- Home
- देश
- पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले के बेरीनाग उप-संभाग के भटटीगांव में पिछले महीने छह वर्षीय बालिका को मारने वाली आदमखोर मादा तेंदुआ को सोमवार को पेशेवर शिकारी जॉय हुकिल ने गोली मार कर ढेर कर दिया।पिथौरागढ़ वन प्रभाग के एक अधिकारी नवीन चंद्र पंत ने कहा कि वन विभाग द्वारा इस काम के लिए बुलाए गए हुकिल क्षेत्र में चार नवंबर से कैंप कर रहे थे और सोमवार सुबह सात वर्षीय आदमखोर मादा तेंदुआ के दिखाई देते ही उन्होंने 100 मीटर की दूरी से उसे गोली मारकर ढेर कर दिया।मादा तेंदुआ ने सात अक्टूबर की शाम को छह वर्षीय बालिका पर हमला कर उसे अपना शिकार बना लिया था। इस बीच, पिछले महीने एक और तेंदुए के हमले में बुरी तरह घायल हुए नेपाल के 10 वर्षीय बालक ने भी दम तोड़ दिया जिससे पिछले दो महीने में तेंदुए का शिकार होने वालों की संख्या बढ़कर पांच हो गयी। पिथौरागढ़ के रेंज अधिकारी दिनेश जोशी ने बताया कि तेंदुए के हमले में बालक की खाद्य नली में गहरा जख्म हो गया था।
- मुंबई। अगरतला हवाईअड्डे पर अगले साल की शुरुआत तक नई एकीकृत टर्मिनल इमारत बनकर तैयार हो जाएगी। भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण ने सोमवार को आधिकारिक बयान में कहा इस परियोजना का 90 प्रतिशत से अधिक काम पूरा हो चुका है।अगरतला हवाईअड्डे का संचालन प्राधिकरण के पास है। बयान के मुताबिक वीर विक्रम सिंह हवाईअड्डे की मौजूदा टर्मिनल इमारत की क्षमता अब पूरी हो चुकी है। इसके विस्तार की अब कोई संभावना नहीं है। इसलिए प्राधिकरण ने नयी टर्मिनल इमारत की जरूरत महसूस करते हुए इस नयी एकीकृत टर्मिनल इमारत का निर्माण शुरू किया। यह टर्मिनल इमारत अत्याधुनिक सुविधाओं से परिपूर्ण होगी। प्राधिकरण ने कहा कि इस नयी इमारत की अनुमानित लागत 438 करोड़ रुपये है। इसकी क्षमता 30 लाख यात्री सालाना होगी। 30 हजार वर्ग मीटर में फैली इस नयी इमारत को व्यस्त समय में एक हजार घरेलू और 200 अंतरराष्ट्रीय यात्रियों को संभालने के हिसाब से डिजाइन किया गया है।
- नई दिल्ली। दिल्ली के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने कहा है कि वायु (प्रदूषण की रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम के तहत पटाखों पर लागू प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस अधिनियम के तहत छह साल तक की जेल और एक लाख रुपये तक के जुर्माने का प्रावधान है।दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति (डीपीसीसी) ने पटाखों पर पाबंदी को लागू करने के लिए दिशा-निर्देश भी जारी किए। इनमें दिल्ली पुलिस को पाबंदी का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश भी दिया गया है। इसमें कहा गया, ''प्राथमिकी दर्ज करने के अलावा वायु अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत मुकदमा भी चलाया जा सकता है।'' श्री राय ने सोमवार को जिलाधिकारियों, दिल्ली पुलिस, पर्यावरण और राजस्व विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर प्रतिबंध लागू किए जाने के मद्देनजर मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) पर चर्चा की। राय ने संवाददाताओं से कहा, ''चर्चा के मुताबिक, पुलिस वायु (प्रदूषण की रोकथाम एवं नियंत्रण) अधिनियम के तहत पटाखों पर लागू प्रतिबंध का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई कर सकती है।'' मंत्री ने कहा, '' ऐसे अपराध में जुर्माना लगाए जाने और कम से कम डेढ़ साल से लेकर अधिकतम छह साल तक जेल की सजा का प्रावधान है।''उन्होंने कहा कि विशेषज्ञों के मुताबिक, पराली जलाने के कारण दिवाली तक राष्ट्रीय राजधानी में वायु प्रदूषण का स्तर ''गंभीर'' की श्रेणी में पहुंचने की आशंका है। दिल्ली पुलिस और राजस्व विभाग को पाबंदी के पालन के लिहाज से गश्ती दलों का गठन करने का निर्देश दिया गया है। दिल्ली सरकार ने पिछले सप्ताह पटाखों की बिक्री और जलाए जाने पर सात नवंबर से लेकर 30 नवंबर तक पूर्ण प्रतिबंध लगाया था। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) ने राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में नौ नवंबर मध्यरात्रि से लेकर 30 नवंबर को आधी रात तक सभी प्रकार के पटाखों की बिक्री और इस्तेमाल पर पूर्णत: प्रतिबंध लगा दिया है। एनजीटी ने कहा कि पटाखे खुशियां मनाने के लिए हैं, न कि बीमारी और मृत्यु का उत्सव मनाने के लिए।
