- Home
- देश
- नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण की गहराती समस्या के बीच केंद्र ने अध्यादेश के जरिए नया कानून लागू किया है। इसके तहत विभिन्न अधिकारों से लैस एक निकाय का गठन किया जाएगा और प्रावधानों का उल्लंघन करने पर पांच साल तक जेल की सजा या एक करोड़ रुपये का जुर्माना या एक साथ दोनों सजा हो सकती है।विधि और न्याय मंत्रालय द्वारा गुरुवार को जारी अध्यादेश के तहत पर्यावरण प्रदूषण (रोकथाम और नियंत्रण) प्राधिकरण (ईपीसीए) को भंग किया गया है और इसके स्थान पर 20 से ज्यादा सदस्यों वाले एक आयोग का गठन किया है। इसमें कहा गया, ''अध्यादेश को राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और इससे जुड़े क्षेत्रों में वायु गुणवत्ता प्रबंधन के लिए आयोग अध्यादेश 2020 कहा जा सकता है। यह राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के उन इलाके तक लागू होगा, जहां वायु प्रदूषण से संबंधित मुद्दे हैं ।'' अध्यादेश पर राष्ट्रपति ने बुधवार को हस्ताक्षर किये।अध्यादेश के मुताबिक दिल्ली और एनसीआर से जुड़े इलाके, आस पास के क्षेत्र जहां यह लागू होगा उसमें पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और उत्तरप्रदेश हैं। आयोग के पास वायु गुणवत्ता, प्रदूषणकारी तत्वों के बहाव के लिए मानक तय करने, कानून का उल्लंघन करने वाले परिसरों का निरीक्षण करने, नियमों का पालन नहीं करने वाले उद्योगों, संयंत्रों को बंद करने का आदेश देने का अधिकार होगा। इसमें कहा गया, ''आयोग के किसी भी प्रावधान या नियमों या आदेश या निर्देश का पालन नहीं करना दंडनीय अपराध होगा जिसके लिए पांच साल जेल की सजा या एक करोड़ रुपये जुर्माना या एक साथ दोनों सजा हो सकती है।'' कुछ दिन पहले ही उच्चतम न्यायालय में एनसीआर के प्रदूषण से जुड़े मुद्दे पर सुनवाई के दौरान केंद्र की ओर से सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता पेश हुए थे । उन्होंने कहा था कि केंद्र राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और आसपास के इलाके में वायु गुणवत्ता के प्रबंधन के लिए नया कानून लाएगा। केंद्र ने गुरुवार को उच्चतम न्यायालय को अवगत कराया कि वह प्रदूषण रोकने के लिए एक अध्यादेश लाया है और यह लागू हो चुका है। नए कानून के मुताबिक उच्चतम न्यायालय द्वारा नियुक्त निकाय ईपीसीए को भंग कर दिया गया है और उसके द्वारा उठाए गए कदम पर अध्यादेश के संबंधित प्रावधानों के तहत कदम उठाए जाएंगे। ईपीसीए का 1998 में गठन हुआ था। ईपीसीए दो सदस्यीय निकाय था। इसके अध्यक्ष भुरेलाल और सुनीता नारायण सदस्य थीं ।आयोग के एक अध्यक्ष भी होंगे। आयोग में दो पूर्णकालिक सदस्य होंगे जो केंद्र सरकार के संयुक्त सचिव होंगे। इसके अलावा तीन पूर्णकालिक स्वतंत्र तकनीकी सदस्य होंगे जिन्हें वायु प्रदूषण संबंधी वैज्ञानिक जानकारी होगी। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के एक तकनीकी सदस्य भी होंगे, तथा इसरो एक तकनीकी सदस्य को नामित करेगा। वायु प्रदूषण रोकने के संबंध में अनुभव रखने वाले एनजीओ के तीन सदस्य भी होंगे। आयोग सहयोगी सदस्यों को भी नियुक्त कर सकता है।आयोग में निगरानी और पहचान, सुरक्षा और प्रवर्तन तथा अनुसंधान और विकास में प्रत्येक से एक-एक के साथ तीन उप कमेटी होगी। आयोग के अध्यक्ष तीन साल तक या 70 साल उम्र होने तक पद पर रहेंगे।आयोग के पास वायु (प्रदूषण रोकथाम और नियंत्रण) कानून 1981, और पर्यावरण (संरक्षण) कानून 1986 जैसे मौजूदा कानूनों के तहत निवारण के लिए मामलों का स्वत: संज्ञान लेने, शिकायतों पर सुनवाई, आदेश जारी करने का अधिकार होगा । आयोग के पास एनसीआर और आसपास के क्षेत्रों में वायु प्रदूषण के लिए जिम्मेदार किसी भी गतिविधियों पर पाबंदी लगाने का अधिकार होगा।
- बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के फतेहगंज थाना क्षेत्र के जबरापुर गांव में रुपयों के लेन-देन के विवाद के बीच आरोपी युवक ने अपने चाचा के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर उसे जिंदा जला दिया। इलाज के दौरान गुरुवार की शाम उसकी मौत हो गयी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) महेंद्र प्रताप सिंह चौहान ने बताया कि फतेहगंज थाना क्षेत्र के जबरापुर गांव में रुपयों के लेन-देन के विवाद में बुधवार की शाम आरोपी रामभरोसे ने अपने सगे चाचा बिंदा प्रसाद (55) के ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी थी। उसे गंभीर हालत में इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया था।उन्होंने बताया कि बुरी तरह से झुलसे बिंदा प्रसाद की 29 अक्टूबर की शाम इलाज के दौरान जिला अस्पताल में मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अतर्रा क्षेत्र के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) सत्यप्रकाश शर्मा ने बताया कि रामभरोसे को बिंदा से कुछ रुपये उधार लेने थे, जिसे बिंदा नहीं दे रहा था। इसी बात को लेकर दो दिन पूर्व भी दोनों के बीच कहा सुनी हुई थी। सीओ ने बताया कि आरोपी रामभरोसे को बुधवार की रात ही गिरफ्तार कर लिया गया था। उसके खिलाफ पहले हत्या की कोशिश का मुकदमा दर्ज किया गया था। अब चूंकि बिंदा की मौत हो गयी है, इसलिए मामले में हत्या की धारा-302 जुड़ जाएगी। (प्रतिकात्मक फोटो)
- तिरुवनंतपुरम। केरल के सबरीमला में दो महीने तक चलने वाली तीर्थयात्रा के लिये भगवान अयप्पा मंदिर के कपाट 16 नवंबर को खोल दिये जाएंगे। इस दौरान प्रतिदिन लगभग एक हजार श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति होगी।मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने गुरुवार को यहां यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छुट्टियों और 'मकराविलक्कु' दिवस पर अधिक श्रद्धालुओं को दर्शन की अनुमति दी जाएगी। विजयन ने कहा कि मंडला-मकराविलक्कु मौसम के लिये मंदिर को खोले जाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। कोविड-19 के चलते श्रद्धालुओं के लिये विशेष प्रबंध किये गए हैं। अयप्पा मंदिर को पांच दिवसीय मासिक पूजा के लिये 17 अक्टूबर को खोला गया था। उससे पिछले छह महीने तक मंदिर के कपाट बंद थे।
- सात गंभीर रूप से झुलसेशाहजहांपुर। उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में गैस सिलेंडर में आग लगने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि सात अन्य लोग झुलस गए। पुलिस अधीक्षक (नगर) संजय कुमार ने बृहस्पतिवार को बताया कि निगोही थाना अंतर्गत गुर्गवा गांव में रामवीर की पत्नी विमला (32) बुधवार शाम खाना बना रही थी, तभी गैस सिलेंडर में लगे पाइप से गैस लीक होने लगी और फिर सिलेंडर में आग लग गई, जिससे विमला आग की लपटों में घिर गईl उन्होंने बताया कि परिजन उसे बचाने के लिए रसोई में घुसे और वे भी आग की चपेट में आए गए। उन्होंने बताया कि घटना में मेवाराम ,पुत्तू लाल ,राम वीर , वीरावती, सरस्वती गंभीर रूप से झुलस गए जिन्हें उपचार हेतु लखनऊ रेफर किया गया है l कुमार ने बताया कि सत्येंद्र तथा राजरानी का इलाज मेडिकल कॉलेज में हो रहा है जबकि विमला के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
- कठुआ/ जम्मू। जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में उधार की रकम वापस मांगने को लेकर दो दोस्तों के बीच हुए विवाद में गोली लगने से एक व्यक्ति की मौत गई।पुलिस अधिकारियों ने गुरुवार को बताया कि संजीव शर्मा उधार दी गई रकम वापस मांगने अपने दोस्त बानू के घर गया था और वहां दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी बानू ने शर्मा पर कथित तौर पर गोली चला दी। घायल शर्मा को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर उसके घर से घटना में इस्तेमाल की गई राइफल जब्त कर ली गई है। (प्रतिकात्मक फोटो)
- नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने एयर इंडिया में निविदा जमा करने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 14 दिसंबर कर दी है। निविदा जमा करने की अंतिम तिथि 30 अक्टूबर को समाप्त हो रही थी।नई दिल्ली में संवाददाताओं से बातचीत में नागरिक उड्डयन मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि एयर इंडिया के लिए निविदा के मानक में बदलाव किया गया है और व्यवसायिक मूल्य पर निविदा आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि एयर इंडिया स्पेसिफिक अल्टरनेटिव मेकेनिज्म- ए आई एस ए एम की गृह मंत्रालय के साथ हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया है।----
