- Home
- देश
- हैदराबाद । कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुक्रवार को पार्टी का घोषणापत्र जारी किया जिसमें तेलंगाना के लिए छह गारंटी और अनेक घोषणाएं हैं।कांग्रेस प्रमुख ने 42 पन्नों वाला घोषणापत्र ‘‘अभय हस्तम’ जारी करते हुए कहा कि तेलंगाना के लोगों का रुख है कि ‘चाहे जो हो’ कांग्रेस को सत्ता में लाया जाए।कांग्रेस की छह गारंटी में 30 नवंबर के चुनाव के बाद राज्य में सत्ता में आने पर महिलाओं को 2,500 रुपये प्रति माह और 500 रुपये में गैस सिलेंडर के साथ-साथ सभी घरों में 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा शामिल है।‘रायतू भरोसा’ के तहत पार्टी ने प्रत्येक वर्ष किसानों को 15,000 रूपये की निवेश सहायता देने का वादा किया है, वहीं खेतों में काम करने वाले मजदूरों को 12,000 रुपये दिए जाएंगे।‘चेयुता’ के तहत पात्र लाभार्थियों को 4,000 रूपये सामाजिक पेंशन और 10 लाख का स्वास्थ्य बीमा देने का वादा किया गया है।उन्होंने कहा,‘‘ हमने कर्नाटक में दिया है और इन्हें लागू किया जा रहा है। बसों में निशुल्क यात्रा योजना के कारण महिलाएं विभिन्न मंदिरों और अन्य प्रार्थनास्थलों में जा रही हैं। हम तेलंगाना को दी गई सभी छह गारंटी लागू करेंगे।’’खरगे ने कहा, ‘‘ घोषणापत्र हमारे लिए गीता, कुरान और बाइबिल की तरह है। हम इसे लागू करेंगे।’’उन्होंने कहा कि सभी छह गारंटियों को पहली कैबिनेट बैठक में पारित किया जाएगा।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री के.चंद्रशेखर राव पर कटाक्ष करते हुए कांग्रेस प्रमुख ने कहा, ‘‘ आज मैं चुनौती दे सकता हूं और कह सकता हूं कि मोदी और केसीआर मिलकर चाहें जो भी प्रयास कर लें कांग्रेस यकीनन सत्ता में आएगी।’’
-
नई दिल्ली। उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में निर्माणाधीन सिलक्यारा सुरंग में फंसे चालीस मजदूरों को सुरक्षित निकालने के लिए राहत और बचाव कार्य आज लगातार सातवें दिन भी जारी है। प्रधानमंत्री कार्यालय भी स्थिति पर नजर रखे हुए है और राज्य सरकार के साथ लगातार सम्पर्क में है।
इस बीच, प्रधानमंत्री कार्यालय में उप-सचिव मंगेश घिल्डियाल ने आज घटनास्थल का दौरा किया और राहत बचाव कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने इस संबंध में आवश्यक निर्देश भी दिए। दूसरी तरफ, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सिलक्यारा सुरंग में चलाए जा रहे राहत और बचाव कार्यों की समीक्षा की।बचाव कार्य में तेजी लाने के लिए जरूरी मशीनें कल रात देहरादून में जॉलीग्रांट हवाई अड्डे पहुंच गई और इन्हें घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है। प्रशासन सुरंग में फंसे मजदूरों के साथ लगातार संपर्क में है और वे सुरक्षित हैं। -
महराजगंज/गोरखपुर . उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र में अपनी मां के साथ बाजार से खरीदारी कर लौट रही एक युवती पर तेजाब फेंकने का मामला सामने आया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार भिटौली थाना क्षेत्र के एक गांव की 23 वर्षीय युवती बृहस्पतिवार की शाम महराजगंज के बाजार से अपनी मां के साथ घर आ रही थी, इसी बीच गांव के करीब स्कूटी सवार एक युवक ने लड़की से कुछ कहा और जब लड़की ने विरोध किया तो उसने उस पर तेजाब फेंक दिया और भाग गया। उन्होंने बताया कि युवती की मां के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने बताया कि पीड़िता की 11 दिसंबर को शादी होने वाली थी और उसके चेहरे और शरीर के कुछ हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं है। पुलिस के अनुसार भिटौली थाने में अज्ञात हमलावर के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। महराजगंज के पुलिस अधीक्षक कौस्तुभ ने शुक्रवार को बताया कि बृहस्पतिवार रात पुलिस को सूचना मिली कि धरौली गांव में एक स्कूटी सवार युवक एक लड़की पर तेजाब फेंक कर फरार हो गया है। उन्होंने कहा कि पीड़िता बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में उपचाराधीन है । उन्होंने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई हैं। अधिकारी ने बताया कि पीड़ित लड़की के परिजनों से पूछताछ की जा रही है और जल्द ही आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि फोरेंसिक टीम जांच कर रही है और लड़की के परिवार से जरूरी जानकारी ली गई है।
