- Home
- देश
-
देहरादून. केदारनाथ धाम में शीशे का एक पारदर्शी गणना कक्ष बनाया गया है जहां सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से श्रद्धालुओं द्वारा दी जाने वाले दान-चढ़ावे की धनराशि एवं बहुमूल्य भेंटों पर निगरानी रखी जाएगी। इस व्यवस्था की शुरूआत सोमवार को बाबा केदार की विशेष पूजा-अर्चना के बाद की गयी ।
बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के कार्याधिकारी रमेश चंद्र तिवारी एवं श्रीकेदार सभा के अध्यक्ष राजकुमार तिवारी ने पूजा-अर्चना में शामिल होकर गणना कक्ष की शुरुआत की।इस अवसर पर मंदिर के पुजारी भी मौजूद थे । मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय द्वारा वित्तीय पारदर्शिता लाने के प्रयासों के तहत मंदिर में चढ़ने वाले दान-चढ़ावे के लिए शीशे का गणना कक्ष एक दानदाता के माध्यम से बनवाया गया है । इस वर्ष लगातार प्रतिकूल मौसम के चलते केदारनाथ धाम में सामग्री पहुंचाने में हुई कठिनाइयों के कारण शीश कक्ष के निर्माण में कुछ देरी हुई । - नयी दिल्ली। चीन तथा अमेरिका के बाद भारत 2020 से 2050 तक फेफड़ों में सूजन और वायु प्रवाह को बाधित करने वाले रोग ‘सीओपीडी' के कारण सबसे अधिक आर्थिक बोझ झेलने वाला तीसरा देश हो सकता है। ‘द लांसेट ग्लोबल हेल्थ' पत्रिका में प्रकाशित नए अध्ययन में यह कहा गया है। पत्रिका में कहा गया है कि दुनियाभर में मौत की तीसरी प्रमुख वजह क्रॉनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मनरी डिजीज (सीओपीडी) के कारण 2019 में 33 लाख लोगों की मौत हुई। चीन में इस बीमारी से सबसे अधिक मौत हुई और उसके बाद भारत तथा अमेरिका में सीओपीडी से सबसे अधिक लोगों ने जान गंवायी। अध्ययन के अनुसार, सीओपीडी के कारण 2009 से 2019 के बीच दुनियाभर में हुई मौतों में 14.1 प्रतिशत की वृद्धि हुई जिसकी वजह शहरीकरण, वायु प्रदूषण और तंबाकू का इस्तेमाल हो सकता है। इसमें कहा गया कि इस बीमारी से दुनिया की अर्थव्यवस्था पर 4.3 ट्रीलियन डॉलर का खर्च बढ़ सकता है जो 2019 में भारत के कुल सकल घरेलू उत्पाद का तकरीबन आधा है। सीओपीडी से जुड़ी 90 फीसदी मौत कम आय और मध्यम आय वाले देशों में हुई जबकि इन देशों की आबादी वैश्विक आबादी का केवल 83 फीसदी हिस्सा है। अध्ययन में कहा गया है कि अगर तंबाकू कंपनियां उभरते बाजार में अनियंत्रित रूप से बढ़ती रहीं, अधिक लोग शहरीकरण के कारण वायु प्रदूषण की जद में आते रहे और संक्रामक रोगों का फैलना जारी रहा तो इन मौतों का आंकड़ा बढ़ सकता है।
-
नयी दिल्ली. केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को कहा कि सरकार दीपावली तक देश में नयी सहकारी नीति लेकर आयेगी जो आने वाले 25 वर्षों के लिए सहकारिता का मानचित्र प्रस्तुत करेगी। लोकसभा में मणिपुर के मुद्दे पर नारेबाजी कर रहे विपक्षी दलों के सदस्यों के शोर-शराबे के बीच ‘बहु राज्य सहकारी समितियां संशोधन विधेयक, 2022' पर हुई संक्षिप्त चर्चा का जवाब देते हुए सहकारिता मंत्री अमित शाह ने यह बात कही। उन्होंने कहा, ‘‘ वर्ष 2003 के बाद से देश में कोई सहकारी नीति नहीं आई। मुझे यह बताते हुए खुशी हो रही है कि विजयादशमी या ज्यादा से ज्यादा दीपावली तक हम नयी सहकारी नीति लेकर आएंगे।'' शाह ने कहा कि यह नयी सहकारी नीति आने वाले 25 वर्षों के सहकारिता का मानचित्र देश और दुनिया के समक्ष प्रस्तुत करेगी। सहकारिता मंत्री ने यह भी कहा कि देश में सहकारी संस्थानों से जुड़ा कोई एकीकृत डाटाबेस नहीं था, ऐसे में मौजूदा संस्थानों और जहां पर सहकारी संस्थान नहीं है, उनका एक राष्ट्रीय डाटाबेस तैयार करने का काम शुरू हो गया है। उन्होंने बताया कि इसका 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है और विजयादशमी के दिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा इसे ऑनलाइन जारी किया जायेगा। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सरकार ने सहकारी शिक्षण के लिए आने वाले दिनों में सहकारिता विश्वविद्यालय स्थापित करने का निर्णय लिया है। सहकारिता मंत्री अमित शाह के जवाब के बाद सदन ने शोर-शराबे के बीच ही ध्वनिमत से ‘बहु राज्य सहकारी समितियां संशोधन विधेयक, 2022' को मंजूरी दे दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में पिछले 2 सालों में देश में सहकारिता क्षेत्र में आमूलचूल परिवर्तन हुए हैं तथा केन्द्र सरकार ने प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स) को पुनर्जीवित करने, इन्हें व्यवहार्य और बहुआयामी बनाने के लिए कई प्रयास किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के 63,000 पैक्स का 2,500 करोड़ रुपए की लागत से कम्प्यूटरीकरण किया है। शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी नीत सरकार ने देश के करोड़ों लोगों को गैस सिलिंडर दिए हैं और अब पैक्स, एलपीजी वितरण का काम भी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार देश के करोड़ों लोगों को मुफ्त अनाज दे रही है और अब इस खुदरा आउटलेट पर भी पैक्स का अधिकार होगा। शाह ने कहा कि अब पैक्स जनऔषधि केन्द्र भी चला सकेंगे और पानी