- पन्ना, (मप्र)। मध्यप्रदेश के पिछड़े इलाके बुंदेलखंड की विश्व प्रसिद्ध पन्ना की हीरा खदानों में से एक खदान में 7.2 कैरेट का हीरा मिलने से एक मजदूर की किस्मत चमक गई है। इस हीरे की अनुमानित कीमत 35-40 लाख रुपये आंकी गयी है।हीरा निरीक्षक अनुपम सिंह ने आज बताया, ''बलबीर सिंह यादव नामक श्रमिक को कृष्णा कल्याणपुर क्षेत्र की पाटी बजरिया हीरा खदान से 7.2 कैरेट वजन का हीरा मिला है। कीमती पत्थर मिलने के बाद बलवीर ने इसे हीरा कार्यालय में जमा करा दिया है।'' श्री सिंह ने कहा कि हीरे की सही कीमत अधिकारियों द्वारा तय की जायेगी फिर इसकी नीलामी होगी। हालांकि बलवीर और उसकी पत्नी लाडवती ने संवाददाताओं से कहा कि उन्हें सूचित किया गया है कि हीरे की नीलामी में 35-40 लाख रुपये की बीच कीमत मिल सकती है। अधिकारियों ने बताया कि इसे अगली नीलामी में रखा जायेगा। दंपति ने इस बात की लिये भगवान का शुक्रिया अदा किया और कहा कि इससे उनकी किस्मत बदल जायेगी और उन्हें बच्चों की शिक्षा के लिये जरूरी धन उपलब्ध हो सकेगा। एक अधिकारी ने बताया कि नीलामी से प्राप्त धनराशि से 12.5 प्रतिशत रॉयल्टी काट कर शेष धनराशि यादव दंपति को दी जायेगी।-
- नई दिल्ली। केन्द्र सरकार ने कहा है कि देश में कोविड-19 से ठीक होने वालों की दर 90.99 प्रतिशत हो गई है। पिछले 24 घंटों में 56 हजार से अधिक संक्रमित लोग ठीक हुए।अब तक 73 लाख 15 हजार से अधिक लोग संक्रमण से उभर चुके हैं। ठीक होने की दर लगातार बेहतर होने के कारण अब देश में संक्रमण के सक्रिय मामले कुल मामलों का 7.51 प्रतिशत रह गये हैं। इस समय देश में संक्रमण के 6 लाख, 3 हजार सक्रिय मामले हैं। पिछले 24 घंटों में संक्रमण के 49 हजार 881 नये मामले सामने आने से देश में संक्रमण के मामलों की संख्या 80 लाख को पार कर गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने कहा है कि केन्द्र की टेस्ट, ट्रैक और ट्रीट की रणनीति से स्वस्थ होने वालों की दर बढी है और मृत्यु दर में कमी आई है। इस समय देश में संक्रमण से होने वाली मौतों की दर 1.50 प्रतिशत है, जो विश्व में सबसे कम दरों में से है।भारत में कोविड-19 से होने वाली मौतें पिछले छह सप्ताह में लगातार कम हो रही हैं। मंत्रालय ने कहा कि यह मरीजों को समय से अस्पताल भेजने और कोविड संक्रमण के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों तथा बेहतर इलाज के कारण संभव हुआ है। पिछले 24 घंटों में संक्रमण से हुई 517 मौतों को मिलाकर अब तक इस महामारी से मरने वालों की संख्?या एक लाख, 20 हजार 527 हो गई है।भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद- आई सी एम आर के अनुसार पिछले 24 घंटों में देश में दस लाख 75 हजार से अधिक टेस्ट किये गये। अब तक इस संक्रमण के लिए दस करोड 65 लाख से अधिक जांच की जा चुकी हैं।---
- मुंगेर। बिहार के मुंगेर में बीते दिनों मां दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान फायरिंग में हुई मौत के मामले में लोगों के रोष को देखते हुए यहां के डीएम और एसपी दोनों हटा दिए गए हंै।इससे पहले आज सुबह गुस्साए लोगों ने जिला मुख्यालय स्थित एसपी कार्यालय और एसडीओ आवास में तोडफ़ोड़ की। इस दौरान भीड़ ने कई गाडिय़ों को आग के हवाले कर दिया गया। थाने पर पथराव भी किया गया है। प्रदर्शनकारी 26 अक्टूबर को फायरिंग में एक शख्स की मौत का विरोध कर रहे थे।मुंगेर जिले के कोतवाली थाना अंतर्गत दीन दयाल उपाध्याय चौक पर सोमवार देर रात देवी दुर्गा की प्रतिमा विसर्जन के दौरान हुई गोलीबारी और पथराव में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी और सुरक्षाकर्मियों सहित दो दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे। स्थानीय लोगों ने पुलिस की गोलीबारी में 20 साल की उम्र के एक युवक की मौत का आरोप लगाया। घटना का एक कथित वीडियो सोशल मीडिया पर भी जारी किया गया था।इस मामले में मुंगेर के जिलाधिकारी राजेश मीणा ने अपने एक बयान में कहा था कि वह भीड़ के बीच से किसी के द्वारा चलाई गई गोली से मारा गया था।वहीं एसपी लिपि सिंह ने अपने बयान में कहा था कि , कुछ असामाजिक तत्वों ने दुर्गा पूजा विसर्जन के दौरान पथराव किया, जिसमें 20 जवान घायल हो गए। भीड़ की तरफ से भी गोलीबारी की गई जिसमें दुर्भाग्य से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
