- Home
- देश
-
नयी दिल्ली. विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) ने सोमवार को कहा कि वह 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में होने वाले रामलला के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में भाग लेने के लिए देश-विदेश के 10 करोड़ से अधिक परिवारों को आमंत्रित करेगी। विहिप के केंद्रीय कार्यकारी अध्यक्ष आलोक कुमार ने यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पांच नवंबर को श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में पवित्र किया गया ‘अक्षत कलश' पहले ही देशभर में भेजा जा चुका है। उन्होंने संवाददाताओं से कहा, ‘‘विश्व हिंदू परिषद के कार्यकर्ता अन्य हिंदू संगठनों के साथ मिलकर एक जनवरी से 15 जनवरी 2024 तक देश के शहरों और गांवों में हिंदू परिवारों से मिलेंगे और उन्हें आमंत्रित करेंगे।'' उन्होंने कहा कि ‘विदेश में रहने वाले हिंदुओं' को आमंत्रित करने के लिए भी इसी तरह का एक कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा, ‘‘निमंत्रण के अलावा हम प्रत्येक परिवार को अन्य आवश्यक जानकारी के साथ ही भगवान राम और उनके मंदिर की एक तस्वीर देंगे।'' उन्होंने कहा कि श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इस संबंध में आह्वान किया है।
कुमार ने कहा कि इस काम में लगी विहिप की टीम और कार्यकर्ता श्रद्धालुओं से ‘कोई उपहार, दान या अन्य सामग्री' स्वीकार नहीं करेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘इस बार हम समाज से कुछ भी मांगने के लिए नहीं पहुंच रहे हैं।''
यह देखते हुए कि भगवान राम के सभी भक्तों को समारोह में शामिल होने के लिए अयोध्या नहीं बुलाया जा सकता है, विहिप नेता ने दुनिया भर के हिंदुओं से अपने निकटतम मंदिर में इकट्ठा होने और 22 जनवरी को पूजा करने की अपील की। उन्होंने लोगों से 22 जनवरी को अयोध्या में राम मंदिर में होने वाले ‘भव्य' समारोह का सीधा प्रसारण देखने और ‘इस ऐतिहासिक घटना का आनंद लेने' का भी आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘अब तक हमारा आकलन है कि यह कार्यक्रम निश्चित रूप से दुनिया भर के पांच लाख से अधिक मंदिरों में होगा और लाखों हिंदू इसमें भाग लेंगे।'' प्राण प्रतिष्ठा समारोह के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और देश भर के हजारों संतों को आमंत्रित किया गया है। विहिप नेता ने कहा, ‘‘हम भगवान श्रीराम के 14 साल के वनवास के बाद अयोध्या लौटने के उपलक्ष्य में दिवाली मनाते हैं, लेकिन 22 जनवरी, 2024 को दुनिया दूसरी दिवाली मना रही होगी, जब भारत की आजादी के ‘अमृत काल' के दौरान राम जी 500 साल बाद अपनी जन्मभूमि लौटेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘इसलिए यह जरूरी है कि दुनिया भर का पूरा हिंदू समाज इस ‘प्राण प्रतिष्ठा' समारोह में भाग ले।'' विहिप नेता ने कहा कि राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान अपने जीवन का बलिदान देने वालों के परिवार के सदस्यों के राम मंदिर जाने के लिए व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि ऐसे भक्तों को अगले साल 27 जनवरी से 22 फरवरी तक छोटे समूहों में ‘दर्शन' के लिए अयोध्या में राम मंदिर ले जाया जाएगा। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसे करीब एक लाख लोगों के लिए व्यवस्था की गई है।''
कुमार ने हिंदू परिवारों से 22 जनवरी, 2024 की रात को कम से कम पांच दीपक जलाने और उसके बाद किसी भी दिन परिवार और दोस्तों के साथ अयोध्या जाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा, ‘‘विश्व हिंदू परिषद को विश्वास है कि अयोध्या में राम मंदिर दुनिया भर के हिंदुओं के बीच सद्भाव, एकता और स्वाभिमान फैलाएगा और भारत को उसके परम वैभव की ओर ले जाने के लिए एक राष्ट्रीय मंदिर के रूप में उभरेगा।'' -
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या करने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश फरार हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार लखनऊ के कृष्णानगर के मानस विहार में रविवार देर रात घर के दरवाजे पर पीएसी में तैनात एक इंस्पेक्टर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देकर बदमाश फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तफ्तीश शुरू की है। आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। मानस विहार निवासी सतीश कुमार (52) चतुर्थ वाहिनी पीएसी प्रयागराज में क्वार्टर मास्टर के पद पर तैनात थे। वह अपनी पत्नी व बेटी के साथ दीवाली पर एक रिश्तेदार के घर डिनर करने गए थे। रात करीब दो बजे वह वापस लौटे। वह कार से उतरकर घर का गेट खोल ही रहे थे तभी एक बदमाश आया और गोली मारकर भाग निकला। उनकी पत्नी व बेटी ने पुलिस को सूचना दी। डीसीपी साउथ विनीत जायसवाल ने बताया कि मामले में अज्ञात पर हत्या का केस दर्ज किया गया है। पांच टीमें गठित की गई है। सीसीटीवी फुटेज से सुराग जुटाए जा रहे हैं। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा। जिस वक्त वारदात हुई उस वक्त सतीश की पत्नी व बेटी कार में बैठी थीं। वह दोनों भी कार से उतरने वाली ही थीं। चूंकि घर का दरवाजा खोलना था इसलिए सतीश पहले उतरे थे। तभी दोनों ने देखा कि सतीश को गोली मार दी गई। वह आनन-फानन में कार से उतरकर सतीश के पास गईं। वह खून से लथपथ होकर गिर गए। चंद सेकंड में उनकी आंखें बंद हो गईं। फिर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वारदात मां-बेटी दिल और दिमाग में कैद हो गई। वह दशहत में हैं। -
