- Home
- देश
-
नई दिल्ली। केंद्र सरकार ने कहा है कि देशभर में 320 कम्प्रेस्ड बायोगैस संयंत्रों सहित1200 सौ से अधिक बायोगैस संयंत्र गोबरधन पोर्टल पर पंजीकृत किए जा चुके हैं। जलशक्ति मंत्रालय ने कहा कि इस पोर्टल के प्रति राज्यों, केंद्रशासित प्रदेशों, बायोगैस ऑपरेटरों और निवेशकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। गोबरधन पहल का उद्देश्य, जैविक और बायोडिग्रेडेबल कचरे के वैज्ञानिक प्रबंधन से कचरे को कंचन में बदलना और साथ ही ग्रामीण परिवारों को संसाधन तथा मौद्रिक लाभ प्रदान करना है। देश भर में बायोगैस संयंत्रों और निर्माणाधीन कम्प्रेस्ड बायोगैस संयंत्रों के पंजीकरण की प्रक्रिया को कारगर बनाने के लिए इस साल पहली जून को गोबरधन पोर्टल की शुरूआत की गई थी।
-
नई दिल्ली। भारत में बाघों की आबादी 6.1 प्रतिशत की वार्षिक वृद्धि दर के साथ 3925 होने का अनुमान है। विश्व बाघ दिवस के अवसर पर पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री अश्विनी कुमार ने एक रिपोर्ट जारी की। पिछले साल मैसूर में प्रोजेक्ट टाइगर के 50 साल पूरे होने के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाघों की न्यूनतम आबादी 3 हजार 167 घोषित की थी। पर्यावरण, वन और जलवायु परिवर्तन मंत्रालय ने कहा है कि भारतीय वन्यजीव संस्थान द्वारा एकत्रित आंकड़ों के अनुसार बाघों की आबादी प्रति वर्ष 6.1 प्रतिशत की दर से बढ़ी है। भारत में वर्तमान में बाघों की लगभग 75 प्रतिशत आबादी है।
-
नई दिल्ली। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन - इसरो के अध्यक्ष एस. सोमनाथ ने सिंगापुर के सात उपग्रहों के प्रक्षेपण के प्रयोजन से भारत के ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान - पीएसएलवी पर विश्वास करने के लिए सभी उपग्रह निर्माता संस्थानों को बधाई दी है। इसरो ने सिंगापुर के डीएस-एसएआर उपग्रह सहित सात उपग्रहों का आज सुबह आंध्र प्रदेश में श्रीहरिकोटा से सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया। यह प्रक्षेपण ध्रुवीय उपग्रह प्रक्षेपण यान - पीएसएलवी सी56 से कोर अलोन मोड में किया गया।
डीएस-एसएआर उपग्रह सिंगापुर के न्यू स्पेस इंडिया लिमिटेड का वाणिज्यिक मिशन है। इस उपग्रह में इस्राइल के सिंथेटिक अपर्चर रडार पेलोड का उपयोग किया गया है। इससे खराब मौसम और रात में भी उच्च गुणवत्ता वाली तस्वीरें प्राप्त की जा सकती हैं। आज प्रक्षेपित किये गये छह अन्य उपग्रह भी सिंगापुर के हैं। यह पीएसएलवी की कोर अलोन मोड में 17वीं उड़ान है। -
मुंबई. महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में शुक्रवार देर रात दो निजी बस की टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए। एक पुलिस अधिकारी ने यह जानकारी दी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना शुक्रवार देर रात करीब ढाई बजे मल्कापुर कस्बे के एक फ्लाईओवर पर हुई । अधिकारियों ने बताया कि एक बस अमरनाथ से हिंगोली लौट रही थी जबकि दूसरी बस नासिक की तरफ जा रही थी।
उन्होंने बताया कि नासिक जा रही बस ने एक ट्रक से आगे निकलने की कोशिश की और इसी क्रम में वह सामने से आ रही दूसरी बस से टकरा गई। इस टक्कर में दो महिलाओं सहित पांच लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को पास के अस्पताल ले जाया गया। उन्होंने बताया कि हादसे की वजह के कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात बाधित रहा। -
नयी दिल्ली. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शनिवार को कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के जरिये देश की हर भाषा को उचित सम्मान और श्रेय दिया जायेगा और जो लोग अपने स्वार्थ के लिए भाषा का राजनीतिकरण करने की कोशिश करेंगे, उन्हें अपनी दुकानें बंद करनी होंगी। प्रधानमंत्री मोदी ने एनईपी के तीन साल पूरे होने के अवसर पर ‘अखिल भारतीय शिक्षा समागम' के उद्घाटन कार्यक्रम में कहा कि छात्रों के साथ सबसे बड़ा अन्याय उन्हें उनकी क्षमताओं के बजाय उनकी भाषा के आधार पर आंकना है। मोदी ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय शिक्षा नीति देश की हर भाषा को उचित सम्मान और श्रेय देगी... जो लोग अपने स्वार्थ के लिए भाषा का राजनीतिकरण करने की कोशिश करते हैं, उन्हें अब अपनी दुकानें बंद करनी होंगी।'' उन्होंने कहा, ‘‘मातृभाषा में शिक्षा भारत में छात्रों के लिए न्याय के एक नए रूप की शुरुआत कर रही है। यह सामाजिक न्याय की दिशा में भी एक बहुत महत्वपूर्ण कदम है।'' दुनिया में भाषाओं की अधिक संख्या और उनके महत्व को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि कई विकसित देशों को उनकी स्थानीय भाषाओं के कारण बढ़त मिली है। उन्होंने यूरोप का उदाहरण देते हुए कहा कि ज्यादातर देश अपनी मूल भाषा का इस्तेमाल करते हैं। मोदी ने इस बात पर अफसोस जताया कि भले ही भारत में कई स्थापित भाषाएं हैं, लेकिन इन्हें पिछड़ेपन की निशानी के तौर पर पेश किया जाता है और जो लोग अंग्रेजी नहीं बोल सकते, उनकी उपेक्षा की जाती है और उनकी प्रतिभा को मान्यता नहीं दी जाती है। उन्होंने कहा, ‘‘इसके परिणामस्वरूप, ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चे सबसे अधिक प्रभावित रहते हैं। एनईपी को लाये जाने के साथ देश ने अब इस धारणा को त्यागना शुरू कर दिया है। संयुक्त राष्ट्र में भी, मैं भारतीय भाषा में बोलता हूं।'' मोदी ने कहा कि सामाजिक विज्ञान से लेकर इंजीनियरिंग तक के विषय अब भारतीय भाषाओं में पढ़ाये जायेंगे। उन्होंने कहा, ‘‘जब छात्र किसी भाषा में आत्मविश्वास रखते हैं, तो उनका कौशल और प्रतिभा बिना किसी पाबंदी के उभर कर सामने आयेगी।