-
अहमदाबाद। गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल का 92 साल की उम्र में निधन हो गया है। गुरुवार सुबह सांस लेने में तकलीफ होने के बाद केशुभाई पटेल को अहमदाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। गुजरात के राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री केशुभाई पटेल के निधन पर गहरा दु:ख एवं शोक प्रकट किया है। गुजरात में जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में से एक केशुभाई पटेल उन लोगों में से थे, जिन्होंने राज्य में भाजपा को खड़ा किया था। 1995 में उन्हीं के नेतृत्व में भाजपा ने पहली बार अपनी सरकार बनाई और वह मुख्यमंत्री बने। 1975 में, जनसंघ-कांग्रेस (ओ) गठबंधन गुजरात में सत्ता में आई। आपातकाल के बाद 1977 में केशुभाई पटेल राजकोट से लोकसभा के लिए चुने गए थे। बाद में उन्होंने इस्तीफा दे दिया और बाबूभाई पटेल की जनता मोर्चा सरकार में 1978 से 1980 तक कृषि मंत्री रहे। 1979 में मच्छू बांध दुर्घटना, जिसने मोरबी को तबाह कर दिया था, के बाद उन्हें राहत कार्य में शामिल किया गया था।
केशुभाई पटेल 1978 और 1995 के बीच कलावाड़, गोंडल और विशावादार से विधानसभा चुनाव जीते। 1980 में, जब जनसंघ पार्टी को भंग कर दिया गया तो वे भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ आयोजक बने। उन्होंने भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के खिलाफ चुनाव अभियान का आयोजन किया और उनके नेतृत्व में 1995 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को जीत मिली थी।
- अमरावती। आंध्र प्रदेश के पश्चिम गोदावरी जिले में एक छोटी नदी में डूबने से छह किशोरों की मौत हो गई। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। ये किशोर परिवार और मित्रों के साथ एक पार्टी मना रहे थे। भोजन के बाद, किशोरों ने पास के पेडावगु में एक नदी में तैरने की कोशिश की, लेकिन इस दौरान वे डूब गये।पुलिस न बताया, आम तौर पर नदी की गहराई दो फुट होती है लेकिन हाल में हुई बारिश और बाढ़ के कारण इसकी गहराई लगभग 10 फुट थी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, इन किशोरों ने तैरने का प्रयास किया लेकिन दुर्भाग्यवश वे डूब गये। उन्होंने बताया कि शवों को बाहर निकालने के लिए विशेषज्ञ गोताखोर बुलाये गये थे। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान भूदेवीपेटा गांव के रहने वाले जी मनोज (16), कोनवरापु राधाकृष्ण (16), कर्णति रंजीत (16), श्रीरामुला शिवाजी (17), गंगाधर वेंकट (17) और भुवन (18) के रूप में हुई है। वेलेरुपदु पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच शुरू कर दी है। (प्रतिकात्मक फोटो)----
- नई दिल्ली। 15 वें वित्त आयोग के अध्यक्ष एन. के. सिंह और इसके सदस्यों ने बुधवार को 14 वें वित्त आयोग के अध्यक्ष वाई. वी. रेड्डी, 13 वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉक्टर विजय केलकर, 12 वें वित्त आयोग के अध्यक्ष डॉक्टर सी. रंगराजन के साथ वर्चुअल बैठक की।पिछले वित्त आयोग के अध्यक्षों ने कोविड -19 महामारी, अर्थव्यवस्था को हुए नुकसान और सरकार के राजकोषीय मापदंडों पर इसके प्रभाव को देखते हुए मौजूदा कड़ी चुनौतियों का सामना करने के लिए 15 वें वित्त आयोग की सराहना की। 15वां वित्त आयोग वर्ष 2021-26 के लिए अपनी अंतिम रिपोर्ट 30 अक्टूबर, 2020 तक सरकार को सौंपेगा।
- नई दिल्ली। भाजपा अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने पार्टी की तमिलनाडु इकाई की उपाध्यक्ष वानती श्रीनिवासन को महिला मोर्चे का राष्ट्रीय अध्यक्ष नियुक्त किया है। साथ ही उन्होंने अमिताभ चक्रवर्ती को पश्चिम बंगाल इकाई के संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी सौंपी है। पार्टी की ओर से बुधवार को जारी विज्ञप्ति में इन नियुक्तियों की घोषणा की गई और कहा गया कि दोनों की नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।