समिति बनकर जल वितरण का काम भी कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी ने पैक्स को भंडारण क्षमता के साथ जोड़ने का भी काम किया है और अब ये भंडारण का भी काम करेंगे। विधेयक पर संक्षिप्त चर्चा में हिस्सा लेते हुए भारतीय जनता पार्टी के मनोज कोटक ने कहा कि सहकारिता आंदोलन को नयी दिशा देने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने एक बड़ा खाका प्रस्तुत किया है जिसमें छोटे किसानों, रेहड़ी पटरी वालों और छोटे व्यवसायियों की चिंता की गई है। कोटक ने कहा कि यह विधेयक लाने की जरूरत इसलिए आई क्योंकि छोटे गांवों से लेकर कस्बों तक विभिन्न मंडलियों के संचालन के लिए कोई नियमन की व्यवस्था नहीं थी। इसका मकसद सहकारी मंडलियों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना है। चर्चा में हिस्सा लेते हुए वाईएसआर के एन श्रीकृष्णा ने कहा कि सहकारी समितियों का चुनाव संबंधी प्रावधान एक अच्छी पहल है। बहुजन समाज पार्टी के राम शिरोमणि वर्मा ने कहा कि कुछ राज्यों में सहकारी समितियों में अनियमितताओं, वित्तीय गबन, विवाद, पक्षपातपूर्ण आचरण जैसे कदाचार को रोकने के लिए यह विधेयक महत्वपूर्ण है। भाजपा के संतोष गंगवार ने कहा कि देश के सहकारिता के इतिहास में यह बड़ा कदम है जो परिवर्तनकारी बदलाव लेकर आयेगा। चर्चा के जवाब में शाह ने सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा, ‘‘मोदी जी ने हर परिवार को एलपीजी गैस सिलिंडर देकर महिलाओं को धुएं से बचाया, हर गरीब के घर में बिजली पहुंचाकर उसे उजाला देने का काम किया। पांच लाख रुपये तक की स्वस्थ्य सुविधाएं मुफ्त कर दीं।'' उनका कहना था, ‘‘अब जरूरत है रोजगार देने की। इसमें किसानी और सहकारिता आंदोलन एक प्रमुख जरिया है। सहकारिता आंदोलन को आवाज देने के लिए यह विधेयक बना है।'' सहकारिता मंत्री ने कहा, ‘‘बहु राज्यीय सहकारी संघ केंद्र सरकार का विषय है... इसमें जवाबदेही, पारदर्शिता और मुनाफा बढ़े, इसलिए यह विधेयक लाया गया है।'' उन्होंने कहा, ‘‘पहले यह कहा जाता था कि सहकारिता में राजनीतिक हस्तक्षेप होता है। अब हम एक प्रावधान लेकर आए हैं जिसमें निर्वाचन अधिकरण बनाने का प्रावधान है। इससे सरकारी दखल कम हो जाएगा। निर्वाचन अधिकरण के प्रमुख की शक्तियां लगभग चुनाव आयुक्त के बराबर कर दी गई हैं।'' शाह ने कहा कि इस विधेयक के पारित होने के साथ सहकारिता आंदोलन में बड़े युग का परिवर्तन होगा। इस विधेयक को 20 दिसंबर, 2022 को संसद की एक संयुक्त समिति के पास भेजा गया था और समिति ने विधेयक के अधिकांश प्रावधानों पर सहमति जताते हुए 15 मार्च, 2023 को अपनी रिपोर्ट पेश की। बहु राज्यीय सहकारिता समिति कानून 1984 में लागू किया गया था। वर्ष 1987 में इस कानून के तहत ट्राइफेड (ट्राइबल को-ऑपरेटिव मार्केटिंग डेवलपमेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड) को एक राष्ट्रीय स्तर की सहकारी संस्था के रूप में स्थापित किया गया था।
- नयी दिल्ली। भारत की अध्यक्षता में इस साल सितंबर में होने जा रहे जी20 शिखर सम्मेलन के उपलक्ष्य में सरकार 100 रुपये और 75 रुपये के दो स्मारक सिक्के जारी करेगी। सरकार की तरफ से जारी एक गजट अधिसूचना के मुताबिक, 100 रुपये के स्मारक सिक्के के केंद्र में ‘अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष' होगा जबकि इसके पिछले हिस्से पर देवनागरी में ‘सत्यमेव जयते' अंकित होगा। इस सिक्के के बाईं तरफ देवनागरी लिपि में ‘भारत' शब्द और दाईं तरफ अंग्रेजी में ‘इंडिया' शब्द अंकित होगा। अधिसूचना के अनुसार, स्मारक सिक्के की ऊपरी परिधि पर देवनागरी लिपि में ‘वसुधैव कुटुंबकम' लिखा होगा जबकि निचली परिधि पर अंग्रेजी में ‘वन अर्थ, वन फैमिली, वन फ्यूचर' लिखा होगा। ये सभी खासियत 75 रुपये के स्मारक सिक्के में भी होंगी। दोनों सिक्कों का मानक वजन 35-35 ग्राम होगा और इनका व्यास 44 मिलीमीटर होगा। भारत के पास जी20 समूह की अध्यक्षता एक दिसंबर, 2022 से 30 नवंबर, 2023 तक है। यह समूह दुनिया की प्रमुख विकसित और विकासशील अर्थव्यवस्थाओं का एक मंच है। भारत की अध्यक्षता में जी20 देशों का शिखर सम्मेलन नौ और 10 सितंबर को नयी दिल्ली में होने वाला है।
- इंदौर (मध्यप्रदेश)। इंदौर में मसालों के 35 वर्षीय कारोबारी को सूदखोरी को लेकर परेशान करके कथित तौर पर खुदकुशी के लिए उकसाने के मामले में पुलिस ने मंगलवार को तीन लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस के एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। अतिरिक्त पुलिस आयुक्त (एसीपी) आशीष पटेल ने ‘ बताया कि आजाद नगर क्षेत्र में रहने वाले वीरेंद्र सेन (35) ने अपने घर में कथित तौर पर फांसी लगाकर जान दे दी थी। उन्होंने बताया कि रसोई में इस्तेमाल होने वाले मसालों का कारोबार करने वाले सेन की कथित आत्महत्या मामले में आरोपी शंकर शर्मा, राजू पाल एवं सुनील रायकवार को हिरासत में लिया गया है, और उनसे पूछताछ की जा रही है। पटेल ने बताया कि आत्महत्या से पहले सेन ने एक वीडियो छोड़ा जिसमें वह रोते हुए कह रहे हैं कि वे तीनों लोगों की कथित सूदखोरी से तंग आकर जान दे रहे हैं। एसीपी ने बताया कि मसाला कारोबारी और तीनों लोगों के बीच करीब 12.5 लाख रुपये के लेन-देन के विवाद के बारे में पता चला है और मामले की विस्तृत जांच जारी है। file photo