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि दुनिया भारत को नयी संभावनाओं की ‘नर्सरी' के तौर पर देख रही है और कई देश अपने यहां भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) के परिसर खोलने के लिए सरकार से संपर्क कर रहे हैं। मोदी ने कहा, ‘‘दुनिया भारत को नयी संभावनाओं की ‘नर्सरी' के तौर पर देख रही है। कई देश अपने यहां आईआईटी परिसर खोलने के लिए हमसे संपर्क कर रहे हैं। दो आईआईटी परिसरों-तंजानिया में एक परिसर और अबू धाबी में एक परिसर-का संचालन शुरू होने वाला है... कई वैश्विक विश्वविद्यालय भी हमसे संपर्क कर रहे हैं। वे भारत में अपने परिसर खोलने में रुचि दिखा रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘एनईपी का लक्ष्य भारत को अनुसंधान एवं नवोन्मेष का केंद्र बनाना है। इस नीति में ज्ञान की पारंपरिक प्रणालियों और भविष्योन्मुखी प्रौद्योगिकी को समान महत्व दिया गया है।'' मोदी ने विद्यालयों से छात्रों को आपदा प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन और स्वच्छ ऊर्जा जैसे विषयों के बारे में जागरूक बनाने के लिए कहा। इस कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री ने ‘पीएम श्री' योजना के तहत निधि की पहली किस्त जारी की। इस योजना के तहत स्कूल छात्रों को इस तरह से पोषित करेंगे कि वे एनईपी द्वारा परिकल्पित न्यायसंगत, समावेशी और बहुलवादी समाज के निर्माण के लिए योगदान देने वाले नागरिक बनें। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर 12 भारतीय भाषाओं में अनूदित शिक्षा और कौशल पाठ्यक्रम की पुस्तकों का विमोचन भी किया। यह दो दिवसीय समागम यहां प्रगति मैदान के ‘भारत मंडपम' में आयोजित किया जा रहा है। -
मुजफ्फरपुर. बिहार में अवकाश लेकर मुजफ्फरपुर जिला स्थित अपने गांव पहुंचे एक पुलिसकर्मी की जमीन के एक छोटे से टुकड़े को लेकर हुए विवाद के बाद कथित तौर पर पीट पीटकर शनिवार को हत्या कर दी गई। घटना मुजफ्फरपुर जिले के यदु छपरा गांव की है। पटना में हवलदार के पद पर तैनात 53 साल के दीपेंद्र कुमार सिंह अवकाश लेकर अपने गांव यदु छपरा पहुंचे थे। मुजफ्फरपुर के उपाधीक्षक (पश्चिम) अभिषेक आनंद के मुताबिक, सुबह सूचना मिली कि सिंह का शव उनके घर के पास पड़ा है। अधिकारी ने कहा, ‘‘हम मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। हमने शोक संतप्त परिवार के सदस्यों की शिकायतों के आधार पर मामला दर्ज किया है, जिन्होंने कहा है कि परिवार का पड़ोसी परिवार के साथ जमीन के एक टुकड़े को लेकर विवाद चल रहा था, जिसकी माप बमुश्किल कुछ वर्ग इंच थी। उन्होंने कहा, ‘‘परिवार के सदस्यों ने आरोप लगाया कि हत्या से पहले पुलिसकर्मी कुछ दिनों से टेलीफोन पर स्थानीय पुलिस से मदद मांग रहा था, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। हम आरोप की जांच कर रहे हैं और जो भी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
-
इंदौर. मध्य प्रदेश के इंदौर में एक व्यक्ति को सूचना के अधिकार (आरटीआई) अधिनियम के तहत दायर आवेदन पर जानकारी 40 हजार पन्नों में मिली, जिन्हें वह अपने एसयूवी वाहन में भरकर घर ले गया। इस जानकारी के लिए आवेदक धर्मेंद्र शुक्ला को प्रति पृष्ठ निर्धारित दो रुपये का भुगतान भी नहीं करना पड़ा, क्योंकि उसके आवेदन का एक महीने के भीतर जवाब नहीं दिया गया था। शुक्ला ने शनिवार को कहा, “मैंने इंदौर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) के पास एक आरटीआई आवेदन दायर कर कोरोनाकाल के दौरान दवाओं, चिकित्सकीय उपकरणों और अन्य सामग्री की खरीद से संबंधित निविदाओं एवं बिल भुगतान का विवरण मांगा था।” उन्होंने बताया, “चूंकि, मुझे एक महीने के भीतर सूचना उपलब्ध नहीं कराई गई, इसलिए मैंने प्रथम अपीलीय अधिकारी डॉ. शरद गुप्ता से संपर्क किया, जिन्होंने अर्जी स्वीकार कर ली और निर्देश दिया कि मुझे सूचना निशुल्क उपलब्ध कराई जाए।” शुक्ला ने कहा, “मेरी पूरी एसयूवी दस्तावेजों से भर गई थी। केवल चालक की सीट खाली थी।”
संपर्क करने पर अपीलीय अधिकारी और राज्य स्वास्थ्य विभाग के क्षेत्रीय संयुक्त निदेशक डॉ. शरद गुप्ता ने कहा कि उन्होंने आदेश दिया है कि जानकारी मुफ्त दी जाए। गुप्ता ने बताया कि उन्होंने सीएमएचओ को उन कर्मियों के खिलाफ उचित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है, जिनके कारण समय पर जानकारी नहीं दिेए जाने की वजह से सरकारी खजाने को 80,000 रुपये का नुकसान हुआ। -
