- Home
- देश
- नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि शिक्षा मंत्रालय ने नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के क्रियान्वयन पर स्कूलों के शिक्षकों और प्राधानाध्यापकों से सुझाव मांगे हैं ।केंद्रीय शिक्षा मंत्री ने ट्वीट किया, हम मानते हैं कि एनईपी 2020 को लागू करने में शिक्षकों की अहम भूमिका है । इसलिए हमने देशभर के सभी स्कूलों के शिक्षकों और प्रधानाध्यापकों से सुझाव मांगने का फैसला किया है कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति को लागू करने की प्रक्रिया को किस तरह आगे बढ़ाया जाए। देश में स्कूली और उच्च शिक्षा में व्यापक सुधार का रास्ता प्रशस्त करने के लिए सरकार ने पिछले महीने नयी राष्ट्रीय शिक्षा नीति को मंजूरी दी थी। इससे पहले 1986 में शिक्षा नीति बनायी गयी थी।स्कूल शिक्षा सचिव अनिता करवाल ने बताया, शिक्षकों के लिए प्रक्रिया को आसान बनाने के वास्ते प्रश्नोत्तर प्रक्रिया के जरिए स्कूली शिक्षा के संबंध में एनईपी के हरेक विषय पर सुझाव मांगे जा रहे हैं । प्रश्न इस तरह बनाए जा रहे हैं कि शिक्षक उससे अपने को जोड़ पाएं। प्रत्येक प्रश्न में एनईपी के पैराग्राफ का संदर्भ दिया गया है ताकि अपने सुझाव अपलोड करने के पहले शिक्षक उसे बेहतर तरीके से समझ सकें। उन्होंने कहा, एनसीईआरटी के विशेषज्ञों की एक टीम सभी सुझावों पर गौर करेगी। सुझाव सीमित शब्दों के प्रारूप में मांगे गए हैं, लेकिन राष्ट्रीय पाठ्यक्रम प्रारूप में उपयोगी सुझाव को शामिल करने के लिए जरूरी लगने पर शिक्षक से निजी तौर पर संपर्क किया जाएगा। मंत्रालय ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से आग्रह किया है कि सरकारी स्कूलों, निजी स्कूलों या विभिन्न माध्यमिक स्कूल बोर्ड से संबद्ध स्कूलों के सभी शिक्षकों को सुझाव देने के लिए कहा जाए। श्री करवाल ने कहा, राज्य और केंद्रशासित प्रदेश प्राथमिकता के आधार पर वीडियो कॉन्फ्रेंस कर सकते हैं और इस प्रक्रिया के व्यापक प्रचार के लिए विभिन्न स्तरों पर शिक्षकों के वाट्सऐप ग्रुप या एससीईआरटी और डीआईईटी के जरिए संदेश भेज सकते हैं। इस संबंध में 24 से 31 अगस्त तक एक खास लिंक के जरिए सुझाव अपलोड किए जा सकते हैं ।
- टीकमगढ़। मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ जिला मुख्यालय से करीब 35 किलोमीटर दूर खरगापुर में सरकारी नौकरी से सेवानिवृत्त हुए एक व्यक्ति सहित उसके परिवार के पांच लोगों के शव आज सुबह घर में फांसी के फंदों पर लटके मिले हैं।टीकमगढ़ जिले के पुलिस अधीक्षक प्रशांत खरे ने बताया, खरगापुर में आज सुबह धर्मदास सोनी (62) के परिवार के सभी पांच सदस्यों के शव पुलिस को दो कमरों में फांसी पर लटके हुए मिले हैं। न्होंने कहा कि मृतकों में धर्मदास सोनी, उनकी पत्नी पूना (55), उनका बेटा मनोहर (27), बहू सोनम (25) एवं चार साल का पोता सान्निध्य शामिल है। खरे ने कहा कि जब परिवार के सदस्य सुबह देर तक नहीं जागे, तो उनके पड़ोसियों ने खरगापुर पुलिस थाने को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने कहा कि जिस घर में ये लोग मृत पाये गये हैं, उसमें अंदर से ताला लगा था। खरे ने बताया कि कुंडी तोड़कर पुलिस ने दरवाजा खोला और सानिध्य का शव खिड़की की ग्रिल से और बाकी चार लोगों के शव छत पर बने हुकों से लटकते हुए पाये। उन्होंने कहा कि मनोहर का शव एक कमरे में लटका मिला, जबकि बाकी चार शव दूसरे कमरे में लटके मिले।खरे ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला सामूहिक आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौके से सुसाइड नोट नहीं मिला है। उन्होंने कहा, हम विभिन्न कोणों से उनकी मौत के कारणों की जांच कर रहे हैं और विस्तृत जांच के बाद ही घटना की सच्चाई सामने आएगी। खरे ने बताया कि सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। इसी बीच, खरगापुर पुलिस थाना प्रभारी सुनील शर्मा ने बताया कि धर्मदास मध्य प्रदेश पशुपालन विभाग के सेवानिवृत्त कर्मचारी थे। उन्होंने कहा कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कुछ समय पहले धर्मदास ने दो एकड़ जमीन बेची थी, जिसके पैसों से उसका बेटा मनोहर खरगापुर में एक दुकान खरीदना चाह रहा था जिससे वह अपना कुछ व्यवसाय शुरू कर सके। शर्मा ने कहा कि धर्मदास इसके लिए तैयार नहीं था, जिसके कारण पिता-पुत्र में मनमुटाव की बात सामने आयी है। उन्होंने कहा कि हालांकि, घटना के सही कारण विस्तृत जांच के बाद स्पष्ट होंगे। घटना की जानकारी मिलने पर टीकमगढ़ जिले के कलेक्टर सुभाष द्विवेदी और पुलिस अधीक्षक प्रशांत खरे भी मौके पर पहुंचे।--