-
जम्मू. तीन हजार से अधिक तीर्थयात्रियों का एक नया जत्था दक्षिण कश्मीर हिमालय में स्थित अमरनाथ गुफा मंदिर में दर्शन के लिए मंगलवार सुबह जम्मू के भगवतीनगर आधार शिविर से रवाना हुआ। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 38 वाहन में सवार 1,160 तीर्थयात्री गांदेरबल जिले के बालटाल आधार शिविर की तरफ बढ़े, जबकि 81 वाहन का काफिला 1,865 तीर्थयात्री को लेकर अनंतनाग जिले के पहलगाम रवाना हुआ। अमरनाथ यात्रा के एक जुलाई को शुरू होने के बाद से 3.30 लाख से अधिक तीर्थयात्री बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं।
- -
नयी दिल्ली. भारत में कोविड-19 के 21 नए मामले दर्ज किए गए और सक्रिय मामलों की संख्या अब 1,449 है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के रविवार सुबह आठ बजे तक अद्यतन आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या 5,31,915 है। कोरोना वायरस संक्रमण के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 4,49,95,332 हो गयी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, राष्ट्रीय राजधानी में कोविड-19 से स्वस्थ होने की दर 98.81 प्रतिशत दर्ज की गयी है। इस बीमारी से उबरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 4,44,61,968 हो गयी है तथा मृत्यु दर 1.18 फीसदी दर्ज की गयी है। स्वास्थ्य मंत्रालय की वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार देशव्यापी कोविड-19 रोधी टीकाकरण अभियान के तहत अभी तक 220.67 करोड़ खुराक दी जा चुकी हैं।
-
मुंबई. महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के इरशालवाड़ी में हुए भूस्खलन में अपने परिवार के पांच सदस्यों को खोने वाले कमलू पारधी इतने दुखी हैं कि उनके शवों को नहीं देखना चाहते। पारधी (65) ने कहा कि क्षत-विक्षत शवों को बाहर निकालकर और दर्द देने से अच्छा है कि उन्हें मलबे में ही ‘रहने' दें। कमलू पारधी के परिवार के नौ सदस्य 19 जुलाई को हुए भूस्खलन में दब गए थे। स्थानीय लोग और बचाव दल परिवार के चार सदस्यों को ही सुरक्षित निकाल पाए। मुंबई से लगभग 80 किमी दूर तटीय जिले में एक पहाड़ी की ढलान पर स्थित आदिवासी गांव इरशालवाड़ी में 48 में से 17 घर पूरी तरह या आंशिक रूप से भूस्खलन के मलबे में दब गए थे। ‘‘ट्रैकिंग'' के लिए लोकप्रिय इरशालगढ़ किले के पास बसे इस गांव में पक्की सड़क तक नहीं है, जिस वजह से मिट्टी खोदने वाली मशीनों को वहां ले जाना आसान नहीं था। ऐसे में श्रमिकों की मदद से खोज और बचाव अभियान चलाया गया, जो रविवार को बंद किया जा चुका है। गांव में रहने वाले पारधी किसान हैं और वह ‘‘ट्रैकिंग'' के लिए इरशालगढ़ आने वाले पर्यटकों को घर में रुकने की सुविधा प्रदान करते थे। उन्होंने इस भूस्खलन में अपनी पत्नी, छोटे बेटे काशीनाथ, बहू, 14 वर्षीय पोते और पांच वर्षीय पोती को खो दिया। उन्होंने सोमवार को एक न्यूज़ एजेंसी से कहा, ‘‘मेरी पत्नी, बेटा, बहू और दो पोते-पोतियों वहीं दफन हो गए। उनके शव अब खराब हो गए होंगे और उनकी पहचान करना भी मुश्किल होगा। बेहतर होगा कि शवों को मलबे में ही छोड़ दिया जाए।'' वह पहाड़ी के नीचे थे और घर लौटते समय उन्हें भूस्खलन के बारे में पता चला।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं केवल कल्पना कर सकता हूं कि मेरे परिवार के सदस्यों के साथ क्या हुआ होगा। मुझे अपने पोते-पोतियों के चेहरे याद आते रहते हैं, लेकिन मैं क्या कर सकता हूं। मैं असहाय हूं। मैंने उनके लिए बहुत सपने देखे थे, अब सब खत्म हो गया।'' पारधी ने कहा कि मेरा बेटा काशीनाथ स्नातक की पढ़ाई कर चुका था और उसने ग्राम पंचायत सदस्य के रूप में भी काम किया था। उसने कोविड-19 महामारी के दौरान गांव में काफी लोगों की मदद की थी। उन्होंने कहा, ‘‘मेरा बेटा ग्रामीणों की मदद के लिए हमेशा उपलब्ध रहता था। जब खोज और बचाव अभियान चल रहा था, मुझे उम्मीद थी कि परिवार के सभी सदस्यों को जीवित बाहर निकाल लिया जाएगा। लेकिन ऐसा नहीं हुआ।'' उन्होंने बताया कि भूस्खलन से मलबे का लगभग 20 फुट ऊंचा ढेर जमा हो गया था और बाहर निकाले गए कई शव सड़ चुके थे। अधिकतर लोगों की पहचान उनके कपड़ों से ही की गई। उन्होंने कहा, ‘‘ग्रामीणों और आदिवासी संगठन की सहमति के बाद खोज और बचाव अभियान बंद कर दिया गया है।''
पारधी ने बताया कि राज्य सरकार ने ‘‘कंटेनर'' में उन्हें अस्थायी रूप से आश्रय दिया है और सभी को गांव के करीब ही पुनर्वास कराया जाना चाहिए। उन्होंने कहा, ‘‘मेरे पास तीन एकड़ जमीन है, लेकिन अब मेरे साथ कोई नहीं है।''
आगरी सेना की रायगढ़ इकाई के प्रमुख और गांव के पूर्व सरपंच सचिन मटे ने भी कहा कि पुनर्वास जल्द से जल्द किया जाना चाहिए। राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) ने मलबे से 27 शवों को निकालने के बाद रविवार को खोज और बचाव अभियान बंद कर दिया। राज्य मंत्री उदय सामंत ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि 57 लोग लापता हैं, जबकि 144 लोगों को पास के एक मंदिर में आश्रय दिया गया है।