फिरोजाबाद . आगरा में कोचिंग सेंटर चलाने वाले एक युवक का शव शनिवार की सुबह नगला सिंघी थाना क्षेत्र के टूंडला-आगरा मार्ग पर एक गांव के पास से मिली। पुलिस ने बताया कि शव पर गोली लगने के निशान हैं। पुलिस ने बताया कि टूंडला-आगरा मार्ग पर ग्रामीणों ने जंगल में लावारिस खड़ी एक थार जीप के भीतर शव पड़ा हुआ देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस दल ने बताया कि मृतक की पहचान आगरा निवासी धर्मवीर यादव (18) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक (नगर) सर्वेश कुमार मिश्रा ने बताया कि युवक के सिर में गोली मारी गई है। उन्होंने बताया कि जांच में कुछ साक्ष्य मिले हैं और जल्दी ही इसका खुलासा किया जाएगा। पुलिस अधिकारी ने बताया कि आगरा जिले के ताजगंज क्षेत्र के गांव महुआ खेड़ा निवासी धर्मवीर यादव (18) आगरा में भगवान टॉकीज पर कोचिंग क्लास चलाता था और शुक्रवार की शाम करीब पांच बजे थार जीप से वह घर से कोचिंग सेंटर के लिए निकला था, लेकिन वहां नहीं पहुंचा। उन्होंने बताया कि रात करीब 10 बजे उसकी बहन ने उसे फोन किया तो उसने कहीं व्यस्त होने की बात बताकर फोन काट दिया। उसके बाद देर रात 1:00 बजे उसका कॉल घर वालों के मोबाइल पर पहुंचा, जिस पर बात नहीं हो पायी। मिश्रा ने बताया कि प्रातः सड़क किनारे लावारिस अवस्था में गाड़ी में शव मिलने की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और उन्होंने उसकी शिनाख्त की। घटनास्थल का मौका मुआयना के साथ डॉग स्क्वाड व फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए हैं।
-
रामेश्वरम (तमिलनाडु) .केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को यहां कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में ऊंची छलांग लगा रहा है जिसका सपना दिवंगत राष्ट्रपति एवं प्रख्यात वैज्ञानिक एपीजे अब्दुल कलाम ने देखा था। शाह ने ‘डॉ एपीजे अब्दुल कलाम, मेरोरीज नेवर डाई' नामक पुस्तक के विमोचन के दौरान यह बात कही और साथ ही उन्होंने भारत की अंतरिक्ष प्रौद्योगिकी में अमूल्य योगदान के लिए कलाम की सराहना भी की। शाह ने कहा, ‘‘ प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में छात्रों, युवाओं तथा उनके स्टार्टअप के लिए अंतरिक्ष विज्ञान में अवसर खुले हैं। अंतरिक्ष विज्ञान में उपब्धियों का स्वप्न प्रधानमंत्री मोदी के नवाचार तथा नयी पहलों से पूरा होगा और मेरा मानना है कि भारत अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में पूरी दुनिया में अग्रणी होगा।'' उन्होंने कहा कि दिवंगत राष्ट्रपति के पदचिह्नों पर चलकर प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश ने 55 अंतरिक्ष यान, 50 प्रक्षेपण यान अभियान शुरू किए तथा 11 छात्र उपग्रह प्रक्षेपित किए। शाह ने यहां शुक्रवार को एक रैली को भी संबोधित किया और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष के अन्नामलाई की राज्य भर के लिए पदयात्रा ‘मेरी जमीन, मेरे लोग' को रवाना किया। रामेश्वरम दिवंगत राष्ट्रपति कलाम (1931--2015) का गृह स्थान है। उन्होंने कलाम की जीवन यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने शुरुआत ‘समाचार पत्र' बेचने से की थी, लेकिन बाद में अपने कार्यों से उन्होंने प्रसिद्धि प्राप्त की और देश में सर्वोच्च पद भी पहुंचे। कलाम के सिद्धांतों पर चर्चा करते हुए शाह ने कहा कि जब कलाम राष्ट्रपति थे तब एक बार कुछ लोग नौ दिन तक राष्ट्रपति भवन में रुके थे, राष्ट्रपति ने उनके रुकने के खर्च के एवज में सरकार को 9.52 लाख रुपये दिए थे। हालांकि नियम के मुताबिक वे लोग सरकारी अतिथि थे।
-
नई दिल्ली। अरूणाचल प्रदेश के सियांग क्षेत्र में पासीघाट और पैंगिन के बीच राजमार्ग सहित कई जगहों पर चट्टानों के खिसकने के साथ भूस्खलन की खबरें हैं। कल से ही इस मार्ग पर संपर्क बाधित है। सियांग जिला प्रशासन ने पासीघाट-पैंगिन राजमार्ग पर यातायात न करने का परामर्श जारी किया है। मौसम विभाग ने पूर्वी सियांग जिले और दिबांग घाटी के लिए कल तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
कश्मीर घाटी को जम्मू संभाग से जोड़ने वाला ऐतिहासिक मुगल रोड भूस्खलन के कारण यातायात के लिए बंद कर दिया गया है। हमारे संवाददाता ने बताया है कि पोशाना क्षेत्र में भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन के कारण जम्मू संभाग के राजौरी और पुंछ जिले को कश्मीर घाटी के शोपियां जिले से जोडने वाला वैकल्पिक राजमार्ग भी बंद कर दिया गया है। इस बीच मार्गों को फिर से खोलने का कार्य तेजी से चल रहा है।जम्मू-कश्मीर में पिछली रात से अत्यधिक वर्षा जारी है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए वर्षा का अनुमान जारी किया है। -
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि शिक्षा में देश को सफल बनाने और देश की किस्मत बदलने की ताकत है। उन्होंने कहा कि 21वीं सदी के भारत को बदलने में शिक्षा ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। श्री मोदी आज दिल्ली के प्रगति मैदान में भारत मंडपम में अखिल भारतीय शिक्षा समागम के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। श्री मोदी ने यह भी कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति स्थानीय भाषाओं में शिक्षा दे रही है, वह विद्यार्थियों को भाषा के आधार पर नहीं बल्कि उनकी योग्यता और प्रतिभा के आधार पर विश्लेषण कर उनके साथ वास्तविक न्याय कर रही है जो सामाजिक न्याय की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। अखिल भारतीय शिक्षा समागम के महत्व का जिक्र करते हुए श्री मोदी ने कहा कि शिक्षा के लिए संवाद आवश्यक है और संवाद और चर्चा की विरासत को यह शिक्षा समागम आगे बढ़ा रहा है।