पुलिस टीम उनके परिवार से मिलने के लिए गोरखपुर गई है। उन्होंने कहा कि युवती की हालत में सुधार हो रहा है और वह पांच से सात प्रतिशत जली है। उन्होंने बताया कि लड़की के परिजन कोई कार्रवाई नहीं चाहते, लेकिन पुलिस शिकायत लेकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी। उन्होंने कहा कि सड़कों पर लगे 16 कैमरों से सीसीटीवी फुटेज प्राप्त किए हैं और विधिवत छानबीन की जा रही है। पुलिस ने 10 टीमें तैनात की हैं, जिनमें पुलिस थाना प्रभारियों के अलावा एसओजी टीम व अन्य शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि एकत्रित जानकारी के आधार पर परिवार के सदस्यों एवं अन्य लोगों से पुलिस पूछताछ कर रही है। पीड़िता अपने गांव के पास के एक कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई कर रही है। -
नैनीताल. उत्तराखंड के नैनीताल जिले में चेदाखान-मिदार मोटरमार्ग पर शुक्रवार को एक पिकअप वाहन के खाई में गिर जाने से उसमें सवार एक परिवार के तीन सदस्यों समेत नौ यात्रियों की मौत हो गयी। पुलिस अधिकारी ने इसकी जानकारी दी। नैनीताल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रहलाद नारायण मीणा ने यहां बताया कि दुर्घटना में दो अन्य घायल भी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है । उन्होंने बताया कि दुर्घटना सुबह आठ बजे हुई और उस समय वाहन पटलोट से अमजद गांव जा रहा था।
पुलिस अधिकारी ने कहा कि प्रथमदृष्टया दुर्घटना सामने से आ रही एक मोटरसाइकिल को बचाने के चक्कर में हुई। उन्होंने बताया कि वाहन के खाई में गिरने से उसमें सवार छह व्यक्तियों की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि तीन अन्य ने अस्पताल में दम तोड़ा। मरने वालों में एक दंपती और उनका एक बेटा भी शामिल है ।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना में जान गंवाने वालों के प्रति गहरा शोक व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। -
नयी दिल्ली. भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के वरिष्ठ अधिकारी आलोक शर्मा को शुक्रवार को विशेष सुरक्षा दल (एसपीजी) का निदेशक नियुक्त किया गया है। एसपीजी के पास ही प्रधानमंत्री को सुरक्षा प्रदान करने का जिम्मा है। वर्ष 1991 बैच के आईपीएस अधिकारी शर्मा, वर्तमान में एसपीजी में अतिरिक्त महानिदेशक के रूप में कार्यरत हैं। कार्मिक मंत्रालय के एक आदेश के अनुसार, कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने पद का कार्यभार संभालने की तारीख से अगले आदेश तक एसपीजी निदेशक के रूप में शर्मा की नियुक्ति को मंजूरी दी है। एसपीजी प्रमुख अरुण कुमार सिन्हा के छह सितंबर को हुए निधन के बाद इस पद नियुक्ति आवश्यक हो गई थी। सिन्हा आईपीएस के वर्ष 1987 बैच के केरल कैडर के अधिकारी थे जिनकी उम्र 61 वर्ष थी। एसपीजी प्रधानमंत्री को निकटतम सशस्त्र सुरक्षा घेरा प्रदान करती है।
-
मुंबई. खाड़ी सहयोग परिषद (जीसीसी) में कौशल आधारित (ब्लू कॉलर) श्रमबल उपलब्ध कराने में उत्तर प्रदेश और बिहार ने केरल की जगह लेना शुरू कर दिया है। शुक्रवार को जारी एक रिपोर्ट में यह जानकारी दी गई है। कामगार उपलब्ध कराने वाले मंच ‘हंटर' की एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले एक दशक में पलायन के रुझान में उल्लेखनीय बदलाव आया और केरल से पश्चिम-एशिया के देशों में जाने वाले श्रमिकों की संख्या में 90 प्रतिशत की गिरावट देखी गई है। रिपोर्ट के अनुसार, हालांकि केरल की इस कमी को उत्तर प्रदेश और बिहार ने पूरा कर दिया है।
रिपोर्ट में कहा गया कि श्रमिक भेजने वाले शीर्ष पांच राज्यों में उत्तर प्रदेश, बिहार, केरल, पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु शामिल हैं, जबकि पसंदीदा स्थान सऊदी अरब, संयुक्त अरब अमीरात, कतर, कुवैत और ओमान रहे। रिपोर्ट के अनुसार, 2023 के पहले सात महीनों में भारत से जीसीसी में कौशल आधारित श्रमिकों के प्रवासन में 50 प्रतिशत वृद्धि हुई है। ‘हंटर' की रिपोर्ट उसके मंच पर उपलब्ध आंकड़े पर आधारित है। -