- -
बिजनौर (उप्र) . जिले के कोतवाली देहात इलाके में अज्ञात वाहन की चपेट में आकर टेम्पो सवार एक महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गयी जबकि उसके पति सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। कोतवाली देहात के थाना प्रभारी निरीक्षक (एसएचओ) जयवीर सिंह ने बताया कि सोमवार देर रात लगभग 12 बजे नजीबाबाद मार्ग पर ग्राम सिकंदराबाद के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से टेम्पो में सवार मीरा सैनी (32), उसकी पुत्री प्रिया (आठ) और पुत्र शिवम (सात) की मौके पर ही मौत हो गयी जबकि मीरा का पति रोहित और भाई विकास समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्होंने बताया कि तीनों घायलों को इलाज के लिए मेरठ रेफर किया गया है। पुलिस के अनुसार, परिवार मंडी धनौरा, अमरोहा से उत्तराखंड के ऋषिकेश एम्स में रोहित का उपचार कराने जा रहा था।
-
मेरठ (उप्र) .मेरठ जिला मुख्यालय से करीब 25 किमी दूर मवाना थाना क्षेत्र के गांव सठला में सोमवार को एक युवक की उसी के छोटे भाई और पिता ने कथित तौर पर तमंचे से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने बताया कि घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गये। पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) कमलेश बहादुर ने बताया कि आज सुबह मवाना पुलिस को सूचना मिली कि गांव सठला में फिरोज (26) नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गयी है। उन्होंने प्रारंभिक छानबीन के आधार पर बताया कि फिरोज ने कुछ साल पहले अलीना नाम की युवती से अदालत में विवाह किया था, जिसका उसके घरवाले विरोध करते थे। उन्होंने बताया कि अलीना के नाम गांव में कुछ जमीन थी, जिसको बेचने का दबाव फिरोज के पिता आरोपी मुस्लिम और छोटा भाई आरोपी जैद डालते थे। आज दोपहर इसी विवाद के चलते फिरोज की आरोपी उसके छोटे भाई व आरोपी पिता द्वारा गोली मार कर हत्या कर दी गई। मवाना पुलिस ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना के आरोपी हमलावरों की गिरफ्तारी के प्रयास किये जा रहे हैं। -
नयी दिल्ली. दिल्ली सरकार के बी.आर. आंबेडकर विश्वविद्यालय में आगामी अकादमिक सत्र के लिए स्नातक पाठ्यक्रमों में आवदेन की अंतिम तिथि 31 जुलाई है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। छात्र इस महीने के अंत तक आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए उन्हें विश्वविद्यालय के पोर्टल पर जाकर पंजीकरण करना होगा। फिर पाठ्यक्रम का चयन कर पात्रता मानदंडों के अनुसार अनिवार्य दस्तावेज अपलोड करने होंगे। इसके बाद वे शुल्क का ऑनलाइन भुगतान कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। विश्वविद्यालय के 18 स्नातक पाठ्यक्रमों में 1,123 सीट है। यूनिवर्सिटी में दाखिला सीयूईटी-यूजी(संयुक्त विश्वविद्यालय प्रवेश परीक्षा-स्नातक) स्कोर के आधार पर मिलेगा। विश्वविद्यालय ने शैक्षणिक वर्ष के लिए पंजीकरण प्रक्रिया 16 जून को शुरू की थी। सीयूईटी-यूजी परिणाम 15 जुलाई को घोषित किए गए थे। आवेदनों की संख्या के दृष्टिकोण से बी.आर. आंबेडकर विश्वविद्यालय देश में चौथे स्थान पर है। इस मामले में पहले स्थान पर दिल्ली विश्वविद्यालय है। आंबेडकर विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली के छात्रों के लिए 85 प्रतिशत सीट आरक्षित है। -
देहरादून. उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के लक्सर, खानपुर और मंगलौर में हालिया बाढ़ से 53,000 हेक्टेयर से अधिक रकबे में बोई गई फसल नष्ट हो गई है। राज्य के कृषि मंत्री ने यह जानकारी दी है। उत्तराखंड के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने रविवार को जिले के 35 से अधिक बाढ़ प्रभावित गांवों का दौरा किया था। उन्होंने कहा कि शुरुआती अनुमान के अनुसार नुकसान लगभग 38 करोड़ रुपये का होने का आंका गया है। जिले में 91 हजार हेक्टेयर से अधिक रकबे में फसलें बोई गई थीं।
जोशी ने कहा कि क्षतिग्रस्त फसलों में गन्ना, धान और सब्जियां शामिल हैं। प्रभावित क्षेत्रों को आपदा प्रभावित घोषित किया जाएगा और किसानों को पर्याप्त मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि मुआवजे के अलावा वह मुख्यमंत्री से केंद्र सरकार के मानदंडों के अनुसार किसानों को आपदा राहत कोष से वित्तीय सहायता प्रदान करने का अनुरोध करेंगे। जोशी ने कहा कि पुष्कर सिंह धामी सरकार आपदा प्रभावित लोगों के साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि किसानों से कृषि ऋण की वसूली पर तीन महीने की रोक रहेगी और उनकी ब्याज माफी की मांग पर भी विचार किया जाएगा। जोशी ने कहा कि उत्तराखंड राज्य अवसंरचना और औद्योगिक विकास निगम लिमिटेड के रासायनिक अपशिष्ट, जो बाढ़ के दौरान खेतों में चले गए, ने भी फसलों को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को इस मामले को देखने के लिए कहा गया है। -