नई शिक्षा नीति के तीन साल पूरे होने पर श्री मोदी ने शिक्षकों और स्कूलों की भूमिका की सराहना की और कहा कि पिछले तीन वर्षों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति को उन्होंने मिशन मोड में लागू किया है। श्री मोदी ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति एकरूपता लाएगी और जल्द ही राष्ट्रीय पाठ्यक्रम ढांचे को लागू किया जाएगा। देशभर के सभी केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड-सीबीएसई स्कूलों में एक जैसा पाठ्यक्रम होगा और 22 भारतीय भाषाओं में किताबें प्रकाशित की जा रही हैं। कार्यक्रम के दौरान श्री नरेंद्र मोदी ने छह हजार सात सौ सात स्कूलों के लिए पीएम श्री योजना के अंतर्गत छह सौ तीस करोड़ की पहली किस्त जारी की। प्रधानमंत्री ने देश की विभिन्न भाषाओं में प्रकाशित पाठ्य पुस्तकों का भी लोकार्पण किया।समागम में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था को लेकर हमारे स्वतंत्रता सेनानियों का सपना प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय शिक्षा नीति से पूरा हो रहा है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति समावेशी है और भारतीय संस्कृति को मान्यता देती है। प्रधानमंत्री मोदी के दृष्टिकोण से प्रेरित होकर, युवाओं को तैयार करने और उन्हें अमृत काल में देश का नेतृत्व करने के लिए तैयार करने के उद्देश्य से राष्ट्रीय शिक्षा नीति शुरू की गई थी। -
लंदन। भारत के चार युवाओं के नाम इस वर्ष के राष्ट्रमंडल युवा पुरस्कार के लिए अंतिम सूची में शामिल किए गए हैं। ये पुरस्कार राष्ट्रमंडल देशों में सामाजिक उद्यम, पर्यावरण, नवाचार तथा मानवाधिकार के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम करने वाले युवाओं को दिए जाते हैं। राष्ट्रमंडल युवा पुरस्कारों की सूची में चार भारतीयों सहित कुल 50 लोगों के नाम हैं। 15 से 29 वर्ष के आयु वर्ग वाले ये लोग सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) को हासिल करने में योगदान देने संबंधी पहलों में शामिल हैं। भारत के अक्षय मकर को एसडीजी13 जलवायु परिवर्तन, सौम्या डाबरीवाल एसडीजी 5 लैंगिक समानता, कौशल शेट्टी एसडीजी 11 टिकाऊ शहर तथा समुदाय और श्रुतिका सिलस्वाल एसडीजी 4 गुणवक्तापरक शिक्षा के लिए चयनित किया गया है।
राष्ट्रमंडल महासचिव बैरोनेस पेट्रीसिया स्कॉटलैंड ने कहा, ‘‘प्रत्येक वर्ष, मैं उन नवोन्मेषों तथा परिवर्तनकारी कार्यों से अभिभूत होती हूं जो ये लोग हमारे लिए एक बेहतर दुनिया बनाने के वास्ते कर रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ‘‘मैं खासतौर पर इस बात पर गर्व महसूस कर रही हूं कि इन 50 युवाओं को सम्मानित किया जा रहा है। मेरा हमेशा से यह मानना रहा है कि युवाओं को विकास के लिए आगे आना चाहिए। जिन लोगों के नाम अंतिम सूची में शामिल किए गए हैं उन्होंने साबित किया है कि युवा केवल तमाशबीन नहीं हैं जो यह सोचते हों कि भविष्य में क्या होगा, बल्कि वे बेहतर भविष्य के लिए काम कर रहे हैं।''भारत के अक्षय मकर ‘क्लाइमेटेंज़ा सोलर' कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं, जो औद्योगिक क्षेत्र में कार्बन उत्सर्जन कम करने की दिशा में काम करती है और यह कंपनी कोका-कोला, टाटा ग्रुप तथा यूनिलीवर जैसी प्रमुख वैश्विक कंपनियों के साथ काम कर रही है। अक्षय मकर का लक्ष्य अगले पांच वर्ष में 273 मेगावाट क्षमता का निर्माण करना है जिससे 6,50,000 टन से अधिक कार्बन उत्सर्जन कम होगा। सौम्या डाबरीवाल एक व्यवसायी हैं। उन्होंने वारविक विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातक किया है। घाना में स्वयंसेवा के दौरान उन्होंने देखा की लड़कियां प्रत्येक माह मासिक धर्म के दौरान तीन दिन स्कूल नहीं जातीं और इस दौरान वे ऐसी चीजों का इस्तेमाल करती हैं जो स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हैं। डाबरीवाल ने इसे देखते हुए बाला अभियान की शुरुआत की जिसके तहत बच्चियों को दोबारा इस्तेमाल लायक पैड मुहैया कराए जाते हैं और उन्हें जागरूक करने के लिए कार्यशालाएं आयोजित की जाती हैं। कौशल शेट्टी गैर-लाभकारी संगठन ‘नोस्टोस होम्स' के सह-संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी हैं। यह संगठन प्राकृतिक आपदाओं के कारण विस्थापित हुए लोगों के लिए स्थायी आपातकालीन आश्रयों का निर्माण करता है। श्रुतिका सिलस्वाल ‘दलाई लामा फेलो' हैं, और उत्तराखंड में ‘सिंपल एजुकेशन फाउंडेशन' में कार्यक्रम प्रमुख हैं। यह संगठन सरकारी स्कूलों के बच्चों की सहायता करता है। राष्ट्रमंडल युवा पुरस्कारों के लिए चयनित 50 युवाओं में से 20 को विजेता चुना जाएगा। ये युवा 14सितंबर को लंदन में पुरस्कार वितरण समारोह में शामिल होंगे। प्रत्येक विजेता को एक ट्रॉफी, प्रमाणपत्र आदि प्रदान किया जाएगा। आम तौर पर 20 नाम चुने जाते थे जिनमें से पांच क्षेत्रीय विजेता चुने जाते थे, लेकिन इस वर्ष राष्ट्रमंडल युवा कार्यक्रम के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर 50 युवाओं के नाम शामिल किए गए हैं। -
नयी दिल्ली। एक नए अध्ययन में खुलासा हुआ है कि कम और मध्यम आय वाले देशों (एलएमआईसी) में कैंसर पीड़ित 15 बच्चों में से एक बच्चे की उपचार संबंधी जटिलताओं के कारण मौत हो जाती है। यह नया अध्ययन ‘द लैंसेट ऑनकोलॉजी' में प्रकाशित हुआ है। इसमें कहा गया है कि एलएमआईसी में कैंसर पीड़ित कम से कम 45 प्रतिशत बच्चों में उपचार संबंधी मृत्य के मामले हैं वहीं उच्च आय वाले देशों में ये आंकड़ा तीन से पांच प्रतिशत के बीच है। इस अध्ययन में 21 वर्ष तक की आयु के कैंसर पीडितों में उपचार संबंधी मृत्य के ब्योरे वाले 501 लेखों का भी अध्ययन किया गया। अध्ययन में कहा गया कि उच्च मध्यम आय वाले देशों में वक्त के साथ उपचार संबंधी मौत के मामले कम हुए हैं, लेकिन एलएमआईसी में इसमें कोई परिवर्तन नहीं आया है। अध्ययन में कैंसर पीड़ित बच्चों के जीवन के बारे में इस वैश्विक असमानताओं को कम करने के वास्ते लक्षित देखभाल कदमों की तात्कालिक आवश्यकता पर जोर दिया गया है। अध्ययन के अनुसार उपचार संबंधी मौत के मामले 6.82 प्रतिशत हैं। कम आय वाले देशों में उपचार की जटिलताओं के कारण मृत्य के मामले 14.19 प्रतिशत, निम्न मध्यम आय वाले देशों में ये आंकड़ें 9.21 प्रतिशत तथा उच्च मध्यम आय वाले देशों में ये आंकड़ा 4.47 प्रतिशत हैं।
- मलप्पुरम (केरल) . स्थानीय नगर पालिका की प्लास्टिक कचरा बीनने वाली इकाई में काम कर रही ग्यारह महिला कामगारों को कभी यह सपने में भी उम्मीद नहीं रही होगी जिस लाटरी टिकट को उनमें से प्रत्येक ने 25 रूपये से भी कम धन देकर खरीदा था, वह उन्हें 10 करोड़ रूपये का जैकपॉट दिलवा देगी। इन 11 महिलाओं ने कुल 250 रूपये देकर लाटरी का टिकट खरीदा था। बुधवार को जब यह खबर आई तो उस समय ये 11 महिलाएं अपने हरे ओवरकोट और रबर के दस्ताने पहने हुए थीं और परप्पनंगडी नगरपालिका गोदाम में घरों से एकत्र किए गए प्लास्टिक कचरे को अलग कर रही थीं। केरल लॉटरी विभाग ने घोषणा की कि महिलाओं द्वारा पैसे इकट्ठा करने के बाद खरीदे गए टिकट पर उन्हें मानसून बंपर के रूप में 10 करोड़ रुपये का पुरस्कार दिया जाएगा। इन महिलाओं के पास इतनी सामर्थ्य नहीं थी कि उनमें से कोई अकेले ही 250 रूपये का लाटरी का टिकट खरीद सके। लॉटरी विजेताओं से मिलने और उन्हें बधाई देने के लिए बृहस्पतिवार को बड़ी संख्या में लोग यहां नगर निगम गोदाम परिसर में उमड़ पड़े। विजेताओं में से एक राधा ने कहा ''जब हमें अंततः पता चला कि हमने जैकपॉट हासिल कर लिया है तो हमारे उत्साह और खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। हम सभी जीवन में कठिनाइयों का सामना कर रहे हैं और यह पैसा कुछ हद तक हमारी समस्याओं को हल करने में मदद करेगा।'' परप्पनंगडी नगर पालिका द्वारा शुरू की गई हरित पहल- हरित कर्म सेना के तहत कार्यरत इन महिलाओं को उनके काम के अनुसार 7,500 रुपये से 14,000 रुपये के बीच वेतन मिलता है। हरित कर्म सेना घरों और प्रतिष्ठानों से जैविक रूप से अपघटित नहीं होने वाले कचरे को इकट्ठा करती हैं जिसे बाद में पुनर्चक्रण के लिए विभिन्न इकाइयों में भेजा जाता है। नगर पालिका में हरित कर्म सेना की अध्यक्ष शीजा ने कहा कि भाग्य ने इस बार सबसे योग्य लोगों पर कृपा की है। उन्होंने कहा कि सभी पुरस्कार विजेता बहुत मेहनती हैं और अपने परिवार के भरण-पोषण करती हैं। उन्होंने बताया कि इनमें से कई लोगों को कर्ज चुकाना है, बेटियों की शादी करनी है या अपने प्रियजनों के इलाज का खर्च उठाना है। उन्होंने कहा कि वे सब बहुत ही साधारण घरों में रहती हैं और जीवन की कठोर वास्तविकताओं से जूझ रही हैं। दिलचस्प बात है कि यह दूसरी बार है जब महिलाओं ने टिकट खरीदने के लिए आपस में पैसे जुटाए थे।विजेताओं में से एक महिला ने कहा ''हमने पिछले साल भी इसी तरह पैसा इकट्ठा करने के बाद ओणम बंपर खरीदा था और 7,500 रुपये जीते थे। हमने राशि को आपस में बराबर-बराबर बांट लिया था। इससे हमें इस साल मानसून बंपर टिकट खरीदने का हौसला मिला।''
-
नई दिल्ली। कर्नाटक उच्च न्यायालय ने कल कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया को एक नोटिस जारी किया है। राज्य में हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनावों में वरुणा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र से एक मतदाता द्वारा मुख्यमंत्री के चुनाव को रद्द करने के लिए दायर की गई याचिका पर श्री सिद्धारमैया को यह नोटिस जारी किया गया है। चुनाव के दौरान धांधली में संलिप्त सिद्धारमैया को जिम्मेदार ठहराते हुए के.एम.शंकरा द्वारा दायर याचिका पर न्यायधीश एस. सुनीलदत्त यादव ने श्री सिद्धारमैया को नोटिस जारी किया याचिका में कहा गया है कि कांग्रेस पार्टी के चुनाव घोषणा पत्र में कर्नाटक की जनता को पांच आश्वासन दिए गए। यह आश्वासन घूसखोरी के समान है। याचिका के अनुसार यह घोषणा पत्र सिद्धारमैया की सहमति से जारी किया गया था। यह आश्वासन वरूणा निर्वाचन क्षेत्र के मतदाताओं को वोट करने के लिए प्रेरित करता था।
-
नई दिल्ली। भारत मौसम विभाग ने कहा कि मध्य भारत में वर्षा जारी रहेगी। आज कोंकण और गोवा, मध्य महाराष्ट्र के घाट क्षेत्रों, विदर्भ, छत्तीसगढ़, गुजरात में अलग-अलग स्थानों पर बहुत तेज वर्षा होगी। मौसम विभाग ने आज से बिहार, झारखंड, गंगीय पश्चिम बंगाल, ओडिशा सहित पूर्वी भारत में तेज वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है। अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर राज्यों में तेज से बहुत तेज वर्षा हो सकती है। विभाग ने कहा कि दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी के क्षेत्र के कई हिस्सों में आज भी हल्की से मध्यम बारिश जारी है। मौसम विभाग ने शनिवार तक हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा-चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना व्यक्त की है, उधर पूर्वी उत्तर प्रदेश में इस महीने की 31 तारीख तक इसी तरह का मौसम रहने के आसार है।
- गांधीनगर. प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि देश में सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए प्रौद्योगिकी कंपनियों को 50 प्रतिशत वित्तीय सहायता दी जाएगी। मोदी ने गांधीनगर में 'सेमीकॉन इंडिया 2023' सम्मेलन का उद्घाटन करने के बाद कहा कि उनकी सरकार ने सेमीकंडक्टर उद्योगों को हर तरह की सुविधाएं दी हैं और सेमीकंडक्टर उद्योग की वृद्धि के लिए एक पूरा परिवेश तैयार किया जा रहा है। उन्होंने कहा, ''हम सेमीकॉन इंडिया कार्यक्रम के तहत प्रोत्साहन की पेशकश कर रहे थे। अब इसे बढ़ा दिया गया है और अब प्रौद्योगिकी कंपनियों को भारत में सेमीकंडक्टर विनिर्माण संयंत्र स्थापित करने के लिए 50 प्रतिशत वित्तीय सहायता मिलेगी।'' मोदी ने कहा कि भारत में सेमीकंडक्टर उद्योग तेजी से वृद्धि करेगा। ''एक साल पहले, लोग पूछते थे कि उन्हें भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र में निवेश क्यों करना चाहिए, और अब वे ही पूछते हैं कि भारत में निवेश क्यों नहीं करना चाहिए।'' उन्होंने कहा कि दुनिया को एक भरोसेमंद चिप आपूर्ति श्रृंखला की जरूरत है।मोदी ने कहा कि सेमीकंडक्टर डिजाइन पर पाठ्यक्रम शुरू करने के लिए भारत में 300 विद्यालयों की पहचान की गई है। उन्होंने कहा कि दुनिया में हुई प्रत्येक औद्योगिक क्रांति अलग-अलग समय में लोगों की आकांक्षाओं से प्रेरित थी और उनका मानना है कि अब जो चौथी औद्योगिक क्रांति देखी जा रही है, वह भारत की आकांक्षाओं से प्रेरित है। प्रधानमंत्री ने कहा, ''आज दुनिया 'औद्योगिक क्रांति 4.0' की गवाह बन रही है। दुनिया जब भी ऐसी किसी औद्योगिक क्रांति से गुजरी है, तो उसका आधार किसी क्षेत्र विशेष के लोगों की आकांक्षाएं रही हैं। पहली औद्योगिक क्रांति और अमेरिकी सपने के बीच भी यही संबंध देखा गया था।'' सेमीकंडक्टर उद्योग के कुछ वैश्विक दिग्गजों के साथ मंच साझा करते हुए मोदी ने कहा, ''आज मैं चौथी औद्योगिक क्रांति और भारतीय आकांक्षाओं के बीच वही संबंध देखता हूं।'' प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय आकांक्षाएं देश की वृद्धि को गति दे रही हैं और इस वजह से अत्यधिक गरीबी तेजी से खत्म हुई है तथा 'नव-मध्यम वर्ग' का उदय हुआ है। मोदी ने कहा कि भारत अपनी ''वैश्विक जिम्मेदारी'' को अच्छी तरह समझता है।उन्होंने कहा, ''इसलिए, हम अपने मित्र देशों के साथ मिलकर एक व्यापक मसौदा तैयार कर रहे हैं। हम भारत में सेमीकंडक्टर परिवेश बनाने के लिए विशेष प्रयास कर रहे हैं।'' उन्होंने कहा कि देश ने हाल ही में 'नेशनल क्वांटम मिशन' को मंजूरी दी है और संसद में राष्ट्रीय अनुसंधान फाउंडेशन विधेयक पेश किया जाना है। राष्ट्रीय क्वांटम मिशन का लक्ष्य वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान तथा विकास को बढ़ावा देना है।मोदी ने कहा, ''सेमीकंडक्टर परिवेश के लिए, हम इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम को बदल रहे हैं। भारत ने 300 से अधिक बड़े विद्यालयों की पहचान की है, जहां सेमीकंडक्टर पर पाठ्यक्रम शुरू किए जाएंगे। उम्मीद है कि अगले पांच साल में हमारे पास एक लाख से ज्यादा डिजाइन इंजीनियर होंगे। भारत का लगातार बढ़ता स्टार्टअप परिवेश सेमीकंडक्टर क्षेत्र को भी ताकत देगा।'' इस क्षेत्र के लिए बिजली की जरूरत का जिक्र करते हुए मोदी ने कहा कि देश की स्थापित सौर ऊर्जा क्षमता पिछले दशक में 20 गुना बढ़ गई है। भारत ने 2030 तक 500 गीगावॉट (एक गीगावॉट बराबर 1,000 मेगावॉट) नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता सृजित करने का लक्ष्य रखा है और सौर फोटोवोल्टिक, ग्रीन हाइड्रोजन तथा इलेक्ट्रोलाइजर के उत्पादन के लिये बड़े स्तर पर कदम उठाये गए हैं। मोदी ने कहा कि उनकी सरकार ने कई पुराने कानूनों और अनुपालनों को खत्म कर दिया है जो कारोबारी सुगमता के लिए बाधा बन रहे थे।
-
पीलीभीत . जिले के गजरौला इलाके में घरेलू हिंसा से परेशानी पत्नी ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से काट कर पति की हत्या कर दी और शव के टुकड़े कर सीमेंट की दो बोरियों में भरकर उन्हें नहर में फेंक दिया। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी महिला की निशानदेही पर पति के शव के टुकड़े और खून से सने कपड़ों को घर से 10 किलोमीटर दूर बरामद कर आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, गजरौला के शिवनगर गांव निवासी आरोपी दुलारो देवी ने अपने पति रामपाल (60) की कुल्हाड़ी से काट कर कथित तौर पर हत्या कर दी और शव को बोरियों में भरकर नहर में फेंक दिया। पुलिस ने शव के टुकड़ों को एकत्र कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
