असरानी 84 वर्ष के थे। सिर्फ ‘शोले' ही नहीं, असरानी ने कई फिल्मों में एक कलाकार के रूप में अमिट छाप छोड़ी। हिंदी सिनेमा की सबसे शिक्षित और शुरुआती महिला सितारों में से एक, कामिनी कौशल का 14 नवंबर को 98 वर्ष की आयु में निधन हो गया। कौशल ने अपने दौर के सभी शीर्ष सितारों के साथ काम किया, लेकिन विशेष रूप से दिलीप कुमार के साथ ‘शहीद', ‘नदिया के पार' और ‘शबनम' जैसी फिल्मों में उनकी भूमिका को सराहा गया। गायक और असम के सांस्कृतिक प्रतीक जुबिन गर्ग के 52 वर्ष की आयु में निधन हो जाने से राज्य में शोक की लहर दौड़ गई थी। गर्ग उत्तर पूर्व भारत महोत्सव में भाग लेने के लिए सिंगापुर गए थे और 19 सितंबर को समुद्र में तैरते समय उनका निधन हो गया। फिल्मों और टीवी शो में अपनी भूमिकाओं के लिए पहचान बनाने वाले अभिनेता सतीश शाह का 25 अक्टूबर को गुर्दे की बीमारी के कारण निधिन हो गया। वे 74 वर्ष के थे। ‘जाने भी दो यारों'' जैसी फिल्मों में उनके अभिनय को सराहा जाता है। दक्षिण भारतीय अभिनेत्री बी सरोजा देवी का निधन भी इसी साल हुआ और उन्होंने तमिल, तेलुगु और कन्नड़ फिल्मों में काम किया था। गुजरे जमाने की हिंदी और मराठी सिनेमा की लोकप्रिय स्टार संध्या शांताराम का अक्टूबर में 94 साल की उम्र में निधन हो गया। लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री शेफाली जरीवाला ने रीमिक्स ट्रैक ‘कांटा लगा' में अपनी दमदार प्रस्तुति से प्रसिद्धि हासिल की तथा ‘बिग बॉस' एवं ‘नच बलिये' जैसे कई रियलिटी शो में भी वह नजर आईं। उनका 42 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बी. आर. चोपड़ा की ‘महाभारत' में कर्ण और काल्पनिक नाटक ‘चंद्रकांता' में राजा शिवदत्त की भूमिका निभाने वाले टेलीविजन स्टार पंकज धीर का 15 अक्टूबर को निधन हो गया था। वह कैंसर से जूझ रहे थे और उनकी उम्र 68 वर्ष थी। हिंदी सिनेमा की मशहूर गायिका और अभिनेत्री सुलक्षणा पंडित का निधन नवंबर में हुआ। वह 1970 के दशक की फिल्मों में अपनी आवाज और भूमिकाओं के लिए जानी जाती थीं। उनकी उम्र 71 वर्ष थी।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english