प्रधानमंत्री ने बिहार में 14 हजार करोड़ रुपए की लागत वाली नौ राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखी
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंस के ज़रिये आज बिहार में 14 हजार दो सौ 58 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली नौ राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखी। इस अवसर पर बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि बिहार में राज्य के भीतर और बाहर बेहतर संपर्क सुविधाजनक और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा। श्री मोदी ने कहा कि लोगों की आवाजाही और सामानों की ढुलाई में भी सुधार होगा। इन परियोजनाओं में साढ़े तीन सौ किलोमीटर लम्बी सड़कों का निर्माण करना शामिल हैं जिनकी लागत चार हजार दो सौ 58 करोड़ रुपये है। इन परियोजनाओं के अन्तर्गत 39 किलोमीटर के छह लेन वाले पटना रिंग रोड़, आरा-मोहनिया, बख्तियारपुर-रजौली, नारायणपुर-पूर्णिया राष्ट्रीय राजमार्गों पर चार लेन के रिंग रोड़ का निर्माण किया जाएगा।
प्रधानमंत्री ने बिहार में बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए 2015 में विशेष पैकेज की घोषणा की थी। जिसमें 54 हजार सात सौ करोड़ रुपये की 75 परियोजनाएं शामिल हैं। इन परियोजनाओं में 13 का काम पूरा हो गया है और 38 परियोजनाओं का काम अंतिम चरण में है।
इस दौरान प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने तीन बड़े पुलों के उद्घाटन के बाद कहा कि इससे पुल क्षेत्र को बढ़ावा मिलेगा। इन परियोजनाओं के पूरा होने पर 21 वीं सदी के अनुरूप बिहार में बिहार में सभी नदियों पर पुल होंगे और सभी राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़े और मजबूत होंगे। इन पुलों में चार-चार लेन के पटना में स्थित महात्मा गांधी सेतु, कोसी नदी पर पुल और भागलपुर में विक्रमशिला सेतु शामिल है। प्रधानमंत्री के पैकेज के अंतर्गत गंगा नदी पर 17 पुलों का निर्माण कार्य चल रहा है।
प्रधानमंत्री ने बिहार में ऑप्टिकल फाइबर इंटरनेट सेवा का भी शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि इससे देश के छह लाख गांव आने वाले एक हजार दिनों में इंटरनेट से जुड़ जाएंगे। उन्होंने कहा कि हाई स्पीड इंटरनेट सेवा मिलने से ग्रामीण लोग भी सशक्त हो जाएंगे। प्रधानमंत्री ने कहा कि गांवों में इंटरनेट की सुविधा मिलने से ई-एजुकेशन, ई-एग्रीकल्चरी, टेली-मेडिसिन, टेली-लॉ और सामाजिक सुरक्षा योजना सहित अन्य योजनाएं डिजिटल माध्यम से एक बटन दबाने से सभी नागरिकों को मिलने में मदद करेंगी।
केन्द्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने ऑप्टिकल फाइबर इंटरनेट सेवा के उद्घाटन पर कहा कि भारत नेट के अंतर्गत तेज रफ्तार ब्रॉडबैंड के साथ बिहार के सभी ग्राम पंचायतों को जोड़ दिया गया है। उन्होंने कहा कि अगले चरण में ग्राम पंचायतों के गांवों को भी इंटरनेट सेवा से जल्द ही जोड़ दिया जाएगा। श्री प्रसाद ने कहा कि अब गांवों में भी फॉर जी सेवा और वाईफाई सेवा उपलब्ध होगी।
---








.jpg)
.jpg)
Leave A Comment