नयी दिल्ली. चालू खरीफ सत्र (ग्रीष्मकालीन बुवाई) में 21 जुलाई तक धान की बुवाई का क्षेत्रफल तीन प्रतिशत बढ़कर 180.2 लाख हेक्टेयर हो गया है, जबकि दलहन का रकबा 10 प्रतिशत घटकर 85.85 लाख हेक्टेयर रह गया है। कृषि मंत्रालय के सोमवार को जारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली है। पिछले साल इसी अवधि में धान का रकबा 175.47 लाख हेक्टेयर और दलहन का रकबा 95.22 लाख हेक्टेयर था। धान खरीफ की मुख्य फसल है, जिसकी बुवाई आमतौर पर दक्षिण-पश्चिम मानसून के साथ शुरू होती है। देश के कुल चावल उत्पादन का लगभग 80 प्रतिशत खरीफ सत्र से आता है। आंकड़ों के अनुसार, श्री अन्न या मोटे अनाज का रकबा 21 जुलाई तक बढ़कर 134.91 लाख हेक्टेयर हो गया है, जो पिछले साल इसी अवधि में 128.75 लाख हेक्टेयर था। गैर-खाद्यान्न श्रेणी में तिलहन का रकबा बढ़कर 160.41 लाख हेक्टेयर हो गया है, जो पिछले साल की इसी अवधि में 155.29 लाख हेक्टेयर था। मूंगफली का रकबा 34.56 लाख हेक्टेयर से थोड़ा बढ़कर 34.94 लाख हेक्टेयर हो गया है। वहीं सोयाबीन का रकबा 111.31 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 114.48 लाख हेक्टेयर हो गया है। मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, कपास का रकबा 109.99 लाख हेक्टेयर से मामूली गिरावट के साथ 109.69 लाख हेक्टेयर रह गया। गन्ने का रकबा 53.34 लाख हेक्टेयर के मुकाबले 56 लाख हेक्टेयर रहा। सभी प्रमुख खरीफ फसलों का कुल रकबा शुक्रवार (21 जुलाई) तक बढ़कर 733.42 लाख हेक्टेयर हो गया है, जो पिछले साल की इसी अवधि में 724.99 लाख हेक्टेयर था। दक्षिण-पश्चिम मानसून ने भारत में केरल के तट पर आठ जून को दस्तक दी थी, जबकि इसकी सामान्य तारीख एक जून है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने पहले कहा था कि अल नीनो की स्थिति बनने के बावजूद दक्षिण-पश्चिम मानसून के दौरान भारत में सामान्य बारिश होने की उम्मीद है। -
रामपुर (उप्र) . जिला मुख्यालय के सिविल लाइंस थाना इलाके में सोमवार को सुबह डिवाइडर से टकरा जाने के कारण एक ही स्कूटी पर सवार तीन दोस्तों की मौत हो गयी। पुलिस ने यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार कोतवाली सिविल लाइंस क्षेत्र के बिलासपुर बाईपास पर सोमवार सुबह तेज रफ्तार स्कूटी डिवाइडर से टकरा गयी जिससे एक छात्र समेत तीन किशोरों की मौत हो गयी।
अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) डॉक्टर संसार सिंह ने बताया कि बिलासपुर बाईपास पर एक स्कूटी पर तीनों बच्चे जा रहे थे। सामने कुत्ता आने से उनकी स्कूटी फिसल गई। उन्होंने कहा कि स्कूटी की रफ्तार बहुत ज्यादा थी, इसलिए डिवाइडर से टकरा गयी। उन्होंने कहा कि तीनों की मौके पर ही मौत हो गयी। मृतकों की पहचान आयान, अहद और उमेर के रूप में हुई है। तीनों की उम्र 15 से 16 साल के बीच है। उन्होंने बताया कि मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सिंह के अनुसार मृतकों में एक ग्रीनवुड स्कूल का छात्र है जो स्कूल जा रहा था और साथ में दो उसके दोस्त भी स्कूटी पर सवार थे। सूचना मिलते ही तुरंत पुलिस घटनास्थल पहुंची और तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा। तीनों किशोरों की मौत पर शोक संवेदना प्रकट करते हुए एएसपी ने अभिभावकों से अपील की कि नाबालिग बच्चों को स्कूटी और बाइक चलाने को न दें। उन्होंने कहा कि पुलिस विभाग भी पूरा प्रयास कर रहा कि जो बच्चे बाइक रेसिंग करते हैं तो उन्हें समझाया जाए और अगर वह नहीं मानते हैं तो विभाग बीच-बीच में उनके खिलाफ कार्रवाई भी करता रहता है। -
ईटानगर. अरुणाचल प्रदेश में लोंगडिंग जिला प्रशासन ने आंखों में संक्रमण की बीमारी ‘कंजंक्टिवाइटिस' फैलने के बाद कनुबारी उप-मंडल में स्कूलों को अस्थायी रूप से बंद करने का आदेश दिया है। लोंगडिंग के उपायुक्त (डीसी) बानी लेगो ने एक परिपत्र में कहा कि मामले की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए कनुबारी और लॉनू शैक्षिक विकासखंड के तहत आने वाले सभी स्कूलों के प्रमुखों को 29 जुलाई तक अपने संबंधित संस्थानों को अस्थायी रूप से बंद करने का निर्देश दिया जाता है ताकि बीमारी की श्रृंखला को तोड़ा जा सके। डीसी ने परिपत्र में बताया कि डॉक्टरों के अनुसार यह बीमारी अत्यधिक संक्रामक है और एक संक्रमित व्यक्ति से दूसरे में फैल सकती है। कंजंक्टिवाइटिस विभिन्न वायरस के कारण होने वाला नेत्र संक्रमण है। इस रोग के कारण आंखों में लालिमा, खुजली, जलन होती है, आंसू आते हैं और किरकिरापन महसूस होता है। यह संक्रमण किसी संक्रमित व्यक्ति की आंखों के स्राव, दूषित वस्तुओं या श्वसन बूंदों के प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष संपर्क से आसानी से फैल सकता है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बीमारी को और फैलने से रोकने के लिए बार-बार हाथ धोने, आंखों को छूने से बचने, व्यक्तिगत स्वच्छता, सतहों को कीटाणुरहित करने और संक्रमित व्यक्तियों को उनके ठीक होते तक अलग करने की सलाह दी है। इस बीच, लोंगडिंग डीडीएसई ताजे जिलेन ने बताया कि स्कूलों को बंद करने संबंधी परिपत्र कनुबारी ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (बीईओ) की रिपोर्ट के बाद जारी किया गया है। उन्होंने बताया ‘‘हमारे पास यह आंकड़ा नहीं है कि कितने छात्र इस बीमारी से प्रभावित हुए हैं।'' एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, वेस्ट सियांग जिले के कई स्कूलों में भी कंजंक्टिवाइटिस फैलने की खबर है। -