हैदराबाद। हैदराबाद के नामपल्ली के बाजारघाट में सोमवार को एक अपार्टमेंट में आग लग गई। आग अपार्टमेंट में नीचे स्थित गैराज में लगी। जिसके बाद धीरे-धीरे आग पूरी पांच मंजिला बिल्डिंग में फैल गई। इसमें 6 लोगों की मौत हो गई है। आग लगने की सूचना मिलते ही फॉयर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और सीढ़ी की मदद से बच्चे और मां को रेस्क्यू किया। आग की लपटें इतनी तेज थी किं अपार्टमेंट में ऊपर रहने वाले कुछ लोग बाहर नहीं निकल पाए। हैदराबाद सेंट्रल जोन के डीसीपी वेंकटेश्वर राव ने बताया, ग्राउंड फ्लोर पर गैराज में एक कार रिपेयरिंग का काम चल रहा था। तभी एक चिंगारी गोदाम में केमिकल से भरे ड्रम पर जा गिरी और आग लग गई। हादसे में तीन लोग घायल भी हैं। तेलंगाना के मुख्यमंत्री केसी राव ने अग्निकांड में हुई मौतों पर दुख जताया।
-
नई दिल्ली । दीवाली से पहले दिल्ली वालों को प्रदूषण से राहत मिली थी। लेकिन दीवाली पर आतिशबाजी ने दीवाली के अगले दिन लोगों को जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर कर दिया। दिल्ली में प्रतिबंध के बावजूद पटाखे चले। एनसीआर के दूसरे शहरों में भी चले पटाखों से दिल्ली—एनसीआर में प्रदूषण काफी बढ़ गया। आतिशबाजी से AQI का स्तर तो बढ़ा ही। साथ ही धुंध छाने से कुछ इलाकों में 100 मीटर तक भी साफतौर पर कुछ नहीं दिख रहा था। इस बीच, बढ़ते प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली सरकार के पर्यावरण मंत्री गोपाल राय ने प्रदूषण की स्थिति की समीक्षा करने के लिए बैठक बुलाई ।
दीवाली की शाम राष्ट्रीय राजधानी में वायु गुणवत्ता सूचकांक एक्यूआई (AQI) 218 था, जो प्रदूषण की खराब श्रेणी में आता है। दीवाली के अगले दिन दिल्ली—एनसीआर में खासकर पटाखे चलने के कारण हवा जहरीली हो गई। दिल्ली में आनंद विहार में एक्यूआई 900 पार गया। AQICN के मुताबिक आनंद विहार में यह 969 और पूसा 970 दर्ज किया गया। यह प्रदूषण स्तर के खतरनाक श्रेणी में आता है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक 10 बजे आनंद विहार का एक्यूआई 333, पूसा का 383 दर्ज किया गया।दीवाली के बाद भले ही हवा जहरीली हो गई हो, लेकिन दीवाली के दिन प्रदूषण से राहत मिली और लोगों ने दीवाली मनाने से पहले बीते सालों की तुलना में साफ हवा में सांस ली। दीवाली की आसमान साफ रहा और सुबह की शुरुआत खिली धूप के साथ हुई। दिल्ली का AQI सुबह 202 दर्ज किया गया। जो पिछले 8 साल में सबसे कम था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में पिछले साल दीवाली पर AQI 312 था। साल 2021 में 382, 2020 में 414, 2019 में 337, 2018 में 281, 2017 में 319 और 2016 में 431 दर्ज किया गया था। -
“गधा मेला”: मंदाकिनी के किनारे होता है आयोजन,
चित्रकूट। चित्रकूट में दिवाली की अगली सुबह एक अलग ही रौनक है। मंदाकिनी नदी के किनारे सलमान, शाहरुख, रणबीर और ऋतिक आए हैं। इनके चारों तरफ दर्शकों की भीड़ लगी है। लोग इन्हें देखने के लिए अलग-अलग राज्यों से आज धर्मनगरी पहुंचे हैं।
अब तक आपको सब नॉर्मल सा लग रहा होगा, लेकिन यहां बातें फिल्म स्टार्स की नहीं, बल्कि गधों की हो रही है और ये सभी चित्रकूट के ऐतिहासिक 'गधा मेला' में बिकने के लिए आए हैं। आयोजन समिति के अनुसार, हर साल मंदाकिनी किनारे लगने वाले इस खास मेले में 5 हजार से अधिक गधे इकट्ठा होते हैं।
औरंगजेब शासनकाल से चली आ रही परंपरा
चित्रकूट में गधा मेले की परंपरा मुगल काल से चली आ रही है। इस पेंटिंग में औरंगजेब की सेना को दिखाया गया है। बिहार के पशु व्यापारी मो. दिलशाद बीते 15 साल से मेले में जानवरों को बेचते रहे हैं। दिलशाद कहते हैं कि ये गधा मेला 300 साल पुराना है और औरंगजेब के समय से लगता है।
अफगानिस्तान से अच्छी नस्ल के खच्चर और गधे मंगवाए थे
ऐसी मान्यता है कि औरंगजेब के करीबियों के पास जब घोड़ों की कमी होने लगी, तो उसने अफगानिस्तान से बिकने के लिए अच्छी नस्ल के खच्चर और गधे मंगवाए थे। उनकी खरीदी इसी चित्रकूट की बाजार से हुई थी। मुगल बादशाह ने अपनी सेना के बेड़े में भी इन्हें शामिल किया। दिलशाद मेले में सात पशुओं को लेकर आए हैं। इनमें सबसे महंगा गधा सलमान है, जिसकी कीमत 1.5 लाख है।
खास वजह से दिया जाता फिल्म स्टार्स का नाम
मंदाकिनी तट पर हर साल लगने वाले इस मेले में उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और बिहार के पशु व्यापारी शामिल होते हैं। वहीं, इन जानवरों के खरीदार देशभर से आते हैं। यहां पहुंचे व्यापारियों ने बताया कि यहां गधों की पहचान फिल्मी कलाकारों के नाम से होती है। मेले में आने वाले व्यापारियों का मानना है कि बॉलीवुड कलाकारों का नाम देने से गधों की बिक्री बढ़ जाती है।
तीन दिन में दो करोड़ के गधे बिकने की संभावना
व्यापारी मोइन ने बताया कि अच्छी नस्ल और बढ़िया कद-काठी वाले खच्चर का नाम सलमान रखा गया है। ज्यादा भार ढोने वाले गधों को ऋतिक और रणबीर का नाम दिया जाता है। फुर्तीले खच्चरों को शाहरुख के नाम से बुलाया जाता है। इस बार तीन दिन में दो करोड़ के गधे बिकने की संभावना है।
दो लाख में बिकता है ‘सलमान’, ‘ऋतिक’ की कीमत 70 हजार रुपए
हम बारी-बारी मेले में गधों की बोलियां लगा रहे लोगों के पास गए। यहां व्यापारियों ने हमें गधों और खच्चरों के अलग-अलग रेट बताएं।
सलमान दो लाख रुपए
शाहरुख 90 हजार रुपए
ऋतिक 70 हजार रुपए
रणबीर 40 हजार रुपए
राजकुमार 30 हजार रुपए
एक एकड़ के मैदान में बिकने के लिए आते हैं पांच हजार गधे
मेले में तीन तरह की नस्लों के खच्चर बिकते हैं। चित्रकूट प्रशासन को इस मेले से हर साल लाखों रुपये का राजस्व मिलता है। चित्रकूट में धनतेरस से दूज तक दीपदान उत्सव मनाया जाता है। इस बार इस उत्सव में शामिल होने के लिए पूरे देश तीन लाख श्रृद्धालु चित्रकूट पहुंचे हैं। दीपावली के बाद जमघट के दिन ‘गधा-मेला’ लगता है।
एमपी-यूपी बॉर्डर पर लगता है मेला
