- Home
- देश
- जयपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा चुनाव में राजस्थान की 25 में से 14 लोकसभा सीट पर जीत हासिल की है जबकि विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' 11 सीट पर कब्जा जमाने में सफल रहा। कांग्रेस के खाते में आठ सीट आई हैं।कांग्रेस ने राज्य में दस साल में पहली बार खाता खोला है। इसे पिछले साल विधानसभा चुनाव में हार के बाद उसकी बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है। विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' के घटक दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) व राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) एक-एक सीट जीतने में सफल रही। वहीं बांसवाड़ा सीट पर भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) का उम्मीदवार जीता। कांग्रेस ने इस सीट पर बीएपी का समर्थन किया था। राजस्थान की 25 सीट पर दो चरणों में हुए मतदान का परिणाम मंगलवार को घोषित हुआ। चुनाव जीतने वाले उम्मीदवारों में पांच मौजूदा विधायक (तीन कांग्रेस, एक बीएपी और एक आरएलपी) हैं। भाजपा के उम्मीदवार व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी बाड़मेर सीट से हार गए। भारतीय जनता पार्टी ने 2014 के आम चुनाव में राज्य की सभी 25 संसदीय सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं 2019 में राजग ने सभी सीटें (24 भाजपा और एक आरएलपी) जीतीं थीं। इस बार भाजपा ने सभी 25 सीटों पर स्वतंत्र रूप से चुनाव लड़ा। वहीं कांग्रेस ने सीकर में माकपा और नागौर में राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के साथ गठबंधन किया और बांसवाड़ा सीट पर उसने भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) का समर्थन किया। राजस्थान की बागीदौरा विधानसभा सीट के उपचुनाव में भारत आदिवासी पार्टी ने बाजी मारी। पार्टी उम्मीदवार जयकृष्ण पटेल ने 51,308 मतों से जीत दर्ज की। चुनाव परिणामों पर प्रतिक्रिया देते हुए भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि विपक्षी दलों ने चुनाव के दौरान अप्रासंगिक मुद्दे उठाकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश की और यह राजग ही था, जिसे सभी का समर्थन, स्नेह और आशीर्वाद मिला। राज्य में भाजपा को एक चुनावी झटका केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी की हार से भी लगा। बाड़मेर सीट पर कांग्रेस के उम्मेदाराम बेनीवाल जीते। चौधरी तीसरे स्थान पर रहे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला कोटा सीट से चुनाव जीत गये। केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मेघवाल लगातार चौथी बार बीकानेर से, गजेन्द्र सिंह शेखावत तीसरी बार जोधपुर से और भूपेन्द्र यादव पहली बार अलवर से चुनाव जीते हैं। राज्यसभा सदस्य यादव को अलवर से उतारा गया था। भाजपा ने भरतपुर सीट कांग्रेस के हाथों गंवा दी। गौरतलब है कि कांग्रेस मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का गृहनगर है। भाजपा के विजयी उम्मीदवारों में जयपुर ग्रामीण से राव राजेंद्र सिंह, जयपुर से मंजू शर्मा, अजमेर से भागीरथ चौधरी, पाली से पीपी चौधरी, जालोर से लुंबाराम, उदयपुर से मन्नालाल रावत, चित्तौड़गढ़ से चंद्रप्रकाश जोशी, राजसमंद से महिमा कुमारी मेवाड़, भीलवाड़ा से दामोदर अग्रवाल तथा झालावाड़ बारां से दुष्यंत सिंह हैं। वहीं कांग्रेस के विजयी उम्मीदवारों में गंगानगर से कुलदीप इंदौरा, चुरू से राहुल कस्वां, झुंझुनू से बृजेंद्र ओला, भरतपुर से संजना जाटव, करौली-धौलपुर से भजनलाल जाटव, दौसा से मुरारी लाल मीणा, टोंक सवाई माधोपुर से हरीश मीणा, बाड़मेर से उम्मेदाराम बेनीवाल हैं। विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया' के उम्मीदवार अमराराम (माकपा) ने सीकर सीट जीती है। वहीं हनुमान बेनीवाल (आरएलपी) नागौर सीट पर विजयी रहे। बांसवाड़ा सीट पर कांग्रेस समर्थित भारत आदिवासी पार्टी के उम्मीदवार राजकुमार रोत जीत गए हैं।
- शिमला। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश की सभी चार लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज कर ली। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने हमीरपुर लोकसभा सीट से लगातार पांचवीं बार जीत हासिल की जबकि अभिनेत्री कंगना रनौत और राजीव भारद्वाज ने क्रमश: मंडी और कांगड़ा सीट से अपना अपना पहला चुनाव जीता। भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने अपनी शिमला सीट बरकरार रखी। कांग्रेस न केवल मंडी लोकसभा सीट बरकरार रखने में विफल रही, जिसे 2021 के उपचुनाव में प्रदेश कांग्रेस प्रमुख प्रतिभा ने छीना था, बल्कि शिमला (सुरक्षित) सीट के गढ़ को फिर से हासिल करने का उसका सपना भी टूट गया, क्योंकि भाजपा ने लगातार चौथी बार यह सीट जीत ली। हालांकि, 2019 के लोकसभा चुनाव में जीत का अंतर जो कांगड़ा में 4,77,623, मंडी में 4,05,559, हमीरपुर में 3,99,572 और शिमला (सुरक्षित) में 3,27,515 था, वह घटकर क्रमशः कांगड़ा में 2,51,895, मंडी में 7,4755, हमीरपुर में 1,82,357 और शिमला में 9,05,48 रह गया।
- लखनऊ,। रक्षा मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार राजनाथ सिंह अपनी परंपरागत लखनऊ संसदीय सीट से लगातार तीसरी बार चुनाव जीत गए। निर्वाचन आयोग द्वारा दी गयी जानकारी में यह जानकारी सामने आई। आयोग के अनुसार, राजनाथ सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी समाजवादी पार्टी (सपा) के रविदास मेहरोत्रा को 1,35,159 मतों के अंतर से पराजित किया। हालांकि उनकी जीत का अंतर इस बार कम हो गया। सिंह ने 2019 लोकसभा चुनाव में 3.47 लाख से अधिक मतों के अंतर से सपा उम्मीदवार शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा को पराजित किया था। आयोग के मुताबिक, राजनाथ सिंह को इस बार 6,12,709 मत मिले जबकि मेहरोत्रा को 4,77,550 को वोट प्राप्त हुए। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के मोहम्मद सरवर मलिक को 30,192 मतों से संतोष करना पड़ा। दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने वर्ष 1991 से 2004 तक लगातार पांच बार चुनाव जीता था। राजनाथ सिंह ने इससे पहले 2009 में गाजियाबाद सीट से चुनाव जीता था।
