भारत में 1,200 से अधिक पक्षियों की मौत, उप्र बर्ड फ्लू की पुष्टि वाला सातवां राज्य बना
दिल्ली में जीवित पक्षियों के आयात पर रोक
नयी दिल्ली। महाराष्ट्र के एक कुक्कुट पालन केंद्र में 900 पक्षियों सहित पूरे भारत में शनिवार को 1,200 से अधिक पक्षी मृत मिले। इसके साथ ही केंद्र ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भी बर्ड फ्लू की पुष्टि हुई है और अब इस बीमारी से संबंधित राज्यों की संख्या सात हो गई है। केंद्र ने कहा कि दिल्ली, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र में मृत पक्षियों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं जिनकी रिपोर्ट आने के बाद ही वहां बर्ड फ्लू होने या न होने संबंधी कोई पुष्टि हो पाएगी। जिन राज्यों में बर्ड फ्लू के मामलों की पुष्टि हुई है, उनमें उत्तर प्रदेश के अतिरिक्त केरल, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा और गुजरात हैं। इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि बर्ड फ्लू की दहशत के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में जीवित पक्षियों के आयात पर रोक लगा दी गई है तथा गाजीपुर कुक्कुट बाजार अगले 10 दिन तक बंद रहेगा। यह उल्लेख करते हुए कि दिल्ली में अभी तक एवियन इन्फ्लुएंजा या बर्ड फ्लू का कोई पुष्ट मामला नहीं है, केजरीवाल ने कहा कि नमूने जालंधर स्थित प्रयोगशाला भेजे गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि लोगों की मदद के लिए 24 घंटे काम करने वाली एक हेल्पलाइन शुरू की गई है। मुख्यमंत्री ने संवाददाता सम्मेलन में कहा, दिल्ली में अब तक बर्ड फ्लू का कोई पुष्ट मामला नहीं है। हमने लगभग 104 नमूने जालंधर स्थित प्रयोगशाला भेजे हैं जिनकी रिपोर्ट परसों आएगी। दिल्ली सरकार रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक निर्णय करेगी। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में बर्ड फ्लू के प्रसार को रोकने के लिए एहतियात के तौर पर कई कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा, दिल्ली में जीवित पक्षियों का आयात पूरी तरह प्रतिबंधित किया जा रहा है। गाजीपुर कुक्कुट बाजार अगले 10 दिन तक बंद रहेगा।


.jpg)

.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)
Leave A Comment