नागपुर. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत ने शुक्रवार को कहा कि उन्हें समाज के सुधार और व्यापक भलायी के लिए दान मांगने में कोई झिझक नहीं होगी। भागवत ने सामाजिक प्रगति के लिए वित्तीय संसाधनों की आवश्यकता को रेखांकित करते हुए कहा कि उदार दान नेक कार्यों का समर्थन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वह नागपुर में स्वामी विवेकानंद मेडिकल मिशन की 50वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में आयोजित एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। उन्होंने इस दौरान एक हृदय अस्पताल का उद्घाटन भी किया गया। भागवत ने कहा, "समाज के सुधार के लिए दान मांगने में कोई शर्म नहीं होनी चाहिए। मैं व्यापक भलायी के लिए दान मांगने में कभी संकोच नहीं करूंगा।'' उन्होंने आरएसएस की प्रतिबद्धता की विश्वसनीयता की सराहना की, जिसके बारे में उन्होंने कहा कि इसे समय की कसौटी पर परखा गया है। उन्होंने देश में वाणिज्यिक अस्पतालों में गरीबों के साथ होने वाले बुरे व्यवहार पर नाराजगी जताते हुए कहा कि ऐसी कई अस्पताल हैं जहां बिना पैसे वाले लोग प्रवेश भी नहीं कर सकते। इस अवसर पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि आरएसएस की विचारधारा का प्रभाव ऐसा है कि इसने सामान्य व्यक्तियों को असाधारण उपलब्धियां हासिल करने के लिए सशक्त बनाया।
-
नयी दिल्ली. अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने शुक्रवार को कहा कि छत्रपति शिवाजी महाराज के राज्याभिषेक की 350वीं वर्षगांठ मनाने के लिए वह 28 नवंबर को 2,000 किलोमीटर लंबी 'हिंदवी स्वराज यात्रा' शुरू करेगी। एबीवीपी यह यात्रा महाराष्ट्र से शुरू होगी, जो शिवनेरी, रायगढ़, इंदौर, कानपुर, आगरा और दिल्ली सहित शिवाजी महाराज के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थानों से होकर गुजरेगी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से संबद्ध छात्र संगठन एबीवीपी ने कहा कि इस यात्रा के दौरान छत्रपति शिवाजी महाराज की उपलब्धियों को रेखांकित करने और उनके जीवन के विभिन्न पहलुओं को प्रदर्शित करने के लिए विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
-
आगरा. उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के शाहगंज थाना क्षेत्र में छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की गला दबाकर कथित रूप से हत्या कर दी। पुलिस ने इसकी जानकारी दी । पुलिस ने बताया कि हत्या का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ जिसके बाद पुलिस ने आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया । उन्होंने बताया कि मरने वाले की पहचान दीपचंद के तौर पर जबकि आरोपी भाई की पहचान सोनू के के तौर पर की गयी है । उन्होंने बताया कि इससे पहले दीपचंद की पत्नी ने सोनू पर हत्या करने का आरोप लगाया था ।
पुलिस ने बताया कि एक अन्य घटना में जिले के सैंया थाने के बिरहरू गांव में बुधवार की रात परिजनों के साथ सो रहे आठ वर्षीय बच्चे को लेकर तेंदुआ भागने लगा और परिजनों के शोर मचाने पर वह बच्चे को छोडक़र भाग गया । उन्होंने बताया कि बच्चे को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। -
नयी दिल्ली. देश में प्रथम भारत कला, वास्तुकला और डिजाइन द्विवार्षिक समारोह (आईएएडीबी) 2023 का आयोजन 9 से 15 दिसंबर तक किया जाएगा। संस्कृति मंत्रालय लाल किले पर इस समारोह का आयोजन करेगा, जिसका उद्घाटन 8 दिसंबर 2023 को किया जाएगा। एक विज्ञप्ति के अनुसार उद्घाटन और ‘वीआईपी' पूर्वावलोकन के बाद, 9 दिसंबर से 15 दिसंबर तक पैनल चर्चा, कार्यशालाएं और कला बाजार के साथ प्रदर्शनियां आयोजित की जाएंगी और यह जनता के लिए खुली रहेंगी। इसमें कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय कलाकारों, वास्तुकारों और डिजाइनरों के मुख्य भाषण, सार्वजनिक कला प्रतिष्ठान, कला बाजार और सांस्कृतिक कार्यक्रम इसे द्विवार्षिक समारोह (बीएनेल) के प्रमुख आकर्षण हैं। संस्कृति और विदेश राज्य मंत्री मीनाक्षी लेखी ने आज राष्ट्रीय संग्रहालय में संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि इस द्विवार्षिक समारोह में पारंपरिक कारीगरों, समकालीन डिजाइनरों, क्यूरेटर और विचारकों सहित विविध रेंज को प्रस्तुत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय को संदेश भेजकर अनुरोध किया गया है कि समारोह का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करें।