पेशे से वकील श्रीनिवासन तमिलनाडु भाजपा में कई पदों पर रह चुकी हैं। वह विजया रहातकर की जगह लेंगी। पिछले महीने नड्डा ने अपनी नयी टीम की घोषणा करते हुए महिला मोर्चे को छोड़, अन्य सभी मोर्चों के अध्यक्ष बदल दिये थे। रहातकर को नड्डा की नयी टीम में सचिव पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। तमिलनाडु में अगले साल विधानसभा चुनाव हैं। ऐसे में राज्य की एक महिला नेता को राष्ट्रीय स्तर पर अहम जिम्मेदारी सौंप कर भाजपा नेतृत्व ने बड़ा दांव खेला है।अमिताभ चक्रवर्ती पिछले कुछ सालों से पश्चिम बंगाल में भाजपा के सह संगठन मंत्री थे। सुब्रतो चट्टोपाध्याय के स्थान पर उन्हें नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा के चुनाव होने हैं। राज्य में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस को सत्ता से हटाने के लिए भाजपा ने एड़ी-चोटी का दम लगा रखा है। पिछले लोकसभा चुनाव में राज्य की 18 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की थी। चट्टोपाध्याय ने ट्वीट कर कहा, ''सात साल तक एक सिपाही की तरह मुझ पर विश्वास जताने के लिए मैं पार्टी के शीर्ष नेतृत्व का शुक्रगुजार हूं। मैं नवनियुक्त संगठन महामंत्री को बधाई देता हूं और भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।
- उज्जैन, (मप्र) । मध्य प्रदेश में उज्जैन-मक्सी रोड पर पंवासा थाना क्षेत्र में बुधवार को एक डम्पर (ट्रक) की चपेट में एक बाइक के आ जाने से एक महिला और तीन बच्चों की मौत हो गयी, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रुप से घायल हो गया।नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) पल्लवी शुक्ला ने बताया कि पंवासा थाना क्षेत्र के पंड्याखेड़ी चौराहे पर एक डम्पर ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत हो गयी। वहीं, बाइक चालक गंभीर रुप से घायल हो गया। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान पूनम पारदी (27), मेधा (07), सान्वी (03) और माही (दो माह) के तौर पर हुई है। उन्होंने बताया कि महिला और उसके बच्चों की घटनास्थल पर ही मौत हो गयी, जबकि गंभीर रुप से घायल महिला के पति अवतार सिंह पारदी का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। शुक्ला ने बताया कि पीडि़त परिवार दीपावली के त्योहार पर अपनी दुकान के लिये समान खरीदने बाइक से इन्दौर जा रहा था। तभी यह हादसा हुआ। उन्होंने बताया कि डम्पर को जब्त कर लिया गया है, जबकि हादसे के बाद मौके से फरार हुए डम्पर चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस इस घटना के सिलसिले में एक मामला दर्ज कर विस्तृत जांच कर रही है।
- चित्रकूट (उप्र)। चित्रकूट जिले के पहाड़ी क्षेत्र में एक बेकाबू निजी बस ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। बुधवार को हुई इस घटना में एक नाबालिग छात्र की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने तीन घण्टे तक सड़क को अवरूद्ध कर दिया।राजापुर के पुलिस उपाधीक्षक (सीओ) रामप्रकाश ने बताया कि पहाड़ी-बांदा मार्ग पर सूरसेन गांव के नजदीक बुधवार को राजापुर से बांदा जा रही एक तेज रफ्तार निजी बस ने अनियंत्रित होकर दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी, जिससे एक मोटरसाइकिल पर सवार दसवीं कक्षा के छात्र देवेन्द्र सिंह (17) की मौके पर ही मौत हो गयी और उसका साथी राजा सिंह घायल हो गया। सीओ ने बताया कि बस ने उसी स्थान पर दूसरी मोटरसाइकिल को भी टक्कर मार दी। इस घटना में नत्थू यादव (41) और अमर सिंह यादव (30) नाम के व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्होंने बताया कि हादसे से आक्रोशित करीब 200 ग्रामीणों ने तीन घण्टे तक सड़क को अवरूद्ध रखा। राजापुर क्षेत्र के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) राहुल कश्यप विश्वकर्मा के समझाने और कार्रवाई करने का आश्वासन देने के बाद जाम खुल सका। पहाड़ी थाना के प्रभारी निरीक्षक श्रवण कुमार ने बताया कि हादसे के बाद निजी बस चालक और परिचालक बस लेकर भागने में कामयाब रहें। उनकी तलाश की जा रही है। सीओ ने बताया कि देवेन्द्र के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है और तीनों घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