- अहमदाबाद। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुजरात में अब तक 25 लोकसभा सीट में से 14 पर जीत हासिल की है। निर्वाचन आयोग द्वारा मंगलवार शाम घोषित परिणामों में यह जानकारी मिली। आयोग के अनुसार, भाजपा ने अहमदाबाद पूर्व, अहमदाबाद पश्चिम, बारडोली, भरूच, भावनगर, छोटा उदयपुर, गांधीनगर, जामनगर, जूनागढ़, खेड़ा, महेसाणा, नवसारी, राजकोट और साबरकांठा पर जीत हासिल की है। राज्य की 26 लोकसभा सीट में से 25 के लिए मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई। शेष 11 सीट पर परिणाम का इंतजार है, जहां मतगणना प्रक्रिया जारी है। भाजपा सूरत सीट पर पहले ही निर्विरोध जीत हासिल कर चुकी है। केंद्रीय मंत्री अमित शाह और परुषोत्तम रूपाला तथा गुजरात की भाजपा इकाई के अध्यक्ष सीआर पाटिल अब तक जीत हासिल करने वाले प्रमुख उम्मीदवारों में शामिल हैं। शाह ने गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र में 7.44 लाख से अधिक मतों से जीत दर्ज की। भरूच सीट पर भाजपा के मौजूदा सांसद मनसुख वसावा ने आम आदमी पार्टी के चैतर वसावा को 85,696 मतों के अंतर से हराया। भाजपा के एच.एस. पटेल ने अहमदाबाद-पूर्व लोकसभा सीट से 4.61 लाख मतों के अंतर से जीत हासिल की जबकि दिनेश मकवाना अहमदाबाद-पश्चिम से 2.86 लाख वोटों से जीते। इसके अलावा हरिभाई पटेल महेसाणा से 3.28 लाख वोटों से जीते और राजेश चूडासमा जूनागढ़ से 1.35 लाख वोटों के अंतर से जीते। इन सभी ने अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वियों को हराया।
- नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की जीत को ‘विकसित भारत' के प्रण की जीत करार दिया और कहा कि इस चुनाव में देशवासियों ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और उसके नेतृत्व वाले गठबंधन पर ‘पूर्ण विश्वास' जताया है। चुनाव नतीजे स्पष्ट होने के बाद भाजपा मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, ‘‘आज की ये विजय दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की जीत है। ये भारत के संविधान पर अटूट निष्ठा की जीत है। ये विकसित भारत के प्रण की जीत है। ये सबका साथ-सबका विकास के मंत्र की जीत है। ये 140 करोड़ भारतीयों की जीत है।''
- नयी दिल्ली। लोकसभा चुनाव में लगभग सभी एग्जिट पोल (चुनाव बाद सर्वेक्षण) के अनुमान गलत साबित हुए और असल नतीजे इनके आकलन के विपरीत रहे। लगभग सभी एग्जिट पोल में भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) को प्रचंड बहुमत मिलने का अनुमान लगाया गया था। ‘रिपब्लिक टीवी-पी मार्क' के सर्वेक्षण में दावा किया गया था कि 543 सदस्यीय लोकसभा में सत्तारूढ़ गठबंधन 359 सीट तक जीत हासिल करेगा और विपक्षी ‘इंडिया' गठबंधन को 154 सीट मिलेंगी। 'रिपब्लिक टीवी-मैट्रिज़' के एग्जिट पोल में राजग को 353-368 सीट और विपक्ष को 118-133 सीट मिलने का अनुमान जताया गया था। ‘जन की बात' के सर्वेक्षण में सत्तारूढ़ राजग को 362-392 सीट और विपक्षी गठबंधन को 141-161 सीट दी गई थी। ‘इंडिया टीवी-सीएनएक्स' ने अपने अनुमान में राजग को 371-401 और ‘इंडिया' गठबंधन को 109-139 सीटें दी थीं, जबकि ‘न्यूज नेशन' द्वारा अनुमान जताया गया था कि राजग को 342-378 और ‘इंडिया' गठबंधन को 153-169 सीट मिल सकती हैं। ‘एक्सिस माई इंडिया' और ‘टुडेज़ चाणक्य' सहित कई अन्य एग्जिट पोल ने रात 8.30 बजे तक पूर्ण अनुमानित परिणामों की भविष्यवाणी नहीं की थी।
- नयी दिल्ली। सड़कों पर अपनी पार्टी के पोस्टर और पर्चे चिपका कर अपनी राजनीतिक यात्रा शुरू करने वाले अमित शाह को भारतीय जनता पार्टी की चुनावी रणनीति तैयार करने वाला ‘चाणक्य' कहा जाता है क्योंकि वह बूथ से लेकर चुनाव मैदान तक प्रबंधन और प्रचार की ऐसी सधी हुई बिसात बिछाते हैं कि मंझे से मंझे राजनीतिक खिलाड़ी भी अक्सर मात खा जाते हैं। शतरंज खेलने से लेकर क्रिकेट देखने एवं संगीत में में गहरी रुचि रखने वाले अमित शाह को राजनीति का माहिर रणनीतिकार माना जाता है । इस वर्ष अक्तूबर में अपने जीवन के छह दशक पूरे करने जा रहे शाह को राज्य दर राज्य भाजपा की सफलता गाथा लिखने का सूत्रधार माना जाता है।मंगलवार को घोषित आम चुनाव के परिणामों में शाह ने गांधीनगर संसदीय सीट को अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को सात लाख 44 हजार से अधिक मतों के अंतर से पराजित किया। वर्तमान लोकसभा चुनाव में पश्चिम बंगाल, ओडिशा और दक्षिण भारत में पार्टी के बेहतर प्रदर्शन के लिए उनकी सफल रणनीति को श्रेय दिया जा रहा है। राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि शाह ने विचारधारा की दृढ़ता, असीमित राजनीतिक कल्पनाशीलता और वास्तविक राजनीतिक लचीलेपन का शानदार मिश्रण करके चुनावी समर में भाजपा की शानदार जीत का मार्ग प्रशस्त किया । उन्होंने बिहार और महाराष्ट्र में न केवल राजग के घटक दलों के साथ गठबंधन को लेकर लचीला रुख अपनाया बल्कि स्थानीय स्तर पर प्रतिद्वन्द्वी दलों के वोट बैंक को अपनी पार्टी के पाले में लाने की रणनीति को अंजाम दिया । चुनाव प्रबंधन के खिलाड़ी शाह ने पहली बार 1991 के लोकसभा चुनाव में गांधीनगर में भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी का चुनाव प्रबंधन संभाला था। लेकिन, उनके बूथ प्रबंधन का करिश्मा 1995 के उपचुनाव में तब नजर आया, जब साबरमती विधानसभा सीट पर तत्कालीन उप मुख्यमंत्री नरहरि अमीन के खिलाफ चुनाव लड़ रहे अधिवक्ता यतिन ओझा का चुनाव प्रबंधन उन्हें सौंपा गया। खुद यतिन कहते हैं कि शाह को राजनीति के सिवा और कुछ नहीं दिखता। उनके करीबी बताते हैं कि पारिवारिक और सामाजिक मेल-मिलाप में वह बहुत कम वक्त जाया करते हैं। शाह को कार्यकर्ताओं की अच्छी परख है और वह संगठन व प्रबंधन के माहिर खिलाड़ी हैं। शाह ने पहली बार सरखेज से 1997 के विधानसभा उपचुनाव में किस्मत आजमायी और तब से 2012 तक लगातार पांच बार वहां से विधायक चुने गये। सरखेज की जीत ने उन्हें गुजरात में युवा और तेजतर्रार नेता के रूप में स्थापित किया। उस जीत के बाद वह भाजपा में लगातार सीढ़ियां चढ़ते गए। मोदी के गुजरात के मुख्यमंत्री बनने के बाद शाह और अधिक मजबूती से उभरे। 2003 से 2010 तक गुजरात सरकार की कैबिनेट में उन्होंने गृह मंत्रालय का जिम्मा संभाला। हालांकि उन्हें इस बीच कई सियासी उतार-चढ़ावों का सामना करना पड़ा, लेकिन जब नरेंद्र मोदी को राष्ट्रीय राजनीतिक पटल पर लाया गया तो उनके सबसे करीबी माने जाने वाले अमित शाह को भी पूरे देश में भाजपा के प्रचार प्रसार में शामिल किया गया । शाह जुलाई 2014 से जनवरी 2020 तक भाजपा अध्यक्ष पद का दायित्व संभाला। इस दौरान भाजपा ने कई राज्यों में विजय प्राप्त की। अध्यक्ष पद से हटने के बाद भी शाह पार्टी संगठन में अपनी सक्रियता और रुचि निरंतर बनो रखे हुए हैं। उत्तर प्रदेश में उन्होंने लोकसभा चुनाव 2014 में पार्टी को 80 में से 71 सीटों पर जीत दिलवा कर अपनी राजनीतिक क्षमता भी साबित की। त्रिपुरा विधानसभा चुनाव में भी भाजपा की कामयाबी के पीछे शाह की रणनीति को महत्वपूर्ण माना जाता है । शाह ने अगस्त 2019 में गृह मंत्री के तौर पर संसद में जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त करने के प्रस्ताव के समय जिस तैयारी के साथ विपक्षी पार्टियों की अलोचनाओं की धार को कुंद किया और जिस प्रकार जम्मू कश्मीर में बिना किसी खून-खराबे के इसे लागू करवाया, उससे इनके कुशल प्रशासक होने की छवि काफी मजबूत हुई। शाह ने गृह मंत्री के तौर पर संशोधित नागरिकता कानून (सीएए) को संसद से पारित करवाने के समय भी काफी दृढ़ता का परिचय दिया।
- कोलकाता।' भारत के पूर्व क्रिकेटर यूसुफ पठान ने पश्चिम बंगाल की बहरामपुर सीट से चुनाव जीत लिया है.। उन्होंने 5 बार के सांसद रहे अधीर रंजन चौधरी को 64,084 वोटों के अंतर से हराया है.। उन्होंने अपनी जीत पक्की होते ही पश्चिम बंगाल के लोगों से वादा कर दिया है कि वो सबसे पहला काम एक स्पोर्ट्स अकादमी बनाने का करेंगे। आंकड़ों के अनुसार यूसुफ पठान ने 4,23,451 वोट हासिल किए। वहीं दूसरे स्थान पर रहे अधीर रंजन चौधरी को 3,59,367 वोट मिले हैं.। उन्होंने अधीर रंजन का सम्मान करने की बात कही और खेल अकादमी खोलने का वादा भी किया.।यूसुफ पठान ने कहा, "मैं अधीर रंजन जी का बहुत सम्मान करता हूं. । वे बहुत सीनियर लीडर हैं और भविष्य के लिए उन्हें शुभकामनाएं देता हूं.। वे हारे हैं, लेकिन मेरे मन में उनके लिए सम्मान हमेशा बना रहेगा. ।मैं केवल क्रिकेट ही नहीं बल्कि यहां स्पोर्ट्स अकादमी बनाने वाला हूं. केवल क्रिकेट ही नहीं बल्कि अन्य खेलों पर भी ध्यान दिया जाएगा. । यहां बच्चे और भी खेल खेलते हैं और मैं चाहता हूं कि उनका टैलेंट बाहर निकल कर आए.। मेरी इच्छा है कि यहां के बच्चे अपने राज्य और देश के लिए मेडल जीतें.। मैं कोशिश करूंगा कि मैंने जो भी वादे किए हैं, उन सबको पूरा करूं।."यूसुफ ने राजनीति में आने के टीएमसी के प्रस्ताव को स्वीकार करने के बाद कहा था, ‘‘ऊपरवाले का रहम, करम बोलें (इसे भगवान की दया, आशीर्वाद कहें), मुझे हमेशा लगता है कि मैं बड़े मैचों, क्षणों का गवाह बनते रहा हूं।'' उन्होंने कहा था, ‘‘मुझे बस उनके लिए बल्लेबाजी करनी है। मैं राजनेता नहीं बनना चाहता। मैं एक खिलाड़ी की अपनी छवि बरकरार रखना चाहता हूं। लेकिन जीतने के बाद, मैं अपने निर्वाचन क्षेत्र के लिए काम करूंगा और सुनिश्चित करूंगा कि मैं कम से कम महीने में आठ दिन यहां रहूं।'' क्रिकेट के मैदान में अपने बड़े शॉट के लिए जाने जाने वाले यूसुफ के लिए राजनीति में जाना एक आश्चर्यजनक निर्णय था। इस 41 साल के खिलाड़ी ने हालांकि काफी सोच विचार के बाद टीएमसी सुप्रीमो और बंगला की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का प्रस्ताव स्वीकार किया। ममता के लिए यह रणनीति एक मास्टर स्ट्रोक साबित हुआ। जब यूसुफ की आईपीएल फ्रेंचाइजी कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2012 और 2014 में जीत हासिल की थी, तब दोनों ने टीम के मालिक शाहरुख खान के साथ ईडन गार्डन्स में एक साथ जश्न मनाया था। इस निर्वाचन क्षेत्र में मुसलमानों की आबादी 66 प्रतिशत है और ऐसे में ममता ने पिछले कई वर्षों से इस क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले अधीर रंजन चौधरी को पटखनी देने के लिए यूसुफ को यहां से उम्मीदवार बनाने का फैसला किया। चौधरी ने अपनी हार स्वीकार करते हुए कहा, ‘‘मैं पठान साहब को अपनी ओर से शुभकामनाएं देता हूं।''टीएमसी द्वारा अपने उम्मीदवारों की सूची जारी करने से ठीक एक हफ्ते पहले, ममता ने यूसुफ से संपर्क किया जिन्होंने थोड़ा समय लेने के बाद इसके लिए हामी भर दी। पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने इस राजनीतिक लड़ाई को ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज ब्रेट ली का सामना करने के समान बताया। चौधरी के अलावा यूसुफ को भाजपा के निर्मल चंद्र साहा से भी मुकाबला करना था जो इस क्षेत्र के जाने-माने डॉक्टर हैं। इस पूर्व ऑलराउंडर ने इसे अपनी लड़ाई के तौर पर लिया और प्रचार के दौरान अक्सर टीएमसी के मंत्र ‘खेला होबे (संघर्ष के लिए तैयार रहना)' को दोहराते रहे। यह उनके क्रिकेट करियर से स्पष्ट था कि उनका जज्बा कभी हार नहीं मानने वाला रहा है। अपने छोटे भाई की तुलना में, युसूफ ने देर से सफलता हासिल की, लेकिन जब उन्होंने टीम में अपनी जगह बनाई, तो वह हमेशा एक प्रभावशाली खिलाड़ी रहे। ऐसा खिलाड़ी जो अपने दम पर मैच का रुख पलट सकते हो। टी20 विश्व कप जीत के चार साल बाद यूसुफ उस भारतीय टीम का भी हिस्सा थे जिसने 2011 में एकदिवसीय विश्व कप जीता था। इस जीत के बाद यूसुफ का महान सचिन तेंदुलकर को अपने कंधों पर उठाकर मैदान का चक्कर काटना क्रिकेट प्रशंसकों की स्मृतियों में हमेशा रहेगा। यह हरफनमौला खिलाड़ी उन चुनिंदा क्रिकेटरों में से एक है जिसने टी20 और वनडे दोनों विश्व कप जीते हैं। इसके साथ ही उन्होंने दो अलग-अलग फ्रेंचाइजी के लिए तीन आईपीएल खिताब भी हासिल किया है। यूसुफ का जन्म 17 नवंबर 1982 को वडोदरा में हुआ था। उनकी क्रिकेट स्टारडम की यात्रा दृढ़ता और समर्पण की कहानी है। शहर की प्रसिद्ध जामा मस्जिद के आसपास हलचल भरे इलाके में पले-बढ़े यूसुफ और उनके छोटे भाई इरफान को कम उम्र से ही जीवन की चुनौतियों और संघर्षों का सामना करना पड़ा। उनके पिता, महमूद खान पठान मस्जिद में मुअज्जिन के रूप में अथक रूप से काम करते थे। मामूली आय के बावजूद महमूद खान ने अपने बच्चों में अनुशासन और विश्वास की मजबूत भावना पैदा की।क्रिकेट के प्रति पठान बंधुओं का प्रेम जामा मस्जिद के आसपास की तंग गलियों और छोटे मैदानों में पनपा। स्थानीय कोच मेहंदी शेख की नजर जब यूसुफ की आक्रामक बल्लेबाजी पर पड़ी तो उनका करियर क्रिकेट की ओर आगे बढ़ने लगा। यूसुफ की क्षमता से प्रभावित शेख ने उन्हें तकनीकी मार्गदर्शन के साथ भावनात्मक समर्थन और प्रोत्साहन भी दिया। उनके मार्गदर्शन में यूसुफ ने अपने कौशल, विशेष रूप से अपनी बड़े शॉट खेलने की क्षमता को निखारा, जो बाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी पहचान बन गया। वीरेंद्र सहवाग की कमर में चोट के कारण बड़ौदा के इस खिलाड़ी को पाकिस्तान के खिलाफ टी20 विश्व कप फाइनल (24 सितंबर, 2007) में पदार्पण का मौका मिला। मध्यक्रम में खेलने वाले इस बल्लेबाज ने पारी का आगाज करते हुए आठ गेंद में एक छक्का और एक चौके की मदद से 15 रन बनाये और अपने बेखौफ खेल का नजारा पेश किया। उन्होंने आईपीएल 2010 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 37 गेंद में शतक ठोका, जो इस लीग के सबसे तेज शतकीय पारियों में से एक है। आईपीएल के 2008 में पहले सत्र के दौरान ही उन्होंने अपने हरफनमौला खेल से अपनी टीम को चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया। उन्होंने 179 की स्ट्राइरेट से 435 रन बनाने के अलावा आठ विकेट भी चटकाये थे। वह 2011 में केकेआर से जुड़े और सात साल तक इस टीम के अहम सदस्य रहे।
- नयी दिल्ली। भौतिकी के प्रोफेसर से देश के रक्षा मंत्री तक का लंबा सफर तय करने वाले राजनाथ सिंह भारतीय जनता पार्टी के ऐसे मजबूत स्तंभ हैं जिनकी पहचान कुशल प्रशासक और राजनीतिक शुचिता का सम्मान करने वाले परिपक्व नेता के रूप में होती है। मधुरभाषी और नपा तुला बोलने वाले सिंह प्रतिद्वंद्वियों पर कमोबेश निजी हमले करने से परहेज करते हैं। पार्टी में उनके कद का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि लाल कृष्ण आडवाणी के बाद वह ऐसे नेता हैं जिन्होंने दो अलग अलग कार्यकाल के लिए पार्टी की कमान संभाली है। राजनाथ पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की राजनीतिक विरासत को इस लिहाज से आगे बढ़ा रहे है कि उन्होंने वाजपेयी के संसदीय क्षेत्र लखनऊ से लगातार तीन बार विजय प्राप्त की और 2024 के आम चुनाव में वह अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से एक लाख 31 हजार मतों के अंतर से आगे चल रहे हैं।। राजनाथ वाजपेयी सरकार में कृषि मंत्री का प्रभार संभाल चुके थे।आडवाणी तीन बार (1986 से 1990 , 1993 से 1998 और 2004 से 2005) पार्टी अध्यक्ष रहे जबकि सिंह 2005 से 2009 तक अध्यक्ष रहने के बाद 2013 - 14 में भी भाजपा अध्यक्ष रहे । उन्हीं के अध्यक्ष रहते पहली बार प्रधानमंत्री पद के लिये नरेंद्र मोदी के नाम पर मुहर लगी थी । संघ के साथ उनके बेहतर रिश्ते का अनुमान इस बात से लगाया जा सकता है कि आडवाणी के जिन्ना प्रकरण के बाद संघ ने सिंह को ही पार्टी के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद उन्होंने दूसरी बार पार्टी की कमान तब संभाली थी जब ‘पूर्ती मामले' में नितिन गडकरी का नाम सामने आया था। साधारण किसान परिवार में जन्मे सिंह ने मामूली कार्यकर्ता से लेकर पार्टी के अध्यक्ष और देश के गृह मंत्री जैसे अहम पद का जिम्मा संभाला है। बनारस के पास चंदौली जिले में जन्मे सिंह एक कुशल प्रशासक के रूप में जाने जाते हैं। वह सियासत में कदम रखने से पहले मिर्जापुर के कॉलेज में व्याख्याता हुआ करते थे। भाजपा में सफलता की सीढ़ी संघ है और सिंह का राष्ट्रीय स्वंयसेवक संघ से गहरा नाता है। 1964 में 13 वर्ष की अवस्था में ही वह संघ से जुड़ गए। व्याख्याता बनने के बाद भी संघ से उनका जुड़ाव बना रहा। 10 जुलाई 1951 को जन्मे सिंह ने गोरखपुर विश्वविद्यालय से भौतिकी विषय में परास्नातक की डिग्री हासिल की। उन्हें 1974 में भारतीय जनसंघ का मिर्जापुर का सचिव बनाया गया। देश में 1975 में आपातकाल लगा तो वह जेल भी गए। 1977 में जब देश में चुनाव हुए तो वह उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर से पहली बार विधायक बने थे। इसके बाद उन्हें तीन बार इसी सीट से जीत मिली। राजनाथ ने हाल में एक टीवी साक्षात्कार में आपातकाल के दौरान जेल में रहने के दौरान उनकी मां के निधन का उल्लेख किया था। वह यह बताते समय भावुक हो गये थे कि तत्कालीन जेल प्रशासन ने उन्हें उनकी मां के अंतिम संस्कार में भाग लेने की अनुमति नहीं दी थी। सिंह को 1986 में भारतीय जनता युवा मोर्चा का राष्ट्रीय महासचिव बनाया गया। बाद में वह 1988 में इसके राष्ट्रीय अध्यक्ष बने। इसी साल सिंह उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सदस्य निर्वाचित हुए। साल 1991 में जब उत्तर प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी तो राजनाथ को शिक्षा मंत्री बनाया गया। 1994 में वह राज्यसभा गए और 1997 में उत्तर प्रदेश भाजपा के अध्यक्ष बनाए गए। उत्तर प्रदेश के शिक्षा मंत्री रहते उन्होंने नकल रोधी कानून लागू करवाया था। इसमें नकलची विद्यार्थियों को परीक्षा हॉल से गिरफ्तार किया जाता था और जमानत अदालत से मिलती थी। साथ ही वैदिक गणित को पाठ्यक्रम में भी शामिल करवाने का श्रेय उन्हें ही जाता है। सिंह 20 अक्टूबर 2000 को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बने। हालांकि उनका कार्यकाल दो साल से भी कम समय का रहा। इसके बाद केंद्र की अटल बिहारी वाजपेयी नीत राजग सरकार में सिंह को भूतल परिवहन और कृषि मंत्री बनाया गया था। उनको पहली बार पार्टी की कमान 2005 से 2009 तक मिली तो दूसरी बार वह इस पद पर 2013 से 2014 तक रहे।सिंह 2009 में गाजियाबाद और 2014 तथा 2019 में लखनऊ से सांसद निर्वाचित हुए। 2014 में जब भाजपा की सरकार बनी तो उन्हें देश का गृहमंत्री बनाया गया। मोदी सरकार के दूसरे कार्यकाल में उन्होंने रक्षा मंत्रालय का दायित्व संभाला था। रक्षा मंत्री के तौर पर वह राफेल विमान की पहली खेप लेने के लिए 2020 में जब फ्रांस गये थे और उन्होंने जब इस विमान की पूजा की थी तो वह काफी चर्चा में रहे थे।
-
नई दिल्ली। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने लोकसभा की 14 व कांग्रेस ने आठ सीट जीत ली हैं। निर्वाचन आयोग ने राज्य की सभी 25 लोकसभा सीट के परिणाम मंगलवार शाम को घोषित कर दिए। आयोग के अनुसार, विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के घटक दल मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने सीकर और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) ने नागौर सीट जीत ली है। इसी तरह बांसवाड़ा सीट पर भारत आदिवासी पार्टी (बीएपी) विजयी रही है।
भाजपा के विजयी उम्मीदवारों में बीकानेर से अर्जुन राम मेघवाल, जयपुर ग्रामीण से राव राजेंद्र सिंह, जयपुर से मंजू शर्मा,अलवर से भूपेंद्र यादव, अजमेर से भागीरथ चौधरी, पाली से पीपी चौधरी,जोधपुर से गजेंद्र सिंह शेखावत, जालोर से लुंबाराम, उदयपुर से मन्नालाल रावत, चित्तौड़गढ़ से चंद्रप्रकाश जोशी, राजसमंद से महिमा कुमारी मेवाड़, भीलवाड़ा से दामोदर अग्रवाल, कोटा से ओम बिरला तथा झालावाड़-बारां से दुष्यंत सिंह शामिल हैं।वहीं, कांग्रेस के विजयी उम्मीदवारों में गंगानगर से कुलदीप इंदौरा, चुरू से राहुल कस्वां, झुंझुनू से बृजेंद्र ओला, भरतपुर से संजना जाटव, करौली-धौलपुर से भजनलाल जाटव, दौसा से मुरारी लाल मीणा, टोंक सवाई माधोपुर से हरीश मीणा व बाड़मेर से उम्मेदाराम बेनीवाल हैं।इंडिया’ गठबंधन के उम्मीदवार अमराराम (माकपा) ने सीकर सीट जीती है। वहीं हनुमान बेनीवाल (आरएलपी) नागौर सीट पर विजयी रहे। बांसवाड़ा सीट पर कांग्रेस समर्थित भारत आदिवासी पार्टी के उम्मीदवार राजकुमार रोत जीत गए हैं।निर्वाचन आयोग के अनुसार जोधपुर सीट पर भाजपा उम्मीदवार गजेंद्र सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी करण सिंह उचियारड़ा को 1,15,677 मतों के अंतर से हराया। कांग्रेस के उचियारड़ा को 6,14,379 मत मिले जबकि शेखावत को 7,30,056 मत मिले। भाजपा उम्मीदवार और भाजपा प्रदेशाध्यक्ष चंद्रप्रकाश जोशी ने चित्तौड़गढ़ लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की है।जोशी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के उदयलाल आंजना को 3,89,877 मतों के अंतर से हराया। आंजना को 4,98,325 मत मिले। जोशी को 8,88,202 मत हासिल हुए। भाजपा उम्मीदवार और केन्द्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव ने अलवर लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की है।निर्वाचन आयोग के अनुसार, भूपेन्द्र यादव ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के ललित यादव को 48,282 मतों के अंतर से हराया। ललित यादव को 5,83,710 मत तथा भूपेंद्र यादव को 6,31,992 वोट मिले। भाजपा उम्मीदवार पीपी चौधरी ने पाली लोकसभा सीट पर जीत दर्ज की है। चौधरी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस की संगीता बेनीवाल को 2,45,351 मतों के अंतर से हराया।बेनीवाल को 5,12,038 मत मिले जबकि चौधरी को 7,57,389 मत मिले। जयपुर ग्रामीण लोकसभा सीट पर भाजपा उम्मीदवार राव राजेन्द्र सिंह ने जीत दर्ज की है। निर्वाचन आयोग के अनुसार, सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस के अनिल चोपड़ा को 1615 मतों के अंतर से हराया। चोपड़ा को 6,16,262 मत व सिंह को 6,17,877 मत मिले।बाड़मेर सीट पर कांग्रेस के उम्मेदाराम बेनीवाल ने निर्दलीय रविंद्र भाटी को 1,18,176 मत से हराया। इस सीट से भाजपा के प्रत्याशी व केंद्रीय मंत्री कैलाश चौधरी तीसरे स्थान पर है। बेनीवाल को 7,04,676, भाटी को 5,86,500 व कैलाश चौधरी को 2,86,733 मत मिले।विपक्षी दलों के ‘इंडिया’ गठबंधन की घटक राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी के उम्मीदवार हनुमान बेनीवाल ने नागौर लोकसभा सीट 42,225 मतों के अंतर से जीती। उन्होंने भाजपा की ज्योति मिर्धा को हराया जिन्हें 5,54,730 मत मिले। बेनीवाल को 5,96,955 मत मिले। -
नई दिल्ली। मध्य प्रदेश के इंदौर लोकसभा सीट में मंगलवार को दोपहर 1 बजे की काउंटिंग ट्रेंड के मुताबिक सबसे ज्यादा नोटा वोट पड़ने का रिकॉर्ड बन गया है। चुनाव आयोग की वेबसाइट से मिली जानकारी के अनुसार अब तक 1 लाख 94 हजार 466 वोटों के साथ सबसे अधिक नोटा वोटों का नया रिकॉर्ड बन गया है।
नोटा या ‘इनमें से कोई नहीं’ वोटिंग मशीन पर उपलब्ध एक ऑप्शन है, जो बताता है कि मतदाताओं को उस निर्वाचन क्षेत्र में कोई भी उम्मीदवार पसंद नहीं है। इसे 2014 के लोकसभा चुनावों के दौरान पहली बार पेश किया गया था।एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) और नेशनल इलेक्शन वॉच (NEW) की एक रिपोर्ट के अनुसार, लोकसभा चुनाव में नोटा वोटों की सबसे अधिक संख्या बिहार के गोपालगंज (SC) निर्वाचन क्षेत्र में दोपहर 12 बजे तक 51,660 थी। राज्य विधानसभा चुनावों की बात करें तो NOTA को सबसे ज्यादा वोट प्रतिशत 2020 में बिहार (7,06,252 वोट) और NCT दिल्ली (43,108 वोट) दो राज्यों के विधानसभा चुनावों में मिला, जो कुल 1.46% रहा।अगस्त 2022 में पब्लिश की गई रिपोर्ट में कहा गया है कि पिछले पांच सालों में राज्य और आम चुनावों में नोटा के लिए कुल 12.9 करोड़ वोट डाले गए हैं।एडीआर ने सुझाव दिया है कि ऐसे मामलों में जब नोटा के लिए डाले गए वोट सभी चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों से अधिक हों तो किसी भी उम्मीदवार को निर्वाचित घोषित नहीं किया जाना चाहिए और एक नया चुनाव कराया जाना चाहिए, जिसमें पहले के किसी भी उम्मीदवार को चुनाव लड़ने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। -
नई दिल्ली। अमेठी लोकसभा सीट से केन्द्रीय मंत्री स्मृति ईरानी चुनाव हार गई हैं। कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा ने उन्हें एक लाख 66 हजार 22 मतों से पराजित किया। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष को अमेठी से हराने वाली ईरानी की यह पराजय भाजपा के लिये एक बड़ा झटका है।
ईरानी ने जनादेश को स्वीकार करते हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद दिया और कहा कि वह अमेठी की जनता से आगे भी जुड़ी रहेंगी। चुनाव आयोग द्वारा घोषित परिणाम के मुताबिक कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा को पांच लाख 36 हजार 492 वोट मिले, जबकि ईरानी को तीन लाख 70 हजार 470 मत प्राप्त हुए।बहुजन समाज पार्टी (बसपा) उम्मीदवार नन्हे सिंह चौहान 34 हजार 418 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। अमेठी लोकसभा सीट नेहरू-गांधी परिवार का सियासी गढ़ मानी जाती रही है। शर्मा मतगणना की शुरुआत से ही आगे चल रहे थे और चक्र दर चक्र उनकी बढ़त मजबूत होती गयी।जीत के बाद शर्मा ने संवाददाताओं से बातचीत में अमेठी की जनता का आभार प्रकट करते हुए कहा कि यह विजय अमेठी की जनता की जीत है और सांसद के रूप में वह जनता के प्रति हमेशा समर्पित होकर कार्य करेंगे। उधर, स्मृति ईरानी ने चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद प्रेस कांफ्रेंस में अपने सभी समर्थकों और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार प्रकट किया और विजयी उम्मीदवार किशोरी लाल शर्मा को बधाई दी।ईरानी ने कहा कि वह संगठन को और सशक्त करेंगी और संगठन चुनाव परिणामों का विश्लेषण करेगा। वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में अमेठी से कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी को 55,120 वोट से हराकर बड़ा उलटफेर करने वालीं स्मृति इस सीट से लगातार दूसरी बार मैदान में थीं। शुरू में कांग्रेस की तरफ से इस बार भी अमेठी से राहुल के ही मैदान में उतरने की अटकलें लगायी जा रही थीं, मगर ऐन वक्त पर पार्टी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के करीबी सहयोगी रहे किशोरी लाल शर्मा को मैदान में उतारकर सबको चौंका दिया था। -
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार को रायबरेली संसदीय सीट पर 3 लाख 90,हजार 30 मतों के अंतर से जीत दर्ज की। निर्वाचन आयोग के अनुसार कांग्रेस उम्मीदवार गांधी ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी राज्य सरकार के मंत्री, भाजपा उम्मीदवार दिनेश प्रताप सिंह को 3 लाख 90,हजार 30 मतों के अंतर से पराजित किया। गांधी को 6 लाख 87,649 हजार मत तथा दिनेश प्रताप को 2,लाख 97,हजार 619 मत मिले।यहां बसपा उम्मीदवार ठाकुर प्रसाद यादव को 21,624 मत मिले। रायबरेली संसदीय सीट पर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी 2004 से 2019 तक लगातार चुनाव जीतती रहीं लेकिन 2024 में वह चुनावी लड़ाई से बाहर हो गयीं। उनकी जगह कांग्रेस से राहुल गांधी चुनाव मैदान में उतरे और यहां जीत दर्ज की। पिछली बार सोनिया गांधी ने 1,67,178 मतों के अंतर से रायबरेली में दिनेश प्रताप को पराजित किया था।
राहुल गांधी 2019 में अमेठी संसदीय क्षेत्र से केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से पराजित हो गये थे। वह केरल के वायनाड से चुनाव जीत गये थे और इस बार भी वहां से चुनाव में उम्मीदवार थे। चुनाव में सोनिया गांधी ने इस बार रायबरेली की सभा को संबोधित करते हुए कहा था कि ”मैं आपको अपना बेटा सौंप रही हूं और मुझे भरोसा है कि वह आपके विश्वास पर खरा उतरेंगे।”रायबरेली संसदीय सीट का राहुल गांधी के दादा फिरोज गांधी और दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने भी प्रतिनिधित्व किया था।लाख हजार -
नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गुजरात में अहमदाबाद-पूर्व, अहमदाबाद-पश्चिम, महेसाणा, जूनागढ़ और गांधीनगर लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। निर्वाचन आयोग ने लोकसभा चुनाव परिणाम के तहत मंगलवार शाम को यह घोषणा की। भाजपा नेता एवं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गांधीनगर लोकसभा क्षेत्र से 7.44 लाख से अधिक मतों से जीत हासिल की।
उन्हें 10 लाख 10 हजार 972 मत मिले जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी सोनल रमाभाई पटेल को 2 लाख 66 हजार 256 मत हासिल हुए। भाजपा के एच एस पटेल ने अहमदाबाद-पूर्व लोकसभा सीट से 4.61 लाख मतों के अंतर से जीत हासिल की जबकि दिनेश मकवाना अहमदाबाद-पश्चिम से 2.86 लाख वोटों से जीते।इसके अलावा हरिभाई पटेल महेसाणा से 3.28 लाख वोटों से जीते और राजेश चूडासमा जूनागढ़ से 1.35 लाख वोटों के अंतर से जीते। इन सभी ने अपने निकटतम कांग्रेस प्रतिद्वंद्वियों को हराया।एच एस पटेल और चूडासमा मौजूदा सांसद हैं, जबकि हरिभाई पटेल और मकवाना नए चेहरे हैं। राज्य की 26 लोकसभा सीटों में से 25 के लिए मतगणना सुबह आठ बजे शुरू हुई। भाजपा पहले ही सूरत सीट निर्विरोध जीत चुकी है। -
गुमला. झारखंड के गुमला जिले में सोमवार को एक कार और बस के बीच टक्कर होने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों की मौत हो गई। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह हादसा राष्ट्रीय राजमार्ग-143 पर खोरा गांव के पास दोपहर करीब दो बजे हुई।
गुमला थाना प्रभारी सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि कार में एक ही परिवार के चार सदस्य सवार थे जो रांची से छत्तीसगढ़ की ओर जा रहे थे। उन्होंने कहा कि मृतकों की पहचान थियोदोर कुजूर (50), निर्मला कुजूर (45) और केविन जॉनसन कुजूर (12) के रूप में हुई है। थाना प्रभारी ने बताया कि इस घटना में एक बच्चा घायल हो गया जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। -
नयी दिल्ली .मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने सोमवार को कहा कि सभी मतगणना केंद्रों पर सबसे पहले डाक मतपत्रों की गिनती शुरू होगी और इस बारे में कोई संदेह नहीं है। उन्होंने यहां एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि डाक मतपत्रों की गिनती शुरू होने के आधे घंटे बाद इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) में दर्ज मतों की गिनती शुरू होगी। विपक्षी गठबंधन ‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस' (इंडिया) के नेताओं ने रविवार को निर्वाचन आयोग से यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया था कि चार जून को ‘इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन' (ईवीएम) के नतीजों से पहले डाक मत पत्रों की गिनती कर उनके परिणाम घोषित किए जाएं। कुमार ने कहा, ‘‘नियम स्पष्ट रूप से कहते हैं (नियम 54ए) कि डाक मतपत्रों की गिनती पहले शुरू होगी। देश के सभी केंद्रों पर यह पहले शुरू होगी, इसमें कोई संदेह नहीं है। आधे घंटे के बाद हम ईवीएम में दर्ज मतों की गिनती शुरू करते हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘कल अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम विधानसभा (मतगणना) के मामले में भी ऐसा हुआ। हम इसे क्यों नहीं बदल सकते, क्योंकि यह नियमों के अनुरूप है।'' कुमार ने कहा कि डाक मतपत्रों की गिनती और फिर ईवीएम में दर्ज मतों की गिनती तथा अंत में ईवीएम नतीजों के साथ वीवीपीटी पर्चियों का मिलान जारी रहेगा।
-
