- Home
- देश
- नई दिल्ली। मणिपुर में कोरोना संक्रमण के फैलाव को रोकने के उद्देश्य से 14 दिनों का राज्यव्यापी लॉकडाउन और कफ्र्यू आज दोपहर 2.00 बजे के बाद लागू कर दिया गया है। मुख्यमंत्री बीरेन सिंह ने कल मंत्रिमंडल की आपात बैठक के बाद इसकी घोषणा की थी।मणिपुर सरकार ने कोरोना वायरस की स्थिति को देखते हुए ये फैसला किया गया है। देश के दूसरे हिस्सों की तरह मणिपुर में भी कोरोना वायरस का कहर है। कोरोना वायरस को रोकने के लिए कई तरह के उपाय किए जा रहे हैं। अब सरकार एक बार फिर लॉकडाउन की ओर लौटी है। इसलिए 14 दिनों का लॉकडाउन लगाया गया है।इस दौरान अस्पताल, मेडिकल स्टोर खुलेंगे। इसके साथ ही अन्य ज़रूरी सेवाओं पर प्रतिबंध नहीं होगा। इसके अलावा हर तरह के बाज़ार और दुकानें पूरी तरह से बंद रहेंगे। सरकारी और प्राइवेट दफ्तर भी बंद रहेंगे।
- नई दिल्ली। चुनाव आयोग ने सात विधानसभा क्षेत्रों और एक संसदीय क्षेत्र के उप-चुनाव इस वर्ष सात सितम्बर तक टाल दिए हैं। आयोग ने यह फैसला कोविड-19 महामारी और देश के कुछ हिस्सों में बाढ़ आने के कारण लिया है।सात विधानसभा क्षेत्रों में असम की शिबसागर, तमिलनाडु की थिरुवोट्टियूर और गुडियट्टम, मध्य प्रदेश की आगर, उत्तर प्रदेश की बुलंदशहर और टूंडला तथा केरल का चावारा शामिल हैं। इसके अलावा सात सितम्बर को ही बिहार की वाल्मीकि नगर संसदीय सीट पर भी उपचुनाव होना था।चुनाव आयोग ने कहा है कि इन क्षेत्रों में चुनाव माहौल उचित होने के बाद कराए जाएंगे। इन सीटों के अलावा 49 और विधानसभा सीटों पर भी चुनाव होने हैं। इस संबंध में आयोग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित प्रावधानों के अनुसार चुनाव कराए जाएंगे। चुनाव कार्यक्रम पर चर्चा करने के लिए आयोग की बैठक कल होने की संभावना है।
-
निवाड़ी (मप्र)। जिला मुख्यालय से लगभग 35 किलोमीटर दूर पुतरीखेरा गांव में कल देर शाम एक पत्रकार पर कुछ लोगों ने कथित तौर पर लाठियों से हमला किया और उसके बाद गोली मार दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।
अनुविभागीय पुलिस अधिकारी बलराम सिंह परिहार ने आज बताया कि पत्रकार सुनील तिवारी (35) की हत्या के मामले में आरोपी अवधेश तिवारी, नरेंद्र तिवारी और अनिल तिवारी समेत सात लोगों के खिलाफ सेंदरी पुलिस थाने में मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की सुनील से पुरानी रंजिश थी।परिहार ने बताया कि बुधवार शाम सुनील निवाड़ी से अपने भाई आशीष के साथ मोटरसायकिल से अपने गांव पुतरीखेरा जा रहे थे। तभी गांव से कुछ पहले आरोपियों ने उन पर लाठियों से हमला कर दिया और बाद में सुनील को गोली मार दी। उन्होंने बताया कि हमले के बीच आशीष मौके से भागकर गांव आया और अपने परिजन को लेकर वापस घटनास्थल पर पहुंचा जहां सुनील गंभीर हालत में पड़ा हुआ था। सुनील को तत्काल झांसी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां अस्पताल में उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। परिहार ने बताया कि सुनील की आरोपियों के साथ पुरानी रंजिश थी। उन्होंने बताया कि वारदात के बाद आरोपी फरार हो गये। पुलिस आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है। सुनील, ग्वालियर से प्रकाशित एक दैनिक अखबार के निवाड़ी जिले के प्रतिनिधि थे।--- - नई दिल्ली। सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने मसौदा अधिसूचना को अधिसूचित कर दिया है जिसके तहत हाइड्रोजन मिश्रित सीएनजी को एक मोटर वाहन ईंधन के रूप में शामिल करने के उद्देश्य से जीएसआर 461(ई), दिनांक 22 जुलाई 2020, के जरिए केंद्रीय मोटर वाहन नियम 1979 में संशोधन करने के लिए आम जनता और सभी हितधारकों से टिप्पणियां एवं सुझाव आमंत्रित किए गए हैं।यह देश में ऑटोमोबाइल या मोटर वाहनों में हरित ईंधनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए मंत्रालय की ओर से उठाया गया एक और अहम कदम है। इस संबंध में अधिसूचना की तारीख से तीस दिनों के भीतर अपनी टिप्पणियां या सुझाव संयुक्त सचिव (एमवीएल), सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय, परिवहन भवन, संसद मार्ग, नई दिल्ली -110001 (ईमेल [email protected]) को भेजे जा सकते हैं।