औरंगाबाद . महाराष्ट्र के औरंगाबाद जिले में प्रसिद्ध अंजता की गुफाओं के निकट 30 वर्षीय एक व्यक्ति सेल्फी लेने के दौरान झरने में गिर गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने कहा कि रविवार को घटना के बाद पुलिस की एक टीम मौके पर पहुंची और व्यक्ति को बचाया।
सोयगांव तालुका में नंदाटांडा के निवासी गोपाल चव्हाण रविवार को अपने चार दोस्तों के साथ अंजता की गुफा गए थे। गुफाओं की यात्रा के बाद व्यक्ति ‘अजंता व्यू प्वाइंट' पहुंचा।
‘अजंता व्यू प्वाइंट' और गुफा परिसर के बीच सप्तकुंड झरना है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि व्यक्ति जब सेल्फी ले रहा था तभी उसका पैर फिसल गया और वह झरने में गिर गया। व्यक्ति तैराना जानता था और वह किनारे तक पहुंच गया, जहां उसने एक पत्थर को पकड़ रखा था और मदद का इंतजार कर रहा था। उसके एक दोस्त ने भारतीय पुरातात्विक सर्वेक्षण (एएसआई) के कर्मी और पुलिस को सूचित किया और घटना के बारे में बताया। अधिकारी ने कहा कि पुलिस की एक टीम बाद में मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे के बचाव प्रयासों के बाद व्यक्ति को सुरक्षित बचा लिया। - चंद्रपुर. महाराष्ट्र के चंद्रपुर जिले में कुछ लोगों द्वारा कथित तौर पर अंधाधुंध गोलीबारी करने से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्थानीय पदाधिकारी की पत्नी की मौत हो गई तथा एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। राजुरा पुलिस थाने के एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना राजुरा तहसील में रविवार की शाम को हुई और मामले में दो लोगों की गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि पुरानी रंजिश के चलते हमलावर जिला मुख्यालय से 29 किलोमीटर दूर राजुरा में सोमनाथपुर वार्ड के निवासी लल्ली शेरगिल की कथित तौर पर हत्या करने आए थे। जैसे ही शेरगिल ने हमलावरों को देखा, वह अपने दोस्त सचिन दोहे के घर में घुस गया जो भाजपा की युवा शाखा के जिला उपाध्यक्ष हैं। शेरगिल को मारने आए हमलावर अंधाधुंध गोली चलाने लगे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि इसी दौरान सचिन दोहे की पत्नी पुर्वशा सचिन दोहे घर के सामने वाले हिस्से में आईं। उन्हें सीने में गोली लगी और वह वहीं गिर गईं। शेरगिल को पीठ में गोली लगी। दोनों को राजुरा स्थित ग्रामीण अस्पताल ले जाया गया जहां महिला को मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने बताया कि गंभीर रूप से घायल शेरगिल को बाद में इलाज के लिए चंद्रपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। राजुरा पुलिस थाने के अधिकारी विशाल नागरगोजे ने बताया, ''इस मामले में हमने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी पुरानी रंजिश के चलते शेरगिल को मारना चाहते थे।''
- बाराबंकी (उप्र)। बाराबंकी जिले के प्रसिद्ध प्राचीन लोधेश्वर महादेव मंदिर में उमड़े कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर सोमवार को सुबह जिला प्रशासन ने हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की। जिला प्रशासन के अनुसार, थाना रामनगर क्षेत्रान्तर्गत लोधेश्वर महादेव मंदिर में आये कांवड़ यात्रियों पर लखनऊ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पीयूष मोर्डिया, जिलाधिकारी अविनाश कुमार व पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर, श्रावण मास के तीसरे सोमवार को लोधेश्वर महादेव मंदिर क्षेत्र में आए कांवड़ियों व श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। कुमार ने दावा किया कि पहली बार कांवड़ियों व श्रद्धालुओं का मंदिर में ऐसा स्वागत किया गया है।मंदिर के पुजारी आदित्य तिवारी ने बताया कि आज तीसरे सोमवार को मंदिर में भक्तों की भीड़ है और दो लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के आने का अनुमान है। उन्होंने कहा ''पहली बार यहां हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। '' यहां रात 12 बजे मंदिर के कपाट खुलने के बाद श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था।