मेला आयोजन समिति के सदस्य रमेश कुमार पांडे ने बताया कि हर साल मंदाकिनी किनारे लगने वाले इस खास मेले में पांच हजार गधे इकट्ठा होते हैं। यहां जिनती भीड़ इनके खरीददारों की होती है, उससे दोगुना लोग इन्हें देखने आते हैं। मेले की व्यवस्था का जिम्मा नगर पंचायत उठाती है। मेला एमपी-यूपी बॉर्डर पर लगता है। इसका फायदा दोनों राज्यों को मिलता है। - - “हिमाचल प्रदेश के लेप्चा में हमारे बहादुर सुरक्षा बलों के साथ दिवाली बिताना गहरी भावना एवं गर्व से भरा अनुभव रहा”- “देश आपका आभारी और ऋणी है”- “जहां जवान तैनात हैं, वह जगह मेरे लिए किसी मंदिर से कम नहीं है। आप जहां भी हैं, मेरा त्योहार वहीं है”- “सशस्त्र बलों ने भारत के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है”- “पिछला वर्ष राष्ट्र निर्माण के मामले में एक उपलब्धि-भरा वर्ष रहा"- “युद्ध क्षेत्र से लेकर बचाव अभियान तक, भारतीय सशस्त्र बल जीवन बचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं”“देश की रक्षा में नारीशक्ति बड़ी भूमिका निभा रही है”नई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने दिवाली के अवसर पर हिमाचल प्रदेश के लेप्चा में बहादुर जवानों को संबोधित किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि दिवाली के त्योहार और जवानों के साहस की प्रशंसा का मेल देश के प्रत्येक नागरिक के लिए ज्ञान का एक क्षण है। उन्होंने भारत के सीमावर्ती इलाके पर स्थितदेश के आखिरी गांव, जिसे अब पहला गांव माना गया है, में तैनात जवानों के साथ देशवासियों को दिवाली की शुभकामनाएं दीं।अपने अनुभवों को याद करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि उत्सव वहीं होता है जहां परिवार रहता है। उन्होंने सीमा की सुरक्षा के लिए त्योहार के दिन अपने परिवार से दूर रहने की स्थिति को कर्तव्यों के प्रति समर्पण की पराकाष्ठा बताया। उन्होंने कहा कि 140 करोड़ भारतीयों को अपना परिवार मानने की भावना सुरक्षाकर्मियों के उद्देश्यों को सार्थकता प्रदान करती है। उन्होंने कहा, “देश इसके लिए आपका आभारी और ऋणी है। इसीलिए हर घर में आपकी सुरक्षा के लिए एक ‘दीया’ जलाया जाता है।” उन्होंने आगे कहा, “जहां जवान तैनात हैं वह जगह मेरे लिए किसी मंदिर से कम नहीं है। आप जहां भी हैं, मेरा त्योहार वहीं है। ऐसा शायद 30-35 वर्षों से चल रहा है।”प्रधानमंत्री ने जवानों और सशस्त्र बलों की बलिदान की परंपरा को नमन किया। उन्होंने कहा, “हमारे बहादुर जवानों ने खुद को सीमा पर सबसे मजबूत दीवार के रूप में साबित किया है।” प्रधानमंत्री ने राष्ट्र निर्माण में सशस्त्र बलों के योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा, “हमारे बहादुर जवानों ने हार के जबड़े से जीत को छीनकर हमेशा नागरिकों का दिल जीता है।” उन्होंने भूकंप और सुनामी जैसी प्राकृतिक आपदाओं के साथ-साथ अंतर्राष्ट्रीय शांति मिशनों का भी उल्लेख किया जहां सशस्त्र बलों ने अनेक लोगों की जान बचाई है। उन्होंने कहा, “सशस्त्र बलों ने भारत के गौरव को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है।” प्रधानमंत्री ने पिछले वर्ष संयुक्त राष्ट्र में शांति सैनिकों के लिए एक स्मारक हॉल के प्रस्ताव का भी उल्लेख किया, जिसे सर्वसम्मति से पारित किया गया। उन्होंने कहा कि यह कदम विश्व स्तर पर शांति स्थापित करने में शांति सैनिकों के योगदान को अमर बना देगा।न केवल भारतीयों बल्कि विदेशी नागरिकों के निकासी अभियानों में भी भारतीय सशस्त्र बलों की भूमिका को रेखांकित करते हुए, प्रधानमंत्री ने सूडान में उथल-पुथल के दौरान संपन्न की गई सफल निकासी और तुर्किये में भूकंप के बाद बचाव अभियान को याद किया। प्रधानमंत्री ने कहा, “युद्ध क्षेत्र से लेकर बचाव अभियान तक, भारतीय सशस्त्र बल जीवन बचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।” उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक देश की सशस्त्र सेनाओं पर गर्व महसूस करता है।वर्तमान विश्व परिदृश्य में भारत से होने वाली वैश्विक अपेक्षाओं की ओर इशारा करते हुए, प्रधानमंत्री ने देश में सुरक्षित सीमा, शांति और स्थिरता के महत्व को दोहराया। उन्होंने कहा, “भारत सुरक्षित है क्योंकि इसकी सीमाओं की सुरक्षा हिमालय जैसी दृढ़ता रखने वाले बहादुर जवानों द्वारा की जाती है।”प्रधानमंत्री ने पिछली दिवाली के बाद से पिछले एक वर्ष के दौरान हासिल की गई विभिन्न उपलब्धियों के बारे में बताया और चंद्रयान लैंडिंग, आदित्य एल1, गगनयान से जुड़े परीक्षण, स्वदेशी विमानवाहक पोत आईएनएस विक्रांत, तुमकुर हेलीकॉप्टर फैक्ट्री, वाइब्रेंट विलेज अभियान और खेलों से जुड़ी उपलब्धियों का उल्लेख किया। पिछले एक वर्ष के दौरान हासिल हुई विभिन्न वैश्विक एवं लोकतांत्रिक उपलब्धियों को आगे गिनाते हुए, प्रधानमंत्री ने नए संसद भवन, नारीशक्ति वंदन अधिनियम, जी-20, जैव ईंधन गठबंधन, दुनिया भर में वास्तविक समय में भुगतान संबंधी सुविधा के उत्कर्ष, निर्यात के क्षेत्र में 400 बिलियन डॉलर का आंकड़ा पार करने, दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने और 5जी की शुरुआत करने की दिशा में आगे बढ़ने के बारे में बात की। उन्होंने कहा, “पिछला वर्ष राष्ट्र निर्माण के मामले में एक उपलब्धि-भरा वर्ष रहा।” उन्होंने कहा कि भारत ने बुनियादी ढांचे के विकास के मामले में काफी प्रगति की है और यह दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सड़क नेटवर्क, सबसे लंबी नदी क्रूज सेवा, रैपिड रेल सेवा नमो भारत, 34 नए मार्गों पर वंदे भारत, भारत-मध्य पूर्व-यूरोप कॉरिडोर, दिल्ली में दो विश्वस्तरीय कन्वेंशन सेंटर- भारत मंडपम और यशोभूमि- वाला देश बन गया है। भारत सबसे अधिक विश्वविद्यालयों वाला देश बन गया। धोरडो गांव को सर्वश्रेष्ठ पर्यटन गांव का पुरस्कार मिला और शांति निकेतन एवं होयसल मंदिर परिसर को यूनेस्को की विश्व विरासत सूची में शामिल किया गया।प्रधानमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि जब तक इस देश की सीमाएं सुरक्षित रहेंगी, यह देश बेहतर भविष्य की दिशा में प्रयास करता रहेगा। उन्होंने भारत के विकास का श्रेय सशस्त्र बलों की शक्ति, संकल्प और बलिदान को दिया।इस तथ्य को रेखांकित करते हुए कि भारत ने अपने संघर्षों से संभावनाएं पैदा की हैं, प्रधानमंत्री ने कहा कि देश अब आत्मनिर्भर भारत बनने की राह पर अग्रसर हो चुका है। उन्होंने रक्षा क्षेत्र में भारत के अभूतपूर्व विकास और एक वैश्विक शक्ति के रूप में उभरने पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि भारत की सेनाओं व सुरक्षा बलों की शक्ति लगातार बढ़ रही है। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे देश पहले अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए दूसरों पर निर्भर रहता था, जबकि आज वह मित्र देशों की जरूरतों को पूरा कर रहा है। उन्होंने बताया कि 2016 में प्रधानमंत्री के इस क्षेत्र के दौरे के बाद से भारत के रक्षा निर्यात में आठ गुना से अधिक की वृद्धि हो गई है। उन्होंने कहा, “देश में आज एक लाख करोड़ रुपये से अधिक मूल्य का रक्षा उत्पादन हो रहा है। यह अपने आप में एक रिकॉर्ड है।”प्रधानमंत्री ने उच्च-तकनीक पर आधारित प्रौद्योगिकी एवं सीडीएस जैसी महत्वपूर्ण प्रणालियों के समन्वय का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना लगातार और अधिक आधुनिक होती जा रही है। उन्होंने कहा कि भारत को अब निकट भविष्य में जरूरत के समय दूसरे देशों की ओर नहीं देखना पड़ेगा। प्रौद्योगिकी के इस बढ़ते प्रसार के बीच, श्री मोदी ने सशस्त्र बलों से प्रौद्योगिकी के उपयोग के क्रम में मानवीय समझ को हमेशा सर्वोपरि रखने का आग्रह किया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि प्रौद्योगिकी को कभी भी मानवीय संवेदनाओं पर हावी नहीं होना चाहिए।प्रधानमंत्री ने कहा, “आज स्वदेशी संसाधन और उच्च श्रेणी का सीमा संबंधी बुनियादी ढांचा भी हमारी ताकत बन रहे हैं। और मुझे ख़ुशी है कि नारीशक्ति भी इसमें बड़ी भूमिका निभा रही है।” उन्होंने पिछले वर्ष के दौरान 500 महिला अधिकारियों की कमीशनिंग, राफेल लड़ाकू विमान उड़ाने वाली महिला पायलटों और युद्धपोतों पर महिला अधिकारियों की तैनाती का उल्लेख किया। सशस्त्र बलों की जरूरतों का ख्याल रखने के महत्व के बारे में बोलते हुए, प्रधानमंत्री ने अत्यधिक तापमान के लिए उपयुक्त कपड़े, जवानों की बेहतरी एवं सुरक्षा के लिए ड्रोन और ‘वन रैंक वन पेंशन (ओआरओपी) योजना के तहत 90 हजार करोड़ रुपये के भुगतान का उल्लेख किया।एक दोहे के साथ अपने संबोधन का समापन करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि सशस्त्र बलों का हर कदम इतिहास की दिशा निर्धारित करता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि सशस्त्र बल इसी दृढ़ संकल्प के साथ भारत माता की सेवा करते रहेंगे। उन्होंने कहा, “आपके सहयोग से देश विकास की नई ऊंचाइयों को छूता रहेगा। हम मिलकर देश के हर संकल्प को पूरा करेंगे।”
-
नई दिल्ली। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने भारतीय न्याय संहिता-2023 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता-2023 और भारतीय साक्ष्य विधेयक -2023 के बारे में गृह कार्य संबंधी संसदीय स्थायी समिति की रिपोर्ट के प्रसार और प्रकाशन का निर्देश दिया है। इस संसदीय समिति के अध्यक्ष बृजलाल ने सभापति को ये रिपोर्ट प्रस्तुत की थी। ये तीनों विधेयक भारतीय दंड संहिता 1860, आपराधिक संहिता प्रक्रिया 1973 और भारतीय सांक्ष्य अधिनियम 1872 के स्थान पर लाए गए थे। ये विधेयक इस वर्ष अगस्त में लोकसभा में पेश किये गये थे।
-
नई दिल्ली। तेलंगाना विधानसभा चुनाव में पहली बार महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से अधिक हो गई है। राज्य में तीस नवंबर को मतदान कराया जाएगा। नवीनतम मतदाता सूची के अनुसार पुरुष मतदाताओं पर महिला मतदाताओं का अनुपात 1000.2 हो गया है। इस वर्ष जनवरी में यह 992 था, जबकि पिछले महीने यह 998 था। नवीनतम मतदाता सूची के अनुसार राज्य में 3 करोड़ 26 लाख 18 हजार 205 मतदाता हैं, जिनमें पुरुष मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 62 लाख 418 है, जबकि महिला मतदाताओं की संख्या 1 करोड़ 63 लाख 1 हजार 705 है।
-
आइजोल. मिजोरम के चम्फई जिले में तीन अलग-अलग अभियान में म्यांमार के पांच नागरिकों के पास से 18 करोड़ रुपये से अधिक की हेरोइन और 1.21 करोड़ रुपये की नगदी बरामद की गई। सभी को गिरफ्तार किया गया है। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि एक पुख्ता सूचना पर कार्रवाई करते हुए असम राइफल्स और राज्य पुलिस के संयुक्त दलों ने शुक्रवार को मिजोरम-म्यांमार सीमा पर जोटे एवं जोखावथर गांवों में अभियान चलाया जिसमें 2.61 किलोग्राम मादक पदार्थ जब्त किया। असम राइफल्स के अधिकारियों के अनुसार, जब्त किए गए मादक पदार्थ की कीमत करीब 18.30 करोड़ रुपये है। इसके साथ ही उनसे 500, 200, 100 और 50 रुपये के नोटों में बेहिसाबी नकदी जब्त की गई। असम राइफल्स के एक अधिकारी ने कहा,''संयुक्त अभियानों में म्यांमार के पांच नागरिकों को गिरफ्तार किया गया है।'' उन्होंने बताया कि आरोपियों और जब्त किए गए मादक पदार्थ को आगे की कार्रवाई के लिए चम्फई पुलिस को सौंप दिया गया। यह अभियान 40 सदस्यीय मिजोरम विधानसभा के लिए मंगलवार को हुए मतदान के तीन दिन बाद चलाया गया। विधानसभा चुनाव के लिए मतगणना तीन दिसंबर को होगी।
-
कौशांबी (उप्र) .कौशांबी जिले में एक युवक ने शराब के लिए पैसे न देने पर अपनी पत्नी की प्रेशर कुकर से कथित तौर पर पीट-पीट कर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) समर बहादुर सिंह ने बताया कि कुंद्रावी गांव निवासी आरोपी पाताली शराब पीने का आदी है और रोज की तरह शुक्रवार रात उसने अपनी पत्नी मीना देवी (32) से शराब के लिए पैसे मांगे। उन्होंने बताया कि पत्नी ने पैसे न होने की बात कहकर इनकार कर दिया। इसके बाद आरोपी पाताली उसे अपशब्द कहने लगा और उसने पास में रखे प्रेशर कुकर से मीना के सिर पर कई प्रहार कर दिए, जिससे मीना की मौके पर ही मौत हो गई। एएसपी ने बताया कि मृतका के भाई ज्ञान सिंह की तहरीर पर आज आरोपी पति के विरुद्ध हत्या का अभियोग दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि घटना के बाद से आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
-