-
भोपाल। मध्य प्रदेश में नौ अक्टूबर को आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से 40.18 करोड़ रुपये नकदी के अलावा शराब, नशीले पदार्थ, आभूषण और अन्य वस्तुएं जब्त की गईं, जिनकी कुल कीमत लगभग 300 करोड़ रुपये है। एक शीर्ष चुनाव अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। राज्य की 230 विधानसभा सीट पर शुक्रवार को मतदान हुआ और नतीजे तीन दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि चुनाव कार्यक्रम घोषित होने पर आचार संहिता लागू होने के बाद से राज्य भर में प्रवर्तन एजेंसियों द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि फ्लाइंग सर्विलांस टीम (एफएसटी), स्टेटिक सर्विलांस टीम (एसएसटी) और पुलिस की संयुक्त टीम ने लगभग 339.95 करोड़ रुपये की अवैध शराब, नशीली दवाएं, नकदी, कीमती धातुएं, सोना, चांदी, आभूषण और अन्य सामग्री जब्त की है। राजन ने कहा, ‘‘नौ अक्टूबर से 16 नवंबर तक, इन संयुक्त दलों ने 40.18 करोड़ रुपये नकद, 65.56 करोड़ रुपये की 34.68 लाख लीटर अवैध शराब, 17.25 करोड़ रुपये के नशीले पदार्थ, 92.76 करोड़ रुपये का सोना, चांदी अन्य कीमती धातुएं और 124.18 करोड़ रुपये की अन्य सामग्री जब्त की हैं।'' अधिकारियों ने बताया कि 2018 के चुनावों में, जब आदर्श आचार संहिता लागू थी, उस अवधि के दौरान ऐसी कार्रवाई में कुल मिलाकर 72.93 करोड़ रुपये की नकदी और अन्य वस्तुएं जब्त की गई थी। -
नयी दिल्ली. मशहूर कला इतिहासकार और लेखक बीएन गोस्वामी का शुक्रवार को चंडीगढ़ के स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान (पीजीआईएमईआर) में निधन हो गया। उनकी आयु 90 वर्ष थी। पारिवारिक मित्र और रंगकर्मी नीलम मान सिंह ने बताया कि गोस्वामी के फेफड़ों में संक्रमण था। उन्होंने कहा, ''यह कोई लंबे समय से चली आ रही बीमारी नहीं थी। उन्हें बस बीते एक माह से सांस लेने में परेशानी हो रही थी।''गोस्वामी का जन्म 15 अगस्त, 1933 को हुआ था। पद्म श्री और पद्म भूषण पुरस्कार विजेता को पहाड़ी शैली की चित्रकला में उनके काम के लिए जाना जाता है। कला जगत में बीएनजी के नाम से मशहूर गोस्वामी ने पहाड़ी चित्रकला, लघु चित्रकला, दरबारी चित्रकार और भारतीय चित्रकला के उस्तादों सहित अन्य विषयों पर 26 से अधिक पुस्तकें लिखीं हैं। सिंह ने पंजाब विश्वविद्यालय में कला इतिहास के प्रोफेसर रहे गोस्वामी को 'स्पष्ट' व्यक्तित्व वाले और 'महान श्रोता' के रूप में याद किया। उन्होंने कहा, ''वह मेरे कला इतिहास के गुरु थे। उनकी पत्नी मेरे लिए बड़ी बहन जैसी थीं। मैं उनके व्यक्तित्व से बहुत प्रभावित थी और वह एक बहुत अच्छे श्रोता थे। मैं वास्तव में कला इतिहास के विचार से रोमांचित थी। वह बहुत स्पष्टवादी थे और उन्होंने हमें यह देखने का मौका दिया कि लघु चित्र कैसे बनाये जाते हैं, साथ ही आधुनिकता कैसे काम करती है।'' गोस्वामी की पत्नी करुणा भी एक कला इतिहासकार थीं जिनकी वर्ष 2020 में मृत्यु हो गयी थी। उनकी एक बेटी मालविका है।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मन की बात कार्यक्रम के लिए लोगों से सुझाव मांगे हैं। यह कार्यक्रम आकाशवाणी पर 26 नवंबर को प्रसारित किया जाएगा। श्री मोदी ने इस बात पर प्रसन्नता व्यक्त की है कि इस महीने में मन की बात कार्यक्रम के लिए बड़ी संख्या में सुझाव मिल रहे हैं। सोशल मीडिया पोस्ट पर प्रधानमंत्री ने लोगों से माई गॅव (my gov) या नमो ऐप पर सुझाव देने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि जीवन के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों की प्रेरक गाथाएं इस कार्यक्रम की मुख्य खूबी है, जो इसकी प्रत्येक कड़ी को अधिक समृद्ध और व्यावहारिक बनाती है।
-
नई दिल्ली। पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय ने हरियाणा के उद्योगों में राज्य के निवासियों को 75 प्रतिशत आरक्षण के प्रावधान वाले, स्थानीय उम्मीदवारों के लिए हरियाणा राज्य रोजगार अधिनियम 2020 को रद्द कर दिया है। न्यायालय ने फरीदाबाद उद्योग परिसंघ और अन्य याचिकाकर्ताओं की कई याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए यह फैसला सुनाया। सरकार ने इस अधिनियम को नवम्बर 2021 में अधिसूचित किया था। राज्य सरकार द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार इसमें निजी क्षेत्र की उन नौकरियों में, जिनमें 15 जनवरी 2022 से 30 हजार रुपये से कम मासिक वेतन दिया जाता है, स्थानीय युवाओं को 75 प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान है।