-
बरेली। जिले के बरेली -चंदौसी रेलवे लाइन पर बिशारतगंज रेलवे स्टेशन के समीप मिर्जापुर गांव में शनिवार सुबह करीब मालगाड़ी की चपेट में आने करीब 14 गायों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बुरी तरह घायल हो गईं। आंवला के अपर जिलाधिकारी के के सिंह ने बताया कि वह घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंच गए और अपनी टीम के साथ घायल गायों को इलाज हेतु आरवीआरआई अस्पताल भिजवाया। मृतक सभी गायों को जेसीबी की मदद से दफन कर दिया गया। -
नई दिल्ली। भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) भारत तथा विदेशों में कोविड-19 के टीके के विकास के बारे में जानकारी देने के लिए एक पोर्टल बना रहा है जिस पर अंग्रेजी के अलावा कई क्षेत्रीय भाषाओं में जानकारी दी जाएगी। आईसीएमआर में महामारी विज्ञान एवं संचारी रोग विभाग के प्रमुख समिरन पांडा ने बताया कि पोर्टल बनाने का उद्देश्य कोविड-19 के टीके के विकास के बारे में सारी जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाना है क्योंकि अभी इस सबंध में सारी सूचनाएं बिखरी हुई हैं। उन्होंने बताया कि पोर्टल अगले हफ्ते तक शुरू हो सकता है।
-- -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत को अपनी संस्कृति और लोक कथाओं से प्रेरित गेम विकसित कर डिजिटिल गेमिंग के क्षेत्र में मौजूद विपुल संभावनाओं का लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वैश्विक मानकों को पूरा करने वाले उत्पादों के विनिर्माण के अलावा प्रौद्योगिकी एवं नवोन्मेष के उपयोग पर ध्यान केंद्रित करना चाहिए। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक देश में खिलौनों के विनिर्माण को बढ़ावा देने के तरीकों पर चर्चा के लिये एक बैठक में मोदी ने कहा कि खिलौने एक भारत श्रेष्ठ भारत अभियान को आगे बढ़ाने के लिये उत्कृष्ट माध्यम हो सकते हैं। उन्होंने एक ट्वीट में कहा, हमें भारत की सभ्यतागत महानता को अपने देश में बने खिलौने के जरिये प्रदर्शित करने के तरीके ढूंढने पर अवश्य गौर करना चाहिए। एक व्यावसायिक खिलौना क्षेत्र आत्मनिर्भर भारत के हमारे सपनों को और भी साकार करेगा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में खिलौनों के विनिर्माण को बढ़ावा देने के लिये एक विस्तृत बैठक हुई। हमारा ध्यान इस क्षेत्र को सहयोग प्रदान करने और ऐसे खिलौने तैयार करने पर होना चाहिए जो शारीरिक तंदुरूस्ती और समग्र व्यक्तित्व के विकास को सुनिश्चित करता हो। मोदी ने एक अन्य ट्वीट में कहा, मैं स्टार्ट-अप और युवाओं से खिलौना क्षेत्र में नवोन्मेष पर ध्यान केंद्रित करने का अनुरोध करता हूं। शैक्षणिक संस्थान भी इस पर हैकथॉन का आयोजन कर सकते हैं। एक अन्य क्षेत्र जिस पर हम ध्यान केंद्रित करना चाहते हैं वह है पर्यावरण हितैषी खिलौने बनाना। उन्होंने कहा कि खिलौना प्रौद्योगिकी एवं डिजाइन में नवोन्मेष के लिये हैकथॉन का आयोजन करने की जरूरत है।
उल्लेखनीय है कि हैकथॉन कंप्यूटर कोडिंग कार्यक्रम होता है, जिसमें कई सारे कंप्यूटर विशेषज्ञ और अन्य इच्छुक लोग किसी नए सॉफ्टवेयर प्रोग्राम को तैयार करने के लिए एक मंच पर एकत्र होते हैं। बयान में मोदी को उद्धृत करते हुए कहा गया है कि भारतीय संस्कृति एवं लोकाचार से जुड़े खिलौनों का उपयोग सभी आंगनवाड़ी केंद्रों और स्कूलों में अध्यापन के उपकरण के रूप में बच्चों के सर्वांगीण विकास में किया जाना चाहिए। तेजी से बढ़ते डिजिटल गेमिंग क्षेत्र का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि भारत को इस क्षेत्र में मौजूद विपुल संभावनाओं का लाभ उठाना चाहिए और भारतीय संस्कृति एवं लोक कथाओं से प्रेरित गेम विकसित कर अंतरराष्ट्रीय डिजिटल गेमिंग क्षेत्र का नेतृत्व करना चाहिए। उन्होंने इस बात का जिक्र किया कि यह देश कई खिलौना क्लस्टर का घर है और स्वदेशी खिलौने बनाने वाले हजारों कारीगरों के न सिर्फ सांस्कृतिक संपर्क हैं, बल्कि वे बच्चों के बाल्यकाल के दौरान उनके बीच कौशल विकास करने में भी मदद करते हैं। उन्होंने कहा कि इस तरह के क्लस्टर को नवोन्मेष के जरिये बढ़ावा दिया जाना चाहिए। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और स्मृति ईरानी तथा अन्य बैठक में उपस्थित थे। बयान में कहा गया कि बैठक को इस बात से अवगत कराया गया कि भारतीय खिलौना बाजार की असीम संभावना है और यह आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत 'वोकल फॉर लोकल को बढ़ावा देकर इस उद्योग में परिवर्तनकारी बदलाव ला सकता है।