- नई दिल्ली। अरूणाचल प्रदेश में कोविड-19 लॉकडाउन के बाद पहली बार स्कूल खुलने पर स्कूल के हजारों बच्चे खादी से बने तिरंगा फेस मास्क लगाकर स्कूल जाएंगे। सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय ने एक वक्तव्य में कहा है कि खादी और ग्रामोद्योग आयोग ने अरूणाचल प्रदेश में स्कूली बच्चों को अच्छी गुणवत्ता वाले खादी के 60 हजार मास्क उपलब्ध कराए हैं।अरूणाचल प्रदेश सरकार ने 16 नवम्बर से स्कूल दोबारा खोलने के आदेश दिए हैं। मंत्रालय ने बताया है कि ये खरीद इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि पूर्वोत्तर में पहली बार किसी राज्य सरकार ने अपने विद्यार्थियों के लिये इतनी बड़ी मात्रा में खादी के फेस मास्क खरीदे हैं। तीन नवम्बर को इन मास्क को खरीदने के लिए ऑर्डर दिया गया और खादी और ग्रामोद्योग आयोग ने सिर्फ छह दिन में इनकी आपूर्ति कर दी थी। आपूर्ति को सुनिश्चित करने के लिए खादी और ग्रामोद्योग आयोग में इस खेप को हवाई जहाज के जरिये भेजा था। खादी और ग्रामोद्योग आयोग ने दो लेयर वाले तिरंगे सूती फेस मास्क को अपने चिन्ह के साथ भेजा है। इन तिरंगे मास्क का उद्देश्य विद्यार्थियों में राष्ट्रीयता की भावना भी विकसित करना है।---
- लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर अयोध्या में दीपावली पर्व पर आयोजित 'दीपोत्सव-2020' को भव्य स्वरूप प्रदान के लिए शुक्रवार को एक आकर्षक लेजर शो आयोजित किया जाएगा।सरकारी प्रवक्ता ने सोमवार को बताया, ''अत्याधुनिक तकनीक पर आधारित लेजर शो के जरिये भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन का चित्रण किया जाएगा। भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन पर नगर वासियों द्वारा उनके स्वागत में प्रज्ज्वलित किए गए दीपों की जगमगाहट का चित्रण भी इस लेजऱ शो के माध्यम से देखने को मिलेगा।'' प्रवक्ता के मुताबिक, ''यह लेजऱ शो भगवान श्रीराम के अयोध्या आगमन पर नगर वासियों की प्रसन्नता और उनके स्वागत में किए गए आयोजन को भी दर्शाएगा। इसमें शंख और घण्टियों की ध्वनि का समावेश होगा। भारत के विभिन्न क्षेत्रों में प्रचलित नृत्यों जैसे भरतनाट्यम, ओडिसी, मणिपुरी, कुचिपुड़ी और कथक नृत्य को भी इस शो में प्रदर्शित किया जाएगा।'' प्रवक्ता ने बताया, ''इस शो में भगवान श्रीराम की रावण पर विजय के उपरान्त उनके अयोध्या आगमन के दृश्य को चित्रित किया जाएगा और भगवान श्रीराम की स्तुति 'श्रीराम चन्द्र कृपालु भजमन' भी पृष्ठभूमि में सुनने को मिलेगी। लेजऱ द्वारा वर्चुअल आतिशबाजी का कार्यक्रम दीपोत्सव-2020 का एक प्रमुख आकर्षण होगा।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के ग्रेटर कैलाश इलाके में एक तेज गति कार ने ऑटोरिक्शा को टक्कर मार दी। हादसे में ऑटो चालक की मौत हो गयी जबकि दो अन्य घायल हो गये । पुलिस ने सोमवार को बताया कि यह दुर्घटना रविवार को चिराग दिल्ली फ्लाइओवर के निकट बीआरटी रोड पर हुई। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) परविंदर सिंह ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गये थे । उन्होंने बताया कि ऑटोरिक्शा में सवार तीनों लोगों को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया । दुर्घटना में जसोला निवासी ऑटो चालक विनोद कुमार को डॉक्टरों ने मृत लाया घोषित कर दिया । सिंह ने बताया कि पंचशील इनक्लेव के रहने वाले पंकज कुमार एवं अरूण साहू को अलग-अलग अस्पताल में भर्ती कराया गया है । ग्रेटर कैलाश —1 पुलिस थाने में इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है तथा कार चालक सुरेंदर सहलोत को पकड़ लिया गया है । आगे की जांच जारी है ।