- एटा (उप्र) । एटा जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के एटा-सहावर मार्ग पर एक कार रेलिंग तोड़कर नहर में जा गिरी जिससे एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत पांच लोगों की मौत हो गयी। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) धनंजय कुशवाहा ने बताया कि रात्रि लगभग साढ़े दस बजे थाना गंजडुंडवारा के ग्राम नगला उम्मेद के निवासी नीरज (35) अपनी गर्भवती पत्नी विनीता (25) को किराए की कार से प्रसव के लिए एटा चिकित्सालय ला रहा था। नीरज के साथ उसके चाचा तेजेंद्र सिंह (50) तथा चाची संतोष (45) भी थीं। कार को शिवम कुमार (30) निवासी जैथरा चला रहा था। एटा आते समय मौहार घाट पर कार रेलिंग तोड़ते हुए खारजा नहर में जा गिरी, और डूब गई जिससे सभी कार सवारों की मौत हो गई। कुशवाहा ने बताया ‘‘ऐसा प्रतीत होता है कि कार अत्यधिक रफ्तार के कारण अनियंत्रित होकर सड़क के किनारे बनी रेलिंग तोड़ते हुए नहर में जा गिरी।'' उन्होंने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों के अनुसार, काफी देर तक किसी से बात न होने के कारण जब रात्रि में उन्होंने नीरज तथा अपने चाचा तेजेंद्र को फोन किया तो सभी के फोन बंद मिले। अनहोनी की आशंका से परिजन उनकी तलाश में निकले। रास्ते में तथा एटा में किसी का पता न चलने पर परिजन ने अमापुर थाना पुलिस को सूचित किया। मौहार घाट पुल पर उन्हें पानी में डूबी एक कार की छत दिखाई दी जिसकी सूचना कोतवाली देहात पुलिस को दी गयी। पुलिस ने लगभग साढ़े पांच बजे मौके पर पहुंचकर कार को बाहर निकलवाया, तो कार में पांचों के शव मिले।
- नयी दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक मदन दास देवी का सोमवार की सुबह बेंगलुरु में निधन हो गया। वह 81 वर्ष के थे। आरएसएस के एक बयान के अनुसार, 81 वर्षीय मदन दास देवी ने 24 जुलाई को सुबह करीब पांच बजे बेंगलुरू के राष्ट्रोत्थान अस्पताल में अंतिम श्वांस ली।संघ ने कहा, ‘‘ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्व सह-सरकार्यवाह एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पूर्व राष्ट्रीय संगठन मंत्री मदन दास देवी के निधन का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। उनके निधन से अभाविप कार्यकर्ताओं ने अभिभावक तुल्य छत्र खोया है।'' बयान के अनुसार, मदन दास देवी का जन्म 9 जुलाई 1942 को हुआ था। वे मूलत: महाराष्ट्र के सोलापुर जिले के करमाला गांव के रहने वाले थे। प्रारंभिक शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए पुणे के प्रसिद्ध बीएमसी कॉलेज में 1959 में प्रवेश लिया। एमकॉम के बाद उन्होंने आईएलएस विधि कॉलेज से एलएलबी की डिग्री हासिल की। मदन दास देवी ने 1964 से मुंबई में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) में कार्य प्रारंभ किया। अभाविप के कर्णावती राष्ट्रीय अधिवेशन (सन 1968 ई.) में उन्हें पूर्णकालिक कार्यकर्ता व पश्चिमांचल क्षेत्रीय संगठन मंत्री का दायित्व दिया गया। बाद में वह राष्ट्रीय संगठन मंत्री बने। उन्होंने 1992 से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय सह प्रचारक प्रमुख का तथा 1993 में संघ के सह सरकार्यवाह के दायित्व का भी निर्वहन किया।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मदन दास देवी के निधन पर शोक जताया। उन्होंने ट्वीट किया, “मदन दास देवी के देहावसान से अत्यंत दुख हुआ है। उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्रसेवा में समर्पित कर दिया। उनसे मेरा न सिर्फ घनिष्ठ जुड़ाव रहा, बल्कि हमेशा बहुत कुछ सीखने को मिला। शोक की इस घड़ी में ईश्वर सभी कार्यकर्ताओं और उनके परिवारजनों को संबल प्रदान करे।”
- नोएडा। नोएडा के थाना फेस -3 क्षेत्र में स्थित एक सोसाइटी में रहने वाले एक 91 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति की आठवीं मंजिल से नीचे गिरने से मौत हो गई । थाना फेस-3 के प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि पैन ओशिश सोसाइटी में रहने वाले 91 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति कृष्ण पदम घोष बीती रात को अपने फ्लैट की आठवीं मंजिल से संदिग्ध परिस्थितियों में नीचे गिर गए। इस घटना में उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।(सांकेतिक फोटो)
- कौशांबी (उत्तर प्रदेश) । जिले के पिपरी थाना क्षेत्र स्थित यमुना नदी में चार मछुआरों पर डॉल्फिन का शिकार कर उसे पकाकर खाने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर व्यापक रूप से प्रसारित होने पर एक मछुआरे को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। थानाध्यक्ष पिपरी श्रवण कुमार सिंह ने सोमवार को बताया कि जिले की चायल रेंज के वन रेंजर रविंद्र कुमार ने सोमवार को तहरीर देकर बताया कि 22 जुलाई 2023 की सुबह नौ से 10 बजे के बीच थाना क्षेत्र के नसीरपुर गांव निवासी चार मछुआरे यमुना नदी में मछली का शिकार कर रहे थे। इसी दौरान उनके जाल में एक डॉल्फिन फंस गई। तहरीर के मुताबिक आरोपी उसे कंधे पर लादकर घर ले गए और पकाकर खा गए । उन्होंने बताया कि नदी से डॉल्फिन घर ले जाते समय किसी राहगीर ने उसका वीडियो बना लिया और 23 जुलाई की रात सोशल मीडिया पर इसे डाल दिया। थानाध्यक्ष ने बताया की सोशल मीडिया पर प्रसारित हुए वीडियो को संज्ञान में लेकर वन रेंजर रविंद्र कुमार ने थाने में रंजीत कुमार, संजय, दीवान व बाबा सहित चार लोगों के विरुद्ध तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है । मामले में सुसंगत धाराओं में अभियोग दर्ज किया गया है। एक आरोपी रंजीत कुमार को, गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। शेष तीन आरोपी फरार हो गए हैं। उनकी तलाश में दबिश दी जा रही है। मामले की जांच की जा रही हैं।