-
तिरुवनंतपुरम। प्रसिद्ध पद्मनाभ स्वामी मंदिर को श्रद्धालुओं के लिए 26 अगस्त से खोला जाएगा। दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को कोविड-19 के नियमों का कड़ाई से पालन करना होगा। श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए एक दिन पहले मंदिर की वेबसाइट से ऑनलाइन बुकिंग करानी पड़ेगी। दर्शन के लिए आने के दौरान आधार कार्ड और ऑनलाइन बुकिंग की एक प्रति भी रखनी होगी। दर्शन के लिए आने वालों को मास्क पहनना होगा और साबुन से हाथ धोना होगा तथा सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करना होगा। कोरोना वायरस का संक्रमण बढऩे के कारण मंदिर 21 मार्च से ही बंद है। श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न मंदिरों को खोले जाने के मद्देनजर मंदिर की प्रबंधन समिति ने कुछ शर्तों के साथ श्रद्धालुओं को दर्शन करने की अनुमति देने का फैसला किया। मंदिर की ओर से जारी विज्ञप्ति में कहा गया कि सुबह आठ बजे से 11 बजे तक और शाम पांच बजे से करीब पौने सात बजे तक दर्शन होगा। कार्यकारी अधिकारी वी रतिशन ने बताया कि एक बार में केवल 35 श्रद्धालुओं और एक दिन में अधिकतम 665 लोगों को मंदिर के भीतर जाने की अनुमति दी जाएगी।
-
भोपाल। मध्य प्रदेश में विशेषकर पश्चिमी जिलों में भारी बारिश होने से निचले इलाकों में जल जमाव होने से सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ है तथा छोटी नदियां और नाले उफान पर हैं। शनिवार को धार जिले में दीवार गिरने से 70 वर्षीय एक महिला की मौत हो गयी जबकि दो साल का एक बालक एक उफनते नाले में बह गया। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के भोपाल केन्द्र ने अपने ताजा बुलेटिन में रेड, आरेंज और यलो अलर्ट जारी कर अगले 12 घंटे तक मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। आईएमडी ने रेड अलर्ट जारी कर राज्य के खरगोन, अलीराजपुर, झाबुआ, धार और रतलाम जिलों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और भारी बारिश की संभावना व्यक्त की है। विभाग ने इन्दौर व उज्जैन सहित नौ जिलों में आरेंट अलर्ट जारी कर तेज हवा के साथ भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसी प्रकार मौसम केन्द्र ने भोपाल, होशंगाबाद सहित नौ जिलों के लिये यलो अलर्ट जारी कर अधिक वर्षा की चेतावनी दी है। धार जिले के राजस्व अधिकारी अजय सिंह गौड़ ने बताया कि धापू बाई डामोर नामक महिला की लीलाखेड़ी इलाके में उसके घर की दीवार गिरने से मौत हो गयी जबकि दो साल का एक लड़का एक नाले में बह गया। बालक की पहचान फिलहाल नहीं हो सकती है उसकी तलाश की जा रही है।
- नई दिल्ली। केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सी बी आई) ने मध्य प्रदेश के मुरैना से बैंक घोटाले के आरोपी एक निजी कंपनी के प्रबंध निदेशक, प्रोमोटर और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। 938 करोड़ रुपये का यह घोटाला भारतीय स्टेट बैंक की ओर से दायर शिकायत से संबंधित है।शिकायत में आरोप लगाया गया है कि कंपनी ने ऋण प्राप्त करने के लिए अपनी आर्थिक स्थिति को बढ़ा-चढ़ाकर पेश किया था। साथ ही ऋण से मिली धनराशि को धोखाधड़ी से गायब किया गया। आरोपियों के मुरैना और दिल्ली स्थित परिसरों की शनिवार को तलाशी ली गई।----
- नई दिल्ली। राज्य और केंद्रशासित प्रदेश राष्ट्रीय भर्ती एजेंसी-एन आर ए द्वारा आयोजित की जाने वाली संयुक्त पात्रता परीक्षा-सी ई टी के माध्यम से नौकरियों के लिए उम्मीदवारों का चयन कर सकेंगे।केंद्रीय मंत्री डॉक्टर जितेन्द्र सिंह ने बताया कि सी ई टी में प्राप्त अंकों को राज्यों, केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन, सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों और निजी क्षेत्र की कंपनियों के साथ साझा किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इससे उम्मीदवारों का चयन करने में राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की भर्ती एजेंसियों तथा नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं दोनों के पैसे और समय की बचत होगी।जितेन्द्र सिंह ने कहा कि सी ई टी में प्राप्त अंकों को नियोक्ता एजेंसियों और संगठनों के साथ साझा करने के लिए एक सहमति पत्र पर हस्ताक्षर की व्यवस्था हो सकती है। उन्होंने कहा कि इसे लेकर कार्मिक तथा प्रशिक्षण विभाग सहित वह खुद भी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के प्रशासन के साथ संपर्क में हैं। उन्होंने बताया कि राज्यों के मुख्यमंत्री इस व्यवस्था को लागू करने के प्रति काफी उत्साहित नजर आ रहे हैं।----