- सतना/भोपाल। मध्यप्रदेश के सतना जिला मुख्यालय से करीब 20 किलोमीटर दूर सोमवार सुबह नागौद थाना अंतर्गत रेरुआ मोड के पास एक डंपर और एक वाहन की आमने-सामने की टक्कर में वाहन सवार तीन महिलाओं एवं एक बच्चे सहित एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गई। हादसे में पांच अन्य घायल हो गये। सतना जिले के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र कुमार जैन ने बताया कि घटना में मारे गए सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। वे रींवा के रहने वाले थे। उन्होंने बताया कि यह परिवार पन्ना में एक शोक कार्यक्रम में शामिल होने गया था और वहां से रीवा लौट रहा था। जैन ने बताया कि इसी दौरान, रास्ते में सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार डंपर से वाहन की टक्कर हो गई, जिसमें सात लोगों की मौत हो गई एवं पांच अन्य घायल हो गये। उन्होंने कहा कि पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बचाव अभियान चलाया, लेकिन छह लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि एक की मौत इलाज के दौरान सतना जिला अस्पताल में हुई। जैन ने बताया कि वाहन सवार पांच अन्य लोगों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें सतना जिला अस्पताल से रीवा मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि इस वाहन में कम से कम 12 लोग सवार थे।शिवराज ने जताया शोकमध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने घटना पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट किया, सतना के नागौद में हुई सड़क दुर्घटना में कई अमूल्य जिंदगियों के असमय काल कवलित होने के समाचार से अत्यधिक पीड़ा हुई। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान देने और परिजनों को यह वज्रपात सहन करने एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
- नई दिल्ली। रेलवे आगामी बुधवार 11 नवंबर से पश्चिम बंगाल में 696 उपनगरीय रेल सेवाएं शुरू करेगा। रेल मंत्री पीयूष गोयल ने कहा कि इससे यात्रियों की सुविधा बढऩे के साथ आवागमन में आसानी होगी।रेल मंत्री ने अपने एक ट्वीट में कहा कि कोविड-19 परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षा के पर्याप्त प्रबंध किये जाएंगे। रेलवे और राज्य सरकार के बीच हुए विचार-विमर्श के बाद इन सेवाओं के संचालन की अनुमति दी गई है। कोरोना महामारी फैलने के बाद पिछले मार्च से ही इन सभी सेवाओं पर रोक लगा दी गई थी।
- नई दिल्ली। भारत में कोविड-19 के 45 हजार 903 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 85 लाख 53 हजार 657 हो गए। वहीं 79 लाख से अधिक लोगों के संक्रमण मुक्त होने के साथ ही मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 92.56 प्रतिशत हो गई।केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से सुबह आठ बजे जारी किए गए अद्यतन आंकड़ों के अनुसार देश में 490 और लोगों की मौत के बाद मृतक संख्या बढ़कर 1 लाख 26 हजार 611 हो गई।आंकड़ों के अनुसार अभी तक कुल 79 लाख 17 हजार 373 लोगों के संक्रमण मुक्त होने के बाद मरीजों के ठीक होने की दर बढ़कर 92.56 प्रतिशत हो गई है। वहीं कोविड-19 से मृत्यु दर 1.48 प्रतिशत है। देश में लगातार 11 दिन से उपचाराधीन लोगों की संख्या छह लाख से कम है।आंकड़ों के अनुसार देश में अभी 5,09,673 लोगों का इलाज चल रहा है,जो कुल मामलों का 5.96 प्रतिशत है। भारत में सात अगस्त को संक्रमितों की संख्या 20 लाख, 23 अगस्त को 30 लाख और पांच सितम्बर को 40 लाख के पार चली गई थी। वहीं, कुल मामले 16 सितम्बर को 50 लाख, 28 सितम्बर को 60 लाख, 11 अक्टूबर को 70 लाख और 29 अक्टूबर को 80 लाख के पार चले गए थे।भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के अनुसार आठ नवम्बर तक कुल 11 करोड़ 85 लाख 72 हजार 192 नमूनों की कोविड-19 की जांच की गई, जिनमें से 8 लाख 35 हजार 401 नमूनों का परीक्षण अकेले रविवार को किया गया। आंकड़ों के अनुसार पिछले 24 घंटे में जिन 490 लोगों की मौत हुई, उनमें से सबसे अधिक 125 लोग महाराष्ट्र के थे। इनके अलावा दिल्ली के 77, पश्चिम बंगाल के 59, उत्तर प्रदेश के 26, केरल के 24, कर्नाटक के 22 और तमिलनाडु के 20 लोग थे। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार देश में अभी तक वायरस से 1,26,611 लोगों की मौत हो चुकी हैं, जिनमें से सबसे अधिक 45,240 लोग महाराष्ट्र के थे। वहीं कर्नाटक के 11,391, तमिलनाडु के 11,344 , पश्चिम बंगाल के 7,294, उतर प्रदेश के 7,206 , दिल्ली के 6,989, आंध्र प्रदेश के 6,791, पंजाब के 4,318 और गुजरात के 3,760 लोग थे।