पीलीभीत. पीलीभीत जिले के माधोटांडा थाना इलाके में शनिवार को पीलीभीत बाघ अभयारण्य के महोफ जंगल से सटे इलाके में जानवर चराने गये एक किसान की बाघ के हमले में मौत हो गयी। पुलिस ने शनिवार देर शाम यह जानकारी दी। घटना से गुस्साए स्थानीय लोगों ने शव को माधोटांडा-पीलीभीत राजमार्ग पर रखकर जाम लगा दिया और प्रदर्शन करते हुए आरोप लगाया कि वन विभाग की लापरवाही के कारण लोगों की जान जा रही है। माधोटांडा थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) अचल कुमार ने बताया कि जमुनिया गांव के ओमप्रकाश पासवान (60) अपने पालतू जानवरों को वन क्षेत्र के पास चराने गए थे, तभी शाम करीब चार बजे एक बाघ ने उन पर हमला कर दिया जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गयी। उन्होंने बताया कि बाघ किसान के शव को मुंह में दबाकर जंगल की ओर ले जा रहा था, तभी आसपास के खेतों में काम कर रहे किसानों की नजर उस पर पड़ गई। कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की भीड़ देख बाघ शव छोड़कर भाग गया। गुस्साए ग्रामीणों ने शव को माधोटांडा-पीलीभीत हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। उन्होंने मार्ग से गुजरने वाले कुछ वाहनों में तोड़फोड़ भी की। ग्रामीणों का आरोप है कि देर शाम तक वन विभाग की टीम मौके पर नहीं पहुंची।
घटना की सूचना मिलने पर पीलीभीत के पुलिस अधीक्षक और उपनिदेशक, पीलीभीत बाघ अभयारण्य मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को समझा बुझाकर शांत किया। अधिकारियों ने उन्हें मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने और जंगल के बाहर घूम रहे बाघों को पकड़ने का आश्वासन दिया। -
भवानीपटना. ओडिशा के कालाहांडी जिले में एक हाथी ने 45 वर्षीय एक महिला को कुचलकर मार डाला। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना एम रामपुर ब्लॉक के सुरेंगपदार गांव की है।
पुलिस के अनुसार, आदिवासी महिला नीलांति माझी शुक्रवार शाम को जब कपड़े धोने के लिए पास की जलधारा पर जा रही थी तो उसके सामने जंगली हाथी आ गया और उसने महिला को कुचलकर मार डाला। एम रामपुर के वन परिक्षेत्र अधिकारी असित कुमार दा, ने बताया कि महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और कानून के तहत उसके परिवार को वित्तीय सहायता दी जाएगी।-file photo
-
अंबाला. हरियाणा के अंबाला में एक घर में रसोई गैस सिलेंडर फटने से दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना न्यू शक्ति नगर में शुक्रवार रात को हुई।
पुलिस ने बताया कि धमाके में उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के रहने वाले फजल(47) और दिलशाद(45) की मौत हो गई। उन्होंने बताया कि दिलशाद ने यहां दो कमरों को किराये पर लिया था और 15 दिन पहले ही वह इनमें रहने के लिए आया था।
-
नयी दिल्ली. राष्ट्रीय राजधानी स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के प्रशासन ने ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालकों द्वारा मरीजों और उनके परिचारकों का शोषण करने की रिपोर्ट पर अस्पताल परिसर में वाणिज्यिक यात्री वाहनों के प्रवेश को विनियमित करने के लिए एक व्यापक योजना की घोषणा की है। एम्स मीडिया प्रकोष्ठ की प्रभारी प्रोफेसर डॉ. रीमा दादा ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य चिकित्सा सुविधा के लिए आने वाले मरीजों को पारदर्शी परिवहन सेवाएं सुनिश्चित करना है। डॉ. दादा ने कहा कि मरीजों के साथ नियमित बातचीत के दौरान, यह पता चला कि कुछ ऑटो-रिक्शा और टैक्सी चालक एम्स परिसर के भीतर छोटी-छोटी यात्राओं के लिए भी मरीजों से अधिक शुल्क ले रहे हैं। इस मुद्दे से निपटने और वाणिज्यिक यात्री वाहनों (सीपीवी) के प्रवेश को सुव्यवस्थित करने के लिए, कई उपाय किये जाएंगे। इसके तहत एम्स के सभी प्रवेश द्वारों के अंदर और बाहर प्रमुख द्विभाषी साइनबोर्ड लगाए जाएंगे, जो इलेक्ट्रिक शटल की उपलब्धता, मार्गों और फेरों के बारे में जानकारी प्रदान करेंगे। इससे मरीजों को परिवहन विकल्पों के बारे में जानकारी रहेगी और उन्हें उचित निर्णय लेने में मदद मिलेगी। सीपीवी के प्रवेश को विनियमित करने के लिए, एक अत्याधुनिक नंबर प्लेट रीडर कैमरा-आधारित टिकटिंग प्रणाली शुरू की जाएगी। नई टिकटिंग प्रणाली 31 दिसंबर तक चालू होने वाली है।
डॉ. दादा ने कहा, ‘‘एम्स रोगी को ध्यान में रखकर विभिन्न उपाय करने को लेकर प्रतिबद्ध है, और ये उपाय उस प्रतिबद्धता के अनुरूप हैं, जिसका लक्ष्य संस्थान में चिकित्सा देखभाल चाहने वालों के लिए समग्र अनुभव को बढ़ाना है।'' -
श्रीनगर. जम्मू-कश्मीर के लोकप्रिय पर्यटन स्थल डल झील में शनिवार तड़के लगी भीषण आग से जलकर खाक हुई हाउसबोट से तीन शव बरामद किए गए है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि डल झील के घाट संख्या नौ के पास जले हुए शव बरामद किए गए।
अधिकारियों के मुताबिक, मरने वालों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं, जबकि तीसरे की लैंगिक पहचान की अभी पुष्टि नहीं की जा सकी है। उन्होंने बताया कि मृतकों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों के अनुसार, डल झील में लगी भीषण आग में करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई, जिसमें पांच हाउसबोट और उनसे जुड़ी इतनी ही झोपड़ियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि आग लगने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पाई है। -
नयी दिल्ली. दिल्ली पुलिस ने शनिवार को भीड़भाड़ वाले बाजारों में फ्लैग मार्च किया। यह जानकारी अधिकारियों ने दी। पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘वर्तमान त्योहारों के मद्देनजर दक्षिणी दिल्ली में एक फ्लैग मार्च किया गया, जो आंबेडकर नगर के विराट चौक से शुरू हुआ। साथ ही जनपथ मार्केट, कनॉट प्लेस, सरोजनी मार्केट, खान मार्केट, चांदनी चौक और सदर बाजार जैसे अन्य बाजारों की सुरक्षा बढ़ा दी गई है।'' पुलिस ने बताया कि त्योहारों के मद्देनजर विभिन्न इलाकों के थानेदारों को पहले ही उनके इलाकों में कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया जा चुका है। अधिकारियों ने कहा, ‘‘हमने यातायात पुलिस से पार्किंग के लिए उचित सुविधाओं की व्यवस्था करने और यात्रियों की सुविधा के लिए यातायात जाम के संबंध में अलर्ट जारी करने को कहा है।