- चेन्नई। तमिलनाडु में चेन्नई स्थित राजीव गांधी जनरल अस्पताल (आरजीजीजीएच) में कल पहला प्लाज्मा बैंक खोला गया। कोरोना वायरस के संक्रमण को मात देने वाले अन्नाद्रमक के विधायक बैंक में प्लाज्मा दान करने वाले पहले शख्स हैं।स्वास्थ्य मंत्री डॉ सी विजय भास्कर ने बैंक का उद्घाटन किया। इसे स्थापित करने में 2.34 करोड़ रुपये का खर्च आया और यह सभी आधुनिक सुविधाओं से लैस है। अन्नाद्रमुक के विधायक सथन प्रभाकर बैंक में प्लाज्मा दान करने वाले पहले दानकर्ता हैं। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी के समर्थन से हमने पहला प्लाज्मा बैंक खोला। भास्कर ने अपील की जो लोग कोविड-19 ठीक हो गए हैं, वे 14 दिन बाद प्लाज्मा दान करें। उन्होंने कहा कि जो लोग पहले से बीमारी से जूझ रहे हैं, उन्हें प्लाज्मा दान नहीं करना चाहिए।--
- आगरा। आगरा म फतेहाबाद मार्ग पर ग्राम मुटाबई के पास बाइक और टेंपो की टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गयी । घटना में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये।बुधवार को हुई इस घटना के बारे में थाना फतेहाबाद के पुलिस निरीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है जबकि उपचार के लिए भर्ती कराये गये तीनों घायलों की हालत खतरे से बाहर है। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही फतेहाबाद पुलिस मौके पर पहुंच गयी और घायलों को उपचार के लिए फतेहाबाद और आगरा के निजी हॉस्पिटल में भर्ती कराया है। उन्होंने बताया कि मामले में आगे जांच की जा रही है ।
- पुणे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र न्यास के सदस्य स्वामी गोविंद देवगिरि महाराज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अयोध्या में प्रस्तावित राम मंदिर के पांच अगस्त को भूमि पूजन समारोह में शामिल होंगे।उन्होंने बुधवार को संवाददाताओं से कहा कि इस समारोह में सभी मुख्यमंत्रियों को भी अवश्य ही आमंत्रित किया जाना चाहिए। स्वामी गोविंद देवगिरि महाराज ने कहा, प्रधानमंत्री, राम मंदिर के भूमि पूजन के लिये पांच अगस्त को अयोध्या आने को सहमत हो गये हैं। वह वहां करीब डेढ़ घंटे रूकेंगे। इससे पहले, ये अटकलें थी कि वह डिजिटल माध्यम से समारोह में शामिल होंगे, लेकिन मैंने आग्रह किया कि यह व्यक्तिगत रूप से उपस्थित होकर किया जाना चाहिए। हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) ने अभी तक इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है कि प्रधानमंत्री समारोह में शामिल होंगे। स्वामी गोविंद को किशोरजी व्यास के नाम से भी जाना जाता है।यह पूछे जाने पर कि क्या महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को भूमि पूजन समारोह के लिये आमंत्रित किया जाएगा, उन्होंने कहा, उन्हें अवश्य ही आमंत्रित किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, मुख्यमंत्री ठाकरे को आमंत्रित नहीं करने का कोई सवाल ही नहीं उठता है। उन्हें अवश्य आमंत्रित किया जाना चाहिए...मुझे लगता है कि किसी को आमंत्रित नहीं करने का कोई मतलब नहीं है। हमें सभी मुख्यमंत्रियों, प्रमुख संतों और सामाजिक नेताओं को अवश्य ही आमंत्रित करना चाहिए। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस महामारी के मद्देनजर अयोध्या में पांच अगस्त के समारोह में सिर्फ 200 लोग होंगे। समारोह में सामजिक दूरी के सभी नियमों का पालन किया जाएगा। न्यास के सदस्य ने कहा, मेरे अनुसार, दिवंगत बालासाहेब ठाकरे एक महान नायक थे, जिन्होंने अयोध्या में भव्य राम मंदिर के निर्माण पर जोर दिया था।---
- नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने काकरापार परमाणु बिजली संयंत्र के तीसरे चरण की शुरूआत पर परमाणु वैज्ञानिकों को बधाई दी है। ट्विटर पर श्री मोदी ने कहा कि देश में विकसित सात सौ मेगावाट का यह रिएक्टर मेक इन इंडिया का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि यह भविष्य में कई उपलब्धियों के लिए प्रेरणा बनेगा।केन्द्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने भी वैज्ञानिकों की प्रशंसा की है। श्री शाह ने कहा कि आज परमाणु इतिहास में महान दिन है क्योंकि गुजरात में स्वदेश विकसित काकरापार परमाणु बिजली संयंत्र का तीसरा रिएक्टर चालू हो गया है। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण उपलब्धि पर राष्ट्र अपने वैज्ञानिकों को नमन करता है। गृहमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विजन को साकार करने के लिए नया भारत आगे बढ़ रहा है।शाह ने ट्वीट कर कहा, स्वदेश में ही डिजाइन किया गया 700 मेगावाट की क्षमता वाला गुजरात का काकरापार परमाणु ऊर्जा संयंत्र-3 का सामान्य परिचालन स्थिति में आना (क्रिटिकल होना) भारत के परमाणु इतिहास के लिए एक बड़ा दिन है। उन्होंने कहा कि न्यू इंडिया प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत की दृष्टि को सच करने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
- नई दिल्ली। राज्यसभा के नवनिर्वाचित 61 सदस्यों में से 45 सदस्यों को आज शपथ दिलाई गई। राज्यसभा के सभापति एम वेंकैया नायडू ने उन्हें सदन में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई ।कोविड-19 महामारी के कारण अंतर सत्र के दौरान शपथ ग्रहण समारोह राज्यसभा के चैम्बर में आयोजित किया गया।शपथ लेने वाले सदस्यों में भाजपा नेताओं में ज्योतिरादित्य सिंधिया और दीपक प्रकाश, कांग्रेस नेताओं में दिग्विजय सिंह और मल्लिकार्जुन खडगे शामिल थे। ऑल इंडिया अन्ना डीएमके के एम थम्बीदुरई, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के शरद पवार, केन्द्रीय मंत्री रामदास अठावले और शिवसेना की प्रियंका चतुर्वेंदी को भी शपथ दिलाई गई।शपथ ग्रहण करने वाले सदस्यों में 36 सदस्य ऐसे हैं जिन्होंने पहली बार राज्यसभा के सदस्य के रूप में शपथ ली। सदस्यों ने सामाजिक दूरी के मानकों का पालन करते हुए शपथ ग्रहण किया ।इस अवसर पर उपराष्ट्रपति एवं उच्च सदन के सभापति वेंकैया नायडू ने कहा, देश के विधि निर्माता के रूप में आपका चुनाव हुआ है। अपने दायित्व के निर्वहन में आप सुनिश्चित करें कि सदन में आपका आचरण नियमों के अनुकूल हो, स्थापित मानदंडों के अनुरूप हो और सदन के बाहर आपका आचरण नैतिकता के मानदंडों के अनुसार हो। उन्होंने कहा कि तत्काल लाभ के लिए सदन में बाधा-व्यवधान डालने के प्रलोभन में न पड़ें बल्कि जनता की दृष्टि में इस सदन का सम्मान बढ़ाने के प्रति सदैव सचेत रहें। कानून का शासन लागू हो यही देश का विधान है। और इसकी शुरुआत आप ही से होती है, जब आप सदन के नियमों और प्रथाओं का पालन करते हैं।--
-
नई दिल्ली। असम में बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 87 हो गई है। नेपाल में गंडक नदी के जलग्रहण क्षेत्र में भारी बारिश के कारण मंगलवार को बिहार के उत्तरी इलाकों में सैलाब आ गया। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल के एक प्रवक्ता ने बताया कि बल ने मानसून की ऋतु में बाढ़ और भारी बारिश की स्थिति से निपटने के लिए 20 राज्यों में 122 टीमों को तैनात किया है। सर्वाधिक 19 टीमें बिहार में और असम में 12 टीमें तैनात की गई हैं। एक सरकारी रिपोर्ट में कहा गया है कि असम में बाढ़ के कारण जान गंवाने वालों की संख्या बढ़कर 87 हो गई है। वहीं सैलाब के कारण स्थिति गंभीर बनी हुई और 24 जिलों के 24.19 लाख लोग इससे प्रभावित हैं। असम राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की दैनिक बाढ़ रिपोर्ट के मुताबिक, एक व्यक्ति की नगांव जिले में मौत हुई है जबकि दूसरे की मोरीगांव में जान चली गई। उसने बताया कि बारिश और बाढ़ के कारण हुए भूस्खलन की वजह से 26 लोगों की मौत हुई है। उधर, मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने बताया कि राज्य के पश्चिम गारो हिल्स जिले में बाढ़ में चार बच्चों और एक महिला की मौत हो गई है और 1.52 लाख लोग प्राकृतिक आपदा से प्रभावित हैं। उन्होंने मृतकों के परिजनों के लिए चार लाख रूपये के मुआवजे का ऐलान किया।