- बागपत (उप्र)। बागपत जिले के रमाला थाना क्षेत्र में एक कार के रविवार देर रात डिवाइडर से कार टकरा जाने से दो सगे भाइयों समेत चार लोगों की मौत हो गई और कार चालक घायल हो गया।रमाला पुलिस के अनुसार, दिल्ली के महरौली निवासी नरेश, प्रमोद और दो सगे भाई धर्मेन्द्र एवं कपिल, कार चालक नरेश सैनी की कार से रविवार देर रात शामली जिले के एक गांव में शादी समारोह में शामिल होने गए थे। लौटते समय बागपत में रमाला गेट के पास उनकी कार राजमार्ग पर बने डिवाइडर से टकरा गई।पुलिस ने बताया कि हादसे में पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को नगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने प्रमोद, नरेश, धर्मेन्द्र और कपिल को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल कार चालक नरेश सैनी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- मुंबई। एक इंटिरियर डिजाइनर की आत्महत्या के संबंध में गिरफ्तार रिपब्लिक टीवी के मुख्य संपादक अर्णब गोस्वामी, फिरोज शेख और नीतेश सरदा को आज अलीबौग के कोविड क्वारंटाइन केंद्र से महाराष्ट्र में रायगढ़ जिले की तालोजा जेल स्थानांतरित कर दिया गया।जेल अधीक्षक ए. टी. पाटिल ने बताया कि सुरक्षा और अति विशिष्ट मामला होने के कारण वरिष्ठ अधिकारियों से इन्हें तालोजा जेल भेजने का अनुरोध किया गया था। बाद में महानिरीक्षक जेल ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिए।इस बीच, भारतीय जनता पार्टी के पूर्व सांसद किरीट सोमैया ने एक ट्वीट में कहा कि वह तालोजा जेल के प्रभारी से मिले हैं और उन्होंने आश्वासन दिया है कि अर्णब गोस्वामी को प्रताडि़त नहीं किया जाएगा और उन्हें आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।अर्णब गोस्वामी, फिरोज शेख और नीतिश सरदा को चार नवंबर को अली बाग पुलिस ने गिरफ्तार किया था। बाद में मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट ने इन तीनों को 18 नवंबर तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए।
- नई दिल्ली। दिल्ली पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ्तार कर बिना लाइसेंस के बेचे जा रहे 600 किलोग्राम से अधिक पटाखें जब्त किये। अधिकारियों ने आज यह जानकारी दी।दिवाली से पहले दिल्ली सरकार ने कोविड-19 की स्थिति और चिकित्सीय कारणों से गुरुवार को हरित पटाखों सहित सभी प्रकार के पटाखों पर 30 नवंबर तक के लिए प्रतिबंध लगा दिया है। सरकार ने त्योहारों और प्रदूषण को शहर में कोविड-19 के मामलों में वृद्धि के लिए जिम्मेदार बताया था। पुलिस ने कहा कि रविवार तक शहर में अवैध रूप से पटाखे बेचने के लिए सात लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे।दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त पीआरओ अनिल मित्तल ने कहा, " पुलिस ने 593.224 किलो पटाखे बरामद कर 7 लोगों को गिरफ्तार किया है। अब तक पटाखे फोडऩे वालों के खिलाफ 8 मामले दर्ज किए गए है और एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार किए गए व्यक्ति के पास से एक किलो आतिशबाजी बरामद की गई थी।"
- गंगटोक। सिक्किम के पूर्व मुख्यमंत्री संचमान लिम्बू का रविवार को यहां एक सरकारी अस्पताल में निधन हो गया। वह लंबे समय से बीमार थे। परिवार के सूत्रों ने यह जानकारी दी। वह 73 वर्ष के थे। उनके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं। लिम्बू सिक्किम के चौथे मुख्यमंत्री थे। उनका कार्यकाल छह महीने के लिए दो जून से 12 दिसम्बर, 1994 तक था। सूत्रों ने बताया कि उनके पार्थिव शरीर को गंगटोक में उनके आवास पर लाया गया है और पश्चिम सिक्किम जिले में उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार के लिए प्रबंध किये गये हैं।
- मऊ (उप्र)। जिले के दक्षिण टोला क्षेत्र में रविवार को एक महिला ने अपने दो बच्चों को जहर खिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया। इस घटना में मां-बेटे की मौत हो गई और बेटी का इलाज चल रहा है। पुलिस क्षेत्राधिकारी (नगर) नरेश कुमार ने यहां बताया कि भूपटनगर मुहल्ले में रहने वाले संतोष गौतम की पत्नी अनामिका ने अपनी तीन साल की बेटी अंकिता और छह माह के बेटे को जहर खिलाने के बाद खुद भी जहर खा लिया। उन्होंने बताया कि तबीयत बिगड़ने पर तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान अनामिका (30) और उसके छह माह के बेटे की मौत हो गई। अंकिता का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने इस मामले में आवश्यक कार्यवाही की है।