- - अगरतला। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा 51 शक्ति पीठों में से एक गोमती जिले के उदयपुर स्थित त्रिपुरेश्वरी मंदिर में रविवार को तीन दिवसीय दिवाली उत्सव का उद्घाटन करेंगे। प्रकाश के पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने के लिए 700 वर्ष पुराने मंदिर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। राज्य के वित्तमंत्री प्राणजीत सिंघ रॉय, पर्यटन एवं जनजातीय कल्याण मंत्री विकास देबबर्मा भी उद्घाटन समारोह में उपस्थित रहेंगे। मंदिर के कपाट रविवार को तड़के साढ़े चार बजे खोले जाएंगे और पुजारी चंडी पाठ करेंगे।मंदिर के मुख्य पुजारी चंदन चक्रवर्ती ने बताया, ‘‘मुख्य अराध्य देवी त्रिपुरा सुंदरी का दिवाली के दिन विशेष आभूषणों से श्रृंगार किया जाएगा। पूजा रविवार को रोज की तरह पूर्वाह्न 10 बजे शुरू होगा। विशेष पूजा शाम को की जाएगी।'' उन्होंने बताया कि उत्सव के पहले दिन रविवार को मंदिर के कपाट पूरी रात खुले रहेंगे लेकिन दूसरे एवं तीसरे दिन यानी सोमवार और मंगलवार को रात 11 बजे मंदिर के कपाट बंद हो जाएंगे। उत्सव समिति के अध्यक्ष और स्थानीय विधायक अभिषेक देबरॉय ने बताया कि रविवार और सोमवार को मंदिर के अनुष्ठानों का सीधा प्रसारण श्रद्धालुओं के लिए लगाए गए बड़े-बड़े स्क्रीन पर किया जाएगा।
-
नई दिल्ली। बिहार विधान परिषद ने अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अत्यंत पिछडी जाति तथा अन्य पिछडी जाति के लिए राज्य की सरकारी नौकरियों में आरक्षण पचास से बढाकर 65 प्रतिशत करने संबंधी संशोधन विधेयक आज सर्वसम्मति से पारित कर दिया। विपक्षी भाजपा ने भी इसका समर्थन किया।
राज्य विधानसभा ने कल इसे सर्वसम्मति से पारित किया था। यह विधेयक अब राज्यपाल को भेजा जायेगा। उनकी मंजूरी के बाद यह विधेयक अधिनियम बन जायेगा। सदन में विधेयक पेश करते हुए राज्य के संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि पिछडी जातियों को सरकारी नौकरियों में 18 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। 25 प्रतिशत का अधिकतम आरक्षण अत्यंत पिछडी जातियों को तथा अनुसूचित जातियों को 20 प्रतिशत और अनुसूचित जनजातियों को दो प्रतिशत आरक्षण देने का प्रावधान है।राज्य में सामान्य वर्ग में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 10 प्रतिशत का कोटा निर्धारित है जिसे यथावत रखा गया है। इसलिए अब आरक्षण की कुल सीमा 75 प्रतिशत हो जायेगी और 25 प्रतिशत अनारक्षित वर्ग के लिए रहेगा। राज्य विधान परिषद ने सरकारी शिक्षा संस्थानों में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अत्यंत पिछडी जाति तथा अन्य पिछडी जाति के दाखिले के लिए आरक्षण बढाकर 65 प्रतिशत करने संबंधी संशोधन विधेयक को भी सर्वसम्मति से मंजूरी दे दी है। - मुंबई। दिवाली पर इस बार पर्यावरण के अनुकूल और भारत में बने उत्पादों का चलन दिख रहा है और मुंबईवासी शहर के कुछ प्रसिद्ध बाज़ारों में त्योहार के लिए ऐसी आवश्यक वस्तुएं खरीद रहे हैं, जो पर्यावरण के लिए हानिकारक नहीं हों। बाजारों में मोमबत्तियों से लेकर दीयों और रंगोलियों से लेकर लालटेनों तक दिवाली से संबंधित सामग्री की भरमार है और इस बार जोर भारत में बने उत्पादों पर है।पश्चिमी उपनगर माहिम की एक गली को कंदील लेन के नाम से जाना जाता है। यह अपनी लालटेन की दुकानों के लिए जानी जाती है और रोशनी के त्योहार से पहले जगमग हो उठी है।विभिन्न आकारों, रंगों और शैलियों के लालटेन बेचने वाली दुकानों से सजी यह गली त्योहार के दौरान गुलजार रहती है।दुकानदारों के मुताबिक इस साल कपड़े, कागज और गत्ते से बने लालटेन की मांग ज्यादा है।लालटेन लेन में एक दुकानदार वैभव कहते हैं, “हम कागज और कपड़े से बने लालटेन बेचते हैं, क्योंकि ग्राहक यही चाहते हैं। प्लास्टिक और थर्माकोल से पर्यावरण पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों के बारे में अधिक जागरूकता है, इसलिए लोग पर्यावरण-अनुकूल लालटेन खरीद रहे हैं। ”दुकानदारों का कहना है कि लोग भारत में बने उत्पादों और स्थानीय उत्पाद खरीदना चाहते हैं।लेन की एक अन्य दुकानदार स्वाति कहती हैं, ”ग्राहक स्थानीय स्तर पर बनी वस्तुएं खरीदना चाहते हैं और चीन में निर्मित उत्पादों में उनकी रुचि नहीं है।” पर्यावरण-अनुकूल और भारत-निर्मित लालटेन के चलन से पता चलता है कि लोग पर्यावरण के बारे में जागरूकता बढ़ाकर खरीदारी कर रहे हैं।
- जयपुर। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने शुक्रवार को कहा कि चुनाव अभियान में मिल रहा मतदाताओं का रुझान बेहद उत्साहजनक है और कांग्रेस का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जिस उम्मीद से पार्टी चुनाव लड़ रही है, उसे उससे ज्यादा बहुमत मिलेगा। टोंक में जनसम्पर्क के दौरान पायलट ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा ‘‘ हमारा चुनावी अभियान बड़ा सकारात्मक है.. हमने जो घोषणाएं और जनकल्याण की बात रखी है उसे जनता पसंद कर रही है और कांग्रेस के उम्मीदवारों के प्रचार में लगातार भीड़ आ रही है।’’उन्होंने कहा ‘‘चुनाव अभियान बहुत अच्छा चल रहा है और मतदाताओं तथा कार्यकर्ताओं से मिल रहा रुझान बेहद उत्साहजनक है। मैं ऐसा मानता हूं कि कांग्रेस का ग्राफ लगातार बढ़ रहा है। जिस उम्मीद से हम चुनाव लड़ रहे हैं उससे ज्यादा बहुमत लेकर हम लोग निकलेंगे।’’ उन्होंने कहा कि दीपावली के बाद कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी का राजस्थान आने का कार्यक्रम बन रहा है और वे बड़ी सभाओं को संबोधित करेंगे।एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि अगर लोग चुनाव की पूर्व संध्या पर कांग्रेस पार्टी में शामिल हो रहे हैं तो यह हवा के बदलते रूख का परिचायक है। उन्होंने दावा किया कि जनमानस का रूख क्या है और मतदाताओं के मन में क्या है, यह वह (पायलट) समझ रहे हैं।