-
नई दिल्ली। केंद्र ने राज्यों से कहा है कि अनलॉक-3 दिशा-निर्देशों से जुड़ी मौजूदा अवधि के दौरान लोगों और वस्तुओं एवं सेवाओं की अंतर-राज्य आवाजाही के साथ-साथ राज्य के अंदर आवागमन पर भी कोई पाबंदी नहीं होनी चाहिए।
सभी राज्यों के मुख्य सचिवों को आज भेजे गए एक पत्र में केंद्रीय गृह मंत्रालय (एमएचए) ने कहा है कि इस आशय की जानकारी मिली है कि विभिन्न जिलों/राज्यों द्वारा आवाजाही पर स्थानीय स्तर पर पाबंदियां लगाई जा रही हैं। इस तरह की पाबंदियां वस्तुओं एवं सेवाओं की अंतर-राज्य आवाजाही में समस्याएं पैदा कर रही हैं और इसके साथ ही आपूर्ति श्रृंखला (सप्?लाई चेन) को भी प्रभावित कर रही हैं। इसके परिणामस्वरूप आर्थिक गतिविधियों और रोजगार में व्यवधान उत्पन्न हो रहे हैं। इसके अलावा, वस्तुओं और सेवाओं की आपूर्ति भी प्रभावित हो रही है।गृह मंत्रालय ने कहा है कि जिला प्रशासन या राज्यों द्वारा स्थानीय स्तर पर लगाई गई इस तरह की पाबंदियां दरअसल आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 के प्रावधानों के तहत एमएचए द्वारा जारी किए गए दिशा-निर्देशों का उल्लंघन है।गृह मंत्रालय द्वारा 29 जुलाई, 2020 को जारी ऑर्डर, जिसमें अनलॉक-3 के लिए दिशा-निर्देशों को निर्दिष्ट किया गया है, की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए इस पत्र में यह बात दोहराई गई है कि लोगों और वस्तुओं की अंतर-राज्य आवाजाही के साथ-साथ राज्य के अंदर आवागमन पर भी कोई पाबंदी नहीं होगी। इस तरह की आवाजाही के लिए अलग से अनुमति/अनुमोदन/ई-परमिट लेने की कोई आवश्यकता नहीं होगी। इसमें पड़ोसी देशों के साथ की गई संधियों के तहत सीमा पार व्यापार के लिए वस्तुओं और लोगों की आवाजाही शामिल है।--- - - सुरक्षित कारोबार और आर्थिक गतिविधियों के लिए आरोग्य सेतु ऐप में नया फीचर जोड़ा गयाइस सेवा का फायदा 50 से अधिक कर्मचारियों के साथ पंजीकृत संगठन और व्यावसायिक संस्थाएं उठा सकती हैंनई दिल्ली। हमें कोविड-19 के साथ रहने के लिए कदम आगे बढ़ाते देख आरोग्य सेतु टीम ने एक नई अभिनव सुविधा पर काम किया है जिसे ओपन एपीआई सर्विस कहा जाता है।सुरक्षा का ध्यान रखते हुए व्यवसायों और अर्थव्यवस्था को कामकाज शुरू करने में मदद करने के लिए ओपन एपीआई सेवा संगठनों को आरोग्य सेतु की स्थिति की जांच करने और इसके होम फीचर्स के जरिए इसे अपने विभिन्न कार्यों से जोडऩे में सक्षम बनाती है। आरोग्य सेतु की ओपन एपीआई सेवा कोविड-19 संक्रमण के डर / जोखिम से निपटने और लोगों, व्यवसायों तथा अर्थव्यवस्था को सामान्य स्थिति में लौटने में मदद करती है।आरोग्य सेतु 2 अप्रैल, 2020 को शुरू होने के बाद से ही कोविड-19 से निपटने की भारत की लड़ाई को मजबूत कर रहा है। अरोग्य सेतु अब 15 करोड़ से अधिक उपयोगकर्ताओं के साथ दुनिया में सबसे अधिक डाउनलोड किए जाने वाले संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने वालों का पता लगाने वाले ऐप के रूप में उभरा है। लोगों के उत्साह से भरे भारी समर्थन की वजह से आरोग्य सेतु कोविड-19 के शमन और प्रबंधन में लगे स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं और सरकार के प्रयासों में सहायता करने में सक्षम हो सका है। 66 लाख से अधिक ब्लूटूथ संपर्कों का पता लगाया गया है और परीक्षण कराए लोगों में कोविड पॉजिटिविटी की प्रतिशतता लगभग 27 प्रतिशत है। इस प्रकार आरोग्य सेतु आधारित ब्लूटूथ कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग और परीक्षण बहुत ही कुशल और प्रभावी है। इसी तरह,कई अन्य लोगों को सावधानी बरतने और घर में ही आइसोलेशन में रहने की सलाह दी गई है। इससे कोरोना संक्रमण के प्रसार की श्रृंखला को तोडऩे में मदद मिली और यह संक्रमण की प्रारंभिक पहचान करने में प्रभावी रहा है। इससे यह सुनिश्चित हो सका है कि भारत में मृत्यु दर सबसे कम है। उप-पिनकोड स्तरों पर उभरते हॉटस्पॉट की भविष्यवाणी करने के लिए स्थिति डेटा और अरोग्या सेतु विश्लेषिकी का उपयोग करने वाला आरोग्य सेतु इतिहास (आईटीआईएचएएस) इंटरफ़ेस स्वास्थ्य अधिकारियों और प्रशासन को आवश्यक एहतियाती कदम उठाने में मदद करने में बहुत प्रभावी रहा है। 