ईडी की हिंदी पत्रिका को राजभाषा कीर्ति पुरस्कार मिला
नयी दिल्ली. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिंदी पत्रिका 'प्रवर्तन संदेश' को सोमवार को हिंदी दिवस के मौके पर 'राजभाषा कीर्ति पुरस्कार' से सम्मानित किया गया। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। बयान के मुताबिक, केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार और नित्यानंद राय ने मुंबई में आयोजित छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन के दौरान 'प्रवर्तन संदेश' को यह पुरस्कार प्रदान किया। बयान में ईडी ने कहा, "प्रवर्तन निदेशालय की ओर से प्रकाशित 'प्रवर्तन संदेश' को हिंदी दिवस के मौके पर 'राजभाषा कीर्ति पुरस्कार 2025-26' से सम्मानित किया गया।" 'राजभाषा कीर्ति पुरस्कार' केंद्रीय गृह मंत्रालय के तहत राजभाषा विभाग की ओर से दिया जाता है।
'प्रवर्तन संदेश' केंद्रीय एजेंसी की आंतरिक हिंदी पत्रिका है। इसमें निदेशालय के कार्यक्षेत्र से जुड़े जटिल कानूनी, वित्तीय और जांच संबंधी विषयों के साथ-साथ राजभाषा हिंदी से संबंधित गतिविधियों को सरल, सहज, प्रभावी एवं सुगम भाषा में पेश किया जाता है।











Leave A Comment