सैनिकों के सम्मान में एक दीया जरूर जलाएं : प्रधानमंत्री
नयी दिल्ली। दीपावली की पूर्व संध्या पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को देशवासियों से अपील की कि वे इस त्योहार के दिन सैनिकों के सम्मान में एक दीया जरूर जलाएं। उन्होंने कहा कि सैनिकों की अनुकरणीय बहादुरी के लिए शब्दों से कृतज्ञता ज्ञापित करने की भावना न्याय नहीं कर सकती। मोदी ने ट्वीट किया, इस दीपावली हम सभी एक दीया उन सैनिकों के सम्मान में जलाएं जो निडर होकर देश की रक्षा करते हैं। सैनिकों की अनुकरणीय बहादुरी के लिए उनके प्रति शब्दों से कृतज्ञता ज्ञापित करने की भावना न्याय नहीं कर सकती। हम सीमाओं पर डटे सैनिकों के परिवार वालों के प्रति भी कृतज्ञ हैं।
प्रधानमंत्री ने पिछले महीने अपने मासिक रेडिया कार्यक्रम मन की बात में भी देशवासियों से यह अपील की थी। उन्होंने इससे संबंधित अपने संबोधन की एक क्लिपिंग भी साझा की है। मोदी ने अपने संबोधन में कहा था कि इस दीपावली उन जाबाज सैनिकों को भी याद रखना है, जो, इन त्योहारों में भी सीमाओं पर डटे हैं और भारत-माता की सेवा और सुरक्षा कर रहे हैं। उन्होंने कहा था, हमें उनको याद करके ही अपने त्योहार मनाने हैं। हमें घर में एक दीया, भारत माता के इन वीर बेटे-बेटियों के सम्मान में भी जलाना है। मोदी की इस अपील के बाद भाजपा ने भी लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर सैनिकों के सम्मान में दीया जलाने की अपनी तस्वीरें साझा करें। भाजपा ने कहा, इस दीपावली प्रधानमंत्री ने हमारे बहादुर सैनिकों के लिए अपना आभार प्रकट करने को लेकर इस विशेष अभियान को शुरू किया है। आप सबसे आग्रह है कि सोशल मीडिया पर हैशटैग सैल्यूटटूसोल्जर्स का इस्तेमाल कर अपने सैनिकों के लिए दीये के साथ एक फोटो पोस्ट करें।
वर्ष 2014 में कार्यभार संभालने के बाद से प्रधानमंत्री उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पंजाब जैसे राज्यों तथा केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के अग्रिम इलाकों में सैनिकों के साथ समय गुजारते हुए दीपावली मनाते रहे हैं । इस दीपावली पर किसी सीमा चौकी पर प्रधानमंत्री के दौरे के बारे में आधिकारिक रूप से कुछ नहीं कहा गया है लेकिन माना जाता है कि वह इस परंपरा को कायम रखेंगे और अग्रिम इलाके में सैनिकों के साथ वक्त गुजारेंगे।








.jpg)
.jpg)
Leave A Comment