- नयी दिल्ली,। दिल्ली की एक अदालत ने दिल्ली सरकार की कथित आबकारी नीति घोटाले से संबंधित धन शोधन मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी (आप) नेता संजय सिंह की न्यायिक हिरासत की अवधि शुक्रवार को 24 नवंबर तक बढ़ा दी। विशेष न्यायाधीश एम के नागपाल ने सिंह को संसद सदस्य के रूप में विकास कार्यों से संबंधित कुछ दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने की भी अनुमति दी।न्यायाधीश ने संबंधित अधिकारियों को उन्हें (सिंह को) पंजाब की एक अदालत के समक्ष पेश करने का भी निर्देश दिया, जब उसे सूचित किया गया कि पंजाब के अमृतसर की एक अदालत से एक मामले में पेशी वारंट प्राप्त हुआ है। धन शोधन रोधी एजेंसी ने सिंह को चार अक्टूबर को गिरफ्तार किया था।प्रवर्तन निदेशालय ने आरोप लगाया कि सिंह ने आबकारी नीति के निर्माण और कार्यान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी, जिससे कुछ शराब निर्माताओं, थोक विक्रेताओं और खुदरा विक्रेताओं को फायदा हुआ था। हालांकि, इस नीति को अब रद्द कर दिया गया है ।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने दिल्ली और उसके पड़ोसी राज्यों से कहा है कि आगामी त्योहारी सीजन में वायु गुणवत्ता के खराब होने की आशंका के मद्देनजर मरीजों की संख्या में वृद्धि होने के आसार हैं और ऐसी स्थिति से निपटने के लिए उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य संबंधी तैयारियां करनी चाहिए।स्वास्थ्य सेवाओं के महानिदेशक अतुल गोयल ने इस सप्ताह दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के स्वास्थ्य विभागों को लिखे पत्र में कहा कि वायु प्रदूषण न केवल गंभीर बीमारियों का कारण है, बल्कि श्वसन, हृदय और मस्तिष्क संबंधी पुरानी बीमारियों को भी बढ़ाता है।गोयल ने कहा, ‘बच्चों, गर्भवती महिलाओं, वृद्धों, पहले से बीमारियों से पीड़ित लोगों और यातायात पुलिसकर्मी और नगर निकाय से जुड़े कर्मियों जैसे संवेदनशील वर्गों के लिए परिणाम गंभीर हो सकते हैं।’ उन्होंने राज्यों से आवश्यक स्वास्थ्य देखभाल तैयारियों का आग्रह किया।इसके लिए बिस्तरों की संख्या में वृद्धि, दवाओं और उपकरणों का भंडारण, स्वास्थ्य कार्यबल का क्षमता निर्माण और अधिक जागरूकता की आवश्यकता होगी।गोयल ने कहा, ‘जैसा कि आप अवगत होंगे कि हाल के दिनों में वायु प्रदूषण एक गंभीर स्वास्थ्य चुनौती बन गया है, दिल्ली एनसीआर में वायु गुणवत्ता सूचकांक पिछले कुछ दिनों में खराब से गंभीर स्तर तक पहुंच गया है। आगामी त्योहारी सीजन और सर्दियों की शुरुआत में यह और भी खराब हो सकता है।” उन्होंने अपने पत्र में राज्य के स्वास्थ्य विभाग से अनुरोध किया कि प्रदूषण के कारण मरीजों की संख्या में वृद्धि होने की आशंका है। उन्होंने कहा कि संभावित स्थिति के मद्देनजर राज्य विभिन्न जरूरी कदम उठाएं।
-
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल' के आह्वान के अनुरूप बृहस्पतिवार को स्थानीय कलाकारों के बनाये स्वदेशी उत्पाद खरीदे। नड्डा ने लोगों से अपील की कि दिवाली उत्सव के दौरान अधिक से अधिक स्थानीय उत्पाद खरीदकर अभियान को आगे बढ़ाएं। प्रधानमंत्री मोदी ने मई 2020 में ‘वोकल फॉर लोकल' का आह्वान किया था। उन्होंने बुधवार को अपनी यह अपील दोहराई और लोगों से आग्रह किया कि स्वदेशी उत्पाद या उसे बनाने वाले कारीगर के साथ सेल्फी नमो ऐप पर डालकर भारत की उद्यमशीलता की और रचनात्मक भावना का उत्सव मनाएं। भाजपा ने एक बयान में कहा, ‘‘प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘वोकल फॉर लोकल' अभियान को बढ़ावा देने के आह्वान पर पार्टी अध्यक्ष जे पी नड्डा ने बृहस्पतिवार को दिवाली से ठीक पहले कलाकारों के बनाये स्वदेशी उत्पाद खरीदे। उन्होंने इसके लिए डिजिटल माध्यम से भुगतान किया।'' नड्डा ने कहा कि देश की जनता को इस अभियान में शामिल होना चाहिए क्योंकि यह संकल्प स्थानीय कारीगरों के परिश्रम और समर्पण को मान्यता प्रदान करेगा।
- अयोध्या (उप्र). अयोध्या में बृहस्पतिवार को पहली बार हुई उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल की बैठक में अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण के गठन और ड्रोन नीति, मंदिर संग्रहालय के निर्माण और विधानसभा का शीतकालीन सत्र 28 नवंबर से करने समेत कुल 14 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने परंपरा से हटकर भगवान राम और हनुमान की तस्वीरों वाले एक बैनर के सामने खड़े होकर खुद मीडियाकर्मियों को मंत्रिमंडल की इस बैठक में मंजूर किए गए प्रस्तावों के बारे में जानकारी दी। सरयू नदी के तट पर स्थित रामकथा मंडप (सभागार) में आयोजित बैठक से पहले मुख्यमंत्री ने अपने मंत्रियों के साथ हनुमान गढ़ी और राम मंदिर में पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, “कैबिनेट की इस बैठक में कुल 14 प्रस्ताव पेश किए गए जिन्हें मंजूरी प्रदान की गई। मंत्रिमंडल ने उत्तर प्रदेश अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण स्थापित करने का प्रस्ताव मंजूर किया जो इस राज्य में उपलब्ध जलाशयों में परिवहन के अवसरों की संभावना तलाशेगा।” उन्होंने कहा, “यह प्राधिकरण जलमार्ग का उपयोग कर परिवहन और व्यापार में सुधार के लिए काम करेगा और उत्तर प्रदेश को एक महत्वपूर्ण निर्यातक केंद्र बनाएगा।” मुख्यमंत्री और अन्य ने पीला गमछा पहन रखा था जिस पर श्री सीता राम लिखा था।भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के अनुसार, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य मध्य प्रदेश में अपनी निर्धारित चुनावी बैठकों के कारण अयोध्या में हुई कैबिनेट बैठक में शामिल नहीं हो सके। मौर्य ने अपने ‘एक्स' (पूर्व में ट्विटर) अकाउंट पर पोस्ट में मध्य प्रदेश के विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में अपनी चुनावी रैलियों की तस्वीरें भी साझा की हैं। मुख्यमंत्री ने कहा , ‘‘अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण जलमार्गों का उपयोग करके परिवहन और व्यापार को बेहतर बनाने और राज्य को एक महत्वपूर्ण निर्यात केंद्र बनाने के लिए काम करेगा। इसके अलावा, यह पानी खेलों को बढ़ावा देगा, पर्यटन सुविधाओं को बढ़ाएगा और उत्तर प्रदेश को निर्यात केंद्र के रूप में विकसित करने में भी मदद करेगा।" उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में लगभग 12 नदियाँ हैं जो जल परिवहन के लिए बहुत महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि यह प्राधिकरण भारत सरकार के साथ मिलकर काम करेगा और उत्तर प्रदेश के पारंपरिक उत्पादों को विश्व बाजार में आपूर्ति करने के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मंत्रिमंडल ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ विकास परिषद के गठन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दे दी। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भव्य राम मंदिर के निर्माण के बाद अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को ध्यान में रखते हुए श्री अयोध्या धाम तीर्थ विकास परिषद के गठन का प्रस्ताव भी पारित किया गया है। इसके साथ ही बैठक में अयोध्या के मांझा जमथरा में मंदिर संग्रहालय के लिए 25 एकड़ जमीन आवंटित करने के प्रस्ताव को भी हरी झंडी दी गई। सरकारी अधिकारियों के मुताबिक, मंदिर संग्रहालय के पीछे मुख्य उद्देश्य युवा पीढ़ी में हिंदू धर्म के बारे में जागरूकता विकसित करना है। संग्रहालय में अलग-अलग दीर्घाएँ होंगी जो मंदिर के विभिन्न पहलुओं जैसे उसके डिजाइन, निर्माण आदि को प्रदर्शित करेंगी। मंत्रिमंडल ने अयोध्या शोध संस्थान को अंतरराष्ट्रीय रामायण वैदिक शोध संस्थान के रूप में विकसित करने को भी मंजूरी दे दी है। मंत्रिमंडल ने मां पाटेश्वरी देवीपाटन विकास परिषद के गठन का भी फैसला किया है जो भारत-नेपाल सीमा पर स्थित देवीपाटन मंडल के विकास का ख्याल रखेगी। मुजफ्फरनगर में शुक्रताल के विकास के लिए शुक्रतीर्थ विकास परिषद के गठन के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। ऐसा माना जाता है कि शुक्रताल में शुकदेव गोस्वामी ने लगभग पांच हजार साल पहले अभिमन्यु के पुत्र महाराजा परीक्षित को पवित्र श्रीमद-भागवतम (भागवत पुराण) सुनाया था। यह उत्तर भारत के प्रसिद्ध पवित्र स्थलों में से एक है। मंत्रिमंडल ने राज्य में ड्रोन नीति लागू करने को भी मंजूरी दे दी है।मुख्यमंत्री ने कहा, "नीति के तहत ड्रोन को नजदीकी थाने में पंजीकृत कराना अनिवार्य होगा।"उन्होंने कहा कि ड्रोन आज बहुत उपयोगी हो गया है लेकिन इसके दुरुपयोग की भी आशंका है, इसलिए राज्य सरकार केंद्र के नागरिक उड्डयन अधिनियम के तहत राज्य स्तर पर इस नीति के लिए एक ‘मैनुअल' लागू कर रही है। नियमों के तहत ड्रोन की गतिविधियों पर थाना स्तर से भी नजर रखी जा सकेगी। राज्य के अंदर रेड, ग्रीन और येलो जोन निर्धारित करने की भी कार्रवाई की जाएगी। रेड जोन नो-फ्लाई जोन हैं, जहां कोई भी गतिविधि संचालित नहीं की जा सकती है। येलो जोन में प्रशासन तय कर सकता है कि यहां किस तरह की गतिविधि होनी चाहिए। इसी तरह, शेष गतिविधियाँ ग्रीन ज़ोन में संचालित की जा सकती हैं। मुख्यमंत्री ने कहा, "28 नवंबर से शीतकालीन सत्र आयोजित करने के प्रस्ताव को भी मंत्रिमंडल ने मंजूरी दे दी है।" उन्होंने बताया कि हाथरस में "दाऊजी लक्खी मेला", अयोध्या के सभी प्रमुख मेलों, बुलंदशहर में गंगा मेला और वाराणसी में देव दिवाली कार्यक्रम का प्रांतीयकरण करने के प्रस्ताव को भी मंत्रिमंडल की बैठक में मंजूरी दी गई। मंत्रिमंडल ने महिलाओं और छोटे बच्चों को पौष्टिक खाद्य उत्पाद उपलब्ध कराकर खाद्य सुरक्षा प्रदान करने के लिए महिला स्वयं सहायता समूहों की मदद से जिला स्तर पर संयंत्र स्थापित करने का प्रस्ताव भी पारित किया। अयोध्या में उत्तर प्रदेश मंत्रिमंडल की यह पहली बैठक थी इससे पहले वर्ष 2019 में पहली बार लखनऊ से बाहर प्रयागराज में मंत्रिमंडल की बैठक आयोजित हुई थी।
- नयी दिल्ली. साहित्य अकादमी ने हिंदी के लिए सूर्यनाथ सिंह तथा अंग्रेजी के लिए इंफोसिस फाउंडेशन की अध्यक्ष सुधा मूर्ति समेत 21 भारतीय भाषाओं के रचनाकारों को बृहस्पतिवार को बाल साहित्य पुरस्कार 2023 से सम्मानित किया। अकादमी ने बृहस्पतिवार को एक बयान में बताया कि त्रिवेणी सभागार में आयोजित हुए एक समारोह में साहित्य अकादमी के अध्यक्ष माधव कौशिक ने सुधा मूर्ति को उनकी पुस्तक ‘ग्रैंडपैरेंट्स बैग ऑफ स्टोरीज़' के लिए प्रतिष्ठित बाल साहित्य पुरस्कार से सम्मानित किया। वह इंफोसिस के सह-संस्थापक नारायण मूर्ति की पत्नी और ब्रिटेन के प्रधानमंत्री ऋषि सुनक की सास हैं। अकादमी ने बताया कि सिंह को उनकी किताब ‘कौतुक ऐप' के लिए पुरस्कृत किया गया है।बयान के मुताबिक, सिंह और सुधा मूर्ति के अलावा, रथींद्रनाथ गोस्वामी (असमिया), प्रतिमा नंदी नार्जारी (बोडो), बलवान सिंह जमोड़िया (डोगरी), रक्षाबहेन प्र. दवे (गुजराती), विजयश्री हालाडि (कन्नड), तुकाराम रामा शेट (कोंकणी), अक्षय आनंद ‘सन्नी' (मैथिली) और प्रिया ए.एस. (मलयालम) को भी सम्मानित किया गया है। बयान के अनुसार, दिलीप एन. (मणिपुरी), एकनाथ आव्हाड (मराठी), मधुसूदन बिष्ट (नेपाली), जुगल किशोर षडंगी (ओडिया), गुरमीत कड़िआलवी (पंजाबी), किरण बादल (राजस्थानी), राधावल्लभ त्रिपाठी (संस्कृत), मानसिंह माझी (संताली), डी.के. चादुवुल बाबु (तेलुगु) और के. उदयशंकर (तमिल) को भी पुरस्कृत किया गया है। अकादमी के सचिव के. श्रीनिवास राव ने कहा कि बांग्ला और सिंधी भाषा के लेखक स्वास्थ्य कारणों से समारोह में सम्मिलित नहीं हो पाए जबकि दिवंगत मतीन अचलपुरी (उर्दू) का पुरस्कार उनके पुत्र यूसुफ ने ग्रहण किया है। उन्होंने कहा कि इस वर्ष कश्मीरी भाषा में कोई पुरस्कार नहीं दिया गया है।राव ने बताया कि लेखक व लेखिकाओं को पुरस्कार स्वरूप एक उत्कीर्ण ताम्रफलक तथा 50,000 रुपये की सम्मान राशि दी गई है।




.jpg)









.jpeg)


.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpg)