- Home
- देश
-
चंडीगढ़. पंजाब के संगरूर में संदिग्ध जहरीली शराब पीने से छह और लोगों की मौत के बाद मृतकों की कुल संख्या बढ़कर 20 हो गई है। इस बीच, घटना के संबंध में अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (एडीजीपी) रैंक के अधिकारी के नेतृत्व में चार सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया है। वहीं 11 लोगों का पटियाला के राजिंदरा अस्पताल और छह लोगों का संगरूर के सिविल अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। संगरूर के सिविल सर्जन कृपाल सिंह ने शनिवार को बताया कि इस घटना में अब तक 20 लोगों की मौत हो चुकी है। अधिकारियों ने बताया कि दिड़बा और सुनाम ब्लॉक के गुजरां, टिब्बी रविदासपुरा और ढंडोली खुर्द गांवों से लोगों की मौत होने की सूचना मिली है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामले में अब तक छह लोगों को गिरफ्तार किया है। भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 302 (हत्या) और आबकारी अधिनियम के तहत मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका है। पुलिस ने शनिवार को कहा कि पूरे मामले में साठगांठ का पता लगाने के सिलसिले में पेशेवर और वैज्ञानिक तरीके से जांच के लिए एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। एडीजीपी (कानून एवं व्यवस्था) गुरिंदर सिंह ढिल्लों की अध्यक्षता में चार सदस्यीय एसआईटी जांच की निगरानी करेगी। उप महानिरीक्षक (पटियाला रेंज) हरचरण भुल्लर, संगरूर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरताज चहल और अतिरिक्त आयुक्त (आबकारी) नरेश दुबे एसआईटी का हिस्सा होंगे। पुलिस ने कहा, “एसआईटी साजिश की तह तक जाएगी। इसमें शामिल पाए गए किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।”
-
नयी दिल्ली. भारत के पास अपने 548 किस्म के समुद्री भोजन के लिए एक मजबूत नियामक ढांचा है और यहां मछली प्रसंस्करण क्षेत्र में विश्वस्तरीय इकाइयां स्थापित की गई हैं। वाणिज्य मंत्रालय ने शनिवार को कहा कि विभिन्न सरकारी एजेंसियां नियमित रूप से इनका निरीक्षण करती हैं। यह बयान भारतीय झींगा उद्योग में खाद्य सुरक्षा और खराब श्रम स्थितियों का आरोप लगाने वाली कुछ रिपोर्टों की पृष्ठभूमि में आया है। मंत्रालय ने कहा कि देश की सभी इकाइयां एमपीईडीए (समुद्री उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण) और एफएसएसएआई (भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण) के साथ पंजीकृत हैं। वे निर्यात निरीक्षण परिषद (ईआईसी) द्वारा अनुमोदित हैं। इसके अतिरिक्त, 46 स्वतंत्र प्रसंस्करण पूर्व इकाइयां प्राधिकरण द्वारा पंजीकृत हैं। बयान में कहा गया कि झींगा हैचरी और जलीय कृषि फार्म उनके संबंधित स्थानों के आधार पर तटीय जलीय कृषि प्राधिकरण (सीएए) और राज्य मत्स्य पालन विभागों के साथ पंजीकृत हैं। एमपीईडीए अमेरिका के समुद्री भोजन आयात निगरानी कार्यक्रम (एसआईएमपी) सहित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय नियामक प्रावधानों का पालन करने के लिए एक्वाफार्मों का नामांकन भी करता है। बयान के मुताबिक राज्यों के श्रम विभाग नियमित रूप से जलीय कृषि और मछली प्रसंस्करण में शामिल संगठित और असंगठित क्षेत्रों की गतिविधियों की निगरानी करते हैं।
-
जयपुर। लखनऊ सुपर जाइंट्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच रविवार को यहां होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के मैच के दौरान भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल की फॉर्म और फिटनेस पर सभी की नजर टिकी रहेगी। राहुल चोटिल होने के कारण इंग्लैंड के खिलाफ अंतिम चार टेस्ट मैच में नहीं खेल पाए थे। लखनऊ का कप्तान न सिर्फ एक बल्लेबाज बल्कि नेतृत्वकर्ता के रूप में भी अच्छा प्रदर्शन करना चाहेगा। लखनऊ की टीम उनकी अगुवाई में पिछले दो सत्र में प्लेऑफ में जगह बनाने में सफल रही थी। आईपीएल के शुरुआती चरण में राहुल विशुद्ध बल्लेबाज के रूप में खेल सकते हैं लेकिन विकेटकीपिंग की अतिरिक्त जिम्मेदारी लेने से उनकी टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम ने जगह बनाने की संभावना बढ़ जाएगी।
राजस्थान रॉयल्स के कप्तान संजू सैमसन भी आईसीसी टूर्नामेंट के लिए विकेटकीपर के रूप में भारतीय टीम में जगह बनाने के दावेदार हैं और वह भी शुरू से अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। रॉयल्स की टीम 2022 में फाइनल में पहुंची थी जहां उसे गुजरात टाइटंस से हार का सामना करना पड़ा था। पिछले सत्र में भी उसने शुरू में अच्छा प्रदर्शन किया था लेकिन आखिर में पांचवें स्थान पर रही थी। रॉयल्स की बल्लेबाजी काफी मजबूत है जिसमें कप्तान सैमसन के अलावा बेहतरीन फॉर्म में चल रहे यशस्वी जायसवाल और जोस बटलर शामिल हैं। टीम के पास ध्रुव जुरेल के रूप में अच्छा फिनिशर है जिन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट श्रृंखला में प्रभावशाली प्रदर्शन किया था। सैमसन वेस्टइंडीज के शिमरोन हेटमायर और रोवमैन पॉवेल को टीम में रखकर मध्यक्रम मजबूत करने की कोशिश कर सकते हैं। जहां तक लखनऊ का सवाल है तो उसकी बल्लेबाजी का दारोमदार कप्तान राहुल के अलावा क्विंटन डी कॉक, मार्कस स्टोइनिस और निकोलस पूरण पर टिका रहेगा। इन मंझे बल्लेबाजों तथा रॉयल्स के अनुभवी स्पिनरों रविचंद्रन अश्विन और युजवेंद्र चहल के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है। लखनऊ के पास भी रवि बिश्नोई के रूप में उपयोगी स्पिनर है जो आईपीएल में अच्छा प्रदर्शन करके विश्व कप की टीम में जगह बनाने के लिए मजबूत दावा पेश करने की कोशिश करेंगे। इसके अलावा 41 वर्षीय स्पिनर अमित मिश्रा के अनुभव का भी लखनऊ को फायदा मिलेगा लेकिन मार्क वुड और डेविड विली के बाहर होने तथा भारतीय खिलाड़ियों मयंक यादव और मोहसिन खान के फिटनेस से जुड़े मुद्दों के कारण उसका तेज गेंदबाजी आक्रमण कमजोर नजर आता है।
टीम इस प्रकार हैं:
राजस्थान रॉयल्स: संजू सैमसन (कप्तान), जोस बटलर, शुभम दुबे, शिम्रोन हेटमायर, यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल, टॉम कोहलर-कैडमोर, रियान पराग, रोवमैन पॉवेल, कुणाल सिंह राठौड़, रविचंद्रन अश्विन, डोनोवन फरेरा, अवेश खान, ट्रेंट बोल्ट , नंद्रे बर्गर, युजवेंद्र चहल, प्रसिद्ध कृष्णा, नवदीप सैनी, संदीप शर्मा, कुलदीप सेन, आबिद मुश्ताक, तनुश कोटियन। लखनऊ सुपर जाइंट्स: केएल राहुल (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, निकोलस पूरण, आयुष बडोनी, काइल मेयर्स, मार्कस स्टोइनिस, दीपक हुडा, देवदत्त पडिक्कल, रवि बिश्नोई, नवीन-उल-हक, क्रुणाल पंड्या, युद्धवीर सिंह, प्रेरक मांकड़, यश ठाकुर, अमित मिश्रा, शमर जोसेफ, मयंक यादव, मोहसिन खान, के. गौतम, शिवम मावी, अर्शिन कुलकर्णी, एम. सिद्धार्थ, एश्टन टर्नर, मोहम्मद अरशद खान.।
मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 3.30 बजे शुरू होगा। -
देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने नेतृत्व वाली राज्य सरकार के कार्यकाल के दो साल पूरे होने पर शनिवार को कहा कि सरकार राज्य के लोगों से किए गए वादों को पूरा कर रही है और विकास पथ पर तेजी से आगे बढ़ रही है। पिछले दो वर्षों में अपनी सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए धामी ने कहा कि उत्तराखंड आजादी के बाद जल्द ही समान नागरिक संहिता लागू करने वाला देश का पहला राज्य बन जाएगा, जिसके जरिए पुरुषों, महिलाओं और बच्चों के अधिकारों को सुरक्षा प्रदान की गई है। उन्होंने यहां पत्रकारों से कहा कि राज्य विधानसभा से पारित समान नागरिक संहिता (यूसीसी) विधेयक को पहले ही राष्ट्रपति की मंजूरी मिल चुकी है और इसके कार्यान्वयन के लिए नियम बनने के बाद यह जल्द ही एक कानून बन जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य की मूलनिवासी महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया गया है। धामी ने कहा कि सरकार ने राज्य आंदोलनकारियों और उनके आश्रितों को सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण देने का भी फैसला किया है। उन्होंने कहा, ''सभी के सहयोग से राज्य हर क्षेत्र में प्रगति करेगा और 2025 तक समृद्ध, मजबूत व आत्मनिर्भर उत्तराखंड के निर्माण का लक्ष्य हासिल कर लिया जाएगा।
-
कोलकाता। अनुभवी बंगाली अभिनेता पार्थसारथी देब का यहां एक अस्पताल में निधन हो गया। वह 68 वर्ष के थे। उनके परिवार के सदस्यों ने शनिवार को बताया कि देब का शुक्रवार रात 11 बजकर 50 मिनट पर निधन हो गया। उनका इसी अस्पताल में इलाज जारी था। उन्होंने बताया कि देब लंबे समय से फेफड़ों से जुड़े बीमारियों से पीड़ित थे तथा पिछले एक महीने से सरकारी एम आर बांगुर अस्पताल में भर्ती थे। पिछले एक हफ्ते में उनकी हालत और बिगड़ गयी थी तथा वह गहन चिकित्सा इकाई (आईसीयू) में भर्ती थे।
टेलीविजन धारावाहिकों में भी लोकप्रिय चेहरा रहे देब ने फीचर फिल्मों में भी काम किया जिसमें हाल में रिलीज हुई ‘रक्तबीज' शामिल है। उन्होंने रंगमंच, धारावाहिक, फिल्म तथा वेब सीरीज में अभिनय किया। वह पश्चिम बंगाल मोशन पिक्चर्स आर्टिस्ट्स फोरम के उपाध्यक्ष थे। -
थिम्पू। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भूटान की दो दिवसीय सार्थक यात्रा के दौरान हिमालयी देश को उसके विकास में भारत के सहयोग का आश्वासन दिया और उसे अगले पांच साल के लिए 10,000 करोड़ रुपये देने का संकल्प लिया। मोदी ने शनिवार सुबह भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे के साथ थिम्पू में भारत के सहयोग से निर्मित महिलाओं और बच्चों के एक आधुनिक अस्पताल का उद्घाटन किया। भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक के साथ ही प्रधानमंत्री टोबगे पारो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर प्रधानमंत्री मोदी को विदा करने आए। मोदी ने ‘एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘मैं महामहिम भूटान नरेश जिग्मे खेसर नामग्याल वांगचुक के दिल्ली के लिए प्रस्थान करते समय मुझे विदा करने के लिए हवाई अड्डे पर आने के विशेष भाव से सम्मानित महसूस कर रहा हूं।'' उन्होंने कहा, ‘‘यह भूटान की बहुत खास यात्रा रही। मुझे भूटान नरेश, प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे तथा भूटान के अन्य विशिष्ट लोगों से मुलाकात करने का अवसर मिला। हमारी बातचीत से भारत-भूटान मित्रता में और भी मजबूती आएगी। मैं ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो से सम्मानित करने के लिए आभारी हूं। मैं भूटान के अद्भुत लोगों का उनकी गर्मजोशी और आतिथ्य-सत्कार के लिए आभारी हूं। भारत हमेशा भूटान के लिए एक विश्वस्त मित्र और साझेदार रहेगा।'' प्रधानमंत्री मोदी को शुक्रवार को भूटान के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘ऑर्डर ऑफ द ड्रुक ग्यालपो' से सम्मानित किया। यह सम्मान पाने वाले वह पहले विदेशी शासनाध्यक्ष हैं। मोदी ने भूटान सरकार की 13वीं पंचवर्षीय योजना के बारे में भी बात की और कहा, ‘‘हमारा पूर्ण समर्थन और सहयोग रहेगा।'' उन्होंने कहा, ‘‘अगले पांच साल में भारत सरकार इस दिशा में 10,000 करोड़ रुपये मुहैया कराएगी।'
मोदी ने भूटान नरेश वांगचुक और प्रधानमंत्री टोबगे के साथ भी बातचीत की। उन्होंने भूटान के अपने समकक्ष के साथ बैठक के बाद कहा, ‘‘भूटान में प्रधानमंत्री शेरिंग टोबगे के साथ सार्थक चर्चा की। हमने भारत-भूटान संबंधों की समीक्षा की और सांस्कृतिक संबंध गहरे करने के साथ ही विकासात्मक साझेदारी बढ़ाने पर सहमत हुए।'' यह इस महीने भूटान के प्रधानमंत्री के साथ मोदी की दूसरी मुलाकात है। भूटान के प्रधानमंत्री टोबगे गत सप्ताह भारत की पांच दिवसीय यात्रा पर गए थे। यह जनवरी में शीर्ष पद संभालने के बाद उनकी पहली विदेश यात्रा थी। - नयी दिल्ली। राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान और प्रशिक्षण परिषद (एनसीईआरटी) एक अप्रैल से शुरू हो रहे शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए तीसरी से छठी कक्षा को लेकर नया पाठ्यक्रम और पाठ्यपुस्तकें जारी करेगी। अन्य कक्षाओं के पाठ्यक्रम और पाठ्यपुस्तकों में कोई बदलाव नहीं होगा। सीबीएसई के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने संबद्ध स्कूलों को भेजे एक पत्र में कहा कि एनसीईआरटी ने उसे सूचित किया है कि तीसरी से छठी कक्षा के लिए नए पाठ्यक्रम और पाठ्यपुस्तकों पर काम हो रहा है और जल्द ही ये जारी की जाएंगी। सीबीएसई के निदेशक (शैक्षणिक) जोसेफ इमैनुएल ने कहा, ‘‘स्कूलों को सलाह दी जाती है कि वे वर्ष 2023 तक एनसीईआरटी द्वारा प्रकाशित पाठ्यपुस्तकों के स्थान पर तीसरी से छठी कक्षा के लिए इन नए पाठ्यक्रम और पाठ्यपुस्तकों को अपनाएं।'' उन्होंने पत्र में कहा, ‘‘छठी कक्षा के लिए ब्रिज कोर्स और तीसरी कक्षा के लिए संक्षिप्त दिशानिर्देश एनसीईआरटी द्वारा तैयार कर रही है ताकि छात्रों को नयी शैक्षणिक व्यवस्था और नए पाठ्यक्रम ढांचे, 2023 के अनुरूप अध्ययन में सुगमता हो। एनसीईआरटी से सामग्री प्राप्त होने के बाद ये सभी स्कूलों को ऑनलाइन भेजी जाएगी।'' उन्होंने पत्र में कहा, ‘‘सीबीएसई स्कूल प्रमुखों और शिक्षकों के लिए क्षमता निर्माण कार्यक्रम भी आयोजित करेगी ताकि उन्हें राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी)-2020 में परिकल्पित शिक्षण के नए तौर तरीके सीखने के दृष्टिकोण से अवगत कराया जा सके।'' शिक्षा मंत्रालय ने 18 वर्षों के बाद राष्ट्रीय पाठ्यक्रम ढांचे (एनसीएफ) में संशोधन करते हुए पिछले साल बदलाव को अधिसूचित किया था। एनसीएफ में पहले भी चार बार 1975, 1988, 2000 और 2005 में संशोधन हो चुके हैं। एनसीईआरटी राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के कार्यान्वयन के तहत स्कूली शिक्षा के लिए नए राष्ट्रीय पाठ्यक्रम ढांचे-2023 के अनुरूप स्कूलों के लिए नयी पाठ्यपुस्तकें तैयार करने की प्रक्रिया में है। उन्होंने कहा, ‘‘एक अप्रैल, 2024 से शुरू होने वाले शैक्षणिक वर्ष 2024-25 के लिए अन्य कक्षाओं के पाठ्यक्रम और पाठ्यपुस्तकों में कोई बदलाव नहीं होगा।
- नयी दिल्ली। तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के परिवार के लिए आने वाले दिनों में परेशानी और बढ़ सकती है, क्योंकि प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को आरोप लगाया कि भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता का एक भतीजा दिल्ली आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन मामले में गैर-कानूनी रकम या अपराध से अर्जित आय को इधर-उधर करने में ‘शामिल' है। केंद्रीय एजेंसी ने यहां धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विशेष अदालत की न्यायाधीश कावेरी बावेजा को सूचित किया कि उसने इस मामले में पिछले सप्ताह कविता से पूछताछ के दौरान उनके रिश्तेदार मेका श्री सरन की भूमिका सामने आने के बाद शनिवार को उनके (सरन के) परिसरों की तलाशी ली। तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की 46-वर्षीया बेटी कविता को ईडी ने 15 मार्च को गिरफ्तार किया था और शनिवार को उनकी हिरासत बढ़ाने के लिए उन्हें अदालत में पेश किया गया था। अदालत ने कविता को 26 मार्च तक एजेंसी की हिरासत में भेज दिया।कविता ने अदालत में अपनी पेशी के दौरान संवाददाताओं से कहा कि "यह एक फर्जी और झूठा मामला है... हम लड़ रहे हैं। चुनाव के दौरान इतने सारे नेताओं को गिरफ्तार करना गलत बात है और निर्वाचन आयोग को हस्तक्षेप करना चाहिए तथा देश में लोकतंत्र की रक्षा करनी चाहिए।" ईडी और दिल्ली पुलिस कर्मियों के सुरक्षा घेरे के बीच उन्होंने कहा, "लोगों को यह भी सोचना चाहिए कि चुनाव के दौरान इतने सारे नेताओं को क्यों गिरफ्तार किया जा रहा है।" एजेंसी ने कविता की हिरासत अवधि बढ़ाये जाने के अनुरोध संबंधी अपने दस्तावेज के हवाले से अदालत को बताया कि उसने 15 मार्च को हैदराबाद के बंजारा हिल्स में बीआरएस नेता कविता के घर पर तलाशी के दौरान सरन का एक मोबाइल उपकरण जब्त किया था। ईडी ने अदालत को सूचित किया कि सरन को पूछताछ के लिए दो बार बुलाया गया था, लेकिन वह उपस्थित होने में "विफल" रहे। एजेंसी ने कहा कि पिछले सात दिनों में जांच के दौरान यह पाया गया कि सरन "इंडो स्पिरिट्स से अपराध की आय के हस्तांतरण/उपयोग में शामिल था।'' ईडी ने कहा, ‘‘चूंकि इस मामले की जांच के लिए प्रासंगिक जानकारी सरन के पास उपलब्ध है और वह जांच एजेंसी की जांच में सहयोग नहीं कर रहे हैं। ऐसे में 23 मार्च को पीएमएलए की धारा 17 के तहत उनके परिसरों पर छापेमारी की जा रही है।'' इंडो स्पिरिट्स को विधान पार्षद कविता, वाईएसआर कांग्रेस सांसद मगुंटा श्रीनिवासुलु रेड्डी, उनके बेटे राघव मगुंटा और शराब व्यवसायी एवं इंडो स्पिरिट्स के प्रवर्तक समीर महेंद्रू ने बनाया है।' ईडी ने अदालत से सरन द्वारा अपराध की आय के कथित हस्तांतरण/उपयोग का विवरण प्राप्त करने और गिरफ्तार नेता (कविता) की भूमिका का पता लगाने के लिए समीर महेंद्रू से आगे की पूछताछ के लिए उसकी अर्जी को स्वीकार करने का भी अनुरोध किया। ईडी ने इसी मामले में महेंद्रू को भी पहले गिरफ्तार किया था।ईडी ने कहा कि यह "ध्यान देना महत्वपूर्ण" है कि सरन कविता के "करीबी रिश्तेदार" हैं और वह भी 15 मार्च को ईडी की ओर से मारे गये छापे के दिन मौके पर मौजूद थे। भाषाा सुरेश धीरज
- नयी दिल्ली। हरियाणा रियल एस्टेट नियामक प्राधिकरण (रेरा) ने पंजीकरण नियमों का पालन नहीं करने पर गुरुग्राम के 20 बिल्डरों की करीब सात करोड़ रुपये की जमानत राशि जब्त कर ली है। रेरा (गुरुग्राम) ने एक आदेश में कहा कि रियल एस्टेट प्रवर्तकों को सशर्त परियोजना पंजीकरण प्रमाणपत्र दिए गए थे। हालांकि, वे तय समय के भीतर शर्तों को पूरा करने में विफल रहे। रेरा ने अपने आदेश में कहा कि पंजीकरण प्रमाणपत्रों की शर्तों के अनुसार जरूरी दस्तावेजों को समय पर जमा नहीं करने पर प्रवर्तकों की जमानत राशि जब्त की जा रही है। आदेश के मुताबिक इन 20 रियल एस्टेट प्रवर्तकों की कुल जमानत राशि सात करोड़ रुपये थी।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शनिवार को लोगों से भारत को क्षयरोग मुक्त बनाने के लिए मिलकर काम करने का आह्वान किया। विश्व क्षय रोग दिवस की पूर्व संध्या पर दिए अपने संदेश में राष्ट्रपति मुर्मू ने कहा कि इस दिन का उद्देश्य जनता को क्षयरोग के वैश्विक प्रभाव के बारे में जागरूक करना, बीमारी को नियंत्रित करने संबंधी चुनौतियों के बारे में जागरूकता बढ़ाना और इसे रोकने के प्रयासों का समर्थन करना है। राष्ट्रपति ने कहा, ‘‘यह दिन हमें क्षय रोग की शीघ्र पहचान, उपचार और रोकथाम के महत्व की भी याद दिलाता है।'' उन्होंने कहा, ‘‘ मैं सभी से भारत को क्षयरोग मुक्त बनाने के लिए मिलकर काम करने और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए सभी प्रयास करने का आह्वान करती हूं।'' विश्व क्षय रोग दिवस हर साल 24 मार्च को क्षयरोग के बारे में जन जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। डॉ. रॉबर्ट कोच ने सन 1882 में इसी दिन घोषणा की थी कि उन्होंने क्षयरोग का कारण बनने वाले जीवाणु की खोज कर ली है, जिससे इस बीमारी के निदान और इलाज का मार्ग प्रशस्त हुआ।
- नयी दिल्ली। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को कहा कि उसने अमेरिका से दिल्ली होते हुए वडोदरा हवाई अड्डे पर उतरे एक व्यक्ति से करीब 50 लाख रुपये मूल्य के अमेरिकी डॉलर जब्त किये हैं। केंद्रीय एजेंसी ने शनिवार को गुजरात के वडोदरा में उस व्यक्ति के आवास पर भी तलाशी ली। हालांकि, व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। ईडी ने एक बयान में कहा कि उस व्यक्ति ने शुक्रवार को अमेरिका से दिल्ली पहुंचने के बाद वहां इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सीमा शुल्क अधिकारियों को विदेशी मुद्रा के बारे में जानकारी नहीं दी थी। जब वह व्यक्ति दिल्ली से अन्य उड़ान के जरिए वडोदरा पहुंचा तो उसे रोक लिया गया और उसके बैग से 60,000 अमेरिकी डॉलर (लगभग 50 लाख रुपये) बरामद किए गए।
- नयी दिल्ली। एक नये सर्वेक्षण से खुलासा हुआ है कि 5-16 वर्ष की आयु के बीच के लगभग 60 प्रतिशत बच्चे संभावित डिजिटल लत का संकेत देने वाले व्यवहार प्रदर्शित करते हैं, जो इन नकारात्मक प्रभावों को कम करने के लिए प्रभावी रणनीतियों की तत्काल आवश्यकता को रेखांकित करता है। स्मार्ट पैरेंट सॉल्यूशन कंपनी ‘बाटू टेक' द्वारा आयोजित सर्वेक्षण के नतीजे 1,000 माता-पिता के नमूना आकार पर आधारित है। सर्वेक्षण का उद्देश्य यह सामने लाना है कि मोबाइल के उपयोग पर अधिक समय खर्च करना किस प्रकार नींद की गुणवत्ता को प्रभावित करने के साथ ही शारीरिक गतिविधियों में कमी, समाज से दूरी और शैक्षणिक प्रदर्शन में कमी सहित विभिन्न जोखिम पैदा करता है। सर्वेक्षण में कहा गया है, ‘‘लगभग 60 प्रतिशत बच्चे संभावित डिजिटल लत का संकेत देने वाले व्यवहार प्रदर्शित करते हैं और लगभग 85 प्रतिशत माता-पिता अपने बच्चों की ऑनलाइन सामग्री खपत को प्रबंधित करने में कठिनाई आने की बात स्वीकार करते हैं।
- गुरुग्राम,। गुरुग्राम की एक अदालत ने यूट्यूबर सागर ठाकुर उर्फ मैक्सटर्न से कथित तौर पर मारपीट करने के मामले में बिग बॉस ओटीटी-2 के विजेता और यूट्यूबर एल्विश यादव को शनिवार को जमानत दे दी। पुलिस ने यह जानकारी दी। एल्विश यादव के वकील हिमांशु यादव ने बताया, ‘‘अदालत ने जमानत याचिका पर सुनवाई की और मामले में जमानत दे दी। उन्हें जमानत मुचलका भरना होगा, जो अदालत में जमा किया जाएगा।'' गुरुग्राम पुलिस ने बुधवार को एक अर्जी दाखिल कर एल्विश यादव के खिलाफ पेशी वारंट जारी करने का अनुरोध किया था, जो नोएडा की जेल में बंद था। न्यायिक मजिस्ट्रेट, प्रथम श्रेणी हर्ष कुमार ने एल्विश को 27 मार्च को अदालत में पेश होने का आदेश दिया था, लेकिन नोएडा पुलिस शनिवार को एल्विश को लेकर गुरुग्राम अदालत पहुंची। पुलिस ने बताया कि एल्विश को गौतमबुद्ध नगर की अदालत ने संदिग्ध मादक पदार्थ मामले में शुक्रवार को जमानत दे दी थी। एल्विश को जब गुरुग्राम की अदालत में लाया गया, तो हरियाणा पुलिस की एक टीम उन्हें पूछताछ के लिए ले गई और मारपीट मामले में उनसे करीब तीन घंटे तक पूछताछ की। गुरुग्राम सेक्टर-53 पुलिस थाना के प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र कुमार ने बताया, ‘‘पूछताछ के बाद, हमने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजने की मांग करते हुए अदालत में पेश किया। लेकिन अदालत ने उन्हें जमानत दे दी। हम अन्य आरोपियों को जांच में शामिल होने के लिए नोटिस जारी करेंगे।'' हिमांशु यादव ने बताया कि एल्विश को इस आधार पर जमानत दी गई कि एल्विश और शिकायतकर्ता यूट्यूबर के बीच समझौता हो गया है। एल्विश यादव का एक वीडियो आठ मार्च को सामने आया था, जिसमें वह गुरुग्राम के एक मॉल की दुकान में यूट्यूबर सागर ठाकुर की कथित तौर पर पिटाई करते दिख रहा है। ठाकुर की शिकायत पर गुरुग्राम सेक्टर 53 पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
-
नई दिल्ली। हिमाचल प्रदेश में लगातार बढ़ते राजनीतिक संकट के बीच कांग्रेस के छह पूर्व विधायक शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। उन्हें कांग्रेस के एक व्हिप की अवज्ञा करने के बाद विधायक पद से अयोग्य करार दिया गया था। वे केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष राजीव बिंदल की उपस्थिति में पार्टी में शामिल हो गए।
इन पूर्व विधायकों का पार्टी में स्वागत करते हुए ठाकुर ने कहा कि उनकी उपस्थिति से भाजपा और मजबूत होगी। उन्होंने राज्य में कांग्रेस सरकार पर अपने वादों को पूरा न करने का आरोप लगाया जिससे लोगों के बीच आक्रोश है।ठाकुर ने कहा कि इन नेताओं ने हाल में हुए राज्यसभा चुनाव में भाजपा का समर्थन किया था जो कांग्रेस के खिलाफ ‘‘जन आक्रोश’’ को दर्शाता है।कांग्रेस के जो छह बागी विधायक भाजपा में शामिल हुए हैं, वे सुधीर शर्मा, रवि ठाकुर, राजेंद्र राणा, इंद्र दत्त लखनपाल, चैतन्य शर्मा और देवेंद्र कुमार भुट्टो हैं। ये सभी कांग्रेस के टिकट पर निर्वाचित हुए थे और उन्हें हिमाचल प्रदेश विधानसभा में उपस्थित रहने तथा कटौती प्रस्ताव व बजट के दौरान राज्य सरकार के पक्ष में मतदान करने के पार्टी के एक व्हिप की अवज्ञा करने के लिए 29 फरवरी को अयोग्य करार दिया गया था।निर्वाचन आयोग ने इनके निर्वाचन क्षेत्रों के लिए उपचुनाव की घोषणा की है और वे भाजपा उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ सकते हैं।तीन निर्दलीय विधायकों – आशीष शर्मा, होशियार सिंह और के एल ठाकुर ने शुक्रवार को अपने इस्तीफे सौंपे। उनके भी जल्द ही भाजपा में शामिल होने की संभावना है।मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार पिछले महीने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के इन नौ विधायकों के समर्थन से राज्य की इकलौती सीट के लिए राज्यसभा चुनाव जीतने के बाद संकट में आ गयी थी।बहरहाल, सुक्खू की सरकार को अभी कोई खतरा नजर नहीं आता है लेकिन भाजपा उपचुनाव में जीत के साथ उनकी सरकार को गिराने की फिराक में है। उपचुनाव में भाजपा की जीत से सत्तारूढ़ पार्टी के खेमे में विधायकों की संख्या में कमी आ सकती है।कांग्रेस के छह विधायकों की अयोग्यता के बाद अब 62 सदस्यीय हिमाचल प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस सदस्यों की संख्या 39 से कम होकर 33 रह गयी है। विधानसभा में मूल रूप से 68 सदस्यीय है। भाजपा के 25 विधायक हैं। बहुमत परीक्षण के दौरान दोनों पक्षों के बराबरी पर रहने की सूरत में ही अध्यक्ष वोट कर सकते हैं और अभी अध्यक्ष कांग्रेस पार्टी के हैं। -
नई दिल्ली। राष्ट्रीय राजधानी की एक अदालत ने शनिवार को दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले में आरोपी भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता की हिरासत 26 मार्च तक बढ़ा दी। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कविता की हिरासत पांच दिन बढ़ाने का अनुरोध किया था।ईडी ने आरोप लगाया है कि तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी कविता ‘साउथ ग्रुप’ का हिस्सा थी, जिसने 2021-22 के लिए अब समाप्त हो चुकी आबकारी नीति के तहत लाभ के बदले में दिल्ली की सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (आप) को 100 करोड़ रुपये की रिश्वत दी थी।
मामले की सुनवाई के दौरान ईडी ने कहा कि कविता का सामना चार लोगों के बयानों और उनके (कविता) फोन से निकाले गए डेटा की फोरेंसिक रिपोर्ट से कराया गया। जांच एजेंसी ने अदालत को बताया कि हैदराबाद में कविता के करीबी रिश्तेदार के घर पर छापेमारी की जा रही है। बीआरएस नेता के वकील ने अदालत में जमानत याचिका दायर की। भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की विधान परिषद सदस्य 46 वर्षीय कविता को हैदराबाद में बंजारा हिल्स स्थित उनके आवास से ईडी ने 15 मार्च को गिरफ्तार किया था। -
जयपुर. जयपुर में बृहस्पतिवार को सुबह रसोई गैस सिलेंडर से गैस रिसाव के कारण लगी आग में एक ही परिवार के पांच लोगों की जलकर मौत हो गई। मरने वालों में युवा दंपत्ति व उसके तीन बच्चे शामिल हैं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार घटना बृहस्पतिवार सुबह उस समय हुई जब राजेश यादव (25) सिलेंडर बदल रहा था।
थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि सिलेंडर से गैस लीक हो रही थी और अचानक आग भभक उठी। उन्होंने बताया कि किराए के कमरे में राजेश यादव, उनकी पत्नी रूबी (24), उनकी बेटियां ईशु (7) व खुशमनी (4) और बेटा दिलखुश (2) मौजूद थे और उनमें से कोई भी बाहर नहीं निकल सका। आग ने पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया और सभी लोग जिंदा जल गए। थानाधिकारी ने बताया कि इस मकान में 17-18 कमरे हैं। इनमें से एक कमरे में राजेश का परिवार पिछले चार महीने से रह रहा था। यह परिवार मूल रूप से मोतिहारी, बिहार का रहने वाला था। उन्होंने बताया कि घटना में किसी अन्य कमरे को नुकसान नहीं पहुंचा है।उन्होंने कहा,‘‘राजेश एक फैक्ट्री में काम करता था। उसने सुबह अपना सिलेंडर भरवाया था और उसे बदल रहा था तभी यह हादसा हुआ।'' पुलिस ने कहा कि दमकलकर्मियों ने आग पर काबू पा लिया और शवों को अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और अन्य ने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। शर्मा ने सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर लिखा, ‘‘जयपुर के विश्वकर्मा में भीषण आग की चपेट में आने से पांच नागरिकों के असामयिक निधन का समाचार हृदय विदारक है। परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान व परिजनों को यह वज्रपात सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।'' -
हजारीबाग. झारखंड के हजारीबाग जिले में बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे रेत से भरे एक ट्रक ने सुबह की सैर पर निकले लोगों को पीछे से टक्कर मार दी, जिसमें चार लड़कियां और दो महिलाएं घायल हो गईं। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के मुताबिक यह घटना रांची से करीब 130 किलोमीटर दूर टाटीझरिया पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले खेरामसिंह गांव में हुई। हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक (एसपी) अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि गंभीर रूप से घायल दो लोगों को उन्नत चिकित्सा देखभाल के लिए रांची के राजेन्द्र आयुर्विज्ञान संस्थान (रिम्स) रेफर किया गया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शेष चार घायल व्यक्तियों का वर्तमान में हजारीबाग के शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में इलाज चल रहा है। सिंह ने कहा कि ट्रक को जब्त कर लिया गया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है।
- नयी दिल्ली. रेलवे बोर्ड ने बृहस्पतिवार को सभी जोन को सभी होली विशेष ट्रेनों की कड़ी निगरानी करने और उनका समय पर संचालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। भारतीय रेलवे ने अपने प्रेस बयान में कहा कि वह रेल यात्रियों की सुविधा और यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को कम करने के लिए होली के त्योहारी मौसम में 540 विशेष ट्रेन चला रहा है। निर्देश में कहा गया, “रेलवे बोर्ड चाहता है कि जोन कड़ी निगरानी करें और होली विशेष ट्रेनों का समय पर संचालन सुनिश्चित करें।” रेलवे के बयान में कहा गया कि दिल्ली-पटना, दिल्ली-भागलपुर, दिल्ली-मुजफ्फरपुर, दिल्ली-सहरसा, गोरखपुर-मुंबई, कोलकाता-पुरी, गुवाहाटी-रांची, नयी दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा, जयपुर-बांद्रा टर्मिनल, पुणे-दानापुर, दुर्ग-पटना, बरौनी-सूरत आदि जैसे रेलवे मार्गों पर देश भर के प्रमुख स्थलों को जोड़ने के लिए ट्रेनों के संचालन की योजना बनाई गई है। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रमुख स्टेशनों पर अतिरिक्त आरपीएफ कर्मियों को भी तैनात किया है।
-
नागपुर. भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने बृहस्पतिवार को कहा कि वर्तमान में देश के अंतरिक्ष यात्री वायुसेना से हैं, लेकिन बहुत जल्द वैज्ञानिक भी यह भूमिका निभाएंगे जब मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम नियमित तरीके से संचालित होने लगेगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 27 फरवरी को उन चार भावी अंतरिक्ष यात्रियों के नामों की घोषणा की थी जो भारत के पहले मानव अंतरिक्ष मिशन 'गगनयान' के लिए प्रशिक्षण ले रहे हैं। चारों भावी अंतरिक्ष यात्रियों-ग्रुप कैप्टन प्रशांत नायर, अंगद प्रताप, अजीत कृष्णन और विंग कमांडर शुभांशु शुक्ला वायुसेना से हैं। अंतरिक्ष यात्री बनने की अर्हता को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में सोमनाथ ने कहा, ‘‘वर्तमान में, अंतरिक्ष यात्री वायुसेना से हैं और वे पायलट हैं। कल, जब हम नियमित तरीके से मानव अंतरिक्ष कार्यक्रम शुरू करेंगे, तब हमें अनुसंधान वैज्ञानिक आदि की आवश्यकता होगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘आप एक वैज्ञानिक विशेषज्ञ के रूप में (अंतरिक्ष यान) सवार हो सकते हैं और एक अंतरिक्ष यात्री बन सकते हैं। हम एक अंतरिक्ष स्टेशन स्थापित कर रहे हैं। आप विशिष्ट कार्य करने के लिए अंतरिक्ष यात्री बन सकते हैं। आप जीवविज्ञान वैज्ञानिक बन सकते हैं और अंतरिक्ष यात्री बन सकते हैं। भौतिक विज्ञानी बनें, प्रयोग करें और अंतरिक्ष वैज्ञानिक बनें।'' वह इसरो के सहयोग से विज्ञान भारती विदर्भ प्रदेश मंडल द्वारा आयोजित ‘स्पेस ऑन व्हील्स' के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इसरो प्रमुख ने कहा कि देश 2040 में एक अंतरिक्ष यात्री को चंद्रमा पर भेजने की दिशा में काम कर रहा है।
- कोलकाता. कोयला मंत्रालय में सचिव अमृत लाल मीणा ने अवैध खनन रोकने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा है कि इसपर लगाम सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। मीणा ने यहां 17वें भारतीय कोयला बाजार सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि 69 खदानों को स्थायी रूप से बंद करने की पहचान प्रक्रिया को अंतिम रूप दे दिया गया है और इसे जल्द ही अमल में लाया जाएगा। कोयला सचिव ने कहा कि जिन 225 खदानों में कोयला उत्पादन बंद हो गया है, उनका इस्तेमाल सौर पार्क और पंप भंडारण उद्यमों जैसी नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के लिए दोबारा करने की कोशिश की जा रही है। मीणा ने कहा, ‘‘अवैध खनन को रोकना सरकार के लिए एक उच्च प्राथमिकता है। हमने बंद और परित्यक्त खदानों का जायजा लिया है और सर्वेक्षण किया है। हम इन बंद खदानों को निजी क्षेत्र को देने की कोशिश कर रहे हैं जहां संसाधन उपलब्ध हैं। जहां यह संभव नहीं है, वहां पर खदानें स्थायी रूप से बंद हो जाएंगी।'' उन्होंने कहा कि सरकार पीएम गति शक्ति के तहत रेलवे संपर्क के जरिये सभी कोयला खदानों को सहायता प्रदान करेगी, चाहे वह सार्वजनिक हो या वाणिज्यिक। रेल निकासी संपर्क के लिए लगभग 38 परियोजनाओं की पहचान की गई है जो वर्तमान में विकास के विभिन्न चरणों में हैं। कोयला सचिव ने कहा कि भारत वित्त वर्ष 2025-26 तक एक अरब टन और 2030 तक 1.5 अरब टन से अधिक उत्पादन लक्ष्य हासिल करने के लिए तैयार है। हालांकि, आने वाले समय में ऊर्जा की मांग में कोयले की हिस्सेदारी घट सकती है। उन्होंने कहा, ‘‘कोल इंडिया को चालू वित्त वर्ष के लिए 78 करोड़ टन के लक्ष्य के साथ, 2025-26 तक एक अरब टन के लक्ष्य तक पहुंचने की उम्मीद है।'' मीणा ने भूमिगत खनन में निजी क्षेत्र की कंपनियों की दिलचस्पी बढ़ने के साथ नीलाम की गई कई वाणिज्यिक खदानों से सफल उत्पादन पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सरकार ने 100 से अधिक कोयला ब्लॉक को नीलामी के लिए रखा है।
- जयपुर. राजस्थान के उदयपुर जिले में बृहस्पतिवार को तीन अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने एक आभूषण दुकान के मालिक की गला घोंटकर हत्या कर दी और 80 लाख रुपये से अधिक के आभूषण लूटकर फरार हो गए। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि जब बदमाश भागने की फिराक में थे तो पड़ोसियों ने उनमें से एक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर पुलिस को सौंप दिया। उन्होंने बताया कि आरोपी ने मौके से भागने के लिए फायरिंग भी की। घटना शहर के भूपालपुरा थाना इलाके की है, घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
- नयी दिल्ली, प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने आबकारी नीति से जुड़े धन शोधन मामले में गुरुवार रात दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को गिरफ्तार कर लिया और उन्हें यहां अपने कार्यालय ले गयी। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक को एजेंसी की किसी दंडात्मक कार्रवाई से राहत देने से इनकार करने के कुछ ही घंटों बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। पद पर रहने के दौरान किसी मुख्यमंत्री की गिरफ्तारी का यह पहला मामला है। लोकसभा चुनावों के लिए प्रचार अभियान के बीच, केजरीवाल (55) की गिरफ्तारी पर आप ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। आप ने कहा, ‘‘केजरीवाल दिल्ली के मुख्यमंत्री बने रहेंगे। जरूरत पड़ने पर, वह जेल से सरकार चलाएंगे।''हालांकि, भाजपा ने नैतिक आधार पर मुख्यमंत्री पद से उनके इस्तीफे की मांग की है।अधिकारियों ने बताया कि दिन में तेजी से बदलते घटनाक्रम में ईडी के एक अतिरिक्त निदेशक के नेतृत्व में एजेंसी की 10 सदस्यीय टीम यहां सिविल लाइंस स्थित उनके सरकारी आवास पर पहुंची और तलाशी ली। मुख्यमंत्री आवास पर ईडी की टीम के पहुंचने के दो घंटे से अधिक समय बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया। सूत्रों ने बताया कि ईडी ने गिरफ्तार करने से पहले केजरीवाल से कुछ देर तक पूछताछ की। उन्होंने बताया कि छापे के दौरान कुछ जब्तियां भी की गयीं। अधिकारियों के अनुसार संघीय एजेंसी केजरीवाल को रात करीब 11 बजकर 25 मिनट पर एसयूवी गाड़ी से मध्य दिल्ली में अपने कार्यालय लेकर पहुंची। उन्हें गाड़ी में पिछली सीट पर देखा गया । गाड़ी में उनके साथ तीन ईडी अधिकारी थे। उन्होंने बताया कि ईडी द्वारा बुलायी गयी चिकित्सकों की एक टीम ने केजरीवाल का चेकअप किया और अदालत में पेश करने से पहले उन्हें हिरासत में रखा। गिरफ्तार किये जाने लोगों के लिए मेडिकल चेकअप निर्धारित प्रक्रिया है। यह ईडी द्वारा इस मामले में 16 वीं गिरफ्तारी है।अधिकारियों ने कहा कि ईडी शुक्रवार को यहां एक अदालत में मुख्यमंत्री को पेश करेगी और पूछताछ के लिए उन्हें हिरासत में देने का अनुरोध करेगी। ईडी इस मामले में अबतक छह आरोपपत्र दाखिल कर चुकी है और 128 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क कर चुकी है।केजरीवाल मामले में पूछताछ के लिए एजेंसी द्वारा जारी किये गये नौ समन को टाल चुके थे। इनमें नया समन बृहस्पतिवार 21 मार्च को जारी किया गया। उन्होंने इन समन को ‘अवैध' करार दिया है। ईडी के अधिकारियों द्वारा केजरीवाल के आवास के अंदर कार्रवाई किये जाने के दौरान दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त बलों के अलावा द्रुत कार्य बल (आरएएफ) तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल(सीआरपीएफ) के कर्मियों को मुख्यमंत्री आवास के आसपास तैनात किया गया था। आप के काफी संख्या में समर्थक और नेता मुख्यमंत्री आवास के निकट एकत्र हुए और ईडी की कार्रवाई के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने केजरीवाल के समर्थन में नारे लगाये और ईडी की कार्रवाई की निंदा की। दिल्ली पुलिस ने मध्य दिल्ली में एपीजे अब्दुल कलाम रोड स्थित एजेंसी के दफ्तर के आसपास भी सुरक्षा बढ़ा दी है। दिन में, केजरीवाल ने मामले में कोई राहत देने से उच्च न्यायालय के इनकार करने संबंधी आदेश के खिलाफ उच्चतम न्यायालय का रुख किया। दिल्ली सरकार में मंत्री एवं आप नेता आतिशी ने ‘एक्स' पर पोस्ट किया, ‘‘हमने दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ईडी द्वारा की गई गिरफ्तारी को रद्द कराने के लिए उच्चतम न्यायालय का रुख किया है। हमने उच्चतम न्यायालय से आज रात ही तत्काल सुनवाई करने का अनुरोध किया है।'' पिछले हफ्ते, तेलंगाना के पूर्व मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव की बेटी एवं भारत राष्ट्र समिति (बीआरएस) की नेता के. कविता को हैदराबाद स्थित उनके आवास से एजेंसी ने गिरफ्तार किया गया था जो अभी इसी मामले में 23 मार्च तक ईडी की हिरासत में हैं। यह मामला 2021-22 के लिए दिल्ली आबकारी नीति तैयार करने और उसे लागू करने में कथित भ्रष्टाचार एवं धन शोधन से संबद्ध है। हालांकि, बाद में यह नीति रद्द कर दी गई। आप नेता मनीष सिसोदिया और संजय सिंह मामले में न्यायिक हिरासत में हैं।ईडी के आरोपपत्र में केजरीवाल के नाम का उल्लेख कई बार किया गया है। एजेंसी का आरोप है कि आरोपी आबकारी नीति बनाने के लिए केजरीवाल के संपर्क में थे। यह नीति बनाने और इसे लागू करने के लिए आप पर रिश्वत लेने का आरोप है। ईडी ने हाल में एक बयान में आरोप लगाया था कि बीआरएस नेता कविता (46) और कुछ अन्य ने आम आदमी पार्टी को 100 करोड़ रुपये अदा कर आबकारी नीति में फायदा पाने के लिए केजरीवाल और सिसोदिया जैसे आप के शीर्ष नेताओं के साथ ‘‘साजिश'' रची थी। आतिशी ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘यह पूरा प्रकरण दर्शाता है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केजरीवाल से कितने डरे हुए हैं। उन्होंने लोकसभा चुनावों से पहले उन्हें जेल भेजने की साजिश रची।'' ईडी की कार्रवाई पर आप के सांसद राघव चड्ढा ने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनावों से ठीक पहले केजरीवाल को गिरफ्तार करने की बड़ी साजिश रची गई। केजरीवाल दिल्ली जल बोर्ड में कथित अनियमितता के सिलसिले में भी ईडी के एक मामले का सामना कर रहे हैं।
- जम्मू, । उधमपुर-कठुआ लोकसभा सीट के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने से पहले केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने गुरुवार को जम्मू में अपने आवास पर पूजा की। उधमपुर-कठुआ लोकसभा सीट पर 19 अप्रैल को पहले चरण में मतदान होना है। बुधवार को 17 राज्यों और चार केंद्र शासित प्रदेशों की 102 सीटों के साथ ही उधमपुर लोकसभा क्षेत्र के लिए भी अधिसूचना जारी की गई, जहां लोकसभा चुनाव के पहले चरण में मतदान होगा। सिंह की उम्मीदवारी की घोषणा तीन मार्च को भाजपा की पहली सूची में की गई थी। उन्होंने आज दोस्तों और रिश्तेदारों की उपस्थिति में शहर के त्रिकुटा नगर इलाके में अपने आवास पर पूजा की। पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख 27 मार्च है, नामांकन की जांच 28 मार्च को होगी और उम्मीदवारी वापस लेने की आखिरी तारीख 30 मार्च है। कभी कांग्रेस पार्टी का गढ़ रह चुके उधमपुर-कठुआ लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र से दो बार चुनाव जीत चुके सिंह आगामी संसदीय चुनावों में जीत की हैट्रिक के लिए प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने 2014 में उधमपुर सीट से जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता गुलाम नबी आज़ाद को 60,000 से अधिक वोटों से हराया था। सिंह को 4,87,369 वोट मिले थे जबकि आज़ाद को 4,26,393 वोट मिले थे। आजाद कांग्रेस छोड़ कर अपनी पार्टी बना चुके हैं। सिंह ने 2019 में कांग्रेस नेता कर्ण सिंह के बेटे और पार्टी उम्मीदवार विक्रम आदित्य सिंह के खिलाफ 3,57,252 वोटों के बड़े अंतर से जीत हासिल की। हालिया समीक्षा के बाद, उधमपुर-कठुआ निर्वाचन क्षेत्र में अब 16.20 लाख से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं।जम्मू-कश्मीर में लोकसभा चुनाव पांच चरणों में होंगे और प्रत्येक संसदीय क्षेत्र में अलग-अलग चरण में मतदान होगा। पांच लोकसभा क्षेत्रों में मतदान 19 अप्रैल (उधमपुर), 26 अप्रैल (जम्मू), 7 मई (अनंतनाग), 13 मई (श्रीनगर) और 20 मई (बारामूला) को होगा। करगिल और लेह जिलों में फैली लद्दाख लोकसभा सीट पर पांचवें चरण में मतदान होगा।
- नयी दिल्ली। उच्चतम न्यायालय ने दो नये निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति पर रोक लगाने के अनुरोध करने वाली अर्जियां गुरुवार को खारिज कर दीं। न्यायमूर्ति संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता की पीठ ने कहा कि वह मुख्य निर्वाचन आयुक्त और अन्य चुनाव आयुक्त (नियुक्ति, सेवा शर्तें और कार्यालय शर्तें) अधिनियम, 2023 की वैधता को चुनौती देने वाली मुख्य याचिकाओं पर गौर करेगी। पीठ ने कहा, ‘‘हम नियुक्ति पर रोक की अर्जियां खारिज करते हैं।''नये कानून को चुनौती देने वाले याचिकाकर्ताओं से पीठ ने कहा, ‘‘इस समय हम कानून पर रोक नहीं लगा सकते हैं। इससे अव्यवस्था और अनिश्चितता की स्थिति पैदा होगी और हम अंतरिम आदेश के माध्यम से इस पर रोक नहीं लगा सकते। नये निर्वाचन आयुक्तों पर कोई आरोप नहीं हैं।'' सुनवाई के दौरान पीठ ने दो नए निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति के लिए अपनाई गई प्रक्रिया पर केंद्र से सवाल किया। इसने कहा कि निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति पर विचार करने के लिए चयन समिति को और अधिक समय दिया जाना चाहिए था। पीठ ने कहा, ‘‘निर्वाचन आयुक्तों की नियुक्ति के लिए बनी खोज समिति को उम्मीदवारों की पृष्ठभूमि को समझने के लिए उचित समय दिया जाना चाहिए था।'' न्यायालय ने कहा कि इसकी संविधान पीठ के 2023 के फैसले में कहीं भी यह नहीं कहा गया कि निर्वाचन आयुक्त की नियुक्ति वाली चयन समिति में न्यायपालिका से एक सदस्य होना चाहिए। सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी ज्ञानेश कुमार और सुखबीर सिंह संधू को हाल में निर्वाचन आयुक्त नियुक्त किया गया था।
-
23 मार्च की रात को मनाया जाएगा अर्थ आवर डे
नई दिल्ली। दुनियाभर में शनिवार, 23 मार्च 2024 को रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक अर्थ आवर मनाया जाएगा। यह एक वैश्विक अभियान है, जिसके तहत लोग एक घंटे के लिए बिजली बंद करके ऊर्जा बचाने का संकल्प लेते हैं। वर्ल्ड वाइड फंड फॉर नेचर संस्था की तरफ से हर साल दुनिया में अर्थ आवर का आयोजन किया जाता है। इसके तहत दुनियाभर के करोड़ों लोग एक घंटे के लिए बिजली की खपत को बंद कर देते हैं जिसकी वजह से इसे अर्थ आवर कहा जाता है। अर्थ आवर की शुरुआत 2007 में ऑस्ट्रेलिया के सिडनी शहर से हुई थी. तब से यह दुनिया भर में एक लोकप्रिय आंदोलन बन गया है। 2023 में, 188 देशों और क्षेत्रों में 190 मिलियन से अधिक लोगों ने अर्थ आवर में भाग लिया था. इस बार भी सभी देश बढ़चढ़ कर इसमें हिस्सा लेंगे।
अर्थ आवर कैसे मनाएं-
00 शनिवार को रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक अपने घरों, दुकानों और कार्यालयों में बिजली बंद करें
00 मोमबत्ती, दीपक या सौर ऊर्जा से चलने वाले लैंप का उपयोग करें
00 अपने परिवार और दोस्तों को अर्थ आवर में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित करें
00 सोशल मीडिया पर #अर्थ आवर का उपयोग करके अभियान को बढ़ावा दें
अर्थ आवर में भाग लेने के कई तरीके हैं-
रात 8:30 बजे से 9:30 बजे तक अपनी सभी बिजली बंद कर दें
अपने घर और कार्यालय में ऊर्जा-कुशल उपकरणों का उपयोग करें
अधिक पेड़ लगाएं और अपने घर में पौधे उगाएं







.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)


.jpg)
.jpeg)

.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)

.jpg)
.jpg)


.jpeg)