-
नई दिल्ली। पूर्व केंद्रीय मंत्री शिव प्रताप शुक्ला और मध्य प्रदेश भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राकेश सिंह को क्रमश: राज्यसभा और लोकसभा में भाजपा का नया मुख्य सचेतक बनाया गया है। सूत्रों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। उत्तर प्रदेश से राज्यसभा के सदस्य शुक्ला को नारायण पंचारिया की जगह यह जिम्मेदारी सौंपी गई है। हाल ही में पंचारिया का कार्यकाल समाप्त हो गया था। मध्यप्रदेश के जबलपुर से भाजपा के सांसद राकेश सिंह लोकसभा में संजय जायसवाल की जगह लेंगे। जायसवाल को पिछले दिनों बिहार प्रदेश भाजपा का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। राकेश सिंह पहले भी लोकसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक रह चुके हैं। मध्य प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पद पर उनकी नियुक्ति होने के बाद उन्होंने ये पद छोड़ दिया था। -
भोपाल। मध्य प्रदेश की रायसेन जिले स्थित बरेली उप जेल में 64 कैदियों एवं तीन जेल प्रहरियों सहित 67 लोग सोमवार को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने प्रदेश की सभी जेलों में कोविड-19 जांच के बाद ही नये कैदियों को प्रवेश देने का निर्णय लिया है। इधर, प्रदेश सरकार ने बरेली उप जेल के जेलर विनय गढ़वाल को प्रारंभिक जांच में दोषी पाए जाने के बाद निलंबित कर दिया है। रायसेन जिले स्थित बरेली कस्बे के एक चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बरेली उप जेल में 64 कैदी और तीन कर्मचारियों सहित कुल 67 लोग सोमवार रात को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए। उन्होंने कहा कि संदेह है कि नए भर्ती कैदियों से जेल में संक्रमण फैला।
- भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में 20 हजार रुपये के इनामी फरार बदमाश को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद आज गिरफ्तार किया है।भोपाल (दक्षिण) के पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा थोटा ने यहां संवाददाताओं को बताया कि मुखबिर की सूचना पर भोपाल पुलिस ने आज सुबह करीब साढ़े छह से सात बजे के बीच में फरार आरोपी शेखर लोधी को यहां रातीबड़ इलाके स्थित संस्कार वैली के पास मुठभेड़ में घायल करने के बाद पकड़ लिया है। उन्होंने कहा कि मुठभेड़ के वक्त यह आरोपी मंडीदीप से सीहोर की तरफ जा रहा था। थोटा ने बताया कि शहर के जागरण लेक सिटी विश्वविद्यालय के पास बने पुल पर पुलिस ने जांच के लिए बैरीकेड लगा रखे थे। जब वह वहां से मोटरसाइकिल से गुजरा तो उसे पुलिसकर्मियों ने रुकने को कहा, लेकिन वह रुका नहीं और लगातार आगे बढऩे लगा।थोटा ने बताया, कुछ ही दूरी पर संस्कार वैली के पास जब उसको घेरा गया तो उसने एक खंभे की आड़ लेकर पुलिस पर गोलीबारी शुरू कर दी। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलाई जो उसके पैर में गोली लगी है। उसे अस्पताल ले जाया गया है, जहां उसका इलाज हो रहा है। उन्होंने कहा कि उसके साथ-साथ जिन पुलिस कर्मियों को चोटें आई हैं, उनका भी मेडिकल हो रहा है। हालांकि, उन्होंने कहा कि मेडिकल के बाद पता चलेगा कि कितने पुलिसकर्मियों को चोटें आई हैं। थोटा ने बताया कि आरोपी ने करीब छह राउंड फायरिंग किये हैं, जबकि पुलिस के द्वारा करीब पांच राउंड फायरिंग की गई है। उन्होंने कहा कि आरोपी ने पुलिस के ऊपर फायरिंग की थी, लेकिन संयोग से किसी भी पुलिसकर्मी को गोली नहीं लगी है। थोटा ने बताया कि पुलिस ने इस बदमाश के पास से 32 बोर की एक पिस्तौल भी बरामद की है।उन्होंने कहा कि जहां पर मुठभेड़ हुई, वहां पर रातीबड़ पुलिस थाना प्रभारी एवं दो आरक्षक तैनात थे। जब मुठभेड़ हुई, उस समय वहां से गुजर रही पुलिस की मोबाइल वैन भी वहां पर पहुंच गई थी। उन्होंने कहा कि घटना के वक्त इस आरोपी के साथ उसका कोई दूसरा साथी नहीं था।थोटा ने बताया कि शेखर लोधी के ऊपर 20 हजार रुपये का इनाम था। वह वर्ष 2019 के हत्या के मामले में पिछले करीब सात-आठ महीने से फरार था। उसकी पुलिस को काफी समय से तलाश थी। उन्होंने कहा कि वह आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ शहर के छोला पुलिस थाने में हत्या, हत्या का प्रयास, लूटपाट, रंगदारी, मारपीट एवं एनडीपीएस एक्ट के तहत कुल 18 मामले दर्ज हैं।--
- अयोध्या। पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी और राम जन्मभूमि आंदोलन के अग्रिम नेताओं को अयोध्या में मंदिर निर्माण के लिए होने वाल भूमि पूजन में आमंत्रित किया जाएगा। यह जानकारी मंगलवार को राम मंदिर के एक न्यासी ने दी।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए पांच अगस्त को अयोध्या आ सकते हैं। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के सदस्य कामेश्वर चौपाल ने कहा कि वह पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, वरिष्ठ भाजपा नेता मुरली मनोहर जोशी, उमा भारती और विनय कटियार को निमंत्रित करेंगे। वर्तमान में भाजपा नेता बाबरी मस्जिद विध्वंस मामले में अदालती सुनवाई का सामना कर रहे हैं। चौपाल ने बताया कि न्यास इस बात को ध्यान में रख रहा है कि पूर्व उपप्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी और अन्य नेताओं ने राम मंदिर आंदोलन को जन-जन तक पहुंचाया। उन्होंने कहा कि आमंत्रित लोगों की सूची को अंतिम रूप दिया जा रहा है।राम मंदिर न्यास के प्रवक्ता नृत्य गोपाल दास ने कहा कि कार्यक्रम के दौरान गर्भ गृह में चांदी की पांच ईंटें लगाई जाएंगी। उन्होंने कहा कि हिंदू मान्यता के मुताबिक ईंट पंच ग्रहों की प्रतीक हैं। उन्होंने कहा कि मंदिर का डिजाइन और वास्तु प्रस्ताव के मुताबिक ही है। न्यास के सूत्रों के मुताबिक गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आमंत्रित लोगों की सूची में शामिल हैं।
- श्रीनगर। श्री अमरनाथ यात्रा मंदिर बोर्ड (एसएएसबी) ने कोविड-19 महामारी के चलते जम्मू-कश्मीर के धार्मिक स्थलों को बंद रखे जाने के मद्देनजर मंगलवार को इस वर्ष की अमरनाथ यात्रा रद्द करने का फैसला किया है।बोर्ड के अध्यक्ष उप राज्यपाल जीसी मुर्मू की अध्यक्षता में हुई मंदिर बोर्ड की एक बैठक में वार्षिक अमरनाथ यात्रा को रद्द करने का निर्णय लिया गया। बोर्ड ने एक बयान में कहा, परिस्थितियों के आधार पर, बोर्ड ने भारी मन से फैसला किया कि इस वर्ष की श्री अमरनाथजी यात्रा का आयोजन और संचालन करना उचित नहीं है और 2020 की यात्रा रद्द करने की घोषणा करने का हमें खेद है। सके मुताबिक, बोर्ड दिन में दो बार प्रार्थना के डिजिटल दर्शन का सीधा प्रसारण करेगा।
- नई दिल्ली। सुमित देब को देश की प्रमुख लौह अयस्क खनन कंपनी एनएमडीसी का चेयरमैन और प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। वह एन बैजेन्द्र कुमार का स्थान लेंगे जो इस महीने सेवानिवृत्त हो रहे हैं। कार्मिक मंत्रालय ने मंगलवार को एक आदेश में यह कहा। सुमित देब फिलहाल एनएमडीसी में निदेशक (कार्मिक) हैं। आदेश के अनुसार वह 28 फरवरी 2023 यानी सेवानिवृत्ति उम्र तक इस पद पर रहेंगे।
- नई दिल्ली। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने सांस लेने के लिए बनाए गए वाल्व युक्त एन-95 मास्क के इस्तेमाल के खिलाफ लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि यह कोरोना वायरस को फैलने से नहीं रोकता है।स्वास्थ्य सेवा महानिदेशक डॉक्टर राजीव गर्ग ने सभी राज्यों के स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा प्रमुख सचिवों को इस संबंध में पत्र लिखा है। डॉक्टर गर्ग ने कहा है कि इस तरह के एन-95 मास्क का प्रयोग कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के प्रयासों में बाधक है, क्योंकि यह वायरस को बाहर नहीं निकलने देता।इसे देखते हुए स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने राज्यों से आग्रह किया है कि वे चेहरे और मुंह ढंकने के दिशानिर्देशों का पालन करने और रेस्पिरेटरी वॉल्व युक्त एन-95 मास्क के उपयोग को रोकने का निर्देश दें। उन्होंने पत्र में स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा चेहरे और मुंह के लिए घर में बने सुरक्षा कवर के उपयोग के लिए अपनी वेबसाइट पर दी गई सलाह का उल्लेख भी किया।अप्रैल में, स्वास्थ्य मंत्रालय ने चेहरे और मुंह के लिए घर के बने सुरक्षा कवच के उपयोग पर एक सलाह जारी की थी।केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने कहा कि एन-95 मॉस्क कोरोना वायरस के फैलाव को रोकने में सक्षम नहीं हैं। रेस्पिरेटर युक्त एन-95 मॉस्क कोरोना वायरस को रोकने के लिए अपनाए जा रहे नियमों के विपरीत हैं। एक ट्वीट में स्वास्थ्य मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे कपड़े से बने तीन परतों वाले मॉस्क का इस्तेमाल करें और दूसरे लोगों को भी ऐसा करने की सलाह दें।

- नई दिल्ली। मानव संसाधन विकास मंत्री रमेश पोखरियाल नि:शंक ने कहा है कि सरकार यह सुनिश्चित करेगी कि जेईई(मुख्य) परीक्षा तथा एनडीए प्रवेश परीक्षा में शामिल होने वाले उम्मीदवारों के लिए तिथियों की समस्या न आए।उन्होंने कहा कि इन दोनों परीक्षाओं की तिथियां टकराने के बारे में छात्रों की ओर से बहुत से प्रतिवेदन प्राप्त हुए हैं और इस मामले पर विचार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि जेईई मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों ने यह सूचना नहीं दी थी कि छह दिसम्बर को होने वाली एनडीए प्रवेश परीक्षा में भी वे शामिल होना चाहते हैं।परंतु, उन्हें चिंतित होने की आवश्यकता नहीं है। श्री नि:शंक ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी के महानिदेशक को यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि इन दोनों परीक्षाओं की तिथियां आपस में न टकराएं।
-
पौड़ी। उत्तराखंड में स्थित पवित्र शहर हरिद्वार में भारी बारिश के बीच हर की पौड़ी पर सोमवार को बिजली गिरी। इसके चलते एक ट्रांसफार्मर में आग लग गई और दीवार ढह गई। ट्रांसफॉर्मर खराब होने से इलाके में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई है। वहीं, घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे किसी की जान नहीं गई है। जानकारी के मुताबिक, घटना देर रात करीब ढाई बजे की है। स्थानीय पुलिस और श्री गंगा सभा के सेवादारों ने इस इलाके की घेराबंदी कर दी है। साथ ही इस जगह को खाली करा लिया गया है। एहतियात के तौर पर तीर्थयात्रियों को फिलहाल ब्रह्मकुंड की ओर जाने से रोक दिया गया है। एक दिन पहले ही राज्य के पिथौरागढ़ जिले के मुनस्यारी में में बादल फटने और भारी बारिश से तीन लोगों की मौत हो गई थी, जबकि छह लापता हो गए। डीम ने बताया कि प्रभावित लोगों को सुरक्षित जगह पर पहुंचा दिया गया है।
-
पूर्णिया। बिहार के पूर्णिया जिले में गैस सिलेंडर फटने से एक ही परिवार के पांच बच्चों की मौत हो गई। एक महिला और एक बच्चा गंभीर रूप से जख्मी है। बच्चे का इलाज भागलपुर के अस्पताल में हो रहा है। वहीं, महिला का इलाज पूर्णिया के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में चल रहा है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना पूर्णिया जिले के बायसी के खपड़ा पंचायत के ग्वालगांव में सोमवार देर शाम घटी। पुलिस ने बताया कि सिलेंडर से गैस रिस रही थी। महिला को इसका पता नहीं चला। उसने खाना बनाने के लिए जैसे ही लाइटर जलाया, सिलेंडर में आग लग गई। कुछ ही देर में सिलेंडर में विस्फोट हो गया। धमाके की जद में महिला और छह बच्चे आ गए। रात में ही सभी को इलाज के लिए गांव के लोग पूर्णिया लेकर आए। एक बच्चे की मौत पूर्णिया में हो गई। घायलों की हालत गंभीर देखकर डॉक्टर ने भागलपुर रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि घायलों में से पांच ने मंगलवार की सुबह इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में पांच बच्चे शामिल हैं जिनके नाम गगन कुमार, रुचि कुमारी, अमन कुमार, प्रियांशु कुमार और प्रीति कुमारी हैं जबकि पिंटू यादव और बेबी देवी अभी भी नाजुक स्थिति में हैं। हादसे का शिकार हुए सभी लोग एक ही परिवार के सदस्य हैं।
-
श्रीनगर। कश्मीर में 6.5 किलोमीटर की जेड-मोड़ सुरंग का काम युद्ध स्तर पर किया जा रहा है और यह जून 2021 तक पूरा हो जाएगा। यह लद्दाख क्षेत्र का कश्मीर घाटी से पूरे साल संपर्क सुनिश्चित करने वाली रणनीतिक परियोजना का हिस्सा है। प्रवक्ता ने सोमवार को बताया कि जम्मू-कश्मीर के मुख्य सचिव बी वी आर सुब्रमण्यम की अध्यक्षता में हुई एक बैठक में जेड-मोड़ के काम की स्थिति के बारे में जानकारी दी गई। मुख्य सचिव ने जम्मू-कश्मीर में चल रही विभिन्न सड़क परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग अवसंरचना विकास निगम (एनएचआईडीसीएल) के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। प्रवक्ता ने बताया कि कश्मीर के संबंध में, बैठक को सूचित किया गया कि जेड-मोड़ सुरंग और ज़ोजी-ला सुरंग समेत बड़ी परियोजनाओं पर युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया, बैठक के दौरान सूचित किया गया कि जेड-मोड़ सुरंग परियोजना में 6.5 किलोमीटर की सुरंग, छह किलोमीटर की एक सड़क, दो बड़े पुल और एक छोटा पुल शामिल है। इस परियोजना की लागत 2,379 करोड़ रुपये है और इसके 30 जून 2021 तक पूरे होने की उम्मीद है। यह सोनमर्ग तक पूरे साल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराएगा। ज़ोजी-ला परियोजना पर भी काम साथ-साथ किया जा रहा है। प्रवक्ता ने बताया कि इस परियोजना में 14.15 किलोमीटर की सुरंग, जेड-मोड़ और ज़ोजी-ला सुरंग के बीच 18 किलोमीटर की एक सड़क और चार बड़े पुल तथा अन्य चीजे हैं। उन्होंने बताया कि परियोजना की लागत 4,430 करोड़ रुपये है और उम्मीद है कि यह जून 2026 तक चालू हो जाए जिससे लद्दाख तक पूरे साल की कनेक्टिविटी मिलेगी। मुख्य सचिव ने बारामूला-गुलमर्ग, वैलू-खानाबल, बैलू-डोनीपावा, डोनापावा-आशजीपुरा सड़क परियोजानाओं की प्रगति की भी समीक्षा की। -
नई दिल्ली। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान ने सोमवार को कहा इलेक्ट्रॉनिक खुदरा विक्रेताओं के लिए नयी नियमावली इस सप्ताहांत लागू हो जाएगी। इसके तहत उन्हें अपने उत्पाद पर उसके उत्पादन/विनिर्माण के देश सहित कई विवरण देना अनिवार्य होगा। इन नियमकों का उल्लघन करने वालों के लिए दंड के प्रावधान हैं। उन्होंने कहा कि उपभोक्ता संरक्षण नियमावली, 2020 भारत या विदेश में पंजीकृत सभी इलेक्ट्रॉनिक रिटेलर्स पर लागू होगी। उपभोक्ता मामलों के मंत्री पासवान ने संवाददाताओं को वीडियो कांफ्रेंस में बताया, उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम 2019 के तहत बनाए गए अधिकांश नियम सोमवा से लागू हो गए हैं। हालांकि, ई-कॉमर्स नियम इस सप्ताह के अंत तक अधिसूचित किए जाएंगे, जबकि डायरेक्ट सेलिंग व्यवसाय के नियमों में कुछ और समय लगेगा। उन्होंने कहा कि ई-कॉमर्स नियम अनिवार्य प्रकृति के हैं। इनका उल्लंघन करने पर उपभोक्ता संरक्षण प्राधिकार और उपभोक्ता अदालतों द्वारा कानून के तहत निर्धारित दंड भुगतने होंगे। उपभोक्ता मामलों की सचिव लीना नंदन ने कहा कि वाणिज्य मंत्रालय के तत्वावधान में उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग से राय इनपुट लेने के बाद नियमों को अंतिम रूप दिया गया है, ताकि वे समग्र ई-कॉमर्स नीति का उल्लंघन न करें। नियमों के अनुसार, ई-कॉमर्स कंपनियों को अन्य शुल्कों के अलग अलग ब्यौरे के साथ बिक्री के लिए दी जाने वाली वस्तुओं और सेवाओं की कुल कीमत प्रदर्शित करनी होगी। उन्हें बिक्री की जाने वाली वस्तुओं की सुरक्षित उपयोग की समासीमा के समाप्ति की अवधि तथा वस्तुओं और सेवाओं के उद्गम देश का ब्यौरा देना अनिवार्य होगा। इससे उपभोक्ता खरीद के पहले सोच समझ कर निर्णय ले सकेंगे। - नई दिल्ली। पांच राफेल लड़ाकू विमानों की पहली खेप को 29 जुलाई को भारतीय वायुसेना में शामिल किए जाने की संभावना है। यह बात एक आधिकारिक बयान में कही गई।भारतीय वायुसेना ने कहा कि इन विमानों को शामिल किए जाने से संबंधित अंतिम समारोह अगस्त के दूसरे पखवाड़े में होगा। इसने कहा कि भारतीय वायुसेना के पांच राफेल विमानों की पहली खेप के जुलाई के अंत तक भारत पहुंचने की संभावना है। विमान को अंबाला वायुसेना स्टेशन में 29 जुलाई को शामिल किए जाने की संभावना है। भारतीय वायुसेना ने कहा, वायुसेना के हवाई चालक दल और जमीनी चालक दल के सदस्यों ने अत्याधुनिक अस्त्र प्रणालियों सहित विमान से संबंधित समग्र प्रशिक्षण हासिल किया है और अब ये पूरी तरह परिचालित हैं। विमानों के पहुंचने के बाद के प्रयास विमान को जल्द से जल्द अभियानगत रूप से परिचालित करने पर केंद्रित होंगे।आधिकारिक सूत्रों ने कहा कि राफेल लड़ाकू विमानों को पूर्वी लद्दाख सेक्टर में तैनात किए जाने की संभावना है जिससे कि भारतीय वायुसेना चीन के साथ विवाद के मद्देनजर वास्तविक नियंत्रण रेखा पर अपनी अभियानगत क्षमताओं को मजबूत कर सके। भारतीय वायुसेना ने एक अलग बयान में कहा कि बल के शीर्ष कमांडर बुधवार से शुरू हो रहे तीन दिवसीय सम्मेलन में मौजूदा अभियान परिदृश्य और तैनाती का जायजा लेंगे। इसने कहा, अगले दशक में भारतीय वायुसेना की अभियानगत क्षमता में वृद्धि करने के लिए कार्ययोजना पर भी चर्चा की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि राफेल विमानों के आने के बाद वायुसेना की लड़ाकू क्षमताओं में और वृद्धि होगी। भारत ने लगभग 58 हजार करोड़ रुपये में 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदने के लिए सितंबर 2016 में फ्रांस के साथ एक अंतर-सरकारी समझौते पर हस्ताक्षर किए थे। इन 36 राफेल विमानों में से 30 लड़ाकू विमान और छह प्रशिक्षण देने वाले विमान होंगे।
- ग्वालियर (मप्र)। ग्वालियर जिले में भितरवार के पास सिंध नदी में नहाने गए तीन युवकों की सोमवार को डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम वहां पहुंची और तीनों युवकों के शवों को निकाल लिया गया है।ग्वालियर के जिलाधिकारी कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने तीनों युवकों के परिवारों को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दिए जाने की घोषणा की। तीनों युवक ग्वालियर के निवासी थे। कौशलेन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि सोमवार की शाम को भितरवार में धूमेश्वर महादेव मंदिर के पास सिंध नदी में तीन युवकों के बहने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही भितरवार पुलिस और प्रशासन के अफसर एनडीआरएफ की टीम लेकर पहुंच गए। उन्होंने कहा कि एनडीआरएफ के लोगों ने नदी में तीनों युवकों की तलाश की, लेकिन उन्हें बचा नहीं सके। सिंह ने बताया कि तीनों शवों को नदी से निकाल लिया गया है। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान हैप्पी शर्मा (20), दीपक प्रजपाति (21) और विशाल चौरसिया (20) के रूप में की गई है। सिंह ने बताया कि ये तीनों युवक ग्वालियर के चंद्रवदनी नाका इलाके के निवासी थे। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश सरकार की ओर मृतकों के परिवार को 4-4 लाख रुपए की आर्थिक सहायता मंजूर की गई है।---
- नई दिल्ली। दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान-एम्स में कोवैक्सीन के मनुष्य पर परीक्षण किये जाने के लिए पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो गई है।एम्स के डॉक्टर संजय राय को इन परीक्षणों के संचालन के लिए प्रधान निरीक्षक बनाया गया है। डॉक्टर राय ने कहा कि पहले दिन ही पंजीकरण के प्रति उत्साह आश्चर्यजनक रहा। डॉ. राय ने बताया कि परीक्षण के लिए स्वयंसेवक के रूप मे करीब 18 सौ लोगों ने आवेदन किया।एम्स में परीक्षण के पहले चरण में एक सौ स्वस्थ व्यक्तियों को कोवैक्सीन की खुराक दी जायेगी। यह वैक्सीन पूरी तरह से स्वदेशी है जिसे भारत बायोटेक ने विकसित किया है। डॉ. राय ने कहा कि अस्पताल ने स्वयंसेवकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कड़ी नियमावली तैयार की है। उन्होंने बताया कि मनुष्यों पर परीक्षण का दूसरा चरण एक महीने बाद शुरू होगा। डॉ. राय ने कहा कि स्वयंसेवकों को वैक्सीन की पहली खुराक गुरुवार को दिए जाने की संभावना है।



.jpg)




.jpg)

















.jpg)
.jpg)