इसमें निजी कम्पनियां, समितियां, न्यास और राज्य की हिस्सेदारी वाली कम्पनियां शामिल हैं। अधिनियम को चुनौती देने वाले एक याचिकाकर्ता ने कहा कि यह अधिनियम संविधान के प्रावधानों और योग्यता के मूल सिंद्धांत के खिलाफ है। याचिकाकर्ता ने यह भी कहा है कि योग्यता, व्यवसायों के बढ़ने और प्रतिस्पर्धी बने रहने के लिए आधार का काम करती है। न्यायालय ने कहा कि यह अधिनियम असंवैधानिक है और संविधान के भाग-3 का उल्लंघन है। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डीप फेक टेक्नोलॉजी से उत्पन्न चुनौतियों से प्रभावी तरीके से निपटने के प्रयास किए जाने चाहिएं। नई दिल्ली में आज भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित दीपावली मिलन समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने संवादाताओं से आग्रह किया कि वे इन प्रौद्योगिकियों के कारण पैदा हुई चुनौतियों के बारे में लोगों को जागरुक और शिक्षित करें।
प्रधानमंत्री ने विकसित भारत की परिकल्पना पर ध्यान केंद्रित करते हुए देश को आगे बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकसित भारत केवल एक शब्द नहीं है, बल्कि अब यह एक जमीनी हकीकत है। श्री मोदी ने विश्वास व्यक्त किया कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लिए पूरी तरह सक्षम है। लोकल फॉर वोकल की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह त्योहारों के दिनों में चार लाख पचाह हजार करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार के ठोस प्रयासों के कारण हाल के वर्षों में 13 लाख 50 हजार से अधिक लोग गरीबी से बाहर आए हैं। कोविड महामारी के दौरान लोगों की कठिनाइयों का उल्लेख करते हुए श्री मोदी ने इस दौरान कई पत्रकारों और उनके परिजनों के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने 40 वर्ष की आयु के बाद नियमित रूप से चिकित्सा जांच कराने पर भी जोर दिया। प्रधानमंत्री ने लोगों को छठ के पर्व पर बधाई भी दी। -
नयी दिल्ली. दिल्ली में साल 1998 में आज ही के दिन चिकित्सकों की एक टीम ने करीब 20 माह के बच्चे संजय कंडास्वामी का जिगर (लीवर) प्रतिरोपण किया थी और यह भारत में पहला सफल जिगर प्रतिरोपण था। वह ‘‘बेबी संजय'' 25 वर्ष बाद बड़ा होकर ‘‘डॉ संजय'' बन गया और अब शादी के बंधन में बंधने जा रहा है। अपोलो इंद्रप्रस्थ अस्पताल में हासिल की गई उपलब्धि की 25वीं वर्षगांठ के अवसर पर बुधवार को यहां एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में तमिलनाडु के मूल निवासी कंडास्वामी भी अपने माता-पिता के साथ शामिल हुए। 20 माह के बच्चे के तौर पर कंडास्वामी अपने जिगर प्रतिरोपण को लेकर सुर्खियों में आए थे और बेबी संजय' के नाम से मशहूर हो गए थे, । कार्यक्रम से इतर कंडास्वामी ने कहा, ‘‘मेरी हाल ही में सगाई हुई है और अगले साल मार्च में शादी है। इस प्रतिरोपण ने मुझे दूसरा जीवन दिया। वास्तव में, मेरी मंगेतर ने आज मुझे फोन किया और मुझे ‘मेरे दूसरे जन्मदिन की शुभकामनाएं' दीं।'' अपोलो के चिकित्सकों ने कार्यक्रम में बताया कि डेढ़ साल की प्रिशा बच्चों में जिगर प्रतिरोपण कराने वाली 500वीं मरीज है। इस कार्यक्रम में बिहार की रहने वाली बच्ची प्रिशा भी शामिल हुई। कार्यक्रम के दौरान मशहूर अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया ने दोनों परिवारों को सम्मानित किया।
अपोलो अस्पताल समूह के चिकित्सा निदेशक और वरिष्ठ बाल रोग गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट अनुपम सिब्बल ने बताया कि 25 साल पहले हुए ऐतिहासिक प्रतिरोपण के बाद से अपोलो अस्पताल में बच्चों में 515 प्रक्रियाओं सहित 4,300 से अधिक जिगर प्रतिरोपण किए गए हैं। प्रिशा की मां अंजलि कुमारी ने कहा कि उनकी बेटी का जन्म पिछले साल छह मई को हुआ था और तीन महीने बाद उसका शरीर पीला पड़ने लगा। उन्होंने बताया कि इस स्थिति को चिकित्सक बाइलरी एट्रेसिया कहते हैं। माता-पिता प्रिशा को पटना के एक निजी अस्पताल में ले गए जिसके बाद उन्हें दिल्ली के निजी अस्पताल में रेफर किया गया और इस साल जनवरी में प्रिशा का जिगर प्रतिरोपण हुआ। संजय कंडास्वामी ने कहा कि वह भी इसी बीमारी से पीड़ित थे।