-
उन्नाव। उन्नाव जिले के बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर रविवार सुबह एक दुर्घटना में एक महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस के अनुसार जिले के बेहटा मुजावर थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर दिल्ली से समस्तीपुर (बिहार) की ओर जा रही एक कार का आगे का टायर फट गया और कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ती हुई गहरी खाई में जाकर पलट गई। इस हादसे में कार सवार समस्तीपुर निवासी मीरा देवी (53) और जयप्रकाश (40) की मौत हो गई जबकि रामकीर्ति (55), महेश कुमार (43) और अजय (35) घायल हो गये। बांगरमऊ के पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस ने पहुँचकर राहत और बचाव कार्य करते हुए घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भिजवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
- पीलीभीत। पीलीभीत शहर में शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई जिससे कार सवार दो नाबालिग बच्चियों और उनकी मां की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गये। सुनगढ़ी के थानाध्यक्ष अतर सिंह ने रविवार को बताया कि शहर के पत्थर व्यवसायी वैभव अग्रवाल अपने परिवार के साथ कार से बरेली से अपने घर पीलीभीत लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि उसी बीच शहर के थाना सुनगढ़ी क्षेत्र के गौहनिया चौराहे के समीप उनकी तेज रफ्तार कार पेड़ से टकरा गई, जिससे कार में सवार दो बच्चियों कनिष्का अग्रवाल (7) व ईशानी अग्रवाल (5) और उनकी मां प्रिया अग्रवाल (35) की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए । उन्होंने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
- नोएडा। नोएडा थाना दादरी क्षेत्र के कस्बा दादरी में बीती रात अपने मकान की छत पर घूम रहे एक व्यक्ति की हाई वोल्टेज तार की चपेट में आने से मौत हो गई। पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) राजेश कुमार सिंह ने बताया कि थाना दादरी क्षेत्र के माधव विहार कॉलोनी में रहने वाला राहुल (26) शनिवार देर रात अपने मकान की छत पर घूम रहा था, तभी वह मकान के ऊपर से गुजर रहे 11,000 वोल्टेज के तार की चपेट में आ गए। उन्होंने बताया कि इस घटना में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। डीसीपी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
- बिजनौर। उत्तर प्रदेश के बिजनौर में चीनी से भरा एक बड़ा ट्रक पलटने से उसके नीचे दबकर मोटरसाइकिल सवार तीन लोगों की मौत हो गयी। जिला पुलिस कार्यालय के अनुसार शनिवार रात थाना नहटौर क्षेत्र में नहटौर डिग्री कालेज के पास कोतवाली देहात की ओर से आ रहा चीनी से भरा एक ट्रक असंतुलित होकर पलट गया। उन्होंने बताया कि उसी समय वहां से गुजर रहे मोटरसाइकिल सवार सलमान (26), हामिद (35) और अनिल(30) ट्रक के नीचे दब गये। उन्होंने बताया कि पुलिस ने जब तक क्रेन बुलाकर ट्रक हटवाया तब तक तीनों की मौत हो चुकी थी।
- नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी में प्रदूषण के कारण वायु गुणवत्ता की स्थिति बिगड़ती जा रही है। दिल्ली के कई इलाकों में आज सुबह काफी धुंध छाई हुई थी जिसके कारण दृश्यता कम हो गई थी।पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने के बढ़ते मामले शहर में प्रदूषित वायु का एक मुख्य कारण है। आज दोपहर दिल्ली की वायु गुणवत्ता बहुत खराब श्रेणी में है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार आज दोपहर 12 बजे दिल्ली की वायु गुणवत्ता सूचकांक 396 दर्ज की गई।201 और 300 के बीच के वायु गुणवत्ता सूचकांक को खराब माना जाता है जबकि 301 से 400 को बहुत खराब और 401 से 500 तक की वायु गुणवत्ता को बहुत अधिक खराब श्रेणी में रखा जाता है। वायु गुणवत्ता और मौसम पूर्वानुमान तथा अनुसंधान प्रणाली -सफर का पूर्वानुमान है कि कल तक वायु गुणवत्ता बहुत अधिक खराब श्रेणी में रहेगी।---