गजरौला थाने की पुलिस के अनुसार आरोपी महिला का कहना है कि उसने घरेलू हिंसा से परेशान होकर यह कदम उठाया। -
इंदौर . केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 30 जुलाई (रविवार) को प्रस्तावित इंदौर दौरे में उनकी सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस ने शहर के चिन्हित स्थानों के आस-पास ड्रोन आदि उड़ाने पर रोक लगा दी है। पुलिस के एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि शहर के देवी अहिल्याबाई होलकर हवाई अड्डे, कनकेश्वरी गरबा मैदान, जावरा कम्पाउंड स्थित स्थानीय भाजपा कार्यालय और विजय नगर क्षेत्र के एक होटल के तीन-तीन किलोमीटर के दायरे में ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून और अन्य चीजें उड़ानें पर दण्ड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 144 के तहत रोक लगा दी गई है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह मंत्री की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगाई गई यह रोक 29 से 30 जुलाई तक लागू रहेगी और इसका उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारी ने स्पष्ट किया कि पुलिस आयुक्त मकरंद देउस्कर द्वारा लगाई गई यह रोक विमानों की वाणिज्यिक उड़ानों पर प्रभावी नहीं होगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक पदाधिकारी ने बताया कि शाह अपने इंदौर दौरे में कनकेश्वरी गरबा मैदान पर भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे और इंदौर से करीब 50 किलोमीटर दूर जानापाव कुटी में भगवान परशुराम की जन्मस्थली के दर्शन करेंगे। पदाधिकारी ने बताया कि सूबे में इस साल के आखिर में होने वाले विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा की तैयारियों को कस रहे शाह अपने दौरे में इंदौर संभाग के चुनिंदा भाजपा नेताओं की बैठक भी ले सकते हैं। -
नयी दिल्ली. धान की बुवाई चालू खरीफ मौसम में अब तक मामूली वृद्धि के साथ दो करोड़ 37.5 लाख हेक्टेयर में हुई है। यह इस मौसम के औसत रकबे का लगभग 60 प्रतिशत है। धान, एक प्रमुख खरीफ फसल है, जिसकी खेती खरीफ मौसम के दौरान औसतन चार करोड़ हेक्टेयर क्षेत्र में की जाती है। देश के कुल चावल उत्पादन का 80 प्रतिशत हिस्सा खरीफ मौसम में होता है। कृषि मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के अनुसार चालू खरीफ सत्र में 28 जुलाई तक धान की बुवाई थोड़ा अधिक यानी दो करोड़ 37.5 लाख हेक्टेयर में हुई, जबकि एक साल पहले की अवधि में यह रकबा दो करोड़ 33.2 लाख हेक्टेयर थी। हालांकि, अब तक ओडिशा, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश समेत कई राज्यों में बुवाई औसत से अभी कम है।
आंकड़ों के अनुसार ओडिशा में, धान की बुवाई खरीफ मौसम में 28 जुलाई तक 8.71 लाख हेक्टेयर में हुई थी, जबकि एक साल पहले की अवधि में यह खेती का रकबा 12.70 लाख हेक्टेयर था। दूसरी ओर, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और छत्तीसगढ़ में धान की बुवाई का रकबा पिछले साल की तुलना में अधिक रहा। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, एक जून से 26 जुलाई की अवधि के दौरान मानसूनी बारिश पांच प्रतिशत और उत्तर पश्चिम भारत में 34 प्रतिशत अधिक हुई है। धान के अलावा, दलहन की बुवाई चालू खरीफ सत्र में 28 जुलाई तक 96.8 लाख हेक्टेयर में हुई, जो एक साल पहले के एक करोड़ 9.1 लाख हेक्टेयर से कम है। मोटे अनाजों का रकबा उक्त अवधि में एक करोड़ 43.4 लाख हेक्टेयर के मुकाबले मामूली बढ़कर एक करोड़ 45.7 लाख हेक्टेयर हो गया। चालू खरीफ सत्र में 28 जुलाई तक तिलहन बुवाई का रकबा 1.71 करोड़ हेक्टेयर रहा, जबकि एक साल पहले की अवधि में यह रकबा एक करोड़ 67.6 लाख हेक्टेयर था। नकदी फसलों में, गन्ने का रकबा 28 जुलाई तक 56 लाख हेक्टेयर था, जबकि कपास का रकबा घटकर एक करोड़ 16.7 लाख हेक्टेयर रहा। आंकड़ों के अनुसार कुल खरीफ फसलों की बुवाई का रकबा चालू सत्र में अब तक कम यानी आठ करोड़ 30.3 लाख हेक्टेयर ही है, जो एक साल पहले की समान अवधि में आठ करोड़ 32.8 लाख हेक्टेयर था। -
देहरादून. बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में इस साल अभी तक 30,546 विशिष्ट और अतिविशिष्ट लोगों ने दर्शन-पूजन किया है और इससे बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति को 91,63,800 रुपये की आय हुई है। मंदिर समिति से मिली जानकारी के अनुसार, 25 अप्रैल को केदारनाथ धाम के कपाट खुलने से लेकर अभी तक 8,198 विशिष्ट व अतिविशिष्ट और उनके संदर्भों से आए व्यक्तियों ने दर्शनों का लाभ उठाया जिससे मंदिर समिति को 24,59,400 रुपये प्राप्त हुए हैं। इसी प्रकार, 27 अप्रैल बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के पश्चात वहां अभी तक 22,348 हजार विशिष्ट व अतिविशिष्ट व्यक्ति दर्शनों के लिए पहुंचे जिससे मंदिर समिति को 67,04,400 रुपये प्राप्त हुए। मंदिर समिति ने इस वर्ष से विशिष्ट और अतिविशिष्ट श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए शुल्क लागू किया है।
यात्राकाल में दोनों धामों में विशिष्ट तथा अतिविशिष्ट श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है जिन्हें मंदिर समिति प्राथमिकता के आधार पर दर्शन कराती है। पिछले साल तक उन्हें निःशुल्क प्रसाद दिए जाने के अलावा किसी भी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाता था। इस वर्ष यात्रा शुरू होने से पहले से पूर्व मंदिर समिति ने देश के चार बड़े मंदिरों श्री वैष्णोदेवी, श्री तिरूपति बाला जी, श्री सोमनाथ व श्री महाकाल मंदिर में विभिन्न व्यवस्थाओं के अध्ययन के लिए दल भेजे थे। दलों ने वहां की व्यवस्थाओं का अध्ययन कर मंदिरों में आने वाले विशिष्ट व अति विशिष्ट व्यक्तियों से दर्शनों के लिए शुल्क निर्धारित करने का प्रस्ताव रखा था। अध्ययन दलों के सुझाव पर मंदिर समिति ने प्रति व्यक्ति 300 रुपये शुल्क निर्धारित किया। नयी व्यवस्था कायम किए जाने के बाद विशिष्ट तथा अतिविशिष्ट श्रद्धालुओं के नाम पर अनावश्यक रूप से दर्शनों के लिए आने वालों पर भी रोक लगी है। केदारनाथ धाम के कपाट खुलने पर मंदिर समिति ने पहली पर्ची मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की काटी थी जिन्होंने 300 रुपये का शुल्क चुका कर भोलेनाथ के दर्शन किये। -
नयी दिल्ली. भारत में ब्रिटेन के उच्चायुक्त एलेक्स एलिस ने शुक्रवार को कहा कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री ऋषि सुनक सितंबर में नई दिल्ली में जी-20 शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए बहुत उत्सुक हैं। एलिस ने यहां एक कला प्रदर्शनी के पूर्वावलोकन के मौके पर कहा कि उन्हें लगता है कि यह बहुत अच्छी बात है कि भारत जी-20 की अध्यक्षता कर रहा है। भारत ने एक दिसंबर, 2022 को जी-20 की अध्यक्षता संभाली थी। देशभर में इसकी लगभग 200 बैठकें आयोजित की जाएंगी, जिनका समापन 9-10 सितंबर के शिखर सम्मेलन में होगा। जी-20 अध्यक्षता के रूप में भारत की भूमिका के बारे में पूछे जाने पर एलिस ने कहा, ‘‘मुझे लगता है कि यह बहुत अच्छी बात है, कि भारत जी20 की अध्यक्षता कर रहा है।'' उन्होंने कहा, ‘‘दुर्भाग्य से, यूक्रेन पर रूसी हमले के कारण दुनिया इस समय काफी विभाजित है।''
उन्होंने भारत की ‘‘जीवंत'' संस्कृति और विविधता की प्रशंसा की जो दुनियाभर के लोगों को आकर्षित कर रही है। ब्रिटिश उच्चायुक्त ने कहा, ‘‘भारत दुनिया को अपनी ओर आकर्षित करने वाला एक अनूठा देश है। भारत ने हमेशा लोगों को आकर्षित किया है।''
-
नयी दिल्ली. समान नागरिक संहिता (यूसीसी) पर विधि आयोग को सुझाव देने की विस्तारित समय सीमा शुक्रवार को समाप्त हो गई और आयोग अब विभिन्न हितधारकों की प्रतिक्रियाओं की जांच करेगा। आयोग को 13 जुलाई तक 50 लाख से अधिक सुझाव मिले, लेकिन इसके बाद विभिन्न संगठनों और व्यक्तियों से प्राप्त प्रतिक्रियाओं की संख्या अभी उपलब्ध नहीं थी। एक अधिकारी ने कहा कि वे ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से प्राप्त सुझावों की अंतिम संख्या की गणना करने की प्रक्रिया में हैं। विधिक आयोग ने 14 जुलाई को जनता के लिए यूसीसी पर सुझाव देने की समय सीमा 28 जुलाई तक बढ़ा दी थी।
आयोग ने सुझाव प्रस्तुत करने के लिए अधिक समय की मांग करने वाले कई अनुरोधों के बाद यह निर्णय लिया था। इसके पहले सुझाव देने के लिए एक महीने की तय अवधि की अंतिम तारीख 14 जुलाई थी। यूसीसी को लागू करना भाजपा के चुनावी घोषणा पत्र का हिस्सा रहा है। -
नयी दिल्ली. देश में 31 मार्च को समाप्त वित्त वर्ष 2022-23 में अर्जित आय के लिए पांच करोड़ से अधिक आयकर रिटर्न (आईटीआर) दाखिल किए गए हैं। आयकर विभाग ने ट्विटर पर लिखा है, ‘‘27 जुलाई 2023 तक 5.03 करोड़ आईटीआर दाखिल किए गए। इसमें से करीब 4.46 करोड़ यानी 88 प्रतिशत से अधिक को ऑनलाइन सत्यापित किया जा चुका है। '' ऑनलाइन सत्यापित किए गए आईटीआर में से 2.69 करोड़ से अधिक रिटर्न प्रसंस्कृत किए जा चुके हैं।
विभाग के अनुसार, आईटीआर दाखिल करने में मदद के लिए उनकी हेल्पडेसक चौबिसों घंटे सेवाएं उपलब्ध करा रही है। विभाग ने कहा, ‘‘ हम 31 जुलाई 2023 तक सेवाएं देना जारी रखेंगे। शनिवार और रविवार को भी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।'' वित्त वर्ष 2022-23 के लिए आईटीआर जमा करने की अंतिम तारीख 31 जुलाई है। -
बस्ती. उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले के गौर थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार देर रात हुए एक सड़क हादसे में बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। एक पुलिस अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि तीनों युवक बृहस्पतिवार देर रात खोड़ारे जा रहे थे, तभी गौर वाल्टरगंज मार्ग पर स्थित समय माता स्थल के पास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई और सड़क किनारे स्थित धान के खेत में गिर गई। अधिकारी के मुताबिक, हादसे में बाइक सवार तीनों युवकों के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि मृतकों की पहचान गोंडा जिले के खोडारे थाना क्षेत्र के रसूलपुर खान निवासी मूलचंद (26) और शत्रुघ्न (28) तथा उन्नाव जिले के सलारपुर के रहने वाले आनंद (26) के रूप में हुई है। गौर थाने के प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) राजकुमार पांडेय ने बताया कि तीनों शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।












.jpg)
.jpg)
.jpeg)

.jpg)
.jpeg)









.jpg)