देश में कोविड-19 के मामले 99.79 लाख के पार
नई दिल्ली। भारत में एक दिन में कोविड-19 के 22 हजार 890 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 99.79 लाख के पार पहुंच गए, जिनमें से 95 लाख से अधिक लोग संक्रमण मुक्त हो चुके हैं।
केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार 338 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1 लाख 44 हजार 789 हो गई। वहीं देश में अभी तक कोविड-19 के कुल 99 करोड़ 79 लाख 447 मामले सामने आ चुके हैं।
आंकड़ों के अनुसार 95 लाख 20 हजार 827 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही देश में मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 95.40 प्रतिशत हो गई। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.45 प्रतिशत है। देश में लगातार 12 दिनों से उपचाराधीन लोगों की संख्या चार लाख से कम है। अभी 3 लाख 13 हजार 831 लोगों का कोरोना वायरस संक्रमण का इलाज चल रहा है, जो कुल मामलों का 3.14 प्रतिशत है।
भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख के पार चली गई थी। वहीं, कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख, 29 अक्टूबर को 80 लाख और 20 नवम्बर को 90 लाख के पार चले गए थे।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार देश में अभी तक 15 करोड़ 89 लाख 18 हजार 646 नमूनों की कोविड-19 संबंधी जांच की गई, जिनमें से 11 लाख 13 हजार 406 नमूनों की जांच गुरुवार को की गई।
आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिन 338 लोगों की मौत हुई, उनमें से महाराष्ट्र के 65, पश्चिम बंगाल के 44 , दिल्ली के 35 और केरल के 27 लोग थे।
मंत्रालयों के आंकड़ों के अनुसार देश में वायरस से अभी तक 1,44,789 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें से महाराष्ट्र के 48,499, कर्नाटक के 11 हजार 981, तमिलनाडु के 11 हजार 942 , दिल्ली के 10 हजार 182, पश्चिम बंगाल के 9 हजार 235 , उत्तर प्रदेश के 8 हजार 136, आंध्र प्रदेश के 7 हजार 69 और पंजाब के 5 हजार 150 लोग थे। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि अभी तक जिन लोगों की मौत हुई, उनमें से 70 प्रतिशत से ज्यादा मामलों में मरीजों को अन्य बीमारियां भी थीं। मंत्रालय ने अपनी वेबसाइट पर बताया कि उसके आंकड़ों का आईसीएमआर के आंकड़ों के साथ मिलान किया जा रहा है।








.jpg)
.jpg)
Leave A Comment