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा कि सरकार पोत परिवहन मंत्रालय का नाम बदलकर पोत परिवहन और जलमार्ग मंत्रालय करने जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत, माल ढुलाई में आने वाले खर्च में कमी लाने के लिए तेजी से मल्टी मॉडल कनेक्टिविटी विकसित करने पर काम कर रहा है।उन्होंने कहा कि सरकार आंतरिक रूप से जुड़े हुए सड़क, रेल, हवाई यातायात और पोत परिवहन के विकास के लिए बुनियादी ढांचा बढ़ाने और इस कार्य में आने वाली गतिरोधों को दूर करने के प्रयास कर रही है। श्री मोदी ने कहा कि भारत में परिवहन को बेहतर बनाने में उनकी सरकार दूसरे देशों के मुकाबले अधिक धनराशि खर्च कर रही है। उन्होंने कहा कि हम जल परिवहन के जरिए खर्चों में बेहद कमी ला सकते हैं।प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि सरकार ऐसे पारिस्थितिक तंत्र को विकसित करने पर अपना ध्यान केन्द्रित कर रही है जिससे कार्गो का अवरोध रहित आवागमन सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने कहा कि समुद्री व्यापार और कारोबार के विशेषज्ञ तैयार करने तथा प्रशिक्षित श्रमिक उपलब्ध कराने के लिए गुजरात समुद्री विश्वविद्यालय एक बड़ा केन्द्र है। आज गुजरात समुद्री विश्वविद्यालय कई विधाओं में एमबीए की डिग्री प्रदान कर रहा है, जिनमें समुद्री कानून, समुद्री अंतर्राष्ट्रीय कानून और प्रबंधन, नौपरिवहन और माल ढुलाई प्रमुख हैं।
- नई दिल्ली। देश में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 92.49 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों के दौरान 49 हजार से अधिक कोविड मरीज ठीक हुए हैं। इस प्रकार स्वस्थ होने वालों की संख्या 78 लाख 68 हजार से अधिक हो गई है। वर्तमान में सक्रिय मामलों की संख्या कुल मामलों का 6.03 प्रतिशत है। इस समय देश में कोविड मरीजों की संख्या करीब 5 लाख 12 हजार रह गई है।बीते एक दिन में 45 हजार छह सौ 74 नए मामलों की पुष्टि हुई है। इसे मिलाकर देश में अब तक संक्रमित हुए लोगों की संख्या 85 लाख से अधिक हो गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि कोविड से निपटने की समग्र रणनीति, लगातार जांच, संक्रमित व्यक्तियों की पहचान और उनके उपचार के कारण स्वस्थ होने वाले लोगों की संख्या बढ़ी है और मृत्यु दर में कमी आई है। फिलहाल भारत में मृत्यु दर 1.48 प्रतिशत है, जो कि विश्व में सबसे कम में से एक है। पिछले 24 घंटों के दौरान 559 कोविड रोगियों की मृत्यु हुई है। इसे मिलाकर देश में कोरोना से अब तक एक लाख 26 हजार 121 लोगों की मौत हो चुकी है।भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद के अनुसार बीते एक दिन के दौरान 11 लाख 94 हजार से अधिक कोविड नमूनों की जांच की गई। इसे मिलाकर अब तक 11 करोड़ 77 लाख नमूनों की जांच हो चुकी है।
-
इंदौर। मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी के करीबी रहे कंप्यूटर बाबा के आश्रम पर प्रशासन का बुलडोजर चला है। बाबा के आश्रम के कुछ हिस्सों को अवैध निर्माण बताकर गिरा दिया गया है। रविवार को आश्रम गिराने से कुछ देर पहले ही कंप्यूटर बाबा के नाम से मशहूर नामदेव त्यागी को मप्र पुलिस ने रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। कमलनाथ की अगुवाई वाली सरकार के समय बाबा नदी संरक्षण न्यास के अध्यक्ष बनाए गए थे। इन्हें कैबिनेट मंत्री का दर्जा प्राप्त था। आश्रम तोड़े जाने को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने ट्वीट करते हुए कहा कि इंदौर में बदले की भावना से कंप्यूटर बाबा का आश्रम व मंदिर बिना किसी नोटिस दिए तोड़ा जा रहा है। यह राजनैतिक प्रतिशोध की चरम सीमा है। मैं इसकी निंदा करता हूं।
पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी क्षेत्र) महेशचंद्र जैन ने कहा कि इंदौर शहर से सटे जम्बूर्डी हप्सी गांव में कंप्यूटर बाबा के आश्रम परिसर में प्रशासन द्वारा अवैध निर्माण ढहाये जाने के दौरान दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 151 (संज्ञेय अपराध घटित होने से रोकने के लिए की जाने वाली एहतियातन गिरफ्तारी) के तहत यह कदम उठाया गया। उन्होंने बताया कि कंप्यूटर बाबा और उनसे जुड़े छह अन्य लोगों को एहतियातन गिरफ्तार कर एक स्थानीय जेल भेजा गया है। एसपी ने बताया कि प्रशासन की जांच के दौरान कंप्यूटर बाबा के आश्रम परिसर में दो एकड़ शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा और निर्माण प्रमाणित पाया गया था। एसपी के अनुसार यह आश्रम 40 एकड़ से ज्यादा जमीन पर फैला है और इसका मौजूदा बाजार मूल्य लगभग 80 करोड़ रुपए आंका जा रहा है।
एसपी श्री जैन ने बताया कि राजस्व विभाग ने इस मामले में आश्रम के कर्ता-धर्ताओं पर कुछ दिन पहले 2,000 रुपये का अर्थदंड लगाया था और उन्हें शासकीय भूमि से अवैध निर्माण हटाने को कहा गया था। अतिक्रमण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने आश्रम का सामान बाहर निकालकर अवैध निर्माण ढहा दिये जिनमें शेड और कमरे शामिल हैं। इस दौरान वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
बाबा ने निकाली थी लोकतंत्र बचाओ यात्रा
राज्य की 28 विधानसभा सीटों पर तीन नवंबर को संपन्न उप चुनावों से पहले कंप्यूटर बाबा ने अन्य साधु-संतों के साथ लोकतंत्र बचाओ यात्रा निकाली थी। कंप्यूटर बाबा राज्य में इससे पहले भी कांग्रेस के पक्ष में चुनावी अभियान चला चुके हैं। नर्मदा नदी की कथित बदहाली के प्रमुख मुद्दे पर उन्होंने नवंबर 2018 के पिछले विधानसभा चुनावों में सत्तारूढ़ भाजपा के खिलाफ संतों को राज्य भर में लामबंद करने का अभियान चलाया था। लोकसभा के पिछले चुनावों में उन्होंने भोपाल सीट से कांग्रेस प्रत्याशी दिग्विजय सिंह के समर्थन में विभिन्न धार्मिक अनुष्ठान किये थे।
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के जन्मदिन पर रविवार को उन्हें शुभकामनाएं दीं और कहा कि वह भाजपा कार्यकर्ताओं एवं देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।श्री आडवाणी रविवार को 93 वर्ष के हो गए। रविवार सुबह पीएम मोदी लाल कृष्ण आडवाणी के निवास पहुंचे। यहां प्रधानमंत्री ने आडवाणी को फूलों का गुलस्ता भेंट कर उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं। इसके बाद पीएम मोदी ने आडवाणी के पैर छूकर उनका आशीर्वाद भी लिया। इस अवसर पर गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी मौजूद रहे। इसके बाद पीएम मोदी ने लाल कृष्ण आडवाणी को केक भी खिलाया और आडवाणी ने भी प्रधानमंत्री को केक खिलाया।इससे पहले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने हिंदी में ट्वीट किया, भाजपा को जन-जन तक पहुंचाने के साथ देश के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले श्रद्धेय लालकृष्ण आडवाणी जी को जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई। वह पार्टी के करोड़ों कार्यकर्ताओं के साथ ही देशवासियों के प्रत्यक्ष प्रेरणास्रोत हैं। मैं उनकी लंबी आयु और स्वस्थ जीवन के लिए प्रार्थना करता हूं।बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी का जन्म 8 नवंबर 1927 को पाकिस्तान के कराची में एक सिंधी परिवार में हुआ था। उनके पिता का नाम किशनचंद आडवाणी और मां का नाम ज्ञानी देवी था। उनके पिता एक उद्यमी थे। लाल कृष्ण आडवाणी की प्रारंभिक शिक्षा कराची के सेंट पैट्रिक हाई स्कूल में हुई थी। विभाजन के समय उनका परिवार पाकिस्तान छोड़कर मुंबई आ गया और यहीं बस गया। यहां से ही लाल कृष्ण आडवाणी ने लॉ कॉलेज ऑफ द बॉम्बे यूनिवर्सिटी से कानून की पढ़ाई की। उन्होंने अपने राजनीतिक करिअर की शुरूआत राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से की थी। भारतीय जनता पार्टी की नींव रखने में लाल कृष्ण आडवाणी का योगदान बहुमूल्य है। उनकी पत्नी का नाम कमला आडवाणी है बेटे का नाम जयंत आडवाणी व बेटी का नाम प्रतिभा आडवाणी है।वर्ष 2002 से 2004 के बीच अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में लाल कृष्ण आडवाणी भारत के सातवें उप प्रधानमंत्री रहे। वहीं 1998 से 2004 के दरम्यान वह बीजेपी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार में गृहमंत्री का भी पद संभाल चुके हैं। 10वीं और 14वीं लोकसभा में वह विपक्ष के नेता की भूमिका में रहे। 2015 में भारत के दूसरे बड़े नागरिक सम्मान पद्म विभूषण से भी वे सम्मानित किये जा चुके हैं।