300 मीटर गुना 300 मीटर के बहुत ही छोटे स्तर पर 30 हजार से अधिक हॉटस्पॉट की पहचान की गई है और इससे राज्य सरकारों और जिला प्रशासनों को अवगत कराया गया है।अपनी शुरुआत के बाद से ही आरोग्य सेतु ने लगातार नवाचार किए और ई-पास एकीकरण, क्यूआर कोड स्कैनिंग,परिवार / जानकार लोगों के साथ स्वास्थ्य की स्थिति को साझा करने जैसी कई अभिनव सुविधाओं की शुरुआत की जो आरोग्य सेतु के आदर्श वाक्य - मैं सुरक्षित,हम सुरक्षित,भारत सुरक्षित के अनुरूप भारत और भारतीयों को सुरक्षित रखने में बहुत प्रभावी रहे हैं।ओपन एपीआई सेवाआरोग्य सेतु की ओपन एपीआई सेवा का लाभ उन संगठनों और व्यावसायिक संस्थाओं द्वारा उठाया जा सकता है जो 50 से अधिक कर्मचारियों के साथ भारत में पंजीकृत हैं। वे वास्तविक समय में आरोग्य सेतु आवेदन के बारे में पता लगाने और अपने कर्मचारियों या आरोग्य सेतु के अन्य उपयोगकर्ताओं, जिन्होंने संगठन के साथ अपनी स्वास्थ्य स्थिति साझा करने के लिए अपनी सहमति प्रदान की है, की सेहत की स्थिति प्राप्त करने के लिए ओपन एपीआई सेवा का उपयोग कर सकते हैं। ओपन एपीआई केवल आरोग्य सेतु की स्थिति और आरोग्य सेतु उपयोगकर्ता का नाम ( उपयोगकर्ता की सहमति से) प्रदान करेगा। एपीआई के माध्यम से कोई अन्य व्यक्तिगत डेटा प्रदान नहीं किया जाएगा।
- नई दिल्ली। कोविड-19 संक्रमण के लिए दैनिक परीक्षणों को 10 लाख तक बढ़ाने के अपने संकल्प को पूरा करते हुए भारत ने आज कोविड-19 से निपटने के अपने संघर्ष में एक महत्वपूर्ण पड़ाव को पार कर लिया है।केंद्र और राज्य / केंद्रशासित प्रदेश सरकारों के दृढ़ संकल्पित, केंद्रित, अनवरत और समन्वित प्रयासों के कारण भारत में पिछले 24 घंटों में 1 मिलियन यानी दस लाख परीक्षण कराए गए हैं। कल 10 लाख 23 हजार 836 नमूनों के परीक्षण कराने के साथ ही भारत ने प्रतिदिन 10 लाख नमूनों का परीक्षण करने का अपना संकल्प पूरा कर लिया है।इस उपलब्धि के साथ ही अब तक देश में कुल 3.4 करोड़ से अधिक परीक्षण (3 करोड़ 44 लाख 91 हजार 73) कराए जा चुके हैं।देश में कोविड-19 संक्रमण के दैनिक परीक्षणों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पिछले तीन हफ्तों के दौरान औसत दैनिक परीक्षण भी देश भर में कोविड-19 परीक्षणों की वृद्धि में लगातार हो रही प्रगति को स्पष्ट रूप से दर्शाते हैं।राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों की ओर से बताया गया है कि उनके यहां आक्रामक और तेजी से परीक्षण कराए जा रहे हैं, और इसी वजह से कोविड-19 की पॉजिटिविटी दर में गिरावट आई है। हालांकि, अधिक संख्या में परीक्षण कराने से शुरू में पॉजिटिविटी दर में वृद्धि होगी लेकिन जब संक्रमण का पता लगते ही आइसोलेशन, संक्रमण का कुशलता से पता लगाने और समय पर प्रभावी और नैदानिक प्रबंधन जैसे उपाय साथ-साथ शुरू कर दिए जाएंगे तो यह अंतत: कम हो जाएगा। परीक्षणों की बढ़ती संख्या के साथ केंद्र और राज्यों / केंद्रशासित प्रदेशों के नीतिगत फैसले से देश भर में आसान परीक्षण की सुविधा बढ़ी है। इसने दैनिक परीक्षण क्षमता को बढ़ाया है।इस उपलब्धि में बढ़ी हुई नैदानिक प्रयोगशाला नेटवर्क की भी अहम भूमिका है। आज की तारीख में देश में सरकारी क्षेत्र में 983 प्रयोगशालाओं और 528 निजी प्रयोगशालाओं सहित 1511 प्रयोगशालाओं का एक मजबूत नेटवर्क है।
- चंडीगढ़। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के जवानों ने पंजाब में शनिवार की सुबह भारत पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पांच घुसपैठियों को मार गिराया, एक वरिष्ठ अधिकारी ने यह जानकारी दी।अधिकारी ने बताया कि बल के जवानों ने पंजाब के तरन तारन जिले में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर संदिग्ध गतिविधियां देखी। उन्होंने बताया कि संदिग्धों से रुकने के लिए कहा गया लेकिन उन्होंने बीएसएफ के जवानों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी जिसके बाद जवानों ने भी जवाबी कार्रवाई की और इसमें पांच घुसपैठिए मारे गए। बीएसएफ के एक अन्य अधिकारी ने बताया कि घटना सुबह करीब 4:45 बजे हुई। क्षेत्र में तलाश अभियान चल रहा है।--