नयी दिल्ली । दिल्ली की एक अदालत ने कथित आबकारी नीति घोटाले से जुड़े एक धनशोधन मामले में भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता की न्यायिक हिरासत सोमवार को तीन जुलाई तक बढ़ा दी। कविता के खिलाफ पहले जारी एक पेशी वारंट की तामील करते हुए उन्हें अदालत में पेश किया गया और विशेष न्यायाधीश कावेरी बावेजा ने उनकी न्यायिक हिरासत बढ़ा दी। अदालत ने 29 मई को मामले में बीआरएस नेता के खिलाफ आरोपपत्र का संज्ञान लेते हुए वारंट जारी किया था।
अदालत ने इस मामले में तीन सह-आरोपियों प्रिंस, दामोदर और अरविंद सिंह को जमानत दे दी।प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के दौरान तीनों आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दायर किया गया था। हालांकि उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया था।कविता कथित घोटाले में ईडी और सीबीआई द्वारा दर्ज दो मामलों में न्यायिक हिरासत में हैं। यह ‘घोटाला’ दिल्ली सरकार की 2021-22 के लिए आबकारी नीति बनाने और उसके कार्यान्वयन में कथित भ्रष्टाचार और धन शोधन से संबंधित है। इस आबकारी नीति को बाद में रद्द कर दिया गया था।ईडी ने कविता (46) को 15 मार्च को हैदराबाद में उनके बंजारा हिल्स स्थित आवास से गिरफ्तार किया था। सीबीआई ने उन्हें तिहाड़ जेल से गिरफ्तार किया था। - धर्मशाला (हिप्र),। तिब्बत के आध्यात्मिक नेता दलाई लामा घुटने के इलाज के लिए इस महीने अमेरिका जाएंगे। उनके कार्यालय ने सोमवार को यह जानकारी दी।दलाई लामा के सचिव त्सेतेन सम्दुप छोएकयापा ने एक बयान में कहा, ‘‘20 जून के बाद अगले नोटिस तक आम लोगों से मुलाकात समेत कोई कार्यक्रम नहीं होगा।’’इसमें कहा गया है, ‘‘दलाई लामा अपने घुटनों के इलाज के लिए अमेरिका की यात्रा करने वाले हैं। उनके धर्मशाला लौटने पर ही नियमित कार्यक्रम बहाल होंगे।’’ दलाई लामा (88) 1959 में तिब्बत से भागकर आए थे और वह तब से निर्वासन में भारत में रह रहे हैं।
-
नई दिल्ली। महाराष्ट्र में भारतीय जनता पार्टी ने विधान परिषद के द्विवार्षिक चुनाव के लिए तीन उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। पार्टी ने कोंकण मंडल स्नातक सीट से एक बार फिर निरंजन डावखरे को उतारा है। मुंबई स्नातक सीट से किरण शेलार और मुंबई शिक्षक सीट से शिवनाथ दराडे उम्मीदवार होंगे।नाशिक शिक्षक सीट के साथ इन तीनों सीटों के लिए सात जून तक नामांकन दाखिल किये जा सकते हैं। मतदान 26 जून को होगा। परिणाम पहली जुलाई को घोषित होंगे। इससे पहले महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना ने कोंकण स्नातक सीट से फिल्म निर्देशक अभिजीत पंसे तथा शिवसेना उद्धव ठाकरे गुट ने मुंबई स्नातक सीट से अनिल परब और मुम्बई शिक्षक सीट से जे एम अभ्यंकर को चुनाव मैदान में उतारा है।
-
नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस नेता जयराम रमेश के गृह मंत्री अमित शाह के विरुद्ध लगाए गए आरोपों का उत्तर देने के लिए एक हफ्ते का समय देने संबंधी अनुरोध खारिज कर दिया है। श्री रमेश को लिखे पत्र में आयोग ने उन्हें तथ्यात्मक आधार के साथ आज शाम 7 बजे तक जवाब देने का समय दिया था। श्री रमेश ने आरोप लगाया था कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मतगणना को प्रभावित करने के लिये कल 150 जिला मजिस्ट्रेटों को बुलाया था। मतगणना प्रक्रिया के दौरान जिला मजिस्ट्रेट ही जिला चुनाव अधिकारी भी होते हैं। आयोग ने कहा है कि श्री रमेश के कथित आरोपों को लेकर किसी भी जिला मजिस्ट्रेट ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है। कल श्री रमेश ने आयोग के पत्र का विस्तृत उत्तर देने के लिए एक हफ्ते का समय मांगा था।
- -प्रधानमंत्री को प्रभावित राज्यों पर चक्रवात के प्रभाव के बारे में जानकारी दी गई-प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार प्रभावित राज्यों को पूरा सहयोग देना जारी रखेगी-आवश्यकतानुसार एनडीआरएफ की टीमें तैनात; टीमों ने लोगों को सुरक्षित निकालने का काम किया, एयरलिफ्टिंग और सड़क साफ करने के अभियान चलाए-प्रधानमंत्री ने गृह मंत्रालय को स्थिति की निगरानी करने और पुनर्स्थापना को लेकर आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए नियमित रूप से मामले की समीक्षा करने का भी निर्देश दियानई दिल्ली। . प्रधानमंत्री ने आज नई दिल्ली के 7 लोक कल्याण मार्ग स्थित अपने आवास पर चक्रवात "रेमल" के प्रभाव की समीक्षा की। बैठक के दौरान प्रधानमंत्री को प्रभावित राज्यों पर चक्रवात के प्रभाव के बारे में जानकारी दी गई। मिजोरम, असम, मणिपुर, मेघालय और त्रिपुरा में भूस्खलन और बाढ़ के कारण हुई जान-माल की हानि और घरों तथा संपत्तियों को हुए नुकसान के बारे में भी चर्चा की गई। आवश्यकतानुसार एनडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। टीमों ने लोगों को सुरक्षित निकालने, एयरलिफ्टिंग और सड़क साफ करने के अभियान चलाए हैं। बैठक के दौरान, यह बताया गया कि गृह मंत्रालय राज्य सरकारों के साथ नियमित संपर्क में है।प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत सरकार चक्रवात से प्रभावित राज्य को पूरा सहयोग देना जारी रखेगी। प्रधानमंत्री ने गृह मंत्रालय को स्थिति पर नजर रखने और स्थिति की नियमित समीक्षा करने का निर्देश दिया, ताकि पुनर्स्थापना के लिए आवश्यक सहायता प्रदान की जा सके। बैठक में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव, कैबिनेट सचिव, गृह सचिव, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव, एनडीआरएफ के महानिदेशक और एनडीएमए के सदस्य सचिव के साथ-साथ प्रधानमंत्री कार्यालय और संबंधित मंत्रालयों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