कंडास्वामी डॉ. सिब्बल को प्यार से ‘चाचा सिब्बल' कहते हैं। उन्होंने कहा कि जब नवंबर के पहले सप्ताह में उनकी सगाई हुई, तो उन्होंने ‘चाचा सिब्बल' को फोन कर बताया कि ‘बेबी संजय' अब शादी करने जा रहा है। उसने कहा, ‘‘बचपन में, मैं अपनी मां से अपने पेट पर बने सर्जरी के निशान के बारे में पूछा करता था। जब मैं बड़ा हुआ और मुझे अपने जीवन के बारे में पता चला, तो मैंने भी चिकित्सक बनने का फैसला किया और इस तरह 2021 में अपना आयुर्विज्ञान तथा शल्य-चिकित्सा स्नातक (एमबीबीएस) कोर्स पूरा किया। अब मैं मेरे गृहनगर कांचीपुरम में अभ्यास कर रहा हूं।'' प्रिशा की मां अंजलि कुमारी ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनकी बेटी का भविष्य क्या होगा, ‘‘लेकिन हमें उम्मीद है कि वह भी संजय की तरह चिकित्सक बनेगी।'' इस मौके पर अभिनेत्री डिंपल कपाड़िया ने कहा कि सिनेमा ‘‘स्कूल नहीं'' है, लेकिन फिर भी मूल्यों की शिक्षा देता है और चिकित्सा स्थितियों तथा अन्य मुद्दों पर जागरुकता फैलाता है। कपाड़िया ने कहा, ‘‘मैं बहुत खुश हूं कि मैं आज इस कार्यक्रम में शामिल हुई और यह एक नया नजरिया पेश करने वाला कार्यक्रम है कि हम इतने सारे लोगों की जान बचा सकते हैं। मुझे नहीं पता था कि जिगर दोबारा विकसित होता है और फिर से स्वस्थ हो जाता है। हममें से बहुत से लोग वास्तव में किसी के जीवन को बदल सकते हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं भी लोगों के जीवन में बदलाव लाने के लिए उदाहरण पेश करना चाहूंगी। खास तौर पर उन लोगों के लिए जो इतना कष्ट झेल रहे हैं।'' अभिनेत्री ने जिगर प्रतिरोपण के क्षेत्र में अपोलो अस्पताल और उसके चिकित्सकों द्वारा किए गए काम की भी प्रशंसा की। -
मथुरा . उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में एक आवासीय कॉलोनी में तेज रफ्तार मोटरसाइकिल बिजली के खंभे से टकरा गई, जिससे दो भाइयों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि घटना बुधवार को राजमार्ग के निकट सनसिटी अनंत कॉलोनी में हुई। मृतकों की पहचान जैत गांव के बबलू (30) और बंटी (27) के रूप में हुई है। थाना प्रभारी निरीक्षक अजय वर्मा ने बताया कि बुधवार को दोनों मोटरसाइकिल पर कॉलोनी में घूम रहे थे। तेज गति से आती उनकी बाइक एक मोड़ पर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिये हैं।
पुलिस ने बताया कि दोनों भाई कार मैकेनिक थे और घटना के वक्त दोनों ने हेलमेट नहीं पहना था। -
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी में भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) के एक अधिकारी की पत्नी और रसोइया से साइबर अपराधियों ने कथित रूप से 1.80 लाख रुपये से अधिक की ठगी की है। दिल्ली पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 420 (धोखाधड़ी) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी ने पीड़ितों को अपनी पहचान बेंगलुरु में फर्नीचर की एक दुकान के मालिक राहुल के रूप में कराई थी। आईपीएस अधिकारी ने अपनी शिकायत में कहा, ''30 अक्टूबर को एक ऑनलाइन एप्लीकेशन पर एक व्यक्ति ने खुद को खरीदार के रूप प्रस्तुत कर मेरी पत्नी और रसोइया से साइबर धोखाधड़ी की।'' सूत्रों ने बताया कि शिकायतकर्ता की पत्नी ने लकड़ी का सामान बेचने के लिए एक ऑनलाइन विज्ञापन दिया था, जिसके लिए आरोपी ने उन्हें फोन किया था। सूत्र ने बताया, ''आरोपी ने महिला के बैंक खाते से एक लाख सात हजार रुपये और अधिकारी के रसोइया के खाते से 80 हजार रुपये की धोखाधड़ी की।'' राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज करा दी गई है, जिसे नयी दिल्ली जिला साइबर अपराध थाने में भेज दिया गया है।