- नई दिल्ली। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री श्री राम विलास पासवान ने कहा कि सभी उत्पादों के पैकेजों पर निर्माता के विवरण, अंतिम तिथि, मूल्य और उत्पाद के अन्य विवरण स्पष्ट रूप से दिए जाने चाहिए। उन्होंने उपभोक्ताओं से किसी भी उत्पाद के पैकेज पर कोई जानकारी नहीं मिलने पर शिकायत दर्ज करने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि इससे उन निर्माताओं के मन में डर पैदा होगा जो अनुचित कार्य-निष्पादन करने या उत्पादों के न्यून-मानक के वितरण को बाजार में बढ़ावा देने में शामिल हैं।एक वीडियो प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान शुक्रवार को मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए, श्री पासवान ने कहा कि आन्ध्र प्रदेश के गुंटूर में कानूनी मेट्रोलॉजी विभाग ने दवाइयों के फार्मास्युटिकल वितरक सेडर ओम के खिलाफ शिकायत दर्ज की है। श्री पासवान ने बताया कि प्राप्त शिकायत के अनुसार, इसके उत्पाद पर निर्माता का नाम, हेल्पलाइन नंबर और समाप्ति की तिथि स्पष्ट रूप से दिखाई नहीं दे रहे हैं। इसके अलावा यह भी आरोप लगाया गया है कि घोषणा के अंकों और अक्षरों का आकार 1 मिमी से कम है और आसानी से उपरोक्त दवा पैकेजों पर पढऩे योग्य नहीं है। उन्होंने कहा कि कानूनी मेट्रोलॉजी अधिनियम, 2009 की धारा 15 के तहत वितरक और विक्रेता के परिसरों पर छापेमारी की गई और उपरोक्त दवा के पैकेट जब्त किए गए हैं।---
-
नई दिल्ली। राजीव कुमार शुक्रवार को नए चुनाव आयुक्त नियुक्त किए गए। वह अशोक लवासा का स्थान लेंगे, जो इस्तीफा दे चुके हैं। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से उनकी नियुक्ति को मंजूरी दे दी। कुमार की नियुक्ति लवासा के स्थान पर हुई है जिनका इस्तीफा 31 अगस्त से प्रभावी होगा। कानून एवं न्याय मंत्रालय की एक अधिसूचना के मुताबिक, संविधान के अनुच्छेद 324 के खंड (2) के अनुसार राष्ट्रपति ने राजीव कुमार (सेवानिवृत्त आईएएस) को चुनाव आयुक्त के पद पर नियुक्त किया है। उनके पदभार ग्रहण करने की तिथि से उनकी नियुक्ति प्रभावी होगी। राजीव कुमार झारखंड कैडर के 1984 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस (भारतीय प्रशासनिक सेवा) अधिकारी हैं। -
नई दिल्ली। अश्विनी भाटिया को भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। कार्मिक मंत्रालय के आदेश में यह जानकारी दी गई है। भाटिया वर्तमान में एसबीआई के उप प्रबंध निदेशक हैं। भाटिया की प्रबंध निदेशक के पद पर नियुक्ति उनकी सेवानिवृति तक के लिये की गई है। वह 31 मई 2022 को सेवानिवृत होंगे।
-
आगरा। जिले के थाना फतेहपुर सीकरी अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग-11 पर शुक्रवार को एक बेकाबू कार ने तीन लोगों को रौंद दिया जिससे दो लोगों की मौत हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि मृतकों में एक किसान और एक बच्ची शामिल है। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के दौरान काफी संख्या में ग्रामीण एकत्रित हो गए और उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर चालक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किसान और बच्ची के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। फतेहपुर सीकरी थाने के निरीक्षक आर के सिंह ने बताया कि घायल महिला का अस्पताल में उपचार चल रहा है। गिरफ्तार आरोपी कार चालक राजकुमार के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
-
-
पिथौरागढ़। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ जिले में बारिश के बाद तड़के एक मकान ढह जाने से एक व्यक्ति और उसके दो बच्चों की मृत्यु हो गयी जबकि उसकी पत्नी घायल हो गयी ।
पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी वीके जोगदंडे ने बताया कि घटना करीब तीन बजे चैसार गांव में हुई जहां मकान ढहने से कुशलनाथ (27)और उसके दो बच्चों की मृत्यु हो गयी । घटना में उसकी पत्नी निधि (25)घायल हो गई। उन्होंने बताया कि मकान पुराना होने की वजह से ढह गया । जिलाधिकारी ने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) और पुलिस ने मौके पर पहुंच कर मलबे से शवों को बाहर निकाला, जबकि कुशलनाथ की पत्नी को घायल अवस्था में बाहर निकाला गया ।
-
पणजी। उत्तर गोवा के अरमबोल बीच में प्रकृति प्रेमियों और स्थानीय संगठनों ने चंदा एकत्र करके सौ साल पुराने बरगद के एक पेड़ को दोबारा लगा दिया । यह पेड़ भारी बारिश के कारण इस महीने उखड़ गया था।