-
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस महीने की 27 तारीख को राजकोट के पास हीरासर में गुजरात के पहले ग्रीनफील्ड हवाई अड्डे का उद्घाटन करेंगे। प्रधानमंत्री राजकोट में एक रैली को भी संबोधित करेंगे। अपनी दो दिवसीय गुजरात यात्रा के दौरान 27 जुलाई से प्रधानमंत्री का राज्य में विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे। एक हजार चार सौ पांच करोड़ की लागत से 15 सौ एकड़ क्षेत्र में बने इस हवाई अड्डे का नाम बदलकर राजकोट अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा कर दिया गया है।
-
नई दिल्ली। मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बुधवार और बृहस्पतिवार को बहुत तेज वर्षा होने का अनुमान व्यक्त किया है। विभाग ने कहा है कि हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी राजस्थान में बुधवार को तेज से बहुत तेज वर्षा होने की आशंका है। दक्षिण भारत में कर्नाटक के दक्षिण अंदरूनी और कर्नाटक के तटीय क्षेत्र तेलंगाना तथा ओडिसा, गोवा और महाराष्ट्र समेत मध्य भारत में भी बृहस्पतिवार तक ऑरेंज एलर्ट जारी रहेगा।
उधर, आंध्र प्रदेश, कोंकण और गोवा में अगले तीन से चार दिन तेज से बहुत तेज वर्षा होने की चेतावनी जारी की गई है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में अगले पांच दिनों में तेज वर्षा होने की संभावना है।मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली में अधिक नमी और अधिक तापमान बने रहने की आशा है। दिल्ली में आज रात हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।इस बीच, दिल्ली में यमुना नदी खतरे के निशान से ऊपर- 205.33 मीटर पहुंच गई है। नदी में जलस्तर बढ़ने से दिल्ली और निकटवर्ती क्षेत्रों में बाढ जैसी स्थिति होने की चिंता बनी हुई है। इस वर्ष तेरह जुलाई को यमुना नदी का जलस्तर सबसे अधिक दो सौ आठ दशमलव छह-छह मीटर तक पहुंच गया था। -
देहरादून/गोपश्वर. उत्तराखंड के चमोली जिले में गौचर के पास कमेड़ा में रातभर भारी बारिश के बाद सोमवार को हुए जबरदस्त भूस्खलन से ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग का लगभग 100 मीटर हिस्सा बह गया जिससे हिमालयी धाम की तीर्थयात्रा प्रभावित हुई। यहां जारी एक सरकारी बयान में कहा गया है कि यह मार्ग बदरीनाथ धाम को जाने वाले तीर्थयात्रियों और वाहनों के लिए दो से तीन दिन तक बाधित रहेगा। बयान में कहा गया है कि मार्ग को जल्द से जल्द बहाल करने के लिए संबंधित विभाग एवं एजेंसियां युद्धस्तर पर काम कर रही हैं। मार्ग खुलने में दो—तीन का दिन का समय लगने की संभावना को देखते हुए पुलिस ने कर्णप्रयाग और बदरीनाथ जाने वाले वाहनों को वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करने की सलाह दी जिसके बाद सुबह से इंतजार में खड़े वाहन गंतव्य की ओर रवाना हो गए । रूद्रप्रयाग की पुलिस अधीक्षक विशाखा अशोक भदाणे ने स्वयं मौके पर पहुंचकर मलबा साफ करने में लगी एजेंसियों के अधिकारियों से बातचीत की। उन्होंने कहा कि मार्ग के खुलने में लंबा समय लगने के मददेनजर सड़क पर वाहनों का अनावश्यक रूप से खड़ा रहना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि श्रीनगर की ओर से रूद्रप्रयाग पहुंच रहे वाहन चालकों को इस संबंध में पहले से सूचित किया जा रहा है। इस बाधित मार्ग के विकल्प के रूप में बदरीनाथ और हेमकुंड जाने वाले बड़े वाहनों को रुद्रप्रयाग से पोखरी, कर्णप्रयाग और चमोली होते हुए गंतव्य पर पहुंचने को कहा जा रहा है जबकि छोटे वाहनों को चोपता, गोपेश्वर होते हुए जाने की सलाह दी जा रही है। क्षेत्र में बारिश के कारण अन्य वैकल्पिक मार्ग बीच—बीच में बाधित चल रहे हैं जिस कारण वाहनों को इन मार्गों से नहीं भेजा जा रहा है । वैकल्पिक मार्गों से जा रहे तीर्थयात्रियों को पोखरी में प्रशासन के निर्देश पर हल्की भोजन सामग्री भी वितरित की जा रही है । राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र के अनुसार, सोमवार सुबह भारी बारिश के कारण गौचर भट्टनगर में भी एक पुश्ता टूट गया जिससे सड़क किनारे खड़े पांच वाहन मलबे में दब गए। मलबे को साफ किया जा रहा है । घटना में कोई व्यक्ति घायल नही हुआ ।
उधर, तीन दिन पहले शुक्रवार को भूस्खलन के कारण सड़क धंसने से गैरसैंण के पास कालीमाठी में अवरुद्ध हुआ कर्णप्रयाग-नैनीताल राष्ट्रीय राजमार्ग भी अभी तक नहीं खुल पाया है। इसके अलावा, नंदप्रयाग और छिनका में भी बोल्डर (भारी पत्थर) गिरने के कारण यातायात अवरुद्ध है । बारिश के कारण भूधंसाव ग्रस्त जोशीमठ के सिंहधार वार्ड में दैनिक विहार त्रिदंडी आश्रम की दीवार ढह गई। आश्रम के संतोष बाबा ने बताया कि शनिवार देर रात बारिश के चलते दीवार ढह गई। यह आश्रम जेपी कालोनी के ठीक ऊपर है, जहां इस साल की शुरुआत में अचानक जमीन से पानी निकला था और मकान धंस गए थे। उस दौरान आश्रम के खेतों में और आसपास दरारें आ गई थीं।


.jpg)

.jpg)












.jpeg)
.jpg)


.jpg)
.jpg)

.jpg)


.jpg)