-
नई दिल्ली। यशवर्धन कुमार सिन्हा ने शनिवार को मुख्य सूचना आयुक्त (सीआईसी) के तौर पर शपथ ली। राष्ट्रपति भवन की ओर से जारी बयान में यह जानकारी दी गई है। बयान के मुताबिक राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने राष्ट्रपति भवन में आयोजित समारोह में सिन्हा को शपथ दिलाई। इस साल 26 अगस्त को बिमल जुल्का का कार्यकाल पूरा होने के बाद दो महीने से ज्यादा समय से मुख्य सूचना आयुक्त का पद खाली पड़ा था। सिन्हा ने एक जनवरी 2019 को सूचना आयुक्त का पद संभाला था। वह ब्रिटेन और श्रीलंका में भारत के उच्चायुक्त के तौर पर सेवाएं दे चुके हैं। बतौर सीआईसी, 62 वर्षीय सिन्हा का कार्यकाल करीब तीन वर्षों का होगा। सीआईसी या सूचना आयुक्त की नियुक्ति पांच वर्ष के लिए या 65 वर्ष की आयु पूरी होने तक के लिए की जाती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय समिति द्वारा सिन्हा का चयन किया गया है। मोदी के अलावा लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी और गृह मंत्री अमित शाह इस समिति के सदस्य हैं। सिन्हा के अलावा इस समिति ने पत्रकार उदय माहुरकर, पूर्व श्रम सचिव हीरा लाल सामारिया और पूर्व उप नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक सरोज पुन्हानी को सूचना आयुक्त के रूप में नियुक्त करने को मंजूरी दी। अपने शपथ ग्रहण के बाद सिन्हा ने इन तीन लोगों को शपथ दिलाई। माहुरकर, सामारिया और पुन्हानी के शामिल होने के साथ ही सूचना आयुक्तों की संख्या बढ़कर सात हो जाएगी जबकि उनकी स्वीकृत क्षमता 10 है। इस समय वनाजा एन सरना, नीरज कुमार गुप्ता, सुरेश चंद्र और अमिता पांडोवे अन्य सूचना आयुक्त हैं। सूचना आयोग में अब भी तीन सूचना आयुक्तों के पद खाली है। सूचना का अधिकार कानून के तहत मुख्य सूचना आयुक्त के साथ इस संस्था में कुल 10 सूचना आयुक्त होने चाहिए। नवनियुक्त सूचना आयुक्त माहुरकर एक प्रमुख मीडिया संस्थान के साथ वरिष्ठ पद पर काम कर चुके हैं। वह गुजरात के महाराजा सयाजीराव विश्वविद्यालय से भारतीय इतिहास, संस्कृति और पुरातत्वविज्ञान में स्नातक हैं। सामारिया तेलंगाना कैडर के 1985 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह सितंबर में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय के सचिव के तौर पर सेवानिवृत्त हुए थे। पुन्हानी, 1984 बैच के भारतीय लेखा परीक्षा एवं लेखा सेवा (आईएएएस) अधिकारी रहे हैं।
- झांसी। झांसी जिले के ऐरच थाना क्षेत्र में छेडख़ानी से परेशान एक छात्रा ने जहर खाकर कथित रूप से आत्महत्या कर ली। पुलिस को छात्रा के पास से एक सुसाइड नोट मिला है जिसमें उसने कथित तौर पर पड़ोस में रहने वाले एक युवक को अपनी आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है।छात्रा ने अपने परिवार से मौत का बदला लेने की भी अपील की है। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने लड़के के परिजनों को हिरासत में ले लिया है जबकि आरोपी फरार है जिसकी तलाश की जा रही है। झांसी के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि ऐरच थाना क्षेत्र की कक्षा 11वीं की छात्रा के साथ पिछली एक तारीख को एक युवक द्वारा छेडख़ानी की गई। उन्होंने बताया कि परिजनों ने लोक लाज के भय से थाने में सूचना नहीं दी थी और आपस में ही बातचीत कर रहे थे कि उपरोक्त छात्रा ने अपने एवं परिजनों के अपमान से क्षुब्ध होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। पीडि़ता के परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को विषाक्त पदार्थ खाने के बाद आनन-फानन में छात्रा को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया जहां हालात में सुधार न होने पर उसे मेडिकल कॉलेज लाया गया, जहां शनिवार को उसने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। एसएसपी दिनेश कुमार ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों के परिवार वालों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मुख्य आरोपी आकाश फरार है, उसकी तलाश में एरच, गुरसरांय और गरौठा थाने की पुलिस टीम लगी हैं। जल्द से जल्द आरोपी को पकड़ लिया जाएगा(प्रतिकात्मक फोटो)












-copy.jpg)













.jpg)
.jpg)