- नयी दिल्ली. केंद्रीय मंत्री परशोत्तम रूपाला ने बृहस्पतिवार को कहा कि आवारा पशुओं की आबादी को नियंत्रित करने के लिए उनका बधियाकरण करने के लिए एक टीका विकसित किया गया है और जल्द ही इसे पेश किया जाएगा। मत्स्यपालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री ने ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आवारा पशुओं के काटने के कारण रेबीज के बढ़ते मामलों से संबंधित एक प्रश्न का उत्तर देते हुए टीके के बारे में उल्लेख किया। रूपाला ने कहा, ‘‘आवारा पशुओं के खतरे से निपटने के लिए हमने उनका बधियाकरण करने के लिए एक टीका तैयार किया है।'' मंत्री ने कहा कि सभी मंजूरी मिल चुकी हैं और टीका जल्द ही पेश किया जाएगा।रूपाला ने एशिया और प्रशांत के लिए डब्ल्यूओएएच (विश्व पशु स्वास्थ्य संगठन) क्षेत्रीय आयोग के 33वें सम्मेलन के मौके पर संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह टीका (आवारा जानवरों की समस्या) को नियंत्रित करने में बहुत मददगार साबित होगा।'' सम्मेलन में पशुपालन एवं डेयरी विभाग की सचिव अलका उपाध्याय ने कहा कि आवारा कुत्तों की समस्या एक गंभीर समस्या है और उन्होंने इस मुद्दे से निपटने के लिए संतुलित दृष्टिकोण की वकालत की। यह चार दिवसीय सम्मेलन बृहस्पतिवार को संपन्न हुआ।
- तिरुप्पूर. तमिलनाडु के तिरुप्पूर जिले के धारापुरम के मनकादावु में पेट्रोलियम टैंकर और एक कार की भिड़ंत में तीन महिलाओं समेत कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि मरने वाले लोग कार में सवार थे।पुलिस के अनुसार जिस वक्त हादसा हुआ तब टैंकर कोयंबटूर से धारापुरम की ओर आ रहा था जबकि कार पलानी से धारापुरम जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। इस संदर्भ में धारापुरम पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
-
मुंबई. रेडियो क्षेत्र की मशहूर हस्ती नीलेश मिश्रा अपने श्रोताओं के साथ बातचीत करने के लिए अपने दल के सहयोगियों के साथ देश भर में यात्रा करते हुए कहानी सुनाने के वास्ते तैयार हैं। एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि 10 शहरों की इस यात्रा का आगाज 16 दिसंबर को पुणे से होगा। इन 10 शहरों में गुरुग्राम, भोपाल, इंदौर, बेंगलुरु, चंडीगढ़, मुंबई, कोलकाता, नयी दिल्ली और कानपुर शामिल हैं। मिश्रा रेडियो चैनल 92.7 बिग एफएम पर अपने कार्यक्रम 'यादों का इडियट बॉक्स विद निलेश मिश्रा' के लिए मशहूर हैं। वह अपनी लिखी हुई कहानियों को एक अलग अंदाज में पेश करते हैं। मिश्रा ने एक बयान में कहा, ''एक कहानी सुनाने वाला अपने श्रोताओं के बिना कुछ भी नहीं है और अपने सामने बैठे दर्शकों को कहानियां सुनाने से बड़ी कोई खुशी नहीं है।
-
लखनऊ. सहारा समूह के संस्थापक सुब्रत राय के पार्थिव शरीर का बृहस्पतिवार को लखनऊ में गोमती नदी के किनारे बैकुंठ धाम में अंतिम संस्कार किया गया। राय के 16 वर्षीय पौत्र हिमांक ने उन्हें मुखाग्नि दी। राजधानी स्थित सहारा शहर से राय की शव यात्रा गोमतीनगर स्थित बैकुंठ धाम के लिये रवाना हुई, जहां सहारा समूह के कर्मचारियों और कई गणमान्य लोगों की मौजूदगी में उनका अंतिम संस्कार किया गया। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि दाह संस्कार के दौरान राय के दोनों बेटे सुशांतो और सीमांतो मौजूद नहीं थे। राय की चिता को उनके 16 वर्षीय पोते हिमांक ने मुखाग्नि दी। दाह संस्कार के दौरान मौजूद रहे प्रमुख लोगों में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी और बॉलीवुड अभिनेता राजबब्बर शामिल थे। सहारा समूह द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, राय का मंगलवार को मुंबई के एक अस्पताल में हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया था। वह 75 वर्ष के थे। उनका पार्थिव शरीर मुंबई से लाया गया था और बुधवार को गोमती नगर के सहारा शहर में रखा गया था। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को सहारा समूह के प्रमुख सुब्रत राय के निधन पर दुख जताया था। मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ''सहारा समूह के प्रमुख सुब्रत राय का निधन अत्यंत दुःखद है। प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को अपने श्री चरणों में स्थान प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अथाह दुःख सहने की शक्ति दें। ॐ शांति।'' समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने भी 'एक्स' पर लिखा, ''सहारा श्री सुब्रत राय जी का निधन उत्तर प्रदेश और देश के लिए भावनात्मक क्षति है । वह एक अत्यंत सफल व्यवसायी होने के साथ-साथ संवेदनशील एवं विशाल हृदय वाले व्यक्ति थे जिन्होंने अनगिनत लोगों की सहायता की और उनका सहारा बने। भावभीनी श्रद्धांजलि।
-
कुछ यात्रियों को सांस लेने में परेशानी
इटावा . जिले में बीती देर रात एक यात्री ट्रेन के एक डिब्बे में मामूली आग लग गई और इसका धुआं फैलने से कुछ लोगों को सांस लेने में परेशानी हुई । उत्तर प्रदेश के इटावा में 12 घंटे के अंदर यह दूसरी ऐसी घटना है।
इटावा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) संजय कुमार ने बताया, ‘‘आग देर रात दो बज कर करीब 40 मिनट पर लगी जब ट्रेन फ्रेंड्स कॉलोनी पुलिस थाना क्षेत्र में थी। दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया, जिन्होंने आग पर काबू पा लिया।'' पुलिस के मुताबिक, आग दिल्ली-सहरसा वैशाली एक्सप्रेस के एस-6 कोच में लगी ।
एसपी ने कहा, ‘‘आग का धुआं फैलने से कुछ लोगों को सांस लेने में दिक्कत हुई। उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। '' उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारियों के मुताबिक, आग मामूली थी लेकिन डिब्बे में धुआं भर गया और कुछ यात्रियों से सांस लेने में दिक्कत हुई। इन यात्रियों को जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के लिए भर्ती कराया गया हैं । अधिकारियों के मुताबिक, आग लगने से किसी नुकसान की खबर नहीं हैं ।
उनके मुताबिक, इससे पहले बुधवार शाम करीब साढ़े पांच बजे उत्तर प्रदेश के इटावा के पास नई दिल्ली-दरभंगा स्पेशल एक्सप्रेस ट्रेन में आग लग गई, जिससे तीन डिब्बे क्षतिग्रस्त हो गए और आठ यात्री घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि आग लगने के कारण का पता लगाया जा रहा है। -
आणंद . गुजरात के खेड़ा जिले में खराब सिग्नल के कारण ट्रेन रुकने पर लुटेरों के एक गिरोह ने यात्रियों से 3.20 लाख रुपये मूल्य का कीमती सामान लूट लिया। रेलवे पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पश्चिम रेलवे की पुलिस अधीक्षक सरोज कुमारी ने बताया कि यह घटना 14 नवंबर को तड़के हुई। उन्होंने बताया कि रेलवे पुलिस ने अज्ञात बदमाशों को पकड़ने के लिए कई टीम गठित की हैं और यह भी जांच की जा रही है कि क्या सिग्नल की खराबी किसी साजिश का नतीजा तो नहीं थी। आणंद रेलवे पुलिस थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसार, इंदौर की ओर जा रही गांधीधाम-इंदौर एक्सप्रेस 14 नवंबर को तड़के अनघड़ी गांव के बाहरी इलाके में रुकी। पुलिस अधीक्षक ने कहा, लुटेरों ने खिड़कियों के पास बैठे पांच यात्रियों को निशाना बनाया। डिब्बे में प्रवेश किए बिना, वे जो कुछ भी छीन सकते थे, उसे छीन लिया और अंधेरे में गायब हो गए। लुटेरे पीड़ितों से कुल मिलाकर 3.20 लाख रुपये की नकदी, मोबाइल फोन और आभूषण लूटकर ले गए।
-
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न्यूजीलैंड को हराकर विश्व कप फाइनल में प्रवेश करने के लिए भारतीय क्रिकेट टीम के "शानदार प्रदर्शन" की बुधवार को सराहना की। मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स' पर कहा, “ भारत ने शानदार प्रदर्शन किया और शानदार अंदाज में फाइनल में प्रवेश किया। शानदार बल्लेबाजी और अच्छी गेंदबाजी ने हमारी टीम के लिए मैच (में जीत को) पक्का कर दिया। फाइनल के लिए शुभकामनाएं।” उन्होंने मोहम्मद शमी की गेंदबाजी की भी सराहना की और कहा कि क्रिकेट प्रेमी इसे पीढ़ियों तक याद रखेंगे। प्रधानमंत्री ने कहा, “ आज का सेमीफाइनल शानदार व्यक्तिगत प्रदर्शन की वजह से और भी खास हो गया है। इस मैच में और विश्व कप के दौरान मोहम्मद शमी की गेंदबाजी को क्रिकेट प्रेमी आने वाली पीढ़ियों तक याद रखेंगे। शमी ने अच्छा खेला।” केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने भी सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ जीत के लिए भारतीय टीम की सराहना करते हुए कहा कि टीम ने ‘बॉस की तरह' फाइनल में प्रवेश किया है। शाह ने एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में 50वां शतक बनाने के लिए विराट कोहली को भी बधाई दी और कहा कि यह उनकी उत्कृष्ट खेल भावना, समर्पण और निरंतरता का प्रमाण है।

.jpg)
















.jpeg)
.jpeg)







.jpg)