तटीय राज्य में भारी बारिश के कारण पांच अगस्त को बरगद का पेड़ उखड़ गया था। जिसके बाद लोगों ने इसे फिर से लगाने के लिए चंदा इका करने के लिए एक ऑनलाइन कार्यक्रम शुरू किया। गोवा ग्रीन ब्रिगेड के समन्वयक एवरटिनो मिरांडा ने कहा कि पेड़ को वापस खड़ा करने के लिए धन इका करने के वास्ते अभियान शुरू किया गया था। उन्होंने बताया कि इस अभियान से लगभग दो लाख रुपये एकत्र हुए और हैदराबाद से विशेषज्ञों को इसे दोबारा लगाने के लिए बुलाया गया। उन्होंने बताया कि वट फाउंडेशन के उदय कृष्ण ने पेड़ लगाने में मदद की और जेसीबी मशीन से चार फुट गहरी जगह बना कर इसे दोबारा लगाया गया। (प्रतिकात्मक फोटो)
-
कटिहार। बिहार में कटिहार जिले के बरारी प्रखंड अंतर्गत बाईसा गोविंदपुर शंकर बांध के पास एक नौका के डूबने से इसमें सवार तीन बच्चों की मौत हो गई।
अनुमंडल पुलिस अधिकारी अमरकांत झा ने बताया कि कल देर शाम हुए इस हादसे में डूबे बच्चों- राजकुमार महतो (13), गौतम कुमार (12) और करिश्मा कुमारी (13) के शव स्थानीय गोताखोरों की मदद से शुक्रवार को बरामद कर पोस्टमॉर्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिए गए। उन्होंने बताया कि नौका में कुल नौ लोग सवार थे जिनमें से ये तीन बच्चे लापता बताए जा रहे थे। (प्रतिकात्मक फोटो)
-
नई दिल्ली। केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने पूरे देश में सड़क निर्माण में आधुनिक और हरित प्रौद्योगिकियों का उपयोग करने पर जोर दिया। नई हरित राजमार्ग नीति (वृक्षारोपण) की समीक्षा करने और सड़क निर्माण में नई प्रौद्योगिकियों के उपयोग के बारे में वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से विचार-विमर्श करने के लिए आयोजित बैठक की अध्यक्षता करते हुए उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण की लागत 25 प्रतिशत तक कम करना हमारा मिशन होना चाहिए और इसके लिए हमें नई प्रौद्योगिकियों की जरूरत है।
उन्होंने भू-टैगिंग और वेब आधारित जीआईएस सक्षम निगरानी उपकरणों के माध्यम से वृक्षारोपण की निगरानी करने के लिए एक मोबाइल ऐप हरित पथ लॉन्च किया। यह ऐप सभी वृक्षारोपण परियोजनाओं के तहत प्रत्येक वृक्ष के लिए सभी क्षेत्रीय इकाइयों में से प्रत्येक के स्थान, विकास, प्रजातियों के विवरण, रखरखाव गतिविधियों, लक्ष्यों और उपलब्धियों की निगरानी करने के लिए एनएचएआई द्वारा विकसित किया गया है। इस मोबाइल ऐप का उद्घाटन करते हुए श्री गडकरी ने वृक्षारोपण की सतत निगरानी और पेड़ों के एक स्थान से दूसरे स्थान पर प्रतिरोपण पर जोर दिया।
श्री गडकरी ने राज मार्गों के किनारे वृक्षारोपण के लिए विशेष व्यक्तियों/एजेंसियों को हायर करने का सुझाव दिया। उन्होंने इस कार्य में गैर-सरकारी संगठनों, स्वयं सहायता समूहों और बागवानी तथा वन विभाग को शामिल करने का सुझाव दिया। अधिकारियों ने उन्हें आश्वासन दिया कि वे मार्च 2022 तक राजमार्गों पर शत प्रतिशत वृक्षारोपण के लक्ष्य को अर्जित करने में समर्थ होंगे।
वृक्षारोपण के मुद्दे पर विचार-विमर्श करते हुए श्री गडकरी ने कहा कि सभी पेड़ों को कटने से बचाना ही हमारा मिशन होना चाहिए और इस उद्देश्य के लिए नई प्रौद्योगिकियों से युक्त विशिष्ट एजेंसियों को इस काम पर रखा जाना चाहिए। उन्होंने इन उद्देश्यों की मजबूती के लिए स्थानीय स्वदेशी सामग्रियों जैसे जूट, कॉयर के इस्तेमाल पर जोर दिया। उन्होंने यह भी कहा कि स्थानीय परिस्थितियों के अनुकूल ही वृक्षों की प्रजातियों का सही चुनाव बहुत महत्वपूर्ण है।
-
गुवाहाटी। असम में सरकार ने सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों और विश्वविद्यालयों के शिक्षकों से कहा है कि वे इस महीने के अंत तक अपना कोविड परीक्षण करवा लें।
शिक्षकों से यह भी कहा गया है कि वे पहली सितंबर से अपनी शिक्षा संस्थाओं में डयूटी के लिए पहुंचे। शिक्षा विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि सरकार केन्द्र सरकार की अनुमति के बाद अगले महीने की पहली तारीख से सभी शिक्षण संस्थान खोल देगी। यदि केन्द्र सरकार की अनुमति नहीं मिली, तो इन शिक्षण संस्थानों से ही शिक्षकों को ऑनलाइन कक्षाएं लेनी होंगी। -
-मुख्यमंत्रियों व राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ बैठक ली