- नई दिल्ली। दिल्ली विवविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर योगेश त्यागी को कर्तव्योंं में लापरवाही के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। दिल्ली विश्वविद्यालय के विजिटर के तौर पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उनके खिलाफ कर्तव्य निवर्हन में लापरवाही और प्रतिबद्धता में कमी के आरोपों की जांच के आदेश भी दिये हैं।चिकित्सा अवकाश के दौरान कार्य पर न आने तथा विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति प्रोफेसर पी सी जोशी द्वारा 17 जुलाई 2020 को कुलपति का कार्यभार संभालने से अब तक प्रोफेसर त्यागी द्वारा तथा उनकी स्वीकृति से जारी किये गये सभी आदेश रद्द माने जायेंगे। शिक्षा मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा है कि प्रोफेसर त्यागी विश्वविद्यालय के वैधानिक प्रावधानों के अनुरूप प्रशासन नहीं चला रहे थे और इस कारण विश्वविद्यालय में सामान्य कामकाज प्रभावित हुआ और कुछ गड़बडी भी हुई।
- नई दिल्ली। बिहार में चुनाव-प्रचार में जुटीं केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी कोरोना से संक्रमित हो गई हैं। बुधवार को उन्होंने ट्वीट कर यह जानकारी दी। ईरानी ने पिछले कुछ दिनों में अपने संपर्क में आए लोगों से जल्द से जल्द कोरोना टेस्ट कराने की अपील की है। वह बिहार में लगातार चुनावी सभाओं में व्यस्त थीं।स्मृति ईरानी ने ट्वीट किया, 'एक घोषणा करने के लिए मुझे शब्दों को खोजना पड़ रहा है जो मेरे लिए दुर्लभ है। मैं इसे आसान कर रही हूं- मैं कोरोना पॉजिटिव पाई गई हूं और सबसे अनुरोध करती हूं कि मेरे संपर्क में जो भी लोग आए हैं वे जल्द से जल्द खुद की जांच करा लें।'

-
पिथौरागढ़। जिले में एक सड़क निर्माण स्थल पर एक ट्रक पर भारी पत्थर गिरने से उसमें सवार दो व्यक्तियों की मृत्यु हो गयी। उपजिलाधिकारी तुषार सैनी ने बताया कि ट्रक सोमवार शाम ऑल वेदर सड़क परियोजना स्थल पर कच्चा माल ला रहा था कि तभी गुरना मंदिर के पास पहाड़ी से अचानक भारी पत्थर गिरने लगे और वाहन इनकी चपेट में आ गया। हादसे में ट्रक का चालक और क्लीनर की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि राज्य आपदा प्रतिवादन बल के कर्मियों ने सोमवार देर शाम दोनों मृतकों के शव मलबे के अंदर से निकाल लिए। मृतकों की पहचान चालक नवीन कुमार (25) और क्लीनर सूरज कुमार (20) के रूप में हुई है।
-
पाकुड़। झारखंड में पाकुड़ जिले के रामघाटी गांव में विषाक्त भोजन खाने से तीन बच्चों की मौत हो गई और उनके माता-पिता गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती हैं।
जिले के पाकुडिय़ा प्रखंड विकास अधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी ने इस घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पाकुडिय़ा प्रखंड के रामघाटी गांव में बबलू हेम्बरम सोमवार की रात अपनी पत्नी सुहागिनी सोरेन और अपने तीन बच्चों उज्ज्वल हेम्बरम (7), अजित हेम्बरम (11) तथा संजय हेम्बरम (13) के साथ दिन का बना भोजन करने के बाद सो गया। सुबह होने तक बबलू व उसकी पत्नी सुहागिनी की स्थिति गंभीर हो गई। उन्होंने अपने तीनों बच्चों को जगाने की कोशिश की लेकिन तीनों की मौत हो चुकी थी। घर में कोहराम मच गया। चौधरी ने बताया कि चीख पुकार सुनकर पड़ोसी उनके घर पहुँचे जिन्होंने तुरंत इसकी सूचना उन्हें दी। वे थाना प्रभारी मदन प्रसाद और डॉक्टर गंगा शंकर साह को लेकर मौके पर पहुँचे। उन्होंने कहा कि बबलू और सुहागिनी को इलाज के लिए पाकुडिय़ा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भेजा गया और उनका इलाज शुरू हो गया। तीनों बच्चों के शव पोस्टमॉर्टम के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल भेज दिए गए। चौधरी ने बताया कि घर में बचे हुए भोजन का नमूना भी जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजा गया है। सिविल सर्जन डॉक्टर रामदेव पासवान ने बताया कि मृतकों के पोस्टमॉर्टम के लिए मेडिकल बोर्ड गठित किया गया है।
-
-