- -प्रधानमंत्री ने आग की घटनाओं को रोकने और उनसे निपटने के लिए नियमित आधार पर उचित अभ्यास जारी रखने के निर्देश दिए-प्रधानमंत्री ने अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की अग्नि सुरक्षा और विद्युत सुरक्षा की नियमित रूप से समीक्षा करने के निर्देश दिए-प्रधानमंत्री ने बताया कि देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सामान्य और सामान्य से अधिक तथा प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम रहने की संभावना हैनई दिल्ली। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज अपने आवास 7, लोक कल्याण मार्ग में देश में जारी भीषण गर्मी और मानसून के शुरू होने से जुड़ी तैयारियों की समीक्षा के लिए आयोजित एक बैठक की अध्यक्षता की। प्रधानमंत्री को जानकारी दी गयी कि आईएमडी के पूर्वानुमानों के अनुसार, राजस्थान, गुजरात और मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में भीषण गर्मी जारी रहने की संभावना है। इस वर्ष, देश के अधिकांश हिस्सों में मानसून सामान्य और सामान्य से अधिक तथा प्रायद्वीपीय भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य से कम रहने की संभावना है।प्रधानमंत्री ने निर्देश दिया है कि आग की घटनाओं को रोकने और उनसे निपटने के लिए नियमित आधार पर उचित अभ्यास किया जाना चाहिए। अस्पतालों और अन्य सार्वजनिक स्थानों की अग्नि सुरक्षा और विद्युत सुरक्षा की समीक्षा नियमित रूप से की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जंगलों में अग्नि-रेखा के रखरखाव और बायोमास के फलदायी उपयोग के लिए नियमित अभ्यास की योजना बनाई जानी चाहिए। प्रधानमंत्री को जंगल की आग की समय पर पहचान और उसके प्रबंधन में "वन अग्नि" पोर्टल की उपयोगिता के बारे में बताया गया।बैठक में प्रधानमंत्री के प्रधान सचिव, कैबिनेट सचिव, गृह सचिव, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय के सचिव, एनडीआरएफ के महानिदेशक और एनडीएमए के सदस्य सचिव के साथ-साथ पीएमओ और संबंधित मंत्रालयों के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
-
नई दिल्ली। निर्वाचन आयोग ने कांग्रेस नेता जयराम रमेश को अपने उन आरोपों के बारे में विस्तृत जानकारी देने को कहा है जिनमें उन्होंने कहा था कि गृहमंत्री अमित शाह ने लोकसभा चुनाव की मतगणना से पहले, 150 जिला मजिस्ट्रेटों या कलेक्टरों को फोन किया था। आयोग ने श्री रमेश को लिखे पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि आदर्श चुनाव संहिता लागू होने के दौरान सभी अधिकारी आयोग की प्रतिनियुक्ति पर होते हैं और किसी भी निर्देश के लिए आयोग को सीधे रिपोर्ट करते हैं। आयोग ने कहा कि किसी भी जिला मजिस्ट्रेट ने अनुचित रूप से प्रभावित करने के बारे में उसे कोई जानकारी नहीं दी है।
निर्वाचन आयोग ने यह भी कहा है कि श्री रमेश का सार्वजनिक रूप से दिया गया यह बयान संदेह उत्पन्न करता है, इसलिए जनहित में इसका समाधान करना आवश्यक है। आयोग ने श्री रमेश से उनके बारे में भी विस्तृत जानकारी देने को कहा है जिन्हें गृह मंत्री ने कथित रूप से ये फोन किए थे। आयोग ने उन्हें इस संबंध में आज शाम सात बजे तक तथ्यात्मक जानकारी देने को कहा है। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लोकसभा चुनाव को निष्पक्ष और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने में निर्वाचन आयोग की भूमिका की सराहना की है। सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि आयोग के समर्पण और सुव्यवस्थित प्रयासों के कारण भारतीय लोकतंत्र में लोगों की आस्था और प्रगाढ़ हुई है और देशवासियों ने आत्मविश्वास से भरकर मतदान किया है। श्री मोदी ने कहा कि भारत की चुनाव प्रक्रिया लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास बढ़ाती है। प्रधानमंत्री ने चुनाव के दौरान सुरक्षा बलों की भूमिका की भी प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि सुरक्षा बलों के कारण मतदान सुरक्षित माहौल में संपन्न हुआ और लोग सहजता से चुनाव प्रक्रिया में शामिल हो पाये।
- बेंगलुरु,। दुनिया तीन जून को होने वाली 'ग्रह परेड' का इंतजार कर रही है, जिसे एक दुर्लभ घटना बताया जा रहा है। कहा जा रहा है कि केवल तीन जून को ही ग्रह नंगी आंखों से देखे जा सकेंगे, लेकिन भारतीय खगोल भौतिकी संस्थान (आईआईए), बेंगलुरु ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित की जा रही कई बातों को खारिज करते हुए सिलसिलेवार पोस्ट किए हैं। ग्रह परेड को ग्रह संरेखण भी कहा जाता है जिसमें सौरमंडल के ग्रह एक सीध में आ जाते हैं।आईआईए के स्कोप अनुभाग के प्रमुख निरुज मोहन रामानुजम ने कहा, ‘‘पहली बात तो यह कि यह विशेष रूप से तीन जून को नहीं है। इन ग्रहों को आने वाले सप्ताह में कई दिनों तक एक सीध में देखा जा सकता है।'' उनके अनुसार, तीन जून से पहले के दिनों में बृहस्पति सूर्य के करीब है और तीन जून के बाद बुध सूर्य के करीब होगा, इसलिए तीन जून सबसे उपयुक्त है। रामानुजम ने कहा, "आप आने वाले सप्ताह में हर दिन सूर्योदय से पहले बाहर जा सकते हैं और जितना संभव हो उतने ग्रहों को देखने का प्रयास कर सकते हैं।" आईआईए के सोशल मीडिया पोस्ट के अनुसार, आने वाले सप्ताह में लोग सुबह के समय आकाश में पूर्व की ओर कुछ-कुछ पीले शनि को स्पष्ट रूप से देख सकते हैं, और इसके नीचे लाल रंग के मंगल ग्रह को देखा जा सकता है। रामानुजम ने कहा कि बाकी ग्रह जो परेड के दौरान दिखाई देने चाहिए, उन्हें पहचानना आसान नहीं होगा।उन्होंने कहा, "सूर्योदय से लगभग 20 मिनट पहले, बृहस्पति और बुध पूर्वी क्षितिज से 10 डिग्री से कम ऊपर होंगे। यूरेनस और नेपच्यून हमेशा की तरह नग्न आंखों से बहुत धुंधले दिखेंगे। शुक्र सूर्य के बहुत करीब दिखाई देगा।" रामानुजम ने सोशल मीडिया पर हो रही इस चर्चा को भी खारिज किया कि ग्रह केवल तीन जून को एक सीधी रेखा में होंगे। उन्होंने कहा, "सूर्य के चारों ओर ग्रहों की कक्षाएं लगभग एक ही समक्षेत्र में हैं और उनमें से प्रत्येक क्रांतिवृत्त (पृथ्वी की कक्षा) से केवल कुछ डिग्री पर झुका हुआ है। इसलिए, जब पृथ्वी से देखा जाता है तो ग्रह की स्थिति हर समय लगभग एक समक्षेत्र में होगी।'' रामानुजम ने यह भी कहा कि इस घटना को दुर्लभ नहीं कहा जा सकता, क्योंकि ऐसे संरेखण हर कुछ वर्षों में देखे जा सकते हैं। उन्होंने कहा, "ऐसे अवसर जहां तीन-चार से अधिक ग्रह सूर्य के एक तरफ होते हैं और सामान्य से अधिक एक-दूसरे के करीब होते हैं उन्हें ग्रह परेड कहा जाता है।" रामानुजम ने कहा कि हालांकि घटना दुर्लभ हो या न हो, लेकिन ग्रहों को अपनी नग्न आंखों से देखना हमेशा एक सुखद अनुभव होता है। उन्होंने कहा, "यह वास्तव में एक सुंदर दृश्य है। लेकिन बस याद रखें, यदि आप तीन जून को अधिक सोते हैं तो आप दृश्य देखने के लिए अगले दिन जल्दी उठ सकते हैं।"


.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)
.jpg)

.jpg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)



.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)

.jpg)

.jpg)
.jpeg)