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में तेजी से हो रहे कृषि सुधारों पर मुख्यमंत्रियों व राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण, ग्रामीण विकास तथा पंचायती राज मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने आज एक बैठक में विस्तृत चर्चा की।
इस दौरान श्री तोमर ने कहा कि एक लाख करोड़ रुपये के कृषि इंफ्रास्ट्रक्चर फंड से देश के 85 प्रतिशत से ज्यादा छोटे व मझौले किसानों तक पूरा फायदा पहुंचना जरूरी है। प्रधानमंत्री जी ने किसानों के लिए एक साथ इतनी बड़ी राशि दी है, इतना फंड पहले कभी उपलब्ध नहीं हुआ। श्री तोमर ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लाए गए नए अध्यादेश पूरी तरह से किसान हितैषी है, न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) को लेकर भी गुमराह नहीं होना चाहिए, किसानों से एमएसपी पर उपज की खरीद पूर्व की तरह जारी रहेगी। राज्यों के मुख्यमंत्रियों व मंत्रियों ने इस दौरान कहा कि किसानों की भलाई के लिए एक लाख करोड़ रुपये के फंड का उपयोग करने में वे कोई कसर नहीं छोड़ेंगे, गांव-गांव में इंफ्रास्ट्रक्चर खड़ा करेंगे।
श्री तोमर ने कहा कि केंद्र सरकार के अध्यादेशों से किसानों को बड़ा फायदा होने वाला है। कांट्रेक्ट फार्मिंग व क्लस्टर खेती होने से किसानों की आय में वृद्धि होगी। 10 हजार एफपीओ की स्कीम के लिए 6,865 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है, जिससे 85 प्रतिशत छोटे किसानों को लाभ मिलेगा। छोटे किसानों का रकबा, उत्पादन-उत्पादकता बढ़ाने की दृष्टि से इन एफपीओ की बड़ी भूमिका होगी। सामूहिक रूप से सिंचाई, खाद-बीज आदि सुविधाएं मिलने से खेती की लागत कम होगी। राज्यों से अगले दौर की बैठकों में भी चर्चा होगी।
योजना के तहत लाभ- एग्री इंफ्रा फंड की योजना अवधि वित्तीय वर्ष 2020 से वित्तीय वर्ष 2029 (10 वर्ष) तक होगी। यह स्कीम किसानों, प्राथमिक कृषि सहकारी समितियों, किसान उत्पाद संगठन, कृषि उद्यमियों आदि को सामुदायिक कृषि परिसंपत्तियों और फसलोपरांत कृषि मूलभूत संरचना के निर्माण में सहायता प्रदान करेगी। इसके तहत 2 करोड़ रू. तक के ऋण के लिए सीजीटीएमएसई योजना के तहत क्रेडिट गारंटी कवरेज और 3 प्रतिशत प्रति वर्ष की दर से की ब्याज छूट के साथ ऋण के रूप में बैंकों एवं वित्तीय संस्थानों द्वारा 1 लाख करोड़ रू. दिए जाएंगे। योजना के दिशा-निर्देश जारी हो चुके हैं। एक पोर्टल भी खोला गया है।
-
बेंगलुरु। अंतरिक्ष एजेंसी इसरो ने कहा कि भारत के दूसरे चंद्र अभियान चंद्रयान-2 ने चंद्रमा की कक्षा में चारों ओर परिक्रमा करते हुए एक वर्ष पूरा कर लिया है और इसके सभी उपकरण वर्तमान में अच्छी तरह काम कर रहे हैं। साथ ही कहा कि सात और वर्षों के संचालन के लिए चंद्रयान-2 में पर्याप्त ईंधन मौजूद है।
चंद्रयान-2 का प्रक्षेपण 22 जुलाई 2019 को किया गया था और ठीक एक साल पहले 20 अगस्त को इसने चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश किया था। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने कहा, हालांकि, उतरने का प्रयास (रोवर ले जाने वाले लैंडर का) सफल नहीं हुआ था। वहीं, आठ वैज्ञानिक उपकरणों से सुसज्जित अंतरिक्षयान ने सफलतापूर्वक चंद्रमा की कक्षा में प्रवेश किया था। अंतरिक्षयान ने चंद्रमा की कक्षा में करीब 4,400 परिक्रमा पूरी की हैं और इसके सभी उपकरण अच्छी तरह काम कर रहे हैं। इसरो ने एक बयान में कहा कि अंतरिक्षयान बिल्कुल ठीक था और इसकी उप प्रणालियों का प्रदर्शन सामान्य है।
-
नई दिल्ली। भारत और मालदीव के बीच एक सीधी जलपोत सेवा अगले महीने शुरू होगी। पिछले साल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मालदीव यात्रा के दौरान इस सेवा पर सहमति हुई थी। यह सेवा केरल के कोच्ची और तमिलनाडु के तूतुकुड़ी को मालदीव की राजधानी माले से जोड़ेगी।
दोनों देशों के बीच यात्रियों और माल परिवहन की कम खर्चीली इस सेवा के लिए पिछले वर्ष एक समझौते पर हस्ताक्षर किए गए थे। जलपोत दोनों तरफ की यात्रा दस दिन में पूरा करेंगे। शिपिंग कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड द्वारा इस सेवा का संचालन किया जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि इस सेवा से द्विपक्षीय व्यापार और आर्थिक संबंधों को गति मिलेगी। इन जलपोतों में फल और सब्जियां, अंडे, खाद्यान्न जैसे सामान के अलावा इलेक्ट्रिकल मशीनरी और उपकरण, दवाइयां, निर्माण सामग्री, रेत, कपड़े और वस्त्र जैसी वस्तुओं को भी ले जाया जाएगा।














.jpg)











.jpg)
.jpg)