मुंबई। मुंबई पुलिस ने त्योहारी सीजन के दौरान सुरक्षा के मद्देनजर शहर में ड्रोन और रिमोट से चलने वाले अन्य सूक्ष्म हल्के विमान उड़ाने पर 30 दिन तक के लिये पाबंदी लगा दी है। पुलिस की अधिसूचना में कहा गया है कि सोमवार को सीआरपीसी की धारा 144 के तहत जारी किया गया यह आदेश 30 अक्टूबर से 28 नवंबर तक प्रभावी रहेगा। पुलिस के एक प्रवक्ता ने कहा, यह नियमित आदेश है। घबराने की जरूरत नहीं है। धारा 144 पहले से ही लागू है, बस इसकी अवधि बढ़ाई गई है। धारा 144 पुलिस को उपद्रव या संभावित खतरे के दौरान निषेधात्मक आदेश जारी करने का अधिकार देती है।
-
होशियारपुर। पंजाब में होशियारपुर के पास दसुया मार्ग पर सड़क के किनारे खड़े एक ट्रक से एक निजी टूरिस्ट बस टकरा गई। इस घटना में बस सवार दो सैलानियों की मौत हो गई। पुलिस ने मंगलवार को बताया कि सोमवार देर रात हुए हादसे में आठ अन्य यात्री जख्मी भी हुए हैं। पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान अभी नहीं की जा सकी है और शवों को दसुया सिविल अस्पताल के मुर्दाघर में रखा गया है। पुलिस ने बताया कि घायलों को भी इसी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
- नई दिल्ली। भारत ने कोविड-19 से लड़ाई में महत्वपूर्ण सफलता हासिल की है। कोविड से स्वस्थ होने की दर 90.85 प्रतिशत हो गई है। इसके साथ ही कोविड-19 महामारी से स्वस्थ लोगों की संख्या करीब 72 लाख 60 हजार हो गई है। देश में इस रोग से स्वस्थ हुए लोगों की संख्या संक्रमितों से करीब 12 गुणा ज्यादा हो गई है।पिछले 24 घंटे में करीब 59 हजार रोगी स्वस्थ हुए। इस दौरान करीब 44 हजार लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई। इस समय 6 लाख 10 हजार 803 मरीजों का इलाज चल रहा है जो कुल संक्रमित लोगों का करीब 7.64 प्रतिशत है। रोजाना स्वस्थ हो रहे लोगों की संख्या बढऩे, इलाज करा रहे मरीजों की संख्या लगातार घटने और मृत्युदर कम बनी रहने के कारण भारत में कोविड मरीजों की संख्या कम होने में मदद मिली है।स्वास्थ्य मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया कि देशभर में स्वास्थ्य संबंधी बुनियादी ढांचे में सुधार, राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में केन्द्र के मानक उपचार प्रोटोकॉल को लागू करने और डॉक्टरों, अन्य स्वास्थ्यकर्मियों तथा अग्रिम पंक्ति के कार्यकर्ताओं के समर्पण और प्रतिबद्धता से स्वस्थ लोगों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। इस समय देश में मृत्यु दर 1.5 प्रतिशत है। अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 घंटे में 508 लोगों की मृत्यु हुई, जिनमें से लगभग 80 प्रतिशत 10 राज्यों और केन्द्र शासित प्रदेशों में हैं। पिछले 24 घंटे में 10 लाख 66 हजार से अधिक कोविड जांच की गईं। अब तक लगभग 10 करोड़ 55 लाख जांच की गई है।
- पटना। बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण के तहत प्रदेश के 16 जिलों के 71 विधानसभा क्षेत्रों में कड़ी निगरानी और पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था के साथ-साथ कोविड-19 को लेकर चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए बुधवार की सुबह सात बजे मतदान शुरू हो गया।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर कहा, बिहार विधानसभा चुनावों में आज पहले दौर की वोटिंग है। सभी मतदाताओं से मेरा आग्रह है कि वे कोविड संबंधी सावधानियों को बरतते हुए, लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी हिस्सेदारी सुनिश्चित करें। दो गज की दूरी का रखें ध्यान, मास्क जरूर पहनें। याद रखें, पहले मतदान, फिर जलपान।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण में बुधवार को मतदाताओं से न्याय, रोजगार और किसान-मजदूर के लिए महागठबंधन के पक्ष में मतदान करने की अपील की। उन्होंने ट्वीट किया, इस बार न्याय, रोजग़ार, किसान-मज़दूर के लिए आपका वोट हो सिर्फ़ महागठबंधन के लिए। बिहार के पहले चरण के मतदान की आप सभी को शुभकामनाएं।वहीं बिहार विधानसभा में प्रतिपक्ष के नेता और विपक्षी महागठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार तेजस्वी प्रसाद यादव ने ट्वीट कर कहा, ' आज प्रथम चरण के मतदान के दिन बिहारवासियों के बेहतर भविष्य, शिक्षा, स्वास्थ्य, नौकरी, विकास और नए दौर में नए बिहार के निर्माण के लिए अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करे और महागठबंधन के साथ बदलाव के सहभागी बने।'अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि इन 71 विधानसभा क्षेत्रों में सुबह सात बजे कड़ी निगरानी और सुरक्षा पुख्ता व्यवस्था के बीच तथा कोविड-19 को लेकर चुनाव आयोग के निर्देशों का पालन करते हुए बुधवार की सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ। उन्होंने बताया कि आज के मतदान के दौरान दो करोड़ 14 लाख 84 हजार 787 मतदाता जिनमें 78 हजार 791 सर्विस मतदाता शामिल हैं, अपने अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। संजय ने बताया कि निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी मतदान केंद्रों पर अद्र्धसैनिक बलों के जवानों की तैनाती किए जाने के साथ कुल 31 हजार 380 मतदान केन्द्रों के लिए 31 हजार 380-31 हजार 380 सेट इवीएम एवं वीवीपैट का प्रबंध किया गया है। उन्होंने बताया कि आज जिन विधानसभा क्षेत्रों में मतदान हो रहा है उनमें से 35 संवेदनशील अथवा अति संवेदनशील हैं जहां मतदान का समय सुबह सात बजे से शाम पांच एवं चार बजे निर्धारित किया गया जबकि बाकी अन्य विधानसभा क्षेत्रों में मतदान का समय शाम छह बजे तक जारी रहेगा।कोविड-19 को लेकर चुनाव आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार मतदान कर्मियों द्वारा इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम)की स्वच्छता, मास्क पहनना, थर्मल स्कैनिंग, सेनिटाइजर और साबुन और पानी की उपलब्धता सुनिश्चित किए जाने के साथ और अन्य सुरक्षात्मक मापदंडों का पालन किया जा रहा है।
- नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के महेंद्र पार्क इलाके में तेज संगीत बजाने का विरोध करने पर मंगलवार को एक व्यक्ति ने अपने 29 साल के पड़ोसी की चाकू गोद कर हत्या कर दी जबकि इसमें पीडि़त के दो भाई जख्मी हो गये । पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।पुलिस ने बताया कि मरने वाले की पहचान सुशील के रूप में की गयी है । वह महेंद्र पार्क के सराय पीपल थाला का रहने वाला था । पुलिस ने बताया कि उन्हें इस झगड़े के बारे में मंगलवार को दोपहर बाद सवा तीन बजे सूचना मिली । उन्होंने बताया कि इस झगड़े में सुशील और उसके दो भाई सुनील एवं अनिल घायल हो गये थे । तीनों को अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां सुशील ने दम तोड़ दिया जबकि अनिल की हालत गंभीर बनी हुई है।-----
- नई दिल्ली। नासा-इसरो सिंथेटिक एपर्चर रडार (निसार) को 2022 तक प्रक्षेपित किए जाने की उम्मीद है। भारत और अमेरिका ने अंतरिक्ष स्थिति जागरूकता सूचना साझा करने का निर्णय किया है जो सुरक्षित एवं स्थायी अंतरिक्ष वातावरण की स्थितियां तैयार करने के प्रयास को गति देगा। दोनों पक्षों ने भारत-अमेरिका अंतरिक्ष वार्ता को जारी रखने की इच्छा जताई। साथ ही अंतरिक्ष रक्षा सहयोग के क्षेत्र में संभावना पर चर्चा भी की गई।रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, विदेश मंत्री एस. जयशंकर और उनके अमेरिकी समकक्ष माइकल आर. पोम्पियो और रक्षा मंत्री मार्क टी. एस्पर के बीच मंगलवार को 'टू प्लस टू' सामरिक वार्ता के बाद जारी संयुक्त बयान में कहा गया है, ''...मंत्रियों ने भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और नेशनल एयरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन के बीच जारी सहयोग की भी प्रशंसा की। इसमें नासा-इसरो सिंथेटिक एपर्चर रडार (निसार) उग्रह के 2022 में प्रक्षेपण पर भी चर्चा हुई।'' दोनों देशों की अंतरिक्ष एजेंसियों ने 2014 में एक समझौते पर हस्ताक्षर किया था कि निसार मिशन को साथ मिलकर विकसित किया जाएगा एवं उसका प्रक्षेपण किया जाएगा। इसने कहा, ''मंत्रियों ने अंतरिक्ष स्थिति जागरूकता सूचना को भी साझा करने पर बल दिया जिससे सुरक्षित एवं स्थायी अंतरिक्ष वातावरण तैयार करने के प्रयासों को गति दी जा सके।'' संयुक्त बयान में बताया गया कि मंत्रियों ने पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय और अमेरिका के राष्ट्रीय समुद्री एवं वातावरण प्रशासन के बीच पृथ्वी विज्ञान में तकनीकी सहयोग के लिए समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर का स्वागत किया।--


.jpg)
.jpg)


.jpg)


.jpg)


.jpg)
.jpg)
.jpg)










.jpg)
.jpg)
.jpg)